मध्य प्रदेश
पात्र हितग्राहियों को प्रति माह 2.90 लाख मीट्रिक टन नि:शुल्क खाद्यान्न वितरण
13 Jun, 2025 10:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने बताया है कि खाद्य सुरक्षा अधिनियम के अंतर्गत प्रदेश में 5 करोड़ से अधिक पात्र हितग्राहियों को प्रति माह लगभग 2 लाख 90 हजार मीट्रिक टन नि:शुल्क खाद्यान्न वितरण किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सभी 27 हजार 944 उचित मूल्य दुकानों में पीओएस मशीन स्थापित की जा चुकी हैं। मंत्री राजपूत ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि पात्र हितग्राहियों को खाद्यान्न प्राप्त करने में किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।
उचित मूल्य दुकानों में परिवार के किसी भी सदस्य द्वारा बायोमेट्रिक सत्यापन/ओटीपी के माध्यम से राशन प्राप्त किया जा सकता है। अशक्त एवं दिव्यांगजनों के लिये नॉमिनेशन की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। इसके तहत यह लोग जिस व्यक्ति को नामांकित कर देते हैं, उन्हें खाद्यान्न प्रदान किया जाता है। राशन वितरण की सूचना हितग्राही को एसएमएस के माध्यम से भी देने का प्रावधान है। प्रदेश में लगभग 653 उचित मूल्य दुकानें शेडो एरिया में हैं, यहां पर समग्र परिवार आईडी के माध्यम से खाद्यान्न का वितरण किया जाता है।
नगरीय क्षेत्रों को नगर वन से पर्यावरण के अनुकूल बनायें : एसीएस शुक्ला
13 Jun, 2025 10:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : नगरीय विकास एवं आवास विभाग के अपर मुख्य सचिव संजय शुक्ला ने कहा है कि बढ़ती आबादी के दबाव के कारण शहरों का पर्यावरण प्रभावित हो रहा है। जरूरत इस बात की है कि जन भागीदारी से हम शहरों में हरित क्षेत्र को बढ़ायें। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि पौधरोपण के साथ-साथ हम पौधों की सुरक्षा की जिम्मेदारी भी सुनिश्चित करें। अपर मुख्य सचिव शुक्ला शुक्रवार को भोपाल के रवीन्द्र भवन में अमृत हरित महा अभियान पर केन्द्रित कार्यशाला को संबोधित कर रहे थे। कार्यशाला का उद्देश्य नगरीय क्षेत्रों में हरित क्षेत्र के विस्तार और पर्यावरण संरक्षण जुड़ी गतिविधियों और पहल का प्रसार करना है। कार्यशाला में समस्त नगरीय निकायों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
अपर मुख्य सचिव शुक्ला ने कहा कि आगामी बारिश के मौसम के दौरान जिन चिन्हित स्थानों पर पौधरोपण होना है, वहां व्यापक स्तर पर तैयारी की जाये। शुक्ला ने कहा कि शासकीय भवन परिसर, कॉलेज एवं स्कूल परिसर के आस-पास पौधरोपण किया जाये। उन्होंने कहा कि नगरों के कुल क्षेत्रफल का लगभग 20 से 25 प्रतिशत भाग समृद्ध हरित क्षेत्र होना चाहिए। अपर मुख्य सचिव ने कहा कि हमारे देश में प्राचीन काल से जिन पेड़ों को आस्था के साथ लगाया जाता रहा है, हम उनको स्थानीय परिस्थिति के अनुसार ज्यादा संख्या में लगा सकते हैं। इनमें आम, जामुन, पीपल, नीम इत्यादि हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि अच्छे काम करने वाले नगरीय निकायों को पुरस्कृत किये जाने की भी पहल की जाना चाहिए।
एक करोड़ पौधरोपण का कार्यक्रम
कार्यशाला में नगरीय प्रशासन एवं विकास आयुक्त संकेत भोंडवे ने कहा कि वर्षा काल के दौरान प्रदेश के सभी नगरीय निकायों में एक करोड़ पौधरोपण का कार्यक्रम तैयार किया गया है। उन्होंने कहा कि व्यापक पौधरोपण और वृक्षों की सुरक्षा की जिम्मेदारी शत-प्रतिशत जनभागीदारी से सफल हो सकती है। आयुक्त ने कहा कि पौधरोपण के साथ उनकी सुरक्षा से जुड़ी 3 वर्ष की कार्य योजना बनाये जाना भी जरूरी है। आयुक्त ने कहा कि प्रत्येक नगर परिषद में एक लाख, नगर पालिका में 5 लाख और नगर निगम में 15 से 20 लाख पौधरोपण की योजना तैयार की जाये। औद्योगिक क्षेत्र की चर्चा करते हुए आयुक्त ने कहा कि पीथमपुर औद्योगिक क्षेत्र में वर्षा काल के इस सीजन में 11 लाख पौधरोपण की योजना तैयार की गई है। इसी तरह की योजना मंडीदीप सहित अन्य औद्योगिक क्षेत्रों में भी बनाई जा रही है। आयुक्त ने कहा कि हमें अमृत मित्र तैयार करना होंगे, जो इस कार्य में सहयोग करेंगे।
विषय विशेषज्ञों ने दी जानकारी
कार्यशाला में अपर आयुक्त कैलाश वानखेड़े, आईआईएफएम के डॉ. योगेश दुबे ने शहरी अधोसंरचना में नीली-हरी अवसंरचना का प्रबंधन, एप्को के रामरतन ने जलवायु परिवर्तन, एसपीए भोपाल के सौरभ पोपली ने शहरी स्थल पर हरित प्रणाली, अपर आयुक्त सुटीना यादव ने पर्यावरण संरक्षण संबंधित कानून और प्रमुख अभियंता प्रदीप मिश्रा ने नगर वनों के विकास की जानकारी दी। कार्यशाला में दिव्यांग पार्क और छिंदवाड़ा में आधुनिक पार्क पर केन्द्रित फिल्मों का प्रदर्शन किया गया। रवीन्द्र भवन परिसर में लगाई गई प्रदर्शनी का बड़ी संख्या में नागरिकों ने अवलोकन किया। प्रदर्शनी में खाद, बीज, उन्नत किस्म के पौधे, कृषि और उद्यानिकी के लिये उपयोगी यंत्रों का विक्रय एवं प्रदर्शन किया गया।
प्रदेश में आमजन की सुविधा के लिए यूनिफाइड पोर्टल सिस्टम की होगी शुरूआत : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
13 Jun, 2025 10:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रदेश में आमजन को सुविधाएं उपलब्ध कराने में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका है। विभिन्न विभागों की सेवाओं का लाभ आमजन को आसानी से दिलाने के लिए यूनिफाइड पोर्टल सिस्टम तैयार किया जाए। जिसमें विभिन्न विभागों की सेवाएं एक साथ जोड़कर, आमजन को एक ही स्थान पर लाभ दिलाना सुनिश्चित करें। यूनिफाइड पोर्टल को विभिन्न विभागों की 1700 सेवाओं को जोड़कर लांच किया जाए। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभागों की जानकारी आमजन को आसानी से मिल सके, इसके लिए जमीनी स्तर पर क्रियान्वयन सुनिश्चित हो। जनता को विभिन्न कार्यक्रमों और अभियानों की जानकारी देने के उद्देश्य से होर्डिंग्स लगाए जाएं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव शुक्रवार को मुख्यमंत्री निवास (समत्व भवन) में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान संबंधित अधिकारियों को निर्देशित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा है कि उज्जैन में सिंहस्थ-2028 में विभिन्न तकनीकी कार्यों एवं व्यवस्थाओं के प्रभावी संचालन में नवीन प्रौद्योगिकी की मदद ली जाए। इसे सुनिश्चित करने के लिए एमपीएसइडीसी सॉफ्टवेयर/ऐप तैयार करें और नगरीय विकास एवं आवास विभाग को भी निर्देशित किया जाए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार ने नवीन ड्रोन नीति तैयार कर इसे लागू किया है। प्रदेश में कानून और व्यवस्था नियंत्रण के लिए ड्रोन का उपयोग बढ़ाने के लिए विस्तृत कार्य योजना बनाई जाए। इसके साथ ही शहरी यातायात प्रबंधन के लिए भी ड्रोन का उपयोग सुनिश्चित किया जाए।
