मध्य प्रदेश
राज्यमंत्री पंवार ने की मछुआ पारिश्रमिक दरों में वृद्धि की घोषणा
12 Nov, 2025 09:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नारायण सिंह पंवार ने मछुआ पारिश्रमिक दरों में वृद्धि कर ऐतिहासिक कदम उठाया है। उन्होंने बताया कि इस बढ़ोतरी से राज्यभर के मछुआरों को हर साल करीब 3 करोड़ रुपये की अतिरिक्त आमदनी होगी। यह संशोधन लगभग चार साल बाद किया गया है। निर्णय का स्वागत करते हुए मछुआ समितियों के प्रतिनिधियों ने खुशी जताई। राज्यमंत्री पंवार ने भदभदा मत्स्य प्रक्षेत्र में बुधवार को मध्यप्रदेश मत्स्य महासंघ (सहकारी मर्यादित) की 28वीं वार्षिक साधारण सभा में प्रदेश से आए मछुआरों को संबोधित कर रहे थे।
मध्यप्रदेश मत्स्य महासंघ की 28वीं वार्षिक साधारण सभा में बीते वर्ष की भौतिक और वित्तीय उपलब्धियों की समीक्षा की गई। नए वित्तीय वर्ष के लक्ष्यों को मंजूरी दी गई। बैठक में मत्स्य महासंघ के जलाशयों में कार्यरत मछुआ सहकारी समितियों के प्रतिनिधियों ने प्रस्तावों को कर्तल ध्वनि से स्वीकृति दी।
बैठक में मत्स्य महासंघ (सहकारी मर्यादित) की प्रबंध संचालक सुनिधि निवेदिता, आयुक्त एवं पंजीयक सहकारिता, नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण सहित कई विभागों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। मुख्य महाप्रबंधक रवि कुमार गजभिये ने सभी अतिथियों, काम-काज समिति के सदस्यों और मछुआ सहकारी समितियों के प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया।
जनजातीय वर्ग हमारी संस्कृति की आत्मा, हम अपने जनजातीय जननायकों की सहज रहे हैं स्मृतियां : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
12 Nov, 2025 09:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि हम गौरव से भरे हैं कि मध्यप्रदेश, देश का सर्वाधिक जनजातीय आबादी वाला प्रदेश है। प्रदेश में जनजातीय वर्ग की 21 प्रतिशत आबादी निवास करती है। जनजातीय वर्ग के लोग प्रकृति का संरक्षण करते हुए इसी की छाया में अपना जीवन बिताते हैं। इन सभी जनजातियों के शैक्षणिक, सामाजिक, आर्थिक एवं सांस्कृतिक विकास के लिए हमारी सरकार कटिबद्ध है। जनजातियों के सर्वांगीण विकास के लिए सरकार द्वारा कई योजनाएं चलाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती को बेहद गौरवपूर्ण तरीके से मनाई जाएगी। जनजातीय वर्ग के कल्याण के लिए विचार मंथन जरूरी है। इसके लिए देशभर से स्वयंसेवी संस्थाओं के पदाधिकारी भोपाल में एकत्रित हुए हैं। इस विचार मंथन से जो अमृत निकलेगा, वह हमारी पूंजी है। जनजातियों के कल्याण के लिए सरकार सभी स्वयंसेवी संस्थाओं एवं कल्याणकारी कार्यक्रम चलाने वाली संस्थाओं के साथ कदम से कदम मिलाकर आगे बढ़ेगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सरकार में जनजातीय वर्ग से जुड़े कल्याण कार्यों के मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह जनजातीय वर्ग के कल्याण के लिए नवाचारों के धनी हैं। उन्होंने जनजातीय वर्ग के चिकित्सकों को माला के स्थान पर आला भेंटकर न केवल सम्मान किया वरन सभी को सरकार की योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित भी किया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव बुधवार को कुशाभाऊ ठाकरे अंतर्राष्ट्रीय कन्वेंशन सेंटर में भगवान बिरसा मुंडा की 150 जयंती एवं जनजातीय गौरव वर्ष के उपलक्ष्य में केन्द्र एवं राज्य सरकार के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित ऑल इंडिया एनजीओ मीट को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दीप प्रज्ज्वलित कर एक दिवसीय मीट का शुभारंभ किया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि जनजातीय समुदाय के शैक्षणिक, आर्थिक और सामाजिक कल्याण के लिए गैर-सरकारी संस्थाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। इस पुनीत कार्य में राज्य सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ संस्थाओं के साथ खड़ी है। जनजातीय कल्याण हमारी सरकार की प्रतिबद्धता है। राज्य सरकार ने रानी दुर्गावती के 300वें जयंती वर्ष में उन्हें समर्पित कैबिनेट बैठक का आयोजन जबलपुर में किया। राज्य सरकार राजा शंकर शाह, कुंवर रघुनाथ शाह के जनहितैषी कार्यों को भी जनता के बीच लेकर आई है। हमारी सरकार ने खरगोन जैसे ट्राइबल बेल्ट में टंट्या मामा भील के नाम पर विश्वविद्यालय स्थापित किया है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि शासन के कार्यों में स्वयंसेवी संस्थाओं का सहयोग मिलने से लक्ष्य प्राप्ति में आसानी होती हैं। उन्होंने कहा कि 15 नवम्बर 2025 को प्रदेश के जबलपुर और आलीराजपुर में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह के जरिए भगवान बिरसा मुण्डा का 150वां जन्म जयंती समारोह मनाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हम गौरवान्वित हैं कि देश-प्रदेश के जनजातीय भाईयों के कल्याण के क्षेत्र में कार्य कर रहे एनजीओ के नेशनल कॉन्क्लेव आयोजन का सौभाग्य हमें मिला है। उन्होंने कहा कि केन्द्र एवं राज्य सरकार ने हमेशा जनजातीय सशक्तिकरण को ही अपनी नीतियों के केन्द्र में रखा है। जनजातीय कल्याण से जुड़ी योजनाओं को लागू करने तथा दूर-दराज के क्षेत्रों में जनजातीय समुदायों के स्वास्थ्य, शिक्षा, संस्कृति, रोजगार, पर्यटन विकास जैसे क्षेत्रों में एनजीओ बड़ी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
मध्यप्रदेश है जनजातियों से पुष्पित और पल्लवित भूमि
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश जनजातियों का घर है। देश में सबसे ज्यादा जनजातियां मध्यप्रदेश में निवास करती हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में जनजातियों का गौरव लौटा है। हमारे प्रधानमंत्री मोदी उन्हें पूज रहे हैं। आज राष्ट्रपति भवन से लेकर गांवों के पंचायत भवनों तक जनजातीय भाई-बहनों की उपस्थिति इस बात का प्रमाण है। पीएम जन-मन और धरती आबा जैसे अभियान जनजातीय भाई-बहनों के सशक्तिकरण का आधार बन रहे हैं। गरीब कल्याण के लिए चलाई जा रही अनेक योजनाओं से जनजातीय भाई-बहनों का जीवन आसान हुआ है। पेसा नियमों ने जनजातीय भाई-बहनों को सशक्त बनाया है।
