देश
किश्तवाड़ में बोलेरो के खाई में गिरने से 04 की मौत, 02 लापता
5 Jan, 2025 05:25 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले के मस्सू पैडर इलाके में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 04 लोगों की मौत हो गई, जबकि 02 अन्य लोग लापता बताए जा रहे हैं। हादसा तब हुआ जब बोलेरो वाहन पहाड़ी सड़क से फिसलकर 150 मीटर नीचे चिनाब नदी में जा गिरा।
जानकारी अनुसार सड़क दुर्घटना ग्वार मस्सू क्षेत्र में तब हुई, जबकि बोलेरो कैंपर वाहन मास्सी से गुलबर्ग जा रहा था। उक्त वाहन में 6 लोग सवार थे। इस दुर्घटना में चार मृतकों की पहचान हो गई है। मृतकों में राज कुमार (22), मुकेश कुमार (29), हकीकत सिंह (28) एवं सतीश कुमार (26) शामिल हैं। इस दुर्घटना में 02 लोगों के लापता होने की बात सामने आई है। लापता व्यक्तियों में वाहन चालक अशोक कुमार और वाहन मालिक नवरतन का नाम लिया जा रहा है। लापता लोगों को तलाश करने पुलिस और बचाव दल ने इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी रखा है।
यहां बताते चलें कि चिनाब घाटी, जिसमें किश्तवाड़, रामबन और डोडा जिले शामिल हैं, अपने खतरनाक पहाड़ी रास्तों और दुर्गम इलाकों के लिए जानी जाती है। यह इलाका सड़क दुर्घटनाओं का केंद्र बन चुका है। सड़क दुर्घटनाओं के आंकड़ों की बात करें तो 2019 से 2023 के बीच में कई सौ लोगों की मौत हो चुकी है।
सड़क दुर्घटना संबंधी आंकड़ों के अनुसार -
2019: 113 मौतें
2020: 64 मौतें
2021: 91 मौतें
2022: 81 मौतें
2023: 114 मौतें
केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने मौजूदा हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने दुर्घटनाओं की बढ़ती संख्या पर चिंता जाहिर की है और इलाके में सड़क सुरक्षा बढ़ाने के लिए ठोस कदम उठाने की आवश्यकता बताई है। बहरहाल यह हादसा एक बार फिर चिनाब घाटी में सड़क सुरक्षा के गंभीर मुद्दे को उजागर करता प्रतीत हो रहा है।
यूपी-बिहार में ठंड ने ली दस लोगों की जान, जम्मू-हिमाचल में बर्फबारी जारी
5 Jan, 2025 05:12 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी जारी है जिससे पूरे उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। पिछले 24 घंटे में उत्तर प्रदेश में ठंड से 8 लोग और बिहार में 2 लोगों को जान गंवानी पड़ी। देश 14 राज्यों में लगातार दूसरे दिन घना कोहरा छाया रहा। दिल्ली में शनिवार को 9 घंटे तक विजिबिलिटी जीरो दर्ज की गई।
बता दें कोहरे के कारण 3 और 4 जनवरी को दिल्ली में 800 से ज्यादा फ्लाइट लेट हुईं। रविवार सुबह भी 114 फ्लाइट तय समय पर उड़ान नहीं भर सकीं। 3 दिनों में 900 से ज्यादा फ्लाइट्स प्रभावित हुईं हैं। वहीं राजस्थान और मध्य प्रदेश में ठंड से फिलहाल राहत है। राजस्थान के कुछ जिलों में रविवार को बारिश हो सकती है। वहीं, मध्यप्रदेश में दो दिन बाद सर्दी बढ़ सकती है। कई जिलों में तापमान 2 से 3 डिग्री गिर सकता है।
मौसम विभाग ने कश्मीर और चिनाब घाटी में भारी बर्फबारी का अनुमान जताया है। वहीं, हिमाचल प्रदेश के भी 7 जिलों में भारी बर्फबारी हो सकती है।
6 जनवरी को 14 राज्यों में कोहरा, हिमाचल में बर्फबारी की संभावना है। कोल्ड डे की स्थिति भी बनी रहेगी। हिमाचल, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में बिजली गिरने और तेज हवा चलने का अलर्ट जारी किया गया है। दिल्ली, राजस्थान, मध्य प्रदेश, यूपी, बिहार, पंजाब, हरियाणा, पश्चिम बंगाल, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा में कोहरा छाया रहेगा।
वहीं 7 जनवरी को तीन राज्यों में बर्फबारी, राजस्थान में बारिश हो सकती है। मध्य प्रदेश में तापमान में गिरावट आएगी। दिल्ली, राजस्थान, मध्य प्रदेश, यूपी, बिहार, पंजाब, हरियाणा में कोहरा छाया रहेगा। हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में बर्फबारी होगी। 8 जनवरी को तमिलनाडु-पुडुचेरी में बारिश होग सकती है। उत्तर भारत के राज्यों में कोहरा छाया रहेगा। हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में बर्फबारी हो सकती है।
पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट रसायनों को मिलाने की प्रक्रिया के दौरान हुआ
5 Jan, 2025 11:15 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
विरुधुनगर। तमिलनाडु के विरुधुनगर जिले में एक पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट हुआ, जिसमें छह मजदूरों की मौत हो गई थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि विस्फोट रसायनों को मिलाने की प्रक्रिया के दौरान हुआ था। अधिकारियों के मुताबिक विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि एक कमरा पूरी तरह से ध्वस्त हो गया, जिससे कई मजदूर उसके मलबे में दब गए थे। घटना के बाद फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची और बचाव कार्य किया था। मृतकों की पहचान अभी तक उजागर नहीं हो सकी है, लेकिन सभी मजदूर स्थानीय बताए जा रहे हैं। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया है और कुछ की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है।
पटाखा बनाने वाली इस फैक्ट्री में सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं। अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है और यह कदम उठाए जा रहे हैं कि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों। विस्फोट के कारणों का पता लगाने के लिए विशेषज्ञों की टीम बनाई गई है। शुरुआती जांच के मुताबिक 2 जनवरी को विस्फोट उस वक्त हुआ जब मजदूर रसायनों को मिलाने का काम कर रहे थे। इस प्रकार के विस्फोटों में अक्सर सुरक्षा नियमों का पालन न होने की वजह से हादसे होते हैं और यही कारण माना जा रहा है। हालांकि, विस्फोट की असल वजह का अभी तक पता नहीं चल सका है।
