देश
ब्लास्ट की धमकियां भेजने वाली लडक़ी अरेस्ट
24 Jun, 2025 08:45 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
अहमदाबाद। देश भर में कई जगह बम धमाकों की धमकियां देने वाली महिला को चेन्नई से अरेस्ट किया है। अहमदाबाद साइबर क्राइम यूनिट ने बताया कि महिला ने अपने प्रेमी को फंसाने के लिए देश के अलग-अलग राज्यों में बम धमकी वाले ईमेल भेजे थे। इन मेल में गुजरात के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में ब्लास्ट की धमकी भी शामिल थी।
चेन्नई की रहने वाली रेनी जोशील्डा रोबोटिक्स में ग्रेजुएट है और डेलॉइट में सीनियर कंसल्टेंट के तौर पर काम करती है। रेनी अपने ऑफिस में काम करने वाले एक युवक से एकतरफा प्रेम करती थी। लेकिन, वह युवक किसी और लडक़ी से प्रेम करता था। इसी साल युवक ने उस लडक़ी से शादी कर ली। इसी बात से बौखलाई रेनी ने उसे फंसाने के लिए इस साजिश को अंजाम दिया।
लिंक एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, पूर्व मंत्री समेत छह पुलिसकर्मी घायल
23 Jun, 2025 10:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
लिंक एक्सप्रेसवे पर सिकरीगंज क्षेत्र के छतिहारी गांव के पास सोमवार की शाम आगे चल रहे डंपर के अचानक मुड़ने से पूर्व मंत्री व कैंपियरगंज विधायक फतेह बहादुर सिंह का काफिला दुर्घटनाग्रस्त हो गया। काफिले में चल रही स्कार्पियो अनियंत्रित होकर पलटी, जिससे छह पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि पूर्व मंत्री की कार डिवाइडर से टकरा गई।
एयरबैग खुलने से उन्हें बड़ी चोट नहीं लगी लेकिन बायां कंधा फैक्चर हो गया ,बेहतर उपचार के लिए उन्हें लखनऊ भेजा गया है।सिकरीगंज थाना पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेने के साथ ही चालक को हिरासत में ले लिया है।
पूर्व मंत्री लखनऊ जा रहे थे।
शाम लगभग 6:30 बजे उनका काफिला लिंक एक्सप्रेसवे पर सिकरीगंज के पास से गुजर रहा था। आगे चल रहे एक डंपर ने अचानक कट लेकर उतरने की कोशिश की, जिससे पीछे चल रही गाड़ियों के ब्रेक लगते ही संतुलन बिगड़ गया। एस्कार्ट में चल रही स्कॉर्पियो पलट गई और पीछे से आ रही पूर्व मंत्री की कार डिवाइडर से जा टकराई।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही सीओ खजनी समेत सिकरीगंज और खजनी थाने की फोर्स मौके पर पहुंची। घायलों को जिला अस्पताल, और विधायक को बैंक रोड स्थित अग्रवाल हड्डी अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने हादसे की मुख्य वजह डंपर का मुड़ना व पूर्व मंत्री के काफिले की रफ्तार तेज होना बताया है। हादसे के बाद एक्सप्रेसवे की लखनऊ लेन पर कुछ देर के लिए यातायात रोकना पड़ा। जाम की स्थिति बन गई थी। पुलिस ने क्रेन से क्षतिग्रस्त वाहन हटवाकर रात तक मार्ग को दोबारा चालू करवा दिया।
मेरठ में TSI पर लगा चोरी का आरोप शिकायत के बाद SSP ने किया लाइन हाजिर
23 Jun, 2025 10:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
एक टीएसआइ पर रेडीमेड गारमेंट की दुकान से सामान चोरी करने का आरोप लगा है। इसकी सीसीटीवी फुटेज इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रही है। इसको लेकर व्यापारियों व भाजपा नेताओं ने टीएसआइ के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की मांग करते हुए हंगामा किया।
एसएसपी डा. विपिन ताडा से शिकायत की गई। प्राथमिक जांच के बाद एसएसपी ने टीएसआइ को लाइन हाजिर कर दिया है। सीताराम सिंघल की हापुड़ अड्डा चौराहे पर सिंघल रेडीमेड गारमेंट की दुकान है। सीताराम ने बताया कि 10 जून को दुकान पर काफी ग्राहक थे। इसी दौरान हापुड़ अड्डे पर तैनात टीएसआइ सुमित वशिष्ठ दुकान पर पहुंचे और काउंटर पर रखे तीन-चार बैग चुपचाप उठाकर ले गए।
शाम को सीसीटीवी फुटेज चेक की तो चोरी का पता चला। इसमें टीएसआइ बैग ले जाते दिखाई दिए। उन्होंने टीएसआइ को बुलाकर फुटेज दिखाई तो उन्होंने बैग वापस कर दिए। आरोप है कि इसके बाद से टीएसआइ उनसे रंजिश रखने लगे। दुकान पर आने वाले ग्राहकों के वाहनों के चालान करने लगे। इससे उसकी दुकानदारी प्रभावित होने लगी।
