मध्य प्रदेश
देवतालाब, बनारस और प्रयागराज धार्मिक क्षेत्र का अनूठा त्रिकोण : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
7 Sep, 2025 08:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव कहा है कि शिव मंदिर देवतालाब अदभुत है। यहां पांच तत्वों का आभास होता है। ऐसा अद्भुत मंदिर केवल विश्वकर्मा जी ही बना सकते हैं। देवतालाब, बनारस और प्रयागराज महत्वपूर्ण धार्मिक त्रिकोण हैं। देवतालाब आस्था, इतिहास और आनंद का संगम है। यह श्रृंगी ऋषि की तपोभूमि है। ऐसी मान्यता है कि देवतालाब के शिव का दर्शन करने पर ही चारधाम की यात्रा का फल मिलता है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव रविवार को मऊगंज के देवतालाब स्टेडियम में आयोजित विकास कार्यों के लोकार्पण-शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने 241 करोड़ 33 लाख रूपये के विकास कार्यों का लोकार्पण-शिलान्यास कर विभिन्न योजनाओं में हितग्राहियों को हितलाभ वितरित किये और मऊगंज को विकास की अनेक सौगातें देते हुए घोषणाएं भी कीं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कन्यापूजन कर मऊगंज के संयुक्त जिला कार्यालय भवन का शिलान्यास भी किया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा है कि हमारे गांव स्वावलम्बन की अद्भुत मिसाल हैं। वर्तमान वैश्विक परिदृश्य में स्वदेशी को अपनाते हुए आत्मनिर्भरता और स्वावलम्बन के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पूरा देश एकजुट है। हमारी इस सामर्थ्य के परिणामस्वरूप ही देश की कीर्ति गाथा सम्पूर्ण विश्व में गूंज रही है। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद का कथन की "21वीं सदी भारत की होगी" साकार हो रहा है। गर्व का विषय है कि स्वामी विवेकानंद अर्थात श्रद्धेय नरेन्द्र नाथ दत्त की भावना को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने चरितार्थ किया है। देश के गरीब, युवा, अन्नदात और महिलाओं का कल्याण तथा विकास तपोनिष्ट प्रधानमंत्री मोदी की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सौभाग्य का विषय है कि प्रधानमंत्री मोदी ने इसी माह प्रदेश आगमन के लिए स्वीकृति प्रदान की है। राज्य सरकार ने प्रदेश के किसी भी क्षेत्र में विकास और जनकल्याण के लिए कभी भी संसाधनों की कमी नहीं होने दी, इसी का परिणाम है कि प्रदेश में चहुंओर विकास का परचम लहरा रहा है। जबकि अन्य दलों की सरकारें विकास के लिए सदैव संसाधनों के अभाव का बहाना बनाती रहीं।
विश्व की सभी महत्वपूर्ण नीतियों के निर्धारण में भारत है केंद्र बिंदु
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रयागराज और काशी विश्वनाथ के बीच बसा यह स्थान देवताओं की अभिरूचि की अभिव्यक्ति है। उनके स्वयं के लिए भी देवतालाब आगमन सदैव सुखद और भाग्यशाली रहा है। उन्होंने कहा कि सनातन संस्कृति ने विश्व को मानवता का विचार देते हुए जीवन जीने का सही मार्ग प्रशस्त किया। वर्तमान में भी प्रधानमंत्री मोदी की प्रभावशीलता के परिणाम स्वरूप विश्व की सभी महत्वपूर्ण नीतियों के निर्धारण में भारत केंद्र बिंदु बना हुआ है। यह हम सबके लिए गर्व-गौरव और स्वाभिमान का विषय है कि अमेरिका हो या दुनिया का कोई भी अन्य बड़ा देश, सभी प्रधानमंत्री मोदी की स्वीकार्यता के लिए उत्सुक हैं।
खेत में किसान और सीमा पर जवान का सम्मान हमारी सरकार की प्राथमिकता
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि खेत में किसान और सीमा पर जवान दोनों का सम्मान हमारी सरकार के लिए सर्वोपरि है। किसान सम्मान निधि तथा अन्य प्रोत्साहन गतिविधियों के माध्यम से राज्य सरकार किसान कल्याण के लिए निरंतर प्रयत्नशील है। पर्याप्त सिंचाई और बिजली की उपलब्धता प्रदेश के सभी क्षेत्रों में सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने कहा कि हाल ही में हनुमना उद्वहन सिंचाई परियोजना मंजूर की गई है। जिससे रीवा, सीधी, सिंगरौली और मऊगंज जिलों की एक लाख 40 हजार हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र में सिंचाई सुविधा मिलेगी। रीवा के सोलर प्लांट की बिजली से दिल्ली की मेट्रो रेल दौड़ रही है। मऊगंज के घुरेहटा में बाबा रामदेव के पतंजलि संस्थान द्वारा एक हजार करोड़ रुपए की लागत से कृषि पर आधारित उद्योगों का विकास किया जा रहा है। इससे लाखों किसान लाभान्वित होंगे। उज्ज्वला गैस योजना से 64 हजार से अधिक गैस के कनेक्शन दिए गए हैं। मऊगंज में शहरी और ग्रामीण क्षेत्र में 44 हजार गरीबों को प्रधानमंत्री आवास योजना से पक्के आवास मिले हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि लाड़ली बहनों के खाते में जारी की जा रही राशि दीपावली के बाद से 1500 रुपए प्रतिमाह की जाएगी, जिसे वर्ष 2028 तक प्रतिमाह 3 हजार रुपए किया जायेगा।
मऊगंज को दी अनेक सौगातें
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मऊगंज जिले और देवतालाब विधानसभा क्षेत्र को अनेक सौगातें दीं। मुख्यमंत्री ने देवतालाब शिव मंदिर में शिवलोक के निर्माण और नईगढ़ी एवं देवतालाब में तहसील भवन निर्माण की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि देवतालाब के अस्पताल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उन्नयन किया जायेगा। देवतालाब के शासकीय महाविद्यालय में ऑडिटोरियम और अतिरिक्त कक्षों का निर्माण किया जाएगा। अनुसूचित जाति और जनजाति विद्यार्थियों के लिए दो छात्रावास भवन बनाए जाएंगे। बहुती जल प्रपात को पर्यटन विकास निगम के माध्यम से विकसित किया जायेगा। अष्टभुजी माता मंदिर में सौंदर्यीकरण और जनजाति अंचल में टीपा बदोर से गढ़वा रोड तक 11 किलोमीटर की सड़क बनाई जाएगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कार्यक्रम में बनारस से आये लोक कलाकारों द्वारा दी गई सांगीतिक प्रस्तुति की सराहना की और लोक कलाकारों को 25 हजार रुपए प्रदान करने की घोषणा की। लोक नृत्य प्रस्तुत करने वाले दल के प्रत्येक सदस्य को 5-5 हजार रूपए और स्वागत गीत गाने वाली लोक गायिका राखी द्विवेदी को 50 हजार रूपए देने की घोषणा की।
उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में प्रदेश ने 2 साल से कम समय में जो विकास किया है वह ऐतिहासिक है। उन्होंने विकास योजनाओं के लिए धन की कोई कमी नहीं आने दी। आज मऊगंज को 241 करोड़ रुपए की सौगात मिली है। क्षेत्र में सड़क, नहर और माइक्रो इरिगेशन परियोजना से विकास का मार्ग प्रशस्त हुआ है। मुख्यमंत्री ने हनुमना उद्वहन सिंचाई परियोजना के लिए 6 हजार करोड़ रुपए मंजूर किए हैं। इससे मऊगंज जिले के हर खेत में पानी पहुंचेगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने रीवा में इंडस्ट्रियल कॉन्क्लेव और पर्यटन कान्क्लेव का आयोजन कर पूरे विंध्य में विकास के नए द्वार खोले हैं।
प्रारंभ में विधायक एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव एवं अतिथियों का स्वागत किया और क्षेत्र के विकास के लिये विभिन्न प्रस्ताव रखे। कार्यक्रम में जिले के प्रभारी और पशुपालन एवं डेयरी राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) लखन पटेल, सांसद जनार्दन मिश्र और विधायक मऊगंज प्रदीप पटेल, विधायक त्योंथर सिद्धार्थ तिवारी, विधायक मनगवां नरेंद्र प्रजापति, विधायक सिरमौर दिव्यराज सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष नीता कोल सहित जन-प्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
सीधी में पहली बार गूंजी रेलवे इंजन की सीटी, देखने गिरते-पड़ते दौड़े आए लोग, जल्द दौड़ेगी ट्रेन
7 Sep, 2025 11:50 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
सीधी: शनिवार का दिन सीधी के लिए ऐतिहासिक रहा. पहली बार यहां की धरती पर भारतीय रेलवे की सीटी गूंजी. शाम करीब 4 बजे जैसे की रामपुर नैकिन रेलवे स्टेशन पर ट्रायल रन के लिए रेलवे का इंजन पहुंचा आसपास के लोग इसे देखने दौड़ पड़े. यहां के लोग दशकों से जिस सपने को देख रहे थे अब उन्हें वो साकार होता दिखाई दे रहा है. सीधी में रेल नेटवर्क न होने के कारण यहां के लोगों को ट्रेन पकड़ने के लिए पड़ोस के जिलों शहडोल या रीवा जाना पड़ता था, लेकिन अब बस कुछ दिन का और इंतजार है और वो अपने जिले से ही ट्रेन में सवार होकर अपने गंतव्य की यात्रा कर सकेंगे.
सीधी से पड़खुरी तक किया गया सफल ट्रायल रन
दरअसल, सीधी में अभी तक रेलवे ट्रैक नहीं है जिस वजह से यहां से ट्रेन नहीं चलती. इसी को देखते हुए उत्तर प्रदेश के ललितपुर से सिंगरौली तक रेल ट्रैक बिछाया जा रहा है जो सीधी से होकर गुजर रहा है. इस रेल लाइन की लंबाई 540 किलोमीटर है. जिसमें सीधी से सिंगरौली तक कुल 80 किलोमीटर का रेलवे ट्रैक निर्माण होना है. इसमें से सीधी के ग्राम पड़खुरी तक पटरी बिछाने का कार्य पूरा किया जा चुका है. रेलवे विभाग ने शनिवार को इस खंड पर सफल ट्रायल किया. इसके लिए ट्रेन की इंजन का इस ट्रैक पर ट्रायल रन किया गया जो सफल रहा.
स्थानीय लोगों के लिए त्योहार जैसा ये दिन
स्थानीय निवासी अशोक तिवारी इस सफल ट्रायल रन पर अपनी खुशी व्यक्त करते हुए कहते हैं कि "हमने कभी सोचा नहीं था कि हमारे गांव तक ट्रेन पहुंचेगी. यह हमारे लिए किसी त्योहार से कम नहीं है. आज का दिन हमेशा याद रहेगा." रेलवे जोन के जीएम सिद्धार्थ पटेल ने बताया कि "फिलहाल ट्रायल का दौर चल रहा है. जहां तक पटरी बिछ रही है, वहां तक ट्रायल किया जाएगा और अधूरे कामों को तेजी से पूरा करने का लक्ष्य है. बहुत जल्द सीधी मुख्यालय तक ट्रेन पहुंचेगी, जिससे जिले की कनेक्टिविटी और विकास की राह मजबूत होगी."
1985 में शुरू हुई थी परियोजना
गौरतलब है कि अभी तक सीधी रेल सुविधा से वंचित है. यहां के लोगों को ट्रेन पकड़ने के लिए रीवा या शहडोल जाना पड़ता है. करीब 40 वर्ष पहले साल 1985 में ललितपुर-सिंगरौली रेल लाइन परियोजना की आधारशिला रखी गई थी. हालांकि इसका काम आगे नहीं बढ़ा और ये परियोजना अधर में लटक गई.
साल 2016 के बाद रेल लाइन निर्माण के लिए भू-अधिग्रहण समेत अन्य प्रक्रिया में गति आई. तत्कालीन केंद्रीय रेल मंत्री सुरेश प्रभु ने सीधी में रेल लाइन और रेलवे स्टेशन के निर्माण के लिए शिलान्यास किया गया था, तब से लेकर आज तक निरंतर कार्य जारी है.
रेलवे शुरू होने से क्या होगा फायदा?
सीधी में रेल सेवा शुरू होने से जिले के विकास को तेज रफ्तार मिलेगी. इससे न केवल यात्री सुविधाएं बढ़ेंगी बल्कि व्यापार और उद्योग को भी बढ़ावा मिलेगा. माल गाड़ियों के संचालन से स्थानीय अर्थव्यवस्था मजबूत होगी और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे. किसानों की फसल, स्थानीय खनिज और अन्य उत्पाद आसानी से बड़े बाजारों तक पहुंच सकेंगे. प्राकृतिक सुंदरता से भरपूर सीधी में पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा.
मालवा में तबाही वाली बारिश की चेतावनी, 16 जिलो में अलर्ट, कब लगेगा रफ्तार पर ब्रेक
7 Sep, 2025 10:15 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : अगस्त के अंतिम सप्ताह में शुरू हुई तेज बारिश का दौर जारी है. अगले 24 घंटे में प्रदेश के 16 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. लेकिन अब मध्य प्रदेश मौसम विभाग का कहना है कि 2 दिन बाद बारिश की रफ्तार कम हो जाएगी. उत्तर-पश्चिमी मध्यप्रदेश से गुजर रही मानसून ट्रफ और लो प्रेशर एरिया के कारण प्रदेश में अभी बारिश का सिस्टम स्ट्रांग है.
बीते 24 घंटे में जमकर भीगा मध्यप्रदेश
बीते 24 घंटो में रतलाम, रायसेन, उज्जैन, धार, राजगढ़, बड़वानी, झाबुआ और इंदौर समेत 45 जिलों में तेज बारिश हुई है. बीते एक सप्ताह से जारी बारिश की वजह से राजधानी भोपाल का बड़ा तालाब भी ओवरफ्लो हो गया. इसके बाद शनिवार सुबह 10.35 बजे भदभदा डैम के दो गेट खोले गए.
