मध्य प्रदेश
वीर सैनिकों के सम्मान में आन-बान-शान से निकली तिरंगा यात्रा
28 May, 2025 09:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बुधवार को बैतूल जिले के सारणी में देश के वीर सैनिकों के सम्मान में भव्य तिरंगा यात्रा में शामिल हुए। वीर सैनिकों के सम्मान में आन बान और शान से तिरंगा यात्रा निकाली गई। तिरंगा यात्रा में अपार जन समूह शामिल हुआ। ढोल बाजे और मृदंग की मधुर थाप पर आदिवासी लोक नर्तको का दल आगे-आगे आकर्षक लोक-नृत्य प्रस्तुत करता हुआ चल रहा था। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने वंदे मातरम और भारत माता की जय का उद्घोष किया। सड़कों के दोनों और से अपार जन-समूह ने मुख्यमंत्री पर फूलों की वर्षा की। अंबेडकर चौराहे पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।
तिरंगा यात्रा में जगह-जगह बनाए गए स्वागत मंच से पूर्व सैनिकों, सामाजिक संगठनों, व्यापारिक संघ, जनजातीय समाज, स्व सहायता समूह की महिलाएं, युवा, बुजुर्गों और लाडली बहनों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। यात्रा में लोक स्वास्थ्य परिवार कल्याण राज्य मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल एवं सारणी के विधायक योगेश पंडाग्रे सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी शामिल हुए।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति: आयोजन को राष्ट्रीय स्वरूप
28 May, 2025 09:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल में छात्राओं को रानी दुर्गावती की शौर्य गाथा सुनाई. उन्होंने कहा हमें गर्व है कि वे मध्यप्रदेश की महारानी थीं. उन्होंने कहा कि 31 मई को उनकी 300वीं जयंती है, पूरा देश उनको याद कर रहा है. इस दिन पीएम मोदी भी भोपाल आ रहे हैं. महारानी दुर्गावती और देवी अहिल्याबाई जैसी शख्सियतों से सीखें...
छात्राओं के साथ सीएम मोहन यादव
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भारत में महिलाएं पहले भी सशक्त थीं, जब उन्हें कम अधिकार थे और आज भी उतनी ही सक्षम हैं जब उन्हें सर्वाधिकार प्राप्त हैं. महारानी दुर्गावती और देवी अहिल्याबाई ने अपने साहस, शौर्य, पराक्रम और कौशल से न केवल शासन किया बल्कि प्रशासन व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में एक आदर्श प्रस्तुत किया. इन्होंने कभी हार नहीं मानी. सारी कठिनाइयों से लड़कर अपना मुकाम हासिल किया. आज हम इन्हें उनके पराक्रम के लिए जानते हैं. मुख्यमंत्री डॉ. यादव बुधवार को भोपाल के महिला पॉलिटेक्निक कॉलेज में छात्राओं से संवाद कर रहे थे. मुख्यमंत्री ने इस दौरान छात्राओं को मध्यप्रदेश की महारानी दुर्गावती और लोकमाता देवी अहिल्याबाई के सम्पूर्ण जीवन वृतांत सुनाये. मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने छात्राओं के आल्हाद में सहभागी बनकर उनके साथ सेल्फी भी ली.
अकबर की सेना से भी मुकाबला
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि महारानी दुर्गावती ने अकबर की सेना के साथ लड़ाई की और खुद को न्यौछावर कर दिया. महारानी दुर्गावती ने जबलपुर में आधारताल, मदन महल बनाया. ऐसी जल संरचनाएं बनवाईं कि एक तालाब भरने के बाद अगला तालाब, उसके बाद उसके अगले तालाब में जल संरक्षण होता रहा. इससे प्रजा को जल संचयन की प्रेरणा मिली.
शासन व्यवस्था की एक नई परिभाषा सिखाई
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने छात्राओं को बताया कि उन्होंने अपने करीब 28 साल के शासन में देश को शासन व्यवस्था की एक नई परिभाषा सिखाई. उन्होंने जगह-जगह मंदिर बनवाए, घाट बनवाए, यात्रियों के लिए सराय, अन्न क्षेत्र, तीर्थ क्षेत्र बनवाए. महिला सशक्तिकरण की मिसाल कायम करते हुए देवी अहिल्याबाई ने विधवा विवाह कराए. उन्होंने सबके साथ समान रूप से न्याय किया. वे एक अच्छी बेटी, अच्छी बहु, अच्छी पत्नी के साथ एक ममतामयी मां भी थीं. मुख्यमंत्री ने कहा कि देवी अहिल्याबाई ने जीवनपर्यंत नारी सशक्तिकरण के लिए काम किया. उन्होंने तत्कालीन महिलाओं को सशक्त बनाते हुए महेश्वरी साड़ी बनाने में कुशल बनाया. इससे महिलाएं आत्मनिर्भर बनीं. महेश्वरी साड़ियां हमें देवी अहिल्याबाई की सौगात है. अहिल्याबाई ने अपनी सास गोतमाबाई से प्राप्त खासगी की रकम से कई मंदिर और घाट बनवाए. महेश्वर को अपनी राजधानी बनाई. इससे पर्यटन बढ़ता है और पर्यटन व देशाटन से आंतरिक संबंध बनते हैं, इससे सांस्कृतिक राष्ट्रवाद को बढ़ावा मिलता है.
31 मई को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आएंगे भोपाल
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि देवी अहिल्याबाई होल्कर का जन्म 31 मई 1725 को एक मराठा हिन्दू परिवार में चौंडी नामक गांव में हुआ था, जो आजकल महाराष्ट्र के अहमदनगर में आता है. चूंकि उन्होंने कहा कि 31 मई को स्वयं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी देवी अहिल्याबाई की स्मृति में आयोजित महिला सशक्तिकरण महासम्मेलन में शामिल होने भोपाल पधार रहे हैं.
मोहन कैबिनेट का बड़ा फैसला: विभागाध्यक्षों के वित्तीय अधिकारों में बढ़ोतरी, कर्मचारियों को मिलेगा सीधा लाभ
28 May, 2025 07:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल: मध्य प्रदेश की मोहन सरकार ने 13 साल पुराना नियम बदलते हुए सरकारी विभागाध्यक्षों के वित्तीय अधिकार बढ़ा दिए है. इसमें विभाग 80 प्रतिशत मेडिकल एडवांस दे सकेंगे, अब उन्हें लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग की अनुमति या परामर्श की आवश्यकता नहीं होगी. इससे कर्मचारी या आश्रित के बीमार होने पर मिलने वाला मेडिकल अग्रिम अब आसानी से मिल जाएगा. मंगलवार को मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में वित्तीय अधिकार पुस्तिका 2025 भाग-1 का अनुमोदन कर इज ऑफ डूइंग बिजनेस शासकीय कायों में लाने का प्रयास हैं. अनुमोदित वित्तीय अधिकार 1 जुलाई, 2025 से लागू होंगे. वित्त विभाग को लिपिकीय त्रुटियों को सुधारने और भावी आवश्यकताओं के अनुसार संशोधन करने की अनुमति दी गई है. इसके पहले 2012 में अधिकार बढ़ाए गए थे.
जुलाई से लागू होंगे नए नियम, इस तरह मिलेगा लाभ
कैबिनेट बैठक द्वारा वित्तीय अधिकार पुस्तिका 2025, भाग-1 का अनुमोदन किया गया है. वित्त विभाग को लिपिकीय त्रुटियों को सुधारने और भावी आवश्यकताओं के अनुसार संशोधन करने की अनुमति दी गई है.
हिन्दी अनुवाद जारी करने की भी अनुमति दी गई है. अनुमोदित वित्तीय अधिकार 1 जुलाई, 2025 से लागू होंगे.
वित्तीय अधिकार पुस्तिका 2012, भाग-1 में संशोधन के प्रमुख कारणों में 13 वर्ष से अधिक की अवधि में विभिन्न मदों के मूल्यों/लागतों में वृद्धि, कार्यालय संचालन से संबंधित कतिपय नवीन स्वरूपों के व्यय भी प्रचलन में आये हैं.
