हरियाणा
हरियाणा : सबूत देने के लिए 'मृतक' युवक लगा रहा सरकारी दफ्तरों के चक्कर
3 Feb, 2024 05:44 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
हरियाणा | असंध निवासी युवक रवि खुद को जिंदा साबित करने के लिए प्रशासनिक कार्यालयों के चक्कर काट रहा है। परिवार पहचान पत्र में उसे मृत दिखाने के कारण अब उसके नाम का राशन बंद हो गया है। परिवार पहचान पत्र में नाम जुड़वाने और कटा राशन चालू कराने के लिए वह खुद को जिंदा साबित करने के लिए काफी दिनों ने दफ्तरों के चक्कर काट रहा है लेकिन उसका नाम नहीं जोड़ा जा रहा है।प्रशासनिक अधिकारी कागजी प्रमाण और दस्तावेज मांग रहे हैं। एसडीएम ने यह मामला संज्ञान में नहीं होने व दफ्तर पहुंचकर मामलों की जानकारी करने की बात कही है।
असंध के वार्ड-पांच निवासी 20 वर्षीय रवि ने बताया कि उनके परिवार में पांच सदस्य हैं। छह महीने पहले उसका नाम परिवार पहचान पत्र से काट दिया गया। उसने एसडीएम कार्यालय पहुंचकर जानकारी ली तो पता लगा कि परिवार पहचान पत्र में उसे मृत दिखाया गया है। परिवार पहचान पत्र में नाम कटने से उसका राशन बंद कर दिया गया। वह तीन साल से गन्नौर स्थित एक कपड़ा फैक्ट्री में काम कर रहा है। तभी से सरकारी कार्यालयों के चक्कर काट रहा है। हर बार उसे आश्वासन देकर लोटा दिया जाता है।
हरियाणा : बारिश और ओलावृष्टि से बदले मौसम के मिजाज
2 Feb, 2024 12:27 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
हिसार। प्रदेश में बुधवार को हुई ओलावृष्टि और वर्षा से मौसम बदल गया है। तापमान में उछाल हुआ। साथ ही अब तीन फरवरी से नया पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव होगा जो तीन दिन तक वर्षा कर सकता है। यह भूमध्य सागर से एक्टिव होकर अफगानिस्तान और पाकिस्तान से होता हुआ नार्थ इंडिया को प्रभावित करेगा। इससे पहाड़ों में बर्फबारी के साथ ही मैदानी इलाकों में वर्षा होने की संभावना है।वहीं मौसम विज्ञानियों का कहना है कि बुधवार को पश्चिमी विक्षोभ में लो क्लाउड के चलते ओलावृष्टि हुई है। प्रदेश के झज्जर में 25 एमएम तो करनाल में 12.1, यमुनानगर में 12, हिसार में 10.3, रोहतक में 20 एमएम, जींद में 9 एमएम, भिवानी में 6.2, अंबाला में 6 एमएम, गुरुग्राम में 0.5 एमएम वर्षा हुई। मौसम में तेजी से बदलाव हो रहा है।
मौसम विज्ञानियों की तरफ से 31 जनवरी के बाद वर्षा होने की संभावना व्यक्त की गई थी।पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव होने से प्रदेश में ओलावृष्टि और वर्षा हुई। इसके साथ ही न्यूनतम और अधिकतम तापमान में गैप कम हुआ है। वर्षा के चलते न्यूनतम तापमान में उछाल हुआ है। गुरुग्राम का न्यूनतम तापमान 13.3 डिग्री तक पहुंच गया।इसी प्रकार अंबाला में दोनों तापमान में गैप कम हुआ। हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डा. मदन खीचड़ ने बताया कि तीन से पांच फरवरी तक एक्टिव होगा। यह विक्षोभ हलका होगा। इससे तीन दिन तक हल्की वर्षा होने की संभावना है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु करेंगी 37वें सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय हस्तशिल्प मेले का उद्घाटन
