देश
ऑडिट रिपोर्ट से चौंकाने वाली सच्चाई: समन्वय की कमी से हुआ नुकसान
1 Apr, 2025 09:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
संसद की लोक लेखा समिति ने रेल मंत्रालय से कहा है कि दक्षिणपूर्व मध्य रेलवे जोन में 2017-18 में विद्युतीकरण के ठेके में हुए नौ करोड़ के नुकसान के लिए अधिकारियों की जबावदेही तय करे। समिति ने इसके साथ ही खजाने को हुए नुकसान और उस पर ब्याज की वसूली के लिए प्रविधान करने का भी समर्थन किया है। यह मामला एसईसीआर जोन में ओवरहेड इक्विपमेंट (ओएचई) की कार्य से संबंधित है जिसके लिए 2017-18 में 35.36 करोड़ रुपये के दो ठेके दिए गए थे।
ऑडिट रिपोर्ट में मिली गड़बड़ी
लेकिन ऑडिट रिपोर्ट में पाया गया कि एसईसीआर के सिविल और इलेक्ट्रिकल विभागों के बीच समन्वय की कमी के कारण ठेका देने से पहले आवश्यक सिविल कार्य पूरे नहीं थे। पाया गया कि ठेकेदारों ने ठेका अवधि (2017-18) के दौरान नौ करोड़ रुपये की सामग्री की आपूर्ति की, लेकिन अनुकूल कार्यस्थल की अनुपलब्धता के कारण वे कार्य नहीं कर सके।
समिति ने हाल में संसद को सौंपी अपनी रिपोर्ट में कहा, 'इससे काम में कोई प्रगति के बिना ठेकों को जल्द समाप्त कर दिया गया। आपूर्ति की गई नौ करोड़ रुपये की सामग्री का उसके उद्देश्य के लिए पूरी तरह उपयोग नहीं किया जा सका। रेल मंत्रालय ने अपने जवाब में कहा कि वह ठेका प्रक्रिया में व्यापक अनुपालन जांच सूची का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करेगा। मंत्रालय के जवाब से असंतुष्ट समिति ने खेद व्यक्त किया और कहा कि इस स्तर पर समिति केवल यह सिफारिश कर सकती है कि इस तरह की चूक के लिए जिम्मेदारी तय करने हेतु जांच की जाए।
पश्चिम बंगाल में गैस सिलेंडर विस्फोट का बड़ा मामला सामने आया
1 Apr, 2025 08:40 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
कोलकाता: पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के पाथर प्रतिमा में बीती रात एक घर में गैस सिलेंडर में विस्फोट हो गया. इस हादसे में चार बच्चों समेत कुल सात लोगों की मौत हो गई जबकि एक महिला घायल हो गई. विस्फोट के कारणों का पता लगाया जा रहा है. इस घटना से इलाके में लोगों में हड़कंप मचा गया.
पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार पथर प्रतिमा प्रखंड के ढोलाहाट गांव में रात करीब नौ बजे एक घर में विस्फोट हुआ. इसके बाद घर में आग लग गई. बताया जाता है कि रसोई गैस की वजह से आग तेजी से फैली. धमाके की आवाज दूर तक सुनाई दी. आवाज सुनकर आसपास के लोग पहुंचे और इसकी सूचना पुलिस को दी. स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घर में फंसे लोगों को बचाने का प्रयास किया गया लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी.
सुंदरबन पुलिस जिले के एसपी कोटेश्वर राव ने पीटीआई को बताया, 'सभी शव बरामद कर लिए गए. विस्फोट में एक महिला भी घायल हो गयी. घायल महिला को घर से निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया गया. उन्होंने बताया कि मृतकों के एक ही परिवार से होने की संभावना है.
पुलिस को संदेह है कि घर में दो गैस सिलेंडर थे और अंदर रखे पटाखों में आग लगने के बाद आग फैल गई. उन्होंने कहा, 'स्थिति नियंत्रण में है और बचाव अभियान पूरा हो गया. हादसे के दौरान इलाके की घेराबंदी कर दी गई. इस घटना की जांच जारी है. एक अन्य अधिकारी ने बताया कि यह भी पता लगाने के लिए जांच की जाएगी कि घर के अंदर पटाखे बनाए जा रहे थे या नहीं.
ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से पांडुलिपियों के डिजिटलीकरण की दिशा में कदम
1 Apr, 2025 08:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पांडुलिपियों को एआई आधारित प्लेटफॉर्म के जरिये ऑनलाइन खोजे जा सकने वाले लेख में बदलने और फिर विभिन्न भारतीय भाषाओं में इसका अनुवाद करने के लिए एडवांस्ड नॉलेज एक्सट्रैक्शन फ्रेमवर्क विकसित करने की योजना की एक सिफारिश संसदीय समिति ने की है।
परिवहन, पर्यटन एवं संस्कृति की स्थायी समिति ने अपनी रिपोर्ट में सलाह दी है कि संस्कृति मंत्रालय जमीनी स्तर के कर्मचारियों को पांडुलिपि मित्र बनाने के लिए गहन प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू कर सकता है।
मंत्रालय को सौंपी रिपोर्ट
मंत्रालय को अनुदान की मांग की रिपोर्ट सौंपते हुए समिति ने कहा, 'यह प्रशिक्षित पांडुलिपि मित्र, स्थानीय स्तर पर पांडुलिपियों के दस्तावेजीकरण, संरक्षण और डिजिटलीकरण में सहायता करने के लिए आवश्यक कौशल और जानकारी से लैस होंगे।'
इसमें कहा गया है कि इसमें अत्याधुनिक डिजिटल प्लेटफॉर्म के रूप में पांडुलिपि पटल 2.0 को जोड़ना चाहिए, जो तमाम भाषाओं और लिपियों वाली पांडुलिपियों के बीच एआई आधारित खोज की क्षमता से लैस हो। इसमें संबंधित पांडुलिपियों को आपस में लिंक करने, सत्यापित शोधकर्ताओं को शैक्षिक जानकारी जोड़ने के साथ इसके लेख और अनुवाद में संपादन की भी अनुमति देना शामिल है। इसके लिए वर्जन कंट्रोल सिस्टम भी हो, ताकि पांडुलिपि के अर्थ में परिवर्तन को बाद में देखा भी जा सके। इस सिस्टम में ब्लॉक चेन तकनीक जोड़ने से यह और ज्यादा सुरक्षित, सत्यापित और बेहतर हो जाएंगी।
