मध्य प्रदेश
पुरातन काल से, भारतीय शिक्षा पद्धति एवं न्याय पद्धति विश्व में सर्वश्रेष्ठ : मंत्री परमार
3 Sep, 2025 10:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : विद्यार्थियों की परीक्षाओं के मूल्यांकन की पारदर्शिता के लिए, डिजिटल मूल्यांकन की कार्ययोजना बना रहे हैं। इससे विद्यार्थियों के मूल्यांकन की प्रक्रिया पारदर्शी और सटीक हो सकेगी। साथ ही विद्यार्थियों की उत्तर पुस्तिकाओं की सार्वजनिक उपलब्धता भी सुनिश्चित होगी। यह बात उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा एवं आयुष मंत्री इन्दर सिंह परमार ने भोपाल स्थित होटल पलाश रेसीडेंसी के सभाकक्ष में, उच्च शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित "विद्यार्थी संवाद" कार्यक्रम में सहभागिता कर कही।
उच्च शिक्षा मंत्री परमार ने कहा कि प्रदेश के प्रत्येक विश्वविद्यालय, आवंटित भारतीय भाषाओं जैसे कन्नड़, गुजराती, तमिल, तेलगु, बांग्ला, असमिया आदि को सिखाने की कार्ययोजना पर क्रियान्वयन कर रहे हैं। इससे हिंदी भाषी मध्यप्रदेश से, देश भर में सभी भारतीय भाषाओं के प्रति सम्मान के भाव का संदेश जाएगा। परमार ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति वर्ष 2020 के अनुसरण में, शिक्षा क्षेत्र में व्यापक परिवर्तन हो रहे हैं। परमार ने कहा कि भारत का ज्ञान, सार्वभौमिक था। हमारी संस्कृति में ज्ञान का दस्तावेजीकरण नहीं था। हमारे पूर्वजों ने शोध एवं अध्ययन कर, ज्ञान को परंपरा के रूप में समाजव्यापी बनाया था। अतीत के विभिन्न कालखंडों में, योजनाबद्ध रूप से हमारे ज्ञान को दूषित करने का कुत्सित प्रयास किया गया। परमार ने कहा कि भारतीय समाज में विद्यमान परंपरागत ज्ञान को पुनः शोध एवं अनुसंधान के साथ, वैज्ञानिक दृष्टिकोण के सापेक्ष युगानुकुल परिप्रेक्ष्य में दस्तावेजीकरण से समृद्ध करने की आवश्यकता हैं। मंत्री परमार ने कहा कि हर क्षेत्र हर विषय में, भारत विश्वमंच पर अग्रणी और सर्वश्रेष्ठ था। हमारे पूर्वजों के पास समृद्ध ज्ञान एवं तकनीक थी। उन्होंने भारतीय ज्ञान परम्परा से जुड़े विविध उदाहरण प्रस्तुत कर, वैज्ञानिक दृष्टिकोण से समृद्ध भारतीय ज्ञान पर विस्तृत प्रकाश डाला। मंत्री परमार ने कहा कि हमारे पूर्वजों के ज्ञान पर गर्व का भाव जागृत कर, वर्ष 2047 के विकसित भारत की संकल्पना सिद्धि में सहभागिता करने की आवश्यकता है। मंत्री परमार ने कहा कि पुरातन काल से, भारतीय शिक्षा पद्धति एवं न्याय पद्धति विश्व में सर्वश्रेष्ठ रही है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 ने भारत के दर्शन के आधार पर, भारत केंद्रित शिक्षा की ओर अग्रसर होने का महत्वपूर्ण अवसर दिया है।
मंत्री परमार ने कहा कि प्रदेश में गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा देने के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहे हैं। इसके लिए आवश्यक संसाधनों, शिक्षकों एवं अन्य समस्त आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए लगातार कार्य हो रहे हैं। मंत्री परमार ने विद्यार्थियों के मन की बात सुनी और उनके सुझावों पर नियमानुरूप क्रियान्वयन के लिए उन्हें आश्वस्त भी किया।
कार्यक्रम में भोपाल एवं नर्मदापुरम संभाग के शासकीय महाविद्यालयों के विद्यार्थियों ने सहभागिता कर, अपनी जिज्ञासा, अपेक्षाएं एवं महत्वपूर्ण सुझाव साझा किए। विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुसरण में पाठ्यक्रम की उपलब्धता, संकाय वृद्धि, स्नातकोत्तर में उन्नयन, कैम्पस प्लेसमेंट, संसाधनों की उपलब्धता, छात्राओं के लिए आवागमन की सुविधा, संस्थान परिसर की सुरक्षा सहित विभिन्न विषयों पर अपने सुझाव साझा किए। इस दौरान छात्रा सुरोशनी मालवीय ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के परिप्रेक्ष्य में आयोजित कार्यशाला में सीखी ब्राम्ही लिपि में, स्वलिखित रचना भेंट की।
अपर मुख्य सचिव उच्च शिक्षा अनुपम राजन ने कार्यक्रम के उद्देश्य से विद्यार्थियों को अवगत कराया एवं उनके सुझावों को सुना। राजन ने कहा कि विद्यार्थियों के समस्त सुझावों पर गंभीरतापूर्वक विचार मंथन कर, आवश्यक क्रियान्वयन करेंगे। राजन ने कहा कि उच्च शिक्षा के परिवेश को गुणवत्तापूर्ण बनाने के लिए, विद्यार्थियों से संवाद का यह सिलसिला लगातार जारी रहेगा।
कार्यक्रम में आयुक्त उच्च शिक्षा प्रबल सिपाहा सहित छात्र प्रतिनिधि के रूप में छात्र अक्षत राजौरिया एवं छात्रा दिशा शिवहरे मंचासीन थे। उच्च शिक्षा विभाग के अधिकारीगण एवं प्राध्यापकगण भी उपस्थित थे।
39 जिलों में भारी से अतिभारी बारिश की चेतावनी (मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे (गुरूवार सुबह 8.30 बजे तक) के लिए भारी से अतिभारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।)
3 Sep, 2025 10:01 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। मध्यप्रदेश में मानसून के दोबारा सक्रिय होने से फिर भारी बारिश का दौर शुरू हो गया है। बुधवार को प्रदेश के अधिकतर जिलों में अच्छी बारिश हुई। रतलाम, नरसिंहपुर और नर्मदापुरम के पचमढ़ी में करीब एक इंच बारिश रिकॉर्ड की गई, जबकि इंदौर, खरगोन, भोपाल, ग्वालियर-शिवपुरी, उज्जैन, दमोह और रायसेन में आधा इंच से अधिक पानी गिरा। गुना, बैतूल, दतिया, छिंदवाड़ा, मंडला, सागर, सिवनी, बालाघाट, नर्मदापुरम, शाजापुर, उमरिया समेत कई जिलों में भी बारिश हुई।
IMD का अलर्ट: मौसम विभाग ने प्रदेश के 39 जिलों में अगले 24 घंटों (गुरुवार सुबह 8.30 बजे तक) भारी से अतिभारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
ऑरेंज अलर्ट: नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन, देवास, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा।
येलो अलर्ट: भोपाल, विदिशा, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, बड़वानी, अलीराजपुर, झाबुआ, धार, इंदौर, रतलाम, उज्जैन, शाजापुर, आगर, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, ग्वालियर, श्योपुर, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, डिंडौरी, जबलपुर, नरसिंहपुर, सिवनी, मंडला, बालाघाट, दमोह, सागर।
बारिश का स्ट्रॉन्ग सिस्टम सक्रिय:
मौसम विभाग के मुताबिक, मानसून ट्रफ बीकानेर, जयपुर, दमोह, पेंड्रा रोड होते हुए ओडिशा तट से दूर बंगाल की खाड़ी तक विस्तृत है। एक निम्न दबाव क्षेत्र अगले 24 घंटे में उत्तरी ओडिशा और संलग्न झारखंड से पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ सकता है। इसके साथ ही विदर्भ और निकटवर्ती क्षेत्रों में ऊपरी हवा का चक्रवातीय परिसंचरण सक्रिय है। वहीं, दक्षिण हरियाणा और आसपास के क्षेत्रों में 1.5 किमी ऊंचाई पर भी चक्रवातीय परिसंचरण सक्रिय है।
