देश
पुडुचेरी के मछुआरों ने श्रीलंका जेल से रिहाई के बाद उपराज्यपाल को दिया धन्यवाद
28 Mar, 2025 11:34 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पुडुचेरी। श्रीलंका की जेल से रिहा हुए मछुआरों ने शुक्रवार को पुडुचेरी के उपराज्यपाल कैलाश नाथन से उनके घर पर मुलाकात की। उन्होंने उप-राज्यपाल को फूलों की माला पहनाकर मदद के लिए शुक्रिया कहा।
श्रीलंका की नौसेना ने कराईकल के 13 मछुआरों को पकड़कर जेल में डाल दिया था। इस दौरान एक मछुआरे के पैर में गोली भी लग गई थी और वह घायल हो गया था। उपराज्यपाल ने उनकी रिहाई और घायल के इलाज के लिए भारत सरकार और श्रीलंका में भारतीय दूतावास से बात की थी। केंद्र सरकार ने तेजी से कदम उठाए, जिससे सभी मछुआरे छूट गए।
चेन्नई पहुंचने के बाद घायल मछुआरे को एक अच्छे निजी अस्पताल में इलाज के लिए भेजा गया। बाकी मछुआरों को उनके घर भेज दिया गया।
मछुआरों ने बताया कि उपराज्यपाल उनके लिए परिवार जैसे हैं, क्योंकि वे हमेशा मछुआरों की भलाई के लिए सोचते हैं। उन्होंने विधानसभा में अपने पहले भाषण में मछुआरों के लिए कई योजनाओं की बात की थी।
इस मुलाकात के दौरान उपराज्यपाल ने मछुआरों का हाल जाना और कहा कि सीमा पार मछली पकड़ने की समस्या को हमेशा के लिए हल करना जरूरी है। उन्होंने कहा इसे ध्यान में रखकर वे कराईकल के मछुआरों को अंडमान और लक्षद्वीप में समुद्र के अंदर मछली पकड़ने के लिए प्रेरित करना चाहते हैं। पिछले हफ्ते दिल्ली में उन्होंने मत्स्य पालन मंत्री से इस पर बात की। केंद्र और राज्य सरकार मिलकर इसकी योजना बना रही हैं।
उपराज्यपाल ने यह भी बताया कि कराईकल के लिए कई विकास योजनाएं चल रही हैं। केंद्र सरकार ने 130 करोड़ रुपये दिए हैं, ताकि कराईकल में एक नया और बेहतर मछली पकड़ने का बंदरगाह बन सके।
बता दें कि 20 मार्च को कराईकल क्षेत्र के 13 मछुआरे श्रीलंका की जेल से रिहा होकर चेन्नई एयरपोर्ट पहुंचे थे। उनमें से एक को पैर में चोट लगी थी, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
कराईकल फिशिंग बंदरगाह से 13 मछुआरे 26 फरवरी को कोडियाकराई के पास समुद्र में मछली पकड़ने के लिए एक ओरी नाव में गए थे। उस समय समुद्र में बहाव के कारण मछली पकड़ने वाला जाल सीमा पार कर 300 मीटर से अधिक दूर चला गया।
इस दौरान गश्त पर आई श्रीलंका की नौसेना ने उन्हें घेर लिया। नौसेना ने फायरिंग की और मछुआरों को पकड़ लिया। फायरिंग में एक मछुआरे के पैर में गंभीर चोट लगी और दो अन्य को मामूली चोटें आई थीं। इसके बाद सभी मछुआरों को जाफना जेल भेज दिया गया था।
बेंगलुरु में पत्नी की हत्या, दामाद ने ससुराल को फोन कर बताया सूटकेस में छिपी है लाश
28 Mar, 2025 09:30 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
देश में मुस्कान और साहिल का केस सुर्खियों में है। इसी बीच बेंगलुरु से राकेश और गौरी का भी केस सामने आया है। हालांकि, यहां कहानी थोड़ी अलग है। दरअसल, महाराष्ट्र के रहने वाले राकेश ने अपनी पत्नी गौरी को मौत की नींद सुला दिया। गौरी को मारने के बाद आरोपी ने अपने ससुराल वालों को फोन करके इसकी जानकारी दी। उसने कहा कि आपकी बेटी की लाश सूटकेस में है। जानकारी के मुताबिक, यह मर्डर आपसी झगड़े के चलते हुआ है। पति-पत्नी दोनों ही नौकरी करते थे, जिनके अक्सर झगड़े होते रहते थे।
सूटकेस में पैक कर दी लाश
यह मामला बेंगलुरु के हुलीमावु से सामने आया है। जहां पर राकेश नाम के एक शख्स को इस कदर गुस्सा आया कि उसने अपनी पत्नी को जान से मार दिया। पत्नी की हत्या करने के बाद राकेश ने गौरी के शव को एक सूटकेस में बंद किया और उसके माता-पिता को फोन किया। आरोपी पति ने उनको बताया कि आपकी बेटी गौरी को मैंने मार दिया है, जिसकी लाश सूटकेस में है।
घरेलू झगड़े के चलते हुआ मर्डर
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, दोनों का किसी बात को लेकर आपस में झगड़ा हुआ था, जिसके बाद राकेश ने गुस्से में गौरी की हत्या की। पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है। जानकारी के मुताबिक, पति-पत्नी दोनों ही वर्किंग थे। राकेश महाराष्ट्र का रहने वाला था। पिछले साल ही दोनों डोड्डाकन्नहल्ली में शिफ्ट हुए थे।
पुलिस को भी इस मर्डर की जानकारी दी गई, जिसके लिए कंट्रोल रूम में फांसी के मामले के बारे में फोन आया था। जब घर पर पहुंची, तो देखा कि दरवाजा बंद था। जब अंदर घुसे, तो उन्हें बाथरूम में एक सूटकेस मिला। इसके बाद फोरेंसिक टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। हत्या करने के बाद राकेश बेंगलुरु से पुणे भाग गया, जहां से पुलिस ने उसको गिरफ्तार किया। राकेश की गिरफ्तारी हुलीमावु और पुणे पुलिस की कॉल डिटेल रिकॉर्ड को ट्रैक करने से भी आसान हुई।
प्रयागराज के मां कल्याणी देवी मंदिर में नवरात्रि के दौरान अनुष्ठान और पूजन की तैयारियां पूरी
28 Mar, 2025 08:30 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
प्रयागराज। 30 मार्च से चैत्र नवरात्रि का पर्व शुरू होने जा रहा है, जिसमें मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की पूजा और उपासना की जाती है। इन नौ दिनों तक श्रद्धालु मंदिरों में जाकर मां दुर्गा के विभिन्न रूपों की पूजा करते हैं।
देश भर में 51 प्रमुख शक्तिपीठ स्थित हैं, जहां नवरात्रि के त्योहार के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु जुटते हैं। इसी क्रम में प्रयागराज के सिद्धपीठ और शक्तिपीठ मंदिरों में भी तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। इनमें से एक प्रयागराज के प्रसिद्ध शक्तिपीठ मां कल्याणी देवी मंदिर में भी तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं।
