मध्य प्रदेश
शाह से विजयवर्गीय की मुलाकात के बाद सीएम हाउस में बीजेपी की हाई लेवल मीटिंग, एजेंडा क्या?
21 Sep, 2025 12:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल: दिल्ली में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय की केन्द्रीय मंत्री अमित शाह से हुई मुलाकात के ऐन बाद मुख्यमंत्री निवास में आज हाईलेवल मीटिंग बुलाई गई. जानकारी के मुताबिक पार्टी के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश की मौजूदगी में सरकार और संगठन में समन्वय के मद्देनजर ये बैठक बुलाई थी. माना जा रहा है कि मोहन सरकार में लंबे समय से लंबित निगम मंडलों में नियुक्तियों और प्रदेश की नई कार्यकारिणी को लेकर भी बैठक में चर्चा हुई है.
सत्ता और संगठन की पटरी बिठाने अब इस तरह की बैठकें नियमित तौर पर होंगी. इस बैठक में जो चुनिंदा चेहरे शामिल थे उसे मध्य प्रदेश में पार्टी की पॉवर टीम कहा जा सकता है. बताया जाता है कि अब सत्ता संगठन से जुड़े फैसलों में इस पॉवर टोली की भूमिका रहेगी.
सीएम हाउस में पॉवर टोली की हाई प्रोफाइल मीटिंग, एजेंडा क्या था
जिस समय पूरे प्रदेश में बीजेपी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सेवा पखवाड़े के उपलक्ष्य में आयोजन शुरू किए हैं. उसी दौरान शनिवार को सीएम हाउस में पार्टी की अहम बैठक बुलाई गई. पार्टी के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश की मौजूदगी में हुई बैठक में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के अलावा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा, दोनों डिप्टी सीएम राजेन्द्र शुक्ल और जगदीश देवड़ा के अलावा प्रहलाद पटेल, कैलाश विजयवर्गीय और राकेश सिंह जैसे तीन सीनियर मंत्रियों की मौजूदगी खास थी.
माना जा रहा है कि पार्टी में निगम मंडलों में नियुक्तियों के साथ प्रदेश कार्यकारिणी के गठन को लेकर इस बैठक में चर्चा हुई है. जानकारी के मुताबिक पिछले दिनों जिस तरह से पार्टी के विधायकों की अफसरों से तनातनी के मामले सामने आए हैं, उनकी रोकथाम पर भी चर्चा हुई. बीजेपी विधायक सुरेन्द्र पटवा महिला पुलिस अफसर के खिलाफ सड़क पर धरना दे चुके हैं. उनके बाद चाचौड़ा से बीजेपी की महिला विधायक प्रियंका पेंची ये आरोप लगा चुकी हैं कि गुना के एसपी अंकित सोनी महिला होने की वजह से उन्हे मानसिक रुप से प्रताड़ित करते रहे हैं. हाल का मामला भिंड का है जहां कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव और नरेन्द्र कुशवाहा के बीच तनातनी हुई थी.
शाह से कैलाश की मुलाकात के बाद बैठक खास
सियासी गलियारों में केन्द्रीय मंत्री अमित शाह से मंत्री कैलाश विजयवर्गीय की दिल्ली में हुई मुलाकात के बाद इस बैठक के कई मायने निकाले जा रहे हैं. मोहन सरकार की कैबिनेट बैठक को लेकर लंबे समय तक ये कहा जा रहा था कि पार्टी के तमाम दिग्गज मंत्रियों ने, जिसमें कैलाश विजयवर्गीय का नाम सबसे ऊपर था मीटिंग से दूरी बना ली थी.
सीएम मुख्यालय में हुई इस बैठक को लेकर कैलाश विजयवर्गीय ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा है कि आज भोपाल में मुख्यमंत्री निवास में आयोजित बैठक में प्रतिभाग कर अपने विचार साझा किए. इस अवसर पर प्रदेश सरकार एवं संगठन के आगामी कार्यक्रमों- सेवा पखवाड़ा, आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान, जीएसटी रिफॉर्म एवं संगठनात्मक गतिविधियों के संदर्भ में मंथन किया.
सवाल ये है कि केन्द्रीय मंत्री शाह से कैलाश विजयवर्गीय की हुई मुलाकात के बाद हुई ये बैठक क्या संदेश दे रही है. वरिष्ठ पत्रकार प्रकाश भटनागर का कहना है कि कैलाश विजयवर्गीय की वैसे भी अमित शाह से व्यक्तिगत संबंध हैं. इसे इस तरह से जोड़कर नहीं देखा जा सकता. लेकिन मुख्यमंत्री निवास में हुई बैठक में जो चेहरे शामिल थे. इससे यह वाकई पॉवरफुल मीटिंग कही जाएगी. सारे वही चेहरे थे. और ये संभव है कि लंबे समय से लंबित निगम मंडलों में नियुक्तियों के साथ प्रदेश कार्यकारिणी को लेकर जो मामला फंसा हुआ है उसमें अब गति आए.
जिले से प्रदेश तक कोर कमेटी पर होगा जोर
मध्य प्रदेश बीजेपी में समन्वय के लिए अब जिला स्तर से लेकर प्रदेश स्तर तक कोर कमेटियों पर पूरा जोर रहेगा. इसे लेकर बीते दिनों सीएम मुख्यालय में हुई बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय सह-संगठन मंहामंत्री शिवप्रकाश ने गाइडलाइन भी जारी की थी. साथ ही प्रभारी मंत्रियों को ये ताकीद की थी कि पहले वे कार्यकर्ताओं से संवाद करें उसके बाद ही प्रशासनिक अधिकारियों से संवाद होगा. जिससे कार्यकर्ताओं की जमीनी दिक्कतें सामने आ सकें. प्रभारी मंत्रियों को प्रवास करने और प्रभावी बनाने को लेकर भी उन्होंने टिप्स दिए थे और ये भी कहा था कि मंत्रियों के प्रवास की मॉनिटरिंग भी होगी.
आज साल का आखिरी सूर्य ग्रहण, भारत में कितना होगा असर? ग्रहण से क्यों डरते हैं लोग
21 Sep, 2025 08:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नर्मदापुरम/पिपरिया: आस्था और परंपराओं से जुड़े पितृपक्ष का समापन रविवार को खास खगोलीय संयोग के साथ होगा. सर्वपितृ अमावस्या के दिन सूर्य ग्रहण लगने जा रहा है. ज्योतिषाचार्यों का मानना है यह सूर्य ग्रहण भारत में दिखाई नहीं देगा, लेकिन ग्रहण काल की धार्मिक मान्यताएं जरूर प्रभाव डालेंगी. लेकिन नेशनल अवार्ड प्राप्त विज्ञान प्रसारक सारिका घारू का मानना है कि, ग्रहण से भयभीत करना ठीक नहीं है. सारिका ने बताया कि,''हर साल आप 4 ग्रहण का सामना करते हैं, फिर हर ग्रहण पर क्यों घबराना.''
