देश
हिट एंड रन के बाद मौत, नाबालिग चालक के पिता पर कार्रवाई
16 Feb, 2026 03:58 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मुंबई में एक नाबालिग द्वारा चलाई जा रही स्पोर्ट्स यूटिलिटी व्हीकल (एसयूवी) से स्कूटर को टक्कर मारने के दस दिन बाद रविवार को 33 वर्षीय व्यक्ति की चोटों के कारण मौत हो गई। पुलिस अधिकारी ने बताया कि दुर्घटना के समय मृतक धुरमिल पटेल के साथ सवार उनकी पत्नी मीनल पटेल की हालत गंभीर है।
5 फरवरी को विद्याविहार क्षेत्र में सोमैया कॉलेज के पास कथित तौर पर नाबालिग द्वारा तेज गति से चलाई जा रही कार ने एक स्कूटर को टक्कर मार दी, जिससे दंपती गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि एसयूवी लड़के के पिता वलजी राजा भूषण की थी। अधिकारी ने बताया कि धुरमिल की मौत के बाद, पहले दर्ज की गई एफआईआर को भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत बदला जाएगा।तिलक नगर पुलिस स्टेशन में नाबालिग और उसके पिता के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है, जिन पर नाबालिग को वाहन चलाने की अनुमति देने का आरोप है। अधिकारी ने बताया कि घटनास्थल का निरीक्षण किया गया है और कार की गति और दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए इलाके के सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई है। उन्होंने आगे कहा कि आगे की जांच जारी है।
महाराष्ट्र में 20 ठिकानों पर एटीएस का छापा
महाराष्ट्र एटीएस ने आतंकवाद से जुड़ी गतिविधियों की सूचना पर यवतमाल और अहिल्यानगर जिलों में 20 से अधिक जगहों पर छापे मारे। इस दौरान कई संदिग्धों को हिरासत में लिया है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि युवाओं को कट्टरपंथी बनाने की पुख्ता जानकारी मिलने के बाद एटीएस ने शनिवार आधी रात कार्रवाई शुरू की यवतमाल जिले के पुसद और उमरखेड में 14 ठिकाने पर कार्रवाई की गई। एटीएस टीम ने छापे में कई मोबाइल फोन इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, सीसीटीवी फुटेज और आपत्तिजनक दस्तावेज जब्त किए हैं। इसी तरह, अहिल्यानगर जिले में सात जगह छापा मारकर पुलिस ने संदिग्धों से आपत्तिजनक सामग्री बरामद की। हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ की जा रही है।
नासिक पुलिस का दावा: ट्रक से ₹400 करोड़ की लूट, अपहरण और पिटाई की शिकायत झूठी
नासिक ग्रामीण पुलिस ने सोमवार को बताया कि एक ट्रक चालक द्वारा ₹400 करोड़ की नकदी लूट, अपहरण और पिटाई की शिकायत पूरी तरह से झूठी थी। पुलिस ने मामले की विस्तृत जांच के बाद कहा कि ऐसा कोई घटना घटित ही नहीं हुई। घोटी पुलिस के अधिकारी ने बताया कि ट्रक चालक संदीप पाटिल ने पिछले साल 22 अक्तूबर को शिकायत दर्ज कराई थी कि सात लोगों ने उसे रोककर अपहरण किया और बेलगाम जिले के चोरला घाट क्षेत्र में पिटाई की। आरोपियों ने उसे उस ट्रक की लूट का दोषी ठहराया, जिसमें अब बंद किए गए ₹2000 के नोट थे।पाटिल ने यह भी दावा किया था कि ट्रक में हवाला पैसा कर्नाटक से महाराष्ट्र ले जाया जा रहा था और उसने अपनी आपबीती की वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड की थी। पुलिस ने शुरुआती जांच में सात लोगों को गिरफ्तार किया। हालांकि, जांच में पाटिल की कहानी में कई विसंगतियाँ सामने आईं, जैसे कि ट्रक का मार्ग, कॉल रिकॉर्ड और समय। इन गड़बड़ियों के आधार पर आरोप झूठे साबित हुए। इगतपुरी कोर्ट ने गिरफ्तार सभी सात व्यक्तियों को जमानत दे दी है। अभी नासिक ग्रामीण पुलिस ट्रक चालक द्वारा दर्ज झूठी शिकायत के खिलाफ आगे की कार्रवाई पर विचार कर रही है।
शिवराज सिंह चौहान ने ‘भारत-विस्तार’ को बताया गेमचेंजर
16 Feb, 2026 03:27 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भारत का खेतिहर समाज अब पिछड़ा नहीं, बल्कि AI तकनीक से लैस होने जा रहा है. जिस तरह से यूपीआई पेमेंट सेक्टर में भारत ने लोहा मनवाया, वैसी ही क्रांति अब भारत के किसान AI सेक्टर में लाने जा रहे हैं. केंद्र सरकार 16 फरवरी 2026 को जयपुर में भारत-विस्तार नामक एक AI-संचालित उपकरण लॉन्च करने जा रही है, जो कई सारी भाषाओं में अपनी सुविधा मुहैया कराएगा. यह टूल किसानों को उनकी मातृभाषा में कृषि संबंधी हर जरूरी जानकारी आसानी से उपलब्ध कराएगा. केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा इसकी शुरुआत करेंगे.
भारत-विस्तार AI टूल की घोषणा कब हुई थी?
