मध्य प्रदेश
बैंगलुरू टेक समिट में प्रदर्शति हुआ टियर-2 टेक्नोलॉजी इको सिस्टम
20 Nov, 2025 09:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : राज्य सरकार ने बेंगलुरु इंटरनेशनल एग्जीबिशन सेंटर (बीआईईसी) में आयोजित बेंगलुरु टेक समिट (बीटीसी) 2025 में उल्लेखनीय भागीदारी दर्ज की।बीटीसी- 2025 में विशेष प्रदर्शनी मंडप से राज्य की तेजी से विकसित होती टेक्नोलजी ईकोसिस्टम और भारत के प्रमुख टियर-2 इनोवेशन हब के रूप में मध्यप्रदेश की स्थिति को प्रभावशाली रूप से प्रदर्शित किया गया।
विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के मध्यप्रदेश स्टेट इलेक्ट्रॉनिक्स डेवलपमेंट कॉरपोरेशन ने मध्यप्रदेश मंडप हॉल 3, बूथ एचएस 17 में स्थापित किया। मंडप में प्रदेश की समग्र नीति व्यवस्था को विशेष रूप से प्रदर्शित किया गया।मंडप ने वैश्विक कंपनियों, टेक्नोलॉजी लीडर्स और तेजी से बढ़ते स्टार्टअप्स का ध्यान विशेष रूप से आकर्षित किया। प्रदर्शनी में पहुंचे उद्योग प्रतिनिधियों ने राज्य में निवेश अवसरों का आकलन किया और भारत की डिजिटल अर्थव्यवस्था के अंतर्गत प्रदेश में नए अवसरों पर विचार विमर्श किया।
मंडप में प्रमुख रूप से ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर (GCC) पॉलिसी 2025, ड्रोन प्रमोशन और उपयोग पॉलिसी 2025, AVGC-XR पॉलिसी 2025, सेमीकंडक्टर पॉलिसी 2025 और IT, ITES & ESDM निवेश संवर्धन पॉलिसी 2023 प्रदर्शित की गईं। इन नीतियों का उद्देश्य राज्य को सूचना प्रौद्योगिकी सेवाओं, ईएसडीएम और सेमीकंडक्टर निर्माण, डेटा सेंटर,जीसीसी, एवीजीसी-एक्सआर स्टूडियोज और ड्रोन तकनीक के लिए एक प्रमुख और आकर्षक निवेश केंद्र बनाना है। इन प्रगतिशील नीतियो की सहायता और मिशन-आधारित प्रशासनिक दृष्टिकोण से मध्यप्रदेश भारत का अग्रणी टेक्नोलॉजी हब बन रहा है।
मंडप में मध्यप्रदेश के तेजी से बढ़ते तकनीकी परिदृश्य को भी प्रस्तुत किया गया जो 15 से अधिक आईटी पार्क, 6 आईटी एसईजेड, 2000 से अधिक आईटी और ईएसडीएम इकाइयां, 1200 से अधिक टेक-स्टार्टअप्स और 2 लाख से अधिक प्रत्यक्ष रोजगार से सशक्त है। इंदौर, भोपाल, ग्वालियर और जबलपुर में कई बड़ी कंपनियों का विस्तार और 50 से अधिक बड़ी आईटी कंपनियों का संचालन राज्य को एक मजबूत निवेशक-अनुकूल वातावरण प्रदान करता है। मंडप ने इस टियर-2 विकास की कहानी को प्रभावशाली रूप से प्रस्तुत किया, जो उद्योग प्रतिनिधियों के लिए अत्यंत आकर्षक रही।
राज्य प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व अवंतिका वर्मा, अधिकारी-इन-चार्ज, निवेश संवर्धन, MPSEDC, राजा पंचाल, टीम लीड, एमपीएसईडीसी और निवेश संवर्धन टीम ने किया। समिट के दौरान मंडप ने इंफोसिस, टीसीएस, इम्पेटस, एक्स-ईबिया,हिताची, डीएक्ससी, टेक महिंद्रा, डब्ल्यूएनएस, टास्कयूएस, यश टेक्नोलॉजीज, एजिस, इंफोबीन्स, पर्सिस्टेंट, सिविया, कॉन्साइल, इन्क्चर, आरटेक, रेनेसाँ सॉफ्ट लैब्स, एचएलबी टेक, इंफोग्लोबल, न्यूजटेक फ्यूज और लिमिन्डो जैसी प्रमुख कंपनियों के टेक-लीडर्स के साथ संवाद किया। इन संवादों में डेटा सेंटर विस्तार, सेमीकंडक्टर और ईएसडीएम निर्माण, इंजीनियरिंग आरएंडडी जीसीसी एआई और क्लाउड तकनीक ड्रोन-टेक सॉल्यूसन और एवीजीसी-एक्सआर इनोवेशन हब के रूप में विकसित किये जाने में गहरी रुचि दिखाई दी। इससे यह स्पष्ट हुआ कि उद्योग जगत मध्यप्रदेश को नए निवेश और प्रौद्योगिकी सहयोग के लिए एक महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में देख रहा है।
इस अवसर पर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के अपर मुख्य सचिव श्री संजय दुबे ने कहा कि मध्यप्रदेश एक फ्यूचर रैडी इनोवेशन परिदृश्य तैयार कर रहा है, जिसमें मजबूत बुनियादी ढांचा, प्रगतिशील नीतियां और विश्व स्तर की कंपनियों के लिए भरपूर अवसर मौजूद हैं। बेंगलुरु टेक समिट में हमारी उपस्थिति राज्य की तकनीकी निवेश क्षमता को और मजबूत करती है।
बेंगलुरु टेक समिट 2025 में भागीदारी ने राज्य को भारत के सबसे निवेश- योग्य, नवाचार-संचालित और प्रगतिशील तकनीकी हब के रूप में स्थापित किया है। राज्य की प्रदर्शनी ने टियर-2 शहरों की ताकत, नीतिगत उत्कृष्टता और उद्योग सहयोग की क्षमता को उजागर किया, जो मध्यप्रदेश को भारत और वैश्विक स्तर पर निवेश और नवाचार के लिए प्रमुख आकर्षण केंद्र बनाता है।
शहीद आशीष शर्मा का सम्मान, CM मोहन यादव ने कंधा दिया, मंत्री-अफसर हुए भावुक
20 Nov, 2025 09:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मध्य प्रदेश | छत्तीसगढ़ में नक्सलियों से मुठभेड़ में शहीद हुए मध्य प्रदेश पुलिस के इंस्पेक्टर आशीष शर्मा का आज नरसिंहपुर में उनके पैतृक गांव गृहग्राम बोहानी के मुक्तिधाम में राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार कर दिया गया। बता दें कि जब जवान के पार्थिव देह को चिता तक ले जाया गया तो एमपी के सीएम डॉ. मोहन यादव ने अर्थी को कंधा दिया। शहीद को अंतिम विदाई देने 5000 से ज्यादा लोग पहुंचे थे। हर तरफ भारत माता की जय और आशीष अमर रहे के नारे गूंज सुनाई दी।