21 जून को उज्जैन के डोंगला में आयोजित होगी राष्ट्रीय कार्यशाला
मुख्यमंत्री डॉ. यादव के मुख्य आतिथ्य में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस (21 जून) को उज्जैन में 'खगोल विज्ञान एवं भारतीय ज्ञान परंपरा' विषय पर राष्ट्रीय कार्यशाला का आयोजन होगा। मध्यप्रदेश विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद एवं अन्य सहयोगियों की ओर से यह कार्यशाला डोंगला स्थित वराहमिहिर खगोलीय वेधशाला में आयोजित की जाएगी। इस अवसर पर योग शिविर, शून्य छाया अवलोकन, साइंस शो, स्टेम वर्कशॉप, व्याख्यान एवं परिचर्चा जैसी गतिविधियां होंगी।
ड्रोन से निगरानी तंत्र को मजबूत कर डेटा संग्रहण क्षमता बढ़ाएं
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में कानून और व्यवस्था नियंत्रण के लिए ड्रोन के उपयोग की व्यापक कार्य योजना तैयार की जाए। उन्होंने कहा कि शहरी यातायात प्रबंधन के लिए भी ड्रोन का उपयोग सुनिश्चित किया जाए। साथ ही ड्रोन के माध्यम से निगरानी तंत्र को मजबूत करते हुए डेटा संग्रहण क्षमता को बढ़ाने की आवश्यकता है। प्रदेश सरकार ने नवीन ड्रोन नीति तैयार कर इसे लागू किया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव को जानकारी दी गई कि वर्तमान व्यवस्था के अनुसार राजस्व, नगरीय विकास एवं आवास, रेरा, लोक निर्माण, जल संसाधन सहित विभिन्न विभागों की परियोजनाओं में सर्वेक्षण एवं निगरानी कार्य के लिए ड्रोन की सहायता ली जा रही है।
प्रौद्योगिकी क्षेत्र में निवेश की अपार संभावनाएं, बढ़ाएं आईटी पार्कों की संख्या
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश के प्रमुख शहरों इंदौर, भोपाल, जबलपुर एवं ग्वालियर में एमपीएसइडीसी द्वारा आईटी पार्क विकसित किए गए हैं। राज्य में सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र में निवेश के अनुकूल वातावरण एवं निवेश की बढ़ती संभावनाओं के दृष्टिगत आईटी पार्कों की संख्या बढ़ाई जाए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इंदौर सहित सभी आईटी पार्कों को पीपीपी मॉडल पर विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रदेश के विभिन्न इंजीनियरिंग महाविद्यालयों का आईआईटी के अनुरूप क्षमतावर्धन करने के निर्देश दिए।
साइबर अटैक की घटनाएं रोकने के लिए करें प्रभावी कार्यवाही
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि साइबर अटैक की घटनाएं रोकने एवं उनके प्रभावी निष्पादन के लिए मध्यप्रदेश कंप्यूटर इमरजेंसी टीम का गठन किया जाए और सभी शासकीय विभागों में मुख्य सुरक्षा अधिकारी तैनात किए जाएं। उन्होंने कहा कि विभागों के सभी आईटी प्रोजेक्ट/वेबसाइट/ऐप्स का सिक्योरिटी ऑडिट किया जाए, जिसमें सिस्टम के सुरक्षा मानक, डेटा प्रबंधन और प्रोजेक्ट्स की कार्यक्षमता का मूल्यांकन सुनिश्चित हो, जिससे समय रहते किसी भी संभावित जोखिम की पहचान एवं बचाव के उपाय किए जा सकें। मुख्यमंत्री डॉ. यादव को जानकारी दी गई कि इस वर्ष अभी तक विशेषज्ञों की टीम ने 134 नेटवर्क अटैक को रोकने में सफलता प्राप्त की है। गत माह ऑपरेशन सिंदूर के समय संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त 72 आईपी की पहचान कर उन्हें ब्लॉक करने की कार्रवाई की गई।
ड्रोन द्वारा सर्वेक्षण एवं निगरानी प्लान का जोनल प्लान बनेगा
मुख्य सचिव अनुराग जैन ने कहा कि ड्रोन द्वारा सर्वेक्षण एवं निगरानी प्लान को जोनल प्लान बनाकर योजनाबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि साइबर सुरक्षा के लिए गृह विभाग के साइबर एक्सपर्ट्स से भी इनपुट लिए जाएं। उन्होंने कहा कि सिंहस्थ 2028 के टेक्निकल सपोर्ट का प्लान नगरीय आवास एवं सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग मिलकर तैयार करें। उन्होंने कहा कि प्रयागराज महाकुम्भ 2025 के प्लान का अध्ययन भी करें। उन्होंने कहा कि राज्य की स्पेस टेक नीति तैयार करने के लिए अन्य राज्यों की नीतियों का भी अध्ययन करें। उन्होंने कहा कि राज्य में स्टार्टअप्स कल्चर को बढ़ावा देने के लिए आईआईटी मद्रास के मॉडल का अनुसरण किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि आईटी और संबंधित क्षेत्रों में निवेशकों को आवश्यक सुविधाएं प्रदान करें।
मध्यप्रदेश में जल्द ही बनेगी स्पेस टेक नीति
अपर मुख्य सचिव संजय दुबे ने विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के अंतर्गत कार्यों की अद्यतन स्थिति से मुख्यमंत्री डॉ. यादव को अवगत कराया। उन्होंने कहा कि राज्य की स्पेस टेक नीति तैयार करने के लिए स्टेक होल्डर्स को भी कंसल्ट किया गया है। शीघ्र ही राज्य की स्पेस टेक नीति तैयार की जाएगी। अपर मुख्य सचिव दुबे ने बताया कि एमपी-सर्ट द्वारा विभिन्न विभागों का साइबर सुरक्षा के संबंध में प्रशिक्षण कराया गया है। उन्होंने कहा कि राज्य में साइबर सुरक्षा को सुदृढ़ करने के लिए कार्यवाही की जा रही है। दुबे ने जानकारी दी कि नर्मदा नदी के गहरीकरण का मानचित्रण कराया गया है। उन्होंने बताया कि शासकीय कर्मचारियों के लिए ईएचआरएमएस, सिंगल साइन ऑन, नागरिकों लिए यूनिफाइड पोर्टल आदि विकसित किए गए हैं। उन्होंने डेटा सेंटर के विकास, एवीजीसी लैब, इनक्यूबेशन सेंटर्स की स्थापना, आईटी स्टार्टअप्स, ईएसडीएम पार्क की स्थापना, सेमीकंडक्टर मैन्युफैक्चरिंग, जीसीसी की स्थापना आदि बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि राज्य में आईटी और संबंधित क्षेत्रों के उद्योगों की स्थापना के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
अपर मुख्य सचिव मुख्यमंत्री कार्यालय डॉ. राजेश राजौरा, अपर मुख्य सचिव वित्त मनीष रस्तोगी, एमडी एमपीएसइडीसी आशीष वशिष्ठ एवं प्रोजेक्ट डायरेक्टर गुरु प्रसाद सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
मंत्री पटेल से महाराष्ट्र के अधिकारियों ने की भेंट
13 Jun, 2025 09:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल से महाराष्ट्र सरकार के पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अधिकारियों के छह सदस्यीय दल ने शुक्रवार को उनके शासकीय निवास पर मुलाकात की। इस अवसर पर वर्षा जल के संचयन और भू-जल स्तर को बढ़ाने के लिए किए जा सकने वाले प्रयासों पर विस्तृत चर्चा हुई। महाराष्ट्र सरकार के अधिकारियों ने इस दौरान मध्यप्रदेश में वर्षा जल और भूजल प्रबंधन को लेकर किए जा रहे कार्यों और नवाचारों की सराहना की। खासतौर पर दल ने जल गंगा संवर्धन अभियान और सिपरी सॉफ्टवेयर की प्रशंसा की। इस अवसर पर मनरेगा आयुक्त-संचालक वाटरशेड मिशन अवि प्रसाद, महाराष्ट्र सरकार के वाटरशेड विभाग के अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी कमलाकर रणदिवे, अवर सचिव मृदा एवं संरक्षण विभाग देवेन्द्र भामरे, प्रकाश पाटिल, क्षेत्रीय जल संरक्षण अधिकारी दिलीप निपाने, जीआईएस विशेषज्ञ अमोल विधाते और असिस्टेंट इंजीनियर अविनाश देवपारे शामिल रहे।
