उत्तर प्रदेश (ऑर्काइव)
प्रीतम हत्याकांड का मुख्यारोपी रोहित मिश्रा गिरफ्तार...
9 Apr, 2023 12:35 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बलिया। सुखपुरा थाना के वन विहार मोड़ के समीप बिहार निवासी युवक की सरेराह हत्या करने वाला मुख्य आरोपी रोहित मिश्रा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया हैं। पूछताछ के बाद उसे चालान कर दिया। घटना में शामिल अन्य युवकों की तलाश कर रही है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस के सामने वह बार-बार गुहार लगाते हुए गिड़गिड़ा रहा था।
शहर के सटे वन बिहार मोड़ के समीप दो अप्रैल की शाम बिहार डुमरांव के नेनुआ निवासी दो युवक मौसी से मिलकर वापस घर लौटते समय पहले से घात लगाए दर्जनों युवकों ने अचानक हमला कर लाठी डंडे, रॉड व ईंट से पिटाई कर भाग गए। इसमें प्रीतम पाठक की मौत हो गई और साथी नीशु पाठक घायल हो गया। घटना के दूसरे दिन चाचा पिंटू पाठक की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों पर मुकदमा दर्ज किया है।
तीसरे दिन पुलिस ने घटना का खुलासा करते हुए अनीश सिंह निवासी परिखरा व अनुज राय निवासी नारायणपुर थाना बांसडीह रोड को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपी रोहित मिश्रा मृतक प्रीतम पाठक की मौसी की बेटी से प्यार करता था, प्रीतम पाठक द्वारा विरोध करने पर साथियों संग हमला कर पिटाई कर दी, जिसमें मौत हो गई। घटना के बाद प्रेमिका की सूचना पर रोहित सभी साथियों संग भूमिगत हो गया था।
तेजी से बढ़ रहा कोरोना, हॉस्पिटल के दो कर्मचारियों समेत आठ मिले संक्रमित...
9 Apr, 2023 12:18 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
आगरा| आगरा में कोरोना संक्रमण के मामले अप्रैल माह में तेजी से बढ़ रहे हैं। शनिवार को जिले में 8 मामले सामने आए। इसमें एक हॉस्पिटल के दो कर्मचारियों भी शामिल है। 23 मार्च, 2023 से अब तक जिले में कोरोना के कुल 40 मामले सामने आ चुके हैं। 29 मामले अभी भी सक्रिय हैं, 11 की रिपोर्ट निगेटिव आ चुकी है।
शनिवार को आगरा फोर्ट पहुंचे 16 वर्ष के किशोर, केंद्रीय हिंदी संस्थान के पास के 24 वर्ष के युवक, बसंत विहार, कमला नगर के 18 वर्ष के युवक, दयालबाग निवासी 55 वर्ष के पुरुष, ताजगंज के 53 वर्ष के पुरुष, शहीद नगर स्थित अस्पताल के 21 वर्ष के युवक और 20 वर्ष की युवती और असद गली निवासी 25 वर्ष के युवक में कोरोना की पुष्टि हुई।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अरुण कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि संक्रमित मरीजों को होम आइसोलेट कर दिया गया है। इनके संपर्क में आने वाले लोगों की जांच कराई जाएगी। उनका कहना है कि कोरोना के बढ़ते हुए मामलों को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है। मास्क पहनें और सामाजिक दूरी का पालन करें।
जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए भेजे जाएंगे नमूने
जिले में कोरोना के 40 मामले आ चुके हैं। अभी तक किसी संक्रमित के नमूने की जीनोम सीक्वेंसिंग नहीं कराई गई है, जिससे यह पता चल सके कि यह कोरोना का कौन सा वैरिएंट है। मुख्य चिकित्साधिकारी का कहना है कि कोरोना के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। अब संक्रमितों के नमूने जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए भेजे जाएंगे। सोमवार को नमूना लखनऊ भेजा जाएगा।
शादी के लिए युवती ने किया इनकार तो आरोपी ने दी एसिड अटैक की धमकी....
