मध्य प्रदेश
सेवा पर्व को सार्थक बनाने सामाजिक संस्थाएँ आगे आयें : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
18 Sep, 2025 11:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सेवा पखवाड़ा अंतर्गत स्वच्छता अभियान के तहत गुरूवार को रानी दुर्गावती चिकित्सालय जबलपुर में साफ-सफाई के लिए झाडू लगाकर श्रमदान किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने चिकित्सालय के स्टाफ एवं शासकीय कर्मचारियों से आग्रह किया कि वे कार्यालयीन समय के पूर्व रोस्टरवार स्वच्छता के लिए श्रमदान करें। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जिला चिकित्सालय सहित सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों एवं स्वास्थ्य संस्थाओं में सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संगठनों से अपील की कि वे सेवा पर्व के दौरान स्वच्छता के लिये श्रमदान करें।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने संभागीय कमिश्नर एवं स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को सफाई अभियान का नियमित निरीक्षण और निगरानी करने के निर्देश दिये। साथ ही मंत्रीगण, सांसद एवं विधायकगण से भी अनुरोध किया कि वे साफ-सफाई अभियान का निरीक्षण कर आमजन और सामाजिक कार्यकर्ताओं को भी श्रमदान के लिये प्रोत्साहित करें।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सेवा पर्व को नया आयाम देते हुए अस्पतालों में सफाई व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिये। उल्लेखनीय हैकि 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर की अवधि में प्रदेश में स्वस्थ नारी-सशक्त परिवार एवं पोषण अभियान चल रहा है। आयुष्मान आरोग्य मंदिरों और सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर शिविर भी लगाए जा रहे हैं, जिसमें विभिन्न रोगों की नि:शुल्क जांच के साथ ही आमजन को स्वास्थ्य, शिक्षा प्रदान करने का कार्य किया जा रहा है।
लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह, सांसद सुमित्रा बाल्मीक, आशीष दुबे, महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू, विधायक अशोक रोहाणी, संतोष बरकड़े, अभिलाष पांडे, नीरज सिंह, संभागीय कमिश्नर धनंजय सिंह सहित गणमान्य नागरिक एवं प्रशासनिक अधिकारी भी स्वच्छता श्रमदान में शामिल हुए।
सामूहिक भागीदारी से प्रदेश में चल रहा है सेवा पखवाड़ा
18 Sep, 2025 10:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्म-दिन 17 सितम्बर से प्रदेश में शुरू हुए 'सेवा पखवाड़ा' अभियान में सामूहिक भागीदारी से सार्वजनिक स्थलों पर साफ-सफाई का अभियान चल रहा है। इसी के साथ महिला सशक्तिकरण सहित अन्य गतिविधियां भी शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में चल रही हैं। सेवा पखवाड़ा अभियान 2 अक्टूबर गांधी जयंती तक निरंतर चलेगा। प्रदेश के नगरीय क्षेत्रों में संचालनालय नगरीय प्रशासन एवं विकास के निर्देश पर 1250 से अधिक स्वच्छता श्रमदान गतिविधियाँ हुईं। स्वच्छता लक्षित इकाइयों पर विशेष ध्यान देकर सफाई और सौंदर्यीकरण का कार्य किया गया। इस आयोजन में 6 हजार से अधिक जन-प्रतिनिधि और एक लाख 50 हजार से अधिक सामाजिक संगठन के सदस्य, युवा, विद्यार्थी, स्वच्छता ब्रांड एम्बेसडर और सफाई मित्र शामिल हुए। जन-प्रतिनिधियों ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि स्वच्छता ही सेवा अभियान का उद्देश्य न केवल सफाई को बढ़ावा देना बल्कि नागरिकों के बीच स्वच्छता को निंरतर उत्सव के रूप में आत्मसात करना है।
नर्मदापुरम जिले की विभिन्न तहसीलों और विकासखण्डों में स्वच्छता को लेकर साफ-सफाई अभियान चलाया गया। इटारसी में जन-सामान्य को स्वच्छता का संदेश दिया गया। नागरिकों को गीला और सूखा कचरा अलग-अलग रखने की समझाइश दी गई। हरदा जिले में अननान नदी के तट पर श्रमदान किया गया। नगरपालिका अध्यक्ष भारती, नागरिकों और अधिकारी-कर्मचारियों ने श्रमदान किया। बैतूल में कलेक्टर नरेन्द्र सूर्यवंशी के निर्देश पर कोठी बाजार और गंज क्षेत्र में सिंगल यूज प्लास्टिक के प्रबंधन को लेकर जागरूकता एवं कार्यवाही की गयी। स्वच्छता अमले ने व्यापारियों को पॉलिथिन का उपयोग न करने के स्थान पर कपड़े के थैले का उपयोग करने की समझाइश दी। प्रशासनिक कार्यवाही करते हुए अमले ने सिंगल यूज प्लास्टिक का यूज करने वाले व्यापारियों पर 16 हजार रुपये चालान की राशि वसूल की और 54 किलो पॉलीथिन जप्त किया।
अनूपपुर जिले के अमरकंटक में वन एवं पर्यावरण और प्रभारी मंत्री दिलीप अहिरवार ने अभियान के अंतर्गत पौध-रोपण किया। प्रभारी मंत्री ने नर्मदा नदी के दक्षिण घाट पर बेल का पौधा रोपित किया। उनके साथ महिला स्व-सहायता समूह की सदस्यों ने नींबू, जामुन, आम और अमरूद के पौधे लगाये। शहडोल में मोहनराम तालाब की साफ-सफाई की गयी। नगर के गाँधी स्टेडियम में एनसीसी, एनएसएस, स्कूल के छात्र-छात्राओं, नगरपालिका के स्टॉफ ने मानव श्रंखला बनाकर स्वच्छता का संदेश दिया।