निवेशकों के व्यापार-व्यवसाय की सफलता की गारंटी हमारी : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
3 Sep, 2025 10:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि हम सब बदलते दौर के साथी हैं। उम्मीदों और अवसरों का विराट क्षितिज हमारे सामने है। अपने सुनहरे भविष्य के निर्माण के लिए निवेश का एक स्वर्णिम अवसर आप सबके सामने है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने निवेशकों से आग्रह किया कि वे बेहिचक मध्यप्रदेश में पूंजी लगाएं। निवेश आपका, बिजनेस आपका, प्रॉफिट भी आपका और सरकार की सभी सुविधाएं भी आपके लिए ही हैं। उन्होंने निवेशकों को विश्वास दिलाते हुए कहा कि आप सभी अपने कारोबार में आगे बढ़ें, आपके व्यापार-व्यवसाय की सफलता की गारंटी हमारी सरकार है। मध्यप्रदेश पूंजी निवेश के लिए देश का मॉडल स्टेट बन रहा है। शीघ्र ही धार के पीएम-मित्रा पार्क का भूमि-पूजन होगा। यह पार्क भारत को विश्व की टेक्सटाइल केपिटल बनाने की दिशा में निर्णायक कदम है। हम मिलकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के स्वदेशी अभियान अंतर्गत मेक इन इंडिया और विकसित भारत के संकल्प को साकार करेंगे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव बुधवार को नई दिल्ली के होटल आईटीसी मौर्या में मध्यप्रदेश के धार स्थित पीएम-मित्रा पार्क में इन्वेस्टमेंट अपॉर्च्युनिटीज के इंटरैक्टिव सेशन को संबोधित कर रहे थे। इंटरैक्टिव सेशन में केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह भी मौजूद रहे। सेशन में देश के टेक्सटाइल सेक्टर के बिजनेस टायकून्स, कॉमर्शियल हाउसेस और इन्वेस्टर्स शामिल हुए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने धार जिले के बदनावर के समीप स्थापित होने वाले पीएम-मित्रा पार्क में निवेश की अपार संभावनाओं पर कपड़ा उद्योग से जुड़े विभिन्न उद्योगपतियों से विचार-विमर्श भी किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि पीएम-मित्रा पार्क युवाओं के लिए रोजगार और प्रदेशों के आर्थिक विकास के लिए अहम सिद्ध होगा।
धार पीएम-मित्रा पार्क में 15 कंपनियों ने दिखाई रूचि, दिए निवेश के प्रस्ताव
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि आज दिल्ली में हुए इंटरैक्टिव सेशन में शामिल उद्योगपतियों ने मध्यप्रदेश में टेक्सटाइल सेक्टर में निवेश की रूचि दिखाई है। इससे 15 बड़ी कंपनियों से 12,508 करोड़ रूपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए है। इनमें लगभग 18 हजार से अधिक रोजगार सृजित होने की संभावना है। निवेश करने वाली कंपनियों में ट्राइडेंट ने 4500 करोड़ रूपये, ए.बी. कॉटस्पिन इंडस्ट्री ने 1300 करोड़ रूपये, अरविंद मिल्स ने 1024 करोड़ रूपये, सनातन टेक्सटाइल्स ने 1000 करोड़ रूपये, बीएसएल सदस्यों ने 1000 करोड़ रूपये, बेस्ट कॉर्पोरेशन तिरूपुर ने 832 करोड़ रूपये, शर्माजी यार्न प्रा. लि. ने 800 करोड़ रूपये, आरएसवीएम (एलएनजे भीलवाड़ा) ने 700 करोड़ रूपये, आर. आर. जैन इंडस्ट्रीज ने 550 करोड़ रूपये, फेबयान टेक्सटाइल प्रा. लि. ने 308 करोड़ रूपये, वंश टेक्नोफैब प्रा. लि. ने 237 करोड़ रूपये, मोहिनी एक्टिव लाइफ प्रा. लि. ने 141 करोड़ रूपये, अनीका टेक्सफैब ने 100 करोड़ रूपये, वेदांत कॉटन प्रा. लि और एनटीपी सॉल्यूशन्स प्रा. लि. ने 8-8 करोड़ रूपये के निवेश प्रस्ताव दिए।
प्रधानमंत्री की पहल पर मध्यप्रदेश को मिली बड़ी सौगात
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की विशेष पहल पर देश का पहला पीएम-मित्रा पार्क धार जिले में स्थापित किया जा रहा है, जिसका भूमि-पूजन शीघ्र ही होगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के 5एफ विजन 'फार्म टू फाइबर, फाइबर टू फैक्ट्री, फैक्ट्री टू फैशन और फैशन टू फॉरेन' को मध्यप्रदेश सरकार ने एक मिशन के रूप में अपनाया है। हमारा उद्देश्य है कि स्वदेशी कपड़े की गुणवत्ता को वर्ल्ड क्लास का बनाकर इन्हें वैश्विक बाजारों तक पहुंचाया जाए। इसके लिए सम्पूर्ण वैल्यू चेन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी हर स्तर पर किसान, बाजार और परंपराओं को गति प्रदान करने के लिए निरंतर काम कर रहे हैं। उनके मार्गदर्शन में टेक्सटाइल सेक्टर को नया विजन और नई दिशा मिल रही है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भारत प्राचीनकाल से कपड़ा उद्योग, मसाला व्यापार और स्वर्ण आभूषण के मामले में दुनिया में अग्रणी रहा। तकनीक के अभाव में किसी समय व्यापार के माध्यम से हमारी क्षमता को प्रभावित करने का कुत्सित प्रयास किया गया। केंद्र सरकार कठिन समय में सभी उद्योगपतियों के साथ है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में आयात शुल्क में छूट मिलना उद्योगों को पुनर्स्थापित करने के लिए एक प्रकार की मदद है, सरकार उनके साथ खड़ी है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश कपास उत्पादन में देश में 7वें स्थान पर है। पहले स्थान पर चल रहे गुजरात और मध्यप्रदेश के बीच टेक्सटाइल सेक्टर का पीएम-मित्रा पार्क बनाया जा रहा है, जिसके संचालन के लिए मध्यप्रदेश में कच्चे माल की उपलब्धता से लेकर अन्य सभी सुविधाएं उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश सम्राट विक्रमादित्य के न्याय से पोषित धरती है। यहां हमेशा ही बेहतर कानून व्यवस्था की स्थापना रही है।
निवेश के लिए आदर्श राज्य
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश देश के केंद्र में स्थित है और निवेशकों के लिए अनेक अनुकूलताएं उपलब्ध कराता है। दिल्ली-मुंबई इंडस्ट्रियल कॉरिडोर मध्यप्रदेश से होकर गुजरता है। मध्यप्रदेश में 8 एयरपोर्ट हैं। विस्तृत रेल नेटवर्क हमारे राज्य को देश के सभी बड़े शहरों से जोड़ता है। उन्होंने निवेशकों से कहा कि आप मध्यप्रदेश में जहां भी उद्योग स्थापित करना चाहें, वहां भूमि, बिजली, पानी, एप्रोच रोड, नियर-टू-डोर कनेक्टिविटी, सस्ती श्रम दरें, कुशल श्रम शक्ति सहित अन्य सभी प्रकार की सुविधाएं उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश, देश का संभवतः ऐसा पहला राज्य है, जहां कभी औद्योगिक हड़ताल (इन्डस्ट्रियल अनरेस्ट) भी नहीं होतीं। उन्होंने निवेशकों से कहा कि आपके बिजनेस के विकास में सरकार हर घड़ी आपके साथ खड़ी है। आपको यहां समुचित रूप से बिजनेस करने की पूरी छूट, मिलेगी साथ ही गारंटी सहित निवेश प्रोत्साहन के लिए इन्सेंटिव (अनुदान) भी हमारी सरकार देगी।
