महाराष्ट्र
महाराष्ट्र-छत्तीसगढ़ सीमा पर माओवादी गतिविधियों पर सुरक्षाबलों का जोरदार प्रहार
24 May, 2025 04:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
महाराष्ट्र-छत्तीसगढ़ सीमा पर स्थित भामरागढ़ उपविभाग में हाल ही में स्थापित कवंडे पुलिस थाना क्षेत्र में सुरक्षा बलों को बड़ी कामयाबी मिली है. विश्वसनीय खुफिया जानकारी के आधार पर माओवादी गतिविधियों की सूचना मिलने पर गुरुवार (22 मई) को अपर पुलिस अधीक्षक (प्रशासन) एम रमेश के नेतृत्व में गढ़चिरौली पुलिस की C-60 कमांडो की 12 टुकड़ियां और सीआरपीएफ 113 बटालियन की एक टुकड़ी कवंडे और नेलगुंडा से रवाना हुईं.
23 मई यानी शुक्रवार की सुबह करीब 7 बजे जब सुरक्षा बल इंद्रावती नदी के किनारे जंगल क्षेत्र में तलाशी अभियान चला रहे थे, तभी घात लगाकर बैठे माओवादियों ने अचानक गोलीबारी शुरू कर दी.
माओवादियों ने किया हमला
पुलिस ने उन्हें आत्मसमर्पण का मौका दिया, लेकिन जवाब में माओवादियों ने और भी उग्र हमला किया. जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोलीबारी की. करीब दो घंटे चली मुठभेड़ के बाद क्षेत्र में सघन सर्च ऑपरेशन चलाया गया, जिसमें दो महिला और दो पुरुष माओवादियों के शव बरामद किए गए.
ये माओवादी मुठभेड़ में ढेर
मृत माओवादियों की पहचान सन्नू मासा पुंगाटी (35), निवासी कवंडे, दलम कमांडर और अशोक उर्फ सुरेश पोरीया वड्डे (38), निवासी कवंडे, दलम सदस्य के तौर पर हुई. इसमें सन्नू मासा के उपर आठ लाख का इनाम घोषित था. इसके उपर एक मुठभेड़, हत्या समेत कुल तीन मामले चल रहे थे. वहीं अशोक भी दो लाख रुपए का इनामी था. इस पर 6 मुठभेड़, 5 हत्याएं, एक आगजनी औऱ 5 अन्य समेत कुल 17 मामले दर्ज हैं.
इनके अलावा विज्यो होयामी (25), निवासी पोडिया, गंगालूर (छत्तीसगढ़), दलम सदस्य को भी इस मुठभेड़ में मार गिराया गया. इस पर भी दो लाख रुपए का इनाम घोषित था. वहीं 6 मुठभेड़, 5 हत्याएं समेत कुल 12 मामलों में वांछित था. इसके साथ ही सुरक्षा बलों ने करुणा उर्फ ममिता उर्फ तुनी पांडू वरसे (21), निवासी गोंगवाड़ा, दलम सदस्य को भी मार गिराने में सफलता हासिल की. इस पर भी दो लाख रुपए का इनाम सुरक्षा बलों ने घोषित कर रखा था. करुणा के खिलाफ 4 मुठभेड़, 2 हत्याएं समेत कुल 9 मामले चल रहे हैं.
भारी मात्रा में हथियार बरामद
मुठभेड़ स्थल से पुलिस ने एक SLR, दो .303 रायफल, एक भरमार, एक वॉकी-टॉकी और अन्य माओवादी साहित्य सहित दैनिक उपयोग की वस्तुएं जब्त की हैं. यह माओवादी-विरोधी अभियान विशेष पुलिस महानिरीक्षक (नक्सल विरोधी अभियान) संदीप पाटील, पुलिस उप-महानिरीक्षक गढ़चिरौली परिक्षेत्र अंकित गोयल, सीआरपीएफ अभियान प्रमुख अजय कुमार शर्मा, पुलिस अधीक्षक नीलोत्पल एवं कमांडेंट 113 बटालियन सीआरपीएफ जसवीर सिंह के मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ.
87 कुख्यात माओवादियों का खात्मा
बता दें कि साल 2021 से अब तक गढ़चिरौली पुलिस ने 87 कुख्यात माओवादियों का खात्मा किया है, 124 माओवादी गिरफ्तार हुए हैं और 63 ने आत्मसमर्पण किया है. पुलिस अधीक्षक नीलोत्पल ने इस साहसिक कार्रवाई की सराहना करते हुए अभियान को और तीव्र करने के संकेत दिए हैं. साथ ही सभी माओवादियों से आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में लौटने का आह्वान भी किया है.
TASMAC रेड पर भड़के संजय राउत: 'ईडी भाजपा की एक्सटेंशन', लगाया गंभीर आरोप!