महाराष्ट्र के दल ने को सिपरी सॉफ्टवेयर की सराहना
जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत मध्यप्रदेश मनरेगा परिषद द्वारा किए गए नवाचारों का अध्ययन करने के लिए महाराष्ट्र सरकार का यह छह सदस्यीय दल 12 जून को दो दिवसीय दौरे पर भोपाल आया। दल के सदस्यों ने फील्ड में जाकर सिपरी सॉफ्टवेयर के माध्यम से चिन्हित किए गए खेत तालाब और अमृत सरोवरों के निर्माण स्थलों का अवलोकन किया। उन्होंने सिपरी सॉफ्टवेयर के कार्य को गहराई से देखा और उसकी तकनीकी कार्यप्रणाली की सराहना की। यह पहला अवसर है जब मध्यप्रदेश में सॉफ्टवेयर की मदद से वैज्ञानिक पद्धति से खेत तालाब और अमृत सरोवरों के निर्माण स्थलों का चयन किया गया।
दल ने किया फील्ड भ्रमण
भोपाल आगमन के पश्चात दल ने पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की प्रमुख सचिव दीपाली रस्तोगी और मनरेगा आयुक्त-संचालक वाटरशेड मिशन अवि प्रसाद से पृथक से भेंट कर विस्तृत चर्चा की। पहले दिन 12 जून को अधिकारियों ने भोपाल जिले की जनपद पंचायत बैरसिया की ग्राम पंचायत गुनगा एवं जैतपुर का भ्रमण किया, जहां उन्होंने सिपरी सॉफ्टवेयर से चिन्हित खेत तालाब और अमृत सरोवरों के निर्माण स्थल देखे। इस दौरान उन्होंने हितग्रहियों से चर्चा भी की। शुक्रवार को दल ने रायसेन जिले के सांची विकासखंड का भ्रमण किया और वहां भी सिपरी सॉफ्टवेयर की कार्यप्रणाली को देखा व आवश्यक जानकारियां प्राप्त कीं।
एमपीएसईडीसी ने दी सॉफ्टवेयर की तकनीकी जानकारी
विकास भवन में एमपीएसईडीसी और इसके नॉलेज पार्टनर संस्थाओं के विषय विशेषज्ञों ने प्रजेंटेशन के माध्यम से महाराष्ट्र से आए अधिकारियों को सिपरी सॉफ्टवेयर की तकनीकी जानकारी दी।साथ ही मनरेगा परिषद के अधिकारियों ने प्लानर सॉफ्टवेयर और एरिया ऑफिसर ऐप के बारे में भी दल को अवगत कराया। यह जानकारी इस बात पर केंद्रित थी कि ये तकनीकी उपकरण किस प्रकार कार्य को अधिक प्रभावी और पारदर्शी बनाते हैं।
क्या है सिपरी सॉफ्टवेयर और प्लानर ऐप
सिपरी (Software for Identification and Planning of Rural Infrastructure) एक उन्नत तकनीकी सॉफ्टवेयर है, जिसे महात्मा गांधी नरेगा, मध्यप्रदेश राज्य रोजगार गारंटी परिषद, भोपाल द्वारा एमपीएसईडीसी और इसरो के सहयोग से विकसित किया गया है। इसका मुख्य उद्देश्य जल संरक्षण हेतु उपयुक्त स्थलों की सटीक पहचान कर गुणवत्तापूर्ण संरचनाओं का निर्माण सुनिश्चित करना है। यह भौगोलिक सूचना प्रणाली (GIS) आधारित वैज्ञानिक पद्धतियों से कार्य करता है। वहीं प्लानर ऐप मनरेगा परिषद द्वारा विकसित एक डिजिटल उपकरण है जिसका उद्देश्य ग्राम पंचायत स्तर पर मनरेगा कार्यों की वार्षिक कार्ययोजना को सरलता से तैयार करना है। यह ऐप मनरेगा के उद्देश्यों और प्रावधानों के अनुपालन को भी सुनिश्चित करता है। इस तरह की पहल करने वाला मध्यप्रदेश देश का पहला राज्य बन गया है।
जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत राज्य में हो रहे हैं कार्य
प्रदेश में जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत बारिश की हर बूंद का संचयन सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है, जिसका समापन 30 जून को होगा। अभियान के अंतर्गत सिपरी सॉफ्टवेयर की मदद से प्रदेशभर में 79,815 खेत तालाब, 1,254 अमृत सरोवर और 1,03,900 कूप रिचार्ज पिट चिन्हित किए गए हैं, जिन पर निर्माण कार्य प्रगति पर है।अब तक 2 लाख 30 हजार से अधिक जलदूतों ने स्वयं को पंजीकृत किया है, जो इस अभियान को धरातल पर सफल बनाने में जुटे हुए हैं।
जल संरक्षण के क्षेत्र में प्रदेश को बड़ी सफलता, खंडवा बना देश-प्रदेश का टॉप जिला, राज्यों में मध्यप्रदेश देश में चौथे नंबर पर
13 Jun, 2025 09:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में जल गंगा संवर्धन अभियान मध्यप्रदेश में जल संरक्षण के संकल्प के लिये जन-सहभागिता जुटाने में एक ऐतिहासिक पहल सिद्ध हुआ है। यह अभियान 30 मार्च से 30 जून, 2025 तक संचालित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य नदियों, जल स्रोतों और वेटलैंड्स का संरक्षण तथा पुनर्जीवन सुनिश्चित करना है। मध्यप्रदेश राज्य रोजगार गारंटी परिषद द्वारा जारी नवीनतम राज्य स्तरीय प्रदर्शन डैशबोर्ड के आकलन के अनुसार खंडवा मध्यप्रदेश में पहले स्थान पर है। इससे पूर्व केन्द्रीय एजेंसी ने जल संरक्षण कार्यों के लिए खंडवा को देश का शीर्ष जिला घोषित किया है। इस सूची में मध्यप्रदेश को चौथे स्थान मिला है।
खेत-तालाब निर्माण का लक्ष्य 77,940 तय किया गया था, लेकिन प्रदेश में 79,815 खेत-तालाबों का निर्माण हो रहा है, जो शत प्रतिशत से भी अधिक है। अभियान की अवधि में प्रतिदिन औसतन 1,078 खेत-तालाबों के निर्माण का प्रारंभ किया जा रहा है। डगवेल रिचार्ज संरचनाओं के लिये 1,03,900 के लक्ष्य में से 1,00,321 संरचनाओं का निर्माण जारी है, जो लक्ष्य का 96.56% है। प्रदेश में प्रतिदिन औसतन 1,355 डगवेल निर्माण शुरू किया जा रहा है। अमृत सरोवर लक्ष्य 992 के मुकाबले 1,254 निर्मित किये जा रहे हैं। मायभारत पोर्टल पर जलदूत पंजीयन का लक्ष्य 1,62,400 तय किया गया था, जबकि 2,30,749 स्वयंसेवकों का पंजीकरण किया जा चुका है जो लक्ष्य काफी अधिक है।
राज्य सरकार ने पाँच प्रमुख क्षेत्रों — पुराने एनआरएम कार्य, खेत-तालाब, डगवेल, अमृत सरोवर और मायभारत पंजीयन — पर आधारित 100 अंकों की रैंकिंग प्रणाली लागू की है। इस आधार पर खंडवा जिला 71.09 अंकों के साथ शीर्ष पर रहा। खेत-तालाब निर्माण, डगवेल रिचार्ज और अमृत सरोवर की शुरुआत में खंडवा का प्रदर्शन सर्वोत्तम रहा। रायसेन (60.85 अंक), बालाघाट (59.52 अंक) और बुरहानपुर (55.85 अंक) क्रमशः दूसरे, तीसरे व चौथे स्थान पर रहे। प्रदेश के अधिकांश जिलों ने अमृत सरोवर और मायभारत श्रेणियों में पूर्ण अंक प्राप्त किए, हैं।
केन्द्र सरकार की गाइड-लाइन का तय समय-सीमा में हो प्रभावी क्रियान्वयन : मंत्री सारंग
13 Jun, 2025 09:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : सहकारिता मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने कहा है कि केन्द्र सरकार द्वारा सहकारिता क्षेत्र को सशक्त बनाने के लिए निर्धारित “सहकार से समृद्धि’’ के विज़न के अंतर्गत दी गई गाइड-लाइन्स का प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। मंत्री सारंग ने आगामी 20 जून को भारत सरकार द्वारा प्रस्तावित उच्च स्तरीय बैठक के लिए राज्य स्तर पर की जा रही तैयारियों की भी समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। सारंग शुक्रवार को मंत्रालय में सहकारिता विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ विभागीय समीक्षा कर रहे थे। अपर मुख्य सचिव अशोक वर्णवाल भी बैठक में उपस्थित थे।
