देश
कार सवार बदमाशों से पुलिस की मुठभेड़, बरेली-पीलीभीत के शातिर हुए गिरफ्तार
24 Jun, 2025 02:41 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
सोमवार रात वजीरगंज थाना क्षेत्र में पुलिस की कार सवार बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। बताया जा रहा है कि चार बदमाश लूट के इरादे से थाना क्षेत्र में आए थे। उन्होंने अपनी कार आंवला बिसौली तिराहे पर छिपाकर खड़ी कर दी थी।
इस दौरान वजीरगंज थाना पुलिस गश्त करने के लिए निकली थी। जब पुलिस ने तिराहे पर कार आड़ में खड़ी देखी तो पुलिस को शक हुआ। उसके बाद पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी। वहां पर चार बदमाश खड़े थे उन्होंने पुलिस देखकर उनके ऊपर फायरिंग शुरू कर दी जिससे पुलिस में भी खलबली मच गई। पुलिस ने खुद को बचाते हुए फायरिंग की जिसमें दो बदमाश पर में गोली लगने से घायल होगा और दो बदमाश मौके से फरार हो गए।
पकड़े गए ये बदमाश
एक बदमाश बरेली के सुभाष नगर थाना क्षेत्र के रोधी निवासी किशोर कश्यप (29) को बाएं पैर में और पीलीभीत जिले के जहानाबाद थाना क्षेत्र के गांव निजामपुर मंडी निवासी प्रेमपाल को दाएं पैर में गोली लगी है। दोनों को तुरंत मौके पर दबोच पूछ लिया गया और उनकी कार कब्जे में ले ली गई। उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया और बाद में उनसे पूछताछ शुरू कर दी गई पुलिस ने उनके पास से तमंचा और कारतूस भी बरामद किए हैं। उनके फरार साथियों की तलाश कराई जा रही है।
कथावाचक के साथ अपमानजनक व्यवहार पर बवाल, यादव समाज में रोष
24 Jun, 2025 02:33 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
दांदरपुर । बकेवर इलाके के दांदरपुर गांव में कथावाचक, उनके सहायक और एक अन्य साथी को गांव के लोगों ने दूसरी जाति के होने पर बंधक बनाकर पीटने, बाल मुड़वा देने और पैरों से नाक रगड़वाने जैसे अमानवीय कृत्य करने किए जाने के विरोध में सोमवार को समाजवादी पार्टी के साथ यादव महासभा ने घटना का विरोध दर्ज कराते हुए शर्मनाक और संविधान विरोधी बताया। यहीं नहीं घटना को अंजाम देने वाले आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर पीड़ितों संग एसएसपी कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपकर आरोपितों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग की। एसएसपी से मिलने पहुंचे सपाई घटना को लेकर एसएसपी से मिलने पहुंचे सपा प्रतिनिधि मंडल में समाजवादी पार्टी के सांसद जितेन्द्र दोहरे, भरथना विधायक राघवेन्द्र गौतम, जिलाध्यक्ष प्रदीप शाक्य बबलू, प्रदेश सचिव गोपाल यादव समेत बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ताओं ने कचहरी स्थित वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर दांदरपुरा में भागवताचार्य मुकुट मणि सिंह यादव, उनके सहायक संत सिंह यादव के ब्राह्मण परिवार के यहां भागवत कथा करने आने को लेकर गांव के लोगों द्वारा रविवार रात उनके साथ किए गए बरते गए बर्ताव को बताया।
सपा सांसद जितेन्द्र दोहरे ने कही ये बात
सपा सांसद जितेन्द्र दोहरे ने कहा कि कि कथावाचक के पिछड़ा वर्ग के होने पर जिस तरह से उन्हें बंधक बनाकर मारपीट करते हुए उनके बाल काटे गए, महिलाओं और पुरुषों के पैरों के आगे नाक रंगड़वाई गई, यहां तक कि पेशाब उनके ऊपर छिड़ककर शुद्ध होने की बात कही गई। यह कृत्य देश के संविधान के भी खिलाफ है, ऐसे लोगों पर सख्त से सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि पुलिस ने आरोपितों पर कड़ी कार्रवाई नहीं की तो समाजवादी पार्टी सड़क से लेकर विधानसभा और संसद तक विरोध प्रदर्शन करेंगी।
भरथना विधायक राघवेन्द्र गौतम ने की निंदा
भरथना विधायक राघवेन्द्र गौतम ने कहा कि देश को आजाद हुए 75 वर्ष हो गए लेकिन इस घटना को देखकर लगता है कि आज भी देश में दलित और पिछड़ों का शोषण हो रहा है जिसका जीता जागता उदाहरण दांदरपुरा की घटना है। उन्होंने कहा कि दांदरपुरा में जाति पूछकर पिछड़ा वर्ग समाज के कथावाचक से बर्बरता की गई। इस दौरान प्रदीप शाक्य, डुल्ले राजपूत समेत अन्य सपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
यादव महासभा ने जताया विरोध
