मध्य प्रदेश
MP के कथावाचक आशुतोष चैतन्य महाराज गिरफ्तार, कथा स्थल से पकड़ ले गई पुलिस
16 Nov, 2025 09:28 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल: छत्तीसगढ़ (Chhattisgarh) के बिलासपुर जिले (Bilaspur district) में सतनामी समाज को अपमानित करने वाले कथावाचक आशुतोष चैतन्य महाराज को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. कथावाचक ने तखतपुर के टिकरी पारा में चल रही श्रीमद् भागवत कथा महापुराण के दौरान सतनामी समाज को मूर्ख और गाय काटने वाला समाज कहकर विवादित बयान दिया था. यह वीडियो यूट्यूब पर अपलोड होने के बाद तेजी से वायरल हो गया, जिसके बाद सतनामी समाज में आक्रोश फैल गया.
11 नवंबर को कथावाचन के दौरान आशुतोष चैतन्य ने कहा था कि छत्तीसगढ़ के तखतपुर में कितनी गायें कट रही हैं, क्या आपको पता है. जो पहले सनातनी थे, वो आज सतनामी हो गए. उन मूर्खों को समझ नहीं आता कि सतनामी का मतलब क्या होता है. ये गायों को काट रहे हैं. इस बयान ने समाज और सामाजिक भावनाओं को गंभीर रूप से आहत किया.
वीडियो सोशल मीडिया पर जैसे ही फैला, सतनामी समाज के लोग आक्रोश हो गए. 12 नवंबर को बड़ी संख्या में समाज के सदस्य तखतपुर थाने पहुंच गए और थाने का घेराव किया. उन्होंने कथावाचक की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करते हुए जोरदार नारेबाजी की. उनका कहना था कि व्यासपीठ से इस तरह की टिप्पणी न केवल धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाती है, बल्कि समाज को बांटने का भी प्रयास है. समाज के चेतावनी दी कि अगर कथावाचक के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो वे बड़ा आंदोलन करेंगे.
बढ़ते विरोध और तनाव को देखते हुए तखतपुर पुलिस ने आशुतोष चैतन्य महाराज के खिलाफ एफआईआर दर्ज की. 15 नवंबर को उन्हें कथा स्थल टिकरी पारा से गिरफ्तार किया गया. गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने पूरे कार्यक्रम परिसर में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किया, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके. विरोध प्रदर्शन के बाद टिकरी पारा में कथास्थल के आसपास पुलिस बल की संख्या बढ़ा दी गई है. प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है. वहीं कथावाचक की गिरफ्तारी के बाद सतनामी समाज ने राहत जताई है.
दर्दनाक हादसा: ट्रैक्टर-ट्रॉली में घुसी फॉर्च्यूनर, 5 युवकों की मौत, शवों को निकालने के लिए कटर से काटी गई कार!
16 Nov, 2025 08:39 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले से एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। यहां रेत से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली में पीछे से तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर कार घुस गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और मौके पर ही अफरा-तफरी मच गई।
इस हादसे में कार सवार 5 युवकों की दर्दनाक मौत हो गई है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। मृतकों की पहचान और अन्य विवरण जुटाने का काम जारी है।
बताया जा रहा है कि टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन को क्रेन की मदद से हटाना पड़ा। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार को हादसे की मुख्य वजह बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच में जुटी है।
बोत्सवाना से 8 चीते कूनो पहुंचेंगे, फिर कहां जाएंगे, जानिए पूरा प्लान!
15 Nov, 2025 04:01 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
MP News: मध्य प्रदेश में एक बार फिर चीता लाए जाएंगे. अफ्रीकी देश बोत्सवाना ने भारत को 8 चीते सौंप दिए हैं. फिलहाल, इन्हें बोत्सवाना की राजधानी गैबोरोन के पास स्थित मोकोलोड़ी नेचर रिजर्व में क्वारंटीन में रखा गया है. क्वारंटीन की अवधि पूरी होने के बाद चीतों को दिसंबर या जनवरी के महीने में भारत लाया जाएगा. इन चीतों को कूनो नेशनल पार्क में रखा जाएगा.
कूनो में किया जाएगा क्वारंटीन
बोत्सवाना सरकार ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की यात्रा के दौरान भारत को चीते सौंपे थे. आठ चीतों को सबसे पहले श्योपुर स्थित कूनो नेशनल पार्क लाया जाएगा. यहां उन्हें क्वारंटीन किया जाएगा. इसके बाद तय किया जाएगी कि कहां इन चीतों को स्थायी तौर पर शिफ्ट किया जाएगा.
तीसरे आशियाने की तैयारी
मध्य प्रदेश में भारत का एकमात्र स्टेट है, जहां चीते हैं. कूनो और गांधीसागर अभ्यारण्य में चीतों को बसाया गया है. वर्तमान समय में कूनो में 27 चीते हैं. इनमें से कूनो में 24 और गांधीसागर में 3 चीते हैं. अब चीतों को सागर स्थित नौरादेही अभ्यारण्य में बसाने की तैयारी चल रही है. चीतों को बसाने के लिए तैयारियां शुरू हो गई हैं. यहां कैंपा फंड से 5 क्वारंटीन बोमा और इतने ही सॉफ्ट बोमा बनाए जा रहे हैं.
पहली बार नामीबिया से चीते लाए गए
साल 2022 में पहली बार नामीबिया से 8 चीतों को भारत लाया गया था. इन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने श्योपुर स्थित कूनो नेशनल पार्क में बने छोटे बाड़े में छोड़ा था. कुछ दिनों बाद इन्हें बड़े फिर खुले जंगल में छोड़ा गया. इस पार्क में चीतों की संख्या धीरे-धीरे 27 हो गई. दूसरी बार 12 चीते दक्षिण अफ्रीका लाए गए. अब तीसरी बार बोत्सवाना से 8 चीते लाए जाएंगे, इनमें 6 मादा और 2 नर चीते हैं.
चलती बस में धुआं, ड्राइवर-कंडक्टर की सूझबूझ से बची यात्रियों की जान!
15 Nov, 2025 01:14 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
MP News: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में एक बड़ा हादसा टल गया. लिंक रोड नंबर एक पर शनिवार सुबह सिटी बस में धुआं उठता दिखाई दिया. ड्राइवर और कंडक्टर ने बस से भागकर अपनी जान बचाई. इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है. मामले की जांच की जा रही है.
घटना का वीडियो आया सामने
भोपाल के लिंक रोड नंबर शनिवार सुबह कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय के सामने चलती BCLL (भोपाल सिटी लिंक लिमिटेड) की एक लो-फ्लोर बस में धुआं उठते हुए देखा गया. बस शिवाजी चौक से व्यापम चौराहे की ओर जा रही थी. बस में धुआं उठता देख ड्राइवर और कंडक्टर भागकर जान बचाई और समय रहते सभी यात्रियों को बस से उतारा गया. कुछ यात्रियों ने आपातकालीन खिड़की से कूदकर जान बचाई. फिलहाल, ये पता नहीं चल बस से क्यों धुआं उठा. इसकी जांच की जा रही है. इस पूरी घटना का वीडियो सामने आया है.