‘मॉडल स्टेट’ के रूप में उभरता मध्यप्रदेश
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि निवेश को लेकर पूरे देश में आज सिर्फ एक ही नाम गूंज रहा है, वह है मध्यप्रदेश। उन्होंने कहा कि निवेश के मामले में हमारा प्रदेश देश का मॉडल स्टेट बनकर उभरा है। प्राकृतिक सौंदर्य, विभिन्न प्रकार की वनस्पति और जलीय एवं वन्य जीवों की मौजूदगी से समृद्ध मध्यप्रदेश की पावन धरती पर सभी निवेशकों का हृदय से स्वागत है। उन्होंने निवेशकों को भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार उनकी हर अपेक्षा पर खरी उतरेगी और उनके सपनों को साकार करने में सहयोगी बनेगी। इसके लिए हम सभी प्रबंध कर रहे हैं।
“पीएम-मित्रा पार्क भारत के टेक्सटाइल सेक्टर को वैश्विक प्रतिस्पर्धा में देगा नई बढ़त” : केंद्रीय वस्त्र मंत्री सिंह
केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि मध्यप्रदेश के ऊर्जावान मुख्यमंत्री डॉ. यादव प्रधानमंत्री मोदी की दृष्टि और संकल्प के साथ कदम मिलाकर कार्य कर रहे हैं। उनके नेतृत्व में धार का पीएम-मित्रा पार्क केवल एक औद्योगिक परियोजना नहीं, बल्कि वस्त्र उद्योग की दशकों पुरानी मांग का समाधान है। यह पार्क भारत को वैश्विक टेक्सटाइल बाजार में एक नई पहचान देगा और देश का सबसे बड़ा एकीकृत टेक्सटाइल हब बनेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की सोच यही रही है कि भारत केवल उत्पादन केंद्र तक सीमित न रहे, बल्कि सस्टेनेबिलिटी, नवाचार और क्वालिटी के आधार पर टेक्सटाइल सेक्टर में अग्रणी भूमिका निभाए, यह पार्क उसी सोच का प्रतिफल है। इस पार्क में कपास उत्पादन से लेकर तैयार वस्त्र निर्यात तक की संपूर्ण वैल्यू चेन उपलब्ध होगी, जिससे उद्योगों की लागत कम होगी और प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता कई गुना बढ़ेगी।
केन्द्रीय मंत्री सिंह ने कहा कि भारत के सामने लगभग 800 बिलियन डॉलर का वैश्विक टेक्सटाइल बाजार अवसर के रूप में मौजूद है और केन्द्र सरकार इसे हासिल करने के लिए हर संभव कदम उठा रही है। उन्होंने विशेष रूप से भारत टेक्स (BharatTex) आयोजन का उल्लेख किया, जिसमें 170 से अधिक देशों ने भाग लिया और जहाँ रिसाइकल्ड फाइबर, न्यू एज फाइबर, सस्टेनेबिलिटी और क्वालिटी पर गहन चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि यह भारत के लिए वैश्विक स्तर पर अपनी क्षमता दिखाने का बड़ा अवसर है और पीएम-मित्रा पार्क इसमें अहम भूमिका निभाएगा।
केंद्रीय मंत्री सिंह ने स्पष्ट किया कि भारत सरकार ने कॉटन पर आयात शुल्क में रियायत, एडवांस ऑथराइजेशन, MSME सेक्टर को बढ़ावा और उद्योग जगत के सुझावों के आधार पर नीति सुधार जैसे ठोस कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा कि भारत सरकार निर्यात को प्रोत्साहित करने, नए बाजार खोलने और वैश्विक स्तर पर उद्योगों को प्रतिस्पर्धा में बढ़त देने के लिए सतत और सक्रिय रूप से कार्य कर रही है। उन्होंने उद्योग जगत से आह्वान किया कि वे आक्रामक रूप से निर्यात बढ़ाएँ और भरोसा दिलाया कि केन्द्र सरकार हर समय उद्योगों के साथ खड़ी है। पीएम-मित्रा पार्क भारत के टेक्सटाइल सेक्टर को वैश्विक प्रतिस्पर्धा में नई ऊर्जा देगा और मध्यप्रदेश को इस अभियान का अग्रदूत बनाएगा।
“माहेश्वरी-चंदेरी जैसी विरासत को आधुनिक औद्योगिक ढाँचे से जोड़ा जा रहा है” : केन्द्रीय सचिव राव
नीलम शमी राव ने कहा कि मध्यप्रदेश ने औद्योगिक विकास के लिए ग्रीनफील्ड भूमि उपलब्ध कराकर देश में एक उदाहरण प्रस्तुत किया है। धर का पीएम-मित्रा पार्क 2,158 एकड़ भूमि पर विकसित किया जा रहा है और यह देश का सबसे बड़ा व सबसे लागत-प्रभावी टेक्सटाइल पार्क होगा। इस पार्क की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यहाँ ‘फार्म-टू-फैशन’ की पूरी वैल्यू चेन उपलब्ध कराई जाएगी। कपास उत्पादन से लेकर वस्त्र निर्माण और तैयार परिधान तक की सभी प्रक्रियाएँ एक ही स्थान पर होंगी। उन्होंने कहा कि राज्य ने अपनी पारंपरिक ताकत को आधुनिक ढाँचे से जोड़ने का निर्णय लिया है। माहेश्वरी और चंदेरी जैसी धरोहरों को आधुनिक औद्योगिक संरचना और वैश्विक बाजार से जोड़कर मध्यप्रदेश ने एक नया अध्याय लिखा है। इस पार्क के लिए लगभग 2,000 करोड़ रूपये की विस्तृत योजना तैयार की गई है और इसका पर्यावरणीय मंजूरी पहले ही सुनिश्चित की जा चुकी है, जिससे निवेशकों को अतिरिक्त औपचारिकताओं से मुक्त रहना होगा।
राव ने बताया कि पार्क में ज़ीरो लिक्विड डिस्चार्ज CETP, SCADA आधारित यूटिलिटीज़, कमांड-एंड-कंट्रोल सेंटर, टेस्टिंग एवं ट्रेनिंग सेंटर, औद्योगिक आवास और प्लग-एंड-प्ले इंफ्रास्ट्रक्चर जैसी अत्याधुनिक सुविधाएँ उपलब्ध होंगी। उन्होंने कहा कि यह सब उद्योगों को उच्चतम मानकों के साथ काम करने का अवसर देगा और उन्हें विश्व स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाएगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि अगले 14–16 महीनों में पार्क पूरी तरह से सक्रिय हो जाएगा। यह केवल उद्योगों को राहत ही नहीं देगा, बल्कि मध्यप्रदेश के किसानों और बुनकरों को भी सीधे जोड़कर उन्हें स्थायी लाभ पहुँचाएगा।
म.प्र. पहला राज्य जिसने पीएम-मित्रा पार्क के लिये निवेशकों से आवेदन लेना किया प्रारंभ : केन्द्रीय एडी. सचिव कंसल
केन्द्रीय अतिरिक्त सचिव वस्त्र मंत्रालय रोहित कंसल ने कहा कि मध्यप्रदेश देश का पहला राज्य है जिसने पीएम-मित्रा पार्क के लिये निवेशकों के आवेदन लेना प्रारंभ कर दिया है। उन्होंने बताया कि प्रदेश के पीएम-मित्रा पार्क में स्केल, साइज एवं कॉम्प्रिहैंसिवनेस, ग्लोबल स्टैंडर्ड और राज्य एवं केन्द्र सरकार का सपोर्ट, पेरोल के साथ ओवरऑल एक्सपेंसेज पर इन्सेंटिव और ऑल प्री-अप्रूवल इसकी यूएसपी हैं। उन्होंने कहा कि ग्लोबल बेंच मार्किंग वाले पीएम-मित्रा पार्क स्मार्ट और सस्टेनेबल सिद्ध होंगे।
“पीएम-मित्रा पार्क से निवेश, निर्यात और रोजगार को नई ऊँचाई मिलेगी” : प्रमुख सचिव सिंह
