मध्य प्रदेश
ऊर्जा मंत्री तोमर की अगुआई में स्वच्छता और नशामुक्ति के लिए दौड़ा ग्वालियर शहर
14 Sep, 2025 09:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर की अगुवाई में आयोजित गैंडे वाली सडक पर मिनी मैराथन में ग्वालियर वासियों ने उत्साह और जोश के साथ दौड लगाई तथा ग्वालियर को स्वच्छ और नशा मुक्त बनाने की शपथ ली। स्वच्छता के लिए मिनी मैराथन दौड़ के आयोजन का उद्देश्य लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना है।
ऊर्जा मंत्री तोमर ग्वालियर शहर को स्वच्छ, सुन्दर, हरा-भरा, प्रदूषण और नशा मुक्त बनाने के लिए प्रत्येक रविवार को मिनी मैराथन के साथ स्वच्छता अभियान भी चलाते हैं। अभियान में बडी संख्या में शहरवासी जुडकर शहर को स्वच्छ व नशामुक्त बनाने का प्रण भी ले रहे हैं। इसी क्रम में आज वार्ड 36 स्थित गैंडे वाली सडक पर बाल्मिक मंदिर से पीएचई ऑफिस तक मिनी मैराथन का आयोजन किया गया। उन्होंने मिनी मैराथन के दौरान झाड़ू लगाकर नागरिकों तक यह संदेश पहुँचाया कि स्वच्छता केवल एक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि स्वस्थ और उज्ज्वल जीवन की मजबूत नींव है। यह हम सभी की साझा जिम्मेदारी है।
मंत्री तोमर ने कहा कि युवाओं, विद्यार्थियों और नागरिकों की सक्रिय भागीदारी ने यह साबित किया कि जब हम एकजुट होते है तो बदलाव निश्चित होता है। आप सभी के सहयोग से हम सब ने मिलकर ग्वालियर को स्वच्छ, हरा-भरा, प्रदूषण और नशा मुक्त बनाने का संकल्प लिया है। इसकी सफलता के लिए आपके इस सेवक के साथ हर नागरिक की सहभागिता जरूरी है।
सागरताल पर चलाया विशेष स्वच्छता अभियान
मंत्री तोमर ने सागरताल पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाकर सामूहिक रूप से सागरताल की सफाई की। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ सफ़ाई नहीं, बल्कि जिम्मेदारी और श्रमदान की मिसाल है। उन्होंने शहवासियों से अपील करते हुए कहा कि शहरवासी भी इस स्वच्छता अभियान के प्रयास में सहभागी बने। साथ ही वार्ड क्रमांक 5 आनंद नगर, सूरज सुंदरम गार्डन क्षेत्र का निरीक्षण कर सीवर लाइन एवं गंदे पानी की समस्या का जायज़ा लिया तथा अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
लक्ष्मीबाई कॉलोनी एवं गांधीनगर पार्क में विद्युत शिविर लगाकर सुनी आमजन की समस्यायें
मंत्री तोमर ने लक्ष्मीबाई कॉलोनी कम्युनिटी हॉल एवं गांधीनगर पार्क में प्रबुद्धजनों से विद्युत समस्याओं के संबंध में चर्चा की तथा आमजन द्वारा बताई गई विद्युत संबंधित समस्याओं के निराकरण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। इसके साथ ही लक्ष्मी बाई कॉलोनी में सड़क, सीवर और नालियों का निरीक्षण किया तथा सफाई की। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी मार्ग और नालियां नियमित रूप से स्वच्छ बनी रहें। इस अवसर पर स्थानीय प्रतिनिधि सहित अधिकारी उपस्थित रहे।
पीएम मित्रा पार्क में 91 कम्पनियों को आवंटित हुई लगभग 1300 एकड़ भूमि : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
14 Sep, 2025 09:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि धार जिले के भैंसोला में स्थापित होने वाले देश के पहले पीएम मित्रा पार्क के शिलान्यास के पहले ही देश की अग्रणी 114 टेक्सटाइल कम्पनियों से 23 हजार करोड़ रूपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हो चुके है। इन प्रस्तावों में से 91 कम्पनियों और इकाइकों के आवेदन स्वीकृत किये जाकर 1294 एकड़ से अधिक भूमि आवंटित किये जाने की अनुशंसा की जा चुकी है। जिन कम्पनियों को भूमि आवंटित की गई है, उनमें 20 हजार करोड़ रूपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। इससे 72 हजार से अधिक रोजगार सृजित होंगे। पार्क परियोजना पूर्ण विकसित होने पर रोजगार का आंकड़ा तीन लाख तक पहुँचने का अनुमान है। यह केवल संख्या नहीं, बल्कि लाखों परिवारों के जीवन में आने वाला ठोस बदलाव है।
प्रमुख निवेश प्रस्ताव
देश की जिन अग्रणी टेक्सटाइल कंपनियों को पीएम मित्रा पार्क में भूमि आवंटित की गई है, उनके द्वारा बड़े स्तर पर निवेश के प्रस्ताव दिए गये हैं। इसमें प्रमुख रूप से वर्धमान टेक्सटाइल्स लिमिटेड 2000 करोड़ रूपये का निवेश कर 190 एकड़ भूमि पर इकाई स्थापित करेगा। जैन कॉर्ड इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड 2515 करोड़ रूपये का निवेश 58 एकड़ भूमि पर करेगा। एबी कॉटस्पिन इंडिया लिमिटेड 1300 करोड़ रुपये का निवेश 45 एकड़ भूमि पर, ट्राइडेंट लिमिटेड कंपनी 180 एकड़ भूमि पर 4,881 करोड़ रूपये का निवेश, ऑरा सिक्योरिटीज प्रा.लि. 105 एकड़ भूमि पर 1204 करोड़ रुपये, बेस्ट लाइफस्टाइल अपैरल प्रा.लि. 75 एकड़ भूमि पर 981 करोड़ रूपये का निवेश, नासा फाइबर टू फैशन प्रा.लि. 30 एकड़ भूमि पर 472 करोड़ का निवेश, डोनियर सिंथेटिक लि. 20 एकड़ भूमि पर 220 करोड़ का निवेश, महालक्ष्मी प्रोसेसिंग हाउस प्रा.लि. 30 एकड़ भूमि पर 300 करोड़ रूपये का निवेश, कमर्शियल सिन बैग्स लिमिटेड 8 एकड़ भूमि पर 134 करोड़ रूपये का निवेश और नावकार टेकटेक्स लिमिटेड 8 एकड़ भूमि पर 135 करोड़ रूपये का निवेश करेगी।
