महाराष्ट्र
मनसे प्रमुख राज ठाकरे की फडणवीस से मुलाकात, क्या बदलने वाला है सियासी समीकरण?
21 Aug, 2025 01:43 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मुंबई: महाराष्ट्र में एक बार फिर से बड़ी सियासी हलचल सामने आई है। स्थानीय निकाय चुनावों से पहले गुरुवार को मुख्यमंत्री फडणवीस और राज ठाकरे के बीच मुलाकात हुई। इस मुलाकात की जानकारी सामने आते ही राज्य की सियासत गरमा गई, क्योंकि एक दिन पहले ही बेस्ट चुनाव के नतीजों में ठाकरे ब्रदर्स की करारी हार हुई थी। इसमें शशांक राव के पैनल ने जीत हासिल की थी। दोनों नेताओं की मुलाकात के बाद चर्चा शुरू हो गई कि क्या राज ठाकरे फिर से मन बदल रहे हैं? सीएम फडणवीस से मुलाकात के बाद महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के चीफ राज ठाकरे ने खुद वजह का खुलासा किया है। दोनों की मुलाकात 15 मिनट तक चली। यह भी जानकारी सामने आई है कि उद्धव ठाकरे ने भी फडणवीस को फोन किया था।
फडणवीस से क्यों मिले राज ठाकरे
मनसे चीफ राज ठाकरे के अनुसार उन्होंने सीएम फडणवीस से मुलाकात में मुंबई के हालात पर चर्चा की। ठाकरे ने मुलाकात के बाद मीडिया को संबोधित किया और कहा कि 400 मिमी बारिश हुई, राज्य सरकार ने इस पर कोई काम नहीं किया। हम कबूतरों और हाथियों के मुद्दों में इतने उलझे रहे कि बाकी बातों पर ध्यान ही नहीं दिया। राज ठाकरे ने कहा कि मुख्यमंत्री से मुलाकात में उन्होंने मुंबई समेत मेट्रोपॉलिटन रीजन (MMR) में टाउन प्लानिंग नहीं होने की कमी को उठाया। उन्होंने कहा कि गौरतलब हो कि मुंबई में पिछले कुछ दिनों में हुई बारिश के दौरान कभी जलभराव हुआ था। बुधवार को राज ठाकरे ने कहा था कि मुंबई में टाउन प्लानिंग की कमी है। दोनों नेताओं की मुलाकात ऐसे वक्त पर हुई है जब राज ठाकरे और उद्धव ठाकरे के स्थानीय निकाय चुनाव एक साथ लड़ने की प्रबल संभावना व्यक्त की जा रही है।
मुख्यमंत्री फडणवीस से मुलाकात में मुंबई की स्थिति पर चर्चा हुई। इसमें ट्र्रैफिक की समस्या भी उठाई। टाउन प्लानिंग का मुद्दा उठाया। मैंने मुख्यमंत्री से कहा कि हम कबूतरों और हाथियों में इतने उलझे हुए हैं कि बुनियादी बातों पर ध्यान ही नहीं दे रहे हैं।
दोनों की पहली मुलाकात
जुलाई में राज ठाकरे ने मराठी अस्मिता के नाम पर अपने भाई उद्धव ठाकरे ने मंच साझा किया था। इस मौके पर उन्होंने कहा था कि जो काम बालासाहेब ठाकरे नहीं कर पाए वह काम फडणवीस ने कर दिया। उन्होंने महाराष्ट्र सरकार द्वारा राज्य पर हिंदी थोपने का आरोप लगाकर हमला बोला था। तब यह बयान फडणवीस पर सीधा हमला माना गया था। पांच जुलाई को वर्ली के कार्यक्रम के बाद दोनों के बीच यह पहली मुलाकात है। राज ठाकरे सीएम फडणवीस से उनके आधिकारिक निवास वर्षा बंगले पर ही मिले।
वदवानी कोर्ट में मिला सरकारी वकील का शव, चेंबर में लटकी मिली लाश