प्रशासन और पुलिस ने इस घटना की गंभीरता को देखते हुए पटाखा बनाने वाली इकाइयों की सुरक्षा जांच तेज कर दी है। केंद्र और राज्य सरकार ने इस हादसे पर शोक जताया है और मृतकों के परिवारों को उचित मुआवजा देने का वादा किया है। साथ ही अधिकारियों ने सभी संबंधित कंपनियों से सुरक्षा मानकों को सख्ती से लागू करने की अपील की है ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाएं दोबारा न हो।
भीषण कोहरे को देखते हुए एडवायजरी जारी, एयरलाइन, ट्रेन और वाहनों के संचालन में हो रही परेशानी
5 Jan, 2025 10:15 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली । देश की राजधानी दिल्ली इन दिनों भीषण कोहरे की चपेट में है। कोहरे के कारण यातायात के हर संसाधन को चलाने में दिक्कत हो रही है। आवाजाही के साधन चाहे हवाई हो या सड़क के, कोहरे के कारण हर जगह परेशानी हो रही है। ना सड़कों पर गाड़ियां चल पा रही है ना ही आसमान में विमान उड़ पा रहे है।
इसी बीच इंडिगो एयरलाइंस ने एडवाइजरी जारी की है। इंडिगो एयरलाइंस ने कहा कि शहर और अन्य उत्तरी क्षेत्रों से उड़ानों का कार्यक्रम प्रभावित हुआ है। एयरलाइन ने पोस्ट में उत्तर भारत में मौजूदा कोहरे की स्थिति के बारे में लिखा। एयरलाइन के पोस्ट में लिखा गया है, सर्दी अपने पूरे जोरों पर है, उत्तर भारत के कई क्षेत्रों में कोहरे की स्थिति बनी हुई है। कुछ दिनों में कोहरा घना हो सकता है, जबकि अन्य दिनों में हल्का कोहरा उड़ानों के शेड्यूल को प्रभावित कर सकता है।
इसके अलावा, कम दृश्यता की स्थिति के कारण उड़ान कार्यक्रम पर पड़ने वाले प्रभाव का भी उल्लेख किया है। पोस्ट में बताया गया कि दिल्ली में कोहरे के कारण दृश्यता में काफी कमी देखी जा रही है, जिससे उड़ानों का शेड्यूल प्रभावित हो रहा है। एयरलाइन ने यात्रियों के लिए सुगम यात्रा सुनिश्चित की। आगे लिखा गया है, हम सभी के लिए सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के लिए काम कर रहे हैं, इसलिए आपके धैर्य और समझ के लिए धन्यवाद।
इसके अलावा, इंडिगो ने कम दृश्यता और कोहरे की स्थिति के कारण बेंगलुरु में उड़ान कार्यक्रम में बदलाव के संबंध में एक सलाह भी जारी की। पोस्ट में बताया गया हैं कि बेंगलुरु में कोहरे की स्थिति के कारण, कम दृश्यता के कारण उड़ानों के कार्यक्रम में बदलाव हो सकता है। हम आपसे अनुरोध करते हैं कि हवाई अड्डे पर जाने से पहले अपनी उड़ान की स्थिति के बारे में अपडेट रहें।
अब 18 साल से कम उम्र के बच्चे नहीं बना सकेंगे सोशल मीडिया अकाउंट
5 Jan, 2025 09:15 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने बच्चों की डेटा सुरक्षा और ऑनलाइन गोपनीयता को सुनिश्चित करने एक अहम कदम उठाया है। अब 18 साल से कम उम्र के बच्चों को सोशल मीडिया पर अकाउंट बनाने के लिए उनके माता-पिता या अभिभावक की इजाजत लेना जरुरी होगा। यह फैसला इलेक्ट्रॉनिक और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय द्वारा जारी किए गए व्यक्तिगत डिजिटल डेटा संरक्षण अधिनियम (डीपीडीपी) 2023 के तहत लिया गया है।
इस कदम का उद्देश्य बच्चों को ऑनलाइन खतरों, गलत सूचनाओं और साइबर बुलिंग से बचाना है। इस नीति के तहत बच्चों को डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर जिम्मेदारी से गतिविधियां करने की उम्मीद है, जबकि उनके डेटा की सुरक्षा भी तय की जाएगी। माता-पिता को इसमें शामिल करने से यह तय हो जाएगा कि वे अपने बच्चों की ऑनलाइन गतिविधियों पर निगरानी रख सकें। यदि कोई सोशल मीडिया कंपनी या डेटा फिड्यूशरी इन नियमों का पालन नहीं करती है, तो उन पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वाली कंपनियों पर 250 करोड़ रुपए तक का जुर्माना भी लगाया जा सकता है।
यह कदम कंपनियों को ज्यादा जिम्मेदार बनाने के उद्देश्य से उठाया गया है, ताकि वे बच्चों के डेटा की सुरक्षा और संबंधित नियमों का पालन गंभीरता से करें। सरकार ने इन नियमों को लागू करने से पहले नागरिकों, संगठनों और तकनीकी विशेषज्ञों से सुझाव और आपत्तियां मांगी हैं। इसके लिए 18 फरवरी तक का समय तय किया है। प्राप्त सुझावों का गहराई से अध्ययन किया जाएगा और आवश्यकता अनुसार मसौदे में बदलाव किया जाएगा। इस प्रक्रिया का उद्देश्य यह तय करना है कि ये नियम सभी के लिए उचित और प्रभावी हों।
वर्तमान मसौदे में उल्लंघन पर कानूनी कार्रवाई का स्पष्ट उल्लेख नहीं किया गया है, लेकिन जुर्माने का प्रावधान नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के लिए पर्याप्त माना जा रहा है। सरकार ने इसे सलाहकार और दिशा-निर्देश के तौर पर जारी किया है और भविष्य में यदि कंपनियां इन नियमों का उल्लंघन करती हैं, तो सख्त कदम उठाए जा सकते हैं। आज के समय में जब स्मार्टफोन का उपयोग बढ़ रहा है, छोटे बच्चे भी सोशल मीडिया पर सक्रिय हैं। ऐसे में बच्चों की ऑनलाइन सुरक्षा और उनके डेटा का गलत इस्तेमाल रोकने के लिए यह कदम उठाया गया है।
9 लोगों की रहस्यमी तरीके से मौत, सभी मृतकों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए
5 Jan, 2025 08:15 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
जम्मू । जम्मू संभाग के राजौरी के बडाल गांव में हुई 9 लोगों की रहस्यमी तरीके से मौत हुई थी। ऐसा अनुमान है कि विषाक्त भोजन खाने से ये मौतें हुई हैं। इस घटना में एक गर्भवती महिला और सात बच्चों सहित दो अन्य लोगों की मौत हुई थी।
