मध्य प्रदेश
नमो ड्रोन दीदी योजना ने ग्रामीण महिलाओं को बनाया स्वावलंबी
28 May, 2025 11:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : “नमो ड्रोन दीदी योजना” ने आज ग्रामीण महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता को एक नई उड़ान दे दी है। इस योजना ने ग्रामीण महिलाओं को तकनीक और सरकारी सहयोग से आत्मनिर्भर और आर्थिक रूप से सशक्त बनाया है। इस योजना से महिलाओं के जीवन में वास्तविक परिवर्तन आ रहा है।
एक कृषि सीजन में रीना चंदेल अर्जित कर रही 40 हजार से अधिक की आमदनी
आगर-मालवा जिले के ग्राम थड़ौदा की रीना चंदेल की जिंदगी को योजना से एक नई दिशा मिली है। रीना बताती हैं कि वे अब किसानों के खेतों में नैनो यूरिया और नैनो पेस्टिसाइड का ड्रोन से छिड़काव करती हैं। इसके बदले उन्हें प्रति हेक्टेयर की दर से भुगतान प्राप्त होता है। केवल एक कृषि सीजन में वे 40,000 रूपये से अधिक की आमदनी कर लेती हैं और सालभर में यह आय 1 लाख रूपये तक पहुंच जाती है। साथ ही, वे किसानों को नैनो टेक्नोलॉजी के उपयोग के प्रति जागरूक भी कर रही हैं।
उनका अनुभव बताता है कि ड्रोन तकनीक से संतुलित और प्रभावी छिड़काव संभव होता है, जिससे किसानों को शत-प्रतिशत लाभ मिलता है। मजदूरों की तुलना में यह प्रक्रिया कम समय और कम लागत में पूरी हो जाती है। एक हेक्टेयर खेत में मात्र 5 से 10 मिनट में स्प्रे संभव है।
रीना चंदेल वर्ष 2024 से इस योजना से जुड़ीं और उन्होंने इंदौर एवं भोपाल में ड्रोन संचालन का प्रशिक्षण प्राप्त किया। यह प्रशिक्षण उन्हें मध्यप्रदेश ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत निशुल्क दिया गया। इतना ही नहीं, योजना के अंतर्गत उन्हें निशुल्क ड्रोन भी प्रदान किया गया, जिससे वे खेती में ड्रोन तकनीक का उपयोग कर आय अर्जित कर सकें।
किसानों के सलाहकार के रूप में छाई है ड्रोन दीदी निधा
ग्वालियर के मोहना तथा आस-पास के गाँवों में इन दिनों ड्रोन दीदी निधा की चर्चा छाई है। ड्रोन तकनीक से नैनो उर्वरकों का छिड़काव का काम शुरू कर निधा इस इलाके में कृषि क्षेत्र में एक नई क्रांति को आगे बढ़ा रही हैं। साथ ही इस काम के जरिए आत्मनिर्भर बनकर महिला सशक्तिकरण की इबारत लिख रही हैं। सरकार द्वारा संचालित “नमो ड्रोन दीदी” योजना ने निधा को यह काम करने का अवसर मुहैया कराया है।
ग्वालियर जिले की नगर परिषद मोहना की निवासी सुनिधा अख्तर बताती हैं कि भारत सरकार द्वारा संचालित नमो ड्रोन दीदी योजना ने मेरी जिंदगी बदल दी है। मैंने मोहना तथा आसपास के गाँवों के 325 किसानों के खेतों में धान, मटर, सरसों, टमाटर व अन्य सब्जियों वाली फसलों के करीबन 2250 एकड़ से अधिक रकबे पर ड्रोन से नैनो उर्वरक का छिड़काव किया है। निधा का कहना है कि नैनो उर्वरक छिड़काव से एक वर्ष से भी कम समय में मुझे लगभग साढ़े तीन लाख रूपए की शुद्ध आय हुई है।
निधा अख्तर बताती हैं कि मुझे इस योजना के तहत इफको द्वारा ग्वालियर के एमआईटीएस कॉलेज में ड्रोन उड़ाने का नि:शुल्क प्रशिक्षण दिलाया गया था। इसके बाद उन्हें संचालनालय नागर विमानन मंत्रालय भारत सरकार से ड्रोन पायलट का लायसेंस मिल गया। लायसेंस मिलने के बाद उनको इफको द्वारा एक ड्रोन, एक इलेक्ट्रिक गाड़ी व एक जनरेटर उपलब्ध कराया गया है। यहीं से हमारी जिंदगी बदल गई। अब हम किसी पर निर्भर नहीं रहे हैं।
निधा अख्तर की सफलता की यह दास्तां यह साबित करती है कि यदि सही अवसरों को पहचानकर आगे बढ़ा जाए तो कामयाबी अवश्य मिलती है। निधा के आत्मविश्वास, मेहनत और तकनीकी समझ से मिली यह सफलता अन्य महिलाओं के लिये प्रेरणास्त्रोत बन गई है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति धन्यवाद जाहिर करते हुए निधा बोलीं कि सरकार सही मायने में महिलाओं को आगे बढ़ाने के लिये भरपूर अवसर प्रदान कर रही है।
उल्लेखनीय है कि संयुक्त राज्य अमेरिका के काउंसिल जनरल माइक हैंकी ने ड्रोन दीदी निधा अख्तर से भी मुलाकात की। उन्होंने निधा से फसलों में ड्रोन तकनीक से नैनो यूरिया व नैनो डीएपी छिड़काव के बारे में जानकारी ली।
महिला सशक्तिकरण का प्रेरणास्पद उदाहरण
28 May, 2025 10:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : लद्दाख की गलवान घाटी में 15 जून 2020 को मातृभूमि की रक्षा करते हुए वीरगति को प्राप्त हुए शहीद दीपक सिंह की पत्नी रेखा सिंह ने साहस, दृढ़ता और संकल्प का परिचय देते हुए भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट बनकर अपने पति के अधूरे सपने को साकार किया। रेखा सिंह की यह उपलब्धि महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक प्रेरणादायक उदाहरण है।
रीवा जिले के ग्राम फरेदा निवासी रेखा सिंह का जीवन कठिनाइयों और संघर्षों से भरा रहा, लेकिन उन्होंने हर चुनौती का डटकर सामना किया। विवाह के मात्र 15 माह बाद उन्होंने अपने पति को खो दिया। शहीद दीपक सिंह को मरणोपरांत वीर चक्र से सम्मानित किया गया। मध्यप्रदेश शासन द्वारा शहीद परिवार को एक करोड़ रुपये की सहायता राशि दी गई। इसके साथ ही रेखा सिंह को शिक्षाकर्मी वर्ग-दो के पद पर नियुक्ति प्रदान की गई।
रेखा सिंह, जो विवाह पूर्व जवाहर नवोदय विद्यालय सिरमौर में शिक्षिका थीं, ने पति की प्रेरणा से सेना में जाने का सपना देखा था। पति की शहादत के बाद उन्होंने इस सपने को अपनी प्रेरणा बना लिया। कठिन परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी। पहले प्रयास में सफलता नहीं मिलने के बावजूद, दूसरे प्रयास में उनका चयन भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट के पद पर हुआ। चेन्नई में एक वर्ष का प्रशिक्षण पूर्ण कर उन्होंने सेना में अपनी सेवाएं प्रारंभ कीं। यह संयोग ही है कि उनकी पोस्टिंग उसी क्षेत्र में हुई है, जहां उनके पति देश की रक्षा करते हुए शहीद हुए थे।
रेखा सिंह कहती हैं कि मेरी ये सफलता इस क्षेत्र में आने का सपना देखने वाली हर एक नारीशक्ति को प्रेरणा देगा। उन्होंने बताया कि मैंने अपनी बहनों की हौसलाफजाई के लिए भी सेना ज्वाइन की है। इससे समाज में फैली रूढ़िवादिता को तोड़ने में भी मदद मिलेगी।