मंत्री सारंग ने अधिकारियों से कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘सहकार से समृद्धि’ के संकल्प की सिद्धि के लिए पूरी तत्परता से कार्य करें। उन्होंने कहा कि केन्द्र एवं राज्य सरकार की हर योजना को हर गाँव, हर पंचायत, हर किसान और हर सहकारी संस्था तक पूरी प्रतिबद्धता के साथ शत-प्रतिशत क्रियान्वयन तय समय-सीमा में प्राथमिकता के साथ हो।
मंत्री सारंग ने प्रदेश के पैक्स की वर्तमान स्थिति, पैक्स अंतर्गत की जा रही गतिविधियाँ, बी-पैक्स को एम-पैक्स के रूप में डेवलप करना, प्रदेश के सहकारी बैंकों की वर्तमान स्थिति एवं सुदृढ़ीकरण पर चर्चा, प्रदेश के पैक्स द्वारा माइक्रो एटीएम के संचालन एवं विस्तार, पैक्स सोसाइटी द्वारा खाद एवं बीज वितरण व्यवस्था की समीक्षा, पैक्स कंप्यूटरीकरण की जिलेवार समीक्षा, प्रत्येक पंचायत में पैक्स, प्राथमिक डेयरी एवं मत्स्य पालन सहकारी समितियों का गठन एवं संचालन, पैक्स के माध्यम से सीएससी सेवाएं, जन-औषधि केन्द्र का संचालन, भारतीय बीज सहकारी समिति, नई राष्ट्रीय सहकारी जैविक समिति, एफपीओ का गठन, अंतर्राष्ट्रीय सहकारिता वर्ष पर अभी तक किए गए कार्य एवं भविष्य की कार्य-योजना सहित सीपीपीपी द्वारा किये गये कार्य की प्रगति की समीक्षा कर आवश्यक निर्देश दिए।
बैठक में आयुक्त सहकारिता एवं पंजीयक मनोज पुष्प, प्रबंध संचालक विपणन संघ अलोक कुमार सिंह, उप सचिव मनोज सिन्हा, प्रबंध संचालक अपेक्स बैंक मनोज गुप्ता सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
यात्री सुरक्षा के तहत भोपाल स्टेशन पर संदिग्ध व्यक्ति पर रेल अधिनियम के तहत की गई कार्यवाही
13 Jun, 2025 09:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। भोपाल मंडल पर 'ऑपरेशन यात्री सुरक्षा' अभियान के अंतर्गत यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु निरंतर सतर्कता एवं निगरानी अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में भोपाल रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म क्रमांक 6 पर एक संदिग्ध व्यक्ति को यात्रियों का सामान चोरी करने की नीयत से घूमते हुए रेलवे सुरक्षा बल द्वारा पकड़ा गया। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री सौरभ कटारिया ने बताया कि शाम 6 बजे आरपीएफ के आरक्षक श्री कृष्ण कुमार एवं आरक्षक श्री अनिल शर्मा द्वारा उक्त संदिग्ध व्यक्ति को संदेहास्पद गतिविधियों के आधार पर रोका गया। पूछताछ में उसकी पहचान राहुल जाट, उम्र – 32 वर्ष, निवासी ग्राम कन्हैया, भोपाल (म.प्र.) के रूप में हुई।
पूछताछ के दौरान उसके पास कोई वैध यात्रा दस्तावेज अथवा चोरी का सामान प्राप्त नहीं हुआ, किंतु उसकी गतिविधियाँ संदिग्ध पाई गईं। बिना टिकट यात्रा और संदेहास्पद रूप से स्टेशन परिसर में घूमने पर उसके विरुद्ध रेल अधिनियम की धारा 145 व 147 के अंतर्गत विधिसम्मत कार्यवाही की गई। उक्त आरोपी को अग्रिम कानूनी प्रक्रिया हेतु माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहाँ से उसे 14 दिन की न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। रेल प्रशासन यात्रियों की सुरक्षा और रेलवे परिसरों में अनुशासन बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है और ऐसे तत्वों पर निगरानी एवं कार्यवाही की प्रक्रिया निरंतर जारी रहेगी।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने प्रशिक्षण वर्ग को लेकर मीडिया से की चर्चा
13 Jun, 2025 08:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
केंद्रीय मंत्री श्री अमित शाह जी करेंगे भाजपा के प्रशिक्षण वर्ग का शुभारंभ
-तीन दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग का समापन करेंगे रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह
-पचमढ़ी में 14 जून से शुरू होगा पार्टी का प्रशिक्षण वर्ग
-पार्टी के वरिष्ठ नेतागण करेंगे सांसद-विधायकों का मार्गदर्शन
-श्री विष्णुदत्त शर्मा
भोपाल, 13/06/2025। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा ने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि भाजपा का तीन दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग 14 जून को पचमढ़ी में आयोजित किया जा रहा है। वर्ग का शुभारंभ दोपहर 3 बजे केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह करेंगे एवं समापन 16 जून को केंद्रीय रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह करेंगे।
प्रशिक्षण वर्ग में सैद्धांतिक, व्यवहारिक एवं अन्य विषयों पर होगी चर्चा
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा ने बताया कि भारतीय जनता पार्टी के सांसदों-विधायकों का नियमित प्रशिक्षण वर्ग 14, 15 और 16 जून को पचमढ़ी में आयोजित किया जा रहा है। इस वर्ग में 201 जनप्रतिनिधि भाग लेंगे। उन्होंने कहा कि इस प्रशिक्षण वर्ग में पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री श्री बी.एल. संतोष जी, राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री श्री शिवप्रकाश जी, केंद्रीय मंत्री श्री भूपेंद्र यादव, श्री सी.आर. पाटिल, श्री शिवराज सिंह चौहान, श्रीमती सावित्री ठाकुर श्री एल. मुरुगन, राष्ट्रीय महामंत्री श्री विनोद तावड़े, प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह अलग-अलग सत्रों में सांसदों-विधायकों का मार्गदर्शन करेंगे। श्री विष्णुदत्त शर्मा ने बताया कि प्रशिक्षण वर्ग में सैद्धांतिक, व्यवहारिक एवं अन्य विषयों पर विस्तार से चर्चा होगी।
पौधारोपण करेंगे सांसद-विधायक
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा ने बताया कि प्रशिक्षण वर्ग में ‘सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को समर्पित प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के 11 वर्ष’ पर और भाजपा की जनसंघ से लेकर वर्तमान समय तक की यात्रा पर केंद्रित प्रदर्शनी का आयोजन किया जायेगा। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण वर्ग के दौरान सभी सांसद और विधायक ’एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत पौधारोपण भी करेंगे।
किस्त पर ब्रेक! लाड़ली बहनों को झटका, मोहन यादव ने सभी कार्यक्रम किए रद्द
13 Jun, 2025 07:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल: अहमदाबाद में हुए विमान हादसे के बाद पूरे देश में शोक की लहर है. लाड़ली बहना योजना की 25वीं किस्त आज जारी नहीं की जाएगी. जबलपुर में होने जा रहे एक कार्यक्रम में सीएम डॉ मोहन यादव को लाड़ली बहना की ये किस्त जारी करनी थी. लेकिन अहमदाबाद में एयर इंडिया विमान दुर्घटना में हुई मौतों के बाद मुख्यमंत्री ने ये कार्यक्रम रद्द कर दिया है. मुख्यमंत्री ने जबलपुर के साथ इंदौर का दौरा कार्यक्रम भी रद्द कर दिया है.