यहां नवरात्रि के नौ दिनों तक भक्तों का तांता लगता है। सुबह से शाम तक मां कल्याणी के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहती हैं। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस मंदिर में देवी सती की उंगली गिरी थी, जिसके कारण इसे 51 शक्तिपीठों में से एक माना जाता है।
शक्तिपीठ मां कल्याणी देवी मंदिर के महामंत्री पंडित जी ने कहा कि मां कल्याणी देवी मंदिर द्वार से लेकर पूरे परिसर में तैयारी लगभग पूरी हो चुकी है। माता के आभूषणों समेत सभी सफाई के कार्य पूरे हो चुके हैं। 30 मार्च से चैत्र नवरात्रि शुरू हो रहे हैं। इस बार आठ दिन का नवरात्र है। इन आठ दिनों में मां भगवती का भक्तों को अलग-अलग रूप में दर्शन प्राप्त होगा। यहां मानस पाठ, दुर्गा सप्तशती का पाठ होता है, अनुष्ठान होते हैं, मां का अभिषेक होता है और एक हजार पुष्पों से मां का पुष्पार्चन का कार्यक्रम होता है। प्रतिदिन बदल-बदलकर कार्यक्रम होते हैं।
उन्होंने आगे कहा कि पहले दिन कलश स्थापन के साथ माताएं व्रत रखने का यहां संकल्प करती हैं। महिलाएं मां का पूजन-अर्चन करती हैं और नौ दिन व्रत रखने का भी संकल्प करती हैं।
भारत में भीषण गर्मी: मौसम विभाग ने अप्रैल में हीटवेव की संभावना जताई, 2025 सबसे गर्म साल होगा
28 Mar, 2025 08:30 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
देश में मौसम को लेकर बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। इस बार मार्च में ही अप्रैल जैसी गर्मी आ गई है। वहीं देश के कई राज्यों अभी से ही भीषण गर्मी की चपेट में आ गए हैं। ऐसे में उम्मीद लगाई जा रही है देश में इस बार उम्मीद से कहीं ज्यादा गर्मी पड़ने वाली है। भारतीय मौसम विभाग ने मौसम को लेकर लेटेस्ट अपडेट जारी किया है।
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, इस साल देश के नॉर्थ-वेस्ट राज्यों यानी हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, दिल्ली में हीटवेव (लू) के दिनों की संख्या दोगुनी होनी की आशंका है। वेदर रिपोर्ट के मुताबिक, साल 2024 भारत के लिए सबसे ज्यादा गर्म सालों में से एक रहा था, बताया जा रहा है पिछले साल 554 दिन हीटवेव का असर दिखाई दिया।
अप्रैल में ज्यादा दिन चलेगी लू
अक्सर आमतौर पर अप्रैल से जून के महीनों में लगातार 5 से 6 दिन लू चलती है, लेकिन इस बार 10 से 12 दिन लू का असर जारी रहेगा। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगर हीटवेव के दिनों की संख्या दोगुनी होती है तो 2025 अब तक का सबसे गर्म साल होगा। इन दिनों का तापमान सामान्य से 5 डिग्री या इससे भी ज्यादा रह सकता है।
पहाड़ी इलाकों में भी हीटवेव का असर
मैदानी, पहाड़ी और तटीय इलाकों के लिए हीटवेव की स्थिति तय करने का आधार अलग होता है। किसी दिन हीटवेव का असर तब ज्यादा माना जाता है जब उस दिनों के मौसम का तापमान सामान्य से 5°C ज्यादा होता है
तटीय इलाका- अधिकतम तापमान 37°C से ऊपर होगा।
मैदानी इलाका- अधिकतम तापमान 40°C से ऊपर हो।
पहाड़ी इलाका- अधिकतम तापमान 30°C से ऊपर हो।
कब होती है हीटवेव?
अगर तापमान सामान्य से 6.5°C या उससे ज्यादा बढ़ जाए तो उसे गंभीर हीटवेव माना जाता है। IMD ने इस साल देश के ज्यादातर हिस्सों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से ज्यादा रहने का अनुमान लगाया है।
अकोला, दिल्ली, यूपी, राजस्थान के चितौड़गढ़ और मध्यप्रदेश, यूपी के प्रयागराज में कल पारा 40 डिग्री के पार पहुंच गया है। वहीं इसे और बढ़ने की आशंका है।
महाराष्ट्र विधान परिषद ने कॉमेडियन कुणाल कामरा के खिलाफ विशेषाधिकार हनन नोटिस जारी किया
28 Mar, 2025 08:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मुंबई। महाराष्ट्र विधान परिषद ने गुरुवार को स्टैंडअप कमीडियन कुणाल कामरा के खिलाफ ‘देशद्रोही’ टिप्पणी को लेकर विशेषाधिकार हनन नोटिस स्वीकार कर लिया और इसे विशेषाधिकार समिति को भेज दिया। यह जानकारी उच्च सदन के सभापति राम शिंदे ने दी।
यह विवाद हाल ही में खार स्थित हैबिटेट कॉमेडी क्लब में कामरा के शो से उपजा है, जहां उन्होंने उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे पर निशाना साधते हुए एक पैरोडी गीत प्रस्तुत किया था।
इस कृत्य के कारण शिवसेना समर्थकों में आक्रोश फैल गया और रविवार को क्लब तथा होटल में तोड़फोड़ की गई।
शिंदे ने कहा, “मैंने कुणाल कामरा और शिवसेना (यूबीटी) नेता सुषमा अंधारे के खिलाफ विशेषाधिकार हनन का नोटिस स्वीकार कर लिया है और इसे विशेषाधिकार समिति के अध्यक्ष प्रसाद लाड को भेज दिया है। प्रस्ताव के संबंध में आगे की कार्रवाई समिति द्वारा तय की जाएगी।”
यह नोटिस बुधवार को भाजपा एमएलसी प्रवीण दारकेकर द्वारा पेश किया गया, जो सदन के नेता भी हैं।
दारकेकर ने कहा, “कुणाल कामरा ने एक गाना गाया, जिसमें उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के लिए व्यक्तिगत और अपमानजनक संदर्भ थे।”
उन्होंने आरोप लगाया कि शिवसेना (यूबीटी) नेता अंधारे ने प्रदर्शन का समर्थन किया और “आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया, जो सदन की अवमानना के बराबर है।”
रिपोर्ट के अनुसार, कामरा और अंधारे दोनों ने “अपनी टिप्पणियों के माध्यम से विधायी संस्थाओं की गरिमा का अनादर किया।”
पिछले साल विशेषाधिकार समिति के अध्यक्ष नियुक्त किए गए भाजपा एमएलसी प्रसाद लाड अब अन्य समिति सदस्यों के साथ नोटिस की समीक्षा करेंगे। विधान परिषद के नियमों के अनुसार, अगर समिति शिकायत में दम पाती है, तो प्रस्ताव सदन में चर्चा के लिए लाया जा सकता है।
इस बीच, एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना विधायक रमेश बोरनारे ने शिवसेना यूबीटी की उपनेता सुषमा अंधारे के खिलाफ मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का कथित तौर पर मजाक उड़ाने के लिए राज्य विधानसभा में विशेषाधिकार हनन का नोटिस पेश किया।