सिटी बस की हालत खराब
जिस बस में धुआं उठते देखा, उनका हालत बेहद खराब है. मेंटेनेंस ना हो पाने कारण बस सही कंडीशन में नहीं है. BCLL के बसों के रखरखाव को लेकर सवाल उठ रहे हैं. BCLL की लो फ्लोर बसों की खस्ता हालत के कारण शहर में इनका आंकड़ा 368 से सिमटकर 60-70 हो चुका है. सिटी में बसों के लिए 24 रूट्स हैं लेकिन 6 पर ही इन्हें संचालित किया जाता है.
हाल ही में इलेक्ट्रिक बसों को सड़कों पर उतारा गया है. इलेक्ट्रिक बसों को अलग-अलग रूट्स पर संचालित किया जाएगा. इनके लिए संत हिरदाराम नगर और कस्तूरबा नगर में दो नए डिपो बनाए गए हैं.
जबलपुर में आज जनजातीय गौरव दिवस...CM मोहन यादव और PM मोदी करेंगे कार्यक्रम का शुभारंभ, जानिए क्या है खास?
15 Nov, 2025 01:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
MP News: भगवान बिरसा मुंडा की 150 वी जयंती के अवसर पर जबलपुर में राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी वर्चुअली जुड़ेंगे. इस कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री दुर्गादास उईके मौजूद रहेंगे. विश्व कप जीतने वाली महिला क्रिकेट टीम की खिलाड़ी क्रांति गौंड को कार्यक्रम में दी एक करोड़ रुपये की सम्मान राशि दी जाएगी.
प्रदर्शनी का करेंगे शुभारंभ
इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जनजातीय गौरव को दर्शाने वाली प्रदर्शनी का शुभारंभ करेंगे. प्रदर्शनी भगवान बिरसा मुंडा के जीवन और योगदान पर आधारित होगी. जनजातीय महानायकों में रानी दुर्गावती, शंकर शाह, रघुनाथ शाह, टंट्या भील के जीवन और योगदान को भी दर्शाया जाएगा.
मुख्यमंत्री इस मौके पर जनजातीय धर्म गुरुओं का सम्मान करेंगे और उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल करने वाले जनजातीय समाज के सदस्यों को सम्मानित किया जाएगा. अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेट खिलाड़ी क्रांति गौड़, राज्य सरकार के सहयोग से लंदन में पढ़ाई कर रहे आसाराम पलवी और रवि मेडा और लिसेस्टर विश्वविद्यालय में अध्ययन कर रहे का भी सम्मान होगा.
सीएम देंगे 207 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात
जनजाति गौरव दिवस पर प्रदेश को कई बड़ी सौगातें सीएम देंगे. कार्यक्रम में मुख्यमंत्री प्रदेश के 98 करोड़ 51 लाख की लागत से बने विकास कार्यों का लोकार्पण करेंगे. इसके साथ ही 108 करोड़ 49 लाख रुपए के विकास कार्यों का भूमि पूजन करेंगे. कुल 207 करोड़ से अधिक के 30 कार्यों का लोकार्पण और भूमि पूजन होगा. जबलपुर के गैरिसन ग्राउंड में दोपहर 1.30 बजे कार्यक्रम आयोजित होगा.
जनजातीय प्रतिभाओं का सम्मान
इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री अलग-अलग क्षेत्रों में विशेष योगदान देनी वाली जनजातीय प्रतिभाओं को सम्मानित करेंगे. डिंडोरी जिले के समनापुर विकासखंड के धुरकुटा गांव के पद्मश्री अर्जुन सिंह धुर्वे लोक गीतों और नृत्य को लोकप्रिय बनाने के लिए प्रसिद्ध है. डिंडोरी के करंजिया विकासखंड के पाटनगढ़ के पद्मश्री भज्जू सिंह श्याम गोंडी भित्ति चित्रकला के प्रचार-प्रसार और संरक्षण के लिए जनजातीय समुदाय में पारंपरिक रूप से प्रचलित चित्रकला को गांव-गांव और क्षेत्र से आगे बढ़ते हुए कैनवास पर गोंडी चित्रकला को नई पहचान दिलाई है.
डिंडोरी के समनापुर विकासखंड के गौरा कन्हरी गांव की फुलझरिया बाई को देशज अनाज के बीजों के संग्रहण और उत्पादन में वृद्धि करने के लिए सम्मानित किया जाएगा. इसी विाकसखंड के पौड़ी किवाड़ गांव की उजियारो भाई को जल संरक्षण के सराहनीय कार्य करने के लिए सम्मानित किया जाएगा.
रागिनी मार्को को 2023-24 में आर्चरी खेल में अंतरराष्ट्रीय एवं राष्ट्रीय स्तर पर उच्च प्रदर्शन के लिए विक्रम अवार्ड से सम्मानित किया गया. सृष्टि सिंह को आर्चरी खेल में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ग्रैंड प्रिक्स भूटान में एक स्वर्ण पदक एवं आश्चर्य वर्ल्ड कप स्टेज 4 में भाग लिया.
बाबा बागेश्वर का विवादित बयान: 'वंदे मातरम और राम नाम से दिक्कत है तो लाहौर चले जाएं
15 Nov, 2025 12:47 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
Baba Bageshwar: बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री दिल्ली के छतरपुर से यूपी के वृंदावन तक सनातन हिंदू एकता पदयात्रा निकाल रहे हैं. यात्रा के आठवें दिन मथुरा में बाबा बागेश्वर जमकर गरजे. उन्होंने कहा कि जिन्हें ‘राम नाम’ और ‘वंदेमातरम’ से दिक्कत है तो वे फिर से विचार करें. इसके साथ ही उन्होंने कहा कि वे लाहौर का टिकट कटवा लें, यदि किसी के पास टिकट के लिए पैसे ना हों तो वे खुद कर्ज लेकर उसकी व्यवस्था करेंगे.
‘हिंदुओं के विरोधी, DNA टेस्ट करवाएं’
बाबा बागेश्वर की पदयात्रा आठवें दिन उत्तर प्रदेश के मथुरा पहुंची. यहां उन्होंने जनसमूह को संबोधित किया. उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि वे मुसलमानों के विरोधी नहीं हैं, बल्कि उन लोगों का विरोध करते हैं, राम और राष्ट्र के प्रति निष्ठावान नहीं हैं. बाबा बागेश्वर ने कहा कि ऐसे लोग भारत में रहते हैं, भारत का खाते हैं लेकिन गुणगान उन लोगों का करते हैं जो राष्ट्र के विरोध में विचारों का समर्थन करते हैं.