शनिवार को व्यापारी एकत्र हुए और हंगामा कर दिया। भाजपा नेताओं ने एसएसपी को प्रसारित हो रहा वीडियो भेजकर कार्रवाई की मांग की। इसके बाद आरोपित टीएसआइ को लाइन हाजिर कर दिया गया।
यूपी में कांवड़ यात्रा को लेकर बड़ा अपडेट, अब पहली बार लगाई गई महिलाओं की ड्यूटी
23 Jun, 2025 10:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
कांवड़ यात्रा में अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जा रही है। शिक्षा विभाग से अधिकारियों, कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। पहली बार नगर क्षेत्र के परिषदीय विद्यालयों में तैनात 15 से अधिक शिक्षिकाओं और महिला शिक्षामित्रों की की ड्यूटी भी लगा दी गई है। जिस पर शिक्षिकाओं ने आपत्ति की है। इस मामले को लेकर शिक्षिकाओं ने अधिकारियों से ड्यूटी हटाने की मांग की है।
जुलाई माह से कांवड़ यात्रा शुरू हो जाएगी। जिसके चलते पुलिस-प्रशासन ने तैयारी शुरू कर दी है। अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जा रही है। बेसिक और माध्यमिक शिक्षा विभाग के शिक्षकों के साथ ही इस बार शिक्षिकाओं की ड्यूटी भी लगाई गई है। कुछ शिक्षिकाओं की ड्यूटी दोपहर दो से रात्रि 10 बजे वाली शिफ्ट में कंट्रोल रूम में लगाई है।
शिवचौक कांवड़ कंट्रोल रूम में उच्च प्राथमिक विद्यालय महावीर चौक से शिक्षिका दीप्ति माहेश्वरी, तृप्ति नाैटियाल, प्राथमिक विद्यालय पूर्वी पाठशाला से हिमानी रानी, कंपोजिट विद्यालय सरवट से अलका त्यागी व शैली छाबड़ा, प्राथमिक विद्यालय गांधी कालेनी से सुषमा मलिक, हर्षिता आनंद, नीलम देवी, प्राथमिक विद्यालय नई मंडी से रूचि गर्ग, प्राथमिक विद्यालय खालापार से शिक्षामित्र बबीता चौधरी, प्राथमिक विद्यालय ललित कन्या से शिक्षामित्र संगीता रानी, प्राथमिक विद्यालय पटेल कन्या से अंबिका, प्राथमिक विद्यालय टाउनहाल से शिक्षामित्र विनीता कौशिक, प्राथमिक विद्यालय गांधी कालोनी से शिक्षामित्र ममता शर्मा, प्राथमिक विद्यालय शाकुंतलम की प्रधान अध्यापिका कविता रानी समेत शिक्षामित्र शालू, पूजा कौशिक की कंट्रोल रूम, खोया-पाया केंद्रों पर लगा दी गई है।
इस पर शिक्षिकाओं ने कलेक्ट्रेट और बीएसए कार्यालय पहुंचकर आपत्ति जताई। उत्तर प्रदेश महिला शिक्षक संघ की जिलाध्यक्ष वंदना बालियान ने बताया कि कांवड़ यात्रा में पहली बार शिक्षिकाओं की ड्यूटी लगाई गई है। रात्रि में 10 बजे तक शिक्षिकाओं से ड्यूटी करने का संगठन विरोध करता है। बीएसए समेत उच्चाधिकारियों को इस बारे में अवगत कराया गया है। बीएसए संदीप कुमार ने बताया कि शिक्षक-शिक्षिकाओं की ड्यूटी प्रशासनिक स्तर से लगाई गई है।
पीलीभीत की महिला ने लखनऊ में किया आत्मदाह का प्रयास, सिपाहियों पर छेड़खानी का आरोप
23 Jun, 2025 08:58 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पीलीभीत जिले में घर में घुसकर छेड़खानी और लूट के मुकदमे में पुलिस ने पीड़ित महिला का बयान लिया नहीं और एफआर (फाइनल रिपोर्ट) की तैयारी शुरू कर दी। पता चला तो न्याय न मिलने से आहत थाना हजारा के एक गांव निवासी पीड़िता ने सोमवार को लखनऊ में मुख्यमंत्री आवास के बाहर आत्मदाह करने की कोशिश की। घटना के बाद लखनऊ पहुंचे चौकी इंचार्ज ने पीड़िता की एसपी से बात कराई। एसपी ने आरोपी पुलिसकर्मियों के लाइनहाजिर होने की जानकारी दी।
घटना हजारा थाना क्षेत्र में नेपाल सीमा से सटे एक गांव में 23 अप्रैल की रात करीब 1:30 बजे की है। थाना पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर 14 मई को रिपोर्ट दर्ज की। रिपोर्ट में पीड़िता ने कहा कि वह बहन के साथ घर में सोई थी। रात 1:30 बजे चार पहिया वाहन से पहुंचे पांच लोगों ने घर में घुसकर उसके साथ छेड़खानी की। बहन और उसने विरोध किया तो आरोपियों ने उसके बाल पकड़कर चारपाई से नीचे गिराकर पिटाई की। जान से मारने की धमकी देते हुए असलहों के बल पर सोने की बाली लूट ली। शोर-शराबे पर पड़ोस के झाले में सो रहे भाई के पहुंचने पर उसकी भी पिटाई की।
पुलिसकर्मियों पर ही लगाया आरोप