ग्रहण से डरना क्यों: सारिका घारू
सारिका ने बताया कि, ''अगर किसी व्यक्ति की आयु 75 वर्ष है तो वह कम से कम 340 ग्रहण की भौगोलिक स्थिति का अनुभव कर चुका होता है. अगर 340 ग्रहण के बाद भी कोई विपरीत असर न आया हो तो नई युवा पीढ़ी को ग्रहण से भयभीत करना ठीक नहीं माना जा सकता है.'' इधर ज्योतिषाचार्य पंडित अशोक दुबे का कहना है कि, ''जब ग्रहण और अमावस्या का संयोग बनता है तो यह समय आध्यात्मिक साधना, दान-पुण्य और पितरों के तर्पण के लिए और भी फलदायी माना जाता है. वहीं कुछ शास्त्रीय मत ऐसे भी हैं, जिनमें ग्रहण के दौरान कुछ पूजा-अनुष्ठानों को टालने की सलाह दी जाती है.''
सीमित स्थान में दिखेगा सूर्य ग्रहण
नेशनल अवार्ड प्राप्त विज्ञान प्रसारक सारिका घारू ने बताया कि, ''इस ग्रहण को पृथ्वी के सीमित जनसंख्या वाले स्थानों से ही देखा जा सकेगा. ग्रहण भारतीय समयानुसार रविवार देर रात 10 बजकर 59 मिनिट 43 सेकेंड से आरंभ होकर मध्यरात्रि के बाद 3 बजकर 23 मिनिट 45 सेकंड पर समाप्त होगा. इस समय भारत में आप रात्रि विश्राम कर रहे होंगे.'' सारिका ने ग्रहण मैप की मदद से जानकारी दी कि, ''इस ग्रहण को न्यूजीलैंड के साथ आस्ट्रेलिया के ईस्टर्न कोस्ट की एक पतली स्ट्रिप तथा अंटार्टिका के भागों मे देखा जा सकेगा. एक गणितीय अनुमान के अनुसार, इस ग्रहण को विश्व की कुल जनसंख्या का लगभग 0.2 प्रतिशत भाग ही देख सकेगा.''
ग्रहण से भयभीत न हो
सारिका ने बताया कि, ''जहां तक ग्रहण के असर की बात है तो हर साल चार ग्रहण होते ही हैं, जिनमें कम से कम दो चंद्रग्रहण और और दो सूर्यग्रहण होते हैं. इनमें से कुछ आपके शहर में दिखाई भी नहीं देते हैं तो कुछ पृथ्वी के अन्य भागों पर होते हैं.''
ग्रहण का भी होता है खानदान
सारिका ने बताया कि, ''रविवार का यह ग्रहण 18 वर्ष 11 दिन और 8 घंटे की अवधि के बाद फिर उसी रूप में आ रहा है, जैसा कि 11 सितंबर 2007 को हुआ था. इस ग्रहण के बाद फिर इसी अंतराल के बाद 03 अक्टूबर 2043 को पुन: इसी रूप में दिखाई देगा. लगभग 18 वर्ष 11 दिन और 8 घंटे की अवधि के बाद बाद ग्रहण फिर उसी स्थिति मे होता है जिसमें चंद्रमा की पृथ्वी से दूरी और स्थिति समान रहती है. इस तरह हर एक ग्रहण किसी एक खानदान का सदस्य होता है. इस खानदान को सारोस कहते हैं. यह सारोस 154 खानदान ग्रहण है. इस खानदान या सारोस में कुल 71 ग्रहण होना है, जिसमें यह 7वां ग्रहण है.''
सर्वपितृ अमावस्या होती है खास
पंडित अशोक दुबे ने बताया कि, ''सूर्य ग्रहण पर सर्वपितृ अमावस्या आने से वह दिन खास हो जाता है. इस दिन जिन लोगों की मृत्यु तिथि ज्ञात नहीं होती, उनके लिए भी श्राद्ध किया जाता है. इसलिए इस दिन को सबसे महत्वपूर्ण माना जाता है. मंदिरों और पवित्र नदियों के तटों पर पिंडदान और तर्पण करने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने की संभावना है. इस बार पितृपक्ष का समापन सूर्य ग्रहण के विशेष संयोग में होगा. भारत में ग्रहण दिखाई तो नहीं देगा, लेकिन धार्मिक दृष्टि से यह दिन बेहद खास रहेगा. श्रद्धालु तर्पण और दान-पुण्य कर अपने पूर्वजों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करेंगे.''
आपके शहर में अब कब दिखेगा सूर्य ग्रहण
सारिका घारू ने बताया कि, ''अगर आप अपने शहर में सूर्य ग्रहण देखना चाहते हैं तो आपको 2 अगस्त 2027 का इंतजार करना होगा. तब आप आंशिक सूर्यग्रहण देख पाएंगे.''
भोपाल मंडल के इटारसी होकर बांद्रा टर्मिनस-रीवा के मध्य 11 ट्रिप साप्ताहिक अनारक्षित स्पेशल ट्रेन का संचालन
20 Sep, 2025 06:48 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। रेल प्रशासन द्वारा त्यौहारों पर यात्रियों को बेहतर सुविधा प्रदान करने हेतु सदैव प्रयासरत रहता है। इसी कड़ी में पश्चिम रेलवे के भोपाल मंडल होकर दुर्गा, दिवाली एवं छठ पूजा त्यौहारों के पर्व पर अतिरिक्त यात्री यातायात को क्लीयर करने के उद्देश्य से एवं यात्रियों की सुविधा के लिए गाड़ी संख्या 09029/09030 बांद्रा टर्मिनस-रीवा-बांद्रा टर्मिनस के मध्य 11-11 ट्रिप साप्ताहिक अनारक्षित स्पेशल फेयर ट्रेन चलाई जा रही है। यह अनारक्षित स्पेशल ट्रेन मंडल के इटारसी स्टेशन से होकर गंतव्य को जा रही है। इस गाड़ी में 20 सामान्य श्रेणी, 01 जनरेटर कार एवं 01 एसएलआरडी सहित कुल 22 कोच है।
गाड़ी संख्या 09029 बांद्रा टर्मिनस से रीवा साप्ताहिक अनारक्षित स्पेशल ट्रेन दिनांक 18 सितंबर से 27 नवम्बर 2025 तक प्रत्येक गुरुवार को बांद्रा टर्मिनस स्टेशन से सुबह 04:30 बजे प्रस्थान कर, इटारसी रात 21:05 बजे, पहुँचकर अगले दिन मदनमहल मध्य रात्रि 00:50 बजे, कटनी 02:40 बजे, मैहर 04:08 बजे, सतना प्रातः 06:30 बजे और शुक्रवार सुबह 07:45 बजे रीवा स्टेशन पहुँचेगी।
इसी प्रकार गाड़ी संख्या 09030 रीवा से बांद्रा टर्मिनस साप्ताहिक अनारक्षित समर स्पेशल ट्रेन दिनांक 19 सितम्बर से 28 नवम्बर 2025 तक प्रत्येक शुक्रवार को रीवा स्टेशन से सुबह 11:00 बजे प्रस्थान कर, सतना दोपहर 12:40 बजे, मैहर 13:03 बजे, कटनी 13:55 बजे, मदनमहल 15:40 बजे, इटारसी रात 20:45 बजे पहुंचकर और दूसरे दिन शनिवार दोपहर 14:00 बजे बांद्रा टर्मिनस स्टेशन पहुँचेगी।
गाड़ी के ठहराव:- यह अनारक्षित स्पेशल फेयर ट्रेन दोनों दिशाओं में बोरीवली, बोईसर, वापी, वलसाड, भेस्तान, चलथान, बारडोली, नंदुरबार, भुसावल, खण्डवा, इटारसी , मदनमहल, कटनी, मैहर एवं सतना स्टेशनों पर रुकेगी।
सीनियर डीसीएम श्री सौरभ कटारिया ने बताया कि यात्री स्पेशल ट्रेन की विस्तृत जानकारी रेलवे स्टेशन, रेल मदद 139 एवं ऑनलाइन वेबसाइट एनटीईएस से प्राप्त कर सुविधा का लाभ ले सकते हैं।