दमोह जिले के पथरिया में पशुपालन राज्यमंत्री लखन पटेल 'स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार' कार्यक्रम में शामिल हुए। मंत्री पटेल ने कहा कि स्वास्थ्य सेवा को मजबूत कर महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य स्तर को सुधारा जा सकता है। कार्यक्रम में 8वाँ राष्ट्रीय पोषण माह और प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के बारे में जानकारी दी गयी। कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं को गर्भावस्था के समय दी जाने वाली स्वास्थ्य सेवाओं के बारे में जानकारी दी गयी। अभियान में 'एक पेड़ माँ के नाम' कार्यक्रम में नागरिकों ने फलदार पौधे लगाये।
सागर में सामूहिक भागीदारी से स्वच्छता कार्यक्रम हुआ। कार्यक्रम दीनदयाल चौराहे पर लगी पं. दीनदयाल उपाध्याय की मूर्ति की सफाई से किया गया और माल्यार्पण किया गया। बस स्टैण्ड पर नागरिकों की भागीदारी से सफाई की गयी। कार्यक्रम में विधायक शैलेन्द्र जैन, महापौर सागर संगीता सुशील तिवारी एवं नागरिक शामिल हुए। जिले के खुरई में डम्प साइट स्थानों पर सफाई करवायी गयी। जन-सामान्य को स्पॉट के कायाकल्प का संकल्प दिलाया। कचरा गाड़ी में ही डालने के लिये प्रेरित किया गया। सुरखी में नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर और रक्तदान शिविर लगाया गया। कार्यक्रम में खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री गोविंद सिंह राजपूत शामिल हुए।
स्व. रमाकांत तिवारी सुचिता के प्रतीक थे : उप मुख्यमंत्री शुक्ल
18 Sep, 2025 10:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा है कि स्वर्गीय रमाकांत तिवारी सुचिता के प्रतीक थे। वह एक आदर्श नेता, जुझारू व्यक्ति के साथ जन-जन के हितैषी थे। उप मुख्यमंत्री ने चाकघाट में पूर्व मंत्री रमाकांत तिवारी के पुण्यतिथि कार्यक्रम में शामिल होकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा कि तिवारी अन्याय और अत्याचार के खिलाफ बज्र के समान कठोर थे पर दीन दुखिओं की मदद के लिए फूल से भी ज्यादा कोमल थे।
उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा कि स्वर्गीय तिवारी ने सुचिता की राजनीति की। समाज के अंतिम छोर के व्यक्ति को मदद मिले यही उनका उद्देश्य था। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को वरदान बनाने के लिए प्रलोभन से दूर रहकर राजनीति करनी चाहिए तभी निर्भय होकर कार्य किया जा सकता है। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी एवं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सुचिता के राजनीति के प्रेरणा स्त्रोत हैं। स्वर्गीय रमाकांत तिवारी ने भी इसी राह पर चलकर दीन दुखिओं की सेवा की थी। उनको सच्ची श्रद्धांजलि यही होगी कि उनके द्वारा स्थापित आदर्शों का अनुसरण किया जाय। हम सब स्वर्गीय तिवारी को स्मरण करने के लिए प्रतिवर्ष कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे और उनके बताये रास्ते पर चलने का संकल्प लेगें। उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने स्वर्गीय तिवारी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। सांसद जनार्दन मिश्र, विधायक मनगवां इंजी. नरेन्द्र प्रजापति सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, आयोजक कौशलेश तिवारी सहित स्थानीय जन उपस्थित रहे।
स्वदेशी ही था राजा शंकर शाह और कुंवर रघुनाथ शाह के अंग्रेजों से संघर्ष का मूल : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
18 Sep, 2025 10:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि स्वाधीनता संग्राम के अमर बलिदानी राजा शंकर शाह और कुंवर रघुनाथ शाह ने अंग्रेजों के खिलाफ जो लड़ाई लड़ी, उसका मूल 'स्वदेशी' ही था। देश में हमारा अपना शासन और कानून होना चाहिए, इस भाव ने ही जनजातीय वीरों को विदेशी ताकतों से संघर्ष के लिए प्रेरित किया। वे अंग्रेजों के आगे कभी झुके नहीं और पिता-पुत्र (राजा शंकर शाह और रघुनाथ शाह) की जोड़ी ने एक लक्ष्य के लिए लड़ते हुए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया और वे अमर हो गए। राज्य सरकार ने उनके बलिदान स्थल को स्मारक के रूप में विकसित किया है। अपनी संस्कृति के लिए प्रतिबद्ध राजा शंकर शाह अपने संस्कारों पर सदैव अडिग रहे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव राजा शंकर शाह और कुंवर रघुनाथ शाह के 168वें बलिदान दिवस पर गुरूवार को जबलपुर के नेताजी सुभाष चंद्र बोस कन्वेंशन सेंटर में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दोनों अमर बलिदानियों को नमन कर पुष्पांजलि अर्पित की।
अंग्रेजों के सामने नहीं झुके, हो गए शहीद