वित्त राज्य मंत्री आशीष जायसवाल ने बोरनारे के नोटिस का समर्थन किया। भाजपा नेता सुधीर मुनगंटीवार ने आग्रह किया कि विधानसभा की विशेषाधिकार समिति के सदस्यों के नाम जल्द घोषित किए जाएं। पीठासीन अधिकारी संजय केलकर ने कहा कि स्पीकर राहुल नार्वेकर नोटिस पर फैसला लेंगे।
इस बीच, कामरा ने माफी मांगने से इनकार कर दिया है और कहा है कि वह “विवाद के शांत होने का इंतजार करते हुए बिस्तर के नीचे नहीं छिपेंगे।”
उपमुख्यमंत्री शिंदे के खिलाफ कथित रूप से अपमानजनक टिप्पणी करने के आरोप में शिवसेना विधायक मुरजी पटेल की शिकायत पर खार पुलिस ने कामरा के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
कामरा, जो वर्तमान में पुडुचेरी में हैं, को 31 मार्च को अधिकारियों के सामने पेश होने के लिए कहा गया है।
पुलिस ने कामरा को दो समन भेजे हैं।
गुजरात बनेगा समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने वाला दूसरा राज्य
27 Mar, 2025 06:21 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
अहमदाबाद: उत्तराखंड के बाद गुजरात समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने वाला देश का दूसरा राज्य बन जाएगा। राज्य के कानून मंत्री ऋषिकेश पटेल ने कल राज्य विधानसभा में यह बात कही। राज्य के कानून मंत्री ऋषिकेश पटेल ने कहा कि समान नागरिक संहिता लागू करने का निर्णय राज्य के सभी लोगों के लिए समान न्याय सुनिश्चित करने और एक भारत श्रेष्ठ भारत की अवधारणा को साकार करने की दिशा में एक कदम है।
इस दिशा में राज्य सरकार ने राज्य के लिए समान नागरिक संहिता (UCC) का मूल्यांकन और मसौदा तैयार करने के लिए न्यायमूर्ति रंजना देसाई की अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय समिति का गठन किया है। समिति ने निवासियों, सामाजिक राजनीतिक संगठनों से सुझाव आमंत्रित किए हैं, कानून बनाने में अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए सुझाव प्रस्तुत करने की समय सीमा 15 अप्रैल, 2025 तक बढ़ा दी गई है।
निचली अदालतों में डिजिटलीकरण
ई-कोर्ट प्रोजेट के बारे में पटेल ने कहा कि हाईकोर्ट और निचली अदालतों में डिजिटलीकरण के लिए 27.84 करोड़ रुपये दिए गए हैं। इससे अदालतों में कागजी काम कम होगा और सब कुछ कंप्यूटर पर होगा। फास्ट ट्रैक कोर्ट के बारे में बताते हुए पटेल ने कहा कि पिछले साल जिला अदालतों ने 18,41,016 मामलों को सुलझाया। मतलब, अदालतों ने बहुत तेजी से काम किया। पटेल ने यह भी बताया कि अलग-अलग कानूनों के लिए राज्य में कई अदालतें बनाई गई हैं।
595 विशेष अदालतें बनाई गई
उन्होंने कहा कि हाईकोर्ट की मंजूरी से, 595 विशेष अदालतें बनाई गई हैं। इनमें अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत आने वाले मामले भी शामिल हैं। गुजरात पीड़ित मुआवजा योजना-2019 के बारे में मंत्री जी ने बताया कि अपराधों के शिकार लोगों को मुआवजा दिया गया। जैसे कि अत्याचार, एसिट अटैक (तेजाब हमला) और पॉक्सों एक्ट (Pocso Act) के तहत आने वाले मामलों में पिछले तीन सालों में 39 करोड़ रुपये का मुआवजा दिया गया। उन्होंने कहा कि सरकार पीड़ितों की मदद कर रही है।
क्या होती है समान नागरिक संहिता (UCC)?
समान नागरिक संहिता: समान नागरिक संहिता धर्म की परवाह किए बिना सभी नागरिकों के व्यक्तिगत मामलों को नियंत्रित करने के लिए कानूनों का एक सेट रखती है, जो यह सुनिश्चित करती है कि उनके मौलिक और संवैधानिक अधिकार सुरक्षित हैं।
UCC फुल फॉर्म: UCC का मतलब समान नागरिक संहिता है।
समान नागरिक संहिता का अर्थ
समान नागरिक संहिता कानूनों के एक सामान्य समूह को संदर्भित करती है, जो भारत के सभी नागरिकों पर विवाह, तलाक, विरासत, गोद लेने और उत्तराधिकार के संबंध में लागू होती है। ये कानून भारत के नागरिकों पर धर्म और लिंग रुझान के बावजूद लागू होते हैं।
क्या आप जानते हैं:
गोवा में एक समान पारिवारिक कानून है, इस प्रकार यह एकमात्र भारतीय राज्य है, जहां समान नागरिक संहिता है और 1954 का विशेष विवाह अधिनियम किसी भी नागरिक को किसी विशेष धार्मिक व्यक्तिगत कानून के दायरे से बाहर शादी करने की अनुमति देता है।
समान कानूनों की उत्पत्ति
ब्रिटिश सरकार ने 1840 में लेक्स लोकी की रिपोर्ट के आधार पर अपराधों, सबूतों और अनुबंधों के लिए एक समान कानून बनाए थे, लेकिन हिंदुओं और मुसलमानों के व्यक्तिगत कानूनों को उन्होंने जानबूझकर कहीं छोड़ दिया था। दूसरी ओर ब्रिटिश भारत न्यायपालिका ने ब्रिटिश न्यायाधीशों द्वारा हिंदू, मुस्लिम और अंग्रेजी कानून को लागू करने का प्रावधान किया। साथ ही उन दिनों सुधारक महिलाओं द्वारा मूलतः धार्मिक रीति-रिवाजों जैसे सती आदि के तहत किये जाने वाले भेदभाव के विरुद्ध कानून बनाने के लिए आवाज उठा रहे थे।
संविधान सभा की स्थापना की गई थी, जिसमें दोनों प्रकार के सदस्य शामिल थे: वे जो समान नागरिक संहिता को अपनाकर समाज में सुधार चाहते थे जैसे डॉ. बी. आर अम्बेडकर और अन्य मुस्लिम प्रतिनिधि थे, जिन्होंने व्यक्तिगत कानूनों को कायम रखा। साथ ही समान नागरिक संहिता के समर्थकों का संविधान सभा में अल्पसंख्यक समुदायों द्वारा विरोध किया गया था। परिणामस्वरूप, डीपीएसपी (राज्य नीति के निदेशक सिद्धांत) के भाग IV में अनुच्छेद 44 के तहत संविधान में केवल एक पंक्ति जोड़ी गई है।
ईद तक वक्फ संशोधन विधेयक पर केंद्र सरकार ने लगाई रोक, नीतीश कुमार के चुनावी डर का असर
27 Mar, 2025 01:42 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
ईद के बाद लोकसभा में वक्फ संशोधन विधेयक 2025 लाया जा सकता है. सूत्रों के मुताबिक, केंद्र सरकार एनडीए घटकदल जेडीयू और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पहल पर ईद तक वक्फ संशोधन विधेयक नहीं लाएगी. नीतीश कुमार को इस बिल का असर इस अक्टूबर में होने वाले बिहार विधानसभा चुनाव पर पड़ने का डर है.