आज नहीं आएगी लाड़ली बहना की किस्त
लाड़ली बहना योजना की 25वीं किस्त आज जबलपुर में होने जा रहे कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव जारी करने वाले थे. फिलहाल ये कार्यक्रम रद्द होने से अब लाड़ली बहना की किस्त की तारीख आगे बढ़ गई है. मुख्यमंत्री ने अहमदाबाद विमान हादसे के बाद दिवंगतों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए 13 जून को होने जा रहे अपने सभी कार्यक्रम निरस्त कर दिए हैं. फिलहाल नई तारीख की घोषणा नहीं हुई है.
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुजरात के अहमदाबाद में हुए विमान हादसे पर दु:ख व्यक्त करते हुए कहा कि "इस दुर्घटना से मैं हताश हूं और पूरा देश भी दुखी है. उन्होंने कहा कि मैं बाबा महाकाल से दिवंगत आत्माओं को अपने श्री चरणों में स्थान देने और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं."
अहमदाबाद की घटना से पूरा देश स्तब्ध
बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा कि "अहमदाबाद में एयर इंडिया के विमान दुर्घटना में बड़ी संख्या में भाई-बहनों की दुखद मुत्यु बहुत ही असहनीय है और इससे पूरा देश स्तब्ध है. मैं भारतीय जनता पार्टी की तरफ से श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं. इस कठिन समय में पूरा देश पीड़ित परिवारों के साथ है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने घटना स्थल पर पहुंचकर स्थिति को देखा है."
कांग्रेस की 45 जिलों में होने वाली पत्रकार वार्ताएं भी रद्द
कांग्रेस ने भी अहमदाबाद विमान हादसे के शिकार हुए लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए संगठन सृजन अभियान के तहत पहले से तय बैठकें और पत्रकार वार्ताएं और संगठनात्मक सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं. कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी ने बताया कि "अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर मध्य प्रदेश में संगठन सृजन अभियान के जो कार्यक्रम पूर्व में तय किए गए थे, विमान हादसे के बाद उन्हें रद्द किया जा रहा है."
पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि "अहमदाबाद विमान हादसे से पूरा देश स्तब्ध है. मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने इस दुखद हादसे के मद्देनजर अपने सभी कार्यक्रम पत्रकार वार्ता और आंतरिक बैठक स्थगित करने का फैसला किया है. पटवारी ने कहा कि पीड़ा की इस घड़ी में मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी पीड़ित और प्रभावित परिजनों के साथ खड़ी है."
अहमदाबाद प्लेन क्रैश का मध्य प्रदेश पर असर: CM मोहन यादव ने रद्द किए जबलपुर-इंदौर के दौरे
13 Jun, 2025 01:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
Air India Plane Crash : अहमदाबाद में एयर इंडिया की फ्लाइट क्रैश की ह्रदय विदारक घटना ने पूरे देश को झकझोर दिया है. पड़ोसी राज्य गुजरात में हुई इस भीषण विमान दुर्घटना से मध्य प्रदेश भी गम में डूब गया है. देश के साथ पूरे प्रदेशवासी इस विमान दुर्घटना से स्तब्ध हैं, और अब मृतकों की आत्मा की शांति के साथ परिजनों को इस घोर वेदना के लिए सहनशक्ति प्रदान करने ईश्वर से कामना कर रहे हैं. बता दें कि अहमदाबाद में एयर इंडिया प्लेन क्रैश में प्लेन में सवार 242 और बिल्डिंग और सड़क पर मौजूद लोगों को मिलाकर कुल 265 लोगों की मौत का दावा किया जा रहा है. इस घटना से स्तब्ध मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी अपने सारे कार्यक्रम निरस्त कर दिए हैं.
अहमदाबाद प्लेन क्रैश के बाद मोहन यादव के सारे कार्यक्रम निरस्त
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अहमदाबाद विमान हादसे के लेकर कहा, '' अहमदाबाद विमान दुर्घटना में हुई यात्रियों की मृत्यु से पूरा देश शोक में डूबा हुआ है. कल, 13 जून को जबलपुर और इंदौर में आयोजित कार्यक्रम स्थगित कर रहा हूं. दुर्घटना में अपनों को खोने वाले परिवारजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं. अहमदाबाद में घटित विमान दुर्घटना में गुजरात के पूर्व सीएम व भाजपा परिवार के वरिष्ठ सदस्य श्री विजय रूपाणी जी का निधन अत्यंत पीड़ादायक है. उन्हें भी विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं.
गुजरात के विकास, जनसेवा और लोककल्याण के लिए उनका प्रतिपल समर्पित रहा. परमपिता परमेश्वर दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान और शोकाकुल परिजनों व प्रशंसकों को यह अपार कष्ट सहने की शक्ति दें.''
अहमदाबाद प्लेन क्रैश पर बोले कमलनाथ
अहमदाबाद प्लेन क्रैश पर मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने विमान दुर्घटना का वायरल वीडियो शेयर करते हुए कहा, '' गुजरात के अहमदाबाद में अहमदाबाद से लंदन जा रहे विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने का दुखद समाचार प्राप्त हुआ. मैं ईश्वर से विमान में सवार सभी लोगों के स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं.''
मध्य प्रदेश बीजेपी- कांग्रेस ने सभी कार्यक्रम किए निरस्त
अहमदाबाद प्लेन क्रैश के बाद मध्य प्रदेश बीजेपी ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर पोस्ट किया, '' अहमदाबाद विमान हादसे के कारण आज आयोजित होने वाले भाजपा के सभी संगठनात्मक कार्यक्रम निरस्त किए गए हैं.'' कांग्रेस ने भी अपने सभी कार्यक्रम निरस्त कर दिए हैं.
ये अत्यंत पीड़ादायक घटना : वीडी शर्मा
मध्य प्रदेश के भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा, '' अहमदाबाद में भीषण विमान हादसे में यात्रियों के हताहत होने की दु:खद घटना अत्यंत पीड़ादायक है. राहत एवं बचाव की टीम मौके पर तत्परता से जुटी है. शोकाकुल परिजनों के प्रति गहरी शोक संवेदनाएं हैं. ईश्वर से इस हृदय विदारक दुर्घटना में घायल यात्रियों की सकुशलता की प्रार्थना करता हूं.'' उन्होंने आगे कहा, '' अहमदाबाद में हुई भयावह विमान दुर्घटना में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री श्री विजय रूपाणी जी का भी निधन अत्यंत दु:खद है. शोकमय परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदना है. ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को श्रीचरणों में स्थान दें एवं शोकाकुल परिजनों को संबल प्रदान करें. ऊँ शांति:''
ये घटना व्यथित करने वाली : जीतू पटवारी
मध्य प्रदेश के कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा, '' अहमदाबाद से लंदन के लिए उड़ान भरने वाले एयर इंडिया के विमान की दुर्घटना से हम सभी अत्यंत स्तब्ध और व्यथित हैं. जो दृश्य सामने आए हैं, वे हृदय विदारक हैं. पूरा देश सभी यात्रियों की कुशलता और सुरक्षा के लिए ईश्वर से प्रार्थना कर रहा है. इस हृदयविदारक घटना को ध्यान में रखते हुए, मध्यप्रदेश में आज आयोजित मप्र कांग्रेस के सभी संगठनात्मक कार्यक्रम निरस्त किए जाते हैं.''