8 Apr, 2023 05:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
थाना क्षेत्र की एक कालोनी में एक युवक छात्रा को तेजाब डालने की धमकी दे रहा था। आरोपित छात्रा पर लंबे समय से शादी करने का दबाव बना रहा था। मामले में सलमान व उसके साथी के खिलाफ पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी।
आरोपित ने की थी अश्लील टिप्पणी
पुलिस जल्द ही आरोपित की गिरफ्तारी का दावा कर रही है। एक कॉलोनी में आरोपित छात्रा के पड़ोस में रहता था। अब वह दूसरी कालोनी में रहने लगा है। आरोप है कि पूर्व में आरोपित ने छात्रा पर अश्लील टिप्पणी करते हुए उस पर दोस्ती करने का दबाव बनाया था। अब वह लंबे समय से छात्रा से शादी करने को कह रहा था। छात्रा ने आरोपित से शादी करने से मना कर दिया था।
डर गई थी छात्रा
आरोपित ने छात्रा से कहा कि तुम्हें भुगतना पड़ेगा। दो दिन पहले रास्ते में रोककर छात्रा से कहा कि वह तेजाब डालकर उसके चेहरे को बिगाड़ देगा। इसके बाद छात्रा डर गई। उसने यह बात अपने परिवार को बताई। परिवार के लोग छात्रा को लेकर थाने पहुंचे और सलमान व उसके साथी के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी। एसीपी का कहना है कि जल्द ही आरोपित को गिरफ्तार किया जाएगा।
झारखंड: लिंक भेजकर ठगी करनेवाले गिरोह के चार सदस्य गिरफ्तार....
8 Apr, 2023 05:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
अपराध अनुसंधान विभाग के अधीन संचालित साइबर अपराध थाने की पुलिस ने साइबर ठगी में शामिल चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
ये अपराधी पैन कार्ड अपडेट के नाम पर लिंक भेजकर लोगों के खाते में सेंध तो लगाते ही थे, साथ ही पोर्नोग्राफिक, डेटिंग वेबसाइट तथा फेसबुक पेज बनाकर उसपर विज्ञापन डालकर भी ठगी करते थे।
ये उक्त वेबसाइट तथा फेसबुक पेज पर लड़के-लड़कियों से डेटिंग तथा एस्कार्ट सर्विस के लिए फर्जी मोबाइल नंबर डालते थे। उक्त नंबर पर संपर्क करने वालों को रजिस्ट्रेशन तथा अन्य अग्रिम शुल्क के नाम पर ठगी करते थे। साइबर अपराध थाने की पुलिस ने पूर्व में मिली शिकायतों के आधार पर चारों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने इनके पास से 11 मोबाइल फोन, 25 सिमकार्ड, 14 चेकबुक-पासबुक, 03 लैपटाप, 21500 रुपये नकद, एक स्वाइप मशीन, एक स्कैनर मशीन तथा एक राउटर बरामद किया है। चारो ही आरोपितों के विरुद्ध गिरिडीह के साइबर थाने में दो व गांडेय थाने में एक प्राथमिकी दर्ज है।
लगातार मिल रही सूचनाओं के सत्यापन में पकड़े गए सभी आरोपित
साइबर थाने की सीआईडी के डीजी अनुराग गुप्ता व डीएसपी नेहा बाला ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पूरे मामले का खुलासा किया।
अधिकारियों ने बताया कि सीआईडी को सूचनाएं मिल रहीं थी कि बड़े पैमाने पर विभिन्न एचडीएफसी, आईसीआईसीआई, एसबीआई, पीएनबी के केवाईसी अपडेट के लिए बैंकों के खाता धारकों को फर्जी एप से संबंधित फिशिंग यूआरएल (लिंक) का एसएमएस भेजा जा रहा है।
इस लिंक को क्लिक करने पर इंटरनेट बैंकिंग का एक फर्जी एप मोबाइल पर इंस्टॉल हो जाता है। उसपर लॉग इन करने पर साइबर अपराधी खाते से डेटा व रुपयों की ठगी कर लेते थे। इन्हीं सूचनाओं के सत्यापन में ये चारो आरोपित पकड़े गए हैं। इनसे छानबीन में कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिलीं हैं।
ठगी से बचने के लिए बरतें सावधानी
डीजी सीआईडी अनुराग गुप्ता ने आम जनता से अपील की है कि किसी अज्ञात मोबाइल नंबर से काल आने पर अपनी कोई निजी जानकारी साझा न करें।
किसी भी अज्ञात नंबर से एसएमएस आए तो दिए गए अज्ञात, संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें। गूगल प्ले स्टोर का प्रयोग करने से पहले गूगल प्ले प्रोटेक्ट की सुविधा का प्रयोग करें तथा बैंक से संबंधित किसी भी एप पर संदेह होने पर नजदीकी बैंक शाखा में संपर्क करें।
इंटरनेट सर्च इंजन, गूगल एड्स व अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर दिए गए कस्टमर केयर हेल्पलाइन नंबर पर भरोसा न करें।
कस्टमर केयर नंबर के लिए अधिकृत वेबसाइट पर जाएं। साइबर अपराध का शिकार पर होने पर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर या ऑनलाइन डब्ल्यूडब्ल्यूडब्ल्यू डाट साइबरक्राइम डॉट जीओवी डॉट इन पर रिपोर्ट करें।
पुलिस मुठभेड़ में दो तस्कर गिरफ्तार, जमकर हुई फायरिंग....