वैसे जेडीयू वक्फ संशोधन बिल के पक्ष में है और नीतीश कुमार द्वारा दिए गए सभी सुझावों को संशोधित बिल में जगह भी दी गई है. हालांकि, केंद्र सरकार वक्फ संशोधन बिल में देरी के पीछे पार्लियामेंट में अन्य विधाई कामों का हवाला दे रही है.
बिहार में वक्फ बिल के खिलाफ विरोध प्रदर्शन
बिहार में बुधवार को वक्फ विधेयक के खिलाफ जबरदस्त प्रदर्शन हुआ. ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड ने पटना में महाधरना का आयोजन किया था. विधानसभा से लेकर सड़कों तक पर प्रदर्शन हुए. विभिन्न राजनीतिक दलों ने ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड एआईएमपीएलबी के इस विरोध का समर्थन किया था. एआईएमपीएलबी ने संसद में पेश वक्फ विधेयक को वापस लेने की मांग की और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जैसे धर्मनिरपेक्ष नेताओं से विवादास्पद विधेयक के लिए उनके समर्थन पर पुनर्विचार करने का अनुरोध किया गया.
तेजस्वी यादव ने कहा कि उनकी पार्टी इस विधेयक का पुरजोर विरोध करेगी, क्योंकि यह असंवैधानिक और तानाशाही प्रवृत्ति का है. राजद नेता ने कहा कि यह नागपुरिया विचारधारा से प्रेरित है. तेजस्वी का इशारा RSS की तरफ था, जिसका मुख्यालय महाराष्ट्र के नागपुर में है. तेजस्वी ने सीएम नीतीश पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोग सत्ता के लालच के कारण विधेयक का समर्थन कर रहे हैं.
वक्फ बिल के खिलाफ किसने क्या कहा?
इस विरोध प्रदर्शन में भीम आर्मी के संस्थापक चंद्रशेखर आजाद उर्फ रावण और इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) के सांसद ईटी मोहम्मद बशीर जैसे राज्य के बाहर के नेता भी शामिल हुए. यूपी के नगीना से सांसद चंद्रशेखर ने संवाददाताओं से कहा कि वक्फ पर हमला करने के बाद मोदी सरकार अब मुसलमानों के बीच ईद किट बांट रही है. यह किसी की आंखें निकालने के बाद उसे चश्मा देने के समान है.
बिहार में माले विधायक दल के नेता महबूब आलम ने इस विधेयक की तुलना हिटलर द्वारा अन्य धर्मों के लोगों के बीच लोकप्रियता हासिल करने के लिए यहूदियों को निशाना बनाए जाने से की. एआईएमआईएम की बिहार इकाई के अध्यक्ष और विधायक अख्तरुल ईमान ने आरोप लगाया कि हमें दाढ़ी रखने और टोपी पहनने जैसी प्रथाओं के लिए पहले से ही निशाना बनाया जा रहा है. वक्फ विधेयक इसलिए लाया गया है, ताकि मृतकों को भी न बख्शा जाए और हमारे कब्रिस्तानों पर बुलडोजर चलाए जाएं.
इससे पहले विधानसभा में तिरंगा लेकर पहुंचे राजद और वामपंथी विधायकों ने वक्फ विधेयक को लेकर सदन में जमकर हंगामा किया, जिसके चलते कार्यवाही शुरू होने के कुछ ही मिनटों के भीतर इसे स्थगित करना पड़ा. विपक्षी विधायकों ने विवादास्पद विधेयक की निंदा करने वाले नारे लिखी तख्तियां भी थाम रखी थीं.
संसद में सांसदों के बीच हंसी-मजाक, टीएमसी सांसद ने कंगना रनौत को 'ब्यूटी क्वीन' कहा
27 Mar, 2025 01:35 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
संसद परिसर में अक्सर धरना-प्रदर्शन और नारेबाजी की तस्वीरें सबने देखी है, लेकिन बुधवार को तीन अलग-अलग दलों के सांसदों के बीच हंसी-मजाक के हल्के फुल्के पल सांसदों के बीच चर्चा का विषय बने रहे. दरअसल, हुआ यूं कि नई संसद के मकर द्वार से सदन में जा रहे टीएमसी सांसद कल्याण बनर्जी की नजर अचानक गेट पर अभिनेत्री और सांसद कंगना रनौत पर पड़ी तो वो हल्के फुल्के अंदाज में बोले, आज मेरा दिन अच्छा है, इंडिया की ब्यूटी क्वीन भी यहां पर हैं. जिस पर कंगना ने तपाक से मुस्कुराते हुए जवाब दिया, अरे दादा ऐसा नहीं है.
प्रियंका ने हंसते हुए दिया ये जवाब
कंगना और कल्याण की चर्चा के बीच अचानक कांग्रेस महासचिव और सांसद प्रियंका गांधी गुलाबी साड़ी में मकर द्वार से निकल रही थीं, तो कल्याण बनर्जी ने प्रियंका की तरफ अपना रुख मोड़ा और हंसते हुए कहा, मोस्ट ग्लैमरस लेडी. इस पर प्रियंका हंस पड़ीं और कल्याण बनर्जी से बोलीं, नहीं नहीं मैं कोई ग्लैमरस नहीं हूं. कल्याण बनर्जी ने फिर दोहराया, आप हैं. नहीं नहीं हूं… ये कहकर हंसते हुए प्रियंका अपनी गाड़ी की तरफ चली गईं.
कंगना रनौत, कल्याण बनर्जी और प्रियंका गांधी
इसके बाद फिर कल्याण बनर्जी और कंगना के बीच संवाद शुरू हुआ. दरअसल कंगना अपनी गाड़ी का इंतजार कर रही थीं. तब कल्याण ने कंगना से फिर हंसते हुए कहा, आप तो ब्यूटी क्वीन हैं. इस पर कंगना ने हंसते हुए कल्याण बनर्जी से कहा कि आपकी जोरदार आवा पूरे सदन में गूंजती है, आप बड़े नेता हैं. फिर दोनों हंसते हुए अपनी अपनी मंजिल की तरफ बढ़ गए.