वहीं अखिल भारतवर्षीय यादव महासभा के जिलाध्यक्ष शिवराज सिंह यादव एवं संगठन के पदाधिकारियों ने दांदरपुर घटना पर आक्रोश व्यक्त करते हुए अपना विरोध दर्ज कराया और एसएसपी को ज्ञापन सौंपकर दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कठोर कार्रवाई की मांग की, जिससे की ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। ज्ञापन देने वालों में संरक्षक रामनाथ सिंह, प्रमुख महासचिव डॉक्टर रामनरेश यादव, शिक्षक प्रकोष्ठ के अध्यक्ष डॉक्टर बृजेश यादव, योगेश यादव, संरक्षक जगदीश सिंह यादव आदि मौजूद रहे।
यूपी में कथावाचक का सिर मुंडवाया… नाक रगड़वाकर माफी मांगने को कहा
24 Jun, 2025 02:01 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बकेवर क्षेत्र के ग्राम दादरपुर में झूठ बोलकर भागवत कथा करने आए हुए भागवताचार्य मुकुट मणि यादव व उनके सहयोगी संत सिंह यादव को न सिर्फ मारा पीटा गया, बल्कि दूसरी जाति का होने के कारण गांव के लोगों ने उनके बाल मुड़वा दिए और परीक्षित बनी महिला के सामने नाक रगड़वाकर माफी मंगवायी। इसके बाद उन्हें गांव से वापस कर दिया गया।
इनके तीसरे साथी नाल वादक श्याम कठेरिया से भी मारपीट की गई। उनके वाद्य यंत्रों को तोड़ दिया। गांव के लोगों में इस बात को लेकर आक्रोश था कि कथावाचक ने उनसे झूठ बोला था और अपने आपको ब्राह्मण जाति का बताया था।
कथा शुरू होने के बाद पोल खुल गई थी, जिस पर गांव के लोग भड़क गए। कथा का आयोजन ग्रामीणों के सहयोग से कराया जा रहा था। कथावाचक के दो आधारकार्ड भी मिले हैं। सोमवार को कथा का आयोजन नहीं हुआ।
मामला 21 जून की रात का है, गांव वालों ने भागवत कथा का आयोजन सामूहिक रूप से किया था। घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर सोमवार को प्रचलित हुआ, जिसमें भागवताचार्य के सिर के बाल व चोटी काटे जा रहे हैं। एक महिला के पैर छूते हुए व नाक रगड़ते हुए भी दिखाई दे रहा है।
कथा वाचक मुकुट मणि यादव निवासी जवाहरपुरा थाना सिविल लाइंस ने बताया कि वह अपने सहायक संत सिंह यादव निवासी गुड़ा शेरपुर थाना मूसानगर जनपद कानपुर देहात के साथ गांव में पप्पू बाबा के कहने पर भागवत कथा कहने गया था।
गांव के लोगों ने उससे कहा कि तुम यादव हो कथा नहीं पढ़ सकते। दोनों की चोटी सहित सिर मुड़वा दिया गया और दूसरे कथा वाचक को लाने का खर्चा 25 हजार रुपये जुर्माना के तौर पर ले लिए गए। दो तोले की सोने की जंजीर भी छीन ली और पैरों में नाक रगड़वाकर और पैर छुआकर माफी मंगवायी।
आचार्य के सहायक संत कुमार यादव की तरफ से पप्पू बाबा, अतुल डीलर एवं 50 अज्ञात लोगों के खिलाफ बीएनएस की धारा 115(2) यानी स्वेच्छा से चोट पहुंचाना, 309(2) यानी जान से मारने या गलत तरीके से बंधक बनाना, 351(1) यानी धमकी देना, 352 यानी जानबूझकर अपमानित करने का मुकदमा दर्ज कराया गया है।
परीक्षित जयप्रकाश तिवारी ने कहा कि उनके सामने यह घटना नहीं हुई है। बाद में उन्हें जानकारी हुई तो वह वहां पहुंचे थे और घटना के लिए माफी भी मांगी थी। कथा वाचक मुकुट मणि के पास से ग्रामीणों को दो तरह के आधार कार्ड मिले हैं, जिनमें से एक पर मुकट मणि अग्निहोत्री पुत्र राम प्रकाश निवासी ब्लाक चौराहा महेवा रोड अछल्दा जनपद औरैया लिखा हुआ है, जबकि उसी नंबर के दूसरे आधार कार्ड पर मुकुट सिंह पुत्र राम प्रकाश निवासी ग्राम नगला मोतीराम कुसगवां अहीरान निवाड़ी कलां अंकित है।
ग्रामीण जय प्रकाश, नरेंद्र आदि का कहना था कि कथा वाचक ने पूछने पर अपना पता फ्रेंड्स कालोनी इटावा का बताया था।
एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि मामले में तहरीर दी गई है। आरोपितों पर मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले में कठाेर कार्रवाई की जाएगी।
एएसपी सिटी अभयनाथ त्रिपाठी को जांच सौंपी गई है। उन्होंने बताया कि मामले में वीडियो को संज्ञान में लेते हुए आशीष तिवारी, उत्तम अवस्थी, प्रथम दुबे व निक्की अवस्थी सभी निवासी ग्राम दांदरपुर को गिरफ्तार कर लिया गया है।
डंडे पीट-पीटकर बुजुर्ग महिला साधु की हत्या, भैरव मंदिर के पास मिला लहूलुहान शव
24 Jun, 2025 01:50 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