वायरल गर्ल मोनालिसा को फिल्म ऑफर करने वाले निर्देशक सनोज मिश्रा गिरफ्तार, इस आरोप में हुआ गिरफ्तार
31 Mar, 2025 07:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
महाकुंभ की वायरल गर्ल मोनालिसा को फिल्म ऑफर करने के बाद डायरेक्टर सनोज मिश्रा सुर्खियों में आ गए थे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ताजा अपडेट में उन्हें दिल्ली में रेप के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। एक छोटे शहर की लड़की ने उन पर बार-बार उसका शोषण करने और कथित तौर पर उसे फिल्म स्टार बनाने का झूठा वादा करने का आरोप लगाया है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वह पहली बार 2020 में झांसी में रहने के दौरान टिकटॉक और इंस्टाग्राम के जरिए सनोज मिश्रा से जुड़ी थी। समय के साथ वे अक्सर बात करते रहे और 17 जून 2021 को सनोज मिश्रा ने कथित तौर पर उसे फोन किया और दावा किया कि वह झांसी रेलवे स्टेशन पर है। जब उसने उससे मिलने से इनकार कर दिया, तो उसने कथित तौर पर धमकी दी कि अगर वह नहीं आई तो वह अपनी जान ले लेगा।
सनोज मिश्रा गिरफ्तार
उसकी धमकियों से डरकर पीड़िता अगले दिन उससे मिलने के लिए तैयार हो गई। 18 जून 2021 को सनोज मिश्रा कथित तौर पर उसे एक रिसॉर्ट में ले गया, जहां उन्होंने उसे नशीला पदार्थ दिया और उसके साथ मारपीट की। उसकी शिकायत के मुताबिक, उन्होंने अश्लील वीडियो भी रिकॉर्ड किए और विरोध करने पर उन्हें लीक करने की धमकी दी।
पीड़िता का यह दावा
पीड़िता ने आगे दावा किया कि सनोज मिश्रा ने कई मौकों पर उसका शोषण किया, शादी के झूठे वादे किए और उसे बरगलाने के लिए फिल्मों में रोल ऑफर किए।
मोनालिसा को दिया फिल्म का ऑफर
बता दें कि सनोज मिश्रा हाल ही में मोनालिसा को फिल्म ऑफर करने को लेकर चर्चा में आए थे। यह वही लड़की है जो महाकुंभ मेला 2025 के दौरान वायरल हुई थी। इस आयोजन में माला बेचते हुए मोनालिसा रातों-रात इंटरनेट सेंसेशन बन गई थी। जब उसकी तस्वीरों और वीडियो ने सोशल मीडिया पर लोगों का दिल जीत लिया तो लोग हर जगह उसके बारे में बात करने लगे। मोनालिसा के वायरल होने के तुरंत बाद खबरें सामने आईं कि उन्हें फिल्म का ऑफर मिला है। कुछ दिनों बाद सनोज मिश्रा ने पुष्टि की कि वह उन्हें अपनी फिल्म 'द डायरी ऑफ मणिपुर' में कास्ट कर रहे हैं। उन्होंने उन्हें एक्टिंग की ट्रेनिंग भी देनी शुरू कर दी। सनोज उन्हें कई इवेंट में ले जाते देखे गए। सनोज मिश्रा ने पिछले कुछ सालों में कई फिल्मों का निर्देशन किया है, जिनमें 'गांधीगिरी', 'राम की जन्मभूमि', 'लफंगे नवाब', 'धरम के सौदागर' और 'काशी टू कश्मीर' शामिल हैं।
राहुल गांधी ने पीएम मोदी को लिखा पत्र, अपतटीय खनन टेंडर रद्द करने की दी मांग
31 Mar, 2025 05:02 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने पीएम मोदी को पत्र लिखा है। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने पीएम मोदी को पत्र लिखकर केरल, गुजरात और अंडामान एवं निकोबार द्वीप समूह के तटों पर अपतटीय खनन की अनुमति देने वाले टेंडरों को रद करन की मांग की है।
राहुल गांधी ने अपने पत्र के माध्यम से कहा कि ये टेंडर समुद्री जीवन के लिए खतरा है। उन्होंने कहा कि बिना किसी कठोर आकलन के निजी क्षेत्रों को टेंडर देना चिंताजनक हो सकता है। इससे तट पर रहने वाले और अपना पारंपरिक व्यवसाय करने वालों को परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।
राहुल गांधी ने पत्र में क्या लिखा?
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने पीएम मोदी को लिखे अपने पत्र में कहा कि मैं केरल, गजरात और अंडामान निकोबार के तटों पर अपतटीय खनन की अनुमति देने के केंद्र सरकार के फैसले की कड़ी निंदा करता हूं। बता दें कि राहुल गांधी ने कहा कि वह उस तरीके का विरोध कर रहे हैं, जिसमें पर्यावरणीय प्रभाव का मूल्यांकन किए बिना अपतटीय खनन के लिए टेंडर जारी किए गए। राहुल गांधी ने लिखा कि लाखों मछुआरों ने अपनी आजीविका और जीवन शैली पर पड़ने वाले इसके प्रभाव के बारे में गंभीर चिंता व्यक्त की है।
रविवार को सार्वजनिक किए गए पत्र में लोकसभा के नेता पीएम मोदी को संबोधित करते हुए कहा कि मैं केरल, गुजरात और अंडामान निकोबार द्वीप समूह में अपतटीय खनन की अनुमति देने के केंद्र सरकार के फैसले की निंदा करता हूं। राहुल गांधी ने आगे कहा कि यह अपतटीय खनन लाखों मछुआरों की आजीविका को प्रभावित करेगा और हमारे विविध समुद्री जीवन को अपूरणीय क्षति पहुंचाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार को अपने फैसले को तुरंत वापस लेना चाहिए।
'तटीय समुदाय के लोग कर रहे प्रदर्शन'
राहुल गांधी ने कहा कि खनन के लिए केंद्र सरकार ने परमिशन दे दी है। इसके विरोध में तटीय समुदाय के लोग प्रदर्शन कर रहे हैं। इसकी अनुमति बिना किसी पर्यावरणीय प्रभाव को ध्यान को रखते हुए दी गई है, जो काफी गलत है। राहुल गांधी ने अपने पत्र में लिखा है कि उन क्षेत्रों में रहने वाले मछुआरों ने अपनी आजीविका और जीवन शैली पर पड़ने वाले प्रभाव को लेकर चिंता व्यक्त की है।
