व्यापार
जन औषधि केंद्रों ने नवंबर 2024 तक 1255 करोड़ से ज्यादा की दवाइयां बेची
9 Jan, 2025 11:03 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली। जन औषधि केंद्रों से नवंबर 2024 तक 1255 करोड़ रुपए से ज्यादा की दवाइयों की बिक्री हुई। यह जानकारी पीएमओ द्वारा दी गई। सोशल मीडिया एक्स पर पीएमओ ने कहा कि इन आउटलेट्स के जरिए दवाइयों की खरीद करने से नागरिकों को 5,020 करोड़ रुपए की बचत हुई। जन औषधि केंद्र आम जनता को किफायती दामों पर गुणवत्तापूर्ण दवाइयां उपलब्ध कराते हैं। इसकी स्थापना प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि परियोजना (पीएमबीजेपी) के तहत की गई थी, जो नवंबर 2008 में शुरू की गई एक जन कल्याणकारी योजना है।
इस योजना को फार्मास्यूटिकल्स एंड मेडिकल डिवाइस ब्यूरो ऑफ इंडिया (पीएमबीआई) के जरिए क्रियान्वित किया जाता है। रसायन और उर्वरक मंत्रालय ने बताया कि नवंबर 2024 तक देशभर में 14,320 जन औषधि केंद्र खोले गए हैं। 2023-24 में पीएमबीआई ने 1,470 करोड़ रुपए की दवाइयों की बिक्री दर्ज की थी, जिससे नागरिकों को 7,350 करोड़ रुपए की बचत हुई थी। पिछले दस सालों में इस परियोजना के तहत करीब 30 हजार करोड़ रुपए की बचत हुई है।
2024 में पीएमबीजेपी ने केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों, राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड और असम राइफल्स के साथ कई एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए थे, जिससे सीएपीएफ, एनएसजी और एआर (एमएचए) अस्पतालों में जन औषधि दवाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इसके अलावा मॉरीशस में पहला विदेशी जन औषधि केंद्र खोला गया। मंत्रालय ने कहा कि फार्मास्यूटिकल्स विभाग ने भी चालू वित्त वर्ष में 500 करोड़ रुपए के कुल वित्तीय परिव्यय के साथ फार्मास्युटिकल उद्योग को मजबूत करने के लिए एक योजना लागू की है। इस योजना का उद्देश्य देश में मौजूदा फार्मा क्लस्टरों और एमएसएमई को उनकी उत्पादकता, गुणवत्ता और एमएसएमई क्लस्टरों में सुधार करने के लिए सहायता प्रदान करना है।
माइक्रोसॉफ्ट ने की दो साल में 3 अरब डॉलर के निवेश की घोषणा
9 Jan, 2025 10:02 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली । भारत में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) को बढ़ावा देने और कौशल विकास को गति देने के लिए टेक्नोलॉजी दिग्गज माइक्रोसॉफ्ट ने अगले दो साल में 3 अरब डॉलर (करीब 25,700 करोड़ रुपये) के निवेश की घोषणा की है। माइक्रोसॉफ्ट का यह निवेश भारत के तकनीकी और सामाजिक विकास में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगा।
यह घोषणा माइक्रोसॉफ्ट के चेयरमैन और सीईओ सत्य नडेला ने अपनी भारत यात्रा के दौरान की। सत्य नडेला ने कहा, “भारत एआई इनोवेशन में तेजी से अग्रणी बन रहा है। यह निवेश एआई-फर्स्ट नेशन के रूप में भारत के विकास को मजबूत करेगा और देशभर में नए अवसर पैदा करेगा। इस पहल से न केवल इन्फ्रास्ट्रक्चर बल्कि कौशल विकास में भी व्यापक लाभ मिलेगा।” इस निवेश के तहत भारत में नए डाटा सेंटर्स की स्थापना की जाएगी और एआई इनोवेशन को गति देने पर जोर दिया जाएगा। माइक्रोसॉफ्ट ने 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लक्ष्य का समर्थन करते हुए यह कदम उठाया है।