मध्यप्रदेश में जनजातीय जननायकों की स्मृतियों को सहेज रही है हमारी सरकार
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाना हो या देश भर में जननायकों के सम्मान में संग्रहालयों और स्मारकों का निर्माण हो। हम अपने जननायकों की स्मृतियां सहेज रहे हैं। पाठ्यक्रमों में जननायकों की जीवनी को शामिल किया गया है, जिससे आने वाली पीढ़ी अपने असली नायकों से परिचित हो सके। हमारी सरकार ने जन-जन तक अमर राजा शंकरशाह और कुंवर रघुनाथ शाह की वीरता को पहुँचाने और उनकी स्मृतियों को सहेजने के लिए जबलपुर में राजा शंकर शाह और रघुनाथ शाह स्वतंत्रता संग्राम सेनानी संग्रहालय का निर्माण कराया है। भोपाल स्थित हबीबगंज रेलवे स्टेशन का नाम रानी कमलापति के नाम पर और पातालपानी रेलवे स्टेशन का नामकरण जननायक टंट्या भील स्टेशन किया गया। हम प्रदेश में जननायकों और वीरांगनाओं की शौर्य गाथा जन-जन तक पहुंचा रहे हैं। वीरांगना रानी दुर्गावती को समर्पित 2 कैबिनेट बैठक जबलपुर और सिंग्रामपुर (दमोह) में हो चुकी हैं। बीते 3 जून को हमने पचमढ़ी में राजा भभूत सिंह को समर्पित कैबिनेट बैठक की।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि एन.जी.ओ. समाज में सकारात्मक बदलाव लाने, वंचितों एवं हाशिये पर खड़े समूहों की आवाज उठाने व सरकार और जनता के बीच एक कडी के रूप में कार्य करने वाली संस्थाएं हैं। एन.जी.ओ. ग्रामीण विकास एवं सामाजिक कल्याण के क्षेत्र में योजनाओं को लागू करने और सरकारी नीतियों को जमीनी स्तर पर पहुँचाने में सरकार एवं जनता की मदद करते हैं। एन.जी.ओ. का शिक्षा, स्वास्थ्य, आजीविका एवं वन अधिकार अधिनियम के क्रियान्वयन आदि के क्षेत्र में काफी महत्वपूर्ण योगदान रहा है। आज के इस नेशनल कॉन्क्लेव में 4 सेक्टरों शिक्षा, स्वास्थ्य, आजीविका, वन अधिकार अधिनियम एवं ट्राइबल गर्वनेंस पर इन्टरैक्टिव चर्चाएं होंगी। इसमें प्राप्त निष्कर्ष केन्द्र एव राज्य सरकार को अपनी योजनाओं के निर्माण एवं क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।
केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्रालय में डिप्टी डायरेक्टर जनरल सुअंशु सिंह ने कहा कि जनजातीय गौरव भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं वर्षगांठ के अवसर पर यह सम्मेलन आयोजित किया गया है। केंद्र सरकार की ओर से पीएम जन-मन और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कृर्ष अभियान जैसे अनेक कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। सामान्य एवं जनजातीय समुदायों में 2011 में साक्षरता दर का अंतर 14 प्रतिशत था, जो अब घटकर 6 प्रतिशत हो गया है। शिशु मृत्युदर में भी कमी आई है, लेकिन अभी और कार्य करने की आवश्यकता है। शिक्षा, स्वास्थ्य और आजीविका से संबंधित सरकारी योजनाओं को जमीन पर उतारने के लिए केन्द्र सरकार द्वारा गैर-सरकारी संस्थाओं का सहयोग भी लिया जा रहा है।
कार्यक्रम में जनजातीय कार्य मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कृष्णा गौर, विधायक भगवानदास सबनानी, नगर निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी, पद्ममहेश शर्मा, स्वामी रामकृष्ण मिशन से आए स्वामी अनुरागानंद जी, सुरेश स्वामी, मुकेश गौर, किशोर धाकड़े, राजाराम कटारा, प्रमुख सचिव जनजातीय कार्य गुलशन बामरा, आयुक्त जनजातीय कार्य सतेंद्र सिंह, प्रीति मैथिल सहित बड़ी संख्या में देश-प्रदेश से आए गैर-सरकारी संगठनों के पदाधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित थे।
आराध्या पोरवाल ने जीती जूनियर नेशनल स्क्वैश चैंपियनशिप-2025
12 Nov, 2025 09:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उज्जैन की बेटी आराध्या पोरवाल को जूनियर नेशनल स्क्वैश चैंपियनशिप 2025 (गर्ल्स अंडर-17) का खिताब जीतने पर उन्हें बधाई दी है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि बेटी आराध्या ने उज्जैन के साथ प्रदेश और देश का मान बढ़ाया है। यह प्रतियोगिता चेन्नई में आयोजित की गई थी और आराध्या ने इसमें शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया। खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री विश्वास कैलाश सारंग ने आराध्या को शानदार प्रदर्शन पर बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
आराध्या की इस उपलब्धि पर उज्जैन निवासियों सहित प्रदेश और देश दोनों को गर्व है। आराध्या ने इस प्रतियोगिता में अपनी अद्वितीय प्रतिभा और अनुशासन का प्रदर्शन किया है और जुलाई 2025 से अंडर-17 गर्ल्स कैटेगरी में ऑल इंडिया रैंकिंग में नंबर-1 पर हैं।
आराध्या ने अपने स्क्वैश करियर में कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीते हैं, जिनमें एशियन जूनियर चैंपियनशिप में कांस्य पदक और वर्ल्ड जूनियर स्क्वैश चैंपियनशिप में शीर्ष 32 में स्थान शामिल है।
उज्जैन की बेटी आराध्या पोरवाल दिल्ली में पदस्थ पुलिस के उपायुक्त श्री विक्रम पोरवाल की बेटी है। इस सफलता के लिए दिल्ली पुलिस आयुक्त श्री सतीश गोलछा ने भी उन्हें बधाई दी है।
लाड़ली बहना योजना, सशक्त मध्यप्रदेश के निर्माण का संकल्प