8 Apr, 2023 05:08 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बाराबंकी जिले के रामसनेहीघाट कोतवाली क्षेत्र में आधी रात के बाद पुलिस ने मुठभेड़ में दो तस्करों को पकड़ा है। इस दौरान जमकर फायरिंग हुई। शनिवार रात करीब एक बजे पुलिस को सूचना मिली कि कुछ तस्कर वाहन से लखनऊ अयोध्या हाईवे से गुजर रहे हैं।
इस पर सक्रिय हुई पुलिस लखनऊ अयोध्या हाईवे पर पहुंच गई। मोहम्मदपुर गांव के पास पुलिस ने तस्करों को दौड़ाया। इस दौरान जमकर फायरिंग हुई। तस्कर एक पेट्रोल पंप के पास पहुंचे जहां पुलिस पहुंच गईं। यहां भी फायरिंग हुई।
बताते हैं कि तस्कर सिद्धौर रोड की ओर भागे। पुलिस ने उन्हें दौड़ा लिया और जोरावरपुर गांव के पास मुठभेड़ में दो तस्करों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए लोगों के पास से करीब एक किलोग्राम स्मैक बरामद होने की बात कही जा रही है। एसएचओ रामसनेहीघाट लालचंद सरोज ने बताया कि, दो तस्करों को पकड़ा गया है। पुलिस तस्करों से पूछताछ कर रही है।
कुल्हाड़ी से काट कर बेटा ने की पिता की हत्या....
8 Apr, 2023 04:16 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
गोरखपुर जिले के गीडा थाना क्षेत्र के जीतपुर में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जमीन बेच रहे पिता से नाराज बेटे ने शनिवार की भोर में सोते समय कुल्हाड़ी से काट कर उनकी हत्या कर दी। आरोपित बेटे को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है।
यह है पूरा मामला
गीडा थाना क्षेत्र के जीतपुर निवासी 45 वर्षीय मनोज निषाद उर्फ लुकुड्ड मजदूरी कर परिवार की जीविका चलाते थे। घर में पत्नी उषा देवी के अलावा तीन पुत्र और एक पुत्री है। शुक्रवार को मनोज रात को खाना खाने के बाद सोने चले गए। भोर में करीब पांच बजे के आसपास मनोज निषाद का बड़ा बेटा उनके कमरे में पहुंचा और कुल्हाड़ी से गला, सिर और चेहरे पर हमला कर दिया। मनोज की मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या के बाद शव के पास बैठा रहा आरोपित
पिता को मौत के घाट उतारने के बाद आरोपित बेटा शव के पास बैठा रहा। सुबह परिवार के लोगों को घटना की जानकारी हुई तो सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ ही आरोपित को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। थानाध्यक्ष ने कहा कि आरोपित की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल कुल्हाड़ी बरामद कर ली गई है।
जमीन बेचने को लेकर चल रहा था विवाद
बेटे के तरफ से पिता की कुल्हाड़ी से काट कर हत्या करने के पीछे जमीनी विवाद बताया जा रहा है। चर्चा है कि मनोज अपने हिस्से की जमीन को बेच रहा था, जिसका बेटा विरोध कर रहा था। बात न मानने पर उसने पिता की हत्या कर दी। उधर, घटना के बाद से ही पूरे परिवार में हड़कंप मचा है। आसपास के लोगों में भी भय का माहौल हो गया है। लोगों का कहना है कि ऐसा हैवान बेटा भगवान दुश्मन को भी न दें।
बिहार : बदमाशों ने नॉन बैंकिंग कंपनी के क्रेडिट मैनेजर को मारी गोली....