पीएम मित्रा पार्क में शार्मनजी यार्न्स प्राइवेट लिमिटेड ने 836.70 करोड़, सनातन पॉलिकॉट प्राइवेट लिमिटेड ने 1000 करोड़, सिद्धार्थ प्योरस्पन प्राइवेट लिमिटेड ने 380 करोड़, फैबियन टेक्सटाइल प्राइवेट लिमिटेड ने 308 करोड़, पासा पॉलिटेक्स प्राइवेट लिमिटेड ने 270 करोड़, दादी मां फाइबर्स ने 280 करोड़, ओसीएम फ्लोरिंग प्राइवेट लिमिटेड ने 250 करोड़, सोनिया सिंथेटिक्स एलएलपी ने 240 करोड़, वंश टेक्नोफैब प्राइवेट लिमिटेड ने 233 करोड़, डोनियर रिटेल प्रा. लिमिटेड ने 240 करोड़, तनमय प्योर स्पन ने 220 करोड़, महाशक्ति टेक्सटाइल मिल्स ने 202 करोड़, जिनेन्द्रम टेक्सस्पिन प्राइवेट लिमिटेड ने 200 करोड़, जे.के. क्वालिटी कॉटन इंडस्ट्रीज ने 180 करोड़, लक्ष्मीनाथ कल्पना मिल्स प्राइवेट लिमिटेड ने 155 करोड़, टिकमसा दुलीचंद नैचुरल फाइबर लिमिटेड ने 142 करोड़, मोहिनी एक्टिव लाइफ प्राइवेट लिमिटेड ने 190 करोड़, एल्पाइन टेक्सवर्ल्ड लिमिटेड ने 140.04 करोड़, टैनफैक अपैरल्स लिमिटेड ने 125 करोड़, महावीर स्पिनफैब प्राइवेट लिमिटेड ने 125 करोड़, रमेश टेक्सटाइल्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड ने 115 करोड़, कैनडेक्स फिलामेंट प्राइवेट लिमिटेड ने 113.79 करोड़, अनीका टेक्सफैब ने 100 करोड़, न्यू जील फैशन वेयर प्राइवेट लिमिटेड ने 100 करोड़, मराल ओवरसीज लिमिटेड ने 100 करोड़, पैकर्स (एमपी) प्राइवेट लिमिटेड ने 100 करोड़, आर.आर. जैन इंडस्ट्रीज ने 101.25 करोड़, मैस्कॉट फैशन्स प्राइवेट लिमिटेड ने 80 करोड़, ऋचा ग्लोबल एक्सपोर्ट्स प्राइवेट लिमिटेड ने 77.88 करोड़, कोटली क्रिएशन प्राइवेट लिमिटेड ने 60 करोड़, वाइब्रेंट पॉलिमर्स एलएलपी ने 50.61 करोड़, बॉन एंड कंपनी ने 50 करोड़, गोल्डन सीम्स इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड ने 45 करोड़, शंकारी फूड इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड ने 45 करोड़, के.जी. एक्सपोर्ट्स ने 43.35 करोड़, ऑरम विनाइल्स प्राइवेट लिमिटेड ने 40 करोड़, राघवेंद्र स्पिनटेक्स प्राइवेट लिमिटेड ने 37.60 करोड़, ग्रीन स्टिच एपरेल प्राइवेट लिमिटेड ने 30 करोड़, सिद्धि विनायक पॉलीप्लास्ट ने 33 करोड़, राजदीप इंडस्ट्रीज एलएलपी ने 29 करोड़, मंत्रम टेक्नोफैब प्राइवेट लिमिटेड ने 25 करोड़, केटीएफ फैशन प्राइवेट लिमिटेड ने 25 करोड़, पुनीत अपैरल्स प्राइवेट लिमिटेड ने 25 करोड़, बीकेके पॉलीप्रोडक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड ने 20 करोड़, युग फैशन लिमिटेड ने 20 करोड़, गुरूकृपा फैब्रिक्स ने 16.25 करोड़, गुरूकृपा टारपॉलिन्स प्राइवेट लिमिटेड ने 16.25 करोड़, शिव्यश अपैरल्स एन्त्रप्रेन्योर्स एलएलपी ने 14 करोड़, ट्रैक निटवेयर ने 12 करोड़, बुक अ बॉक्स ने 12 करोड़, दित्वि एक्सपोर्ट्स प्राइवेट लिमिटेड ने 10 करोड़, श्याम अपैरल्स ने 10 करोड़, जीटारा टेक्सटाइल्स प्राइवेट लिमिटेड ने 25 करोड़, ट्रैम्पेरी ग्लोबल एलएलपी ने 10 करोड़, एनटीपी सॉल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड ने 8 करोड़, पी.पी. एंड संस ने 4 करोड़, एस.आर. नांगालिया एंड संस (सिंटेक्स) प्राइवेट लिमिटेड ने 10 करोड़, नकौड़ा टेक्सफैब प्राइवेट लिमिटेड ने 50 करोड़, नवकार टेकटेक्स लिमिटेड ने 135 करोड़, गजफिलामेंट ने 4 करोड़, शिप्सी वेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड ने 3.42 करोड़, अमित जैन ने 3 करोड़, गम्भीर गारमेंट्स ने 3.50 करोड़, चौधरी इंफ्रा प्रोजेक्ट ने 2.20 करोड़, मणि एंटरप्राइजेज ने 2.10 करोड़, एकागद वेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड ने 2 करोड़, प्रोप्लेक्स इन्फोटेक प्राइवेट लिमिटेड ने 1.50 करोड़, अमोडे गारमेंट्स प्राइवेट लिमिटेड ने 1.50 करोड़, सिंध क्लोदिंग कंपनी ने 1.50 करोड़, श्रीजी फाइन स्टोन एंड कटिंग सप्लायर ने 1.30 करोड़, एडवांस एलायंस ने 1.20 करोड़, गट्टीमैन पैकेजिंग ने 1.15 करोड़, गौरंश एंटरप्राइजेज ने 1 करोड़, गुरुदेव कंसल्टेंसी ने 1 करोड़, फिक्सॉन ग्लोबल इंडिया एलएलपी ने 0.75 करोड़, सनशाइन ट्रेडिंग हब इंदौर ने 3.50 करोड़, स्मार्ट वियर बाय कमल ने 0.40 करोड़ और जैनोवा वेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड ने 26.50 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव दिए हैं।
इन प्राप्त निवेशों से यार्न, फैब्रिक और गारमेंट उत्पादन की संपूर्ण वैल्यू चेन यहीं विकसित होगी, जिससे प्रदेश का टेक्सटाइल उद्योग वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी बन सकेगा। पीएम मित्रा पार्क में भूमि आवंटन की प्रक्रिया भी तेजी से आगे बढ़ रही है। पीएम मित्रा की कुल 2158 एकड़ भूमि में से लगभग 1300 एकड़ भूमि का आवंटन पूरा हो चुका है और शेष भूमि भी चरणबद्ध तरीके से उपलब्ध कराई जा रही है। पीएम मित्रा पार्क भूमि पूजन के बाद उद्योगों के निर्माण कार्य शुरू होने से निवेश का लाभ शीघ्र ही धरातल पर दिखाई देगा।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने नवजात बछिया का किया नामकरण
14 Sep, 2025 08:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री निवास स्थित गौशाला में हाल ही में गाय ने एक प्यारी सी बछिया को जन्म दिया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस बछिया का जन्म होने पर अत्यंत हर्ष व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि गौसेवा और पशुधन संवर्धन के लिए हमारी सरकार ने अनेक प्रयास प्रारंभ किए हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने रविवार को महालक्ष्मी व्रत पूजन के दिन साक्षात् लक्ष्मी के रूप में मुख्यमंत्री निवास में जन्मी नवजात बछिया का स्वागत सत्कार किया। मुख्यमंत्री ने नवजात बछिया का नामकरण भी कर दिया। अब यह बछिया मुख्यमंत्री द्वारा दिए गए 'कमला' नाम से जानी जाएगी। 'कमला' पहली ऐसी बछिया है, जिसका जन्म मुख्यमंत्री निवास की गौशाला में ही हुआ है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रतिदिन की तरह रविवार की सुबह गौशाला पहुंचकर यहां मौजूद सभी गायों को रोटी खिलाई। सभी गायों के साथ 'कमला' को भी तिलक लगाकर निवास में उसका स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने 'कमला' को गोद मे लेकर दुलार किया और मुख्यमंत्री निवास में पदस्थ सभी अधिकारी-कर्मचारियों को मिष्ठान्न खिलाकर कमला के आगमन पर अपनी आत्मीय खुशी जाहिर की।