जांच के दौरान यह पुष्टि नहीं हुई कि किसी में वायरल संक्रमण था, और न ही किसी अन्य बीमारी के कारण मौत की पुष्टि हुई है। बडाल गांव में दो परिवारों के कुल नौ लोग संदिग्ध तरीके से मौत का शिकार हुए थे। घटना के बाद राजकीय मेडिकल कॉलेज जम्मू, पीजीआई चंडीगढ़, और आइसीएमआर की टीमों ने घटनास्थल पर जांच शुरू की। सभी मृतकों के सैंपल जांच के लिए भेज दिए गए, लेकिन किसी भी व्यक्ति में वायरल संक्रमण या किसी अन्य बीमारी की पुष्टि नहीं हुई। सूत्रों के अनुसार, सभी मृतकों ने एक ही प्रकार का भोजन खाया था और उनमें समान लक्षण पाए गए थे, जिससे यह संभावना है कि मौत का कारण विषाक्त खाना हो सकता है। सूत्रों की मानें सभी मौतों का कारण विषाक्त भोजन था।
भारतीय रेलवे की चीन सीमा तक 100 KMH रफ्तार वाली ट्रेन, पहाड़ी ट्रैक पर तेजी से काम जारी
4 Jan, 2025 10:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
Indian Railway: सामरिक दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण नार्थ ईस्ट में भारतीय रेल ने बड़ी तैयारी की है. चीन से सटे इलाकों तक ट्रैक बिछाने का काम तेजी से चल रहा है. रेलवे का दावा है कि कम समय में नॉर्थ ईस्ट के इलाकों में अधिक दूरी तय किया जा सकेगा. रेलवे के ने बताया कि पहाड़ी इलाके होने के बावजूद रेलवे की ओर से ऐसे ट्रैक बनाए जा रहे हैं जिससे कि 100 किलोमीटर की रफ्तार से ट्रेनों का परिचालन हो सके. तिब्बत की सीमा पर सामरिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण दो बिन्दु- नाथू ला और तवांग तक रेलवे लाइन बिछाने की परियोजनाएं चल रही है. आंकड़ों के अनुसार, 01 अप्रैल 2025 तक कुल 1368 किलोमीटर लंबी और 74 हजार 972 करोड़ रुपए लागत वाली 18 परियोजनाएं (13 नई लाइनें और 5 दोहरीकरण) निर्माण चरण में हैं, जिनमें से मार्च 2024 तक 313 किलोमीटर लंबी परियोजनाएं चालू हो गई है और 40 हजार 549 करोड़ रुपए खर्च हो चुका है.
तेजी से हो रहा है विद्युतीकरण
भारत के सुदूर पूर्वोत्तर क्षेत्र की कठिन पहाड़ी भौगोलिक चुनौतियों का सामना करते हुए भारतीय रेलवे चट्टानों को तोड़ कर, पहाड़ को चीर कर और नदियों को लांघ कर तेजी से आठों राज्यों को रेल नेटवर्क का विस्तार एवं विद्युतीकरण करने में जुटी है. बीते दस साल में पूर्वोत्तर क्षेत्र में रेलवे के विकास की रफ्तार ढाई गुना बढ़ी है. पूर्वोत्तर क्षेत्र में रेलवे अवसंरचना परियोजनाओं का भारतीय रेल के पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे जोन क्रियान्वयन कर रहा है. यदि 21 वीं सदी में रेलवे की प्रगति के आंकड़ों पर नजर डालें तो पता चलता है कि 2009-14 के दौरान औसतन हर साल 2122 करोड़ रुपए आवंटित किए गए. वहीं, 66.6 किलोमीटर प्रति वर्ष की दर से 333 किलोमीटर नेटवर्क का विस्तार किया गया. जबकि साल 2024-25 तक सालाना आवंटन लगभग 5 गुना बढ़ा कर 10 हजार 376 करोड़ रुपए कर दिया गया और 172.8 किलोमीटर हर साल के हिसाब से 1728 किलोमीटर नई लाइनें बिछाई गई. इस हिसाब से 2014 के बाद से पूर्वोत्तर क्षेत्र में आवंटन और काम ढाई गुना अधिक रहा है.
प्रधानमंत्री का है विशेष ध्यान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नार्थ ईस्ट को भारत का ग्रोथ इंजन बताया. पूर्वोत्तर के आठ राज्यों – अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, मणिपुर, मिजोरम, नागालैंड, सिक्किम और त्रिपुरा को अष्टलक्ष्मी कह कर संबोधित किया है. वहीं, पूर्वोत्तर क्षेत्र की प्रमुख परियोजनाओं में ताजा प्रगति असम के दरांग जिले से गुजरने वाली अगथोरी-डेकारगांव (155KM) नई रेल लाइन परियोजना में हुई है. इस परियोजना के लिए फाइनल लोकेशन सर्वे को मंजूरी दे दी गई है.
अरुणाचल में नाहरलागुन तक रेलवे लाइन पहुंची
इसी तरह से भैरवी-साईरंग रेल परियोजना पूर्ण होने की ओर अग्रसर है जिससे मिजोरम को निर्बाध रेल संपर्क मिलेगा. अगरतला को ब्रॉडगेज कनेक्टिविटी मिली और अगरतला से बांग्लादेश के अखौरा तक सीमापार लाइन भी बन चुकी है. हालांकि, पड़ोसी देश के राजनीतिक हालात बदलने से फिलहाल कोई आशा नहीं है. नागालैंड में 100 साल के बाद में दूसरा ब्रॉडगेज रेलवे स्टेशन बना. मणिपुर में खोंगसांग तक रेलवे लाइन पहले ही पहुंच चुकी है. वहीं, अरुणाचल प्रदेश में नाहरलागुन तक रेलवे लाइन पहुंच चुकी है. इसी तरह सिक्किम के रंगपो को पश्चिम बंगाल के सिवाक से जोड़ने का काम तेजी से चल रहा है. करीब 45 किलोमीटर लंबी सिवोक-रंगपो लाइन सिक्किम और पश्चिम बंगाल से होकर गुजरेगा. इस परियोजना में 28 पुल और 14 सुरंगें होंगी. इस लाइन का निर्माण कंचनजंघा पर्वत श्रृंखला की तलहटी और तीस्ता नदी घाटी से होकर किया जा रहा है.
चीन के पास तक तेजी से पहुंचा जा सकता है
सरकार ने तिब्बत की सीमा पर प्राचीन रेशम मार्ग के द्वार नाथू ला तक रेल लाइन परियोजना को स्वीकृति दी है. जबकि रंगपो से गंगटोक की लाइन पर जल्द काम शुरू होने की उम्मीद है. गंगटोक से नाथू ला तक करीब 160 किलोमीटर की लाइन का सर्वेक्षण का काम शुरू हो गया है. इस लाइन का निर्माण ऐसी डिजाइन से किया जा रहा है जिस पर ट्रेन 100 किलोमीटर प्रतिघंटा की गति से दौड़ सके. इस परियोजना से जुड़े उच्चाधिकारियों का मानना है कि गंगटोक तक रेल लाइन बन जाने से गंगटोक एवं सिलीगुड़ी के बीच यात्रा का समय डेढ़ से दो घंटे में रह जाएगा जो अभी सड़क मार्ग से साढ़े तीन से चार घंटे लगते हैं. परियोजना में सिक्किम के पहले रंगपो रेलवे स्टेशन की डिजाइन भी तैयार हो गई है जो पारंपरिक सिक्किमी बौद्ध शैली की है. यह स्टेशन दूर से एक पैगोडा की भांति नजर आएगा.