23 May, 2025 06:19 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
शिवसेना (यूबीटी) सांसद संजय राउत ने केंद्र की मोदी सरकार और भाजपा पर हमला बोलते हुए उन पर अपने विरोधियों के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया है। तमिलनाडु में टीएएसएमएसी (TASMAC) छापों को लेकर ईडी को सुप्रीम कोर्ट की फटकार पर राउत ने कहा, ईडी बीजेपी, पीएम मोदी और गृह मंत्री अमित शाह का हथियार है। मैं भी ईडी का शिकार रहा हूं।
शुक्रवार को मुंबई में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में संजय राउत ने कहा, “मैं भी (ईडी का) पीड़ित हूं। मैं इससे गुजर चुका हूं, मेरे जैसे कई और लोग हैं…ईडी भाजपा, प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री अमित शाह का हथियार है। जब तक ईडी है, तब तक मोदी-शाह और भाजपा है।“
‘पाकिस्तान पर भरोसा क्यों करें’
उद्धव गुट के वरिष्ठ नेता राउत ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के सवालों का समर्थन करते हुए कहा कि राहुल गांधी ने जो सवाल पूछे हैं, वे देश के 140 करोड़ लोगों के मन की बात है। राहुल गांधी ने पूछा है कि पाकिस्तान पर भरोसा क्यों करें? यह सवाल गलत कैसे हो सकता है? पूरा विश्व जानता है कि पाकिस्तान पर भरोसा नहीं किया जा सकता। सिर्फ भाजपा वाले ही शायद यह सवाल नहीं समझ पा रहे है।
संजय राउत ने आगे कहा, “हमारा खून खौलता है। हमारी रगों में देशभक्ति और भारत प्रेम का खून दौड़ता है। जब हमारे 26 निर्दोष लोग मारे गए, जब हमारी महिलाओं का सिंदूर मिटा, तब भी हमारा खून खौलता है। हमारे पास खून के अलावा कुछ नहीं, और वही खून देश के लिए बहता है।”
उन्होंने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के बयान पर भी तीखी प्रतिक्रिया दी, जिसमें शरीफ ने कहा था कि उन्होंने 1971 की हार का बदला ले लिया है। उन्होंने कहा, “मैंने देखा है कि पाकिस्तान के प्रधानमंत्री ने कहा है कि उन्होंने 1971 की हार का बदला ले लिया है। यह कहने की हिम्मत उन्हें कैसे हो गई? 1971 में जब इंदिरा गांधी ने पाकिस्तान को हराया था, तब भी पाकिस्तान की भाषा ऐसी नहीं थी। 1965 में लाल बहादुर शास्त्री के नेतृत्व में हमने पाकिस्तान को लोहे के चने चबवाए थे। तब भी उनके नेताओं की भाषा इतनी उग्र नहीं थी। लेकिन आज मोदी सरकार के कार्यकाल में पाकिस्तान के पीएम शहबाज शरीफ कह रहे हैं कि उन्होंने भारत से 1971 का बदला लिया है, यह सरकार के लिए शर्म की बात है।”
पुणे: एनसीपी नेता की बहू की आत्महत्या, पति, सास और ननद गिरफ्तार
22 May, 2025 04:36 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
महाराष्ट्र के पुणे में एनसीपी नेता राजेंद्र हगवणे की बहू वैष्णवी की आत्महत्या का मामला इन दिनों सुर्खियों में है. इस मामले में पुलिस ने बड़ा एक्शन लिया है. वैष्णवी के पति, सास और ननद को गिरफ्तार कर लिया गया है. इन तीनों पर वैष्णवी को दहेज के प्रताड़ित और आत्महत्या करने के लिए उकसाने का आरोप लगा है.
वैष्णवी के ससुर राजेंद्र हगवणे उपमुख्यमंत्री अजित पवार की पार्टी राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के नेता हैं. घटना 16 मई की है. यहां भुक्रम क्षेत्र में वैष्णवी का ससुराल है. 16 मई को वैष्णवी की लाश फांसी के फंदे से लटकी मिली थी. बवधन पुलिस स्टेशन में दर्ज एफआईआर में वैष्णवी के पिता अनिल साहेबराव कासपाटे (51) ने आरोप लगाया है कि शादी के समय उन्होंने अपनी बेटी को 51 तोले सोना, चांदी के बर्तन और एक फॉर्च्यूनर एसयूवी दहेज में दी थी. बावजूद इसके, वैष्णवी के ससुरालवाले उस पर मानसिक और शारीरिक दबाव बना रहे थे कि वह 2 करोड़ रुपये और लाकर दे, जिससे वो संपत्ति खरीद सकें.
ससुर-देवर दोनों फरार
एफआईआर में यह भी उल्लेख किया गया है कि वैष्णवी के शरीर पर चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे परिजन इसे आत्महत्या नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या मान रहे हैं. उनका आरोप है कि यह घटना एक सुनियोजित साजिश के तहत अंजाम दी गई है. पुलिस ने वैष्णवी के पति शशांक हगवणे, सास लता हगवणे और ननद करिश्मा हगवणे को गिरफ्तार कर लिया है. वहीं, एनसीपी नेता और ससुर राजेंद्र हगवणे तथा देवर सुशील हगवणे फरार हैं. बवधन पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा.
2 करोड़ कैश की डिमांड
वैष्णवी के परिवार का आरोप है कि उसके पति शशांक ने ससुराल वालों से जमीन खरीदने के लिए वैष्णवी से 2 करोड़ रुपये की मांग की थी. पैसा नहीं मिला तो शशांक अपनी ससुराल पहुंचा. वहां उसने वैष्णवी को धमकाया. कहा- तुम्हारे पिता ने मुझे कोई पैसा नहीं दिया. मैं तुम्हें मुफ्त में क्यों खिलाऊंगा? अगर तुम्हारे पिता ने मुझे कोई पैसा नहीं दिया, तो मैं तुम्हारे पूरे परिवार को खत्म कर दूंगा. एफआईआर में उल्लेख किया गया है कि वैष्णवी ने अपनी मां को इस बारे में बताया था.
सुसाइड नोट नहीं मिला
पिंपरी-चिंचवड़ पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के अनुसार, मौत का कारण फांसी है. लेकिन मृतका के पास से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है, इसलिए हम सभी संभावित एंगल से मामले की जांच कर रहे हैं. उन्होंने कहा- मामला केवल आत्महत्या का नहीं हो सकता, इसलिए हत्या की आशंका को भी नजरअंदाज नहीं किया जा रहा. यह मामला सामने आने के बाद न केवल पिंपरी-चिंचवड़ बल्कि पूरे महाराष्ट्र में राजनीतिक और सामाजिक हलकों में हड़कंप मच गया है. एक राष्ट्रीय पार्टी से जुड़े नेता के परिवार का नाम सामने आना, कानून व्यवस्था और महिला सुरक्षा पर सवाल खड़े कर रहा है.
महाराष्ट्र सरकार का बड़ा फैसला, CJI गवई के लिए विशेष प्रोटोकॉल जारी
21 May, 2025 04:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
महाराष्ट्र में सीजेआई बीआर गवई को स्थाई राजकीय अतिथि नामित किया गया है। राज्य सरकार की एक विज्ञप्ति के मुताबिक, मुख्य न्यायाधीश बी आर गवई को अब आधिकारिक तौर पर महाराष्ट्र में स्थायी राजकीय अतिथि घोषित कर दिया गया है।
इस बीच महाराष्ट्र सरकार ने भारत के मुख्य न्यायाधीश के लिए कुछ अहम प्रोटोकॉल जारी किए हैं। ये प्रोटोकॉल मुंबई और राज्य के अन्य हिस्सों की यात्रा के दौरान आधिकारिक नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए जारी किए गए हैं। इन दिशा-निर्देशों में राज्य अतिथि नियमों का हवाला दिया गया है। माना जा रहा है राज्य सरकार की ओर से ये कदम बीआर गवई के नाराजगी व्यक्त किए जाने के बाद उठाया गया है।
जब DGP और मुख्य सचिव नहीं किया स्वागत
सीजेआई बनने के बाद वो पहली बार महाराष्ट्र पहुंचे थे, उनके स्वागत के लिए राज्य के मुख्य सचिव पुलिस महानिदेशक या पुलिस आयुक्त उन्हें रिसीव करने नहीं पहुंचे। न ही उनके कार्यक्रम में मौजूद रहे। इस वजह से सीजेआई नाराज हो गए थे।
क्या है परमानेंट गेस्ट नियम?