इसके साथ ही, माइक्रोसॉफ्ट अगले पांच वर्षों में 2 करोड़ लोगों को एआई कौशल में प्रशिक्षित करने की योजना बना रहा है। यह प्रशिक्षण एडवांटेज इंडिया प्रोग्राम के तहत होगा, जिसकी शुरुआत 2024 में हुई थी। माइक्रोसॉफ्ट पहले ही अपने वार्षिक लक्ष्य से आगे बढ़ते हुए 24 लाख भारतीयों को प्रशिक्षित कर चुका है, जिसमें 65प्रतिशत महिलाएं और 74 प्रतिशत प्रतिभागी टियर-2 और टियर-3 शहरों से थे। यह पहल माइक्रोसॉफ्ट के ग्लोबल स्किल्स फॉर सोशल इम्पैक्ट चार्टर का हिस्सा है, जिसमें सरकार, गैर-लाभकारी संगठनों और समुदायों के साथ साझेदारी कर प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
सप्लाई तेज होने से गिर रहे हैं हरी सब्जियों के दाम
9 Jan, 2025 09:01 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली । ठंड के मौसम में सप्लाई तेज होने से हरी सब्जियों के दाम अब गिरने लगे हैं। लोगों को अब बढ़ी हुई हरी सब्जियों की कीमतों से राहत मिलने लगी है। गोभी, मटर, आलू, मूली और गाजर जैसी हरी सब्जियों की नई खेप और बढ़ी हुई सप्लाई के चलते इनके दाम में गिरावट आई है। गोभी से लेकर हरी मिर्च, मूली, पालक सहित कई मौसमी सब्जियां सस्ती होने से बड़ी राहत मिली है। कारोबारियों का कहना है कि टमाटर, जो एक हफ्ते पहले 40 रुपए प्रति किलो बिक रहा था, अब 20 रुपए में उपलब्ध है। आलू और अन्य सब्जियों की कीमतों में भी कमी देखी जा रही है और आने वाले दिनों में इनके रेट्स में और गिरावट की उम्मीद है। हालांकि, आने वाले दिनों में आलू, टमाटर, शिमला मिर्च, मटर से लेकर बींस के भी रेट और कम हो सकते हैं। हफ्ते भर पहले 40 रुपए प्रति किग्रा के हिसाब से बिकने वाला टमाटर सोमवार को रिटेल में 20 रुपए प्रति किग्रा के हिसाब से मिला। इसके अलावा 100 रुपए में ढाई किग्रा मिलने वाला आलू अब 100 में चार किलोग्राम मिल रहा है।
चैटजीपीटी को सब्सक्राइबर बढ़ने से घाटा?
9 Jan, 2025 08:58 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली । आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एआईचैटवाट के सब्सक्राइबर तेजी के साथ बढ़ रहे हैं। उसी तेजी के साथ कंपनी का घाटा भी बढ़ रहा है। कंपनी के सह संस्थापक सैम आलटमैन का कहना है। सब्सक्राइबर बढ़ाने के कारण कंपनी को नुकसान हो रहा है। चैट जीटीपी का सालाना सब्सक्राइबर शुल्क भारत में करीब 17000 रुपए प्रति वर्ष है। भारत में तेजी के साथ सब्सक्राइबर बढ़ रहे हैं। जिसके कारण चैट जीपीटी कंपनी की लागत बढ़ती चली जा रही है। ग्राहकों को प्रीमियम सुविधा देने के लिए ओपन एआई की कंप्यूटिंग लागत पर कंपनी को ज्यादा खर्च करना पड़ रहा है। कंपनी के इस बयान के बाद ऐसा लग रहा है कि कंपनी भारत में अपना शुल्क बढ़ाने की तैयारी कर रही है। भविष्य में सालाना सब्सक्रिप्शन और भी महंगा हो सकता है।
ओला, एथर, बजाज सब पीछे रह गए, साल के पहले हफ्ते में इस EV कंपनी ने मारी बाजी
8 Jan, 2025 06:48 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