अप्रासंगिक हो गई मदों का विलोपन, वर्तमान परिप्रेक्ष्य में नवीन मदों को सम्मिलित किया जाना, अप्रासंगिक हो चुके कार्यालयीन उपकरण / सामग्री का विलोपन, अधिकारों का विकेंद्रीकरण के क्रियान्वयन में गति प्रदान करने के लिए, बजट प्रावधान का समयसीमा में उपयोग शामिल हैं.
वित्तीय अधिकार पुस्तिका 2012, भाग-1 में संशोधन नवीन प्रावधान अंतर्गत्बजट नियंत्रण अधिकारी घोषित किया जाने के लिए प्रशासकीय विभाग को अधिकार, Consultancy Firm/ Agency से कार्य के लिए अधिकार, Interns को संलग्न करने के लिए अधिकार, मूलभूत नियम 46 अंतर्गत मानदेय की स्वीकृति, पेंशन / उपदान के अधिक भुगतान को write off करने का अधिकार है.
विभागीय भवन तोड़ने की अनुमति संबधित विभाग देगा. 80 प्रतिशत मेडिकल एडवांस देने का अधिकार विभाग को, स्वास्थ्य एवं चिकित्सा विभाग की अनुमति/परामर्श की आवश्यकता नहीं होगी.
कैबिनेट बैठक के प्रमुख बिन्दु
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 31 मई को भोपाल के जम्बूरी मैदान से सिंहस्थ महापर्व की तैयारियों के अंतर्गत ‘नमामि क्षिप्रे परियोजना’ के तहत घाट निर्माण एवं अन्य कार्यों का वर्चुअल भूमि-पूजन करेंगे.
प्रधानमंत्री मोदी 83.39 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित होने वाले बैराज/स्टॉप डैम/वेटेड कॉजवे का भी भूमि-पूजन करेंगे. साथ ही कालियादेह स्टॉप डैम के 1.39 करोड़ रूपए लागत के मरम्मत कार्य भी शुरू होंगे.
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 31 मई को प्रदेश के दो प्रमुख तीर्थ स्थलों दतिया और सतना को हवाई उड़ान की ऐतिहासिक सौगात देंगे. भोपाल से वर्चुअली दतिया और सतना में नव निर्मित एयरपोर्ट्स का लोकार्पण करेंगे.
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी शनिवार 31 मई 2025 को भोपाल से वर्चुअली इंदौर मेट्रो के सुपर प्रायोरिटी कॉरिडोर पर यात्री सेवा का शुभारंभ करेंगे.
28 मई को सृजनशील लाड़ली के तहत नवाचार, उद्यमिता एवं नेतृत्व दिवस मनाकर बैतूल में राज्य स्तरीय महिला उद्यमिता मेले का आयोजन कर विभिन्न गतिविधियां की जाएंगी.
29 मई को आरोग्यमयी नारी के तहत छतरपुर में महिला स्वास्थ्य एवं कल्याण दिवस के तहत महिला स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जाएगा.
30 मई को जिला एवं ब्लॉक स्तर पर विशेष महिला स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जाएगा.
31 मई को भोपाल के जम्बूरी मैदान में लोकमाता देवी अहिल्याबाई की 300वीं जयंती के अवसर पर नरेन्द्र मोदी की गरिमामयी उपस्थिति में महिला सशक्तिकरण महासम्मेलन का आयोजन .करीब 2 लाख महिला उद्यमी, कामगार, महिला स्व-सहायता समूह, लाड़ली बहनें शामिल होंगी.
मंत्रिपरिषद की अगली बैठक 3 जून को पचमढ़ी में होगी. यह बैठक पचमढ़ी क्षेत्र के राजा भभूतसिंह के सम्मान में आयोजित की जाएगी.
भोपाल महिला पॉलिटेक्निक पहुँचे CM मोहन यादव, बेटियों को बताया प्रदेश का भविष्य
28 May, 2025 06:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यदव ने आज राजधानी भोपाल के शिवाजी नगर में स्थित महिला पॉलिटेक्निक कॉलेज पहुंचकर छात्राओं से संवाद किया और उनके कौशल विकास पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन किया. मुख्यमंत्री ने छात्राओं की प्रतिभा को देखकर कहा कि अपनी प्रतिभा और योग्यता के बल पर विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ रहीं बेटियां ही प्रदेश-देश का भविष्य हैं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 31 मई को भोपाल में आयोजित हो रहे महिला सशक्तिकरण सम्मेलन में शामिल होने आ रहे हैं, इस सम्मेलन में करीब 2 लाख महिलाओं के शामिल होने का अनुमान है, इसमें स्वरोजगार से जुड़ी महिलाएं, उद्यमी महिलाएं, कार्पोरेट में जॉब कर रहीं महिलाएं, छात्राएं सहित अन्य अलग अलग क्षेत्रों में काम कर रही महिलाएं शामिल होंगी.
जब सीएम डॉ मोहन यादव ने ली छात्राओं के साथ सेल्फी
लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर की जन्म जयंती पर आयोजित हो रहे कार्यक्रमों की श्रंखला में ये महिला सम्मेलन आयोजित हो रहा है, इसी क्रम में आज मुख्यमंत्री महिला पॉलिटेक्निक पहुंचे और छात्राओं से संवाद किया, संवाद का जो माहौल था वो बहुत ही सहज और आत्मीय था, सीएम इतने सहज हो गए कि उन्होंने सेल्फी लेने का आग्रह कर रही छात्राओं के साथ उनका मोबाइल लेकर खुद उनके साथ सेल्फी ली.
कौशल, ज्ञान और समर्पण से अपनी नई पहचान बना रहीं बेटियां
सीएम ने कहा लोकमाता देवी अहिल्याबाई जी होल्कर ने शिक्षा से मातृशक्ति के सशक्तिकरण, स्वावलंबन एवं समृद्धि के जो प्रतिमान स्थापित किए थे, उसकी उज्ज्वल झलक देख हृदय आनंदित है. अपनी प्रतिभा और योग्यता के बल पर विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ रहीं बेटियां ही प्रदेश-देश का भविष्य हैं. कौशल, ज्ञान और समर्पण से अपनी नई पहचान बना रहीं बेटियों को अपने लक्ष्य तक पहुंच कर सर्वोच्च सफलता प्राप्त करने हेतु मेरी अग्रिम शुभकामनाएं हैं.
हमारी बहनों की जिंदगी बेहतर बने यही प्रयास
मीडिया से बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि ये महिला पॉलिटेक्निक मेरे जन्म से भी पहले बना है मैं यहाँ बहनों से मिलने आया हूँ पॉलिटेक्निक से दक्षता से हमारी बहनों की जिंदगी बेहतर बने, रानी दुर्गावती, अहिल्याबाई, झांसी की रानी ये मध्य प्रदेश की बेटियां रहीं जिन्होंने शासन भी चलाया बलिदान का उदाहरण बनी.
रानी दुर्गावती, अहिल्याबाई, रानी लक्ष्मीबाई से गौरवांवित है हमारा अतीत
मुख्यमंत्री ने कहा कि जब सुशासन की बात आती है, महिला सशक्तिकरण की बात आती है. तो हमारी बहनों के अतीत के हिस्सों में को भी जानने की जरुरत है. अंग्रेजों ने जो भ्रम फैलाया था कि हमारे यहाँ महिलाओं की इज्जत नहीं होती तो हमें अतीत को देखकर बताना चाहिए कि कैसे रानी दुर्गावती ने 300 साल पहले अकबर को परास्त किया और बलिदान दिया कैसे वो 52 युद्ध जीतीं, अहिल्या बाई, रानी झाँसी का शौर्य सब जानते है ये हमारा गौरवशाली अतीत है.
