उत्तर प्रदेश (ऑर्काइव)
गोरखपुर में अनियंत्रित होकर अज्ञात वाहन से टकराई युवकों की कार, तीन की मौत, तीन घायल...
1 Jan, 2023 03:38 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
उत्तर प्रदेश : गोरखपुर में नव वर्ष पर पिकनिक मनाने बनारस जा रहे युवकों की कार देर रात करीब दो बजे अज्ञात वाहन से टकरा गई। हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन युवक घायल हो गए। घायलों का इलाज मेडिकल कालेज में चल रहा है। हादसा बेलीपार थाना इलाके के महोब गांव के पास गोरखपुर-बनारस एनएच 28 फोरलेन पर हुआ।
जानकारी के अनुसार महराजगंज जिले के निचलौल के युवक कार में सवार होकर नव वर्ष पर पिकनिक मनाने बनारस जा रहे थे। अभी उनकी कार गोरखपुर के बेलीपार इलाके के महोब गांव के पास पहुची थी कि तभी अज्ञात वाहन से टकरा गई। हादसे में कार में सवार 6 युवक घायल हो गए। रात में ही सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को मेडिकल कालेज भर्ती कराया। अब्दुल, आशीष और आयुष की मौत हो गई। जबकि अरबाज , गोलू चौहान व शिवांश मिश्र घायल हो गया। सभी युवकों की उम्र 18 से 25 वर्ष के बीच है। सभी महराजगंज के निचलौल के रहने वाले हैं।
घर में सो रहे व्यापारी की गला काट कर हत्या
1 Jan, 2023 03:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
सोनभद्र । जिले में सदर कोतवाली क्षेत्र के बभनौली गांव में चंडी तिराहे के समीप अज्ञात बदमाशों ने चाकू से व्यापारी के गर्दन पर वार पर मौत के घाट उतार दिया। शनिवार को बृजेश पांडे उर्फ दीपू पांडे (40) पुत्र स्वर्गीय धर्मेंद्र पांडे का खून से लथपथ चारपाई पर शव मिला। घटना की जानकारी मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक सीओ समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचकर शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
पुलिस के अनुसार बृजेश पांडे उर्फ दीपू पांडे पुत्र स्वर्गीय धर्मेंद्र पांडे निवासी बुडहर कला वर्तमान में चंडी तिराहा बभनौली अपने मकान में रहते थे। बभनौली में ही उनकी लकड़ी का टाल है। टाल और मकान एक ही परिसर में है। शनिवार की सुबह दीपू का बरामदे में चारपाई पर खून से लथपथ शव को देख सन्न रह गए। उनके गर्दन पर चाकू से कई वार किए गए थे। घटना की जानकारी मिलते हैं फोर्स के साथ कोतवाल बालमुकुंद मिश्रा चौकी प्रभारी संजय सिंह मौके पर पहुंच गए। कुछ ही देर बाद अपर पुलिस अधीक्षक विजय शंकर मिश्रा सीओ राहुल पांडे भी घटनास्थल पहुंच कर जांच-पड़ताल करने में जुट गए। घटना के वक्त दूसरे कमरे में मृतक की पत्नी आराधना अपने दो बेटी और एक बेटे के साथ सो रहे थी।
झारखंड के चिकित्सकों ने ‘बायोमेट्रिक अटेंडेंस सिस्टम’ का किया बहिष्कार....
1 Jan, 2023 02:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
झारखंड सरकार के डॉक्टरों ने शनिवार को बायोमेट्रिक अटेंडेंस मशीन में खामी बताते हुए इसका बहिष्कार किया और इसमें अंगूठा नहीं लगाया। डॉक्टरों का कहना है कि जब तक इसकी खामियां दूर नहीं हो जातीं तब तक वे ऐसा करते रहेंगे। प्रदर्शनकारियों ने दावा किया कि बायोमेट्रिक सिस्टम से उपलब्ध कराए गए आंकड़ों के आधार पर उनमें कुछ का वेतन गलत तरीके से काटा गया है। नाम न छापने की शर्त पर स्वास्थ्य विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, वेतन बायोमेट्रिक अटेंडेंस सिस्टम के अनुसार दिया गया है।
झारखंड स्वास्थ्य सेवा संघ (जेएचएसए) के आह्वान के बाद डॉक्टर समय पर अपने कार्यस्थल कार्यालयों, अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों पर पहुंचे, लेकिन विरोध दर्ज करने के लिए उन्होंने बायोमेट्रिक अटेंडेंस मशीन में अंगूठा नहीं लगाया। जेएचएसए के एक पदाधिकारी ने बताया, इसके बजाय उन्होंने मैन्युअल अटेंडेंस रजिस्टर में हस्ताक्षर किए।
जेएचएसए ने आरोप लगाया कि स्वास्थ्य विभाग ने कुछ चिकित्सा अधिकारियों के दिसंबर के वेतन को रोक दिया है और कुछ अन्य लोगों का वेतन काट लिया है, जिनकी बायोमेट्रिक अटेंडेंस पूरी नहीं हुई थी।
स्वास्थ्य निदेशक डॉ. कृष्ण कुमार ने कहा, स्वास्थ्य निदेशालय रांची के उप निदेशकों ने आज बायोमेट्रिक सिस्टम से अपनी अटेंडेंस दर्ज कराई। इसलिए यह नहीं कहा जा सकता है कि सभी चिकित्सा अधिकारियों ने इसका बहिष्कार किया है।
तेंदुए को पकड़ने में असफल वन विभाग, 50 से ज्यादा ट्रैप कैमरे, एक ड्रोन, फिर भी आदमखोर तेंदुआ का पता नहीं...