नॉर्थ ईस्ट की इन परियोजना पर काम
साल 2019 में, मोदी सरकार ने अरुणाचल प्रदेश में तीन रेलवे परियोजनाओं को हरी झंडी दी, जिनमें 378 किलोमीटर लंबी भालुकपोंग-तवांग लाइन, 248 किलोमीटर लंबी उत्तर लखीमपुर-सिलापाथर लाइन और 227 किलोमीटर लंबी पासीघाट-रुपई लाइन शामिल हैं. मुरकोंगसेलेक-पासीघाट लाइन असम के धेमाजी जिले के मुरकोंगसेलेक से अरुणाचल प्रदेश के पासीघाट ज़िले को जोड़ेगी. इस लाइन की लंबाई 26.15 किलोमीटर है और इसमें चार स्टेशन बनाए जा रहे हैं. इस परियोजना का काम मई, 2025 में पूरा होने का अनुमान है.
भैरवी और साईरंग के बीच 51.38 किलोमीटर लंबी नई लाइन को चार सेक्शनों में विभाजित किया गया है, जिसमें भैरवी-हांरटोकी, होस्टोको कौनपूई, कौनपुई मुआलखांग और मुआलखांग साईरंग. 17.38 किलोमीटर लंबा भैरवी-होस्टोकी सेक्शन जुलाई, 2024 को पूरा करने के बाद चालू कर दिया गया. वहीं, अगस्त 2024 से रेल सेवा चालू है. पूरी परियोजना एक बार संपूर्ण हो जाने पर यह मिजोरम के लोगों के लिए संचार और वाणिज्य के मामले में एक बड़ी परिवर्तनकारी परियोजना होगी. किफायती और पर्यावरण अनुकूल रेल सेवाओं का इस राज्य में लगभग सभी विकास कार्यों पर सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा. भैरवी-साईरंग रेल परियोजना में दुर्गम क्षेत्रों में कई सुरंगों और पुलों का निर्माण कार्य शामिल हैं.
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ख्वाजा की बारगाह में भेजी अक़ीदत की चादर
4 Jan, 2025 09:58 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
चादर का स्वागत हाजी सैयद सलमान चिश्ती एवं सैयद अफशान चिश्ती ने किया
अजमेर। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की ओर से आध्यात्मिक और सद्भाव के लिए दुनियाभर में प्रसिद्ध ख़्वाजा ग़रीब नवाज़ की बारगाह में अक़ीदत की चादर भेजी गई है। चादर मुबारक को अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री किरन रिजिजू, जमाल सिद्दीकी, किशनगढ़ संसदीय क्षेत्र से मंत्री
भागीरथ चौधरी, राजस्थान के राज्य मंत्री सुरेश सिंह रावत एवं श्रद्धालु बड़ी अक़ीदत और श्रद्धा के साथ चादर को दरबार में लेकर हाज़िर हुए। चादर मुबारक का स्वागत अजमेर शरीफ दरगाह के गद्दी नशीन हाजी सैयद सलमान चिश्ती एवं सैयद अफशान चिश्ती तथा खुद्दामे ख्वाजा गरीब नवाज समुदाय के अन्य सदस्यों ने किया। चादर मुबारक 813वें वार्षिक उर्स मुबारक के अवसर पर देश के प्रधानमंत्री ने भेजी है।
हज़रात ख़्वाजा ग़रीब नवाज़ का उर्स एक महत्वपूर्ण आयोजन है, जिसमें हर साल दरगाह अजमेर शरीफ के पवित्र परिसर में करीब दस लाख से अधिक ज़ायरीन आते हैं। चादर पैश करने पहुंचे केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू और पूरे प्रतिनिधिमंडल का दस्तारबंदी समारोह पवित्र गर्भगृह के अंदर सैयद सलमान चिश्ती और सैयद अफशान चिश्ती गद्दी नशीन खुद्दाम ए ख्वाजा गरीब नवाज द्वारा की गई। दस्तारबंदी समारोह में देश और दुनिया में शांति, समृद्धि, एकता और सद्भाव के लिए आध्यात्मिक प्रार्थना भी की गई।
प्रधानमंत्री का शांति और आध्यात्मिक श्रद्धा का संदेश
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपनी श्रद्धा और सम्मान व्यक्त करते हुए शांति, एकता और हजरत ख्वाजा मोईनुद्दीन हसन चिश्ती गरीब नवाज की आध्यात्मिक विरासत के महत्व को प्रकट करते हुए संदेश दिया। अपने संदेश में प्रधानमंत्री ने कहा कि विश्व एक परिवार है और हमें सभी की बिना शर्त प्रेम के साथ सेवा करना है। दरगाह अजमेर शरीफ में चादर मुबारक पेश की गई, क्योंकि यह पूज्य सूफी संत ख्वाजा गरीब नवाज की प्रेम, करुणा, समावेशिता के सार को समाहित करती है और आध्यात्मिक ज्ञान, विविधता में एकता, मानवतावाद की कालातीत शिक्षाओं पर जोर देती है।
मंत्री श्री किरेन रिजिजू ने 813वें वार्षिक उर्स मुबारक के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संदेश को पढ़ा, जिसमें विविधता में एकता के महत्व को रेखांकित किया गया, जो समावेशी मूल्यों का प्रतिध्वनित और दरगाह अजमेर शरीफ की आध्यात्मिक प्रतिध्वनि का निर्माण करते हैं। दरगाह शरीफ के पवित्र परिसर के अंदर महफिल-ए-समा खाना में भारत भर से हजारों श्रद्धालुओं और साधकों की मौजूदगी में उन्होंने आभार व्यक्त करते हुए कहा, "हम माननीय प्रधानमंत्री के इस कदम से बेहद विनम्र हैं, जो न केवल दरगाह अजमेर शरीफ की आध्यात्मिक विरासत के प्रति सम्मान और शांति व भाईचारे की सामूहिक भावना को दर्शाता है। जैसा कि हम 813वें उर्स मुबारक की शुभ यात्रा पर निकल रहे हैं, हम सभी क्षेत्रों के श्रद्धालुओं को हजरत ख्वाजा गरीब नवाज अजमेर दरगाह दरबार शरीफ में दिव्य कृपा और आशीर्वाद प्राप्त करने के लिए हमारे साथ शामिल होने के लिए आमंत्रित करते हैं। उन्होंने अल्पसंख्यक मामलों के मंत्रालय की ओर से अजमेर दरगाह शरीफ आने वाले तीर्थयात्रियों के लिए सुविधाओं की व्यवस्था करने और सुचारू प्रवाह को सुविधाजनक बनाने के लिए 800 साल पुराने खुद्दाम ए ख्वाजा गरीब नवाज सेवा समुदाय के सभी सदस्यों और दरगाह समिति के कर्मचारियों को भी धन्यवाद दिया।
इस अवसर पर हाजी सैयद सलमान चिश्ती और सैयद अफशान चिश्ती ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए विशेष उपहार भेंट किया, जो दरगाह अजमेर शरीफ की एक मूल तेल कैनवास सूफी कला पेंटिंग है, जिसे मंत्री किरेन रिजिजू को दरगाह अजमेर शरीफ के पवित्र तबरुकातों (प्रसाद) के साथ सौंपा गया।
भारतीय वायुसेना ने शुरू की अस्त्र Mk2 मिसाइल खरीदने की प्रक्रिया
4 Jan, 2025 03:26 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भारतीय वायुसेना ने अपनी हवाई युद्ध क्षमताओं को मजबूत करने के लिए अस्त्र Mk2 मिसाइलों की खरीद प्रक्रिया शुरू कर दी है. यह कदम इस अत्याधुनिक बियॉन्ड विजुअल रेंज एयर-टू-एयर मिसाइल (BVRAAM) के उत्पादन की शुरुआत का संकेत है. अस्त्र Mk2, अपने पहले अस्त्र Mk1 का एडवांस संस्करण है, जिसे पहले ही IAF के कई फाइटर जेट्स, जैसे सुखोई-30MKI और स्वदेशी लाइट कॉम्बैट एयरक्राफ्ट (LCA) तेजस, में शामिल किया जा चुका है. Mk2 संस्करण कई नई विशेषताओं के साथ लैस है.
