मध्य प्रदेश
पंचायत राज में 'सफाई' अभियान: MP में ताबड़तोड़ कार्रवाई, कई सचिवों की छुट्टी, मचा हड़कंप
7 Jun, 2025 08:17 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मध्यप्रदेश में पंचायतों में भ्रष्टाचार और लापरवाही पर सरकार ने कड़ी कार्रवाई की है। कई ग्राम पंचायतों के सचिवों को हटा दिया गया है। प्रदेश के दो जिलों में ये सख्ती की गई है। यहां के अनेक ग्राम सचिवों को निलंबित कर उन्हें पंचायतों से हटा दिया गया है। सरकार की इस सख्ती से हड़कंप मच गया है। कटनी के जिला पंचायत के सीइओ CEO शिशिर गेमावत और बैतूल के जिला पंचायत के सीइओ CEO अक्षत जैन ने मध्यप्रदेश पंचायत सेवा नियमों के अंतर्गत ये कार्रवाई की। दोनों जिलों में जहां कई पंचायत सचिवों को निलंबित कर दिया गया है वहीं कुछ अन्य को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है। बैतूल जिले में राज्य सरकार के सबसे महत्वाकांक्षी अभियान जल गंगा संवर्धन अभियान तक में ग्राम पंचायत सचिवों की लापरवाही सामने आई है।
प्रदेश के कटनी जिले में जिला पंचायत सीइओ CEO शिशिर गेमावत ने 3 पंचायत सचिवों को निलंबित कर दिया है। इसी प्रकार बैतूल जिले में जिला पंचायत के सीइओ CEO अक्षत जैन ने भी 3 पंचायत सचिवों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें निलंबित कर दिया है। काम में लापरवाही और अनियमितता की वजह से ये कदम उठाया गया है।
बैतूल जनपद पंचायत आमला की ग्राम पंचायत नांदपुर के सचिव गुलाबराव पंडाग्रे, जनपद पंचायत भीमपुर की ग्राम पंचायत दामजीपुरा के सचिव हेमराज घोरसे और जनपद पंचायत चिचोली की ग्राम पंचायत नसीराबाद के सचिव रामाधार यादव को निलंबित किया गया है। जल गंगा संवर्धन अभियान में लापरवाही बरतने पर जिला पंचायत सीइओ अक्षत जैन ने ये कार्रवाई की है।
स्वीकृत खेत तालाब, कुएं रिचार्ज और कुछ पुराने काम अपूर्ण
2 जून 2025 को हुई समीक्षा बैठक में इन तीनों सचिवों का कामकाज असंतोषजनक पाया गया था। स्वीकृत खेत तालाब, कुएं रिचार्ज और कुछ पुराने काम भी तय समय सीमा में अपूर्ण पाए गए।
जिला पंचायत सीइओ अक्षत जैन ने जनपद पंचायत चिचोली की असाडी और कामठामाल, जनपद पंचायत शाहपुर की ढुमका रैयत, केसिया, ढोढरामऊ, जनपद पंचायत आमला की डंगारिया और ब्राम्हणवाडा तथा जनपद पंचायत प्रभात पट्टन की ग्राम पंचायत पचधार के ग्राम सचिवों की लापरवाही पर भी सख्ती दिखाई है। इन सभी को नोटिस जारी कर जवाब तलब किए गए हैं। इसके साथ ही,कई ग्राम पंचायतों के ग्राम रोजगार सहायकों को भी नोटिस जारीकर जवाब मांगे गए हैं।
कटनी में भी ग्राम पंचायत सचिवों पर सख्त कार्रवाई
इधर कटनी में भी जिला प्रशासन ने ग्राम पंचायत सचिवों पर सख्त कार्रवाई की है। यहां की जनपद पंचायत ढीमरखेड़ा और बहोरीबंद के 3 पंचायत सचिवों को निलंबित कर दिया गया है। ढीमरखेड़ा जनपद पंचायत की पंचायत गोपालपुर के सचिव लखनलाल बागरी, ढीमरखेड़ा की ही ग्राम पंचायत अंतर्वेद के सचिव बंशुरउलहक मंसूरी और जनपद पंचायत बहोरीबंद की पंचायत स्लीमनाबाद के सचिव काशीराम बेन को निलंबित कर दिया गया है। मप्र पंचायती राज्य सेवा अधिनियम 1998 के तहत कदाचरण को दोषी पाते हुए तीनों को पंचायतों से हटा दिया गया है। निलंबन अवधि में इनका मुख्यालय जनपद पंचायत मुख्यालय तय किया गया है और इन्हें जीवन निर्वाह भत्ता की पात्रता होगी।
सीहोर को मिली करोड़ों की सौगात, मुख्यमंत्री मोहन यादव ने की बड़ी घोषणाएं
7 Jun, 2025 06:36 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सीहोर को करोड़ों की सौगात दी है. उन्होंने कहा कि चिंतामण गणेश जी यहां हैं तो चिंता किस बात की. हमारी सरकार की अगर कांग्रेस के शासन से तुलना करके देखें तो मध्यप्रदेश आज विकास की दौड़ में बहुत आगे है. उन्होंने कहा कि साल 2014 के पहले का राष्ट्र और 2014 के बाद का हमारा देश और प्रदेश, दोनों का विकास एक जैसा हो रहा है.
सीहोर में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को कहा कि यहां करोड़ों की लागत के विकासकार्यों का लोकार्पण और भूमिपजन किया गया है. इसन परियोजनाओं से स्थानीय लोगों के जीवन में बदलाव आएगा. लोगों को रोजगार मिलेंगे. इस दौरान उनके साथ केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान भी मौजूद थे.
कॉलेज और गीता भवन की सौगात
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सीहोर जिले को एक कॉलेज, गीता भवन, नर्मदा जल सहित कई सौगातें दीं. उन्होंने सीहोर नगर पालिका के लिए 50 करोड़ रुपये की घोषणा की. उन्होंने कहा कि हमने संकल्प लिया है हर खेत को सिंचाई के लिए पानी देंगे. सीहोर को नर्मदा और नदी जोड़ो परियोजना का लाभ मिलेगा. मेट्रोपॉलिटन सिटी बनेगी तो सीहोर का चहुंओर विकास होगा. हम गरीब-युवा-अन्नदाता-नारी शक्ति के कल्याण के लिए संकल्पित हैं.