मोहन यादव के नेतृत्व में BJP का पावर मीट, संगठन और सरकार आमने-सामने
20 Sep, 2025 03:55 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। राजधानी भोपाल स्थित सीएम हाउस में शनिवार को एक महत्वपूर्ण बैठक हुई। इस बैठक में बीजेपी संगठन के पदाधिकारी और राज्य में उपमुख्यमंत्री एवं कैबिनेट मंत्री शामिल हुए। इस बैठक में सेवा पखवाड़ा, जीएसटी की दरों में बदलाव समेत कई मुद्दों पर चर्चा हुई।
‘छोटी टोली’ की हुई बैठक
सत्ता और संगठन में समन्वय बनाने के लिए एक नया फॉर्मूला विकसित किया गया है, जिसका नाम है छोटी टोली।इसमें सरकार और सत्ता को चलाने वाले प्रमुख लोग शामिल हैं। ये लोग आपस में बैठकर मीटिंग करेंगे. पार्टी और सत्ता के सामने जो चुनौतियां आ रही है, उन पर चर्चा करेंगे. छोटी टोली की ये पहली बैठक है। सीएम हाउस में हुई इस बैठक में मुख्यमंत्री मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडलेवाल, राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा के साथ डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल, जगदीश देवड़ा और कैबिनेट मंत्री प्रहलाद पटेल, कैलाश विजयवर्गीय राकेश सिंह मौजूद रहे। जीएसटी में जो बदलाव किया है वो कैसे जन-जन तक पहुंचाया जाए।कैसे इसका श्रेय पीएम मोदी और पार्टी को दिया जाए। इस पर भी ध्यान दिया जा रहा है कि कैसे पार्टी की ब्रांड इमेजिंग की जाए। नवरात्रि और विजयादशमी आ रही है इसे कैसे मनाया जाए, इस पर भी चर्चा की गई।
इन अहम मुद्दों को लेकर चर्चा हुई
बैठक का मुख्य उद्देश्य सरकार, संगठन और सत्ता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना और सभी को एक दिशा में प्रगतिशील बनाए रखना रहा। इसके साथ ही इसमें सेवा पखवाड़ा, 22 सितंबर से जीएसटी की नई दरें लागू होने के बाद के कार्यक्रम, आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान एवं संगठनात्मक गतिविधियों के संदर्भ में बैठक सम्पन्न हुई तथा अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
उपभोक्ताओं को मिली राहत, दूध उत्पादों के दाम घटे,सांची घी 40 रुपये सस्ता, पनीर भी 18 रुपये घटा
20 Sep, 2025 12:49 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। केंद्र सरकार द्वारा जीएसटी दरों में की गई कटौती का सीधा लाभ अब उपभोक्ताओं को मिलेगा। सांची दुग्ध संघ मर्यादित (MPCDF) ने घोषणा की है कि 22 सितंबर से सांची के कई उत्पाद सस्ते दामों पर उपलब्ध होंगे। इसमें पनीर और घी की कीमत में सबसे ज्यादा राहत मिलेगी।
पनीर और घी के दाम घटे
सांची पनीर (1 किग्रा) की मौजूदा कीमत 380 रुपये (5% जीएसटी सहित) है, जो जीएसटी शून्य होने पर 362 रुपये रह जाएगी। यानी पनीर अब 18 रुपये प्रति किलो सस्ता मिलेगा।
इसी तरह सांची घी (1 किग्रा) की कीमत 630 रुपये (12% जीएसटी सहित) थी, जो 5% जीएसटी लागू होने पर घटकर 590 रुपये हो जाएगी। यानी उपभोक्ताओं को घी पर 40 रुपये की राहत मिलेगी।
अन्य उत्पाद भी होंगे सस्ते
सांची टेबल बटर पर 7% और आइसक्रीम पर 13% जीएसटी कम किया गया है। इसका पूरा लाभ उपभोक्ताओं को मिलेगा।
एमपीसीडीएफ का बयान
एमपीसीडीएफ भोपाल के प्रबंध संचालक डॉ. संजय गोवाणी ने बताया कि केंद्र सरकार द्वारा जारी गजट नोटिफिकेशन के अनुसार नई दरें सोमवार, 22 सितंबर से लागू होंगी। सभी दुग्ध संघों को निर्देश दिए गए हैं कि नई उपभोक्ता दरें एक समान रूप से लागू की जाएं।
उपभोक्ताओं को राहत
सांची उत्पादों की कीमतों में कमी की खबर से उपभोक्ताओं ने खुशी जाहिर की है। उनका कहना है कि बढ़ती महंगाई के बीच यह राहत बड़ी मदद साबित होगी।
मध्य प्रदेश पुलिस में सुनहरा मौका, 500 पदों पर सीधी भर्ती
20 Sep, 2025 12:44 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल ने 500 पदों की भर्ती परीक्षा के लिए नोटिफिकेशन जारी किया है। ये भर्ती गृह विभाग के अंतर्गत पुलिस विभाग के लिए आयोजित की जा रही हैं। सूबेदार (स्टेनोग्राफर) और सहायक उप निरीक्षक के पदों पर परीक्षा होंगी। युवा लंबे समय से इन परीक्षाओं का इंतजार कर रहे थे। दोनों पदों के लिए आवेदन 3 अक्टूबर से भरे जाएंगे। फॉर्म भरने की आखिरी तारीख 17 अक्टूबर है। परीक्षा 10 दिसंबर से आयोजित की जाएंगी।
प्रदेश में आज नहीं होगी भारी बारिश, अगले सप्ताह फिर से बढ़ेगी रफ्तार
20 Sep, 2025 11:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मध्य प्रदेश के कई जिलों में तेज बारिश हो रही है तो वहीं के कुछ क्षेत्रों में मौसम साफ देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग का कहना है कि प्रदेश में साइक्लोनिक सर्कुलेशन और टर्फ एक्टिव है, लेकिन इनका ज्यादा असर नहीं है। इस वजह से प्रदेश में बारिश का दौर चल रहा है। शुक्रवार को 10 से ज्यादा जिलों में बारिश हुई। शनिवार को प्रदेश में कहीं भी भारी बारिश का अलर्ट नहीं है। जबकि हल्की और मध्यम बारिश का दौर जारी रहेगा।
लोकल सिस्टम से हो सकती है तेज बारिश
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-दक्षिण टर्फ एमपी से गुजर रही है। वहीं, उत्तरी-दक्षिणी हिस्से में दो चक्रवात भी एक्टिव है, लेकिन यह स्ट्रॉन्ग नहीं है। इस वजह से अगले चार दिन तक भारी बारिश का दौर नहीं रहेगा। मौसम विभाग ने भी यह चेतावनी नहीं दी है। हालांकि, लोकल सिस्टम के सक्रिय होने से कहीं-कहीं तेज बारिश भी हो सकती है।
भदभदा का एक गेट खोला गया
प्रदेश में शुक्रवार को छतरपुर के खजुराहो और बड़वानी के सेंधवा में तेज बारिश का दौर रहा। खजुराहो के रनगुवां बांध के तीन गेट खोल दिए गए। भोपाल के भदभदा डैम का एक गेट फिर से खोला गया। इस सीजन में चार बार गेट खुल चुके हैं। बैतूल में सवा इंच और रतलाम-छिंदवाड़ा में 1-1 इंच पानी गिर गया। नर्मदापुरम के पचमढ़ी, शिवपुरी, जबलपुर, छतरपुर के नौगांव, सीधी, बड़वानी में भी हल्की बारिश हुई। भोपाल में शाम में तेज बारिश हुई।
