देश (ऑर्काइव)
अमान्य और शून्य विवाह से पैदा हुए बच्चों को भी माता-पिता की पैतृक संपत्ति में हक मिलेगा - सुप्रीम कोर्ट
2 Sep, 2023 08:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली । सुप्रीम कोर्ट ने कहा है अमान्य और शून्य विवाह से पैदा हुए बच्चों को भी माता-पिता की पैतृक संपत्ति में हक मिलेगा। ऐसे बच्चों को भी वैध कानूनी वारिसों के साथ हिस्सा मिलेगा। सुप्रीम कोर्ट ने यह नई व्यवस्था दी। अब तक ऐसी संतानों को माता- पिता की स्वत: अर्जित संपत्ति में ही हिस्सा मिलता था। हिंदू मैरिज एक्ट की धारा 16(3) का दायरा बढ़ाया गया है। 11 साल बाद सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले का निपटारा किया।
सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस डीवाई चंद्रचूड़, जस्टिस जेबी पारदीवाला और जस्टिस मनोज मिश्रा का यह अहम फैसला शुक्रवार को आया।
हिंदू मैरिज एक्ट की धारा 16(3) में कहा गया है कि अमान्य और शून्य विवाह से पैदा हुए बच्चों को माता-पिता की पैतृक संपत्ति में अधिकार नहीं होगा। अदालत को तय करना था कि किसी अमान्य और शून्य विवाह से पैदा हुए बच्चों को हिंदू कानून के अनुसार माता-पिता की पैतृक संपत्ति में अधिकार है या नहीं? साथ ही पिता की मृत्यु से पहले मां-पिता दोनों अलग हो जाते हैं तो ऐसी स्थिति में पैदा हुआ बच्चा पिता पक्ष की विरासत में मिली संपत्ति का हकदार होगा या नहीं?
सीजेआई जस्टिस डीवाई चंद्रचूड़, जस्टिस जेबी पारदीवाला और जस्टिस मनोज मिश्रा की पीठ ने हिंदू विवाह अधिनियम 1955 की धारा 16(3) का दायरा बढ़ाने से होने वाले असर पर सुनवाई की।
सुनवाई के दौरान सीजेआई जस्टिस चंद्रचूड़ ने हिंदू उत्तराधिकार अधिनियम के प्रमुख प्रावधानों की व्याख्या करते हुए कहा कि हिंदू उत्तराधिकार अधिनियम को 2005 में संशोधित किया गया था। इसकी धारा 6 के बारे में कहा कि याचिका के मुताबिक अधिनियम की अधिसूचना के बाद और प्रतिस्थापन से पहले के कालखंड में उस हिंदू पुरुष की मृत्यु हो गई थी। ऐसे में यदि वह हिंदू संयुक्त परिवार संपत्ति रखता है तो उसका हिस्सा उत्तरजीविता द्वारा हस्तांतरित होगा, न कि अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार।
क्या शून्य या अमान्य विवाह से पैदा हुए बच्चों को हिंदू कानून के अनुसार माता-पिता की पैतृक संपत्ति में अधिकार होगा? सुप्रीम कोर्ट ने इस बात पर चर्चा की थी कि क्या पिता की मृत्यु से पहले काल्पनिक विभाजन के मामले में, शून्य या शून्यकरणीय विवाह से उक्त पिता से पैदा हुआ बच्चा उक्त काल्पनिक विभाजन में पिता द्वारा विरासत में मिली संपत्ति का हकदार होगा?
अपीलकर्ता पक्ष ने यह भी तर्क दिया कि मामला उन बच्चों से संबंधित है जिन्हें 1955 में हिंदू विवाह अधिनियम के लागू होने से पहले वास्तव में वैध माना जाता था। याचिकाकर्ताओं ने 14 अगस्त को हुई सुनवाई में कहा था कि 1955 से पहले, द्विविवाह कोई अपराध नहीं था। इसलिए दूसरी या तीसरी शादी से हुए सभी बच्चे सहदायिक होते थे। कोई हिंदू विवाह के लिए वैध और हिंदू उत्तराधिकार के लिए अवैध नहीं हो सकता। यदि किसी बच्चे को कानून के प्रयोजन के लिए वैध माने जाने की शर्त यह है कि उसका जन्म उसके पिता के यहां हुआ है, तो बच्चा सहदायिक होने की शर्तों को भी पूरा करता है।
रक्षाबंधन के दिन भाई की हार्ट अटैक से मौत,बहन ने राखी बांध दी विदाई
1 Sep, 2023 04:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पेद्दापल्ली । तेलंगाना के पेद्दापल्ली में एक बहन के लिए रक्षाबंधन का पर्व मातम में बदल गया। रक्षाबंधन के दिन भाई की हार्ट अटैक से मौत हो गई। इसके बाद बहन ने भाई को आखिरी बार राखी बांधकर अंतिम विदाई दी। यह देखकर सभी की आंखें नम हो गईं।
पेद्दापल्ली से झकझोर देने वाली तस्वीरें सामने आईं हैं। यहां एक शख्स की मौत के बाद उसकी बहन ने उसकी कलाई पर राखी बांधी तब सब देखकर रो पड़े। घटना का वीडियो सामने आया है, जो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है।