नेपाल जा रही बस पलटी, 200 मीटर तक घिसटती रही, 1 मजदूर की मौत, 30 घायल
28 May, 2025 12:44 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
शिवपुरी: जिले के बदरवास थानांतर्गत फोरलेन हाईवे पर मंगलवार दोपहर भीषण हादसा हो गया. नेपाली मजदूरों से भरी यात्री बस पलटने से उसमें सवार एक मजदूर की मौत हो गई. जबकि करीब 30 मजदूर घायल हो गए. गंभीर रूप से घायल मजदूरों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भर्ती कराया गया है. जानकारी के अनुसार, यात्री बस क्रमांक एमपी-07 P 7787 सोमवार की रात को पुणे महाराष्ट्र से गाेवा और महाराष्ट्र में मजदूरी करने वाले नेपाली व उत्तर प्रदेश के मजदूरों को लेकर नेपाल बार्डर पर स्थित रपूटिया जाने के लिए रवाना हुई थी. बस में करीब 80 यात्री सवार थे.
चालक को आई नींद, घिसटती चली गई बस
मंगलवार की शाम 4 बजे बस गुना के पास पहुंची तो गुना व बदरवास के बार्डर पर बस के स्टाफ व सवारियों ने खाना खाया. इसके बाद बस अपने गंतव्य की ओर रवाना हो गई. कुछ दूर जाकर बस के चालक को नींद का झोंका आ गया और बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगी रेलिंग से 200 मीटर तक घिसटते हुए सड़क किनारे पलट गई. हादसे में बस में करीब 30 लोग घायल हो गए. गंभीर रूप से घायल 16 लोगों को उपचार के लिए शिवपुरी जिला अस्पताल रेफर किया गया है. हादसे में एक व्यक्ति की बस के नीचे दबने से मौत हुई है. फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है, परंतु बताया जा रहा है कि मृतक बस के स्टाफ में ही शामिल है.
घायलों में ये हैं शामिल
दीपा थापा, सोमीर भीका, दानकुमारी थापा, भोपाल क्षत्री, नीशा मोगर, कार्तिक बुद्धा, हिम्मत सिंह, हरका बहादुर साही, लक्ष्मण परिहार, नंदा सिंह, भगत साही, सिमल साहू, मिनिल विश्वकर्मा, नंदकला विष्ट, भीम बहादुर थापा, टिल बहादुर, दीपक थापा, युवा साही, फुकेंद्रा क्षत्री, थम्मा मल्लाह, तमन, विवेक ठाकुर, इंद्रा चौधरी, रमेश, अहान, चंद्रा क्षत्री, विमला नागर, मान बहादुर थापा, कोलसा थापा निवासीगण नेपाल और देवेंद्र कुशवाह, सुशीला कुशवाह, रेखा कुशवाह, देवांशु कुशवाह निवासीगण सूरतपुर जिला जालौन.
कोलारस तहसीलदार प्रदीप भार्गव ने बताया कि, बस में करीब 70 से 80 लोग सवार थे. इनमें से लगभग 35 लोग घायल हुए हैं. कुछ घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर किया है. हादसे में एक व्यक्ति की मौत हुई है, फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है.'' एसडीएम अनूप श्रीवास्तव ने जानकारी देते हुए कहा, बस पुणे से नेपाल बॉर्डर तक जा रही थी. गुना व बदरवास के बार्डर पर बस बेकाबू होकर पलट गई. हादसे में एक व्यक्ति की जान चली गई. वहीं घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है. मामले में जांच की जा रही है.''
"सिंधिया पर सवाल उठाना पड़ा भारी, भाजपा विधायक की धमकी चर्चा में"
28 May, 2025 12:25 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
अशोकनगर । अशोकनगर जिले के चंदेरी से भाजपा विधायक जगन्नाथ सिंह रघुवंशी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में विधायक रघुवंशी कथित तौर पर वीडियो कॉल पर किसी व्यक्ति से बात करते हुए नजर आ रहे हैं, जिसमें वे ज्योतिरादित्य सिंधिया के खिलाफ बोलने वालों की 'जुबान काटने' की धमकी देते हुए नजर आ रहे हैं। यह वीडियो उस समय सामने आया है, जब हाल ही में ग्राम पंचायत सचिवों और रोजगार सहायकों की बैठक के दौरान जिला पंचायत सीईओ राजेश जैन द्वारा जनप्रतिनिधियों के खिलाफ की गई कथित अभद्र टिप्पणी को लेकर विवाद चल रहा है। बताया जा रहा है कि इसी विवाद के संदर्भ में विधायक ने जुबान काटने की धमकी दी है।
बैठक में सीईओ की टिप्पणी बनी विवाद की जड़
जानकारी के अनुसार, सोमवार को ईसागढ़ जनपद पंचायत में सचिवों और रोजगार सहायकों की बैठक चल रही थी। इस दौरान जनपद सीईओ के पास जिला पंचायत सीईओ राजेश जैन का कॉल आया, इस दौरान कॉल को स्पीकर पर रखकर सांसद-विधायकों के खिलाफ अपमानजनक शब्द कहे। पंचायत सचिवों का आरोप है कि जैन ने फोन पर सचिवों को अपमानजनक भाषा में जूते मारने की धमकी दी, कहा- इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि वे किसके आदमी हैं। इससे गुस्साए सचिवों ने बैठक का बहिष्कार कर दिया था।
मुख्यमंत्री को सौंपा शिकायत पत्र
इस मामले को लेकर चंदेरी विधायक जगन्नाथ सिंह रघुवंशी ने मंगलवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात की और उन्हें एक लिखित शिकायत सौंपी। पत्र में विधायक ने आरोप लगाया कि समीक्षा बैठक के दौरान महिला अधिकारियों की उपस्थिति में जिला पंचायत सीईओ ने सचिवों और रोजगार सहायकों के प्रति गाली-गलौच और अभद्र भाषा का प्रयोग किया, जो न केवल प्रशासनिक मर्यादा के विरुद्ध है, बल्कि महिला कर्मचारियों की गरिमा को भी ठेस पहुंचाता है। विधायक ने पत्र में मुख्यमंत्री से मांग की कि इस मामले की निष्पक्ष जांच के लिए उच्च स्तरीय समिति का गठन कर दोषी अधिकारी के खिलाफ त्वरित कार्रवाई की जाए।
वायरल वीडियो से बढ़ा विवाद
वहीं, इस पूरे मामले के बीच विधायक का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसमें वे कथित तौर पर सिंधिया के खिलाफ बोलने वालों की "जुबान काटने" की बात करते दिख रहे हैं। यह वीडियो अब राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में नई बहस का कारण बन गया है। फिलहाल, इस पूरे मामले पर जिला प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
मध्यप्रदेश में मानसून का काउंटडाउन शुरू, इस बार सामान्य से अधिक बारिश संभव
28 May, 2025 11:42 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : केरल में मानसून की एंट्री के बाद मध्यप्रदेश में बारिश की राह देख रहे लोगों के लिए खुशखबरी है. इस बार मध्यप्रदेश में झमाझम बारिश हो सकती है. मौसम विभाग ने मध्यप्रदेश में 108 फीसदी बारिश का पूर्व अनुमान जारी किया है. मौसम विभाग के डीजीएम डॉ. एम महापात्रा ने पुर्वानुमान जारी करते हुए कहा, '' देशभर में इस बार सामान्य बारिश होगी. वहीं, मध्यप्रदेश में मानसून 8 से 10 दिन पहले आ सकता है. मानसून 7 जून तक मध्यप्रदेश पहुंच सकता है.''
जबलपुर-सागर संभाग में सबसे ज्यादा बारिश का अनुमान
मौसम विभाग ने मध्यप्रदेश में इस बार अच्छी बारिश की उम्मीद जताई है. मौसम विभाग के मुताबिक पूर्व मध्यप्रदेश में 108 फीसदी तक बारिश हो सकती है. इनमें खासतौर से सागर संभाग, जबलपुर और शहडोल संभाग में सबसे ज्यादा बारिश हो सकती है. इसके अलावा प्रदेश के बाकी इलाकों नर्मदापुरम, भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, चंबल, उज्जैन, रीवा संभागों में भी भरपूर बारिश की संभावना जताई गई है.
