मध्य प्रदेश
संदिग्ध हालात में मंगेतर संग युवक को देख भाइयों ने लिया खौफनाक कदम, जंगल में पड़ा मिला शव
9 Sep, 2025 05:41 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
शिवपुरी: जिले के तेंदुआ थाना अंतर्गत रामराई गांव में एक युवक का शव मिला है। वह अपनी मंगेतर से मिलने आया था। युवक का शव गांव से पांच किमी दूर जंगल में मिला है। परिवार के लोगों ने हत्या की आशंका व्यक्त की है। वहीं, मंगेतर ने भी हत्या की बात स्वीकार की है। पुलिस ने पीएम करवाकर मर्ग कायम कर लिया है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
युवती के साथ हो गई थी सगाई
दरअसल, कोलारस थाना क्षेत्र के शंकरगढ़ निवासी नरेश उर्फ ललित आदिवासी का रामराई गांव की एक युवती सूरज से प्रेम प्रसंग चल रहा था। मृतक के चाचा नंदलाल आदिवासी के अनुसार इसी के चलते परिवारों ने आपसी सहमति से करीब तीन साल पहले दोनों की सगाई कर दी थी। सगाई के बाद नरेश मंगेतर से मिलने के लिए रामराई आता-जाता रहता था, इसी क्रम में वह 7 सितंबर को सूरज की मां और बड़ा भाई कहीं रिश्तेदारी में गए थे।
नरेश को फोन कर घर बुलाया
घर पर सूरज और उसका छोटा भाई अकेला था। इसी के चलते सूरज ने नरेश को फोन लगाकर रामराई बुला लिया। सूरज शाम को बाइक से रामराई पहुंचा और रात के समय वहीं रुका। वहीं, सुबह तक नरेश घर नहीं पहुंचा तो नंदलाल ने सूरज को फोन लगाकर नरेश के बारे में पूछा। सूरज ने स्वीकार किया कि नरेश उसके पास आया था, परंतु अब पता नहीं कहां है, उसकी बाइक यहीं रखी हुई है।
नरेश की खोजबीन शुरू
नंदलाल के अनुसार वह टैक्सी से रामराई पहुंचे और नरेश के बारे में पता किया, लेकिन नरेश का कोई सुराग नहीं लगा। उन्होंने थाने जाकर नरेश की गुमशुदगी दर्ज कराई, इसी दौरान उनके पास किसी ग्रामीण ने फोन लगाकर सूचना दी। नरेश को सूरज के छोटे भाई और बुआ के बेटे ने मिलकर हत्या कर दी। साथ ही शव को जंगल में फेंक आए हैं। नंदलाल ने बताया कि उस स्थान पर जाकर देखा तो वहां शव मिला। साथ ही उसके शरीर पर चोट के निशान थे।
मंगेतर ने बार-बार बदले बयान
वहीं, मृतक के चाचा नंदलाल के अनुसार नरेश की मंगेतर सूरज ने पहले तो उन्हें कोई घटना नहीं बताई। नरेश की हत्या के बारे में जब सूचना मिली तो फिर से सूरज से पूछताछ करने लगे। इस पर सूरज ने कहा कि नरेश जिद कर रहा था कि भागकर शादी कर ले। भागने के लिए वह नहीं तैयार हुई तो नरेश ने आत्महत्या कर ली है।
संदिग्ध हालत में देखने पर भाइयों ने की हत्या
इसके साथ ही नंदलाल की मानें तो बाद में सूरज ने यह स्वीकार कर लिया कि उसके भाइयों ने उसे और नरेश को संदिग्ध हालातों में देख लिया था, इसलिए उन्होंने नरेश को मार दिया।
चाणक्य’ की दृष्टि से स्वास्थ्य और संस्कृति
9 Sep, 2025 05:22 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
आरोग्य भारती भोपाल व्याख्यानमाला का 11वां वार्षिकोत्सव
भोपाल।
आरोग्य भारती, भोपाल महानगर पिछले 11 वर्षों से लगातार “My Health is My Responsibility” के मूलमंत्र पर आधारित मासिक स्वास्थ्य-व्याख्यानमाला का आयोजन कर समाज में स्वास्थ्य-जागरूकता का व्यापक प्रसार कर रहा है। इसका ध्येय है – आरोग्यम् मम् स्वभावः, अधिकारः, कर्तव्यं च” अर्थात् स्वास्थ्य को व्यक्तिगत जिम्मेदारी मानकर स्वस्थ समाज और राष्ट्र निर्माण में योगदान देना।
इसी क्रम में व्याख्यानमाला का 11वां वार्षिकोत्सव* आगामी *बुधवार, 10 सितम्बर 2025, सायं 4:30 बजे* अंजनी सभागार, रवीन्द्र भवन, पॉलिटेकनिक चौराहा, भोपाल में आयोजित होगा।
इस गरिमामयी अवसर पर देश के प्रख्यात चिंतक, साहित्यकार एवं फिल्म निर्देशक *डॉ. चन्द्रप्रकाश द्विवेदी* (जिन्होंने ऐतिहासिक धारावाहिक “चाणक्य” में चाणक्य की भूमिका का निर्वहन किया था) मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहेंगे। वे “भारतीय सांस्कृतिक अवधारणा में स्वास्थ्य चिंतन एवं वर्तमान सन्दर्भों में प्रासंगिकता” विषय पर उद्बोधन देंगे।
*अध्यक्षता* – पूज्य श्रीमद् जगद्गुरु सुखानंद द्वाराचार्य स्वामी राघव देवाचार्य जी महाराज करेंगे।
*मुख्य अतिथि* – श्री स्वांत रंजन जी (अखिल भारतीय प्रचारक प्रमुख, केंद्र लखनऊ)
*सारस्वत अतिथि* – डॉ. अशोक कुमार वाष्र्णेय (राष्ट्रीय संगठन सचिव, आरोग्य भारती)
आरोग्य भारती भोपाल महानगर सभी स्वास्थ्य-जागरूक नागरिकों, चिकित्सकों, विद्यार्थियों, मीडिया प्रतिनिधियों एवं सेवाभावी कार्यकर्ताओं से आग्रह करती है कि वे इस अवसर पर अधिकाधिक संख्या में उपस्थित होकर लाभान्वित हों।
गया ओटीए में चंबल की बेटी ने पास होकर रच दिया इतिहास, सेना में बनी पहली महिला कैडेट लेफ्टिनेंट
9 Sep, 2025 04:58 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
ग्वालियर: चंबल की धरती को वीरों की भूमि कहा जाता है। अब इसी धरती की एक बेटी ने देश का नाम रोशन किया है। ग्वालियर की मुक्ता सिंह भारतीय थल सेना में लेफ्टिनेंट बन गई हैं। बिहार के गया स्थित ऑफिसर ट्रेनिंग एकेडमी (ओटीए) में आयोजित पासिंग आउट परेड में उन्होंने ओवरऑल ऑर्डर ऑफ मेरिट में तीसरा स्थान प्राप्त कर कांस्य पदक हासिल किया। विशेष बात यह है कि वे ओटीए गया से कांस्य पदक पाने वाली पहली महिला ऑफिसर कैडेट बनी हैं।