पेद्दापल्ली के गांव में रहने वाले चौधरी कनकैया नाम के शख्स को कथित तौर पर अचानक दिल का दौरा पड़ गया था, जिससे कनकैया की मौत हो गई। इस घटना के बाद घर में कोहराम मच गया. बहन का भी रो-रोकर बुरा हाल है। पूरा परिवार सदमें में आ गया।
चौधरी कनकैया की छोटी बहन अपने भाई के शव के पास पहुंची और कलाई पर राखी बांधी। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि चौधरी की बहन गौरम्मा पुत्तेदु के साथ रिश्तेदार भी मौजूद हैं। घर में पसरे मातम के बीच चौधरी कनकैया की कलाई पर उनकी बहन ने रोते-बिलखते हुए राखी बांधकर अंतिम विदाई दी।
जी-20 सम्मेलन के लिए दुल्हन की तरह सज रही दिल्ली
1 Sep, 2023 03:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली । जी20 सम्मेलन के आयोजन में महज कुछ ही दिन शेष है। इसकारण दिल्ली और आस-पास के इलाकों को भी खूबसूरत बनाने की दिशा में दिन रात प्रयास हो रहे हैं। दिल्ली सरकार के लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि सभी महत्वपूर्ण सड़कों पर काम 31 अगस्त की समय सीमा में ही पूरा हो जाए। पीडब्ल्यूडी के विशेष सचिव शशांक आला द्वारा जारी आदेश के अनुसार, 4 सितंबर को इंस्टॉलेशन और उपकरणों के ड्राई रन की भी योजना बनाई गई है।
अधिकारियों को 1 सितंबर से 7 सितंबर के बीच फव्वारों, लाइटों, पंपों, मोटरों के कामकाज की सख्ती से जांच करने और सड़कों, फुटपाथों और फुटपाथों की सफाई सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया गया है।
बता दें कि जी-20 सम्मेलन के लिए सड़क किनारे पौधे लगाने के साथ-साथ, फुव्वारा, जी-20 का लोगो, सेंट्रल वर्ज का काम, साथ ही चारों तरफ हरियाली के लिए काफी संख्या में अलग-अलग तरह के खूबसूरत पौधे लगाने का काम, दीवारों पर पेंटिंग्स, मूर्तियां, रंग बिरंगी लाइट्स लगाई जा रही है। जी-20 सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए जो विदेशी मेहमान आ रहे हैं, उन्हें दिल्ली की खूबसूरती मनमोहन लगे और किसी भी इलाके में गंदगी ना रहे, इसके प्रयास भी लगातार हो रहे हैं।
भारत में 50 नए कोविड मामले दर्ज
1 Sep, 2023 02:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली । केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि पिछले 24 घंटों के दौरान देश भर में 50 से अधिक कोरोना मामले दर्ज हुए हैं मंत्रालय के नए अपडेट के अनुसार, 50 नए मामलों के साथ कुल केस बढ़कर 4,49,97,167 हो गया। दूसरी ओर, 51 लोग इस बीमारी से उबर चुके हैं, इससे इसकी संख्या 4,44,63,717 हो गई है। रिकवरी दर 98.81 फीसदी रही। सक्रिय मामले 1,520 हैं। मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, एक और व्यक्ति की वायरस से मौत होने से मरने वालों की संख्या बढ़कर 5,31,930 हो गई। अब तक कोविड-19 वैक्सीन की 220.67 करोड़ से अधिक खुराकें दी जा चुकी हैं।
तीन दशकों से फरार आठ आतंकवादियों को गिरफ्तार किया
1 Sep, 2023 10:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
श्रीनगर । जम्मू-कश्मीर की जांच एजेंसी और आपराधिक जांच विभाग के एक विशेष अभियान के दौरान फरार आठ आतंकवादियों को गिरफ्तार किया है। जम्मू-कश्मीर की जांच एजेंसी और आपराधिक जांच विभाग ने समाज में घुल-मिलकर रहने वाले अपराधियों और आतंकवादियों की तलाश शुरू कर दी है, जिसके मद्देनजर यह अभियान चलाया गया था।