12 Nov, 2025 09:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि नारी हर रूप में समर्पण का प्रतीक है। इनके कल्याण के लिए हमने जो भी कहा वह करके दिखाया है। बहनों के कल्याण के संकल्प की दिशा में हम लगातार आगे बढ़ रहे हैं। भाईदूज पर लाड़ली बहना योजना की राशि 1250 रुपए से बढ़ाकर 1500 रुपए करने का वादा किया था। आज उसे निभाने का सौभाग्य अवसर आ चुका है। मुख्यमंत्री ने कहा कि लाड़ली बहना योजना की कुल 30 किश्तों में से 23 किश्तें बहनों को भेजने का शुभ अवसर आया। उन्होंने कहा कि इस योजना ने बहनों का जीवन ही नहीं, मध्यप्रदेश के भविष्य की दिशा भी बदल दी है। लाड़ली बहना योजना अब मदद की नहीं, मौका देने की योजना बन गई है। सहयोग के भाव से शुरू हुई यह योजना अब सफलता के सूत्र में बदल गई है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि लाड़ली बहना योजना केवल आर्थिक सहयोग नहीं, बल्कि हमारी बहनों के आत्मसम्मान और आत्मनिर्भरता का सशक्त माध्यम है। यह हर बहन के सम्मान और सशक्त मध्यप्रदेश के निर्माण की दिशा में हमारे संकल्प की पूर्ति है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य है कि हमारी हर लाड़ली बहन अपने जीवन में आत्मनिर्भर, स्वाभिमानी और सशक्त बने। मुख्यमंत्री डॉ. यादव बुधवार को सिवनी जिले में लाड़ली बहनों को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने प्रदेश की एक करोड़ 26 लाख 36 हजार से अधिक लाड़ली बहनों के खाते में सिंगल क्लिक से 1857 करोड़ रुपए राशि अंतरित की। इसमें सिवनी जिले की 2 लाख 68 हजार से अधिक बहनें शामिल हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने रिमोट से सिवनी जिले में कुल 560 करोड़ 75 लाख रुपए की लागत वाले 114 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमि-पूजन किया। इसमें सिवनी जिले में एक विधि महाविद्यालय और 4 सांदीपनि विद्यालयों सहित विभिन्न निर्माण कार्यों की सौगातें शामिल हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सिवनी जिले के पेंच टाइगर रिजर्व में स्थापित 17 फीट ऊंची, 40 फीट और 8 फीट चौड़ी दुनिया की सबसे बड़ी स्क्रैप से बनी बाघ की कलाकृति का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मांग पर युवाओं के लिए घंसौर में स्टेडियम बनाने, बालाघाट जिले के लामटा से सिवनी जिले के पांडिया छपारा के बीच नदी पर एक बड़े पुल का निर्माण और अतरी से पांडरवानी बीटी रोड, बरघाट नगर से ग्राम मकरघट्टा तक पक्की सड़क बनाने और अन्य छोटी सड़कों के निर्माण की घोषणा भी की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने लाड़ली बहना योजना से लाभान्वित बहनों और हितग्राही परिवारों से भी आत्मीय संवाद किया और उनसे शासन की योजना से मिल रहे लाभों की जानकारी ली। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने हितग्राहियों को हितलाभ भी वितरित किए। मुख्यमंत्री ने किसानों से कहा कि हमने जिले के किसानों को धान का बोनस दिया। गेहूं भी हम खरीदेंगे और मक्के की फसल का भी पूरा दाम दिलाएंगे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि लाड़ली बहनों का आत्मविश्वास ही मध्यप्रदेश की सबसे बड़ी पूँजी है। जब बहनें सशक्त होती हैं, तब समाज और राज्य दोनों समृद्ध बनते हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार महिलाओं के सामाजिक, शैक्षिक और आर्थिक उत्थान के लिए निरंतर प्रयासरत है। लाड़ली बहना योजना से प्रदेश की बहनों को आर्थिक सहायता दी जा रही है, उन्हें अपने निर्णय स्वयं लेने की शक्ति और आत्मविश्वास भी प्रदान किया जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि आइए, हम सब मिलकर ऐसा मध्यप्रदेश बनाएं जहाँ हर बहन सुरक्षित, शिक्षित, सशक्त और आत्मनिर्भर हो, क्योंकि बहनों की मुस्कान में ही प्रदेश का भविष्य बसता है। उन्होंने कहा कि सशक्त बहनों से ही परिवार और समाज सशक्त होगा। सशक्त समाज ही समृद्ध मध्यप्रदेश के निर्माण का मुख्य आधार बनेगा।
30 किश्तों ने बदला बहनों का जीवन
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बहनों से कहा कि लाड़ली बहना योजना से सिर्फ आपका जीवन ही नहीं बदला है, मेरा दृष्टिकोण भी बदला है। नीति और नीयत कितना बड़ा बदलाव लाते हैं, यह बहनों की नई-नई कहानियां सुनने से पता चलता है। इस योजना की राशि से किसी बहन ने अपना छोटा व्यापार शुरू किया, किसी बहन ने अपने बच्चे की पढ़ाई में मदद की तो किसी ने इन पैसों से हुनर सीखा। इस योजना ने केवल बहनों का जीवन ही नहीं बल्कि मध्यप्रदेश के भविष्य की दिशा बदल दी है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि बहनों के सशक्तिकरण के लिए इस योजना की शुरुआत हमने जून 2023 में की थी, तब से अक्टूबर 2025 तक आपके बैंक खातों में 44 हजार 917 करोड़ 92 लाख रुपये का अंतरण कर चुके हैं। जनवरी 2024 से अक्टूबर 2025 तक 34 हजार 921 करोड़ रुपये से अधिक की राशि का अंतरण सिंगल क्लिक से किया है। हर साल राखी के शगुन के 250 रुपये हम अलग से अपनी बहनों को देते आए हैं। आज 250 रुपए बढ़ा रहे हैं। लाड़ली बहना योजना अब मदद की नहीं, मौका देने की योजना बन गई है। इस योजना ने बहनों को लाभार्थी से लीडर बनने की राह पर अग्रसर किया है। सहयोग के भाव से शुरू हुई लाड़ली बहना योजना सफलता के सूत्र में बदल गई है। बहनों के सपने साकार करना हमारा संकल्प हैं। आपके सुख, सम्मान और सशक्तिकरण के लिए हम कार्य करते रहेंगे। अब हर महीने 1500 रुपये हाथ में आएंगे, मुझे पूरा विश्वास है कि यह 1500 रुपये आपके सपनों को नए पंख लगाएंगे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सिवनी जिले में विकास की अनंत संभावनाएं हैं। वन्य जीव पर्यटन की दिशा में हमारे प्रयासों से सिवनी में नई अर्थव्यवस्था का निर्माण हो रहा है। होम-स्टे, एडवेंचर टूरिज्म जैसे नवाचारों से न सिर्फ जिले की प्रगति होगी बल्कि बहनों और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी बनेंगे। उन्होंने कहा है कि सिवनी ऐसा जिला है, जहां बहनें सांसद, कलेक्टर और जिला पंचायत अध्यक्ष की भूमिका में हैं। बहनों के आशीर्वाद से जीवन धन्य हो जाता है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में सरकार ने लाड़ली बहना योजना की राशि बढ़ाने का संकल्प लिया था, जो आज पूरा हो रहा है। प्रदेश में हर महीने रक्षाबंधन और भाईदूज का त्यौहार मनाया जा रहा है। हमने जो वादा किया था, वह पूरा करके दिखा दिया है। हमारी सरकार लगातार अपने संकल्पों को पूर्ण करते हुए आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के कार्यक्रम चल रहे हैं। मध्यप्रदेश में जनजातीय वर्ग की आबादी सर्वाधिक है। प्रदेश में जनजातीय हस्तियों की लंबी फेहरिस्त है। सरकार जनजातीय नायकों की कहानियों और योगदान को पाठ्यक्रम में शामिल कर रही है। प्रदेश में जनजातीय नायकों का सम्मान करते हुए सभी त्यौहार परंपरा अनुसार धूमधाम मनाए जा रहे हैं।