2 Feb, 2024 11:44 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
फरीदाबाद। देश-विदेश के हस्तशिल्पियों का महाकुंभ आज से शुरू होगा। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 37वें सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय हस्तशिल्प मेला का बतौर मुख्य अतिथि उद्घाटन करेंगी। कार्यक्रम में राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय और मुख्यमंत्री मनोहर लाल विशिष्ट अतिथि के तौर पर उपस्थित रहेंगे।केंद्रीय भारी उद्योग राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर, पर्यटन एवं स्कूल शिक्षा मंत्री कंवरपाल गुर्जर, परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा भी उपस्थित रहेंगे। मेले में लगभग 50 देश भाग ले रहे हैं।संयुक्त गणराज्य तंजानिया की पार्टनर कंट्री के रूप में भागीदारी है। थीम राज्य गुजरात है। विभिन्न कला रूपों और हस्तशिल्प के माध्यम से अलग-अलग प्रदेश अपनी अनूठी संस्कृति और समृद्ध विरासत का प्रदर्शन करेंगे।हरियाणा पर्यटन निगम के प्रबंध निदेशक तथा सूरजकुंड मेला प्राधिकरण के मुख्य प्रशासक डॉ. नीरज कुमार ने बताया कि प्रतिदिन मेले में मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। डॉ. नीरज कुमार ने बताया कि पूर्वोत्तर के आठ राज्य सांस्कृतिक भागीदारी कर रहे हैं। अरुणाचल प्रदेश, असम, मणिपुर, मेघालय, मिजोरम, नागालैंड, सिक्किम और त्रिपुरा की शिल्पकला का नमूना देखने को मिलेगा।
हरियाणा सरकार की सब्सिडी के लिए चार फिल्मों का चयन, मिलेंगे 50 लाख से लेकर दो करोड़ रुपये
1 Feb, 2024 02:06 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
चंडीगढ़। हरियाणा सरकार द्वारा “हरियाणा फिल्म एवं मनोरंजन नीति-2022” के तहत सब्सिडी के लिए चार फिल्मों का चयन किया गया है। यह चयन हरियाणा फिल्म प्रमोशन बोर्ड के अंतर्गत गठित गवर्निंग काउंसिल की बैठक में हुआ है। जिसकी अध्यक्षता गवर्निंग काउंसिल की चेयरपर्सन फिल्म अभिनेत्री मीता वशिष्ठ ने की।चयनित फिल्मों को 50 लाख रूपये से लेकर दो करोड़ रुपये तक की सब्सिडी दी जाएगी। सूचना, जनसंपर्क, भाषा एवं संस्कृति विभाग के महानिदेशक एवं काउंसिल के सदस्य सचिव मनदीप सिंह बराड ने बैठक के बाद बताया कि राज्य सरकार द्वारा आयोजित एक समारोह में चयनित फिल्मों को सब्सिडी दी जाएगी।
प्रदेश के गठन से लेकर अब तक वर्तमान सरकार ने पहली बार फिल्म नीति लागू की है। इस नीति का मुख्य उद्देश्य प्रदेश की लोक संस्कृति को संरक्षण देने के साथ-साथ फिल्मों के माध्यम से उसे प्रोत्साहित करना है। फिल्म नीति बनने के उपरांत “सिंगल-विंडो” शूटिंग अनुमति एवं सब्सिडी प्रोत्साहन से बॉलीवुड के अलावा अन्य भाषाओं में फिल्में बनाने वाले निर्माताओं ने हरियाणा की तरफ रुख किया है।बैठक में काउंसिल के सदस्यों शामिल अभिनेत्री सुमित्रा हुड्डा, अभिनेता यशपाल शर्मा और हरीश कटारिया ने भी भागीदारी की। पूर्व आईपीएस अनिल कुमार, प्रसिद्ध फिल्म मेकर एवं स्क्रिप्ट राइटर रूमी जाफरी और मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार राजीव जेटली वर्चुअल माध्यम से बैठक में जुड़े।