8 Apr, 2023 02:22 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नगर थाना क्षेत्र के तुरकाहा गांव के पास शुक्रवार की देर रात अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने एक नॉन बैंकिंग कंपनी के कर्मी के पैर में गोली मार दी। जख्मी अवस्था में कर्मी को तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जख्मी की पहचान सिवान जिले के रघुनाथपुर थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर गांव निवासी श्याम मांझी के बेटा करण कुमार के रूप में की गई। घायल का सदर अस्पताल में इलाज किया जा रहा है। वहीं, वारदात के बाद पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।पुलिस बदमाशों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए जुट गई है।
बताया जा रहा है कि कर्मी बाइक पर सवार होकर शुक्रवार की देर रात बेतिया से अपने घर सिवान जा रहे थे। इसी बीच वे जैसे ही तूरकाहां के समीप पहुंचे, एक बाइक पर सवार तीन बदमाश ने ओवरटेक कर उन्हें रोक लिया। बदमाशों ने अपनी कर्मी की बाइक के आगे रोक दी। इसके बाद बदमाशों ने करण से उनका बैग और मोबाइल छीन लिया।
करण ने विरोध किया तो बदमाशों ने जाते-जाते एक गोली पैर में दाग दी और फरार हो गए। घटना के बाद जख्मी युवक किसी तरह लहूलुहान होकर थावे थाना पहुंच गए। इसके बाद थावे थाना के पुलिस ने तत्काल नगर थाना पुलिस को सूचित की।
सूचना पाकर मौके पर पहुंची नगर थाना की पुलिस ने जख्मी युवक को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया। यहां कर्मी का इलाज चल रहा है। जख्मी कर्मी पेशे से नन बैंकिंग कंपनी फील केयर स्मॉल के क्रेडिट मैनेजर है।
मैनेजर कंपनी के काम से बेतिया गए थे। वापस लौटने के दौरान उसके साथ इस वारदात को अंजाम दिया गया। फिलहाल, पुलिस जख्मी का बयान के आधार पर मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है।
दुबई से लौटे युवक का पोखरे में मिला शव....
8 Apr, 2023 01:47 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
गोरखपुर जिले में गीडा इलाके के मल्हीपुर गांव निवासी रामानंद विश्वकर्मा (26) की शुक्रवार सुबह पोखरे में लाश मिली। वे बृहस्पतिवार को ही दुबई से लौटे थे। गले पर निशान होने की वजह से आशंका है कि गला दबाकर हत्या की गई है। पुलिस भी घटना को संदिग्ध मानकर जांच कर रही। मौत की वजह जानने के लिए पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
जानकारी के मुताबिक, मल्हीपुर गांव के रामानंद विश्वकर्मा शादी के कुछ समय बाद ही दुबई कमाने चले गए थे। वहां पर मजदूरी करते थे और बृहस्पतिवार की सुबह ही वह घर पहुंचे थे। शाम को अचानक लापता हो गए और फिर परिजन उनकी तलाश में जुटे थे।
इसी बीच शुक्रवार सुबह तालाब में उनकी लाश मिली। शव मिलने की सूचना पाते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। शव को बाहर निकाला तो गले पर घाव के निशान मिले।
पुलिस ने घटना को संदिग्ध मानते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसओ ने बताया कि युवक की संदिग्ध हाल में मौत हुई है। पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिजनों की ओर से तहरीर नहीं आई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
थोक व्यापारी पर सरेराह हमला कर मारा चाकू....