ग्वालियर की रहने वाली हैं मुक्ता सिंह
मुक्ता सिंह मूल रूप से ग्वालियर की रहने वाली हैं, हालांकि उनका जन्म भिंड स्थित ननिहाल में हुआ। उनके पिता राजबीर सिंह भारतीय वायुसेना में अधिकारी रह चुके हैं, जबकि उनकी मां बृजमोहिनी यादव खेल जगत से जुड़ी रहीं। देशभक्ति का जज़्बा परिवार में पहले से ही था, जिसका असर मुक्ता के जीवन पर भी पड़ा। पिता ने बेटी के जन्म के समय ही तय कर लिया था कि वह डिफेंस में जाएगी और नामकरण के समय ही उसका नाम ‘मुक्ता’ रखा गया।
इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में ग्रेजुएशन किया
मुक्ता ने इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में ग्रेजुएशन ग्वालियर से पूरी की और मालनपुर की एक फैक्ट्री में कुछ समय नौकरी भी की। लेकिन बचपन से ही डिफेंस फोर्सेज में जाने का सपना उन्हें प्रेरित करता रहा। फिजिकल ट्रेनिंग के लिए उन्होंने अपने ननिहाल भिंड में मामा राधे गोपाल यादव से तैराकी व अन्य ट्रेनिंग ली। उनके नाना हरबीर सिंह यादव का सपना था कि घर से कोई आर्मी में जाए, जो अब मुक्ता ने पूरा किया।
तीसरी बार में मिली सफलता
वहीं, मुक्ता सिंह सफर आसान नहीं था। शुरुआती दो प्रयासों में मेरिट में जगह नहीं मिली, लेकिन तीसरे प्रयास में उन्होंने शॉर्ट सर्विस कमीशन टेक्निकल महिला-32 कोर्स में ऑल इंडिया-1 रैंक हासिल कर सफलता पाई। शुरुआत में प्रशिक्षण चेन्नई ओटीए में हुआ, बाद में कोर्स बिहार के गया ओटीए में ट्रांसफर कर दिया गया। यहां पर उनकी मेहनत ने उन्हें लीडरशिप के कई मौके दिलाए। अकादमी अंडर ऑफिसर (AUO), जूनियर अंडर ऑफिसर (JUO) और बटालियन अंडर ऑफिसर (BUO) जैसे पदों पर रहते हुए उन्होंने अपनी प्रतिभा साबित की।
तीन बार चोट भी लगी
तीन बार चोटों के कारण कोर्स दोबारा शुरू करने के बावजूद उसने हार नहीं मानी। आखिरकार 6 सितंबर को आयोजित पासिंग आउट परेड में अपनी मेहनत और लगन के दम पर तीसरा स्थान हासिल कर इतिहास रच दिया। उन्हें 118 इंजीनियर रेजिमेंट में कमीशन मिला है। ग्वालियर और चंबल की यह बेटी आज पूरे देश का गर्व बनी हुई है और जल्द ही अपने गृह नगर ग्वालियर लौटने वाली हैं।
शादी का झांसा देकर चाचा ने 3 साल तक भतीजी का उत्पीड़न किया, रिश्ते के तय होते ही किया बदनाम, पुलिस सर्च में
9 Sep, 2025 04:35 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
ग्वालियरः मध्य प्रदेश के ग्वालियर में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। दूर के रिश्ते में चाचा ने अपनी ही भतीजी से दुष्कर्म किया है। युवक ने शादी का झांसा देकर संबंध बनाए। इसके बाद तीन साल तक इमोशनल ब्लैकमेल कर शारीरिक शोषण करता रहा। फिर पीड़िता के साथ ऐसा कुछ हुआ कि उसने थाटीपुर थाना में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस भी फरार आरोपी की तलाश में जुट गई है। दरअसल, ग्वालियर के थाटीपुर थाना क्षेत्र की 21 वर्षीय युवती ने शिकायत की है। उसने बताया कि वह अपने परिवार के साथ यहां रहती है। यहां उसके पिता की बुआ का लड़का जो कि रिश्ते में चाचा लगता है। उसका घर आना-जाना होता था। काफी समय से रिश्ते का चाचा युवती से शादी करने की बात कहता था।
शादी का झांसा देकर मिटाई हवस
जब युवती ने युवक की शादी की बात पर कहा कि हम तो रिश्तेदार हैं। साथ ही तुम चाचा लगते हो तो शादी कैसे होगी। लेकिन आरोपी ने उसे झांसे में ले लिया। उससे कहने लगा कि रिश्तेदारी दूर की है वह तो शादी करेगा। इस दौरान रिश्तेदार ने युवती से साल 2022 से उसे शादी की बात कहते हुए कई बार दुष्कर्म करता रहा।
सगाई होते ही किया बदनाम
2 फरवरी 2025 में चाचा की किसी अन्य लड़की से शादी हो गई। तब युवती ने उससे बातचीत बंद कर दी और दूरियां बना ली। लेकिन जब मार्च 2025 में युवती की शादी तय हुई तो आरोपी उसे बदनाम कर ब्लैकमेल करने लगा। साथ ही धमकाया कि वह कहीं भी उसकी शादी नहीं होने देगा। जब बर्दाश्त की सारी हद पार हो गई और रिश्ता टूटने की कगार पर आ गया। तब युवती ने अपने परिजन को सारी बात बताई।
दुष्कर्मी की तलाश शुरू
इसके बाद परिवार के साथ पीड़िता थाटीपुर थाना पहुंची और दुष्कर्मी के खिलाफ शिकायत की। पुलिस ने युवती की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
हाईवे पर सवारी का मेला: ‘सिंघम’ और काला घोड़ा, रात में देखा गया हैरान करने वाला नजारा
9 Sep, 2025 04:26 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छतरपुर: घोड़े को तेज रफ्तार में सरपट दौड़ाते हुए यह कोई प्रोफेशनल घुड़सावर नहीं हैं बल्कि यह पुलिस अफसर SI दीपक यादव हैं। जिस वक्त दीपक यादव घोड़े को तेज रफ्तार में दौड़ा रहे थे, उसी वक्त किसी राहगीर ने वीडियो बना लिया। अब सोशल मीडिया पर यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।
छतरपुर जिले में है पोस्टिंग
वीडियो मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले का है। सोशल मीडिया पर अब यह वीडियो खूब धमाल मचा रहा है। SI दीपक यादव एक काले घोड़े को कुछ इस अंदाज में दौड़ा रहे हैं। मानो कि कोई प्रोफेशनल घुड़सवार हो। वीडियो देर रात का बताया जा रहा है। दीपक यादव छतरपुर जिले के ओरछा थाने में थाना प्रभारी के पद पर पदस्थ हैं।