एमपी में अब तक 43.5 इंच बारिश दर्ज
प्रदेश में इस मानसूनी सीजन में औसत 43.5 इंच बारिश हो चुकी है, जो सामान्य बारिश से 7.5 इंच ज्यादा है। गुना में सबसे ज्यादा 65 इंच, जबकि खरगोन में सबसे कम 26.2 इंच बारिश हुई है। इधर, कई जिलों में तेज बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग के अनुसार, अब तक सामान्य बारिश से 17 प्रतिशत पानी ज्यादा गिर चुका है। आखिरी सप्ताह में पूरे प्रदेश में तेज बारिश का एक और दौर शुरू हो सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, अब मानसून की वापसी भी होने लगी है। आधे राजस्थान से मानसून लौट चुका है। वहीं, गुजरात, पंजाब और हरियाणा के कई जिलों से भी मानसून लौटा है। गुरुवार को भी कई जिलों से मानसून लौट गया। यदि वापसी ही यही रफ्तार रही तो एमपी के भी कई जिलों में ऐसी स्थिति बन सकती है।
वनों में स्थित आस्था स्थलों को किया जाए विकसित : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
19 Sep, 2025 11:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रदेश के वनांचल में ऐसे बहुत से क्षेत्र हैं जिन्हें स्थानीय समुदायों द्वारा सांस्कृतिक या धार्मिक मान्यताओं के आधार पर पारंपरिक रूप से संरक्षित किया जाता है। आस्था के ये क्षेत्र न केवल आध्यात्मिक महत्व रखते हैं, बल्कि जैवविविधता संरक्षण, पारिस्थितिकी संतुलन, सामुदायिक एकता और सांस्कृतिक विरासत को बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने ऐसे स्थलों को देवलोक वनों के रूप में विकसित करने की जरूरत बताई। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने वन क्षेत्र में प्रदेश की प्रमुख नदियों के दोनों ओर 5 किलोमीटर क्षेत्र में पौधारोपण गतिविधियों को बढ़ाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव गुरूवार को मुख्यमंत्री निवास स्थित समत्व भवन में वन विभाग की गतिविधियों की समीक्षा कर रहे थे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि नदियों के किनारों के अतिक्रमण हटाने में स्थानीय समुदाय का सहयोग लिया जाए। साथ ही स्थानीय समुदाय के आय संवर्धन के लिए पौधारोपण में औषधीय पौधों सहित उपयोगी पौधों के रोपण को प्राथमिकता दी जाए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि इंदौर उज्जैन देवास क्षेत्र को मेट्रोपोलिटन एरिया के रूप में विकसित किया जा रहा है, क्षिप्रा नदी के संरक्षण की योजना तदनुसार बनाई जाए। मुख्यमंत्री ने नगर वनों के उचित विकास और रखरखाव के संबंध में भी अधिकारियों को निर्देशित किया।
मगरमच्छ व अन्य जलीय जीव, जल संरचनाओं के स्वस्थ इकोसिस्टम के लिए जरूरी
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि नदियों और जल संरचनाओं के स्वस्थ ईकोसिस्टम को बनाए रखने में मगरमच्छ, घड़ियाल और कछुओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन नदियों और जल संरचना में यह जीव अधिक संख्या में हैं, वहां से उन्हें शिफ्ट कर अन्य नदियों और जल संरचना में छोड़ा जाए। इसकी शुरुआत नर्मदा और तवा नदी से की जाए। बैठक में वन ग्रामों को राजस्व ग्राम में परिवर्तित करने, लघु वन उपज के न्यूनतम समर्थन मूल्य में वृद्धि, तेंदूपत्ता बोनस वितरण आदि विषयों पर भी विचार-विमर्श हुआ। बैठक में अपर मुख्य सचिव वन अशोक वर्णवाल, प्रधान मुख्य वन संरक्षक वन बल प्रमुख व्ही.एन. अम्बाडे सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
नरवाई जलाने की घटनाओं को रोकने किसान कृषि यंत्रों का करें उपयोग : कृषि मंत्री कंषाना
19 Sep, 2025 10:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : किसान कल्याण एवं कृषि विकास मंत्री एदल सिंह कंषाना ने कहा है कि किसान भाई नरवाई से जुड़े सभी कृषि यंत्रों का उपयोग करें, जिससे प्रदेश में फसल अवशेष जलाने की घटनाएँ नियंत्रित हो सकें। उन्होंने भोपाल में आयोजित फसल अवशेष प्रबंधन पर एक दिवसीय राज्य स्तरीय कार्यशाला का दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारम्भ किया।
कृषि मंत्री कंषाना ने कहा कि फसल अवशेष जलाने की घटनाओं को नियंत्रित कर वायु प्रदूषण कम किया जा सकता है। मृदा में कार्बनिक पदार्थ बढ़ाने से फसल के उत्पादन में वृद्धि होती है। प्रदेश में किसानों को समझाईश देकर उत्पादन लागत कम कर आय बढ़ाने का कार्य चल रहा है। फसल अवशेषों का समुचित उपयोग कर कृषकों की अतिरिक्त आय के विकल्प उपलब्ध कराये जा रहे हैं।
कार्यशाला में कृषि उत्पादन आयुक्त अशोक बर्णवाल, सचिव कृषि निशांत वरबडे, कुलगुरु कृषि विश्वविद्यालय ग्वालियर अरविंद शुक्ला, मुख्य महाप्रबंधक नाबार्ड श्रीमती एस. सरस्वती, निदेशक सीफेट लुधियाना डॉ. नचीकेत कोतवालीवाले, निदेशक सीआईएई भोपाल डॉ. सीआर मेहता, देश एवं प्रदेश से आए वरिष्ठ अधिकारी एवं विशेषज्ञगण, नरवाई प्रबंधन से जुड़े यंत्रों के निर्माता बंधु सहित किसान भाई-बहन उपस्थित थे।
नगर की सड़कों से विकास को मिलेगी रफ्तार
19 Sep, 2025 10:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : आयुक्त नगरीय प्रशासन एवं विकास संकेत भोंडवे ने कहा है कि नगरीय क्षेत्र की सड़कों से विकास को रफ्तार मिलती है और इसके लिये जरूरी है कि सड़के गुणवत्तापूर्ण हो। उन्होंने कहा कि नगरीय निकायों से जुड़े हुए इंजीनियरों की जवाबदारी है कि वे सड़कों के निर्माण और संधारण पर पूरा ध्यान रखें। आयुक्त भोंडवे शुक्रवार को आरसीव्हीपी नरोन्हा प्रशासन अकादमी भोपाल में सस्टेनेबल रोड इंफ्रास्ट्रक्चर विषय पर हुई कार्यशाला को संबोधित कर रहे थे।