शिव की शरण में पहुंचे शिवराज सिंह चौहान, पचमढ़ी की वादियों बंदर का किया फोटो शूट
14 Sep, 2025 08:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पचमढ़ी: केंद्रीय कृषि मंत्री और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान शनिवार को हिल स्टेशन पचमढ़ी पहुंचे. अपनी पत्नी साधना सिंह के साथ निजी यात्रा पर आए शिवराज सिंह चौहान शाम को पचमढ़ी के बड़ा महादेव मंदिर पहुंचे. भगवान महादेव की शरण में पहुंचकर शिवराज सिंह ने पत्नी साधना सिंह के साथ विधि विधान से पूजा अर्चना की. वहीं कुछ देर मंदिर परिसर में भी रुके.
बंदर की फोटे खींच केप्शन में लिखा, खींच मेरी फोटो
इसी दौरान बड़ा महादेव मंदिर परिसर में कुछ बंदर केंद्रीय कृषि मंत्री के सामने पहुंच गए. यहां रुक कर बंदरों की उछल कूद भी उन्होंने देखी. यहां ली गई एक छोटे बंदर की फोटो के साथ शिवराज सिंह ने सोशल मीडिया पर पोस्ट भी किया, जिसमें लिखा 'खींच मेरी फोटो.' बंदर की यह फोटो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही है. यूजर्स ने तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दी.
मुख्यमंत्री निवास में ठहरे शिवराज सिंह
हिल स्टेशन पचमढ़ी में रिमझिम बारिश के बीच शनिवार शाम को केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान रवि शंकर भवन में पहुंचे, जो मुख्यमंत्री का आधिकारिक निवास कहलाता है. रवि शंकर भवन पहुंचने पर पिपरिया एसडीएम ने उनकी अगवानी की.
कई बार परिवार के साथ आए पचमढ़ी
पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान अपने शासनकाल के दौरान परिवार के साथ कई बार पचमढ़ी आए. कई बार परिवार के साथ उनके निजी दौरे गोपनीय रहते थे. पत्नी साधना सिंह के साथ पचमढ़ी आने पर भगवान महादेव के दर्शन भी कई बार उन्होंने किए हैं. पूर्व मुख्यमंत्री की पत्नी साधना सिंह कई बार अकेले पचमढ़ी आकर भगवान महादेव के मंदिर में पूजा कर चुकी हैं. इसके अलावा चौरागढ़ पहुंचकर भी विधि विधान से उन्होंने पूजा की है.
ट्रेन में ली लोगों के साथ सेल्फी
बता दें कि, मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह का क्रेज कम नहीं हुआ है. वह अपने सरल अंदाज के लिए जनता के बीच में खासे लोकप्रिय हैं. वह जहां जाते हैं लोग उनके साथ सेल्फी लेने के लिए लाइन लगा लेते हैं. खास बात है कि वह किसी को निराश नहीं करते और जमकर लोगों के साथ फोटे खिंचवाते हैं. कुछ ऐसा ही हुआ राजधानी भोपाल से सतना जा रही रेवांचल एक्सप्रेस ट्रेन में. जहां स्लीपर कोच में पहुंचे कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान से मिलने के लिए लोग उमड़ पड़े. शिवराज सिंह ने भी लोगों से मुलाकात कर उनके साथ सेल्फी ली.
प्रदेश में पर्यटन को नई पहचान दिलाने हो रहे हैं निरंतर कार्य : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
13 Sep, 2025 11:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को गांधीसागर में चंबल नदी के अद्भुत और आकर्षक प्राकृतिक नजारे का अनुभव करते हुए बोटिंग की। बोट में बैठकर उन्होंने नदी की मनोहारी छटा को निहारा और इस मनमोहक सफर का आनंद लिया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में पर्यटन को नई पहचान दिलाने के लिए सरकार निरंतर कार्य कर रही है। चंबल नदी क्षेत्र में विकसित हो रही पर्यटन गतिविधियाँ न केवल स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजित करेंगी बल्कि देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों के लिए भी विशेष आकर्षण का केंद्र बनेंगी।
बोटिंग के बाद मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने चंबल नदी में जेट स्काय की सवारी भी की। पानी की लहरों पर बाइक बोट चलाते हुए मुख्यमंत्री अत्यंत प्रसन्नचित और उत्साहित नजर आए। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियाँ न केवल पर्यटन को बढ़ावा देंगी बल्कि प्रदेश की प्राकृतिक धरोहरों को देखने-समझने का नया अवसर भी प्रदान करेंगी।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव सफारी जीप में बैठकर टेंट सिटी का भी अवलोकन किया और यहां की पर्यटन सुविधाओं एवं आकर्षक व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव के साथ सांसद सुधीर गुप्ता, गरोठ विधायक चंदर सिसोदिया, कमिश्नर आशीष सिंह, आईजी उमेश जोगा, कलेक्टर श्रीमती अदिती गर्ग, पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा सहित पर्यटक मौजूद रहे।
माँ नर्मदा और देवी अहिल्या बाई का इंदौर से गहरा और अटूट संबंध : पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री पटेल
13 Sep, 2025 10:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : पंचायत एवं ग्रामीण विकास एवं श्रम विभाग मंत्री प्रहलाद पटेल ने शनिवार को इंदौर में नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, पूर्व लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन और स्थानीय विधायक गोलू शुक्ला के साथ इंदौर के राजवाड़ा स्थित लोकमाता देवी अहिल्या बाई की प्रतिमा का 108 नदियों के जल से अभिषेक किया। इस मौके पर मंत्री पटेल ने कहा कि माँ नर्मदा और देवी अहिल्या का इंदौर से अटूट संबंध है। माँ नर्मदा मैया अत्यंत पावन है। तीस वर्ष पूर्व मैंने पहली बार माँ नर्मदा की परिक्रमा की थी। उसके बाद पत्नी पुष्पलता पटेल के साथ नर्मदा परिक्रमा की। नर्मदा परिक्रमा से प्राप्त अनुभव पर एक पुस्तक तैयार की गई है, जिसका लोकार्पण 14 सितम्बर को हिन्दी दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत के करकमलों से किया जायेगा।