ऐसे लोगों पर तंज कसते हुए पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि वो तुम्हारे चाचा लगते हैं क्या? कुछ हिंदू भी गीता, गंगा, संतों और सनातन संस्कृति के खिलाफ आवाज उठाते हैं. जैसा शुगर बीमारी की पुष्टि शुगर टेस्ट से होती है, ठीक वैसे ही, जो हिंदुओं का विरोध करते हैं, वे अपना डीएनए टेस्ट करवाएं.
16 नवंबर को यात्रा का समापन होगा
दिल्ली के छतरपुर के कात्यायनी मंदिर से बाबा बागेश्वर की पदयात्रा की शुरुआत 7 नवंबर को शुरू हुई. यात्रा फरीदाबाद, पलवल, बल्लभगढ़ होते हुए वृंदावन पहुंचेगी. यात्रा का समापन 16 नवंबर को श्री बांके बिहारी मंदिर में होगी. पदयात्रा में अलग-अलग क्षेत्रों की महान हस्तियां शामिल हो रही हैं.
बीजेपी में बड़ा बदलाव, हेमंत खंडेलवाल ने 13 संभागों में नियुक्त किए प्रभारी, 3 नए संभाग बनाए!
15 Nov, 2025 11:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
MP News: मध्य प्रदेश बीजेपी ने 13 संभागों के लिए प्रभारी नियुक्त कर दिए हैं. इसके साथ ही BJP प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने तीन नए संभागों का गठन भी किया है. पूर्व सीएम कमलनाथ के गढ़ छतरपुर को जबलपुर से अलग करके बीजेपी ने नया संगठनात्मक संभाग बनाया है. इसके अलावा उज्जैन से अलग करके मंदसौर और इंदौर से निमाड़ को अलग करके अलग संभाग बनाया गया है. इन संभागों का निर्माण बेहतर तरीके से काम करने के लिए किया गया है.
किन्हें मिली संभागों की जिम्मेदारी?
बीजेपी ने संगठनात्मक संभाग की जिम्मेदारी देने के लिए राज्य के अलग-अलग क्षेत्रों का चयन किया गया है. सागर सांसद और प्रदेश महामंत्री लता वानखेड़े को उज्जैन, राज्यसभा सांसद सुमेर सिंह सोलंकी को छिंदवाड़ा, प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी को जबलपुर संभाग, प्रदेश महामंत्री गौरव रणदिवे को सागर संभाग, बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष निशांत खरे को ग्वालियर संभाग, अभय यादव को चंबल संभाग , विजय दुबे को रीवा, गौरव सिरोठिया को शहडोल, प्रदेशाध्यक्ष कांतदेव सिंह को नर्मदापुरम, प्रदेशाध्यक्ष सुरेंद्र शर्मा को निमाड़ और सुरेश आर्य को मंदसौर संभाग का प्रभारी बनाया गया है.
5 नेता ऐसे जो पदाधिकारी नहीं हैं
प्रदेश बीजेपी ने जिन 13 नेताओं को संभाग प्रभारी की जिम्मेदारी दी है, उनमें से पांच ऐसे हैं, जिनके पास प्रदेश स्तर पर कोई जिम्मेदारी नहीं है. इनमें तेज बहादुर सिंह, अभय यादव, विजय दुबे, गौरव सिरोठिया और सुरेश आर्य हैं. बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की टीम की बात करें तो 9 उपाध्यक्ष, 4 महामंत्री, 9 मंत्री और 3 कोषाध्यक्ष और एक मीडिया प्रभारी हैं.
भोपाल स्थित प्रदेश बीजेपी कार्यालय में शुक्रवार को बीजेपी की एक महत्वपूर्ण बैठक हुई. इस मीटिंग में क्षेत्रीय संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, बीजेपी प्रदेश प्रभारी अजय जामवाल, प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा और कई पदाधिकारी शामिल हुए.
मध्यप्रदेश में कड़ाके की ठंड: भोपाल सहित 20 जिलों में शीतलहर अलर्ट जारी
15 Nov, 2025 09:30 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
प्रदेशभर में ठंड ने अचानक तेज रफ्तार पकड़ ली है। शीतलहर के कारण मध्यप्रदेश के कई शहर कांप रहे हैं। खासतौर पर भोपाल, इंदौर, उज्जैन, सागर, ग्वालियर और जबलपुर संभाग में सर्द हवाओं ने लोगों को बेहाल कर दिया है। राजधानी भोपाल में पिछले सात दिनों से लगातार कोल्ड वेव की स्थिति बनी हुई है। 15 और 16 नवंबर को कई जिलों के लिए शीतलहर का अलर्ट जारी किया गया है, जबकि 17 नवंबर से मौसम में हल्का सुधार संभव है।
शहडोल में पारा पहली बार 7 डिग्री से नीचे
गुरुवार-शुक्रवार की रात प्रदेश में सबसे कड़ी ठंड शहडोल में दर्ज की गई, जहां तापमान गिरकर 7.2 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। शिवपुरी 8 डिग्री के साथ दूसरा सबसे ठंडा जिला रहा। भोपाल में न्यूनतम तापमान 9.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि पिछले सप्ताहभर यहां पारा करीब 8 डिग्री पर टिका हुआ था, जिसके चलते ठंड का असर और बढ़ गया। इंदौर में 8.2 डिग्री, जबलपुर में 9.4 डिग्री, ग्वालियर में 10.5 डिग्री और उज्जैन में 11.8 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। छतरपुर के नौगांव और राजगढ़ में 8.2 डिग्री, उमरिया में 8.6 डिग्री, रीवा में 8.8 डिग्री, छिंदवाड़ा और मलाजखंड में 9.5 डिग्री तथा मंडला में 9.6 डिग्री तापमान दर्ज हुआ।
आज इन जिलों में कोल्ड वेव अलर्ट
इंदौर, भोपाल, राजगढ़, शाजापुर, देवास, सीहोर, शिवपुरी, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा, मैहर, कटनी, जबलपुर, उमरिया, शहडोल, मंडला, डिंडौरी और अनूपपुर में शनिवार के लिए शीतलहर का अलर्ट जारी किया गया है।
ठंड बढ़ने की मुख्य वजह
उत्तरी पर्वतीय राज्यों में जारी बर्फबारी से प्रदेश में बर्फीली हवाएं घुस रही हैं। हिमालयी इलाकों में तापमान में बड़ी गिरावट के बाद वहां से आने वाली हवाएं मैदानी क्षेत्रों में भी पारा गिरा रही हैं। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि राजस्थान में बने प्रति-चक्रवात ने ठंडी हवाओं को निचले स्तर पर बहने में मदद की है, जिसके चलते राजस्थान के रेगिस्तानी भागों से होते हुए ये हवाएं मध्यप्रदेश के शहरों तक पहुंच रही हैं।
पचमढ़ी में रातें सामान्य, दिन का तापमान गिरा
प्रदेश के हिल स्टेशन पचमढ़ी में मौसम का अलग रूप देखने को मिल रहा है। यहां रात का तापमान अन्य शहरों जितना कम नहीं है, लेकिन दिन का पारा तेजी से नीचे आ रहा है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 23 डिग्री रहा, जबकि रात में न्यूनतम तापमान 14.2 डिग्री तक पहुंच गया। वहीं सीधी में 24.8 डिग्री और मलाजखंड में 23.6 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। राजधानी में शीतलहर का सिलसिला थम नहीं रहा। शुक्रवार को सातवें दिन लगातार ठंडी हवाएं चलीं और शनिवार को भी कोल्ड वेव की स्थिति बने रहने के आसार हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने एमजी रोड़ थाने का किया औचक निरीक्षण