21 Aug, 2025 01:35 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छत्रपति संभाजीनगर : महाराष्ट्र के बीड जिले से हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां के माजलगांव तहसील की वदवानी सिविल और क्रिमिनल कोर्ट में असिस्टेंट पब्लिक प्लीडर विनायक चंदेल (45) अपने चेंबर में मृत पाए गए। यह घटना बुधवार की सुबह हुई। विनायक चंदेल की लाश उनके चेंबर में फांसी के फंदे से लटक रही थी। पुलिस को एक सुइसाइड नोट मिला है, जिस पर वकील ने आत्महत्या की बात कहते हुए दो लोगों के नाम लिखे हैं। बीड के पुलिस अधीक्षक नवनीत कंवाट ने बताया कि सूचना पर पहुंची पुलिस ने विनायक चंदेल के चेंबर से एक सुइसाइड नोट बरामद किया है। इस नोट में दो लोगों के नाम लिखे हैं। उन्होंने कहा कि हमें अभी तक मृतक के परिवार से कोई औपचारिक शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इसी साल जनवरी में बने थे सरकारी वकील
विनायक चंदेल की उनके चेंबर में मौत से कई लोग हैरान हैं। वह मूल रूप से परभणी जिले के रहने वाले थे और परभणी बार से जुड़े थे। विनायक चंदेल ने मुंबई में लॉ ऑफिसर के रूप में भी काम किया था। विनायक ने महाराष्ट्र पब्लिक सर्विस कमीशन (MPSC) की परीक्षा पास की थी। इसके बाद वह इसी साल जनवरी में असिस्टेंट पब्लिक प्रॉसिक्यूटर बने थे। उनकी पोस्टिंग वदवानी कोर्ट में हुई थी।
किराए के कमरे में अकेले रहते थे
विनायक चंदेल के साथ काम करने वालों ने बताया कि वह अपने काम के प्रति समर्पित थे। उन्होंने अपने छोटे से कार्यकाल में ईमानदारी से काम किया। उनकी छवि बहुत अच्छी थी। पुलिस ने बताया कि विनायक का परिवार परभनी में ही रहता है। वह वदवानी में एक वकील के किराए के मकान में अकेले रहते थे।
सुबह जल्दी पहुंचे
बुधवार की सुबह जल्दी विनायक कोर्ट परिसर में स्थित अपने चेंबर में पहुंचे। यहां उन्होंने चेंबर को अंदर से बंद कर लिया। उन्होंने शॉल का इस्तेमाल करके खिड़की की ग्रिल से फांसी लगा ली। उनका शव सुबह करीब 10 बजे मिला। उस समय कोर्ट के कर्मचारी और वकील काम के लिए आए थे। पुलिस ने शव का पंचनामा करके पोस्टमॉर्टम के लिए ग्रामीण अस्पताल भेज दिया। पोस्टमॉर्टम के बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए परिवार को दे दिया गया। पुलिस ने एक्सीडेंटल डेथ का मामला दर्ज कर लिया है। अधिकारियों ने कहा कि आगे की कार्रवाई विनायक चंदेल के परिवार की ओर से तहरीर आने के बाद होगी।
महाराष्ट्र में अफसरों ने खुद को बताया लाभार्थी! लाडली बहन योजना में फर्जीवाड़ा उजागर
21 Aug, 2025 01:28 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मुंबई : महाराष्ट्र में मुख्यमंत्री लाडली योजना में बड़ा घोटाला सामने आया है। पता चला है कि कई पुरुषों ने लाडली बहिन योजना का लाभ लिया। यहां तक कि सरकारी बाबूओं ने इसमें धांधली की और लाडली बहिन योजना की रकम अपने खातों में ट्रांसफर की। अब सरकार ने एक आदेश जारी कर कहा है कि जिन सरकारी बाबुओं ने ‘लाडली बहन’ योजना का फायदा लिया है, उन पर कार्रवाई की जाए। इधर, लाडली बहनों के नाम पर तमाम पुरुषों ने भी लाभ लिया है। उनकी भी जांच का आश्वासन महिला एवं बाल विकास मंत्री अदिति तटकरे ने दिया है।
1183 सरकारी बाबूओं ने लिया लाडली योजना का लाभ