8 Apr, 2023 01:40 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बेखौफ बदमाशों ने शुक्रवार की देर रात एक थोक कपड़ा व्यापारी पर चाकू से हमला कर एक लाख रुपए लूट लिए। लहूलुहान हालत में व्यापारी को मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया गया है। जहां उसका इलाज जारी है। वहीं, सरेराह व्यापारी पर हुए हमले से व्यापारियों में रोष है और व्यापारी कोतवाली नगर पुलिस की पेट्रोलिंग व कार्यशैली पर सवालिया निशान खड़े कर रहे हैं। हालांकि, पुलिस इसे पुराने विवाद में मारपीट होना बता रही है। पुलिस ने लूट से इंकार किया है।
कोतवाली नगर के मोहल्ला मेवातीपुरा निवासी वली नयाब कपड़े के थोक व्यापारी हैं। व्यापारी का आरोप है कि शुक्रवार को वह दुकान बंद कर बकाया पैसे लेने के लिए निकले थे। बताया जाता है कुछ लोगों से बकाया वसूली के बाद वह काजीपुरा स्थित अपनी ससुराल चले गए थे। जहां से वह देर रात लगभग 11:45 पर अपने घर वापस आ रहे थे।
इसी दौरान पहले से पीछा कर रहे बदमाशों ने काजीपुरा मोहल्ला स्थित पचकौरी होटल के पास उन्हें घेर लिया और उनके पैसे छीनने लगे। विरोध करने पर एक बदमाश ने वली नयाब पर चाकू से हमला कर दिया जिससे वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर गए जिसके बाद बदमाशों ने उनकी जेब में रखे एक लाख रुपए लूट लिए और फरार हो गए।
सूचना पर पहुंचे परिजनों ने उसे इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज पहुंचाया जहां उसका इलाज जारी है। इमरजेंसी में डॉ. ने बताया कि युवक पर किसी धारदार हथियार का घाव है। काफी खून निकल गया है लेकिन अभी घायल की स्थिति सामान्य है। पुलिस अपनी जांच में पुराने विवाद की बात कह रही है।
व्यापारी वली नयाब ने बताया कि हमला व लूट करने वाले बदमाश उसका पीछा कई दिनों से कर रहे थे। उसने कई बार उन्हें अपने पीछे आते देखा लेकिन उसे अंदेशा नहीं था कि सभी किस नीयत से उसका पीछा कर रहे हैं।
भोजपुरी सिंगर समर सिंह को वाराणसी लेकर पहुंची पुलिस....
8 Apr, 2023 12:02 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोजपुरी अभिनेत्री आकांक्षा दुबे को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोपी समर सिंह को पुलिस वाराणसी लेकर आ गई है। समर सिंह को गाजियाबाद से ट्रांजिट रिमांड पर लेकर शनिवार की सुबह कमिश्नरेट की पुलिस वाराणसी पहुंची। समर को सारनाथ थाने न ले जाकर फिलहाल पुलिस लाइन में रखा गया है। आज उसे पुलिस कोर्ट में पेश करेगी। इसके साथ ही उससे पूछताछ के लिए उसे अदालत से पुलिस कस्टडी रिमांड पर देने की मांग की जाएगी।
बता दें कि गुरुवार रात उसे गाजियाबाद के राजनगर एक्सटेंशन के चार्म्स क्रिस्टल सोसायटी स्थित एक फ्लैट से गिरफ्तार किया गया था। पुलिस का कहना है कि आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में दर्ज मुकदमे के संबंध में साक्ष्य जुटाने के लिए समर से विस्तार से पूछताछ जरूरी है।
ऐसे गिरफ्त में आया समर सिंह
गुरुवार को कमिश्नरेट के सर्विलांस प्रभारी इंस्पेक्टर अंजनी कुमार पांडेय को सूचना मिली कि समर सिंह देहरादून से गाजियाबाद में अपने एक परिचित के फ्लैट में आने वाला है। शुक्रवार को वह देहरादून लौट जाएगा। इस सूचना के आधार पर आशापुर चौकी प्रभारी अखिलेश वर्मा, दरोगा अजय यादव, हेड कांस्टेबल रामबाबू, रामानंद यादव और दिवाकर वत्स की टीम ने घेराबंदी कर गुरुवार देर रात उसे उसके परिचित के फ्लैट से गिरफ्तार कर लिया।
26 मार्च को मिला था आकांक्षा दुबे का शव
सारनाथ क्षेत्र स्थित एक होटल के कमरे में बीते 26 मार्च की सुबह आकांक्षा दुबे का शव फंदे के सहारे लटका मिला था। वह भोजपुरी फिल्म की शूटिंग के सिलसिले में वाराणसी आई थीं। इस मामले में मृत अभिनेत्री की मां मधु दुबे ने तहरीर देकर 27 मार्च को सारनाथ थाने में भोजपुरी गायक व अभिनेता समर सिंह और उसके दोस्त संजय सिंह के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया था। इसके बाद कमिश्नरेट की पुलिस ने पूर्वांचल के अलग-अलग जिलों, बिहार और मुंबई में छापा मारा, लेकिन 10 दिन तक आरोपियों का कहीं पता नहीं लगा।
जहरीला पदार्थ खाने से नवविवाहिता की हुई मौत....