रफ एंड टफ स्टाइल में रहते दीपक यादव
दीपक यादव की गिनती रफ एंड टफ पुलिस अधिकारियों में होती है। जब भी कोई चुनौती पूर्ण मामला होता है तो पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी दीपक यादव पर दांव लगाते हैं। दीपक यादव को घुड़सवारी का शौक है।
ड्यूटी से वक्त मिलते ही करते घुड़सवारी
उन्हें जब भी अपनी ड्यूटी के दौरान वक्त मिलता है तो वह अपनी शौक को पूरा कर लेते हैं। वायरल वीडियो छतरपुर शहर के फोर लेन का बताया जा रहा है, जिस समय दीपक यादव घोड़े को सरपट दौड़ा रहे थे। उसी वक्त रास्ते से गुजर रहे एक रहेगी ने उनका वीडियो बना दिया। अब यह वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में दीपक यादव काफी तेजी से घोड़े को दौड़ आते हुए देखे जा रहे हैं।
दो बच्चों की पढ़ाई का उठाते हैं जिम्मा
घुड़सवारी के साथ-साथ वह सामाजिक कार्यों से भी जुड़े हैं। वह दो गरीब बच्चों की पढ़ाई लिखाई का जिम्मा भी उठाते हैं। साथ ही उनके कपड़े एवं समय-समय पर खाने पीने की जिम्मेदारी भी संभालते हैं।
मां की अंतिम इच्छा पूरी करने के लिए बेटियों ने दिया अद्भुत संदेश, देहदान के साथ हुआ सम्मानजनक अंतिम संस्कार
9 Sep, 2025 04:12 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
शिवपुरीः मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में सोमवार को पहली बार किसी देहदान करने वाले को राजकीय सम्मान दिया गया। 78 वर्षीय दिवंगत सरोज मदान के पार्थिव शरीर को उनकी बेटियों ने मेडिकल कॉलेज को दान किया। दिवंगत सरोज पेशे से शिक्षिका रहीं थीं। खास बात रही की यह पहली बार किसी 'देहदानी' को राजकीय सम्मान देते हुए गार्ड ऑफ ऑनर दिया। माहौल बहुत भावुक हो गया। वहीं, मां की देह को उनकी चारों बेटियों कुसुम, विनीता, पुनीता भुगड़ा, और तृप्ति अरोरा (परिजनों) ने श्रीमंत राजमाता विजयाराजे सिंधिया चिकित्सा महाविद्यालय एवं चिकित्सालय शिवपुरी को समर्पित किया।
2017 में देहदान करने का निर्णय लिया था
इस दौरान मेडिकल कॉलेज के फाउंडर डॉ डी. परमहंस ने परिवार को इस दुख की घड़ी में परिवार को ढांढस बंधाया। उन्होंने परिवार के इस निर्णय की सराहना की और हमेशा परिवार को हर संभव मदद का आश्वासन दिया। इस दौरान दिवंगत सरोज की बेटी पुनीता ने बताया कि उनकी मां ने 2017 में देहदान करने का निर्णय लिया था।
प्रेरित होकर बेटी का भी देहदान का निर्णय
इसी के चलते दधीचि ने देहदान समिति गुना में मां का पंजीकरण कराया था। बेटी विनिता का यह भी कहना था कि मां शिक्षिका के साथ हमेशा से ही सेवा भाव वाली रहीं हैं, मां का कहना था कि देहदान के बाद हमारा शरीर किसी के काम आ सके। देहदान मां की अंतिम इच्छा भी थी जो हमने पूरी की इसी से प्रेरित होकर बेटी विनिता ने भी देहदान का निर्णय लिया है।
राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार
मध्यप्रदेश शासन ने देहदान करने वालों को राजकीय सम्मान देने का आदेश दिया है। इसके चलते दिवंगत सरोज को शिवपुरी एसपी अमन सिंह राठौड़ के निर्देशन में पुलिस फोर्स ने गार्ड ऑफ ऑनर देकर श्रद्धांजलि अर्पित की। वहीं, शिवपुरी मेडिकल कॉलेज के इतिहास में यह पहला अवसर रहा, जब किसी मृत देह को राजकीय सम्मान मिला। मेडिकल कॉलेज के कई डॉक्टर्स सहित एमबीबीएस स्टूडेंट्स और कर्मचारियों ने पार्थिव देह को सम्मानपूर्वक ग्रहण किया।
प्रधानमंत्री मोदी की जन्मदिन पर सौगात से बदल सकती है एमपी की तस्वीर, तीन लाख लोगों को मिलेगा रोजगार
9 Sep, 2025 04:05 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 सितंबर को मध्य प्रदेश के धार जिले के प्रवास पर आने वाले हैं, और वे यहां पीएम मित्रा पार्क का भूमिपूजन करेंगे। यह देश का पहला पीएम मित्रा पार्क होगा। देश में कुल सात पीएम मित्रा पार्क बनने हैं। 17 सितंबर को ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन है। इसी दिन वह मध्य प्रदेश को बड़ी सौगात देने वाले हैं।
पीएम मित्रा पार्क का करेंगे शिलान्यास
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 सितंबर को मध्यप्रदेश आएंगे। प्रधानमंत्री मोदी धार जिले की बदनावर तहसील के ग्राम भैसोला में स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान का शुभारंभ, सेवा पखवाड़ा तथा यहां देश के पहले पीएम मित्रा पार्क का शिलान्यास करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी की इस यात्रा से प्रदेश के जनजातीय बहुल मालवा अंचल में किसानों को एक बहुत बड़ी सौगात मिलने जा रही है।
टेक्सटाइल इंडस्ट्री को मिलेगी पहचान
मुख्यमंत्री यादव ने बताया कि प्रदेश का धार, झाबुआ, उज्जैन और निमांड का खरगोन, बड़वानी सबसे बडा कपास उत्पादक क्षेत्र है। ऐसे में केंद्र सरकार की ओर से मध्यप्रदेश में कॉटन आधारित बडे इंडस्ट्रियल पार्क की स्थापना होने जा रही है, यह देशभर में मंजूर 7 पीएम मित्रा पार्क में से पहला पार्क है जिसका भूमि-पूजन होने जा रहा है।
तीन लाख नए रोजगार के अवसर होंगे सृजित