जांच के दौरान पाया गया कि 1183 सरकारी बाबुओं के खाते में योजना के तहत पैसा जमा किए गए हैं। अब इन पर कार्रवाई करने का आदेश जारी किया गया है। बुधवार को महिला एवं बाल विकास मंत्री अदिति तटकरे ने कहा कि सरकार 12,000 से अधिक उन पुरुषों के खातों की जांच कर रही है, जिनमें कथित तौर पर लाडकी बहिन योजना की राशि प्राप्त की गई थी। उन्होंने कहा कि हम जांच कर रहे हैं कि क्या परिवार की महिला सदस्य की राशि घर के किसी पुरुष सदस्य के खाते में जमा हो रही है।
आधार से लिंक नहीं थे खाते
मंत्री ने दावा किया कि कुछ लोग यह साबित करना चाहते हैं कि योजना खराब है। पिछले साल इस योजना के लिए पंजीकृत 50 लाख बैंक खातों को आधार से नहीं जोड़ा गया था। यह (आधार से जोड़ना) ‘लाडली बहन’ योजना की वजह से हुआ। इससे महिला लाभार्थियों को न केवल ‘लाडली बहन’ कार्यक्रम के तहत मासिक किस्त प्राप्त करने में मदद मिलेगी, बल्कि उनके अन्य कार्यों में भी मदद मिलेगी।
BMC चुनाव से पहले उद्धव-राज को बड़ा झटका, BEST चुनाव में पूरी तरह फेल
20 Aug, 2025 03:44 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मुंबई : बीएमसी समेत महाराष्ट्र में निकाय चुनाव होने हैं। निकाय चुनाव में उद्धव ठाकरे की शिवसेना और राज ठाकरे की महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना मिलकर मैदान में उतरने की तैयारी कर रही है। निकाय चुनाव से पहले ठाकरे ब्रदर्स ने महाराष्ट्र में बृहन्मुंबई इलेक्ट्रिक सप्लाई एंड ट्रांसपोर्ट (बेस्ट) लड़ा। इस चुनाव को उनका टेस्ट बताया जा रहा था, जिसमें वे फेल हो गए हैं। बेस्ट से जुड़ी कोऑपरेटिव क्रेडिट सोसायटी के चुनाव शिवसेना और एमएनएस का पैनल 21 सीटों पर चुनाव लड़ा था और वे सभी 21 सीटों पर हार गए हैं। इस चुनाव के लिए दोनों पार्टियों के साथ आने के बाद से उनके बीच पूरे महाराष्ट्र में गठबंधन की चर्चा तेज हो गयी है। बेस्ट कामगार सेना (शिवसेना-उद्धव बालासाहेब ठाकरे से संबद्ध) के अध्यक्ष सुहास सामंत ने कहा कि उद्धव ठाकरे-राज ठाकरे गठबंधन के सभी 21 उम्मीदवारों की हार हैरान कर देनेवाली है।
बुरी हार मिली
एमएनएस और उद्धव ठाकरे की शिवसेना यह चुनाव लड़ने के लिए साथ आए थे। 20 साल बाद साथ आए ठाकरे ब्रदर्स का यह पहला चुनाव था, जो वे साथ मिलकर लड़े। हालांकि उन्हें बुरी हार का सामना करना पड़ा।
बुधवार को हुआ रिजल्ट का ऐलान
मुंबई महानगरपालिका के उपक्रम बेस्ट के कर्मचारियों से जुड़ी हाई-प्रोफाइल सहकारी ऋण समिति के चुनाव के लिए सोमवार को मतदान हुआ। मतगणना मंगलवार को शुरू हुई और देर रात तक जारी रही। बुधवार को सभी 21 सीटों के रिजल्ट जारी कर दिए गए। शशांक राव के प्रतिद्वंद्वी पैनल ने सबसे ज़्यादा 14 सीटें जीतीं हैं।
उत्कर्ष नाम का बनाया था पैनल
सामंत ने दावा किया कि इस चुनाव में धन का बोलबाला रहा। बेस्ट क्रेडिट सोसाइटी का चुनाव लड़ने के लिए शिवसेना (यूटीबी) और एमएनएस ने ‘उत्कर्ष’ नाम का एक पैनल बनाया था। इस पैनल के 21 सदस्य थे। 21 सदस्यों में से उद्धव ठाकरे की शिवसेना से 18, राज ठाकरे के एमएनएस से दो और अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति संघ से एक सदस्य शामिल थे।