महाराष्ट्र राज्य गेस्ट नियम 2004 के अनुसार, घोषित राज्य गेस्ट की लिस्ट में शामिल या ऐसे माने जाने वाले व्यक्तियों को राज्य प्रोटोकॉल उप-विभाग की तरफ से एयरपोर्ट पर स्वागत और विदाई की व्यवस्था की जाती है। जिला स्तर पर, जिला कलेक्टर का कार्यालय नामित प्रोटोकॉल अधिकारियों के माध्यम से इसी तरह की व्यवस्था सुनिश्चित करता है।
भुजबल को मिला मंत्री पद, फडणवीस को मिल सकते हैं रणनीतिक लाभ
21 May, 2025 04:38 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
महाराष्ट्र की राजनीति में छगन भुजबल एक बड़ा नाम है और उन्हें हाल ही में मंत्री पद दिया गया है. इसी के बाद से जहां वो सीएम देवेंद्र फडणवीस के लिए कई रणनीतिक लाभ लेकर आ सकते हैं. वहीं, दूसरी तरफ शिवसेना (यूबीटी) ने छगन भुजबल को मंत्री बनाए जाने के बाद इतिहास के पन्ने पलटना शुरू कर दिया है और सीएम फडणवीस से लेकर एकनाथ शिंदे और अजित पवार को टारगेट करना शुरू कर दिया है.
शिवसेना (यूबीटी) ने अपने पत्र सामना की संपादकीय में कहा, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे अपने जीवन के बहुत मुश्किल दौर में पहुंच गए हैं और उन्हें अपनी पार्टी के अध्यक्ष अमित शाह के पास जाकर इसकी शिकायत करनी चाहिए. देवेंद्र फडणवीस ने छगन भुजबल को मंत्रिमंडल में शामिल कर लिया है और अब एकनाथ शिंदे को भुजबल की जांघ से जांघ सटाकर बैठना होगा.
शिवसेना (UBT) ने किया तंज
शिवसेना (उद्धव गुट) ने संपादकीय में तंज करते हुए कहा, हिंदू हृदय सम्राट शिवसेना प्रमुख बालासाहेब ठाकरे को गिरफ्तार करने वाले छगन भुजबल की जांघों से जांघें सटाकर बैठने में आपको क्यों तकलीफ नहीं होती? लाज क्यों नहीं आती? उद्धव ठाकरे से एकनाथ शिंदे ने ऐसे सवाल पूछे थे. शिंदे ने शिवसेना छोड़कर अमित शाह का नेतृत्व स्वीकार करने की जो वजह बताईं, उनमें मुख्य वजह यह था कि उनसे भुजबल की जांघ से जांघ सटाकर बैठना संभव नहीं होगा. उन्होंने कहा था कि शिव सेना प्रमुख को गिरफ्तार करने वाली हवा तक को वे नहीं बख्शेंगे.
“इस्तीफा दे देना चाहिए”
सामना में एकनाथ शिंदे के इस्तीफे का जिक्र करते हुए कहा, अब अमित शाह और फडणवीस ने शिंदे के लिए ऐसी दुविधा पैदा कर दी है कि अगर उनकी शिव सेना प्रमुख के प्रति सच्ची निष्ठा है तो उन्हें इस्तीफा दे देना चाहिए, अगर वो मंत्रिमंडल में भुजबल की हां में हां मिलाते हुए अपने दिन गुजारेंगे. शिंदे-मिंधे न सिर्फ भुजबल के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए, बल्कि शिव सेना प्रमुख को गिरफ्तार करने वाले शख्स को फूलों का गुलदस्ता देकर सम्मानित भी किया.
पत्र में आगे कहा गया, भुजबल की मंत्रिमंडल में एंट्री शिंदे और उनके लोगों के लिए एक चेतावनी है. जब भुजबल को शुरू में मंत्रिमंडल में शामिल नहीं किया गया तो उन्होंने काफी हंगामा किया था. उन्होंने कहा कि यह अन्याय ओबीसी समुदाय के साथ हुआ है. उन्होंने धमकी देते हुए कहा कि वे अब चुप नहीं रहेंगे और महाराष्ट्र में हंगामा मचा देंगे.
सामना में पार्टी पर हमला करते हुए शिवसेना ने कहा, हकीकत में हंगामा वगैरह नहीं मचा और हंगामा मचाने के लिए खड़े भुजबल, फडणवीस के अनुरोध पर शांत बैठ गए. विधानसभा चुनाव से पहले उन्होंने मनोज जरांगे के खिलाफ मोर्चा खोल दिया था, वो फडणवीस के इशारे पर था, लेकिन सरकार आने के बाद फडणवीस को सबसे ज्यादा दुख इस बात का हुआ कि अजित पवार ने उन्हें मंत्रिमंडल में शामिल नहीं किया. अब फडणवीस ने धनंजय मुंडे की जगह भुजबल को लिया है. अजित पवार का यहां कोई संबंध नहीं है.
शिवसेना ने याद दिलाया इतिहास
सामना में भुजलबल को लेकर आगे कहा गया, फडणवीस ने खुद छगन भुजबल के कुछ घोटालों के बारे में आवाज उठाई थी. फडणवीस ने अजित पवार को भी जेल में भुजबल के बगल वाली कोठरी में चक्की पीसने के लिए भेजने की धमकी दी थी. फडणवीस रोज कहते थे कि इसे क्या कहा जाए भुजबल और अजित पवार की जगह जेल में है और मुख्यमंत्री ठाकरे ऐसे लोगों के साथ जांघ से जांघ सटाकर बैठते हैं? इसलिए हम ठाकरे की सरकार को गिरा देंगे और भुजबल और अजित पवार को चक्की पीसने के लिए जेल भेजेंगे.