महिलाएं निडर बनें और लीडर बनें
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि लाड़ली बहनों को अब तक 45 हजार करोड़ से अधिक राशि मिल चुकी है। राज्य सरकार के 2 साल पूर्ण होने पर बहनों को रोजगार आधारित उद्योगों में क्रमश: 5000 रुपए महीना देना चाहते हैं। बहनें लाड़ली योजना की राशि से अपने रोजगार स्थापित कर रही हैं। घर की जरूरत पूरी कर रही हैं। महिलाएं निडर बनें और लीडर बनें। इसके लिए वर्ष-2028 में राजनीतिक क्षेत्र में 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करने के लिए प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि महिलाएं पशुपालन व्यवसाय से जुड़ें, जिस घर में दूध-दही-मही और मक्खन होता है, वहां कुपोषण अपने आप दूर हो जाता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में दूध उत्पादन को बढ़ाकर 20 प्रतिशत करने का लक्ष्य रखा गया है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश को औद्योगिक विकास के लिए केंद्र सरकार की ओर से विभिन्न कैटेगरी में 4 पुरस्कार मिले हैं। प्रदेश में 6 लाख से अधिक लोगों को रोजगार से जोड़ा गया है। महिलाओं के कामकाजी जीवन को आसान बनाने के लिए प्रदेश में कुल 8 वर्किंग वूमन हॉस्टल्स बनाए जा रहे हैं। आज प्रदेश में 5 लाख से अधिक स्व-सहायता समूहों से 53 लाख से अधिक बहनें जुड़ी हैं और विभिन्न योजनाओं का लाभ ले रही हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि 30 दिसंबर 2025 से तीन महीने से पुराने बिजली बिलों में सरचार्ज की राशि माफ करने के लिए एक बड़ी योजना की शुरुआत की जा रही है। उन्होंने कहा कि भावांतर योजना में सोयाबीन किसानों को 13 नवंबर को राशि ट्रांसफर की जाएगी। किसानों को धान पर भी बोनस दिया है। राज्य सरकार गेहूं भी खरीद रही है। मक्का का उचित मूल्य दिलाने के लिए भी कार्य करेंगे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि नक्सलवादी गतिविधियों से जुड़े लोग सरकार की आत्मसमर्पण नीति को अपना लें और जल्द से जल्द समाज की मुख्यधारा से जुड़ें। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में मार्च 2026 तक देश में नक्सली गतिविधियों का पूरी तरह सफाया कर दिया जाएगा।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदर्शनियों में विभिन्न स्टॉल्स का अवलोकन किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने नन्हीं बिटिया को जन्म दिवस की शुभकामनाएं दीं एवं उसका अन्न-प्राशन भी कराया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् का समवेत् स्वर में गायन भी किया गया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने लाड़ली बहनों से संवाद भी किया। हितग्राही सुषमा सनोडिया ने कहा कि लाड़ली बहना योजना से प्रदेश की बहनें आर्थिक रूप से सशक्त हो रही हैं। राज्य सरकार से मिल रही योजना की राशि हमारे ब्यूटी पार्लर के व्यवसाय में सहायक सिद्ध हुई है। बहन माधुरी डहेरिया ने बताया कि उनके पति को भी किसान सम्मान निधि का लाभ मिल रहा है। लाड़ली बहना योजना में मिली राशि से बच्चों के लिए किताब, कॉपी और घर की जरूरत का सामान खरीद लेते हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बहनों को प्रधानमंत्री आवास का लाभ देने और रोजगार के लिए सहायता प्रदान करने की बात कही। बहनें स्व-सहायता राशि की किश्त भी समय पर जमा कर रही हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश के सचिव, रोजगार सहायक और पटवारी अच्छा काम करते हैं, लेकिन जो लापरवाही और अपने काम के प्रति उदासीनता दिखाएंगे, तो उन्हें रोकना ही पड़ेगा।
राजस्व मंत्री एवं सिवनी जिले के प्रभारी मंत्री करण सिंह वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव सम्राट वीर विक्रमादित्य की तरह प्रदेश में सुशासन चला रहे हैं। आज बहनों को 1500 रुपए की राशि मिल रही है।
बालाघाट-सिवनी लोकसभा क्षेत्र की सांसद भारती पारधी ने कहा कि प्रदेश के संवेदनशील मुख्यमंत्री डॉ. यादव जो कहते हैं, उसे शत-प्रतिशत पूरा करते हैं। सिवनी के विकास के लिए राज्य सरकार द्वारा अनेकों सौगातें दी गई हैं।
सिवनी विधायक दिनेश राय मुनमुन ने कहा कि सिवनी की धरती से आज प्रदेश की सभी लाड़ली बहनों को 30वीं किश्त के रूप में 1500 रुपए की बढ़ी हुई राशि मिली है। प्रदेश की बहनें सशक्त हुई हैं और उनका सम्मान बढ़ा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में गरीब, किसान, युवा और नारी कल्याण के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
कार्यक्रम में पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री एवं मंडला संसदीय क्षेत्र के सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते, बरघाट विधायक कमल मर्सकोले, पूर्व सांसद ढालसिंह बिसेन, पूर्व सांसद नीता पटेरिया, पूर्व विधायक राकेश पाल, मीना बिसेन, वैभव पवार सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में आईं लाड़ली बहनें उपस्थित थीं।
खुशबू अहिरवार के परिजनों का आरोप, खुशबू पर जबरन धर्म परिवर्तन का दबाव
12 Nov, 2025 07:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। मॉडल खुशबू हत्याकांड मामले में बड़ा खुलासा हुआ है. खुशबू के बैग से एक आधार कार्ड मिला है. इस आधार कार्ड में जो फोटो लगी हुई है, उसमें वह बुर्के में दिखाई दे रही है. मॉडल के परिजनों ने भी हत्या के आरोपी कासिम खान पर धर्म परिवर्तन कराने के आरोप भी लगाए हैं. बैग से और भी कई सामान बरामद हुए हैं, जिसमें मेकअप, सैंडिल, होटल का बिल और कपड़े शामिल हैं.