चंडीगढ़ के सभी स्कूलों में आज छुट्टी की घोषणा
27 Jan, 2024 12:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
चंडीगढ़ के स्कूलों में आज अवकाश है। प्रशासक यूटी चंडीगढ़ के सलाहकार ने चंडीगढ़ के सभी सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त और निजी स्कूलों में कल यानी 27 जनवरी को छुट्टी की घोषणा की है।हाल ही में कड़ाके की ठंड को देखते हुए तथा मौसम की संवेदनशीलता को देखते हुए चंडीगढ़ प्रशासन ने 23, 24 और 25 जनवरी को चंडीगढ़ के सभी सरकारी और निजी स्कूलों में कक्षा पांचवीं तक के छात्राओं को फिजिकल मोड में कक्षाएं चलाने पर पाबंदी लगा दी थी। स्कूलों में कक्षाएं केवल ऑनलाइन कक्षा ही आयोजित करवाई जा सकती थी।
हरियाणा:सोनीपत के दो जांबाजों को वीरता पुरस्कार
26 Jan, 2024 02:33 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
दिल्ली में कर्तव्य पथ पर होने वाले गणतंत्र दिवस समारोह में सोनीपत जिले के दो जांबाजों को उनके साहस के लिए वीरता (गैलेंट्री) अवॉर्ड से सम्मानित किया जाएगा। दोनों जांबाज दिल्ली में बतौर निरीक्षक अपनी सेवाएं दे रहे हैं। इनमें गोहाना के गांव बुटाना निवासी विक्रम सांगवान तो दूसरे खरखौदा के गांव हलालपुर निवासी विक्रम दहिया हैं। दोनों जांबाज 2008 बैच के हैं। इनके अलावा भगत फूल सिंह (बीपीएस) महिला विश्वविद्यालय की छात्रा बिंदु राजपथ पर पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय की झांकी का नेतृत्व करती नजर आएंगी।
गोहाना के गांव बुटाना निवासी विक्रम सांगवान दिल्ली पुलिस के स्पेशल स्टाफ में बतौर निरीक्षक कार्यरत हैं।18 मई, 2022 को नीरज बवाना गैंग के दो बदमाशों को मुठभेड़ के बाद पकड़ा था। इस मुठभेड़ में पैर में गोली लगने से वह घायल हो गए थे। घायल होने के बावजूद उन्होंने बहादुरी का परिचय देते हुए क्रॉस फायरिंग करते हुए दोनों बदमाशों के पैर में गोली मारते हुए काबू कर लिया था। उनकी इस वीरता के लिए उनका नाम पुलिस पदक के लिए चयनित किया गया। विक्रम का पदक के लिए चयन होने पर उसके गांव और परिवार के लोग खुश हैं।
किन्हें दिया जाता है वीरता पुरस्कार
देश के लिए अपनी सेवाएं देने वाले सैनिक, पुलिस बल, होम गार्ड व सुरक्षा में जुटे अन्य लोगों को उनकी वीरता व बलिदान के लिए वीरता पुरस्कार दिया जाता है। अपनी ड्यूटी के दौरान अदम्य साहस दिखाने वाले जांबाजों को हर साल वीरता पुरस्कार से नवाजा जाता है।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने शान से लहराया तिरंगा
26 Jan, 2024 01:44 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
करनाल में गणतंत्र दिवस के मौके पर विशेष समारोह का आयोजन किया गया जिसमें मुख्यमंत्री मनोहर लाल मुख्य अतिथि के तौर पर आमंत्रित किए गए थे। उन्होंने कार्यक्रम मे शिरकत की और शान से तिरंगा लहराया।सीएम ने गणतंत्र दिवस परेड का निरीक्षण किया। इस वर्ष गणतंत्र दिवस समारोह पुलिस लाईन में मनाया जा रहा है। उन्होंने बलिदान स्मारक पर पुष्प चक्रअर्पित करने के उपरांत प्रात: 9 बजकर 58 मिनट पर राष्ट्रीय ध्वजारोहण किया। इसके बाद परेड का निरीक्षण किया तथा लोगों को अपना शुभ संदेश दिया।
