देश
ईडी ने राज्य मंत्री और डीएमके महासचिव के खिलाफ जांच के तहत तमिलनाडु में की छापेमारी
3 Jan, 2025 05:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने राज्य मंत्री और डीएमके महासचिव दुरईमुरुगन के खिलाफ जांच के तहत शुक्रवार को तमिलनाडु में छापेमारी की। इसकी जानकारी आधिकारिक सूत्रों ने दी।
उन्होंने बताया कि वेल्लोर में करीब चार स्थानों पर तलाशी ली जा रही है।
उन्होंने बताया कि तमिलनाडु के जल संसाधन मंत्री और कुछ अन्य के खिलाफ मामला भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के दिशा-निर्देशों के कथित उल्लंघन और 200 रुपये के नोटों को 500 और 1,000 रुपये के नोटों से बदलने में बैंक अधिकारियों द्वारा की गई धोखाधड़ी से संबंधित है।
वनमंत्री पोनमुडी के खिलाफ भी चल रही जांच
ईडी ने जुलाई 2023 में तमिलनाडु सरकार में वन मंत्री के पोनमुडी और उनके बेटे डॉ. पी गौतम सिगामणि के परिसरों पर छापेमारी की थी। इसके बाद उनकी 14 करोड़ की संपत्ति जब्त की गई थी। पोनमुडी पर आरोप है कि वे 2007-2010 तक तमिलनाडु सरकार में खान मंत्री थे।
इस दौरान उन्होंने अपने बेटे डॉ. पी गौतम सिगामणि, सिगामणि के बहनोई केएस राजमहेंद्रन और जयचंद्रन के नाम पर खनन के पांच लाइसेंस जारी किए। इस दौरान सिगामणि ने पट्टे पर दी गई भूमि से लाल मिट्टी की खुदाई की।
तमिलनाडु सीएम ने बताया था राजनीतिक बदला
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और डीएमके मुखिया एमके स्टालिन ने उनकी सरकार के मंत्री और नेताओं के खिलाफ ईडी की कार्रवाई को राजनीतिक बदला करार दिया है। उन्होंने कहा था कि भाजपा राजनीतिक बदले में यह सब करा रही है। यह भाजपा द्वारा किया जा रहा है। उन्होंने तमिलनाडु में बनी अभिनेता विजय की नई पार्टी पर आरोप लगाया कि वे डीएमके को खत्म करना चाहते हैं।
एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट में हाइड्रोलिक सिस्टम में खराबी, केरल में इमरजेंसी लैंडिंग
3 Jan, 2025 03:28 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
दुबई से आने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट में तकनीकी खराबी सामने आई. जिसके बाद उसे सुरक्षा की दृष्टि से केरल के मल्लापुरम जिले में स्थित करीपुर एयरपोर्ट लैंड कराया गया. पायलट की माने तो फ्लाइट के हाइड्रोलिक सिस्टम में कुछ खराबी है. जिसके बाद उसे लैंड करने का फैसला लिया गया.
एयर इंडिया की फ्लाइट IX344 को कारीपुर में सुबह लगभग 8:30 बजे लैंड कराया गया. इससे पहले यहां पूरे एयरपोर्ट पर इमरजेंसी अनाउंस कर दिया गया था. ताकि किसी भी हालात से निपटने के लिए टीम तैयार रहे. हालांकि फ्लाइट लैंड होने के बाद इमरजेंसी हटा दी गई.
फ्लाइट में सवार थे 182 यात्री
एयरपोर्ट सूत्रों की माने तो फ्लाइट में 182 यात्री सवार थे. इसके साथ ही छह क्रू मेंबर भी थे. जिनकी सुरक्षा को देखते हुए लैडिंग का फैसला लिया गया था. एक्सपर्ट अब इस बात का पता लगाने में जुटे हैं कि आखिर हाइड्रोलिक सिस्टम खराब कैसे हुआ. इमरजेंसी लैंडिंग के लिए जरूरी इंतजाम किए गए. एंबुलेंस और अग्निशमन सेवाओं को स्टैंडबाय पर रखा गया. विमान की आगे की जांच की जा रही है.
क्या होता है हाइड्रोलिक सिस्टम का उपयोग?
हाइड्रोलिक सिस्टम की मदद से लैंडिंग गियर को हिलाना और एक्टिव किया जाता है. ये विमान को ऊंची उड़ान भरने में मदद करता है.इसके साथ ही ब्रेक, फ्लैप, और थ्रस्ट रिवर्सर्स जैसी डिवाइस को कंट्रोल में रखता है. इसके अलावा विमान के हैंगर के दरवाज़ों को इसी की मदद से खोला जाता है.
हाइड्रोलिक सिस्टम खराब होने से क्या होता है?
हाइड्रोलिक सिस्टम फ़ेल होने पर लैंडिंग गियर खुलने या बंद होने में दिक्कत होती है, तो वहीं फ़्लैप्स या स्लैट्स सही तरीके से काम नहीं कर पाते हैं. इसके अलावा विमान की दिशा या ऊंचाई नियंत्रित करने में दिक्कत होती है. यही कारण है कि इसके खराब होने के तुरंत बाद ही आस पास के किसी भी एयरपोर्ट पर लैंड कराया जाता है.