पीड़िता का आरोप है कि घटना को पुलिसकर्मियों ने ही अंजाम दिया। इसको लेकर उसने दो दिन पहले मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर घटना की सीबीसीआईडी जांच कराने, न्याय न मिलने पर मुख्यमंत्री आवास के समीप परिवार सहित आत्मदाह करने की चेतावनी दी। रविवार को पीड़िता अपने भाई और भांजी के साथ लखनऊ रवाना हुई। सोमवार को सुबह करीब 10:45 बजे उसने मुख्यमंत्री आवास के समीप खुद पर पेट्रोल छिड़ककर आत्मदाह की कोशिश की। वहां ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने दौड़कर उसे पकड़ लिया। उसे और उसके भाई को हिरासत में ले लिया।
पीड़िता ने लखनऊ से मोबाइल फोन पर बताया कि घटना को पुलिसकर्मियों ने ही अंजाम दिया था, इस पर पुलिस ने पहले तो उसकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की। 13 मई को एक्स पर पोस्ट करने के बाद रिपोर्ट दर्ज की गई। आरोप है कि एसओ हजारा से कहने के बाद भी उसके बयान दर्ज नहीं कराए गए। दर्ज रिपोर्ट में एफआर लगाने के लिए उसके विरोधियों से मिलकर पुलिस ने शपथ पत्र और अन्य झूठे साक्ष्य एकत्र करने शुरू कर दिए। न्याय न मिलने पर मजबूरन उसे आत्मदाह करने का कदम उठाना पड़ा।
घटना के बाद कंबोजनगर चौकी इंचार्ज ने लखनऊ पहुंचकर उसकी बात एसपी से कराई। एसपी ने आरोपी पुलिसकर्मियों के लाइनहाजिर होने और बयान के बाद अगली कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया।
सीओ पूरनपुर प्रतीक दहिया ने कहा कि पहले भी पीड़िता ने आत्मदाह की चेतावनी दी थी। तब पीड़िता को विधिक कार्रवाई होने का आश्वासन देकर समझाया गया था। सोमवार को पीड़िता को लखनऊ में भी विधिक कार्रवाई होने को लेकर समझाया गया। मामले को गहनता से जांच कराकर कार्रवाई कराई जाएगी।
चार बच्चों के पिता ने युवती से जबरन किया निकाह, बुलंदशहर ले जाकर बनाया बंधक
23 Jun, 2025 08:40 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
शालीमार गार्डन थाना क्षेत्र में रहने वाली एक युवती को चार बच्चों का पिता जबरन अपने साथ घर ले गया और बुलंदशहर के डिबाई ले जाकर जबरन निकाह कर लिया। निकाह के बाद बाद युवती को उसके पहले से शादीशुदा व चार बच्चों के पिता होने का पता चला तो उसने विरोध किया। आरोप है कि इसके बाद आरोपितों ने उसे बंधक बना लिया। किसी तरह से पीड़िता ने मामले की सूचना अपने पिता को दी।
पुलिस के साथ डिबाई पहुंचे पिता ने बेटी को बंधन मुक्त कराया। पीड़िता ने दो आरोपितों को नामजद करते हुए अन्य के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस आरोपितों की तलाश में जुटी है। शालीमार गार्डन थानाक्षेत्र की रहने वाली 20 वर्षीय एक युवती का कहना है कि सात जून को वह घर से बाजार जा रही थी। इस दौरान रास्ते में शाहरुख नाम का युवक मिला और उन्हें अपने घर ले गया।
एक युवक और मौलवी पहले से था मौजूद
यहां आबिद नाम का एक युवक व मौलवी पहले से मौजूद थे। वहां कागज पर हस्ताक्षर कराने के बाद उनसे कहा गया कि उनका निकाह आबिद से हो गया है। उन्हें पता चला कि आबिद पहले से शादीशुदा व चार बच्चों का पिता है तो उन्होंने विरोध किया। आरोप है कि इसके बाद आरोपित जबरन उन्हें बुलंदशहर के डिबाई ले गए। वहां युवती को बंधक बनाकर रखा गया।
युवती ने वहां से 12 जून को अपने पिता को फोन कर मामले की जानकारी दी। युवती का कहना है कि इसके बाद पिता पुलिस लेकर मौके पर पहुंचे और उन्हें मुक्त कराया। आरोप है कि आरोपित अब जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। मामले में पीड़िता ने 22 जून को आरोपितों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। एसीपी शालीमार गार्डन अतुल कुमार सिंह का कहना है कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर आरोपितों की तलाश की जा रही है। उन्हें जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।
पीड़िता के पड़ोस में ही कॉस्मेटिक की दुकान चलाता है आरोपी
आरोपित पिता के साथ तलाशता रहा बेटी को पीड़िता के पिता का कहना है कि आरोपित आबिद पड़ोस में ही कॉस्मेटिक की दुकान करता है। उससे युवती की मुलाकात हुई थी। युवती से जबरन निकाह करने के बाद वह वापस आ गया। सात जून को ही पीड़िता के पिता ने शालीमार गार्डन थाने में गुमशुदगी दर्ज करा दी थी। इसके बाद से आरोपित भी पिता के साथ उसकी तलाश में जुटा था। वह लगातार घर व दुकान पर रह रहा था।