हाथरस जंक्शन के कस्बा मेंडू के पास भैरव मंदिर के निकट बुजुर्ग महिला रेखा देवी की हत्या कर दी गई। वह एक साधु बुजुर्ग के साथ करीब पांच साल से झोपड़ी में रहती थीं। दोनों भीख मांगकर और कबाड़ा बीनकर अपना जीवन-यापन करते थे। मंगलवार की सुबह कुछ लोगों ने झोपड़ी के बाहर रेखा देवी का शव लहूलुहान अवस्था में देखा। उनके सिर और पेट पर गंभीर चोट के निशान थे।
स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस को पता चला कि रेखा देवी के साथ रहने वाला बुजुर्ग व्यक्ति मौके से फरार हो गया है।
सिर पर डंडा मारकर हत्या, आरोपित की तलाश में जुटी पुलिस
सीओ सिकंदराराऊ जेएस अस्थाना के अनुसार, साथ रहने वाले बुजुर्ग ने ही रेखा देवी के सिर पर डंडा मारकर हत्या की है। पुलिस आरोपित की तलाश कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पुलिस आरोपित की तलाश में जुटी है।
सीओ ने बताया कि अभी तक हत्या के पीछे का कारण स्पष्ट नहीं है, लेकिन ऐसा संदेह है कि दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ होगा, जिससे आक्रोश में आकर बुजुर्ग ने इस वारदात को अंजाम दिया।
अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह के गैंगस्टर समेत 3 शातिर गिरफ्तार
24 Jun, 2025 01:39 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
थाना पिलखुवा पुलिस व स्वाट टीम ने डूहरी पेट्रोल पंप के पास से अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह के शातिर गैंगस्टर व पांच हजार के इनामी आरोपित समेत तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों से दिल्ली, उत्तराखंड व जिला बागपत से चोरी हुई तीन कार, पांच जोड़ी फर्जी नंबर प्लेट, दो तमंचे, दो कारतूस व वाहन चोरी में प्रयुक्त उपकरण बरामद हुए हैं।
गिरफ्तार आरोपित जिला बागपत के थाना बड़ौत क्षेत्र के गांव बावली का अजय तोमर, मेरठ के थाना देहली गेट क्षेत्र के मोहल्ला पूरबा करामत अली केसर गंज का इरफान व थाना सदर बाजार के न्यू मार्केट बेगमपुर का प्रशांत उर्फ हरीश है। आरोपितों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है। एसपी ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि रविवार देर रात थाना पिलखुवा प्रभारी निरीक्षक पटनीश कुमार पुलिस टीम के साथ चेकिंग कर रहे थे।
इस दौरान मुखबिर ने सूचना दी कि अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह के सदस्य कार में डूहरी पेट्रोल पंप की तरफ आ रहे हैं। उन्होंने मामले की सूचना स्वाट टीम को दी। इसके बाद थाना पुलिस व स्वाट टीम ने डूहरी पेट्रोल पंप के पास पास संदिग्ध लोगों और वाहनों की चेकिंग शुरू कर दी। इसी बीच पुलिस को कार सवार संदिग्ध आते दिखाई दिए। रुकने का इशारा किया तो आरोपित ने फरार होने का प्रयास किया, लेकिन, घेराबंदी करते हुए पुलिस ने तीन आरोपितों को दबोच लिया।
आरोपितों के निशानदेही पर चोरी की अन्य कार भी बरामद की गई। छानबीन के दौरान पता चला कि गिरफ्तार अजय गिरोह का सरगना है। वहीं इरफान जिला मुजफ्फरनगर के थाना सिविल लाइन का गैंगस्टर है। गिरफ्तारी न होने पर इरफान पर पांच हजार का इनाम भी घोषित किया गया था।
अजय, इरफान व प्रशांत उर्फ गुड्डू के खिलाफ सहारनपुर, गौतमबुद्धनगर, गाजियाबाद, पीलीभींत, हापुड़, बागपत, मेरठ, दिल्ली व उत्तराखंड के हरिद्वार के विभिन्न थानों में अजय तोमर पर 25, इरफान पर नौ व प्रशांत उर्फ गुड्डू पर चार आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पूछताछ में आरोपितों से गिरोह से जुड़े कुछ अन्य सदस्यों के नाम भी प्रकाश में आए हैं। फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस जाल बिछा रही है।
विभिन्न प्रदेशों से चोरी करते थे वाहन
पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि गिरोह के सदस्य विभिन्न प्रदेशों के जिलों से के वाहन चोरी करते थे। रात के वक्त वह रेकी कर वाहनों को निशाना बनाते थे। बाद विभिन्न उपकरणों की मदद से वाहनों का लाक तोड़ देते थे और वाहन लेकर फरार हो जाते थे।
फर्जी नंबर प्लेट लगाकर बेचते थे वाहन