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने 1 फरवरी 2026 को अपने बजट भाषण में भारत-विस्तार की घोषणा की थी. उन्होंने बताया था कि यह मल्टी-लैंग्वेज AI टूल एग्रीस्टैक पोर्टल्स और भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) के खेती से जुड़े तमाम पैकेज को AI सिस्टम से जोड़ेगा. इससे फसल उत्पादकता बढ़ेगी, किसान बेहतर निर्णय ले सकेंगे और जोखिम कम होगा. 2026-27 के लिए इस परियोजना पर 150 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं.
भारत-विस्तार AI टूल कैसे काम करेगा?
भारत-विस्तार 24 घंटे उपलब्ध ‘डिजिटल कृषि विशेषज्ञ’ के रूप में काम करेगा.
इसमें बात करने वाला AI असिस्टेंट ‘भारती’ नाम से होगा.
किसान इसे साधारण फोन पर 155261 नंबर डायल करके एक्सेस कर सकेंगे.
शुरू में हिंदी और अंग्रेजी में उपलब्ध, यह धीरे-धीरे सभी क्षेत्रीय भाषाओं में विस्तारित होगा.
भारत-विस्तार से किसानों को क्या लाभ होगा?
यह टूल किसानों को फसल नियोजन, पैकेज ऑफ प्रैक्टिस, कीट प्रबंधन, मौसम पूर्वानुमान, बाजार भाव, सरकारी योजनाओं की जानकारी, पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और शिकायत निवारण जैसी सेवाएं देगा. लॉन्च के साथ ही 10 प्रमुख केंद्रीय योजनाओं की डिटेल उपलब्ध होगी, जैसे पीएम-किसान, पीएम फसल बीमा योजना (PMFBY), सॉइल हेल्थ कार्ड, संशोधित ब्याज सबवेंशन स्कीम, सब-मिशन ऑन एग्रीकल्चरल मैकेनाइजेशन, पर ड्रॉप मोर क्रॉप, पीएम कृषि सिंचाई योजना, पीएम अन्नदाता आय संरक्षण अभियान, एग्रीकल्चर इंफ्रास्ट्रक्चर फंड और किसान क्रेडिट कार्ड. साथ ही मौसम एवं कीट अलर्ट भी मिलेंगे.
भारत-विस्तार क्या है?
भारत-विस्तार केवल एक ऐप नहीं, बल्कि राष्ट्रीय डिजिटल बैकबोन है जो केंद्र-राज्य प्रणालियों को एकीकृत करेगा, साथ ही साथ राज्यों की स्वायत्तता बरकरार रखेगा. यह भारत AI मिशन, भाषिणी और राष्ट्रीय AI इकोसिस्टम का लाभ उठाएगा. गैर-लाभकारी संगठन, AI स्टार्टअप्स, टेक कंपनियां और उत्कृष्टता केंद्र इसके विकास में सहयोग करेंगे. कुल मिलाकर यह इंटरैक्टिव प्लेटफॉर्म है, जहां किसानों की फीडबैक सीधे सरकारी सिस्टम में जाती है. इससे नीति-निर्माण सबूत-आधारित होगा और अनुसंधान की प्राथमिकताएं तय होंगी.
महिलाओं को ₹5000 योजना पर सियासत तेज, भाजपा ने बताया चुनावी स्टंट
16 Feb, 2026 02:34 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
चेन्नई|तमिलनाडु की सियासत में 2026 विधानसभा चुनाव से पहले बयानबाजी तेज हो गई है। राज्य भाजपा ने सत्तारूढ़ द्रविड़ मुन्नेत्र कड़गम (डीएमके) और उसकी सहयोगी कांग्रेस के बीच गंभीर मतभेद होने का दावा किया है। तमिलनाडु भाजपा के प्रवक्ता ए.एन.एस. प्रसाद ने आरोप लगाया कि सीट बंटवारे और सत्ता में हिस्सेदारी को लेकर दोनों दलों के बीच खींचतान चल रही है। उनका कहना है कि कांग्रेस के कुछ नेताओं ने 45 विधानसभा सीटों और सरकार में भागीदारी की मांग की है, जिससे गठबंधन में तनाव बढ़ा है।प्रसाद ने यह भी दावा किया कि मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन पर कांग्रेस नेतृत्व, खासकर राहुल गांधी का दबाव है। उन्होंने कांग्रेस नेताओं के हालिया बयानों को गठबंधन में कमजोरी का संकेत बताया।
5,000 रुपये योजना पर भी निशाना
भाजपा प्रवक्ता ने राज्य सरकार द्वारा ‘कलाईनार मगलिर उरिमई थोगई’ योजना के तहत महिला लाभार्थियों को एकमुश्त 5,000 रुपये देने की घोषणा को भी निशाने पर लिया। उन्होंने इसे चुनावी हथकंडा करार दिया और आरोप लगाया कि यह कदम मतदाताओं को प्रभावित करने के लिए उठाया गया है।
NDA की मजबूती का दावा
प्रसाद ने दावा किया कि तमिलनाडु में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) लगातार मजबूत हो रहा है। इस गठबंधन में ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (एआईएडीएमके), भाजपा, पीएमके और अन्य क्षेत्रीय दल शामिल हैं। उन्होंने हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चेंगलपट्टू-मदुरंतकम में हुई जनसभा का उल्लेख करते हुए कहा कि डबल इंजन सरकार से केंद्र और राज्य के बीच बेहतर समन्वय संभव है। भाजपा ने यह भी आरोप लगाया कि डीएमके, एआईएडीएमके को दिल्ली के अधीन बताकर ध्यान भटकाने की कोशिश कर रही है, जबकि राज्य में कर्ज बढ़ने और अधूरे वादों जैसे मुद्दे अभी भी अनसुलझे हैं।