ध्यान देने वाली बात है कि राहुल गांधी ने दावा किया कि केरल विश्वविद्यालय द्वारा किए गए एक सर्वे के अनुसार इस अपतटीय खनन से विशेष रूप से कोल्लम में मछलियों के प्रजनन पर विनाशकारी प्रभाव पड़ सकता है। वहीं, इसके अलावा केरल में करीब 11 लाख लोग मछली पकड़ने के व्यवसाय पर ही निर्भर हैं। यब उनका पारंपरिक व्यवसाय है।
'सरकार रद करे जारी किए सभी टेंडर'
राहुल गांधी ने अपने पत्र में लिखा कि इस खनन के कारण होने वाला कोई भी नुकसान हमें अपूरणीय क्षति पहुंचा सकता है। हमारे तटीय पारिस्थितिकी तंत्र के क्षरण ने चक्रवात जैसी प्राकृतिक आपदाओं के प्रभाव को और बढ़ा दिया है। जो चिंताजनक है। सरकार जानबूझकर ऐसी गतिविधियों को हरी झंडी दे रही है। राहुल ने कहा कि मैं केंद्र सरकार से आग्रह करता हूं कि अपतटीय खनन को ब्लॉक करने के लिए सभी प्रकार के टेंडरों को रद करने का काम करे।
ममता बनर्जी का विपक्ष पर हमला: 'राम-बाम' लोग कर रहे हैं समाज को विभाजित
31 Mar, 2025 12:46 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
सोमवार को ईद के अवसर पर अपने संदेश में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने राज्य में सांप्रदायिक तनाव फैलाने के लिए राज्य की दो मुख्य विपक्षी पार्टियों भाजपा और माकपा के नेतृत्व वाले वाम मोर्चे को समान रूप से जिम्मेदार ठहराया।
विपरीत राजनीतिक विचारधारा वाली दो विपक्षी ताकतों पर हमला करते हुए मुख्यमंत्री ने उन्हें ‘राम-बम (राम और वामपंथी)’ बताया।
रेड रोड पर ईद की नमाज के कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम ममता बनर्जी ने लोगों से आग्रह किया कि वे ऐसे उकसावों में न आएं जो सांप्रदायिक दंगे भड़का सकते हैं। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि उनकी सरकार लोगों के साथ खड़ी रहेगी और यह सुनिश्चित करेगी कि कोई भी राज्य में तनाव पैदा न कर सके।
ममता बनर्जी ने कहा, “‘आजकल राम-बम यह सवाल उठाता है कि मैं हिंदू हूं या नहीं। मेरा जवाब है कि मैं एक ही समय में हिंदू, मुस्लिम और सिख हूं और आखिरकार मैं एक भारतीय हूं। विपक्षी पार्टियां क्या कर रही हैं? वे सिर्फ लोगों को बांट रही हैं। मेरा जीवन देश के लिए समर्पित है।”
मुख्यमंत्री ने आगामी 6 अप्रैल को रामनवमी के अवसर पर राज्य में सांप्रदायिक तनाव पैदा करने की संभावित कोशिशों के बारे में भी चेतावनी दी। पार्टी के महासचिव और लोकसभा सदस्य अभिषेक बनर्जी भी मंच पर उनके साथ थे।
भाजपा का सीधे नाम लिए बिना उन्होंने कहा कि कुछ निहित स्वार्थी तत्वों की राज्य में सांप्रदायिक तनाव पैदा करने की खास योजना है। मुख्यमंत्री ने कहा, “दंगा जैसी स्थिति पैदा करने के लिए उकसावे में न आएं। हमेशा याद रखें कि आपकी दीदी (उनकी ओर इशारा करते हुए) आपके साथ हैं। अभिषेक आपके साथ हैं। पूरी राज्य सरकार आपके साथ है। अब कोई भी आपके साथ कुछ भी कर सकता है।”
भाजपा का नाम लिए बिना मुख्यमंत्री ने लोगों से अपील की कि वे उन राजनीतिक ताकतों की न सुनें और न ही उनसे बातचीत करें जो विभाजनकारी राजनीति का प्रचार कर रही हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा, “बस उन्हें सही समय पर करारा जवाब दें। वे यह तय करने की कोशिश कर रहे हैं कि लोग क्या खाएंगे और क्या पहनेंगे। मैं नहीं चाहती कि राज्य में दंगे जैसी स्थिति पैदा हो। हमेशा याद रखें कि आम लोग कभी सांप्रदायिक दंगे नहीं फैलाते। ऐसे दंगे कुछ खास राजनीतिक दलों द्वारा भड़काए जाते हैं।”
उन्होंने यह भी दावा किया कि वे रामकृष्ण परमहंस और स्वामी विवेकानंद के मार्ग पर चलती हैं। मुख्यमंत्री ने कहा, “लेकिन मैं एक विपक्षी दल द्वारा प्रचारित धार्मिक मार्ग को मान्यता नहीं देती। उनके द्वारा प्रचारित मार्ग हिंदू धर्म विरोधी है।”
सीएम ममता बनर्जी की यह टिप्पणी पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के मोथाबारी इलाके में दो समूहों के बीच हिंसा भड़कने के बाद आई है , जहां 61 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
हाइड्रोजन ट्रेन का ट्रायल: जींद-सोनीपत रूट पर दौड़ेगी देश की पहली इको-फ्रेंडली ट्रेन
31 Mar, 2025 12:36 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन आज हरियाणा के जींद-सोनीपत रूट पर दौड़ेगी. यह पर्यावरण के अनुकूल ट्रेन चेन्नई की इंटीग्रल कोच फैक्ट्री में बनाई गई है. 89 किलोमीटर के इस रूट पर आज से इसका ट्रायल शुरू हो रहा है. यह ट्रेन 110 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने में सक्षम है. 1200 हॉर्सपावर की क्षमता वाली यह ट्रेन एक बार में 2638 यात्रियों को ले जा सकेगी.
रेल मंत्रालय ने हाइड्रोजन ईंधन सेल-आधारित ट्रेनों के निर्माण के लिए 2800 करोड़ रुपये आवंटित किए थे, जिसके तहत 35 ऐसी ट्रेनें तैयार की जा रही हैं. 8 कोच वाली यह ट्रेन 110 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली यह हाइड्रोजन ट्रेन दुनिया की सबसे लंबी हाइड्रोजन ट्रेनों में शामिल होगी. हरित प्रौद्योगिकी पर आधारित यह पहल कार्बन उत्सर्जन को कम करने और शून्य कार्बन लक्ष्य की ओर बढ़ने में अहम भूमिका निभाएगी. ट्रायल के दौरान ट्रेन की तकनीकी क्षमता और सुरक्षा मानकों का मूल्यांकन किया जाएगा. सफल परीक्षण के बाद इसे नियमित संचालन में लाने की योजना है.