हर क्षेत्र में विकास करना है
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि 1956 के बाद हमारे प्रदेश में केवल 5 मेडिकल कॉलेज थे. कांग्रेस के शासनकाल में 55 साल में गेहूं की कीमत केवल 500 रुपये बढ़ी. मुझे इस बात की प्रसन्नता है कि बीजेपी के 20 साल के शासन काल में प्रदेश का विकास हुआ. आज सरकार 2600 रुपये क्विंटल के भाव से गेहूं खरीद रही है. बिजली-पानी-सड़क की व्यवस्था की. कुछ ही वर्षों में प्रदेश में 50 मेडिकल कॉलेज हो जाएंगे. हमारी सरकार हर क्षेत्र में विकास कर रही है.
गर्भ संस्कार से प्रसव में बदलाव, आयुर्वेदिक पद्धतियों की फिर से बढ़ी लोकप्रियता
7 Jun, 2025 05:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। आज के समय में सिजेरियन डिलेवरी आम बात हो गई है। अधिकतर अस्पतालों में नॉरमल डिलेवरी पर जोर नहीं दिया जाता है। वहीं दूसरी तरफ राजधानी भोपाल के पं. खुशीलाल शर्मा आयुर्वेद कॉलेज में समान्य प्रवस को बढ़ावा दिया जा रहा है। बीते एक साल में इसमें करीब 20 फीसदी की बढ़ोत्तरी हुई है।इसके लिए गर्भ संस्कार प्रोग्राम चलाया जा रहा है। गर्भवती महिलाओं के लिए चलाए जा रहे इस प्रोग्राम में गर्भावस्था के दौरान महिलाओं को संतुलित आहार, व्यायाम के साथ आध्यात्म की जानकारी दी जाती है। वहीं दूसरी तरफ पं. खुशीलाल शर्मा आयुर्वेदिक कॉलेज कलियासोत डैम के किनारे मॉडर्न वेलनेस कॉटेज बनाने की तैयारी की जा रही है। ये कॉटेज न सिर्फ पहाड़ी, डैम और जंगल के मनोरम नजारों के साथ पंचकर्म और बॉडी डिटॉक्स (शरीर की अंदरूनी सफाई) की सुविधा देंगे, बल्कि परिवारों को एक साथ पारंपरिक छुट्टियों को वेलनेस वेकेशन में बदलने का अवसर भी देगा।
नॉर्मल डिलीवरी को 40 प्रतिशत तक बढ़ाने का लक्ष्य
आयुर्वेद कॉलेज के प्राचार्य डॉ. उमेश शुक्ला ने बताया कि अब कॉलेज का लक्ष्य है कि इस प्रोग्राम की मदद से नॉर्मल डिलीवरी की दर को 40 प्रतिशत तक बढ़ाया जा सके। गर्भसंस्कार का मकसद गर्भ में पल रहे शिशु को जन्म से पहले ही अच्छे संस्कार देना है।
दो गांवों में भी विशेष प्रोजेक्ट शुरू किए
डॉ. शुक्ला ने बताया कि कॉलेज ने आयुर्वेद को बढ़ावा देने के लिए दो गांवों में भी विशेष प्रोजेक्ट शुरू किए हैं। कालापानी और सूखी सेवानिया गांव को आयुष ग्राम के तहत चुना गया है, जहां घर-घर सर्वे कर आयुष कार्ड बनाए गए हैं। यहां लोगों की नियमित स्वास्थ्य जांच की जाती है। संस्थान के विशेषज्ञों ने राजधानी भोपाल के 72 स्कूलों में एक खास कोर्स शुरू किया है। इस कोर्स के जरिए बच्चों को समझाया जा रहा है कि ऐसे कौन से पौधे हैं जो दवा के तौर पर काम आते हैं।
राष्ट्रीय आयुष मिशन के तहत प्रस्ताव तैयार
डॉ. शुक्ला ने बताया कि वेलनेस कॉटेज को राष्ट्रीय आयुष मिशन के तहत बनाने का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। ये कॉटेज मौजूदा सेंटर के ठीक नीचे पहाड़ी पर तैयार होंगे, जिससे एक एकीकृत वेलनेस हब बन सकेगा। इन कॉटेज की डिजाइन और लोकेशन को अंतिम रूप देने के लिए जल्द ही आर्किटेक्ट की एक विशेष टीम बुलाई जाएगी।
प्रदेश में 12 नए आयुष वेलनेस सेंटर बनाने की तैयारी
आयुष विभाग के अधिकारियों ने बताया कि खुशीलाल कॉलेज के पंचकर्म एंड वेलनेस सेंटर की सफलता को देखते हुए, प्रदेशभर में 12 नए आयुष वेलनेस सेंटर तैयार किए जाएंगे। इनमें से 10 सेंटर 10-10 बेड के होंगे और इन पर कुल 125 करोड़ रुपए खर्च होंगे। इन सेंटरों को खास तौर पर उन्हीं क्षेत्रों में बनाया जाएगा जहां पर्यटकों की संख्या ज्यादा होती है। इससे मेडिकल टूरिज्म को और बढ़ावा मिलेगा। उज्जैन और खजुराहो जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों पर 50-50 बेड के बड़े सेंटर 15-15 करोड़ रुपए की लागत से तैयार किए जाएंगे।
भोपाल छात्रा रेप केस में लापरवाही पर कार्रवाई....