कर्नाटक में महिला ने शराबी पति की हत्या के बाद शव के किए टुकड़े, पुलिस ने किया गिरफ्तार
3 Jan, 2025 03:22 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बेलगावी। कर्नाटक के बेलगावी से एक मामला सामने आया है। मिली जानकारी के अनुसार, जिले में एक महिला ने अपने पति की हत्या कर दी। घटना के बाद पुलिस ने महिला को हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने गुरुवार को बताया कि जिले में एक महिला को अपने शराबी पति की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।
उन्होंने बताया कि महिला ने पहले अपने पति का गला घोंटा, फिर उसके चेहरे को पत्थर से कुचल दिया और उसके शव को दो टुकड़ों में काटकर घर से दूर ले गई।
बेलगावी के पुलिस अधीक्षक के अनुसार, 40 वर्षीय श्रीमंथा इटनाली के शव के टुकड़े 10 दिसंबर को बेलगावी के चिक्कोडी तालुक के उमरानी गांव में मिले थे।
एसपी ने गुरुवार को एक प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कहा, पुलिस उपाधीक्षक के नेतृत्व में तीन सदस्यीय टीम ने गांव में डेरा डाला और मामले की जांच की।
उन्होंने पत्नी सावित्री पर ध्यान केंद्रित किया और उसे पूछताछ के लिए थाने लाया गया।
एसपी ने कहा, शुरू में वह सहमत नहीं थी, लेकिन बाद में उसने अपना अपराध कबूल कर लिया। यह घटना 8 दिसंबर को हुई थी।
पुलिस ने बताया कि शराब के नशे में धुत यह व्यक्ति अक्सर पैसों के लिए अपनी पत्नी को प्रताड़ित करता था। हत्या के दिन वह अपनी पत्नी के साथ जमीन के एक टुकड़े को लेकर झगड़ रहा था।
एसपी ने कहा, वह चाहता था कि उसकी पत्नी जमीन बेचकर उसे एक नई मोटरसाइकिल खरीद कर दे। पत्नी ने कथित तौर पर कबूल किया कि उसने उस रात उसे मार डाला जब वह बाहर सो रहा था। उसने पहले उसका गला घोंटा और जब वह बेहोश हो गया, तो उसने पास में पड़े एक पत्थर से उसका चेहरा कुचल दिया। फिर उसने पत्थर को एक कुएं में फेंक दिया।
इसके बाद महिला ने परिवहन को आसान बनाने के लिए उसने शव को दो टुकड़ों में काटा और उसे एक बैरल में भरकर ले गई। गुलेद ने कहा, बाद में उसने बैरल को भी कुएं में फेंक दिया।
आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है।
कोयंबटूर में एलपीजी टैंकर पलटने से मचा हड़कंप, 500 मीटर दायरे में सभी स्कूल बंद
3 Jan, 2025 11:59 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
केरल के कोच्चि से कोयंबटूर जा रहा एलपीजी टैंकर ट्रक अविनाशी रोड फ्लाईओवर पर पलट गया। शुक्रवार (3 जनवरी 2025) की सुबह टैंकर पलट गया, जिससे गैस का रिसाव होने लगा। ऐहतियातन इलाके के स्कूलों को बंद करा दिया गया है। भारत कंपनी का टैंकर कोयंबटूर के उप्पिलीपलायम फ्लाईओवर के पास पलट गया। अभी तक कोई हताहत या नुकसान नहीं हुआ है।
इस बीच, पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए फ्लाईओवर पर यातायात रोक दिया है। साथ ही यातायात को वैकल्पिक मार्ग से डायवर्ट कर दिया गया है। उम्मीद की जा रही है कि इस काम को पूरा होने में और भी समय लगेगा।
कोयंबटूर के जिला कलेक्टर क्रांति कुमार पाडी ने कहा, घटना आधी रात के बाद करीब 3 बजे हुई। 18 मीट्रिक टन एलपीजी ले जा रहा एलपीजी टैंकर यहां पलट गया। रिसाव को रोक दिया गया है और हम वाहन के आने और कपलिंग प्लेट की मरम्मत करने का इंतजार कर रहे हैं।
इसके बाद, वाहन को फिर से सीधा किया जा सकता है... सभी यातायात को बंद कर दिया गया है और सुरक्षा मापदंड स्थापित किए गए हैं। संबंधित अधिकारी यहां मौजूद हैं और घबराने की कोई बात नहीं है। घटना के कारणों की जांच की जाएगी।
कई स्कूलों को करना पड़ा बंद
इसके अलावा दुर्घटना स्थल के 500 मीटर के दायरे में सभी स्कूलों को आज के लिए बंद कर दिया गया है। जिला कलेक्टर क्रांति कुमार पाडी ने इसकी घोषणा की है।
चार से सात जनवरी तक मैदानी इलाकों में झमाझम बारिश, पहाड़ों में बर्फबारी का अलर्ट
3 Jan, 2025 11:45 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
राष्ट्रीय राजधानी में घना कोहरा छाया हुआ है और पूरा एनसीआर शीतलहर की चपेट में है। पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव एक बार फिर पहाड़ों के साथ मैदानी राज्यों में ठंड को बढ़ाएगा। जम्मू-कश्मीर में गुरुवार को भी घाटी के निचले इलाकों और उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी हुई। हिमाचल के शिमला सहित प्रदेश भर में दोपहर बाद आसमान में बादल छाने से ठंड बढ़ गई, इससे पांच शहरों में तापमान माइनस में पहुंच गया है।
उत्तराखंड में होगा हिमपात
यहां के मौसम विभाग के अनुसार तीन जनवरी से प्रदेश में हल्की वर्षा व हिमपात होगा जबकि चार से सात जनवरी तक मैदानी क्षेत्रों में झमाझम वर्षा व पहाड़ी क्षेत्रों में हिमपात होगा। उत्तराखंड में पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के कारण छह और सात जनवरी को उच्च हिमालय में बर्फबारी व निचले क्षेत्रों में वर्षा का पूर्वानुमान है।