पुलिस अधिकारी के मुताबिक, आपराधिक जांच विभाग (सीआईडी) की खुफिया जानकारी की सहायता से राज्य जांच एजेंसी (एसआईए) के जासूसों ने महीनों तक चुपचाप काम कर लगभग तीन दशकों के बाद आतंकवादी और विघटनकारी गतिविधि (रोकथाम) अधिनियम के मामलों में वांछित आठ आतंकवादियों को पकड़ लिया है। एसआईए ने अपने बड़े उद्देश्य और जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद का सफाया करने का लक्ष्य हासिल करने के तहत आतंकवाद से संबंधित मामलों में सभी भगौड़ों का पता लगाने और उन्हें अदालत के समक्ष पेश करने के लिए एक विशेष अभियान शुरू किया है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि कश्मीर में 417 और जम्मू में 317 सहित कुल 734 भगौड़ों में से 327 लोग आतंकवादी और विघटनकारी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (टाडा) और आतंकवाद निरोधक अधिनियम (पोटा) के मामलों में वांछित थे। एसआईए ने अब तक 369 भगौड़ों का सत्यापन और पहचान की है, जिसमें से 215 जम्मू में और 154 कश्मीर में हैं। उन्होंने कहा कि 369 सत्यापित भगौड़ों में से 80 की मौत हो चुकी है, 45 पाकिस्तान या पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) और अन्य देशों में रह रहे हैं, 127 का पता नहीं चल पाया है, जबकि चार जेलों में हैं।
पुलिस अधिकारी के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए आठ भगौड़े आतंकवादी और विघटनकारी गतिविधियों में शामिल थे और उन पर तीन दशक पहले डोडा जिले के विभिन्न पुलिस थानों में टाडा के तहत मामला दर्ज किया गया था तथा जम्मू की टाडा अदालत में आरोप-पत्र दायर किया गया था। अधिकारी ने कहा कि इनमें से कुछ भगौड़े सरकारी सेवाओं में शामिल होने और अनुबंध हासिल करने में कामयाब रहे, जबकि अन्य निजी व्यवसायों और यहां तक कि अदालतों में नौकरी हासिल करने में कामयाब हो गए।
गिरफ्तार किए गए लोगों में से एक जम्मू का आदिल फारूक फरीदी है, जो वर्तमान में जम्मू-कश्मीर स्कूल शिक्षा बोर्ड में तैनात एक सरकारी कर्मचारी है। इशफाक अहमद डोडा अदालत परिसर में काम कर रहा था। गिरफ्तार अन्य अपराधियों की पहचान मोहम्मद इकबाल, मुजाहिद हुसैन, तारिक हुसैन, इश्तियाक अहमद देव, अजाज अहमद और जमील अहमद के रूप में की गई है।
छड़ी मुबारक के दर्शन के साथ अमरनाथ यात्रा समाप्त
1 Sep, 2023 09:30 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
श्रीनगर। बाबा अमरनाथ की यात्रा गुरूवार को छड़ी मुबारक के दर्शन के साथ समाप्त हो गई। छड़ी मुबारक भगवा कपड़े में लिपटी भगवान शिव की पवित्र छड़ी है। जो 26 अगस्त को श्रीनगर के एक अखाड़े से बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए निकली थी।
महात्माओं और साधु संतों के साथ 30 अगस्त को वो शेषनाग से पंजतरणी के लिए रवाना हुई थी। आज वो पवित्र गुफा पहुंचेगी और पूजा-अर्जना करके दर्शन करेगी। महंत दीपेंद्र गिरि के नेतृत्व में उगते सूरज के साथ उसकी पवित्र गुफा में स्थापना की जाएगी। इसके बाद उसे वापस श्रीनगर स्थित अखाड़े में ले जाया जाएगा। मीडिया रिपोट्र्स के मुताबिक, इस साल पांच लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं ने बाबा बर्फानी के दर्शन किए हैं। पिछले साल के मुकाबले इस बार अमरनाथ गुफा के दर्शन करने ज्यादा भक्त आए।
रिपोर्ट के मुताबिक, अमरनाथ यात्रा संपन्न होने के बाद इसके दोनों रास्तों पर सफाई का अभियान चलेगा। अमरनाथ जी श्राइन बोर्ड के सदस्य और स्थानीय लोग रास्तों को साफ करेंगे। बाबा बर्फानी की गुफा तक पहुंचने के दो रास्ते हैं। पहला पहलगाम, ये पारंपरिक रास्ता है, जिसकी चढ़ाई आसान है। करीब 47 किमी के इस रास्ते को तय करने में 2-3 तीन दिन लग जाते हैं। दूसरा रास्ता है वाया बालटाल। ये नया ट्रैकिंग रूट है, जो 14 किमी यानी पहलगाम के मुकाबले आधे से भी कम है। इसकी चढ़ाई एक दिन में की जा सकती है।
इस साल 1 जुलाई को शुरू हुई अमरनाथ यात्रा ने 37 दिन बाद 6 अगस्त को पिछले साल दर्शन करने आए श्रद्धालुओं का रिकॉर्ड तोड़ दिया। इस तारीख तक लगभग 4 लाख 17 हजार से ज्यादा श्रद्धालुओं ने दर्शन किए थे। जबकि पिछले साल पूरे सीजन में 3 लाख 65 हजार यात्रियों ने बाबा बर्फानी के दर्शन किए थे।
इसरो ने दी एक और खुशखबरी
1 Sep, 2023 08:30 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
विक्रम से 15 मीटर दूर पहुंच गया प्रज्ञान और फिर...