पीएम मित्रा पार्क से 1 लाख प्रत्यक्ष और 2 लाख से अधिक अप्रत्यक्ष, कुल मिलाकर 3 लाख रोजगार के अवसर सृजित होंगे। अधिकारियों के साथ हुई बैठक में मुख्यमंत्री यादव ने कहा कि धार में पीएम मित्र पार्क का शिलान्यास प्रदेश की अर्थव्यवस्था को गति प्रदान करने वाला गौरवशाली क्षण होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यह दौरा प्रदेश के विकास के लिए मील का पत्थर सिद्ध होगा।
अन्य कार्यक्रम भी होंगे वहां
बैठक में मुख्यमंत्री यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी 17 सितंबर को स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान का शुभारंभ सुमन सखी चैटबॉट को लॉन्च करेंगे। पीएम मित्रा पार्क का शिलान्यास करेंगे। जनजातीय स्व-सहायता समूहों से स्वदेशी उत्पादों की खरीद और यूपीआई से भुगतान, सेवा पर्व एवं आदि कर्मयोगी अभियान का शुभारंभ करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी एक बगिया मां के नाम अभियान के तहत महिला लाभार्थियों को पौधों का वितरण और एक करोड़ सिकल सेल कार्ड के वितरण सहित स्वदेशी पखवाड़े का शुभारंभ भी करेंगे।
अपने बर्थडे पर दी थी चीतों की सौगात
गौरतलब है कि मध्य प्रदेश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को विशेष लगाव है। उन्होंने तीन साल पहले मध्य प्रदेश को अपने जन्मदिन पर ही चीतों की सौगात दी थी। कूनो को जंगल में नामीबिया से आए चीजों को छोड़ा था।
लाड़ली बहना योजना: किस तारीख को आएंगे पैसे? ऐसे कराएं रजिस्ट्रेशन
9 Sep, 2025 01:44 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
Ladli Behna Yojana 2025: मध्य प्रदेश की सबसे महत्वकांक्षी और महिला सशक्तिकरण की मिसाल बनी 'लाड़ली बहना योजना' अब एक नए मोड़ पर खड़ी है। सितंबर 2025 की 28वीं किस्त को लेकर तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। लेकिन इस बार मिलने वाली 1250 रुपए की ये किस्त अक्टूबर महीने तक आने वाली आखरी किस्त होगी। इसके बाद लाड़ली बहनाय योजना की 1250 रुपए की किस्त बंद हो जाएगी। बता दें कि लाड़ली बहनाय योजना की चर्चा इन दिनों लगातार आम जन-जीवन के दिन हिस्सा बनी हुई है, ये चर्चा सितंबर के महीने में आने वाली 28वीं किस्त या कितनी राशि खातों में आने वाली है तक सीमित नहीं है, बल्कि राज्य सरकार के राजनीतिक संकेत और आर्थिक दबाव को लेकर भी बड़ा मुद्दा बन चुकी है।
लाड़ली बहनों के खाते में कब आएगी सितंबर की किस्त
जानकारी मिल रही है कि सितंबर के इस महीने में लाड़ली बहना योजना की 28वीं किस्त के 1250 रुपए आने वाले हैं। इस महीने की किस्त की ये राशि 1.27 करोड़ लाड़ली बहनों के खातों में जमा होनी है। अब तक मिल रही जानकारी के मुताबिक इस बार ये किस्त सीएम डॉ. मोहन यादव 13 सितंबर को करोड़ों लाड़ली बहनों के खाते में ये राशि DBT करेंगे। वहीं एमपी के झाबुआ जिले के पेटलावद से सिंगल क्लिक पर ये राशि लाड़ली बहनों के खातों में भेजी जाएगी। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है।
आगामी त्योहारों और2028 तक के रोडमैप घोषणा का हिस्सा होगी 28वीं किस्त
बताया जा रहा है कि हर महीने की तरह इस महीने भी एक बड़े आयोजन में शामिल होकर सीएम मोहन यादव लाड़ली बहना योजना की 28वीं किस्त जारी करेंगे। ये किस्त सिर्फ आर्थिक सहायता भर नहीं होगी, बल्कि आगामी त्योहारों और 2028 तक की रोडमैप घोषणा का हिस्सा भी बनेगी। दिवाली की भाई दुज से मिलेंगे 1500 सौ रुपए तो 2028 तक 3,000 होगी किस्त।
1.27 करोड़ लाभार्थी, 22 हजार करोड़ का वार्षिक बोझ
योजना से अभी तक 1.27 करोड़ महिलाएं जुड़ चुकी हैं। मौजूदा समय में सरकार हर महीने लगभग 1,551 करोड़ खर्च कर रही है। राशि बढ़ने के बाद यह बोझ 1,861 करोड़ प्रतिमाह तक पहुंचेगा। सालाना अनुमानित खर्च 22,000 करोड़ रुपए से ज्यादा होगा। नाम न छापने की शर्त पर वित्त विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि 'योजना को टिकाऊ रखने के लिए हमें टैक्स कलेक्शन और बजट कट्स पर गहराई से काम करना होगा, वरना अगले तीन साल में यह बोझ राज्य की अर्थव्यवस्था पर दबाव डाल सकता है।'
1- सितंबर की किस्त एक राजनीतिक संदेश
सितंबर की किस्त ऐसे समय आ रही है जब त्योहारों का मौसम शुरू हो रहा है। सरकार इसे 'त्योहार गिफ्ट' पैकेज की तरह पेश करना चाहती है।
2- अक्टूबर से वित्तीय चुनौती बढ़ेगी।
बढ़ी हुई राशि के बाद सरकार को हर साल 22,000 करोड़ रुपए से ज्यादा की राशि का प्रबंधन करना होगा। जो सरकार का वित्तीय बोझ बढ़ाने वाली एक बड़ी चुनौती भी साबित हो सकती है।
3- भविष्य का रोडमैप
2028 तक लाड़ली बहना योजना की राशि बढ़ाकर प्रतिमाह 3,000 रुपए तय करने का बड़ा लक्ष्य मोहन सरकार ने रखा है। इस राशि से महिलाओं का राजनीतिक वफादारी समीकरण भी बदल सकता है।
4- स्थानीय प्रभाव होगा खास
अगर हम स्थानीय प्रभाव की बात करें तो, खासकर आदिवासी और ग्रामीण इलाकों में लाड़ली बहना योजना की पात्र महिलाओं के सामाजिक दर्जे और आर्थिक स्वतंत्रता में बड़ा बदलाव ला रही है। जो 2028 से और व्यापक होगा।
कैसे चेक करें 28वीं किस्त के 1250 रुपए खाते में आए या नहीं?