इंदौर में इमारत जमींदोज, राजगढ़ में ड्राइवर लापता
शुक्रवार को तेज बारिश की वजह से इंदौर के अम्मार नगर में नाले के किनारे बना तीन मंजिला मकान ढह गया. नीमच जिले में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की गाड़ी पानी में बह गई. हालांकि इससे कोई जान माल की हानि नहीं हुई. राजगढ़ जिले के सारंगपुर में भी कालीसिंध नदी के पुल से व्यक्ति कार के साथ पुल में गिर गया. कार को निकाल लिया गया, लेकिन उसमें सवार ड्राइवर का पता नहीं चला. उज्जैन के खाचरौद में भी पुलिया पार करते समय एक कार नदी में बह गई, हालांकि लोगों ने ड्राइवर को बचा लिया.
रतलाम जिले में हुई सबसे अधिक बारिश
बीते 24 घंटे में सबसे अधिक बारिश रतलाम में हुई. शुक्रवार सुबह 8.30 बजे से शनिवार सुबह 8.30 बजे तक यहां 5 इंच बारिश दर्ज की गई. जबकि रायसेन के गोहरगंज में 4.2 इंच, उज्जैन के माहिदपुर में 4.2 इंच, पिपलोदा में 3.6 इंच, इंदौर के गौतमपुरा में 3.3 इंच, खंडवा के पुनासा में 3.2 इंच बारिश दर्ज की गई है. इसके अलावा सीधी, मंडला, सागर, टीकमगढ़, शहडोल, पन्ना, रीवा, राजगढ़, धार, बड़वानी, इंदौर, अशोकनगर, गुना, शिवपुरी, अलीराजपुर, बैतूल, नीमच, मंदसौर, हरदा, सीहोर, खरगोन, ग्वालियर, भिंड, दतिया, भोपाल, विदिशा, मुरैना, बुरहानपरु, शिवपुरी, श्योपुर और देवास समेत अन्य शहरों में बारिश दर्ज की गई है.
अगले 24 घंटे में 16 जिलों में भारी बारिश की सभावना
मौसम वैज्ञानिकों ने शनिवार को पश्चिमी मध्यप्रदेश में भारी बारिश होने की संभावना जताई है. इसके तहत रतलाम, झाबुआ, अलीराजपुर और धार में अति भारी बारिश का आरेंज अलर्ट जारी किया है. यहां 4.5 से 8 इंच तक बारिश होने की संभावना है. इसके साथ ही नीमच, मंदसौर, उज्जैन, इंदौर, खरगोन, बड़वानी, खंडवा, बुरहानपुर, हरदा, सीहोर, देवास और बैतूल में भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है. यहां 2.5 से 4.5 इंच तक बारिश होने की संभावना है. वहीं बाकी प्रदेश में भी हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहेगा.
विदिशा में धूमधाम से दी गई बप्पा को विदाई, खूबसूरत झांकियां बनी श्रद्दालुओं का आकर्षण
7 Sep, 2025 08:15 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
विदिशा: मध्य प्रदेश के विदिशा में बड़ी धूमधाम से गणेश उत्सव मनाया गया. शनिवार को प्रदेश भर में भक्तों ने भव्य विसर्जन शोभा यात्राओं के साथ बप्पा को विदा किया. यहां जानकीनगर में दूसरी बार सजी गणेश झांकी ने सबका मन मोह लिया. जानकीनगर के झांकी प्रमुख अमित शर्मा ने बताया "गणपति बप्पा को रिद्धि माता के साथ दर्शाया गया है." गणेश जी अपनी उंगली से रिद्धि माता को घुमाते हुए दिखाया गया है.
नाबालिगों ने सजाई झांकी
सोनकर भवन में बनी झांकी केदारनाथ धाम के अनुरूप तैयार की गई. इसको 10 साल से कम उम्र के बच्चों ने मिलकर तैयार किया है. बच्चों द्वारा इतने बड़े आयोजन का जिम्मा उठाना श्रद्धालुओं के लिए आश्चर्य का क्षण था. वहीं, रायसेन दरवाजे के अंदर श्री रामदेव बाबा सेवा समिति द्वारा स्थापित प्रतिमा भी कलात्मकता और आकर्षण का केंद्र बनी रही. भले ही मूर्ति का आकार विशाल न था, लेकिन उसकी सुंदरता ने हर भक्त का दिल जीत लिया.
नंदवाना में रही गणेश प्रतिमा विशेष
विदिशा के नंदवाना में गणेश प्रतिमा विशेष रही. यहां गणेश जी के एक ओर कार्तिकेय और दूसरी ओर बहन अशोक सुंदरी का चित्रण किया गया. झांकी भक्ति और पारिवारिक भावनाओं का अद्भुत संगम बनी. इसके अलावा तोपपुरा इलाके में गणेश और कार्तिकेय को महर्षि वाल्मीकि से शिक्षा ग्रहण करते दर्शाया गया.
झांकी से फैलाया गया धर्म के प्रति जागरुकता
शहर के खाई रोड पर गणेश जी को विष्णु के दस अवतारों के रूप में दर्शाया गया. मत्स्य से लेकर कल्कि अवतार तक, हर स्वरूप गणपति बप्पा की प्रतिमा में समाहित रहा. झांकी प्रमुख शुभम सेन ने बताया कि इसका उद्देश्य धर्म के प्रति जागरूकता फैलाना है.
पर्यावरण संरक्षण का संदेश
चोपड़ा में गणेश प्रतिमा के साथ वानर और मोर दर्शाए गए. चारों ओर हरियाली से सजे पंडाल ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया. जंगलों की कटाई, जलस्तर में गिरावट और ऑक्सीजन की कमी को ध्यान में रखते हुए यह झांकी समाज के लिए चेतावनी और प्रेरणा दोनों बनी.
श्रद्धालुओं ने अपनी-अपनी प्रतिमाओं का श्रद्धाभाव से विसर्जन किया है. जिन भक्तों ने अपने घर बप्पा की मूर्ति स्थापित की है, वे शनिवार को बप्पा की मूर्ति का विधि-विधान से विसर्जन किया. इस दौरान हर आंखें नम और हर मन भक्ति से भरा नजर आया.