नई दिल्ली। चंद्रयान-3 को चांद के दक्षिणी ध्रुव पर लैंड हुए एक हफ्ते का समय पूरा हो चुका है। इस दौरान, चंद्रयान-3 ने चांद की तस्वीरों, वहां के तापमान समेत तमाम तरह की जानकारियां इसरो कमांड सेंटर में भेजी हैं। इसरो ने बुधवार रात में फिर से गुड न्यूज दी है। उसने रोवर प्रज्ञान द्वारा खींची गईं विक्रम लैंडर की तस्वीरों को शेयर किया है। पहले दोपहर में फोटो शेयर करने के बाद रात में फिर से नई तस्वीरों को साझा किया। रोवर प्रज्ञान जानकारियों को इक_ा करने के उद्देश्य से विक्रम लैंडर के 15 मीटर दूर पहुंच गया और फिर वहां से उसने बुधवार सुबह 11 बजे विक्रम लैंडर की खूबसूरत तस्वीरें क्लिक कीं। इसरो ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर विक्रम लैंडर की दो तस्वीरें पोस्ट कीं। इसे प्रज्ञान ने 30 अगस्त को सुबह 11.04 मिनट पर खींचा है। इसमें चांद की सतह पर विक्रम शान से खड़ा हुआ दिखाई दे रहा है। इसरो ने ट्वीट करते हुए लिखा सीमाओं से परे, चंद्रमा के दृश्यों के पार। एक बार फिर, सहयात्री प्रज्ञान ने विक्रम को तस्वीर में कैद किया। यह प्रतिष्ठित तस्वीर सुबह 11 बजे के आसपास लगभग 15 मीटर से ली गई थी।
प्रज्ञान ने पहली बार ली विक्रम की तस्वीर, इसरो ने सोशल मीडिया पर जारी की तस्वीर
31 Aug, 2023 12:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बेंगलुरु । चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव क्षेत्र में सॉफ्ट लैंडिंग के बाद प्रज्ञान रोवर लैंडर विक्रम से नीचे उतरकर अपने काम में लगा हुआ है। प्रज्ञान अब तक एक टेरा बाइट से अधिक डेटा भेज चुका है। साथ ही चंद्रमा की सतह के टेम्परेचर प्रोफाइल को लेकर भी महत्वपूर्ण जानकारियां भेजी हैं। अब तक विक्रम लैंडर ने प्रज्ञान रोवर की तस्वीरें भेजी थीं, लेकिन अब पहली बार प्रज्ञान ने विक्रम की तस्वीर ली है, इस तस्वीर को इसरो ने जारी किया है।
इसरो ने ट्वीट में लिखा, ‘स्माइल प्लीज! प्रज्ञान रोवर ने बुधवार की सुबह विक्रम लैंडर की एक तस्वीर क्लिक की। फोटो रोवर प्रज्ञान पर लगे नेविगेशन कैमरे द्वारा ली गई। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने बताया कि चंद्रयान-3 के एक अन्य उपकरण ने चंद्रमा पर कई तत्वों की मौजूदगी का पता लगाया है। विशेष रूप से, इसतरह के संकेत प्राप्त किए हैं, जो चांद पर सल्फर की उपस्थिति की पुष्टि करते हैं जिनका प्रत्यक्ष प्रमाण अभी तक उपलब्ध नहीं था।
इसके पहले इसरो ने कहा, चंद्रयान-3 के रोवर प्रज्ञान पर लगे लेजर-प्रेरित ब्रेकडाउन स्पेक्ट्रोस्कोपी उपकरण ने दक्षिणी ध्रुव के पास चंद्र सतह की मौलिक संरचना पर पहली बार इन-सीटू मेजरमेंट किया है। ये इन-सीटू मेजरमेंट स्पष्ट रूप से क्षेत्र में सल्फर (एस) की उपस्थिति की पुष्टि करते हैं, यह कुछ ऐसा है जो ऑर्बिटर पर लगे उपकरणों द्वारा संभव नहीं था। प्रारंभिक विश्लेषण ने चंद्र सतह पर एल्युमीनियम, सल्फर, कैल्शियम, आयरन, क्रोमियम, और टाइटेनियम की उपस्थिति का खुलासा किया है। आगे के इन-सीटू मेजरमेंट से मैंगनीज (एमएन), सिलिकॉन (सी), और ऑक्सीजन (ओ) की उपस्थिति का पता चला है। हाइड्रोजन की उपस्थिति के संबंध में गहन जांच चल रही है।
चंद्रमा पर विभिन्न तत्वों की उपस्थिति और प्रचुरता के बारे में जानकारी इकट्ठा करना चंद्रयान-3 मिशन के प्रमुख विज्ञान उद्देश्यों में से एक है, इस दिशा में एक से अधिक उपकरण काम कर रहे हैं। रोवर प्रज्ञान पर एलआईबीएस उपकरण, जिसे इसरो की इलेक्ट्रो-ऑप्टिक्स सिस्टम लेबोरेटरी द्वारा विकसित किया गया है, चट्टानों या मिट्टी से प्लाज्मा उत्पन्न करने के लिए एक हाई-एनर्जी पल्सर का उपयोग करता है।
सिंतबर को पहली तारीख को होंगे ये बदलाव, सिंलेडर 200 रुपये सस्ता मिलेगा