कांग्रेस ने की 45 सीटों की मांग
कांग्रेस नेताओं का तर्क है कि गठबंधन की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के बावजूद, पार्टी 1967 के बाद से तमिलनाडु में सत्ता में नहीं रही है। वे ऐतिहासिक उदाहरणों का हवाला देते हैं - 1984 में 61 सीटें, 1991 में 60 सीटें और 2006 में 34 सीटों के बावजूद कांग्रेस सत्ताधारी ढांचे से बाहर रही। 2021 में, डीएमके ने 173 सीटों में से 133 सीटें जीतीं, जबकि कांग्रेस ने 25 सीटों में से 18 सीटें जीतकर उच्च सफलता दर दर्ज की। सूत्रों का कहना है कि कांग्रेस अब 45 सीटों तक की मांग कर रही है और युवा नेताओं के लिए अधिक अवसर तलाश रही है, साथ ही चेतावनी दे रही है कि असंतोष जमीनी स्तर के कार्यकर्ताओं को विजय की टीवीके पार्टी की ओर धकेल सकता है।हालांकि, सीटों के बंटवारे पर चर्चा करने के लिए 3 दिसंबर को कांग्रेस के एक प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री और डीएमके अध्यक्ष एमके स्टालिन से मुलाकात की, जिससे तनाव कम होता दिख रहा था, लेकिन तमिलनाडु में एक वरिष्ठ कांग्रेस पर्यवेक्षक द्वारा सार्वजनिक रूप से गठबंधन सरकार मॉडल की वकालत करने के बाद यह मुद्दा फिर से भड़क उठा।गठबंधन वार्ता शुरू करने के लिए डीएमके की औपचारिक समिति के गठन में देरी से कांग्रेस नेता राहुल गांधी और भी नाराज हो गए। 25 जनवरी को दिल्ली में हुई एक बैठक में राहुल ने डीएमके की उप महासचिव कनिमोझी से अपनी नाराजगी व्यक्त करते हुए सीटों के बंटवारे पर बातचीत जल्द शुरू करने का आग्रह किया, ताकि बिहार विधानसभा चुनाव जैसी स्थिति दोबारा न पैदा हो, जहां कांग्रेस को 61 सीटों में से केवल छह सीटें ही मिली थीं।
खड़गे बोले- आरएसएस पंजीकृत क्यों नहीं, फंडिंग पर उठाए सवाल
16 Feb, 2026 01:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बेंगलुरु|कर्नाटक के मंत्री प्रियांक खड़गे और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के बीच आरएसएस को लेकर तीखी बहस देखने को मिल रही है। दरअसल प्रियांक खड़गे ने आरएसएस पर मनी लॉन्ड्रिंग का आरोप लगाया था। इसी पर भाजपा के बी वाई विजयेंद्र ने निशाना साधते हुए कांग्रेस को अपना वजूद संभालने को कहा। खड़गे ने आरोप लगाया कि आरएसएस 2,500 से ज़्यादा संगठनों का नेटवर्क है... वे उनसे पैसे लेते हैं। मैं बता रहा हूं कि ये लोग मनी लॉन्ड्रिंग में हैं साथ ही पूछा कि संगठन अपंजीकृत क्यों है और क्या यह कानून या संविधान से ऊपर है।इसी पर जवाब देते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बी वाई विजयेंद्र ने सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट में कहा मंत्री प्रियांक खड़गे, पहले यह पक्का करें कि कांग्रेस पार्टी का पंजीकरण कैंसिल न हो जिसके प्रमुख आपके पिता हैं और जो राजनीतिक नक्षे पर अपना वजूद खोने की कगार पर है उसके बाद ही दूसरों के पंजीकरण की चिंता करें।आगे क्षेत्रीय विकास को लेकर निशाना साधते हुए वेजयेंद्र ने कहा कि खड़गे परिवार ने कल्याण कर्नाटक को देश में सबसे पिछड़े इलाकों में से एक बनाने के अलावा कुछ नहीं किया है।विधानसभा में विपक्ष के नेता आर अशोक ने कहा आरएसएस को गाली देना आसमान पर थूकने जैसा है। आज खड़गे ने अपने बचाव में कल्याण कर्नाटक को लेकर जवाब देते हुए कहा कल्याण कर्नाटक एक पिछड़ा इलाका है। अगर आप समझते कि इस क्षेत्रीय असंतुलन के ऐतिहासिक और भौगोलिक कारण हैं, तो भाजपा की केंद्र सरकार अनुच्छेद 371J के तहत विशेष राज्या देने से मना नहीं करती।उन्होंने विजयेंद्र पर भी निशाना साधते हुए कहा क्या आपके पिता बी एस येदियुरप्पा चार बार मुख्यमंत्री नहीं रहे? शिवमोगा को सिंगापुर की तरह विकसित क्यों नहीं किया गया?