160 किलोमीटर की रेंज के साथ, यह अपने पिछले संस्करण से कहीं अधिक प्रभावी और शक्तिशाली है. यह IAF को हवाई खतरों के खिलाफ लंबी दूरी से लक्ष्य को साधने की क्षमता प्रदान करता है. जिससे दुश्मन के विमानों के लिए बचाव का मौका कम हो जाता है. इसमें ऑप्टिकल प्रॉक्सीमिटी फ्यूज लगा है. यानी यह मिसाइल टारगेट पर नजर रखती है. वह कितना भी दाएं-बाएं हो, उससे टकराकर फट जाती है. इसका वजन 154 किलोग्राम है. लंबाई 12.6 फीट है. व्यास 7 इंच है.
MK2 पर बढ़ा भारतीय सेना का भरोसा
अस्त्र Mk2 में स्वदेशी और अत्याधुनिक सीकर लगाया गया है, जो इसे जटिल इलेक्ट्रॉनिक वॉरफेयर वातावरण में अधिक प्रभावी बनाता है. हालांकि, खरीदी जाने वाली मिसाइलों की सटीक संख्या अभी सार्वजनिक नहीं की गई है, लेकिन सूत्रों के मुताबिक, ये 200 या उसके आस-पास हो सकती है.भविष्य में इस मिसाइल को तेजस एमके 2, एएमसीए, टेडबीएफ फाइटर जेट्स में भी लगाया जाएगा.
भारतीय वायुसेना पुरानी माइका मिसाइल की जगह स्वदेशी अस्त्र पर भरोसा जता चुकी है. आने वाले दिनों में एमके 2 के बाद एमके 3 बनाई जाएगी जिसकी रेंज 350 KM होगी. अस्त्र मार्क-2एक हवा से हवा में मार करने वाली मिसाइल है जिसे रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (DRDO) ने डिज़ाइन किया है.
यह मिसाइल कई खासियतों के साथ आती है
इसकी रेंज 130 से 160 किलोमीटर है.यह 5,556.6 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ़्तार से दुश्मन की ओर जाती है.यह अधिकतम 66 हज़ार फ़ीट की ऊंचाई तक जा सकती है.इसमें हाई-एक्सप्लोसिव या प्री-फ़्रैगमेंटेड एचएमएक्स हथियार लगाए जा सकते हैं.इसे टारगेट की ओर छोड़ने के बाद बीच हवा में इसकी दिशा को बदला जा सकता है.यह सभी मौसमों में दिन और रात की क्षमता रखती है.
मणिपुर में भीड़ का हिंसक प्रदर्शन, एसपी कार्यालय पर फायरिंग और पत्थरबाजी
4 Jan, 2025 03:16 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
इंफाल। मणिपुर के कांगपोकपी जिले में शुक्रवार शाम को भीड़ ने एसपी आफिस पर हमला कर दिया। हमले में पुलिस अधीक्षक मनोज प्रभाकर समेत कई पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। अधिकारियों के अनुसार, कुकी लोगों की मांग इंफाल पूर्वी जिले की सीमा पर मौजूद गांव सैबोल से सुरक्षाबल को हटाने की है। समुदाय का आरोप है कि एसपी ने केंद्रीय बलों को गांव से बाहर नहीं निकाला है।
कई वाहनों को नुकसान हुआ
दरअसल, सैबोल गांव में 31 दिसंबर को सुरक्षाबलों ने कथित तौर पर महिलाओं पर लाठीचार्ज किया था। इसके विरोध में कुकी संगठन के लोग प्रदर्शन कर रहे हैं। शुक्रवार शाम को हमलावरों ने गांव में केंद्रीय बलों खासकर बीएसएफ और सीआरपीएफ की लगातार तैनाती पर अपना गुस्सा जाहिर करने के लिए एसपी कार्यालय पर फायरिंग की और पत्थर फेंके। कई वाहनों को नुकसान हुआ है।
कई प्रदर्शनकारी भी घायल हो गए
सुरक्षाबलों की जवाबी कार्रवाई में कई प्रदर्शनकारी भी घायल हो गए हैं। हमले में एसपी कार्यालय के परिसर में रखे जिला पुलिस के वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। घटना में घायल एसपी मनोज प्रभाकर व अन्य लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया। स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए अतिरिक्त केंद्रीय बलों को मौके पर भेजा गया। पिछले सप्ताह सुरक्षा बलों ने समूहों के बीच गोलीबारी के बाद गांव और उसके आसपास के इलाकों में अभियान चलाया था।
मणिपुर के सीएम एन बीरेन सिंह ने जातीय संघर्ष को लेकर माफी मांगने के बाद विपक्ष की ओर से किए गए हमलों का जवाब दिया है। सीएम एन बीरेन ¨सह ने कहा कि मणिपुर संघर्ष को लेकर उनकी ओर से मांगी गई माफी पर जो लोग राजनीति कर रहे हैं, वे राज्य में अशांति फैलाना चाहते हैं। जबकि सरकार की प्राथमिकता शांति बहाल करना है। सीएम ने कहा कि अतीत बीत चुका है।
मणिपुर में प्रतिबंधित संगठन का सदस्य गिरफ्तार
मणिपुर के काकचिंग जिले से प्रतिबंधित संगठन कांगलीपाक कम्युनिस्ट पार्टी (पीपुल्स वार ग्रुप) के 42 वर्षीय एक सदस्य को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार किए गए व्यक्ति की पहचान मायेंगबाम मोमोचा मेइती के रूप में की गई है और उसे गुरुवार को बिजायपुर मथक लेईकाई इलाके से गिरफ्तार किया गया है।
यह उग्रवादी संगठन जबरन वसूली और कई व्यक्तियों के घरों पर ग्रेनेड रखने के मामलों में संलिप्त पाया गया है। वहीं, सुरक्षा बलों ने शुक्रवार को चूडचंदपुर जिले के सैबोह गांव के वन क्षेत्र में एक अभियान के दौरान छह हथियार और गोला-बारूद बरामद किए।
घने कोहरे ने रोकी रफ्तार, दिल्ली-यूपी में हवाई, रेल और सड़क यातायात पर असर
4 Jan, 2025 12:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