सीएम से लेकर कई मंत्री-विधाक पहुंचे शहीद के घर
शहीद के अंतिम संस्कार में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, पंचायती एंव कृषि मंत्री प्रहलाद पटेल और शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह भी पहुंचे। वहीं कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने भी शहीद जवान को श्रद्धांजलि दी। इसके अलावा एमपी पुलिस के कई सीनियर अफसरों ने भी जवान को नम आंखों से अंतिम विदाई दी। बता दें कि हॉक फोर्स के 200 जवान भी अंतिम यात्रा में शामिल हुए थे।
सीएम मोहन यादव की बड़ी घोषणा
वहीं सीएम मोहन यादव ने आशीष शर्मा को X पर श्रद्धांजलि देते हुए लिखा- छत्तीसगढ़ में नक्सलियों के खिलाफ संयुक्त अभियान के दौरान नरसिंहपुर जिले के वीर जवान श्री आशीष शर्मा के वीरगति को प्राप्त होने का अत्यंत दुखद समाचार मिला है। इस शोक की घड़ी में सरकार शोकाकुल परिवार के साथ खड़ी है। शहीद जवान के छोटे भाई को शासकीय सेवा में लिया जाएगा तथा परिवार को शासन की नीति के अनुरूप सभी सुविधाएं और सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। नक्सलवाद के खिलाफ हमारी निर्णायक कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।
‘मैं भी बाघ’, ‘हम हैं बदलाव, ‘हम हैं धरती के दूत’ की थीम पर होंगे ‘अनुभूति’ शिविर
20 Nov, 2025 09:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : ‘मैं भी बाघ’, ‘हम हैं बदलाव, ‘हम हैं धरती के दूत’की थीम पर आधारित वन विभाग के फ्लैगशिप कार्यक्रम ‘अनुभूति’ का आयोजन 15 दिसंबर 2025 से 31 जनवरी 2026 की अवधि मे परिक्षेत्र स्तर पर किया जाना प्रस्तावित है। प्रत्येक वन परिक्षेत्र के साथ राष्ट्रीय उद्यान, अभयारण्य एवं बफर क्षेत्रों में भी विद्यार्थियों को शिविर में शामिल किया जायेगा। वर्ष 2025-26 में प्रदेश के 469 क्षेत्रीय एवं वन्य प्राणी वन परिक्षेत्रों में स्थित शासकीय विद्यालयों में (प्रति परिक्षेत्र 02 शिविर) 938 अनुभूति शिविरों का आयोजन किया जायेगा। प्रत्येक शिविर मे 126 प्रतिभागी सम्मिलित होंगे। अनुभूति कार्यक्रम में एकरूपता के लिये विगत वर्ष के प्रशिक्षित मास्टर ट्रेनर्स को एक दिन का प्रशिक्षण आयोजित किया गया।
अनुभूति शिविरों में विद्यार्थियों को वन, वन्यप्राणी एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति संवेदनशील बनाने के लिये प्रतिवर्ष ‘प्रशिक्षण सह जागरूकता’ प्रशिक्षण दिया जाता है। यह प्रदेश ही नहीं पूरे देश में आयोजित होने वाला एकमात्र कार्यक्रम है, जिसमें विद्यार्थियों एवं उनके माध्यम से परियोजनों और समाज को वन एवं वन्य जीव संरक्षण के लिये प्रेरित एवं जागरूक किया जाता है। अनुभूति शिविरों के लिये उन विद्यालयों का चयन किया जाता है, जो वन क्षेत्रों के समीप स्थित हों। कार्यक्रम के माध्यम से वन क्षेत्रों से लगे जन समुदाय को वन एवं वन्यजीव संरक्षण के लिये प्रेरित करने में वन विभाग सफल रहा है।
अनुभूति कार्यक्रम के आयोजन का उद्देश्य देश के नागरिकों को वन, वन्यजीव एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति संवेदनशील बनाकर सहभागिता के लिये प्रेरित जाता है। अनुभूति शिविरों में विद्यार्थियों को विभाग एवं विभागीय अधिकारियों के कार्यों, उत्तरदायित्वों एवं चुनौतियों से विद्यार्थियों से भी अवगत कराया जाता है।
अनुभूति शिविरों के लिए 46 मास्टर ट्रेनर्स (20 अशासकीय एवं 26 शासकीय) को प्रशिक्षित किया गया। मास्टर ट्रेनर प्रशिक्षण कार्यक्रम में वन विभाग के अपर मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल, श्री. व्ही. एन. अम्बाडे, प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वन बल प्रमुखशुभ रंजन सेन, प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्यजीव) पुरषोतम धीमान, प्रधान मुख्य वन संरक्षक (विकास) डॉ. समिता राजोरा, राज्य लघु वनोपज संघ के एमडी मनोज कुमार अग्रवाल, प्रधान मुख्य वन संरक्षक (कैम्पा) श्रीमती बिन्दु शर्मा, प्रधान मुख्य वन संरक्षक (उत्पादन) बसवराज अन्निगेरी, अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वित्त/बजट) श्रीमती कमलिका मोहन्ता, अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक (प्रशासन 2) एल कृष्णमूर्ति, म.प्र. ईकोपर्यटन विकास बोर्ड के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अजय कुमार यादव, अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक (सतर्कता/शिकायत) हरीशंकर मोहन्ता, अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक (भू-प्रबंध) पुष्कर सिंह, से.नि. प्रधान मुख्य वन संरक्षक एस.एस. राजपूत, से.नि. प्रधान मुख्य वन संरक्षक अशोक कुमार, मुख्य वन संरक्षक, नर्मदापुरम श्रीमती राखी नंदा, क्षेत्र संचालक सतपुड़ा टाइगर रिजर्व स्वरूप दीक्षित, म.प्र. ईकोपर्यटन विकास बोर्ड के उप वन संरक्षक लोकप्रिय भारती, वनमंडलाधिकारी (सामान्य) वनमण्डल भोपाल म.प्र. ईकोपर्यटन विकास बोर्ड के उप वन संरक्षक संदेश माहेश्वरी और म.प्र. ईकोपर्यटन विकास बोर्ड के सहायक महाप्रबंधक सुनील पंद्रे उपस्थित रहे।
