मध्य प्रदेश
मुख्यमंत्री ने 1.33 लाख से अधिक किसानों के खातों में 233 करोड़ रुपए भावांतर राशि अंतरित की
13 Nov, 2025 07:28 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
किसानों के लिए सम्मान और समृद्धि का प्रतीक बनी भावान्तर योजना : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
मुख्यमंत्री ने 1.33 लाख से अधिक किसानों के खातों में 233 करोड़ रुपए भावांतर राशि अंतरित की
हमारी सरकार ने योजना की शुरुआत करने के 15 दिन में ही निभाया अपना वादा
भावांतर योजना में पंजीकृत किसान 15 जनवरी तक मंडियों में विक्रय कर सकेंगे सोयाबीन
देवास जिले में विकास के लिए 183.25 करोड़ रूपए लागत के विकास कार्यों का किया भूमि-पूजन, हितलाभ भी किये वितरित
कृषि यंत्रों एवं जैविक खेती को प्रोत्साहन पर केन्द्रित प्रदर्शनी का किया अवलोकन
एक दिसम्बर को भव्य रूप में मनाएंगे गीता जयंती
जहां देवियों का वास है, वही है देवास
देवास : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि भावांतर भुगतान, अन्नदाता के उत्थान का पर्याय है। अन्नदाता को दी गई एमएसपी की गारंटी की पूर्ति करते हुए सोयाबीन भावांतर योजना में 1 लाख 33 हजार किसानों के खाते में 233 करोड रुपए की राशि अंतरित की गई है। यह इस बात का प्रमाण है कि हमने जो कहा उसे कर दिखाया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में प्रदेश में अनेक किसान हितैषी योजनाएं संचालित की जा रही है। मध्यप्रदेश किसानों को उपज का उचित लाभ दिलवाने के लिए भावान्तर योजना लागू करने वाला देश का पहला राज्य है। पिछले साल सोयाबीन का भाव 4800 रुपए था, इस बार किसानों को 500 रुपए प्रति क्विंटल का लाभ देकर 5300 रुपए से अधिक कीमत पर सोयाबीन खरीदा जा रहा है। भावान्तर योजना के लिए प्रदेश में 9 लाख से अधिक किसानों ने सोयाबीन बेचने के लिए पंजीयन किया। आज 1.33 लाख किसानों के खाते में राशि भेजी गई है। हमारी सरकार ने योजना की शुरुआत करने के 15 दिन में ही किसानों से किया वादा पूरा किया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव गुरूवार को देवास से प्रदेश के 1.33 लाख सोयाबीन उत्पादक किसानों को भावान्तर योजना के अंतर्गत 233 करोड़ रुपए की राशि अंतरित करने के बाद विशाल जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ कर कन्या-पूजन भी किया। वंदे मातरम के गान ने वातावरण को देशभक्ति की भावना का संचार किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने देवास जिले के सर्वांगीण विकास के लिए 183.25 करोड़ लागत के विकास कार्यों का भूमि-पूजन किया। साथ ही हितग्राहियों को जैविक खेती, कृषि यंत्र एवं पीएमएफएमई सहित विभिन्न योजनाओं में हितलाभ वितरित किए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कृषि यंत्रों एवं जैविक खेती को प्रोत्साहित करने वाली प्रदर्शनी का शुभारंभ कर अवलोकन किया।
220 से अधिक मुख्य और 80 उप मंडियों में की जा रही खरीदी : सारी प्रक्रिया ई-मंडी पोर्टल पर
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में वर्ष-2026 को कृषि आधारित उद्योग वर्ष के रूप में मनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि भावांतर योजना पंजीकृत किसान 15 जनवरी तक अपनी सोयाबीन मंडियों में बेच सकेंगे। पूरे प्रदेश में 220 से अधिक मुख्य मंडियों और 80 उप मंडियों में खरीदी की जा रही है। रेट पारदर्शी तरीके से तय हो रहे हैं, सारी प्रक्रिया ई-मंडी पोर्टल पर है, किसान का डाटा अपने आप दिख रहा है, पैसा सीधे ऑनलाइन खाते में पहुंचने की व्यवस्था की गई है और हर कदम पर रियल टाइम एंट्री और सीसीटीवी से निगरानी की जा रही है। किसानों की सुविधा के लिए भावांतर कॉल सेंटर भी स्थापित किया गया है। भावांतर योजना लागू होने से फसल बेचने में किसानों को होने वाली कई परेशानियां दूर हो गई हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में एक दिसंबर को गीता जयंती भी पूरी भव्यता के साथ मनाई जाएगी। प्रदेश के नगरों में गीता भवन बनाए जा रहे हैं। साथ ही प्रत्येक विकासखंड में वृंदावन ग्राम बनाए जाएंगे।
नरवाई की समस्या के निदान के लिए लगाए जा रहे हैं कम्प्रेस्ट बायो गैस प्लांट
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हमारे लिए धरती पुत्र किसान और सीमा पर जवान, दोनों समान सम्मान का भाव रखते हैं। धरती पुत्र किसानों से देश की विशेष पहचान बनी है। किसानों की समृद्धि के लिए राज्य सरकार खेती के साथ-साथ गोपालन को भी प्रोत्साहित कर रही है। किसान प्राकृतिक खेती अपनाने के लिए पंजीयन कराएं और 4 हजार रुपए प्रति एकड़ अनुदान का लाभ उठाएं। प्रदेश में दूध उत्पादन बढ़ाने के लिए डॉ. भीमराव अंबेडकर कामधेनु योजना शुरू की गई है। योजना में अगर कोई किसान 40 लाख रूपए लागत का डेयरी व्यवसाय शुरू करता है तो राज्य सरकार की ओर से 10 लाख रुपए की सब्सिडी दी जाएगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि किसानों के लिए नरवाई की समस्या खत्म करने की दिशा में कदम उठाते हुए प्रदेश में कम्प्रेस्ड बायोगैस प्लांट का शुभारंभ किया गया है।
बहनों का आर्थिक सशक्तिकरण सनातन संस्कृति का गौरव
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बुधवार 12 नवम्बर को लाड़ली बहनों को जारी बढ़ी हुई राशि का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश की बहनों और किसानों को लगातार सौगातें मिल रही हैं। बहनों का आर्थिक सशक्तिकरण सनातन संस्कृति का गौरव है। भारत दुनिया का एक मात्र देश है, जो मातृ सत्ता को स्वीकार करता है। उन्होंने कहा कि जहां देवियों का वास है, वही देवास है। उन्होंने देवास स्थित नोट प्रेस का उल्लेख करते हुए कहा कि यहां के नोट दुनिया में भारत का मान बढ़ाते हैं। भले ही नोट अर्थव्यवस्था को गति देते हों, लेकिन सोयाबीन, कपास और गेहूं का उत्पादन देश की अर्थव्यवस्था को आधार प्रदान करता है। कृषि उत्पादन में मध्यप्रदेश का योगदान देश में महत्वपूर्ण है।