समय से पहले आ रहा मानसून
मध्यप्रदेश में इस बार मानसून समय से 10 दिन पहले अपनी दस्तक दे देगा. मौसम विभाग के मुताबिक इस बार मानसून प्रदेश के बालाघाट, अनूपपुर, बुरहानपुर, मंडला, सिवनी, बैतूल, बड़वानी को तरबतर करते हुए दाखिल होगा और फिर धीरे-धीरे पूरे मध्यप्रदेश में छा जाएगा. मौसम वैज्ञानिक डॉ. दिव्या ई. सुरेन्द्रन ने बताया, '' मानसून सही रफ्तार से आगे बढ़ रहा है और समय से मध्यप्रदेश में दस्तक देने की उम्मीद है.''
मानसून की दस्तक, इन जिलों में अलर्ट जारी
कल कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग ने मध्यप्रदेश के भोपाल, विदिशा, रायसेन, सिहोर, राजगढ़, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, बुरहानपुर, खंडवा, खरगौन, बड़वानी, अलीराजपुर, झाबुआ, धार, इंदौर, रतलाम, उज्जैन, देवास, शाजापुर, आगर, मंदसौर, नीमच, सिंगरौली, सीधी, अनुपपुर, शहडोल, उमरिया, डिंडोरी, कटनी, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला के अलावा बालाघाट, दमोह, सागर, पांढुर्णा में यलो अलर्ट जारी किया है. इन जिलों में 50 किलोमीटर की रफ्तार से तेज हवाएं और बारिश हो सकती है.
29 मई को कैसा रहेगा मौसम?
भोपाल, विदिशा, रायसेन, सिहोर, राजगढ़, बैतूल, हरदा, बुरहानपुर, खंडवा, खरगौन,बड़वानी, इंदौर, रतलाम, उज्जैन, देवास, शाजापुर, आगर, मंदसौर, नीमच, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, ग्वालियर, दितया, भिंड, मुरैना, श्योपुरकलां, सिंगरौली, सीधी, रीवा, मऊगंज, सतना, अनुपपुर, शहडोल, उमरिया, डिंडोरी, कटनी, जबलपुर, नरिसंहपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला,बालाघाट, पन्ना, दमोह, सागर, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी, मैहर के लिए यलो अलर्ट जारी. इन जिलों में 50 किलोमीटर की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है.
30 मई को कैसा रहेगा मौसम?
बैतूल, हरदा, बुरहानपुर, खंडवा, सिंगरौली, सीधी, रीवा, मऊगंज, सतना, अनुपपुर, शहडोल, उमरिया, डिंडोरी, कटनी, जबलपुर, नरिसंहपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, बालाघाट,छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी, मैहर में तेज हवा के साथ बारिश की चेतावनी जारी की गई है.
31 मई को कैसा रहेगा मौसम?
मध्यप्रदेश के बड़वानी, अलीराजपुर, झाबुला, धार, रतलाम, अनुपपुर, उमरिया, सिवनी, मंडला, बालाघाट, पांढुर्णा में 50 किलोमीटर की रफ्तार से तेज हवा और बारिश की संभावना.
नहाने गया मासूम और बहने लगा खून, साबुन में निकला ब्लेड, जांच की मांग
28 May, 2025 09:39 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
ग्वालियर: अक्सर खाने पीने के बंद पैकेट वाली चीजों में ऐसी चीजें भी निकल आती हैं जो लोगों को परेशान कर देती हैं. कभी ये फैक्ट्री मेल फंक्शन होता है या पैकिंग के डायरन कर्मचारियों की लापरवाही. लेकिन इस बार एक ब्रांडेड कंपनी के साबुन की वजह से ग्वालियर के एक बच्चे का चेहरा खराब हो गया. जिसके बाद परिजन ने कंज्यूमर फोरम का दरवाजा खटखटाया है.
किराने में मंगाते थे ब्रांडेड साबुन
असल में ग्वालियर के बहोड़ापुर इलाके में रहने वाले अंगद सिंह तोमर ने मंगलवार को उपभोक्ता फोरम में शिकायत दर्ज करायी है कि, एक ब्रांडेड कंपनी के साबुन में ब्लेड निकला है, जिससे उनके बेटे को चोट लगी है. अंगद सिंह ने बताया कि, ''उन्होंने आनंद नगर अपने घर के पास की ही एक दुकान से 21 मई के दिन किराने का सामान खरीदा था. जिसमें एक ब्रांडेड साबुन के भी 10 पैकेट थे.''
नहाते समय गाल पर लगा ब्लेड
सोमवार के दिन अंगद सिंह का 10 साल का बेटा अंशु जब नहाने गया तो नया पैकेट खोलकर साबुन लेकर गया था. नहाते समय साबुन से उसे कट लगा और चेहरे पर खून निकल आया. इस तरह खून देख कर बच्चा घबरा गया और उसने अपने माता पिता को आवाज लगायी. बच्चे की आवाज सुन जब अंगद अपनी पत्नी के साथ उसके पास पहुंचे तो चेहरे पर खून देख डर गए. जब साबुन को काट कर देखा तो उसमे अंदर ब्लेड निकली.
दुकानदार ने बदला साबुन, दूसरे में भी निकला ब्लेड
इसके बाद अंगद सिंह तोमर दुकानदार के पास पहुंचे और उसे साबुन दिखाया तो उसे भी इस बात पर विश्वास नहीं हुआ. लेकिन उसने साबुन बदल कर उसी ब्रांड का दूसरा पैकेट उन्हें थमा दिया. लेकिन बच्चे के साथ हुए हादसे से डरे अंगद सिंह ने नए साबुन को पहले पानी में डालकर घिसा तो उसमे भी ब्लेड निकला. ये देख कर पूरा परिवार दंग रह गया.
इस घटना के बाद पीड़ित अंगद सिंह ने राष्ट्रीय उपभोगता फोरम के ऑनलाइन हेल्पलाइन पर इस मामले को लेकर साबुन के ब्रांड कंपनी की शिकायत की है. जिसमें उनका कहना है कि कंपनी की इस लापरवाही से उनके बेटे की जान जा सकती थी. उन्होंने उपभोगता फोरम से शिकायत करते हुए न्याय की उम्मीद जतायी है. साथ ही उनका कहना है कि, अगर उन्हें न्याय नहीं मिला तो वे न्यायालय से गुहार लगायेंगे.