आयुक्त भोंडवे ने कहा कि प्रदेश में करीब ढाई करोड़ की आबादी शहरी क्षेत्र में रहती है। शहरी क्षेत्र की सड़कों पर यातायात का दबाब काफी है। इन सड़कों पर नगरीय क्षेत्र की अन्य अधोसंरचनाओं का भी प्रभाव पड़ता है इसलिये जरूरी है कि सड़कों को बेहतर गुणवत्ता के साथ बनाया जाये। कार्यशाला में बताया गया कि नगरीय प्रशासन विकास एवं आवास विभाग के अंतर्गत आगामी 5 वर्षों में 2 लाख करोड़ रूपये के काम होंगे। इसी के साथ केन्द्र सरकार की अमृत, स्वच्छ भारत मिशन एवं प्रधानमंत्री आवास योजना, जलप्रदाय, सीवरेज, हरित क्षेत्र विकास और यूज्ड वाटर मेनेजमेंट आदि कार्यों का क्रियान्वयन भी किया जा रहा है। सड़के हमारी अर्थव्यवस्था की धुरी हैं, जो नगरीय निकायों के समस्त क्षेत्रों को एक साथ जोड़ती हैं। नगरीय क्षेत्रों की सड़कों की गुणवत्ता सीधे तौर पर हमारी कार्य कुशलता को दर्शाती है। नगरीय निकायों के यंत्री अपने कार्य क्षेत्र में पूर्ण योगदान दे रहे हैं किंतु टेक्नोलॉजी में आ रहे परिवर्तन के साथ उन्हें अपनी कार्य प्रणाली में बदलाव की जरूरत है। कार्यशाला का उद्देश्य भी यही है।
कार्यशाला में आईआईटी इंदौर, रूड़की, MORTH, CRRI & RODIC के विषय-विशेषज्ञों द्वारा सड़क निर्माण की नवीन प्रणाली तथा सड़कों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर प्रस्तुतिकरण दिया गया।
विषय विशेषज्ञों ने दी जानकारी
कार्यशाला में सड़क निर्माण कार्य से जुड़े विषय विशेषज्ञों ने विभिन्न सत्रों को संबोधित किया। इनमें RODIC के आरएस महालहा और एचसी अरोरा ने डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट, टेंडर प्रोसेस, आईआईटी इंदौर, रूडकी, MORTH, CRRI के विषय विशेषज्ञों ने सड़क निर्माण की नवीन प्रणाली तथा सड़कों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर प्रस्तुतिकरण दिया। कार्यशाला में कंस्ट्रक्शन टेक्निक, क्वॉलिटी कंट्रोल, टेस्टिंग लैब की प्रक्रिया, डिजिटल प्रोजेक्ट मेनेजमेंट, रीयल टाइम मॉनिटरिंग, नगर सड़कों की सुरक्षा, सड़क निर्माण में वेस्ट मटेरियल के उपयोग के बारे में जानकारी दी गई। कार्यक्रम के प्रारंभ में प्रमुख अभियंता प्रदीप मिश्रा ने प्रदेश की नगरीय अधोसंरचना के बारे जानकारी दी। कार्यशाला में प्रदेश के 600 यंत्रियों का क्षमतावर्धन किया गया।
निवेश से विन्ध्य एवं त्यौंथर को मिलेगी विकास की नई गति : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
19 Sep, 2025 10:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि औद्योगिक निवेश से विन्ध्य एवं त्योंथर को विकास की नई गति मिलेगी। उद्योगपति रोजगारपरक उद्योग लगायें सरकार उनकी हर संभव मदद करेगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बनारस से आये उद्यमियों के आग्रह पर घोषणा की कि नवम्बर माह में काशी विश्वनाथ की नगरी में इंडस्ट्रियल समिट का आयोजन होगा। बनारस के उद्यमियों ने भी विन्ध्य क्षेत्र में एक हजार करोड़ रुपये के निवेश की घोषणा की।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने रीवा जिले के चाकघाट में उद्यमियों से वन-टू-वन चर्चा के दौरान कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संकल्प के अनुरूप हम स्वदेशी के मूलमंत्र को लेकर आगे बढ़ रहे हैं। आप सभी उद्यमी अपने उद्योग स्थापित करने के लिये आगे आयें, राज्य शासन द्वारा आपको हर संभव मदद दी जायेगी। उन्होंने कहा कि औद्योगिक निवेश में मध्यप्रदेश तेजी से आगे बढ़ रहा है और आने वाले वर्षों में हम देश में उच्चतम स्तर पर होंगे। उन्होंने उद्यमियों को पराली से संबंधित व फूड प्रोसेसिंग से संबंधित उद्यम के साथ अन्य क्षेत्र में भी उद्योग स्थापना के लिये आमंत्रित किया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि रीवा जिले में मऊगंज व त्योंथर विधानसभा क्षेत्रों में पर्याप्त भूमि की उपलब्धता है। औद्योगिक क्षेत्र विकास की योजना बनाई गई है। उन्होंने कहा कि यदि उद्यमी स्वयं अपने पूंजी निवेश से परिसर बनाकर उद्योग स्थापित करते हैं तो उन्हें हम पूरी सुविधा व मदद देंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने त्योंथर में कम्प्रेस्ड बायोगैस प्लांट के भूमिपूजन की बधाई दी और अपेक्षा की कि इससे स्थानीय लोगों को लाभ मिलेगा। पराली की समस्या से निजात मिलेगी तथा जैविक विकास को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के जन्म-दिवस के अवसर पर 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक सेवा पखवाड़ा मनाया जा रहा है। प्रधानमंत्री अपने जन्म-दिवस पर मध्यप्रदेश में उपस्थित रहे और उन्होंने पीएम मित्र पार्क के माध्यम से इंडस्ट्रियल क्षेत्र को सौगात दी, जो रोजगार उपलब्धता में मील का पत्थर साबित होगा।
बनारस रामनगर में उद्योगपति करेंगे एक हजार करोड़ का निवेश
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने उद्यमियों को प्रदेश में निवेश के लिये आमंत्रित किया। बनारस रामनगर के 17 उद्योगपतियों और प्रतिनिधियों ने कहा कि रीवा जिले में एक हजार करोड़ का निवेश करेंगे। उद्यमियों के वन-टू-वन चर्चा में रामनगर उद्योग एसोशियेसन ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव को अंगवस्त्रम व काशी विश्वनाथ मंदिर की प्रतिकृति भेंट की। डी.एस. मिश्रा अध्यक्ष रामनगर उद्योग संघ वाराणसी, राकेश जायसवाल, दिलीप सिंह अध्यक्ष म.प्र. चावल संघ तथा सूक्ष्म एवं लघु उद्यम योजनान्तर्गत उद्यमी अमित गौतम ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव से संवाद किया। उद्यमियों ने कहा कि प्रदेश की आकर्षक उद्योग नीति से उत्साहित होकर हम प्रदेश में निवेश करेंगे और यह क्षेत्र उद्योग के क्षेत्र में ऊंची उड़ान भरेगा। सांसद जनार्दन मिश्रा, विधायक त्योंथर सिद्धार्थ तिवारी, पूर्व महापौर वीरेन्द्र गुप्ता, डॉ. अजय सिंह, पूर्व सांसद देवराज सिंह, कमिश्नर बीएस जामोद सहित बड़ी संख्या में बनारस, प्रयागराज, मिर्जापुर और रीवा से आये उद्यमी शामिल हुए।