7 Jun, 2025 02:55 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल | भोपाल में कॉलेज छात्राओं के साथ दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग के मामले में जांच में लापरवाही बरतने पर पुलिस प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। अशोका गार्डन थाना प्रभारी हेमंत श्रीवास्तवको पद से हटाकर लाइन अटैच कर दिया गया है। वह इस मामले में SIT जांच का हिस्सा थे। यह आदेश डीसीपी जोन-1 प्रियंका शुक्ला ने जारी किया। बताया जा रहा है कि हेमंत श्रीवास्तव पर मामले की गंभीरता के अनुरूप कार्रवाई न करने और जांच को सुस्त गति से आगे बढ़ाने के आरोप थे।
राष्ट्रीय महिला आयोग की फैक्ट फाइंडिंग टीम ने भी जांच पर सवाल उठाए थे। टीम ने अपनी रिपोर्ट मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को सौंपी थी, जिसमें आरोपियों की कार्यप्रणाली और पुलिस की जांच प्रक्रिया को लेकर गंभीर टिप्पणियां की गई थीं। मामले में फरहान खान, साहिल खान और अली खान नामक तीन युवकों पर आरोप है कि उन्होंने पहले अपना धर्म छिपाकर छात्राओं से दोस्ती की। बाद में उन्हें महंगे गिफ्ट और लग्जरी गाड़ियों का लालच देकर झांसे में लिया गया। आरोपियों ने छात्राओं को नशे का सेवन कराकर दुष्कर्म किया और अश्लील वीडियो बना लिए। बाद में इन्हीं वीडियो के जरिए उन्हें ब्लैकमेल कर धमकाया गया।
राष्ट्रीय महिला आयोग ने इस मामले में एक संगठित नेटवर्क के सक्रिय होने की आशंका जताई है। आयोग का मानना है कि आरोपी अकेले नहीं थे, बल्कि इनके पीछे एक सुव्यवस्थित गिरोह काम कर रहा है, जो भोपाल और आसपास के क्षेत्रों में सक्रिय हो सकता है।
जनजातीय विकास की नई रोशनी: धरती आबा अभियान से बदलेगी 80 गांवों की तस्वीर
7 Jun, 2025 12:11 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
सीहोर । जनजातीय कार्य मंत्रालय के निर्देश पर मध्यप्रदेश के सीहोर जिले में 15 जून से 30 जून तक ‘धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष (DAJGUA) अभियान’ चलाया जाएगा। इसका उद्देश्य जनजातीय समुदायों को शासकीय योजनाओं और सेवाओं का पूरा लाभ दिलाकर उनके जीवनस्तर को बेहतर बनाना है।
80 जनजातीय ग्रामों में लगेगा शिविर
इस अभियान के तहत जिले के 80 जनजातीय बाहुल्य ग्रामों को शामिल किया गया है, जहां 15,736 परिवारों को विभिन्न योजनाओं से लाभांवित किया जाएगा। यह शिविर सीहोर, आष्टा, बुधनी, इछावर और भैरूंदा विकासखंड के चयनित गांवों में लगाए जाएंगे।
गांव-स्तरीय क्लस्टर कैंप में मिलेगा योजनाओं का लाभ
यह अभियान पारंपरिक प्रचार माध्यमों से हटकर गांव-स्तरीय क्लस्टर कैंपों के जरिए जनजातीय समुदाय के पात्र लोगों तक सीधे लाभ पहुंचाने पर केंद्रित होगा। कैंपों में लोगों को आधार कार्ड, राशन कार्ड, आयुष्मान भारत कार्ड, जाति व निवास प्रमाण पत्र, किसान क्रेडिट कार्ड, जनधन खाता, सामाजिक सुरक्षा योजनाएं, आजीविका योजनाएं और महिला-बाल कल्याण योजनाओं का लाभ मिलेगा।
चयनित गांवों की लंबी सूची
अभियान में जिन प्रमुख गांवों को शामिल किया गया है उनमें रतनखेड़ी, अमामय, सालीखेड़ा, श्यामपुरा मगरदा, बोरपानी, रामगड़, सिंहपुर, नलगांव, मरियादोह, गिल्लौर, खजूरी, कोसमी, देवगांव, झोलीपुर, नरेला, खानपुरा, मथर जैसे कई गांव शामिल हैं। इन गांवों में शिविर लगाकर योजनाओं की जानकारी दी जाएगी और पात्रता अनुसार लाभ भी दिलाया जाएगा।
अभियान से जुड़े होंगे कई विभाग
यह अभियान एक समन्वित प्रयास होगा जिसमें प्रशासन, जनजातीय कार्य विभाग, स्वास्थ्य, महिला-बाल विकास, कृषि, सामाजिक न्याय और अन्य विभागों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। ‘धरती आबा’ अभियान का मूल उद्देश्य है अंतिम छोर तक बसे जनजातीय परिवारों को योजनाओं की जानकारी और लाभ दोनों देना, जिससे उनका सामाजिक-आर्थिक सशक्तिकरण हो सके।
ईद-उल-अजहा के अवसर पर भोपाल के प्रमुख स्थल पर आयोजित सामूहिक नमाज
7 Jun, 2025 11:22 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। आज देशभर में ईद-उल-अजहा का त्योहार मनाया जा रहा है। राजधानी भोपाल में भी इसे लेकर विशेष तैयारी की गई है। सुबह से ही मस्जिदों में भीड़ देखी गई। इस मौके पर हजारों मुसलमानों ने नमाज अदा कर मुल्क और फिलिस्तीन के लिए दुआ की। भोपाल की मोती मस्जिद, जामा मस्जिद, मस्जिद बिल्किस जहां (आरिफ नगर) सहित शहर की विभिन्न मस्जिदों में भी अपने निर्धारित समय पर नमाज अदा की गई। ईदगाह में शहरकाजी मुश्ताक अली नदवी, ताजुल मसाजिद में मौलाना हस्सान साहब ने नमाज पढ़ाई। नमाज के दौरान मुल्क की सलामती, इंसाफ के कयाम और बीमारों की शिफा, फिलिस्तीनी भाइयों की हिफाजत, उनकी भूख-प्यास और हालात को लेकर दुआ मांगी गई।
जाने नमाज का क्या रहा समय
भोपाल की ईदगाह में नमाज का समय सुबह 6:30 बजे था, इसके बाद ताजुल मसाजिद में 6:45 बजे, जामा मस्जिद में 7 बजे, मोती मस्जिद में 7:15 बजे और मस्जिद बिल्किस जहां (आरिफ नगर) में 7:30 बजे ईद की नमाज अदा की गई।
मोहब्बत वाली राह पर चलाने की दुआ