राज्य सरकार ने मोटे अनाज 'अन्न' पर दिया बोनस
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार ने मोटा अनाज 'अन्न' खरीदने के लिए मंडला, बालाघाट, जबलपुर सहित 11 जिलों के लिए किसानों को कोदो-कुटकी पर 1000 रुपए प्रति क्विंटल बोनस दिया है। धान और गेहूं उत्पादक किसानों को भी बोनस का लाभ मिला है, चरणबद्ध रूप से गेहूं की कीमतें बढ़ाई जा रही है। संकल्प पत्र में किये वादे को पूरा करते हुए लाड़ली बहना योजना में बहनों के लिए भी राशि बढ़ाकर 1500 रुपए कर दी गई है। किसानों को सोलर पंप लगाने के लिए अनुदान का लाभ दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि अब प्रत्येक 7 दिन में प्रदेशवासियों को विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत राशि अंतरित की जाएगी। प्रदेश में औद्योगीकरण को प्रोत्साहित करने के लिए राज्य सरकार को पिछले दिनों भारत सरकार की ओर से 4 पुरस्कार प्राप्त हुए हैं।
देवास जिले में भावान्तर योजना के लिए सबसे अधिक हुआ पंजीयन
कृषि मंत्री एदल सिंह कंषाना ने कहा कि मध्यप्रदेश किसानों के लिए भावान्तर योजना संचालित करने वाला देश का इकलौता राज्य है। प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर उतारने का कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में राज्य में किसान हितैषी सरकार है।
मुख्यमंत्री का किसान मोर्चा और नागरिकों ने किया स्वागत
मुख्यमंत्री डॉ. यादव के देवास पहुँचने पर रोड-शो में किसान मोर्चा के पदाधिकारियों और किसानों सहित नागरिकों ने भव्य स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने सभी का अभिवादन करते हुए किसानों को भावांतर योजना में मिले लाभ की बधाई दी।
कार्यक्रम को सांसद महेंद्र सिंह सोलंकी ने भी संबोधित किया। विधायक मती गायत्री राजे पंवार ने कहा कि देवास जिले में भावान्तर योजना के लिए सबसे अधिक पंजीयन हुआ है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में प्रदेश के किसानों, युवाओं और महिलाओं को अनेक सौगातें मिल रही हैं। गरीब कल्याण के लिए भी राज्य सरकर सदैव तत्पर है। कार्यक्रम में विधायक डॉ. राजेश सोनकर, विधायक मनोज चौधरी विधायक मुरली भंवरा, महापौर मती गीता अग्रवाल, किसान संघ के अध्यक्ष जयपाल सिंह चावड़ा सहित जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में अन्नदाता भाई और लाड़ली बहनें उपस्थित रही।
इज्तिमा को लेकर प्रशासन अलर्ट, पुलिस कमिश्नर ने दिए सख्त निर्देश
13 Nov, 2025 03:36 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। कल से शुरू होने वाले इस्तिमा के मद्देनज़र पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर व्यापक तैयारी की है। पुलिस कमिश्नर हरिनारायणचारी मिश्र ने बताया कि आईजी होंगे नोडल अधिकारी पुलिस ने शहर और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में सघन चेकिंग अभियान चलाया है। खासतौर पर संवेदनशील इलाकों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। पुलिस की सोशल मीडिया मॉनिटरिंग टीम भी सक्रिय है, जो सोशल मीडिया पर भ्रामक खबरें फैलाने वालों पर निगरानी रखेगी। क्राउड मैनेजमेंट पर भी पुलिस की पैनी नजर रहेगी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया का दुरुपयोग किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा, और अगर ऐसा कोई मामला सामने आता है तो तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। पुलिस बल की सुरक्षा व्यवस्था को भी ध्यान में रखा गया है। इस दौरान लगभग 4000 पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे, वहीं स्वयंसेवक (वॉलंटियर्स) भी व्यवस्था में सहयोग करेंगे।
खुशबू मौत मामला: संत समाज करेगा ‘घर वापसी शिविर’ का आयोजन, पीड़ित परिवारों को देगा सहयोग
13 Nov, 2025 03:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। मॉडल खुशबू की मौत के मामले में जांच चल रही है. पुलिस आरोप कासिम से पूछताछ कर रही है। इस पूरे मामले की गुत्थी सुलझाने की कोशिश की जा रही है। मृतक खुशबू के परिजनों के अनुसार कासिम ने दबाव बनाकर धर्म परिवर्तन कराने की कोशिश की और मारपीट का आरोप लगाया। अब इस मामले में लव जिहाद का मामला सामने आया है।
टोल नंबर जारी किया जाएगा
भोपाल की रहने वाली मॉडल खुशबू की मौत मामले संत समाज आगे आया है। लव जिहाद की पीड़िताओं के लिए संत समाज अनूठी पहल शुरू करने जा रहा है। पीड़िताओं की मदद के लिए टोल फ्री नंबर जारी किया जाएगा। जनवरी महीने में मकर संक्रांति के मौके पर नंबर जारी किया जाएगा। भोपाल में ‘सनातनी घर वापसी शिविर’ लगाए जाएंगे साधु, संत, संन्यासी और हिंदू संगठन का संयुक्त शिविर होगा। पुलिस और प्रशासन के अधिकारी भी मौजूद रहेंगे,घर वापसी शिविर फरवरी में आयोजित किए जाएंगे।
प्रदेश लव जिहाद का गढ़ बन गया है
अखिल भारतीय साधु संत संन्यासी समिति के अध्यक्ष और महामंडलेश्वर अनिलानंद महाराज ने कहा कि प्रदेश लव जिहाद का गढ़ बन गया है। देश में सर्वाधिक घटनाएं मध्य प्रदेश से सामने आ रही हैं,कई पीड़िताएं घर वापसी करना चाहती हैं। यदि पीड़िताएं नहीं चाहेगी कोई वैधानिक कार्रवाई तो उनकी मंशा का ध्यान रखा जाएगा।
क्या है पूरा मामला?