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राजा शंकर शाह और कुंवर रघुनाथ शाह दोनों पिता पुत्रों ने रानी दुर्गावती की परम्परा को कायम रखते हुए अंग्रेजों के खिलाफ कविता के माध्यम से आवाज उठाई। उन्होंने अंग्रेजों के सामने सीना ठोककर जंगल, जमीन और अपने राष्ट्र को बचाने के लिए गीतों की रचना की। अंग्रेज उनके विद्रोह को बर्दाश्त नहीं कर पाये और कायरता का परिचय देते हुए उन्हें तोप के मुंह पर खड़ा कर उड़ा दिया गया। अंग्रेजों ने दोनो पिता-पुत्रों को बंदी बनाकर बगैर कोई मुकदमा चलाये उन्हें तोप से उड़ाने का काम किया था। अंग्रेजों ने उनके सामने धर्म बदलने, अंग्रेजी सत्ता को स्वीकार करने और माफी मांगने की शर्त रखी और इसे मान लेने पर उनकी रिहाई के लिए तैयार थे। लेकिन दोनों पिता-पुत्रों ने अंग्रेजों के इस प्रस्ताव को बहादुरी के साथ ठुकरा दिया और कहा कि तोप से उड़ाने के बाद भी यदि वे बच गये तो फिर से अंग्रेजी सत्ता के खिलाफ गीत लिखेंगे और अपने राष्ट्र की रक्षा के लिए विद्रोह करेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हर व्यक्ति के जीवन में जन्म और मृत्यु एक बार आती है, लेकिन देश की रक्षा के लिए बलिदान देने वाले शहीद हमेशा के लिए अमर हो जाते हैं। राजा शंकर शाह और कुंवर रघुनाथ शाह ऐसे ही शहीद हैं जो हमेशा के लिए अमर हो गये हैं। उनका बलिदान हमें देश सेवा और देश की रक्षा करने की प्रेरणा देता है। मध्यप्रदेश सरकार की ओर से उनके बलिदान दिवस पर मैं उन्हें नमन करता हूं और प्रणाम करता हूं। मां नर्मदा की पवित्र नगरी में गोंडवाना साम्राज्य के अमर शहीदों को स्मरण कर मैं स्वयं भी गौरवान्वित महसूस कर रहा हूं।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश में स्वदेशी अपनाने का अभियान चल रहा है, विकसित भारत का मार्ग स्वदेशी से होकर गुजरता है। प्रदेश में बहनों ने स्व-सहायता समूहों के माध्यम से आत्मनिर्भरता की अनोखी मिसाल प्रस्तुत की है। हमारे गांव आत्मनिर्भर अर्थव्यवस्था के श्रेष्ठ उदाहरण रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने 'गर्व से कहो हम स्वदेशी अपनाएंगे' के उद्घोष के साथ उपस्थित जनसमुदाय को दैनिक उपयोग की स्वदेशी सामग्री अपनाने के लिए प्रेरित किया।
जबलपुर की धरा जनजातीय वीरों के रक्त से हुई है सिंचित
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्राचीनकाल से महकौशल, महावीरों की धरती रही है, जो राजा शंकर शाह, रघुनाथ शाह और राना दुर्गावती जैसी महान विभूतियों के बलिदान को समेटे हुए है। जबलपुर की धरा जनजातीय वीरों के रक्त से सिंचित हुई है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राष्ट्र की स्वतंत्रता के लिए शाह वंश का अदम्य साहस, अमर शौर्य और अद्वितीय बलिदान सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत है। मां भारती के चरणों में बलिदान देने वाले महावीर होते हैं। उनके बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता है। यही त्याग आने वाली पीढ़ियों के हृदय में राष्ट्रभक्ति की पवित्र ज्योति प्रज्ज्वलित करता रहेगा।
'स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान' में माताएं-बहनें कराएं जांच
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कल प्रदेश के जनजातीय अंचल (धार) में अपना जन्म दिवस मनाकर प्रदेश को धन्य किया है। केंद्र और राज्य सरकार जनजातीय भाई-बहनों के कल्याण के लिए संकल्पित हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने प्रदेश के कपास उत्पादक किसानों को 'पीएम मित्र पार्क' की सौगात दी है। माता-बहनों-बेटियों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए सरकारी खजाने में कोई कमी नहीं है। हमारे लिए मां, बहन, बेटियों का सम्मान और उनका स्वास्थ्य सर्वोपरि है। समय पर बीमारी की जांच हो जाए तो जान बच सकती है। मुख्यमंत्री ने आह्वान किया कि माताएं-बहनें "स्वस्थ नारी-सशक्त परिवार" अभियान अंतर्गत आयोजित शिविर में स्वास्थ्य जांच कराने के लिए आगे आएं। प्रधानमंत्री मोदी की प्रतिबद्धता के अनुरूप राज्य सरकार पूर्ण समर्पण, सक्रियता और संवेदनशीलता के साथ इस दिशा में गतिविधियां संचालित करने के लिए तत्पर है। प्रदेश में स्वस्थ नारी-सशक्त परिवार अभियान के साथ स्वच्छता का संकल्प भी लिया गया है।
लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने कार्यक्रम में पधारे सभी का आभार प्रकट किया। इस अवसर पर सांसद आशीष दुबे, राज्यसभा सदस्य सुमित्रा वाल्मीकि, विधायक डॉ. अभिलाष पांडे, विधायक अशोक रोहाणी, महापौर जगत बहादुर सिंह 'अन्नू भैया' जनप्रतिनिधि सहित नागरिक उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने स्वदेशी अभियान प्रदर्शनी का किया अवलोकन
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सेवा पखवाड़ा के दौरान नेताजी सुभाषचंद्र बोस कल्चरल एंड इन्फॉर्मेशन सेंटर में लगी स्वदेशी उत्पादों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने स्व सहायता समूहों के विभिन्न स्टॉलों में जाकर लखपति दीदियों द्वारा निर्मित उत्पादों को देखा और उन्हें प्रोत्साहित किया। इस दौरान उन्होंने देशी कुल्लड़ में चाय की चुस्की भी ली। स्वदेशी अभियान अंतर्गत जिला पंचायत, जिला उद्योग केन्द्र, नगर निगम तथा स्मार्ट सिटी द्वारा 'स्वदेशी उत्पादों से आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ते कदम' थीम पर स्व-सहायता समूह की लखपति दीदियों द्वारा हाथ से बनाये विभिन्न उपयोगी उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई गई थी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने स्वदेशी अभियान से आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ते कदम की सराहना कर इसे और व्यापक रूप देने की बात कही, जिससे आमजन स्वदेशी वस्तुओं का उपयोग करें और आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ें।