मंत्री पटेल ने कहा कि बचपन से ही हमारे परिवार का नर्मदा नदी के प्रति गहरी आस्था और लगाव रहा है। पिताजी कहा करते थे कि नदी के संगम को कभी भी पार नहीं करना चाहिये। मैंने इसका अक्षरश: पालन करने की कोशिश की। मुझे नदियों के उद्गम स्थल को देखने की जिज्ञासा रही और इसकी शुरूआत केन-बेतवा नदी के उद्गम स्थल को देखकर की। अभी तक मैंने 106 नदियों के उद्गम स्थलों को न सिर्फ देखा बल्कि वहां के जल को लेकर भी आया हूं। आज इन नदियों के जल से माता देवी अहिल्या की प्रतिमा का जलाभिषेक किया गया। इस मौके पर वैदिक विदवानों ने नर्मदाष्टकम : त्वदीय पाद पंकजम नमामि देवी नर्मदे के मंत्रोच्चार के साथ उपस्थित नागरिकों ने भी जल एवं दूध से देवी अहिल्या की प्रतिमा का जलाभिषेक किया।
मंत्री पटेल ने कहा कि जल गंगा संवर्धन अभियान से जुड़ने का मुझे भी अवसर मिला। इस अभियान से हमें जल का महत्व समझ में आता है कि जीवन में जल कितना बहुमूल्य और उपयोगी है। सभी नदिया जीवनदायिनी है। हम उसके जल को सहेजे और उसकी रक्षा करें। कार्यक्रम में पटेल की पत्नी पुष्पलता पटेल और भाई जालिम सिंह पटेल सहित बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद थे।
समाज को अनुशासित करने में संत महात्माओं और मुनियों की महती भूमिका : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
13 Sep, 2025 10:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि समाज को अनुशासित रखने में संत महात्माओं और मुनियों की महती भूमिका रही है। धर्म गुरुओं के संदेश, उपदेशों से भारतीय संस्कृति अक्षुण्ण है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव शनिवार को इंदौर में आयोजित जैन श्वेतांबर मालवा महासंघ के 14 वें अधिवेशन एवं श्रीसंघ मिलन समारोह को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर से प्रदेश में "सेवा पखवाड़ा अभियान" शुरू किया जा रहा है। अभियान सभी जिलों में विभिन्न गतिविधियाँ और कार्यक्रम आयोजित होंगे। उन्होंने सभी से अभियान में सहभागिता का आहवान किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में उद्योग विकास, निवेश और स्वरोजगार के अवसर बढ़ाए जा रहे हैं। गौमाताओं, गौशालाओं का संरक्षण, दुग्ध संघ के माध्यम से दुग्ध उत्पादन बढ़ाने में बेहतर कार्य हुए हैं। इन सब प्रयासों से प्रदेश आत्मनिर्भरता की ओर कदम बढ़ा रहा है।
संघ मिलन समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने आचार्य विश्वरत्न सागर का शुभाशीष प्राप्त किया। समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. यादव का मंगल कलश और शुभ अक्षतों की वर्षा कर स्वागत किया गया। इस दो दिवसीय समारोह में अन्य राज्यों व जिलों से धर्मावलंबी शामिल हुए।
इस दौरान आचार्य विश्वरत्न सागर ने आशीष वचनों से उपस्थितजन को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के मुखिया अपने सरल, सहज और समन्वय भाव से प्रदेश को विकास की ओर ले जा रहे हैं। नए उद्योग और रोजगार, धार्मिक न्यास को लेकर प्रदेश में जो कार्य हुए है वे अतुल्यनीय है। सरकार ने जन हितैषी कार्यों बढ़ावा दिया है।
समारोह में जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, विधायक गोलू शुक्ला, मालिनी गौड़, मधु वर्मा, रमेश मेंदोला, श्वेतांबर मालवा महासंघ के पदाधिकारी, सदस्य, एवं वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
महाराष्ट्र सरकार के सूचना और जनसम्पर्क अधिकारियों का अध्ययन दल म.प्र. आया
13 Sep, 2025 10:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मध्यप्रदेश राज्य सरकार की विभिन्न जनहितकारी योजनाओं को राज्य के नागरिकों तक पहुँचाने के लिए मध्यप्रदेश जनसंपर्क विभाग आधुनिक तकनीक का उपयुक्त उपयोग कर रहा है। यहाँ पारंपरिक माध्यमों के साथ नवीनतम डिजिटल और सोशल मीडिया का भी प्रभावी ढंग से उपयोग किया जा रहा है।
महाराष्ट्र सरकार के सूचना और जनसंपर्क महानिदेशालय के वरिष्ठ अधिकारियों के अध्ययन दल ने जनसंपर्क विभाग और म.प्र. माध्यम संस्थान का दौरा किया और विभाग एवं माध्यम संस्थान के कार्यों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। अध्ययन दल में सूचना और जनसंपर्क महानिदेशालय के उपसंचालक (प्रशासन) गोविंद अहंकारी, वरिष्ठ सहायक संचालक (सूचना) नंदकुमार वाघमारे, सहायक संचालक (सूचना) गजानन पाटील, सहायक संचालक (सूचना) सचिन ढवण, सहायक संचालक (सूचना) धोंडिराम अर्जुन शामिल थे।
उप संचालक अहंकारी ने कहा कि सूचना प्रौद्योगिकी में हो रही प्रगति से मीडिया में लगातार नए परिवर्तन हो रहे हैं। इन परिवर्तनों की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए मध्यप्रदेश का जनसंपर्क विभाग उसी प्रकार से अद्यतन है। महाराष्ट्र सरकार की ओर से ऐसी नई तकनीकों को अपनाने का निरंतर प्रयास किया जाएगा। इस प्रक्रिया में यह जानना जरूरी है कि अन्य राज्यों में सूचना और प्रचार के लिए किस प्रकार आधुनिक तकनीक का उपयोग किया जा रहा है और क्या उससे हम कुछ नया सीख सकते हैं।
सूचना प्रौद्योगिकी के नए युग में हो रहे परिवर्तनों का सामना करने के लिए महाराष्ट्र सरकार के सूचना और जनसंपर्क महानिदेशालय द्वारा अन्य राज्यों के जनसंपर्क विभाग के कार्यप्रणाली की जानकारी लेने हेतु अध्ययन दौरे आयोजित किए गए हैं। इसी क्रम में उप संचालक गोविंद अहंकारी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने मध्य प्रदेश सरकार के जनसंपर्क विभाग का दौरा किया।