आगे कहा, फडणवीस जानबूझकर इस बात का जिक्र करते थे कि भुजबल को बरी नहीं किया गया है, बल्कि जमानत पर रिहा किया गया है. बहरहाल, आज तस्वीर यह है कि दोनों नेता भुजबल और अजित पवार अपनी ऐतिहासिक जांघों के साथ फडणवीस की कैबिनेट में हैं और बीजेपी के लोग उनकी जांघों पर देवेंद्र रतन तेल मलकर भ्रष्टाचार की नींव मजबूत कर रहे हैं. वे किसी पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते, उसे जेल भेज देते और शेखी बघारते कि वो दोबारा कभी जांघ से जांघ सटाकर नहीं बैठेंगे, लेकिन बाद में उन्हें ही सत्ता के लिए पार्टी में शामिल कर लोगों को मूर्ख बनाया. यह भारतीय जनता पार्टी का धंधा है.
भुजबल को लेकर क्या कुछ कहा?
फडणवीस और शिंदे को अजित पवार और भुजबल की जांघों से इतनी घृणा थी कि उन्हें ऐसा लग रहा था कि शिंदे और फडणवीस गदा हाथ में लेकर भुजबल और अजित पवार की जांघों को कीचक की तरह तोड़ देंगे, लेकिन यह तो कहना ही होगा कि वक्त ने इन दोनों से भयंकर बदला ले लिया है. भुजबल पर ईडी और किरीट सोमैया जैसे भुक्कड़ लोगों ने आरोप लगाए, इसका मतलब यह है कि किरीट सोमैया की तरफ से इस तरह के आरोप लगाकर भुजबल को परेशान करने की प्रेरणा फडणवीस जैसे लोग थे. अब यही भुक्कड़ किरीट सोमैया भुजबल की पीठ थपथपाते नजर आएंगे. शिंदे गुट के गुलाब पाटील और नांदगांव के कांदे ने तो भुजबल के खिलाफ अभियान भी चलाया था. गुलाब पाटील एक जनसभा में बोल रहे थे कि भुजबल आसाराम हैं.
भुजबल कई वर्षों तक नासिक के पालक मंत्री के पद पर रहे हैं. उनका प्रशासनिक अनुभव व्यापक है. फडणवीस उनके मौजूदा कंठमणि हैं. अब से भुजबल अजित पवार के नहीं, बल्कि फडणवीस के आदेशों का पालन करेंगे और उनके नेता अमित शाह होंगे. भुजबल, जिन्होंने कभी महाराष्ट्र की अस्मिता के लिए लड़ाई लड़ी, कारावास झेले और मराठी लोगों के मुद्दों को साहसपूर्वक .
शिवसेना (UBT) का समर्थन, प्रियंका चतुर्वेदी भारत के डेलिगेशन में होंगी शामिल
20 May, 2025 04:46 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
केंद्र सरकार ने ऑपरेशन सिंदूर और पाकिस्तान द्वारा प्रायोजित आतंकवाद के खिलाफ भारत का रुख बताने के लिए सर्वदलीय सांसदों के 7 डेलिगेशन बनाए हैं. जो दुनिया के कई बड़े देशों खासकर संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) के सदस्य देशों का दौरा करेगा. 59 सदस्यों वाले इस डेलिगेशन में 51 नेता और 8 राजदूत शामिल हैं. इस बीच उद्धव ठाकरे की शिवसेना (UBT) का बयान सामने आया है. जिसमें कहा गया है कि देशहित में सरकार जो भी कदम उठाएगी पार्टी उसका पूरा समर्थन करेगी.
शिवसेना (UBT) ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर किया है. जिसमें कहा गया है केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कल पार्टी अध्यक्ष उद्धव ठाकरे इस प्रतिनिधिमंडल को लेकर फोन पर बात की. यह प्रतिनिधिमंडल ‘भारत बनाम आतंकवाद’ विषय पर आधारित है न कि राजनीति पर. जब हमें इस बात का आश्वासन मिला कि यह राजनीतिक उद्देश्य से नहीं है, तब हमने भी सरकार को आश्वस्त किया कि हम देश हित में जो भी उचित और आवश्यक होगा, उसमें पूरा सहयोग देंगे.स प्रतिनिधिमंडल में देश भर से अन्य सांसदों के साथ हमारी पार्टी की सांसद प्रियंका चतुर्वेदी भी भाग लेंगी.
‘आतंकवाद के खिलाफ हम एकजुट हैं’
इसके आगे कहा गया ‘पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के तुरंत बाद सभी राजनीतिक दलों ने प्रधानमंत्री को पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में समर्थन दिया है और उनके आतंकवादी ढांचे को नष्ट करने की मांग की. हम सभी आतंकवाद के खिलाफ हमारे सशस्त्र बलों की कार्रवाई में एकजुट हैं इस पर दो राय नहीं हो सकती.’
‘देश के अंदर उठाएंगे सवाल’
पार्टी का कहना है ‘हालांकि, पहलगाम हमले के संदर्भ में कूटनीतिक स्थितियों और खुफिया/सुरक्षा तंत्र की विफलता को लेकर हमारे अपने सवाल हैं, जिन्हें हम देश के भीतर उठाते रहेंगे क्योंकि यह हमारे राष्ट्रहित में है, लेकिन वैश्विक मंच पर हमें एकजुट होकर पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद को बेनकाब करना होगा, ताकि उसे अलग-थलग कर उसे खत्म किया जा सके.
पीएम मोदी से सर्वदलीय बैठक बुलाने की मांग
शिवसेना (UBT) ने कहा ‘हमने केंद्र सरकार को यह भी बताया है कि हम इस उद्देश्य में एकजुट हैं, लेकिन ऐसे प्रतिनिधिमंडलों के बारे में राजनीतिक दलों को पहले से बेहतर तरीके से सूचित करने की एक प्रोटोकॉल व्यवस्था होनी चाहिए, ताकि भ्रम और अव्यवस्था से बचा जा सके. यह मुद्दा कल की टेलीफोनिक बातचीत में सामने आया और हमने ऐसे किसी भी राष्ट्रहित के कदम में अपना समर्थन दोहराया है. साथ ही हमने प्रधानमंत्री से जल्द से जल्द एक सर्वदलीय बैठक बुलाने की मांग की है. आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में हम एकजुट हैं’.