प्रमुख सचिव औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन राघवेंद्र सिंह ने कहा कि यह पार्क केवल मध्यप्रदेश ही नहीं बल्कि पूरे देश के टेक्सटाइल सेक्टर के लिए गेमचेंजर साबित होगा। उन्होंने बताया कि मध्यप्रदेश विश्व का 24 प्रतिशत नॉन-जीएमओ ऑर्गेनिक कॉटन उत्पादन करता है और एक्स्ट्रा लॉन्ग स्टेपल कॉटन के लिए जाना जाता है। वर्ष 2024–25 में राज्य से 9,200 करोड़ रूपये से अधिक के टेक्सटाइल निर्यात हुए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश नई औद्योगिक नीति-2025 के अंतर्गत पूंजीगत अनुदान, ब्याज पर सब्सिडी और निर्यात प्रोत्साहन जैसे प्रावधान किए गए हैं, जिससे निवेशकों को मज़बूत आधार मिलेगा। राज्य के पास 31 GW से अधिक बिजली क्षमता है, जिसमें 30% नवीकरणीय ऊर्जा है और 1,000 MCM से अधिक औद्योगिक जल की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। निफ्ट भोपाल, एनआईडी भोपाल और ग्लोबल स्किल्स पार्क जैसे संस्थान पार्क को प्रशिक्षित मानव संसाधन उपलब्ध कराते रहेंगे। सिंह ने कहा कि इस परियोजना से लगभग दो लाख रोजगार सृजित होंगे और 10 हजार करोड़ रूपये से अधिक निवेश आकर्षित होगा। यह पार्क निवेश, निर्यात और रोजगार—तीनों क्षेत्रों में मध्यप्रदेश को नई ऊँचाई देगा और वैश्विक टेक्सटाइल मानचित्र पर राज्य की अग्रणी स्थिति सुनिश्चित करेगा।
उद्योगपतियों से की वन-टू-वन चर्चा
इंटरैक्टिव सेशन में टेक्सटाइल और गारमेंट सेक्टर के उद्योगपतियों से वन-टू-वन चर्चा की गई। प्रमुख सचिव औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन सिंह ने पीएम मित्रा पार्क धार, राज्य की नीतियों, निवेश प्रोत्साहन से अवगत कराया। वन-टू-वन चर्चा में विशेष रूप से ट्रायडेंट ग्रुप के चेयरमैन राजिंदर गुप्ता, वर्धमान ग्रुप के ज्वाइंट मैनेजिंग डायरेक्टर नीरज जैन, सनातन टेक्सटाइल लिमिटेड के ज्वाइंट मैनेजिंग डायरेक्टर अजय दत्तानी, शर्मनजी यॉर्नस प्रा. लि. के मैनेजिंग डायरेक्टर आशु जैन, एलएनजे भीलवाड़ा ग्रुप के ज्वाइंट मैनेजिंग डायरेक्टर राजीव गुप्ता, जैन कॉर्ड इंडस्ट्रीज़ के मैनेजिंग डायरेक्टर अनिल जैन, फेडरेशन ऑफ इंडियन एक्सपोर्ट ऑर्गेनाइजेशन्स के सदस्य, अपैरल एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल के सदस्य तथा बीएसएल सदस्यगण जैसे प्रतिष्ठित समूहों ने सक्रिय भागीदारी की और निवेश व सहयोग की संभावनाओं पर सार्थक विमर्श किया।
प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिवस से शुरू होगा सेवा पखवाड़ा
3 Sep, 2025 09:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : केंद्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया की अध्यक्षता में बुधवार को सभी राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों के खेल और युवा कल्याण मंत्रियों की वर्चुअल बैठक आयोजित हुई। आगामी सितंबर से दिसंबर 2025 तक निर्धारित कार्यक्रमों को लेकर आयोजित बैठक में सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने सहभागिता की। बैठक के बाद मंत्री सारंग ने भोपाल स्थित टीटी नगर स्टेडियम के मेजर ध्यानचंद हॉल में विभागीय अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा 17 सितंबर से प्रारंभ होने वाले विविध कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर रूपरेखा तैयार करने के निर्देश दिये। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रत्येक आयोजन व्यापक स्तर पर हो और उसकी पहुंच प्रदेश के हर जिले, हर ब्लॉक और विशेषकर युवाओं तक सुनिश्चित की जाए। बैठक में खेल एवं युवा कल्याण विभाग के प्रमुख सचिव मनीष सिंह, उप-सचिव अजय श्रीवास्तव, संचालक खेल एवं युवा कल्याण राकेश गुप्ता, संयुक्त संचालक बी.एस. यादव सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रमों के सफल क्रियान्वयन के लिये बनेगी टीम
बैठक में मंत्री सारंग ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक कार्यक्रम के लिये गतिविधियों का समयबद्ध और क्रियान्वयन योग्य विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जाए। कार्यक्रमों के संचालन और समन्वय के लिए विभागीय स्तर पर समर्पित टीम का गठन किया जाए। उन्होंने कहा कि जिला स्तर पर वर्चुअल बैठकों के माध्यम से भी अधिकारियों को विस्तृत दिशा-निर्देश दिये, जिससे सभी कार्यक्रम प्रभावी ढंग से संचालित हो सकें।
मंत्री सारंग ने कहा कि कार्यक्रमों की सफल क्रियान्विति के लिए आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए और आईटी, सोशल मीडिया एवं मीडिया के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, इससे इन आयोजनों का संदेश आमजन और विशेषकर युवाओं तक प्रभावी रूप से पहुंचे।
सितंबर–दिसंबर तक होंगे युवा केंद्रित कार्यक्रम
बैठक में बताया गया कि प्रदेश में सितंबर से दिसंबर 2025 तक युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार विविध आयोजन होंगे। सितंबर–अक्टूबर में “नमो पदयात्रा” और 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक “सेवा पखवाड़ा” मनाया जाएगा, जिसमें सेवा, स्वच्छता और सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रम होंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिवस पर देश के 75 विश्वविद्यालयों में विशेष आयोजन होंगे। जिसमें मध्यप्रदेश के चिन्हित विश्वविद्यालय भी प्रतिभागी करेंगे। अक्टूबर–नवंबर में सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर सांस्कृतिक व खेलकूद गतिविधियाँ और तीन दिवसीय पदयात्रा होगी। नवंबर–दिसंबर में “संविधान पदयात्रा” तथा “विकसित भारत युवा कनेक्ट” के तहत संवादात्मक कार्यक्रम होंगे। 25 दिसंबर को पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर विशेष आयोजन किया जाएगा।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने केंद्रीय मंत्री सिंधिया से मुलाक़ात कर भेंट की वैदिक घड़ी
3 Sep, 2025 09:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नई दिल्ली में केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से उनके आवास पर बुधवार को सौजन्य भेंटकर वैदिक घड़ी भेंट की। साथ ही प्रदेश में संचालित लोककल्याणकारी योजनाओं और जनहित से जुड़े विषयों पर चर्चा की। चर्चा के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत और विकसित मध्यप्रदेश के संकल्प को सिद्ध करने के लिए राज्य की नीतियों को लेकर सार्थक संवाद किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार जनता तक विकास की योजनाओं को शीघ्र और प्रभावी ढंग से पहुँचाने के लिए सतत प्रयासरत है।
अपने अनुभव और प्रयासों से वंचित और गरीबों की मदद करें : राज्यपाल पटेल