इसी तरह मैदानी राज्यों पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और बिहार में भी पश्चिमी विक्षोब के चलते ठंड बढ़ने का पूर्वानुमान है। ठंडी हवाएं चलने से तापमान और गिरेगा, जिससे ठिठुरन भी बढ़ेगी। जम्मू कश्मीर में धुंध और घने कोहरे के कारण रेल यातायात पर असर पड़ा है। मुगल रोड लगातार पांचवें दिन भी बंद रहा।
दूसरे विक्षोभ तीन से छह जनवरी तक सक्रिय रहेगा
जम्मू आने वाली कई ट्रेनें विलंब से पहुंचीं। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार घाटी के कुछ इलाकों विशेषकर ऊपरी इलाकों में हलकी बर्फबारी होगी। फिर दूसरे विक्षोभ तीन से छह जनवरी तक सक्रिय रहेगा। इसका प्रभाव मजबूत रहेगा। घाटी के अधिकांश इलाकों में कहीं सामान्य तो कहीं भारी बर्फबारी होने का अनुमान है। घाटी में कई जिलों में अभी भी तापमान जमाव बिंदु से नीचे है।
हिमाचल में मौसम ने गुरुवार को फिर करवट बदल ली
उधर हिमाचल में मौसम ने वीरवार को फिर करवट बदल ली है। शिमला सहित प्रदेशभर में दोपहर बाद आसमान में बादल छाने से ठंड बढ़ गई, इससे पांच शहरों में तापमान माइनस में पहुंच गया है। लाहुल-स्पीति जिले के ताबो -14.7 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे ठंडा रहा। आने वाले 24 घंटों में बिलासपुर, मंडी, ऊना, कांगड़ा और सोलन में कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है। उत्तराखंड में मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार अभी कोहरे और पाले की समस्या अभी बनी रहेगी।
देहरादून की ऊंची पहाड़ियों पर बर्फबारी हो सकती है
ताजा पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से पिथौरागढ़, बागेश्वर, चमोली, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, टिहरी, देहरादून की ऊंची पहाड़ियों पर बर्फबारी हो सकती है। बिहार में भी उत्तर पछुआ हवा के साथ बादलों की आवाजाही बने रहने के कारण ठंड के साथ ठिठुरन बढ़ गई है। पटना में गुरुवार को न्यूनतम तापमान 10.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राज्य में 4.4 डिग्री सेल्सियस के साथ डेहरी एवं बांका प्रदेश में सबसे ठंडे स्थान रहे।
140 साइबर हमलों के साथ अमेरिका पर सबसे ज्यादा हमले, भारत दूसरे स्थान पर
3 Jan, 2025 10:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
दुनिया में साइबर हमलों के मामले में अमेरिका के बाद दूसरा सबसे बड़ा निशाना भारत है। बीते वर्ष यानी 2024 में भारत की 95 इकाइयों को डाटा चोरी का सामना करना पड़ा। यह हैरान कर देने वाली जानकारी साइबर इंटेलिजेंस कंपनी क्लाउडएसइके की ताजा रिपोर्ट में सामने आई है।
अमेरिका साइबर हमलों का पहला निशाना बना
डार्क वेब की निगरानी के आंकड़ों पर आधारित कंपनी की थ्रेटलैंडस्केप रिपोर्ट 2024 में बताया गया है कि आर्थिक और डिजिटल ढांचे की मजबूती के कारण बीते वर्ष अमेरिका साइबर हमलों का पहला निशाना बना। इस दौरान इस पर 140 हमले किए गए। 95 हमलों के साथ भारत दूसरे नंबर का निशाना बना और भूराजनीतिक संघर्षों में जुटे इजरायल 57 हमलों के साथ तीसरे नंबर का लक्ष्य बना।
रिपोर्ट के अनुसार, इन हमलों में भारत के कई क्षेत्रों को निशाना बनाया गया। इनमें 20 हमलों के साथ वित्त और बैंकिंग सेक्टर सबसे बड़ा शिकार साबित हुआ। जबकि सरकारी क्षेत्र में 13, दूरसंचार में 12, हेल्थकेयर एवं फार्मा में 10 और शिक्षा क्षेत्र में नौ को शिकार बनाया गया।
सबसे बड़ी डाटा चोरी की घटना में हाई-टेक ग्रुप, स्टार हेल्थ एंड अलाइड इंश्योरेंस के ग्राहकों के आंकड़ों के जरिये 85 करोड़ भारतीय नागरिकों की जानकारी चुराई गई। जबकि दूसरे नंबर पर टेलीकम्यूनिकेशंस कंसल्टेंट्स इंडिया का दो टीबी डाटा चोरी किया गया।
देश में 108 रैन्समवेयर की घटनाएं देखने को मिलीं
इस दौरान देश में 108 रैन्समवेयर की घटनाएं देखने को मिलीं। रिपोर्ट के अनुसार, लाकबिट भारत का सबसे सक्रिय रैन्समवेयर समूह था और यह 20 से ज्यादा घटनाओं का जिम्मेदार रहा। इसके बाद 15 मामलों के साथ किलसेक का नंबर आता है। रैन्समहब देश में 12 घटनाओं के लिए जिम्मेदार था।
यूपी के इस शहर से 12 महीनों में साइबर ठगों ने उड़ा दिए 30 करोड़ रुपये
साइबर ठगी के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। बीते वर्ष साइबर ठगी की 1264 शिकायतें आईं। 1032 मामले रुपयों की ठगी के रहे। इनमें 129 मामले में पांच लाख रुपये से अधिक की ठगी के रहे जिनको साइबर क्राइम थाना में दर्ज किया गया। साइबर ठगों ने लोगों के 30 करोड़ रुपये उड़ा दिए।
पुलिस ने ठगी में इस्तेमाल 5531 मोबाइल नंबर को ब्लॉक कराया