प्रधानमंत्री मोदी के आहवान पर दुकानदारों ने शुरू किया स्वदेशी जागरण अभियान
19 Sep, 2025 09:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के “स्वदेशी अपनाओ” के आहवान को जनआंदोलन बनाने की दिशा में नरेला विधानसभा में अनूठी पहल शुरू हुई है। शुक्रवार को वार्ड क्रमांक 58 स्थित गौतम नगर मार्केट के स्थानीय दुकानदारों के आग्रह पर सहकारिता मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने “स्वदेशी अभियान” में सहभागिता की।
मंत्री सारंग की मौजूदगी में दुकानदारों ने अपनी दुकानों पर “हमारे यहां स्वदेशी सामान मिलता है” के स्टीकर लगाए साथ ही ग्राहकों को स्वदेशी सामान खरीदने के लिये प्रेरित किया। इस अवसर पर उन्होंने स्वयं भी स्वदेशी सामान की खरीदारी कर यूपीआई के माध्यम से भुगतान किया।
मंत्री सारंग ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का यह आहवान आत्मनिर्भर भारत की नींव को और मजबूत करने वाला है। स्वदेशी उत्पादों को अपनाकर हम न केवल देश की अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने में योगदान देंगे, बल्कि स्थानीय उद्यमों और श्रमिकों को भी नई ताकत प्रदान करेंगे।
स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि प्रधानमंत्री मोदी का संदेश उन्हें नई ऊर्जा प्रदान कर रहा है। इस मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और व्यापारी उपस्थित रहे। वातावरण में उत्साह और स्वदेशी के समर्थन का जोश स्पष्ट रूप से देखा जा सकता था। दुकानदारों और ग्राहकों ने एक स्वर से संकल्प लिया कि वे अब स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता देंगे।
उल्लेखनीय है कि नरेला विधानसभा में दुकानदारों ने विदेशी उत्पादों के स्थान पर उपलब्ध स्वदेशी विकल्पों की सूची भी प्रदर्शित की, जिससे ग्राहकों को जागरूक किया जा सके। दुकानदार स्वयं भी ग्राहकों को प्रेरित कर रहे हैं कि विदेशी उत्पादों के बजाय स्वदेशी सामान खरीदें।
बहन, बेटियां स्वस्थ रहेंगी तो परिवार,प्रदेश और देश समृद्ध होगा - राजस्व मंत्री वर्मा
19 Sep, 2025 09:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : राजस्व मंत्री करणसिंह वर्मा ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के नेतृत्व में देश एवं प्रदेश का निरंतर विकास हो रहा है और महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा मिल रहा है।जब हमारी माताएं और बहनें स्वस्थ रहेंगी तो निश्चित ही परिवार, समाज, प्रदेश और देश समृद्ध होगा। राष्ट्र के निर्माण में हमारी माताओं और बहनों का महत्वपूर्ण योगदान है, इसलिए हमारी सरकार द्वारा उन्हें स्वस्थ और सशक्त बनाने के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा जन भागीदारी, स्वच्छता, सेवा और जन कल्याणकारी कार्यक्रमों को व्यापक स्वरूप देने एवं नागरिकों में स्वच्छता, सेवा, स्वास्थ्य और सामुदायिक उत्तरदायित्व की भावना को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से “सेवा पखवाड़ा” एवं “स्वस्थ नारी सशक्त परिवार” अभियान संचालित किया जा रहा है।महिलाओं एवं किशोरियों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए सरकार द्वारा प्रदेश में स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान संचालित किया जा रहा है। मनुष्य का जीवन सभी श्रेणियों में सर्वोच्च है और सेवा ही मानव का धर्म है। यह बात राजस्व मंत्री वर्मा ने "सेवा पखवाड़ा" एवं "स्वस्थ नारी सशक्त परिवार" अभियान के तहत सीहोर जिले के इछावर सिविल अस्पताल में आयोजित रक्तदान शिविर एवं स्वास्थ्य परीक्षण शिविर में कही।
राजस्व मंत्री वर्मा ने "एक पेड़ मां के नाम" अभियान के तहत पौधरोपण किया और झाडू लगाकर नागरिकों को स्वच्छता का संदेश दिया।उन्होंने कार्यक्रम में रक्तदान शिविर में भाग लेने वाले नागरिकों को प्रशस्ति पत्र भी प्रदान किए।स्वच्छता कर्मियों को सम्मानित किया और आवास योजना एवं आयुष्मान योजना के हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र वितरित किए।
मंत्री वर्मा ने सिविल अस्पताल इछावर में आयोजित स्वास्थ्य शिविर का निरीक्षण भी किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने नागरिकों की समस्याएं सुनी और अधिकारियों को निराकरण के निर्देश दिए।स्वास्थ्य शिविर में 629 नागरिकों को स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की गईं। इसके साथ ही रक्तदान शिविर में 49 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया।
इस अवसर पर अधिकारी,जनप्रतिनिधि, एवं नागरिक उपस्थित रहे।
प्रदेश में महिलाओं के स्वास्थ्य की देखभाल के लिये लग रहे हैं शिविर
19 Sep, 2025 09:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : प्रदेश में 17 सितम्बर से शुरू हुए सेवा पखवाड़ा अभियान के अंतर्गत स्वच्छता की गतिविधियों के साथ नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किये जा रहे हैं। शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में सार्वजनिक स्थलों पर जन-भागीदारी से स्वच्छता कार्यक्रम भी चल रहा है।