चंडीगढ़ में At Home समारोह को लेकर पुलिस ने जारी की ट्रैफिक एडवाइजरी
26 Jan, 2024 01:16 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
गणतंत्र दिवस के मौके पर 'एट होम' समारोह के लिए चंडीगढ़ ट्रैफिक पुलिस ने यातायात को लेकर एडवाइजरी जारी की है। इसमें बताया गया है कि सड़कों पर आपातकालीन वाहनों को छोड़कर यातायात पर प्रतिबंध है। चंडीगढ़ गोल्फ क्लब के पास आम जनता के लिए मार्ग डायवर्ट कर दिया गया है।पंजाब राज भवन के सामने सेक्टर 5/6/7/8 के गोल चक्कर से विज्ञान पथ और सुखना पथ के टी-प्वाइंट तक सड़क पर आवाजाही रहेगी। दोपहर 2:00 बजे से पंजाब राजभवन में "एट होम" समारोह समाप्त होने तक आपातकालीन वाहनों को आने-जाने की अनुमति है।साथ ही 'एट होम' में आमंत्रित लोगों से अनुरोध किया गया है कि वे विज्ञान पथ पर सेक्टर 5/6/7/8 चौक से पंजाब राज भवन का रुख करें क्योंकि पंजाब राज भवन के सामने एक तरफा यातायात प्रणाली लागू की जाएगी। वहीं वाहनों की विंडस्क्रीन पर अधिकृत "पार्किंग लेबल" को प्रमुखता से प्रदर्शित करें।
हरियाणा : नौकरी लगवाने के नाम पर युवक से की धोखाधड़ी
25 Jan, 2024 04:59 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पुलिस शिकायत में रामपुरा निवासी सोनू पुत्र भूपेंद्र ने बताया कि उसके पास उसके गांव का सोनू पुत्र विक्रम और विक्रम पुत्र दलीप सिंह जुलाई 2022 को आए और कहा कि वह सरकारी नौकरी लगवाते हैं। वह तुझे भी एयरफोर्स या आर्मी में नौकरी लगवा देंगे। इसके बाद पीड़ित ने कहा कि उसे नौकरी की जरूरत है, अगर कहीं हो तो बता देना। इसके बाद पीड़ित के पिता ने विक्रम से बात की। 13 जुलाई 2022 को एयरफोर्स में एक पद खाली होने का पीड़ित के पास मैसेज किया।
इसके बाद पीड़ित सोनू से 50 हजार रुपये व कागजात मांगे। पीड़ित ने सोनू पुत्र विक्रम के फोन पे पर 50 हजार रुपये डाल दिए। इसके बाद दोषी सोनू ने पीड़ित के वाट्सएप पर एक नियुक्ति पत्र 18 जुलाई 2022 को भेजा। मैसेज मिलने के बाद पीड़ित युवक 19 जुलाई को दोषी के पास चला गया। उसके बाद उसे ट्रेनिंग के नाम पर 3 माह तक अपने पास चंडीगढ़ रखा। जो इन तीन माह में पीड़ित के 70 हजार रुपये जेब से खर्च हो गए।
इसके बाद आरोपी ने 19 जुलाई को 1 लाख रुपये और मांगे जिस पर पीड़ित ने अपने पिता से बात की। उसके पिता ने आरोपी विक्रम से बात की। इसके बाद पीड़ित के पिता ने आरोपी सोनू के कहने पर रेवाड़ी के धवाना निवासी अंकुश के खाते में 50 हजार रुपये डाले और 50 हजार रुपये आरोपी सोनू के फोने पे पर भेजे। इसके बाद आरोपी सोनू ने पीड़ित सोनू के पिता के नंबर पर फोन किया और कहा कि आप बचे हुए रुपये उसकी मौसी के लड़के अंकुश के खाते में डाल दे।