पुलिस ने 12 जून को युवती को बरामद कर लिया। पुलिस के अनुसार युवती ने बयान दिया कि वह अपनी मर्जी से गई थी। अब युवती ने मामले में शाहरुख व आबिद और अन्य के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पीड़िता के पिता का कहना है कि उन्होंने पुलिस से कई बार शिकायत की लेकिन रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई, इसके बाद उन्होंने पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से शिकायत की तो मामले में रिपोर्ट दर्ज हुई।
विनय मिश्रा का तबादला, संभल को मिले तीन नए उपजिलाधिकारी
23 Jun, 2025 08:32 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
शासन ने प्रदेश में प्रशासनिक फेरबदल करते हुए जनपद संभल में कार्यरत तीन पीसीएस अधिकारियों का स्थानांतरण कर दिया है, जबकि तीन नए अधिकारियों की तैनाती की गई है। सबसे अधिक चर्चा में रहने वाले एसडीएम चंदौसी विनय मिश्रा का तबादला चंदौली जिले के लिए कर दिया गया है।
विनय मिश्रा चंदौसी में अपने सख्त प्रशासनिक कार्यशैली और अवैध कब्जों पर बुलडोजर चलाने, चंदौसी की नगर के मार्गों की चौड़ीकरण करने और बहजोई में भी बुलडोजर की कार्रवाई करने के कारण सुर्खियों में रहे। इसके अलावा, गुन्नौर में एसडीएम पद पर कार्यरत रहे पीसीएस दीपक चौधरी, जिन्हें हाल ही में तहसीलदार से एसडीएम पद पर प्रोन्नत किया गया था, उनका भी तबादला आगरा जिले के लिए किया गया है।
इसी तरह पीसीएस अधिकारी रमेश बाबू को मऊ जिले के लिए स्थानांतरित किया गया है। इन स्थानों पर अब नए अधिकारियों की तैनाती की गई है। जालौन से स्थानांतरित होकर पीसीएस सौरभ कुमार पांडे को संभल में नई जिम्मेदारी दी गई है, जबकि कानपुर नगर से पीसीएस रामानुज और बलरामपुर से पीसीएस अवधेश कुमार को भी एसडीएम पद पर संभल जिले में तैनात किया गया है।
इन तीनों अधिकारियों को जिले की विभिन्न तहसीलों में तैनात किया जाएगा, जिसकी प्रशासनिक रूपरेखा जल्द तय की जाएगी। इस फेरबदल से जिले में नई कार्यशैली और प्रशासनिक ऊर्जा की उम्मीद की जा रही है।
सालों से लंबित चकबंदी प्रक्रिया को मिली मंजूरी, किसानों ने ली राहत की सांस
23 Jun, 2025 08:26 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
गुन्नौर तहसील के उधरनपुर अजमतनगर गांव में पिछले दो दशकों से चल रही चकबंदी प्रक्रिया अब निर्णायक मोड़ पर पहुंच गई है। लंबे समय से चली आ रही भूमि संबंधित विवादों और भ्रम की स्थिति को समाप्त करने के लिए सीओ चकबंदी राजकुमार वर्मा के नेतृत्व वाली चकबंदी विभाग की टीम ने पिछले एक माह से प्रभावी अभियान चलाकर अधिकतर किसानों की समस्याओं का समाधान किया है।
सोमवार को भी कानूनगो लेखराज के नेतृत्व में पुलिस लाइन से बुलाए गए पुलिस बल के सहयोग से चकबंदी टीम ने कई स्थलों पर पैमाइश कराई और प्रस्तावित चक के अनुसार कब्जा परिवर्तन कराया। इस दौरान मेड बंदी के साथ-साथ कई पुराने विवादों का भी मौके पर निस्तारण किया गया।
अधिकारियों ने बताया कि जिन किसानों का कब्जा किसी कारणवश छूटा था, उन्हें अब नए स्थानों पर नियमानुसार कब्जा दिया जा रहा है और अगले एक सप्ताह में शेष बचे सभी मामलों का समाधान कर लिया जाएगा। उल्लेखनीय है कि गांव में वर्ष 2002 से चकबंदी की प्रक्रिया चल रही है, जबकि वर्ष 2016 में एक बार कब्जा परिवर्तन भी कराया गया था। लेकिन उस दौरान नदी की भूमि को चकबंदी से बाहर रखने के कारण विवाद और गहरा गया, जिससे कई मामले न्यायालय में लंबित हो गए।
अब इन मामलों में भी अधिकांश का निस्तारण हो चुका है और केवल कुछ मामूली वाद शेष हैं। किसान भूप सिंह ने बताया कि चकबंदी टीम के द्वारा उन्हें भी उनके अवशेष भूमि को दिलाया गया है। इस दौरान किस सुखराम ने बताया कि कई वर्षों से उन्हें जमीन नहीं मिली थी। अब चकबंदी की टीम मौके पर आई पैमाइश करके भूमि दी गई है, गांव में किसान संतुष्ट हो रहे हैं।
पांच भूखंडों की ई-नीलामी की तैयारी, पांच जुलाई तक कर सकते हैं आवेदन
23 Jun, 2025 08:20 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