रेखा सिंह की इस अभूतपूर्व सफलता में रीवा जिला प्रशासन और जिला सैनिक कल्याण कार्यालय का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा, जिन्होंने चयन की प्रक्रिया में उन्हें मार्गदर्शन और सहयोग प्रदान किया।
रेखा सिंह की कहानी इस बात का प्रमाण है कि विपरीत परिस्थितियों में भी साहस और सकारात्मक सोच के साथ कोई भी लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने नारी शक्ति और आत्मबल का एक अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया है, जो समाज में प्रेरणा का स्रोत बनेगा।
उप मुख्यमंत्री ने ओरछा में भगवान रामराजा सरकार के किए दर्शन
28 May, 2025 10:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने निवाड़ी जिले के अल्पप्रवास के दौरान ऐतिहासिक एवं धार्मिक नगरी ओरछा में भगवान रामराजा सरकार के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने प्रदेशवासियों की सुख, समृद्धि एवं निरंतर विकास की कामना की।
उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा कि भगवान रामराजा सरकार आस्था, श्रद्धा और विश्वास के प्रतीक हैं। उनका आशीर्वाद हमें सेवा, समर्पण और सुशासन के पथ पर अग्रसर रहने की प्रेरणा देता है। ओरछा की धार्मिक, ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत पूरे देश में अद्वितीय है। विधायक निवाड़ी अनिल जैन, कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़, पुलिस अधीक्षक डॉ. राय सिंह नरवरिया सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, उपस्थित रहे।
स्वच्छता की कार्य-योजना आगामी 10 वर्षों को देखकर तैयार करें
28 May, 2025 10:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : प्रदेश के नगरीय क्षेत्रों को स्वच्छ बनाये रखने के लिये मिलकर कार्य करने की जरूरत है। स्वच्छता के मामले में मध्यप्रदेश की राष्ट्रीय स्तर पर पहचान है। इस पहचान को बरकरार रखना नगरीय निकायों के लिये चुनौतीपूर्ण है। इसके लिये नगरीय निकायों को आगामी 10 वर्ष के लिये स्वच्छता की कार्य-योजना तैयार करनी होगी। इसी के साथ नगरीय निकायों को क्षमतावर्धन के लिये रणनीति भी तैयार करनी होगी। यह विचार आयुक्त नगरीय प्रशासन एवं विकास संकेत एस. भोंडवे की अध्यक्षता में हुई कार्यशाला में व्यक्त किये गये।
कार्यशाला का उद्देश्य राज्य स्तर पर चयनित स्वच्छता नॉलेज पार्टनर्स से सीधा संवाद करना था। कार्यशाला में 45 नगरीय निकायों के अधिकारियों ने सहभागिता की। कार्यशाला में केपेसिटी बिल्डिंग नीड असिस्मेंट (सीबीएनए) के माध्यम से क्षमताबर्धन आवश्यकताओं को चिन्हित करने पर जोर दिया गया। कार्यशाला भोपाल के भारतीय वन प्रबंधन संस्थान में आयोजित की गयी। कार्यशाला में नगरीय निकायों की स्थितियाँ, प्राथमिकताएँ, निकायों और राज्य की अपेक्षाओं जैसे विषयों पर चर्चा की गयी। कार्यशाला में राष्ट्रीय स्तर की 4 स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि भी शामिल हुए।
पूरा देश मना रहा है देवी अहिल्याबाई का 300वां जन्म जयंती वर्ष - मुख्यमंत्री डॉ. यादव
28 May, 2025 10:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि राष्ट्र से बढ़कर कुछ नहीं है। राष्ट्र का हित सर्वोपरि है। भारत देश में महिलाएं तब भी सशक्त थीं, जब उन्हें कम अधिकार थे और आज भी उतनी ही सशक्त हैं, जब उन्हें सर्वाधिकार प्राप्त हैं। महारानी दुर्गावती और देवी अहिल्याबाई ने अपने साहस, शौर्य, पराक्रम और कौशल से न केवल शासन किया अपितु प्रशासन व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में एक आदर्श प्रस्तुत किया। दोनों का जीवन आसान नहीं था, इनके जीवन में नाना प्रकार के संघर्ष थे, अवरोध थे, कठिनाईयां थीं, दुश्वारियां थीं, फिर भी इन्होंने हार नहीं मानी और अंतत: सारी कठिनाईयों से लड़कर और जूझकर उन्होंने अपना मुकाम हासिल किया। यही वजह है कि आज हम इन्हें उनके पराक्रम के लिए जानते हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव बुधवार को भोपाल के महिला पॉलिटेक्निक कॉलेज में छात्राओं से आत्मीय संवाद कर रहे थे।
सीएम की पाठ्शाला
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कॉलेज के फैशन टेक्नोलॉजी डिपार्टमेंट की छात्राओं से उनके क्लासरूम में 'सीएम की पाठशाला' लगाई और सभी बेटियों से गुरूतुल्य व पितातुल्य संवाद किया। मुख्यमंत्री ने छात्राओं को मध्यप्रदेश की महारानी दुर्गावती और लोकमाता देवी अहिल्याबाई के सम्पूर्ण जीवन वृतांत पर रोचकतापूर्वक प्रकाश डालकर छात्राओं का ज्ञान संवर्धन किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने छात्राओं के आल्हाद में सहभागी बनकर उनके साथ सेल्फी भी ली।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि महारानी दुर्गावती ने अकबर की सेना के साथ लड़ाई की और अंतत: खुद को न्यौछावर कर दिया। मुख्यमंत्री ने छात्राओं को बताया कि महारानी दुर्गावती ने जबलपुर में आधारताल, मदन महल बनाया। ऐसी जल संरचनाएं बनवाईं कि एक तालाब भरने के बाद अगला तालाब, उसके बाद उसके अगले तालाब में जल संरक्षण होता रहा। इससे प्रजा को जल संचयन की प्रेरणा मिली। उन्होंने कहा कि तकनीक के मामले में तब के शासक भी अग्रणी थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने छात्राओं की रानी दुर्गावती की शौर्य गाथा विस्तार से बताते हुए कहा कि हमें इस बात का गर्व है कि वे मध्यप्रदेश की महारानी थीं।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने लोकमाता देवी अहिल्याबाई के बारे में छात्राओं को बताया कि उन्होंने अपने करीब 28 साल के शासन में देश को शासन व्यवस्था की एक नई परिभाषा सिखाई। उन्होंने जगह-जगह मंदिर बनवाए, घाट बनवाए, यात्रियों के लिए सराय (विश्राम गृह), अन्न क्षेत्र, तीर्थ क्षेत्र बनवाए। महिला सशक्तिकरण की मिसाल कायम करते हुए देवी अहिल्याबाई ने विधवा विवाह कराए। इससे वे तत्समय विधवाओं के जीवन में एक नया सवेरा लेकर आईं। उन्होंने सबके साथ समान रूप से न्याय किया। वे एक अच्छी बेटी, अच्छी बहु, अच्छी पत्नी के साथ एक ममतामयी मां भी थीं।