उद्धव ठाकरे की शिवसेना ने अपनी पोस्ट में साफ कर दिया है कि केंद्रीय मंत्री ,किरण रिजिजू से बात करने के बाद पार्टी प्रियंका चतुर्वेदी को आल पार्टी डेलिगेशन में भेज रही है. इस डेलिगेशन में NDA के 31, कांग्रेस के 3 और 20 दूसरे दलों के नेता शामिल हैं. डेलिगेशन में शामिल सदस्यों ने चाहे वो किसी भी दल के हैं, उन्होंने सरकार के इस कदम को सराहा है, वहीं विपक्ष के कई नेताओं ने इस पर ऐतराज जताया है. खुध उद्धव की पार्टी के नेता संजय राउत ने इस पर सवाल खड़े किए थे. हालांकि अब इस पोस्ट से स्पष्ट हो गया है कि पार्टी केंद्र सरकार के फैसले के साथ है.
CIBIL स्कोर मांगने पर फडणवीस सख्त, प्राइवेट बैंकों को दी चेतावनी
20 May, 2025 04:36 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने प्राइवेट बैंकों के वरिष्ठ अफसरों को कृषि लोन के लिए आवेदन करने वाले किसानों से क्रेडिट रेटिंग (CIBIL) स्कोर मांगने को लेकर कड़ी फटकार लगाई है. सीएम ने अफसरों को चेतावनी दी कि अगर उनके बैंक CIBIL स्कोर की मांग जारी रखते हैं तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी, उनसे इस मुद्दे को गंभीरता से लेने और तत्काल समाधान निकालने को आदेश दिया.
सह्याद्री गेस्ट हाउस में आयोजित 167वीं राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति (एसएलबीसी) की बैठक के दौरान सीएम फडणवीस की अगुवाई में हुई 167वीं राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति की बैठक के दौरान मुद्दा सामने आया, जहां वित्त वर्ष 2025-26 के लिए 44.76 लाख करोड़ रुपये के लोन वितरण योजना को मंजूरी दी गई. चर्चा के दौरान बताया गया कि निजी बैंक सिबिल स्कोर मांग रहे हैं.
गंभीर मसला, बैंक समझे जिम्मेदारीः CM फडणवीस
सिबिल स्कोर, क्रेडिट इंफार्मेशन ब्यूरो (Credit Information Bureau) का एक क्रेडिट पात्रता मैकेनिजम है, जिसका इस्तेमाल वित्तीय संस्थानों की ओर से लोन आवेदनों का आकलन करने के लिए किया जाता है. इसमें कर्ज चुकाने की क्षमता पर भी ध्यान केंद्रित किया जाता है.
फडणवीस ने कहा, “अगर किसानों को कृषि लोन नहीं मिलता है, तो इसका अर्थव्यवस्था पर प्रतिकूल असर पड़ता है और किसानों की खुदकुशी की दर बढ़ती हैं. हमने बैंकों को बार-बार यह निर्देश दिया है कि वे सिबिल (स्कोर) की मांग न करें, लेकिन वे ऐसा अभी भी कर रहे हैं. इसे आज (सोमवार) की बैठक में ही हल किया जाना चाहिए. पहले भी ऐसे कई बैंकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जा चुकी है. यह एक गंभीर मुद्दा है जिसे बैंकों को इसे जिम्मेदारी से संभालना चाहिए.”
राज्य में खेती की उपेक्षा स्वीकार्य नहींः CM फडणवीस
बैंकों पर सख्ती करते हुए फडणवीस ने आगाह करते हुए कहा, “भारतीय रिजर्व बैंक ने भी कृषि लोन के संबंध में साफ कर दिया है कि यदि कोई बैंक सिबिल स्कोर पर जोर देती है, तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.” साथ ही मुख्यमंत्री ने सरकारी बैंकों को इस साल के लोन वितरण लक्ष्यों को पूरा करने और कृषि लोन कवरेज का विस्तार करने के लिए विशेष प्रयास करने के निर्देश दिए.
इस बैठक के दौरान, वित्त वर्ष 2025-26 के लिए महाराष्ट्र के लिए 44.76 लाख करोड़ रुपये की लोन स्कीम को मंजूरी दी गई.
देश में महाराष्ट्र की अग्रणी स्थिति पर प्रकाश डालते हुए मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि किसान राज्य की रीढ़ की तरह हैं और कृषि अर्थव्यवस्था का एक अहम घटक भी हैं. यहां खेती की उपेक्षा स्वीकार्य नहीं है. इसलिए, बैंकों को कृषि लोन वितरण बढ़ाने को लेकर ध्यान केंद्रित करना चाहिए. मौसम विभाग ने अच्छी बारिश की भविष्यवाणी की है, ऐसे में इस साल फसल अच्छी होने की उम्मीद है. ऐसे में, बैंकों को किसानों को अधिक से अधिक मदद देनी चाहिए. अच्छी बारिश से कृषि विकास को बढ़ावा मिलता है, जिससे बैंकों और किसानों दोनों को फायदा होता है.
उन्होंने कहा कि किसानों को अधिक से अधिक लोन देने से बैंकों को खासा लाभ होगा क्योंकि कृषि को अब न केवल एक सहायक क्षेत्र के रूप में बल्कि एक व्यावसायिक उद्यम के रूप में देखा जाता है. उन्होंने यह भी कहा कि लोन देने वाली संस्थाओं को इस परिवर्तन में सहयोग देना चाहिए.
मुंबई-गोवा हाईवे पर भीषण हादसा, कार नदी में गिरी, 5 लोगों की मौत
19 May, 2025 04:17 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मुंबई-गोवा नेशनल हाईवे पर सोमवार की सुबह एक दर्दनाक हादसा हुआ जिसमें पांच लोगों की मौत हो गई. इस हादसे में कार चलाने वाला गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसा उस वक्त हुआ जब एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर रत्नागिरी जिले में स्थित जगबुड़ी नदी में जा गिरी.
जानकारी के मुताबिक, कार सवार सभी लोग मुंबई के मीरारोड इलाके से देवरुख जा रहे थे. वे एक पारिवारिक सदस्य के अंतिम संस्कार में शामिल होने वाले थे. हादसे में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. हालांकि, इस हादसे में कार के ड्राइवर को स्थानीय लोगों की मदद से गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और आपदा राहत दल मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया. बड़ी मशक्कत के बाद कार को नदी से बाहर निकाला जा सका. कार के बाहर आने के बाद शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया. पुलिस ने इस भीषण हादसे में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
प्राथमिक जांच में हादसे के पीछे कार की तेज रफ्तार और संभावित तकनीकी खराबी को कारण माना जा रहा है. हालांकि आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है.