परिजनों ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर जताई नाराजगी
खुशबू के परिजनों ने बताया कि वह दबाव में थी. उसके बैग से बुर्का निकला. परिजनों ने धर्म परिवर्तन का आरोप लगाते हुए, कहा कि आरोपी कासिम खान बुर्का पहनने और रोजा रखने के लिए दबाव बनाता था. पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद परिजन बुधवार को भोपाल के छोला मंदिर पुलिस थाने पहुंचे. परिजनों ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर नाराजगी जताई और कहा कि वे इससे खुश नहीं हैं. कमर, गर्दन, हाथ और प्राइवेट पार्ट में चोट के निशान मिले. उसे बेल्ट से पीटा गया.
नवरात्रि में रोजा रखने के लिए बोलता था नहीं रखी तो बेल्ट से मारता था
मॉडल खुशबू की मंगलवार (11 नवंबर) को पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आई. इस रिपोर्ट में कई बड़े खुलासे हुए. बताया गया कि 27 साल की मॉडल गर्भवती थी. फैलोपियन ट्यूब (गर्भाशय नली) फट गई थी, जिससे प्रेग्नेंसी कॉम्प्लिकेशन के चलते मौत होने की आशंका जताई जा रही है. अब पुलिस आरोपी कासिम से इस बारे में पूछताछ कर रही है.
क्या है पूरा मामला?
खुशबू करीब 3 सालों से भोपाल में रहकर मॉडलिंग कर रही थी. उसने अपनी बीए की पढ़ाई भी बीच में ही छोड़ दी थी और एक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर के तौर पर कई स्थानीय ब्रांड्स के साथ विज्ञापन शूट का काम कर रही थी. खुशबू इसके अलावा पार्ट टाइम जॉब भी करती थी. उसका इंस्टाग्राम पर डायमंड गर्ल के नाम से अकाउंट है, जिस पर लगभग 12 हजार से ज्यादा फॉलोअर्स है. आरोपी कासिम और खुशबू दोनों भानपुर स्थित एक मल्टी स्टोरी बिल्डिंग में रहते थे. उनके घर पर पिछले डेढ़ महीने से ताला लगा हुआ था. आरोपी शराब तस्करी मामले में जेल भी जा चुका है. एनबीटी के अनुसार मां ने पुलिस को बताया कि दोनों उज्जैन से भोपाल बस में आ रहे थे. इस दौरान खुशबू की तबीयत बिगड़ी तो कासिम उसे अस्पताल लेकर पहुंचा. जहां मॉडल बेहोश हो गई, ये देखकर वह भाग गया.
लाडली बहनों के खाते में 1500 रुपये की 30वीं किस्त आई, तुरंत ऐसे करें चेक और जानें पूरी प्रक्रिया
12 Nov, 2025 03:52 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
Ladli Behna Yojana 30th Installment Released: मध्य प्रदेश की 1 करोड़ 26 लाख से ज्यादा महिलाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है. CM डॉ. मोहन यादव ने लाडली बहना योजना की 30वीं किस्त जारी कर दी है. इस बार की यह किस्त बेहद खास है क्योंकि अब से लाडली बहना योजना की हितग्राही महिलाओं के खाते में 1250 नहीं बल्कि 1500 रुपए आएंगे. CM मोहन यादव ने सिंगल क्लिक के जरिए यह राशि ट्रांसफर की, जिसके बाद लाडली बहनों के खाते में 1500 रुपए पहुंच गए हैं.
कैसे चेक करें पैसे?
लाडली बहना योजना के पैसे आपके खाते में आए हैं या नहीं यह आप घर बैठे चेक कर सकते हैं. इसके लिए आपको cmladlibahna.mp.gov.in पोर्टल पर जाना होगा.अब होम पेज पर आवेदन एवं भुगतान की स्थिति विकल्प पर क्लिक करें. इसके बाद अपना आवेदन क्रमांक या समग्र सदस्य संख्या डालें. अब स्क्रीन पर कैप्चा नजर आएगा, जिसे भरने के बाद ‘OTP भेजें’ पर क्लिक करें. OTP भरने के बाद खोजें पर क्लिक करें. स्क्रीन पर तुरंत आपके भुगतान की स्थिति नजर आने लगेगी.
ट्रेन में हड़कंप, AC-1 कोच में अलार्म बजते ही मची भगदड़, जानिए क्या हुआ"
12 Nov, 2025 03:31 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
Maihar News: मध्य प्रदेश के रीवा जिले से जबलपुर के लिए जाने वाली रीवा-जबलपुर इंटरसिटी एक्स्प्रेस में बुधवार को भगदड़ मच गई. यह भगदड़ सुबह करीब 8.30 बजे मची, जिसके बाद यात्रियों को मैहर जिले के झुकेही स्टेशन पर उतारा गया. जानकारी के मुताबिक ट्रेन के AC-1 में अचानक अलार्म बजने लगा था, जिसके बाद यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई.
रीवा-जबलपुर इंटरसिटी में भगदड़
रीवा से जबलपुर की ओर जाने वाली इंटरसिटी ट्रेन में 12 नवंबर की सुबह करीब 8:30 बजे उस वक्त यात्रियों के बीच भगदड़ मच गई, जब ट्रेन के AC-1 कोच में लगा अलार्म अचानक बजने लगा. इतना ही नहीं यात्रियों के लिए सुरक्षित बोगी से नीचे उतरने के निर्देश भी जारी होने लगे. यह अनाउंसमेंट सुन यात्री तत्काल अपना सामान लेकर मैहर जिले झुकेही स्टेशन पर ट्रेन से नीचे उतर गए. इसी दौरान मौके पर पहुंची रेलवे पुलिस ने परीक्षण के बाद जांच शुरू कर दी है.
कोच से निकला दिखा धुआं
यात्रियों ने बताया कि इंटरसिटी ट्रेन सुबह तकरीबन 8:30 बजे जैसे ही झुकेही स्टेशन में पहुंची तभी अचानक ट्रेन के एसी कोच में लगा अलार्म बजने लगा. साथ ही सूचना जारी होने लगी कि सभी यात्री इस कोच को सुरक्षित खाली कर दें. कोच में अचानक धुआं निकलने लगा है. यह निर्देश सुन यात्री बोगी से नीचे उतर गए.