शहर काजी मुश्ताक अली नदवी ने अमनो अमान और अच्छी बारिश के साथ ईद की नमाज का समापन किया। शहरकाजी मुश्ताक अली नदवी और ताजुल मसाजिद में मौलाना हस्सान साहब ने सूफियों, ऋषि-मुनियों और बुजुर्गों की मोहब्बत वाली राह पर चलाने की दुआ मांगी।
दुआ में शामिल प्रमुख बिंदु
1- मुल्क में अमन-ओ-शांति और इंसाफ कायम हो, इसकी दुआ की गई।
2- मुल्क की सरहदों और सलामती के दुश्मनों से हिफाजत की दुआ मांगी गई।
3- बीमारों को शिफा और परेशान हाल लोगों को राहत देने की इल्तिजा की गई।
4- फिलिस्तीन में जुल्म झेल रहे मासूमों, भूख-प्यास से जूझ रहे बच्चों और औरतों की राहत के लिए दुआ की गई।
5- दुश्मनों के नेस्तनाबूद होने और मजलूमों को सब्र और राहत मिलने की कामना की गई
6- उलेमा-ए-इकराम, सूफियों, ऋषियों और बुजुर्गों की तरह मोहब्बत और प्रेम से जीने की खता (तौफीक) फरमा।
7- मुल्क में अमन, इंसाफ और भाईचारा कायम रहे।
8- मजलूमों को सब्र और पूरी दुनिया में इंसानियत को फतह हासिल हो।
एमपी में बदला मौसम का मिजाज, कई जिलों में झमाझम बारिश की संभावना
7 Jun, 2025 10:20 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मध्य प्रदेश में अलग-अलग शहरों में बारिश का सिलसिला बना हुआ है। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक, अलग-अलग स्थानों पर बनी मौसम प्रणालियों के असर से रुक-रुककर बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने 9 और 10 जून को ग्वालियर-चंबल के जिलों में लू का अलर्ट जारी किया है। इससे पहले 2 दिन यानी, 7 और 8 जून को कई जिलों में बारिश का दौर जारी रहेगा। शनिवार को 20 जिलों में बारिश होने का अनुमान है।
आज इन जिलों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार को इंदौर, उज्जैन, भोपाल, झाबुआ, अलीराजपुर, धार, बड़वानी, खरगोन, देवास, खंडवा, बुरहानपुर, हरदा, विदिशा, रायसेन, नर्मदापुरम, बैतूल, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा और सिवनी में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। अगले दिन भी ऐसा ही मौसम रहेगा, लेकिन इसके बाद 2 दिन तक लू का अलर्ट है।
इंदौर, रायसेन में हल्की बारिश
शुक्रवार को इंदौर और रायसेन में हल्की बारिश दर्ज की गई। वहीं, गुना में पारा सबसे ज्यादा 40.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बाकी शहरों में तापमान 40 डिग्री से नीचे रहा। बड़े शहरों की बात करें तो भोपाल में 38.3 डिग्री, इंदौर में 36.3 डिग्री, ग्वालियर में 38.5 डिग्री, उज्जैन में 38.7 डिग्री और जबलपुर में तापमान 38.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पचमढ़ी में सबसे कम 33.8 डिग्री रहा।
इसलिए ऐसा मौसम
मौसम विभाग की वैज्ञानिक डॉ. दिव्या ई. सुरेंद्रन ने बताया कि दो साइक्लोनिक सर्कुलेशन और एक वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ) की एक्टिविटी बनी हुई है। इस वजह से आंधी-बारिश वाला मौसम है। इस बार भीषण गर्मी में भी आंधी-बारिश वाला मौसम रहा। प्रदेश में 26 अप्रैल से आंधी-बारिश का दौर शुरू हो गया था, जो 6 जून को भी जारी रहा। यानी, लगातार 42 दिन से प्रदेश के किसी न किसी जिले में पानी गिर रहा है, या आंधी चल रही है। शुक्रवार को कई जिलों में बारिश का दौर बना रहा।
अगले 4 दिन ऐसा रहेगा मौसम
7 जून: इंदौर, उज्जैन, भोपाल, झाबुआ, अलीराजपुर, धार, बड़वानी, खरगोन, देवास, खंडवा, बुरहानपुर, हरदा, विदिशा, रायसेन, नर्मदापुरम, बैतूल, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा और सिवनी में गरज-चमक के साथ बारिश होने का अलर्ट है।
8 जूनः मंडला, बालाघाट, सिवनी, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, बैतूल, हरदा, खंडवा, बुरहानपुर, देवास, इंदौर, खरगोन, धार, बड़वानी, झाबुआ, अलीराजपुर में गरज-चमक और बारिश का अलर्ट है।
9 जूनः ग्वालियर, भिंड, मुरैना, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर में हीट वेव यानी, लू का अलर्ट है। वहीं, खंडवा, बुरहानपुर, हरदा, नर्मदापुरम, बैतूल, छिंदवाड़ा और पांढुर्णा में बारिश हो सकती है।
10 जून: ग्वालियर, भिंड, मुरैना, दतिया, निवाड़ी,टीकमगढ़, छतरपुर में लू का अलर्ट है। वहीं, बड़वानी, खरगोन, खंडवा, हरदा, बुरहानपुर, नर्मदापुरम, बैतूल, पांढुर्णा और सिवनी में गरज-चमक और बारिश होने का अनुमान है।
बिजली बिल कम करने तथा खपत को नियंत्रित करने में मददगार साबित हुआ स्मार्ट मीटर
6 Jun, 2025 11:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : केन्द्र सरकार की रिवेम्प्ड डिस्ट्रीब्यूशन सेक्टर स्कीम (आरडीएसएस) योजना के अंतर्गत वितरण कंपनियों द्वारा लगाये गये स्मार्ट मीटर बेहतर कार्य कर रहे हैं। जहां-जहां स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं, वहां पर समय पर बिलिंग तथा रीडिंग हो रही है। कंपनी ने कहा है कि स्मार्ट मीटर लगने से उपभोक्ताओं को बेहतर सेवाएं, सटीक बिलिंग और ऊर्जा दक्षता में सुधार हो रहा है। स्मार्ट मीटर लगाने का काम समय सीमा में पूर्ण करने के लिए कंपनी की टीमें लगातार कार्य में जुटी हुई हैं।
रियल टाइम डेटा उपलब्ध