सरकारी पोर्टल cmladlibahna.mp.gov.in पर जाकर महिलाएं अपनी किस्त की स्थिति देख सकती हैं। आधार, आवेदन ID या समग्र ID डालकर वे यह जान सकती हैं कि 1250 रुपए उनके खाते में आए हैं या नहीं।
लिस्ट से काटे गए 1.63 लाख महिलाओं के नाम
जानकारी के मुताबिक योजना के तहत जनवरी 2025 तक करीब 1.63 लाख महिलाओं के नाम लाड़ली बहना योजना की पात्रता सूची से हटा दिए गए हैं। ये वो महिलाएं थीं जो 60 वर्ष की आयु पार कर चुकी थीं। महिला एवं बाल विकास विभाग ने स्पष्ट किया है कि किसी का नाम मनमाने तरीके से नहीं काटा गया, बल्कि पात्रता की शर्त पूरी न करने पर सिस्टम खुद ही अपडेट जानकारी शो करता है। उधर प्रदेश कांग्रेस समय- पर आरोप लगाती रही है कि सरकार इस योजना को बंद करना चाहती है। विपक्ष का आरोप है नए पंजीयन न किए जाना इसका कारण है। नाम लगातार कम होते रहेंगे और सरकार एक दिन इस योजना को बंद कर देगी।
मुख्यमंत्री आवास पर पहुंचे बॉलीवुड सिंगर, मोहन यादव ने किया ट्वीट
9 Sep, 2025 12:40 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
Mika Singh- देश के मशहूर पॉप और बॉलीवुड सिंगर मीका सिंह रविवार को भोपाल आए। यहां उन्होंने एक कार्यक्रम में शिरकत की। सोमवार को सुबह मीका सिंह ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात की। सीएम हाउस समत्व भवन में सौजन्य मुलाकात करने आए बॉलीवुड सिंगर का सीएम ने शॉल उड़ाकर स्वागत किया। दोनों ने काफी देर तक बातचीत की। इस दौरान सिंगर मीका सिंह ने सीएम मोहन यादव की सरकार द्वारा नशे के खिलाफ उठाए गए कदमों की जमकर प्रशंसा की। सीएम डॉ. मोहन यादव ने इस मुलाकात के संबंध में अपने एक्स हेंडल पर ट्वीट किया।
मीका सिंह स्टेज शो के लिए रविवार को रात में भोपाल आए थे। उन्होंने खालिस पंजाबी अंदाज में “सतश्री काल भोपाल! कहकर दर्शकों का अभिवादन किया। “दमा दम मस्त कलंदर” गीत से अपने शो की शुरुआत की और एक के बाद एक कई धमाकेदार गाने गाए। मीका सिंह के परफार्मेंस पर दर्शक खूब झूमे।
मीका सिंह ने सीएम मोहन यादव से बातचीत की
सोमवार को सुबह मीका सिंह प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मिलने उनके निवास स्थान समत्व भवन पहुंचे। सीएम ने पूरी गर्मजोशी से उनका स्वागत किया और उन्हें शॉल ओढ़ाया। मीका सिंह ने सीएम मोहन यादव से बातचीत की। उन्होंने राज्य सरकार के नशीली दवाओं और शराब के खिलाफ उठाए गए कदमों का जिक्र करते हुए उनकी प्रशंसा की।
सीएम डॉ. मोहन यादव ने सिंगर मीका सिंह से मुलाकात की तस्वीरें अपने एक्स हेंडल पर पोस्ट कीं। ट्वीट करते हुए लिखा , आज भोपाल निवास पर प्रसिद्ध गायक मीका सिंह से शिष्टाचार मुलाकात की।
पीओएस मशीन खराब, पेपर न निकलने से कई दुकानों पर वितरण ठप
9 Sep, 2025 12:39 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
619 कर्मचारी और 253 सेल्समैन हड़ताल पर, 25 सितंबर तक जारी रहेगा आंदोलन
खंडवा। मध्य प्रदेश सहकारिता समिति कर्मचारी महासंघ के आह्वान पर पैक्स कर्मचारी संघ सोमवार को कलमबंद हड़ताल पर चला गया। हड़ताल के चलते जिले की 447 पीडीएस दुकानों पर ताले लटक गए और करीब 10 लाख गरीबों को मिलने वाला 36 लाख क्विंटल राशन का वितरण बाधित हो गया।
शाम पांच बजे तक केवल 18 हजार गरीबों को ही राशन मिल पाया। शहर में सबसे अधिक 4,885 लोगों को वितरण हुआ, जबकि अधिकांश ग्रामीण इलाकों की दुकानें बंद रहीं। राशन लेने पहुंचे गरीबों को खाली हाथ लौटना पड़ा।
विक्रेता तीन सूत्रीय मांगों पर अड़े
सुबह से ही दुकानों के विक्रेता लामबंद होकर कलेक्ट्रेट परिसर में टेंट लगाकर धरने पर बैठ गए। वे चुनाव आयोग और सरकार से जुड़ी तीन सूत्रीय मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं।
वितरण व्यवस्था पर असर
रेलवे कर्मचारी उपभोक्ता भंडार में 600 कार्डधारी हैं, जिनमें से सिर्फ 20-30 को ही राशन मिला विक्रेताओं का कहना है कि पीओएस मशीनें खराब हैं और पेपर न निकलने से वितरण बाधित है। जिला आपूर्ति अधिकारी अरुण तिवारी ने कहा कि मंगलवार से वितरण सुचारू रूप से शुरू कर दिया जाएगा।