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि देवी अहिल्याबाई को न केवल उनके माता-पिता ने वरन् उनके सास-ससुर ने भी अपनी बेटी की तरह पाला था और अपने बेटे से बढ़कर देवी अहिल्याबाई को सत्ता के सूत्र सौंपे, शासन चलाने का प्रशिक्षण भी दिया। अहिल्याबाई ने जीवनपर्यंत नारी सशक्तिकरण के लिए काम किया। उन्होंने तत्कालीन महिलाओं को सशक्त बनाते हुए महेश्वरी साड़ी बनाने में कुशल बनाया। इससे महिलाएं आत्मनिर्भर बनीं। महेश्वरी साड़ियां हमें देवी अहिल्याबाई की सौगात है। अहिल्याबाई ने अपनी सास गोतमाबाई से प्राप्त खासगी की रकम से कई मंदिर और घाट बनवाए। महेश्वर को अपनी राजधानी बनाई। वे सच्चे अर्थों में नारी सशक्तिकरण का एक आदर्श व्यक्तित्व थीं। उन्होंने देश को सिखाया कि मंदिर और तीर्थयात्रा सिर्फ पूजा के लिए नहीं होते, इससे पर्यटन बढ़ता है और पर्यटन व देशाटन से आंतरिक संबंध बनते हैं, इससे सांस्कृतिक राष्ट्रवाद को बढ़ावा मिलता है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने छात्राओं को बताया कि देवी अहिल्याबाई होल्कर का जन्म 31 मई 1725 को एक मराठा हिन्दू परिवार में चौंडी नामक गांव में हुआ था, जो आजकल महाराष्ट्र के अहमदनगर में आता है। चूंकि 31 मई को उनके जन्म के 300 साल पूरे हो रहे हैं, यही कारण है कि आज न केवल मध्यप्रदेश बल्कि पूरा देश उनका 300वां जयंती वर्ष हर्षोल्लास से मना रहा है। उन्होंने कहा कि 31 मई को स्वयं प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी देवी अहिल्याबाई की स्मृति में आयोजित महिला सशक्तिकरण महासम्मेलन में शामिल होने भोपाल पधार रहे हैं। उन्होंने बेटियों से कहा कि वे कार्यक्रम में आएं और देवी अहिल्याबाई के व्यक्तित्व एवं कृतित्व से प्रेरणा लें।
'सीएम की पाठशाला' कार्यक्रम में बेटियों ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव से प्रश्न भी पूछे। मुख्यमंत्री ने सभी प्रश्नों के बड़ी सहजता और मनुहार के साथ जवाब दिए।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने महिला पॉलिटेक्निक कॉलेज में 'होलिस्टिक अपस्किलिंग नारी शक्ति प्रोजेक्ट' के तहत छात्राओं द्वारा चीनी मिट्टी से तैयार किए गए नए-नए घरेलू उत्पाद, लाईट लैम्प, डिजाइनर मिरर, फेब्रिक, डिजाईनर कुर्ते-कुर्ती और अन्य प्रादर्शों का अवलोकन किया और बेटियों के नवाचारों की मुक्तकंठ से सराहना की। इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक श्री भगवानदास सबनानी, समाजसेवी श्री रविन्द्र यति, कॉलेज के प्राचार्य श्री राव सहित अन्य जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी व कॉलेज के अध्यापक एवं छात्राएं उपस्थित थीं।
उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने झाँसी में एशिया के पहले नेट-जीरो पुस्तकालय का किया अवलोकन
28 May, 2025 09:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने झाँसी में एशिया के पहले नेट-ज़ीरो पुस्तकालय का अवलोकन किया। उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा कि यह मॉडल प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के पर्यावरणीय संतुलन और सतत विकास के विजन का जीवंत उदाहरण है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने में वैश्विक स्तर पर अग्रणी भूमिका निभा रहा है।
उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश सरकार ग्रीन इंफ्रास्ट्रक्चर, वैकल्पिक ऊर्जा स्रोतों और पर्यावरण-अनुकूल निर्माण कार्यों को प्राथमिकता दे रही है। राज्य में सतत औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने के लिए ठोस रणनीति पर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास शिक्षा, ऊर्जा, आत्मनिर्भरता और पर्यावरण संरक्षण को एकीकृत करते हुए विकास को नई दिशा देते हैं।
झांसी पुस्तकालय झांसी विकास प्राधिकरण (उत्तर प्रदेश सरकार) द्वारा निर्मित किया गया है। झाँसी पुस्तकालय को विश्व बैंक की सहयोगी संस्था अंतरराष्ट्रीय वित्त निगम (आईएफसी) द्वारा एशिया का पहला नेट-ज़ीरो पुस्तकालय घोषित किया गया है। इस पुस्तकालय ने शत-प्रतिशत ऊर्जा बचत प्राप्त की है। इसकी सम्पूर्ण ऊर्जा आवश्यकताओं की पूर्ति स्थानीय नवीकरणीय ऊर्जा स्रोतों जैसे सौर पैनलों और विंड टरबाइन के माध्यम से की जाती है। यह परियोजना भारत के नेट-ज़ीरो लक्ष्य 2070 के अनुरूप भी है।
भारत संतों और ऋषियों की भूमि, संत और ऋषि करते हैं सही मार्गदर्शन : उप मुख्यमंत्री शुक्ल
28 May, 2025 09:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा है कि भारत संतों, ऋषियों और मनीषियों की भूमि है। संत और ऋषि हमें जीवन जीने का सही रास्ता दिखाते हैं। उन्होंने कहा कि मेरा सौभाग्य है कि मुझे श्रीमद्जगतगुरु राजेन्द्र दास जी महाराज धाम वृन्दावन के दर्शन प्राप्त हुए हैं। उप मुख्यमंत्री शुक्ल निवाड़ी जिले के प्रवास के दौरान कनक भवन मंदिर, भक्तमाली आश्रम ओरछा में श्रीमद्भागवत कथा में शामिल हुए। उन्होंने कथावाचक श्रीमद्जगतगुरु राजेन्द्र दास जी महाराज से आशीर्वाद प्राप्त किया।
उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने उपस्थित जनों से गौ-सेवा और गौ-पूजन के महत्व पर विचार साझा किए। उन्होंने कहा कि गौ-पूजन भारतीय धर्म, संस्कृति और जीवनदृष्टि का मूल आधार है। यह केवल आस्था का विषय नहीं, बल्कि समस्त प्राणीमात्र के प्रति करुणा, सहअस्तित्व और प्रकृति-मैत्री के भाव का प्रतीक है। विधायक निवाड़ी अनिल जैन सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
मध्यप्रदेश में बनी फिल्म ‘होमबाउंड’ ने कान्स फिल्म फेस्टिवल में मचाई धूम
28 May, 2025 09:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मध्यप्रदेश, एक बार फिर विश्व सिनेमा के पटल पर छाया हुआ है। 78वें कान्स फिल्म फेस्टिवल में मध्यप्रदेश में शूट हुई और नीरज घेवान द्वारा निर्देशित फीचर फिल्म “होमबाउंड” को सराहना मिली है। फिल्म का “कान्स अन सर्टेन रिगार्ड” सेक्शन में प्रीमियर शो कान्स फिल्म फेस्टिवल के दौरान किया गया। यह एकमात्र भारतीय फिल्म है, जो इस प्रतिष्ठित सेक्शन में चुनी गई है। कान्स फिल्म फेस्टिवल में अंतर्राष्ट्रीय फिल्म निर्माताओं, निर्देशकों के साथ–साथ कलाकारों और दर्शकों द्वारा फिल्म की प्रशंसा करते हुए 9 मिनट तक खड़े होकर तालियां बजाते हुए सम्मान किया गया। अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त, ऑस्कर विजेता, अमेरिकन फिल्म मेकर डायरेक्टर मार्टिन स्कॉर्सेस के इस फिल्म से जुड़ने से इसकी अंतर्राष्ट्रीय साख मजबूत हुई है।