अब इस गाँव में नहीं बिकेगी शराब, पंचायत ने लिया ऐतिहासिक फैसला
6 Sep, 2025 11:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
टीकमगढ़। एक तरफ मध्य प्रदेश में शराबबंदी की मांग की उठ रही है। इस बीच राज्य के टीकमगढ़ जिले के एक गांव में पूरी तरह से शराब पर बैन लगा दिया गया है। यह फैसला न तो पुलिस ने लिया है और न ही प्रशासन ने, लेकिन अगर किसी ने भी मगरई गांव में शराब बेची तो उस पर 21 हजार रुपए का जुर्माना लगेगा. वहीं, शराब पीने पर 11 हजार रुपए का जुर्माना लगेगा. यह फैसला मगरई गांव में पंचायत ने लिया है।
21 हजार रुपए का जुर्माना
टीकमगढ़ जिले की पलेरा जनपद के ग्राम मगरई में ग्रामीणों ने शराबबंदी का फैसला लिया है। गांव में हुई ग्रामसभा में सर्वसम्मति से तय किया गया कि अब गांव में न तो शराब बेची जाएगी और न ही पी जाएगी। इसके बाद गांव में इसकी घोषणा की गई. वहीं, शराब बेचने वालों पर 21 हजार रुपए और पीने वालों पर 11 हजार रुपए का जुर्माना तय किया गया है।
किया जाएगा सामाजिक बहिष्कार
ग्राम के गांधी चबूतरा पर हुई बैठक में यह निर्णय लिया गया। जुर्माने के बावजूद अगर कोई शराब बेचता या पीता है तो उसका सामाजिक बहिष्कार किया जाएगा। ग्रामीणों ने घर-घर जाकर शराबबंदी की जानकारी दी और पर्चे बांटे. ग्रामीणों ने बताया कि गांव में लंबे समय से शराब की बिक्री हो रही थी। युवा पीढ़ी शराब की आदी होती जा रही थी। शराब के कारण घर की महिलाओं को परेशानियां झेलनी पड़ती थीं। रोज नए विवाद होते थे, सभी ने अपने विचार रखे और सामूहिक रूप से शराब पर प्रतिबंध लगाने की सहमति दी। शराब बिक्री के स्थानों पर पर्चे पहुंचाकर सख्त हिदायत दी गई।
24 वर्षीय युवती के चेहरे पर लौटी मुस्कान और आत्मविश्वास
6 Sep, 2025 10:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
एम्म में जटिल सर्जरी को सफलतापूर्वक अंजाम दिया है। इस सर्जरी में ट्यूमर के कारण काटे गए निचले जबड़े को पैर की हड्डी से दोबारा बनाया गया और उसमें 13 दांत लगाए गए हैं। सर्जरी के बाद 24 वर्षीय युवती के जीवन में नई खुशियां आई है।
एम्स भोपाल के डेंटल विभाग ने एक बेहद दुर्लभ और जटिल सर्जरी को सफलतापूर्वक अंजाम दिया है। इस सर्जरी में ट्यूमर के कारण काटे गए निचले जबड़े को पैर की हड्डी से दोबारा बनाया गया और उसमें 13 दांत लगाए गए। सर्जरी से मरीज के जीवन में नई खुशियां आई है, साथ ही चिकित्सा के क्षेत्र में एक बड़ी कामयाबी मानी जा रही है। 24 वर्षीय एक युवती मुंह में सूजन और बार-बार पस बनने की समस्या लेकर एम्स भोपाल आई थी। जांच में पता चला कि उसे बिनाइन ओडोन्टोजेनिक ट्यूमर नामक बीमारी है। गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉ. अंशुल राय और उनकी टीम में शामिल डॉ. बाबूलाल, डॉ. ज़ेनिश, डॉ. सुदीप, डॉ. फरहान, डॉ. प्रधा और डॉ. दीपा ने बहु-चरणीय सर्जरी करने का निर्णय लिया।
विकृत हो गया था युवती का चेहरा
चिकित्सकों के अनुसार पहले चरण में युवती के निचले जबड़े को काटकर ट्यूमर को पूरी तरह हटाया गया। ट्यूमर का आकार 12 सेंटीमीटर से अधिक था और उसके साथ 13 दांत भी निकालने पड़े। इस वजह से जबड़ा कमजोर हो गया और दांत भी नष्ट हो गए थे। जबड़ा और दांत निकल जाने के बाद युवती को भोजन करने में कठिनाई होने लगी, चेहरा विकृत हो गया और वह अवसाद से जूझने लगी। ऐसे में डॉ. अंशुल राय और उनकी टीम ने पैर की हड्डी (इलिएक क्रेस्ट) से नया जबड़ा बनाकर उसमें 9 डेंटल इम्प्लांट्स लगाए। इसके साथ ही, टीम ने मरीज को मानसिक रूप से मजबूत बनाने के लिए लगातार काउंसलिंग सेशन भी किए।
युवती का लौाटा आत्मविश्वास
लगभग 6 महीने बाद जब पैर की हड्डी निचले जबड़े से पूरी तरह जुड़ गई, तब युवती के नए दांत लगाए गए। सर्जरी पूरी होने के बाद मरीज का चेहरा पहले जैसा हो गया, खाने-पीने की समस्या खत्म हो गई और उसका आत्मविश्वास लौट आया। अब वह सामान्य जीवन जी पा रही है और उसकी जीवन-गुणवत्ता पहले से कहीं बेहतर हो गई है।
पहली बार 12 सेंटीमीटर का जबड़ा पैर की हड्डी से बनाया
एम्स भोपाल के डॉ. अंशुल रायने बताया कि 20 साल में मध्य भारत में पहली बार 12 सेंटीमीटर का जबड़ा पैर की हड्डी से बनाकर 13 दांत लगाने का यह सफलता मिली। इस अनोखे केस को इंटरनेशनल इम्प्लांट्स जर्नल में प्रकाशन के लिए भेजा गया है। डॉ. राय ने कहा कि सबसे बड़ी सफलता यह रही कि लंबे समय से अवसाद में रह रही युवती फिर से सामान्य जीवन की ओर लौटी और उसके चेहरे पर मुस्कान लौट आई।
नाम बदलने की मांग पर CM मोहन यादव ने दिया जवाब, कहा- लोगों की भावना अहम
6 Sep, 2025 05:14 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। मध्य प्रदेश में कई जगहों का नाम बदला गया है। इनमें कई जगहों के नाम इस्लामिक भी थे। एक इंटरव्यू के दौरान CM मोहन यादव से जगहों के इस्लामिक नाम से क्या दिक्कत है पर सवाल पूछा गया।इसका जवाब देते हुए CM मोहन ने कहा कि सरकार का काम है कि लोगों की सुनें। नाम बदलाव भी लोगों की मांग पर किया जाता है।
इस्लामिक नाम क्यों बदले जा रहे हैं?
इस सवाल के जवाब पर CM मोहन यादव ने कहा- ‘कोई भी गांव के नाम बदलने या रखने के लिए एक प्रक्रिया है। गांव के लोगों ने कहा कि उनके गांव में एक भी मौलाना नहीं है। उनका गांव शुद्ध हिंदू है. ऐसे में पंचायत से डिक्लेयर होने के बाद जब जिला पंचायत से प्रस्ताव आ गया तो राज्य सरकार की ओर से नाम बदला जाएगा। इसमें आप या हम कुछ नहीं कर सकते, अगर किसी गांव में कोई मौलाना नहीं है तो उसका नाम लिखने में तो सबकी कलम अटकेगी। अगर कोई नहीं चाहता और विरोध होता है तो नाम नहीं बदला जाएगा।
इस्लामिक नाम से क्या दिक्कत है?
भोपाल का पीर गेट, हमीदिया रोड, फतेहपुर, हैदरपुर, मुरादपुर, इस्लामखेड़ी इन सबके नाम से क्या दिक्कत है? इस पर CM मोहन यादव ने कहा- ‘ ये पंचायतें हैं, जिले हैं, तहसील हैं। वहां की पंचायत ने प्रोसेस करके सर्वसहमति से पहुंचाएं हैं। सबकी इच्छा को मानना ही पड़ेगा. सरकार का काम सहानुभूति के साथ लोगों तक पहुंचाना है।
बेरोजगार युवाओं का नाम क्यों बदला जा रहा है?