करीब 20 मिनट स्टेशन पर खड़ी रही ट्रेन
यात्रियों के नीचे उतरने के बाद मौके पर पहुंची रेलवे पुलिस ने परीक्षण किया. वहीं, ट्रेन करीब 20 मिनट तक झुकेही स्टेशन पर खड़ी रही.
अज्ञात यात्री ने की बदमाशी
जांच के दौरान पाया गया कि किसी अज्ञात यात्री ने बदमाशी की है. किसी यात्री ने अलार्म के आसपास धुआं उत्पन्न कर दिया, जिससे अलार्म बजने लगा. परीक्षण के बाद फिर यात्रियों को कोच में बैठाया गया, जिसके बाद ट्रेन जबलपुर के लिए रवाना हुई. फिलहाल रेलवे पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है और बदमाशी करने वाले यात्री की भी तलाश की जा रही है.
थरेसियन स्पेक्ट्रम 2025 : प्रतिभा और नवाचार का अनोखा संगम
12 Nov, 2025 01:38 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। सेंट थरेसा गर्ल्स स्कूल, पिपलानी, भेल, भोपाल में वार्षिक प्रदर्शनी "थरेसियन स्पेक्ट्रम 2025" का आयोजन 11 नवम्बर, मंगलवार को भव्य रूप से किया गया। प्रदर्शनी ने छात्राओं की रचनात्मकता, प्रतिभा और वैज्ञानिक दृष्टिकोण का सुंदर प्रदर्शन किया। अभिभावकों, शिक्षिकाओं, छात्राओं और स्थानीय समुदाय के सदस्यों की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने इस अवसर को विशेष बना दिया। कार्यक्रम की शुरुआत एक आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुति से हुई, जिसमें छात्राओं ने स्वागत गीत और नृत्य के माध्यम से विशिष्ट अतिथियों का अभिनंदन किया। मंच पर हर्ष और उत्साह का वातावरण बना, जिससे समारोह का शुभारंभ अत्यंत मनमोहक हुआ।
इस अवसर के मुख्य अतिथि भोपाल के आर्चबिशप मोस्ट रेव. डॉ. अलंगारम आरोकिया सेबेस्टियन दुरैराज, एस.वी.डी. थे जिनके प्रेरणादायक संबोधन ने सभी को प्रेरित किया। विशिष्ट अतिथि विख्यात सितार वादक सुश्री स्मिता नागदेव और विशेष अतिथि भेल की सीनियर मैनेजर (एच.आर.) श्रीमती ब्लेज़ी जोसेफ रहीं। फादर ईश्वरदास मिनज, विकर जनरल, ने कार्यक्रम का आशीर्वचन कर मार्गदर्शन प्रदान किया।
पूर्व शिक्षिकाओं, वर्तमान अध्यापकगणों और पूर्व छात्राओं से बनी निर्णायक समिति ने छात्राओं की परियोजनाओं का मूल्यांकन किया तथा उनकी नवाचारी सोच और प्रस्तुति की सराहना की। शिक्षिकाओं के मार्गदर्शन और छात्राओं की लगन ने प्रदर्शनी को सफल बनाया। प्रधानाचार्या सिस्टर शांता ने कहा, “यह प्रदर्शनी हमारी छात्राओं की समर्पण भावना, रचनात्मकता और सीखने के उत्साह का प्रतीक है। हम अपने सभी अतिथियों और विद्यालय समुदाय के आभारी हैं, जिन्होंने इस आयोजन को सार्थक बनाया।”विद्यालय परिवार ने सभी अतिथियों, निर्णायकों, शिक्षकों, छात्राओं, अभिभावकों और कर्मचारियों का हार्दिक आभार व्यक्त किया जिन्होंने "थरेसियन स्पेक्ट्रम 2025" को यादगार और प्रेरणादायक बनाया।
डिप्टी कलेक्टर के घर चोरी, 10 तोला सोना और लाखों की ज्वेलरी चोरी, जानिए कैसे हुई वारदात
12 Nov, 2025 01:14 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में चोरी की वारदातें लगातार बढ़ती जा रही हैं। अब चोरों के निशाने पर आम लोगों के साथ-साथ अधिकारी भी आ गए हैं। ताजा मामला डिप्टी कलेक्टर अलका सिंह के बंगले का है, जहां चोरों ने बड़ी चालाकी से सेंध लगाई और कीमती सामान लेकर फरार हो गए।
सूत्रों के मुताबिक, यह वारदात उस वक्त हुई जब अलका सिंह अपने ऑफिस के काम से बाहर गई हुई थीं। लौटने पर उन्होंने देखा कि घर का ताला टूटा हुआ है और कमरे अस्त-व्यस्त पड़े हैं। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची टीम ने फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट्स और फॉरेंसिक यूनिट के साथ मिलकर जांच शुरू की।
प्राथमिक जांच में पता चला है कि चोरों ने घर में घुसने के लिए पीछे की दीवार फांदी थी। पुलिस को शक है कि यह वारदात किसी प्रोफेशनल गैंग ने की है जो पिछले कुछ समय से भोपाल के वीआईपी इलाकों में सक्रिय है। फिलहाल, पुलिस आसपास के CCTV फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों की तलाश में टीमों को रवाना कर दिया गया है।
इस घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय निवासियों ने पुलिस गश्त बढ़ाने और रात के समय निगरानी मजबूत करने की मांग की है। राजधानी में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं ने प्रशासन को भी सतर्क कर दिया है।
मध्य प्रदेश में ठंड का कहर, 23 जिलों में आज शीतलहर का अलर्ट, जानिए आपके शहर में क्या है मौसम का हाल
12 Nov, 2025 01:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
MP Weather update: मध्य प्रदेश में ठंड का कहर बढ़ने लगा है. इस साल नवंबर के पहले हफ्ते से ही कड़ाके की सर्दी ने दस्तक दे दी है, जिससे लोगों की परेशानी बढ़नी शुरू हो गई है. दिन में तेज सर्द हवाएं चल रही हैं, जबकि रात और सुबह तापमान में बड़ी गिरावट के कारण कंपकंपी शुरू हो गई है. भोपाल और इंदौर में तो नवंबर की शुरुआत में ही ठंड ने 25 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया है. मौसम विभाग ने आज प्रदेश के 23 जिलों में शीतलहर का अलर्ट जारी किया है.
23 जिलों में शीतलहर का अलर्ट
मौसम विभाग ने आज भोपाल, इंदौर, देवास, ग्वालियर, राजगढ़, जबलपुर, धार, सागर, रीवा और शहडोल सहित 23 जिलों में शीतलहर का अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग ने अगले 4 दिनों तक प्रदेश के ज्यादातर जिलों में शीतलहर (कोल्ड वेव) का यलो अलर्ट जारी किया है. बता दें कि बीती रात प्रदेश के 11 शहरों में तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे लुढ़क गया.