यह उपलब्धि न केवल राज्य की सृजनात्मक संभावनाओं को दर्शाती है, बल्कि इसे वैश्विक फिल्म निर्माण के लिए एक पसंदीदा लोकेशन के रूप में स्थापित करती है। वर्ष 2024 में फिल्म ‘होमबाउंड’ का बड़ा हिस्सा मध्यप्रदेश के भोपाल और आसपास के क्षेत्र में प्राकृतिक, सांस्कृतिक और शहरी परिवेश में शूट किया गया है। फिल्म की अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर प्रशंसा राज्य की फिल्म अनुकूल नीतियों और फिल्म की कहानी के अनुसार उपयुक्त लोकेशनों की सफलता का प्रमाण है।
उल्लेखनीय है कि होमबाउंड फिल्म धर्मा प्रोडक्शन के बैनर तले बनी है। मध्यप्रदेश में शूट होने वाली यह उनकी पांचवीं फिल्म है। फिल्म के निर्माता करण जौहर हैं। निर्देशक नीरज घेवान हैं, इससे पहले उनके निर्देशन में बनी “मसान” फिल्म को भी दर्शकों ने खूब सराहा था। होमबाउंड में कलाकार ईशान खट्टर, विशाल जेठवा और जान्हवी कपूर मुख्य भूमिका में हैं। कान्स फिल्म फेस्टिवल में सराहना मिलने पर पूरी टीम काफी खुश है। होमबाउंड टीम ने मध्यप्रदेश में सुगम शूटिंग अनुभव के लिए अपनी सराहना व्यक्त की। विभिन्न प्रकार के लोकेशनों की आसान उपलब्धता से लेकर स्थानीय समुदायों के सहयोग तक, फिल्म निर्माताओं ने प्रदेश को एक आदर्श शूटिंग डेस्टिनेशन के रूप में सराहा। कई सदस्यों ने भविष्य की परियोजनाओं के लिए यहां दोबारा लौटने की प्रबल इच्छा जताई है।
संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेंद्र भाव सिंह लोधी ने इस उपलब्धि पर “होमबाउंड” की टीम को बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश की प्राकृतिक विविधता, ऐतिहासिक विरासत और सिनेमा-फ्रेंडली वातावरण ने एक बार फिर स्वयं को सिद्ध किया है। होमबाउंड जैसी अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर प्रशंसित फिल्म का हमारे प्रदेश में शूट होना और फिल्म की टीम द्वारा अनुभव की गई सहजता, हमारे फिल्म नीति और स्थानीय समुदायों के सहयोग का प्रमाण है। हमें गर्व है कि मध्यप्रदेश अब वैश्विक फिल्मकारों की पसंद बनता जा रहा है। राज्य सरकार फिल्म इंडस्ट्री को हर संभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है, जिससे अधिक से अधिक राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय प्रोजेक्ट्स यहां आएं।
प्रमुख सचिव पर्यटन एवं संस्कृति तथा प्रबंध संचालक, मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड शिव शेखर शुक्ला ने फिल्म “होमबाउंड” के निर्माता–निर्देशकों और कलाकारों के साथ पूरी टीम को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी है। प्रमुख सचिव शुक्ला ने कहा कि फिल्म निर्माताओं के लिए मनभावन शूटिंग स्थलों के साथ, शूटिंग फ्रेंडली स्थानीय नागरिक, फिल्म सहयोगी ईको सिस्टम, समृद्ध स्थानीय संस्कृति के साथ मध्यप्रदेश विशेष रूप से ईज ऑफ शूटिंग डेस्टिनेशन बन गया है। विशेष सहायता राशि और सिंगल विंडो फिल्म शूटिंग अनुमति प्रदान करते हुए हम स्थानीय टैलेंट को भी प्रोत्साहित कर रहे हैं। हम देश-दुनिया के फिल्म निर्माताओं का स्वागत करते हैं कि वे यहां आकर अपनी रचनात्मक कल्पनाओं को साकार करें। होमबाउंड की इस ऐतिहासिक उपलब्धि ने यह सिद्ध कर दिया है कि मध्यप्रदेश रचनात्मकता और सिनेमा का केंद्र भी बनता जा रहा है।
नई टूरिज्म पॉलिसी ने काम किया आसान
मध्यप्रदेश की नई फिल्म टूरिज्म पॉलिसी ने निर्माता–निर्देशकों का काम आसान किया है। सिंगल विंडो सिस्टम के जरिए अनुमति प्राप्त करने की प्रक्रिया आसान हुई है, वहीं सब्सिडी से निर्माता–निर्देशकों को प्रोत्साहन मिला है। मध्यप्रदेश की फिल्म टूरिज्म पॉलिसी के बाद प्रदेश में 350 से अधिक फिल्में और वेबसीरीज शूट हो चुकी हैं। अब तक 12 हिंदी फिल्मों, 1 तेलुगु फिल्म और 6 वेब सीरीज को 24 करोड़ रुपये से अधिक का वित्तीय अनुदान दिया जा चुका है। प्रदेश को वर्ष 2022 में “मोस्ट फिल्म फ्रेंडली स्टेट” का अवॉर्ड भी मिल चुका है।
वीर सैनिकों के सम्मान में आन-बान-शान से निकली तिरंगा यात्रा
28 May, 2025 09:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बुधवार को बैतूल जिले के सारणी में देश के वीर सैनिकों के सम्मान में भव्य तिरंगा यात्रा में शामिल हुए। वीर सैनिकों के सम्मान में आन बान और शान से तिरंगा यात्रा निकाली गई। तिरंगा यात्रा में अपार जन समूह शामिल हुआ। ढोल बाजे और मृदंग की मधुर थाप पर आदिवासी लोक नर्तको का दल आगे-आगे आकर्षक लोक-नृत्य प्रस्तुत करता हुआ चल रहा था। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने वंदे मातरम और भारत माता की जय का उद्घोष किया। सड़कों के दोनों और से अपार जन-समूह ने मुख्यमंत्री पर फूलों की वर्षा की। अंबेडकर चौराहे पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।
तिरंगा यात्रा में जगह-जगह बनाए गए स्वागत मंच से पूर्व सैनिकों, सामाजिक संगठनों, व्यापारिक संघ, जनजातीय समाज, स्व सहायता समूह की महिलाएं, युवा, बुजुर्गों और लाडली बहनों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। यात्रा में लोक स्वास्थ्य परिवार कल्याण राज्य मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल एवं सारणी के विधायक योगेश पंडाग्रे सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी शामिल हुए।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति: आयोजन को राष्ट्रीय स्वरूप
28 May, 2025 09:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल में छात्राओं को रानी दुर्गावती की शौर्य गाथा सुनाई. उन्होंने कहा हमें गर्व है कि वे मध्यप्रदेश की महारानी थीं. उन्होंने कहा कि 31 मई को उनकी 300वीं जयंती है, पूरा देश उनको याद कर रहा है. इस दिन पीएम मोदी भी भोपाल आ रहे हैं. महारानी दुर्गावती और देवी अहिल्याबाई जैसी शख्सियतों से सीखें...