दिल्ली और यूपी में शुक्रवार शाम से ही घना कोहरा पड़ रहा है। पहाड़ी क्षेत्रों में जहां बर्फबारी थमने से राहत मिली है और दोपहर के बाद धूप खिल रही है। वहीं मैदानी इलाकों में घने कोहरे के असर से आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। दिल्ली समेत पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश में कोहरे के कारण दृश्यता बेहद कम हो गई है। इसका हवाई, रेल और सड़क यातायात पर भी असर पड़ रहा है।
दिल्ली घने कोहरे की चादर में लिपटी रही
शुक्रवार को सुबह दो घंटे दिल्ली घने कोहरे की चादर में लिपटी रही। इस कारण आइजीआइ एयरपोर्ट पर 100 से ज्यादा उड़ानें प्रभावित हुईं। उधर,श्रीनगर एयरपोर्ट भी दोपहर तक ठप रहा और अमृतसर एयरपोर्ट पर तीन उड़ानें रद करनी पड़ीं। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को भी कोहरे का असर मैदानी क्षेत्रों में रहेगा। कई क्षेत्रों में दृश्यता शून्य हुईदिल्ली में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान सात डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
राजधानी में कई इलाकों में सुबह दृश्यता शून्य भी रही। इस कारण लगभग 100 ट्रेनें विलंब से दिल्ली पहुंची। दिल्ली से रवाना होने वाली 41 ट्रेनों के प्रस्थान समय में बदलाव किया गया। कुछ यही हाल पंजाब का भी रहा। जहां तीन जिलों में दृश्यता शून्य रही। राज्य में भठिंडा और गुरुदासपुर पांच डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ राज्य में सबसे ठंडे स्थल रहे।
प्रदेश कोहरे की चादर में लिपटा रहा
इधर हरियाणा में ठंड बढ़ने के साथ ही शुक्रवार को प्रदेश कोहरे की चादर में लिपटा रहा। दृश्यता 10 मीटर होने से कई जिलों में हादसे हुए। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हल्का से मध्यम कोहरा और पूर्वी उत्तर प्रदेश में घने कोहरे की संभावना है। शुक्रवार को उत्तर प्रदेश में कानपुर नगर और इटावा में सबसे कम तापमान 4.6 डिग्री सेल्सियस रहा। दोनों स्थान प्रदेश में सबसे ठंडे रहे।
बिहार में कोहरे को लेकर यलो अलर्ट जारी
राजस्थान में वनस्थली 5.8 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ राज्य में सबसे ठंडा स्थान रहा। राज्य के कुछ इलाकों में घना कोहरा होने के कारण दृश्यता बेहद कम रही। बिहार में मौसम विभाग ने कोहरे को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। पहाड़ी इलाकों में मौसम शुष्क कश्मीर के उच्च पर्वतीय इलाकों में जारी हल्की बर्फबारी के बीच शुक्रवार को श्रीनगर समेत अधिकांश इलाकों में तो मौसम शुष्क रहा।
दोपहर तक श्रीनगर समेत अधिकांश हिस्से कोहरे में लिपटे रहे। गुलमर्ग समेत उच्च पर्वतीय इलाकों में दूसरे दिन भी रुक-रुक कर बारिश के साथ हल्की बर्फबारी जारी रही। कोकरनाग न्यूनतम तापमान -5.5 डिग्री के साथ कश्मीर का सबसे ठंडा क्षेत्र रहा। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान घाटी में सामान्य से भारी बर्फबारी की संभावना जताई है।
शिमला में गर्मी ने रिकॉर्ड बनाया
उत्तराखंड में शुक्रवार को मौसम शुष्क रहा और पहाड़ से लेकर मैदान तक चटख धूप खिली। दून में इन दिनों सुबह कोहरे के कारण ²श्यता पांच सौ मीटर ही रह गई है। देहरादून एयरपोर्ट पर इसका असर दिखा और छह उड़ाने देरी से एयरपोर्ट पर पहुंची। उधर हिमाचल में मौसम का अलग ही रुख दिख रहा है। एक तरफ रोहतांग, शिंकुला व बारालाचा दर्रे में सुबह हिमपात हुआ तो वहीं शिमला में गर्मी ने रिकॉर्ड बनाया।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार, शिमला में 18 वर्ष बाद अधिकतम तापमान 21.6 डिग्री से बढ़ कर 21.6 डिगी सेल्सियस दर्ज किया गया। यहां न सिर्फ अधिकतम बल्कि न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
एच-1बी वीजा पर भारत का बयान: तकनीकी विशेषज्ञता से दोनों देशों को लाभ
4 Jan, 2025 11:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
अमेरिकी एच-1बी वीजा पर अमेरिका में जारी बहस के बीच भारत ने शुक्रवार को कहा कि कुशल पेशेवरों की आवाजाही भारत-अमेरिका संबंधों का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है और इससे दोनों देशों को लाभ होता है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने अमेरिका में एच-1बी वीजा पर चर्चा के बारे में पूछे जाने पर कहा, ''दोनों देशों के बीच मजबूत एवं बढ़ती आर्थिक व तकनीकी साझेदारी है और इस दायरे में कुशल पेशेवरों की गतिशीलता महत्वपूर्ण घटक है।''
भारत-अमेरिका आर्थिक संबंधों को होता है फायदा
उन्होंने कहा, ''भारत-अमेरिका आर्थिक संबंधों को कुशल पेशेवरों की ओर से प्रदान की गई तकनीकी विशेषज्ञता से बहुत लाभ होता है और दोनों पक्ष अपनी ताकत व प्रतिस्पर्धी मूल्य का फायदा उठाते हैं। हम भारत-अमेरिका आर्थिक संबंधों को और गहरा करने की आशा करते हैं जो दोनों देशों के लिए फायदेमंद हैं।''
यमन में मौत की सजा प्राप्त भारतीय नर्स निमिषा प्रिया के संदर्भ में जायसवाल ने कहा, ''हम निमिषा प्रिया की सजा से जुड़े घटनाक्रम पर करीब से नजर रख रहे हैं। सरकार इस मामले में हरसंभव मदद कर रही है।''