मन व्यथित है, मैं निशब्द हूं : प्रहलाद पटेल
अहमदाबाद प्लेन क्रैश को लेकर वरिष्ठ भाजपा नेता प्रहलाद पटेल ने कहा, '' अहमदाबाद में एयर इंडिया के यात्री विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने की घटना अत्यंत दुःखद और हृदय विदारक है. मन बहुत व्यथित है, नि:शब्द हूं. ईश्वर सभी को संबल प्रदान करे.''
घटना से अत्यंत स्तब्ध हूं : उमंग सिंघार
मध्य प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा, '' अहमदाबाद से लंदन के लिए उड़ान भरने वाले एयर इंडिया के विमान की दुर्घटना से हम सभी अत्यंत स्तब्ध और व्यथित हैं. जो दृश्य सामने आए हैं, वे हृदय विदारक हैं. पूरा देश सभी यात्रियों की कुशलता और सुरक्षा के लिए ईश्वर से प्रार्थना कर रहा है. इस हृदयविदारक घटना को ध्यान में रखते हुए, मध्यप्रदेश में आज आयोजित मप्र कांग्रेस के सभी संगठनात्मक कार्यक्रम निरस्त किए जाते हैं.''
विजय रूपाणी को लेकर भावुक हुए कैलाश विजयवर्गीय
अहमदाबाद विमान दुर्घटना में गुजरात के पूर्व सीएम विजय रूपाणी की मौत पर कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने पोस्ट किया, '' ओ जाने वाले हो सके तो लौट के आना... मेरे मित्र श्री विजय रुपाणी जी आज अनंत यात्रा पर चले गए. यह मेरे लिए व्यक्तिगत क्षति है. उनका सरल, सहज व्यवहार, उनकी बातें मुझे याद आ रही हैं. मुझे यह विश्वास ही नहीं हो रहा कि वे अब हमारे बीच नहीं रहे. अचानक हुए इस वज्रपात से मन द्रवित है. दुःख की इस विकट घड़ी में संपूर्ण देश सभी शोकाकुल परिजनों के साथ खड़ा है. ईश्वर सबको अपने श्रीचरणों में स्थान दें. ॐ शांति''
अहमदाबाद प्लेन क्रैश, 2 मिनट में सबकुछ राख
गुरुवार दोपहर अहमदाबाद से लंदन जा रही एयर इंडिया की बोइंग 787 ड्रीमलाइनर फ्लाइट उड़ान भरने के एक मिनट के अंदर ही दुर्घटनाग्रस्त हो गई. इस फ्लाइट में 230 से अधिक यात्री और 12 क्रू सदस्य (2 पायलट सहित) सवार थे. विमान ने 1:39 बजे उड़ान भरी और 1 से 2 मिनट के अंदर कप्तान सुमित सभरवाल ने ‘मेडे’ (Mayday) आपातकालीन संदेश भेजा. इसके बाद विमान आग का गोला बन गया. विमान अहमदाबाद के मेघाणी नगर क्षेत्र में बीजे मेडिकल कॉलेज की हॉस्टल बिल्डिंग से गिरा, जिससे वहां ट्रेनी डॉक्टर्स व रहवासी भी चपेट में आ गए. एयर इंडिया ने नई जानकारी जारी करते हुए बताया कि विमान में सवार कुल 242 लोगों में से 241 की मौत की पुष्टि हुई है. एकमात्र जीवित बचे यात्री का अस्पताल में इलाज चल रहा है. यात्रियों में 169 भारतीय, 53 ब्रिटिश, एक कनाडाई और सात पुर्तगाली नागरिक शामिल थे. वहीं, हॉस्टल बिल्डिंग के कई डॉक्टर्स की मौत की भी खबर है. इस विमान में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी भी सवार थे, जिनकी मौत हो गई है.
अहमदाबाद प्लेन क्रैश, रनवे हुआ बंद, भोपाल से जाने वाली फ्लाइट्स कैंसिल
13 Jun, 2025 12:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल: गुजरात के अहमदाबाद एयरपोर्ट पर गुरुवार दोपहर एयर इंडिया का बोइंग 787 ड्रीमलाइनर प्लेन क्रैश हुआ है. इस हादसे में विमान में सवार सभी 242 लोगों की मृत्यु हो गई. इसमें गुजरात के पूर्व सीएम विजय रुपाणी भी शामिल हैं. अहमदाबाद एयरपोर्ट पर इस हादसे के बाद रनवे को पूरी तरह बंद कर दिया गया है. अभी विमानों की लैंडिंग नहीं हो पा रही है. ऐसे में गुरुवार दोपहर भोपाल से अहमदाबाद जाने वाली फ्लाइट को कैंसिल कर दिया गया है.
दोपहर 2.40 बजे थी फ्लाइट की उड़ान
बता दें कि अहमदाबाद-भोपाल-अहमदाबाद फ्लाइट गुरुवार दोपहर 1.50 बजे अहमदाबाद से यात्रियों को लेकर भोपाल पहुंची थी. जबकि इसे दोपहर 2.40 बजे भोपाल से अहमदाबाद उड़ान भरनी थी, लेकिन इसके पहले ही दोपहर करीब 1.38 बजे अहमदाबाद के सरदार वल्लभ भाई पटले स्टेडियम से एयर इंडिया का बोइंग 787 ड्रीमलाइनर प्लेन ने उड़ान भरी, लेकिन इसके कुछ ही मिनट बाद प्लेन क्रैश हो गया. जिसके कारण पूरे एयरपोर्ट को बंद कर दिया गया है. जिसके बाद एयर इंडिया ने अहमदाबाद-भोपाल-अहमदाबाद फ्लाइट कैंसिल करने का निर्णय लिया.
अहमदाबाद के अलावा अन्य फ्लाइट पर असर नहीं
भोपाल एयरपोर्ट के डायरेक्टर रामजी अवस्थी ने बताया कि "अहमदाबाद एयरपोर्ट पर हादसे के कारण अहमदाबाद-भोपाल-अहमदाबाद फ्लाइट कैंसिल की गई है. लेकिन अन्य उड़ानों पर कोई असर नहीं है. दूसरे शहरों के लिए विमान सेवाएं निरंतर संचालित हो रही है. अवस्थी ने बताया कि भोपाल एयरपोर्ट पर प्रतिदिन 3500 से 4500 तक फुट फाल है. भोपाल एयरपोर्ट से प्रतिदिन 36 से 38 फ्लाइट की आवाजाही होती है. इसमें 6 एयर इंडिया और बाकी इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट हैं."
हर घर में पहुंचेगी PNG, रसोई गैस पर 30% तक घटेगा खर्च: MP सरकार की बड़ी योजना
13 Jun, 2025 09:15 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
सागर: इसी गति से काम चलता रहा, तो आने वाले दो साल में मध्य प्रदेश के सभी 55 जिलों में पाइप्ड नेचुल गैस का नेटवर्क तैयार हो जाएगा और आपके जेब पर पड़ने वाला रसोई गैस का खर्च कम हो जाएगा. इसके लिए मध्य प्रदेश के सभी जिलों और 25 भौगोलिक क्षेत्रों में पाइप लाइन बिछाने का काम शुरू हो गया है. इसके लिए खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग को नोडल एंजेसी बनाया गया है.
प्रदेश में सबसे पहले नगर निगम क्षेत्र में ये काम किया जा रहा है. इसके बाद नगर पालिका और नगर परिषद का नंबर आएगा. मध्य प्रदेश के 60 लाख रसोई गैस उपभोक्ताओं के लिए ये अच्छी खबर है कि आने वाले दो साल में उनके रसोई गैस के खर्च में ट्रांसपोर्टेशन, स्टोरेज और रीफिलिंग जैसे कई खर्च कम हो जाएंगे. साथ ही उन्हें पाइपलाइन के जरिए घर तक पहुंचने वाली गैस का उतना पैसा ही देना होगा, जितना बतौर उपभोक्ता वे गैस खर्च करेंगे.
अगले दो साल में मध्य प्रदेश में पाइप नेटवर्क तैयार करने का लक्ष्य
मध्य प्रदेश की डाॅ. मोहन यादव सरकार के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति और उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह की माने, तो दो साल बाद प्रदेश के कोने-कोने तक PNG ( पाइप्ड नेचुरल गैस) का नेटवर्क तैयार कर लिया जाएगा. जिसके बाद रसोई गैस की रीफिलिंग का काम खत्म हो जाएगा और गैस सीधे पाइप के जरिए उपभोक्ताओं के घर पहुंचेगी.