चोरी के वाहनों के लिए आरोपित फर्जी नंबर प्लेट तैयार करते थे। इसके बाद इन्हें भोले-भाले लोगों को बिक्री कर देते थे। वाहनों को कबाड़ी के पास बिक्री के लिए ले जाया जाता था। वाहनों को बेचने से मिली रकम को आपस में बराबर बांट लिया जाता था।
यूपी पॉलिटेक्निक रिजल्ट लिंक एक्टिव, Rank Card यहां से करें डाउनलोड
24 Jun, 2025 01:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
प्राविधिक शिक्षा निदेशालय उत्तर प्रदेश की ओर से यूपी पॉलिटेक्निक रिजल्ट (UP Polytechnic Result 2025) घोषित कर दिया गया है। जिन भी परीक्षार्थियों ने इस परीक्षा में भाग लिया था वे बिना देरी करते हुए विभाग की ऑफिशियल वेबसाइट jeecup.admissions.nic.in पर जाकर नतीजे चेक कर सकते हैं। आपकी सहूलियत के लिए इस पेज पर भी UPJEE 2025 Rank Card का लिंक उपलब्ध करवा दिया गया है जिस पर क्लिक करके आप सीधे नतीजे चेक करने के साथ ही स्कोरकार्ड डाउनलोड कर सकते हैं।
रैंक कार्ड डाउनलोड करने की स्टेप्स
यूपी पॉलिटेक्निक रैंक कार्ड डाउनलोड करने के लिए सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट jeecup.admissions.nic.in पर विजिट करें।
होम पेज पर CANDIDATE ACTIVITY BOARD में Download Rank Card of UPJEE (Polytechnic) 2025 या Download Rank Card of UPJEE (Post Diploma in Industrial Safety) 2025 पर क्लिक करें।
अब एप्लीकेशन नंबर, पासवर्ड एवं दिया गया कैप्चा कोड दर्ज करके साइन इन करें।
इसके बाद आपका रिजल्ट स्क्रीन पर ओपन हो जायेगा जहां से आप इसे चेक करने के साथ ही रैंक कार्ड भी डाउनलोड कर सकते हैं।
कब शुरू होगी काउंसिलिंग
यूपी पॉलिटेक्निक रैंक कार्ड जारी होने के बाद अब प्राविधिक शिक्षा निदेशालय उत्तर प्रदेश की ओर से जल्द ही राज्यभर के पॉलिटेक्निक संस्थानो में प्रवेश के लिए काउंसिलिंग प्रक्रिया शुरू की जाएगी। स्टूडेंट्स को दाखिले के लिए काउंसिलिंग के लिए रजिस्ट्रेशन करना अनिवार्य होगा। काउंसिलिंग में रैंक के आधार पर छात्रों को सीटें आवंटित की जाएंगी। इसके बाद स्टूडेंट्स तय तिथियों के अंदर कॉलेज में रिपोर्ट करके एडमिट प्राप्त कर सकेंगे।
यूपी पॉलिटेक्निक प्रवेश परीक्षा 2025 का आयोजन राज्यभर में निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर 5 से 13 जून 2025 तक करवाया गया था। परीक्षा संपन्न होने के बाद निदेशालय की ओर से प्रोविजनल आंसर की जारी कर उस पर आपत्तियां मांगी गई थीं। अब फाइनल आंसर की आधार पर उम्मीदवारों का रिजल्ट जारी कर दिया गया है।
आयोग की परीक्षा में निगेटिव मार्किंग लागू, एक गलत जवाब पर कटेगा ¼ अंक
24 Jun, 2025 01:22 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग लखनऊ की कनिष्ठ सहायक, कनिष्ठ लिपिक और सहायक स्टार-3 के पदों के लिए आगामी 29 जून को परीक्षा होगी। परीक्षा में निगेटिव मार्किंग होगी। प्रत्येक गलत सवाल पर एक चौथाई अंक काटे जाएंगे।
यह परीक्षा आगामी 29 जून को सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक की पाली में होगी। परीक्षा के लिए मेरठ में 40 केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर 19,056 अभ्यर्थी परीक्षा में सम्मिलित होंगे।
डीएम ने बैठक कर दिए निर्देश
जिलाधिकारी डा. वीके सिंह ने आगामी 26 जून को दोपहर 3 बजे से विकास भवन सभागार में परीक्षा में तैनात किए गए सभी अधिकारियों व केंद्र अधीक्षकों की बैठक बुलाई है। इस बैठक में आयोग की परीक्षा की तैयारी को अंतिम रूप दिया जाएगा।
परीक्षा में आएंगे हल करने के लिए सौ सवाल
आयोग की यह परीक्षा वस्तुनिष्ठ प्रकृति की होगी। परीक्षा में कुल 100 सवाल हल करने के लिए आएंगे। इन सवालों का जवाब कुल 120 मिनट यानी 2 घंटे में अभ्यर्थियों को देना होगा। प्रत्येक उत्तर के चार विकल्प होंगे, जिसमें से एक को चुनना होगा। गलत उत्तर चुनने अथवा एक से अधिक विकल्प चुनने पर निगेटिव मार्किंग होगी और अभ्यर्थियों के एक चौथाई अंक काट लिए जाएंगे। वहीं, परीक्षा में बायोमेट्रिक उपस्थिति दर्ज करने के लिए अभ्यर्थियों को करीब 1 घंटे पहले अपने परीक्षा केंद्रों पर पहुंचना होगा
मेरठ समेत प्रदेश के 21 जिलों में होगी परीक्षा