3 Sep, 2025 09:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा है कि केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों में कार्यरत अधिकारी अपने अनुभव को जनकल्याण के कार्यों में लगाए। हमेशा प्रयास करें कि आमजन की समस्याएं दूर हो। उन्हें शासन की योजनाओं का लाभ मिले। ग़रीब, वंचित और जरूरतमंदों की मदद ही सच्ची जनसेवा है। यह पुण्य का काम है।
राज्यपाल पटेल सचिवालय प्रशिक्षण तथा प्रबंधन संस्थान द्वारा आयोजित 89वें ई-मिड-कॅरियर प्रशिक्षण के तहत केंद्रीय सचिवालयीन सेवा के प्रशिक्षु अधिकारी, वरिष्ठ अवर सचिवों को संबोधित कर रहे थे। राजभवन के बैंक्वेट हॉल में आयोजित कार्यक्रम में राज्यपाल के प्रमुख सचिव डॉ. नवनीत मोहन कोठारी भी मौजूद थे।
राज्यपाल पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘सबका साथ-सबका विकास’ के मूल मंत्र से ही विकसित भारत का निर्माण होगा। हम सभी को मिलकर काम करना चाहिए। राज्यपाल पटेल ने कहा कि केंद्र सरकार की अनेक जन कल्याणकारी योजनाएं हर वर्ग तक पहुँच रही है। पीएम जनमन योजना और धरती आबा जैसे विशेष कार्यक्रमों से जनजाति कल्याण की दिशा में अभूतपूर्व कार्यों हो रहे हैं।
राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनकल्याणकारी राज्य के लिए सचिवालयीन अधिकारी-कर्मचारियों की भूमिका विशिष्ट होती है। सरकारी नौकरी व्यवसाय मात्र नहीं है, वंचितों के जीवन में खुशहाली लाकर समाज और देश का सुखद भविष्य बनाने की प्रतिबद्ध सेवा का संकल्प है। उन्होंने कहा कि आप जब भी दूरस्थ और ग्रामीण इलाकों में जाए तो ग़रीब, वंचित और ज़रूरतमंदों की समस्याओं को देखे, समझे और आत्मीयता से सुने। सरकारी धन का विवेकपूर्ण उपयोग सुनिश्चित करें और इसके ख़र्च में मितव्ययिता का भी विशेष ध्यान रखें। अधिकारी समय-समय पर विकास कार्यों की प्रभावी मॉनीटरिंग भी सुनिश्चित करें।
राज्यपाल पटेल का संयुक्त निदेशक और कोर्स डॉयरेक्टर दीपक कुमार बिष्ट ने पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया। बिष्ट ने प्रशिक्षण कार्यक्रम की विस्तार से जानकारी दी। प्रशिक्षु अधिकारियों की ओर से सुनील कुमार ने प्रशिक्षण अनुभवों को साझा किया। विनोद बिहारी सिंह ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में राज्यपाल के अपर सचिव उमाशंकर भार्गव और प्रशिक्षु अधिकारी उपस्थित रहे।
बरकतउल्लाह विश्वविद्यालय में आरंभ होंगे रोजगारपरक पाठ्यक्रम और विद्यार्थियों को मिलेगी बस सुविधा : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
3 Sep, 2025 09:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रदेश में शिक्षा के बदलते दौर में सभी विश्वविद्यालयों को गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा के लिए तैयार किया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भारत के बेहतर भविष्य की संभावनाओं के लिए दुनिया में मिसाल कायम कर रहे हैं। वे दिन गए जब भारत किसी बड़े देश के पीछे चलकर पहचान बनाता था। हमें गर्व है कि आज भारत किसी पर निर्भर नहीं है। भारत के बदलते समय का विश्वविद्यालय के छात्र पूरा उपयोग करें। हमारे युवा बेहतर तकनीक का उपयोग करते हुए देश को आगे ले जाने का सपना देखें और उसे पूरा करने के लिए परिश्रम करें। राज्य सरकार विश्वविद्यालयों के छात्रों के साथ है। हमारे युवा नौकरी पाने वाले नहीं, रोजगार देने वाले बनें। सरकार हर संभव सहायता और प्रशिक्षण उपलब्ध करा रही है। प्रदेश के विश्वविद्यालयों में कृषि संकाय की पढ़ाई शुरू की गई है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बरकतउल्लाह विश्वविद्यालय में सभी नए रोजगारपरक पाठ्यक्रम आरंभ करने और विद्यार्थियों को आवागमन के लिए नि:शुल्क बस सुविधा उपलब्ध कराने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव बुधवार को बरकतउल्लाह विश्वविद्यालय परिसर में 55 करोड़ रूपए की लागत से बनने वाले आईटी रिसोर्स सेंटर, स्टूडियो, कन्वेंशन हॉल और इंक्यूबेशन सेंटर तथा एग्रीकल्चर इंस्टीट्यूट व कन्या छात्रावास का भूमिपूजन कर कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पीएम उषा परियोजना के भूमिपूजन और दीक्षारंभ कार्यक्रम में गणपति बप्पा मोरया के जयघोष एवं सरस्वती माता को नमन करते हुए अपना संबोधन आरंभ किया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भोपाल के सभी क्षेत्रों को विकास कार्यों की सौगात मिल रही है। भोपाल में मेट्रो की शुरुआत होने वाली है। इसके साथ भोपाल के पास मेट्रो और अत्याधुनिक रेल कोच निर्माण के लिए बीईएमएल की इकाई का भूमि-पूजन हो चुका है। भारतीय रेल के हाईस्पीड कोच भी इस कारखाने में बनाए जाएंगे। भोपाल को पर्यटन के क्षेत्र में भी एक बड़ी सौगात मिलने वाली है। अब बड़ी झील में कश्मीर की तर्ज पर शिकारे चलाए जाएंगे। भोपाल से इंदौर, जबलपुर और रीवा के लिए नए ग्रीन फील्ड हाइवे तैयार किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में पीएम मित्रा का निर्माण हो रहा है। हमारे किसानों द्वारा उत्पादित कपास की मांग दुनिया में है। प्रदेश के युवाओं को रोजगार के अवसर मिलें। प्रदेश में रेडीमेड गारमेंट के नए उद्योग शुरू हों, इसके लिए दिल्ली में निवेशकों और उद्योग घरानों को आज चर्चा के लिए आमंत्रित किया जा रहा है। भविष्य में मध्यप्रदेश के युवा फैशन डिजाइनिंग और रेडीमेड गारमेंट इंडस्ट्री में अग्रणी बनें, इसके लिए राज्य सरकार निश्चित कार्ययोजना बना रही है।
उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मध्यप्रदेश में बदलाव का बीड़ा उठाया है। पूर्व में उच्च शिक्षा मंत्री रहते हुए उन्होंने जिस विजन से कार्य किया, उसके सुखद परिणाम अब सामने आने लगे हैं। राज्य सरकार गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए संकल्पित हैं। प्रदेश में गरीब और पिछड़े छात्रों के लिए सर्व सुविधायुक्त सांदीपनि विद्यालय और पीएम एक्सीलेंस कॉलेज बनाए जा रहे हैं। भविष्य में शिक्षा क्षेत्र को नई ऊंचाइयां प्रदान करने के लिए प्रदेश सरकार ने दो बड़े निर्णय किए हैं। इसके अंतर्गत अब डिजिटलाइजेशन को बढ़ावा देना और प्रदेश के चिन्हित विश्वविद्यालयों में देश की विभिन्न भाषाओं को क्रेडिट के माध्यम से पाठ्यक्रम में शामिल कर पढ़ाया जाना शामिल है। प्रदेश में उच्च शिक्षा के क्षेत्र में होने जा रही यह अभिनव पहल पूरे देश को संदेश देने का कार्य करेगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इस दोनों नवाचारों के लिए हमें निरंतर प्रेरित एवं प्रोत्साहित किया। हृदय प्रदेश, मध्यप्रदेश मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में सभी क्षेत्रों में नवाचार करते हुए देश के अन्य राज्यों के लिए आदर्श राज्य के रूप में उभर रहा है।
पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्रीमती कृष्णा गौर ने भोपाल में संचालित विकास गतिविधियों और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के लिए मुख्यमंत्री डॉ. यादव का आभार माना। कुलगुरु प्रो. एसके जैन ने बताया कि बरकतउल्लाह विश्वविद्यालय को 100 करोड़ रुपए के विकास कार्यों की सौगात मिल रही है। इस अवसर पर वर्ष 2025-26 के नए विद्यार्थियों का दीक्षांत समारोह भी हो रहा है। कार्यक्रम में नगर निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी, प्रमुख सचिव उच्च शिक्षा अनुपम राजन, कुलगुरु प्रो. एस.के जैन सहित विश्वविद्यालय के प्राध्यापक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित थीं।
उल्लेखनीय है कि पीएम-उषा (प्रधानमंत्री उच्चतर शिक्षा अभियान) का उद्देश्य उच्च शिक्षा की उत्कृष्टता में सुधार लाना है। इस योजना में राज्य के उच्च शिक्षा संस्थानों को चरणबद्ध तरीके से वित्तीय सहायता प्रदान की जा रही है। इसमें प्रदेश के 38 विश्वविद्यालयों/महाविद्यालयों के लिए 565 करोड़ रूपए की स्वीकृति प्राप्त हुई है। बरकतउल्लाह विश्वविद्यालय के लिए 100 करोड़ रूपए स्वीकृत किए गए हैं, जिसमें से निर्माण कार्य के लिए स्वीकृत 55 करोड़ रूपए की लागत के कार्य होंगे।
निगम अमले ने की सम्पत्ति विरूपण करने वालों के विरूद्ध कार्यवाही, 04 हजार 100 रुपये का जुर्माना वसूला
3 Sep, 2025 05:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। नगर निगम द्वारा सार्वजनिक स्थलों, डिवाईडर, सेंट्रल वर्ज, बिजली के पोल आदि पर बिना अनुमति के प्रचार-प्रसार सामग्री लगाकर सम्पत्ति विरूपण करने वालों के विरूद्ध कार्यवाही निरंतर की जा रही है। इसी क्रम में निगम के जोन क्र. 14 के अमले ने जोन अंतर्गत आने वाले विभिन्न क्षेत्रों में कार्यवाही करते हुए 41 प्रकरणों में 04 हजार 100 रुपये की राशि जुर्माने के रूप में वसूल की और अवैध रूप से लगाई गई प्रचार-प्रसार सामग्री को हटाया।
निगम आयुक्त हरेन्द्र नारायन के निर्देश पर निगम के जोन क्र. 14 के अमले ने मंगलवार को वार्ड क्र. 56, 57, 60 एवं 61 के विभिन्न क्षेत्रों में सम्पत्ति विरूपण करने वालों के विरूद्ध कार्यवाही करते हुए 80 फिट रोड, एम्स अस्पताल रोड, अवधपुरी थाना, एम.वी.एम. रोड आदि क्षेत्रों में कार्यवाही करते हुए अवैध रूप से लगे 25 विज्ञापन बोर्ड हटाए और 41 प्रकरणों में 04 हजार 100 रुपये की राशि जुर्माने के रूप में वसूल की।
एमपी में कॉलेज व यूनिवर्सिटी परीक्षाओं की आंसरशीट अब ऑनलाइन
3 Sep, 2025 05:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। मध्य प्रदेश उच्च शिक्षा विभाग ने एक बड़ा फैसला लिया है। हायर एजुकेशन की उत्तर पुस्तिकाओं का डिजिटिलाइजेशन किया जाएगा। इससे कॉपी जांचने के दौरान होने वाली गड़बड़ी को रोकने में मदद मिलेगी। उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार ने कहा कि कॉपियों की स्क्रीनिंग के बाद इसे मूल्यांकनकर्ता को दिया जाएगा इससे पारदर्शिता बढ़ेगी।
मूल कॉपी विश्वविद्यालय में होगी
उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार ने कहा कि इस पर हमारा काम चल रहा है। कई विश्वविद्यालयों ने इसके लिए तैयारी कर ली है, इसके लिए विश्वविद्यालय डिजिटल प्लेटफॉर्म बनाएंगे। कॉपी की स्क्रीनिंग की जाएगी, इसके बाद मूल्यांकनकर्ताओं को कॉपी दी जाएगी। मूल कॉपी विश्वविद्यालय में होगी, इससे कॉपियों के गुम होने की शिकायत दूर हो जाएगी। उन्होंने आगे कहा कि इससे ये फायदा मिलेगा कि यदि कोई छात्र कॉपी देखने की मांग करता है तो उसे दिखा सकें, छात्रा अपनी कॉपी चेक करने के साथ-साथ अन्य प्रोफेसर को कॉपी दिखा सकेगा कि इसमें कुछ गलत तो नहीं है कॉपी जांचने में मदद होगी और पारदर्शिता आएगी।
विश्वविद्यालयों में पढ़ाई जाएंगी 22 भाषाएं
महाराष्ट्र और दक्षिण भारत में भाषा विवाद के बीच मध्य प्रदेश सरकार का बड़ा फैसला लिया है। मध्य प्रदेश के विश्वविद्यालयों में 22 भाषाएं पढ़ाई जाएंगी, उच्च शिक्षा मंत्री ने कहा कि एक विश्वविद्यालय में एक या दो भाषाएं पढ़ाई जाएंगी। इसके लिये क्रेडिट भी दिया जाएगा, नए शिक्षण टीम क्रेडिट का सिस्टम है राज्य के बाहर की भाषा जो स्टूडेंट्स सीखना चाहेगा उसे अतिरिक्त क्रेडिट दिया जाएगा।
भाषा विवाद पर बोले उच्च शिक्षा मंत्री
उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार ने कहा कि हमारे प्रदेश के बच्चे जब तमिलनाडु में जाएं तो उनसे संवाद कर सकें। व्यवसाय के लिए कहीं जाएं तो कनाडा में बात कर सकें, केरल में मलयालम से बात कर सकें, आंध्र में तेलुगु में बात कर सकें, महाराष्ट्र जाएं तो मराठी में बात कर सकें। ऐसे सभी राज्यों की भाषाओं को शामिल किया जाएगा,उन्होंने आगे कहा कि मध्य प्रदेश ऐसा राज्य होगा कि जहां सभी भाषाओं को हिंदी भाषा राज्य के साथ हम सम्मान दे रहे हैं। शिक्षाविद यह पैटर्न तैयार कर रहे हैं, अगले सत्र से यह व्यवस्था लागू हो जाएगी।
बिजली कंपनी ने कंरट से होने वाली दुर्घटनाओं से बचने किया आगाह
3 Sep, 2025 04:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। मध्यक्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने आम जनता से आग्रह किया है कि धार्मिक जुलूस के दौरान बिजली के खुले तार न रखें, साथ ही हाईटेंशन लाइनों से पर्याप्त दूरी बनाएं रखें। करेंट से होने वाली संभावित दुर्घटनाओं से बचने के लिए कुछ बातों का ध्यान रखना आवश्यक है।
बिजली कंपनी ने कहा है कि इन दिनों गणेशोत्सव चरम पर है। जगह-जगह झांकियां सजाई गई हैं, बड़े-बड़े पंडालों में गणेश प्रतिमाएं विराजमान हैं। पंडालों में रोशनी के लिए अस्थाई कनेक्शन लेकर व्यवस्थाएं भी की गई हैं। ऐसे में ध्यान देने योग्य बात यह है कि बिजली के तार खुले छोड़ने अथवा जगह-जगह ज्वाइंट होने पर करंट लगने का खतरा बना रहता है। इसलिए बिजली के तारों को खुले न छोड़ें। इन्हें बच्चों की पहुंच से दूर रखें तथा इंशुलेटेड तार का ही उपयोग करें। इसी तरह जुलूस के दौरान भी झांकी में रोशनी करने के लिए लगाए गए बिजली के तार तथा अन्य उपकरणों को पहुंच से दूर रखें ताकि करंट से किसी तरह की कोई दुर्घटना घटित न होने पाए।