मॉडल खुशबू और कासिम, दोनों उज्जैन से भोपाल बस में आ रहे थे। इस दौरान खुशबू की तबीयत बिगड़ी तो कासिम उसे अस्पताल लेकर पहुंचा. जहां मॉडल बेहोश हो गई, ये देखकर वह भाग गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आई. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में कई बड़े खुलासे हुए। बताया गया कि 27 साल की मॉडल गर्भवती थी. फैलोपियन ट्यूब (गर्भाशय नली) फट गई थी, जिससे प्रेग्नेंसी कॉम्प्लिकेशन के चलते मौत होने की आशंका जताई जा रही है। अब पुलिस आरोपी कासिम से इस बारे में पूछताछ कर रही है।
150वीं जयंती पर जनजातीय नायकों को सम्मान, मंत्री-सांसद करेंगे जिलों में प्रतिनिधित्व
13 Nov, 2025 02:11 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। मध्य प्रदेश में भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर प्रदेशभर में भव्य आयोजन होने जा रहे हैं. इस मौके पर राज्य सरकार ने सभी जिलों में कार्यक्रमों के सुचारू संचालन के लिए मंत्रियों, सांसदों और विधायकों की ड्यूटी लगाई है. जयंती का मुख्य कार्यक्रम जबलपुर में आयोजित किया जाएगा, जहां मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शामिल होंगे. उनके साथ उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, मंत्री कुंवर विजय शाह और राकेश सिंह भी मौजूद रहेंगे.
सामान्य प्रशासन विभाग ने जारी किया आदेश
गौरव दिवस के रूप में मनाए जाने वाले इस आयोजन में 54 जिलों में विधायक और सांसद शामिल होंगे. सामान्य प्रशासन विभाग ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिए हैं. आदेश के अनुसार, राज्य, जिला और विकासखंड स्तर पर गौरव दिवस कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. इन कार्यक्रमों के माध्यम से भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष, त्याग और जनजातीय समाज के उत्थान के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का उद्देश्य रखा गया है.
15 नवंबर को होगा भव्य आयोजन – सीएम
सीएम मोहन यादव ने बताया था कि भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर 15 नवंबर को भव्य कार्यक्रमों का आयोजन होगा. उन्हाेंने कहा था कि जनजातीय गौरव दिवस के दिन जबलपुर और आलीराजपुर में राज्य स्तरीय कार्यक्रम होंगे. सीएम मोहन यादव जबलपुर में होने वाले इस गौरव दिवस के कार्यक्रम में वर्ल्ड कप जीतने वाली भारतीय महिला टीम की सदस्य क्रांति गौड़ का सम्मान करेंगे.
बाबा बागेश्वर की पदयात्रा में शामिल हुए नरोत्तम मिश्रा, बोले- सनातन अमृत है, कई लोगों को हजम नहीं होता
13 Nov, 2025 02:09 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
MP News: मध्य प्रदेश के पूर्व गृहमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने बुधवार (12 नवंबर) को बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की “सनातन हिंदू एकता पदयात्रा” में हिस्सा लिया. यह यात्रा पूरे उत्तर भारत में हिंदू एकता, जातिवाद के उन्मूलन और हिंदू राष्ट्र की स्थापना के संदेश के साथ निकाली जा रही है.
‘सनातन अमृत है…कई लोगों को हजम नहीं होता’
पदयात्रा के छठवें दिन शामिल हुए नरोत्तम मिश्रा ने जनसनूह को संबोधित करते हुए कहा कि जो लोग सनातन का विरोध कर रहे हैं, वे कीचड़ और लीचड़ के समान हैं. कीचड़ तन खराब करता है और लीचड़ मन खराब करता है, इसलिए इनसे दूर रहना ही बेहतर है. सनातन अमृत है, लेकिन जैसे देशी घी, शहद और मिश्री औषधि हैं, फिर भी जिन्हें नहीं हजम होती, वे मर जाते हैं. वैसे ही सनातन भी अमृत है, लेकिन कई लोगों को हजम नहीं होता.
‘सनातन धर्म महान है’
उन्होंने स्पष्ट करते हुए कहा कि वे किसी की तुलना जानवरों से नहीं कर रहे हैं बल्कि यह उदाहरण देना चाहते हैं कि सनातन धर्म की महानता इतनी गहरी है कि उसे हर कोई समझ नहीं सकता. डॉ. मिश्रा ने कहा कि महाराज धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री जो अभियान चला रहे हैं, वह भारत की आत्मा को एक सूत्र में पिरोने का प्रयास है. सनातन विरोधी समाज में जहर घोलना चाहते हैं लेकिन सनातन सच्चाई, सद्भाव और आत्मबल का प्रतीक है.
मथुरा पहुंचेगी पदयात्रा
बाबा बागेश्वर की पदयात्रा का आज (गुरुवार)सातवां दिन है. यात्रा 7 नवंबर को दिल्ली के छतरपुर के कात्यायनी मंदिर से शुरू हुई थी और 16 नवंबर को वृंदावन में समाप्त होगी. सातवें दिन पदयात्रा मथुरा में प्रवेश करेगी. कोटवन बॉर्डर होते हुए वृंदावन जाएंगे. अगले 4 दिन यात्रा मथुरा जिले में ही रहेगी.