स्मार्ट मीटर से रियल टाइम डेटा प्राप्त किया जा सकता है। इससे उपभोक्ताओं को सटीक और समय पर बिलिंग सुनिश्चित की जा रही है। नए टैरिफ आर्डर के अनुसार स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को अब खपत के आधार पर दिन के टैरिफ में छूट भी दी जा रही है।
रीडिंग में कोई गड़बड़ी नहीं
उपभोक्ताओं को वास्तविक समय में ऊर्जा खपत की सटीक तथा अद्यतन जानकारी मिल रही है, साथ ही रीडिंग में किसी तरह की कोई गड़बड़ी सामने नहीं आई है। उपभोक्ताओं के परिसर में जाकर रीडिंग लेने की जरूरत भी नहीं है, क्योंकि निर्धारित तिथि पर ऑटोमेटिक रीडिंग करके उपभोक्ताओं के पंजीकृत मोबाइल पर बिल जारी किया जा रहा है।
उपभोक्ता स्वयं खपत की निगरानी कर रहे
जहां-जहां भी स्मार्ट मीटर स्थापित किए जा चुके हैं वहां पर निर्धारित समय पर तथा सटीक रीडिंग मिल रही है। उपभोक्ता स्वयं भी ऊर्जा खपत की निगरानी कर सकते हैं, इसके लिए हर 15 मिनट में डाटा अद्यतन हो रहा है, ताकि यह समझने में आसानी रहे कि किस समय कितनी ऊर्जा की खपत हुई है। अब बिजली खपत को नियंत्रित करने में आसानी हो रही है।
बिलों में त्रुटि की संभावना नहीं
स्मार्ट मीटर से बिजली के बिलों में त्रुटि की संभावना बहुत कम हो गई है और बिजली की चोरी रोकने में भी स्मार्ट मीटर मददगार साबित हो रहे हैं। स्मार्ट मीटर वास्तविक समय में अपनी बिजली की खपत पर नज़र रखने में मदद करते हैं, जिससे उपभोक्ता स्वयं भी अपनी खपत को बेहतर ढंग से समझ सकते हैं। साथ ही गैरजरूरी उपकरणों को बंद करके ऊर्जा की बचत कर सकते हैं।
पी.के. गर्ल्स हायर सेकेंडरी स्कूल रीवा के सांदीपनि विद्यालय में उन्नयन के कार्यों को प्राथमिकता से करें पूर्ण: उप मुख्यमंत्री शुक्ल
6 Jun, 2025 11:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने मंत्रालय में रीवा जिले में सांदीपनि विद्यालय और अन्य विद्यालयों के उन्नयन एवं निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने पी.के. गर्ल्स हायर सेकेंडरी स्कूल, रीवा को सांदीपनि विद्यालय के रूप में विकसित किए जाने के लिए किए जा रहे कार्यों की विशेष चर्चा की। उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने निर्देश दिए कि ऑडिटोरियम, खेल सुविधाएँ, फर्नीचर और अन्य निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किए जाएं। जिससे आगामी शैक्षणिक सत्र से सेवाओं का संचालन सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की तकनीकी अड़चनों को त्वरित रूप से उच्चाधिकारियों के संज्ञान में लाकर प्राथमिकता के आधार पर निराकृत किया जाए।
उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने रीवा शहर के समीपवर्ती क्षेत्रों में स्थित विद्यालयों के प्रस्तावित उन्नयन कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की और निर्देशित किया कि सभी आवश्यक औपचारिकताओं को शीघ्रता से पूर्ण कर प्रस्तावों को सक्षम स्तर पर अनुमोदन के लिए भेजा जाए। उन्होंने कहा कि रीवा शहर से लगे ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यालयों के उन्नयन को प्राथमिकता से किया जाये, जिससे इन क्षेत्रों के विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें और उन्हें शिक्षा के लिये शहर आने की असुविधा न हो। आयुक्त, स्कूल शिक्षा श्रीमती शिल्पा गुप्ता, पीआईयू, एवं एप्को के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद एवं प्रदेश संगठन महामंत्री ने स्वर्गीय देवेन्द्र श्रीवास्तव को किए श्रद्धासुमन अर्पित
6 Jun, 2025 11:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल, 06/06/2025। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा एवं प्रदेश संगठन महामंत्री श्री हितानंद जी ने शौर्य स्मारक के पास, नाइन मसाला रेस्टोरेंट पहुंचकर वरिष्ठ पत्रकार श्री नीरज श्रीवास्तव के पिताजी शिवपुरी जिले के पूर्व जिला उपाध्यक्ष श्री देवेन्द्र श्रीवास्तव के निधन पर श्रद्धासुमन अर्पित किए एवं परिजनों को ढांढस बंधाया। इस दौरान पार्टी के प्रदेश महामंत्री व विधायक श्री भगवानदास सबनानी, प्रदेश कार्यालय मंत्री डॉ. राघवेन्द्र शर्मा, प्रदेश मीडिया प्रभारी श्री आशीष उषा अग्रवाल ने स्वर्गीय श्री देवेन्द्र श्रीवास्तव को श्रद्धासुमन अर्पित किए।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव बावड़ी उत्सव में चिंतामण गणेश मंदिर परिसर स्थित लक्ष्मण बावड़ी से सम्मिलित हुए
6 Jun, 2025 11:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जल गंगा संवर्धन अभियान में चिंतामण गणेश मंदिर परिसर स्थित लक्ष्मण बावड़ी से बावड़ी उत्सव में शामिल हुए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने 'बूंद सहेजे बावड़ी' पुस्तक का विमोचन किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने 'एक पेड़ मां के नाम अभियान' में चिंतामण गणेश मंदिर परिसर में सिंदूर के पौधे का रोपण किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भगवान चिंतामण गणेश के आशीर्वाद से देश-प्रदेश विकास की नई ऊंचाईयाँ छू रहा है। उज्जैन में आयोजित की गई वेलनेस समिट में हजारों करोड़ के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए। उज्जैन देश-विदेश के लिए