सरकार और कंपनी दोनों ही इलेक्ट्रिक मोबिलिटी पर लगातार फोकस कर रही हैं। बाजार में कई ऑटो मैन्युफैक्चरिंग कंपनियां हैं, जो इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर कैटेगरी में हैं और अच्छा प्रदर्शन कर रही हैं। देश में इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर क्रांति की शुरुआत OLA Electric ने की थी और काफी लंबे समय तक Ola Electric ने इस सेगमेंट का नेतृत्व किया है। Ola Electric का मार्केट शेयर काफी ऊंचा था लेकिन उसके बाद कंपनी का मार्केट शेयर गिरता चला गया। सर्विस को लेकर उपभोक्ताओं की लगातार शिकायतों के बाद Ola Electric की बिक्री में गिरावट आई और इसका फायदा बाजार में मौजूद दूसरी EV कंपनियों को मिला। इस साल के पहले हफ्ते में किस EV कंपनी ने कितनी यूनिट बेचीं, इसका डेटा Vahan पोर्टल पर आ गया है। पोर्टल के मुताबिक, इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर की बिक्री के मामले में TVS Motors नंबर-1 रही है। इसके बाद बजाज ऑटो, एथर एनर्जी और फिर Ola Electric का नंबर आता है।
VAHAN पोर्टल का डेटा
साल 2025 के पहले हफ्ते में देश के इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर मार्केट में जबरदस्त बदलाव देखने को मिला है। TVS Motors ने इस कैटेगरी में बढ़त हासिल करते हुए पहला स्थान हासिल किया है। कंपनी ने साल के पहले हफ्ते में ही 6144 यूनिट्स की बिक्री की है। इतनी यूनिट्स बेचने के बाद यह कंपनी बिक्री के मामले में नंबर-1 बन गई है और कंपनी का मार्केट शेयर 30 फीसदी हो गया है। इसके बाद दूसरे नंबर पर बजाज ऑटो ने अपनी जगह बनाई है और कंपनी ने 4,659 यूनिट्स बेची हैं। लेकिन एथर एनर्जी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मार्केट लीडर ओला इलेक्ट्रिक को पछाड़कर तीसरा स्थान हासिल किया है।
ओला को पछाड़ा एथर ने
कंपनी ने बताया कि पोर्टफोलियो बढ़ाने का फायदा इस बिक्री में मिला है और फैमिली स्कूटर एथर रिज्टा की बिक्री अच्छी रही है। एथर एनर्जी की बिक्री की बात करें तो यह 3,267 यूनिट्स रही और एथर की सीधी प्रतिस्पर्धा ओला इलेक्ट्रिक की, कंपनी ने इस दौरान 3,144 यूनिट्स बेची हैं। साल के पहले हफ्ते में बिक्री के मामले में ओला इलेक्ट्रिक चौथे नंबर पर आ गई है।
FY25 में GDP ग्रोथ रेट सरकार के अनुमान से कम रहेगी! जानिए SBI ने अपनी रिपोर्ट में क्यों कही ये बात
8 Jan, 2025 06:39 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
देश के सबसे बड़े सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक एसबीआई ने एक रिपोर्ट में कहा कि चालू वित्त वर्ष में देश की जीडीपी वृद्धि दर 6.3 प्रतिशत रहने का अनुमान है। यह सरकार के वित्त वर्ष 2025 के अनुमान 6.4 प्रतिशत से थोड़ा कम है। गौरतलब है कि एक दिन पहले ही राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (एनएसओ) ने वित्त वर्ष 2025 में सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) वृद्धि दर चार साल के निचले स्तर 6.4 प्रतिशत पर रहने का अनुमान लगाया है। विनिर्माण क्षेत्र के खराब प्रदर्शन और कमजोर निवेश के कारण विकास दर धीमी बताई गई थी। इससे पहले भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने दिसंबर में कहा था कि चालू वित्त वर्ष में विकास दर 6.6 प्रतिशत रह सकती है।
किस गति से दौड़ेगी भारतीय अर्थव्यवस्था?
भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) की शोध रिपोर्ट इकोरैप के अनुसार आरबीआई और एनएसओ के अनुमानों में हमेशा 0.20-0.30 प्रतिशत का अंतर रहा है। इसलिए वित्त वर्ष 2024-25 के लिए 6.4 प्रतिशत का अनुमान अपेक्षित और उचित है। रिपोर्ट में कहा गया है, हालांकि, हमारा मानना है कि वित्त वर्ष 2024-25 के लिए जीडीपी वृद्धि दर नीचे की ओर झुकाव के साथ 6.3 प्रतिशत के आसपास हो सकती है।
एसबीआई के समूह मुख्य आर्थिक सलाहकार सौम्य कांति घोष द्वारा तैयार की गई रिपोर्ट में कहा गया है कि वास्तविक जीडीपी वृद्धि में मंदी और मौजूदा कीमतों पर जीडीपी के आकार में वृद्धि लगभग स्थिर रहने के बावजूद, बाजार मूल्यों पर प्रति व्यक्ति जीडीपी में चालू वित्त वर्ष में उल्लेखनीय वृद्धि होने की उम्मीद है।
अर्थव्यवस्था में क्या सकारात्मक है
रिपोर्ट के अनुसार, सकल घरेलू उत्पाद का पहला अग्रिम अनुमान सामान्य रूप से 2024-25 में समग्र मांग में सुस्ती को दर्शाता है। हालांकि, सकारात्मक रूप से योगदान देने वाले घटकों में सरकारी खपत शामिल है, जो मौजूदा कीमतों के संदर्भ में 8.5 प्रतिशत (वास्तविक कीमतों के संदर्भ में 4.1 प्रतिशत) बढ़ी है। निर्यात में भी आठ प्रतिशत (वास्तविक कीमतों के संदर्भ में 5.9 प्रतिशत) की सकारात्मक वृद्धि दर्ज की गई है।
किन कारकों ने बढ़ाई चिंता
एसबीआई रिसर्च का कहना है कि मांग का चिंताजनक पहलू सकल पूंजी निर्माण में मंदी है, जिसमें पूंजी निर्माण में वृद्धि 2.70 प्रतिशत घटकर 7.2 प्रतिशत रह गई है। रिपोर्ट के अनुसार, "कुल मिलाकर स्थिति यह है कि मांग कमजोर बनी हुई है और वित्त वर्ष 2024-25 में 6.4 प्रतिशत का आंकड़ा एक बाहरी सीमा है। वास्तविक वृद्धि निश्चित रूप से अनुमानित आंकड़े से कम है।"
राजकोषीय घाटे के बारे में यह कहा गया
रिपोर्ट में कहा गया है कि नवंबर 2024 के अंत में राजकोषीय घाटा 8.5 लाख करोड़ रुपये यानी बजट अनुमान का 52.5 प्रतिशत था। हालांकि, संशोधित जीडीपी आंकड़ों को ध्यान में रखते हुए, यदि कर प्राप्तियां बजट अनुमान के अनुरूप बढ़ती हैं, कम पूंजीगत व्यय के कारण सरकारी व्यय घटता है, तो चालू वित्त वर्ष में राजकोषीय घाटा जीडीपी का 4.9 प्रतिशत रहेगा।
हालांकि, यदि सरकार 16.1 लाख करोड़ रुपये के राजकोषीय घाटे के लक्ष्य पर कायम रहती है, तो संशोधित जीडीपी आंकड़ों के लिहाज से राजकोषीय घाटा पांच प्रतिशत पर ही रहेगा। केंद्रीय बजट में सरकार ने चालू वित्त वर्ष में राजकोषीय घाटे को सकल घरेलू उत्पाद के 4.9 प्रतिशत तक सीमित रखने का लक्ष्य रखा है।
वीहांत टेक्नोलॉजीज ने गैर-परिवर्तनीय ऋणपत्र से जुटाए 90 लाख डॉलर