मेक्सिको में भारतीयों को पेश आने वाली मुश्किलों के संदर्भ में विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि भारतीयों को मेक्सिको के नियमों को ध्यान में रखना चाहिए ताकि वे हवाई अड्डे पर अप्रिय अनुभव से बच सकें। जायसवाल ने कहा कि मेक्सिको जाने वाले यात्रियों को वहां यात्रा की योजना बनाने से पहले सभी परामर्शों को अवश्य पढ़ लेना चाहिए।
ट्रंप के शपथ ग्रहण से पहले एच-1बी वीजा पर बहस तेज
अमेरिका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के शपथ ग्रहण से पहले एच-1बी वीजा पर बहस तेज हो गई है। इसके कारण ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी और राष्ट्रपति जो बाइडन की डेमोक्रेटिक पार्टी के बीच मतभेद पैदा हो गए हैं। यह वीजा भारतीय पेशेवरों में खासा लोकप्रिय है। अमेरिकी प्रौद्योगिकी कंपनियां भारत और चीन जैसे देशों से हर वर्ष हजारों कामगारों को नियुक्त करने के लिए एच-1बी पर निर्भर रहती हैं। इस वीजा के सबसे बड़े लाभार्थी भारतीय हैं।
ट्रंप ने एच-1बी वीजा का समर्थन किया
ट्रंप 20 जनवरी को अमेरिका के 47वें राष्ट्रपति रूप में शपथ लेंगे। उन्होंने एच-1बी वीजा का समर्थन किया है। उनके दो करीबी विश्वासपात्रों टेस्ला के मालिक एलन मस्क और उद्यमी विवेक रामास्वामी भी इस वीजा का समर्थन कर रहे हैं। ट्रंप ने मस्क और रामास्वामी को नव गठित सरकारी दक्षता विभाग का नेतृत्व करने के लिए नामित किया है।
ट्रंप ने सप्ताहांत के दौरान न्यूयार्क पोस्ट से कहा, 'मैंने हमेशा इस वीजा को पसंद किया है। मैं हमेशा से इसके पक्ष में रहा हूं। मुझे हमेशा से लगता है कि हमारे देश में सबसे सक्षम लोग होने चाहिए। हमें सक्षम लोगों की जरूरत है। हमारे पास ऐसी नौकरियां होंगी, जो पहले कभी नहीं थीं।'
सैंडर्स ने भी एच-1बी वीजा का विरोध किया
मस्क और रामास्वामी ने भी तर्क दिए हैं कि सर्वश्रेष्ठ प्रतिभाओं को आकर्षित करने के लिए एच-1बी वीजा आवश्यक है। जबकि ट्रंप के ही कुछ समर्थकों का कहना है कि एच-1 बी वीजा के कारण अमेरिकियों की नौकरियां खत्म हो रही हैं, लेकिन मस्क और रामास्वामी ने वीजा का समर्थन किया है। इधर, प्रभावशाली डेमोक्रेटिक सीनेटर बर्नी सैंडर्स ने भी एच-1बी वीजा का विरोध किया है। उन्होंने कहा कि ट्रंप के दोनों करीबी विश्वासपात्र गलत हैं। जबकि डेमोक्रेटिक पार्टी के भारतीय मूल के सांसदों रो खन्ना, राजा कृष्णमूर्ति और श्री थानेदार ने इस वीजा का समर्थन किया है।
भारत-पाक संबंधों में सुधार पर इशाक डार की टिप्पणी, ताली एक हाथ से नहीं बजती
4 Jan, 2025 10:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भारत के साथ संबंधों में सुधार को लेकर पाकिस्तान के उप-प्रधानमंत्री एवं विदेश मंत्री इशाक डार की टिप्पणी 'ताली एक हाथ से नहीं बजती' (इट टेक्स टू टू टैंगो) पर भारत के विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को कहा कि पाकिस्तान के संदर्भ में प्रासंगिक 'टी' शब्द टेरोरिज्म (आतंकवाद) है।
इशाक डार ने गुरुवार को इस्लामाबाद में पत्रकारों से बातचीत में भारत से दोनों देशों के बीच संबंधों में सुधार का अनुरोध किया था और कहा था कि ताली एक हाथ से नहीं बजती। अगर भारत की तरफ से सद्भावना है, तो पाकिस्तान तैयार है। लेकिन यह दोनों तरफ से होना चाहिए। भारत के साथ पाकिस्तान के व्यापार संबंधों पर डार का कहना था कि संबंधों में सुधार में मदद के लिए माहौल बनाने की जरूरत है।
भारतीय विदेश मंत्रालय अफवाहों पर लगाया विराम
भारतीय विदेश मंत्रालय ने उन मीडिया रिपोर्टों को भी खारिज कर दिया जिसमें पाकिस्तान में कई हत्याओं में भारत का हाथ बताया गया है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, ''ऐसा लगता है कि अखबार और रिपोर्टर दोनों ही भारत के प्रति शत्रुता रखते हैं। आप उनकी गतिविधियों में एक पैटर्न देख सकते हैं। मैं उनकी विश्वसनीयता का आकलन आप पर छोड़ता हूं। जहां तक हमारा सवाल है, उनकी कोई विश्वसनीयता नहीं है।''
कहा, ''पाकिस्तान के बारे में मैं आपको याद दिलाना चाहूंगा कि हिलेरी क्लिंटन ने क्या कहा था। उन्होंने कहा था- आप अपने पिछवाड़े सांप नहीं पाल सकते और उनसे यह उम्मीद नहीं कर सकते कि वे सिर्फ आपके पड़ोसियों को ही काटें।''
मसौदा नियम: माता-पिता की पहचान सत्यापित करने के लिए डाटा फिड्यूशियरी करेंगे जांच।
4 Jan, 2025 09:30 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
सरकार ने डिजिटल व्यक्तिगत डाटा संरक्षण नियमों का बहुप्रतीक्षित मसौदा जारी कर दिया है। इसमें नियमों के उल्लंघन के लिए किसी दंडात्मक कार्रवाई का उल्लेख नहीं है। मसौदा नियमों को सार्वजनिक परामर्श के लिए जारी किया गया है। 18 फरवरी के बाद अंतिम नियम बनाने के लिए मसौदे पर विचार किया जाएगा।