31 Aug, 2023 11:15 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली । अगस्त का महीना खत्म होने वाला है। सितंबर का महीना शुरू होते ही पहली तारीख को कई बदलाव देखने में मिल सकते हैं। यह बदलाव सीधे आम आदमी की जेब पर असर डालते हैं। इसके बाद आपको इन बदलावों के बारे में जानकारी होना जरूरी है। एक सितंबर से भी कई बदलाव होने जा रहे हैं। इनका सीधा संबंध आपकी जेब से है।
मोदी सरकार के केंद्रीय कैबिनेट ने गैस सिलेंडर पर 200 रुपये की छूट देने का ऐलान किया है। उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को पहले से मिल रही 200 रुपये की सब्सिडी के अलावा यह लाभ अलग से मिलेगा। 30 अगस्त से देशभर में नई कीमतें लागू हो गई है। इसके बाद सितंबर में आपको गैस सिलेंडर के लिए 200 रुपये कम चुकाना पड़ेगा।
वहीं आधार कार्ड को जारी करने वाली संस्था भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (यूआईडीआईए) ने आधार यूजर्स को फ्री में आधार अपडेट करने की सुविधा दी है। अगर आप अपना आधार फ्री में अपडेट करना चाहते हैं, तब आपको यह काम 14 सितंबर, 2023 तक निपटा लेना चाहिए। दरअसल, यूआईडीएआई ने 14 सितंबर तक फ्री में आधार अपडेट करने की डेडलाइन तय की है। वहीं आरबीआई ने 2,000 रुपये के नोटों को एक्सचेंज और जमा करने के लिए 4 महीने का समय दिया था। इसके लिए 30 सितंबर 2023 तक की डेडलाइन रखी गई है। ट्रेडिंग और डीमैट अकाउंटहोल्डर्स के लिए नॉमिनेशन करने या फिर नॉमिनेशन से वापस लेने की डेडलाइन 30 सितंबर 2023 तक बढ़ा दी है। अगर आपने डीमैट अकाउंट में नॉमिनेशन की प्रक्रिया को पूरा नहीं किया है, तब यह काम भी आपको 30 सितंबर तक पूरा कर लेना चाहिए।
इसके अलावा सरकारी तेल कंपनियां एलपीजी सिलेंडर के साथ-साथ कमर्शियल सिलेंडर की कीमत में भी बदलाव कर सकती हैं। ये कंपनियां हर महीने की 1 और 16 तारीख को एलपीजी की कीमत में बदलाव करती हैं। इसके अलावा पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) और कंप्रेस्ड नेचुरल गैस (सीएनजी) के रेट में भी बदलाव हो सकता है।
सिंतबर में कई महत्वपूर्ण त्यौहार के कारण बैंकों में रहेगा अवकाश
31 Aug, 2023 10:15 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली । अगस्त का महीना बीत गया है। कल से नया माह शुरू हो जाएगा। सितंबर 2023 में अगर आपका बैंक में जाकर कोई काम निपटाने का इरादा है, तब आपको बैंक की छुट्टियों की जानकारी लेकर ही अपनी योजना करनी चाहिए। सितंबर में अलग-अलग मौकों पर कुल 16 दिन बैंक बंद रहने वाले है। इसमें हर रविवार के साथ हर दूसरे और चौथे शनिवार को होने वाला हॉलिडे भी शामिल है।
आरबीआई के छुट्टियों की लिस्ट जारी कर दी है। सितंबर के महीने में कई महत्वपूर्ण त्यौहार मनाए जाएंगे। इसकारण ज्यादा छुट्टियों होगी। सितंबर में ही कृष्ण जन्माष्टमी, गणेश चतुर्थी और ईद ए मिलाद जैसे त्योहार आएंगे। यहां यह जान लेना जरूरी है कि पूरे देश के बैंक सितंबर में 16 दिन बंद नहीं रहने वाले है। कई अवकाश राष्ट्रीय स्तर के हैं। उस दिन पूरे देश में बैंकिंग सेवाएं बंद रहेंगी। वहीं, कुछ होलीडे स्थानीय या क्षेत्रीय स्तर के हैं।
3 सितंबर को रविवार के कारण पूरे देश में बैंक बंद रहने वाले हैं। 6 सितंबर को श्री कृष्ण जन्माष्टमी के कारण भुवनेश्वर, चेन्नई, हैदराबाद, पटना में बैंक बंद रहने वाले हैं। वहीं 7 सितंबर को श्री कृष्ण जन्माष्टमी के कारण अहमदाबाद, चंडीगढ़, देहरादून,गंगटोक, तेलंगाना, जयपुर, जम्मू, कानपुर, लखनऊ, रायपुर, रांची, शिलांग, शिमला और श्रीनगर में बैंक में अवकाश रहेगा। 9 सितंबर को दूसरे शनिवार के कारण पूरे देश में बैंक बंद रहेगा। 10 सितंबर को रविवार के कारण पूरे देश में बैंकों में अवकाश रहेगा। 17 सितंबर, 2023 रविवार के कारण पूरे देश में बैंक बंद रहेगा। 18 सितंबर को विनायक चतुर्थी के कारण बेंगलुरु, तेलंगाना में बैंक बंद रहेगा। 19 सितंबर को गणेश चतुर्थी के कारण अहमदाबाद, बेलापुर, भुवनेश्वर, मुंबई, नागपुर, पणजी में बैंक बंद रहेगा। 20 सितंबर को गणेश चतुर्थी और नुआखाई के कारण कोच्चि और भुवनेश्वर में बैंक बंद रहेगा। 22 सितंबर को श्री नारायण गुरु समाधि दिवस के मौके पर कोच्चि, पणजी और त्रिवेंद्रम में बैंकों पर ताला रहेगा।