दृढ़ संकल्प और समेकित प्रयास से मध्यप्रदेश स्वास्थ्य मानकों में बनेगा अग्रणी : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
18 Sep, 2025 09:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि "स्वस्थ नारी–सशक्त परिवार" अभियान के अंतर्गत 17 सितम्बर को मध्यप्रदेश ने एक ही दिन में 14 हजार 573 यूनिट स्वैच्छिक रक्तदान और 20 हजार 379 हितग्राहियों की सिकल सेल स्क्रीनिंग कर पूरे देश में पहला स्थान प्राप्त किया है। यह मातृ शिशु स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए समस्त स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं, समाजसेवियों और नागरिकों की जागरूकता और प्रतिबद्धता का प्रमाण है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हम वर्तमान में प्रथम स्थान पर हैं और इस स्थान को बनाए रखना हम सभी की सामूहिक ज़िम्मेदारी है। इसके लिए आवश्यक है कि स्वास्थ्य कार्यकर्ता, स्वयंसेवी संस्थाएँ, जनप्रतिनिधि और आमजन सभी मिलकर निरंतर और समन्वित प्रयास करें।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेश के नागरिकों, महिलाओं, बालिकाओं और अभिभावकों से अपील की है कि "स्वस्थ नारी–सशक्त परिवार" अभियान से जुड़ी सेवाओं और शिविरों का अधिक से अधिक लाभ लें। उन्होंने कहा कि दृढ़ संकल्प और समेकित प्रयास से हम स्वास्थ्य सेवाओं में निरंतर सुधार करते हुए मातृ मृत्यु दर (एमएमआर) और शिशु मृत्यु दर (आईएमआर) के सूचकांकों सहित स्वास्थ्य स्थिति में देश के अग्रणी प्रदेश बनेंगें। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सभी रक्तदाताओं का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने सिकल सेल स्क्रीनिंग में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों की सराहना की है और सतत प्रयास का आह्वान किया है।
भारत सरकार की राज्यवार दैनिक रिपोर्ट 17 सितम्बर 2025 के अनुसार मध्यप्रदेश 20,379 सिकल सेल स्क्रीनिंग के साथ पहले स्थान पर रहा। इसके बाद ओडिशा 10,851 और महाराष्ट्र 10,821 स्क्रीनिंग कर क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे। रक्तदान के क्षेत्र में मध्यप्रदेश के बाद उत्तराखंड 5,065 यूनिट और राजस्थान 3,530 यूनिट के साथ क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे।
"स्वस्थ नारी–सशक्त परिवार" अभियान के अंतर्गत प्रदेशभर में महिलाओं के सम्पूर्ण स्वास्थ्य की जाँच और उपचार के लिए 20 हज़ार से अधिक स्वास्थ्य शिविर आयुष्मान आरोग्य मंदिरों और सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों में लगाए जा रहे हैं। इन शिविरों में निःशुल्क जाँच, परामर्श और उपचार की सुविधा दी जा रही है। अभियान में गर्भवती महिलाओं की प्रसव पूर्व जाँच, अनमोल 2.0 पोर्टल पर प्रविष्टि, टीकाकरण, किशोरियों में एनीमिया की जाँच और उपचार, पोषण एवं मासिक धर्म स्वच्छता संबंधी जानकारी, सिकल सेल और अन्य गैर-संचारी रोगों की स्क्रीनिंग की जा रही है। क्षय और कुष्ठ रोग की पहचान एवं इलाज, मानसिक स्वास्थ्य, नेत्र, दंत और श्रवण विकारों की जाँच भी इस अभियान का हिस्सा हैं। अभियान के दौरान ईट-राइट कार्यक्रम, पोषण माह की गतिविधियाँ, योग और वेलनेस कैंप भी आयोजित हो रहे हैं। निःक्षय मित्र अभियान के अंतर्गत टीबी रोगियों को पोषण और सहयोग उपलब्ध कराने का अभियान भी संचालित है। साथ ही 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक प्रदेशभर में रक्तदान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।
स्वदेशी अपना कर मध्यप्रदेश को समृद्ध और देश को आत्मनिर्भर बनाकर बने देशभक्त : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
18 Sep, 2025 09:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 'स्वदेशी अपनाओ-मध्यप्रदेश समृद्ध बनाओ, स्वदेशी अपनाओ-देश को आत्मनिर्भर बनाओ' के संदेश के माध्यम से प्रदेशवासियों को स्वदेशी अपनाने के लिए प्रेरित किया है। उन्होंने कहा कि हमें गांव-गावं, शहर-शहर स्वदेशी का अभियान चलाना है। प्रदेशवासी स्थानीय स्तर पर बने उत्पादों पर गर्व करें और गर्व से कहें कि हम स्वदेशी हैं। प्रदेश के छोटे दुकानदार, व्यापारी स्वदेशी वस्तुओं के क्रय-विक्रय को प्रोत्साहन दें। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मुख्यमंत्री निवास से गुरूवार को जारी अपने संदेश के माध्यम से प्रदेशवासियों से यह विचार साझा किये।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छोटे स्तर पर वस्तुओं के निर्माता अपने ढंग से अपनी क्षमता, योग्यता और कौशल के आधार पर स्वदेशी वस्तुओं के उत्पादन में अपनी मेहनत लगाते हैं। इससे हमारी हजारों सालों से चली आ रही आत्मनिर्भरता की परम्परा भी जीवित रहती है। स्वदेशी वस्तुओं की सुंगध और प्रभाव ही अलग है, यह सामग्री कई लोगों को रोजगार का अवसर देकर गरीब परिवारों के जीवनयापन का माध्यम बनती है और देश की आर्थिक समृद्धि का मार्ग भी स्वदेशी से ही प्रशस्त होता है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के स्वदेशी अपनाने के आहवान का सभी प्रदेशवासी अनुसरण करें। त्यौहारों के समय होने वाली खरीददारी में भी स्वदेशी वस्तुओं को अपनाया जाए।