वैश्विक बाजार से सीधे जुड़ेंगे मप्र के कपास उत्पादक किसान : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
13 Sep, 2025 10:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि जैविक कपास उत्पादन में मध्यप्रदेश देश के अग्रणी राज्यों में है। देश में जितना जैविक कपास उत्पादन होता है उसमें मध्यप्रदेश का योगदान लगभग 40 प्रतिशत है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा धार जिले में प्रथम पीएम मित्रा पार्क के शिलान्यास से मध्यप्रदेश देश की कॉटन कैपिटल बन जायेगा। कपास उत्पादक किसानों का सीधा संपर्क अंतर्राष्ट्रीय बाजार से हो जायेगा। पीएम मित्रा पार्क किसानों की मेहनत को वैश्विक पहचान दिलाने वाला ऐतिहासिक क्षण होगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इसे प्रदेश के औद्योगिक भविष्य की आधारशिला और किसानों के लिए नई संभावनाओं का द्वार बताया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की दूरदृष्टि से किसानों की उपज खेतों से सीधे वैश्विक बाजार तक पहुँच जायेगी। इसमें मध्यप्रदेश की कपास उत्पादक धरती सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभायेगी। इस पार्क से कपास उत्पादक किसानों की समृद्धि के नये द्वार खुलेंगे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव का मानना है कि पीएम मित्रा पार्क किसानों, श्रमिकों, महिलाओं और युवाओं का जीवन बदलने वाली औदयोगिक परियोजना है। कपास उत्पादक किसान अब सीधे कपास आधारित उद्योगों से जुड़ जायेंगे, जिससे मध्यप्रदेश का कपास केवल फसल न रहकर प्रदेश की औद्योगिक पहचान बनेगा।
मध्यप्रदेश कपास उत्पादन में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल है। प्रदेश के मालवा अंचल के जिलों में सबसे ज्यादा कपास उत्पादन होता है। इनमें प्रमुख रूप से इंदौर, धार, झाबुआ, अलीराजपुर, खरगौन, बड़वानी, खण्डवा और बुरहानपुर शामिल हैं। पिछले तीन वर्षों में कपास उत्पादन की स्थिति अच्छी रही है। वर्ष 2022-23 में 8.78 लाख मीट्रिक टन, 2023-24 में 6.30 लाख मीट्रिक टन और 2024-25 में 5.60 लाख मीट्रिक टन कपास उत्पादन हुआ।
इसके अतिरिक्त प्रदेश के अन्य जिलों में भी कपास की अच्छी फसल ली जाती है। देश में ऑर्गेनिक कॉटन उत्पादन में मध्यप्रदेश प्रसिद्धि पा चुका है। यही वजह है कि वस्त्र उद्योग के लिए मध्यप्रदेश सबसे उपयुक्त राज्य साबित हुआ है। इसी पृष्ठभूमि के आधार पर धार को पीएम मित्रा पार्क की स्थापना के लिए चुना गया है।
सर्व-सुविधायुक्त होगा पीएम मित्रा पार्क
करीब 2,158 एकड़ में विकसित हो रहा पार्क विश्व स्तरीय सुविधाओं से सुसज्जित है। यहां 20 MLD का कॉमन एफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट, 10 MVA का सौर ऊर्जा संयंत्र, पानी और बिजली की पुख्ता आपूर्ति, आधुनिक सड़कें और 81 प्लग-एंड-प्ले यूनिट्स जैसी व्यवस्थाएँ विकसित की जा रही हैं। श्रमिकों और महिला कर्मचारियों के लिए आवास और सामाजिक सुविधाएं इसे केवल औद्योगिक क्षेत्र नहीं, बल्कि आदर्श औद्योगिक नगर का रूप देती हैं।
निवेशकों ने जताया भरोसा
निवेशकों ने भी भरोसा जताते हुए पीएम मित्रा पार्क में अब तक 27 हजार 109 करोड़ रूपये के निवेश प्रस्ताव दिये हैं। यह निवेश उद्योगों की स्थापना के साथ स्थानीय लोगों के लिए नए रोजगार का मार्ग प्रशस्त करेगा। वस्त्र क्षेत्र के बड़े संगठनों और उद्योग समूहों ने यहां निवेश करने की इच्छा जताई है। इससे न केवल प्रदेश को औद्योगिक लाभ मिलेगा, बल्कि निर्यात भी बढ़ेगा। धार से तैयार वस्त्र और परिधान अब सीधे ग्लोबल मार्केट में पहुंचेंगे। जल्दी ही मध्यप्रदेश की पहचान अब टेक्सटाइल हब के रूप में होने लगेगी।
प्रधानमंत्री के विजन पर केन्द्रित है पार्क की थीम
प्रधानमंत्री मोदी के विज़न के अनुरूप यह पार्क “फार्म से फाइबर, फैक्ट्री से फैशन और विदेश” की संपूर्ण वैल्यू चैन बनायेगा। किसानों से प्राप्त कच्चा कपास उद्योगों में धागा बनेगा, वहीं से वस्त्र और परिधान तैयार होंगे और यही उत्पाद विदेशों तक जाएंगे। इस तरह पूरी वैल्यू चैन एक ही स्थान पर पूरी होगी। यही इस पार्क की विशिष्टता होगी और अन्य पार्कों में आदर्श बनायेगी।
पीएम मित्रा पार्क से लगभग 3 लाख रोजगार सृजित होंगे। इसमें एक लाख प्रत्यक्ष और दो लाख अप्रत्यक्ष रोजगार शामिल होंगे। कपास आधारित उद्योगों के विस्तार से किसानों को उनकी फसल का दोगुना मूल्य मिलेगा। यह अवसर केवल रोजगार तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि गांव-गांव तक आर्थिक गतिविधियों को गति देगा और स्थानीय बाजारों से लेकर निर्यात तक नई संभावनाएँ पैदा करेगा।
डिजिटल स्पेस में मानव अधिकार संरक्षण एक बड़ी चुनौती : लोकायुक्त सिंह
13 Sep, 2025 09:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : लोकायुक्त न्यायमूर्ति सत्येन्द्र कुमार सिंह ने कहा कि डिजिटल स्पेस में मानव अधिकार संरक्षण एक बड़ी चुनौती है। साइबर स्पेस की व्यापकता एवं पहचान छुपाने की तकनीक ने डिजिटल स्पेस में मानवाधिकारों के उल्लंघन को निवारित करने और उन्हें दण्डित करने को अत्यंत दुष्कर बना दिया है। उन्होंने कहा कि वर्तमान परिप्रेक्ष्य में मानव अधिकारों को साइबर सुरक्षा के माध्यम से संरक्षित कर डिजिटल क्रांति का लाभ समाज को व्यापक रूप से उपलब्ध कराने की चुनौती हमारे समक्ष है। सिंह ने कहा कि मध्यप्रदेश मानव अधिकार आयोग द्वारा इस चुनौती को स्वीकार कर "साइबर सुरक्षा एवं मानव अधिकार'' विषय पर संगोष्ठी का आयोजन कर प्रशंसनीय कार्य किया गया है। सिंह प्रशासन अकादमी भोपाल में मध्यप्रदेश मानव अधिकार आयोग के 31वें स्थापना दिवस समारोह में "साइबर सुरक्षा एवं मानव अधिकार'' की संगोष्ठी को संबोधित कर रहे थे।