स्थानीय प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी है और आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है. यह दुर्घटना एक बार फिर हाईवे पर सुरक्षा उपायों और तेज रफ्तार के खतरों को लेकर सवाल खड़े करती है.
तेज बारिश में फसल बचाता किसान वायरल, कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने की बात
19 May, 2025 04:14 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
सोशल मीडिया पर किसान का अपनी फसल को बचाते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. तेज बारिश की वजह से किसान की मूंगफली बहती जा रही थी और वो उसे समेटने की कोशिश में लगा हुआ था. अब कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने किसान गौरव पंवार से बातचीत का एक वीडियो अपने सोशल मीडिया पर शेयर किया है.
उन्होंने पोस्ट में लिखा कि सोशल मीडिया पर महाराष्ट्र के किसान भाई गौरव पंवार जी का मार्मिक वीडियो देखकर हृदय विचलित हो गया. असमय बारिश ने मंडी में रखी उनकी मूंगफली की फसल को बर्बाद कर दिया. उन्होंने कहा कि किसान होने के नाते मैं इस पीड़ा को भली प्रकार समझ सकता हूं. मैंने गौरव जी से फोन पर बात की, उन्हें ढांढस बंधाया.
नुकसान की भरपाई की जाएगी
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मैंने आपकी मूंगफली के खराब होने का वीडियो देखा है, लेकिन आप चिंता मत करो, महाराष्ट्र की सरकार भी संवेदनशील, मेरी वहां पर भी बात हुई है. उन्होंने कहा कि देवेंद्र जी हों या महाराष्ट्र के कृषि मंत्री हों वो भी संवेदनशील हैं. उन्होंने डिप्टी कलेक्टर से भी बातचीत होने का जिक्र किया.
कृषि मंत्री ने आश्वासन देते हुए कहा कि आपका जो कुछ भी नुकसान हुआ है उसकी भरपाई की जाएगी. मूंगफली का जो नुकसान हुआ है उससे तुम्हें और तुम्हारे परिवार को परेशानी न हो. जल्दी सोमवार तक जो भी नुकसान हुए है उसकी भरपाई कर दी जाएगी.
उन्होंने कहा कि मैं कृषि मंत्री हूं और इस नाते मुझे किसानों की चिंता करनी चाहिए, इसलिए मैंने तुमसे बात की. उन्होंने कहा कि आपके साथ महाराष्ट्र और भारत दोनों ही सरकारें साथ हैं. केंद्र सरकार और महाराष्ट्र सरकार किसानों के साथ हर परिस्थिति में खड़ी है. किसान कल्याण हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है.
मुंबई एयरपोर्ट पर ISIS के दो आतंकी गिरफ्तार, NIA को बड़ी कामयाबी
17 May, 2025 01:02 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
राष्ट्रीय सुरक्षा ऐजेंसी (NIA) आतंकियों के लिए जांच में जुटी हुई है. NIA को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है. शनिवार को NIA ने ISIS के दो फरार आतंकियों को मुंबई एयरपोर्ट पर गिरफ्तार कर लिया है. आतंकियों की पहचान अब्दुल्ला फैयाज शेख उर्फ डायपरवाला और तल्हा खान के रुप में हुई है. ये दोनों आतंकी पाकिस्तान के ISIS संगठन के स्लीपर सेल के रुप में काम करते थे. इन आंतकियों की तलाश NIA आईईडी टेस्टिंग मामले के आरोपी के रूप में 2023 से कर रही थी.
फरार होने की फिराक में थे आतंकी
NIA की ओर से गिरफ्तार किए गए दोनों आतंकी भागने की कोशिश कर रहे थे. जानकारी के मुताबिक, ये दोनों आतंकी पिछले दो साल से जकार्ता में छिपे हुए थे. ये दोनों आतंकी इंडोनेशिया के जकार्ता से भारत लौटने की कोशिश कर रहे थे. उसी समय इन आतंकियों को NIA ने दबोच लिया. एजेंसी के मुताबिक, अब्दुल्ला फैयाज और तल्हा खान पिछले दो साल से फरार थे. NIA को काफी दिनों से इनकी तलाश थी.
अदालत ने जारी किया था गैर जमानती वारंट
NIA की विशेष अदालत ने इन दोनों आतंकियों के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किया था. कई दिनों ने NIA इन आतंकियों की तलाश कर रही थी. इतनी ही नहीं, बल्कि इन दोनों आतंकियों पर ऐजेंसियों ने 3-3 लाख का इनाम भी घोषित किया था. ये आतंकी देश को इस्लामिक देश बनाना चाहते थे.
क्या था मामला ?
इन दोनों आतंकियों के खिलाफ देश में आतंक फैलाने और आतंकी गतिविधियों को करने का आरोप था. इसके अलावा इनकी सेल के 8 आतंकियों को NIA के ने पहले ही गिरफ्तार कर लिया था. ये आतंकी बम बनाने की ट्रेनिंग देते थे. इसके लिए इन्होंने 2022-23 में पूणे में एक वर्कशॉप भी आयोजित की थी. इस सेल का प्रमुख उद्देश्य देश में शांति भंग करना और सांप्रायदिक हमले करना था.
NIA ने इस सेल में गिरफ्तार किए गये सभी आतंकियों के नामों की सूची जारी कर दी है, जिसमें मोहम्मद इमरान खान , मोहम्मद यूनूस साकी, अब्दुल कादिर पठान, सिमाव नसीरुद्दीन काजी, जुल्फिकर अली बरोडावाला, शामिल नाचन, आकिफ नाचन और शहनावाज आलम शामिल हैं.
मुंबई एयरपोर्ट और ताज होटल को उड़ाने की धमकी, पुलिस सतर्क
17 May, 2025 12:57 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट और ताज महल पैलेस होटल को बम से उड़ाने की धमकी मिली है. यह धमकी मेल के जरिए मुंबई एयरपोर्ट पुलिस के ईमेल आईडी पर भेजी गई है, जिसमें मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिली है. ईमेल में दावा किया गया है कि ताज महल पैलेस होटल और एयरपोर्ट को बम से उड़ाया जाएगा.
मुंबई एयरपोर्ट और ताज महल पैलेस को बम से उड़ाने की धमकी भरे ईमेल से हड़कंप मच गया है. पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं और जांच शुरू कर दी है. बताया जा रहा है कि मेल में आतंकी अफजल गुरू और सैवक्कू शंकर को “अन्यायपूर्ण तरीके से फांसी दिए जाने” का हवाला देते हुए यह धमकी दी गई है. मुंबई पुलिस मेल करने वाले को ट्रेस कर रही है.