उज्जैन जिले में अभियान के अंतर्गत उज्जैन नगर के वार्डों में नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में महिलाओं को स्वास्थ्य जाँच और परामर्श की सुविधा प्रदान की गयी। उज्जैन महापौर मुकेश टटवाल की उपस्थिति में वार्ड क्रमांक-44 में स्वास्थ्य शिविर लगाया गया। महिलाओं को नारी कल्याण से संबंधित योजनाओं की जानकारी दी गयी। शिविर में बताया गया कि नारी सशक्तिकरण से ही समाज का सही मायनों में आर्थिक विकास हो सकेगा। सागर जिले में सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत ग्राम जमुनिया में जैविक खेती के संबंध में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। किसानों को जैविक खेती के महत्व और उपयोगिता पर व्याख्यान के माध्यम से जानकारी दी गयी। किसानों को बताया गया कि जैविक खेती से मिट्टी की उर्वरता बनी रहती है। किसानों की समस्याओं का समाधान भी किया गया। छतरपुर जिले में ग्राम एवं निकाय स्तर पर स्वच्छता गतिविधियाँ की जा रही हैं। नगरपालिका परिषद ने लोक कल्याण मेले का आयोजन किया। मेले में स्व-सहायता समूह की महिलाओं ने अपने उत्पादों की प्रदर्शनी लगायी। नागरिकों को अपने जीवन में स्वदेशी वस्तुओं के अधिक से अधिक उपयोग की समझाइश दी गयी।
उमरिया जिले में अभियान के अंतर्गत ग्रामीणों को घरों से निकलने वाले गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग संग्रहित करने की समझाइश दी गयी। महिलाओं को अपने जीवन में स्वच्छता को पूरी तरह से अपनाने के लिये जागरूक किया गया। शहडोल जिले में 8वाँ राष्ट्रीय पोषण माह मनाया जा रहा है। इसमें नागरिकों को कम नमक, चीनी और खाद्य तेल के उपयोग की समझाइश दी जा रही है। आँगनवाड़ी केन्द्रों में बच्चों का वजन लिया जा रहा है और किशोरियों को अच्छे स्वास्थ्य के लिये स्वच्छता को अपनाने के लिये प्रेरित किया जा रहा है। स्वास्थ्य शिविरों के जरिये 3573 महिलाओं के हीमोग्लोबिन की जाँच की गयी।
इंदौर जिले में जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल हुए। शिव मंदिरों और शासकीय स्कूलों में जन-भागीदारी से सफाई कार्य किया गया। ग्राम निपानिया में संजीवनी क्लीनिक में सफाई और श्रमदान कर सफाईकर्मियों का सम्मान किया गया। बड़वानी जिले में चयनित 4 स्थानों पर रक्तदान शिविरों का आयोजन किया गया। जिले में 1191 यूनिट रक्तदान हुआ। रक्तदान शिविर के लिये स्वयंसेवी संस्थाओं ने जन-सामान्य को रक्तदान के महत्व के बारे में जानकारी दी। टीकमगढ़ जिले में स्वच्छता का संदेश देने के लिये विद्यार्थियों ने मानव श्रंखला बनाकर 'स्वच्छता ही सेवा' का संदेश दिया। विद्यार्थियों ने भारत का नक्शा बनाया। जिले के आनंद ग्राम धजरई में हार्ट फुलनेस क्लब ने नागरिकों को आनंदपूर्ण जीवन के महत्व और तनावरहित रहने के बारे में जानकारी दी। युवाओं ने सार्वजनिक स्थानों जैसे कुओं, तालाबों, सामुदायिक भवन को निरंतर साफ रखने का संकल्प लिया। मुरैना जिले में शासकीय कला पथक दल ने सांस्कृतिक कार्यक्रम के जरिये ग्रामीणों को नशामुक्ति का संदेश दिया। ग्रामीणों को बताया गया कि नशा नाश की जड़ है और एक सशक्त एवं समृद्ध भारत के निर्माण के लिये नशामुक्त समाज आवश्यक है। जिले के ग्राम नूराबाद में खण्ड स्तरीय शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें महिलाओं एवं बालिकाओं को स्वास्थ्य एवं पोषण की जानकारी दी गयी।
विकास से विंध्य क्षेत्र की बदलेंगे तकदीर : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
19 Sep, 2025 09:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रदेश में विकास यज्ञ चल रहा है। विकास का यह कारवां अब रूकेगा नहीं, बल्कि और तेजी से यूं ही चलता रहेगा। विंध्य के विकास में सरकार कोई कसर नहीं रखेगी और हम सब मिलकर विकास परियोजनाओं के जरिए इस क्षेत्र की तस्वीर और तकदीर दोनों बदल देंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विंध्य क्षेत्र के विकास के लिए त्योंथर में 400 एकड़ उपलब्ध भूमि पर नया औद्योगिक प्रक्षेत्र बनाने, त्योंथर के सिविल अस्पताल को 50 बेड से बढ़ाकर 100 बेडेड करने, त्योंथर में आईटीआई का निर्माण और तमस नदी के तट पर रिवर कॉरिडोर बनाने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने निवेशक फर्म आईओसीजीपीएस रिन्युएबल प्रायवेट लिमिटेड द्वारा करीब 125 करोड़ रूपए की लागत से स्थापित किए जाने वाले कंप्रेस्ड बायोगैस प्लांट का भूमिपूजन भी किया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने रीवा सड़क दुर्घटना में मृत जीना वर्मा के परिजन को सरकार की ओर से 4 लाख रुपए की सहायता राशि देने की भी घोषणा की।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शुक्रवार को रीवा जिले के त्योंथर विधानसभा के चाकघाट कृषि उपज मंडी में आयोजित 'विंध्य विकास संकल्प' सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्ज्वलन एवं कन्या पूजन कर सम्मेलन का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने भूतपूर्व विधानसभा अध्यक्ष स्व. श्रीनिवास तिवारी की जयंती पर उनके चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि विंध्य क्षेत्र न केवल मध्यप्रदेश बल्कि पूरे देश को रोशन करने में अग्रणी है। इस क्षेत्र ने विद्युत उत्पादन, सोलर पॉवर प्रोडक्शन और नवीकरणीय ऊर्जा उत्पादन के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। ऊर्जा उत्पादन में धनी यह क्षेत्र सच्चे अर्थों में देश की ऊर्जा धानी बनने की ओर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में औद्योगिक विकास की गतिविधियां तेजी से जारी हैं। बेरोजगारों को रोजगार दिलाने के लिए त्योंथर को