35 हाइड्रोजन ट्रेनें चलाने का लक्ष्य
भारतीय रेलवे अपने विशेष प्रोजेक्ट ‘हाइड्रोजन फॉर हेरिटेज’ के तहत हेरिटेज और पहाड़ी मार्गों पर 35 हाइड्रोजन ट्रेनें संचालित करने की तैयारी कर रहा है. इस महत्वाकांक्षी योजना के लिए चालू वर्ष के बजट में 2800 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं. इसके अतिरिक्त, हेरिटेज रूट पर हाइड्रोजन से संबंधित बुनियादी ढांचे के विकास के लिए 600 करोड़ रुपये अलग से रखे गए हैं. चेन्नई की इंटीग्रल कोच फैक्ट्री (आईसीएफ) द्वारा निर्मित यह ट्रेन स्वच्छ और टिकाऊ परिवहन को बढ़ावा देने की दिशा में भारतीय रेलवे का महत्वपूर्ण कदम है. रेलवे का लक्ष्य स्वच्छ और टिकाऊ परिवहन को बढ़ावा देते हुए देश के हेरिटेज रूट्स को नई पहचान देना है.
भारतीय रेलवे के इस अभिनव प्रोजेक्ट को हरित परिवहन की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है. हाइड्रोजन से संचालित यह ट्रेन शून्य कार्बन उत्सर्जन के लक्ष्य को समर्थन देती है. ट्रायल के दौरान ट्रेन की कार्यक्षमता, सुरक्षा और तकनीकी पहलुओं की जांच की जाएगी. सफल परीक्षण के बाद इसे नियमित संचालन में लाने की योजना है.
कैसे है यह और ट्रेनों से अलग
हाइड्रोजन ट्रेन, अन्य ट्रेनों से इस मायने में अलग है कि यह पूरी तरह से प्रदूषण मुक्त है. इसमें एक नया ईंधन स्रोत (हाइड्रोजन) और तकनीक (ईंधन सेल) का उपयोग किया जाता है. यह पर्यावरण के अनुकूल है. हाइड्रोजन ट्रेन में एक हाइड्रोजन ईंधन सेल होता है, जो हाइड्रोजन गैस और ऑक्सीजन के रासायनिक प्रतिक्रिया से बिजली पैदा करता है. इस प्रक्रिया में केवल पानी (H₂O) और ऊर्जा उत्पन्न होती है, जो इसे पर्यावरण के लिए बहुत ही साफ और प्रदूषण-मुक्त बनाती है.
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2025 का थीम घोषित, पीएम मोदी ने किया ऐलान
31 Mar, 2025 11:41 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को घोषणा की इस वर्ष के अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम 'एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग' है। उन्होंने कहा कि यह दिन एक भव्य उत्सव का रूप ले चुका है। अपने मासिक मन की बात रेडियो प्रसारण में स्वस्थ विश्व जनसंख्या के लिए भारत के दृष्टिकोण को साझा करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि हम योग के माध्यम से पूरी दुनिया को स्वस्थ बनाना चाहते हैं।
योग दिवस में 100 दिन से भी कम वक्त
प्रधानमंत्री ने कहा कि फिटनेस के साथ-साथ गिनती करना भी एक आदत बनती जा रही है, उन्होंने लोगों के ऐसे उदाहरण दिए, जिसमें वे एक दिन में उठाए गए कदमों, खपत की गई कैलोरी और बर्न की गई कैलोरी की संख्या पर नजर रखते हैं।
उन्होंने कहा, 'इन सब के बीच एक और उल्टी गिनती शुरू होने वाली है। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की उल्टी गिनती। अब योग दिवस के लिए 100 दिन से भी कम समय बचा है। अगर आपने अभी तक योग को अपने जीवन में शामिल नहीं किया है, तो अभी करें। अभी भी देर नहीं हुई है।'
10 साल पहले हुई थी शुरुआत
10 साल पहले मनाए गए पहले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का जिक्र करते हुए मोदी ने कहा, 'अब यह दिन योग के एक भव्य उत्सव का रूप ले चुका है। यह भारत की ओर से मानवता को दिया गया एक ऐसा अनमोल तोहफा है, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए बहुत उपयोगी होने वाला है।'
प्रधानमंत्री ने कहा, 'हम सभी के लिए यह गर्व की बात है कि आज हमारे योग और पारंपरिक चिकित्सा के बारे में पूरी दुनिया में जिज्ञासा बढ़ रही है। बड़ी संख्या में युवा योग और आयुर्वेद को स्वास्थ्य के बेहतरीन माध्यम के रूप में अपना रहे हैं।' चिली का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि दक्षिण अमेरिकी देश में आयुर्वेद तेजी से लोकप्रिय हो रहा है। पीएम ने कहा कि पिछले साल ब्राजील की अपनी यात्रा के दौरान मैंने चिली के राष्ट्रपति से मुलाकात की थी। आयुर्वेद की लोकप्रियता के बारे में हमारी काफी चर्चा हुई थी।
दुनिया भर में आयुष प्रणालियों की तेजी से बढ़ती लोकप्रियता और प्रमुख हितधारकों के योगदान को स्वीकार करते हुए उन्होंने कहा, 'मुझे सोमोस इंडिया नामक एक टीम के बारे में पता चला है। स्पेनिश में इसका मतलब है- हम भारत हैं। यह टीम लगभग एक दशक से योग और आयुर्वेद को बढ़ावा दे रही है। उनका ध्यान उपचार के साथ-साथ शैक्षिक कार्यक्रमों पर भी है। वे योग और आयुर्वेद से जुड़ी जानकारी का स्पेनिश में अनुवाद भी करवा रहे हैं।'
पारंपरिक ज्ञान पर गर्व करने की अपील
मोदी ने कहा, 'अगर हम पिछले साल की ही बात करें तो उनके असंख्य कार्यक्रमों और पाठ्यक्रमों में लगभग 9,000 लोगों ने भाग लिया था। मैं इस टीम से जुड़े सभी लोगों को उनके प्रयासों के लिए बधाई देता हूं।' प्रधानमंत्री ने सभी से योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करने और समग्र स्वास्थ्य के लिए देश के पारंपरिक ज्ञान पर गर्व करने की भी अपील की।
बता दें कि संयुक्त राष्ट्र ने योग के अभ्यास के अनेक लाभों के बारे में दुनिया भर में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के रूप में घोषित किया। इसे पहली बार 2015 में मनाया गया था।
1 अप्रैल से लागू होने वाली टोल वृद्धि पर कांग्रेस का तीखा हमला, सुरजेवाला बोले- 'लूट की छूट'
31 Mar, 2025 11:20 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने नई फाइनेंशियल ईयर की शुरुआत के साथ ही टोल टैक्स की दरें बढ़ा दी हैं. टोल टैक्स में करीब 5 से 10 रुपये की बढ़ोत्तरी की गई है. जो 31 मार्च की आधी रात (एक अप्रैल) से लागू होंगी. साल की शुरुआत के साथ ही लगभग सभी टोल टैक्स पर शुल्क बढ़ाने का काम शुरू हो गया है, इसके साथ ही कांग्रेस ने भी बीजेपी पर हमला करना शुरू कर दिया है. वहीं पिछले दिनों सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने एक हफ्ते में अच्छी खबर की बात कही थी.