मानसिक शांति, आध्यात्म, वेलनेस केयर का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सिंहस्थ-2028 दृष्टिगत श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए उज्जैन-इंदौर नवीन फोरलेन पर भी कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि चिंतामण गणेश रेलवे स्टेशन का उन्नयन भी किया जाएगा। मां क्षिप्रा को कान्ह क्लोज़ डक्ट परियोजना और सेवारखेड़ी सिलारखेड़ी परियोजना से स्वच्छ, निर्मल और प्रवाहमान किया जा रहा है। इससे सिंहस्थ स्नान मां क्षिप्रा के स्वच्छ जल से हो होगा। देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए नवीन क्षिप्रा घाटों का निर्माण किया जा रहा है। सभी सुविधा श्रद्धालुओं को सुनिश्चित करने के लिए प्रदेश सरकार प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रेरणा से 30 मार्च से 30 जून तक जल गंगा संवर्धन अभियान चलाया जा रहा है जिसमें प्रदेश में जल संरक्षण का संदेश, जल संरचनाओं का जीर्णोद्धार और भू-जल स्तर में सुधार पर कार्य कर जल की एक-एक बूंद को संरक्षित करने के उपाय किये गये हैं।
बावड़ी-उत्सव
जन अभियान परिषद द्वारा बताया गया कि बावड़ी उत्सव में बावड़ियों के स्थल की जन सहभागिता से जीर्णोद्धार, प्रकाश, साफ सफाई, साज-सज्जा, जल आने के मार्गो को खोलकर जल संरचनाओं को नव जीवन प्रदान किया जा रहा है। जीर्णोद्धार के बाद बावड़ी उत्सव अंतर्गत बावड़ी का परंपरागत पूजन भी किया जा रहा है और जलस्त्रोत संरक्षण केन्द्रित संदेश अथवा बावड़ी के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक, सामाजिक महत्व के बारे में जानकारी देकर, जल संचय का संदेश दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में संपूर्ण अभियान में परिषद के प्रयासों से 36 लाख 34 हजार से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित हुई है। परिषद् द्वारा जल गंगा संवर्धन अभियान में 2139 बावड़ी सफाई, 4254 तालाब सफाई, 3468 नदी घाट सफाई,15913 जल संगोष्ठी,1677 नुक्कड़ नाटक, दीवार लेखन के कार्य किए गए है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने बावड़ी उत्सव में लक्ष्मण बावड़ी का पूजन किया। कार्यक्रम का संचालन पीयूष त्रिपाठी ने किया और आभार संभाग समन्वयक शिवप्रसाद मालवीय ने किया।
कार्यक्रम में सांसद अनिल फिरोजिया, जन अभियान परिषद के उपाध्यक्ष मोहन नागर, विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, नगर निगम सभापति कलावती यादव, जनप्रतिनिधि संजय अग्रवाल, रवि सोलंकी, चिंतामण गणेश मंदिर प्रशासक अभिषेक शर्मा, पुजारी राजेश गुरु, जनअभियान परिषद के कार्यपालक निर्देशक डॉ बकुल लाड़,सदस्य अजीता परमार,जिला समन्वयक देवेंद्र शर्मा और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
मजबूती से आगे बढ़ती मध्यप्रदेश की जल संरक्षण यात्रा
6 Jun, 2025 10:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : प्रदेश में जल संरक्षण की यात्रा दिन प्रति दिन मजबूती से आगे बढ़ रही है। जनभागीदारी से जल संरचनाओं के संरक्षण और सफाई के कार्य हाथ में लिये गये है। ऐतिहासिक, संस्कृतिक और धार्मिक महत्व वाले जल स्त्रोतों के सफाई के कार्य को प्राथमिकता दी जा रही है। नर्मदा पथ पर यात्रा के माध्यम से नदी किनारे ग्रामों में जल चौपाल कर ग्रामीणों को नदी के आसपास साफ सफाई के महत्व के बारे में जानकारी दी जा रही है।
जल है जीवन की धारा, कल का यही सहारा
शहडोल जिले में स्वयंसेवी संस्थाओं के माध्यम से जल संवर्धन का कार्य लगातार किया जा रहा है। इसी के साथ जल है जीवन की धारा, कल का यही सहारा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संकल्पों को साकार करने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर “जल गंगा सवंर्धन अभियान” 30 मार्च से 30 जून तक चलाया जा रहा है। यह अभियान जन-जन के जीवन से जुड़ा महत्वपूर्ण अभियान है। अभियान के अंतर्गत जहां एक ओर नये तालाब बनाये जा रहे, वहीं दूसरी ओर पुराने तालाबों, बावड़ियों और कुँओं का जीर्णाद्वार का कार्य भी किया जा रहा है। नदियों को साफ-स्वच्छ एवं जल एकत्रित करने के लिए भी कार्य किए जा रहे हैं। इस अभियान के तहत ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और धार्मिक महत्व वाले तालाबों, जल स्रोतों तथा देवालयों में जल संरक्षण के कार्य भी किये जा रहे हैं। अभियान जन प्रतिनिधियों, स्थानीय समुदाय, जनभागीदारी, आमजन और सरकार के संयुक्त प्रयास से संचालित हो रहा है। अभियान में मशीन, सामग्री और श्रम का समुचित नियोजन किया जा रहा है। जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत शहडोल जिले के जनपद पंचायत सोहागपुर के ग्राम पंचायत मैकी, ग्राम पंचायत दुलादर सहित अन्य ग्राम पंचायतों में नवीन खेत तालाब के कार्य किये गए है।
ग्राम समर्रा में नल कनेक्शनों में टोटियां लगायी गयी