पीड़ित सोनू के पिता ने गांव के रामपुरा निवासी महेश के खाते से 20 जुलाई को आरोपी अंकुश के खाते में 4 लाख डाल दिए और पिड़ित के पिता ने उक्त महेश को नकद 4 लाख रुपये नकद वापिस कर दिए। इसके बाद 21 जुलाई को अंकुश के खाते में 2.5 लाख पीड़ित के पिता ने अपने गांव के विक्रम से डलवाएं और उसे वापिस 2.5 लाख रुपये नकद दे दिए। पीड़ित की तरफ से लगातार रुपये देने के बाद भी आरोपी नौकरी दिलाने की बात करता रहा।
लेकिन आरोपी एक-दो माह रुकने की बात कहते रहे। वह कहता कि आगे तुम्हारे दस्तावेज भेज दिए हैं और ट्रेनिंग भी अच्छी हो गई है। अब जल्द ही नियुक्ति पत्र आने वाला है। यह कह कर पीड़ित व उसके पिता को बार-बार दो माह का नाम लेकर टालते रहें। इसके बाद पीड़ित जहां उसे ट्रेनिंग के लिए लेकर गये थे वहां गया और एयरफोर्स कार्यालय में पूछताछ की तो उसे पता चला कि उसके साथ धोखाधड़ी हुई है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर तीनों व्यक्तियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी।
हरियाणा में आज भी कोल्ड डे रहने की संभावना
25 Jan, 2024 04:50 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
इसी तरह जनवरी माह में मंगलवार-बुधवार की रात 2021 के बाद सबसे ठंडी रही। इस दौरान न्यूनतम तापमान 3.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। यह तापमान पिछले 24 घंटे में 1.2 डिग्री सेल्सियस गिरा। यह जनवरी 2022 और 2023 में 3.4 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा रहा था। मौसम विभाग ने वीरवार को लेकर भी रेड अलर्ट जारी किया है। वीरवार को भी ठंडा दिन रहने के साथ-साथ घना कोहरा छा सकता है। साथ ही 28 जनवरी तक घने कोहरे को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि हरियाणा राज्य में मौसम आमतौर पर 30 जनवरी तक खुश्क रहने की संभावना है। इस दौरान हल्की गति से शीत हवाएं चलने की संभावना है। जिससे राज्य में दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी रहेगी, परंतु रात्रि तापमान में हल्की गिरावट होने के आसार हैं। इस दौरान ज्यादातर क्षेत्रों में अल सुबह धुंध छाई रहेगी। राज्य में पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से 26 व 27 जनवरी को बीच-बीच में आंशिक बादल रहने की संभावना है। एक और पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से 30-31 जनवरी को बादल और एक फरवरी को हवाएं व गरज चमक के साथ कहीं-कहीं बूंदाबांदी या हल्की बारिश होने की भी संभावना बन रही है।
फतेहाबाद में जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह आज, पंचायत मंत्री फहराएंगे तिरंगा
25 Jan, 2024 04:06 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
फतेहाबाद में गणतंत्र दिवस जिला स्तरीय समारोह स्थानीय पुलिस लाइन में मनाया जा रहा है। गणतंत्र दिवस की तैयारी पूरी कर ली गई है। आज पुलिस लाइन में फाइनल रिहर्सल का आयोजन किया जाना है, जिसमें विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों ने शानदार प्रस्तुति दी। आज फाइनल रिहर्सल में अच्छा कार्य करने वाली टीमों को सम्मानित भी किया जाएगा।