सांसद और कांग्रेस महासचिव, रणदीप सिंह सुरजेवाला ने 1 अप्रैल से होने वाली टोल वृद्धि पर भाजपा सरकार को आड़े हाथों लेते हुए इसे जनता की जेब काटकर लूट की छूट करार दिया है. उन्हों सरकार पर जोरदार हमला बोलते हुए सुरजेवाला ने कहा कि रोज बढ़ती महंगाई से त्रस्त जनता पर 1 अप्रैल से पड़ने वाली टोल बढ़ोत्तरी की मार भाजपाई विश्वासघात का जीता-जागता सबूत है.
10 साल में 500प्रतिशत की टोल वृद्धि- सुरजेवाला
सुरजेवाला ने कहा कि भारत सरकार ने माना है कि जब देश में कांग्रेस की सरकार 2014-15 में गई थी, तो साल 2015-16 तक भी जनता से देश में सालाना टोल कलेक्शन मात्र ₹17,759 करोड़ था. जबकि साल 2024-25 में सालाना टोल कलेक्शन लगभग ₹85,000 करोड़ सालाना तक पहुंच गया है.
उन्होंने कहा कि बीजेपी कीजबरन टोल वसूलीका इससे बड़ा सबूत क्या है कि10साल के भाजपाई शासन में सालाना टोल कलेक्शन में 500 प्रतिशत की वृद्धि हुई है.
जल्द मिलेगी खुशखबरी- गडकरी
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा था कि यदि आप अच्छी सेवाएं चाहते हैं तो आपको इसके लिए भुगतान करना होगा. अगर अच्छी सर्विस चाहिए तो आपको पैसा देना पड़ेगा, पर मैं आपको विश्वास दिलाता हूं. अधिवेशन समाप्त होने के एक सप्ताह के अंदर मैं एक घोषणा कर रहा हूं, जिससे जो टोल के बारे में जिनकी कुछ नाराजगी है वो पूरी खत्म हो जाएगी ये आप विश्वास रखिए.
शशि थरूर ने मोदी सरकार की वैक्सीनेशन पहल 'वैक्सीण मैत्री' की तारीफ
31 Mar, 2025 11:07 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
तिरुवनंतपुरम से कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने एक बार फिर नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली बीजेपी सरकार की तारीफ की है. इस बार उन्होंने वैक्सीन मैत्री पहल की जमकर प्रशंसा की है. इस पहल के तहत कई देशों को कोविड-19 वैक्सीन बांटी की गई थी. दरअसल, जनवरी 2021 में कोविड-19 महामारी के दौरान लॉन्च की गई वैक्सीन मैत्री पहल के तहत भारत ने विकासशील देशों को घरेलू स्तर पर विकसित वैक्सीन को सप्लाई किया था.
कांग्रेस नेता थरूर ने कहा कि भारत ने कोवैक्स पहल में भी योगदान दिया, जो समान वैक्सीन वितरण सुनिश्चित करने का एक वैश्विक प्रयास है. महामारी के काले दिनों के बावजूद भारत की वैक्सीन कूटनीति एक उम्मीद की किरण बनकर उभरी, जिसने ग्लोबल हेल्थ डिप्लोमेसी में देश की भूमिका और ग्लोबल चुनौतियों का समाधान करने की उसकी क्षमता को मजबूत किया.
‘भारत की ग्लोबल लीडर के तौर पर छवि मजबूत हुई’
उन्होंने कहा कि वैक्सीन मैत्री ने मुश्किल समय में देशों की मदद करने की भारत की क्षमता को प्रदर्शित किया. ऐसा करके भारत ने तमाम मंचों के भीतर समाधान को आकार देते हुए वैश्विक नेता के रूप में अपनी स्थिति की पुष्टि की है. इसके बजाय, अमीर देशों ने अपने नागरिकों के लिए बड़ी मात्रा में वैक्सीन जमा करने में अपने संसाधन खर्च किए, जिनमें से अधिकांश को बिना इस्तेमाल किए फेंकना पड़ा, जबकि अगर उन्हें गरीब देशों में बांट दिया जाता तो लोगों की जान बच सकती थी.
थरूर ने आगे कहा कि भारत की वैक्सीन शिपमेंट की व्यापक रूप से सराहना की गई, जिससे एक जिम्मेदार ग्लोबल लीडर के रूप में इसकी छवि मजबूत हुई. इस पहल ने दक्षिण एशिया और अफ्रीका में चीन के बढ़ते प्रभाव के प्रति संतुलन के रूप में काम किया, जहां दोनों देश वैक्सीन कूटनीति के माध्यम से सद्भावना बनाने की कोशिश कर रहे थे.