इस वर्ष 2025-26 मे अनुभूति कार्यक्रम ‘मैं भी बाघ’, ‘हम हैं बदलाव, ‘हम हैं धरती के दूत’की थीम पर आयोजित की जा रही है। थीम लोगो एवं थीम सोंग का प्रस्तुतिकरण किया गया। इसके साथ ही अनुभूति कार्यक्रम वर्ष 2024-25 की एक संकलित रिपोर्ट एवं थीम पर आधारित अनुभूति पुस्तिका 2025-26 का विमोचन अपर मुख्य सचिव वन विभाग द्वारा किया गया। अनुभूति कार्यक्रम वर्ष2024-25 की फिल्म का भी प्रस्तुतिकरण किया गया।
MP Schools: शिक्षा विभाग का बड़ा आदेश, बच्चों को मिली स्वेटर पहनने की सुविधा
20 Nov, 2025 09:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल | मध्य प्रदेश में कड़ाके की ठंड का दौर जारी है. कई शहरों में न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस के नीचे चल रहा है. लोग स्वेटर-जैकेट के साथ अलाव तापने को मजबूर हो रहे हैं. सुबह-सुबह स्कूल जाने वाले छात्र-छात्राओं को भी भीषण ठंड का सामना करना पड़ रहा है. अलग-अलग जिलों के कलेक्टर्स ने स्कूल के समय में बदलाव कर दिया है, ताकि बच्चों को हाड़ कंपाने वाली सर्दी से निजात मिल सके. अब शिक्षा विभाग का एक आदेश दिया है, जिससे स्कूली बच्चों को बड़ी राहत मिली है |
किसी भी रंग की स्वेटर पहन सकेंगे छात्र
सर्दी से बचाव के लिए छात्र-छात्राएं अब यूनिफॉर्म के ऊपर किसी भी रंग और डिजाइन के स्वेटर या जैकेट पहन सकेंगे. किसी प्रकार की रोक नहीं होगी. कोई छात्र-छात्राएं यूनिफॉर्म नहीं पहन पाता तो भी उसे क्लास से बाहर नहीं रोका जाएगा या प्रवेश करने से नहीं रोका जाएगा. इसके साथ ही विद्यालयों में क्लास के बाहर जूते-चप्पल उतारने की पुरानी बाध्यता पूरी तरह खत्म कर दी गई है. अब छात्र-छात्राएं जूते-चप्पल पहने हुए ही कक्षा में जा सकेंगे|
शिक्षा विभाग ने जारी किया आदेश
आदेश मध्य प्रदेश लोक शिक्षण संचालनालय द्वारा जारी किया गया है. आदेश प्रदेश के सभी जिला शिक्षा अधिकारियों और जनजातीय कार्य विभाग के जिला सहायक आयुक्त को विद्यालयों में विद्यार्थियों के गणवेश प्रोटोकॉल को सर्दी के मौसम में प्रतिंबंधित करने के संबंध में आदेश दिया गया. विभाग ने तर्क दिया है कि ठंड के मौसम में जूते-चप्पल उतारने से पैरों में ठंडक पहुंचती है, जिससे सर्दी-जुकाम सहित कई स्वास्थ्य समस्याएं हो सकती हैं. ये आदेश सरकारी और प्राइवेट दोनों स्कूलों में लागू होगा|
डिजिटल डिग्री वेरीफिकेशन विद्यार्थी हित की सार्थक पहल : राज्यपाल पटेल
20 Nov, 2025 09:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा है कि डिजिटल डिग्री वेरीफिकेशन पोर्टल उच्च शिक्षा की बेहतरी की दिशा में ऐतिहासिक क़दम है। पोर्टल, विद्यार्थी हित की सार्थक पहल है। राज्यपाल पटेल ने कहा कि विश्वविद्यालय के शैक्षणिक गतिविधियों में तकनीकी नवाचार से विद्यार्थियों को वेरीफिकेशन की जटिल प्रक्रिया से राहत मिलेगी। रोज़गार और प्लेसमेंट आदि ज़रूरी प्रक्रियाएं सुरक्षित रूप में सरलता और शीघ्रता से हो सकेगी।
राज्यपाल पटेल ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा उच्च शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे विशेष नवाचार सराहनीय है। उन्होंने पोर्टल के माध्यम से डिग्री वेरिफ़िकेशन प्रक्रिया को समझा। स्वयं रेंडम परीक्षण किया। पोर्टल को सफलतापूर्वक लोकार्पित करने के लिए समस्त विश्वविद्यालय प्रबंधन को बधाई दी। राज्यपाल पटेल ने गुरुवार को बरकतउल्लाह विश्वविद्यालय भोपाल के डिजिटल डिग्री वेरीफिकेशन पोर्टल का वन क्लिक से शुभारंभ किया। कार्यक्रम का आयोजन राजभवन में किया गया था।
राज्यपाल के प्रमुख सचिव डॉ. नवनीत मोहन कोठारी, विश्वविद्यालय के कुलगुरू सुरेश कुमार जैन, अपर सचिव उमाशंकर भार्गव, कुल सचिव अनिल शर्मा और अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव की अनूठी पहल, पर्यटन को मिली नई उड़ान
20 Nov, 2025 09:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अनूठी पहल पर मध्यप्रदेश ने हवाई पर्यटन के क्षेत्र में एक गौरवशाली अध्याय आरंभ किया है। प्रदेश में एयर कनेक्टिविटी को सुदृढ़ कर पर्यटकों की संख्या में वृद्धि करने के उद्देश्य से मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड द्वारा ‘पीएमहेली पर्यटन सेवा’ का संचालन गुरुवार, 20 नवंबर से विधिवत शुरू हो गया है। परंपरागत गाजे-बाजे, उत्साह, रंगों और स्थानीय जनता के गर्मजोशी भरे स्वागत के साथ यह सेवा शुरू हुई, जिसने पूरे प्रदेश में एक उत्सव जैसा माहौल बना दिया। यह सेवा अब नियमित रूप से संचालित होकर मध्यप्रदेश के पर्यटन को एक नई दिशा और तीव्र गति प्रदान करेगी।
पहली उड़ान: एक ऐतिहासिक पल
पहले दिन तीन सेक्टरों में शेड्यूल के अनुसार हेलीकाप्टर ने भोपाल से मढ़ई और मढ़ई से पचमढ़ी के लिए उड़ान भरी। इंदौर से उज्जैन एवं ओंकारेश्वर और जबलपुर से कान्हा तथा बांधवगढ़ के बीच हेली सेवा संचालित हुई, जिसका जनप्रतिनिधियों और महंतों ने आनंद लिया।