जयपुर एयरपोर्ट में महिला पैसेंजर पर कुत्ते ने किया हमला, लहु-लुहान हुआ पैर
16 Feb, 2026 12:54 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
जयपुर। जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट के टर्मिनल-2 पर रविवार दोपहर करीब 2:20 बजे एक महिला पैसेंजर पर कुत्ते ने हमला कर दिया। महिला के पैर से खून बहने लगा, लेकिन पास मौजूद लोगों और एयरपोर्ट प्रशासन की मदद से उसे तुरंत प्राथमिक उपचार के लिए पास के प्राइवेट हॉस्पिटल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने महिला का इलाज कर उसे छुट्टी दे दी, और फिलहाल उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
एयरपोर्ट प्रबंधन ने बताया कि महिला दिल्ली से जयपुर आई थी और अराइवल एरिया के गेट के पास बाहर निकल रही थी, तभी कुत्ते ने हमला कर दिया। कुत्ते का वैक्सीनेशन पहले ही हो चुका था, इसलिए किसी गंभीर संक्रमण का खतरा नहीं है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुत्ते ने अचानक महिला पर हमला किया।
यह पहला मामला नहीं है जब जयपुर एयरपोर्ट पर कुत्तों ने पैसेंजर्स पर हमला किया। इससे पहले भी कई बार ऐसी घटनाएं सामने आ चुकी हैं। सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइन के अनुसार आवारा कुत्तों को पकड़कर नसबंदी के बाद उसी स्थान पर छोड़ना चाहिए। एयरपोर्ट प्रबंधन ने फेंसिंग का काम शुरू किया है और परिसर में मौजूद कुत्तों का टीकाकरण भी करवाया जा रहा है, लेकिन हाई-सिक्योरिटी एरिया में कुत्तों की मौजूदगी सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती रही है।
दिल्ली में आज से AI Impact Summit 2026 की शुरुआत
16 Feb, 2026 12:52 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
AI Impact Summit Delhi : आज यानी सोमवार से नई दिल्ली में शुरू हो रहा है। यह आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस पर आयोजित एक बड़ा अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम है, जिसमें करीब 7 देशों के राष्ट्रपति, 9 देशों के प्रधानमंत्री और दुनिया की प्रमुख AI कंपनियों के CEO हिस्सा ले रहे हैं। यह भव्य आयोजन भारत मंडपम में हो रहा है और इसकी थीम है – “सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय।”
प्रधानमंत्री Narendra Modi आज शाम इंडिया AI इम्पैक्ट एक्सपो 2026 का उद्घाटन करेंगे। यह एक्सपो, AI Impact Summit के साथ 16 से 20 फरवरी 2026 तक आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम का उद्देश्य AI के जरिए समावेशी विकास और वैश्विक सहयोग को बढ़ावा देना है।
AI Impact Summit Delhi: आज का एजेंडा
समिट के पहले दिन का मुख्य विषय है—“AI के दौर में रोजगार का भविष्य।” इस सत्र में भारत सरकार के मुख्य आर्थिक सलाहकार वी. अनंथा नागेश्वरन, इंफोएज के संजीव भिकचंदानी, स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी ऑफ मेडिसन से अनुराग मैरान और AI4India के शशि शेखर वंपति जैसे विशेषज्ञ शामिल होंगे।
AI Impact Summit Delhi की भव्यता का अंदाजा इसमें शामिल हो रहे वैश्विक नेताओं से लगाया जा सकता है। कार्यक्रम को देखते हुए दिल्ली में कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। साथ ही, यातायात प्रभावित न हो इसके लिए कई मार्गों को डायवर्ट किया गया है।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर इसे भारत के लिए गर्व का क्षण बताया। उन्होंने कहा कि यह आयोजन देश की युवा शक्ति और विज्ञान-तकनीक में तेज प्रगति का प्रमाण है।
मुंबई पहुंचेंगे फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों, मोदी संग अहम बैठक तय
16 Feb, 2026 12:38 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को मुंबई की यात्रा करेंगे। वे यहां फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों से मुलाकात करेंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय के एक आधिकारिक बयान के अनुसार, दोनों नेता भारत-फ्रांस नवाचार वर्ष 2026 का उद्घाटन करेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों 17 से 19 फरवरी तक भारत की आधिकारिक यात्रा पर रहेंगे। इस यात्रा के दौरान वे एआई इम्पैक्ट समिट में भाग लेंगे। इसके साथ ही मुंबई में प्रधानमंत्री के साथ द्विपक्षीय शिखर सम्मेलन करेंगे। यह राष्ट्रपति मैक्रों की भारत की चौथी और मुंबई की पहली यात्रा होगी।