साढ़े सात लाख वोटरों की मैपिंग पूरी
13 Nov, 2025 12:57 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। राजधानी भोपाल में वोटर लिस्ट के गहन परीक्षण यानि स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन(एसआईआर) का काम तेजी से चल रहा है। जिला प्रशासन ने दावा किया है कि अब तक इसके लिए जिले में 13 लाख से अधिक फॉर्म बांटे जा चुके हैं। जबकि 7.5 लाख मतदाओं की मैपिंग भी पूरी हो चुकी है। शहर के विभिन्न वार्डों में बीएलओ घर-घर पहुंच रहे हैं और मतदाताओं की पहचान कर उनको फार्म बांट रहे हैं। वहीं कई स्थानों पर लोग भ्रमित भी हो रहे हैं, ऐसे में पहले उनकी काउंसिलिंग की जाती है। इसके बाद उनसे फार्म भरवाया जाता है।
एसआईआर के काम में लापरवाही बरतने वाले 2 बूथ लेवल ऑफिसर को सस्पेंड करने का प्रस्ताव कलेक्टर को भेजा गया है। इनमें से एक बीएलओ ने मैपिंग कार्य और फॉर्म तो ले लिए लेकिन किसी मतदाता के घर नहीं गए। इस वजह से बूथ क्षेत्र में काम नहीं हुआ। इस मामले में टीटी नगर तहसीलदार के प्रस्ताव को एसडीएम अर्चना शर्मा ने कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह को भेजा है।
इन लापरवाही की वजह से होगी कार्रवाई
सहायक ग्रेड-3 संतोष कुमार तिवारी ने अब तक मैपिंग कार्य व गणना पत्रक प्राप्त नहीं किए। वहीं, दूसरे प्रस्ताव में सहायक ग्रेड-3 सक्षम सिंह राजपूत को सस्पेंड करने की अनुशंसा की गई। राजपूत को ड्यूटी पर अनुपस्थित रहने के लिए नोटिस दिया था। जिसका उन्होंने प्राधिकृत अधिकारी को कोई जवाब नहीं दिया। इन्होंने मैपिंग कार्य एवं गणना पत्रक प्राप्त भी कर लिए, लेकिन काम नहीं किया। जनप्रतिनिधि अधिनियम के तहत निलंबन की कार्रवाई प्रस्तावित की गई है।
2029 बीएलओ की मॉनिटरिंग के लिए 250 सुपरवाइजर
जिला प्रशासन के अधिकारियों का कहना है कि जिले में 7.5 लाख मतदाताओं की मैपिंग हो चुकी है। कुल 2029 बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) की मॉनिटरिंग के लिए 250 सुपरवाइजर भी तैनात किए गए हैं। आधिकारियों का कहना है कि अधिकांश बीएलओ ने फील्ड पर तो काम किया, लेकिन बीएलओ ऐप में डाटा अपलोड नहीं किया जिससे आंकड़ों में भी अंतर आ रहा है। वहीं अधिकारियों ने बताया कि अपने विधानसभा क्षेत्र में विधायकों ने वर्ष 2003 की वोटर सूची का लोगों को एसआईआर उपलब्ध कराने के लिए सेंटर खोले है। यह सेंटर नरेला, दक्षिण पश्चिम, भोपाल मध्य और हुजूर में खोले गए हैं। यहां मतदाता 2003 की मतदाता सूची में अपना नाम तलाश रहे हैं।
एसआईआर को लेकर लापरवाही नहीं करेंगे बर्दाश्त
कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह ने अधिकारियों से कहा कि इस काम में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। साथ ही सभी ईआरओ को निर्देश दिए हैं कि वे अपने क्षेत्र के सभी बीएलओ के कार्यों की निगरानी करें और स्थिति को नियमित रूप से रिकार्ड में अपडेट करें। इसके अलावा प्रत्येक बीएलओ से निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण कराए जाने के निर्देश भी दिए है। साथ ही कहा है कि कॉल सेंटरों को पूर्ण रूप से संचालित करते हुए, कार्य के दौरान उत्पन्न होने वाली समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाए।
कई क्षेत्रों में अब तक नहीं पहुंचे बीएलओ
जिला प्रशासन के अधिकारी भले ही जिले में 13 लाख से अधिक फार्म बांटने का दावा कर रहे हैं, लेकिन हकीकत यह है कि अधिकांश जगह बीएलओ अभी मैदान में उतरे ही नहीं है। कई स्थान ऐसे है जहां मतदाताओं को बीएलओ का इंतजार है। यह इसलिए भी क्योंकि एसआईआर को लेकर कई लोग भ्रमित हैं। उनको यह लग रहा है कि यदि उनके घर बीएलओ नहीं पहुंचे तो कहीं वोटर लिस्ट से उनका नाम गायब न हो जाए।
पुलिस विभाग में हड़कंप: आरक्षक नितेश पाल का तीन दिन से कोई सुराग नहीं
13 Nov, 2025 12:40 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
ग्वालियर। ग्वालियर में बहोड़ापुर थाना में पदस्थ आरक्षक नितेश पाल बीते चार दिनों से रहस्यमय तरीके से लापता हैं। सोमवार सुबह वे घर से यह कहकर निकले थे कि जरूरी काम से जा रहे हैं, लेकिन उसके बाद से अब तक घर नहीं लौटे। घर से निकलने के कुछ समय बाद ही उनका मोबाइल फोन भी बंद हो गया, जिससे परिवार और पुलिस विभाग दोनों में चिंता का माहौल है।
चार दिनों की छुट्टी पर था आरक्षक
जानकारी के अनुसार, 30 वर्षीय नितेश पाल मूल रूप से भांडेर, जिला दतिया के रहने वाले हैं और वर्तमान में ग्वालियर के माधौगंज क्षेत्र स्थित 13वीं बटालियन न्यू मल्टी नंबर सी-10 में अपने परिवार के साथ रह रहे थे। उनकी ड्यूटी पुलिस लाइन बहोड़ापुर में थी और वे चार दिन की छुट्टी पर थे।
पत्नी ने दर्ज कराई रिपोर्ट
जब नितेश घर नहीं लौटे तो उनकी पत्नी सुनेना पाल ने पुलिस लाइन और आसपास के इलाकों में पता किया, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। बाद में उन्होंने माधौगंज थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरक्षक की अंतिम लोकेशन तथा परिचितों से पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी में यह बात सामने आई है कि नितेश की मोबाइल लोकेशन भोपाल के आसपास मिली थी. फिलहाल पुलिस टीम उनकी तलाश में जुटी हुई है, लेकिन अब तक कोई ठोस सुराग नहीं मिल सका है।
कांग्रेस बूथ स्तर पर चलाएगी आठ चरणों का प्रशिक्षण अभियान
13 Nov, 2025 11:55 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। मप्र कांग्रेस ने प्रदेश में संगठन को मजबूत करने के लिए बड़ा प्रशिक्षण अभियान शुरू करने का फैसला किया है। पार्टी जल्द ही प्रदेश से लेकर बूथ स्तर तक आठ चरणों वाला प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाएगी, जिसके माध्यम से हर स्तर के कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक कार्य, नेतृत्व और राजनीतिक कौशल का प्रशिक्षण दिया जाएगा। पचमढ़ी में आयोजित कांग्रेस का 10 दिवसीय संगठन सृजन प्रशिक्षण शिविर मंगलवार को समाप्त हो गया। समापन सत्र में नेताओं ने बताया कि यह शिविर आने वाले व्यापक प्रशिक्षण अभियान की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि लक्ष्य है कि गांव और बूथ स्तर पर कार्यकर्ता प्रशिक्षित, सक्रिय और संगठनात्मक रूप से सक्षम हों।