23 सितंबर, 2023 चौथे शनिवार के कारण पूरे देश में बैंक बंद रहेगा। 24 सितंबर को रविवार के कारण बैंक बंद रहेगा। 25 सितंबर को श्रीमंत शंकरदेव की जयंती के कारण गुवाहाटी में बैंकों में अवकाश रहेगा। 27 सितंबर को मिलाद ए शरीफ के कारण जम्मू, कोच्चि, श्रीनगर और त्रिवेंद्रम में बैंक में बंद रहेगा। 28 सितंबर को ईद ए मिलाद के कारण अहमदाबाद, आइजोल, बेलापुर, बेंगलुरु, भोपाल, चेन्नई, देहरादून, तेलंगाना, इंफाल, कानपुर, लखनऊ, मुंबई, नागपुर, नई दिल्ली, रायपुर, रांची में बैंक बंद रहेगा। 29 सितंबर, 2023 ईद ए मिलाद उन नबी के कारण गंगटोक, जम्मू और श्रीनगर में बैंक बंद रहेगा।
चंद्रयान 3 की डिजाइन बनाने वाले फर्जी व्यक्ति को क्राइम ब्रांच ने किया गिरफ्तार
31 Aug, 2023 09:15 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
सूरत । इसरो के चंद्रयान-3 मिशन के लैंडर के डिजाइन बनाने का दावा करने मितुल त्रिवेदी को सूरत सिटी पुलिस की क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि त्रिवेदी के दावों को इसरो के अधिकारियों ने सिरे से खारिज कर दिया है, इसके कारण उसकी गिरफ्तारी हुई। त्रिवेदी ने हाल ही में चंद्रयान-3 के लैंडर के डिजाइन के पीछे एक प्रमुख व्यक्ति होने के अपने दावे को लेकर लोगों का ध्यान आकर्षित किया, उन्होंने दावा किया कि इनोवेशन ने लैंडिंग पर धूल के बिखरने को रोका। पुलिस ने शुरू में त्रिवेदी को वेरिफिकेशन के लिए बुलाया था, लेकिन अपने दावों को साबित करने में असमर्थता के चलते मामला क्राइम ब्रांच ने देखा। वहीं बेंगलुरु स्थित इसरो मुख्यालय ने अंतरिक्ष एजेंसी के साथ उसके इस दावे का खंडन किया। पुलिस ने त्रिवेदी की क्वालिफिकेशन की जांच की। उनके दावे प्रतिष्ठित इंस्टीट्यूशन में एकेडमिक के दावों तक विस्तारित हुए, इनमें क्वांटम फिजिक्स के लिए कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी और एंथ्रोपोलॉजी और वेदांत के लिए ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी शामिल हैं, जिसका समापन पीएचडी में हुआ।
त्रिवेदी ने भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण में सदस्यता और 45 प्राचीन भाषाओं को पढ़ने में असाधारण दक्षता का भी दावा किया था। बाद में उन्हें सूरत पुलिस की स्पेशल ब्रांच के डीसीपी हेतल पटेल ने तलब किया। अधिकारियों ने उनके दावे के समर्थन में दस्तावेजों का अनुरोध किया था, जिसे पूरा करने में त्रिवेदी विफल रहे। यह पहली बार नहीं है जब त्रिवेदी ने असाधारण दावे किए हैं। इससे पहले उन्होंने दक्षिण गुजरात के ओलपाड के पास समुद्र में द्वारिका नाम की एक स्वर्ण नगरी के अस्तित्व पर दावा किया था।
चंद्रयान-3 ने भेजा डेटा, सतह पर 70 डिग्री सेल्सियस तापमान
31 Aug, 2023 08:16 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली । चंद्रयान-3 द्वारा दक्षिणी ध्रुव के चंद्रमा की सतह के तापमान पर अपना पहला निष्कर्ष भेजने के बाद वैज्ञानिकों ने कहा कि सतह के पास 70 डिग्री सेल्सियस तापमान होने की उम्मीद नहीं थी। चंद्रयान 3 जिस सतह पर उतरा और अपने प्रयोगों को अंजाम दे रहा है, वहां 20 से 30 डिग्री के बीच तापमान का अनुमान लगाया गया था। इसरो का मानना था कि सतह पर तापमान 20 से 30 डिग्री सेंटीग्रेड के आसपास हो सकता है, लेकिन यह 70 डिग्री सेंटीग्रेड है।