4 अप्रैल तक बजट सत्र
संसद के बजट सत्र की शुरुआत 31 जनवरी से हुई. ये 4 अप्रैल तक प्रस्तावित है. वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण एक फरवरी को आम बजट पेश किया था. सत्र के पहले चरण में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर दोनों सदनों में बहस हुई और संसद के दोनों सदनों में प्रधानमंत्री के जवाब के साथ यह संपन्न हुआ. अभी बजट सत्र का दूसरा चरण चल रहा है. इसकी शुरुआत 10 मार्च को हुई.
डीआरडीओ और भारतीय नौसेना ने ओडिशा में किया VLSRSAM मिसाइल का सफल परीक्षण
27 Mar, 2025 12:02 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (DRDO) और भारतीय नौसेना ने 26 मार्च 2025 को ओडिशा के चांदीपुर में सफल मिसाइल परीक्षण किया. इस परीक्षण में वर्टिकली लॉन्च की जाने वाली शॉर्ट-रेंज सरफेस-टू-एयर मिसाइल (VLSRSAM) को दोपहर 12:00 बजे दागा गया. मिसाइल को जमीन से एक वर्टिकल लॉन्चर के जरिए छोड़ा गया और इसने बेहद कम ऊंचाई और नजदीकी दूरी पर एक तेज रफ्तार हवाई लक्ष्य को निशाना बनाया. इस टेस्ट ने साबित कर दिया कि यह मिसाइल कम ऊंचाई पर भी दुश्मन के हमले को रोक सकती है.
इस परीक्षण के दौरान मिसाइल ने तेजी से दिशा बदलते हुए अपने लक्ष्य को पूरी तरह नष्ट कर दिया. इससे साबित हुआ कि यह मिसाइल बहुत फुर्तीली, भरोसेमंद और सटीक है.
मिसाइल में क्या-क्या शामिल
इस परीक्षण में युद्ध के हालात की तरह सभी हथियार प्रणाली का इस्तेमाल किया गया. इसमें शामिल थे: #स्वदेशी रेडियो फ्रीक्वेंसी सीकर (जो लक्ष्य को पहचानने में मदद करता है) #मल्टी-फंक्शन रडार (जो दुश्मन के हमले का पता लगाता है) #वेपन कंट्रोल सिस्टम (जो मिसाइल को सही दिशा में चलाता है)
इन सभी उपकरणों ने उम्मीद के मुताबिक काम किया और आईटीआर चांदीपुर के वैज्ञानिकों ने उड़ान डेटा से इसकी पुष्टि की.
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने दी बधाई
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने डीआरडीओ, भारतीय नौसेना और वैज्ञानिकों को इस सफलता के लिए बधाई दी. उन्होंने कहा कि यह मिसाइल भारत की रक्षा तकनीक की ताकत को दिखाती है और भारतीय नौसेना के लिए बहुत उपयोगी होगी. डीआरडीओ के अध्यक्ष डॉ. समीर वी. कामत ने भी इस उपलब्धि पर सभी को बधाई दी और कहा कि यह आधुनिक तकनीकों से लैस मिसाइल भारतीय सेना की ताकत को और बढ़ाएगी.
एक डिफेंस अधिकारी ने कहा, रडार और नियंत्रण प्रणालियों के साथ मिसाइल ने परीक्षण के दौरान उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन किया. सिस्टम के प्रदर्शन की पुष्टि आईटीआर चांदीपुर में विभिन्न रेंज उपकरणों द्वारा कैप्चर किए गए उड़ान डेटा से की गई.
जम्मू से श्रीनगर जा रही बस ने टक्कर से बचने के प्रयास में टनल की दीवार से टकराई, 12 लोग घायल
27 Mar, 2025 10:30 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
जम्मू-कश्मीर के बनिहाल में एक भयानक हादसा सामने आया. यात्रियों से भरी हुई एक बस बनिहाल-काजीगुंड नायुग सुरंग में हादसे का शिकार हो गई. बुधवार की शाम को यह हादसा हुआ. इस बस हादसे में दर्जनों लोग घायल हुए हैं. अधिकारियों ने बताया कि एसआरटीसी की एक बस बनिहाल-काजीगुंड नायुग सुरंग के अंदर हादसे का शिकार हो गई. बस दुर्घटना में अब तक 12 लोग घायल हो गए हैं. वहीं, 5 को जीएमसी अनंतनाग अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
कैसे हुआ हादसा?
अधिकारियों ने बताया कि जम्मू से श्रीनगर जा रही बस टक्कर से बचने की कोशिश कर रही थी, लेकिन काजीगुंड-बनिहाल सुरंग की दीवार से टकराकर पलट गई. अधिकारियों ने बताया कि बस जम्मू से श्रीनगर की तरफ जा रही थी तब ही टनल में यह हादसा हुआ. उन्होंने कहा कि कम से कम 12 लोग इस हादसे में घायल हो गए हैं, जिन्हें तुरंत पास के अस्पताल में ले जाया गया है. जहां से उनमें से पांच को जीएमसी अनंतनाग अस्पताल में शिफ्ट कर दिया गया है.
डॉ काजीगुंड ने बताया कि हमें घायल लोग मिले हैं, उनमें से पांच को काजीगुंड अस्पताल से जीएमसी अनंतनाग में स्थानांतरित कर दिया गया है. एक अधिकारी ने कहा कि बस हादसे के बाद सुरंग के अंदर ट्रैफिक निलंबित कर दिया गया था और सभी घायलों को इलाज के लिए काजीगुंड अस्पताल ले जाया गया.
ट्रैफिक को किया गया बहाल
अधिकारी ने बताया कि सुरंग के बीच से बस को हटाकर दोनों तरफ से यातायात बहाल कर दिया गया है. उन्होंने कहा कि पहले सुरंग के दोनों तरफ से यातायात की आवाजाही रोक दी गई थी और बस को घटनास्थल से उठाने के लिए रिकवरी वैन को बुलाया गया था. दरअसल, बनिहाल-काजीगुंड फोर-लेन सुरंग 8.5 किलोमीटर लंबी है और इस सुरंग के रखरखाव की जिम्मेदारी अथान कंपनी के पास है.