गंगा एक्सप्रेस वे के निकट बनाए गए 132 हेक्टेयर भू क्षेत्र के औद्योगिक गलियारे में जहां अब तक तीन कंपनियों ने अपने उद्यम लगाए जाने की तैयारी शुरू कर दी है। वहीं गलियारे में भूखंडों की बिक्री भी प्रक्रिया में है। जिला उद्योग केंद्र के माध्यम से उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक प्राधिकरण यहां पांच भूखंडों की ई नीलामी कराएगा। इसके लिए यूपीसीडा ने आरक्षित मूल्य भी तय कर दिया है। ई नीलामी में भाग लेने के लिए पांच जुलाई तक आवेदन स्वीकार किए जाएंगे।
उद्योग केंद्र अधिकारी ने बताया कि पहले आओ पहले पाओ की तर्ज पर भूखंडों की उपलब्धता है। उद्यम की स्थापना के लिए भूमि का उपलब्ध होना बेहद आवश्यक है। कई बार औद्योगिक भूमि उपलब्ध न होने पर उद्यमियों को परेशानियां झेलनी पड़ती हैं। औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने के लिए शासन विभिन्न योजनाएं चला रहा है।
ऐसे में उद्यम को बढ़ावा देने के लिए शासन ने प्रदेश के सभी औद्योगिक क्षेत्रों में भूखंडों की नीलामी करने का निर्णय लिया है। इसके तहत जिले के सरांय कटियान स्थित औद्यौगिक गलियारे में पांच कामर्शियल भूखंडों की नीलामी की जाएगी।
इनमें 2,13,814.89 वर्ग मीटर के प्लाट संख्या 2 का रिर्जव प्राइस 1,07,12,12,598.9 रुपये, 1,62,099 वर्ग मीटर के प्लाट संख्या 4 का रिजर्व प्राइस 81,21,17,192.4 रुपये, 61523.42 वर्ग मीटर प्लाट संख्या 5ए के लिए 30,82,32,334.2 रुपये, 20350.37 वर्ग मीटर प्लाट संख्या 5बी की कीमत 10,19,55,353.7 रुपये और 20519.25 वर्ग मीटर प्लाट संख्या 5सी के लिए 10,28,01,442.5 रुपये तय की गई है। पांच जुलाई तक आवदेन स्वीकार किए जाएंगे। जिसके बाद प्रक्रिया पूरी कर प्लाटों का अलाटमेंट किया जाएगा।
बैंक अफसरों को रातभर बंधक बनाकर पीटा, UPI के जरिए साथियों से मंगवाए रुपये
23 Jun, 2025 07:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
उत्तर प्रदेश के बस्ती के परशुरामपुर के जीतीपुर बड़ौदा यूपी बैंक के प्रबंधक व सहप्रबंधक को बंधक बनाकर मारपीट व लूटपाट करने वाले 25-25 हजार रुपये के इनामी दो बदमाशों को पुलिस ने अलग-अलग दो मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। दोनों के पैर में गोली लगने से घायल होने पर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
शनिवार को बैंक का काम निपटाकर अपने घर अयोध्या के साकेतपुरी जा रहे प्रबंधक रवि तिवारी व सह प्रबंधक का बदमाशों ने श्रंगीनारी के पास अपहरण कर लिया था। रविवार को दोपहर डेढ़ बजे उन्हें सूनसान जगह पर ले जाकर छोड़े था। बदमाशों ने मार-पीटकर ब्रांच मैनेजर से उनके कई सहकर्मियों से फोन करवाकर यूपीआई के जरिए रुपये भी मांगे थे। घटना में दो अन्य बदमाशों का नाम प्रकाश में आया है, जिनकी पुलिस तलाश कर रही है।
एसपी अभिनंदन ने पुलिस लाइंस प्रेक्षागृह में खुलासा करते हुए बताया कि थाना परशुरामपुर, वाल्टरगंज व दुबौलिया पुलिस की संयुक्त टीम ने स्वाट, एसओजी व सर्विलांस सेल की संयुक्त कार्रवाई में 25-25 हजार रुपये के इनामी दोनों बदमाशों को सवा घंटे के भीतर मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। मुख्य आरोपी गौतम सिंह निवासी तावेपुर थाना छपिया, जनपद गोण्डा को थाना परशुरामपुर के हैदराबाद के पास दोपहर 12.27 बजे मुठभेड़ में पकड़ा गया। उससे मिली सूचना के आधार पर छावनी थानाक्षेत्र के नगरा बदली निवासी अनुज प्रताप उर्फ मुरारी सिंह को थाना दुबौलिया के सरवरपुर से दोपहर 01.45 बजे मुठभेड़ में गिरफ्तार किया गया।
एसपी के मुताबिक दोनों ने पुलिस को देखकर फायरिंग की। आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में दोनों के पैर में गोली लगी। दोनों के पास से घटना में प्रयुक्त एक-एक बाइक, दो तमंचा, लूट-फिरौती के साढ़े 10 हजार रुपये बरामद किए गए। मुख्य आरोपी गौतम गोंडा जिले के छपिया थाने का हिस्ट्रीशीटर है, जिसके खिलाफ पैकोलिया, छावनी थाने में भी लूट, आर्म्स एक्ट आदि के आठ केस दर्ज हैं। जबकि दूसरे बदमाश के खिलाफ भी दो केस दर्ज है।
यह है घटना