उनसे आगे पूछा गया कि आरोप है कि बेरोजगार युवाओं का नाम बदलकर उन्हें आकांक्षी युवा कहा जा रहा है। इस पर जवाब देते हुए CM मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश के हर युवा को रोजगार देने वाला बनाना चाहते हैं तो इसमें क्या गलत है।
भदभदा डैम के गेट खोलने के बाद जलस्तर पर नजर, मध्य प्रदेश में बारिश से हाहाकार
6 Sep, 2025 04:11 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। मध्य प्रदेश में इस सीजन मूसलाधार बारिश का दौर जारी है। बारिश के कारण कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। लगातार बारिश से नदी-नालों का पानी उफान पर है। प्रदेश की राजधानी भोपाल में शनिवार को महापौर मालती राय और निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंसी ने भदभदा डैम की पूजा करने के बाद पहली बार इस सीजन में डैम के गेट को खोला। प्रदेश के कई जिलों में शनिवार को मूसलाधार बारिश के कारण स्कूलों की छुट्टी घोषित की गई है।
इस सीजन पहली बार खुला भदभदा डैम का गेट
मध्य प्रदेश में इस साल सभी जिलों में मूसलाधार बारिश हुई। भारी बारिश के बीच प्रदेश की राजधानी भोपाल में स्थित भदभदा डैम का गेट पूरे सीजन नहीं खुला। लेकिन, शनिवार को सुबह डैम के गेट खोल दिए गए, अभी 11 में से एक गेट को खोला गया है, जिससे पानी बाहर निकल रहा है।
परिवार सहित डैम देखने पहुंचे लोग
डैम खुलने के बाद सुरक्षा के लिए पुलिस बल तैनात है और कंट्रोल रूम से अतिरिक्त जवान भी बुलाए गए हैं। सुरक्षा को देखते हुए लोगों के आने-जाने पर प्रतिबंध लगाया गया है। फिर भी परिवार सहित लोग डैम देखने के लिए जा रहे हैं।
6 सितंबर को ग्वालियर में अवकाश घोषित
वहीं ग्वालियर जिले में हो रही तेज बारिश को देखते हुए ग्वालियर कलेक्टर रुकीक चौहान ने आदेश जारी कर 6 सितंबर को आगंवाड़ी के साथ-साथ सभी प्राइवेट और सरकारी स्कूलों के नर्सरी से 12वीं तक के छात्र-छात्राओं के लिए अवकाश घोषित किया है।
बारिश के कारण इंदौर में छुट्टी
ग्वालियर के बाद इंदौर में भी लगातार भारी बारिश का सिलसिला जारी है। इंदौर कलेक्टर आशीष सिंह ने आदेश जारी कर 6 सितंबर को जिले के सभी नर्सरी से 12वीं तक के सरकारी और प्राइवेट स्कूलों के लिए अवकाश घोषित किया है।
“एमपी में हेल्थ सेक्टर पर बड़ा सवाल—जिंदल अस्पताल के प्रबंधक, सर्जन-नर्सिंग स्टाफ पर FIR, चार महीने से चल रही थी जांच
6 Sep, 2025 01:17 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। भोपाल की अयोध्यानगर पुलिस ने जिंदल अस्पताल के प्रबंधक, ऑपरेशन करने वाले डॉक्टर और एचडीयू वार्ड में तैनात नर्सिंग स्टाफ के खिलाफ केस दर्ज किया है। यह एफआईआर इलाज के दौरान हुई महिला की मौत के चार महीने चली जांच के बाद हुई है। जांच में कहा गया कि रात करीब पौने दो बजे नर्स ने महिला को एक इंजेक्शन दिया था, जिसके बाद उसकी हालत अचानक बिगड़ गई और कुछ ही पलों में उसकी मौत हो गई।
अयोध्यानगर थाने के एसआई सुनील देशमुख ने बताया कि छोला निवासी 25 वर्षीय शालू यादव को गत 1 मई को अयोध्यानगर बायपास स्थित जिंदल अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उनकी मौत हो गई। मर्ग की जांच में पाया गया कि शालू के घुटने में पुरानी चोट थी, जिसमें मवाद बन रहा था। शालू के परिजनों ने जिंदल अस्पताल में जांच कराई, जहां उन्हें बताया गया कि घुटने की सर्जरी करने से मवाद बनना बंद हो जाएगा और दर्द भी खत्म हो जाएगा। इसी वजह से शालू को भर्ती कराया गया। शाम 5 बजे शालू का घुटने का ऑपरेशन किया गया और उसके बाद उसे एचडीयू वार्ड में शिफ्ट किया गया। रात 1 बजकर 37 मिनट पर एक नर्स ने उन्हें इंजेक्शन दिया और वहां से चली गई। नर्स के जाने के बाद पूरे एचडीयू वार्ड में न तो कोई ड्यूटी डॉक्टर था और न ही कोई नर्सिंग स्टाफ।
इंजेक्शन लगाने के बाद बिगड़ी तबियत
इंजेक्शन लगने के थोड़े ही समय बाद शालू की तबियत बिगड़ गई और उनकी मौत हो गई। मौत से पहले वह तड़पती रही, लेकिन वार्ड में किसी ने उसकी आवाज नहीं सुनी। सुबह करीब 4 बजे जब शालू की मां वार्ड में पहुंची, तो उन्होंने देखा कि शालू का शरीर बिल्कुल स्थिर था। उन्होंने जोर-जोर से आवाज लगाई, तब स्टाफ वहां पहुंचा। उन्हें CPR दिया गया, लेकिन तब तक शालू की मौत हो चुकी थी।
फुटेज और डॉक्टरों की रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई
जांच के दौरान पुलिस ने एचडीयू वार्ड में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज देखे, जिसमें स्पष्ट रूप से दिखा कि शालू तड़प रही थी, लेकिन उस समय वार्ड में कोई ड्यूटी डॉक्टर या नर्सिंग स्टाफ मौजूद नहीं था। गलत इलाज की पुष्टि के लिए पुलिस ने जेपी अस्पताल से अभिमत मांगा। जेपी अस्पताल के डॉक्टरों की समिति ने सभी कागजात देखने के बाद बताया कि इलाज के दौरान लापरवाही बरती गई, जिससे मरीज की मौत हुई। फुटेज और समिति की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने जिंदल अस्पताल के प्रबंधक, सर्जन शुभम उपाध्याय, ऑन-ड्यूटी डॉक्टर तथा नर्स के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है।