भारत को विश्व में सबसे शक्तिशाली देश के रूप में स्थापित करने की सामर्थ्य स्वदेशी में ही है
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम में महात्मा गांधी ने स्वदेशी के माध्यम से ही पूरे देश को एक सूत्र में पिरोया था। आज भी भारत को विश्व में सबसे शक्तिशाली देश के रूप में स्थापित करने की सामर्थ्य स्वदेशी में ही है। इसी आधार पर प्रधानमंत्री श्री मोदी देशवासियों को स्वदेशी अपनाने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि वे स्वयं स्वदेशी के अभियान समर्पित हैं। 'स्वदेशी अपनाओ देशभक्त कहलाओ' के भाव के साथ पूरा प्रदेश इस अभियान के साथ है।
राज्यपाल पटेल ने राजा शंकरशाह- कुंवर रघुनाथशाह का किया पुण्य स्मरण
18 Sep, 2025 09:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने जनजातीय महानायक राजा शंकरशाह- कुंवर रघुनाथशाह के बलिदान दिवस पर उनका पुण्य स्मरण किया। उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया। बलिदान दिवस कार्यक्रम का आयोजन राजभवन के बेंक्वेट हॉल में गुरुवार को किया गया।
इस अवसर पर राज्यपाल के प्रमुख सचिव डॉ. नवनीत मोहन कोठारी, राज्यपाल के अपर सचिव उमाशंकर भार्गव सहित राजभवन के अन्य अधिकारी-कर्मचारियों ने भी क्रांतिवीरों को श्रद्धा सुमन अर्पित किए।
स्प्लिट में बनेगा इनोवेटिव "स्पोर्ट्स सिटी", भारतीय बिज़नेस लीडर का अहम योगदान
18 Sep, 2025 07:29 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। भोपाल क्रोएशिया के प्रख्यात खेल प्रशासक फ्रेडी फियोरेन्टिनी और भारतीय मूल के वैश्विक उद्यमी सुधीश अविक्कल ने स्प्लिट में एक अत्याधुनिक “स्पोर्ट्स सिटी” के विकास की घोषणा की। यह महत्वाकांक्षी परियोजना स्प्लिट को विश्व स्तर पर खिलाड़ियों, खेल विशेषज्ञों और खेल प्रेमियों के लिए एक प्रमुख केंद्र में बदलने का लक्ष्य रखती है। इस शहर में आधुनिकतम सुविधाओं के साथ सतत नवाचार को भी जोड़ा जाएगा।
फ्रेडी फियोरेन्टिनी, जो कि किनेसियोलॉजी में डॉक्टरेट और क्रोएशिया के प्रतिष्ठित फुटबॉल क्लब एचएनके हाज्दुक स्प्लिट के लंबे समय तक निदेशक रहे हैं, खेल प्रबंधन और विकास में अपने दशकों के अनुभव से इस परियोजना को दिशा देंगे। उनकी दूरदर्शी सोच ने कई खिलाड़ियों के करियर को आकार दिया है और स्प्लिट को पोलजुड स्टेडियम और स्पालाडियम एरेना जैसे खेल स्थलों के माध्यम से वैश्विक खेल मानचित्र पर मजबूत स्थान दिलाया है।
इस साझेदारी में उनके साथ हैं सुधीश अविक्कल, जो एक अंतरराष्ट्रीय उद्यमी हैं और वित्त, व्यापार एवं नवीन व्यावसायिक परियोजनाओं में अपनी सफल पहचान रखते हैं। उनका वैश्विक दृष्टिकोण और कारोबारी दक्षता इस परियोजना के व्यावसायिक एवं परिचालनिक पहलुओं को सफल बनाएंगे और महाद्वीपों तक फैली साझेदारियाँ स्थापित करेंगे।
स्पोर्ट्स सिटी में विश्वस्तरीय ट्रेनिंग अकादमियाँ, मल्टी-स्पोर्ट एरेना, वेलनेस सेंटर और इंटरैक्टिव फैन जोन शामिल होंगे। इन सभी का डिज़ाइन पर्यावरण-अनुकूल सिद्धांतों पर आधारित होगा। स्प्लिट की अद्भुत एड्रियाटिक तटरेखा पर स्थित यह परियोजना खेल पर्यटन, स्थानीय रोजगार, सामुदायिक सहभागिता और प्रतिभा संवर्धन को बढ़ावा देगी।
फिलहाल भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया चल रही है और निर्माण कार्य 2026 की शुरुआत में शुरू होगा।
फ्रेडी फियोरेन्टिनी ने कहा – “स्प्लिट हमेशा से दुनिया का सबसे खेलप्रेमी शहर रहा है। यह स्पोर्ट्स सिटी उस विरासत को और मजबूत करेगी, जहां सपने साकार होंगे और चैंपियन तैयार होंगे।”
वहीं सुधीश अविक्कल ने कहा – “फ्रेडी के साथ साझेदारी हमें खेलों के प्रति जुनून को सतत वैश्विक व्यवसाय से जोड़ने का अवसर देती है। हम केवल सुविधाएँ नहीं बना रहे, बल्कि एक ऐसा आंदोलन शुरू कर रहे हैं जो खिलाड़ियों, प्रशंसकों और समुदायों को जोड़कर रखेगा।”
अस्पताल की हालत पर उठे सवाल, बाथरूम में हुआ प्रसव, नवजात की मौत; निरीक्षण के वक्त कलेक्टर-कमिश्नर मौजूद
18 Sep, 2025 03:26 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छिंदवाड़ा: सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चौरई में घोर लापरवाही का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। गुरुवार रात प्रसव पीड़ा से तड़पती एक युवती को नर्स ने बार-बार टाल दिया। परिजन मदद के लिए गुहार लगाते रहे, लेकिन नर्स 'अभी समय है' कहकर खुद सोने चली गई। इस बीच दर्द से कराहती युवती को पेशाब का अहसास हुआ तो उसकी सास उसे बाथरूम ले गई। वहां उसने बच्चे को जन्म दिया, लेकिन नवजात सीधे फर्श पर गिरा और दम तोड़ दिया। जिस घर में खुशियां आने वाली थीं, वहां मातम पसर गया।
'अभी टाइम है' कहकर सो गई नर्स
जानकारी के मुताबिक, ग्राम मंदरिया की रहने वाली सोना कहार को रात दो बजे 108 एम्बुलेंस से अस्पताल लाया गया। डॉक्टर ड्यूटी पर नहीं थे। जांच कर रही नर्स ने कहा कि डिलीवरी अगले दिन शाम तक होगी और बेबी की धड़कन व बीपी सामान्य बताया। पीड़ा बढ़ने पर जच्चा की सास ने तीन बार नर्स को नींद से उठाकर बुलाने की कोशिश की, लेकिन हर बार जवाब मिला- 'अभी बच्चा होने में वक्त है।' इसके बाद नर्स फिर से सो गई।
नवजात की फर्श पर गिरते ही मौत