भारत-फ्रांस नवाचार वर्ष 2026 का उद्घाटन करेंगे
आधिकारिक बयान में कहा गया है कि 17 फरवरी को दोपहर लगभग 3:15 बजे दोनों नेता मुंबई के लोक भवन में द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। इस वार्ता के दौरान वे भारत-फ्रांस रणनीतिक साझेदारी में हुई प्रगति की समीक्षा करेंगे। उनकी चर्चा रणनीतिक साझेदारी को सुदृढ़ करने और इसे नए एवं उभरते क्षेत्रों में विस्तारित करने पर केंद्रित होगी। प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति मैक्रों क्षेत्रीय और वैश्विक महत्व के मुद्दों पर भी विचार-विमर्श करेंगे। बयान में आगे कहा गया है कि शाम करीब 5:15 बजे दोनों नेता भारत-फ्रांस नवाचार वर्ष 2026 का उद्घाटन करेंगे। दोनों देशों के व्यापारिक नेताओं, स्टार्टअप्स, शोधकर्ताओं और अन्य नवोन्मेषकों की एक सभा को संबोधित करेंगे। मैक्रों की आगामी यात्रा रक्षा, अंतरिक्ष, नागरिक परमाणु ऊर्जा, जलवायु कार्रवाई, शिक्षा और जन-जन आदान-प्रदान के क्षेत्रों में भारत और फ्रांस के बीच लगातार गहरी होती साझेदारी की पृष्ठभूमि में हो रही है।
नवाचार पहल दोनों देशों में पूरे वर्ष मनाई जाएगी
विदेश मंत्रालय के अनुसार, मुंबई में दोनों नेता समझौता ज्ञापनों का आदान-प्रदान करेंगे, जिसके बाद एक प्रेस विज्ञप्ति जारी की जाएगी। होटल ताज महल पैलेस में भारत-फ्रांस नवाचार मंच का आयोजन किया जाएगा, जिसके बाद गेटवे ऑफ इंडिया में भारत-फ्रांस नवाचार वर्ष और सांस्कृतिक स्मरणोत्सव मनाया जाएगा। मंत्रालय ने बताया कि इमैनुएल मैक्रों और प्रथम महिला मैडम ब्रिगिट मैक्रॉन 16 से 19 फरवरी तक भारत की अपनी यात्रा के दौरान मुंबई और दिल्ली का दौरा करेंगे। वर्ष 2026 की नवाचार पहल दोनों देशों में पूरे वर्ष मनाई जाएगी। इसका उद्देश्य नवाचार, प्रौद्योगिकी, अनुसंधान और लोगों के बीच आदान-प्रदान में सहयोग को गहरा करना है।यह प्रधानमंत्री मोदी के निमंत्रण पर फ्रांसीसी राष्ट्रपति मैक्रों की भारत की चौथी यात्रा होगी, जो कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) सहयोग और उभरती प्रौद्योगिकियों पर विशेष ध्यान देने के साथ भारत-फ्रांस रणनीतिक साझेदारी में निरंतर गति का संकेत देती है।जैसे-जैसे नई दिल्ली कृत्रिम बुद्धिमत्ता पर दुनिया की सबसे महत्वपूर्ण चर्चा का केंद्र बनती जा रही है, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ग्लोबल एआई इम्पैक्ट एक्सपो का उद्घाटन करने वाले हैं। शिखर सम्मेलन से पहले, उन्होंने भारत आने वाले प्रतिनिधियों का स्वागत किया। विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में देश की प्रगति पर प्रकाश डाला, जिससे वैश्विक विकास में एक अमिट योगदान मिला है।
महिला भेदभाव केस: सुप्रीम कोर्ट की 9-जज बेंच गठित, अप्रैल में सुनवाई
16 Feb, 2026 12:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
सुप्रीम कोर्ट की 9-न्यायाधीशों की बेंच 7 अप्रैल से धार्मिक स्थलों पर महिलाओं के भेदभाव के मामलों पर सुनवाई शुरू करेगी। इस मामले में प्रमुख रूप से केरल के सबरिमला मंदिर से जुड़े मुद्दों पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा। सुप्रीम कोर्ट ने आदेश दिया है कि सभी पक्ष अपनी लिखित दलीलें 14 मार्च तक जमा करें। केंद्र की ओर से सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने कहा कि वह सबरिमला फैसले की समीक्षा का समर्थन करते हैं।सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने वरिष्ठ वकील परमेश्वर और शिवम सिंह को अमिकस क्यूरी के रूप में नियुक्त किया है, ताकि न्यायालय को आवश्यक मार्गदर्शन और पक्षों की दलीलों का विश्लेषण प्रदान किया जा सके। कोर्ट ने यह भी निर्देश दिया है कि सुनवाई 22 अप्रैल तक पूरी की जाएगी।
चुनावी माहौल में कांग्रेस की मुश्किलें बढ़ीं, बोरा का इस्तीफा
16 Feb, 2026 11:28 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