14 Nov, 2025 11:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को इंदौर भ्रमण के दौरान थाना एमजी रोड़ का आकस्मिक निरीक्षण किया। उन्होंने थाने की विभिन्न व्यवस्थाओं को देखा तथा थाने के रजिस्टरों को चैक किया। उन्होंने थाने द्वारा की जा रही कार्रवाईयों की जानकारी भी ली। इंदौर पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह ने पुलिस द्वारा आमजन की सुविधाओं के लिए किए जा रहे नवाचारों की जानकारी भी दी।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने थाना में हेड मोहर्रिर कक्ष का निरीक्षण किया। उन्होंने एफआईआर दर्ज करने की कम्प्युटराईज्ड व्यवस्था को देखा। मौजूद स्टाफ से एफआईआर लिखने की प्रक्रिया की जानकारी ली। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने रोजनामचे का भी निरीक्षण किया। दोपहर 12 बजे किये गये निरीक्षण में पाया गया कि अंतिम एंट्री सुबह 11.38 बजे की थी। इस दौरान पाया गया कि एक आरक्षक रिंकू सिंह 8 नवम्बर से बगैर सूचना के अनुपस्थित है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पुलिस कमिश्नर को निर्देश दिए कि वे अनुपस्थिति का परीक्षण करें और नियमानुसार कार्रवाई करें।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने आगन्तुक रजिस्टर का अवलोकन भी किया। पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह ने बताया कि आमजन की सुविधा और उनके फीडबैक लेने के लिए हर थाने में आगन्तुक रजिस्टर रखा गया है। रजिस्टर में थाने में आने वाले आगन्तुक अपने फीडबैक दर्ज कर सकते है। उन्होंने बताया कि आगन्तुक रजिस्टर के आधार पर फीडबैक देने वाले नागरिकों से पुन: फीडबैक लेने के लिए भी विशेष व्यवस्था है। पुलिस कमिश्नर कार्यालय में इसके लिए एक अलग से फीडबैक सेक्शन बनाया गया है। इस सेक्शन द्वारा हर माह लगभग 5 हजार आगन्तुकों से फीडबैक फोन के माध्यम से लिया जाता है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव को पुलिस कमिश्नर कार्यालय द्वारा फीडबैक लेने के लिए क्यूआर कोड के संबंध में भी जानकारी दी गई। बताया गया कि कोई भी नागरिक क्यूआर कोड स्कैन कर अपना फीडबैक दे सकते हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने निर्देश दिए कि थानों में अव्यवस्थित रूप से खड़े वाहनों का निष्पादन किया जाए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने निर्देश दिये कि थानों में आने वाले प्रत्येक नागरिक की संवेदनशीलता के साथ सुनवाई हो। नागरिकों की सुविधाएं एवं हितों को दृष्टिगत रखते हुए पुलिस पूर्ण दक्षता के साथ कार्य करें।
निरीक्षण के दौरान जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, विधायक मालिनी लक्ष्मण सिंह गौड़, पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह, कलेक्टर शिवम वर्मा, नगर निगम आयुक्त दिलीप कुमार यादव, अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर अमित सिंह तथा राजेश कुमार सिंह, सुमित मिश्रा सहित अन्य जनप्रतिनिधि शामिल थे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने ऐतिहासिक और धार्मिक धरोहर गोपाल मंदिर का किया औचक निरीक्षण
14 Nov, 2025 10:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को इंदौर के ऐतिहासिक और धार्मिक धरोहर गोपाल मंदिर का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने मंदिर में पूजा-अर्चना भी की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव विकास कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि मंदिर परिसर में नवनिर्मित सभागृह को “गीता भवन” के रूप में विकसित किया गया है। गीता जयंती के अवसर पर इसे एक दिसंबर को जनता को समर्पित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि यह सभागृह 500 सीट का रहेगा। इसमें सभी अत्याधुनिक सुविधाएं रहेंगी। यह सभागृह धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व का केन्द्र बनेगा।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने गोपाल मंदिर में बच्चों को स्नेहपूर्वक दुलार किया और आसपास के दुकानदारों से भी चर्चा की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पूरे मंदिर परिसर में चल रहे विकास कार्यों और जीर्णोद्धार के कार्यों को देखा। उन्होंने निर्देश दिए कि मंदिर को अपने प्राचीन तथा गौरवशाली स्वरूप में पुनर्स्थापित किया जाए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश शासन द्वारा निर्णय लिया गया है कि गीता जयंती पर पूरे मध्यप्रदेश में विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। हर जिले में गीता भवन विकसित किए जाएंगे ताकि धार्मिक, सांस्कृतिक और अध्यात्मिक गतिविधियों को बढ़ावा मिल सके।
निरीक्षण के दौरान जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, विधायक मालिनी लक्ष्मण सिंह गौड़, पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह, कलेक्टर शिवम वर्मा, नगर निगम आयुक्त दिलीप कुमार यादव, स्मार्ट सिटी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अर्थ जैन एवं सुमित मिश्रा सहित अन्य जनप्रतिनिधि शामिल थे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव का लाड़ली बहनों और स्वच्छता दीदियों ने जताया आभार
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का शुक्रवार को इंदौर में लाड़ली बहनों और स्वच्छता दीदियों ने पुष्प-गुच्छ और पुष्प-मालाओं से स्वागत किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव का लाड़ली बहनों ने उन्हें हर माह 1500 रुपये दिए जाने और स्वच्छता दीदियों के लिए नगर निगम के माध्यम से अनेक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए आभार जताया। इस अवसर पर जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, विधायक मालिनी लक्ष्मण सिंह गौड़, पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह, कलेक्टर शिवम वर्मा, नगर निगम आयुक्त दिलीप कुमार यादव, अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर अमित सिंह, सुमित मिश्रा, अपर आयुक्त नगर निगम रोहित सिसोनिया एवं सुमित मिश्रा सहित अन्य अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद थे।