दर्द असहनीय होने पर सास बहू को बाथरूम ले गई। इसी दौरान बच्चा जन्मा और सीधा फर्श पर गिरा। नवजात ने कुछ सेकंड रोने के बाद दम तोड़ दिया। घटना से परिजन हताश रह गए। सुबह डॉक्टरों ने रिपोर्ट में लिखा कि बच्चा गर्भ में ही मर चुका था। लेकिन गायनिक विशेषज्ञों का कहना है कि गर्भ में मृत्यु की स्थिति में इस तरह प्रसव पीड़ा असहनीय नहीं होती, और आमतौर पर ऑपरेशन कर भ्रूण बाहर निकाला जाता है। अस्पताल का यह दावा और दस्तावेज परिजनों से जबरन साइन करवाने की बात अब गंभीर सवाल खड़े कर रही है।
दिन में कमिश्नर-कलेक्टर का निरीक्षण, रात में हादसा
सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि इसी दिन दोपहर में संभागीय कमिश्नर धनंजय सिंह और कलेक्टर शीलेंद्र सिंह ने अस्पताल का निरीक्षण किया था। मातृत्व योजना और सुविधाओं पर चर्चा कर सुधार के निर्देश भी दिए गए थे। लेकिन कुछ ही घंटों बाद बाथरूम में नवजात की मौत ने स्वास्थ्य केंद्र की पोल खोल दी।
परिजनों ने दिए जांच के लिए ज्ञापन
घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए एसडीएम चौरई प्रभात मिश्रा को ज्ञापन सौंपा। एसडीएम ने कहा— 'परिजनों ने शिकायत दी है, जांच के आदेश दिए गए हैं। दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होगी।'
एलएनसीटीएस के कंप्यूटर डिपार्टमेंट द्वारा एमपीसीएसटी द्वारा प्रायोजित "बौद्धिक संपदा अधिकार (आईपीआर) एवं आईपी प्रबंधन" पर एसटीटीपी का शुभारंभ
18 Sep, 2025 01:48 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। कंप्यूटर विज्ञान एवं अभियांत्रिकी विभाग, एलएनसीटी एंड एस, भोपाल द्वारा एमपीसीएसटी भोपाल द्वारा प्रायोजित "बौद्धिक संपदा अधिकार (आईपीआर) एवं आईपी प्रबंधन" विषय पर एक तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम (एसटीटीपी) का शुभारंभ आज दिनांक 17 सितंबर को लक्ष्मी नारायण कॉलेज ऑफ टेक्नोलॉजी एंड साइंस के सभागार मैं हुआ, इस कार्यक्रम का उद्देश्य प्रतिभागियों को बौद्धिक संपदा अधिकारों, पेटेंट दाखिल करने की प्रक्रियाओं, कॉपीराइट संबंधी मुद्दों, ट्रेडमार्क पंजीकरण और कुशल आईपी प्रबंधन की रणनीतियों का गहन ज्ञान प्रदान करना है।
यह कार्यक्रम स्टूडेंट्स के लिए आयोजित है। कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए विकास असावत , पेटेंट एवं ट्रेडमार्क एडवोकेट ने ने कहा कि हाल ही में आई ग्लोबल पेटेंट स्टेटिक्स के अनुसार भारत पिछली बार से एक पॉयदान ऊपर है, हमारे प्रयास हमें आगे लेकर जाएंगे।
आपने कहा कि रिसर्च ओर पेटेंट को ओर गति देनी होगी।
डा. अनुपम चौकसे, सचिव , एलएनसीटी समूह ने सभी से ज्ञान को बांटने का आह्वान किया।
डा. अशोक रॉय, डायरेक्टर एडमिनिस्ट्रेशन, एलएनसीटी समूह ने कहा की सीखने की कोई आयु नहीं होती, हमें निरंतर सीखते रहना चाहिए जिससे हम उत्कृष्टता को प्राप्त कर सकें।डा. वी एन बरतारिया प्रिंसिपल, एलएनसीटी एंड एस ने कार्यक्रम ओर विषय की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए प्रतिभागियों से आह्वान किया कि वे इस कार्यक्रम का अधिकतम लाभ लें । इस अवसर पर डा. अमितबोध उपाध्याय, डा. अनूप चतुर्वेदी, डा. आनंद सिंह, डा. संजय वाजपेयी, डा. अभिनीत गोयल , शिक्षक ओर बड़ी संख्या में विधार्थी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के संयोजक डॉ भावना पिल्लई, डा. भूपेश गौर एवं डा. शैलेंद्र गुप्ता ने अतिथियों का स्वागत किया ।
मध्यप्रदेश में फिर स्वास्थ्य संकट, भोपाल एम्स की रिसर्च में मिली नई बीमारी की पुष्टि; टीबी से मिलते-जुलते लक्षण”
18 Sep, 2025 01:16 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल: एम्स के डॉक्टर्स ने एक ऐसी बीमारी को लेकर बड़ा खुलासा किया है, जिसकी वजह से कई डॉक्टर्स खुद भ्रमित हो जाते हैं। साथ ही गलत बीमारी समझकर उसका इलाज करते हैं, लिहाजा 40 प्रतिशत मरीजों की जान चली जाती है। यह खुलासा अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) भोपाल द्वारा जारी की गई एक रिपोर्ट में हुआ है। एम्स भोपाल ने मेलियोइडोसिस नामक संक्रामक रोग को लेकर एक रिपोर्ट जारी की है।
एमपी में मिले हैं अब तक 130 केस
ववहीं, रिपोर्ट के अनुसार प्रदेश में अब तक 130 से ज्यादा मेलियोइडोसिस संक्रमण से ग्रसित मरीज पाए गए हैं। बैक्टीरिया जनित रोग बेहद खतरनाक है, समय पर सही इलाज न मिलने पर मरीज की मौत हो जाती है। इस रोग के हर 10 मरीजों में 4 काल के गाल में समा जाते हैं।
टीबी जैसे होते हैं लक्षण
रिपोर्ट में सबसे बड़ी चुनौती यह बताई गई है कि इस बीमारी के लक्षण टीबी जैसे होते हैं। इसक कारण अधिकतर मामलों में मरीज का गलत इलाज कर दिया जाता है। इसके बाद जब समस्या ज्यादा बढ़ जाती है तो सही इलाज शुरू होता है तब तक संक्रमण पूरे शरीर में फैल चुका होता है । मरीज मौत तक पहुंच जाता है। रिपोर्ट के अनुसार बीते 6 वर्षों में मध्यप्रदेश के 20 से अधिक जिलों से मेलियोइडोसिस के 130 से ज्यादा मरीज सामने आए हैं।
बीमारी के लक्षण
डॉक्टर्स के अनुसार किसी को 2–3 हफ्तों से अधिक बुखार रहता है, एंटी-टीबी दवा से कोई फायदा नहीं हो रहा या बार-बार फोड़े बन रहे हैं, तो तुरंत विशेषज्ञ से मेलियोइडोसिस की जांच करवाएं।