नई व्यवस्था में बदलाव
सितंबर से राशन वितरण की नई व्यवस्था लागू हुई है। हर परिवार को अब 4 किलो गेहूं और 1 किलो चावल दिया जा रहा है। पीले कार्डधारियों को 30 किलो गेहूं, 5 किलो चावल और 1 किलो शक्कर मिलना है।इस बार गेहूं की मात्रा चार गुना बढ़ी, जबकि चावल घटकर एक चौथाई रह गया है। जिले में 2.5 लाख परिवारों के लिए 35.10 लाख क्विंटल गेहूं और 1.90 लाख क्विंटल चावल आवंटित हुआ है।
खाद वितरण पर भी असर
सोमवार को यूरिया की रैक आने के बावजूद सहकारी समितियों पर ताला जड़ा रहा। वितरण सिर्फ मार्कफेड (डबल लॉक व्यवस्था) से हुआ। जिले को 575 टन यूरिया का आवंटन मिला, जिसमें से 200 टन डबल लॉक, 100 टन सहकारी समितियों और 250 टन पैक्स संस्थाओं को दिया गया।
किसानों को भी झटका
सहकारी समितियों पर ताला लगने से किसानों को यूरिया और डीएपी लेने में परेशानी हुई। बड़गांवगुजर्र समिति पर ताला होने से किसान बैरंग लौटे।
आगे की रणनीति
हड़ताल 25 सितंबर तक जारी रहेगी। इसके बाद भी मांगें पूरी न होने पर 26 सितंबर को भोपाल में बड़ा प्रदर्शन कर सरकार को घेरने की चेतावनी दी गई है।
सागर को मिलेगी नई पहचान, ओवरब्रिज से बड़े शहरों का ट्रैफिक होगा डायवर्ट
9 Sep, 2025 11:35 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
सागर : केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी की हरी झंडी के बाद उम्मीद की जा सकती है कि सागर शहर की विकास की रफ्तार को पंख लगने वाले हैं. दरअसल, शहर के बीचोंबीच से गुजरने वाले भारी वाहनों के कारण यातायात अस्त व्यस्त होता है लेकिन अब ऐस नहीं होगा 3200 करोड़ के मेगा प्रोजेक्ट से सागर को सुपरफास्ट बनाया जाएगा और इसपर मुहर भी लग चुकी है.
सागर विधायक और सांसद ने अपनी इसी मांग को लेकर केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री से मुलाकात कर 32 सौ करोड़ के प्रोजेक्ट का प्रस्ताव रखा ह, जिसके जरिए शहर के एक कोने से दूसरे कोने तक फ्लाईओवर बनाकर एक ऐसा रास्ता तैयार होगा कि बाहर से आने और जाने वाले वाहन इसी बिना शहर के अंदर आए अपनी मंजिल को ओर निकल जाएंगे.
सागर की रोड कनेक्टिविटी का प्लान तैयार
मध्यप्रदेश के बीचोंबीच बसा सागर शहर रोड कनेक्टिविटी के मामले में काफी महत्वपूर्ण है. खासकर नेशनल हाइवे 44, सागर कानपुर, भोपाल और जबलपुर की सड़कें यहां से गुजरती हैं और एक तरफ से पूरे मध्यप्रदेश को जोड़ने के अलावा यूपी, महाराष्ट्र और दूसरे पड़ोसी राज्यों को जोड़ने का काम भी करती हैं. ऐसे में सागर शहर के अंदर यातायात दबाब काफी ज्यादा बढ़ रहा है और हादसे भी हो रहे हैं.
सागर में बनेंगे कई फ्लाईओवर
दूसरे शहरों से आने वाले भारी वाहनों को शहर के बाहर से गुजारने के लिए स्थानीय विधायक शैलेन्द्र जैन और सांसद लता वानखेड़े ने नितिन गडकरी के समक्ष प्रस्ताव रखा, जिसमें सागर कानपुर रोड पर मकरोनिया चौराहे और बहेरिया तिराहे के बीच बने आरओबी डाॅ. गौर सेतु से एक फ्लाई ओवर बनाया जाएगा. ये शहर से गुजरने वाले अन्य आरओबी से कनेक्ट किया जाएगा और फिर भोपाल रोड पर मोतीनगर तिराहे तक बनेगा. इस फ्लाईओवर के बनने से भारी वाहन बिना शहर में प्रवेश करे शहर से बाहर किसी भी तरफ जा सकेंगे.
सागर बाॅयपास को भी मंजूरी
विधायक शैलेन्द्र जैन ने बताया, '' कई सालों से मंजूरी का इंतजार कर रहे सागर बाॅयपास को भी मंजूरी मिल गई है लेकिन इससे पूरे शहर को फायदा नहीं मिलेगा. इसलिए हमनें प्रस्ताव रखा है कि बीना रोड पर मंडी चौराहे से लेकर झांसी रोड पर पगारा तिराहे पर मिलाया जाए.''
राहतगढ़ रोड आरओबी का बनेगा एक और आर्म
वहीं, दूसरी तरफ सागर शहर का पहला आरओबी जो खुरई रोड से भोपाल रोड को कनेक्ट करता है, इसकी डिजाइन पर निर्माण के समय से ही सवाल उठ रहे थे. विधायक और सांसद ने प्रस्ताव रखा है कि इस आरओबी में एक और भुजा बनाकर इसे भगवानगंज तिराहे तक ले जाया जाए.
क्या कहते हैं विधायक?