एमएसएमई क्षेत्र को नई ऊंचाईयों पर ले जाने और संभाव्य क्लस्टरों को कॉमन फेसिलिटेशन सेंटर की तरह सुविधाएं दिलाने के प्रयास
27 May, 2025 11:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्री चेतन्य कुमार काश्यप ने कहा कि एमएसएमई क्षेत्र के विकास के लिए नई नीतियों के निर्माण सहित कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मार्गदर्शन में इस क्षेत्र को नई ऊंचाइयों पर ले जाने और संभाव्य क्लस्टरों को कॉमन फेसिलिटेशन सेंटर की तरह सुविधाएं दिलाने के प्रयास हो रहें है।
मंत्री काश्यप आज मंत्रालय वल्लभ भवन में विभागीय परामर्शदात्री समिति की बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने विभागीय उपलब्धियों की जानकारी देते हुए कहा कि गत वित्त वर्ष में विभाग का बजट 700 करोड़ रूपये का था, लेकिन मुख्यमंत्री के सहयोग से विभाग को 2100 करोड़ रुपये मिले, जिससे अनुदान सहायता की सभी लंबित देनदारियों का भुगतान संभव हो पाया।
नव उद्यमियों को बढ़ावा देने के लिए नई स्टार्ट अप नीति में उद्योग लगाने का विचार आने से लेकर उसे धरातल पर उतारने तक उद्यमियों को वित्तीय और तकनीकी सहायता उपलब्ध कराने के प्रावधान किये गये हैं। भारत सरकार के पोर्टल पर पंजीयन स्वीकृत होने पर नव उद्यमी को 10,000 रूपये प्रतिमाह की सहायता एक साल तक उपलब्ध कराने के प्रावधान किये गये हैं। यही नहीं माल निर्यात हेतु परिवहन व्यय पर अनुदान का प्रावधान भी किया गया है।
प्रदेश में नए औद्योगिक क्षेत्रों/क्लस्टरों के निर्माण और विकास के प्रयासों में तेजी लाई गई हैं। इन पर मिलने वाले अनुदान का युक्तियुक्तकरण किया गया है, जिससे अनुदान में एकरूपता आई है।
जबलपुर के रेडीमेड गारमेंट और छतरपुर के फर्नीचर क्लस्टर का उल्लेख करते हुए काश्यप ने कहा कि वर्तमान में केन्द्र सरकार से वर्तमान क्लस्टरों में कॉमन फेसिलिटेशन सेंटर की जो सहायता मिलती है, वह संभावना वाले क्लस्टरों को नहीं मिलती है। हम प्रयास कर रहे हैं कि संभावना वाले क्लस्टरों को भी यह सुविधा मिल सके।
खिलौना उद्योग के क्षेत्र में उन्होंने आक्रामकता और हिन्सक प्रवृत्ति को वढ़ावा देने वाले खिलौने के निर्माण को हतोत्साहित कर सकारात्मक रचनात्मकता को बढ़ावा देने वाले खिलौने के निर्माण को प्रोत्साहित करने का सुझाव दिया। सामाजिक सुधार के लिए यह जरूरी है। बैठक में यह विषय पूर्व मंत्री ओम प्रकाश सखलेचा ने उठाया, उनका यह कहना था कि बच्चों में आक्रामकता फैलाने वाले खिलौनों के कारण हिंसक प्रवृत्ति बढ़ रही है इसे रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाना जरूरी है। सखलेचा ने विभागीय उपलब्धियों की सराहना करते हुए काश्यप और अधिकारियों को बधाई दी। बैठक में देवास की विधायक गायत्री राजे पवार भी उपस्थित थीं।
मंत्री काश्यप के उद्बोधन से पूर्व एमएसएमई विभाग के प्रमुख सचिव राघवेन्द्र सिंह और सचिव दिलीप कुमार ने विभागीय उपलब्धियों एवं भविष्य की कार्ययोजना पर प्रजेन्टेशन दिया।
तकनीकी शिक्षा मंत्री परमार ने रोजगारोन्मुखी डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में प्रवेश संबंधी "प्रचार रथ" को हरी दिखाई झंडी
27 May, 2025 11:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा एवं आयुष मंत्री इन्दर सिंह परमार ने मंगलवार को भोपाल स्थित सरदार वल्लभ भाई पॉलीटेक्निक महाविद्यालय से, रोजगारोन्मुखी डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में शत-प्रतिशत प्रवेश के संबंध में प्रचार-प्रसार एवं विद्यार्थियों को प्रवेश के लिए जागरूक करने के उद्देश्य से तैयार "प्रचार रथ" को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रथ 10वीं पास विद्यार्थियों के लिए लाभदायक होंगे।
यह प्रचार रथ, भोपाल शहर एवं आस-पास के गांवों में तकनीकी शिक्षा अंतर्गत संचालित विभिन्न पाठ्यक्रमों, प्रवेश की प्रक्रिया एवं अन्य जानकारियों से विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों को अवगत कराएगा। ज्ञातव्य है कि संचालनालय तकनीकी शिक्षा द्वारा सत्र 2025-26 के लिए तकनीकी एवं व्यावसायिक पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ की जा चुकी है।
इस अवसर पर आयुक्त तकनीकी शिक्षा अवधेश शर्मा सहित विभिन्न अधिकारीगण, महाविद्यालय के प्राध्यापक एवं विद्यार्थी उपस्थित थे।
चित्रकूट का धार्मिक महत्व देखते हुए किया जाएगा समग्र विकास : मंत्री विजयवर्गीय
27 May, 2025 10:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा है कि अयोध्या में भगवान श्रीराम लला मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के बाद सतना जिले के धार्मिक स्थल चित्रकूट में तीर्थ यात्रियों का आवागमन कई गुना बड़ा है। इस बात को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार चित्रकूट के समग्र विकास के लिये परियोजना कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि चित्रकूट को विकास के जरिए भारत के नक्शे पर पहचान दिलाई जाएगी। सतना जिले के प्रभारी मंत्री विजयवर्गीय सोमवार को चित्रकूट में रामायण कुटी में साधु-संतों से भेंट कर कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
मंत्री विजयवर्गीय ने कहा कि चित्रकूट को हरा-भरा रखने के लिये मंदाकिनी नदी के आसपास 5 लाख पौधे लगाएं जाएंगे। उन्होंने इस कार्य के लिये जनभागीदारी पर जोर दिया। कार्यक्रम में नगरीय विकास एवं आवास राज्यमंत्री श्रीमती प्रतिमा बागरी, विधायक सुरेन्द्र सिंह गहरवार, महापौर योगेश ताम्रकार, रामायण कुटी के संत रामहृदय दास और संतगण मौजूद थे।
प्रभारी मंत्री विजयवर्गीय का ग्रामोदय विश्वविद्यालय में व्याख्यान
प्रभारी मंत्री विजयवर्गीय ने ग्रामोदय विश्वविद्यालय के व्याख्यानमाला में अपने संबोधन में कहा कि लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर का शासन अनूठा उदाहरण है। माता अहिल्या कुशल प्रशासक और रणनीतिकार महिला शासक रहीं है। तत्कालीन समय में सारा देश युद्ध के वातावरण में था लेकिन उन्होंने अपने राज्य में कोई भी युद्ध नहीं होने दिया। मंत्री विजयवर्गीय ने कहा कि 31 मई से पूरे देश में लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती समारोह को जयंती वर्ष के रूप में में मनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर ने सनातन परंपरा को पल्लवित करने का काम किया है। उन्होंने देश भर में 250 मंदिर बनवाएं। लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर से जीवन से बहुत कुछ सीखा जा सकता है और हर वर्ग का व्यक्ति उनके जीवन का अनुसरण कर महान बन सकता है। मंत्री विजयवर्गीय ने विश्वविद्यालय में आयोजित प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया। विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने लोकमाता अहिल्याबाई के जीवन चरित्र पर आधारित चित्र तैयार किये थे।
मंदाकिनी नदी के सफाई अभियान में शामिल हुए प्रभारी मंत्री
जल गंगा संवर्द्धन अभियान में प्रभारी मंत्री विजयवर्गीय मंदाकिनी नदी के सफाई अभियान में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि पवित्र मंदाकिनी नदी की सफाई और गाद निकालने का कार्य साल भर चलेगा। मंत्री विजयवर्गीय ने कहा कि नदी को स्वच्छ रखने के लिये उनके विभाग की तरफ से हर संभव सहायता की जाएगी।