सावधान, सतर्क रहने की जरूरत
डॉक्टर्स ने कहा कि यह बीमारी अब प्रदेश में स्थानिक (एंडेमिक) रूप ले चुकी है। संस्थान ने डॉक्टरों और आम जनता दोनों से अपील की है कि लंबे समय तक ठीक न होने वाले बुखार और टीबी जैसे लक्षणों को हल्के में न लें।
एम्स की पहल से सटीक अनुमान
एम्स भोपाल इस बीमारी से संबंधित प्रशिक्षण आयोजित कर रहा है, जिनमें पूरे राज्य के 25 स्वास्थ्य संस्थाओं के 50 से अधिक माइक्रोबायोलॉजिस्ट और चिकित्सकों को प्रशिक्षित किया है। इस कारण 14 नए केस जीएमसी भोपाल, बीएमएचआरसी, जेके हॉस्पिटल, सागर और इंदौर में जांच में सामने आए।
“ग्वालियर: महिला की शिकायत पर पुलिस हरकत में, फ्लैट और चेक के नाम पर बनाए जा रहे थे दबाव के हालात”
18 Sep, 2025 01:07 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
ग्वालियर: मध्य प्रदेश के ग्वालियर में अपराधियों के बीच कानून का खौफ नहीं है। अब महिला को मकान की रजिस्ट्री के बदले धमकाया गया है। साथ ही कहा है कि फ्लैट चाहिए तो हमारे साथ संबंध बनाओ। साथ ही गलत तरीके से छेड़खानी की है। महिला ने बहोड़ापुर थाने में इसकी शिकायत की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
महिला ने थाने में की शिकायत
बहोड़ापुर थाना क्षेत्र में रहने वाली एक महिला ने परिजनों के साथ थाने पहुंचकर शिकायत की है। विनोद शर्मा नाम के व्यक्ति से प्रॉपर्टी को लेकर महिला का कुछ विवाद चल रहा था। उसी का राजीनामा करने के लिए आरोपी ने महिला को एक अन्य व्यक्ति के ऑफिस में मिलने के लिए बुलाया था, जहां आरोपी ने महिला से अश्लील वार्तालाप करते हुए धमकी दी। साथ ही संबंध बनाने के लिए भी दबाव बनाया। साथ ही महिला को गलत तरीके से छुआ भी।
साथ में रहना होगा 8-10 दिन
महिला ने बताया कि जब वे बातचीत कर रहे थे तो आरोपी ने महिला से कहा अगर तुम्हें अपने दो खाली चेक और छिंदवाड़ा में जो मकान है, उसकी रजिस्ट्री वापस चाहिए तो तुम्हें मेरे फ्लैट पर आकर 8-10 दिन रहना होगा और संबंध बनाने होंगे। इसके अलावा आरोपी ने पीड़िता को गलत तरीके से छुए, जिससे वह मानसिक रूप से भी प्रताड़ित हुई है।
परिजनों के साथ दी शिकायत
अपने साथ हुई अप्रत्याशित घटना से प्रताड़ित होने के बाद पीड़िता घर पहुंची, जहां वह काफी परेशान थी। परिजनों ने परेशानी का कारण पूछा तो पहले तो वीरता ने कुछ नहीं बताया बाद में परिजनों के जोर देने पर उसने पूरी घटना परिजनों को बताई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मध्यप्रदेश के अस्पतालों में सुरक्षा पर सवाल, शिवपुरी SNCU में चूहा घुसा, डीन की रिपोर्ट में बड़ा खुलासा”
18 Sep, 2025 12:49 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
शिवपुरी: इंदौर का चूहा कांड का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ है। इससे पहले एक और जिले के हॉस्पिटल में चूहा दिखने का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। शिवपुरी के स्थित मेडिकल कालेज के स्पेशल न्यूबॉर्न केयर यूनिट (एसएनसीयू) का एक वीडियो वायरल हुआ है। इसमें एक बच्चों की मशीन के पास चूहा चहलकदमी करते नजर आ रहा है। इस वीडियो के सामने आते ही नवजातों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो गए। एसएनसीयू में चूहे के दौड़ने का वीडियो वायरल होने के बाद मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ डी परमहंस ने तत्काल निरीक्षण किया। साथ ही मामले की जांच कराने के लिए पांच सदस्यीय टीम बनाई गई। रिपोर्ट में आया कि अटेंडर महिला अपने बच्चों को देखने के लिए गई थी। इस कारण से स्पेशल न्यूबोर्न केयर यूनिट का दरवाजा गलती से खुला रह गया। इसी वजह से चूहा बाहर कहीं से अंदर प्रवेश कर गया।
पेस्ट कंट्रोल की कार्रवाई की गई
चूहे की चहलकदमी का वीडियो सोशल वायरल होने के बाद प्रबंधन ने पेस्ट कंट्रोल टीम बुलाया। पूरे एसएनसीयू वार्ड में दवा का छिड़काव कराया गया। यह कार्रवाई डीन और अधीक्षक की निगरानी में हुई। डीन ने स्टाफ को सख्त निर्देश दिए हैं कि भविष्य में ऐसी लापरवाही दोबारा न हो।
क्या है वायरल वीडियो में
एसएनसीयू का जो वायरल वीडियो है उसमें साफ नजर आ रहा है कि एक चूहा उस जगह पर चढ़ने का प्रयास कर रहा है। जहां पर न्यू बॉर्न बेबी की मशीन लगी हुई है। हालांकि जब कोई व्यक्ति वीडियो बना रहा था तो लोगों की आहट पाकर चूहा वहां से भाग गया और गेट की तरफ जाते दिखाई दिया। इससे इस बात की आशंका बढ़ गई कि साफ सफाई के दौरान या फिर किसी के गेट खुला छोड़ने के चलते चूहा अंदर आ गया होगा।
इंदौर की घटना के बाद भी नहीं लिया सबक
मप्र के इंदौर में ही पिछले दिनों नवजात की मौत का मामला सामने आ चुका है। इसमें एमवाय अस्पताल की एनआइसीयू में भर्ती नवजात बच्चों के पैर की अंगुलियों को चूहों से काटे जाने की घटना हुई थी। घटना के बाद बच्चों की मौत का मामला सामने आया था। इसने प्रदेश स्तर पर खूब तूल पकड़ा। अभी यह मामला शांत भी नहीं हुआ है कि अब शिवपुरी मेडिकल कालेज से मामला सामने आया। हॉस्पिटल ने इंदौर मामले से कोई सबक नहीं लिया है।
मध्य प्रदेश में मौसम का मिजाज बिगड़ा, गुरुवार को 19 जिलों में भारी बारिश अलर्ट, आपके इलाके में क्या असर होगा?”