8 Jan, 2025 11:13 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली । कृत्रिम मेधा (एआई) आधारित सुरक्षा तथा निगरानी समाधान प्रदाता वीहांत टेक्नोलॉजीज ने ट्रू नॉर्थ के ‘प्राइवेट क्रेडिट फंड’ से गैर-परिवर्तनीय ऋणपत्र के जरिये वित्तपोषण के एक दौर में 90 लाख अमेरिकी डॉलर यानी करीब 77 करोड़ रुपये जुटाये हैं। कंपनी ने मंगलवार को बयान में कहा कि वीहांत ने अपनी वर्तमान पेशकशों को बढ़ाने तथा विमानन सुरक्षा, स्मार्ट शहरों और उद्यम विश्लेषण के लिए नवीन समाधान विकसित करने के लिए अनुसंधान व विकास गतिविधियों को बढ़ाने हेतु 75 प्रतिशत धनराशि खर्च करने की योजना बनाई है। वीहांत के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि ट्रू नॉर्थ से जुटाई गई यह धनराशि हमें विमानन सुरक्षा, स्मार्ट और सुरक्षित शहरों और उद्यम विश्लेषण समाधानों के क्षेत्रों में और अधिक अत्याधुनिक उत्पादों को विकसित करने और उन्हें पेश करने में मदद करेगी। यह हमें पश्चिम एशिया तथा यूरोप में भौगोलिक विस्तार में भी मदद करेगा। उन्होंने कहा कि गैर-परिवर्तनीय ऋणपत्र (एनसीडी) के जरिये जुटाई गई राशि 2026 तक 12 से 18 महीनों के भीतर आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) लाने और कंपनी को सूचीबद्ध कराने की तैयारियों के लिए महत्वपूर्ण होगी।
इंडो फार्म का शेयर 20 प्रतिशत से अधिक बढ़त के साथ सूचीबद्ध
8 Jan, 2025 10:10 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली । इंडो फार्म इक्विपमेंट का शेयर अपने निर्गम मूल्य 215 रुपये से 20 प्रतिशत से अधिक बढ़कर मंगलवार को बाजार में सूचीबद्ध हुआ। बीएसई पर शेयर ने 258.40 रुपये पर शुरुआत की जो निर्गम मूल्य से 20.18 प्रतिशत का बढ़त दिखाता है। इसके बाद यह 33.44 प्रतिशत चढ़कर 286.90 रुपये पर पहुंच गया। एनएसई पर यह 19 प्रतिशत की बढ़त के साथ 256 रुपये पर सूचीबद्ध हुआ। कंपनी का बाजार मूल्यांकन 1,355.30 करोड़ रुपये रहा। इंडो फार्म इक्विपमेंट के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) को पिछले दिनों बोली के अंतिम दिन तक 227.57 गुना अभिदान मिला था। कंपनी के 260 करोड़ रुपये के आईपीओ के लिए मूल्य दायरा 204-215 रुपये प्रति शेयर तय किया गया था। इंडो फार्म इक्विपमेंट ट्रैक्टर, पिक एंड कैरी क्रेन और अन्य कृषि उपकरण बनाती है।
सुप्रीम कोर्ट के फैसले से खाताधारकों को मिली बड़ी राहत
8 Jan, 2025 09:09 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली । सुप्रीम कोर्ट ने हाल ही में एक महत्वपूर्ण फैसला सुनाया है, जिसमें उन्होंने खाताधारकों को बड़ी राहत देने का निर्णय लिया है। कोर्ट ने कहा है कि अगर किसी ग्राहक के खाते से अनधिकृत और धोखाधड़ी वाला ऑनलाइन लेनदेन होता है, तो उसे तीन दिनों के भीतर रिजर्व बैंक को शिकायत दर्ज करानी होगी। इस मामले में बैंक को ग्राहक को नुकसान की राशि की भरपाई करनी होगी। इस फैसले से ग्राहकों को सुरक्षा और विश्वास भी मिलेगा। जस्टिस जे.