1 Jan, 2023 01:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
झारखंड के 50 गांवों में आतंक फैलाने वाले तेंदुए की तलाश में वन विभाग खाक छान रहा है। झारखंड वन विभाग ने 50 से अधिक ट्रैप कैमरे, एक ड्रोन और बड़ी संख्या में अधिकारियों को लगाया है, लेकिन पलामू संभाग में 10 दिसंबर से चार बच्चों को मारने वाला आदमखोर तेंदुआ अब भी लापता है। अब, विभाग ने तेंदुए को पकड़ने के लिए हैदराबाद के प्रसिद्ध शिकारी नवाब शफत अली खान को शामिल किया है। आशंका जताई जा रही है कि गढ़वा में तीन और लातेहार जिले में एक सहित चारों को एक ही तेंदुए ने मारा है। पीड़ितों की उम्र छह और 12 साल के बीच है। जिले के तीन ब्लॉक रामकंडा, रंका और भंडारिया के 50 से अधिक गांवों में तेंदुए का आतंक कायम है, जहां ग्रामीणों को वन विभाग द्वारा सूर्यास्त के बाद बाहर नहीं निकलने के लिए कहा गया है।
रामकंडा प्रखंड के किसान रवींद्र प्रसाद ने कहा तेंदुए के डर से हमारी रातों की नींद उड़ी हुई है। महिलाएं और बच्चे ज्यादातर डरे हुए हैं। शाम को कर्फ्यू जैसी स्थिति बन जाती है। गढ़वा वन प्रभाग ने तेंदुए को नरभक्षी घोषित करने के लिए गुरुवार को राज्य के मुख्य वन्यजीव वार्डन को एक प्रस्ताव प्रस्तुत किया था और इसने नवाब शफत अली खान और पूर्व विधायक गिरिनाथ सिंह सहित तीन शिकारियों के नाम भी सुझाए हैं।
राज्य के प्रमुख वन्यजीव वार्डन शशिकर सामंत ने समाचार एजेंसी से कहा कि पशु को आदमखोर घोषित करने के लिए कुछ आधिकारिक औपचारिकताएं हैं। हमारी पहली प्राथमिकता ट्रैंकुलाइजेशन के जरिए तेंदुए को पकड़ना है, जो विशेषज्ञों द्वारा ही संभव है। इसलिए, हमने नवाब शफत अली खान से सलाह ली है। हमारे प्रयास में मदद करने के लिए। वह न केवल एक विशेषज्ञ है बल्कि एक जानवर की पहचान करने और उसे नियंत्रित करने के लिए नवीनतम उपकरणों से भी लैस है।
फिर दिखा पशु प्रेम : गोरखनाथ मंदिर बैठक कर रहे थे सीएम योगी तभी अचानक गोद में आकर बैठ गई बिल्ली..
1 Jan, 2023 11:57 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
गोरखपुर । विकास, कानून व्यवस्था और जन कल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में प्रदेश को देश भर में उदाहरण के रूप में प्रतिष्ठित करने वाले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हर जीव-जंतु के प्रति करुणा और स्नेह बरसाने के लिए भी जाने जाते हैं। मानव ही नहीं, पशुओं को भी उनका स्नेहिल सानिध्य खूब भाता है।
सीएम योगी मंचों से भी कहते रहे हैं कि पशु-पक्षियों को यह पता होता है कि कौन उनका मित्र है और कौन शत्रु। उनका यह कहना एक बार फिर चरितार्थ हुआ शनिवार को गोरखनाथ मंदिर में। हुआ यूं कि मुख्यमंत्री मंदिर के अपने कार्यालय में बैठे थे तभी एक बिल्ली उनकी गोद में आकर अधिकार भाव से बैठ गई। उसके इस अंदाज पर वह मुस्कुराने लगे। बिल्ली काफी देर तक उनकी गोद में मैत्री भाव व सुकून के साथ बैठी रही। मुख्यमंत्री ने भी उसे खूब दुलारा।
मुख्यमंत्री के गोद में बैठी बिल्ली की तस्वीर जैसे ही ट्वीटर पर आई, लाइक करने की झड़ी लग गई। लोग मुख्यमंत्री के पशु प्रेम के एक बार फिर मुरीद हो गए। गोसेवक के रूप में मुख्यमंत्री की ख्याति पहले से ही है। वह जब भी गोरखनाथ मंदिर आते हैं कुछ समय गोशाला में जरूर गुजारते हैं। इस दौरान वह गायों को अपने हाथ से गुड़-चना खिलाते हैं। अपने श्वान कालू व गुल्लू के साथ खेलना भी वह कभी नहीं भूलते।
ट्वीटर पर जैसे ही मुख्यमंत्री की गोद में बैठी बिल्ली की तस्वीर आई, लोग मोहित हो गए। महज आधे घंटे में इस ट्वीट को 3500 से अधिक लोग लाइक मिल गई और 550 से अधिक लोगों ने रीट्वीट कर दिया। 73 हजार से अधिक लोगों ने उस तस्वीर को देख लिया।इसके पहले इसी वर्ष अक्टूबर में गोरखपुर शहीद अशफाक उल्ला खां प्राणि उद्यान में जब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तेंदुए के शावक को बड़ प्यार से दूध पिलाया था। उस तस्वीर ने भी ट्वीटर धूम मचा दिया था।