बच्चों के डाटा उपयोग करने के लिए लेनी होगी माता-पिता से मंजूरी
संसद द्वारा लगभग 14 महीने पहले डिजिटल डाटा संरक्षण विधेयक 2023 को मंजूरी दिए जाने के बाद मसौदा नियम जारी किए गए हैं। मसौदा नियम में किसी व्यक्ति से स्पष्ट सहमति प्राप्त करने के लिए एक तंत्र बनाया गया है। बच्चों के डाटा का किसी भी रूप में उपयोग करने के लिए माता-पिता की सहमति अनिवार्य होगी।
डिजिटल व्यक्तिगत डाटा संरक्षण (डीपीडीपी) अधिनियम 2023 में व्यक्तिगत डाटा एकत्र करने और उसका उपयोग करने वाली संस्थाओं को डाटा फिड्यूशियरी कहा गया है। मसौदा नियम में कहा गया है कि डाटा फिड्यूशियरी को यह सुनिश्चित करने के लिए उचित तकनीकी और संगठनात्मक उपाय अपनाने होंगे कि बच्चे के किसी भी व्यक्तिगत डाटा का उपयोग करने से पहले माता-पिता की सहमति प्राप्त कर ली जाए।
डाटा को लेकर मसौदे में ये भी
डाटा फिड्यूशियरी को यह जांचने के लिए उचित परिश्रम करना होगा कि खुद को बच्चे का माता-पिता बताने वाला व्यक्ति वयस्क है। भारत में लागू किसी भी कानून के अनुपालन के संबंध में जरूरत पड़ने पर उसकी पहचान की जा सकती है। डाटा फिड्यूशियरी को केवल उस समय तक डाटा रखने की अनुमति होगी, जिसके लिए सहमति प्रदान की गई है। उसके बाद इसे हटा देना होगा।
भाजपा महिला कार्यकर्ताओं ने डीएमके के खिलाफ किया प्रदर्शन, पुलिस ने हिरासत में लिया
3 Jan, 2025 10:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
चेन्नई: अन्ना विश्वविद्यालय की एक दूसरी वर्ष की छात्रा के साथ परिसर में हुए कथित यौन उत्पीड़न के मामले को लेकर तमिलनाडु में भारतीय जनता पार्टी (BJP) की महिला शाखा ने शुक्रवार, 03 दिसंबर को विरोध प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन का उद्देश्य यौन उत्पीड़न की शिकार छात्रा के लिए न्याय की मांग करना था, और यह द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (DMK) सरकार के खिलाफ आयोजित किया गया। मदुरै से चेन्नई तक "न्याय रैली" का नेतृत्व कर रही भाजपा की महिला सदस्यों को पुलिस ने हिरासत में लिया।
भाजपा नेता खुशबू सुंदर ने कहा कि DMK इस विरोध से भयभीत है। उन्होंने यह भी कहा कि सभी लोग कानून के दायरे में रहकर अन्ना विश्वविद्यालय में यौन उत्पीड़न की शिकार महिला के लिए न्याय की मांग कर रहे हैं। DMK ने भाजपा के विरोध को प्रचार का एक हिस्सा बताया, लेकिन भाजपा नेताओं का कहना है कि उन्हें किसी प्रचार की आवश्यकता नहीं है।
आरोपी DMK से संबंधित
भाजपा की तमिलनाडु इकाई ने एक छात्रा के यौन उत्पीड़न मामले को लेकर सत्तारूढ़ DMK की तीखी आलोचना की है और पीड़िता के लिए न्याय की मांग करते हुए मदुरै से चेन्नई तक रैली आयोजित करने की योजना बनाई है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष के. अन्नामलाई ने 'X' पर विरोध प्रदर्शन की घोषणा करते हुए आरोप लगाया कि आरोपी DMK से संबंधित है और सरकार पर मामले की सच्चाई को छिपाने का प्रयास करने का आरोप लगाया है।
उमरथी राजन के नेतृत्व में रैली का आयोजन
भाजपा की राज्य महिला मोर्चा ने अध्यक्ष उमरथी राजन के नेतृत्व में इस मामले के खिलाफ रैली का आयोजन किया, जो आज मदुरै में शुरू हुई। इससे पहले, तमिलनाडु भाजपा अध्यक्ष के. अन्नामलाई ने राज्य में बढ़ते अपराधों के चिंताजनक आंकड़ों का हवाला देते हुए द्रमुक सरकार पर कानून व्यवस्था की बिगड़ती स्थिति को लेकर हमला किया।
तमिलनाडु में महिलाओं के खिलाफ अपराधों में 8.3% की बढ़ोतरी हुई
तमिलनाडु में बाल विवाह और महिलाओं के खिलाफ अपराधों में वृद्धि की गंभीर स्थिति पर चर्चा करते हुए अन्नामलाई ने बताया कि पिछले वर्ष में बाल विवाह के मामलों में 55% की वृद्धि हुई है। NCRB 2022 के अनुसार, महिलाओं के खिलाफ अपराधों में 8.3% की बढ़ोतरी हुई है, जबकि बलात्कार के मामलों में यह आंकड़ा 31% तक पहुंच गया है। बच्चों के खिलाफ अपराधों में भी 8.5% की वृद्धि देखी गई है। उन्होंने यह भी कहा कि व्यवस्थागत विफलता पुलिस की कार्यक्षमता को प्रभावित कर रही है, जिससे आम जनता को न्याय प्राप्त करने में कठिनाई हो रही है। यह बयान उस घटना के संदर्भ में आया है जिसमें 23 दिसंबर की रात अन्ना विश्वविद्यालय की एक द्वितीय वर्ष की छात्रा के साथ यौन उत्पीड़न का मामला सामने आया है।
क्या था मामला?
चेन्नई पुलिस के अनुसार, अन्ना विश्वविद्यालय की 19 वर्षीय छात्रा के साथ 23 दिसंबर की रात को परिसर में यौन उत्पीड़न की घटना हुई। इस मामले में जांच जारी है और पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
जशपुर में विमान हादसा: आरा पहाड़ पर एयर एम्बुलेंस क्रैश होने से मचा हड़कंप
वरुण चक्रवर्ती ने खोला राज, जीत के बाद क्यों भावुक हुए खिलाड़ी
धार्मिक कट्टरता और छेड़छाड़ का आरोप: नागपुर के 'यूनिवर्सल सोसाइटी' एनजीओ में हड़कंप
वैभव सूर्यवंशी पर श्रेयस अय्यर का बड़ा बयान, बताया अगला स्टार