जल बचायें, क्योंकि जल की हर बूंद में समाया है जीवन : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
27 May, 2025 10:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मंगलवार की सुबह भोपाल शहर स्थित शीतलदास की बगिया पहुंचे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने यहां जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत बड़े तालाब के घाटों की सफाई में सेवा कार्य (श्रमदान) किया और सफाई मित्रों का सम्मान किया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने यहां घाटों की सफाई की। मुख्यमंत्री ने सफाई नौका में बैठकर सफाई कर्मियों से चर्चा की और उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने नागरिकों से जल संरक्षण की दिशा में सक्रिय भागीदारी निभाने की आत्मीय अपील भी की।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सभी नागरिकों से आव्हान किया कि हर संभव तरीके से जल बचाईये, क्योंकि जल की हर बूंद में जीवन है, अमृत है। इसकी हर बूंद में हमारा सुनहरा भविष्य समाया है। जल बचाना हमारी आज की जरूरत भी है और बेहतर कल के लिए जिम्मेदारी भी। आज जल बचेगा, तभी हमारा कल सुरक्षित होगा।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि जल संरक्षण के लिए सभी संभव उपाय किये जायें। जल बचाना सिर्फ सरकार की ही क्यूं, पूरे समाज, हर वर्ग, हर व्यक्ति की जिम्मेदारी है। आज जल सहजेंगे, तभी तो हमारा आने वाला कल संवरेगा।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के सभी जल स्रोतों के संरक्षण, पुनर्जीवन और सतत उपयोग के लिए लगातार योजनाबद्ध तरीके से काम कर रही है। जल गंगा संवर्धन अभियान इसी दिशा में एक ठोस कदम है, जिसके तहत पुरानी बावड़ियों, कुंओं, तालाबों, सरोवरों और अन्य परम्परागत जल स्रोतों का जीर्णोद्धार एवं पुनर्विकास किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सभी अपने-अपने स्तर पर पानी बचाने में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि जल है तो कल है, यह पुण्य भावना प्रदेश के हर नागरिक के मन में होनी ही चाहिए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सफाई मित्रों को "सफाई दूत" निरुपित करते हुए कहा कि स्वच्छता केवल एक औपचारिक अभियान नहीं, बल्कि हमारे जीवन की शैली का अभिन्न हिस्सा होना चाहिए। जहां स्वच्छता होती है, वहीं लक्ष्मी का वास होता है।
उन्होंने नागरिकों से कहा कि अपने घर, आस-पड़ोस और सार्वजनिक स्थानों की स्वच्छता को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं। मुख्यमंत्री ने सभी नागरिकों से आह्वान किया कि वे जल गंगा संवर्धन अभियान में सक्रिय सहभागिता दें और जल स्रोतों की स्वच्छता व संरक्षण को प्राथमिकता दें।
बड़ा बाग की पुरानी बावड़ी के जीर्णोद्धार कार्य का अवलोकन भी किया
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शीतलदास की बगिया से बड़ा बाग स्थित ऐतिहासिक पुरानी बावड़ी पहुंचें और वहां जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत नगर निगम भोपाल द्वारा कराए जा चल रहे जीर्णोद्धार कार्यों का अवलोकन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि राज्य सरकार "विरासत से विकास" की सोच के साथ आगे बढ़ रही है और पुरानी विरासतों के संरक्षण को प्राथमिकता दे रही है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हमारे पूर्वजों ने जल संरक्षण के लिए अद्भुत व्यवस्थाएं बनाई थीं। आज जरूरत है कि हम उन ऐतिहासिक जल स्रोतों का पुनर्जीवन करें और उन्हें अपनी आने वाली पीढ़ियों के लिए भी संजोकर रखें। उन्होंने सभी नागरिकों से जल संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि 'जल गंगा संवर्धन अभियान' में सबकी सक्रिय भागीदारी होनी चाहिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि बावड़ी का जीर्णोद्धार कार्य पूरी गुणवत्ता और समय-सीमा के साथ पूर्ण किए जाएं।
इस दौरान लोकसभा सांसद आलोक शर्मा, विधायक रामेश्वर शर्मा, विधायक भगवान दास सबनानी, महापौर मालती राय, नगर निगम सभापति किशन सूर्यवंशी, कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह, नगर निगम आयुक्त, अन्य अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, समाजसेवी और बड़ी संख्या में नागरिकगण उपस्थित थे।
बड़े बाग की पुरानी बावड़ी
नगर निगम भोपाल के जोन क्रमांक 05 वार्ड क्रमांक 09 में स्थित जल संरचनाओं में बड़े बाग की बावड़ी का महत्वपूर्ण स्थान है। बावड़ी का निर्माण लगभग 200 वर्ष पूर्व किया गया था। बावड़ी तीन मंजिला है, इसकी दीवार सीढियों और मुंडेर से लेकर मेहराब तक बेल पत्तियां बनी है। नगर निगम आयुक्त ने बताया कि जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत नगर निगम भोपाल द्वारा इस बावड़ी से प्लास्टिक वेस्ट, फ्लोटिंग पदार्थ एवं लगभग 40 क्यूबिक मीटर सिल्ट निकाली गयी। बावड़ी की दीवारों से नुकसानदेह खरपतवार को अलग किया गया, जिससे बावड़ी की आवक क्षमता 2000 लीटर प्रति घंटा हो गयी है। वर्तमान में इसके जल का उपयोग निस्तार कार्यों में हो रहा है। बावड़ी में दीवारों एवं सीढ़ियों की मरम्मत कर इनकी रंगाई-पुताई, पलेग स्टोन बिछाने एवं लोहे की जाली (फेब्रीकेशन) लगाने का कार्य भी किया गया है।
लोकमाता अहिल्याबाई की 300वीं जयंती के अवसर पर 31 मई को भोपाल में होगा महिला सशक्तिकरण महासम्मेलन : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
27 May, 2025 10:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में मंगलवार को मंत्रालय में मंत्रिपरिषद की बैठक वंदे मातरम गायन के साथ आरंभ हुई। मंत्रिपरिषद की बैठक में मुख्यमंत्री डॉ. यादव एवं मंत्रीमण्डल के सभी सदस्यों ने लोकमाता देवी अहिल्या माता की मूर्ति पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर बैठक का शुभारंभ किया। उपस्थित सभी सदस्यों ने 'लोकमाता अहिल्याबाई अमर रहे' का जय घोष किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव एवं सभी मंत्रीगण ने लेखिका सुसाधना बलवटे द्वारा लिखित 'अहिल्या रुपेण संस्थिता' शीर्षक से नाट्य पुस्तिका का विमोचन भी किया। यह नाट्य पुस्तिका देवी अहिल्या बाई के जीवन की प्रमुख घटनाओं पर आधारित है। मुख्यमंत्री ने लेखिका को बधाई दी और कहा कि आपने लोकमाता को सच्ची श्रद्धांजलि दी है।
मंत्रिपरिषद की बैठक से पहले मंत्रीगण को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती के अवसर पर प्रदेशव्यापी अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत प्रदेश में 26 से 31 मई तक विभिन्न प्रकार की गतिविधियां की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि 26 मई को मातृशक्ति का सम्मान करते हुए जबलपुर में लिज्जत पापड़ की बहनों से उनके प्रबंधन की जानकारी ली। साथ ही जबलपुर की ज्ञानेश्वरी देवी से भी मुलाकात की। 27 मई को जनकल्याणी पर्व के तहत अहिल्या माता का स्मरण किया गया। पूरे प्रदेश में देवी अहिल्याबाई के जीवन और दर्शन विषय पर चित्रकला, निबंध एवं भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