असम में विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस पार्टी को बड़ा झटका लगा है। वरिष्ठ नेता और पूर्व कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष भूपेन बोरा ने पार्टी छोड़ दी है। उन्होंने कांग्रेस में सभी पदों के साथ पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से अपना इस्तीफा दे दिया है।मीडिया से बात करते हुए भूपेन बोरा ने जानकारी देते हुए कहा कि मैंने आज सुबह 8 बजे कांग्रेस आला कमान को अपना इस्तीफा भेज दिया और विस्तार से बताया कि मुझे यह कदम उठाने के लिए क्यों मजबूर होना पड़ा। उन्होंने कहा कि यह कोई व्यक्तिगत निर्णय नहीं है। मैंने पार्टी को 32 साल दिए। मैं 1994 में पार्टी में शामिल हुआ था। यह सिद्धांत केवल व्यक्तिगत नहीं है; यह पार्टी के भविष्य की चिंता से प्रेरित है। इसीलिए मैंने कांग्रेस हाई कमान को सब कुछ विस्तार से बताया है।
असम राजनीति में हलचल: भूपेन बोरा ने एक्स हैंडल से हटाया ‘कांग्रेस’Stir in Assam politics
16 Feb, 2026 11:10 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
Bhupen Borah Assam Congress: असम में भूपेन बोरा के कांग्रेस छोड़ने के कयास, एक्स हैंडल से हटाया पार्टी का नाम
शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद बोले- जो हत्या करना चाह रहे उनसे सुरक्षा कैसे मांगें
16 Feb, 2026 10:52 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
वाराणसी। शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद ने हाल ही में अपने एक बयान कहा कि उनकी सुरक्षा के लिए उन लोगों से मदद मांगना मुश्किल है, जो उनकी हत्या करना चाहते हैं। शंकराचार्य ने यह प्रतिक्रिया जगद्गुरु रामभद्राचार्य के शिष्य और शाकुंभरी पीठाधीश्वर आशुतोष ब्रह्मचारी द्वारा उनके खिलाफ दायर यौन उत्पीड़न के आरोपों के संदर्भ में दी है।
गौरतलब है कि आशुतोष ने शंकराचार्य पर दो शिष्यों के यौन शोषण का आरोप लगाया है। इस मामले की सुनवाई के बाद अदालत ने फैसला सुरक्षित रखा है और 21 फरवरी को तय होगा कि शंकराचार्य के खिलाफ एफआईआर होगी या केस डिसमिस कर दिया जाएगा। यहां शंकराचार्य ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा, कि आरोप लगाने वाला व्यक्ति खुद आपराधिक इतिहास वाला है। उनके अनुसार, आशुतोष गो-तस्करी और गोहत्या से जुड़े लोगों के संपर्क में रहा है और उस पर ट्रकों को पार कराने के लिए रिश्वत लेने जैसे गंभीर आरोप भी लगे हैं। शंकराचार्य ने कहा कि इस तरह के व्यक्ति द्वारा आरोप लगाना अपने आप में बहुत कुछ कहता है।
उन्होंने कहा कि उनके खिलाफ अभियान इसलिए चल रहा है क्योंकि वे गोरक्षा की बात करते हैं और गोहत्या बंद करने का नारा उठाते हैं। शंकराचार्य ने यह भी स्पष्ट किया कि उनके खिलाफ होने वाले हमले विचारधारा से प्रेरित हैं, क्योंकि जो लोग गोहत्या में शामिल हैं, वे विरोध करेंगे।
उनका कहना है, जब आप गोमाता की रक्षा की बात करेंगे, तो स्वाभाविक है कि गोहत्या से जुड़े तत्व सक्रिय होंगे। यह कोई आश्चर्य की बात नहीं है।
दूधेश्वरनाथ महादेव मंदिर परिसर के कुएं का पानी बदलता है रंग, रावण से जुड़ी है मान्यता
16 Feb, 2026 10:50 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
गाजियाबाद। फाल्गुन महाशिवरात्रि के अवसर पर शिवालयों में विशेष पूजा-अर्चना की गई है। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद स्थित दूधेश्वरनाथ महादेव मंदिर में भक्तों की खासी भीड़ से इस दिन विशेष रौनक देखने को मिली है। मान्यता है कि यहां अर्जी लगाने मात्र से भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। मंदिर परिसर में मौजूद कुआं भी आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार इस मंदिर परिसर में स्थित एक प्राचीन कुआं भी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र है। मान्यता है कि इस कुएं का जल दिन में तीन बार रंग बदलता है। यह कुआं मंदिर के राम भवन में स्थित है और इसके चारों ओर गणेश-लक्ष्मी, अन्नपूर्णा, राधा-कृष्ण सहित कई देवी-देवताओं की प्रतिमाएं स्थापित हैं। महाशिवरात्रि के दिन यहां दूर-दूर से श्रद्धालु पहुंचते हैं और मंदिर के साथ-साथ इस चमत्कारी कुएं के दर्शन भी करते हैं।
लोककथाओं के अनुसार, यह मंदिर अत्यंत प्राचीन है और इसका संबंध लंकापति रावण के काल से जोड़ा जाता है। कहा जाता है कि पुलस्त्य मुनि के पुत्र और रावण के पिता विश्वश्रवा ने यहां कठोर तप किया था। मान्यता यह भी है कि रावण ने स्वयं इस स्थान पर भगवान शिव की आराधना की थी। यहां प्रतिष्ठित हिरण्यगर्भ ज्योतिर्लिंग स्वयंभू रूप में लगभग साढ़े तीन फीट नीचे स्थित बताया जाता है। पास से बहने वाली हरनंदी नदी को आज हिंडन नदी के नाम से जाना जाता है।