आयोग की यह परीक्षा मेरठ समेत प्रदेश के कुल 21 जिलों में होगी। मेरठ मंडल के बुलंदशहर, गाजियाबाद और गौतमबुद्धनगर जिले में परीक्षा कराई जाएगी। सहारनपुर मंडल के सहारनपुर जिले में यह परीक्षा कराई जाएगी। इसके अलावा बिजनौर, बरेली, मुरादाबाद, आगरा, मथुरा, अलीगढ़ आजमगढ़, प्रयागराज, वाराणसी, अंबेडकर नगर, अयोध्या, गोरखपुर, जौनपुर, झांसी, कानपुर नगर और लखनऊ के कुल 541 परीक्षा केंद्रों पर यह परीक्षा कराई जाएगी।
निरस्त किए गए 202 उप निबंधक-निबंधन लिपिकों के तबादले
24 Jun, 2025 01:17 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
88 उप निबंधकों और 114 निबंधन लिपिकों के तबादला आदेश अब निरस्त कर दिए गए हैं। स्टांप एवं पंजीयन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रवीन्द्र जायसवाल द्वारा 18 जून को स्थानांतरण में भ्रष्टाचार की लिखित शिकायत पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी तबादला आदेश तत्काल स्थगित करने के निर्देश दिए थे।
इसके साथ ही महानिरीक्षक (आईजी) निबंधन के पद से समीर वर्मा को हटाकर पूरे मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के लिए भी कहा गया था।
प्रमुख सचिव स्टांप एवं निबंधन अमित गुप्ता की ओर से सोमवार को जारी आदेश के मुताबिक 13 जून को 59 कार्यरत तथा 29 नव प्रोन्नत उप निबंधकों और 14 जून को 114 कनिष्ठ सहायक निबंधन के जारी सभी तबादला आदेश तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिए गए हैं।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर 18 जून को संबंधित स्थानांतरण व तैनाती आदेशों को अगले आदेश तक स्थगित कर दिया गया था। विचार-विमर्श के दौरान शिकायतों के प्रथम दृष्टया गंभीर पाए जाने पर सोमवार को सभी तबादला आदेशों को निरस्त कर दिया गया।
विदित हो कि मुख्यमंत्री से की गई शिकायत में मंत्री ने तत्कालीन आईजी समीर पर तबादलों में लाखों रुपये के लेनदेन करने और स्थानांतरण नीति का उल्लंघन कर दागी अधिकारियों को मनचाही तैनाती देने का आरोप लगाया था।
उन्होंने स्पष्ट तौर पर कहा था कि आईजी स्टांप के विरुद्ध भ्रष्टाचार की काफी शिकायतें उन्हें मिली हैं। इनमें राजस्व की दृष्टि से महत्वपूर्ण तैनाती स्थलों पर दागदार अधिकारियों की तैनाती के बदले लाखों-लाख रुपये के लेनदेन की शिकायतें के साथ ही महत्वपूर्ण कार्यालयों में प्रभारी उप निबंधक व प्रोन्नत उप निबंधक की तैनाती भी निर्देशों के विपरीत करने की शिकायतें थीं।
मंत्री ने पूरे मामले की एसटीएफ से जांच कराने की मांग भी मुख्यमंत्री से की थी। सूत्रों के अनुसार तत्कालीन आईजी के करीबी बताए जाने वालों ने अच्छी पोस्टिंग दिलाने के नाम पर लाखों रुपये मांगे। आजमगढ़, सीतापुर जिले सहित कुछ खास उप निबंधक कार्यालयों के उप निबंधक बनाए जाने के लिए तो एक करोड़ रुपये तक मांगे गए।
तबादलों में लाखों रुपये के लेनदेन की रिकॉर्डिंग सहित मंत्री से शिकायतें की गईं हैं। अब ऐसे सभी मामलों की जांच कराए जाने की तैयारी है।
मंत्री रवीन्द्र ने बताया कि मुख्यमंत्री से बात कर विभागीय हित में जल्द ही आगे की कार्यवाही की जाएगी। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच कराए जाने के साथ ही मुख्यमंत्री की सहमति से आवश्यकतानुसार नए सिरे से तबादले किए जाएंगे।
यूपी के 26 जिलों में चलेगा धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान
24 Jun, 2025 01:13 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
जनजाति बहुल गांवों में लोगों को कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने की मुहिम तेज होने जा रही है। धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के लिए प्रदेश के 26 जिलों को चुना गया है, जहां ब्लाक और ग्राम स्तर पर शिविर लगाकर जनजातीय समाज के लोगों के आधार कार्ड बनाए जाएंगे और अन्य योजनाओं का लाभ दिया जाएगा।
धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान का शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दो अक्टूबर 2024 को किया था। प्रदेश में अभियान के लिए चिह्नित किए गए जिलों में अंबेडकरनगर, बहराइच, बलिया, बलरामपुर, बाराबंकी, बस्ती, भदोही, बिजनौर, चंदौली, देवरिया, गाजीपुर, गोरखपुर, जौनपुर, लखीमपुर खीरी, कुशीनगर, ललितपुर, महराजगंज, महोबा, मीरजापुर, पीलीभीत, प्रयागराज, संतकबीरनगर, श्रावस्ती, सिद्धार्थनगर, सीतापुर और सोनभद्र शामिल हैं।