इसरो वैज्ञानिक बी एच दारूकेशा ने कहा, यह आश्चर्यजनक रूप से हमारी उम्मीद से अधिक है। पृथ्वी पर, शायद ही कोई ऐसी भिन्नता है और इसलिए चंद्रयान 3 के पहले निष्कर्ष बहुत दिलचस्प हैं। उन्होंने कहा, ‘जब हम पृथ्वी के अंदर दो से तीन सेंटीमीटर जाते हैं, तब हम मुश्किल से दो से तीन डिग्री सेंटीग्रेड भिन्नता देखते हैं, जबकि वहां (चंद्रमा में) यह करीब 50 डिग्री सेंटीग्रेड भिन्नता है। यह कुछ दिलचस्प है।
दक्षिणी ध्रुव के आसपास चंद्रमा की सतह पर तापमान में भिन्नता 70 डिग्री सेल्सियस से शून्य से 10 डिग्री सेल्सियस नीचे तक है। यह पहली बार है जब इसरो के चंद्रयान 3 के सौजन्य से दुनिया की वैज्ञानिक बिरादरी को जानकारी मिली।
इसरो द्वारा जारी ग्राफ में चंद्रमा की सतह के तापमान की जांच विक्रम पेलोड द्वारा अलग-अलग गहराई पर की गई है। जैसा कि चार्ट से पता चलता है, जमीन पर तापमान 50 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहता है और यह 20 सेमी की ऊंचाई पर 60 डिग्री से अधिक बढ़ जाता है। -80 सेमी गहराई पर, जो जमीन के नीचे है, तापमान शून्य से 10 डिग्री सेल्सियस नीचे तक गिर जाता है। दिन के दौरान तापमान मापा गया है, क्योंकि चंद्रमा में अभी भी एक चंद्र दिवस चल रहा है।
गाजियाबाद में 3 बच्चों समेत डेंगू के 13 नए केस मिले संख्या 272 पर पहुंची
30 Aug, 2023 10:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
गाजियाबाद । डेंगू के केस अब तेजी से बढ़ने लगे हैं। सरकारी अस्पतालों की ओपीडी में पहुंचने वाले मरीजों की जांच कराने पर भी डेंगू की जांच रिपोर्ट पाजिटिव आ रही है। मंगलवार को ओपीडी में पहुंचे 25 मरीजों की जांच करने पर आठ की रिपोर्ट पाजिटिव आई है। कुल 79 मरीजों की जांच करने पर तीन बच्चों समेत डेंगू के 13 नए केस मिले हैं। इनमें पांच महिलाएं भी शामिल हैं। विजयनगर , क्रासिंग, वैशाली, राजेंद्रनगर, साहिबाबाद, मुरादनगर, नंदग्राम, बागू, लालकुआं, अर्थला और दौलतपुरा में केस मिले हैं। जिला सर्विलांस अधिकारी डा.आरके गुप्ता ने बताया कि अब तक डेंगू के कुल 272 केस मिल चुके हैं। मलेरिया के 14 और स्क्रब टायफस के भी 14 केस मिल चुके हैं। 68 टीमों ने 63 क्षेत्रों के 2209 घरों का सर्वे किया। इस दौरान 29 घरों में एडीज मच्छर का लार्वा मिलने पर उसे तुरंत नष्ट कराया गया। चार लोगों को नोटिस दिया गया है। 67 स्थानों पर कीटनाशक दवाओं का छिड़काव कराया गया सितंबर माह में विशेष अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग की 886 टीमें शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में घर-घर जाकर कुष्ठ रोगियों को तलाशेंगी सघन कुष्ठ रोगी खोज एवं नियमित निगरानी अभियान को सफल बनाने के लिए स्थानीय लोगों का सहयोग लिया जाएगा। सीएमओ डॉ. भवतोष शंखधर ने बताया कि वर्तमान में जिले में 84 कुष्ठ रोगियों का उपचार चल रहा है। कुष्ठ रोग की जल्दी पहचान होने से रोगी को विकलांगता से बचाया जा सकता है और मल्टी ड्रग थेरेपी के जरिए रोगी पूरी तरह से ठीक हो जाता है। इस दौरान लोगों को लक्षणों के बारे में जानकारी दी जाएगी। गठित टीम में एक आशा और एक वालंटियर को शामिल किया गया है। प्रत्येक टीम को एक हजार की आबादी का लक्ष्य दिया गया है। विजयनगर, खोड़ा और लोनी क्षेत्र को अतिसंवेदनशील घोषित करते हुए विशेष निगरानी बरतने के निर्देश दिए हैं।
प्रज्ञान रोवर ने खींची विक्रम लैंडर की फोटो, ISRO ने बताया, ‘इमेज ऑफ द मिशन’