इंदौर के प्रसिद्ध पोहे का लिया आनंद
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इंदौर के राजवाड़ा के एक रेस्टोरेंट में मौजूद लोगों से चर्चा की। उन्होंने इंदौर के प्रसिद्ध पोहे का आनंद भी लिया।
प्रतियोगिता में खेल की क्षमताओं का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन ही जीत है : मंत्री सिंह
14 Nov, 2025 09:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह ने कहा कि प्रतियोगिता में खेल की क्षमताओं का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन ही जीत है। उन्होंने कहा कि खेल भावना से खिलाड़ियों के साथ समाज के विभिन्न वर्गों में सद्भावना मजबूत होती है। मंत्री सिंह गुरुवार को नरसिंहपुर जिले के गाडरवारा में 69वीं राष्ट्रीय शालेय व्हाली-बॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ कर रहे थे। यह प्रतियोगिता स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इण्डिया के तत्वावधान में आयोजित की जा रही है।
मंत्री सिंह ने कहा कि गाडरवारा के लिये यह महत्वपूर्ण पल है जब प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों की टीमें शामिल हो रही हैं। देश की विभिन्न टीमों द्वारा किया गया मार्चपास्ट जनता में एकता की भावना मजबूत करेगा। स्कूल शिक्षा मंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने खेलो इण्डिया और फिट इण्डिया मूवमेंट से युवाओं में नया जोश भरा है। प्रदेश में खिलाड़ियों को राज्य सरकार से हर संभव मदद की जा रही है। पूर्व सांसद कैलाश सोनी ने अपने उद्बोधन में कहा कि बच्चे और युवा जब खेल मैदान में पहुँचेंगे, तो उनका समग्र रूप से विकास हो सकेगा। पाँच दिनों तक चलने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता में 17 नवम्बर तक 33 राज्य और केन्द्र शासित प्रदेशों के 759 खिलाड़ी एवं 165 ऑफीशियल्स शामिल हो रहे हैं। खेल प्रतियोगिता के शुभारंभ समारोह में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये।
प्रदेश में अधिक से अधिक बनें स्वावलंबी गो-शालाएँ : राज्यमंत्री पटेल
14 Nov, 2025 09:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : पशुपालन एवं डेयरी राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) लखन पटेल ने कहा है कि प्रदेश में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में गो-संरक्षण एवं गो-संवर्धन के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। मध्यप्रदेश में पहली बार निराश्रित गो-वंश के समुचित पालन-पोषण और गो-शालाओं को स्वावलंबी बनाने के लिए "स्वावलंबी गो-शाला नीति" बनाई गई है, जिसका पूरे प्रदेश में सफल क्रियान्वयन किया जा रहा है। गो-पालन में समुदाय की भागीदारी बहुत आवश्यक है। राज्यमंत्री पटेल ने शुक्रवार को पटिया वाले बाबा स्थान, मुरैना पहुंचकर दर्शन-पूजन किया और वहां संचालित गो-शाला का निरीक्षण किया।
राज्यमंत्री पटेल ने कहा कि गो-शालाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में प्रदेश सरकार ने अनूठी पहल की है। प्रदेश में स्वावलंबी गो-शालाओं (गोकुल धाम) की स्थापना की नीति-2025 लागू की गई है, जिसमें न्यूनतम 5000 गो-वंश के व्यवस्थापन के लिए राज्य सरकार द्वारा 130 एकड़ तक भूमि गो-शालाओं को उपयोग के लिए दिए जाने को प्रावधान है। इसमें से 5 एकड़ भूमि व्यावसायिक गतिविधियों के लिए दी जाएगी। जिले में स्वावलंबी गो-शालाएँ विकसित हों, इसके लिए प्रदेश स्तर से 20 गो-शालाओं की स्वीकृति दी गई है, जिनमें मुरैना भी शामिल है। आने वाले समय में प्रत्येक जिले में स्वावलंबी गो-शाला स्थापित की जाएगी।
राज्यमंत्री पटेल ने कहा कि पटिया वाले बाबा स्थान मुरैना में जनसहयोग से गो-शाला का सुव्यवस्थित संचालन प्रशंसनीय है। यहां नंदी गो-वंश, स्वस्थ गायें, बीमार गायें और बछड़ों को अलग-अलग शेड में रखा गया है। गो-शाला में सैक्स सोर्टेड सीमन तकनीक से कृत्रिम गर्भाधान किया जा रहा है, यह सराहनीय है। पटेल ने भूसा भंडारण स्थल, दाना मिश्रण व्यवस्था तथा गो-वंश के पोषण के लिए किए गए प्रबंधों का निरीक्षण किया। उन्होंने गो-शाला के लिए एक अतिरिक्त शेड निर्माण की घोषणा भी की। उन्होंने पशुपालन उप संचालक को पशु-औषधालय मुरैना के उन्नयन का प्रस्ताव भोपाल भेजने के निर्देश दिए।
पटेल ने बताया कि आने वाले समय में नस्ल सुधार पर ध्यान देते हुए देशी नस्लों के साथ जर्सी जैसी दुग्ध उत्पादक नस्लों को भी बढ़ावा देना आवश्यक है। गिर गाय श्योपुर जिले से लाई जाती है, इसे ब्राजील और गुजरात में बड़े पैमाने पर पाला जा रहा है, जहाँ यह गाय 60 लीटर तक दूध देती है। राज्यमंत्री पटेल ने कहा कि गोबर गैस, सीएनजी प्लांट, सोलर प्लांट और नस्ल सुधार पर विशेष ध्यान दिया जाए। भविष्य में बछिया (हीफर) रोजगार का प्रभावी साधन बन सकती है। इस अवसर पर गो-शाला संचालक दीनबंधु महाराज, सचिव रवि गुप्ता, उप संचालक पशु चिकित्सा डॉ. बी.के. शर्मा, रतन दास वैष्णव, कौशल शर्मा आदि उपस्थित रहे।
एमपी भाजपा में खुशी की लहर, खंडेलवाल ने बिहार जनादेश को बताया ‘मोदी नीतियों का विजय तिलक’
14 Nov, 2025 09:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए गठबंधन की प्रचंड जीत के बाद शुक्रवार को पूरे प्रदेश में भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने खुशी मनाई. भोपाल स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में भी उत्सव का माहौल देखने को मिला, जहां राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल, प्रदेश प्रभारी महेंद्र सिंह और संगठन महामंत्री हितानंद ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी. इसी दौरान आयोजित बैठक में बिरसा मुंडा जयंती और पार्टी के आगामी कार्यक्रमों पर भी चर्चा की गई।
प्रधानमंत्री की नीतियों ने दिलाई विजय