हाथ ठेले पर या बड़े वाहन पर झांकी निकालने के दौरान बिजली के खबों, तार तथा हाईटेंशन लाइनों से दूरी बनाएं रखें। यदि जरूरत पड़े तो बांस अथवा लकड़ी के सहारे से बिजली के तार को हटाएं। उन्हें हाथ से हटाने की जोखिम न लें। कंपनी ने कहा है कि जरा सी असावधानी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है। इसलिए आमजन भी करंट से होने वाली दुर्घटनाओं की रोकथाम में सहयोग करें एवं बिजली लाइनों तथा ट्रांसफार्मर से उचित दूरी बना कर ही झांकी-पंडाल लगाएं ताकि करंट से होने वाली संभावित दुर्घटना से बचा जा सके।
कंपनी ने उपभोक्ताओं से अपील में कहा है कि विद्युत लाइनों /ट्रांसफार्मरों एवं उपकरणों के साथ छेड़छाड़ न करें तथा सुरक्षित दूरी बनायें रखें। यदि कही बिजली के तार टूटे हों तो इसकी सूचना तत्काल शिकायत कॉल सेंटर के टोल फ्री नं. 1912 पर / उपाय एप एवं समीप के वितरण केन्द्र कार्यालय में दें। जमीन पर पड़े तारों को छूने या स्पर्श करने की गलती न करें साथ ही पार करने का प्रयास न करें। बारिश के दौरान विद्युत खम्बे /स्टे के पास पानी भराव वाले स्थान से निकलने की जल्दी न करें। सावधानी अवश्य बरतें क्योंकि बारिश के दौरान करंट लीकेज की संभावनाएं बढ़ जाती हैं।
लाखों का तालाब हो गया चोरी, ढूंढने वाले को मिलेगा इनाम
3 Sep, 2025 03:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। आपने सोना-चांदी, गहने या रुपया-संपत्ति चोरी होने की घटनाएं तो बहुत सुनी होंगी, लेकिन यहां ऐसा नहीं है आपको यह जानकर हैरानी होगी कि मध्य प्रदेश में लाखों रुपये खर्च कर बनाया गया तालाब चोरी हो गया है। इसे तलाश करने वाले को इनाम देने की घोषणा भी की गई है।
यह हैरान करने वाला मामला मध्य प्रदेश के रीवा जिले का है। आरटीआई के जरिए खुलासा हुआ है, कि करीब 25 लाख रुपए की लागत से अमृत सरोवर तालाब का निर्माण हुआ था, लेकिन मौके पर तालाब का नामोनिशान तक नहीं है। रीवा जिले के चाकघाट क्षेत्र के ग्राम कठौली में यह अजग-गजब घटना घटित हुई है। आरटीआई कार्यकर्ता ललित मिश्र की जानकारी के अनुसार, 24.94 लाख रुपए की लागत से 9 अगस्त 2023 को तालाब बनना दिखाया गया। राजस्व रिकॉर्ड में तालाब भूमि क्रमांक 117 पर दर्ज है, लेकिन हकीकत में वहां कोई तालाब नहीं है। आरोप है कि ग्राम पंचायत सरपंच ने नाले पर अस्थायी बांध बनाकर पानी अपनी निजी जमीन (खसरा नंबर 122) में इकट्ठा किया और उसे तालाब का रूप दिखाकर शासन से पूरी राशि निकाल ली।
शिकायत पर जिला पंचायत सीईओ ने सरपंच से पूरी राशि वसूलने का निर्देश दिया था, लेकिन सरपंच ने शासन को गुमराह करने के लिए अपनी निजी जमीन का छोटा हिस्सा सरकार को दान कर दिया। ग्रामीणों ने थक-हारकर मुनादी कर तालाब खोजने वाले को इनाम देने का ऐलान कर दिया है।
कलेक्टर ने दिए जांच के आदेश
इस मामले को संज्ञान में लेते हुए कलेक्टर प्रतिभा पाल ने जांच के आदेश दिए हैं। थाना प्रभारी घनश्याम तिवारी ने बताया कि मामला अनियमितता से जुड़ा है और जांच चल रही है। गौरतलब है कि सरपंच पूर्वा मनीराम धीरेंद्र तिवारी वर्तमान में बीजेपी के रायपुर मंडल उपाध्यक्ष भी हैं। ग्रामीणों का कहना है कि सिर्फ यही नहीं, इलाके के कई तालाब भी रातों-रात गायब हो गए हैं। फिलहाल पुलिस और प्रशासन जांच में जुटे हैं, लेकिन तालाब का कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
हेल्थ चेकअप में लूट का खेल, कंपनी के खिलाफ बड़ा एक्शन
3 Sep, 2025 02:40 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। भोपाल में मंगलवार को आयकर विभाग ने साइंस हाउस मेडिकल प्राइवेट लिमिटेड समेत 24 ठिकानों पर छापेमारी की।ये कार्रवाई मुंबई, भोपाल और इंदौर में की गई. इसी कंपनी पर रीवा में EOW ने शिकायत दर्ज की थ। इस शिकायत में आरोप लगाया गया था कि कंपनी महंगे दाम पर दवा और मेडिकल इक्विपमेंट बेच रही है. इस केस को बाद में भोपाल ट्रांसफर कर दिया गया, अब इसकी जांच EOW की भोपाल इकाई कर रही है।
कंपनी ने 5 साल में 300 करोड़ वसूले
जिस साइंस हाउस कंपनी पर आयकर विभाग ने कार्रवाई की, उसके पास प्रदेश भर के जिला और सिविल अस्पतालों का जिम्मा है। स्वास्थ्य जांच के लिए कंपनी 25 फीसदी ज्यादा वसूलती थी। इस तरह कंपनी ने 5 सालों में 300 करोड़ रुपये राज्य सरकार से वसूले, इन सबके बावजूद स्वास्थ्य विभाग ने कंपनी का टेंडर एक साल के लिए बढ़ा दिया है।
साइंस हाउस के डायरेक्टर पर टैक्स चोरी का आरोपी
भोपाल के गौतम नगर में स्थित साइंस हाउस के डायरेक्टर पर करोड़ों रुपये की टैक्स चोरी का आरोप है। डायरेक्टर जितेंद्र तिवारी और उनके भाई शैलेंद्र तिवारी को गिरफ्तार कर लिया गया है। ये कंपनी मेडिकल उपकरणों की सप्लाई के साथ-साथ पैथोलॉजी और डायग्नोसिस सर्विस भी उपलब्ध कराती है, बताया जा रहा है कि काली कमाई के जरिए इंदौर, भोपाल और मुंबई में कई संपत्तियां खरीदी गईं।
68 रुपये की आरएफ किट 4156 में खरीदी
EOW की जांच में सामने आया है कि 10 हजार 999 रुपये का ऑक्सीजन सिलेंडर, 16 हजार, 900 रुपये में खरीदा गया। वहीं आरएफ किट की बात करें तो इसे 68 रुपये की जगह 4156 रुपये में खरीदा गया। मध्य प्रदेश हेल्थ कॉर्पोरेशन ने अप्रूव्ड रेट से कई गुना महंगी लिस्ट जारी की। इस मामले में EOW ने 3 कंपनियों के संचालक समेत 13 लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज की थी।
बरकतउल्ला यूनिवर्सिटी में विकास कार्यों की सौगात देंगे मोहन यादव
3 Sep, 2025 11:22 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। सीएम मोहन यादव, बुधवार को भोपाल में स्थित बरकतउल्ला विश्वविद्यालय को कई सौगात देने वाले हैं. यूनिवर्सिटी में नवीन कन्या छात्रावास, एम्फीथिएटर भवन और आईटी पार्क का भूमिपूजन करेंगे. इस कार्यक्रम में शामिल होने के बाद मुख्यमंत्री सिंहस्थ महाकुंभ की समीक्षा बैठक में शामिल होंगे. कुंभ के लिए की जा रही तैयारियों का जायजा लेंगे. इन कार्यक्रमों में शामिल होने के बाद दिल्ली जाएंगे, यहां कई कार्यक्रमों में शामिल होंगे.
सिंहस्थ की तैयारियों का जायजा लेंगे सीएम
बुधवार को सीएम मोहन यादव साल 2028 में होने वाले सिंहस्थ महाकुंभ के लिए होने वाली तैयारियों का जायजा लेंगे. कार्यों को पूरा करने की रफ्तार तेज करने और समय सीमा में पूरा करने पर सीएम निर्देश दे सकते हैं. सभी कार्यों को दिसंबर 2027 तक पूरा करने की डेडलाइन रखी गई है. वहीं शिप्रा नदी के किनारे स्थित घाट और मंदिरों को 6 लेन हाईवे से जोड़ा जाएगा. वहीं हाईवे से जोड़ने के लिए 194 करोड़ रुपये की लागत से एमआर-22 विकसित किया जाएगा.