30 Aug, 2023 06:13 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बेंगलुरु । भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान केंद्र (ISRO) ने चंद्रयान-3 मिशन की ताजा फोटो जारी की है। इसरो ने बताया कि विक्रम लैंडर से नीचे उतरने के बाद प्रज्ञान रोवर पूरी सटीकता से काम कर रहा है। अब रोवर ने लैंडर की तस्वीर खींची है, जिसे इसरो ने अपने एक्स हेंडल पर जारी किया है।
इसरो ने इसे ‘इमेज ऑफ मिशन’ करार दिया है। इसरो ने बताया कि रोवर (NavCam) पर लगे नेविगेशन कैमरे ने यह तस्वीर ली है। मिशन की सफलता के लिए महत्वपूर्ण NavCams को बेंगलुरु में इलेक्ट्रो-ऑप्टिकल सिस्टम प्रयोगशाला (LEOS) द्वारा विकसित किया गया था। प्रज्ञान रोवर ने हाल ही में चंद्रमा पर आक्सीजन और सल्फर का पता लगाया है। वैज्ञानिकों के मुताबिक, अब हाइड्रोजन का पता लगाया जा रहा है। यहि हाइड्रोजन मिलती है तो इससे चंद्रमा पर ईंधन का विकल्प खोजा जा सकेगा।
सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र से पूछा - जम्मू-कश्मीर में कब होंगे चुनाव
30 Aug, 2023 01:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली । जम्मू-कश्मीर में धारा 370 को हटाने के खिलाफ दाखिल याचिकाओं पर लगातार सुनवाई चल रही है। सुनवाई के दौरान चीफ जस्टिस ने केंद्र सरकार से पूछा कि जम्मू-कश्मीर में चुनाव कब होंगे और राज्य का दर्जा कब वापस मिलेगा?
सॉलिसिटर जनरल मेहता ने कोर्ट को बताया कि सरकार से निर्देश मिला है कि लद्दाख स्थायी रूप से केंद्र शासित प्रदेश रहेगा, जबकि जम्मू-कश्मीर अस्थायी रूप से ही मौजूदा स्थिति में रहेगा। लद्दाख में कारगिल और लेह में स्थानीय निकाय के चुनाव होंगे।
एसजी ने गृह मंत्री के लोकसभा में दिए गए जवाब का हवाला दिया। उसमें अमित शाह ने कहा था कि जम्मू कश्मीर में स्थिति सामान्य होते ही पूर्ण राज्य का दर्जा बहाल कर दिया जाएगा। सरकार को इसमें कोई आपत्ति नहीं है। वहीं जम्मू कश्मीर में विधान सभा चुनाव को लेकर सरकार 31 अगस्त को बताएगी।
धारा 370 को हटाए जाने के खिलाफ दाखिल याचिकाओं पर 12वें दिन सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के दौरान एसजी तुषार मेहता ने दलीलें आगे बढ़ाईं। इसमें उन्होंने कहा कि हम तीन मुख्य बिंदुओं पर दलील देंगे। इनमें पहला- अनुच्छेद 370 पर हमारी व्याख्या सही है। दूसरा- राज्य पुनर्गठन अधिनियम और तीसरा अनुच्छेद 356 लागू होने पर विधायका की शक्ति के मापदंडों पर। सॉलिसिटर जनरल ने कहा कि संविधान निर्माताओं ने कभी भी अनुच्छेद 370 को स्थायी रूप में लाने का इरादा नहीं किया था। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि सीमावर्ती राज्य होने की वजह से विशेष राज्य का दर्जा बहाल रखने की दलील भी लचर है क्योंकि जम्मू कश्मीर इकलौता सीमावर्ती राज्य नहीं है।
इस दौरान सीजेआई ने सीधे पूछा कि सरकार जम्मू कश्मीर में चुनाव कब करा रही है? सीजेआई ने एसजी तुषार मेहता से वो कानून दिखाने को भी कहा कि उन्हें राज्य के पुनर्गठन की शक्ति कहां से मिली? मेहता ने अनुच्छेद तीन के हवाले से बताया कि संसद को किसी राज्य की सीमा तय करने और केंद्रशासित प्रदेश बनाने के अधिकार हैं। सीजेआई ने पूछा कि आपने एक ही केंद्रशासित प्रदेश क्यों नहीं रहने दिया? जम्मू कश्मीर और लद्दाख दो क्यों बनाए?
जस्टिस संजय किशन कौल ने पूछा कि अगर आप लद्दाख को अलग किए बिना पूरा ही केंद्र शासित प्रदेश बनाते तो क्या असर होता? एसजी मेहता ने कहा कि पहले अलग करना अनिवार्य और अपरिहार्य है। असम और त्रिपुरा को भी पहले अलग कर केंद्र शासित प्रदेश ही बनाया गया था। एक स्टेट को केंद्र शासित प्रदेश नहीं घोषित किया जा सकता। सीजेआई ने कहा कि चंडीगढ़ को पंजाब से ही विशिष्ट तौर पर अलग कर केंद्रशासित बनाकर दोनों राज्यों की राजधानी बनाया गया।