समारोह में पंचायत मंत्री देवेंद्र सिंह बबली बतौर मुख्यातिथि शिरकत करेंगे और झंडा फहराएंगे। वे 9 बजकर 58 बजे समारोह स्थल पर पहुंचेंगे और दस बजे ध्वजारोहण कर परेड का निरीक्षण करेंगे। इसके उपरांत जिला वासियों को शुभ संदेश देंगे। जिसके बाद विभिन्न विभागों की झांकियां प्रस्तुत की जाएगी।
गणतंत्र दिवस के मद्देनजर रखते हुए पुलिस सुरक्षा भी कड़ी की गई है। पिछले तीन दिनों से लगातार चेकिंग अभियान चल रहा है। होटलों व धर्मशालाओं का निरीक्षण किया जा रहा है। जिलाधीश अजय सिंह तोमर ने 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्य अतिथियों की सुरक्षा के मद्देनजर समारोह स्थल की 5 किलोमीटर के दायरे में धारा 144 लगाते हुए किसी भी प्रकार के मानव रहित हवाई उड़ान जैसे ड्रोन आदि का उपयोग व उड़ाने पर प्रतिबंध लगाया है।
हरियाणा : सीएम मनोहर लाल ने 176 करोड़ की विकास योजनाओं की दी सौगात
24 Jan, 2024 04:01 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रेवाड़ी जिला मुख्यालय पर हरियाणा के जनस्वास्थ्य मंत्री डॉ. बनवारी लाल की उपस्थिति में उद्घाटन एवं शिलान्यास समारोह का आयोजन हुआ। रेवाड़ी के लिए मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने वर्चुअल माध्यम से करीब 176 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं की मनोहर सौगात दी है। समारोह में विधायक कोसली गय लक्ष्मण यादव, हरियाणा पर्यटन निगम के चेयरमैन डॉ. अरविंद यादव, डीसी राहुल हुड्डा, भाजपा प्रवक्ता वंदना पोपली, पीपीपी कॉर्डिनेटर डॉ. सतीश खोला व सुनील मूसेपुर मौजूद रहे।रेवाड़ी शहर के फाटक नंबर 3 व 59 पर 86 करोड़ की लागत से बनाए जाने वाले रेलवे ओवरब्रिज आधारशिला रखी गई। मुख्यमंत्री द्वारा 42.7 करोड़ रुपए की लागत से रेवाड़ी के कुंड-खोल-मंदौला मार्ग पर करीब 19 किलोमीटर सडक़ व 46.19 करोड़ की लागत से रेवाड़ी शहांजापुर रोड का उद्घाटन भी किया गया।
हरियाणा : नकली डीएपी बेचने के आरोप में फर्म का लाइसेंस सस्पेंड
24 Jan, 2024 03:44 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
जींद के गांव बिरौली में दुकानदार ने किसान को नकली डीएपी खाद बेच दिया। खेत में डीएपी से असर नहीं होने पर कृषि एवं किसान कल्याण विभाग को इसकी शिकायत दी गई। शिकायत के बाद कृषि विभाग की टीम ने सैंपल भरे तो यह सैंपल फेल आए। इस पर फर्म का लाइसेंस 21 दिन के लिए सस्पेंड करके धोखाधड़ी, कापीराइट एक्ट, आवश्यक वस्तू अधिनियम समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस को दी शिकायत में कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के टीआई बालमुकुंद कौशिक ने बताया कि उन्हें खाद के निरीक्षण का विभाग की तरफ से अधिकार है। उनके पास एक जनवरी को ललितखेड़ा गांव निवासी अमित ने शिकायत दी थी कि बिरौली गांव में तिरुपति बालाजी बीज भंडार से आईपीएल कंपनी निर्मित डीएपी खाद के 60 बैग खरीद थे। इस खाद ने खेत में कोई काम नहीं किया। बाद में उसे पता चला कि यह नकली खाद था। अमित की शिकायत पर बिरौली गांव में तिरुपति बीज भंडार पर रेड की। इस दौरान शिकायतकर्ता भी साथ था।