बांग्लादेश के राष्ट्रीय दिवस पर पीएम मोदी की मोहम्मद यूनुस को भेजी बधाई चिट्ठी
27 Mar, 2025 10:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भारत के पड़ोसी देश बांग्लादेश में हालात बेहद अस्थिर बने हुए हैं। इस बीच बांग्लादेश की सरकार के चीफ एडवाइजर मोहम्मद यूनुस को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चिट्ठी लिखी है। पीएम मोदी ने बांग्लादेश के राष्ट्रीय दिवस पर ये चिट्ठी लिखी है। पीएम मोदी ने इस चिट्ठी में इतिहास का जिक्र किया और 1971 के बांग्लादेश मुक्ति संग्राम की अटूट भावना को भारत-बांग्लादेश के मजबूत संबंधों की नींव बताया, और बांग्लादेश को उसकी स्थापना में भारत की भूमिका की याद दिलाई।
पीएम ने लिखा, 'मैं बांग्लादेश के राष्ट्रीय दिवस के अवसर पर आपको और बांग्लादेश के लोगों को अपनी शुभकामनाएं देता हूं। 'यह दिन हमारे साझा इतिहास और बलिदानों का प्रमाण है, जिसने हमारी द्विपक्षीय साझेदारी की नींव रखी है। बांग्लादेश के मुक्ति संग्राम की भावना हमारे संबंधों के लिए मार्गदर्शक बनी हुई है, जो कई क्षेत्रों में फली-फूली है और हमारे लोगों को ठोस लाभ पहुंचा रही है।
बिम्सटेक सम्मेलन में हिस्सा लेंगे दोनों नेता
पीएम मोदी ने कहा कि हम शांति, स्थिरता और समृद्धि के लिए अपनी साझा आकांक्षाओं और एक-दूसरे के हितों और चिंताओं के प्रति आपसी संवेदनशीलता के आधार पर इस साझेदारी को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। दोनों नेता 3-4 अप्रैल को बैंकॉक में बिम्सटेक शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे। ढाका ने द्विपक्षीय बैठक की मांग की है, जबकि भारत अब तक इस मुद्दे पर चुप रहा है।
भारत ने बांग्लादेश को याद दिलाया इतिहास
भारत की पुरानी सहयोगी शेख हसीना के नेतृत्व वाली आवामी लीग सरकार को देशव्यापी आंदोलन के बाद गिराए जाने और पूर्व प्रधानमंत्री को भारत भागने पर मजबूर होने के बाद दोनों देशों के बीच संबंध तनावपूर्ण हो गए हैं। सत्ता परिवर्तन के बाद बनी अंतरिम सरकार का नेतृत्व नोबेल पुरस्कार विजेता और अर्थशास्त्री मुहम्मद यूनुस कर रहे हैं।
अल्पसंख्यकों पर हमलों की खबरों के बीच भारत ने बांग्लादेश के साथ अपनी चिंताएं साझा की हैं। ढाका ने कहा है कि हमले सांप्रदायिक नहीं, बल्कि राजनीति से प्रेरित हैं।
युनूस ने जताई थी पीएम मोदी से मिलने की इच्छा
मोहम्मद यूनुस बैंकॉक में होने वाली BIMSTEC समिट में पीएम मोदी के साथ द्विपक्षीय वार्ता करना चाहते हैं। हालांकि भारत ने अभी तक जवाब नहीं दिया है। इतना ही नहीं युनूस चीन जाने से पहले भारत आना चाहते थे, लेकिन उन्हें भाव नहीं मिला।
रेल मंत्री ने लोकसभा में दी प्लेटफॉर्म की क्षमता पर रिपोर्ट
27 Mar, 2025 09:30 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बुधवार को कहा कि 15 फरवरी को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर 11,099 प्लेटफार्म टिकट बिके। उस दिन स्टेशन पर भगदड़ मची थी जिसमें 18 यात्रियों की मौत हो गई थी, और यह प्रतिदिन औसत बिक्री से केवल 11 प्रतिशत अधिक है।
टीएमसी सांसद ने पूछा सवाल
बुधवार को लोकसभा में एक लिखित जवाब में रेल मेंत्री ने कहा कि मौजूदा प्लेटफार्म की क्षमता इस भार को वहन करने के लिए पर्याप्त है। अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के सांसद अधिकारी दीपक ने पिछले छह महीनों के साथ-साथ 15 फरवरी को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से प्लेटफार्म टिकटों की बिक्री का ब्योरा मांगते हुए यह मुद्दा उठाया।
वैष्णव ने कहा, ''व्यक्तियों को प्लेटफॉर्म टिकट जारी करने का उद्देश्य मुख्य रूप से बुजुर्ग, मरीज, महिला यात्री आदि टिकट धारकों को प्लेटफॉर्म क्षेत्र के अंदर ले जाना है।'' उन्होंने कहा, ''प्लेटफॉर्म टिकट जारी होने के समय से केवल दो घंटे के लिए वैध होता है और इन टिकटों को जारी करना प्लेटफॉर्म पर बैठने की जगह की क्षमता के अनुसार सीमित होता है।''
16 लाख लोगों को परोसा जाता है ट्रेन में खाना
उन्होंने कहा कि सितंबर, 2024 से फरवरी, 2025 के दौरान नई दिल्ली स्टेशन से प्रतिदिन बिकने वाले प्लेटफॉर्म टिकटों की औसत संख्या 9,958 थी। लोकसभा में ही उन्होंने बताया कि ट्रेनों में प्रतिदिन 16 लाख भोजन परोसा जाता है। एक लिखित जवाब में उन्होंने कहा कि भारतीय रेलवे के नेटवर्क पर प्रतिदिन औसतन 16 लाख भोजन परोसा जाता है, ताकि सुचारू और निर्बाध सेवाएं सुनिश्चित की जा सकें।
उधर, वैष्णव ने राज्यसभा में कहा कि रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) को पिछली प्रणाली में कथित अनियमितताओं के कारण विभागीय परीक्षा आयोजित करने के लिए कहा गया था। रेल मंत्रालय ने हाल ही में एक आदेश जारी किया था जिसके माध्यम से उसने सभी विभागीय पदोन्नति परीक्षाओं को रद कर दिया था और आरआरबी को भविष्य में ऐसी सभी परीक्षाएं आयोजित करने के लिए कहा था।
नवरत्न के दर्जे से हितधारकों का विश्वास बढ़ेगा : रेल मंत्री
वैष्णव ने कहा कि आइआरसीटीसी और आइआरएफसी को नवरत्न का दर्जा दिए जाने से बाजार की धारणा, हितधारकों का विश्वास और सबसे महत्वपूर्ण बात, कर्मचारियों का मनोबल और प्रेरणा बढ़ेगी।
कांग्रेस सांसद विजय वसंत ने भारतीय रेलवे खानपान और पर्यटन निगम (आइआरसीटीसी) और भारतीय रेलवे वित्त निगम (आइआरएफसी) को नवरत्न का दर्जा दिए जाने का मुद्दा उठाया और उनके वित्तीय प्रदर्शन के बारे में विस्तृत जानकारी मांगी, जिसके कारण उन्हें नवरत्न का दर्जा दिया गया। उन्होंने अन्य मुद्दों के अलावा यह भी पूछा कि क्या इससे उनके संचालन में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ने की उम्मीद है।