साइबर क्राइम थाना में दर्ज मामलों में बिहार, झारखंड, मध्य प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, गुजरात, उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों के 19 साइबर ठग गैंग का राजफाश करते हुए 80 साइबर ठगों को गिरफ्तार किया। साइबर क्राइम थानों में दर्ज मुकदमों में पांच करोड़ 80 लाख रुपये रिफंड कराया। पुलिस ने ठगी में इस्तेमाल 5531 मोबाइल नंबर को ब्लाक कराया। इंटरनेट मीडिया के 81 फेक एकाउंट को बंद कराया।
राजनाथ सिंह ने किया डीआरडीओ मुख्यालय का दौरा, वरिष्ठ विज्ञानियों से की चर्चा
3 Jan, 2025 09:50 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
सेना को तकनीकी रूप से उन्नत बल में बदलने के उद्देश्य से सरकार द्वारा 2025 को रक्षा सुधारों का वर्ष घोषित करने के एक दिन बाद रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने गुरुवार को कहा कि डीआरडीओ निर्धारित उद्देश्यों को प्राप्त करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
सेना के तीनों अंगों के बीच तालमेल बढ़ाने को लेकर कही ये बात
राजनाथ ने डीआरडीओ मुख्यालय का दौरा किया और इसके 67वें स्थापना दिवस के मौके पर वरिष्ठ विज्ञानियों और विभिन्न अधिकारियों के साथ बातचीत की। सरकार ने बुधवार को 2025 को रक्षा सुधारों का वर्ष घोषित किया था और कहा था कि इसका उद्देश्य सेना के तीनों अंगों के बीच तालमेल बढ़ाने के लिए एकीकृत थिएटर कमान शुरू करना तथा सेना को तकनीकी रूप से उन्नत और युद्ध के लिए तैयार बल में बदलना है।
रक्षा मंत्रालय ने जिन सुधारों की योजना बनाई है उनका व्यापक उद्देश्य रक्षा खरीद प्रक्रिया को सरल और समयबद्ध बनाना, प्रमुख हितधारकों के बीच गहन सहयोग सुनिश्चित करना, बाधाओं को दूर करना, अक्षमताओं को समाप्त करना और संसाधनों का अधिक से अधिक उपयोग करना है।
रक्षा विज्ञानियों से किया यह आग्रह
रक्षा मंत्री ने गुरुवार को डीआरडीओ से तेजी से विकसित हो रहे तकनीकी इकोसिस्टम के साथ तालमेल बैठाते हुए आगे बढ़ने और बदलते समय की आवश्यकताओं के अनुरूप रक्षा उपकरण तैयार करने का आह्वान किया। उन्होंने रक्षा विज्ञानियों से आग्रह किया कि वे तकनीकी रूप से उन्नत देशों द्वारा अपनाए जा रहे उत्पादों और प्रक्रियाओं पर नजर रखें तथा विशिष्ट प्रौद्योगिकियों का विकास करें।
आगे कहा कि डीआरडीओ की प्रत्येक प्रयोगशाला को दो-तीन महत्वपूर्ण परियोजनाओं की पहचान करनी चाहिए और उन्हें 2025 तक पूरा करना चाहिए। अगले स्थापना वर्ष तक हमारे पास ऐसी 100 परियोजनाएं होनी चाहिए जो पूरी की जा चुकी हों। राजनाथ ने निजी क्षेत्र के साथ सहयोग बढ़ाने की दिशा में डीआरडीओ के प्रयासों की सराहना की, जिसमें संगठन द्वारा अपनी तकनीकें प्रदान करना और अपने पेटेंट तक मुफ्त पहुंच प्रदान करना शामिल है।
निजी क्षेत्र की भागीदारी को लेकर कही ये बात
उन्होंने संगठन से ऐसे और क्षेत्रों की पहचान करने का आग्रह किया, जो निजी क्षेत्र की भागीदारी को बढ़ा सकते हैं और साथ ही इस बात पर जोर दिया कि राष्ट्र तभी प्रगति कर सकता है, जब सभी हितधारक मिलकर काम करें। रक्षा मंत्री ने डीआरडीओ से अपने अनुसंधान एवं विकास प्रयासों में स्टार्ट-अप को शामिल करने की संभावना तलाशने का आग्रह किया। कहा कि इससे विचारों के बहुमूल्य आदान-प्रदान को बढ़ावा मिलेगा और भारतीय रक्षा क्षेत्र को बदलते समय के हिसाब से नवीन तकनीकों के साथ आगे आने का अवसर मिलेगा।
आंध्र प्रदेश के तिरुपति जिले के स्टील प्लांट में हुआ भारी विस्फोट, एक व्यक्ति की हुई मौत और 5 घायल
2 Jan, 2025 04:52 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पेल्लाकुरु (आंध्र प्रदेश)। आंध्र प्रदेश के तिरुपति जिले के स्टील प्लांट में भारी विस्फोट हुआ। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। दरअसल पेनेपल्ली में बने अग्रवाल स्टील प्लांट में बुधवार रात बड़ा विस्फोट हुआ। इस घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई और 5 लोग घायल हो गए हैं। इस धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के गांवों में दहशत फैल गई है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि संयंत्र से बड़े पैमाने पर आग का गोला निकला, जिसके बाद कुछ छोटे विस्फोट भी हुए। बता दें कि यह घटना बुधवार रात करीब 10.15 बजे की है, जब कथित तौर पर प्लांट के बॉयलर में खराबी आ गई, जिससे विस्फोट हो गया। विस्फोट इतना भीषण था कि इससे दूर दराज तक घरों की खिड़कियां टूट गईं और इलाके की इमारत क्षतिग्रस्त हो गई।
तिरुपति के पुलिस अधीक्षक एल सुब्बा रायडू ने बताया कि यह विस्फोट बुधवार देर रात एमएस अग्रवाल कंपनी में हुआ, जो स्पंज आयरन को पिघलाकर आयरन बॉल्स बनाती है।
एक व्यक्ति की मौत हो गई, दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया तथा चार अन्य को सामान्य चोटें आईं। उन्होंने कहा कि औद्योगिक सुरक्षा समिति विस्फोट के वास्तविक कारणों का पता लगाएगी।
सभी घायलों का इलाज चल रहा है और मामला दर्ज किया जा रहा है।