इनके 47 ब्लाक व 517 ग्रामों में मिशन मोड पर काम किया जाएगा। अभियान के तहत जनधन खाते खोले जाएंगे। पात्रों को आयुष्मान भारत योजना और पीएम किसान योजना, छात्रवृत्ति आदि का लाभ दिया जाएगा। अन्य सामाजिक सुरक्षा संबंधी योजनाओं से भी इन गांवों को संतृप्त किया जाना है।
समाज कल्याण विभाग के अनुसार अभियान में ग्राम्य विकास, जल जीवन मिशन, जल शक्ति, ऊर्जा, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, खाद्य एवं रसद, महिला कल्याण एवं बाल विकास, माध्यमिक शिक्षा, व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास, कृषि, मत्स्य, पशुपालन, पंचायती राज, पर्यटन, एमएसएमई आदि विभागों को जिम्मेदारी दी गई है।
सीएम योगी का ऐलान: यूपी में हर नागरिक की सेवा और सुरक्षा सर्वोपरि
24 Jun, 2025 01:08 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को अपने आवास में 'जनता दर्शन' किया। इस दौरान प्रदेश भर से आए 65 से अधिक पीड़ितों की समस्याएं सुनी, प्रार्थना पत्र लिया और उन्हें अहसास कराया कि हर समस्या में सरकार उनके साथ खड़ी है।
मुख्यमंत्री ने समस्या के निराकरण के लिए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश भी दिए। कहा कि प्रदेश के हर नागरिक की सेवा, सुरक्षा और सम्मान सरकार की पहली प्राथमिकता है।
जनता दर्शन में पुलिस, राजस्व, चिकित्सा सहायता, शिक्षा, आवास, आंगनबाड़ी, कब्जा आदि से जुड़े अनेक मामले आए, जिस पर प्रार्थना पत्र लेकर मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
जनता की समस्याएं सुनते हुए मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि हर पीड़ित की समस्या पर तत्काल कार्रवाई होनी चाहिए। इसमें हीलाहवाली बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सबके प्रार्थना पत्रों को संबंधित अधिकारियों को संदर्भित करते हुए त्वरित और संतुष्टिपरक निस्तारण के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार हर पीड़ित की समस्या का समाधान कराने के लिए दृढ़ संकल्पित है। सबको न्याय मिलेगा और सबकी पीड़ा दूर की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने 'जनता दर्शन' में अपने अभिभावकों के साथ आए बच्चों को दुलार भी किया। उन्होंने बच्चों से बातें कीं, पढ़ाई के बारे में जानकारी ली और चाकलेट-टाफी देकर बच्चों को उज्ज्वल भविष्य का आशीर्वाद दिया।
सूरत शहर में महज चार घंटे में 7 इंच बारिश, देश के 26 राज्यों में पहुंचा मानसून
24 Jun, 2025 12:48 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली । देश के 26 राज्यों में मानसून पहुंच चुका है। सूरत शहर में पिछले 24 घंटे से तेज बारिश हो रही है। सोमवार सुबह 8 बजे से 12 बजे तक महज चार घंटे में ही 7 इंच बारिश दर्ज की गई है। बारिश के बाद बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। जगह-जगह पानी भर गया है। सूरत प्रशासन से सोमवार को स्कूल की छुट्टी कर दी है। सूरत में पहले दिन की बारिश ने 2006 में बाढ़ जैसे हालात की याद ताजा कर दी। साल 2006 में 7-10 अगस्त में हुई भारी बारिश से सूरत का करीब 80-95 प्रतिशत हिस्सा डूब गया था।
इधर, मध्य प्रदेश में साइक्लोनिक सर्कुलेशन (चक्रवात) और ट्रफ की मौजूदगी से अगले 4 दिन तक बारिश का ताकतवार सिस्टम सक्रिय रहेगा, इससे भारी बारिश होगी। टीकमगढ़ में रविवार को 9 इंच बारिश रिकॉर्ड की गई।
वहीं, राजस्थान के कई इलाकों में भारी बारिश हो रही है। माउंट आबू में 24 घंटे में 7 इंच पानी बरस चुका है। इसके चलते यहां कई नदियां उफान पर हैं। कई छोटे-बड़े गांवों और कस्बों का संपर्क दूसरे स्थानों से कट गया। राजस्थान में 1 जून से अब तक सामान्य से 133 प्रतिशत ज्यादा बारिश हो चुकी है। वहीं ओडिशा के 50 गांव में बाढ़ की स्थिति है। इसके कारण राज्य के 50 हजार से ज्यादा लोग प्रभावित हैं। 24 साल की एक महिला तेज धार में बह गई, जिससे उसकी मौत हो गई।