रेल मंत्री ने कहा, ''आइआरसीटीसी और आइआरएफसी का परिचालन से राजस्व क्रमश: 17 प्रतिशत और 14 प्रतिशत से अधिक की चक्रवृद्धि वार्षिक वृद्धि दर से बढ़ा है, जबकि पिछले पांच वर्षों के दौरान नेटवर्थ, ब्याज, मूल्य और कर से पहले की कमाई और कर के बाद लाभ क्रमश: 20 प्रतिशत और 10 प्रतिशत से अधिक चक्रवृद्धि वार्षिक वृद्धि दर के साथ बढ़ा है।''
अंतरिक्ष कानून के मसौदे की गहन जांच की जा रही : जितेंद्र सिंह
प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) में केंद्रीय राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने लोकसभा में एक लिखित जवाब में कहा कि अंतरिक्ष कानून के मसौदे की गहन जांच की जा रही है क्योंकि यह इस क्षेत्र के लिए पहला विधेयक है। ''इस क्षेत्र में पहला विधेयक होने के कारण, सरकार में इसकी गहन जांच की जा रही है और सभी उचित प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद इसे पेश किया जाएगा।''
भारत में अंतरिक्ष गतिविधियों को विनियमित करने और बढ़ावा देने के लिए कानूनी ढांचा स्थापित करने के लिए ''अंतरिक्ष गतिविधि विधेयक'' पर पहली बार 2017 में चर्चा की गई थी - विशेष रूप से इस क्षेत्र में निजी खिलाडि़यों पर केंद्रित।
मध्य भारत में गर्मी से परेशान लोग, राहत के लिए इंतजार जारी
27 Mar, 2025 09:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
देश के कई राज्यों में कल तेज गर्मी रही, मौसम विभाग के अनुसार आज दिल्ली में गर्मी और परेशान कर सकती है। दिल्ली का अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है। अन्य राज्यों में भी मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है, मौसम विभाग ने मौसम को लेकर अपडेट जारी किया है। वहीं आज दिल्ली में हवा भी चल सकती है, जिससे तापमान में एक डिग्री की गिरावट आएगी। 30 मार्च से एक अप्रैल के बीच अधिकतम तापमान 35 से 38 और न्यूनतम तापमान 15 से 19 डिग्री तक रह सकता है। दिल्ली के पीतमपुरा और रिज में तो कल तापमान 40 डिग्री को पार कर गया।
यूपी-बिहार में गर्म हवा चलने के आसार
इसके अलावा यूपी, बिहार, राजस्थान और मध्य भारत में भी आने वाले दिनों में तेज गर्म हवाएं चलने के आसार हैं। जिससे लू का खतरा बढ़ने की संभावना है। वहीं पहाड़ी राज्यों में भी मौसम का मिजाज बदला हुआ है। एक नए पश्चिमी विक्षोभ से इन राज्यों के मौसम में बदलाव नजर आएगा। यहां पर बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है।
महाराष्ट्र में भीषण गर्मी
महाराष्ट्र में तेज गर्मी पड़ेगी, इसके कई राज्यों में भीषण गर्मी का अलर्ट है। महाराष्ट्र के अकोला जिले में भयंकर गर्मी पड़ना का अलर्ट है।
पंजाब और हरियाणा में आज तेज हवाएं चलने के आसार हैं।
दक्षिण भारत में भीषण गर्मी का दौर जारी है, खासकर तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और कर्नाटक के कुछ हिस्सों में तापमान 39-40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
चेन्नई और बेंगलुरु में भी तापमान सामान्य से अधिक बना हुआ है, जिससे लोगों को तेज धूप और उमस का सामना करना पड़ रहा है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आने वाले दिनों में कुछ इलाकों में लू चल सकती है, जिससे सावधानी बरतने की जरूरत है।
इन राज्यों में बारिश के आसार
हिमाचल प्रदेश में आज बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई जा रही है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से प्रदेश के मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। आज किन्नौर, लाहौल-स्पीति, मंडी, कुल्लू, शिमला, सोलन, सिरमौर और चंबा जैसे मध्य और ऊंचाई वाले जिलों में बारिश और बर्फबारी की संभावना है।
राजस्थान के इन इलाकों में चलेंगी तेज हवाएं
मौसम विभाग ने राजस्थान के बाड़मेर, जैसलमेर जैसे पश्चिमी जिलों में दक्षिण-पश्चिम से तेज हवाएं चलने के आसार जताए हैं। जिसकी रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है। वहीं प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में गर्मी का प्रभाव बना रह सकता है। पंजाब और हरियाणा में आज तेज हवाएं चलने के आसार हैं। वहां धूल भरी आंधी चलने की भी संभावना जताई जा रही है।
यूजीसी के नए निर्देश: अप्रेंटिसशिप एम्बेडेड डिग्री प्रोग्राम से रोजगार क्षमता में होगा इजाफा
27 Mar, 2025 08:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) ने उच्च शिक्षा संस्थानों (एचईआई) से आग्रह किया है कि वे स्नातक छात्रों के लिए अप्रेंटिसशिप एम्बेडेड डिग्री प्रोग्राम (एईडीपी) लागू करें, ताकि छात्र अपनी पढ़ाई के साथ-साथ व्यावहारिक प्रशिक्षण प्राप्त कर सकें और रोजगार के अवसर बढ़ा सकें।
यूजीसी के अनुसार, एईडीपी का मुख्य मकसद छात्रों की रोजगार क्षमता को बढ़ाना, परिणाम आधारित शिक्षा पर जोर देना, उच्च शिक्षण संस्थानों और उद्योगों के बीच संबंध मजबूत करना, और उद्योगों में कौशल अंतर को कम करना है।
तीन वर्षीय स्नातक पाठ्यक्रम में छात्रों को कम से कम एक सेमेस्टर और अधिकतम तीन सेमेस्टर तक अप्रेंटिसशिप करनी होगी। चार वर्षीय पाठ्यक्रम में यह अवधि न्यूनतम दो सेमेस्टर और अधिकतम चार सेमेस्टर की होगी।
पात्रता मानदंड
कोई भी उच्च शिक्षा संस्थान एईडीपी कार्यक्रम पेश कर सकता है, यदि वह निम्नलिखित में से किसी एक शर्त को पूरा करता है:
राष्ट्रीय संस्थागत रैंकिंग फ्रेमवर्क (NIRF) की विश्वविद्यालय श्रेणी में रैंकिंग।