बता दें कि इस हादसे में कुल 6 लोग घायल हुए थे। घायल श्रमिकों को इलाज के लिए नेल्लोर और नायडूपेटा के सरकारी अस्पताल ले जाया गया था। जिसमें से अब एक व्यक्ति की मौत हो गई है। वहीं संयंत्र को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है और घटना की जांच शुरू हो चुकी है।
रील के लिए चलती ट्रेन में शख्स ने फाड़ा ट्रेन का सीट कवर
2 Jan, 2025 04:46 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
एक तरफ भारतीय रेल लोगों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए लगातार काम कर रहा है तो वहीं दूसरी तरफ कुछ लोगों की वजह से रेलवे की छवि भी खराब होती है।
हाल ही में सोशल मीडिया पर एक वीडियो जमकर वायरल हो रही है। इस वीडियो में एक व्यक्ति चलती ट्रेन में सीट कवर फाड़ता नजर आ रहा है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद लोगों ने शख्स के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि एक युवक ट्रेन की सीट का कवर फाड़कर उसे खिड़की से बाहर फेंक रहा है। यह घटना रात के समय की लग रही है, जिसमें वह व्यक्ति हंसते हुए यह काम कर रहा है। वीडियो देखकर ऐसा लग रहा है मानो वह केवल सोशल मीडिया पर रील बनाने के लिए ऐसा कर रहा हो।
सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म एक्स पर यूजर मिस्टर सिन्हा द्वारा शेयर किए गए इस वीडियो के साथ कैप्शन दिया गया है, वही व्यक्ति बाद में एक यूट्यूबर से बात करेगा, सरकार को दोषी ठहराएगा और रेलवे की खराब स्थिति के बारे में शिकायत करेगा।
भारतीय रेलवे ने अभी तक इस घटना पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया जारी नहीं की है।
यात्रियों द्वारा की गई तोड़फोड़ की यह कोई अकेली घटना नहीं है। उत्तर प्रदेश के बस्ती रेलवे स्टेशन पर भी इसी तरह का मामला सामने आया था, जहां यात्रियों ने अंत्योदय एक्सप्रेस में तोड़फोड़ की थी। बंद दरवाजों से परेशान होकर यात्रियों ने ट्रेन के प्रवेश द्वार पर लगे शीशे को पत्थर से तोड़ दिया था। वायरल हुए एक वीडियो में कुछ लोग खिड़की की ग्रिल को तोड़कर उसके खुले हिस्से का इस्तेमाल कर ट्रेन में घुसते हुए दिखाई दे रहे हैं।
एक अन्य एक्स पोस्ट के कैप्शन में लिखा है, मनकापुर रेलवे स्टेशन पर 15101 अंत्योदय एक्सप्रेस का गेट न खुलने से गुस्साए यात्रियों ने कोच पर पथराव कर दिया, जिससे कांच टूट गया और ट्रेन में भगदड़ मच गई, ट्रेन छपरा से मुंबई जा रही थी।
रेलवे अधिकारियों ने कहा कि अत्यधिक भीड़ के कारण अव्यवस्था फैली। अधिकारियों ने कहा, चूंकि ट्रेन में अत्यधिक भीड़ थी, इसलिए अंदर बैठे यात्रियों ने कोच को अंदर से बंद कर दिया था, ताकि अतिरिक्त यात्री उसमें सवार न हो सकें। इस हरकत से बस्ती रेलवे स्टेशन पर ट्रेन में चढ़ने का इंतजार कर रहे यात्री भड़क गए।
इस तरह की बर्बरतापूर्ण गतिविधियों से न केवल सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचता है, बल्कि यात्रियों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ती है, जिससे भारतीय रेलवे के समक्ष चुनौतियां और बढ़ जाती हैं।
उत्तर भारत में ठंड का कहर जारी, सड़कों पर छाया घना कोहरा
2 Jan, 2025 02:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नए वर्ष की शुरुआत के साथ ही पूरा उत्तर भारत प्रचंड शीतलहर की चपेट में है। पहाड़ी राज्यों मे बर्फबारी तो मैदानी इलाकों में ठंडी हवाओं और गिरते तापमान ने गलन बढ़ा दी है। कश्मीर में शीतलहर तेज हो गई है। दिल्ली, बिहार और उत्तर प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में न्यूनतम तापमान में पांच डिग्री सेल्सियस से अधिक की गिरावट देखी गई।
राजस्थान के कुछ हिस्सों के साथ पड़ोसी राज्यों हरियाणा, पंजाब, मध्य प्रदेश में भी कड़ाके की ठंड पड़ रही है। हरियाणा, राजस्थान, बंगाल, बिहार में घना कोहरा छाया रहा। पश्चिमी विक्षोभ अभी अफगानिस्तान के ऊपर बना हुआ है। इससे पांच और छह जनवरी को उत्तर पश्चिम भारत के मैदानी भागों में बूंदाबांदी की भी संभावना है।
उत्तर प्रदेश में पिछले तीन दिनों से गलन जारी
उत्तर प्रदेश में पिछले तीन दिनों से जारी गलन और सर्द हवाओं के बीच बुधवार दोपहर बाद कई जिलों में सूर्यदेव के दर्शन हुए। हालांकि, ठंडी हवाओं ने लोगों को ठिठुरने पर मजबूर कर दिया। मौसम विभाग ने तीन जनवरी से मौसम शुष्क रहने की संभावना जताई है। श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी और बरेली सहित कई जिलों में तीन जनवरी सुबह साढ़े आठ बजे तक शीतल दिवस का यलो अलर्ट जारी किया गया है।
ठंडी हवाओं ने झारखंड में भी ठिठुरन बढ़ा दी है
बिहार में पटना समेत अधिकतर जिलों में सुबह के समय हल्के से मध्यम दर्जे का कोहरा छाए रहने की संभावना है। सर्द पछुआ हवा के कारण कनकनी का प्रभाव बना रहेगा। ठंडी हवाओं ने झारखंड में भी ठिठुरन बढ़ा दी है। मौसम विभाग ने अगले तीन दिन न्यूनतम तापमान में बड़े बदलाव की संभावना नहीं जताई है। राजधानी व आसपास के जिलों में ठंडी हवाओं का असर बना रहेगा। सुबह और देर रात कोहरे का असर भी रहेगा।