मंदिर का मुख्य प्रवेश द्वार एक विशाल पत्थर को काटकर बनाया गया है। उसी पत्थर को तराशकर बीच में भगवान गणेश की प्रतिमा उकेरी गई है। स्थानीय मान्यताओं के अनुसार, इस भव्य मंदिर का निर्माण छत्रपति शिवाजी महाराज द्वारा करवाया गया था, जिससे इसकी ऐतिहासिक महत्ता और बढ़ जाती है।
गाय से जुड़ी कथा
दूधेश्वर महादेव नाम के पीछे भी एक प्रसिद्ध कथा है। कहा जाता है कि पास के कैला गांव की गायें एक टीले पर पहुंचकर अपने आप दूध बहाने लगती थीं। जब ग्रामीणों ने उस स्थान की खुदाई की तो वहां शिवलिंग प्रकट हुआ। गायों के दूध से अभिषेक होने के कारण इसका नाम ‘दूधेश्वर’ या ‘दुग्धेश्वर’ महादेव पड़ा।
नकली आरटीओ ई-चालान एपीके से बैंक खाते साफ! सूरत में जामताड़ा गैंग के तीन सदस्य गिरफ्तार
16 Feb, 2026 09:49 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
सूरत| आज के डिजिटल युग में साइबर अपराधी नई-नई मॉडस ऑपरेंडी अपनाकर लोगों को निशाना बना रहे हैं। गुजरात के सूरत में साइबर क्राइम सेल ने कुख्यात जामताड़ा से जुड़े गैंग के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह लोगों के मोबाइल पर फर्जी आरटीओ ई-चालान की एपीके फाइल भेजकर उनके बैंक खाते खाली कर रहा था। जांच में सामने आया है कि आरोपी व्हाट्सएप पर ‘डिजिटल आरटीओ ई-चालान.एपीके’ नाम की फाइल भेजते थे। जैसे ही कोई यूजर इस फाइल को डाउनलोड करता, उसका मोबाइल हैक हो जाता। यह मालवेयर मोबाइल के मैसेज, कॉन्टैक्ट और गैलरी की परमिशन हासिल कर लेता था, जिससे ठग सीधे ओटीपी पढ़ लेते और बैंक खातों से रकम निकाल लेते थे। एक मामले में शिकायतकर्ता के बेटे ने जैसे ही यह फाइल डाउनलोड की, उसके खाते से टुकड़ों में कुल 5 लाख 02 हजार 562 रुपये निकाल लिए गए।
गिरफ्तार आरोपियों ने चुराए गए पैसों को क्रेडिट कार्ड बिल भुगतान के जरिए ठिकाने लगाने का तरीका अपनाया था। इसके बाद रकम को नकद या सीडीएम मशीन के माध्यम से मुख्य सरगनाओं तक पहुंचाया जाता था। इस काम के बदले वे 10 प्रतिशत कमीशन लेते थे। चौंकाने वाली बात यह है कि गिरफ्तार आरोपियों में एक सिविल इंजीनियर और एक बी.कॉम ग्रेजुएट शामिल है। कम समय में ज्यादा पैसे कमाने की लालच में ये शिक्षित युवा अंतरराज्यीय साइबर गिरोह का हिस्सा बन गए। पुलिस जांच में अश्विन गांगाणी के कार्यालय से 227 क्रेडिट कार्ड, दो POS मशीनें और 92 लाख 53 हजार 663 रुपये के ट्रांजेक्शन का रिकॉर्ड बरामद हुआ है। पुलिस ने इस मामले में राजकोट के निशीत नथवाणी, झारखंड के जामताड़ा के गौतम मंडल और सूरत के अश्विन नरसिंहभाई को गिरफ्तार कर आगे की जांच शुरू कर दी है। साइबर क्राइम सेल ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान एपीके फाइल या लिंक को डाउनलोड करने से बचें और संदिग्ध संदेशों की तुरंत शिकायत करें।
केरल CM से अय्यर की भावुक अपील, पंचायती राज पर जताई चिंता
16 Feb, 2026 09:45 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
केरल में आगामी विधानसभा चुनावों से पहले राजनीति पारा चढ़ गया है। पूर्व केंद्रीय मंत्री मणिशंकर अय्यर ने केरल सीएम पिनरई विजयन को लेकर ऐसा दावा किया कि कांग्रेस में भूचाल आ गया है। अय्यर ने कहा कि विजयन एक बार फिर केरल के मुख्यमंत्री बनेंगे। इसी के साथ अय्यर ने केरल में पंचायती राज में सुधार के लिए कानून में संशोधन की आवश्यकता पर जोर दिया और इसकी जिम्मेदारी संभालने के लिए पिनरई विजयन का जिक्र किया।
अंतरराष्ट्रीय सेमिनार में पहुंचे अय्यर
दरअसल, मणिशंकर अय्यर तिरुवनंतपुरम में 'विजन 2031: विकास और लोकतंत्र' शीर्षक से आयोजित अंतरराष्ट्रीय सेमिनार को संबोधित कर रहे थे, जिसका उद्घाटन सीएम विजयन ने किया। इस दौरान कार्यक्रम में मणिशंकर अय्यर ने पंचायती राज व्यवस्था में केरल के शीर्ष स्थान को कानूनी रूप से सुरक्षित करने के लिए आवश्यक संशोधन किए जाने चाहिए और इसके लिए सुझाव भी दिए।
देश में कोई पंचायती राज समर्थक नहीं बचा: अय्यर
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि देश में कोई पंचायती राज समर्थक नहीं बचा। केरल के इस सेमिनार में मुझे अपनी पार्टी सहयोगियों की अनुपस्थिति का अफसोस है। सीएम विजयन मैं आपके चरणों में गिरकर निवेदन करता हूं, कांग्रेस की छोड़ी गई जिम्मेदारी आप संभालें।