कार लोन चुकाने से बचने के लिए रचा चोरी का झूठा प्लान—यूट्यूब से सीखी ट्रिक, पुलिस के हाथों पकड़ा गया
6 Sep, 2025 12:54 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
ग्वालियरः एक तरफ वीडियो स्ट्रीमिंग साइट का उपयोग कर लोग ज्ञान की बातें सीखते हैं। लेकिन एमपी के ग्वालियर शहर से ऐसा मामला सामने आया जिसने सबको हैरान कर दिया। यहां एक युवक ने बैंक लोन से बचने और इंश्योरेंस क्लेम करने का तरीका निकालने का प्रयास किया। यूट्यूब पर वीडियो देखकर चोरी की कहानी गढ़ी। लेकिन मामला तब खुला जब पुलिस को उसकी बातों में कुछ गड़बड़ लगी। गहराई से जांच के बाद पूरा सच सामने आ गया। मिली जानकारी के अनुसार, घटना पुरानी छावनी थाना क्षेत्र के रुद्रपुरा की है। निवासी सुरेन्द्र सिंह यादव ने साल 2022 में 2016 मॉडल की पुरानी कार 4.50 लाख रुपये में खरीदी थी। कार खरीदने के बाद उसने बीमा कराया। अपने परिचितों की मदद से उसने करीब आठ लाख रुपये का बीमा करा लिया। इसी बीमा के आधार पर उसने कार को बैंक में गिरवी रखकर लोन लिया। लेकिन कर्ज चुकाने के बजाय उसने नया खेल रच दिया।
कार चोरी की गढ़ी झूठी कहानी
योजना के तहत उसने तय किया कि अगर कार चोरी दिखा दी जाए तो बीमा कंपनी से आठ लाख रुपये का क्लेम मिल जाएगा। साथ ही लोन का बोझ भी खत्म हो जाएगा। इसके लिए उसने पहले अपने घर के बाहर सीसीटीवी कैमरे लगवाए, ताकि चोरी की कहानी पर शक न हो। वारदात में बड़ागांव में रहने वाले दोस्त को शामिल किया। रात के समय उसने अपने दोस्त को कार की एक चाबी दी। साथ ही गाड़ी को वहां से हटाने को कहा। अगली सुबह सुरेन्द्र ने कार चोरी का शोर मचाकर पुलिस को सूचना दी।
पुलिस को ऐसे हुआ शक
कार चोरी की खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। जब पुलिस ने कार के दस्तावेज खंगाले तो चौंकाने वाली जानकारी सामने आई। पता चला कि नौ साल पुरानी सेकंड हैंड कार का आठ लाख रुपये का बीमा कराया गया है। इतने महंगे बीमा ने ही पुलिस के शक को गहरा कर दिया।
सख्ती दिखाते ही टूटी हिम्मत
पुलिस ने सुरेन्द्र को रडार पर लेकर सख्ती से पूछताछ की तो उसने पूरा राज खोल दिया। उसने स्वीकार किया कि बीमा और लोन का पैसा बचाने के लिए यूट्यूब से आइडिया लेकर उसने कार चोरी का नाटक रचा था। सुरेन्द्र ने पुलिस के सामने हाथ जोड़कर माफी मांगी और दोबारा ऐसी हरकत नहीं करने का भरोसा दिलाया। इसके बाद पुलिस ने उसे समझाइश देकर छोड़ दिया।
प्रपोजल को ‘ना’ सुनते ही पगला गया प्रेमी—आईटी पार्क ले जाकर युवती की नाक काट दी, पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की!
6 Sep, 2025 11:59 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल: गांधी नगर इलाके में गुरुवार दोपहर एक हैरान करने वाली घटना हुई। एक युवक ने 22 साल की युवती पर चाकू से हमला कर दिया। उसने युवती के शादी के प्रस्ताव को ठुकरा दिया था, इसलिए युवक ने उसकी नाक काट दी। आरोपी कई दिनों से महिला पर शादी का दबाव बना रहा था।
एक मोहल्ले में रहते थे दोनों
गांधी नगर पुलिस ने आरोपी दिनेश के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने हमला करने के आरोप में केस दर्ज किया है और उसे पकड़ने के लिए टीमें बना दी हैं। पुलिस के अनुसार, 22 साल की पीड़िता 12वीं कक्षा तक पढ़ी है। वह गांधी नगर इलाके में अपने परिवार के साथ रहती है। आरोपी दिनेश उसी समुदाय का है और पहले उसी इलाके में रहता था। अब वह डोराहा, सीहोर में रहता है।
सीहोर से प्रपोजल लेकर पगुंच गए
पुलिस ने बताया कि महिला ने आरोप लगाया है कि गुरुवार को दोपहर करीब 12 बजे दिनेश सीहोर से भोपाल आया था। वह गांधी नगर के एक कॉलेज जा रही थी। जब वह एयरपोर्ट ब्रिज के पास पहुंची, तो दिनेश स्कूटर पर पीछे से आया और उसे रोक लिया। उसने जबरदस्ती महिला को अपने स्कूटर पर बैठाया और उसे IT पार्क में ले गया।
स्कूटर से चाकू निकालकर हमला
दिनेश ने स्कूटर से चाकू निकाला और फिर से उस पर शादी के लिए दबाव डाला। जब महिला ने मना कर दिया, तो दिनेश गुस्सा हो गया। उसने चाकू से उस पर हमला कर दिया और उसकी नाक काट दी। इसके बाद वह उसे घायल हालत में वहीं छोड़कर भाग गया। महिला ने अपनी मां को फोन किया और घटना के बारे में बताया।
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए बनी टीम
महिला की मां अपने भाई के साथ मौके पर पहुंची और उसे एक प्राइवेट अस्पताल ले गई। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे हमीदिया अस्पताल रेफर कर दिया गया। महिला का इलाज चल रहा है। पुलिस ने उसकी शिकायत पर दिनेश के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसे गिरफ्तार करने के लिए टीमें बना दी हैं।
बादल नहीं, आफत बरसने वाली है: मध्य प्रदेश में अगले 48 घंटे में भारी बारिश—19 शहरों को किया गया अलर्ट!