देवास में स्कूलों का समय बदल
लगातार गिरते तापमान और बढ़ती ठंड को देखते हुए देवास जिले में स्कूलों के समय में बदलाव कर दिया गया है. ठंड से बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए देवास कलेक्टर ऋतुराज सिंह ने नर्सरी से 12वीं तक सभी स्कूल अब सुबह 10 बजे से पहले नहीं खुलने का आदेश जारी किया है. यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है.
अगले 4 दिन कोई राहत नहीं
मौसम विभाग का कहना है कि अगले 4 दिनों तक प्रदेश में लोगों को ठंड से राहत नहीं मिलने वाली है. ठंडी उत्तरी हवाएं लगातार चलती रहेंगी. तापमान में कोई बड़ा उछाल नहीं आएगा. शीतलहर की स्थिति अगले 4 दिनों तक बनी रहेगी.
राजगढ़ रहा सबसे ठंडा
मंगलवार की रात राजगढ़ प्रदेश में सबसे ज्यादा ठंडा रहा. यहां 8.0 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया. इसके अलावा भोपाल में 8.3 डिग्री, इंदौर में 8.4 डिग्री, नौगांव-उमरिया (छतरपुर) में 8.5 डिग्री, मलाजखंड (बालाघाट) में 8.8 डिग्री और रीवा में 9.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
सेंट थरेसा गर्ल्स स्कूल, पिपलानी में रक्तदान शिविर का आयोजन
12 Nov, 2025 11:35 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। वार्षिक विद्यालय प्रदर्शनी के अवसर पर सेंट थरेसा गर्ल्स स्कूल, पिपलानी, भोपाल में भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी के सहयोग से रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया।विद्यालय की प्रधानाचार्या सिस्टर शांता ने शिविर का उद्घाटन करते हुए स्वयं रक्तदान किया और समाज को प्रेरक संदेश दिया।
अभिभावकों, शिक्षकों एवं पूर्व विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर मानवता और सेवा की भावना का परिचय दिया।
डॉ. ओ. पी. श्रीवास्तव एवं रेड क्रॉस ब्लड बैंक टीम ने अपने सहयोग और मार्गदर्शन से शिविर को सफल बनाया।
यह आयोजन रक्तदान के प्रति जागरूकता और सामाजिक उत्तरदायित्व का उत्कृष्ट उदाहरण रहा।
राहुल गांधी ने दिल्ली कार धमाके को बताया दर्दनाक और चिंताजनक
12 Nov, 2025 10:41 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली। दिल्ली (Delhi) में कार धमाके (Car explosion.) पर राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने ट्वीट किया है। उन्होंने इस धमाके को ‘हादसा’ करार दिया और दुख जताया है। उन्होंने घटना के लगभग दो घंटे बाद एक्स पर ट्वीट किया, ‘दिल्ली (Delhi) के लाल किला मेट्रो स्टेशन (Red Fort Metro Station) के पास हुए कार विस्फोट की ख़बर बेहद दर्दनाक और चिंताजनक है। इस दुखद हादसे में कई निर्दोष लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद है। इस दुख की घड़ी में अपने प्रियजनों को खोने वाले शोक संतप्त परिवारों के साथ खड़ा हूं और उनको अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। सभी घायलों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की आशा करता हूं।’
वहीं इस मामले पर आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह का भी बयान आया है। उनका कहना है कि यह धमाका तो पाकिस्तान की ओर से किया गया हमला है। संजय सिंह ने कहा कि यह हमला लाल किले पर हुआ है, जो हमारा गौरव है। यही नहीं उन्होंने पीएम नरेंद्र मोदी पर भी निशाना साधा और कहा कि उनके हाथों में देश सेफ नहीं है। संजय सिंह ने कहा, ‘ऐसी घटिया हरकत पाकिस्तान ही कर सकता है। मोदी ने सीजफ़ायर करके पाकिस्तानी दरिंदों का मनोबल बढ़ा दिया। जिन आतंकियों ने हमारे निर्दोष नागरिकों की जान ली है, उनको भी मौत के घाट उतारो। लाल क़िले पर हमला हमारे गौरव के प्रतीक पर हमला है। देश मोदी के हाथों सुरक्षित नहीं। ईश्वर मृतकों की पुण्य आत्मा को शांति प्रदान करे।’
मौके पर पहुंच रहे हैं होम मिनिस्टर अमित शाह
वहीं होम मिनिस्टर अमित शाह भी सक्रिय हैं। घटना की जानकारी मिलते ही उन्होंने दिल्ली पुलिस के कमिश्नर, आईबी चीफ समेत तमाम अधिकारियों से बात की। अब वह घटनास्थल के लिए रवाना हो चुके हैं। इसके अलावा लोकनायक जयप्रकाश नारायण अस्पताल भी वह जाएंगे। जानकारी मिली है कि वह मीडिया से भी बात करने वाले हैं।
अमित शाह बोले- आई 10 कार में हुआ धमाका
इस दौरान वह पूरी घटना की जानकारी दे सकते हैं और इस पर ऐक्शन का भी ऐलान कर सकते हैं। अमित शाह ने कहा, ‘उन्होंने कहा कि सुभाष मार्ग ट्रैफिक सिग्नल पर आई-20 कार में धमाका हुआ। इससे आसपास की गाड़ियों में आग लगने और कुछ लोगों के घायल होने की जानकारी मिली है। कुछ लोगों के हताहत होने की भी सूचना है। सभी एंगल से घटना की जांच होगी। कुछ ही देर में स्पॉट और अस्पताल पर जा रहा हूं।’
दो पक्षों में खूनी संघर्ष: 6 लोग घायल, फसल कटाई को लेकर हुआ झगड़ा
12 Nov, 2025 10:32 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नरसिंहपुर। मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) के नरसिंहपुर (Narsinghpur) में दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया। इस घटना में छह लोग घायल हो गए। जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं पुलिस ने केस दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है। यह पूरी घटना पलोहा थाना अंतर्गत धोखेड़ा गांव की है। जहां मंगलवार को दो पक्षों में धान की फसल कटाई को लेकर झगड़ा हो गया। देखते ही देखते विवाद शुरू हो गया। इसके बाद दोनों पक्ष आक्रामक हो गए। इसी दौरान लाठी-डंडे चलने शुरू हो गए। इस झगड़े ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया।
वहीं इस विवाद में छह लोग घायल हुए है। जिन्हें गाडरवारा के सरकारी अस्पताल ले जाया गया है। जहां सभी का इलाज जारी है। वहीं घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों के खिलाफ मामला दर्ज किया। फिलहाल पुलिस खूनी संघर्ष से जुड़े लोगों से पूछताछ कर मामले की पड़ताल शुरू कर दी है।
कटनी में आस्था पर चोट, 40 साल पुराना हनुमान मंदिर तोड़ा गया; बजरंग दल ने किया प्रदर्शन
12 Nov, 2025 09:31 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
कटनी: मध्य प्रदेश के कटनी जिले (Katni District)के पाठक वार्ड क्षेत्र में उस समय माहौल तनावपूर्ण हो गया जब देर रात एक प्राचीन हनुमान मंदिर (Hanuman Temple) को तोड़ दिया गया. बताया जा रहा है कि यह मंदिर लगभग 40 साल पुराना था और स्थानीय लोगों की गहरी आस्था से जुड़ा हुआ था. घटना के बाद इलाके में भारी रोष फैल गया और बजरंग दल (Bajrang Dal) के कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए.