टीकमगढ़ कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय के निर्देशानुसार जिले में जलगंगा संवर्धन अभियान कार्यक्रम का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है। इसी क्रम में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा जल जीवन मिशन के तहत ग्राम समर्रा में एकल जल प्रदाय योजना के अंतर्गत नल कनेक्शनों में टोंटियां लगायी गईं। ग्रामीणों को पानी के अनावश्यक बहने से राकेने की समझाइश दी गई। ग्राम समर्रा में करीब 20 घरों के नल कनेक्शनों में टोटियों को लगाया गया। यह पहल ग्रामीणों को जल संरक्षण के प्रति जागरूक करने के उद्देश से की गई है। ग्रामीणों को सलाह दी गई है कि पानी भरते ही नल की टोटी बंद कर देना चाहिए, जिससे जल को बर्बाद होने से रोका जा सके।
अभियान पर केन्द्रित प्रदर्शनी का सरपंचों ने किया अवलोकन
राज्य सरकार के निर्देश पर 30 मार्च से प्रारंभ हुए प्रदेश स्तरीय जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत जनसहभागिता से निरंतर विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। आगामी 30 जून तक संचालित होने वाले इस महत्वाकांक्षी अभियान में प्राचीन जल स्त्रोतों एवं कुएं व बावड़ियों के जीर्णाद्धार कार्य सहित जल संरक्षण के लिए विभिन्न योजनाओं अंतर्गत खेत तालाब निर्माण इत्यादि का कार्य ग्रामवासियों के सहयोग से क्रियान्वित हो रहा है। अभियान में स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की जा रही है। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा जल गंगा संवर्धन अभियान में विभिन्न कार्यों को जनसहभागिता से बेहतर रूप में क्रियान्वित करने की कार्ययोजना बनाई गई है। जिले के सभी विकासखण्ड में अभियान के तहत पूर्ण हो चुके एवं प्रगतिरत कार्यों के बारे में जानकारी तथा तकनीकी पहलुओं से अवगत कराने के लिए जिला पंचायत परिसर में प्रदर्शनी लगाई गई। करीब 90 सरपंचो ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर कार्यों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की। पंचायत प्रतिनिधियों को जल की स्वच्छता एवं कचरा के उचित निस्तारण की जानकारी दी गई। अधिकारियों द्वारा जनप्रतिनिधियों के प्रश्नों का समाधान भी किया गया। एक्सपोजर विजिट में सरपंचों को जल संरक्षण एवं संवर्धन के लिए अच्छे कार्यों का महत्व बताया गया। प्रदर्शनी में ग्रामीण क्षेत्र और पंचायतों के उत्कृष्ट कार्यों को प्रदर्शित किया गया।
तालाब में किया गया श्रमदान
दमोह जिले में जल गंगा संवर्धन अभियान में स्वच्छता ही सेवा का 49वें सप्ताह के अंतर्गत पाठक कॉलोनी तालाब में श्रमदान किया गया। कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर, जनप्रतिनिधियों, विभिन्न सामाजिक संगठन, स्वंयसेवी संस्थाओं ने अपनी सहभागिता निभाई। यह श्रमदान कार्य पिछले 48 सप्ताह से जारी हैं। जिले में जल स्त्रोतों मे सीवेज का गंदा पानी न मिले इसके लिये सोक पिट का निर्माण किया गया है। जिले में सिंचाई की नहर प्रणाली की सफाई व्यवस्था में किसानों की सहभागीता सुनिश्चित की जा रही है।
भरहटा में बावडी की सफाई
सतना जिले में उचेहरा विकासखंड के कबीर आश्रम ग्राम पंचायत भरहटा में बावड़ी स्वच्छता कार्यक्रम में जनभगीदारी से सफाई कार्य किया जा रहा है। स्थानीय पुजारी के अनुसार सम्राट अशोक के समय इस बावड़ी का निर्माण कराया गया था। बताया गया कि प्राचीन समय में राहगीर और स्थानीय गांव के लोग इसी से पानी पीते थे। श्रमदान के बाद ग्रामीणों को पेयजल स्त्रोतों की उपयोगिता की जानकारी दी गई। उन्हें शपथ दिलाई गई की वे निंरतर श्रमदान कर बावड़ी के आस पार सफाई रखेंगे। जिले में किसानों को खेत तालाब के महत्व के बारे में विभागीय अधिकारियों द्वारा जानकारी देकर प्रोत्साहित किया जा रहा है।
उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने किया देव फ़िल्म एंड टीवी इंस्टिट्यूट के कार्यालय का शुभारंभ
6 Jun, 2025 10:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने देव फ़िल्म एंड टीवी इंस्टिट्यूट के भोपाल कार्यालय का उद्घाटन किया। उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने संस्थान की स्थापना को स्थानीय प्रतिभाओं के प्रोत्साहन और क्षेत्रीय संस्कृति के संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश, विशेष रूप से भोपाल और उसके आस-पास के अंचल में कला, संगीत, अभिनय, निर्देशन और तकनीकी दक्षता से परिपूर्ण प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, आवश्यकता है तो उन्हें उचित मंच देने की। उन्होंने कहा कि देव फ़िल्म एंड इंस्टिट्यूट इस दिशा में एक सशक्त भूमिका निभा सकता है।
उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा कि आज का युग संचार, सिनेमा और डिजिटल मीडिया का है, जिसमें क्षेत्रीय भाषाएँ, लोक संस्कृति और पारंपरिक कलाएं भी वैश्विक मंच पर पहुँच रही हैं। उन्होंने आशा व्यक्त की कि यह संस्थान मध्यप्रदेश की सांस्कृतिक विविधता और पारंपरिक मूल्यों को फिल्म और मीडिया के माध्यम से उजागर करेगा, जिससे न केवल राज्य की पहचान मजबूत होगी, बल्कि स्थानीय युवाओं को रोजगार, प्रशिक्षण और पहचान के नए अवसर भी प्राप्त होंगे। उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने संस्थान के संस्थापक एवं संचालक विनोद तिवारी को बधाई और शुभकामनाएँ दीं। इस अवसर पर सांस्कृतिक, मीडिया और शैक्षणिक क्षेत्र से जुड़े प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।