6 Sep, 2025 11:48 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल: मध्य प्रदेश में बारिश से हाहाकार मच रहा है। नदियों और डैम के आसपास बसे गांव और शहरों में बाढ़ आई है। रतलाम के परसोड़ा के बाद अब ग्वालियर का ललियापुरा इलाका जलमग्न हो गया। प्रदेश में भाजपा नेता की गाड़ी सहित चार जगह कारें बह गईं। मौसम विभाग ने 7 सितंबर तक 19 शहरों में मूसलाधार बारिश का अलर्ट दिया है। ग्वालियर, इंदौर, धार और उज्जैन में बारिश की मुसीबत के चलते स्कूलों और आंगनबाड़ियों में छुट्टी घोषित कर दी गई है।मौसम विभाग ने प्रदेश के झाबुआ, रतलाम, मंदसौर और नीमच में मूसलाधार बारिश का ऑरेंज अलर्ट दिया है। यहां 8 इंच तक बारिश होने की आशंका है। वहीं सिहोर, आगर, राजगढ़, गुना, श्योपुरकलां, नर्मदापुरम, बैतूल, नरसिंहपुर, हरदा, खंडवा, खरगोन, बड़वानी, अजीराजपुर, धार, इंदौर, उज्जैन, देवास और शाजापुर सहित कुल 19 शहरों में भारी बारिश का यलो अलर्ट है। इन इलाकों सहित प्रदेश के कुछ और जिलों में रविवार को भी भारी बारिश जारी रहेगी।
आधी रात को सैलाब, घर से तैरकर बाहर निकले लोग
ग्वालियर जिले के ललियापुर इलाके में आधी रात को मुसीबत पानी के सैलाब के रूप में दाखिल हुई तो पूरे इलाके को बाढ़ ने चपेट में ले लिया। लोग सुबह घरों के बाहर तैरकर निकले थे। यहां आहालपुरा डैम खतरनाक स्तर तक भरने के बावजूद गेट नहीं खोले गए। लोग मिन्नते करते रहे, लेकिन एक न सुनी गई। लोगों ने बच्चों को नाव व अन्य साधनों से निकालकर रिश्तेदारों के घर सुरक्षित भेजा है। इलाके के रमौआ और तिघरा डैम क्षेत्र में भी हालात खराब हैं।
भाजपा नेता का बेटा कार सहित बह गया
इधर राजगढत्र जिले के सारंगपुर में कालीसिंध नदी के पुल पर पानी होने के बावजूद भाजपा नेता व जनपद पंचायत सदस्य महेश सोनी के बेटे विशाल ने कार निकाली तो सैलाब में कार बह गई। कार तो निकाल ली गई, लेकिन विशाल की तलाश की जा रही थी। उधर श्योरपुर में कूनो नदी की बाढ़ से दिमरछा गांव टापू बन गया। एक महिला को नाव से निकालकर प्रसव के लिए भेजा गया।
एमपी में दो दिन कैसा रहेगा मौसम का हाल, जानिए
1. पश्चिमी एमपी के राजस्थान से लगे जिलों जिनमें मंदसौर, नीमच, रतलाम, शाजापुर, उज्जैन, आगर-मालवा, धार, झाबुआ, अलीराजपुर, इंदौर में भारी से बहुत भारी बारिश की आशंका है। इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति या निचले इलाकों में पानी भर सकता है।
2. उत्तर-पश्चिम और उत्तर एमपी जिसमें मुरैना, भिंड, ग्वालियर, दतिया, शिवपुरी, श्योपुर, राजगढ़ में मध्यम से तेज बारिश, कहीं-कहीं भारी बारिश और तेज हवाएं चलेंगी।
3. मध्य एमपी जिसमें भोपाल, सीहोर, विदिशा, होशंगाबाद (नर्मदापुरम), हरदा, देवास जिलों में रुक-रुक कर तेज बारिश, वहीं स्थानीय स्तर पर भारी वर्षा संभव है। यहां सामान्य से ज्यादा नमी और बादल छाए रहेंगे।
4. पूर्वी एमपी जिसमें सागर, दमोह, कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, रीवा, सतना, सीधी, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर जिलों में मध्यम बारिश जारी रहेगी। कभी-कभी तेज बौछारें पड़ सकती हैं।
5. दक्षिण और दक्षिण-पूर्व एमपी के बालाघाट, छिंदवाड़ा, मंडला, डिंडोरी, बैतूल, छतरपुर, पन्ना, टीकमगढ़
जिलों में हल्की से मध्यम बारिश तो कहीं-कहीं तेज बौछारें पड़ेंगी।
इन जिलों में बाढ़ से सतर्क रहने की चेतावनी
प्रदेश के इंदौर, उज्जैन, भोपाल, नर्मदापुरम, मंदसौर, नीमच, रतलाम में भारी बारिश से जलभराव और नदी-नालों में पानी बढ़ने की संभावना। किसानों को अगले 2 दिन तक खेत में काम टालने की सलाह दी गई है वहीं शहरों में ट्रैफिक भी प्रभावित हो सकता है।
उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने ब्रह्मचारी महर्षि गिरीश से की सौजन्य भेंट
5 Sep, 2025 10:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने भोपाल में ब्रह्मचारी महर्षि गिरीश से सौजन्य भेंट की। इस अवसर पर उन्होंने आध्यात्म एवं स्वास्थ्य विषयों पर चर्चा कर मार्गदर्शन प्राप्त किया।
बुंदेलखंड त्याग और बलिदान में कभी पीछे नहीं रहा, पन्ना हीरा और महावीरों की है धरती : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
5 Sep, 2025 10:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि पन्ना हीरा और महावीरों की धरती है। ईश्वर ने पन्ना को विशेष आशीर्वाद दिया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में प्रदेश के हर वर्ग के कल्याण के लिए हमारी सरकार कार्य कर रही है। राज्य सरकार ने रक्षाबंधन के पावन पर्व पर सभी बहनों को अनेक योजनाओं की सौगात दीं। लाड़ली बहनों को 250 रुपए राखी का शगुन अलग से भेजा गया है। अब लाड़ली बहनों को दीपावली के बाद भाई-दूज से हर माह 1500 रुपए प्रति माह मिलेंगे। धीरे-धीरे वर्ष 2028 तक लाड़ली बहनों को 3000 रुपए देंगे। लाड़ली बहनों के लिए सरकार के खजाने में कोई कमी नहीं है। कुछ दिन पहले एक सर्वे आया है कि जहां-जहां लाड़ली बहना योजना लागू की गई हैं। वहां घरों में सुख-समृद्धि आई है। प्रदेश सरकार हर कीमत पर माताओं-बहनों के सम्मान की रक्षा करेगी और उन्हें आर्थिक समृद्धि प्रदान करने के लिए संकल्पित है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव शुक्रवार को पन्ना जिले के अमानगंज में आयोजित महिला सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पन्ना जिले को 106 करोड़ लागत के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमि-पूजन भी किया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि पन्ना और बुंदेलखंड में आज भी महाराज छत्रसाल और आल्हा-ऊदल की वीरता की गाथाएं गाई जाती हैं। बुंदेलखंड क्षेत्र त्याग और बलिदान में कभी पीछे नहीं रहा। इसी प्रकार प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से भारतीय सेना ने पराक्रम दिखाया और बहनों के सिंदूर उजाड़ने वालों को सबक सिखाकर बदला लिया। पाकिस्तानी आतंकियों ने पहलगाम में निर्दोष पर्यटकों की बड़ी निर्ममता से हत्या की थी। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में सेना दुश्मन देश में घुसी और आतंकियों को मिट्टी में मिला दिया।
कृषि उत्पादन में पंजाब और हरियाणा को पीछे छोड़ेगा बुंदेलखंड