दिल्ली में उद्योगपतियों से मुलाकात करेंगे
भोपाल में विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होने के बाद मुख्यमंत्री दिल्ली रवाना होंगे. यहां धार में स्थापित होने जा रहे पीएम मित्रा पार्क को लेकर इंटरएक्टिव सेशन में शामिल होंगे. मुख्यमंत्री उद्योगपतियों और निवेशकों से वन-टू-वन मुलाकात करेंगे. टेक्सटाइल क्षेत्र में निवेश की संभावनाओं पर मंथन होगा. दिल्ली के कार्यक्रम में शामिल होने के बाद इंदौर रवाना होंगे. यहां से उज्जैन जाएंगे, यहीं रात्रि विश्राण करेंगे. 4 सितंबर को सीएम उज्जैन को करोड़ों रुपये की कई सौगात देंगे.
नहीं देखे होंगे इनसे क्यूट गणपति, मनमोहक मुस्कान, श्रद्धालु ले रहे बाल गणेश की बलैंया
3 Sep, 2025 09:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
ग्वालियर: देश भर में गणेशोत्सव की बहार आई है. गणपति बप्पा मोरया के जयकारे लग रहे हैं. अलग-अलग पंडालों में अलग-अलग श्रृंगार और मनभावन प्रतिमाओं को विराजमान किया गया है. ग्वालियर में भी ऐसा ही एक पंडाल ट्रेंड कर रहा है. लोगों ने यहां बैठे गणपति को 'क्यूट गणेश' नाम तक दे दिया है. क्यूट गणेश को देखने श्रद्धालुओं की भीड़ लग रही है. यहां तक लोगों में बप्पा के साथ सेल्फी की होड़ लगी है.
मनमोहक है बाल गणेश का स्वरूप
मध्य प्रदेश के ग्वालियर में गणेशोत्सव का मुख्य आकर्षण इन दिनों हजीरा के राजा बने हुए हैं. वजह है गणेश प्रतिमा का आकर्षण, बड़ा सा चेहरा, छोटी सी सूंड, बड़ी-बड़ी आंखे ऊपर से गुलाबी रंग की हैट यानि टोपी, ड्रेस और हाथ में कॉफी का मग, कुछ ऐसी है, इन बाल गणेश की रूप सज्जा. जिसे देखते ही हर किसी का मन मोह जाता है. गणपति के साथ ही उनकी पत्नियां ऋद्धि-सिद्धि भी आधुनिकता की झलक दिखा रही हैं. क्यूट सी ड्रेस और हाथ में पर्स. मूसक राज का श्रृंगार भी खूबसूरत है.
इंटरनेट पर 'क्यूट गणेश' का फीवर
यहां दर्शन करने वालों के साथ साथ-इंटरनेट पर भी लोगों पर इनका बुखार चढ़ा है. यहां आने वाले भक्त सोशल मीडिया पर इन गणपति के साथ रील्स शेयर कर रहे हैं. लोगों ने तो इनका 'क्यूट गणेश' नाम तक रख दिया है. ये भी एक वजह है कि शाम के समय हर दिन सैकड़ों लोग क्यूट गणेश की एक झलक पाने के लिए पहुंच जाते हैं.
2010 से हर साल विराजमान होते हैं हजीरा के राजा
वैसे तो तानसेन मकबरे के पास ही हजीरा के राजा को विराजमान करने वाली समिति 2010 से गणेश उत्सव मना रही है. बीच-बीच में बप्पा की प्रतिमा स्थापित नहीं कर पाए थे. इस साल 12वें गणेश बैठाए गए हैं. समिति सदस्य ऋषभ गुप्ता ने ईटीवी भारत को बताया कि "वे हर साल ही अनोखी और मनमोहक गणेश प्रतिमा विराजमन करते हैं. गणेशोत्सव से कई दिनों पहले से प्रतिमा की तलाश शुरू हो जाती है और फिर गणेश चतुर्थी पर उस प्रतिमा को धूमधाम से विराजमान करते हैं."
खास तैयार कराया गणपति का यह स्वरूप
इस साल क्यूट गणेश की प्रतिमा भी बनवाई गई है. गणेशजी के इस स्वरूप को इंटरनेट की मदद से खोजा गया. फिर ग्वालियर के ही एक मूर्तिकार को ऑर्डर देकर यह प्रतिमा बनवाई गई है. ऋषभ कहते हैं की "यहां आने वाले ज्यादातर भक्त क्यूट गणेश के साथ सेल्फी लेने आते हैं. रात 12 बजे तक श्रद्धालुओं के आने का सिलसिला लगा रहता है. यहां आने वाले बप्पा के भक्त उनके दर्शन करते हैं, फोटो-वीडियो बनाते हैं. बच्चे के स्वरूप में उनकी बलैयां लेते हैं कि उन्हें नजर ना लगे इसलिए नजर भी उतारते हैं."
मध्य प्रदेश में देर रात फिर दौड़ी तबादला एक्सप्रेस, 25 पुलिस अधिकारी यहां से वहां
3 Sep, 2025 08:10 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
Mp police transfers : मध्य प्रदेश में देर रात फिर तबादला एक्सप्रेस दौड़ी है. मध्य प्रदेश शासन ने पुलिस विभाग के 25 अधिकारियों के ट्रांसफर कर दिए हैं. ट्रांसफर की ये लिस्ट देर रात जारी हुई है, जिसमें सभी अधिकारियों की वर्तमान पदस्थापना की साथ नवीन पदस्थापना की जानकारी दी गई है.
इन अधिकारियों के हुए तबादले
मध्य प्रदेश शासन के गृह विभाग द्वारा जारी आदेश के मुताबिक PHQ भोपाल में एआईजी अनिल कुमार पाटीदार को स.म.नि. कार्यालय पुलिस महानिरीक्षक, भोपाल (ग्रामीण) जोन, पीएचक्यू भोपाल में ही पदस्थ एआईजी गीतेश कुमार गर्ग को जोनल पुलिस अधीक्षक, विशेष शाखा, ग्वालियर, इंदौर रेल एडिशनल एसपी मनीषा पाठक को पीटीएस एसपी उज्जैन, रेडियो मुख्यालय भोपाल में एसपी संदीप मिश्रा को एडिशनल एसपी रीवा नवीन पदस्थापना दी गई है.
कई अधिकारियों के मुख्यालय से ट्रांसफर
इसी तरह पुलिस मुख्यालय में सहायक पुलिस महानिरीक्षक (शिकायत) पल्लवी त्रिवेदी को पुलिस अधीक्षक भौंरी, भोपाल, बिट्टी सेहगल, उप सेनानी 13वीं वाहिनी विसबल ग्वालियर को एडिशनल एसपी खरगौन. पुलिस मुख्यालय अअवि में सहायक पुलिस महानिरीक्षक धनंजय शाह को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अअवि इंदौर जोन भेजा गया है. इसी प्रकार उज्जैन जोन की अजाक एसपी मीना चौहान को अतिरिक्त पुलिस आयुक्त आसूचना इंदौर नगरीय पुलिस की जिम्मेदारी दी गई है. देखें पूरी लिस्ट...
70 के दशक की दो हसीनाओं में वैचारिक टकराव? जीनत अमान पर मुमताज की तीखी टिप्पणी।
‘रावण’ और ‘जहरीला सांप’ जैसे बयान, खरगे के पुराने विवाद फिर चर्चा में
10 करोड़ की वापसी और 'प्रलय' में पार्टनरशिप; रणवीर सिंह ने फरहान को दिया सुलह का प्रस्ताव।
एमपी में गर्मी से हाल बेहाल, मैहर में 5वीं तक छुट्टी, रातें भी रहेंगी गर्म
ट्रम्प का बयान: ईरान में एकजुटता की कमी, इसलिए बढ़ाया गया सीजफायर
गोविंदा के गिरते करियर पर समीर अंजान भावुक; बोले- 'उनका वक्त फिलहाल खराब चल रहा है'।
एमपी के अनूपपुर में बदमाशों का कहर, पुलिस पर पथराव, सर्विस रिवॉल्वर छीनी