छात्राओं के साथ सीएम मोहन यादव
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भारत में महिलाएं पहले भी सशक्त थीं, जब उन्हें कम अधिकार थे और आज भी उतनी ही सक्षम हैं जब उन्हें सर्वाधिकार प्राप्त हैं. महारानी दुर्गावती और देवी अहिल्याबाई ने अपने साहस, शौर्य, पराक्रम और कौशल से न केवल शासन किया बल्कि प्रशासन व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में एक आदर्श प्रस्तुत किया. इन्होंने कभी हार नहीं मानी. सारी कठिनाइयों से लड़कर अपना मुकाम हासिल किया. आज हम इन्हें उनके पराक्रम के लिए जानते हैं. मुख्यमंत्री डॉ. यादव बुधवार को भोपाल के महिला पॉलिटेक्निक कॉलेज में छात्राओं से संवाद कर रहे थे. मुख्यमंत्री ने इस दौरान छात्राओं को मध्यप्रदेश की महारानी दुर्गावती और लोकमाता देवी अहिल्याबाई के सम्पूर्ण जीवन वृतांत सुनाये. मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने छात्राओं के आल्हाद में सहभागी बनकर उनके साथ सेल्फी भी ली.
अकबर की सेना से भी मुकाबला
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि महारानी दुर्गावती ने अकबर की सेना के साथ लड़ाई की और खुद को न्यौछावर कर दिया. महारानी दुर्गावती ने जबलपुर में आधारताल, मदन महल बनाया. ऐसी जल संरचनाएं बनवाईं कि एक तालाब भरने के बाद अगला तालाब, उसके बाद उसके अगले तालाब में जल संरक्षण होता रहा. इससे प्रजा को जल संचयन की प्रेरणा मिली.
शासन व्यवस्था की एक नई परिभाषा सिखाई
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने छात्राओं को बताया कि उन्होंने अपने करीब 28 साल के शासन में देश को शासन व्यवस्था की एक नई परिभाषा सिखाई. उन्होंने जगह-जगह मंदिर बनवाए, घाट बनवाए, यात्रियों के लिए सराय, अन्न क्षेत्र, तीर्थ क्षेत्र बनवाए. महिला सशक्तिकरण की मिसाल कायम करते हुए देवी अहिल्याबाई ने विधवा विवाह कराए. उन्होंने सबके साथ समान रूप से न्याय किया. वे एक अच्छी बेटी, अच्छी बहु, अच्छी पत्नी के साथ एक ममतामयी मां भी थीं. मुख्यमंत्री ने कहा कि देवी अहिल्याबाई ने जीवनपर्यंत नारी सशक्तिकरण के लिए काम किया. उन्होंने तत्कालीन महिलाओं को सशक्त बनाते हुए महेश्वरी साड़ी बनाने में कुशल बनाया. इससे महिलाएं आत्मनिर्भर बनीं. महेश्वरी साड़ियां हमें देवी अहिल्याबाई की सौगात है. अहिल्याबाई ने अपनी सास गोतमाबाई से प्राप्त खासगी की रकम से कई मंदिर और घाट बनवाए. महेश्वर को अपनी राजधानी बनाई. इससे पर्यटन बढ़ता है और पर्यटन व देशाटन से आंतरिक संबंध बनते हैं, इससे सांस्कृतिक राष्ट्रवाद को बढ़ावा मिलता है.
31 मई को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आएंगे भोपाल
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि देवी अहिल्याबाई होल्कर का जन्म 31 मई 1725 को एक मराठा हिन्दू परिवार में चौंडी नामक गांव में हुआ था, जो आजकल महाराष्ट्र के अहमदनगर में आता है. चूंकि उन्होंने कहा कि 31 मई को स्वयं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी देवी अहिल्याबाई की स्मृति में आयोजित महिला सशक्तिकरण महासम्मेलन में शामिल होने भोपाल पधार रहे हैं.
मोहन कैबिनेट का बड़ा फैसला: विभागाध्यक्षों के वित्तीय अधिकारों में बढ़ोतरी, कर्मचारियों को मिलेगा सीधा लाभ
28 May, 2025 07:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल: मध्य प्रदेश की मोहन सरकार ने 13 साल पुराना नियम बदलते हुए सरकारी विभागाध्यक्षों के वित्तीय अधिकार बढ़ा दिए है. इसमें विभाग 80 प्रतिशत मेडिकल एडवांस दे सकेंगे, अब उन्हें लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग की अनुमति या परामर्श की आवश्यकता नहीं होगी. इससे कर्मचारी या आश्रित के बीमार होने पर मिलने वाला मेडिकल अग्रिम अब आसानी से मिल जाएगा. मंगलवार को मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में वित्तीय अधिकार पुस्तिका 2025 भाग-1 का अनुमोदन कर इज ऑफ डूइंग बिजनेस शासकीय कायों में लाने का प्रयास हैं. अनुमोदित वित्तीय अधिकार 1 जुलाई, 2025 से लागू होंगे. वित्त विभाग को लिपिकीय त्रुटियों को सुधारने और भावी आवश्यकताओं के अनुसार संशोधन करने की अनुमति दी गई है. इसके पहले 2012 में अधिकार बढ़ाए गए थे.