मौसम विभाग के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम मानसून अगले दो दिनों में दिल्ली, चंडीगढ़, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पंजाब और जम्मू-कश्मीर के कुछ हिस्सों में पहुंच सकता है। इसके आगे बढ़ने के लिए सही परिस्थितियां हैं। अगले 3 दिनों के दौरान पूर्वोत्तर भारत में भारी बारिश जारी रहने की संभावना है।
24 जून को गुजरात, सौराष्ट्र-कच्छ, मध्य महाराष्ट्र, कोंकण गोवा, बिहार, छत्तीसगढ़, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। सिक्किम, बंगाल, पूर्वी राजस्थान, जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश, ओडिशा, झारखंड, विदर्भ, बंगाल, कर्नाटक, केरल में भारी बारिश हो सकती है।
ऑपरेशन सिंधु के तहत अब तक कुल 1,713 भारतीयों को लाया गया
24 Jun, 2025 12:47 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली। ईरान-इजराइल संघर्ष के बीच ऑपरेशन सिंधु के तहत अब तक कुल 1,713 भारतीयों को लाया गया है। मशहद से एक और प्लेन रविवार की रात 11:30 बजे 285 नागरिकों को लेकर नई दिल्ली पहुंचा।
इसके पहले 21 जून को 600, 20 जून को 407 और 19 जून को 110 भारतीय दिल्ली पहुंचे थे। ईरान से दिल्ली पहुंचे इन यात्रियों ने एयरपोर्ट पर वन्दे मातरम् और भारत माता की जय के नारे लगाए। कुछ लोग इस दौरान भावुक भी हुए। उनकी आंखों में आंसू आ गए। कुछ ने जमीन पर माथा टेका। दूसरी ओर रविवार को 160 भारतीयों का जत्था इजराइल से निकाल लिया गया है, जो जॉर्डन पहुंच गया है। इजराइल में करीब 40 हजार भारतीय नागरिक हैं, जिसमें केयरगिवर, छात्र, मजदूर शामिल हैं।
सैटेलाइट इमेज में खुलासा: चीन ने पैंगोंग झील के पास तैनात की HQ-16 मिसाइल, LAC पर बढ़ा तनाव
24 Jun, 2025 11:28 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई सैटेलाइट इमेजरी से पता चला है कि चीन ने पूर्वी लद्दाख की पैंगोंग झील के पास HQ-16 एयर डिफेंस सिस्टम तैनात किया है. यह सिस्टम दुश्मन के हवाई लक्ष्यों को 40 से 70 किलोमीटर तक की दूरी तक मार गिराने की क्षमता रखता है, जो इसके मॉडल पर निर्भर करता है. HQ-16 TEL मौजूदगी भी इमेजरी में साफ देखी जा सकती है. यह कदम क्षेत्र में रणनीतिक संतुलन को प्रभावित कर सकता है और भारतीय सुरक्षा एजेंसियां इस पर करीब से नजर रख रही हैं.
HQ-16 एक मध्यम दूरी की सतह से हवा में मार करने वाला मिसाइल सिस्टम है, जिसे चीन ने रूस के BUK सिस्टम की तकनीक के आधार पर विकसित किया है.
HQ-16 एयर डिफेंस सिस्टम की खूबियां
यह सिस्टम हवाई लक्ष्यों को 40 से 70 किलोमीटर तक की दूरी से निशाना बना सकता है. साथ ही ये संस्करण पर भी निर्भर करता है. ऊंचाई पर उड़ते लक्ष्यों को भी ट्रैक और नष्ट करने में सक्षम है. यह सिस्टम एक साथ कई लक्ष्यों को ट्रैक और इंटरसेप्ट कर सकती है जैसे फाइटर जेट, हेलिकॉप्टर, क्रूज मिसाइलें, ड्रोन और यहां तक कि कुछ प्रकार के प्रिसिजन गाइडेड म्यूनिशन.
HQ-16 की मिसाइलें मोबाइल लॉन्च प्लेटफॉर्म (TEL) पर रखी जाती हैं, जिससे यह सिस्टम तेजी से तैनात और पुनः तैनात की जा सकती है. इस पर 4 मिसाइलें लोड होती हैं. यह सिस्टम एक 3D रडार से लैस होता है जो लक्ष्यों को ऑटोनॉमस मोड से ट्रैक करता है और मिसाइल को निर्देशित करता है. HQ-16 में ECCM (Electronic Counter-Countermeasures) क्षमताएँ भी है, जिससे यह दुश्मन के जैमिंग प्रयासों को विफल कर सकता है.
मिसाइल की लॉन्चिंग प्रक्रिया तेज होती है, जिससे यह अचानक होने वाले हवाई हमलों के खिलाफ तुरंत एक्शन लेने की क्षमता रखता है. HQ-16 को अन्य रडार, कमांड सेंटर और डिफेंस नेटवर्क के साथ जोड़ा जा सकता है, जिससे यह एक बड़ा एयर डिफेंस सिस्टम प्रदान करता है. चीन की पैंगोंग झील के पास ये डिप्लॉयमेंट भारत पर रणनीतिक दबाव डालने की कोशिश मानी जा सकती है.
पाक का नया NOTAM: भारतीय विमानों के लिए जुलाई 2025 तक एयरस्पेस बंद, जानें क्या है असर
24 Jun, 2025 11:17 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पाकिस्तान के प्राधिकारों ने भारतीय विमानों के लिए हवाई क्षेत्र पर प्रतिबंध को एक और महीने के लिए बढ़ाने की सोमवार को घोषणा की. पहलगाम आतंकी हमले के बाद, दोनों देशों के बीच तनाव बढ़ने के मद्देनजर यह प्रतिबंध पहले 23 अप्रैल को एक महीने के लिए लगाया गया था. इस हमले में 26 लोग मारे गए थे, जिनमें ज्यादातर पर्यटक थे.