इससे पहले कांग्रेस के नेतृत्व वाली यूपीए सरकार के दौरान पंचायती राज मंत्री के रूप में कार्य कर चुके अय्यर ने महात्मा गांधी के भारत के दृष्टिकोण को याद किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपिता ने एक ऐसे देश की कल्पना की थी, जहां सबसे गरीब लोग भी स्वामित्व की भावना महसूस करें और यह विश्वास करें कि राष्ट्र निर्माण में उनकी प्रभावी भूमिका है। उन्होंने आगे कहा कि यह विडंबनापूर्ण लग सकता है कि उस लक्ष्य की दिशा में सबसे सराहनीय प्रगति करने वाला राज्य केरल है, जहां एक 'मार्क्सवादी-लेनिनवादी पार्टी' का शासन है।
'पंचायती राज के मामले में केरल शीर्ष पर'
कांग्रेस नेता ने आगे कहा, 'मुझे नहीं पता कि यह प्रशंसा है या अपमान, लेकिन मुझे इस अवसर पर अपने पार्टी सहयोगियों की अनुपस्थिति का गहरा अफसोस है, क्योंकि यह एक राजकीय कार्यक्रम है और एक राष्ट्रीय अवसर है।' उन्होंने कहा कि निसंदेह पंचायती राज के मामले में केरल शीर्ष पर है और उसने इस संबंध में पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की अपेक्षाओं को किसी भी अन्य राज्य की तुलना में कहीं अधिक पूरा किया है। उन्होंने कहा, 'हालांकि व्यवहार में पंचायती राज के मामले में केरल पहला राज्य है, लेकिन कानून के मामले में यह दूसरे स्थान पर है।'
केरल सीएम ने दी प्रतिक्रिया
वहीं केरल सीएम ने मणिशंकर अय्यर के बयान का वीडियो एक्स पर साझा करते हुए उनकी तारीफ की। उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा विजन 2031 अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में कहे गए प्रेरक शब्द समकालीन परिदृश्य से पूरी तरह मेल खाते हैं। हम इस विश्वास में एकजुट हैं कि लोकतंत्र तभी फलता-फूलता है जब सत्ता जनता के हाथों में हो। हम विकास की रीढ़ माने जाने वाले अपने स्थानीय निकायों को मजबूत करना जारी रखेंगे।
शिरडी में साईं बाबा और महादेव की एक साथ पूजा, भक्तों के लिए 13 हज़ार किलो साबूदाने की खिचड़ी
16 Feb, 2026 08:48 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
शिरडी। महाराष्ट्र समेत पूरे देश में महाशिवरात्रि बड़े उत्साह के साथ मनाई गई। अलग-अलग महादेव मंदिरों में दर्शन के लिए भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। वहीं महाराष्ट्र के शिरडी में भी भक्तों की भारी भीड़ देखी गई। महाशिवरात्रि के अवसर पर साईं बाबा के दर्शन के लिए हज़ारों भक्त जमा हुए। साईं बाबा संस्थान की तरफ से साईं बाबा की समाधि के पास देवाधि देव महादेव की तस्वीर लगाई गई है ताकि भक्त साईं बाबा के साथ भोलेनाथ शंकर के भी दर्शन कर सकें। साथ ही शिरडी में बड़ी संख्या में भक्तों के आने की संभावना और व्रत का दिन होने के कारण, साईं बाबा संस्थान के साईं प्रसादालय में 13 हज़ार किलो साबूदाने की खिचड़ी तैयार की गई। शिरडी आने वाले भक्तों को प्रसादालय में दिन भर साबूदाना खिचड़ी और झिरका प्रसाद परोसा जा रहा था। साईं बाबा संस्थान के प्रसादालय में खिचड़ी बनाने के लिए 5,500 किलो साबूदाना, 4,000किलो मूंगफली, 700 लीटर मूंगफली का तेल, 2,000 किलो आलू और 1,200 किलो चीनी, नमक, लाल मिर्च, हरी मिर्च वगैरह का इस्तेमाल किया गया है। इन सभी चीज़ों से कुल 13,000 किलो महाप्रसाद तैयार किया गया और भक्त इसे बड़ी श्रद्धा से खा रहे थे। सबका मालिक एक का महामंत्र देने वाले साईं बाबा के दर्शन के लिए सभी धर्मों के भक्त शिरडी आते हैं। उनमें से ज़्यादातर साईं संस्थान द्वारा चलाए जा रहे प्रसादालय में प्रसाद लेते हैं। आम तौर पर यहां दो सब्ज़ियां, चपाती और वरन-भात परोसा जाता है। वैसे, आषाढ़ी एकादशी और महाशिवरात्रि के दिन व्रत के मौके पर खास साबूदाने की खिचड़ी और झिरकाया प्रसाद चढ़ाने की परंपरा है। साईं प्रसादालय के प्रमुख संजय शिंदे ने कहा, रविवार को शिरडी में करीब 70 हजार भक्तों द्वारा साईं खिचड़ी का लाभ उठाने का अनुमान है।
चाय की दुकान पर लेते ही पकड़ा गया घूस, लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाई
ग्रेनेड हमले और टारगेट किलिंग की साजिश फेल, दिल्ली-NCR से दो संदिग्ध पकड़े गए
डिटॉक्स वाटर पीने से पहले जान लें इसके साइड इफेक्ट
राजनीति पर पप्पू यादव का विवादित बयान, महिलाओं को लेकर कही बड़ी बात
दीपिका पादुकोण फिर बनने वाली हैं मां? मैटरनिटी लुक्स ने बढ़ाई हलचल
पहलगाम बरसी से पहले गरजी इंडियन आर्मी, पाकिस्तान को सख्त संदेश
BRTS हटने के बाद भी नहीं सुधरी इंदौर की ट्रैफिक व्यवस्था, हाई कोर्ट नाराज