शिविर के अंतिम दिन जिला अध्यक्षों को प्रमाणपत्र वितरित किए गए और उन्हें अपने-अपने जिलों में लौटकर संगठन को मजबूत करने की जिम्मेदारी दी गई। नेताओं ने कहा कि प्रशिक्षण का उद्देश्य केवल सीखना नहीं, बल्कि उस सीख को जमीनी स्तर पर लागू करना है। समापन के साथ सभी जिला अध्यक्षों ने संयुक्त रूप से संकल्प लिया कि वे संगठन को नई ऊर्जा और प्रतिबद्धता के साथ प्रदेशभर में सक्रिय करेंगे।
निरंतरता ही मजबूत संगठन की पहचान
सत्र में मप्र प्रशिक्षण के प्रभारी महेंद्र जोशी ने कहा कि यह शिविर केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि संगठन की आत्मा को सशक्त करने का एक सतत अभियान है। उन्होंने बताया कि कांग्रेस संगठन आगामी समय में प्रदेश से लेकर बूथ स्तर तक आठ स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करेगा, ताकि हर स्तर का कार्यकर्ता न केवल प्रशिक्षित हो, बल्कि संगठनात्मक दृष्टि से सक्षम भी बने। उन्होंने कहा कि नेतृत्व निर्माण, कार्यकर्ता संगठन की बुनियाद और प्रशिक्षण की निरंतरता ही मजबूत संगठन की पहचान है। जब हर कार्यकर्ता प्रशिक्षण से निकले विचारों को अपने व्यवहार में उतारेगा, तभी संगठन की जड़ें मजबूत होंगी और कांग्रेस का जनाधार और व्यापक बनेगा।
जमीन पर उतारने का अवसर
समापन सत्र में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के प्रशिक्षण विभाग के प्रमुख सचिन राव ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि आपने इस दस दिवसीय शिविर में जो सीखा है, उसका अनुसरण करें और अपने-अपने जिलों में संगठन को मजबूत करने के लिए निरंतर काम करें। यह प्रशिक्षण केवल सीखने का नहीं, बल्कि उसे जमीन पर उतारने का अवसर है।अंत में सभी जिला अध्यक्षों ने सामूहिक संकल्प लिया कि वे अपने-अपने जिलों में कांग्रेस संगठन को नई ऊर्जा और प्रतिबद्धता के साथ सक्रिय करेंगे।
खुद को मंत्रालय का कर्मचारी बताकर ठगी करने वाला पहुचां सलाखो के पीछे
13 Nov, 2025 10:54 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। राजधानी भोपाल में मंत्रालय का कर्मचारी बनकर 20 लाख की ठगी करने का मामला सामने आया है। जालसाज ने चुनाव आयोग और महिला बाल विकास में नौकरी लगवाने का झांसा देकर 20 लाख रुपए ठगने के बाद आरोपी ने फरियादी को फर्जी ज्वाइनिंग लेटर भी दिया था। पीड़ितो ने इसकी शिकायत डीजीपी कार्यालय में की थी। इसके बाद मामले की जांच भोपाल पुलिस को सौंपी गई। क्राइम ब्रांच ने जांच के बाद एफआईआर दर्ज करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मिली जानकारी के मुताबिक अंबाह मुरैना के रहने वाले राजकुमार सिंह से जालसाज विजय शंकर मिश्रा ने बताया की वह पेशे से खेती-किसानी करते है। इसी साल बीती 6 फरवरी को मंत्रालय के बाहर उनकी मुलाकात विजय शंकर नामक व्यक्ति से हुई। विजय ने खुद को मध्यप्रदेश जीडी ऑफिस में पदस्थ बताते हुए यह भी कहा की वह उसकी सगी भाभी भी आईएएस है। इसके बाद आरोपी ने उनसे कई बार मुलाकात की और अपनी पहचान के जरिये चुनाव आयोग तथा महिला बाल विकास में नौकरी लगवाने का झांसा दिया। उसके झांसे में आकर राजकुमार सिंह ने अपने परिवार के सात सदस्यों की नौकरी दिलाने के लिए आरोपी को दस्तावेज दे दिए। कागजात लेने के बाद शातिर ने कई बार में उनसे अलग-अलग बहाने बनाते हुए 20 लाख रुपए ऐठं लिए। तय समय पर जब नौकरी से संबधित कोई भी दस्तावेज फरियादी को नहीं मिला तब उसने उस पर जल्द नौकरी दिलवाने का दबाव बनायाया। इसके बाद आरोपी ने एक-एक कर सातों सदस्यों को चुनाव आयोग और महिला बाल विकास में नौकरी के फर्जी ज्वाइन लेटर थमा दिए। इन सभी लेटर में ज्वाइनिंग की डेट एक ही थी। जब ज्वाइनिंग के लिए सातों सदस्य अलग-अलग डिपार्टमेंट में पहुंचे तब खुलासा हुआ की वह लेटर फर्जी हैं। बाद में मामले की शिकायत पुलिस अफसरो तक पहुचीं। जॉच के बाद क्राइम ब्रांच ने आरोपी विजय शंकर को गिरफ्तार कर जेल भेजा दिया है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव आज किसानों के खातों में ट्रांसफर करेंगे भावांतर योजना में पहला भुगतान
13 Nov, 2025 09:52 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। सोयाबीन का किसानों को समर्थन मूल्य दिलाने के लिए लागू की गई भावांतर योजना में पहला भुगतान गुरुवार को होगा। मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव देवास से किसानों के खातों में माडल दर से अंतर की राशि अंतरित करेंगे। योजना में आठ सौ रुपये प्रति क्विंटल राशि केंद्र सरकार से मिलेगी। बाकी राशि की व्यवस्था प्रदेश सरकार को करनी है। इसके लिए मंडी बोर्ड सरकार की गारंटी पर 1,500 करोड़ रुपये का कर्ज ले रहा है। प्रदेश में खरीफ सीजन की सबसे महत्वपूर्ण फसल सोयाबीन है। करीब 45 लाख हेक्टेयर में लाखों किसान इसकी खेती करते हैं। इस बार समर्थन मूल्य 5,328 रुपये तय है लेकिन किसानों को समर्थन मूल्य का लाभ नहीं मिल पा रहा है। इसी कारण सरकार ने भावांतर योजना लागू की है।
सरकार ने सोयाबीन का माडल रेट 4,036 रुपये प्रति क्विंटल तय किया है। प्रतिदिन मॉडल रेट तय किए जा रहे हैं। किसानों को मंडी में चार से साढ़े चार हजार रुपये ही मिल पा रहे हैं क्योंकि इस बार अतिवर्षा और बाढ़ से फसल प्रभावित हुई है। उत्पादन भी कम हुआ है। भावांतर के लिए राशि की व्यवस्था फिलहाल मंडी बोर्ड कर रहा है। इसके लिए उसने 1,500 करोड़ रुपये का कर्ज लेने की निविदा जारी की है। योजना के लिए नौ लाख से अधिक किसानों ने पंजीयन कराया है और एक लाख 36 हजार किसान उपज बेच चुके हैं। इन्हें भावांतर दिया जाएगा। इसके लिए राज्य स्तरीय कार्यक्रम गुरुवार को देवास में किया जा रहा है, जिसमें मुख्यमंत्री सिंगल क्लिक के माध्यम से राशि किसानों के खातों में अंतरित करेंगे।
मध्य प्रदेश में ठंड का कहर, 4 दिनों तक शीतलहर का अलर्ट, जानिए आपके शहर का हाल
13 Nov, 2025 08:33 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
MP Weather News: मध्य प्रदेश में इन दिनों ठंडी हवाओं के चलते ठिठुरन तेजी से बढ़ गई है. इसका प्रमुख कारण पश्चिमी विक्षोभ और पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी है, जिसने हवा का रुख बदलकर उसे उत्तर की दिशा में मोड़ दिया है. पिछले 24 घंटों में भोपाल, इंदौर, शहडोल और जबलपुर सहित कई संभागों में कड़ाके की ठंड महसूस की गई, जबकि अन्य जिलों में भी मध्यम सर्दी का असर रहा.