पर्यटन, संस्कृति एवं धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेंद्र भाव सिंह लोधी ने कहा कि यह सेवा आध्यात्मिक, प्राकृतिक और वन्यजीव पर्यटन को एक तेज, सुगम और किफायती हवाई मार्ग प्रदान करेगी। यह नया हेली नेटवर्क न केवल यात्रियों का बहुमूल्य समय बचाएगा, बल्कि प्रदेश में रोजगार और निवेश को भी बढ़ावा देगा।
अपर मुख्य सचिव पर्यटन, संस्कृति, गृह और धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व तथा प्रबंध संचालक, मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड शिव शेखर शुक्ला ने कहा कि ‘पीएमहेली पर्यटन सेवा’ प्रमुख धार्मिक, प्राकृतिक, सांस्कृतिक और वन्यजीव स्थलों को जोड़ने का अभिनव प्रयास है। किफायती किराए और कम समय में गंतव्य तक पहुंचना इस सेवा को पर्यटकों के लिए अत्यंत आकर्षक बनाएगा। यह हाई-वैल्यू और आध्यात्मिक पर्यटन को नई दिशा देगा और घरेलू व अंतर्राष्ट्रीय पर्यटकों की संख्या में वृद्धि सुनिश्चित करेगा।
भोपाल से प्रकृति के आंचल में
भोपाल से मढ़ई के लिए सांसद दर्शन सिंह चौधरी, राज्यसभा सांसद माया सिंह नारोलिया, प्रीति शुक्ला, योगेंद्र राजपूत और संदेश पुरोहित ने यात्रा की। मढ़ई से पचमढ़ी तक की उड़ान में इनके साथ पिपरिया विधायक ठाकुर दास नागवंशी और सोहागपुर विधायक विजय पाल सिंह भी जुड़े।
इंदौर से पवित्र तीर्थों की यात्रा
पीएमहेली पर्यटन सेवा का इंदौर में भक्तिमय वातावरण में शुभारंभ हुआ। सेवा के प्रथम चरण में इंदौर से उज्जैन स्थित बाबा महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग तथा उज्जैन से ओंकारेश्वर तक हेलीकॉप्टर से धार्मिक यात्रा प्रारंभ हुई। बिचोली मर्दाना स्थित हेलीपैड से भक्ति भाव से परिपूर्ण और उत्साहपूर्ण वातावरण में यात्रियों का पहला दल रवाना हुआ। यात्रियों के पहले दल को जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने झंडी दिखाकर महाकाल की नगरी उज्जैन के लिए रवाना किया। मंत्री सिलावट ने कहा कि यह पर्यटन सेवा धार्मिक पर्यटन का नया अध्याय है।
इंदौर से उज्जैन और ओंकारेश्वर के इस आध्यात्मिक सर्किट की मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की इस पहल की साधु-संतों और श्रद्धालुओं ने खुलकर प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि यह सेवा बड़ी संख्या में आने वाले तीर्थयात्रियों को सुविधा, समय की बचत और सुरक्षित यात्रा का नया अनुभव प्रदान करेगी। पर्यटकों ने भी इसे धार्मिक पर्यटन के क्षेत्र में अत्याधुनिक कदम बताते हुए कहा कि इससे प्रदेश की पहचान राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर और अधिक मजबूत होगी।
यात्रियों के प्रथम दल में विधायक रमेश मेंदोला, महेंद्र हार्डिया, सुमित मिश्रा, श्रवण चावड़ा, मीडिया कर्मी सहित अन्य श्रद्धालु शामिल हुए। हेली सेवा से उज्जैन पहुंचने पर यात्रियों का पुष्पवर्षा से परंपरागत स्वागत किया गया। उज्जैन में आयोजित 10 मिनट की जॉय-राइड में महंत आनंद पुरी जी, महंत मंगल दास जी, महंत रामेश्वर गिरी जी और महंत डॉ. रामेश्वर दास जी सम्मिलित हुए।
जबलपुर से वन-संपदा तक
जबलपुर के अनिल तिवारी और ओमनारायण दुबे ने कान्हा और बांधवगढ़ की प्राकृतिक सुंदरता को निहारा। शेड्यूल के अनुसार जबलपुर से अमरकंटक की सेवा का संचालन 21 नवंबर से प्रारंभ होगा। जबलपुर से मैहर और चित्रकूट तक आवागमन के लिए भी हेली सेवा का लाभ पर्यटक ले सकेंगे।
सेक्टरवार प्रमुख सुविधाएं
धार्मिक सेक्टर : इंदौर–उज्जैन 20 मिनट में, उज्जैन–ओंकारेश्वर 40 मिनट में, ओंकारेश्वर–इंदौर 25 मिनट में पहुंचा जा सकेगा। इको टूरिज्म सेक्टर : भोपाल–मढ़ई–पचमढ़ी तक तेज कनेक्टिविटी। भोपाल–मढ़ई 40 मिनट में, मढ़ई–पचमढ़ी 20 मिनट में और सीधी उड़ान: भोपाल–पचमढ़ी 60 मिनट में होगी पूरी। वाइल्डलाइफ़ सेक्टर : जबलपुर–मैहर 60 मिनट में, मैहर–चित्रकूट 30 मिनट में, चित्रकूट–मैहर 30 मिनट में, जबलपुर–बांधवगढ़ 45 मिनट में और जबलपुर–अमरकंटक 60 मिनट में पहुंचा जा सकेगा।
आसान बुकिंग
पर्यटक www.flyola.in, https://air.irctc.co.in/flyola और https://transbharat.in/ पर ऑनलाइन बुकिंग कर सकते हैं।
MP के जजों के लिए राहत! सुप्रीम कोर्ट ने रिटायरमेंट उम्र बढ़ाकर 61 साल की
20 Nov, 2025 08:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल | सुप्रीम कोर्ट ने मध्य प्रदेश के न्यायिक अधिकारियों को बड़ी राहत दी है. गुरुवार (20 नवंबर 2025) को कोर्ट ने अंतरिम आदेश में इन अधिकारियों की रिटायरमेंट की उम्र 60 साल से बढ़ाकर 61 साल कर दी. अब जिला अदालतों के जज 61 साल की उम्र में रिटायर होंगे. यह फैसला चीफ जस्टिस बीआर गवई, जस्टिस प्रसन्ना बी वराले और जस्टिस के विनोद चंद्रन की बेंच ने दिया. बेंच ने तेलंगाना हाईकोर्ट के एक पुराने फैसले का हवाला दिया, जहां इसी तरह की राहत दी गई थी. कोर्ट ने पूछा कि जब राज्य सरकार तैयार है और कोई कानूनी अड़चन नहीं है, तो न्यायिक अधिकारियों को यह फायदा क्यों नहीं मिलना चाहिए? कोर्ट ने कहा कि न्यायिक अधिकारी और राज्य सरकार के दूसरे कर्मचारी दोनों का वेतन एक ही सरकारी खजाने से आता है. राज्य के बाकी कर्मचारियों की रिटायरमेंट उम्र पहले ही 62 साल है. हाईकोर्ट के जज 62 साल में रिटायर होते हैं, इसलिए जिला जजों के लिए 61 साल रखना ठीक रहेगा. इससे दोनों के बीच एक साल का फर्क बना रहेगा|