प्रदेश में सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क तैयार किए जाने के लिए तेजी से काम चल रहा है. प्रदेश के 55 जिलों और 25 भौगोलिक क्षेत्र में ये काम किया जा रहा है. इस योजना के तहत सबसे पहले राज्य के सभी नगर निगमों में PNG नेटवर्क तैयार किया जा रहा है। नगर निगम इलाकों के के बाद नगर पालिका और नगर परिषद में पाइपलाइन बिछाने का काम किया जाएगा.
फिलहाल 3 लाख 19 हजार उपभोक्ताओं को पाइपलाइन से गैस आपूर्ति
कैबिनेट मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने बताया कि प्रदेश में 1207 सीएनजी स्टेशन तैयार किए जाएंगे. फिलहाल 378 सीएनजी स्टेशन तैयार हो चुके हैं. 3.19 लाख उपभोक्ताओं को पाइप लाइन के जरिए गैस आपूर्ति की जा रही है. प्रदेश में PNG नेटवर्क बिछाने के काम में आधा दर्जन से अधिक पेट्रोलियम गैस कंपनियां काम में जुटी हुई हैं. जिनमें गेल गैस नेटवर्क, इंडिया आयल कॉर्पोरेशन, थिंक गैस, अवंतिका गैस लिमिटेड, गुजरात गैस लिमिटेड, अडानी गैस लिमिटेड, राजस्थान स्टेट गैस लिमिटेड और मेघा गैस जैसी कंपनियां काम कर रही हैं. इन सभी कंपनियों ने मध्य प्रदेश सरकार को भरोसा दिलाया है कि आगामी 2 साल में 90 प्रतिशत से अधिक क्षेत्र में पाइप लाइन नेटवर्क बिछा दिया जाएगा.
करीब 300 रुपये खर्च होगा कम
मंत्री गोविंद सिंह राजपूत का कहना है कि इस नेटवर्क के तैयार होने के बाद प्रदेश के करीब 60 लाख गैस उपभोक्ताओं को कनेक्शन दिया जाएगा. उपभोक्ताओं के लिए इस व्यवस्था से 200 से लेकर 300 रुपए तक बचत होगी, क्योकिं रीफिलिंग, स्टोरेज और ट्रांसपोर्टेशन जैसे खर्च कम हो जाएंगे.
सागर में हैदराबाद की कंपनी कर रही नेटवर्क तैयार
योजना के तहत सबसे पहले नगर निगम इलाकों में पाइपलाइन नेटवर्क तैयार किया जा रहा है. जिसके तहत सागर में हैदराबाद की गैस कंपनी काम कर रही है, जिसने सिदगुंवा इंडस्ट्रियल एरिया में अपना ऑफिस बेस बनाना शुरू कर दिया है. दूसरे नगर निगम इलाकों में जो कंपनियां काम कर रही हैं, उनकी धीमी गति को लेकर सरकार ने फटकार भी लगाई है.
जनजागरूकता जरूरी
इस मामले में मंत्री गोविंद सिंह राजपूत का कहना है कि कुछ इलाकों में जो कंपनियां धीमी गति से काम कर रही हैं, उनको गति बढाने के लिए निर्देश दिए हैं. ये कदम पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से उठाया जा रहा है. लोगों को इसका महत्व बताने के लिए कंपनियों को प्रचार प्रसार करने की जरूरत है. वहीं उन्होंने बताया कि काम में तेजी लाने के लिए कंपनियों को सिंगल विंडो प्रणाली की सुविधा दी जाएगी.
मूंग किसानों को राहत मिलेगी? विधायक ने बताया मोहन सरकार का पूरा प्लान
13 Jun, 2025 08:15 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छिंदवाड़ा: मध्य प्रदेश में मूंग खरीदी का मुद्दा काफी गर्माया हुआ है. ग्रीष्मकालीन मूंग की बिक्री को लेकर मध्य प्रदेश के किसान काफी नाराज दिख रहे हैं. कांग्रेस विधायक सोहन वाल्मीकि ने कहा कि, ''मूंग खरीदी के विषय पर सरकार की कोई सोच नहीं है. प्रभारी मंत्री से भी बात की पर उन्होंने भी कोई सकारात्मक जवाब नहीं दिया. बता दें कि, कांग्रेस में जिला इकाई को मजबूत करने की तैयारी चल रही है. कार्यकर्ता ही अध्यक्ष तय करेंगे.
सरकार सिर्फ करती है बड़ी-बड़ी बातें
कांग्रेस विधायक सोहन वाल्मीकि ने अन्नदाता किसानों के मूंग की फसल के नहीं खरीदे जाने के मुद्दे को लेकर सरकार को जमकर घेरा. उन्होंने कहा कि, ''सरकार किसानों के हितों की बात करती है और वहीं उन्हें किसानों की मूंग खरीदने को लेकर उनकी कोई सोच दिखाई नहीं दे रही है. वहीं प्रभारी मंत्री राकेश सिंह से भी जब उन्होंने मूंग के विषय में बात की तब भी उन्होंने कोई सकारात्मक जवाब नहीं दिया.''
प्रभारी मंत्री राकेश सिंह से हुई चर्चा
छिंदवाड़ा में प्रभारी मंत्री राकेश सिंह का दौर था. जहां कलेक्ट्रेट में जिला योजना समिति की बैठक हुई. इस दौरान जिला योजना समिति के सभी सदस्य उपस्थित रहे. इस दौरान छिंदवाड़ा के प्रभारी मंत्री राकेश सिंह के साथ विधायकों ने कई योजनाओं को लेकर चर्चा की. वहीं, उन्होंने कहा कि, ''अब यहां अगली बैठक में पता चलेगा कि क्या कुछ होता है.''
जिला इकाई को मजबूत करने की तैयारी
छिंदवाड़ा जिले में लगातार चुनाव के दौरान कई दल-बदल की राजनीति के चलते कांग्रेस के विधायक महापौर और बड़े नेता भाजपा में शामिल हो गए थे. कांग्रेस छिंदवाड़ा में काफी कमजोर हो गई है. कांग्रेस को फिर से संगठित करने को लेकर छिंदवाड़ा में लगातार जिला इकाई को मजबूत करने की तैयारी की कवायत जारी है. वहीं, विधायक सोहन वाल्मीकि ने बताया कि, ''खड़गे और राहुल गांधी का विजन है कि छिंदवाड़ा में जिला इकाई को मजबूत करना चाहिए. उनके द्वारा लगातार हर स्तर पर कोशिश की जा रही है. वहीं कार्यकर्ता ही अब तय करेंगे कि जिला अध्यक्ष कौन होगा.''
जुन्नारदेव थाना प्रभारी का वीडियो हुआ था वायरल
जुन्नारदेव थाना प्रभारी राजेश साहू का वीडियो वायरल हुआ था. जिसमें सोहन वाल्मीकि ने नेताओं पर कई बातें कहीं और आरोप भी लगाया था. जिसको लेकर विधायक सोहन वाल्मीकि ने कहा कि, ''नेताओं पर नहीं बल्कि सत्ता में बैठे लोगों पर आरोप लगाया है. सत्ता में जो लोग हैं भारतीय जनता पार्टी के वह बुरे तरीके से लोगों के साथ व्यवहार कर रहे हैं. सरकार को ऐसे लोगों पर एक्शन लेना चाहिए, नहीं तो आगामी समय में कांग्रेस ऐसे लोगों के खिलाफ सड़क पर उतरेगी.