बी. पारदीवाला और जस्टिस आर. महादेवन की बेंच ने कहा कि बैंकों को धोखाधड़ी वाले लेन-देन का पता लगाने और रोकने के लिए तकनीकों का सही उपयोग करना चाहिए। यह फैसला न केवल ग्राहकों को सुरक्षित बनाएगा, बल्कि बैंकों को भी उनकी सुरक्षा प्रणालियों को मजबूत करने के लिए मजबूर करेगा। ग्राहकों को सलाह दी गई है कि वे सतर्क रहें और किसी के साथ ओटीपी साझा न करें। इस फैसले के तहत भारतीय स्टेट बैंक को एक ग्राहक को 94,204 रुपये का मुआवजा देने का आदेश दिया गया है। यह मामला 18 अक्टूबर 2021 को हुए एक अनधिकृत लेन-देन के मामले से जुड़ा है। सुप्रीम कोर्ट ने गुवाहाटी हाईकोर्ट के फैसले को बरकरार रखा है और एसबीआई की याचिका को खारिज कर दिया गया है। यह फैसला ग्राहकों को समय पर शिकायत दर्ज करने के लिए प्रोत्साहित करेगा और बैंकों को उनकी सुरक्षा प्रणालियों को मेहराबान करेगा। ग्राहकों को अब यह आशा है कि उनकी शिकायतों की ठीक कार्रवाई की जाएगी और उनके नुकसान की पूर्ति होगी।
पेट्रोकेमिकल सेक्टर में एंट्री लेगा अडाणी ग्रुप
8 Jan, 2025 08:07 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली। अडाणी ग्रुप अब पेट्रोकेमिकल सेक्टर में कदम रखने जा रही है। इसके लिए अडाणी एंटरप्राइजेज लिमिटेड की सब्सिडियरी कंपनी अडाणी पेट्रोकेमिकल्स लिमिटेड ने थाईलैंड की इंडोरामा रिसोर्जेज लिमिटेड के साथ पार्टनरशिप की है। इस ज्वाइंट वेंचर का नाम वेलोर पेट्रोकेमिकल्स लिमिटेड रखा गया है, जिसमें दोनों कंपनियों की 50 प्रतिशत-50 प्रतिशत की हिस्सेदारी रहेगी।
एक्सचेंज फाइलिंग के अनुसार, वेलोर पेट्रोकेमिकल्स लिमिटेड रिफाइनरी, पेट्रोकेमिकल और केमिकल बिजनेस को स्थापित करेगी। अडाणी पेट्रोकेमिकल्स की स्थापना स्टेप वाइज तरीके से रिफाइनरियों, पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स, स्पेशिएलिटी केमिकल यूनिट्स और हाइड्रोजन प्लांट्स को डेवलप करने के लिए स्थापित किया गया था। ग्रुप के चेयरमैन गौतम अडाणी ने 2022 में कहा था कि अडाणी ग्रुप गुजरात में एक पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स में 4 बिलियन डॉलर से ज्यादा का निवेश करना चाहता है।
अडाणी एंटरप्राइजेज के शेयर में 1.50 प्रतिशत की तेजी
अडाणी एंटरप्राइजेज अभी 1.50 प्रतिशत की तेजी के साथ 2,511.60 रुपए के स्तर पर कारोबार कर रहा है। पिछले 6 महीने में इस शेयर ने 19.33 प्रतिशत और इस साल अब तक 2.14 प्रतिशत का निगेटिव रिटर्न दिया है।
कल्याण ज्वैलर्स का राजस्व 39 प्रतिशत बढ़ा
7 Jan, 2025 06:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली । चालू वित्त वर्ष 2024-25 की तीसरी तिमाही में कल्याण ज्वैलर्स का राजस्व सालाना आधार पर 39 प्रतिशत बढ़ा। मजबूत त्यौहारी और शादी-ब्याह की मांग से इसे बल मिला। कंपनी का वित्त वर्ष 2023-24 की तीसरी तिमाही (अक्टूबर-दिसंबर) में एकीकृत राजस्व 5,223.07 करोड़ रुपये रहा था। कल्याण ज्वैलर्स के भारतीय परिचालन में राजस्व वृद्धि वित्त वर्ष 2024-25 की तीसरी तिमाही में 41 प्रतिशत तथा पश्चिम एशिया में 22 प्रतिशत रही। कंपनी ने अगले वित्त वर्ष 2025-26 में भारत तथा विदेशों में कल्याण व डिजिटल मंच ‘कैंडेरे फॉर्मेट’ में 170 नए शोरूम शुरू करने की योजना बनाई है। 31 दिसंबर 2024 तक कंपनी के अपने सभी ब्रांड के 349 शोरूम थे।