तापमान में लगातार गिरावट के चलते पूरे प्रदेश में शीतलहर का प्रकोप बढ़ गया है. मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक ठंड के और बढ़ने की चेतावनी देते हुए 23 जिलों के लिए शीतलहर अलर्ट जारी किया है.
विंध्य का गौरव: प्रो. रघुराज किशोर तिवारी बने ABVP के राष्ट्रीय अध्यक्ष
13 Nov, 2025 08:10 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रीवा, मध्य प्रदेश: प्रदेश के इतिहास में पहली बार विंध्य क्षेत्र को ABVP राष्ट्रीय अध्यक्ष का गौरव प्राप्त हुआ है। प्रोफेसर रघुराज किशोर तिवारी को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) का राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। यह उपलब्धि न केवल विंध्य बल्कि पूरे मध्य प्रदेश के लिए गर्व का विषय है। उनकी नियुक्ति की खबर मिलते ही रीवा स्थित निवास पर बधाई देने वालों का तांता लग गया।
विस्तार न्यूज से बातचीत में प्रो. तिवारी ने कहा कि उनका उद्देश्य छात्र संगठन से जुड़े युवाओं को सही संस्कार और प्रशिक्षण प्रदान करना रहेगा। उन्होंने बताया, “संगठन के तय मार्ग पर चलते हुए हम छात्र शक्ति को संगठित करेंगे, ताकि उनमें देशभक्ति और नेतृत्व की भावना मजबूत हो।”
उन्होंने कहा कि संगठन का शताब्दी वर्ष "पंच परिवर्तन" के संकल्प को लेकर मनाया जा रहा है। आने वाले दिनों में वे इस विचार को देशभर के कैंपस तक पहुंचाने और नशे के खिलाफ व्यापक अभियान चलाने की दिशा में काम करेंगे।
मुंबई में हुए निर्वाचन में प्रो. रघुराज किशोर तिवारी को राष्ट्रीय अध्यक्ष और इंदौर के डॉ. वीरेंद्र सिंह सोलंकी को राष्ट्रीय महामंत्री चुना गया। दोनों नेता 28 से 30 नवंबर को देहरादून में आयोजित होने वाले ABVP के 71वें अधिवेशन में पदभार ग्रहण करेंगे।
प्रो. तिवारी ने जवाहरलाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय, जबलपुर से कृषि विज्ञान में पीएचडी की है। वे वर्तमान में विश्वविद्यालय के रीवा परिसर में कृषि विज्ञान विभाग में प्रोफेसर हैं। साल 1987 से ABVP से जुड़े प्रो. तिवारी विद्यार्थी जीवन से ही संगठन में सक्रिय रहे हैं और छात्रसंघ अध्यक्ष तथा महाकौशल प्रांत मंत्री जैसे पदों पर कार्य कर चुके हैं।
गुजराती कॉलोनी, भानपुर-खेजड़ा में आज बिजली कटौती
13 Nov, 2025 08:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
राजधानी के 40 इलाकों में असर; बुधवारा-सुल्तानिया रोड पर भी सप्लाई नहीं
भोपाल। राजधानी भोपाल के करीब 40 इलाकों में गुरुवार को 2 से 7 घंटे तक बिजली कटौती होगी। जिन इलाकों में बिजली बंद रहेगी, उनमें गुजराती कॉलोनी, चंदनपुरा, भानपुर, इब्राहिमपुरा, सुल्तानिया रोड, बुधवारा, आदमपुर, छावनी समेत कई बड़े इलाके भी शामिल हैं। ऐसे में बिजली संबंधित जरूरी काम पहले से निपटा लें। ताकि परेशानी का सामना न करना पड़े।
इन इलाकों में पड़ेगा असर
सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक अल्टीमेट इंपीरियल विला कॉलोनी एवं आसपास।
सुबह 10 से दोपहर 2 बजे तक खेजड़ा, मोहाली, राधाकृष्ण पुरम, भानपुर, आदि नाथ परिसर, चंदनपुरा, एमएलए रेस्ट हाउस एवं आसपास के इलाके।
सुबह 10 से दोपहर 3 बजे तक कृष्णाधाम कॉलोनी एवं आसपास के इलाके।
सुबह 10 से शाम 4 बजे तक देवकी नगर, पन्ना नगर एवं आसपास।
सुबह 10 से शाम 5 बजे तक रेतघाट, तलैया, हाथीखाना, चार बत्ती चौराहा, चटाईपुरा, बुधवारा, मोतिया पार्क, नदीम रोड, इब्राहिमपुरा, सुल्तानिया रोड एवं आसपास।
सुबह 11 से दोपहर 1 बजे तक आदमपुर, छावनी, दोबरा, ओमेगा फॉर्म, तिलक नगर, लक्ष्मी परिसर, चंद्रिका नगर, प्रियदर्शनी, फॉरच्यून ग्लोरी फेस-1 और 2, गुजराती कॉलोनी, ड्रीम ग्लोरी, लोट्स फेस-1 एवं आसपास के इलाके।
सुबह 11 से दोपहर 3 बजे तक नक्षत्र कॉलोनी एवं आसपास।
मध्यप्रदेश को बनाएंगे हरित ऊर्जा का हब : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
12 Nov, 2025 11:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि हरित ऊर्जा (ग्रीन एनर्जी) आज की जरूरत है। समेकित ऊर्जा उत्पादन पद्धति से हम देश और प्रदेश को स्वच्छ, हरित और उज्जवल भविष्य की ओर लेकर जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि निजी भागीदारी और सहयोग से हम मध्यप्रदेश को हरित ऊर्जा का हब बनाएंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव बुधवार को मुख्यमंत्री निवास स्थित समत्व भवन से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए रिलायंस ग्रीन एनर्जी कंपनी द्वारा भोपाल, इंदौर एवं सतना में नवनिर्मित तीन कंप्रेस्ड बायो गैस (सीबीजी) प्लांट्स