जुलाई से लागू होंगे नए नियम, इस तरह मिलेगा लाभ
कैबिनेट बैठक द्वारा वित्तीय अधिकार पुस्तिका 2025, भाग-1 का अनुमोदन किया गया है. वित्त विभाग को लिपिकीय त्रुटियों को सुधारने और भावी आवश्यकताओं के अनुसार संशोधन करने की अनुमति दी गई है.
हिन्दी अनुवाद जारी करने की भी अनुमति दी गई है. अनुमोदित वित्तीय अधिकार 1 जुलाई, 2025 से लागू होंगे.
वित्तीय अधिकार पुस्तिका 2012, भाग-1 में संशोधन के प्रमुख कारणों में 13 वर्ष से अधिक की अवधि में विभिन्न मदों के मूल्यों/लागतों में वृद्धि, कार्यालय संचालन से संबंधित कतिपय नवीन स्वरूपों के व्यय भी प्रचलन में आये हैं.
अप्रासंगिक हो गई मदों का विलोपन, वर्तमान परिप्रेक्ष्य में नवीन मदों को सम्मिलित किया जाना, अप्रासंगिक हो चुके कार्यालयीन उपकरण / सामग्री का विलोपन, अधिकारों का विकेंद्रीकरण के क्रियान्वयन में गति प्रदान करने के लिए, बजट प्रावधान का समयसीमा में उपयोग शामिल हैं.
वित्तीय अधिकार पुस्तिका 2012, भाग-1 में संशोधन नवीन प्रावधान अंतर्गत्बजट नियंत्रण अधिकारी घोषित किया जाने के लिए प्रशासकीय विभाग को अधिकार, Consultancy Firm/ Agency से कार्य के लिए अधिकार, Interns को संलग्न करने के लिए अधिकार, मूलभूत नियम 46 अंतर्गत मानदेय की स्वीकृति, पेंशन / उपदान के अधिक भुगतान को write off करने का अधिकार है.
विभागीय भवन तोड़ने की अनुमति संबधित विभाग देगा. 80 प्रतिशत मेडिकल एडवांस देने का अधिकार विभाग को, स्वास्थ्य एवं चिकित्सा विभाग की अनुमति/परामर्श की आवश्यकता नहीं होगी.
कैबिनेट बैठक के प्रमुख बिन्दु
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 31 मई को भोपाल के जम्बूरी मैदान से सिंहस्थ महापर्व की तैयारियों के अंतर्गत ‘नमामि क्षिप्रे परियोजना’ के तहत घाट निर्माण एवं अन्य कार्यों का वर्चुअल भूमि-पूजन करेंगे.
प्रधानमंत्री मोदी 83.39 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित होने वाले बैराज/स्टॉप डैम/वेटेड कॉजवे का भी भूमि-पूजन करेंगे. साथ ही कालियादेह स्टॉप डैम के 1.39 करोड़ रूपए लागत के मरम्मत कार्य भी शुरू होंगे.
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 31 मई को प्रदेश के दो प्रमुख तीर्थ स्थलों दतिया और सतना को हवाई उड़ान की ऐतिहासिक सौगात देंगे. भोपाल से वर्चुअली दतिया और सतना में नव निर्मित एयरपोर्ट्स का लोकार्पण करेंगे.
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी शनिवार 31 मई 2025 को भोपाल से वर्चुअली इंदौर मेट्रो के सुपर प्रायोरिटी कॉरिडोर पर यात्री सेवा का शुभारंभ करेंगे.
28 मई को सृजनशील लाड़ली के तहत नवाचार, उद्यमिता एवं नेतृत्व दिवस मनाकर बैतूल में राज्य स्तरीय महिला उद्यमिता मेले का आयोजन कर विभिन्न गतिविधियां की जाएंगी.
29 मई को आरोग्यमयी नारी के तहत छतरपुर में महिला स्वास्थ्य एवं कल्याण दिवस के तहत महिला स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जाएगा.
30 मई को जिला एवं ब्लॉक स्तर पर विशेष महिला स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जाएगा.
31 मई को भोपाल के जम्बूरी मैदान में लोकमाता देवी अहिल्याबाई की 300वीं जयंती के अवसर पर नरेन्द्र मोदी की गरिमामयी उपस्थिति में महिला सशक्तिकरण महासम्मेलन का आयोजन .करीब 2 लाख महिला उद्यमी, कामगार, महिला स्व-सहायता समूह, लाड़ली बहनें शामिल होंगी.
मंत्रिपरिषद की अगली बैठक 3 जून को पचमढ़ी में होगी. यह बैठक पचमढ़ी क्षेत्र के राजा भभूतसिंह के सम्मान में आयोजित की जाएगी.
भोपाल महिला पॉलिटेक्निक पहुँचे CM मोहन यादव, बेटियों को बताया प्रदेश का भविष्य
28 May, 2025 06:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यदव ने आज राजधानी भोपाल के शिवाजी नगर में स्थित महिला पॉलिटेक्निक कॉलेज पहुंचकर छात्राओं से संवाद किया और उनके कौशल विकास पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन किया. मुख्यमंत्री ने छात्राओं की प्रतिभा को देखकर कहा कि अपनी प्रतिभा और योग्यता के बल पर विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ रहीं बेटियां ही प्रदेश-देश का भविष्य हैं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 31 मई को भोपाल में आयोजित हो रहे महिला सशक्तिकरण सम्मेलन में शामिल होने आ रहे हैं, इस सम्मेलन में करीब 2 लाख महिलाओं के शामिल होने का अनुमान है, इसमें स्वरोजगार से जुड़ी महिलाएं, उद्यमी महिलाएं, कार्पोरेट में जॉब कर रहीं महिलाएं, छात्राएं सहित अन्य अलग अलग क्षेत्रों में काम कर रही महिलाएं शामिल होंगी.
जब सीएम डॉ मोहन यादव ने ली छात्राओं के साथ सेल्फी
लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर की जन्म जयंती पर आयोजित हो रहे कार्यक्रमों की श्रंखला में ये महिला सम्मेलन आयोजित हो रहा है, इसी क्रम में आज मुख्यमंत्री महिला पॉलिटेक्निक पहुंचे और छात्राओं से संवाद किया, संवाद का जो माहौल था वो बहुत ही सहज और आत्मीय था, सीएम इतने सहज हो गए कि उन्होंने सेल्फी लेने का आग्रह कर रही छात्राओं के साथ उनका मोबाइल लेकर खुद उनके साथ सेल्फी ली.
कौशल, ज्ञान और समर्पण से अपनी नई पहचान बना रहीं बेटियां
सीएम ने कहा लोकमाता देवी अहिल्याबाई जी होल्कर ने शिक्षा से मातृशक्ति के सशक्तिकरण, स्वावलंबन एवं समृद्धि के जो प्रतिमान स्थापित किए थे, उसकी उज्ज्वल झलक देख हृदय आनंदित है. अपनी प्रतिभा और योग्यता के बल पर विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ रहीं बेटियां ही प्रदेश-देश का भविष्य हैं. कौशल, ज्ञान और समर्पण से अपनी नई पहचान बना रहीं बेटियों को अपने लक्ष्य तक पहुंच कर सर्वोच्च सफलता प्राप्त करने हेतु मेरी अग्रिम शुभकामनाएं हैं.