पैकोलिया थानाक्षेत्र के जीतीपुर यूपी बड़ौदा बैंक के शाखा प्रबंधक रवि तिवारी व फील्ड ऑफिसर रसिक बिहारी शनिवार को शाम करीब साढ़े पांच बजे बैंक बंद करके घर अयोध्या जनपद के साकेतपुरी कॉलोनी के लिए जा रहे थे। परसा-परशुरामपुर मार्ग पर परशुरामपुर थानाक्षेत्र के गोपीनाथपुर बाजार से आगे दो बाइक पर सवार कुछ लोगों ने कार को ओवरटेक करके रोक लिया। कार समेत काबू में करके एक ऊंची चहारदीवारी के पास कार खड़ी करा दी और पूरी रात एक सुनसान स्थान पर बंधक बनाकर रखा गया और दिन में छोड़ा गया।
आरोप है कि उनके साथ मारपीट की गई। रवि तिवारी ने पुलिस को बताया कि पूरी रात उनसे दबाव बनाकर उसके स्टाफ के लोगों से यूपीआई के जरिए रुपये मंगाए गए। चार-पांच की संख्या में बदमाशों ने दोनों बैंक कर्मियों को काफी मारापीटा। दोपहर उनके चंगुल से छूटने के बाद वे लोग घर पहुंचे। बैंक के अन्य सहकर्मियों के साथ थाने पर पहुंचे। पुलिस ने पहले तो मामले को हल्के में लिया लेकिन थाने पर बैंक अधिकारियों की भीड़ बढ़ते जाने से रात में पुलिस ने तेजी दिखाई। जिसके परिणामस्वरूप दो बदमाश धर दबोचे गए।
लिफ्ट लेकर जेब काटने वाले बदमाश मुठभेड़ में गिरफ्तार...
23 Jun, 2025 07:39 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
फिरोजाबाद के थाना रसूलपुर पुलिस ने लिफ्ट लेकर लोगों को जेब काटने वाले दो बदमाशों को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया है। पुलिस की फायरिंग में दोनों के पैरों में गोली लगी और लहूलुहान होकर गिर पड़े। तलाशी में उनके पास से तमंचा, कारतूस, बाइक और चोरी की रकम बरामद हुई है। कुछ दिन पहले ही एक युवक से लिफ्ट लेकर उसकी जेब काटकर हजारों की नकदी पार की थी।
शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में बाइकों पर लिफ्ट लेकर जेब काटने की घटनाएं लगातार बढ़ रही थीं। जिनमें दक्षिण और रसूलपुर थाना क्षेत्र की घटनाएं प्रकाश में आई थीं। एसएसपी सौरभ दीक्षित ने बदमाशों की गिरफ्तार कि लिए पुलिस टीम का गठन किया था। पुलिस टीम सीओ सिटी अरुण कुमार चौरसिया के नेतृत्व में काम कर रही थीं। रविवार रात पुलिस को सूचना मिली कि घटनाएं करने वाले बदमाश बरकतपुर रेलवे अंडरपास पुल के पास किसी अन्य घटना को अंजाम देने की फिराक में छिपे हुए हैं।
विज्ञापन
सूचना मिलने के बाद थाना प्रभारी प्रदीप कुमार ने अपनी टीम के साथ बदमाशों की घेराबंदी की तो पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। जिसमें अर्जुन उर्फ घोडा और दीपक उर्फ गुल्ला निवासी विष्णुपुरा थाना बाह आगरा पुलिस की गोली लगने से घायल हो गए। दोनों के पैरों में गोली लगी है। उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसके बाद जेल भेज दिया गया है। एसपी सिटी रविशंकर प्रसाद ने बताया कि दोनों शातिर बदमाश हैं और उनपर एक दर्जन से अधिक मामले में दर्ज हैं।
वे बाइक से निकलते हैं। रास्ते में शिकार खोजकर पीछे लग जाते हैं। कुछ दूर आगे जाने के बाद एक बदमाश नीचे उतर जाता है। दूसरा बाइक लेकर आगे निकल जाता है। फिर उतरा हुआ बदमाश बाइक पर लिफ्ट मांगता है। इसके बाद बाइक पर पीछे बैठकर चालक की जेब काट लेता है। वारदात को अंजाम देकर बीच रास्ते में उतर जाता है और फिर अपने साथी के साथ भाग निकलते हैं। पकड़े गए बदमाशों के पास से चोरी के 41,200 रुपये बरामद हुए हैं।
बदमाशों ने 4 अप्रैल और एक मई को थाना दक्षिण क्षेत्र में लिफ्ट क्रमश: एक लाख और 52 हजार रुपये पार करने की बात स्वीकार की है। अर्जुन पर आगरा, इटावा और ग्वालियर के विभिन्न थानों में 18 और दीपक उर्फ गुल्ला पर आगरा, मथुरा, ग्वालियर के विभिन्न थानों में 13 मामले दर्ज हैं।
युवक की हत्या से फैली दहशत, गन्ने के खेत में पड़ा मिला लहूलुहान शव
23 Jun, 2025 07:06 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रजबपुर थाना क्षेत्र के गांव शहबाजपुर के जंगल में युवक के सिर मे गहरा जख्म है। माना जा रहा है कि गोली मारकर हत्या की गई है। उसका शव गन्ने के खेत में फेंक दिया। मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है। गांव निवासी जितेंद्र सिंह का मध्य गंगा नहर के किनारे गन्ने का खेत है।