‘भारत की सॉफ्ट पावर काफी हद तक बढ़ी’
उन्होंने कहा, ‘यह सच है कि कोविड-19 की दूसरी लहर ने भारत के वैक्सीन एक्सपोर्ट को अस्थायी रूप से बाधित किया है, जिससे घरेलू जरूरतों को अंतरराष्ट्रीय प्रतिबद्धताओं के साथ संतुलित करने की चुनौतियों पर ध्यान गया. इसके बावजूद, भारत की वैक्सीन कूटनीति उसकी विदेश नीति में एक महत्वपूर्ण अध्याय बनी, जो रणनीतिक हितों के साथ मानवतावाद को जोड़ने की उसकी क्षमता को दर्शाती है. इसने भारत की सॉफ्ट पावर को काफी हद तक बढ़ाया है, जिससे विकासशील दुनिया में यह दर्शाया गया है कि भारत मानवीय सहायता को प्राथमिकता दे सकता है, जिससे वैश्विक मंच पर एक उदार और विश्वसनीय भागीदार के रूप में इसकी छवि मजबूत हुई है.
चैत्र नवरात्रि के दूसरे दिन पीएम मोदी ने देशवासियों को दी शुभकामनाएं
31 Mar, 2025 10:45 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को चैत्र नवरात्रि के दूसरे दिन देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। नवरात्रि का दूसरा दिन देवी ब्रह्मचारिणी को समर्पित है।
अपने एक्स हैंडल पर एक पोस्ट में पीएम मोदी ने लिखा, “नवरात्रि पर देवी मां का आशीर्वाद भक्तों में सुख-शांति और नई ऊर्जा का संचार करता है।” इसके साथ ही प्रधानमंत्री ने लोगों से राजलक्ष्मी संजय द्वारा गाया गया गीत सुनने का आग्रह किया।
प्रार्थना गीत शक्ति की पूजा को समर्पित है। ‘ऐगिरी नंदिनी नंदिता मेधिनी’ एक बहुत लोकप्रिय दुर्गा स्तोत्र है। इसमें मां के महिषासुर मर्दिनी अवतार का आवाहन किया गया है। ‘ऐगिरी नंदिनी’ देवी महिषासुर मर्दिनी को संबोधित है। देवी दुर्गा का महिषासुर मर्दिनी रूप उग्रहै जहां उन्हें 10 भुजाओं, शेर पर सवार और हथियार लिए हुए दिखाया गया है।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।
उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “दधाना करपद्माभ्यामक्षमालाकमण्डलू। देवी प्रसीदतु मयि ब्रह्मचारिण्यनुत्तमा। चैत्र नवरात्रि के पावन द्वितीय दिवस के अवसर पर मां ब्रह्मचारिणी की कृपा से हर घर में खुशियों का वास हो, सभी का जीवन सुख, समृद्धि और आरोग्यता से अभिसिंचित हो, यही प्रार्थना है। आदिशक्ति मां भगवती की द्वितीय स्वरूप मां ब्रह्मचारिणी का आशीर्वाद सभी भक्तों पर सदैव बना रहे। जय मां ब्रह्मचारिणी!”
चैत्र नवरात्रि का आगाज 30 मार्च को हो चुका है और यह 7 अप्रैल तक रहेगा। नवरात्र का प्रत्येक दिन देवी दुर्गा के अलग-अलग स्वरूपों को समर्पित है। नौ दिवसीय उत्सव में देवी दुर्गा के नौ रूपों की पूजा-अर्चना की जाती है। पूरे त्योहार के दौरान भक्त विशेष प्रार्थना, अनुष्ठान और उपवास करते हैं।
दूसरे दिन देवी दुर्गा की पूजा ब्रह्मचारिणी के रूप में की जाती है, जो देवी पार्वती का अविवाहित रूप है। पूरे देश में देवी पर्व की धूम है। लोग मंदिरों में देवी दर्शन पूजन के लिए पहुंच रहे हैं। हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी भी पंचकूला स्थित मनसा देवी मंदिर में पहुंचे। यहां उन्होंने अपनी धर्मपत्नी संग विधिवत पूजन-हवन किया।
देशभर में मौसम में बदलाव, कई राज्यों में बिजली और आंधी की संभावना
31 Mar, 2025 09:30 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मार्च का महीना खत्म होने जा रहा है। आमतौर पर होली के बाद तापमान में बढ़ोतरी होने लगती है, लेकिन शायद ये किसी ने सोचा भी नहीं होगा कि मार्च की गर्मी मई-जून का अहसास कराएगी। देश के कई हिस्सों में मार्च में ही तापमान 40 के पार चला गया है।
मौसम विभाग ने पहले ही अप्रैल को लेकर अलर्ट जारी कर दिया है। इसके मुताबिक, अप्रैल की गर्मी इस बार रिकॉर्ड तोड़ने वाली है। हालांकि आने वाले दिनों में कुछ राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
तेज हवा से भी नहीं पड़ा असर
बीते 24 घंटे में पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और असम में काफी तेज हवाएं चलीं। इन हवाओं ने धूप में निकलने वालें लोगों को फौरी तौर पर तो राहत दे दी, लेकिन झुलसाने वाली गर्मी से इतनी आसानी से राहत नहीं मिलने वाली। पश्चिम बंगाल में तो काफी गर्म हवाएं चल रही हैं।
हर रोज अधिकतम तापमान दर्ज होने का रिकॉर्ड टूट रहा है। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव, महाराष्ट्र के चंद्रपुर और ओडिशा के संबलपुर में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान दर्ज किया गया, जो 42 डिग्री सेल्सियस रहा।
आंधी-तूफान के साथ होगी बारिश
मौसम विभाग के मुताबिक, छत्तीसगढ़ के दक्षिणी हिस्से से तमिलनाडु तक निम्न दबाव की रेखा बनी हुई है। वहीं बंगाल की खाड़ी और नगालैंड में चक्रवात संचालन बना हुआ है। मौसम विभाग ने महाराष्ट्र, कर्नाटक, केरल और तमिलनाडु में 3 अप्रैल तक बिजली चमकने, आंधी-तूफान और ओलावृष्टि के साथ भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
31 मार्च को गुजरात, महाराष्ट्र, गोवा, अरुणाचल प्रदेश और नगालैंड में वज्रपात की संभावना जताई गई है। 1, 2 और 3 अप्रैल को मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, आंध्र प्रदेश समेत देश के कई हिस्सों में बिजली चमकने की संभावना है।
तापमान में होगी बढ़ोतरी
मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी हिमालीय क्षेत्र, मध्य भारत, पूर्वी भारत और पूर्वोत्तर भारत समेत दक्षिणी प्रायद्वीप और महाराष्ट्र में 3 अप्रैल में तापमान में कोई महत्वपूर्ण बदलाव नहीं होगा। लेकिन उत्तर पश्चिम भारत में 5 से 7 डिग्री की बढ़ोतरी तापमान में होगी।
वहीं गुजरात में 1 अप्रैल तक तापमान में 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है। इसके अलावा बिहार में भी 1 अप्रैल तक तापमान में 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी होगी।
ईद के मौके पर देशभर में पुलिस ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की लागू
31 Mar, 2025 09:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
देश भर में आज ईद का त्यौहार मनाया जाएगा। रविवार को ईद का चांद दिखने के बाद से ही लोगों में हर्षोल्लास का माहौल था। बता दें कि शव्वाल महीने के पहले दिन ईद-उल-फितर मनाया जाता है। इसे मीठी ईद भी कहते है। ईद के मौके पर देश भर में सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद रखी गई है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने देशवासियों को ईद की मुबारकबाद दी है। सीएम योगी ने कहा कि ईद का त्योहार हमें त्याग, प्रेम और सेवा की भावना को आत्मसात करने की प्रेरणा देता है।
श्रीनगर के ईदगाह में नहीं होगी नमाज
जम्मू-कश्मीर वक्फ बोर्ड की अध्यक्ष डॉ. दरक्षां अंद्राबी ने घोषणा की है कि निर्माण कार्य के चलते इस साल श्रीनगर के ऐतिहासिक ईदगाह में ईद की नमाज नहीं होगी। उन्होंने कहा कि हजरतबल दरगाह और जम्मू-कश्मीर के अन्य दरगाहों, मस्जिदों में सामूहिक नमाज के लिए व्यवस्था की गई है। महाराष्ट्र और बंगाल में ईद पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है।
वहीं ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना शहाबुद्दीन रजवी ने मुस्लिमों से अनुरोध किया है कि ईदगाह के इमाम और मस्जिद के इमाम से अपील है कि ईद की नमाज का खुसूसियत के साथ एहतमाम करें। मौलाना ने हदीस का हवाला देते हुए कहा कि पैगंबर इस्लाम ने फरमाया कि अच्छा मुसलमान वह है, जिसके हाथ पैर जुबान से किसी को तकलीफ ना पहुंचे, इसलिए सड़कों पर नमाज ना पढ़ी जाए।
ट्रैफिक किया जाएगा डायवर्ट
नोएडा पुलिस ने ईद उल फितर के मद्देनजर आज सुबह चार घंटे तक उद्योग मार्ग पर जामा मस्जिद के आसपास वाहनों के डायवर्जन का प्लान तैयार किया है। इसके लिए गोल चक्कर चौक, संदीप पेपर मिल, हरौला चौक, बांस बल्ली मार्केट तिराहा, सेक्टर 8, 10, 11, 12 चौक, झुंडपुरा चौक, सेक्टर 6 पुलिस चौकी तिराहा, कस्बा कासना में ऐच्छर चौक और दादरी कस्बा तिराहे पर शिवनादर विश्वविद्यालय की ओर से यातायात डायवर्जन रहेगा।
वहीं मेरठ में ईदगाह पर अतिरिक्त सुरक्षा बढ़ा दी गई है। सात थाना प्रभारी, तीन सीओ तथा एसपी सिटी खुद मौजूद रहेंगे। इसके अलावा अर्धसैनिक बल, आरएएफ की एक कंपनी को भी लगा दिया गया है। नमाज अदा करने की वीडियो भी बनाई जाएगी, ताकि सड़क पर नमाज अदाकर माहौल बिगाड़ने वालों पर कार्रवाई हो सके। वीडियो को आधार बनाकर पुलिस संबंधित थानों में मुकदमा भी दर्ज करेगी।
ईद की नमाज का महत्व
जानकारों की मानें तो रमजान महीने के दौरान बंदा अल्लाह पाक के बेहद करीब रहता है। इस दौरान बंदे की तक़रीब अल्लाह से होती है। अल्लाह के करीब रहने और उनकी रहमत पाने के लिए रमजान के दौरान पांचों वक्त की नमाज अदा की जाती है। वहीं, ईद के मौके पर नमाज अदा कर खुदा से इबादत की जाती है। ऐसा करने से बंदे को खुदा का शबाब मिलता है।
ईद के मौके पर नमाज अदा करने के बाद इमाम लोगों को उपदेश देते हैं। इस समय इमाम लोगों को रोजे रखने के फायदे और रमजान महीने का धार्मिक महत्व बताते हैं। लोग एक दूसरे के गले लगते हैं। इस समय लोग एक दूसरे को ईद की बधाइयां देते हैं। फिर एक दूसरे के घर पर जाते हैं। सभी लोग मिलकर पूरी-पकवान, सेवई और विभिन्न प्रकार के लजीज व्यंजनों का लुत्फ उठाते हैं।
ऑपरेशन ब्रह्मा : भूकंप से प्रभावित म्यांमार को भारत की तीसरी मदद
30 Mar, 2025 11:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली। म्यांमार में भूकंप से मची तबाही के बाद भारत ने मदद का हाथ बढ़ाया है। इसी कड़ी में शनिवार को ‘ऑपरेशन ब्रह्मा’ के तहत भारत का एक और सी-130 विमान म्यांमार की राजधानी नेपीडॉ में लैंड हुआ। इस विमान के जरिए साथ 38 एनडीआरएफ कर्मी और 10 टन राहत सामग्री भेजी गई है।
विदेश मंत्रालय के आधिकारिक प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट शेयर करते हुए लिखा, “एक और सी-130 विमान एनडीआरएफ के 38 कर्मियों और 10 टन राहत सामग्री के साथ राजधानी शहर नेपीडॉ में उतरा। यह आज म्यांमार में राहत सहायता लाने वाला तीसरा भारतीय विमान है। ऑपरेशन ब्रह्मा।”
भारत का यह कदम म्यांमार में हाल ही में आई प्राकृतिक आपदा के बाद प्रभावित लोगों को मदद प्रदान करने के लिए उठाया गया है। एनडीआरएफ की टीम राहत और बचाव कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इसके साथ ही 10 टन राहत सामग्री में खाने-पीने की वस्तुएं, दवाइयां और अन्य आवश्यक सामग्री शामिल हैं, जो प्रभावित क्षेत्रों में वितरित की जाएगी। ऑपरेशन ब्रह्मा के तहत भारत आपदा की घड़ी में म्यांमार के साथ खड़ा दिखाई दे रहा है।