8 Apr, 2023 11:10 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
देवरिया जिले के सलेमपुर कोतवाली थाना क्षेत्र के एक गांव की नवविवाहिता शुक्रवार की रात जहरीला पदार्थ खा लिया। हालात बिगड़ने के बाद परिजनों ने आनन फानन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां इमरजेंसी वार्ड में ड्यूटी कर रहे डॉक्टर ने महिला को मृत घोषित कर दिया।
मौत के बाद नवविवाहिता के मायके वालों ने प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए, उसे जान से मारने की बात कह रहे हैं। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने नवविवाहिता की सास और ससुर को हिरासत में लेकर कोतवाली में बैठाई हुई है।
कोतवाली थाना क्षेत्र के ठोका चुरामन गांव निवासी भगवान तिवारी के इकलौते बेटे मुकेश तिवारी का शादी बिहार के बक्सर जिला के अंतर्गत आने वाले साहोपार गांव निवासी रानी पांडेय (20) से 13 दिसंबर को हुआ था। मुकेश के परिजनों के मुताबिक, शादी के बाद दोनों के बीच अक्सर विवाद हुआ करता था। जिसके चलते एक माह पूर्व मुकेश गुजरात एक प्राइवेट कंपनी में कमाने के लिए चला गया। उसके बाद भी दोनों
फोन पर अक्सर विवाद करते रहते थे।
शुक्रवार की देर रात नवविवाहिता रानी पांडेय ने अपने सास-ससुर को भोजन देने के बाद अपने घर में सोने चली गई। इसी बीच उसने जहरीला पदार्थ खा लिया। जिसके बाद उसकी हालत गंभीर हुई तो वह इसकी जानकारी अपने सास-ससुर को दी।
आनन-फानन परिजनों ने उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां नवविवाहिता को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंचे नवविवाहिता के मायके वालों ने प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए उसे जान से मारने की बात कही। जिसके बाद पुलिस ने उसके साथ ससुर को हिरासत में लेकर कोतवाली में बैठा लिया।
कोतवाल गोपाल पांडेय ने बताया कि नवविवाहिता की मौत के बाद उसके सास- ससुर को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
यूपी में कोरोना संक्रमण बढ़ने के बाद जारी हुई गाइडलाइन....