यह मामला मध्य प्रदेश जज एसोसिएशन की याचिका पर चल रहा था. एसोसिएशन ने मांग की थी कि रिटायरमेंट उम्र बढ़ाई जाए, क्योंकि पहले हाईकोर्ट ने इससे इनकार कर दिया था. 27 अक्टूबर को सुप्रीम कोर्ट ने राज्य सरकार और हाईकोर्ट से जवाब मांगा था. उससे पहले 26 मई को कोर्ट ने कहा था कि उम्र 61 साल करने में कोई कानूनी समस्या नहीं है|
हालांकि मध्य प्रदेश हाईकोर्ट की तरफ से वरिष्ठ वकील गोपाल शंकरनारायणन ने उम्र बढ़ाने का विरोध किया. उन्होंने कहा कि ऐसा करना ठीक नहीं होगा. लेकिन बेंच ने अंतरिम राहत देते हुए कहा कि जब तक अंतिम फैसला नहीं होता, न्यायिक अधिकारियों को 61 साल तक काम करने की इजाजत दी जाए. अब इस याचिका पर अंतिम सुनवाई चार हफ्ते बाद होगी. इस अंतरिम आदेश से मध्य प्रदेश के सैकड़ों न्यायिक अधिकारियों को फायदा होगा. वे एक साल ज्यादा नौकरी कर सकेंगे. यह फैसला न्यायिक सेवा में अनुभवी लोगों को बनाए रखने के लिए अच्छा माना जा रहा है. इससे अदालतों में जजों की कमी भी कुछ हद तक कम हो सकती है. कुल मिलाकर, सुप्रीम कोर्ट ने न्यायिक अधिकारियों और सरकारी कर्मचारियों के बीच भेदभाव खत्म करने की दिशा में कदम उठाया है|
मध्यप्रदेश की अनोखी पहल! ₹5 में मिलता है पूरा भोजन, रोटी, सब्जी, अचार और सलाद
20 Nov, 2025 06:05 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मध्य प्रदेश | खाना हमारी दैनिक जीवन में आवश्यक पोषक तत्वों की कमी को पूरा करता है. प्रोटीन, कार्बोहाइड्रेट्स, विटामिन और फाइबर समेत स्वादभरी थाली के लिए सभी के लिए जरूरी होती है. आपसे कोई पूछे संपूर्ण आहार से भरी थाली आपको कितने रुपये में मिलेगा? ज्यादातर लोगों का जवाब होगा, 100 से 150 रुपये. थाली में अनलिमिटेड खाने की बात करें तो इसकी कीमत 250 से 300 रुपये तक पहुंच जाती है. यदि कोई कहे स्वाद से भरा, पोषक तत्वों से युक्त और अनलिमिटेड खाना आपको 5 रुपये में मिल जाए, तो आप विश्वास करेंगे?
एमपी सरकार की शानदार योजना
मध्य प्रदेश सरकार की दीनदयाल योजना के तहत प्रदेश के जरूरतमंदों को 5 रुपये की दर से भोजन दिया जाता है. राज्य के शहरी क्षेत्रों में व्यवसाय और श्रम कार्यों के सिलसिले में ग्रामीण क्षेत्रों से जरूरतमंद परिवार आते हैं. नगरीय निकायों द्वारा इनके ठहरने और किफायती दर पर भोजन व्यवस्था के प्रयास किये जा रहे हैं. वर्तमान में 166 स्थायी रसोई केंद्र में से 16 नगर निगमों में 58 रसोई केंद्र और 99 नगर पालिका परिषद में 99 रसोई केंद्र और 9 नगर परिषदों में 9 रसोई केंद्र संचालित हो रहे हैं. इसके साथ ही 25 चलित रसोई केंद्र में से 16 नगर निगमों में 23 और 2 नगर पालिका परिषद में 2 चलित रसोई केन्द्र संचालित की जा रही हैं|
68 नई रसोई और बनाई जाएंगी
चलित रसोई केंद्र की व्यवस्था इस उद्देश्य से की गई है कि जिन क्षेत्रों में बड़ी संख्या में श्रमिक या मजदूर कार्य कर रहे हैं, उन्हें कार्य स्थल पर ही किफायती दर पर भोजन उपलब्ध कराया जाए. प्रदेश में चलित रसोई केंद्र के वाहनों और उपकरणों की एकरूपता के लिये नगरीय प्रशासन संचालनालय ने सुसज्जित वाहन उपलब्ध कराने की योजना तैयार की है. इसी के साथ दीनदयाल रसोई योजना के लिये नगरीय निकायों को अनुदान राशि भी उपलब्ध कराई जा रही है. योजना के विस्तार के लिये 68 नवीन रसोई घरों के संचालन का प्रस्ताव स्वीकृति के लिये राज्य शासन को भेजा गया है|
6 धार्मिक नगरियों में सुविधा
दीनदयाल रसोई योजना का संचालन नगरीय विकास एवं आवास विभाग द्वारा किया जा रहा है. प्रदेश के 6 धार्मिक शहरों मैहर, चित्रकूट, ओंकारेश्वर, महेश्वर, ओरछा और अमरकंटक में भी बड़ी संख्या में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिये दीनदयाल रसोई योजना का विस्तार किया गया है. नगरीय निकायों द्वारा जरूरतमंदों को दी जाने वाली थाली में परोसे जाने वाले खाने की गुणवत्ता पर भी लगातार निगरानी रखी जा रही है|
कूनो नेशनल पार्क से आई खुशखबरी, पहली भारतीय चीता मुखी ने दिया 5 शावक को जन्म
20 Nov, 2025 05:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
श्योपुर. कूनो नेशनल पार्क (Kuno National Park) से गुरुवार को फिर से खुशखबर (Good news) आई है. यहां पहली भारतीय मादा चीता (first Indian cheetah) मुखी (Mukhi) ने 5 शावकों (5 cubs) को जन्म दिया है. भारत में ही जन्मी 33 महीने की मादा चीता मुखी का मां बनना ‘चीता प्रोजेक्ट’ की बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है.