28 मई को सृजनशील लाड़ली के तहत नवाचार, उद्यमिता एवं नेतृत्व दिवस मनाकर बैतूल में राज्य स्तरीय महिला उद्यमिता मेले का आयोजन कर विभिन्न गतिविधियां की जाएंगी। 29 मई को आरोग्यमयी नारी के तहत छतरपुर में महिला स्वास्थ्य एवं कल्याण दिवस के तहत महिला स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जाएगा। 30 मई को जिला एवं ब्लॉक स्तर पर विशेष महिला स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जाएगा। इसी दिन स्वावलंबी महिला-सशक्त राष्ट्र की थीम पर अहिल्या वाहिनी कार्यक्रम के तहत प्रदेश की प्रमुख महिला खिलाड़ियों एवं युवतियों से संवाद एवं पूरे प्रदेश में महिला बाईक रैली आयोजित की जाएगी।
इसी अनुक्रम में 31 मई को भोपाल के जम्बूरी मैदान में लोकमाता देवी अहिल्याबाई की 300वीं जयंती के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की गरिमामयी उपस्थिति में महिला सशक्तिकरण महासम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। इस महासम्मेलन में करीब 2 लाख महिला उद्यमी, कामगार, महिला स्व-सहायता समूह, लाड़ली बहनें शामिल होंगी। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी इसी सम्मेलन से इंदौर में मेट्रो ट्रेन सेवा तथा सतना एवं दतिया में नए एयरपोर्टस का वर्चुअल लोकार्पण करने के साथ-साथ उज्जैन में क्षिप्रा नदी पर घाट निर्माण का वर्चुअल भूमिपूजन भी करेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने भोपाल, सीहोर, रायसेन, विदिशा, नर्मदापुरम, राजगढ़, देवास, सागर, बैतूल, हरदा, नरसिंहपुर, शाजापुर जिलों के प्रभारी मंत्रीगण को कार्यक्रम की सफलता के लिए विशेष प्रबंध एवं सभी जरूरी तैयारियां करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि यह महिला सम्मेलन पूर्णत: नारी सशक्तिकरण पर केंद्रित होगा। इसमें मंच संचालन से लेकर प्रबंधन, सुरक्षा व अन्य सभी व्यवस्थाएं महिलाओं द्वारा ही की जाएंगी। अपने क्षेत्र में विशिष्ट प्रदर्शन करने वाली ख्यातिलब्ध महिलाओं द्वारा प्रधानमंत्रीजी का स्वागत व सम्मान किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इंदौर में मेट्रो ट्रेन सेवा और दतिया एवं सतना में एयरपोर्ट्स के लोकार्पण के दौरान संबंधित विभागों के केंद्रीय मंत्री व केंद्रीय राज्यमंत्री सहित राज्य सरकार के विभागीय मंत्री, उस जिले के प्रभारी मंत्री एवं स्थानीय मंत्री भी कार्यक्रम स्थल में मौजूद रहेंगे।
3 जून को पचमढ़ी में होगी मंत्रिपरिषद की बैठक
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मंत्रीगण को बताया कि मंत्रिपरिषद की अगली बैठक 3 जून को पचमढ़ी में होगी। यह बैठक पचमढ़ी क्षेत्र के राजा भभूतसिंह के सम्मान में आयोजित की जाएगी। राजा भभूतसिंह के बारे में जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि वे एक पराक्रमी राजा थे। उन्होंने जंगल के अंदर से अंग्रेजों से युद्ध किया और ढाई साल तक अपने लोगों, प्रजा और जंगलों को अंग्रेजों से बचाए रखा। उनकी पुण्य स्मृति में पचमढ़ी में कैबिनेट मीटिंग करना हमारी सरकार के लिए अत्यंत गौरव का विषय है।
नरसिंहपुर में हुए कृषि उद्योग समागम में 4,736 करोड़ रुपए के निवेश प्रस्ताव मिले
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मंत्रीगण को बताया कि 26 मई को नरसिंहपुर में उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ की गरिमामय उपस्थिति में हुए कृषि उद्योग समागम-2025 को अभूतपूर्व सफलता मिली। कृषि-प्रसंस्करण एवं खाद्य प्रसंस्करण के लिए कृषि उद्योग समागम में 500 से अधिक उद्योगों के वरिष्ठ पदाधिकारियों/अधिकारियों ने हिस्सा लिया। उन्होंने बताया कि इस कृषि उद्योग समागम में राज्य सरकार को 4,736 करोड़ रुपए के निवेश प्रस्ताव मिले, इससे 6100 से अधिक लोगों को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे।
नीति आयोग की बैठक
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में गत 24 मई को नई दिल्ली में नीति आयोग की बैठक हुई। बैठक में प्रधानमंत्री मोदी ने राज्यों से अपेक्षा व्यक्त की है कि विकसित भारत 2047 के लक्ष्य की प्राप्ति के तारतम्य में राज्य का विजन डाक्यूमेंट तैयार कर उस दिशा में कार्य किया जाए। विकसित म.प्र. 2047 विजन डाक्यूमेंट तैयार किया गया है। अंतर्राष्ट्रीय पर्यटकों को आकर्षित करने और स्थानीय अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने के लिए राज्य में कम से कम एक वैश्विक मानक वाला पर्यटन स्थल विकसित किया जाना चाहिए। निवेश आकर्षित करने के लिए निवेश अनुकूल चार्टर तैयार किया जाए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सभी मंत्रीगण से कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के इस विजन डाक्यूमेंट के आधार पर अपनी-अपनी विभागीय रूपरेखा तैयार कर कार्यवाही करें। उन्होंने बताया कि नीति आयोग की बैठक में मध्यप्रदेश में हो रहे औद्योगिक विकास, पर्यटन विकास गतिविधियों सहित नए निवेशों और नवाचारों की चर्चा हुई। उन्होंने बताया कि मध्यप्रदेश में राष्ट्रीय नदी जोड़ो परियोजना की सफलता को देखते हुए नीति आयोग ने जल संसाधनों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने के लिए राज्य स्तर पर नदी ग्रिड बनाने (राज्य के अंदर की नदियों को भी आपस में जोड़ने) की दिशा में कार्य किए जाने का सुझाव दिया है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि नीति आयोग ने प्रदेश के टियर-2 और टियर-3 शहरों में भी निरंतर शहरी विकास तथा योजनाबद्ध एवं व्यवस्थित शहरी नियोजन की दिशा में कार्य करने को कहा है। नीति आयोग ने सुझाव दिया हैकि उभरते क्षेत्रों में युवाओं को कौशल और प्रशिक्षण देने पर जोर दिया जाए, जिससे रोजगार के नए-नए अवसर निर्मित हों। इसी प्रकार नारी सशक्तिकरण की दिशा में भी तेजी से कार्य किया जाए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सरकार नीति आयोग के सभी सुझावों पर अमल करने की दिशा में आगे बढ़ेगी।
29 मई से 12 जून तक होगी आईसीएआर की गतिविधियां
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मंत्रीगण को अवगत कराया कि आगामी 29 मई से 12 जून तक केंद्र सरकार द्वारा देश की 723 जिलों में इंडियन काउंसिल आफ एग्रीकल्चर रिसर्च (आईसीएआर) के माध्यम से कृषि जागरूकता कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इसमें आईसीएआर के चार-चार वरिष्ठ वैज्ञानिक हर जिले में जाएंगे और किसानों को जलवायु, पानी व मिट्टी परीक्षण कर उनके एग्रो क्लायमेटिक जोन के अनुसार प्राकृतिक खेती, जैविक खेती और बागवानी सहित उन्नत कृषि करने के बारे में जानकारी एवं सलाह भी देंगे। उन्होंने कहा कि आईसीएआर के कार्यक्रम के दौरान संबंधित जिले के प्रभारी मंत्री एवं कृषि विभाग के अधिकारी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे और आईसीएआर को सभी जरूरी सहयोग भी करेंगे।
इंदौर में हुई कैबिनेट से मिला प्रोगेसिव फीडबैक
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि लोकमाता अहिल्यादेवी के सम्मान में 20 मई को इंदौर में हुई मंत्रिपरिषद की बैठक से सरकार को एक बहुत ही प्रोग्रेसिव फीडबैक मिला है। मंत्रिपरिषद ने यहां कई जनहितेषी निर्णय और विकास कार्यों को मंजूरी दी है। इसे लेकर प्रदेश के नागरिकों और संतजनों से अच्छा प्रतिसाद प्राप्त हुआ है।