इस मौके पर हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विकास पर केंद्रित नीतियों ने बिहार में एनडीए को ऐतिहासिक विजय दिलाई है. उन्होंने कहा कि बिहार की जनता ने भाजपा और एनडीए को प्रचंड बहुमत देकर परिवारवाद और भ्रष्टाचार की राजनीति को करारा जवाब दिया है. खंडेलवाल ने कहा कि इस जीत में मध्य प्रदेश से पहुंचे वरिष्ठ नेताओं, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं के अथक प्रयासों का भी बड़ा योगदान रहा, जिनका उन्होंने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और सांसद विष्णुदत्त शर्मा, उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, मंत्री प्रहलाद पटेल, प्रदेश उपाध्यक्ष रणवीर सिंह रावत, राहुल कोठारी, गौरव रणदीवे, प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष उषा अग्रवाल और महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष माया नारोलिया सहित कई पदाधिकारी उपस्थित थे।
खंडेलवाल ने कांग्रेस पर साधा निशाना
खंडेलवाल ने बिहार के नतीजों के संदर्भ में विपक्ष, विशेषकर कांग्रेस पार्टी, को अपने नेतृत्व पर पुनर्विचार करने की सलाह दी. उन्होंने कहा कि कांग्रेस और राहुल गांधी के नेतृत्व में लगातार चुनावी हार मिल रही है और बिहार की जनता ने उन्हें पूरी तरह नकार दिया है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस को आरोपों की राजनीति छोड़कर आत्मचिंतन करना चाहिए, क्योंकि जनता उनसे लगातार नाराज़ होती जा रही है. उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में नेतृत्व ऐसा होना चाहिए जो संस्थाओं को मजबूत करे, न कि उन पर मिथ्या आरोप लगाकर देश की लोकतांत्रिक गरिमा को ठेस पहुंचाए।
प्रदेश प्रभारी ने बताई राष्ट्रवाद और विकासवाद की जीत
भाजपा प्रदेश प्रभारी महेंद्र सिंह ने कहा कि बिहार चुनाव परिणाम राष्ट्रवाद और विकासवाद की जीत का संदेश देते हैं. जनता ने कांग्रेस और आरजेडी को पूरी तरह खारिज करते हुए साफ कर दिया है कि देश में अब परिवारवाद की राजनीति स्वीकार नहीं की जाएगी।
कर्म और परिश्रम से जो मिलता उसी में सच्चा आनंद : राज्यपाल पटेल
14 Nov, 2025 09:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा कि भगवान राम माँ सीता को भी उनके भाग्य का लिखा मिला था। नसीब में जो है, वह होता है, लेकिन अपने कर्म और परिश्रम से जो मिलता है। उसी में सच्चा आनंद और आत्मिक संतुष्टि है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि दीक्षांत शपथ व्यवहार की मार्गदर्शिका है। उसके अनुसार 365 दिन आचरण करने पर जीवन में सफलता मिलना निश्चित है। राज्यपाल पटेल मुख्य अतिथि की आसंदी से मानसरोवर विश्वविद्यालय के तीसरें दीक्षांत समारोह को शुक्रवार को संबोधित कर रहे थे। समारोह का आयोजन स्थानीय कुशाभाऊ ठाकरे अंतर्राष्ट्रीय कन्वेंशन सेंटर में किया गया। राज्यपाल पटेल ने समारोह में व्हील चेयर पर आए विद्यार्थी वेंकट बालाजी को मंच से उतर कर उनके पास जाकर उपाधि दी।
राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा कि चिकित्सक का कार्य ईश्वरीय यश प्राप्त करने का अवसर होता है। उन्होंने कहा कि कई बार मँहगी दवा खरीदने में असमर्थ होने पर गरीब व्यक्ति दवा ही नहीं लेता है। प्रधानमंत्री मोदी ने जन औषधि केन्द्रों के माध्यम से उच्च गुणवत्ता वाली दवाएं कम कीमतों पर उपलब्ध करा दी है। चिकित्सकों से कहा है कि रोगियों को जन औषधियों के सेवन का परामर्श दे। प्रदेश में सभी जिलों, रेडक्रास शाखाओं में जन औषधि केन्द्र संचालित है। जनजाति बहुल विकास खण्डो में जनजातीय युवाओं के द्वारा जन औषधि स्टोर खोले जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में आयुर्वेद चिकित्सा का नया युग आया है। आयुर्वेद चिकित्सकों के लिए अपार संभावनाएं निर्मित हुई है।
राज्यपाल पटेल ने विद्यार्थियों से कहा कि अपने कार्यों से उपलब्धियों के बड़े मापदंड रचें। सफलता के नए कीर्तिमान बनाएं। लेकिन यह याद रखें कि सफलता का पैमाना अपने ज्ञान, प्रतिभा और मेधा से समाज के विकास में सहभागिता और अपने सामर्थ्य और समृद्धता से गरीब, वंचित, पिछड़ों और जरूरतमंदों के जीवन में खुशहाली लाने में योगदान होना चाहिए। उन्होंने कहा कि दीक्षांत, विद्यार्थी जीवन की समाप्ति का नहीं बल्कि कर्मशील नागरिक और उत्तरदायी व्यक्ति के रूप में नई शुरुआत का पावन प्रसंग है। शिक्षा का उद्देश्य केवल डिग्री प्रदान करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में संस्कारों से चरित्र निर्माण, समाज कल्याण और राष्ट्र के विकास का बोध विकसित करना है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति के माध्यम से युवाओं को ज्ञान और उन्नति के विभिन्न अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। छात्र-छात्राओं की शिक्षा केवल कौशल और विशेषज्ञता देने तक सीमित नहीं हो, बल्कि उद्यमिता के द्वारा सामाजिक सरोकारों में सहभागिता के लिए अनुभव और आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान करने वाली भी होना चाहिए। उन्होंने संस्थान के संस्थापक बह्मलीन कमलाकांत तिवारी का भी पुण्य स्मरण किया।
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि आरोग्य भारती के राष्ट्रीय महासचिव अशोक वार्ष्णेय ने कहा कि अलग तरह से सोचने और बड़े लक्ष्य तैयार करने में ही जीवन की सफलता है। इसके लिए सकारात्मक दृष्टि के साथ कार्य करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि शिक्षा पुस्तकों में प्राप्त जानकारी होती है। इस जानकारी को समझ कर कार्य करना ही ज्ञान है। उन्होंने कहा कि जो केवल सपने देखते है उनके लिए रात छोटी होती है लेकिन जो साकार करने के लिए सपने देखते हैं। उनके लिए दिन छोटा होता है।
मध्यप्रदेश निजी विश्वविद्यालय विनियामक आयोग के अध्यक्ष खेम सिंह डेहरिया ने दीक्षित विद्यार्थियों से कहा कि समारोह में प्राप्त उपाधि के साथ आपका, आपके परिवार, विश्वविद्यालय, प्रदेश और देश का नाम जुड़ गया है। उसका मान-सम्मान बनाएं रखना धारक की जिम्मेदारी है। उन्होंने इस भावना के साथ राष्ट्र निर्माण में योगदान के लिए विद्यार्थियों को प्रेरित किया। कहा कि विकसित भारत और राष्ट्रीय शिक्षा नीति की ज्ञान परंपरा में उनके योगदान की भूमिका बहुत महत्वपूर्ण होगी।