सुरक्षा एजेंसियां हुईं सतर्क
धमकी भरे ईमेल मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गईं, जिसके बाद पूरे मुंबई में पैरामिलिट्री फोर्स तैनात की गई है. इधर, मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट और ताज महल पैलेस होटल पर डॉग स्क्वायड को टीम ने कोने-कोने की जांच की है. मुंबई पुलिस मेल भेजने वाले की तलाशी में जुट गई है. इससे पहले भी छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी.
सेना ने आतंकियों से लिया बदला
जम्मू कश्मीर के पहलगाम में आतंकी हमले के बाद सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है. 22 अप्रैल को पहलगाम में आतंकियों ने 26 निर्दोष पर्यटकों की हत्या की थी. मरने वाले पर्यटकों में कई महाराष्ट्र से थे. भारत ने इस हमले का बदला पाकिस्तान और पीओके में एयर स्ट्राइक कर लिया था. भारतीय सेना ने पाकिस्तानी सीमा में घुसकर आतंकी ठिकानों को ध्वस्त किया था, जिसमें 100 से ज्यादा लोग मारे गए थे.
महाराष्ट्र में पुराने वाहनों पर HSRP लगाने की प्रक्रिया तेज़, मुंबई में बढ़ी भीड़
16 May, 2025 12:39 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मुंबई: महाराष्ट्र में पुराने वाहनों पर हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (एचएसआरपी) लगाने की प्रक्रिया तेजी से चल रही है। मुंबई में रजिस्टर्ड वाहनों का उपयोग करने वाले वाहन मालिकों की संख्या बड़ी है। एचएसआरपी के लिए प्रक्रिया करते समय केवल मुंबई के फिटमेंट केंद्र ही दिखाए जा रहे हैं। इससे वाहन मालिकों के मन में यह सवाल उठ रहा है कि मुंबई में रजिस्टर्ड और गांव में इस्तेमाल होने वाले वाहनों पर एचएसआरपी कैसे लगाई जाए?
क्या है एचएसआरपी प्लेट?
दरअसल एचएसआरपी में एक पंजीकरण प्लेट होती है। इसमें विशिष्ट पहचान संख्या (यूआईएन), स्टिकर और लेजर कोड जैसी विशेषताएं होती हैं। इसमें छेड़छाड़ या परिवर्तन नहीं किया जा सकता। इससे उन वाहनों से संबंधित अपराधों की निगरानी और रोकथाम में मदद मिलती है। इससे 1 अप्रैल 2019 से पहले रजिस्टर्ड सभी वाहनों के लिए एचएसआरपी अनिवार्य हो गया है। इसके लिए 30 जून की समय सीमा तय की गई है।
मुंबई में रजिस्टर्ड वाहन मालिकों के लिए सवाल
परेल में रहने वाले गणेश पाटिल की बाइक मुंबई में रजिस्टर्ड है। इसे पिछले पांच सालों से कोंकण के एक गांव में रखा गया है। इस बाइक का उपयोग गांवों और बस्तियों में आने-जाने के लिए किया जाता है। एचएसआरपी के लिए आवेदन करने की ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी करने के बाद केवल मुंबई में ही फिटमेंट सेंटर दिखाए जाते हैं। क्योंकि बाइक मुंबई में रजिस्टर्ड है। कहा जा रहा है कि पुराने वाहनों में एचएसआरपी नहीं होने पर जुर्माना लगाया जाएगा। उन्होंने कहा कि हमारी इच्छा के बावजूद हम एचएसआरपी नहीं लगा पाए हैं, क्योंकि कोई फिटमेंट सेंटर नहीं है।
क्या है विभाग की तैयारी
महाराष्ट्र के सभी क्षेत्रीय-उपक्षेत्रीय परिवहन कार्यालयों (आरटीओ) को तीन सर्किलों में विभाजित किया गया है। प्रत्येक बोर्ड के लिए एक अधिकृत एजेंट नियुक्त किया गया है। क्षेत्रीय-उप-क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय, जहां वाहन रजिस्टर्ड है। उसके आसपास के फिटमेंट केंद्रों की सूची और समय ऑनलाइन प्रणाली में प्रदर्शित किए जाते हैं। परिवहन आयुक्तालय को अभी तक मुंबई में रजिस्टर्ड और गांव में इस्तेमाल किए जा रहे वाहनों के बारे में कोई शिकायत नहीं मिली है। परिवहन आयुक्तालय ने स्पष्ट किया कि इस संबंध में उचित सावधानियां बरती जाएंगी।
वारिस पठान का बॉलीवुड पर हमला: जवानों के लिए नहीं बोलते सितारे
16 May, 2025 12:29 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पिछले कुछ दिनों में AIMIM चीफ असदुद्दीन ओवैसी पाकिस्तान और आतंकवाद के खिलाफ खुलकर अपनी आवाज उठा रहे हैं. उनकी पार्टी के प्रवक्ता वारिस पठान भी मुखर होकर हर मुद्दे पर जवाब दे रहे हैं. भारत-पाकिस्तान तनाव पर देश के लगभग सभी लोगों ने अपनी-अपनी राय रखी है. मुद्दा चाहे पहलगाम आतंकी हमले का हो या फिर उसकी जवाबी कार्रवाई 'ऑपरेशन सिंदूर' का, वहीं बॉलीवुड गलियारों से खासा आवाज नहीं उठने के कारण कई तरह के सवाल पूछे जा रहे हैं. वारिस पठान ने अपने ताजा बयान में ऐसे तमाम सेलिब्रिटीज को घेरा है.
वारिस पठान ने कहा, "ये जो सेलिब्रिटी हैं, उन्हें यहां भारत से नाम मिला, भारत से दौलत कमाई, इज्जत कमाई, तो जब ऐसा समय आता है तो लोगों की अपेक्षा होती है कि ये लोग अपनी चुप्पी तोड़ेंगे और हमारे भारत के जवानों के साथ खड़े रहेंगे. एक अल्फाज तो कम से कम ये बोलें. कोई अल्फाज नहीं बोलते हैं वो और आप लोग उनको अनमोल रत्न बनाकर घूम रहे हैं."