मध्य प्रदेश में अधिकतर हिस्सों में न्यूनतम तापमान में सामान्य से तीन-चार डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई है। शहडोल के कल्याणपुर में न्यूनतम तापमान 6.1 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ, यह प्रदेश में सबसे ठंडा स्थान रहा। मौसम विभाग ने 14 जिलों में शीतल दिन की चेतावनी जारी की है। इन जिलों में घने से मध्यम दर्जे के कोहरे की चेतावनी है। राजस्थान में श्रीगांगनर, हनुमानगढ़ व सीकर ठंड की चपेट में हैं। वहां अधिकतम तापमान ही 16 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया।
उत्तराखंड में मैदानी क्षेत्रों में सुबह-शाम कोहरा
मौसम विभाग ने गुरुवार से कड़ाके की सर्दी से थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद जताई है। उत्तराखंड में मैदानी क्षेत्रों में सुबह-शाम कोहरा और पहाड़ों में पाला दुश्वारी बढ़ा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार को देहरादून समेत अन्य मैदानी क्षेत्रों में सुबह कोहरा छाया रह सकता है। पहाड़ों में पाला गिरने की चेतावनी है। पंजाब में पिछले चार दिनों से शीतलहर चल रही है।
बुधवार को दिन के तापमान में लगभग सात डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई। अधिकांश जिलों में रात का तापमान आठ से नौ और दिन का 11 से 12 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को कोल्ड डे की स्थिति रहेगी। सुबह घनी धुंध की भी संभावना है। पांच जनवरी को कुछ जिलों में हल्की वर्षा हो सकती है।
हिमाचल में कांगड़ा, ऊना, मंडी कोहरा छाएगा
हिमाचल में कांगड़ा, ऊना, मंडी व बिलासपुर के मैदानी क्षेत्रों में घने कोहरे के कारण बुधवार सुबह आवाजाही में परेशानी हुई। मंडी के सुंदरनगर में ²श्यता लगभग 100 मीटर रही। गुरुवार को भी इन क्षेत्रों में घना कोहरा का यलो अलर्ट जारी किया गया है। ताबो, समधो, कुकुमसेरी, कल्पा व रिकांगपिओ में तापमान माइनस में चल रहा है। सबसे कम तापमान लाहुल स्पीति के ताबो में -16.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
कश्मीर के ऊपरी क्षेत्रों में वर्षा शुरू, आज हिमपात के आसार
जम्मू-कश्मीर में कड़ाके की ठंड के बीच पश्चिमी विक्षोभ ने सक्रिय होते प्रभाव दिखाना शुरू कर दिया है। बुधवार को उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में वर्षा शुरू हो गई। आसार हैं कि गुरुवार से पहाड़ों पर हल्का हिमपात और निचले क्षेत्रों में वर्षा शुरू हो जाएगी। कश्मीर में सभी स्थानों पर तापमान लगातार जमाव बिंदू शून्य से नीचे बना हुआ है।
जम्मू में भी ठंड व हल्का कोहरा बेहाल कर रही है। मौसम विभाग ने छह जनवरी तक कश्मीर में दो पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के चलते बर्फबारी व बर्षा की संभावना जताई है। विक्षोभ का सबसे अधिक प्रभाव चार और पांच जनवरी को देखने को मिलेगा।
चीन के ब्रह्मपुत्र पर बांध निर्माण से असम के इकोसिस्टम को नुकसान: सीएम सरमा
2 Jan, 2025 01:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
गुवाहाटी। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने कहा कि तिब्बत में ब्रह्मपुत्र नदी पर चीन द्वारा प्रस्तावित दुनिया के सबसे बड़े बांध के निर्माण से असम में नदी के पारिस्थितिकी तंत्र (इकोसिस्टम) को नुकसान पहुंचेगा।
पत्रकारों से बातचीत के दौरान सरमा ने कहा कि केंद्र ने चीन को नदी के निचले इलाकों में बांध से उत्पन्न खतरों के बारे में अवगत करा दिया है। सरमा ने कहा- 'बांध हमारे लिए बड़ी समस्या पैदा करेगा क्योंकि नदी का तल सूख जाएगा और पूरी नदी प्रणाली कमजोर हो जाएगी। हमने पहले ही केंद्र के समक्ष यह मामला उठाया है।'
भारत और बांग्लादेश की चिंताएं बढ़ गई हैं
उन्होंने कहा कि अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू भी इस संबंध में केंद्र को लिख चुके हैं। पिछले सप्ताह ही चीन ने विश्व के सबसे बड़े बांध के निर्माण को मंजूरी दी थी। इसे दुनिया का सबसे बड़ा इन्फ्रा प्रोजेक्ट बताया जा रहा है। यह परियोजना भारतीय सीमा के निकट तिब्बत में ब्रह्मपुत्र नदी पर बन रही है। इससे भारत और बांग्लादेश की चिंताएं बढ़ गई हैं।
बता दें कि तिब्बत के बाद ब्रह्मपुत्र नदी अरुणाचल प्रदेश से होते हुए भारत में प्रवेश करती है और बंगाल की खाड़ी में मिलने से पहले असम और बांग्लादेश से होकर गुजरती है। एक अन्य मुद्दे पर असम के मुख्यमंत्री ने कहा कि हाल के महीनों में बांग्लादेश से आने वाले लोगों में ज्यादातर पड़ोसी देश के बहुसंख्यक समुदाय के लोग हैं न कि वहां के अल्पसंख्यक हिंदू।
तमिलनाडु की कपड़ा कंपनियों को कर रहे प्रोत्साहित