बाद में, इसे 23 मई को एक और महीने के लिए बढ़ा दिया गया था, जब चार दिनों के सैन्य टकराव के कारण संबंध खराब हो गए थे. भारत ने सात मई को ऑपरेशन सिंदूर शुरू किया था और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में आतंकी बुनियादी ढांचे को नष्ट कर दिया था.
23 जुलाई तक बढ़ाया प्रतिबंध
पाकिस्तान एयरपोर्ट अथॉरिटी द्वारा जारी नोटम (नोटिस टू एयरमेन) के अनुसार, प्रतिबंध को 23 जून से बढ़ाकर 23 जुलाई तक कर दिया गया है. इसमें कहा गया है कि पाकिस्तान का एयरस्पेस भारतीय विमानों और भारतीय एयरलाइंस, ऑपरेटर द्वारा संचालित, स्वामित्व वाले या पट्टे पर लिए गए विमानों के लिए उपलब्ध नहीं है, जिसमें सैन्य उड़ानें भी शामिल हैं.
भारत ने भी लिया एक्शन
भारत ने पाकिस्तानी एयरलाइनों द्वारा संचालित उड़ानों के लिए अपने हवाई क्षेत्र को बंद करने की अवधि को एक महीने के लिए बढ़ाकर 24 जुलाई कर दिया. 30 अप्रैल से भारतीय हवाई क्षेत्र पाकिस्तानी एयरलाइनों और ऑपरेटरों द्वारा संचालित, स्वामित्व वाले या पट्टे पर लिए गए विमानों, जिनमें सैन्य उड़ानें भी शामिल हैं, के लिए बंद कर दिया गया था.शुरू में, प्रतिबंध 24 मई को खत्म होना था और बाद में इसे 24 जून तक बढ़ा दिया गया था.
सोमवार को एक नया NOTAM (नोटिस टू एयरमैन) जारी किया गया, जिसमें बंदी को एक महीने के लिए बढ़ाकर 24 जुलाई तक कर दिया गया.NOTAM के अनुसार, भारतीय हवाई क्षेत्र पाकिस्तान में पंजीकृत विमानों और पाकिस्तानी एयरलाइनों और ऑपरेटरों द्वारा संचालित, स्वामित्व वाले या पट्टे पर लिए गए विमानों, जिनमें सैन्य उड़ानें भी शामिल हैं, के लिए उपलब्ध नहीं होगा.
आतंकी ठिकानों के खिलाफ कार्रवाई
ऑपरेशन सिंदूर के तहत भारत ने आतंकी ठिकानों के खिलाफ कार्रवाई की. 10 मई को दोनों देशों के बीच सैन्य कार्रवाई रोकने पर सहमति बनी. हालांकि, संघर्ष विराम जारी रहने के बावजूद द्विपक्षीय संबंधों में अभी तक सुधार नहीं हुआ है.
प्लेन हादसे में मरने वाले 251 मृतकों की डीएनए से पहचान हुई
24 Jun, 2025 10:39 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
अहमदाबाद । अहमदाबाद प्लेन हादसे में मरने वाले 251 मृतकों की डीएनए से पहचान हो चुकी है। 245 मृतकों के शव उनके परिजनों को सौंप दिए गए हैं। यह जानकारी अहमदाबाद सिविल अस्पताल के अधीक्षक डॉ. राकेश जोशी ने दी।
डॉ.जोशी ने बताया कि 6 शव उन परिवारों के हैं, जो ब्रिटेन निवासी हैं। ये शव जल्द ही उनके परिवारों को सौंपे जाएंगे। उधर, अहमदाबाद में विमान के मलबे को शिफ्ट करने के दौरान भी हादसा हो गया। ट्रक में ले रहा जा रहा प्लेन का पिछला हिस्सा एक पेड़ में फंस गया। इसके चलते डफनाला से कैंप हनुमान मंदिर तक का रास्ता दो घंटे तक बंद करना पड़ा। पुलिस और फायर ब्रिगेड विभाग ने पेड़ की डालियां काटकर ट्रक को रवाना कराया।
पहली बार क्रैश हुआ बोइंग 787 प्लेन के मुताबिक यह पहली बार है जब कोई बोइंग 787 विमान क्रैश हुआ है। इसे ड्रीमलाइनर के नाम से भी जाना जाता है। बोइंग ने इस मॉडल को 14 साल पहले लांच किया गया था।
महिला आरक्षण पर बढ़ा विवाद: कांग्रेस बोली—PM बुलाएं सर्वदलीय बैठक
AAP के भीतर सियासी बयानबाजी तेज, Saurabh Bharadwaj का Raghav Chadha पर हमला
युद्ध का असर भारत तक: तारकोल महंगा, सड़क परियोजनाएं अटकीं
बिश्केक में भारत-चीन रक्षा मंत्रियों की बैठक, Rajnath Singh ने जताई खुशी
युवा क्रिकेटरों के सपनों को पंख, पीएम मोदी ने किया उद्घाटन
दो राज्यों में बड़ा मिशन: बंगाल-तमिलनाडु में BJP का विस्तार अभियान तेज