डेयरी विकास योजना के क्रियान्वयन के लिए राज्य स्तरीय समिति गठित
12 Jun, 2025 11:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : राज्य शासन द्वारा एमपी स्टेट कोऑपरेटिव डेयरी फेडरेशन और राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड के बीच में सहकार्यता अनुबंध के उद्देश्यों की पूर्ति और डेयरी विकास योजना के क्रियान्वयन के लिए राज्य स्तरीय स्टीयरिंग कमेटी का गठन किया गया है। समिति के अध्यक्ष मुख्यमंत्री होंगे। समिति के उपाध्यक्ष मंत्री पशुपालन एवं डेयरी विकास और सहकारिता मंत्री होंगे। समिति में सदस्य के रूप में मध्यप्रदेश शासन के मुख्य सचिव, कृषि उत्पादन आयुक्त, अपर मुख्य सचिव सहकारिता, अध्यक्ष एनडीडीबी, प्रमुख सचिव वित्त विभाग, प्रमुख सचिव पशुपालन एवं डेयरी विकास विभाग, प्रबंध संचालक एवं कार्यकारी निदेशकगण एनडीडीबी तथा संचालक पशुपालन एवं डेयरी विभाग को शामिल किया गया है। समिति के सदस्य सचिव प्रबंध संचालक मध्य प्रदेश राज्य को-ऑपरेटिव डेयरी फेडरेशन होंगे।
उल्लेखनीय है कि मध्यप्रदेश के दुग्ध उत्पादकों के हित में एवं सहकारी प्रणाली और सांची ब्रांड का उन्नयन करने के उद्देश्य से पशुपालन एवं डेयरी विकास विभाग द्वारा राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड के साथ एमपी स्टेट को-ऑपरेटिव डेयरी फेडरेशन लिमिटेड एवं सम्बद्ध दुग्ध संघ के संचालन एवं प्रबंधन के लिए सहकारिता अनुबंध पर सहमति दिए जाकर अनुबंध निष्पादन किए जाने की स्वीकृति प्रदान की गई। इस संबंध में अप्रैल माह में सहकार्यता अनुबंध निष्पादित किया गया था। राज्य स्तरीय समिति का मुख्य कार्य डेयरी विकास योजना की प्रगति की समीक्षा एवं अनुश्रवण तथा योजना के सफल क्रियान्वयन के लिए नीति निर्धारण, आवश्यक सहायता व दिशा निर्देश प्रदान करना है।
मोदी सरकार के 11 वर्ष के कार्यकाल पूर्ण होने पर सीहोर में प्रोफेशनल मीट का आयोजन
12 Jun, 2025 11:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 11 वर्ष पूर्ण होने पर सीहोर में प्रोफेशनल मीट का आयोजन किया गया। सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने “सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण के11 साल” विषय पर प्रोफेशनल्स को संबोधित किया। मंत्री सारंग ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार की 11 वर्षों की उपल्बधियां बताई। उन्होंने 2014 से पहले और अब के भारत में आये सकारात्मक परिवर्तन के बारे में तुलनात्मक जानकारी भी दी।
मंत्री सारंग ने कहा कि 2014 में देश की जनता ने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व को स्वीकार किया। जिन्होंने ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के विज़न के साथ देश को हर क्षेत्र में आगे बढ़ाया है। इस अवसर पर विधायक सुदेश राय, विधायक गोपाल सिंह इंजीनियर, नगर पालिका अध्यक्ष प्रिन्स राठौर, प्रबुद्धजन सहित भूतपूर्व सैनिक भी उपस्थित रहे।
मंत्री सारंग ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गरीब कल्याण के लिये सराहनीय कार्य किया है। आज डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर, डिजिटल प्लेटफॉर्म और लक्षित योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति के अंतिम व्यक्ति को समय पर मिल रहा है।
नया भारत छेड़ने वाले को छोड़ता नहीं है
मंत्री सारंग ने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत की नीति में एक ऐतिहासिक बदलाव आया है। अब भारत केवल सुनता नहीं है, जवाब देता है - सीधा, कठोर और निर्णायक। उन्होंने कहा कि उरी के बाद सर्जिकल स्ट्राइक, पुलवामा के बाद बालाकोट एयर स्ट्राइक, और अब हाल ही में ऑपरेशन सिंदूर - इन सभी कार्रवाइयों ने भारत की सैन्य ताकत और राजनीतिक इच्छाशक्ति को दुनिया के सामने रखा है। सरकार ने सिद्ध कर दिया है कि आतंक के खिलाफ सिर्फ बातें नहीं, ठोस कदम भी उठाए जाते हैं। आज का भारत किसी को छेड़ता नहीं है लेकिन अगर कोई छेड़े तो उसे छोड़ता नहीं है।
विकास मोदी सरकार का मूल
मंत्री सारंग ने कहा कि 2014 के पहले और आज के भारत में जमीन आसमान का अंतर है। 'सबका साथ, सबका विकास' की भावना से हर क्षेत्र में आए इस राष्ट्रीय परिवर्तन ने समावेशी विकास का स्पष्ट और सुगम रास्ता तैयार किया है। मोदी सरकार के नेतृत्व में तेजी से आगे बढ़ता यह नया भारत अब विकसित राष्ट्र के सपने को साकार करने को तैयार है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में बीते 11 वर्ष सेवा, सुशासन और समावेशी विकास के रहे हैं। इस कालखंड में केंद्र सरकार ने "GYAN"-गरीब, युवा, अन्नदाता और नारी- इन चार स्तंभों को राष्ट्रीय विकास की धुरी बनाया।
विकसित, आत्मनिर्भर और सशक्त भारत की नींव
मंत्री सारंग ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में बीते 11 वर्ष भारत के नव निर्माण और पुनर्जागरण का युग रहे हैं। इस कालखंड में सरकार ने सेवा को संस्कार, सुशासन को संकल्प और गरीब कल्याण को प्राथमिकता बनाकर एक विकसित, आत्मनिर्भर और सशक्त भारत की नींव रखी। उन्होंने कहा कि यह 11 साल भारत को "विकसित राष्ट्र" बनाने की दिशा में मजबूत नींव डालने वाले साबित हुए हैं।
मोदी सरकार ने किया शिक्षा प्रणाली में ऐतिहासिक बदलाव
मंत्री सारंग ने कहा कि तीन दशकों बाद पहली बार बनी राष्ट्रीय शिक्षा नीति के जरिए मोदी सरकार ने शिक्षा प्रणाली में ऐतिहासिक बदलाव किया। हिंदी में मेडिकल की पढ़ाई भी नई शिक्षा नीति का प्रतिफल है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार में 8 नए आईआईएम, 7 नए आईआईटी की स्थापना हुई, एम्स की संख्या तीन गुना बढ़ाकर 23 हो गई और पीएमयोजना के तहत 14,500 स्कूलों को आधुनिक बनाया गया ताकि विद्यार्थी भविष्य के लिए तैयार हो सकें।
प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में बढ़ी देश की साख
मंत्री सारंग ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में दुनिया ने भारत की लोकतांत्रिक शक्ति, सांस्कृतिक विविधता और विकासशील देशों की आवाज़ को मंच दिया। भारत ने G-20 में वसुधैव कुटुम्बकम् की भावना को केवल नारा नहीं, बल्कि वैश्विक एजेंडा बना दिया। उन्होंने कहा कि भारत ने न केवल पर्यावरण-संतुलन और हरित ऊर्जा की दिशा में पहल की, बल्कि ग्लोबल साउथ की प्राथमिकताओं को पहली बार G-20 जैसे मंच पर निर्णायक स्थान दिलाया। भारत अब ग्लोबल एजेंडा सेट करने वाला देश बन चुका है।
70 के दशक की दो हसीनाओं में वैचारिक टकराव? जीनत अमान पर मुमताज की तीखी टिप्पणी।
‘रावण’ और ‘जहरीला सांप’ जैसे बयान, खरगे के पुराने विवाद फिर चर्चा में
10 करोड़ की वापसी और 'प्रलय' में पार्टनरशिप; रणवीर सिंह ने फरहान को दिया सुलह का प्रस्ताव।
एमपी में गर्मी से हाल बेहाल, मैहर में 5वीं तक छुट्टी, रातें भी रहेंगी गर्म
ट्रम्प का बयान: ईरान में एकजुटता की कमी, इसलिए बढ़ाया गया सीजफायर
गोविंदा के गिरते करियर पर समीर अंजान भावुक; बोले- 'उनका वक्त फिलहाल खराब चल रहा है'।
एमपी के अनूपपुर में बदमाशों का कहर, पुलिस पर पथराव, सर्विस रिवॉल्वर छीनी