उन्होंने दावा किया कि जो लोग अवैध रूप से भारत में प्रवेश कर रहे हैं, वे मुस्लिम बहुल बांग्लादेश के कपड़ा उद्योग के श्रमिक हैं। वहां इस उद्योग की खराब स्थिति के चलते वे उसी क्षेत्र में शामिल होने के लिए तमिलनाडु जाना चाहते हैं। तमिलनाडु में द्रमुक का शासन है जोकि विपक्षी गढबंधन आइएनडीआइए का घटक दल है।
उन्होंने कहा कि तमिलनाडु की कपड़ा कंपनियों के मालिक उन्हें सस्ते श्रम के लिए आने को प्रोत्साहित कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि उस देश में हिंदू अल्पसंख्यक अब वहां अत्याचारों का सामना करने के बावजूद आने की कोशिश नहीं कर रहे हैं, संभवत: इसलिए क्योंकि वे बहुत देशभक्त हैं।
बांग्लादेश में हिंदुओं को लेकर पीएम चिंतित
सरमा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी उस देश में हिंदुओं और अल्पसंख्यकों के लिए अनुकूल माहौल बनाने में मदद करने के लिए बहुत मेहनत कर रहे हैं। सीएम ने दावा किया कि स्थिति बहुत ही चिंताजनक है और केंद्र इसे लेकर बहुत चिंतित है।
दिलजीत दोसांझ ने नए साल के मौके पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से की मुलाकात
2 Jan, 2025 11:56 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मशहूर पंजाबी गायक व अभिनेता दिलजीत दोसांझ ने बुधवार को नए साल के मौके पर नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की। इस दौरान मोदी ने साधारण शुरुआत से लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने के लिए दोसांझ की खूब सराहना की।
पीएम मोदी ने इंस्टाग्राम पर दोनों की बातचीत की एक छोटी क्लिप साझा करते हुए कहा- ''एक बहुत ही यादगार बातचीत।'' उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट में कहा- ''दिलजीत दोसांझ के साथ एक शानदार बातचीत। वह वास्तव में बहुमुखी प्रतिभा के धनी हैं। हमनें संगीत, संस्कृति और कई चीजों पर बात की।'' दोनों के बीच हुई बातचीत को दोसांझ ने भी अपने इंस्टाग्राम पर शेयर किया है।
इस मुलाकात में मोदी दोसांझ से कहते हैं-' भारत के गांव का एक लड़का, जब दुनिया में नाम रोशन करता है तो बड़ा अच्छा लगता है। आपके परिवार ने आपका नाम दिलजीत रखा और आप लोगों का दिल जीतते ही जा रहे हैं।'
दिलजीत कहते हैं- 'हम पढ़ते थे कि मेरा भारत महान है. लेकिन जब मैंने भारत का भ्रमण किया तो मुझे पता चला कि हमारे देश को महान क्यों कहते हैं। भारत में सबसे बड़ा जादू योग है।' इस पर मोदी बोले कि योग को जिसने अनुभव किया है वही इसकी ताकत जानता है।
दिलजीत ने सुनाया गाना
दिलजीत प्रधानमंत्री मोदी के मां के प्रेम व गंगा के प्रति उनकी आस्था को लेकर कहते हैं कि आपने जो शब्द उनके प्रति कहे उसमें साफ झलकता था कि वह आपके दिल से निकले हैं। इसके बाद दिलजीत ने गुरु नानक देव जी के प्रति अपनी श्रद्धा को गीत के माध्यम से व्यक्त किया। खास बात यह है कि जब दिलजीत गीत गुनगुना रहे थे तो प्रधानमंत्री मोदी मेज पर अंगुलियों से उन्हें ताल देते नजर आए।
दोसांझ ने ये सुनाया गीतओ कैंदे.. कित्थे है तेरा रब, दिसदा ही नहींमैं केहा अखां बंद कर, ध्यान कर, महसूस करगुरु नानक तां अंग संग हैतूं ही बस गैर हाजिर हैगुरु नानक.. गुरु नानक.. गुरु नानक..।
प्रसिद्ध वनस्पतिशास्त्री और पद्मश्री पुरस्कार विजेता केएस मणिलाल का 86 वर्ष की उम्र हुआ निधन
2 Jan, 2025 11:40 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
त्रिशूर। प्रख्यात वनस्पति विज्ञानी एवं पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित केएस मणिलाल का बुधवार को उम्र संबंधी बीमारियों के कारण निधन हो गया। वह 86 वर्ष के थे। पारिवारिक सूत्रों ने बताया कि वह कुछ समय से अस्वस्थ थे और यहां एक प्राइवेट अस्पताल में उन्होंने अंतिम सांस ली।
कट्टुंगल सुब्रह्मण्यन मणिलाल, केएस मणिलाल के नाम से जाने जाते थे। वह कालीकट विश्वविद्यालय में वनस्पति विज्ञान विभाग के पूर्व प्रमुख थे। उन्होंने प्राचीन लैटिन पुस्तक 'हार्टस मालाबारिकस' का अंग्रेजी और मलयालम में अनुवाद किया है।
वनस्पति विज्ञान में उनके दशकों लंबे योगदान, विशेष रूप से मालाबार क्षेत्र (भारत के दक्षिण-पश्चिमी तट) की समृद्ध वनस्पतियों का दस्तावेजीकरण करने वाले 17वीं शताब्दी के वनस्पति ग्रंथ हॉर्टस मालाबारिकस का अंग्रेजी और मलयालम में अनुवाद करने के उनके प्रयासों ने उन्हें व्यापक पहचान दिलाई। यह ग्रंथ क्षेत्र के वनस्पति इतिहास का अध्ययन करने वाले शोधकर्ताओं, शिक्षाविदों और छात्रों के लिए एक महत्वपूर्ण संसाधन बना हुआ है।
मणिलाल ने कई किताबें लिखीं और 200 से ज्यादा शोध पत्र प्रकाशित किए। इसके अलावा उन्होंने कई नए पादपों की प्रजातियों की भी खोज की। उन्हें कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पुरस्कारों से सम्मानित किया गया था। विज्ञान के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए केंद्र ने उन्हें 2020 में पद्मश्री से सम्मानित किया।