CM मोहन यादव ने लिखा, ”भारत में जन्मी चीता मुखी ने मध्य प्रदेश के कुनो नेशनल पार्क में पांच बच्चों को जन्म देकर एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है. मां और बच्चे सेहतमंद हैं. यह भारत के चीता रीइंट्रोडक्शन इनिशिएटिव के लिए एक बहुत बड़ी कामयाबी है. 33 महीने की मुखी भारत में जन्मी पहली मादा चीता है और अब बच्चे पैदा करने वाली भारत में जन्मी पहली चीता बन गई है, जो प्रोजेक्ट चीता के लिए एक बड़ी कामयाबी है.
भारत में जन्मी चीता का सफल प्रजनन, भारतीय जगहों पर इस प्रजाति के एडैप्टेशन, हेल्थ और लंबे समय की संभावनाओं का एक अच्छा संकेत है. यह बड़ा कदम भारत में आत्मनिर्भर और जेनेटिकली अलग-अलग तरह के चीतों की आबादी बनाने की उम्मीद को और मजबूत करता है, जिससे देश के कंजर्वेशन के लक्ष्य और आगे बढ़ेंगे.”
MP Congress Update: ब्लॉक अध्यक्ष नियुक्तियों पर गुटबाजी, सूची फिर अटकी
20 Nov, 2025 04:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल | मध्य प्रदेश में कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्षों की नियुक्ति को लेकर नया विवाद सामने आया है. स्थानीय नेताओं और जिला अध्यक्षों के बीच संबंध बेहतर न होने के कारण 1000 से अधिक ब्लॉक अध्यक्षों की नियुक्ति की सूची अटक गई है. जबकि 60 दिनों में सभी ब्लॉक अध्यक्षों की नियुक्ति करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन समय सीमा पार होने के बावजूद अब तक नियुक्तियां नहीं हो पाई हैं. इसी को लेकर कांग्रेस बीजेपी से संगठन में नियुक्तियों पर सवाल खड़े कर रही है|
एमपी कांग्रेस ने ब्लॉक अध्यक्षों की सूची स्थगित कर दी
मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने ब्लॉक अध्यक्षों की सूची एक बार फिर स्थगित कर दी है. यह सूची पचमढ़ी प्रशिक्षण शिविर से पहले जारी होना थी, लेकिन मंदसौर, उज्जैन, खंडवा, खरगोन, देवास ग्रामीण, इंदौर ग्रामीण, आगर मालवा, सतना, सीधी, डिंडोरी, अनूपपुर और धार सहित करीब 12 जिलों में चल रहे सांगठनिक विवादों की वजह से रोक दी गई. यहां जिलाध्यक्षों के चयन पर स्थानीय नेताओं और जिला नेतृत्व के बीच सहमति नहीं बन पाई है. पीसीसी नेताओं का दावा है कि लगभग 90% नाम तय हो चुके हैं और शेष पर सहमति बनते ही सूची जारी कर दी जाएगी. तीन महीने पहले जिलाध्यक्ष नियुक्त किए गए थे और 60 दिन के भीतर ब्लॉक व जिला कार्यकारिणी बनाने के निर्देश दिए गए थे|
इंदौर में पूर्व विधायक ने जताई आपत्ति
इंदौर ग्रामीण में जिलाध्यक्ष विपिन वानखेड़े की सूची पर पूर्व विधायक सत्यनारायण पटेल ने आपत्ति जताई है और उनके समर्थक दिल्ली में विरोध भी कर चुके हैं. खंडवा और खरगोन में पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव की पसंद के नामों को शामिल नहीं किया गया. खंडवा शहर में प्रतिभा रघुवंशी, ग्रामीण में उत्तम पाल सिंह पूरनी और खरगोन में रवि नाईक जिलाध्यक्ष बनाए गए हैं. वहीं मंदसौर में मीनाक्षी नटराजन की पसंद के महेंद्र सिंह गुर्जर को जिलाध्यक्ष बनाया गया है, जिस पर लगातार विरोध जारी है|
जल्द जारी होगी सूचियां – कांग्रेस प्रवक्ता
कांग्रेस नेता और प्रवक्ता भूपेंद्र गुप्ता का कहना है कि सभी सूचियां तैयार हैं और जल्द ही जारी की जाएंगी. साथ ही उन्होंने बीजेपी से सवाल पूछा है कि एल्डरमैन से लेकर निगम मंडलों में नियुक्ति के लिए 2 साल से इंतजार क्यों कराया जा रहा है. गुप्ता का कहना है कि कांग्रेस में पूरी तैयारी है और नियुक्तियां जल्द पूरी हो जाएंगी. उधर ब्लॉक अध्यक्षों की सूची रोकने के मामले में बीजेपी विधायक रामेश्वर शर्मा का कहना है कि यह कांग्रेस का आंतरिक मामला है, लेकिन जब पार्टी में कार्यकर्ता ही नहीं बचे हैं तो ब्लॉक अध्यक्ष बनाया किसे जाएगा|
हालांकि राहुल गांधी ने प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान ही सभी जिला अध्यक्षों को निर्देश दिया था कि ब्लॉक अध्यक्षों की नियुक्ति जल्द की जाए, लेकिन स्थानीय नेताओं के बीच गुटबाजी के कारण प्रक्रिया अटक गई है. अब देखना दिलचस्प होगा कि गुटबाजी के बीच ब्लॉक अध्यक्षों की नियुक्ति कब तक हो पाती है|
BCLL ने शुरू की नई बस सेवा, जानें 8 रेड बसों की रूट और टाइमिंग
20 Nov, 2025 02:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल | एमपी के भोपाल शहर की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने के लिए भोपाल सिटी लिंक लिमिटेड (बीसीएलएल) ने सड़कों पर आठ बसें शुरू कर दी गई हैं। इससे हजारों दैनिक यात्रियों को सीधी सुविधा मिलनी शुरू हो गई है। शुरू की गईं बसें रूट नंबर 413 पर संचालित हो रही हैं, जो कोकता से सैर सपाटा होते हुए नीलबड़ तक यात्रियों को पहुंचाएंगी। रोजाना करीब 3500 यात्रियों को सीधी और सस्ती परिवहन सुविधा मिलने लगी है। बसों का संचालन सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक निरंतर जारी रहेगा।
स्टूडेंट्स के लिए नया लाइफलाइन रूट
इस रूट की खासियत है कि यह कोकता, पिपलानी, प्रभात चौराहा, बोर्ड ऑफिस चौराहा, नूतन कॉलेज, बिट्टन मार्केट, नेहरू नगर चौराहा और सैर सपाटा चौराहा होते हुए नीलबड़ पहुंचता है। इस मार्ग पर कॉलेजों की संख्या अधिक होने के कारण बड़ी संख्या में स्टूडेंट्स को अब यात्रा का सीधा और किफायती विकल्प मिल गया है। एक साल बाद पहली बार बसों का कुल बेड़ा 100 के करीब पहुंचने वाला है। अभी 33 से ज्यादा बसें सीएनजी पर चल रही हैं, जबकि लगभग 50 बसें डीजल संचालित हैं।
कूनो नेशनल पार्क में खुशी की लहर, मादा चीता मुखी ने दिए 5 शावकों को जन्म!