कार्यक्रम में राज्यपाल पटेल का स्वागत विश्वविद्यालय की कुलाधिपति मंजुला तिवारी ने किया। दीक्षांत स्मृति प्रतीक भेंट किया। स्वागत उद्बोधन विश्वविद्यालय के प्रो- चान्सलर, इंजीनियर गौरव तिवारी ने दिया। वाईस चान्सलर डॉ. ए.एस. यादव ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। दीक्षांत समारोह का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन से किया गया। संचालन अनुज ने किया।
जनजातीय गौरव दिवस वह शंखनाद है, जिसने जननायकों के बलिदान और शौर्य का परिचय नई पीढ़ी से कराया : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
14 Nov, 2025 09:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि मध्यप्रदेश जनजातियों का अपना घर है, जिस ट्राइबल स्टेट भी कहा जाता है। यह उपमा ही हमारे अस्तित्व का सबसे बड़ा अभिनंदन है। जनजातियां, हमारी मुकुट मणियां हैं, यह प्रत्येक मध्यप्रदेशवासी के लिए अत्यंत गौरव और सम्मान की बात है। अबुआ दिशुम-अबुआ राज यानी हमारी धरती, हमारा राज। हमारी धरती और संस्कृति ही हमारी पहचान है और इसी पहचान का उत्सव हम सब आज बड़वानी में मना रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस वह शंखनाद है, जिसने नई पीढ़ी को वीर जननायकों के बलिदान, शौर्य और साहस से परिचित कराया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव शुक्रवार को बड़वानी जिले की पानसेमल विधानसभा क्षेत्र के ग्राम मोरतलाई में जनजातीय गौरव दिवस के मौके पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने ग्राम मोरतलाई में धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की भव्य आदमकद प्रतिमा का लोकार्पण किया। साथ ही बड़वानी जिले के लिए 133 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाले 6 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं 5 विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इसमें 46 करोड़ से अधिक की लागत से तैयार राजपुर से दवाना मार्ग का लोकार्पण और 14 करोड़ 86 लाख रूपए की लागत से सेंधवा में नवीन शासकीय महाविद्यालय भवन, बलवाड़ी का भूमिपूजन शामिल है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मांग पर पानसेमल और बारला में उद्वहन सिंचाई परियोजना के विस्तार की घोषणा करते हुए कहा कि अब क्षेत्र के सभी 51 गांवों के किसानों को सिंचाई के लिए जल दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने पानसेमल में रेस्टहाउस बनाने और यहीं पर अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) का कार्यालय (एसडीओपी आफिस) खोलने, टेमला में हायर सेकेंडरी स्कूल खोलने, मोरतलाई के मिडिल स्कूल को हायर सेकेंडरी स्कूल में प्रोन्नत करने एवं रायचूर में उपलब्ध हाई स्कूल को हायर सेकेंडरी स्कूल में प्रोन्नत करने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने रामगढ़ से सापखड़की तक पक्की रोड बनाने की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि विकास की बात पर हमें सबका साथ चाहिए। सबके साथ और सहयोग से ही प्रदेश को विकास की ऊंचाइयों तक लेकर जाएंगे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हमारे जनजातीय भाई-बहनों ने सदैव अपनी माटी और अपनी संस्कृति के लिए जी-जान एक किया है। राजा भभूत सिंह से लेकर रानी अवंतिबाई तक अनेक जनजातीय नायकों की कहानी हमें आश्चर्य से भर देती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बड़वानी आते ही मन जनजातीय रंग में रंग गया है। मैं वीरों की भूमि बड़वानी की माटी से तिलक करता हूं, क्योंकि इस मिट्टी के कण-कण में रण है। यहां की मिट्टी ने भीमा नायक, खाज्या नायक और वीर बिरजू नायक जैसे अमर बलिदानियों को जन्म दिया। इन वीरों ने अपने पराक्रम से अंग्रेजों को छठी का दूध याद दिला दिया। इन सभी अमर सपूतों के चरणों में नमन है। उन्होंने कहा कि जनजातीय संस्कृति, परम्पराओं और आप सभी भाइयों-बहनों की उपस्थिति ने ही इस कार्यक्रम को गरिमामय बनाया है। उन्होंने सभी को राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस (15 नवम्बर) की अग्रिम बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पूरे प्रदेश में धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जन्म जयंती भव्य स्वरूप में मनाई जा रही है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 5 साल पहले जनजातीय नायकों को सम्मान देने की परंपरा की शुरुआत की। हमारे जनजातीय नायकों ने जनजाति अंचलों से स्वतंत्रता के लिए आवाज उठाई और भारत माता के जयकारे लगाते हुए अंग्रेजों से आजादी की लड़ाई लड़ी। उन्होंने अंग्रेजों से कहा था कि ये धरती खाली करो... ये जल, जंगल और जमीन हमारी है। भारत 1947 में आजाद तो हो गया, लेकिन तत्कालीन सरकारों ने समाज के नायकों को भुलाने का कार्य किया, खुद सत्ता के नशे में चूर हो गए। किसी भी जनजातीय नायक को कभी सम्मान नहीं दिया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार भावान्तर योजना का लाभ देते हुए किसानों से 5328 रुपए प्रति क्विंटल सोयाबीन खरीद रही है। लाड़ली बहनों की शुरुआत से लेकर अब तक 45 हजार करोड़ की राशि लाड़ली बहनों को दी गई है। हर महीने रक्षाबंधन और भाईदूज मन रही है। किसानों के खाते में 12 हजार रुपए सम्मान निधि भेजकर दिवाली मनाई जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सीमा पर जवान और खेतों में किसान, हमारे लिए दोनों बराबर है, यही हमारी नीति है। राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने के लिए गोपालन और पशुपालन को बढ़ावा दे रही है। राज्य सरकार ने डॉ. भीमराव अंबेडकर कामधेनु योजना की शुरुआत की है। जिसमें किसानों को डेयरी व्यवसाय शुरू करने पर अधिकतम 10 लाख रुपए तक अनुदान दिए जाने का प्रावधान है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भारत की आजादी का इतिहास हमारे जननायकों के बिना अधूरा है। इतिहासकारों ने हमारे समृद्ध इतिहास को तोड़-मरोड़ कर पेश किया। जिन अमर सपूतों का नाम स्वर्णिम अक्षरों में लिखा होना चाहिए था, उन पर जरा सी भी स्याही खर्च नहीं की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में जनजातियों का गौरव पुनः अपनी प्रतिष्ठा के साथ स्थापित हो