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार हर जिले में उद्योगों को बढ़ावा दे रही है और युवाओं को रोजगार-स्वरोजगार उपलब्ध कराने के लिए हर संभव कार्य कर रही है। प्रदेश में पुलिस के 22 हजार 500 पदों पर भर्ती की जा रही है। सालभर में कुल 1 लाख से अधिक सरकारी पदों पर भर्तियां होंगी। अब मध्यप्रदेश के युवाओं को रोजगार के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। प्रधानमंत्री मोदी ने प्रदेश को 1 लाख करोड़ की नदी जोड़ो परियोजनाओं की सौगात दी है। केन-बेतवा नदी जोड़ो परियोजना से पन्ना सहित पूरे बुंदेलखंड क्षेत्र को सिंचाई का लाभ मिलेगा। बुंदेलखंड के किसान अपनी जमीन न बेचें। भविष्य में बुंदेलखंड कृषि उत्पादन में पंजाब और हरियाणा को पीछे छोड़ेगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भारत सरकार ने गरीब-जरूरतमंदों को पक्के मकान दिए हैं। नल जल योजना के माध्यम से घर-घर स्वच्छ पेयजल पहुंचाया जा रहा है। आयुष्मान योजना से 5 लाख रुपए तक का इलाज मुफ्त हो रहा है। राज्य सरकार भी स्कूली बच्चों को स्कूटी, लैपटॉप, छात्रवृत्ति, गणवेश, साइकिल, कॉपी-किताब सहित अनेक सुविधाएं उपलब्ध करा रही है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने की विकास कार्यों की घोषणाएँ
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि वे जल्द ही मेडिकल कॉलेज का भूमि-पूजन करने के लिए पन्ना आएंगे। पन्ना को खजुराहो से रेल कनेक्टिविटी उपलब्ध कराई जाएगी। पन्ना में एक स्टेडियम और स्थाई हेलीपैड बनाया जाएगा। अमानगंज में अस्पताल के उन्नयन सहित विधानसभा क्षेत्र गुनौर में सात उप स्वास्थ्य केन्द्र खोलने, सलेहा में नवीन महाविद्यालय की स्थापना, देवेन्द्रनगर के शासकीय महाविद्यालय में नवीन संकाय प्रारंभ करने एवं स्कूल उन्नयन, अगस्त्य मुनि आश्रम के सौंदर्यीकरण, नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण के तहत बरगी नहर सिंचाई प्रणाली की उद्वहन सिंचाई परियोजना की घोषणा की। इस परियोजना के क्रियान्वयन से क्षेत्र के 114 गांव लाभांवित होंगे और 25 हजार हेक्टेयर जमीन सिंचित होगी। मुख्यमंत्री ने गढ़ीपडरिया के वृन्दावन बांध की क्षमता बढोत्तरी कर नहरों के जीर्णोद्धार कार्य सहित गुनूसागर सिंचाई परियोजना की भी घोषणा की।
सांसद वी.डी. शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव प्रदेश के हर विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए प्रयासरत हैं। 12 हजार 500 करोड़ के जल जीवन मिशन में पन्ना जिले की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। पन्ना और गुनौर विधानसभा क्षेत्र में अस्पताल, नदी के पुल, खेल मैदान, सड़क जैसे अनेक विकास कार्य प्रगति पर हैं। पन्ना विधायक एवं पूर्व मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह और विधायक गुनौर राजेश वर्मा ने भी संबोधित किया।
विकास प्रदर्शनी का अवलोकन
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों की योजनाओं पर केन्द्रित प्रदर्शनी का अवलोकन किया और विभिन्न स्टालों पर प्रदर्शित सामग्री देखी। कार्यक्रम में वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री दिलीप अहिरवार, अध्यक्ष पिछड़ा वर्ग आयोग रामकृष्ण कुसमरिया, विधायक पवई प्रहलाद लोधी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मीना राजे परमार, नगर पालिका अध्यक्ष पन्ना श्रीमती मीना पाण्डेय, कमिश्नर सागर संभाग अनिल सुचारी, पुलिस महानिरीक्षक श्रीमती हिमानी खन्ना, पुलिस उपमहानिरीक्षक ललित शाक्यवार, कलेक्टर सुरेश कुमार, पुलिस अधीक्षक साईं कृष्ण एस थोटा सहित जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक एवं माताएं-बहनें उपस्थित थीं।
एमपीसीएसटी में एनजीओ के लिए “प्रस्ताव लेखन में समस्या कथन की पहचान” पर हुई कार्यशाला
5 Sep, 2025 09:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मध्यप्रदेश विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद और विज्ञान भारती द्वारा शुक्रवार को एमपीसीएसटी भोपाल के ऑडिटोरियम में एनजीओ के लिए “प्रस्ताव लेखन में समस्या कथन की पहचान” विषय पर एक दिवसीय ओरिएंटेशन कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला 12 से 14 सितंबर, 2025 को ग्वालियर में आयोजित होने वाले “टेक फॉर सेवा” कार्यक्रम के अंतर्गत थी। कार्यशाला एनजीओ के लिए प्रस्ताव लेखन में वैज्ञानिक और तार्किक दृष्टिकोण अपनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम रही।
एमपीसीएसटी के महानिदेशक डॉ. अनिल कोठारी ने कहा कि प्रस्ताव स्पष्ट, तार्किक और वैज्ञानिक दृष्टिकोण पर आधारित होना चाहिए। समस्या कथन में उसकी जड़ तक जाना आवश्यक है जिससे निर्धारित उद्देश्यों को प्रभावी ढंग से प्राप्त किया जा सके। उन्होंने “टेक फॉर सेवा” में अधिक से अधिक एनजीओ से भागीदारी की अपील की, जिससे तकनीक को नया आयाम मिल सके। विज्ञान भारती (मध्य क्षेत्र) के संगठन मंत्री विवस्वान हेबालकर ने कहा कि प्रस्ताव में समस्या को स्पष्ट और सटीक रूप से प्रस्तुत करना जरूरी है। समाज के उत्थान के लिए नवाचारों को अपनाना होगा और “टेक फॉर सेवा” इस दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
एमपीसीएस के कार्यकारी संचालक डॉ. विवेक कटारे ने कहा कि समस्या कथन लिखना एक कला है। इसे जितना स्पष्ट और सटीक लिखा जाएगा, परिणाम उतने ही बेहतर होंगे। कॉपी-पेस्ट से बचकर जमीनी स्तर के कार्यों को आधार बनाना चाहिए। नर्मदा समग्र न्यास के सीईओ कार्तिक सप्रे ने सुझाव दिया कि प्रस्ताव तैयार करते समय गहन शोध और स्पष्ट समस्या कथन जरूरी है।
एमपीसीएसटी के प्रिंसिपल साइंटिस्ट विकास शेंडे ने कहा कि प्रभावी समस्या कथन के लिए गहरी समझ और ठोस शोध की आवश्यकता पर बल दिया। साथ ही, दस्तावेज़ को व्यवस्थित और सटीक रखने तथा विज्ञान और प्रौद्योगिकी आधारित फंडिंग स्कीम्स के बारे में जानकारी दी। विशेषज्ञ डॉ. तृप्ती सिंह ने प्रेजेंटेशन के माध्यम से समस्या कथन को प्रभावी बनाने के तरीकों पर विस्तृत जानकारी दी।
कार्यशाला में शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण, स्किल डेवलपमेंट और जागरूकता से जुड़े 50 से अधिक एनजीओ के प्रतिनिधि और संस्थापक शामिल हुए। उपस्थित लोगों ने "प्रस्ताव लेखन में समस्या कथन की पहचान" और प्रभावी लेखन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की। कार्यशाला में एमपीसीएसटी के सीनियर प्रिंसिपल साइंटिस्ट डॉ. जी.डी. बैरागी, तकनीकी अधिकारी डॉ. एस.के. गर्ग सहित अन्य विशेषज्ञ मौजूद थे।
मृत्यु के बाद भी नहीं मिलती मुक्ति! गरुड़ पुराण में बताए गए भयावह दंड
खाने की ये आदतें लाती हैं दरिद्रता! शास्त्रों की चेतावनी
हाथ से कलावा हटाते ही न करें ये 1 काम, वरना बिगड़ सकता है भाग्य
प्रधानमंत्री आवास योजना से स्वयं के पक्के मकान का सपना हुआ साकार
केदारनाथ मंदिर में नए नियम लागू, मोबाइल इस्तेमाल पर पूरी तरह बैन
मनरेगा की ‘डबरी’ और ‘बिहान’ के सहयोग से सविता बनीं आत्मनिर्भर