8 Apr, 2023 10:54 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या एक बार फिर बढ़नी शुरू हो गई है। प्रदेश सरकार ने कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए गाइडलाइन जारी कर दी गई हैं। अब विदेश से आने वालों की कोविड सैंपलिंग होना अनिवार्य है। यदि कोई भी व्यक्ति संक्रमित मिलता है तो महज 24 घंटे के अंदर उसकी कांटेक्ट ट्रेसिंग भी की जाएगी। जिससे संक्रमित के संपर्क में आने वाले लोगों की भी सैंपलिंग की जा सके।
गाइडलाइन के अनुसार खांसी जुकाम, बुखार के साथ सांस लेने वाले मरीजों की 24 घंटे के अंदर जांच कराई जाएगी। जो भी मरीज कोविड ग्रसित मिलेंगे सभी का सैंपल जीनोम सिक्वेंसिंग के लिए लखनऊ के केजीएमयू में भेजा जाएगा। कोरोना के बाद सक्रिय नहीं रहे कोविड कमांड सेंटर को भी दोबारा से सक्रिय करने की तैयारी है। इसी के साथ आशा और आंगनबाड़ी को कोविड के लक्षण वाले मरीजों को मेडिसिन किट भी बांटने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
उधर, गाइड लाइन जारी होने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने भी तैयारियां शुरू कर दी हैं। 11 और 12 अप्रैल को कोविड का माकड्रिल भी होना है। इससे पहले ही सभी वेंटिलेटर, आक्सीजन बेड, आइसीयू, दवाएं और लाजिस्टिक को पूरा करना है। सीएमओ डा. बलवीर सिंह का कहना है कि जब कोरोना के मरीज बढ़ना शुरू हुए थे उसी वक्त उन्होंने सभी कुछ दुरुस्त करा लिया था। यदि मरीजों की संख्या बढ़ी तो उनके पास पर्याप्त संसाधन हैं।
पहले बेटा अब मां कोरोना संक्रमित, कुल सात लोग पीड़ित
शुक्रवार को जिले में दो और कोरोना संक्रमित मरीज मिले। जिसमें एक कर्मचारी नगर की रहने वाली एक महिला शामिल है। बीते दिनों पीड़ित का बेटा कोरोना संक्रमित मिला था। उसके संपर्क में आने के बाद महिला को भी सर्दी जुकाम शुरू हो गया। जांच कराई तो रिपोर्ट पाजिटिव आई है। तो वहीं दूसरी ओर एक राजकीय डिग्री कालेज की महिला सहायक प्रोफेसर भी कोरोना संक्रमित मिली हैं। वह बीते दिनों दिल्ली गई थी वहां से वापस आने पर बुखार आया। तो जांच कराई, जांच में कोरोना की पुष्टि हुई है।
पटना समेत 23 जिलों के तापमान में बढ़ोतरी, तीन दिन और चढ़ेगा पारा....
8 Apr, 2023 10:36 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पटना समेत प्रदेश में मौसम करवट लेनवाला है। राज्य में तेज हवा का प्रवाह है। वहीं, मौसम विभाग के अनुसार अगले दो से तीन दिन में पटना समेत कई जिलों के तापमान में बढ़ोतरी होगी।
राज्य में सतही हवा का तेज प्रवाह दूसरे दिन भी जारी रहा। हवा का प्रवाह 10-15 किमी प्रतिघंटे रहा। जबकि हवा के झोंके की रफ्तार 25-30 किमी प्रतिघंटा रही। पटना सहित प्रदेश के दक्षिणी भागों में इसका प्रभाव अधिक रहा।
प्रदेश में अगले 24 घंटे के दौरान तेज हवा का प्रवाह बने रहने के आसार है। मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार एक ट्रफ मध्यप्रदेश से विदर्भ होते हुए तमिलनाडु तक बना है। इनके प्रभाव से प्रदेश में हवा की गति में वृद्धि के आसार है।
इस दौरान प्रदेश का मौसम आमतौर पर शुष्क बना रहेगा। पटना समेत प्रदेश के 23 जिलों के अधिकतम तापमान में शुक्रवार को वृद्धि दर्ज की गई। 38.3 डिग्री सेल्सियस के साथ शेखपुरा और खगड़िया में सर्वाधिक अधिकतम तापमान दर्ज किया गया।
वहीं, पटना का अधिकतम तापमान 37.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दरभंगा, भागलपुर, गया के अधिकतम तापमान में आंशिक कमी आई है।
इन शहरों के तापमान में आई वृद्धि
के अधिकतम तापमान में 0.1 डिग्री, नवादा में 0.1 डिग्री, औरंगाबाद में 0.4 डिग्री, मोतिहारी में 0.5 डिग्री, वाल्मीकि नगर में 0.2 डिग्री, सुपौल में 0.1 डिग्री, सबौर में 0.2 डिग्री, जमुई में 0.3 डिग्री, किशनगंज में 0.5 डिग्री, फारबिसगंज में 0.6 डिग्री, वैशाली में 0.4 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई।
प्रमुख शहरों का तापमान
पटना का अधिकतम तापमान 37.7 और न्यूनतम तापमान 16.9 दर्ज किया गया। गया का अधिकतम तापमान 37.2 और न्यूनतम तापमान 21.0, भागलपुर का अधिकतम तापमान 37.0 और न्यूनतम तापमान 16.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
पूर्णिया का अधिकतम तापमान 35.9 और न्यूनतम तापमान 17.6, मुजफ्फरपुर का अधिकतम तापमान 34.8 और न्यूनतम तापमान 14.1 डिग्री दर्ज किया गया।
CM सोरेन ने जगरनाथ महतो को दी श्रद्धांजलि..