18 Sep, 2025 12:35 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल: मानसून का जोर बीते 4 दिन में कुछ इलाकों को छोड़कर कमजोर पड़ा है। अलग-अलग इलाकों में मौसम धूप-छांव, बारिश-बूंदाबांदी, उमस, गर्मी के नजारे दिखा रहा है। राजधानी के आसमान में बुधवार सुबह से बादल छाए रहे। कुछ इलाकों में तेज बौछारें पड़ी हैं। मौसम विभाग के अनुसार एमपी के मानसून में फिलहाल तक मानसूनी ट्रफ मौजूद है। इस कारण कुछ इलाकों में जिनमें बुरहानपुर, खरगौन, बड़वानी में बारिश का यलो अलर्ट जारी है। इन इलाकों में 20-21 सितंबर के बाद ही राहत मिल सकेगी।
इन जिलों में भारी बारिश दर्ज हुई है
प्रदेश के बुरहानपुर जिले के खकनार मेंं सबसे ज्यादा 160 एमएम बारिश दर्ज की गई है। इसी प्रकार बुरहानपुर में 118 एमएम, नेपानगर में 97.5 एमएम, पांढुर्णा में 90.3 एमएम, रौन में 86 एमएम, आष्टा में 52 एमएम बारिश दर्ज हुई है। इसके अलावा छिंदवाड़ा, भिंड, बैतूल, देवास और खंडवा जिलों में भारी बारिश हुई है। जबलपुर, शहडोल, सागर, नर्मदापुरम संभाग के अधिकांश जिलों में बारिश हुई। प्रदेश के एक दर्जन से अधिक जिलों में भी पानी गिरा है।
एमपी में कहां कितना तापमान
प्रमुख जिलों के अधिकतम तापमान को देखें तो भोपाल में 31, दतिया में 34.2, गुना में 34.5, ग्वालियर में 35, रतलाम में 33.2, उज्जैन में 34, जबलपुर में 32.6 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज हुआ।
तीन जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने गुरुवार को भी कई जिलों में अति भारी बारिश और भारी बारिश होने की चेतावनी जारी की है। बुरहानपुर, खरगोन, बड़वानी जिलों में भारी बारिश हो सकती है। भोपाल, विदिशा, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, नर्मदापुरम, बैतूल जिला सहित 25 से अधिक जिलों में गरज चमक के साथ पानी बरस सकता है और बिजली गिरने के आसार हैं।
19 जिलों में येलो अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने एमपी के 19 जिलों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। अलीराजपुर, झाबुआ, धार, ग्वालियर, दतिया, भिंड, श्योपुरकलां, सिंगरौली, सीधी, रीवा, मऊगंज, सतना, अनुपपुर, शहडोल, उमरिया, डिंडोरी, कटनी, जबलपुर, बालाघाट, पन्ना, दमोह, सागर, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी, मैहर, बैतूल, बुरहानपुर, खंडवा, खरगौन, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, पांढुर्णा, भोपाल, विदिशा, रायसेन, सिहोर, राजगढ़, नर्मदापुरम, हरदा, बड़वानी, , में भारी वर्षा, झंझावत और वज्रपात का अलर्ट जारी किया गया है।
GRP का तगड़ा एक्शन, इटारसी रेलवे स्टेशन पर मिला गहनों से भरा बैग, छोड़कर भागा संदिग्ध
18 Sep, 2025 12:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नर्मदापुरम: इटारसी रेलवे स्टेशन पर जीआरपी पुलिस को चेकिंग के दौरान एक पिट्ठू बैग मिला. इस बैग की जब तलाशी ली गई तो पुलिस के होश उड़ गए. बैग से बरामद करीब 15 किलो चांदी के जेवरात को जब्त कर पुलिस अग्रिम कार्रवाई में जुट गई है. प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक चांदी के इन जेवरात की कीमत 20 लाख रुपए बताई जा रही है. इसमें चांदी के पायल, सिक्के और अंगूठी समेत अन्य जेवरात मिले हैं.
जीआरपी को मिली बड़ी सफलता
दरअसल त्योहारी सीजन को देखते हुए जीआरपी पुलिस द्वारा चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है. इस अभियान के तहत प्लेटफार्म और फुटओवर ब्रिज सहित ट्रेनों की तलाशी आदि ली जा रही है. इस अभियान का उद्देश्य रेल यात्रियों की सुरक्षा के साथ साथ अपराधों पर अंकुश लगाना है. इसके तहत ही सोमवार रात करीब 8 बजे नए फुटओवर ब्रिज पर जीआरपी पुलिस यात्रियों की जांच करने के साथ पूछताछ कर रही थी.
गहनों से भरा बैग छोड़कर भागा युवक
पुलिस की चेकिंग देख एक संदिग्ध युवक वहां बैग छोड़कर 12 बंगला की ओर भाग निकला. बैग को फुटओवर ब्रिज पर छोड़कर भागते हुए संदिग्ध युवक की फुटेज वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई. जिसका वीडियो पुलिस को मिल गया है, इसके आधार पर जीआरपी पुलिस ने केस दर्ज कर संदिग्ध युवक की तलाश शुरू कर दी है.
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
जीआरपी थाना प्रभारी संजय चौकसे ने बताया कि "घटना स्टेशन के सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है. पुलिस संदिग्ध की पहचान कर उसकी तलाश कर रही है. फिलहाल पुलिस चांदी के गहने कहां से लाए गए हैं और कहां ले जाए जा रहे थे इसकी जांच कर रही है. यदि आभूषणों का परिवहन वैध दस्तावेजों के बिना किया जा रहा था, तो दोषी के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी." उन्होंने बताया कि "जब्त किए गए बैग में चांदी के 492 जोड़ी पायल, 50 सिक्के और 18 अंगूठी समेत अन्य आभूषण मिले हैं. इन जेवरातों की बाजार में कीमत लगभग 20 लाख रुपए है"
प्रधानमंत्री आवास योजना से स्वयं के पक्के मकान का सपना हुआ साकार
केदारनाथ मंदिर में नए नियम लागू, मोबाइल इस्तेमाल पर पूरी तरह बैन
मनरेगा की ‘डबरी’ और ‘बिहान’ के सहयोग से सविता बनीं आत्मनिर्भर
दिलीप घोष बोले- बंगाल में खिलेगा कमल, BJP की जीत का भरोसा
लेमरू में दौड़ी जिंदगी की नई रफ्तार, संजीवनी 108 सेवा से ग्रामीणों को मिल रहा त्वरित उपचार
छत के नेट से टीम इंडिया की कैप तक का सफर
केदारनाथ धाम में उत्सव का माहौल, कल सुबह खुलेंगे कपाट
सुपर सकर मशीन द्वारा लगातार चौथे दिन तानसेन नगर में सीवर सफाई कार्य जारी
रायपुर प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के क्रियान्वयन में सूरजपुर बना प्रदेश में प्रथम स्थान पर