सागर विधायक शैलेन्द्र जैन कहते हैं, '' अभी जब संसद का सत्र चल रहा था, तो सागर के विकास से संबंधित विषयों को लेकर मैंने सागर सांसद लता वानखेड़े से निवेदन किया था कि संसद सत्र के दौरान चार-पांच विषयों को लेकर केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात करना है. इसी कड़ी में मैंने और सांसद लता वानखेड़े ने केंद्रीय सड़क व परिवहन मंत्री नितिन गडकरी के साथ मुलाकात की और सागर की यातायात और परिवहन से जुड़ी समस्याओं पर चर्चा की. उन्होंने तत्काल अधिकारियों के साथ हमारी बैठक कराई
विधायक शैलेंद्र जैन ने आगे कहा, '' लगभग 32 सौ करोड़ का ये प्रोजेक्ट है, जिसमें सागर कानपुर रोड पर मकरोनिया चौराहे के आगे डाॅ. हरिसिंह गौर सेतू से एक फ्लाई ओवर बनाएंगे और भोपाल रोड पर मोतीनगर तिराहे तक ले जाएंगे, जिससे यातायात में बाधा बनने वाली समस्याएं नहीं रहेंगी. हालांकि, हमारा प्रस्तावित बायपास मंजूर हो गया है लेकिन वो यहां नहीं जुड़ेगा, लेकिन हमारे प्रस्ताव को मंजूरी मिली, तो ये सड़क मील का पत्थर साबित होगी. इसके अलावा खुरई रोड के आरओबी की एक भुजा भगवानगंज तरफ निकाले जाने का प्रस्ताव हमनें रखा है, प्रस्तावों पर सहमति मिल गई है.''
जन्मदिन पर एमपी पहुंचेंगे प्रधानमंत्री, करेंगे बड़ी सौगातों की घोषणा
9 Sep, 2025 08:27 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अपने 75वें जन्मदिन के मौके पर एक बड़ी सौगात देने मध्यप्रदेश दौरे पर आ रहे हैं. पीएम मोदी 17 सितंबर को धार जिले के भैंसोला में देश के पहले पीएम मित्रा पार्क का शिलांन्यास करेंगे. इसके अलावा स्वस्थ्य नारी सशक्त परिवार अभियान का भी शुभारंभ उनके द्वारा किया जाएगा. ऐसे में ये कहना गलत नहीं होगा कि प्रधानमंत्री अपने 75वें जन्मदिन पर मध्य प्रदेश को करोड़ों के गिफ्ट देने आ रहे हैं. गौरतलब है कि पीएम मोदी की मध्यप्रदेश यात्रा को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंत्रालय में सीनियर अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की.
मील का पत्थर साबित होगी पीएम की यात्रा
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मध्यप्रदेश यात्रा को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा, '' 17 सितंबर को पीएम मोदी पीएम मित्रा पार्क का शिलांन्यास करने के लिए आ रहे हैं. धार जिले के आदिवासी अंचल को एक बड़ी सौगात मिलने जा रही है. खासतौर से किसानों के लिए यह एक बड़ी सौगात रहेगी. धार, झाबुआ, उज्जैन, खंडवा, खरगौन बड़वानी कपास आधारित क्षेत्र हैं. कॉटन पर आधारित यह बड़ा इंडस्ट्रियल पार्क विकसित होने से प्रदेश के 1 लाख युवाओं को प्रत्यक्ष और 2 लाख अप्रत्यक्ष रोजगार पैदा होंगे. यह सभी मध्यप्रदेश के लिए गौरव की बात है. हम सभी प्रयास कर रहे हैं कि पीएम का यह दौर मध्यप्रदेश और देश के लिए मील का पत्थर साबित हो.''
पीएम मित्र पार्क बदलेगा एमपी की तस्वीर
धार जिले के भैसोला में 2177 एकड़ में तैयार हो रहा पीएम मित्र पार्क मध्यप्रदेश के लिए बड़ी सौगात माना जा रहा है. प्रधानमंत्री मोदी के मेगा इंटीग्रेटेड टेक्सटाइल रीजन एंड एपेरल पार्क को पीएम के 5 एफ विजन फार्म टू फाइवर टू, फैशन टू, फॉरेन के तहत डेवलप किया जा रहा है. इस पर 2050 करोड़ रुपए की राशि खर्च होगी. पहले चरण के लिए केन्द्र सरकार 773 करोड़ के टेंडर जारी कर चुका है. पीएम मित्र पार्क में निवेश के लिए मध्यप्रदेश सरकार को कई निवेशकों द्वारा निवेश प्रस्ताव भी दिए गए हैं
75 वर्ष के हो जाएंगे मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस वर्ष 17 सितंबर को अपना 75वां जन्मदिन मनाएंगे. पीएम मोदी के जन्मदिन के अवसर पर पूरे देशभर में कार्यक्रम रखे गए हैं. 17 सितंबर से 2 अक्टूबर गांधी जयंती तक पूरे देश में बीजेपी द्वारा 'सेवा पखवाड़ा' मनाया जाएगा. सेवा पखवाड़ा में रक्तदान शिविर से लेकर स्वच्छता अभियान जैसे कई आयोजन होंगे. वहीं, पीएम मोदी इस दिन मध्य प्रदेश के भी दौरे पर होंगे.