हमारी बहनों की जिंदगी बेहतर बने यही प्रयास
मीडिया से बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि ये महिला पॉलिटेक्निक मेरे जन्म से भी पहले बना है मैं यहाँ बहनों से मिलने आया हूँ पॉलिटेक्निक से दक्षता से हमारी बहनों की जिंदगी बेहतर बने, रानी दुर्गावती, अहिल्याबाई, झांसी की रानी ये मध्य प्रदेश की बेटियां रहीं जिन्होंने शासन भी चलाया बलिदान का उदाहरण बनी.
रानी दुर्गावती, अहिल्याबाई, रानी लक्ष्मीबाई से गौरवांवित है हमारा अतीत
मुख्यमंत्री ने कहा कि जब सुशासन की बात आती है, महिला सशक्तिकरण की बात आती है. तो हमारी बहनों के अतीत के हिस्सों में को भी जानने की जरुरत है. अंग्रेजों ने जो भ्रम फैलाया था कि हमारे यहाँ महिलाओं की इज्जत नहीं होती तो हमें अतीत को देखकर बताना चाहिए कि कैसे रानी दुर्गावती ने 300 साल पहले अकबर को परास्त किया और बलिदान दिया कैसे वो 52 युद्ध जीतीं, अहिल्या बाई, रानी झाँसी का शौर्य सब जानते है ये हमारा गौरवशाली अतीत है.
नेपाल जा रही बस पलटी, 200 मीटर तक घिसटती रही, 1 मजदूर की मौत, 30 घायल
28 May, 2025 12:44 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
शिवपुरी: जिले के बदरवास थानांतर्गत फोरलेन हाईवे पर मंगलवार दोपहर भीषण हादसा हो गया. नेपाली मजदूरों से भरी यात्री बस पलटने से उसमें सवार एक मजदूर की मौत हो गई. जबकि करीब 30 मजदूर घायल हो गए. गंभीर रूप से घायल मजदूरों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भर्ती कराया गया है. जानकारी के अनुसार, यात्री बस क्रमांक एमपी-07 P 7787 सोमवार की रात को पुणे महाराष्ट्र से गाेवा और महाराष्ट्र में मजदूरी करने वाले नेपाली व उत्तर प्रदेश के मजदूरों को लेकर नेपाल बार्डर पर स्थित रपूटिया जाने के लिए रवाना हुई थी. बस में करीब 80 यात्री सवार थे.
चालक को आई नींद, घिसटती चली गई बस
मंगलवार की शाम 4 बजे बस गुना के पास पहुंची तो गुना व बदरवास के बार्डर पर बस के स्टाफ व सवारियों ने खाना खाया. इसके बाद बस अपने गंतव्य की ओर रवाना हो गई. कुछ दूर जाकर बस के चालक को नींद का झोंका आ गया और बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगी रेलिंग से 200 मीटर तक घिसटते हुए सड़क किनारे पलट गई. हादसे में बस में करीब 30 लोग घायल हो गए. गंभीर रूप से घायल 16 लोगों को उपचार के लिए शिवपुरी जिला अस्पताल रेफर किया गया है. हादसे में एक व्यक्ति की बस के नीचे दबने से मौत हुई है. फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है, परंतु बताया जा रहा है कि मृतक बस के स्टाफ में ही शामिल है.
घायलों में ये हैं शामिल
दीपा थापा, सोमीर भीका, दानकुमारी थापा, भोपाल क्षत्री, नीशा मोगर, कार्तिक बुद्धा, हिम्मत सिंह, हरका बहादुर साही, लक्ष्मण परिहार, नंदा सिंह, भगत साही, सिमल साहू, मिनिल विश्वकर्मा, नंदकला विष्ट, भीम बहादुर थापा, टिल बहादुर, दीपक थापा, युवा साही, फुकेंद्रा क्षत्री, थम्मा मल्लाह, तमन, विवेक ठाकुर, इंद्रा चौधरी, रमेश, अहान, चंद्रा क्षत्री, विमला नागर, मान बहादुर थापा, कोलसा थापा निवासीगण नेपाल और देवेंद्र कुशवाह, सुशीला कुशवाह, रेखा कुशवाह, देवांशु कुशवाह निवासीगण सूरतपुर जिला जालौन.
कोलारस तहसीलदार प्रदीप भार्गव ने बताया कि, बस में करीब 70 से 80 लोग सवार थे. इनमें से लगभग 35 लोग घायल हुए हैं. कुछ घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर किया है. हादसे में एक व्यक्ति की मौत हुई है, फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है.'' एसडीएम अनूप श्रीवास्तव ने जानकारी देते हुए कहा, बस पुणे से नेपाल बॉर्डर तक जा रही थी. गुना व बदरवास के बार्डर पर बस बेकाबू होकर पलट गई. हादसे में एक व्यक्ति की जान चली गई. वहीं घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है. मामले में जांच की जा रही है.''