20 Nov, 2025 12:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
Kuno National Park: मध्य प्रदेश के कूनो नेशनल पार्क से बड़ी खुशखबरी सामने आई है. यहां जन्मी मादा चीता ‘मुखी’ ने पाँच शावकों को जन्म दिया है. कूनो राष्ट्रीय उद्यान में मादा चीता और उसके सभी बच्चे स्वस्थ हैं. 33 महीने की उम्र में भारत में जन्मी पहली मादा चीता ‘मुखी’ अब देश में जन्म लेकर प्रजनन करने वाली पहली चीता बन गई है. यह उपलब्धि भारत के चीता संरक्षण कार्यक्रम के लिए एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर मानी जा रही है. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर पोस्ट कर इसे चीता प्रोजेक्ट की बड़ी उपलब्धि बताया है.
सीएम मोहन यादव ने बताई प्रोजेक्ट को बड़ी उपलब्धि
सीएम मोहन यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा कि भारत में जन्मी चीता मुखी ने मध्य प्रदेश के कुनो नेशनल पार्क में पांच बच्चों को जन्म देकर एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है।.मां और बच्चे ठीक हैं. सीएम ने आगे लिखा कि यह भारत के चीता रीइंट्रोडक्शन इनिशिएटिव के लिए एक बहुत बड़ी कामयाबी है. मुखी, 33 महीने की उम्र में भारत में जन्मी पहली मादा चीता, अब बच्चे पैदा करने वाली भारत में जन्मी पहली चीता बन गई है, जो प्रोजेक्ट चीता के लिए एक बड़ी कामयाबी है.
सीएम ने पोस्ट में लिखा कि भारत में जन्मे चीते का सफल प्रजनन, भारतीय जगहों पर इस प्रजाति के एडैप्टेशन, हेल्थ और लंबे समय की संभावनाओं का एक मज़बूत संकेत है. यह बड़ा कदम भारत में आत्मनिर्भर और जेनेटिकली अलग-अलग तरह के चीतों की आबादी बनाने की उम्मीद को और मज़बूत करता है, जिससे देश के कंज़र्वेशन के लक्ष्य और आगे बढ़ेंगे.
रीना बौरासी: मध्य प्रदेश महिला कांग्रेस की नई प्रदेश अध्यक्ष, जानिए उनके बारे में!
20 Nov, 2025 12:26 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
MP News: मध्य प्रदेश महिला कांग्रेस को लंबे इंतजार के बाद प्रदेश अध्यक्ष मिल गया है. कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल ने रीना बौरासी को महिला कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष नियुक्त कर दिया है. बौरासी, विभा पटेल की जगह लेंगी. पटेल इस पद पर साल 2022 से थीं.
पूर्व सांसद की बेटी, सांवेर से लड़ा चुनाव
रीना बौरासी, उज्जैन के पूर्व सांसद प्रेमचंद गुड्डू की बेटी हैं. रीना ने इंदौर जिले में स्थित सांवेर सीट से वर्तमान में कैबिनेट मंत्री तुलसीराम सिलावट के खिलाफ साल 2023 का विधानसभा चुनाव लड़ा था. इस चुनाव में उन्हें हार मिली थी, मात्र 82194 वोट मिले थे. अनुसूचित वर्ग से आने वाली रीना बौरासी ने अपने ग्रेजुएशन और पोस्ट ग्रेजुएशन की शिक्षा इंदौर के सेंट मैरी कॉलेज से पूरी की है.
जीतू पटवारी ने दी बधाई
अविनाश भार्गव को मध्य प्रदेश सेवा दल का मुख्य संयोजक नियुक्त किया गया है. कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने रीना बौरासी और अविनाश भार्गव को बधाई दी है. सोशल मीडिया साइट एक्स पर पोस्ट करके पटवारी ने लिखा कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी की महिला कांग्रेस की अध्यक्ष के रूप में रीना बौरासी सेतिया एवं सेवा दल के मुख्य संयोजक के रूप में अवनीश भार्गव की नियुक्ति पर अनंत बधाई एवं शुभकामनाएं. विश्वास है कि आपके नेतृत्व और प्रयासों से संगठन और अधिक सशक्त, सक्रिय और प्रभावी बनेगा.
मालवा से प्रदेश कांग्रेस के बड़े पद
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी इंदौर के राऊ से हैं. आदिवासी कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष विक्रांत भूरिया रतलाम से ताल्लुक रखते हैं. वहीं विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार धार के रहने वाले हैं. अब रीना बौरासी को महिला कांग्रेस का प्रदेशाध्यक्ष बनाया गया है. कांग्रेस के लगभग सभी बड़े पद पर तैनात नेताओं को संबंध मालवा से है.