पीएम मोदी ने जताया शोक
मणिलाल के निधन पर शोक जताते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि वनस्पति विज्ञान में उनका समृद्ध कार्य आने वाली पीढि़यों, वनस्पतिशास्ति्रयों और शोधकर्ताओं के लिए मार्गदर्शक बना रहेगा। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और दोस्तों के साथ हैं। ओम शांति।
कन्नूर में स्कूल बस हादसे में 10 वर्षीय छात्रा की मौत, 18 घायल
2 Jan, 2025 11:31 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
कन्नूर। केरल के कन्नूर जिले के वलाक्काई में बुधवार को एक स्कूल बस पलटने से 10 वर्षीय छात्रा की मौत हो गई और 18 अन्य विद्यार्थी घायल हो गए। पुलिस के अनुसार, बस में सवार छात्रा खिड़की से बाहर गिर गई और बस के पलटने से उसके नीचे दबकर मौत हो गई। यह बस जिले के कुरुमाथुर स्थित चिन्मय स्कूल की थी।
मृतक छात्रा की पहचान नेद्या एस राजेश के रूप में हुई है और वह पांचवीं कक्षा की छात्रा थी। घायल विद्यार्थियों में से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। दुर्घटना के समय बस में 20 विद्यार्थी सवार थे।
बस ने दूसरे वाहन को रास्ता देते समय नियंत्रण खो दिया और सड़क पर पलट गई। 13 गंभीर छात्रों को बेहतर इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है। दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्कूल प्रशासन और अभिभावकों में हलचल मच गई। सभी लोग मौके पर आकर राहत व बचाव में जुट गए।
पुलिस के अनुसार, सूत्रों ने कहा कि कथित तौर पर ब्रेक फेल होने के कारण दुर्घटना हुई, लेकिन पुलिस ने कहा कि विस्तृत जांच चल रही है। घायल हुए तेरह छात्रों को स्थानीय निवासियों द्वारा इलाज के लिए तालीपरम्बा तालुक अस्पताल ले जाया गया। लड़की के शव को परियाराम के सरकारी मेडिकल कॉलेज में स्थानांतरित कर दिया गया।
पीएम मोदी 813वें उर्स पर अजमेर शरीफ दरगाह के लिए भेजेंगे चादर
2 Jan, 2025 11:20 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पीएम मोदी गुरुवार शाम छह बजे केंद्रीय अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री किरण रिजिजू और भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के अध्यक्ष जमाल सिद्दीकी को औपचारिक चादर सौंपेंगे। यह चादर ख्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती के उर्स के मौके पर अजमेर शरीफ दरगाह पर चढ़ाई जाएगी। हजरत ख्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती का 813वां उर्स 28 दिसंबर 2024 को शुरू हुआ है।
दरअसल, पीएम पद संभालने के बाद से नरेंद्र मोदी दस बार अजमेर शरीफ दरगाह पर चादर चढ़ा चुके हैं। यह 11वीं बार होगा जब उन्होंने इस परंपरा में हिस्सा लिया है। पिछले साल, 812वें उर्स के दौरान प्रधानमंत्री की ओर से मुस्लिम समुदाय का प्रतिनिधित्व करने वाले एक प्रतिनिधिमंडल के साथ तत्कालीन केंद्रीय मंत्री स्मृति इरानी और जमाल सिद्दीकी ने दरगाह पर चादर पेश की थी।
चादर भेजेंगे पीएम मोदी
भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के मीडिया प्रभारी के अनुसार, चादर को दरगाह पर पेश करने से पहले किरण रिजिजू और जमाल सिद्दीकी द्वारा सौंपी जाएगी। ख्वाजा गरीब नवाज की दरगाह पर रखी जाने वाली चादर भक्ति और सम्मान का प्रतीक है। अजमेर शरीफ दरगाह भारत में सबसे प्रतिष्ठित सूफी तीर्थस्थलों में से एक है। हर साल दुनिया भर से लाखों लोग उर्स उत्सव मनाने के लिए यहां आते हैं, जो ख्वाजा मोइनुद्दीन हसन चिश्ती की बरसी का एक महत्वपूर्ण आयोजन है।
चादर सम्मान का प्रतीक
ख्वाजा गरीब नवाज की दरगाह (मजार-ए-अखदास) पर चढ़ाई जाने वाली चादर, भक्ति और सम्मान का प्रतीक है। उर्स के दौरान चादर चढ़ाना इबादत का एक शक्तिशाली रूप माना जाता है, जिसे दुआ प्राप्त करने और मन्नतें पूरी करने के साधन के रूप में देखा जाता है। अजमेर शरीफ दरगाह भारत में सबसे प्रतिष्ठित सूफी दरगाहों में से एक है।
लाखों लोग होते हैं एकत्रित
हर साल, दुनिया भर से लाखों लोग उर्स उत्सव मनाने के लिए यहां एकत्रित होते हैं, यह एक महत्वपूर्ण आयोजन है जो ख्वाजा मोइनुद्दीन हसन चिश्ती की पुण्यतिथि के उपलक्ष्य में मनाया जाता है। हजरत ख्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती का 813वां उर्स 28 दिसंबर, 2024 को शुरू हुआ और इसे बड़े धूमधाम के साथ मनाया जाता है।
सड़क सुरक्षा के लिए पुलिस सख्त: राजधानी के चौक-चौराहों पर ब्रीथ एनालाइजर के साथ तैनात रही टीमें।
खेत से चोरी हुई थीं गायें: भोपाल के गोदरमऊ क्षेत्र में हुई घटना ने बढ़ाई पुलिस की चुनौती।
अपराधियों को संरक्षण देने का आरोप: बृजभूषण और प्रज्वल रेवन्ना मामले पर बरसीं शोभा ओझा
जशपुर में विमान हादसा: आरा पहाड़ पर एयर एम्बुलेंस क्रैश होने से मचा हड़कंप
