बस पलटने से मचा कोहराम, 8 श्रद्धालुओं की दर्दनाक मौत
चंडीगढ़। पंजाब के फतेहगढ़ साहिब में श्रद्धालुओं से भरी बस पलट गई। हादसे में आठ लोगों की माैत हो गई है। एसएचओ बलवीर सिंह ने बताया कि सुबह 10 बजे कंट्रोल रूम से सूचना मिली कि चुन्नी मरांडा रोड पर एक हादसा हो गया है। पुलिस मौके पर पहुंची, जहां बस पलटी हुई थी। घायलों को अस्पताल भेजा गया। 1-2 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी। उन्हें भी अस्पताल भेजा गया। कम से कम 7 लोगों की मौत हुई है। बस में लगभग 35 लोग सवार थे, जो मेन माजरी से गुरुद्वारा साहिब, फतेहगढ़ साहिब जा रहे थे... लोग बता रहे हैं कि नीचे से एक ज़ोरदार आवाज़ आई, जैसे एक्सेल टूट गया हो। इसके बाद गाड़ी बेकाबू होकर पलट गई। 20 लोग अस्पताल में हैं। एफएसएल टीम मौके पर पहुंच गई है... इसके बाद जो भी जरूरी कार्रवाई होगी, हम करेंगे।
बैसाखी मेले से लाैट रहे थे श्रद्धालु
बताया जा रहा है कि फतेहगढ़ साहिब से करीब 40 श्रद्धालु श्री आनंदपुर साहिब में बैसाखी मेले गए थे। फतेहगढ़ साहिब के एसपी शुभम अग्रवाल के अनुसार घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया और उनका इलाज जारी है। मृतकों की पहचान की प्रक्रिया भी जारी है। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है। गांव मैन माजरी में इस घटना से गहरा दुख है, क्योंकि एक ही गांव के कई लोगों की जान चली गई। कुछ परिवारों ने अपने एक से अधिक सदस्यों को खो दिया, जिससे माहौल बेहद गमगीन हो गया है। स्थानीय विधायक रुपिंदर सिंह हैप्पी ने हादसे पर शोक जताया है।
एडवोकेट धामी ने हादसे पर दुख जताया
शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी ने फतेहगढ़ साहिब में हुए हादसे में सात श्रद्धालुओं की मौत पर गहरा दुख जताया है। एडवोकेट धामी ने कहा कि इस भयानक हादसे में मारे गए श्रद्धालुओं के परिवारों के लिए यह बहुत दुख की घड़ी है। उन्होंने भगवान से दिवंगत हुए श्रद्धालुओं की आत्मिक शांति और घायलों के ठीक होने की प्रार्थना की। एडवोकेट धामी ने कहा कि शिरोमणि कमेटी दुख की इस घड़ी में परिवारों के साथ है और पीड़ितों की हर मुमकिन मदद की जाएगी।
सीएम ने जताया दुख
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने श्रद्धालुओं की मृत्यु पर दुख व्यक्त किया और कहा कि राज्य सरकार दुख की इस घड़ी में पीड़ितों के साथ खड़ी है। वहीं पंजाब कांग्रेस के प्रमुख अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने श्रद्धालुओं की मृत्यु पर शोक व्यक्त किया। वड़िंग ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा कि बस्सी पठाना के पास हुए दुखद बस हादसे से मैं बहुत दुखी हूं। जिन परिवारों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। वाहेगुरु इस कठिन समय में शोक संतप्त परिवारों को शक्ति प्रदान करें। उन्होंने कहा कि बैसाखी के अवसर पर श्री आनंदपुर साहिब से लौट रहे छह श्रद्धालुओं की एक दुखद बस दुर्घटना में हुई मृत्यु के बारे में सुनकर मुझे गहरा दुख हुआ है। मैं वाहेगुरु से प्रार्थना करता हूँ कि वे दिवंगत आत्माओं को चिर शांति प्रदान करें, शोकाकुल परिवारों को इस दुख को सहन करने की शक्ति दें, और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।"

बिहार को मिले नए उपमुख्यमंत्री, पीएम मोदी बोले- अनुभव से बढ़ेगी प्रगति की रफ्तार