भी उद्योगों की सौगात मिल रही है। आज त्योंथर में 162 करोड़ रूपए से अधिक के विकास कार्यों का भूमिपूजन हुआ है। उन्होंने तीन उद्योगपतियों को उद्योग लगाने के लिये भूमि आवंटन पत्र प्रदान किये। हमारी सरकार प्रदेश के भविष्य को सुरक्षित करते हुए विद्यार्थी बच्चों को यूनिफार्म, किताबें, साइकिल, लैपटॉप और स्कूटी सहित स्कॉलरशिप भी दे रही है। डबल इंजन की सरकार में प्रदेश के हर वर्ग के कल्याण का बखूबी ध्यान रखा जा रहा है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा है कि शेरों का बल, बीरबल की बुद्धि और विंध्य की वाणी हम सभी ने तुलसीदास जी के माध्यम से सुनी है। यहां इन्वेस्टर विनोद अग्रवाल भी आए हैं। ये 125 करोड़ लागत से कंप्रेस्ड बायोगैस प्लांट लगा रहे हैं। ये किसानों से पराली भी खरीदेंगे। अब किसानों को उनकी खेत में फसल अपशिष्ट (कचरा) से भी आय बढ़ेगी। खेत भी साफ हो जाएगा और पैसे भी मिल जाएंगे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि दुनिया के सबसे बड़े गणराज्य के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में भारत तेज गति से प्रगति कर रहा है। वे ग्लोबल लीडर हैं, उन्होंने अपना जन्मदिन मध्यप्रदेश के जनजातीय अंचल धार में मनाया। यहां कपास उत्पादन को प्रोत्साहन देने के लिए कपास से कपड़ा बनाने के लिए देश के सबसे बड़े पीएम मित्र पार्क का भूमिपूजन किया। राज्य सरकार महिलाओं और युवाओं को विंध्य की धरती पर ही रोजगार दिलाएगी, अब उन्हें कहीं बाहर जाने की जरूरत नहीं है। राज्य सरकार ने लाड़ली बहनों को रक्षाबंधन पर 1500 रुपए दिए। आने वाली दीपावली के बाद भाईदूज से हर माह 1500 रुपए देंगे। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार अन्नदाता किसानों के कल्याण के लिए उन्हें भी सहायता राशि दे रही है। पीएम किसान सम्मान निधि में राज्य सरकार भी राशि मिलाकर किसानों को हर साल 12 हजार रूपए दे रही है। यह किसानों के आर्थिक स्वावलंबन में एक बड़ी सौगात है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार ने पर्यावरण संरक्षण और किसानों की आय बढ़ाने के लिए "एक बगिया मां के नाम" योजना शुरू की है। स्व-सहायता समूह की महिलाओं को बगिया विकसित करने के लिए प्रति हितग्राही 3 लाख रुपए की सहायता राशि देगी। राज्य सरकार दूध उत्पादन को भी बढ़ावा दे रही है। दूध उत्पादन में प्रदेश को नंबर वन राज्य बनाना है। उन्होंने कहा कि डॉ. अंबेडकर कामधेनु योजना में 25 गायें खरीदने पर हमारी सरकार पशुपालक को 10 लाख रुपए का अनुदान देगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने सड़क हादसों के घायलों की सहायता के लिए राहवीर योजना और एयर एंबुलेंस की शुरुआत की है। यह सरकार की संवेदनशीलता है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में बड़ी संख्या में सांदीपनि विद्यालयों की स्थापना की जा रही है। चित्रकूट सहित प्रदेश के जिस स्थान पर भगवान श्रीराम के चरण पड़े, उन्हें राम वन गमन पथ के रूप में विकसित किया जा रहा है। भगवान श्रीकृष्ण की लीला स्थलों पर तीर्थ बनाने के साथ हम प्रदेश के हर नगर में गीता भवन भी बनाने जा रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सम्मेलन में आईं माताओं-बहनों का पुष्प वर्षा कर स्वागत किया।
रीवा सांसद जनार्दन मिश्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने आज त्योंथर को 162 करोड़ रुपए लागत के विकास कार्यों की सौगात दी है। इसमें 28 करोड़ की लागत का चिल्लावाला पुल का निर्माण भी शामिल है। यहां छोटे-बड़े नदी-नालों सबमें 39 से अधिक पुल बने हैं। नए बायोगैस प्लांट से किसानों को आर्थिक मजबूती मिलेगी।
विधायक त्योंथर सिद्धार्थ तिवारी ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव प्रदेश के विकास के लिए दिन-रात एक कर रोजाना नई सौगातें दे रहे हैं। त्योंथर को कई नए पुल सहित तीन सांदीपनि विद्यालय भी दिए हैं। त्योंथर विधानसभा क्षेत्र में गांव हो या शहर, सभी जगह सड़कों का जाल बिछ रहा है। क्षेत्र की दो नगर पालिकाओं को विकास कार्यों के लिए 2-2 करोड़ की अतिरिक्त मदद मुख्यमंत्री ने दी है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने एक युगपुरूष की तरह त्योंथर को औद्योगिक विकास की सौगात दी है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा रीवा में हुई रीजनल इंडस्ट्रियल कॉन्क्लेव के 11 महीने के अंदर ही विंध्य क्षेत्र का पहला प्लांट त्योंथर में लगाने जा रहा है। उन्होंने कहा कि त्योंथर में इंडस्ट्रियल कॉरिडोर क्षेत्र के विकास को नए पंख लग जाएंगे।
कार्यक्रम में सतना सांसद गणेश सिंह, विधायक गुढ़ नागेंद्र सिंह, विधायक नरेंद्र प्रजापति, विधायक प्रदीप पटेल, विधायक शरद कौल, विधायक पवई प्रह्लाद सिंह लोधी, जिला पंचायत अध्यक्ष नीता कौल, जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।
प्रधानमंत्री आवास योजना से स्वयं के पक्के मकान का सपना हुआ साकार
केदारनाथ मंदिर में नए नियम लागू, मोबाइल इस्तेमाल पर पूरी तरह बैन
मनरेगा की ‘डबरी’ और ‘बिहान’ के सहयोग से सविता बनीं आत्मनिर्भर
दिलीप घोष बोले- बंगाल में खिलेगा कमल, BJP की जीत का भरोसा
लेमरू में दौड़ी जिंदगी की नई रफ्तार, संजीवनी 108 सेवा से ग्रामीणों को मिल रहा त्वरित उपचार
छत के नेट से टीम इंडिया की कैप तक का सफर
केदारनाथ धाम में उत्सव का माहौल, कल सुबह खुलेंगे कपाट
सुपर सकर मशीन द्वारा लगातार चौथे दिन तानसेन नगर में सीवर सफाई कार्य जारी
रायपुर प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के क्रियान्वयन में सूरजपुर बना प्रदेश में प्रथम स्थान पर