तुअर की दाल के दामों में भारी गिरावट
7 Jan, 2025 05:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
इंदौर । भारत के बाजारों में तुअर के दामों में भारी गिरावट देखने को मिल रही है। अभी तक 500 रूपये प्रति क्विंटल की गिरावट आ चुकी है। उत्पादक मंडियों मे तुअर की आवक बढ़ रही है। दाल मिलों और स्टॉकिस्टों की ठंडी मांग के चलते बाजार में गिरावट का रुख बना हुआ है।
बाजार से प्राप्त जानकारी के अनुसार आयातकों की बिकवाली होने से बाजारों में तुअर दाल के दामों में लगातार गिरावट देखने को मिल रही है। इंदौर की मंडी में तुवर के भाव 6900 प्रति क्विंटल रह गए हैं।व्यापारियों के अनुसार मुंबई पोर्ट पर लेमन तुअर 6900 सफेद तुअर 6500 तथा उड़द का 7800 रुपए प्रति क्विंटल पर पर कारोबार हो रहा है।
रिवर की मार्च तक भारत में 25 नए स्टोर खोलने की योजना
7 Jan, 2025 11:18 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बेंगलुरु। रिवर भारत की जानी-मानी खुदरा कंपनी ने इस साल मार्च तक देशभर में 25 नए स्टोर्स खोलने की योजना घोषित की है। इस योजना के अंतर्गत कंपनी ने अपने खुदरा कारोबार का विस्तार करने का निर्णय लिया है। पहला स्टोर कोयंबटूर में कोठारी लेआउट पर खोला गया है, जो तमिलनाडु में इस प्रकार की दूसरी सुविधा है। रिवर के एक वरिष्ठ अधिकारी ने इस संबंध में कहा कि चेन्नई में हमारे प्रथम स्टोर की सफलता के बाद हम अब पूरे तमिलनाडु में विस्तार के लिए तैयार हैं। हम अन्य राज्यों में भी अपनी सुविधाओं को पहुंचाने के उद्देश्य में कार्रवाई कर रहे हैं। कंपनी का लक्ष्य वार्षिक आय को दोगुना करना है, और इसके लिए वह कई उद्यानिकरण कार्यक्रम चला रही है। अल फुतैम ग्रुप, यामाहा मोटर सहित मित्सुई एंड कंपनी लिमिटेड जैसे बड़े निवेशकों का समर्थन कंपनी को मिल रहा है। रिवर वर्तमान में अपने लोकप्रिय स्कूटर इंडी की खुदरा कीमत 1,42,999 रुपये पर बेच रही है और इसके साथ ही नए स्टोर्स में ई-मोबिलिटी सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी। रिवर की यह पहल बाजार में बड़ी संभावनाएं बनाती है और उसे एक विशेष स्थान देती है।
मैक्रोटेक डेवलपर्स की बिक्री बुकिंग 32 प्रतिशत बढ़कर 4,510 करोड़ पहुंची
7 Jan, 2025 10:07 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली । रियल एस्टेट कंपनी मैक्रोटेक डेवलपर्स लिमिटेड की बिक्री बुकिंग में तेजी देखी जा रही है। अक्टूबर-दिसंबर तिमाही में कंपनी ने सालाना आधार पर 32 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाते हुए 4,510 करोड़ रुपये की बिक्री बुकिंग दर्ज की। इससे पहले, 2023 में यही तिमाही में बिक्री बुकिंग 3,410 करोड़ रुपये रही थी। मैक्रोटेक डेवलपर्स का वित्त वर्ष 2024-25 के पहले नौ महीनों का कारोबार भी कर रहा है। उन्होंने इस वित्त वर्ष के दौरान बिक्री बुकिंग में 