मानव अधिकार आयोग के कार्यवाहक अध्यक्ष राजीव कुमार टण्डन ने कहा कि साइबर सुरक्षा व मानव अधिकार एक प्रासंगिक विषय है। उन्होंने बताया कि मध्यप्रदेश में मानव अधिकार आयोग की स्थापना 13 सितम्बर, 1995 को की गयी थी। मध्यप्रदेश मानव अधिकार आयोग द्वारा विगत 30 वर्षों में की गयी अनुशंसाओं के अनुरूप शासन एवं संबंधित विभागों की कार्य-प्रणाली में आवश्यक परिवर्तन कर सुशासन की दिशा में प्रयास किये गये हैं। उन्होंने कहा कि आयोग में विगत 5 वर्षों में 45 हजार 900 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 44 हजार 551 शिकायतों का निपटारा किया गया। टण्डन ने कहा कि आयोग द्वारा नवाचार करते हुए "आयोग आपके द्वार" कार्यक्रम शुरू किया गया है। इसमें जिला स्तर पर मानव अधिकारों से संबंधित शिकायतों का जन-सुनवाई के माध्यम से स्थानीय स्तर पर निराकरण किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अभी तक प्रदेश के 34 जिलों में जन-सुनवाई की गयी है।
"साइबर सिक्योरिटी और मानव अधिकार इंटरसेक्शन'' विषय पर हुआ मंथन
"साइबर सिक्योरिटी और मानव अधिकार इंटरसेक्शन'' के मंथन में विशेषज्ञों ने डिजिटल युग में बढ़ती चुनौतियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आज मानव अधिकार केवल भौतिक जीवन तक सीमित नहीं है, बल्कि ऑनलाइन दुनिया में भी उनकी सुरक्षा उतनी ही आवश्यक है। साइबर अपराध, डेटा चोरी, फेक न्यूज और ऑनलाइन उत्पीड़न जैसी समस्याएँ नागरिकों के निजता के अधिकार, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और सुरक्षा से सीधे जुड़ी हुई है। विषय-विशेषज्ञों ने बताया कि डिजिटल प्लेटफार्म पर सुरक्षा और स्वतंत्रता के बीच संतुलन बनाना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि डिजिटल साक्षरता और जिम्मेदार उपयोग के लिये जागरूक होना जरूरी है। विशेषज्ञों ने यह संदेश दिया कि डिजिटल युग में मानव अधिकार और साइबर सिक्योरिटी एक-दूसरे के पूरक हैं, विरोधी नहीं।
कार्यक्रम में वरिष्ठ अधिवक्ता, सर्वोच्च न्यायालय, नई दिल्ली सुएन.एस. नप्पिनाई ने कहा कि साइबर डोमेन में सब एक-दूसरे की नजर में हैं। उन्होंने कहा कि साइबर सुरक्षा की आवश्यकता है, डरने की नहीं। कार्यकारी निदेशक, पीडब्ल्यूसी इण्डिया, हैदराबाद कृष्ण शास्त्री पेड्ंयाला ने कहा कि डी-कॉमर्स के समय में मानव अधिकारों का संरक्षण आवश्यक है। निदेशक राजीव गाँधी लॉ सेंटर एन.एल.आई.ई.यू., भोपाल प्रो. अतुल पाण्डे ने कहा कि प्रगति के 5वें सौपान में डिजिटल सुरक्षा के उपाय जरूरी हैं। सभी विशेषज्ञों ने "साइबर सुरक्षा एवं मानव अधिकार'' विषय पर पीपीटी प्रेजेंटेशन के माध्यम से उद्बोधन दिया और साइबर सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर जानकारी साझा की।
कार्यक्रम में मानव अधिकार आयोग द्वारा "साइबर सुरक्षा एवं मानव अधिकार'' विषय पर आधारित स्मारिका का विमोचन हुआ और आयोग की नवीन वेबसाइट www.hrc.mp.gov.in का लोकार्पण किया गया। मानव अधिकार आयोग के प्रमुख सचिव मुकेश चंद गुप्ता ने स्वागत भाषण दिया। आयोग के उप सचिव डी.एस. परमार ने आभार प्रदर्शन किया। मानव अधिकार आयोग के कार्यवाहक अध्यक्ष टण्डन ने सभी अतिथियों को स्मृति-चिन्ह भेंट किये।
कार्यक्रम में आयोग के पूर्व पदाधिकारी, विभाग/संस्थानों के वरिष्ठ अधिकारी, सेवानिवृत्त न्यायाधीश, वरिष्ठ प्रशासनिक, पुलिस अधिकारी, विधि संकाय के प्राध्यापक, विधि संकाय के विद्यार्थी और आयोग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
विक्रमादित्य भारतीय न्याय व्यवस्था के महान पुरोधा : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
13 Sep, 2025 09:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि भारतीय न्याय व्यवस्था का इतिहास अत्यंत गौरवशाली रहा है। सम्राट विक्रमादित्य भारतीय न्याय व्यवस्था के महान पुरोधा थे, जिनके निर्णयों की मिसाल आज भी दी जाती है। न्याय के क्षेत्र में उनकी पहचान विश्व स्तर पर अद्वितीय थी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव शनिवार को इंदौर में विश्व हिंदू परिषद विधि प्रकोष्ठ द्वारा आयोजित अखिल भारतीय बैठक को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत के अनेक कानूनों में समयानुकूल बदलाव किए गए हैं, जो समय की आवश्यकता भी थे। न्याय व्यवस्था में मन की पवित्रता और पंचों का निष्पक्ष निर्णय ही असली न्याय है। उन्होंने कहा कि हमें अपनी भारतीय संस्कृति और न्याय परंपरा पर गर्व है और न्यायालयों के निर्णयों का सबको समान रूप से पालन करना चाहिए।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। प्रदेश में कोलाहल नियंत्रण अधिनियम का कड़ाई से पालन कराया जा रहा है। साथ ही खुले में मांस विक्रय पर प्रतिबंध लगाया गया है और उसका भी सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कानून सबके लिए समान है और उसके साथ खिलवाड़ करने वालों को किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने लव जिहाद के विषय में स्पष्ट कहा कि यह धार्मिक स्वतंत्रता और व्यक्ति की गरिमा के विरुद्ध है। प्रदेश में लव जिहाद करने वालों को छोड़ा नहीं जाएगा और उनके विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य है कि न्याय और कानून व्यवस्था में किसी भी प्रकार का भेदभाव न हो। समाज के प्रत्येक वर्ग को समान न्याय मिले और जनता को यह विश्वास रहे कि मध्यप्रदेश में कानून सर्वोपरि है।