उन्होंने आगे कहा, "आप उनके पीछे भाग रहे हैं, एयरपोर्ट पर उनके वीडियो बना रहे हैं. वो जिम जा रहे हैं तो उनके वीडियो बनाते हैं, जबकि एक भी अल्फाज नहीं बोलते वो. जो भारत देश का नहीं, वो हमारा नहीं. पब्लिक के अंदर एक गुस्सा है कि जिसको हमने नवाजा, वो आज खामोश बैठे हैं. हमारे बहादुर सिपाहियों का उत्साह बढ़ाओ, उनकी प्रशंसा करो कि हां, उन्होंने बहादुरी के साथ आतंकियों को ढेर किया. हमारे लिए देश का सेलिब्रिटी और हीरो, देश का एक-एक जवान है."
व्योमिका सिंह की जाति वाली टिप्पणी पर क्या बोले वारिस पठान?
वहीं, सपा नेता रामगोपाल यादव ने 'ऑपरेशन सिंदूर' की जानकारी देने वाली वायुसेना की कमांडर व्योमिका सिंह को लेकर जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया, जिसके बाद इस मामले ने तूल पकड़ लिया. वारिस पठान ने इस मामले पर कहा, "सेना के खिलाफ इस तरह की अभद्र टिप्पणी करना सरासर गलत है. यह निंदनीय है, इसकी जितनी भी निंदा की जाए कम है. उनकी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव को उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए. हम सेना का अपमान बर्दाश्त नहीं करेंगे. हम अपनी सेना पर गर्व करते हैं और सैल्यूट करते हैं अपनी सेना को. सेना का अपमान किसी भी कीमत पर सहन नहीं किया जाएगा."
Breaking नंदुरबार-सूरत सेक्शन पर बड़ा रेल हादसा, अमलनेर में मालगाड़ी पटरी से उतरी, यातायात बाधित
15 May, 2025 06:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मुंबई: जलगांव से सूरत जा रही कोयले से लदी मालगाड़ी आज दोपहर पश्चिम रेलवे के मुंबई सेंट्रल डिवीजन के अमलनेर स्टेशन के पास पटरी से उतर गई। यह घटना दोपहर करीब 2:18 बजे हुई, जब ट्रेन लूप लाइन से सूरत की ओर मेन लाइन पर जा रही थी। इंजन समेत कुल सात वैगन पटरी से उतर गए, जिससे अप और डाउन दोनों लाइनों पर पूरी तरह जाम लग गया।
पटरी से उतरी ट्रेन गांधीनगर के पास जीएनसी के लिए कोयला लेकर जा रही थी। सौभाग्य से, किसी के घायल होने या हताहत होने की खबर नहीं है। रेलवे अधिकारियों ने पुष्टि की है कि जल्द से जल्द सामान्य ट्रेन परिचालन बहाल करने के लिए सभी प्रयास किए जा रहे हैं। अधिकारियों के अनुसार, जांच पूरी होने के बाद ही पटरी से उतरने का कारण स्पष्ट हो पाएगा। पटरी से उतरने के तुरंत बाद, नंदुरबार, उधना और भुसावल से दुर्घटना राहत ट्रेनें बहाल करने की प्रक्रिया में सहायता के लिए रवाना की गईं। वरिष्ठ रेलवे अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं और परिचालन की निगरानी कर रहे हैं।
महाराष्ट्र: रैकेट की परतें खोलने में जुटी पुलिस, और कौन-कौन है शामिल?
15 May, 2025 05:11 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
महाराष्ट् के पुणे के बाणेर इलाके में पुलिस ने मसाज पार्लर की आड़ में चल रहे देह व्यापार का पर्दाफाश किया है. पुलिस को इस बारे में सूचना मिल रही थी, जिस पर पुलिस ने खुफिया तरीके से मामले की जांच की. जांच के बाद पुलिस ने यह बड़ी कार्रवाई की है.
पुलिस ने बाणेर स्थित दो मसाज पार्लरों पर छापा मारकर यह कार्रवाई की. इस दौरान पुलिस ने कुल तीन लोगों को गिरफ्तार किया है और उनके खिलाफ अनैतिक मानव तस्करी प्रतिबंधक अधिनियम (PITA) के तहत मामला दर्ज किया है.
इस मसाज पार्लर पर कार्रवाई
पुलिस को सूचना मिली थी कि बाणेर के बालेवाड़ी फाटा इलाके में स्थित ‘वेदा स्पा’ में मसाज के नाम पर देह व्यापार चल रहा है. सूचना की पुष्टि के लिए पुलिस ने एक फर्जी ग्राहक को भेजा. जानकारी सही निकलने पर पुलिस ने तत्काल छापा मारा.
पुलिस ने मामले में तीन लोगों को किया गिरफ्तार
कार्रवाई के दौरान मसाज पार्लर के मैनेजर मोहीमुद्दीन अहमद अली (22), मसाज पार्लर संचालिका ज्योतीदेवी देवनारायण घोष (38, निवासी गहुंजे), और अमनगिरी गोस्वामी (23, निवासी मुकाई चौक, रावेत) को हिरासत में लिया गया. इन तीनों के खिलाफ पिंपरी-चिंचवड पोलिस आयुक्तालय के अंतर्गत पिंपळे निलख पुलिस स्टेशन में केस दर्ज किया गया है.
कब से चल रहा था धंधा?
पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि इस रैकेट से और कौन-कौन लोग जुड़े हैं और इस धंधे को कितने समय से चलाया जा रहा था. मसाज पार्लर की आड़ में चल रहे ऐसे अवैध धंधों पर अब पुलिस की नजरें और तेज होने की उम्मीद जताई जा रही है. पुलिस मामले में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है. पुलिस यह पता लगा रही है कि इससे और कितने लौग जुड़े हैं.
सीएम मोहन यादव की ताबड़तोड़ बैठकें आज, विभागीय प्रदर्शन पर फोकस
यूपी में सनसनी: युवती की हत्या के मामले में बड़ा खुलासा
93 लाख फॉलोअर्स के साथ कॉकरोच जनता पार्टी ने बनाया नया रिकॉर्ड
‘सभी मदरसों में वंदे मातरम जरूरी’, बंगाल में नए फैसले पर सियासत तेज
अब 28 मई तक बिकेगा गेहूं, सरकार ने बढ़ाई उपार्जन अवधि
कैबिनेट मीटिंग में विभागों के कामकाज की होगी समीक्षा