7 Apr, 2023 05:38 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दिवंगत शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो को श्रद्धांजलि देने पहुंचे। इसके अलावा विधानसभा अध्यक्ष रवींद्र नाथ महतो और अन्य विधायकों ने भी रांची पहुंचकर जगरनाथ महतो को श्रद्धांजलि दी। जगरनाथ महतो का छह अप्रैल को चेन्नई के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया था।जानकारी के मुताबिक, झारखंड के मंत्री जगरनाथ महतो का पार्थिव शरीर शुक्रवार सुबह रांची लाया गया। अंतिम दर्शन के लिए उनके पार्थिव शरीर को झारखंड विधानसभा परिसर में रखा गया। मंत्रियों और विधायकों ने उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की।
दरअसल, झारखंड के शिक्षा एवं साक्षरता मंत्री महतो (56) का गुरुवार को चेन्नई के एक अस्पताल में निधन हो गया था। उनका इलाज चल रहा था।रांची के बिरसा मुंडा हवाई अड्डे पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, विपक्ष के नेता और पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी, केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी, कैबिनेट मंत्री मिथिलेश ठाकुर और आलमगीर आलम सहित सत्तारूढ़ और विपक्षी दलों के नेता मंत्री के अंतिम दर्शन के लिए मौजूद थे।
विधानसभा परिसर में झारखंड के कैबिनेट मंत्री चंपई सोरेन, बादल पत्रलेख, बन्ना गुप्ता और मिथिलेश ठाकुर, विपक्ष के नेता बाबूलाल मरांडी, निर्दलीय विधायक सरयू राय और कई अन्य ने पुष्पांजलि अर्पित की।
विधानसभा के बाद उनके पार्थिव शरीर को झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) कार्यालय में अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा, जहां से उसे उनके पैतृक स्थान बोकारो स्थित सिमराकुली अलार्गो गांव ले जाया जाएगा और वहां पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
मिट्टी लदी ट्रैक्टर की चपेट में आने से स्कूटी सवार छात्रा की मौत...
7 Apr, 2023 03:53 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बलिया के सुखपुरा थाना क्षेत्र के करनई नई बस्ती के पास शुक्रवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। मिट्टी लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से स्कूटी सवार महिला की मौत हो गई। हादसे की सूचना से परिजनों में कोहराम मचा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
भरखरा गांव निवासी दीपक शर्मा की पत्नी आशा शर्मा (32) शांति हॉस्पिटल में जीएनएम का क्लास करने जा रही थी। करनई चट्टी करनई नई बस्ती के पास अनियंत्रित ट्रैक्टर ट्रॉली की चपेट में आ गई। हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर दौड़े। घायल महिला को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मचा है। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लिया है। चालक फरार है।
मालगाड़ी की चपेट में आने से युवक की मौत
भदोही जिले में गोपीगंज कोतवाली क्षेत्र के किसुनदेव रेलवे ट्रैक पर शुक्रवार सुबह मालगाड़ी की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। खमरिया के लक्षमणिया निवासी श्यामजीत यादव (25) युवक किसी काम से जंगीगंज की तरफ गया हुआ था।
जहां दानीपुर-जंगीगंज के ट्रैक पर वह वाराणसी जा रही मालगाड़ी की चपेट में आ गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।