जून माह में होंगे तीन कार्यक्रम
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मंत्रीगण से कहा कि जून माह में तीन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसमें 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस एवं गंगा दशमी के अवसर पर जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत प्रदेश के हर जिले में जल संरक्षण कार्यक्रम किए जाएंगे। 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाकर योग से निरोगी काया का संदेश जन-जन तक प्रवाहित किया जाएगा। इसी क्रम में 25 जून को आपातकाल दिवस के रूप में उस दौर की कठिनाईयों को याद किया जाएगा।
कर्मचारियों के हित में है प्रदेश का हित, प्रदेश के हित में राष्ट्र का हित : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
27 May, 2025 10:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का मंगलवार को मंत्रालय परिसर में मंत्रालय कर्मचारी परिवार द्वारा आत्मीय स्वागत व सम्मान किया गया। मंत्रालय परिवार ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव को कमल पुष्प की रजत प्रतिकृति भेंट कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मंत्रालय परिवार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी राज्यकर्मी सम्मान और साधुवाद के पात्र हैं, क्योंकि इनकी कर्मठता और सामूहिक परिश्रम से ही मध्यप्रदेश आज देश के अग्रणी राज्य के रूप में पहचाना जा रहा है। राज्यकर्मी सच्चे अर्थों में कर्म योगी है। ये प्रदेश की शासन और प्रशासन व्यवस्था की धुरी हैं। राज्यकर्मी पूरी निष्ठा और मेहनत से अपने पदीय दायित्व निभाएं, इनके सभी हितों और अनुलाभों (इंसेंटिव्स) का सरकार पूरा-पूरा ध्यान रखेगी। उन्होंने कहा कि सरकार सभी रिक्त पदों को क्रमश: भरने की दिशा में आगे बढ़ रही है। जल्दी ही सभी रिक्त पद भरे जाएंगे। पदोन्नति वाले मसले पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि इस मामले से जुड़े दोनों पक्षों के साथ चर्चा कर शासकीय सेवकों को पदोन्नति देने के लिए राज्य सरकार पूरी गंभीरता से सभी जरूरी कदम उठा रही है। जल्द ही मामले का सकारात्मक समाधान निकालकर पात्रों को पदोन्नति दी जाएगी।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सरकार सभी राज्य कर्मचारियों का बीमा कराने की मंशा से आगे बढ़ रही है। सरकार की मंशा है कि सभी राज्य कर्मियों के खुद के मकान भी हों। राज्य कर्मियों को अपने बच्चों को पढ़ाने-लिखाने में सरकार मदद करना चाहती है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के हर कर्मचारी-अधिकारी की क्षमता और योग्यता का पूरा लाभ लेंगे और प्रदेश की बेहतरी के लिए उसका सदुपयोग करेंगे। उन्होंने कहा कि सभी राज्यकर्मी शासन व्यवस्था का अभिन्न अंग है इसलिए इनके हित संवर्धन के लिए सरकार कोई कसर नहीं रखेगी। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के हित में प्रदेश का हित है और प्रदेश के हित में ही राष्ट्र का हित है।
कार्यक्रम के संयोजक सुभाष वर्मा द्वारा स्वागत उद्बोधन देकर केन्द्र सरकार के समान राज्य कर्मियों को महंगाई भत्ता, मकान किराया भत्ता, सचिवालय भत्ता व अन्य सभी कर्मचारी हितैषी निर्णय लेने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. यादव का आभार जताया और अपना मांग पत्र भी सौंपा।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दीप प्रज्जवलन एवं भारत माता के चित्र पर मार्ल्यापण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। मंत्रालय परिवार द्वारा पुष्पगुच्छ एवं पौधा भेंटकर मुख्यमंत्री का स्वागत किया गया। कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री डॉ. यादव मंत्रालय परिवार द्वारा आयोजित तिरंगा यात्रा में भी शामिल हुए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने तिरंगा लेकर यात्रा का नेतृत्व किया और यात्रा को उसके गंतव्य स्थल की ओर रवाना किया।
कार्यक्रम में सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्री तथा भोपाल जिले के प्रभारी मंत्री चेतन्य कुमार काश्यप, क्षेत्रीय विधायक भगवान दास सबनानी के अलावा कुलदीप गुर्जर, घनश्याम दास भकोरिया, संजय राठौर, जी.पी. सिंह सहित मंत्रालयीन अधिकारी कर्मचारी संघों के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष,अन्य पदाधिकारी और बड़ी संख्या में मंत्रालय के कर्मचारी बन्धु उपस्थित थे।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 31 मई को देंगे इंदौर मेट्रो की सौग़ात
27 May, 2025 09:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : भारत का सबसे स्वच्छ शहर इंदौर एक नये युग में प्रवेश करने जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शनिवार 31 मई, 2025 को भोपाल से वर्चुअली इंदौर मेट्रो के सुपर प्रायोरिटी कॉरिडोर पर यात्री सेवा का शुभारंभ करेंगे। यह लगभग 6 किलोमीटर का हिस्सा येलो लाइन का सुपर प्रायोरिटी कॉरिडोर है। इसमें पाँच स्टेशन गांधीनगर स्टेशन, सुपर कॉरिडोर 6 स्टेशन, सुपर कॉरिडोर 5 स्टेशन, सुपर कॉरिडोर 4 स्टेशन और सुपर कॉरिडोर 3 स्टेशन शामिल हैं। यह कॉरिडोर ट्रैफिक और प्रदूषण कम करेगा, साथ ही यात्रियों को आरामदायक सफर प्रदान करेगा। सुपर प्रायोरिटी कॉरिडोर न केवल तकनीकी दृष्टि से महत्त्वपूर्ण है, बल्कि इंदौर की आधुनिकता की ओर बढ़ती दिशा का प्रतीक भी है।
इंदौर में 31.32 किलोमीटर का मेट्रो प्रोजेक्ट
इंदौर में कुल 31.32 किलोमीटर लम्बाई का मेट्रो प्रोजेक्ट है। प्रोजेक्ट में 22.62 किलोमीटर एलेवेटेड एवं 8.7 किलोमीटर भूमिगत मेट्रो है। मेट्रो की येलो लाइन पर 28 स्टेशन होंगे, जो शहरी यात्रा को आसान, तेज़ और पर्यावरण के अनुकूल बनायेंगे। मेट्रो के 31.32 किलोमीटर के सम्पूर्ण प्रोजेक्ट की लागत लगभग 7 हजार 500 करोड़ रूपये है। प्रारंभिक तौर पर 6 किलोमीटर के कॉरिडोर का उद्घाटन किया जा रहा है इसकी लागत लगभग 1520 करोड़ रूपये है। यह परियोजना इंदौर को एक आधुनिक, पर्यावरण-अनुकूल शहर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
इंदौर मेट्रो की खास बातें
• वातानुकूलित, प्रदूषण रहित आधुनिक कोच
• एक ट्रेन की यात्री क्षमता : लगभग 980 यात्री
• सभी स्टेशनों पर लिफ्ट और एस्केलेटर की सुविधा
• दिव्यांगजनों के लिए ब्रेल लिपि और स्पर्शनीय टाइलें
• सभी स्टेशन व डिपो पर CCTV कैमरे और अग्निशमन उपकरण
• यात्रियों की सुरक्षा के लिये आपातकालीन बटन और इंटरकॉम
• दृष्टिहीन यात्रियों के लिए ऑडियो अनाउंसमेंट प्रणाली
• मेट्रो स्टेशनों पर व्हील-चेयर, बैठने की सुविधा, शौचालय और पीने का पानी
थकान होगी छूमंतर: ऑफिस से लौटकर 20 मिनट अपनाएं यह तरीका, शरीर में आएगी ताजगी।
धूप में चक्कर आए तो न हों परेशान: ये 5 आसान तरीके आपको तुरंत देंगे राहत।
श्रीनगर में आतंकियों का खौफनाक प्लान फेल, महिला सहयोगी सहित 4 पकड़े गए
चोट को दी मात: कोहनी और कंधे की समस्या से उबरे मिचेल स्टार्क, डीसी कैंप से जुड़ने को तैयार
कारोबारी जगत में शोक, शिवरतन अग्रवाल को दी जा रही श्रद्धांजलि
एम्स ऋषिकेश में आज बड़ा आयोजन, उपराष्ट्रपति की मौजूदगी से बढ़ी गरिमा
बिहार में कैबिनेट विस्तार की तैयारी, नए मंत्रियों की एंट्री पर सियासी सरगर्मी