रहा है। हमारा मध्यप्रदेश विरासत से विकास का सर्वश्रेष्ठ उदाहरण बन रहा है। उन्होंने कहा कि अब पाठ्यक्रमों में सभी जननायकों की जीवनी को शामिल किया गया है, जिससे आने वाली पीढ़ी अपने असली नायकों से परिचित हो सके। अमर राजा शंकरशाह और कुंवर रघुनाथ शाह की वीरता को पहुंचाने और उनकी स्मृतियों को सहेजने के लिए जबलपुर में राजा शंकर शाह और कुंवर रघुनाथ शाह स्वतंत्रता संग्राम सेनानी संग्रहालय का निर्माण कराया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हम न केवल अपनी विरासत को सहेज रहे हैं, बल्कि आने वाले भारत के निर्माण में जनजातीय समाज की समान भागीदारी सुनिश्चित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 के "विकसित और आत्मनिर्भर भारत" के लिए "विकसित और आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश" का जो स्वप्न हम देख रहे हैं, वह आपके बिना पूरा नहीं होगा। आप सबकी भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए हम कोई कमी नहीं रखेंगे। जब तक आप सभी जनजातीय भाई-बहन सशक्त और स्वावलंबी नहीं होगे तब तक मध्यप्रदेश की प्रगति अधूरी है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हमारी सरकार जनजातीय समुदाय को मान-सम्मान और अधिकार सबकुछ लौटा रही है। पेसा कानून देकर हमने आपको मजबूत किया है। वन अधिकार अधिनियम ने लगभग 3 लाख परिवारों को सशक्त किया है। सरकार बनते ही तेंदूपत्ता संग्रहण राशि 3 हजार रुपए प्रति मानक बोरा से बढ़ाकर 4 हजार रुपए प्रति मानक बोरा कर दी। वनोपज सहकारी समितियां आपके अधिकारों की संरक्षक बनी हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मोटा अनाज (श्रीअन्न) उत्पादन में किसान भाईयों की बड़ी भूमिका है। प्रदेश को मिलेट केपिटल बनाने का सपना आप सबकी मेहनत से ही पूरा होगा। नौजवान हमारा भविष्य है, यह निवेश और रोजगार वर्ष आपके भविष्य के लिए है। प्रदेश में आपकी शिक्षा और रोजगार लिए योजनाएं संचालित हैं। जनजातीय वर्ग के लिए स्कूल शिक्षा से लेकर विदेश अध्ययन तक की व्यवस्था हम कर रहे हैं। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी से लेकर रोजगार और स्व-रोजगार तक विशेष सहायता और छूट की योजनाएं हैं। बहनों के स्वास्थ्य और स्वावलंबन के लिए प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में कई योजनाएं और अभियान चलाए जा रहे हैं, इनका लाभ लें। आहार अनुदान योजना से लेकर सिकलसेल मिशन तक आपके पोषण और स्वास्थ्य के लिए हैं। सिकल सेल उन्मूलन अभियान में मध्यप्रदेश अग्रणी है, इस अभियान के क्रियान्वयन में बड़वानी ने अत्यंत प्रशंसनीय काम किया है। उन्होंने कहाकि हमारी सरकार जनजातीय समाज के सम्मान और सशक्तिकरण के लिए हर क्षण, हर पल, हर दिशा में काम कर रही है।
मुख्यमंत्री ने प्रबुद्धजन से किया संवाद, नागरिकों ने पुष्प वर्षा कर किया आत्मीय स्वागत
मुख्यमंत्री डॉ. यादव के ग्राम मोरतलई में कार्यक्रम स्थल पहुँचने तक ग्रामीणों ने पुष्प वर्षा कर आत्मीय स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने भी ग्रामीणों का अभिवादन करते हुए उन्हें जनजातीय गौरव दिवस की शुभकामनाएं दी। कार्यक्रम स्थल पर लगी विकास प्रदर्शनी के अवलोकन के दौरान जनजातीय बहनों के साथ मुख्यमंत्री ने सेल्फी ली। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कार्यक्रम में आए जनजातीय समुदाय के पुजारों से संवाद कर क्षेत्र के विकास संबंधी चर्चा की। साथ ही जनजातीय संस्कृति को बढ़ावा देने में उनके योगदान के लिए 10-10 हजार रूपये की प्रोत्सहान राशि देने की घोषणा की।
सांसद गजेंद्र सिंह पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने भगवान बिरसा मुंडा की जयंती 15 नवंबर को "जनजातीय गौरव दिवस" के रूप में घोषित किया है। इसके लिए जनजातीय बंधु उनके आभारी हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव प्रदेश के हर जिले को अनेक सौगातें दे रहे हैं। उन्होंने पानसेमल और बारला सिंचाई परियोजना के विस्तार को स्वीकृति प्रदान करने की बात कही।
राज्यसभा सदस्य डॉ. सुमेर सिंह सोलंकी ने जनजाति गौरव दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई देते हुए कहा कि जनजातीय समुदाय प्रकृति और संस्कृति के संरक्षक है। भारतीय सभ्यता की नींव में जनजातीय समाज का अमूल्य योगदान रहा है। यह समुदाय अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, प्रकृति के साथ सामंजस्यपूर्ण जीवन शैली और शौर्यपूर्ण इतिहास के लिए जाना जाता है। देश के जल, जंगल और जमीन की रक्षा में इनका त्याग और बलिदान अद्वितीय है। जनजातीय संस्कृति ने हमें सामूहिक स्वामित्व, सह-अस्तित्व और पर्यावरण के संरक्षण का पाठ पढ़ाया है।
पानसेमल विधायक श्याम सिंह बर्डे ने स्वागत उद्बोधन में कहा कि सिकल सेल एनीमिया रोग का इलाज आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत किया जाए। कार्यक्रम में कौशल विकास एवं रोजगार राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं बड़वानी जिले के प्रभारी मंत्री गौतम टेटवाल, अनूसूचित जनजाति आयोग के राष्ट्रीय अध्यक्ष अंतरसिंह आर्य, जिला पंचायत अध्यक्ष बलवंत पटेल, पूर्व मंत्री प्रेमसिंह पटेल, नंदकिशोर पाटीदार, सुभाष पटेल सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं जनजातीयजन उपस्थित थे।
महंगाई की मार और कम वेतन: नीमराना में श्रमिकों ने कंपनी गेट पर डाला डेरा
23 अप्रैल को पहला चरण: योगी, शाह और फडणवीस की रैलियों से बंगाल में बढ़ेगी तपिश
अमेरिकी बाजार में भारत का जलवा; 40 फीसदी स्मार्टफोन सप्लाई कर चीन को पछाड़ा
रोहन ठक्कर संग फेरे लेंगी अंशुला कपूर; बोनी कपूर ने लिखा इमोशनल नोट
मिशन ग्रीन इंदौर: 15 जून से शुरू होगा वन विभाग का विशाल पौधरोपण अभियान
वोटर लिस्ट में गड़बड़ी का आरोप: राउज एवेन्यू कोर्ट में सोनिया गांधी के खिलाफ याचिका पर बहस आज
रिकॉर्ड पूंजी संग्रहण: इक्विटी और ऋण बाजारों ने जुटाए 154 अरब डॉलर
ईद और दिवाली दोनों मनाती हैं चाहत खन्ना, धर्म परिवर्तन के विवादों पर दिया जवाब
महायज्ञ पर 55 कैमरों की नजर; सुरक्षा के लिए प्रशासन ने बिछाया सीसीटीवी का जाल