का वर्चुअल उद्घाटन कर संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि यह अत्याधुनिक कम्प्रेस्ड बायो गैस प्लांट्स साझेदारी और प्रगति का प्रतीक हैं। यह कचरे को ऊर्जा में बदलते हैं। मध्यप्रदेश की धरती बेहद उपजाऊ है। कम्प्रेस्ड बायो गैस प्लांट्स के जरिए ऊर्जा उत्पादन से प्रदेश में पराली/नरवाई जलाने जैसी घटनाएं भी कम होंगी। उन्होंने कहा कि हम मध्यप्रदेश में भविष्य की ऊर्जा तैयार कर रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि इन तीनों सीबीजी प्लांट्स का वर्ष 2023-24 में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने ही भूमिपूजन किया था और बुधवार को उनके द्वारा लोकार्पण भी किया गया। कम्पनी द्वारा प्रदेश में कुल 6 संयंत्र स्थापित किए गए हैं। इनमें से तीन का लोकार्पण बुधवार को सम्पन्न हुआ। जबलपुर, बालाघाट और सीहोर में एक-एक संयंत्र निर्माणाधीन होकर तेजी से प्रगति पर हैं। कम्पनी द्वारा इन 6 संयंत्रों में करीब 700 करोड़ रूपए का निवेश किया गया है। इनकी संयुक्त उत्पादन क्षमता 45 हजार टन प्रतिवर्ष है। इन संयंत्रों के शुरू होने से वार्षिक स्तर पर लगभग 17 हजार टन कार्बन डाइऑक्साइट उत्सर्जन में कमी आएगी, जो सरकार के पर्यावरण-संरक्षण के प्रयासों का सशक्त प्रमाण है।
कंप्रेस्ड बायो गैस प्लांट का उद्घाटन
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि आज स्वच्छ ऊर्जा, हरित विकास और आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश के नए युग का शुभारम्भ हो रहा है। भोपाल के आदमपुर छावनी क्षेत्र में रिलायंस इंडस्ट्रीज़ लिमिटेड द्वारा स्थापित मध्यप्रदेश के सबसे बड़े और अत्याधुनिक कंप्रेस्ड बायो गैस प्लांट का उद्घाटन किया जा रहा है। यह प्लांट प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के “वेस्ट-टू-वेल्थ” और “एनर्जी फ्रॉम वेस्ट” के विज़न को साकार करने का प्रतीक है। इसका उद्देश्य स्वच्छ और सतत ऊर्जा उत्पादन के साथ भारत के 2070 तक “नेट जीरो कार्बन एमिशन” लक्ष्य प्राप्ति में भूमिका निभाना है। भोपाल का सीबीजी प्लांट केवल एक औद्योगिक परियोजना नहीं, बल्कि “हरित क्रांति 2.0” की शुरुआत भी है।
झीलों की नगरी भोपाल में बन रहा वेस्ट से वेल्थ का सेंटर
कार्यक्रम में रिलायंस कम्पनी के पदाधिकारियों ने बताया कि भोपाल के 130 करोड़ रुपये की लागत से 20 एकड़ भूमि में बने कंप्रेस्ड बायो गैस प्लांट से प्रतिदिन 22.5 टन बायो गैस का उत्पादन होगा, जिसके लिए 260 टन कृषि अवशेष जैसे पराली और नेपियर घास का उपयोग किया जाएगा। यही कचरा, जो पहले प्रदूषण का कारण बनता था, अब ऊर्जा का स्रोत बनेगा। यह अपने आप में "कचरे से कंचन" की साकार मिसाल है। इस प्लांट से निकलने वाली गैस का उपयोग बायो-CNG के रूप में वाहनों, घरेलू और औद्योगिक उपयोग में होगा, जो लगभग 2000 ऑटो रिक्शा और लघु वाहनों को ईंधन प्रदान कर सकेगी। इस प्लांट से 250 से अधिक प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार सृजित होंगे।
अपशिष्ट से अवसर : वेस्ट मैनेजमेंट का नया मॉडल
कम्पनी पदाधिकारियों ने बताया कि यह सीबीजी संयंत्र जीरो लिक्विड डिस्चार्ज तकनीक पर आधारित है और प्रदूषण नियंत्रण मानकों की व्हाइट कैटेगरी में आता है, जो पर्यावरण के लिए पूर्णतः सुरक्षित है। इस परियोजना की तकनीकी प्रक्रिया भी अत्याधुनिक और पर्यावरण-अनुकूल है। इसमें Anaerobic Digestion Technology का उपयोग किया गया है, जिसे GPS Renewables (भारत) और Snow Leopard Projects (जर्मनी) ने विकसित किया है। यह संयंत्र केवल ऊर्जा उत्पादन का केंद्र नहीं है, बल्कि किसानों के जीवन में परिवर्तन लाने का माध्यम भी है। इससे न केवल पराली जलाने की समस्या का समाधान होगा, बल्कि किसानों को अपनी फसलों के अवशेष से अतिरिक्त आमदनी का भी स्रोत मिलेगा। इस प्लांट से प्रतिदिन 90 टन “Fermented Organic Manure” तैयार होगा, जो प्राकृतिक जैविक खाद के रूप में किसानों को मिलेगा। इससे मिट्टी की जैविक कार्बन की मात्रा बढ़ेगी, रासायनिक खादों पर निर्भरता घटेगी और फसलों की गुणवत्ता सुधरेगी।
प्रदेश में बन रहे अन्य जगह कंप्रेस्ड बायो गैस के प्लांट
रिलायंस इंडस्ट्रीज़ के भोपाल के साथ इंदौर और सतना में कंप्रेस्ड गैस प्लांट कमीशनिंग स्टेज में है और जबलपुर में काम अंतिम चरण में है और बालाघाट, सीहोर में यह प्रक्रिया निर्माणधीन है। यह प्लांट सिर्फ नेपियर ग्रास के माध्यम से एग्री वेस्ट से ही नहीं, बल्कि बंजर भूमि और वेस्टलैंड को भी पुनर्जीवित करेगा। इस परियोजना के पहले चरण में 100 संयंत्रों का समूह स्थापित किया जाएगा। प्रत्येक संयंत्र में लगभग 120-120 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा, जिससे लगभग 500 से अधिक प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रोजगार सृजित होंगे। आने वाले वर्षों में रिलायंस कम्पनी प्रदेश में 500 कम्प्रेस्ड बायो गैस प्लांट्स लगाने की योजना है।