राष्ट्रीय मूल्यांकन और प्रत्यायन परिषद (NAAC) से वैध ग्रेड या स्कोर।
यूजीसी द्वारा निर्दिष्ट मानदंडों का अनुपालन करते हुए NAAC द्वारा वैध बुनियादी प्रत्यायन।
प्रशिक्षुता के लिए सहयोग
उच्च शिक्षा संस्थान प्रशिक्षुता अधिनियम, 1961 और प्रशिक्षुता नियम, 1992 के अनुरूप वजीफे के साथ, प्रशिक्षुता को सुविधाजनक बनाने के लिए कंपनियों के साथ सहयोग कर सकते हैं। वे राष्ट्रीय प्रशिक्षुता प्रशिक्षण योजना (NATS) पोर्टल के माध्यम से भी एईडीपी को लागू कर सकते हैं, जहां वजीफे को प्रशिक्षुता प्रशिक्षण बोर्ड (BOAT) या व्यावहारिक प्रशिक्षण बोर्ड (BOPT) के साथ साझेदारी में सरकार द्वारा वित्त पोषित किया जाएगा।
पूर्व शिक्षा की मान्यता (आरपीएल) दिशानिर्देश
यूजीसी ने पूर्व शिक्षा की मान्यता (आरपीएल) के कार्यान्वयन के लिए दिशा-निर्देश भी जारी किए हैं, जो व्यक्तियों के मौजूदा ज्ञान, कौशल और अनुभव का मूल्यांकन करने के लिए एक औपचारिक तंत्र है, ताकि उच्च शिक्षा योग्यता के साथ सहज एकीकरण हो सके। इन पहलों का मकसद छात्रों को व्यावहारिक अनुभव प्रदान करना और उन्हें उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करना है, जिससे उनकी रोजगार क्षमता में वृद्धि हो सके।
मेघालय बना निक्षय मित्र, टीबी के खिलाफ लड़ाई में 18 किलो राशन देने वाला पहला राज्य
26 Mar, 2025 03:59 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पूरे देश में इस समय टीबी के खिलाफ राज्य सरकारें लड़ाई कर रही हैं, जिसमें नॉर्थ ईस्ट के मेघालय में अन्य राज्यों से ज्यादा तेज लड़ाई चल रही है। प्रधानमंत्री टीबी मुक्त अभियान के 100 दिन की सफलता के बाद केंद्र सरकार ने अब 300 दिन तक देश में टीबी के खिलाफ लड़ाई जारी रखने का ऐलान किया है। जानकारी के मुताबिक, भारत में टीबी की घटना दर 2015 में प्रति 100,000 जनसंख्या पर 237 से 17.7 प्रतिशत घटकर 2023 में प्रति 100,000 जनसंख्या पर 195 हो गई है। टीबी से होने वाली मौतों में 2015 में प्रति लाख जनसंख्या पर 28 प्रतिशत की तुलना में 2023 में प्रति लाख जनसंख्या पर 22 प्रतिशत की कमी आई है।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के एमडी खुद तपेदिक से उबरे थे
खासकर मेघालय राज्य की बात करें तो राज्य में निक्षेप रोशन पर बेहद ही महत्वपूर्ण पहल की गई है। राज्य न सिर्फ इसके खिलाफ निक्षय मित्र है, बल्कि यह इकलौता राज्य है जहां 18 किलो राशन मरीजों को दिया जाता है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के सचिव और मिशन निदेशक (MD) रामकुमार एस, जो खुद तपेदिक से उबरे थे, ने बताया कि हर एक टीबी मरीज और उनके परिवार को 10 किलो चावल, 3 किलो दाल, 2 किलो राजमा और 30 अंडों का ट्रे दिया जा रहा है।
टीबी रोगी से अब टीबी चैंपियन
रामकुमार एस ने यह भी बताया कि बचपन में वह टीबी से उबर गए थे। इसलिए टीबी के खिलाफ जागरूकता पैदा करना महत्वपूर्ण है, खासकर उन लोगों में जिन्होंने अतीत में इस बीमारी का अनुभव किया है। ऐसे ही एक और उदाहरण है मेघालय के ईस्ट खासी हिल्स जिले की 32 वर्षीय महिला शुलाई, जिन्होंने इस बीमारी के कारण अपना एक फेफड़ा खो दिया था और अब इसके प्रतिकूल प्रभाव से जूझ रही हैं। वह टीबी रोगी से अब टीबी चैंपियन बन गई हैं और इस बीमारी से लड़ने में न केवल दूसरों की मदद कर रही हैं, बल्कि इससे जुड़ी सामाजिक भ्रांतियों को भी दूर करने का प्रयास कर रही हैं।
हैंडहेल्ड एक्स-रे तकनीक टीबी के खिलाफ कारगर
वहीं, दूसरी ओर समुदाय आधारित स्क्रीनिंग और निदान और उपचार भी टीबी उन्मूलन रणनीति के लिए एक मजबूत उपकरण के रूप में काम कर रहा है। हैंडहेल्ड एक्स-रे जैसी तकनीक को बड़े पैमाने पर तैनात किया गया है। राज्य में न्यूक्लिक एसिड एम्प्लीफिकेशन टेस्ट (NAAT) मशीनों की संख्या में भी जबरदस्त बढ़ोतरी हुई है, जिसके परिणामस्वरूप टीबी रोगियों की संख्या में नाटकीय रूप से वृद्धि हुई है, जिनका जल्दी पता लगाया जा सकता है।
मेघालय के लाइटोइर डिस्ट्रिक्ट की खासियत
मेघालय के लाइटोइर डिस्ट्रिक्ट की बात करें तो यहां वैलनेस सेंटर कई मामलों में सराहनीय है। ये सेंटर मर्करी फ्री है और इसके साथ ही साथ स्नेक वेनम एंटीडोट पर भी काम कर रहा है। सबसे खास बात यह है कि टीबी की स्क्रीनिंग को लेकर एक ऐसी मशीन का इस्तेमाल किया जा रहा है, जो दूर-दराज के इलाकों में जाकर स्पुटम कलेक्शन में काम आती है, जिससे टीबी का पता लगाया जाता है। ये उपकरण टेम्प्रेचर कंट्रोल है और जहां बिजली नहीं है, वहां बर्फ के जरिए इसमें कलेक्शन किया जाता है, जिससे टीबी के मरीजों का जल्द से जल्द पता लगाया जा सके। बहरहाल, वर्ल्ड टीबी डे 24 मार्च को मनाया जा चुका है, लेकिन केंद्र सरकार ने इसे 300 दिनों के लिए और बढ़ाकर टीबी मुक्त भारत के अभियान में और तेजी ला दी है।
वनाधिकार पट्टा और पीएम आवास से मुरिया परिवार को मिला नया जीवन
वर्मी कंपोस्ट उत्पादन बनी आत्मनिर्भरता की मिसाल
राज्यपाल पटेल से भारतीय विदेश सेवा के प्रशिक्षु अधिकारी मिले
मध्यप्रदेश को सामाजिक न्याय के क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनाने के लिये करें समन्वित प्रयास : मंत्री कुशवाह
लेमनग्रास -किसानों के लिए कम पानी में ज्यादा कमाई का साधन
चेकडैम बना ग्रामीण आत्मनिर्भरता का मजबूत आधार, जल संरक्षण से बदली खेती की तस्वीर
कौशल और सामाजिक उद्यमिता से होगा भारत विकसित : राज्यपाल पटेल
द्वारका नगरी योजना से शहरी विकास को मिलेगी नई गति : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ से बदली तस्वीर