MY अस्पताल में एक्सपायरी डेट की बोतल चढ़ी, अधीक्षक डॉक्टर ने कहा- जांच समिति बना दी गई
20 Nov, 2025 11:15 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
इंदौर। इंदौर के एम वाय अस्पताल (MY Hospital, Indore) में भरती एक महिला मरीज को एक्सपायरी डेट की बोतल (Expiry date bottle) चढ़ाने का एक मामला प्रकाश में आया है। महिला के पति ने पूरी घटना बताई महिला के पति सागर सिंह ने एक्सपायरी डेट की बोतल चढ़ाई जाने की बात मीडिया से कहते हुए यह भी बताया कि पेट में गंदा पानी जमा होने की शिकायत के बाद उसी के इलाज के लिए महिला अस्पताल पहुंची थी।
महिला के पति ने बताया कि 12 नवंबर को महिला को इलाज अस्पताल में भर्ती किया गया था तभी से उसका इलाज जारी जारी इलाज में बोतल जब लगाई गई तो महिला के पति ने अगस्त तक की एक्सपायरी डेट बोतल पर देख ली और जब जिम्मेदारों से कहा तो उन्होंने मामले को देख लेने और उनके खिलाफ कार्यवाही करने की बात महिला के पति से कहीं वायरल हो रहा वीडियो महिला के पति ने खुद बनाया दो उसने कमरे के सामने भी कहा।
सामने आई घटना को लेकर पत्रकारों ने अस्पताल के अधीक्षक डॉक्टर अशोक यादव से भी बात की और पूरे ही मामले में सच्चाई जानी चाहिए तो अधीक्षक ने कहा कि महिला मेडिसिन डिपार्टमेंट में भर्ती है और इलाज को लेकर बोलेगी डॉक्टर द्वारा लिखी गई दवा उसे महिला को दी जा रही है कल जब उसको बोतल दी जा रही थी और सिस्टर ने आकर जैसे ही उसको स्टैंड पर लगाया तो उसने देखा कि अगस्त 2025 को उसकी एक्सपायरी डेट है उसने वह बोतल हटाकर तुरंत ही दूसरी बोतल लगे इसी बीच किसी ने उसका वीडियो बना लिया और उसको वायरल किया है।
डॉ यादव ने कहा की एक्सपायरी डेट की दवाएं अस्पताल में उपयोग करना प्रतिबंधित है और इसको लेकर स्टोर में भी पता किया गया है कि किसी तरह के एक्सपायरी दवाई स्टोर में तो नहीं है। यादव ने आगे कहा कि यदि है तो उसका तुरंत निष्पादन किया जाए पूरे ही मामले में एक जांच समिति बना दी गई है। आगे सरकार द्वारा जो भी कार्यवाही की जाएगी वह स्वीकार है।
एक्सपायरी डेट की बोतल चढ़ाई जाने के मामले को लेकर नगरी प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने भी मीडिया से कहा इस तरह की लापरवाही जो करेगा जिलाधीश से कहेंगे उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्यवाही करे।
नक्सली मुठभेड़ में MP का जवान शहीद, CM मोहन यादव ने दी श्रद्धांजलि
20 Nov, 2025 10:02 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नरसिंहपुर। नक्सली मुठभेड़ (Naxalite encounter) में नरसिंहपुर (Narsinghpur) का एक जवान शहीद हो गया। वह मध्य प्रदेश हॉक फोर्स (Madhya Pradesh Hawk Force) के निरीक्षक पद पर पदस्थ था। कल गुरुवार को गॉड ऑफ ऑनर के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा। वहीं मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने श्रद्धांजलि अर्पित की हैं।
नक्सल विरोधी ऑपरेशन के दौरान नरसिंहपुर के आशीष शर्मा वीरगति को प्राप्त हो गए। आशीष शर्मा नरसिंहपुर के बोहनी गांव के रहने वाले थे। वे मध्य प्रदेश हॉफ फोर्स के निरीक्षक पद पर पदस्थ थे। कल बोहनी गांव में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। गॉड ऑफ ऑनर के साथ भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी जाएगी है।
सीएम डॉ मोहन यादव ने आशीष शर्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की हैं। मुख्यमंत्री ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स (X) पर पोस्ट कर लिखा- ‘आज म.प्र. हॉक फोर्स के निरीक्षक श्री आशीष शर्मा नक्सलियों से मुठभेड़ में वीरगति को प्राप्त हुए। मैं उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र की संयुक्त टीम द्वारा छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव के जंगलों में नक्सल विरोधी ऑपरेशन के दौरान उन्होंने अभूतपूर्व वीरता और साहस का प्रदर्शन किया।’
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि ‘नक्सल उन्मूलन के राष्ट्रीय अभियान में उनका सर्वोच्च बलिदान सदैव अविस्मरणीय रहेगा। उन्हें पूर्व में कर्तव्य के दौरान अदम्य साहस, असाधारण बहादुरी प्रदर्शित करने के लिए दो बार भारत सरकार द्वारा वीरता पदक से सम्मानित किया गया था।’
अल्पविराम की अवधारणा जीवन और कार्य के संतुलन के लिये अत्यंत आवश्यक : अर्गल
चिन्हारी योजना से सशक्त हो रही छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति
जल जीवन मिशन से संवरी बुलगा की तस्वीर, जीवंती बाई के घर तक पहुँचा शुद्ध पेयजल
नगरीय निकायों के कायाकल्प और वित्तीय सुदृढ़ीकरण के लिये दो दिवसीय "शहरी सुधार कार्यशाला" का हुआ समापन
संकल्प से समाधान अभियान’ से त्वरित, प्रभावी और पारदर्शी निराकरण हुआ सुनिश्चित : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
यूरिया का प्रभावी विकल्प बन रही हरी खाद, जशपुर में 600 हेक्टेयर में प्रदर्शन
फॉरेस्ट ग्राउंड में बना बॉक्स क्रिकेट ग्राउंड युवाओं को खेल के प्रति प्रोत्साहित और अनुशासित कर रहा
माता-पिता के संस्कार और गुरूओं से प्राप्त ज्ञान के प्रति सदैव रहें कृतज्ञ : राज्यपाल पटेल
आदि शंकराचार्य का दर्शन भारतीय संस्कृति, धर्म और आध्यात्मिक एकता का बना आधार : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