कार्यक्रम को स्वामी जितेंद्रानंद जी महाराज ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर केंद्रीय विधि और न्याय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अर्जुन राम मेघवाल, परिषद के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष आलोक जी, संयुक्त महामंत्री डॉ. सुरेंद्र जैन, राष्ट्रीय संयोजक विधि प्रकोष्ठ डॉ. अभिषेक अत्रे एवं विधि प्रकोष्ठ के संरक्षक न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) व्ही.एस. कोकजे विशेष रूप मौजूद थे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने ऑन द स्पॉट लिया फैसला, पुलिस को दिये कार्रवाई के निर्देश
13 Sep, 2025 09:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव प्रदेश में जहाँ कहीं भी भ्रमण पर जाते हैं नागरिकों की समस्याओं पर संवेदनशीलता से ध्यान देते हैं। गत दिवस रतलाम जिले के सैलाना तहसील के करिया गांव में मुख्यमंत्री डॉ. यादव के भ्रमण के दौरान स्थानीय निवासी पूनमचंद बामनिया ने बताया कि फायनेंस कम्पनी के माध्यम से खरीदे गये वाहन में उनके साथ धोखाधड़ी हुई है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने आवेदक की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए ऑन स्पाट फैसला लिया और पुलिस अधिकारियों को संबंधित के विरूद्ध धारा 420 के तहत कार्रवाई करने के निर्देश दिय। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने आवेदक पूनमचंद्र को गले लगा कर ढाढस बंधाया कि उनके साथ इंसाफ होगा।
रतलाम पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने आवेदन को तत्काल संज्ञान में लेते हुए संबंधित थाने से डायरी बुलवाई। जाँच में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित टीआई को कारण बताओं नोटिस जारी कर जांच प्रारंभ कद दी गई है।
निर्दयी दरिंदे को कठोर सजा, पॉक्सो एक्ट में 20-20 साल की कैद
13 Sep, 2025 06:29 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
कुरवाई की अदालत ने डेढ़ साल की बच्ची से दुष्कृत्य करने वाले 60 वर्षीय आरोपी को 20 साल की कठोर कारावास की सजा सुनाई है। आरोपी पर पॉक्सो एक्ट सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। न्यायालय ने साक्ष्यों और गवाहों के बयानों के आधार पर आरोपी को दोषी पाया।
12 नवंबर 2024 की सुबह बुआ की भतीजी बरामदे में खेल रही थी। बच्ची के रोने पर जब बुआ पहुंची तो यह देखकर आरोपी भाग गया था। डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। डेढ़ साल की अबोध बच्ची के साथ दुष्कृत्य करने वाले 60 वर्षीय आरोपित को कुरवाई की अदालत ने कठोर सजा सुनाई है। जिला एवं अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश आनंद गौतम ने शुक्रवार को दिए फैसले में आरोपी को पॉक्सो सहित विभिन्न धाराओं में कुल 20 वर्ष कठोर कारावास से दंडित किया।मामला थाना पठारी क्षेत्र का है। फरियादिया की बुआ ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 12 नवंबर 2024 की सुबह उसकी भतीजी बरामदे में खेल रही थी, तभी उनके रिश्ते के जीजा ने बच्ची के साथ छेड़छाड़ की। बच्ची के रोने पर जब वह पहुंची तो आरोपी भाग खड़ा हुआ।
किन-किन धाराओं में मामला हुआ दर्ज?
इस संबंध में थाना पठारी में BNS की धारा 64(2), 65(2), 332(ए) एवं पॉक्सो की धारा 5(एम)/6 और 5(एन)/6 के तहत मामला दर्ज किया गया था। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए एसपी रोहित काशवानी ने सहायक अभियोजन अधिकारी मनीष कथोरिया को विशेष पैरवी हेतु नियुक्त किया।
विचारण के दौरान प्रस्तुत साक्ष्य और गवाहों के बयानों को अदालत ने प्रमाणित मानते हुए आरोपी को दोषी ठहराया। न्यायालय ने BNS की धारा 64(2) और 65(2) में 10-10 साल का कठोर कारावास, धारा 332(ए) में एक साल का कारावास और पॉक्सो की धारा 5(एम)/6 और 5(एन)/6 में 20-20 साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई है।
इस प्रकरण की विवेचना तत्कालीन थाना प्रभारी विमलेश राय ने की थी। पैरवी एडिशनल डीपीओ मनीष कथोरिया ने की, जबकि मार्गदर्शन सहायक उपनिदेशक जे.एस.तोमर का रहा। एसपी रहित काशवानी ने बताया कि इस घटना का आरोपित पहले भी साढ़े चार साल की बालिका से दुष्कृत्य कर चुका है।
पहले भी कर चुका है घिनौना काम
उसे न्यायालय ने इस मामले में पांच साल की सजा भी सुनाई थी। काशवानी ने बताया कि वर्ष 2017 में त्योंदा थाना क्षेत्र में आरोपित ने साढ़ चार साल की बालिका से दुराचार किया था। पीड़िता की शिकायत पर प्रकरण दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया था। इस मामले में आरोपी को न्यायालय ने पांच साल की सजा सुनाई थी। आरोपी पांच साल की सजा काटकर साल 2021 में जेल से रिहा हुआ था।
साजिश का खुलासा: पत्नी को नशा खिलाकर गैंगरेप कराने वाला पति, दोस्तों के साथ गिरफ्तार, महिला को मिला न्याय की उम्मीद
13 Sep, 2025 06:16 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छतरपुर: पति-पत्नी के रिश्तों को कलंकित करने वाला एक मामला एमपी के छतरपुर से सामने आया है। यहां एक पति ने मोमोज में बेहोशी की दवा मिलाकर खिला दी, जिसके बाद उसने अपने दोस्तों संग मिलकर पत्नी का गैंग रेप किया है। पीड़िता के बयानों के बाद पुलिस ने पति सहित तीन पर FIR दर्ज की है। छतरपुर जिला अस्पताल में भर्ती एक महिला ने अपने पति और उसके दोस्तों पर बेहोश कर गैंग रेप करने का आरोप लगाया है। महिला का आरोप है कि उसके पति ने उसे मोमोज में बेहोशी की दवा मिलाकर खिलाए थे। मोमोज खाने के बाद वह बेहोश हो गई, जिसके बाद पति ने बेहोशी की हालत में दुष्कर्म किया, बल्कि अपने दोस्तों को सौंप दिया। उसके दो दोस्तों ने भी दुष्कर्म किया है। इतना ही नहीं गैंग रेप के बाद उसके हाथ-पैर बांधकर उसे सड़क किनारे तड़पता मरने के लिए छोड़ गए थे।