इससे पहले, शनिवार को ही विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने एक ब्रीफिंग में कहा था कि मानवीय सहायता अभियान के तहत दो और भारतीय नौसैनिक जहाज वहां पहुंचेंगे। उन्होंने बताया कि विमान के जरिए भेजी जा रही मानवीय सहायता के अलावा, आगरा से 118 सदस्यों वाले एक फील्ड अस्पताल के शनिवार को बाद में रवाना होने की उम्मीद है।
इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को म्यांमार के वरिष्ठ जनरल मिन आंग ह्लाइंग से बात की। उन्होंने कहा कि भारत इस मुश्किल घड़ी में म्यांमार के लोगों के साथ एकजुट है।
प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पोस्ट में कहा, “म्यांमार के वरिष्ठ जनरल मिन आंग ह्लाइंग से बात की। विनाशकारी भूकंप में हुई मौतों पर अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की। एक करीबी दोस्त और पड़ोसी के रूप में, भारत इस मुश्किल घड़ी में म्यांमार के लोगों के साथ एकजुटता से खड़ा है। ऑपरेशन ब्रह्मा के तहत आपदा राहत सामग्री, मानवीय सहायता, खोज और बचाव दल को प्रभावित क्षेत्रों में तेजी से भेजा जा रहा है।”
बता दें कि म्यांमार में शुक्रवार दोपहर को 7.7 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया। सागाइंग के पास आए इस भूकंप के बाद 2.8 से 7.5 तीव्रता के 12 झटके महसूस किए गए हैं, जिससे प्रभावित इलाकों में हालात और खराब हो गए। म्यांमार के राज्य प्रशासन परिषद की सूचना टीम ने जानकारी दी है कि भूकंप में 1,002 लोग मारे गए, 2,376 लोग घायल हुए और 30 लोग अब भी लापता हैं।
म्यांमार के नेता वरिष्ठ जनरल मिन आंग ह्लाइंग ने स्थानीय और अंतर्राष्ट्रीय समुदायों से मानवीय सहायता की अपील की है। म्यांमार के अलावा थाईलैंड में भी भूकंप के जोरदार झटके महसूस किए गए। इसके अलावा चीन और भारत के कुछ हिस्सों में भी झटके महसूस किए गए।
जमशेदपुर : मुख्तार गैंग का शूटर अनुज कनौजिया एनकाउंटर में ढेर, पुलिस ने रखा था 2.5 लाख का इनाम
30 Mar, 2025 10:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
जमशेदपुर। उत्तर प्रदेश पुलिस की एसटीएफ और झारखंड पुलिस की संयुक्त टीम ने मुख्तार अंसारी गैंग के ढाई लाख के एक इनामी शूटर अनुज कनौजिया को एनकाउंटर में ढेर कर दिया है। शूटर अनुज कनौजिया को झारखंड के जमशेदपुर में एक संयुक्त ऑपरेशन के दौरान मार गिराया गया है।
अनुज कनौजिया पर 2.5 लाख रुपये का इनाम था और यूपी पुलिस को कई संगीन मामलों में उसकी तलाश थी। जानकारी के अनुसार, यूपी एसटीएफ और झारखंड पुलिस को अनुज कनौजिया के जमशेदपुर में होने की सूचना मिली थी। इसके बाद एसटीएफ और झारखंड पुलिस ने अनुज कनौजिया को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन उसने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने शूटर को मार गिराया। हालांकि, मुठभेड़ के दौरान एसटीएफ के पुलिस उपाधीक्षक (डीवाईएसपी) डीके शाही घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार, वह मुख्तार अंसारी गैंग के लिए शूटर्स की भर्ती और हत्याओं की साजिश रचने का काम करता था। पुलिस ने एनकाउंटर स्थल से हथियार और अन्य आपत्तिजनक सामान भी बरामद किया है।
उत्तर प्रदेश एसटीएफ के अतिरिक्त महानिदेशक (एडीजी) अमिताभ यश ने कहा, “एसटीएफ और झारखंड पुलिस ने सूचना के आधार पर अनुज कनौजिया को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने सुरक्षा बलों पर फायरिंग शुरू कर दी। क्रॉस फायरिंग में अनुज कनौजिया मारा गया।”
पांच साल से अधिक समय से फरार चल रहा अनुज कनौजिया हत्या, रंगदारी, जमीन हड़पने और हथियारों की तस्करी समेत 23 आपराधिक मामलों में वांछित था।
उत्तर प्रदेश के डीजीपी प्रशांत कुमार ने हाल ही में अनुज कनौजिया को में मददगार कोई भी सूचना देने पर इनाम की राशि 1 लाख रुपये से बढ़ाकर 2.5 लाख रुपये कर दी थी।
उत्तर प्रदेश एसटीएफ एडीजी ने कहा, “जमशेदपुर में अनुज कनौजिया की गतिविधि के बारे में विशेष खुफिया जानकारी के आधार पर ऑपरेशन शुरू किया गया था। जब पुलिस टीम ने उसे पकड़ने का प्रयास किया, तो अनुज कनौजिया ने लगभग 20 राउंड फायरिंग की और भागने की कोशिश में एक बम भी फेंका। इससे सुरक्षा बलों को जवाबी कार्रवाई करनी पड़ी, जिसके बाद दोनों तरफ से भीषण गोलीबारी हुई। गोलीबारी के दौरान डीएसपी डीके शाही के कंधे में गोली लग गई, लेकिन उन्होंने ऑपरेशन का नेतृत्व करना जारी रखा। आखिरकार, अनुज कनौजिया को कई गोलियां लगने के बाद मार गिराया गया। उसे पास के अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।”
वनाधिकार पट्टा और पीएम आवास से मुरिया परिवार को मिला नया जीवन
वर्मी कंपोस्ट उत्पादन बनी आत्मनिर्भरता की मिसाल
राज्यपाल पटेल से भारतीय विदेश सेवा के प्रशिक्षु अधिकारी मिले
मध्यप्रदेश को सामाजिक न्याय के क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनाने के लिये करें समन्वित प्रयास : मंत्री कुशवाह
लेमनग्रास -किसानों के लिए कम पानी में ज्यादा कमाई का साधन
चेकडैम बना ग्रामीण आत्मनिर्भरता का मजबूत आधार, जल संरक्षण से बदली खेती की तस्वीर
कौशल और सामाजिक उद्यमिता से होगा भारत विकसित : राज्यपाल पटेल
द्वारका नगरी योजना से शहरी विकास को मिलेगी नई गति : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ से बदली तस्वीर