"सिंधिया पर सवाल उठाना पड़ा भारी, भाजपा विधायक की धमकी चर्चा में"
28 May, 2025 12:25 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
अशोकनगर । अशोकनगर जिले के चंदेरी से भाजपा विधायक जगन्नाथ सिंह रघुवंशी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में विधायक रघुवंशी कथित तौर पर वीडियो कॉल पर किसी व्यक्ति से बात करते हुए नजर आ रहे हैं, जिसमें वे ज्योतिरादित्य सिंधिया के खिलाफ बोलने वालों की 'जुबान काटने' की धमकी देते हुए नजर आ रहे हैं। यह वीडियो उस समय सामने आया है, जब हाल ही में ग्राम पंचायत सचिवों और रोजगार सहायकों की बैठक के दौरान जिला पंचायत सीईओ राजेश जैन द्वारा जनप्रतिनिधियों के खिलाफ की गई कथित अभद्र टिप्पणी को लेकर विवाद चल रहा है। बताया जा रहा है कि इसी विवाद के संदर्भ में विधायक ने जुबान काटने की धमकी दी है।
बैठक में सीईओ की टिप्पणी बनी विवाद की जड़
जानकारी के अनुसार, सोमवार को ईसागढ़ जनपद पंचायत में सचिवों और रोजगार सहायकों की बैठक चल रही थी। इस दौरान जनपद सीईओ के पास जिला पंचायत सीईओ राजेश जैन का कॉल आया, इस दौरान कॉल को स्पीकर पर रखकर सांसद-विधायकों के खिलाफ अपमानजनक शब्द कहे। पंचायत सचिवों का आरोप है कि जैन ने फोन पर सचिवों को अपमानजनक भाषा में जूते मारने की धमकी दी, कहा- इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि वे किसके आदमी हैं। इससे गुस्साए सचिवों ने बैठक का बहिष्कार कर दिया था।
मुख्यमंत्री को सौंपा शिकायत पत्र
इस मामले को लेकर चंदेरी विधायक जगन्नाथ सिंह रघुवंशी ने मंगलवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात की और उन्हें एक लिखित शिकायत सौंपी। पत्र में विधायक ने आरोप लगाया कि समीक्षा बैठक के दौरान महिला अधिकारियों की उपस्थिति में जिला पंचायत सीईओ ने सचिवों और रोजगार सहायकों के प्रति गाली-गलौच और अभद्र भाषा का प्रयोग किया, जो न केवल प्रशासनिक मर्यादा के विरुद्ध है, बल्कि महिला कर्मचारियों की गरिमा को भी ठेस पहुंचाता है। विधायक ने पत्र में मुख्यमंत्री से मांग की कि इस मामले की निष्पक्ष जांच के लिए उच्च स्तरीय समिति का गठन कर दोषी अधिकारी के खिलाफ त्वरित कार्रवाई की जाए।
वायरल वीडियो से बढ़ा विवाद
वहीं, इस पूरे मामले के बीच विधायक का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसमें वे कथित तौर पर सिंधिया के खिलाफ बोलने वालों की "जुबान काटने" की बात करते दिख रहे हैं। यह वीडियो अब राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में नई बहस का कारण बन गया है। फिलहाल, इस पूरे मामले पर जिला प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
मध्यप्रदेश में मानसून का काउंटडाउन शुरू, इस बार सामान्य से अधिक बारिश संभव
28 May, 2025 11:42 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : केरल में मानसून की एंट्री के बाद मध्यप्रदेश में बारिश की राह देख रहे लोगों के लिए खुशखबरी है. इस बार मध्यप्रदेश में झमाझम बारिश हो सकती है. मौसम विभाग ने मध्यप्रदेश में 108 फीसदी बारिश का पूर्व अनुमान जारी किया है. मौसम विभाग के डीजीएम डॉ. एम महापात्रा ने पुर्वानुमान जारी करते हुए कहा, '' देशभर में इस बार सामान्य बारिश होगी. वहीं, मध्यप्रदेश में मानसून 8 से 10 दिन पहले आ सकता है. मानसून 7 जून तक मध्यप्रदेश पहुंच सकता है.''
जबलपुर-सागर संभाग में सबसे ज्यादा बारिश का अनुमान
मौसम विभाग ने मध्यप्रदेश में इस बार अच्छी बारिश की उम्मीद जताई है. मौसम विभाग के मुताबिक पूर्व मध्यप्रदेश में 108 फीसदी तक बारिश हो सकती है. इनमें खासतौर से सागर संभाग, जबलपुर और शहडोल संभाग में सबसे ज्यादा बारिश हो सकती है. इसके अलावा प्रदेश के बाकी इलाकों नर्मदापुरम, भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, चंबल, उज्जैन, रीवा संभागों में भी भरपूर बारिश की संभावना जताई गई है.
समय से पहले आ रहा मानसून
मध्यप्रदेश में इस बार मानसून समय से 10 दिन पहले अपनी दस्तक दे देगा. मौसम विभाग के मुताबिक इस बार मानसून प्रदेश के बालाघाट, अनूपपुर, बुरहानपुर, मंडला, सिवनी, बैतूल, बड़वानी को तरबतर करते हुए दाखिल होगा और फिर धीरे-धीरे पूरे मध्यप्रदेश में छा जाएगा. मौसम वैज्ञानिक डॉ. दिव्या ई. सुरेन्द्रन ने बताया, '' मानसून सही रफ्तार से आगे बढ़ रहा है और समय से मध्यप्रदेश में दस्तक देने की उम्मीद है.''
मानसून की दस्तक, इन जिलों में अलर्ट जारी
कल कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग ने मध्यप्रदेश के भोपाल, विदिशा, रायसेन, सिहोर, राजगढ़, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, बुरहानपुर, खंडवा, खरगौन, बड़वानी, अलीराजपुर, झाबुआ, धार, इंदौर, रतलाम, उज्जैन, देवास, शाजापुर, आगर, मंदसौर, नीमच, सिंगरौली, सीधी, अनुपपुर, शहडोल, उमरिया, डिंडोरी, कटनी, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला के अलावा बालाघाट, दमोह, सागर, पांढुर्णा में यलो अलर्ट जारी किया है. इन जिलों में 50 किलोमीटर की रफ्तार से तेज हवाएं और बारिश हो सकती है.
29 मई को कैसा रहेगा मौसम?
भोपाल, विदिशा, रायसेन, सिहोर, राजगढ़, बैतूल, हरदा, बुरहानपुर, खंडवा, खरगौन,बड़वानी, इंदौर, रतलाम, उज्जैन, देवास, शाजापुर, आगर, मंदसौर, नीमच, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, ग्वालियर, दितया, भिंड, मुरैना, श्योपुरकलां, सिंगरौली, सीधी, रीवा, मऊगंज, सतना, अनुपपुर, शहडोल, उमरिया, डिंडोरी, कटनी, जबलपुर, नरिसंहपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला,बालाघाट, पन्ना, दमोह, सागर, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी, मैहर के लिए यलो अलर्ट जारी. इन जिलों में 50 किलोमीटर की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है.
30 मई को कैसा रहेगा मौसम?
बैतूल, हरदा, बुरहानपुर, खंडवा, सिंगरौली, सीधी, रीवा, मऊगंज, सतना, अनुपपुर, शहडोल, उमरिया, डिंडोरी, कटनी, जबलपुर, नरिसंहपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, बालाघाट,छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी, मैहर में तेज हवा के साथ बारिश की चेतावनी जारी की गई है.
31 मई को कैसा रहेगा मौसम?
मध्यप्रदेश के बड़वानी, अलीराजपुर, झाबुला, धार, रतलाम, अनुपपुर, उमरिया, सिवनी, मंडला, बालाघाट, पांढुर्णा में 50 किलोमीटर की रफ्तार से तेज हवा और बारिश की संभावना.
प्रधानमंत्री आवास योजना से स्वयं के पक्के मकान का सपना हुआ साकार
केदारनाथ मंदिर में नए नियम लागू, मोबाइल इस्तेमाल पर पूरी तरह बैन
मनरेगा की ‘डबरी’ और ‘बिहान’ के सहयोग से सविता बनीं आत्मनिर्भर
दिलीप घोष बोले- बंगाल में खिलेगा कमल, BJP की जीत का भरोसा
लेमरू में दौड़ी जिंदगी की नई रफ्तार, संजीवनी 108 सेवा से ग्रामीणों को मिल रहा त्वरित उपचार
छत के नेट से टीम इंडिया की कैप तक का सफर
केदारनाथ धाम में उत्सव का माहौल, कल सुबह खुलेंगे कपाट
सुपर सकर मशीन द्वारा लगातार चौथे दिन तानसेन नगर में सीवर सफाई कार्य जारी
रायपुर प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के क्रियान्वयन में सूरजपुर बना प्रदेश में प्रथम स्थान पर