सागर-छतरपुर हाईवे किनारे मिली थी
पुलिस से मिली जानकारी अनुसार पति और उसके दोस्तों पर दुष्कर्म का आरोप लगाने वाली महिला बीते 9 सितंबर को छतरपुर-सागर हाईवे पर सड़क किनारे बेहोशी की हालत में मिली थी। उसके रस्सी से हाथ-पैर बंधे हुए थे। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कर इलाज कराया जा रहा था। होश में आने के बाद महिला ने जो बताया उससे पुलिस भी हैरान रह गई। फिलहाल महिला की शिकायत पर महिला के पति सहित उसके दो साथियों पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है।
पहले भी 3 बार रेप, बयान नहीं दिया था
छतरपुर सिविल लाइन थाना पुलिस ने मामले में एक और चौंकाने वाला खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार महिला के साथ पहले भी 3 दफा गैंगरेप हो चुका है। वह पहले भी गैंगरेप का मामला दर्ज करवा चुकी है, लेकिन बयान नहीं देने के कारण आरोपी कोर्ट से बरी हो गए थे। ताजा मामले में महिला ने बयान दिए हैं कि पति ने उसे बाजार ले जाकर मोमोज खिलाए थे, जिसमें नशा मिला था। खाने के बाद वह बेहोश हो गई थी, जिसके बाद उसके पति और दोस्तों ने दुष्कर्म किया और बाद में हाथ-पैर बांधकर हाईवे पर फेंक गए थे।
प्रेग्नेंसी में पढ़ाई, 26 दिन की बच्ची गोद में खिलाते दिया एग्जाम, MPPSC टॉपर मैहर की वर्षा बनीं DSP
13 Sep, 2025 05:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मैहर: अगर दिल में जुनून हो और हौसला बुलंद हो तो कोई भी कार्य असंभव नहीं होता. इस कहावत को मैहर की बेटी वर्षा पटेल ने चरितार्थ कर दिखाया है. मध्य प्रदेश पीएससी की परीक्षा पास कर DSP के पद पर वर्षा पटेल का चयन हुआ है. उन्होंने अपनी मेहनत और संघर्ष से न केवल अपनी परिस्थितियों को बदला. बल्कि महिला वर्ग में प्रथम रैंक हासिल कर भरेवा गांव सहित मैहर जिले का नाम रोशन किया है.
डीएसपी बनने की बड़ी दिलचस्प कहानी
वर्षा पटेल का एमपीपीएससी 2024 की परीक्षा में डीएसपी पद पर चयन हुआ है. वर्षा ने डीएसपी बनने की जर्नी के बारे में बात करते हुए बताया कि उनके पिता दमोह में सीमेंट फैक्ट्री में नौकरी करते थे. वहीं पर उन्होंने शुरुआती शिक्षा प्राप्त की. दमोह के ज्ञानोदय विद्या मंदिर से 12 तक की पढ़ाई की. इस दौरान 10वीं कक्षा में 8.4 सीजीपीए (नंबरों का औसत) और 12वीं कक्षा में 75 फीसदी अंक प्राप्त किए. इसके बाद कमला नेहरू गर्ल्स कॉलेज, दमोह से बायोलॉजी विषय में स्नातक किया. इस बीच सब ठीक चल रहा था, लेकिन साल 2015 में पिता के निधन हो गया. इस घटना ने सब कुछ बदल दिया.
5वें अटेम्प्ट में डीएसपी बनीं वर्षा
वर्षा आगे बताती हैं, '' परिवार को दमोह छोड़कर मैहर शिफ्ट होना पड़ा, जिसके चलते कॉलेज कंप्लीट करने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा, लेकिन मैंने कभी हार नहीं मानी. जैसे-तैसे करके कॉलेज कंप्लीट हो गया. इसी दौरान साल 2017 में मेरा विवाह रामनगर निवासी संजय पटेल से हुआ. पति और ससुराल वालों के सहयोग से एमपीपीएससी परीक्षा की तैयारी शुरू की. मेरे पति ने तैयारी के लिए मुझे इंदौर भेजा. मैंने अपने पहले अटेम्प्ट में एमपीपीएससी की प्री और मेंस परीक्षा पास किया, लेकिन इंटरव्यू क्लियर नहीं कर सकी. मैंने कुल 5 बार एमपीपीएससी की परीक्षा दी, तीन बार इंटरव्यू तक पहुंची और पांचवीं बार सफलता अर्जित की.''
26 दिन की बेटी गोद में लेकर दिया इंटरव्यू
वर्षा को जब मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग से इंटरव्यू के लिए कॉल आया. तब उनकी गोद में करीब 26 दिन की बेटी थी, जिसे लेकर वे इंटरव्यू में शामिल हुईं थी. इस बार वे जब परीक्षा के लिए तैयारी कर रही थीं, तब प्रेग्नेंट थीं. सबसे बड़ी बात यह है कि वर्षा जब परीक्षा दे रही थीं, तब वे गर्भवती थीं. 22 जुलाई 2025 को उन्होंने पुत्री श्रीजा को जन्म दिया. सिजेरियन डिलीवरी के बावजूद मात्र एक महीने बाद 18 अगस्त को नवजात बेटी को गोद में लेकर वे इंटरव्यू देने पहुंचीं.
पत्नी की सफलता के लिए पति ने छोड़ी नौकरी
वर्षा पहले से ही दुग्ध सांची विभाग रीवा में डेली डाक सहायक पद पर कार्यरत थीं. अब एमपीपीएससी 2024 परीक्षा परिणाम घोषित होते ही उनका चयन डीएसपी पद पर हुआ. पत्नी के सपनों को पूरा करने के लिए उनके पति संजय पटेल ने वाराणसी में मैनेजर की नौकरी छोड़ दी थी. शुक्रवार को परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद से ही उनके घर बधाई देने वालों का तांता लग गया. सिविल परीक्षा की तैयारी करे अभ्यर्थियों को संदेश देते हुए वर्षा ने कहा, "मेहनत करने वालों की कभी हार नहीं होती, लगातार प्रयास करते रहना चाहिए."
प्रधानमंत्री आवास योजना से स्वयं के पक्के मकान का सपना हुआ साकार
केदारनाथ मंदिर में नए नियम लागू, मोबाइल इस्तेमाल पर पूरी तरह बैन
मनरेगा की ‘डबरी’ और ‘बिहान’ के सहयोग से सविता बनीं आत्मनिर्भर
दिलीप घोष बोले- बंगाल में खिलेगा कमल, BJP की जीत का भरोसा
लेमरू में दौड़ी जिंदगी की नई रफ्तार, संजीवनी 108 सेवा से ग्रामीणों को मिल रहा त्वरित उपचार
छत के नेट से टीम इंडिया की कैप तक का सफर
केदारनाथ धाम में उत्सव का माहौल, कल सुबह खुलेंगे कपाट
सुपर सकर मशीन द्वारा लगातार चौथे दिन तानसेन नगर में सीवर सफाई कार्य जारी
रायपुर प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के क्रियान्वयन में सूरजपुर बना प्रदेश में प्रथम स्थान पर