जानकारी के अनुसार, यह मंदिर लक्ष्मी पान भंडार के पास स्थित था और रेलवे निर्माण कार्य के दौरान L&T कंपनी की टीम ने काम करते हुए मंदिर को तोड़ दिया. स्थानीय लोगों का कहना है कि न केवल मंदिर तोड़ा गया, बल्कि हनुमान जी की प्रतिमा को नाले में फेंक दिया गया. इस घटना के बाद बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने विरोध स्वरूप चक्का जाम कर दिया.
भट्टा मोहल्ला से लेकर मुड़वारा स्टेशन और साउथ रेलवे स्टेशन बाजार जाने वाले मार्ग पर टायर जलाकर प्रदर्शन किया गया, जिससे पूरे क्षेत्र में यातायात पूरी तरह ठप हो गया. विरोध प्रदर्शन करीब तीन घंटे से अधिक समय तक जारी रहा. प्रदर्शनकारियों ने रेलवे प्रशासन और L&T कंपनी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की.
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे के एरिया मैनेजर, सीएसपी कटनी और रंगनाथ थाना पुलिस मौके पर पहुंच गए. प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके की स्थिति संभालने और प्रदर्शनकारियों को शांत करने का प्रयास किया, लेकिन कार्यकर्ता अपनी मांगों पर डटे रहे. बजरंग दल के कार्यकर्ताओं का कहना है कि मंदिर को बिना किसी पूर्व सूचना और अनुमति के तोड़ा गया, जो न केवल धार्मिक भावना को आहत करता है, बल्कि प्रशासन की लापरवाही को भी दर्शाता है. उन्होंने मंदिर के पुनर्निर्माण और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.
लाडली बहनों के लिए खुशखबरी! आज खाते में आएंगे 1500 रुपये, जानिए कब और कैसे मिलेगा पैसा
12 Nov, 2025 08:49 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
Ladli Behna Yojana 30th Installment: मध्य प्रदेश की लाडली बहनों के लिए बड़ी खुशखबरी है. CM डॉ. मोहन यादव आज लाडली बहनों को बड़ी सौगात देने वाले हैं. वह सिवनी में आयोजित कार्यक्रम के जरिए लाडली बहना योजना की 30वीं किस्त जारी करेंगे. इस बार की यह किस्त खास है क्योंकि अब प्रदेश की लाडली बहनों को हर महीने 1500 रुपए मिलेंगे.
1.26 करोड़ से ज्यादा लाडली बहनों को बड़ी सौगात
मध्य प्रदेश की 1.26 करोड़ से ज्यादा लाडली बहनों को आज बड़ी सौगात मिलने वाली है. अब तक लाडली बहना योजना की हितग्राही महिलाओं के खाते में 1250 रुपए आते थे, लेकिन आज इस योजना की किस्त राशि को बढ़ाकर 1500 रुपए किया जा रहा है. यानी अब हर महीने लाडली बहनों के खाते में 1500 रुपए आएंगे. CM डॉ. मोहन यादव सिवनी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान बहनों के खाते में लाडली बहना योजना की 30वीं किस्त जारी करेंगे.
किस समय खाते में पहुंचेंगे 1500 रुपए?
CM डॉ. मोहन यादव आज दोपहर को सिवनी दौरे पर रहेंगे. CM मोहन यादव आज दोपहर 1 बजे से 3 बजे तक सिवनी में आयोजित स्थानीय कार्यक्रम में रहेंगे. इस कार्यक्रम में ही वह लाडली बहना योजना की 30वीं किस्त की राशि का वितरण करेंगे. साथ ही विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन भी करेंगे. यानी दोपहर बाद कभी भी लाडली बहनों के खाते में 1500 रुपए पहुंच सकते हैं.
अब तक 44,917.92 करोड़ रुपए ट्रांसफर
1 जून 2023 से अक्टूबर 2025 तक लाडली बहना की कुल 29 किस्त जारी की जा चुकी हैं. जानकारी के मुताबिक लाडली बहना योजना की हितग्राही महिलाओं के खाते में अब तक 44,917.92 करोड़ रुपए की राशि ट्रांसफर की जा चुकी है.
बता दें पहले लाडली बहना योजना के तहत लाडली बहनों को 1000 रुपए की राशि हर महीने दी जाती थी. इसके बाद इस राशि को बढ़ाकर 1250 रुपए कर दिया गया था. अब एक बार फिर लाडली बहना योजना की किस्त राशि को 1250 रुपए से बढ़ाकर 1500 रुपए किया जा रहा है. यानी हर महीने महिलाओं को 1500 रुपए मिलेंगे.
कानूनी दांव-पेंच का दौर: हाईकोर्ट पहुंचने से प्रभावित हुई निचली अदालत की कार्यवाही, सस्पेंस बरकरार।
योगी आदित्यनाथ की हुंकार: घुसपैठियों से मुक्त बंगाल ही मां का सच्चा सपना
रुके नहीं वीरेंद्र: तहसीलदार पद पर रहते हुए जारी रखी मेहनत, अब बने प्रदेश के दूसरे टॉपर।
18वीं लोकसभा का सातवां सत्र संपन्न: 9 विधेयक पारित, लेकिन संविधान संशोधन बिल अटका
तेहरान के कड़े तेवर: अमेरिकी नाकेबंदी के विरोध में जलडमरूमध्य बंद करने की धमकी
राहुल गांधी के 'जादूगर' वाले बयान पर भड़के राजनाथ सिंह, माफी मांगने की उठाई मांग
'विरासत की राजनीति बनाम अमेठी का संघर्ष': स्मृति ईरानी का सपा प्रमुख पर तीखा वार
राजस्थान SI विवाद: मई के दूसरे हफ्ते में होगी 'सुप्रीम' सुनवाई, दांव पर लगा है हजारों का भविष्य।
थमी हुई सप्लाई चेन को मिली रफ्तार, भारत आ रहे 41 जहाजों का रास्ता साफ