मुख्यमंत्री निवास से वर्चुअल उद्घाटन कार्यक्रम में मुख्य सचिव अनुराग जैन, अपर मुख्य सचिव अशोक वर्णवाल, अपर मुख्य सचिव नीरज मंडलोई, अपर मुख्य सचिव मनु श्रीवास्तव, प्रमुख सचिव औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन राघवेन्द्र कुमार सिंह, सचिव मुख्यमंत्री आलोक सिंह, आयुक्त जनसम्पर्क दीपक कुमार सक्सेना, रिलायंस के पदाधिकारी अंसारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
मध्यप्रदेश की धरती पर स्वागत है निवेशकों का : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
12 Nov, 2025 10:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश की पुण्यधरा पर सभी निवेशकों का हृदय से स्वागत है। निवेशकों को सरकार अपनी योजनाओं का लाभ देने के साथ इकाई या कारखाना स्थापित करने में सहयोग भी करेगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव बुधवार को मुख्यमंत्री निवास स्थित समत्व भवन में निवेशकों को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव से प्रमुख सचिव औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन राघवेन्द्र कुमार सिंह के नेतृत्व में टोपान स्पेशलिटी फिल्म्स प्राईवेट लिमिटेड कम्पनी (जापानी समूह द्वारा अधिगृहित) के भारतीय एवं जापानी पदाधिकारियों ने सौजन्य भेंट की। इस कंपनी का मुख्यालय जापान एवं पंजाब में है। यह समूह करीब 950 करोड़ रुपए की लागत से धार जिले के पीथमपुर के औद्योगिक प्रक्षेत्र के सेक्टर-7 में करीब 71,200 टन सालाना क्षमता की बीओपीपी एवं सीपीटी फिल्म निर्माण इकाई स्थापित करना चाहता है। यह शत-प्रतिशत विदेशी प्रत्यक्ष निवेश (एफडीआई) के रूप में होगा। इसी सिलसिले में निवेश की अग्रिम कार्यवाही के संबंध में मुख्यमंत्री डॉ. यादव से कम्पनी पदाधिकारियों द्वारा विस्तार से चर्चा की गई। इस अवसर पर कम्पनी के सीएफओ एवं होल टाईम डायरेक्टर अमित जैन, कमर्शियल हेड रितेश तिरखा, मैनेजिंग एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर हिरोशी सुजुकी, जनरल मैनेजर तासुकु सेना, सेक्टर स्टाफ तोमोहिरो कोमा एवं टेक्निकल एडवाईजर तोशीयुकी माकी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
मध्यप्रदेश में निवेश की अपनी प्रतिबद्धता दर्शाते हुए पदाधिकारियों ने बताया कि कम्पनी द्वारा मध्यप्रदेश पहली बार निवेश किया जा रहा है। कम्पनी मध्यप्रदेश की निवेश प्रोत्साहन योजना के अन्तर्गत उपलब्ध निवेश प्रोत्साहन को अधिक से अधिक प्राप्त करना चाहती है। कम्पनी पदाधिकारियों ने बताया कि वर्ष 1988 में टोपान समूह की स्थापना एक भारतीय कंपनी के रूप में हुई थी, जिसे आगे चलकर जापानी समूह द्वारा अधिग्रहित किया गया। कंपनी मुख्य रूप से पैकेजिंग फिल्म, लेबल फिल्म, ग्राफिक लेमिनेशन फिल्म के निर्माण का कार्य करती है। इकाई की पंजाब स्थित विनिर्माण इकाई लगभग 45 एकड़ में स्थापित है। इस समूह का वैश्विक टर्नओवर एक लाख 25 हजार करोड़ रूपये (14 बिलियन यू.एस. डॉलर) है। समूह का भारत में टर्नओवर 1500 करोड़ रूपये है। कम्पनी का भारत में सिंगल लोकेशन प्लान्ट पंजाब में है। मध्यप्रदेश में इकाई की स्थापना के लिए औद्योगिक प्रक्षेत्र पीथमपुर सेक्टर-7 में 14 हेक्टेयर भूमि चिन्हित की गई है, जिसका प्राथमिक अवलोकन इकाई के प्रतिनिधियों द्वारा किया जा चुका है।
मिशन 2027: यूपी बीजेपी की नई टीम और मंत्रिमंडल विस्तार को जल्द मिल सकती है हरी झंडी
सांसद अमृतपाल सिंह की मुश्किलें बरकरार; जेल बदलने की मांग पर कोर्ट का फिलहाल इनकार
मंत्री संजीव अरोड़ा के साथ बेटे काव्य अरोड़ा भी रडार पर; ईडी ने खंगाले रीयल एस्टेट दफ्तर
FII का बदला मन: लगातार बिकवाली के बाद विदेशी निवेशकों ने फिर लगाया भारत पर दांव
बांग्लादेश दौरे के लिए पाक टीम घोषित: शान मसूद कप्तान, 4 नए खिलाड़ियों की एंट्री
श्रेयस अय्यर का 'कैप्टन कूल' अवतार; पंजाब किंग्स के प्रदर्शन से गदगद हुए इरफान पठान
वैश्विक तनाव के बीच अमेरिका का बड़ा फैसला: तेल कीमतों को थामने के लिए बढ़ाई समयसीमा
12 साल में पहली बार हारी सरकार; सदन में बहुमत नहीं जुटा पाया '850 सीटों' वाला बिल
विदेशी नंबरों से संचालित था सट्टा नेटवर्क; 18 दिन में हुआ 45 लाख का ट्रांजेक्शन