25 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की है, जो पिछले वर्ष की समयावधि में 10,300 करोड़ रुपये से बढ़कर 12,820 करोड़ रुपये हो गई है। मैक्रोटेक डेवलपर्स की लोढ़ा ब्रांड के तहत संपत्तियां बेचने वाली यह कंपनी देश के अग्रणी रियल एस्टेट डेवलपरों में से एक है। उनकी मुंबई महानगर क्षेत्र (एमएमआर) और पुणे आवासीय संपत्ति बाजार में मजबूत उपस्थिति है, जिसके अलावा उन्होंने बेंगलुरु आवास बाजार में भी अपनी अच्छी पहचान बनाई है। कंपनी ने सोमवार को शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि उनकी सर्वश्रेष्ठ तिमाही बिक्री बुकिंग दर्ज करने पर उन्हें गर्व महसूस हो रहा है, और वे हर साल के मुकाबले नए ऊंचाईयों की ओर बढ़ रहे हैं।
अंडों की कीमतें बढ़ीं, 70 फीसदी तक हुआ महंगा
7 Jan, 2025 09:21 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
कैलिफोर्निया । कैलिफोर्निया राज्य में बर्ड फ्लू (एवियन इन्फ्लूएंजा) की समस्या के कारण अंडों की कीमतों में भारी बढ़ोतरी हो गई है। सर्दियों के मौसम में अंडों की मांग ज्यादा हो जाती है, लेकिन बर्ड फ्लू की वजह से आपूर्ति में कमी आ गई है। इस कारण अंडों की कीमतें रिकॉर्ड स्तर तक पहुंच गई हैं। पिछले दो महीनों में कैलिफोर्निया में अंडों की कीमतों में 70 फीसदी तक की बढ़ोतरी हुई है। एक रिपोर्ट के अनुसार एक दर्जन बड़े अंडों की कीमत 0.78 डॉलर बढ़कर 8.97 डॉलर हो गई है। वहीं दक्षिणी कैलिफोर्निया में जंबो अंडों की कीमत 8.91 डॉलर से बढ़कर 9.10 डॉलर के बीच हो गई है। अमेरिका में सर्दियों के दौरान, खासकर छुट्टियों के मौसम में बर्फबारी के चलते अंडों की खपत काफी बढ़ जाती है। यूएसडीए (यूनाइटेड स्टेट्स डिपार्टमेंट ऑफ एग्रीकल्चर) के अनुसार, जंबो अंडे सबसे बड़े होते हैं और उनके बाद अतिरिक्त बड़े, बड़े और मध्यम अंडे होते हैं। हालांकि, पूरे देश में अंडों की कीमतें कुछ हद तक घटीं हैं, लेकिन अभी भी वे उच्च स्तर पर बनी हुई हैं। यूएसडीए के अनुसार, बर्ड फ्लू (एचपीएआई) के बढ़ते मामलों के कारण अंडों की आपूर्ति संकट पैदा हुआ है। इस फ्लू की वजह से लाखों अंडे देने वाली मुर्गियों को मार दिया गया था। दिसंबर के अंत तक, 128 मिलियन से अधिक पक्षी इस बीमारी से संक्रमित हो चुके थे। इसके परिणामस्वरूप अंडों की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है और इस संकट का असर 2024 के अंत तक बने रहने की संभावना है। इस समय कैलिफोर्निया में अंडों की बढ़ती कीमतें और आपूर्ति में कमी चिंता का विषय बन गई हैं। खासकर ठंडे देशों में जहां अंडे महत्वपूर्ण खाद्य सामग्री माने जाते हैं, वहां इस समस्या का असर और भी ज्यादा महसूस किया जा रहा है।
हादसे के बाद प्रशासन सख्त, सुपरवाइजर पर गिरी गाज और कंपनी हुई ब्लैकलिस्ट
शिक्षा मंत्रालय में बड़ा बदलाव! प्रल्हाद जोशी ने संभाला कार्यभार
'न कर्फ्यू-न दंगा, सब चंगा', योगी के बयान से मैनपुरी की सियासत गरमाई
