अंबाला। बलदेव नगर थाना क्षेत्र के गुरुनानक नगर में चरित्र पर संदेह के चलते एक युवक ने अपनी 32 वर्षीय पत्नी पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर उसकी निर्मम हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। मृतका के भाई की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी के लिए तलाश शुरू कर दी है।

शक के चलते आए दिन करता था मारपीट

पटियाला के धीरू नगर निवासी नन्नू ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी बहन हिना का विवाह करीब 13 वर्ष पूर्व बहादुरगढ़ निवासी बंटी के साथ हुआ था। दोनों वर्तमान में गुरुनानक नगर में किराये के मकान में रह रहे थे। परिजनों का आरोप है कि बंटी बेहद शकी मिजाज का व्यक्ति है और वह चरित्र पर बेबुनियाद शक करते हुए अक्सर हिना के साथ गाली-गलौज व मारपीट करता रहता था।

तलाक की बात पर भड़का आरोपी, पेट और सीने पर किए वार

शिकायत के अनुसार रविवार शाम करीब साढ़े चार बजे बंटी अत्यधिक शराब के नशे में घर पहुंचा और हिना के साथ झगड़ा करने लगा। रोज-रोज के विवाद और प्रताड़ना से परेशान होकर जब हिना ने उससे अलग होने व तलाक लेने की बात कही, तो आरोपी आक्रोशित हो उठा। उसने रसोई में जाकर धारदार छुरी उठाई और हिना के पेट व सीने पर एक के बाद एक कई जानलेवा वार कर दिए।

अस्पताल पहुंचने से पहले ही तोड़ा दम, तलाश में जुटी पुलिस

लहूलुहान हालत में परिजन व आसपास के लोग गंभीर रूप से घायल हिना को तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के उपरांत उसे मृत घोषित कर दिया। वारदात के तुरंत बाद आरोपी पति मौके से भाग निकला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और विभिन्न ठिकानों पर दबिश देकर फरार आरोपी की तलाश की जा रही है।