पश्चिम म.प्र. का नागदा शहर पूर्णतः स्मार्ट मीटरीकृत घोषित
8 Sep, 2025 10:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : म.प्र. पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के अधीन उज्जैन जिले का नागदा शहर 26 हजार स्मार्ट मीटर स्थापना के बाद पूर्णतः स्मार्ट मीटरीकृत शहर बन गया है। कंपनी के अंतर्गत महू, खरगोन, झाबुआ, थांदला पूर्व में पूर्णतः स्मार्ट मीटर वाले शहर घोषित हो चुके हैं। ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने इस उपलब्धि के लिए पश्चिम क्षेत्र कंपनी प्रबंधन और कार्मिकों को बधाई दी हैं।
8 माह में लगाए 26 हजार स्मार्ट मीटर
मध्यप्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी इंदौर के प्रबंध निदेशक अनूप कुमार सिंह ने बताया कि नागदा शहर में स्मार्ट मीटरीकरण का कार्य मात्र आठ माह में पूर्ण कर लिया गया है। शहर के सभी 26 हजार उपभोक्ताओं के यहां स्मार्ट मीटर लग चुके है। इनमें से बीस हजार के करीब घरेलू उपभोक्ता हैं। प्रतिमाह औसतन 13 हजार से 15 हजार को 1 रूपए यूनिट वाली अटल गृह ज्योति योजना का लाभ प्रदान किया जा रहा है। नागदा शहर के हजारों स्मार्ट मीटरीकृत उपभोक्ता अपने स्मार्ट मीटर की खपत ऊर्जस ऐप पर देख रहे हैं। नियमानुसार गैर घरेलू उपभोक्ताओं को पॉवर फैक्टर एवं सभी प्रकार के उपभोक्ताओं को सौर ऊर्जा अवधि यानि दिन में खपत पर टीओडी 20 फीसदी छूट का भी लाभ दिया जा रहा है। प्रबंध निदेशक सिंह ने बताया कि कंपनी क्षेत्र में अब तक करीब तेरह लाख स्मार्ट मीटर लग चुके है। नागदा शहर के कुछ ही माह में पूर्णतः स्मार्ट मीटरीकृत करने में कंपनी के मुख्य अभियंता उज्जैन बीएल चौहान, पीएस चौहान, विनोद मालवीय, अमरेश सेठ, नीमेष कुमार का सराहनीय योगदान रहा।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव श्रमिक परिवारों के खातों में अंतरित करेंगे 175 करोड़ रूपये की सहायता राशि
8 Sep, 2025 10:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 9 सितम्बर को मंत्रालय भोपाल में संबल योजना अंतर्गत, अनुग्रह सहायता के 7953 प्रकरणों में 175 करोड़ रूपये सिंगल क्लिक से हितग्राहियों के खातों में अंतरित करेंगे। पंचायत एवं ग्रामीण विकास एवं श्रम मंत्री श्री प्रहलाद सिंह पटेल भी उपस्थित रहेंगे।
संबल योजना के अंतर्गत प्रारम्भ से अब तक 7 लाख 60 हजार 866 प्रकरणों में 7046 करोड़ रूपये से अधिक के हितलाभ वितरित किये जा चुके है। संबल योजना, प्रदेश में असंगठित क्षेत्र में कार्यरत लाखों श्रमिकों के लिए महत्वपूर्ण योजना है। अनुग्रह सहायता के अंतर्गत दुघर्टना में मृत्यु होने पर 4 लाख रूपये एवं सामान्य मृत्यु होने पर 2 लाख रूपये प्रदान किये जाते हैं। इसी प्रकार स्थायी अपंगता पर 2 लाख रूपये एवं आंशिक स्थायी अपंगता पर 1 लाख रूपये और अंत्येष्टि सहायता के रूप में 5 हजार रूपये प्रदान किये जाते हैं। संबल योजना में महिला श्रमिक को प्रसूति सहायता के रूप में 16 हजार रूपये, श्रमिकों के बच्चों को महाविद्यालय शिक्षा प्रोत्साहन योजना में उच्च शिक्षा का सम्पूंर्ण शिक्षण शुल्क राज्य सरकार द्वारा वहन किया जाता है।
गिग एवं प्लेटफार्म वर्कर्स का पंजीयन प्रारंभ
भारत सरकार के नीति आयोग की पहल पर प्रदेश के गिग एवं प्लेटफार्म वर्कर्स को भी संबंल योजना में सम्मिलित किया जाकर इनका पंजीयन प्रारम्भ किया गया है। इन्हें भी संबल योजना के सभी लाभ प्रदान किये जा रहे हैं। संबल हितग्राहियों को खाद्यान्न पात्रता पर्ची भी प्राप्त होती है जिससे वे केन्द्र तथा राज्य सरकार द्वारा रियायती दरों पर राशन प्राप्त कर रहे हैं।
राज्य सरकार द्वारा प्रदेश के लाखों निर्माण श्रमिकों के लिये निर्माण मंडल के माध्यम से कई योजनाएँ भी संचालित की जाती हैं। इनमें निर्माण श्रमिकों की मृत्यु होने पर अनुग्रह सहायता तथा स्थायी एवं आंशिक अपंगता पर सहायता भी सम्मिलित है। सभी संबल हितग्राहियों को आयुष्मान भारत निरामय योजना अंतर्गत पात्र श्रेणी में चिन्हित किया गया है। अब वे भी 5 लाख रूपये वार्षिक नि:शुल्क चिकित्सा प्राप्त कर रहे है।
प्रदेश सरकार द्वारा प्रारंभ से अब तक 1 करोड़ 77 लाख से अधिक श्रमिकों का संबल योजना के अंतर्गत पंजीयन किया गया है, पंजीयन प्रक्रिया निरंतर जारी है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने भारतीय पुरुष हॉकी टीम को एशिया कप जीतने पर दी बधाई
8 Sep, 2025 09:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 8 वर्ष बाद पुन: एशिया कप-2025 जीतने पर भारतीय पुरुष हॉकी टीम को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भारतीय टीम की यह ऐतिहासिक विजय सभी खिलाड़ियों की दृढ़ इच्छा शक्ति, अद्वितीय खेल कौशल एवं टीम भावना का प्रमाण है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हॉकी नर्सरी के रूप में प्रतिष्ठित भोपाल सहित पूरे मध्यप्रदेश ने हॉकी के अनेक दिग्गज खिलाड़ी भारत को दिए हैं। भारतीय टीम की इस अद्वितीय विजय पर सभी गौरवान्वित है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए मंगलकामनाएं कीं।
उल्लेखनीय है कि बिहार के राजगीर में रविवार को खेले गए फाइनल मैच में भारत की हॉकी टीम ने दक्षिण कोरिया को 4-1 से हराया। भारतीय टीम ने 8 साल के अंतराल के बाद पुरुष एशिया कप हॉकी टूर्नामेंट का खिताब पर कब्जा किया है।
मृत्यु के बाद भी नहीं मिलती मुक्ति! गरुड़ पुराण में बताए गए भयावह दंड
खाने की ये आदतें लाती हैं दरिद्रता! शास्त्रों की चेतावनी
हाथ से कलावा हटाते ही न करें ये 1 काम, वरना बिगड़ सकता है भाग्य
प्रधानमंत्री आवास योजना से स्वयं के पक्के मकान का सपना हुआ साकार
केदारनाथ मंदिर में नए नियम लागू, मोबाइल इस्तेमाल पर पूरी तरह बैन
मनरेगा की ‘डबरी’ और ‘बिहान’ के सहयोग से सविता बनीं आत्मनिर्भर
दिलीप घोष बोले- बंगाल में खिलेगा कमल, BJP की जीत का भरोसा
लेमरू में दौड़ी जिंदगी की नई रफ्तार, संजीवनी 108 सेवा से ग्रामीणों को मिल रहा त्वरित उपचार