सोमवार सुबह वह खेत पर गए तो वहां युवक का शव मिला था। मृतक की उम्र लगभग 25 साल है तथा वह केवल अंडरवियर पहने हुए है। ग्राम प्रधान नवनीत सिरोही की सूचना पर पुलिस घटना स्थल पर पहुंची। सिर में जख्म बना है। माना जा रहा है कि गोली मारकर उसकी हत्या की गई है।
एसपी अमित कुमार आनंद, एएसपी अखिलेश भदौरिया व सीओ शक्ति सिंह ने भी घटना स्थल का मुआयना किया। मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है। फोरेंसिंक टीम ने भी घटना स्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। एसपी ने बताया कि मृतक की शिनाख्त का प्रयास किया जा रहा है। पोस्टमार्टम के बाद स्थिति स्पष्ट होगी।
पुलिस को देखते ही सीधी गोली चलाता था शहजाद सैफी
23 Jun, 2025 07:01 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पश्चिम यूपी के जिलों में वारदात करने वाले शातिर बदमाश शहजाद से शनिवार की रात पुलिस की मुठभेड़ हो गई थी। पुलिस की गोली लगने से बदमाश घायल हो गया। बदमाश गैंगस्टर एक्ट के मामले में वांछित चल रहा था, जिस पर बीस हजार का इनाम घोषित था।
सीओ वरुण मिश्रा ने बताया कि 30 अप्रैल को गढ़मुक्तेश्वर थाने में तीन बदमाशों पर गैंगस्टर की कार्रवाई की गई थी। उसके बाद दो बदमाश कोर्ट में पेश हुए थे। वही, गैंग का मुख्य बदमाश जिला मेरठ क्षेत्र के समर गार्डन कालौनी खुशहाल नगर गली नंबर दो अनवार कोलड्रिक दुकान के पास का रहने वाला शहजादा तभी से फरार चल रहा था। जिस पर बीस हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया।
बताया गया कि पुलिस उसको पकड़ने की फिराक में लगी हुई थी। शनिवार की रात को नवादा नहर पटरी पर चेकिंग के दौरान बदमाश शहजाद और पुलिस का आमना सामना हो गया। बाइक सवार बदमाश ने भागने की फिराक में पुलिस पर गोली चला दी, जिसमें पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। पुलिस की जवाबी फायरिंग में बदमाश शहजाद पैर में गोली लगने से घायल हो गया।
पुलिस के अनुसार, बदमाश शहजाद पुलिस को देखते ही सीधी गोली चलाता था। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिला हापुड़, बुलंदशहर नोएडा और मेरठ आदि में लूट, चोरी, अवैध शस्त्र रखना जैसे एक दर्जन से अधिक संगीन अपराधों में सम्मलित रहा है।
इसके अलावा पुलिस ने पांच मार्च को ढींगरा फार्म हाउस में चोरी करने वाले गैग, 19 मार्च को सागौन की लकड़ी चोरी करने वाले गैंग, 28 मार्च को हाईवे से डीजल चुराने वाले गैंग के साथ मुठभेड़, 20 अप्रैल और 20 जून को गोकशी में शामिल बदमाश से मुठभेड़ हुई थी। भाजपा की सरकार में पुलिस लगातार बदमाशों के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई कर रही है।
पुलिस से हुआ सामना तो मांगने लगा माफी
हापुड़ के आसपास के जनपदों में अपराधिक घटना करने वाले बदमाश शहजाद सैफी का सिंभावली पुलिस से सामना हुआ, तो बुरी तरह घबरा गया। बदमाश ने पहले पुलिस पर गोली चलाई और फिर गोली में घायल होने के बाद हाथ जोड़कर माफी मांगने लगा। इस बार की गलती माफ कर दो आगे से कभी गलती नहीं करूंगा।
थाने के सामने किया था मर्डर, पुलिस के हत्थे चढ़ा हत्यारों को पनाह देने वाला शख्स
23 Jun, 2025 06:57 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
गाजियाबाद जनपद में थाने के सामने युवक की गोली मारकर हत्या करने वाले आरोपित व उसके साथी को पनाह देने वाले आरोपित को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। युवक के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई की गई है।
एसीपी मसूरी ने बताया कि 18 जून की रात को थाने के सामने रवि शर्मा की गोली मारकर हत्या करने के बाद मुख्य आरोपित मोंटी व उसके साथी अजय ने फोन करके खुर्रमपुर गांव के रोहित को बुलाया था। बुलाए जाने पर युवक मुरानगर पहुंचा था और दोनों को अपनी बाइक पर बिठाकर ले गया था। बाद में युवक ने दोनों को अपनी देकर भाग निकलने में भी सहायता की थी।
पुलिस द्वारा पकड़े गए मुख्य आरोपित मोंटी ने पूछताछ के दौरान इस बारे में बताया था। पुलिस ने युवक की तलाश शुरू की। रविवार सुबह चेकिंग के दौरान वांछित रोहित को गिरफ्तार कर लिया। युवक बाइक द्वारा ढिंढार पुलिस से होते हुए गंगनहर की ओर जा रहा है। पकड़े युवक के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई की गई है।