नक्शा’ वेब-जीआईएस प्लेटफॉर्म बनेगा भू-अभिलेखों के डिजिटलीकरण की आधारशिला
6 Jun, 2025 10:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : ‘नक्शा’ वेब-जीआईएस समाधान पर आधारित दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यशाला का समापन तकनीकी सत्रों, विचार-विमर्श और राज्यों के अनुभव-साझा के साथ हुआ। कार्यशाला का आयोजन मध्यप्रदेश स्टेट इलेक्ट्रॉनिक्स डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन एवं भारत सरकार के ग्रामीण विकास मंत्रालय के भूमि संसाधन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। कार्यशाला में देशभर के 30 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से आए 44 से अधिक वरिष्ठ अधिकारी एवं जीआईएस विशेषज्ञों ने भाग लिया।
भूमि संसाधन विभाग, भारत सरकार के संयुक्त सचिव कुणाल सत्यार्थी ने कार्यशाला को संबोधित करते हुए राज्य स्तर पर सहयोग और व्यवहारिक समाधान अपनाने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा, "सबसे अच्छी तकनीक वही होती है जिसे लोग सहज रूप से अपनाएं।" उन्होंने प्रशिक्षण, सुधार और नागरिक-केंद्रित डिजिटल सिस्टम विकसित करने का आग्रह किया।
कार्यशाला के दूसरे दिन की शुरुआत सांची क्षेत्र के फील्ड सर्वेक्षण डेटा के लाइव प्रदर्शन से हुई। इसमें NAKSHA ऐप की प्रमुख कार्यक्षमताएं जैसे भूखंडों का विभाजन-मिलान, रिकॉर्ड ऑफ राइट्स (RoR) सुधार और प्रकाशन प्रक्रिया का वर्कफ़्लो प्रदर्शित किया गया। एमपीएसईडीसी टीम ने बताया कि कैसे ऑफलाइन डेटा अपलोड और इंटरैक्टिव डैशबोर्ड जैसे फीचर्स भूमि प्रबंधन को अधिक सरल और सुलभ बनाते हैं।
सत्र के दौरान विभिन्न राज्यों ने अपनी डिजिटल सर्वेक्षण पहलों को साझा किया। केरल ने अपनी "एंटे भूमि" परियोजना के तहत विकसित वेब-जीआईएस प्लेटफॉर्म प्रस्तुतिकरण दिया, जो शिकायत निवारण, फील्ड मॉनिटरिंग और नागरिक सेवाओं को एकीकृत करता है। कर्नाटक और आंध्र प्रदेश ने भी अपने नवाचारों और डिजिटल मैपिंग के अनुभव साझा किए।
बाद में प्रतिभागियों को राज्यों के चार समूहों में विभाजित कर एमपीएसईडीसी की तकनीकी टीम के साथ राउंडटेबल सम्मेलन का आयोजन किया गया। इसमें डेटा एकीकरण, प्रशिक्षण, कार्यान्वयन की समय-सीमा और यूजर इंटरफेस सुधार जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गहन संवाद हुआ। विशेष रूप से आंध्र प्रदेश, केरल और मेघालय के प्रस्तुत सुझावों को सराहना मिली।
कार्यक्रम के समापन पर एमपीएसईडीसी के एडिशनल प्रोजेक्ट डायरेक्टर संदीप गोयल ने सभी राज्यों के योगदान और सहभागिता की सराहना करते हुए कहा कि यह कार्यशाला भारत में डिजिटल भूमि प्रबंधन की दिशा में महत्वपूर्ण मील का पत्थर सिद्ध हुई है। साथ ही, 'नक्शा' पहल के राष्ट्रीय विस्तार हेतु सहयोग का सशक्त मंच भी बनी है।
फसलों की उत्पादकता में वृद्धि के लिए करें हर संभव प्रयास: कृषि मंत्री कंषाना
6 Jun, 2025 09:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : किसान कल्याण एवं कृषि विकास मंत्री एदल सिंह कंषाना ने कहा है कि किसानों की फसलों की उत्पादकता में वृद्धि के लिए हर संभव प्रयास किए जाएं। उन्होंने यह निर्देश राज्य स्तरीय प्रशिक्षण संस्थान में शासकीय कृषि प्रक्षेत्रों की राज्य स्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए दिए। उन्होंने शासकीय कृषि प्रक्षेत्रों के कार्यों की समीक्षा की।
कृषि मंत्री ने शासकीय कृषि प्रक्षेत्रों के कार्यों की सराहना की और उन्हें अधिक प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासकीय कृषि प्रक्षेत्रों का उद्देश्य किसानों को उच्च गुणवत्ता वाले बीज और अन्य कृषि सामग्री प्रदान करना है, जिससे उनकी उत्पादकता में वृद्धि हो सके।
मंत्री कंषाना ने अधिकारियों को शासकीय कृषि प्रक्षेत्रों में किसानों को प्रशिक्षण और तकनीकी सहायता प्रदान करने के लिए भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इससे किसानों को अपनी फसलों की उत्पादकता बढ़ाने में मदद मिलेगी और उनकी आय में वृद्धि होगी।
बैठक में निर्णय लिया गया कि शासकीय कृषि प्रक्षेत्रों में किसानों को और अधिक सुविधाएं प्रदान की जाएंगी और उनकी समस्याओं का समाधान करने के लिए विशेष व्यवस्था की जाएगी। बैठक में विभिन्न जिलों से आए कृषि विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया।
मृत्यु के बाद भी नहीं मिलती मुक्ति! गरुड़ पुराण में बताए गए भयावह दंड
खाने की ये आदतें लाती हैं दरिद्रता! शास्त्रों की चेतावनी
हाथ से कलावा हटाते ही न करें ये 1 काम, वरना बिगड़ सकता है भाग्य
प्रधानमंत्री आवास योजना से स्वयं के पक्के मकान का सपना हुआ साकार
केदारनाथ मंदिर में नए नियम लागू, मोबाइल इस्तेमाल पर पूरी तरह बैन
मनरेगा की ‘डबरी’ और ‘बिहान’ के सहयोग से सविता बनीं आत्मनिर्भर
दिलीप घोष बोले- बंगाल में खिलेगा कमल, BJP की जीत का भरोसा
लेमरू में दौड़ी जिंदगी की नई रफ्तार, संजीवनी 108 सेवा से ग्रामीणों को मिल रहा त्वरित उपचार