यह है मामला
मिलक रावली गांव में 18 जून को रात को रास्ते से कार हटाने को लेकर हुए विवाद में मोंटी व उसके साथी अजय ने थाने के सामने गोली मारकर रवि शर्मा की हत्या कर दी थी। वारदात के समय रवि व उसके पिता रविंद्र थाने में शिकायत करने आए थे।
वहीं, मृतक के स्वजन द्वारा थाने के सामने हंगामा किए जाने पर डीसीपी ने दो दिन का समय मांगा था। तय मोहलत में मामले का पर्दाफाश करते हुए पुलिस व स्वाट टीम ने 20 जून को मुठभेड़ के बाद आरोपित मोंटी को गिरफ्तार कर लिया था। मुठभेड़ के दौरान जवाबी कार्रवाई में दोनों पैर में गोली लगने से घायल हो गया। आरोपित अजय पर 25 हजार का इनाम घोषित किया गया है।
ऑपरेशन सिंदूर: भारत की सैन्य नीति का सशक्त उदाहरण
23 Jun, 2025 06:41 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
Operation Sindoor: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ऑपरेशन सिंदूर का बखान करते हुए कहा कि- ऑपरेशन सिंदूर ने सभी लक्ष्य पूरे किए और आतंकियों के मन में खौफ भरने में भी सफल रहा है। रक्षा मंत्री ये बात राष्ट्रपति भवन में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान रही है।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सोमवार को कहा कि भारत के 'ऑपरेशन सिंदूर" ने अपने सभी लक्ष्य सफलतापूर्वक पूरे किए हैं और यह मिशन आतंकवादियों के मन में डर पैदा करने में पूरी तरह सफल रहा है। राजनाथ सिंह राष्ट्रपति भवन परिसर में आयोजित एक कार्यक्रम में बोल रहे थे। इस मौके पर उन्होंने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के दूसरे कार्यकाल के दौरान दिए गए 51 प्रमुख भाषणों के संकलन 'विंग्स टू आवर होप्स – वॉल्यूम 2' का विमोचन किया।
भारत की निर्णायक और प्रभावशाली सैन्य नीति का उदाहरण
राजनाथ सिंह ने अपने भाषण में 'ऑपरेशन सिंदूर' का भी उल्लेख किया, जिसे भारत ने मई महीने में पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में अंजाम दिया था। उन्होंने कहा, 'ऑपरेशन सिंदूर ने न केवल अपने सारे सैन्य उद्देश्य हासिल किए, बल्कि आतंकवादियों के मन में डर भी भर दिया।' उन्होंने इसे भारत की निर्णायक और प्रभावशाली सैन्य नीति का उदाहरण बताया। इस मौके पर कई वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य अतिथि मौजूद थे। रक्षा मंत्री ने यह भी कहा कि भारत अब आतंकवाद को बर्दाश्त नहीं करेगा और इस तरह की कार्रवाइयों के जरिए दुनिया को यह संदेश दे दिया गया है।
पहलगाम आतंकी हमला, ऑपरेशन सिंदूर और सीजफायर
22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के 15 दिन बाद भारतीय सेना ने सात मई को 'ऑपरेशन सिंदूर' के तहत पाकिस्तान और पीओके में नौ आतंकी ठिकानों को तबाह किया था। जिसमें कई कुख्यात आतंकी भी मारे गए थे। इसके बाद दोनों देशों के बीच हालात बिगड़े और दो दशक बाद चरम पर पहुंच गए। वहीं पाकिस्तान की तरफ से भारत के शहरों को निशाना बनाए जाने के बाद, भारत की वायु रक्षा प्रणाली ने सभी को नाकाम करते हुए उसका माकूल जवाब दिया। भारत ने जवाबी कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान के 14 सैन्य ठिकानों को ध्वस्त कर दिए। इससे घबराए पाकिस्तान ने भारत के सामने सीजफायर का प्रस्ताव रखा, जिसे दोनों देशों ने आपसी चर्चा के बाद लागू कर लिया।
युवा क्रिकेटरों के सपनों को पंख, पीएम मोदी ने किया उद्घाटन
दो राज्यों में बड़ा मिशन: बंगाल-तमिलनाडु में BJP का विस्तार अभियान तेज
बाबा केदारनाथ में उमड़ा आस्था का सैलाब, 5 दिनों में 1.5 लाख से अधिक दर्शन
OBC छात्रों के लिए आर्थिक सहायता योजना का ऐलान
राज्यपाल बागडे की केंद्रीय श्रम एवं रोजगार और युवा मामले एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया से शिष्टाचार भेंट
सभा में गूंजा छात्राओं का संदेश: Narendra Modi से महिलाओं के लिए लगातार काम करने की मांग
श्रीकांत ने बदानी को घेरा, पुरानी टिप्पणी की दिलाई याद