बीएमसी चुनाव में गठबंधन
एमएनएस नेता संदीप देशपांडे ने आरोप लगाया कि बेस्ट क्रेडिट सोसायटी में मतदाताओं को लुभाने के लिए धन का इस्तेमाल किया जा रहा है। यह चुनाव राज्य में आगामी स्थानीय निकाय चुनावों के लिए शिवसेना यूटीबी और मनसे के बीच संभावित गठबंधन की अटकलों के बीच हुआ है। इसमें बृहन्मुंबई महानगर पालिका (बीएमसी) का चुनाव भी शामिल है। उद्धव ठाकरे की शिवसेना और राज ठाकरे की एमएनएस के नेताओं ने कहा था कि बेस्ट में मनसे के पास पर्याप्त संख्याबल नहीं है, लेकिन यह चुनाव दोनों पार्टियों को राज्य में आगामी स्थानीय निकाय चुनावों से पहले एक साथ आने का मौका देगा। उन्होंने कहा कि इससे लोगों को दोनों दलों की एकता का राजनीतिक संदेश भी मिलेगा।
शशांक राव का पैनल जीता
भारतीय जनता पार्टी विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) प्रसाद लाड ने सहकारी ऋण समिति चुनावों के लिए 'सहकार समृद्धि' पैनल की घोषणा की थी। एक अधिकारी ने पहले बताया था कि चुनाव मैदान में पांच पैनल हैं, जिनमें से एक यूनियन नेता शशांक राव का है। उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना से संबद्ध एक यूनियन भी है।
बेस्ट चुनाव क्या
बेस्ट एम्प्लॉइज कोऑपरेटिव क्रेडिट सोसाइटी लिमिटेड में इस निकाय के मौजूदा और पूर्व कर्मचारी सदस्य हैं, जो निर्वाचक मंडल का गठन करते हैं। इस क्रेडिट सोसाइटी के 15,000 से ज़्यादा सदस्य हैं और वर्षों से इस पर बेस्ट कामगार सेना का दबदबा रहा है, जो उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (उबाठा) से संबद्ध है।
ओबेरॉय मॉल या वॉटर पार्क? मुंबई बारिश में गोरेगांव मॉल बना स्वीमिंग पूल!
20 Aug, 2025 03:34 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मुंबई : महाराष्ट्र में बहुत बारिश हो रही है। मुंबई का हाल बेहाल हो गया है। शहर में बाढ़ की तस्वीरों और वीडियो को इंटरनेट पर बाढ़ आई है। लोग मुंबई बारिश के बाद हुए हाल को लेकर चर्चा कर रहे हैं। बीएमसी के दावों की पोल खुल गई है। इसी बीच गोरेगांव ओबेरॉय मॉल का एक वीडियो सामने आया है। मॉल के चारों तरफ पानी भरी है। कुछ लोग इसमें तैर रहे हैं। देखने में लग रहा है कि मानो यह वॉटर पार्क हो।
वीडियो में दिख रहा है कि सड़क पर इतना पानी भर गया है कि बच्चे उसमें तैर रहे हैं। ऐसा लग रहा है जैसे यह सड़क नहीं कोई वॉटर पार्क है। एक यूजर ने इस घटना का वीडियो शेयर किया। वीडियो तुरंत सोशल मीडिया पर छा गया और लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचा।
गोरेगांव को बताया हरिद्वार की गंगा जी
मुंबई में गोरेगांव में बाढ़ देखकर इंटरनेट पर लोग हैरान हैं। वीडियो सामने आते ही लोगों ने इसे खूब देखा और वे हैरान रह गए कि मुंबई के इतने पॉश इलाके में ऐसा हो रहा है। कई लोगों ने इस पर मजाक भी किया और कहा कि भ्रष्टाचार की वजह से ऐसा हो रहा है। एक यूजर ने लिखा कि लग रहा है जैसे गंगा घाट हरिद्वार हो।
लोगों ने कसा तंज- फ्री का स्वीमिंग पूल
एक अन्य यूजर ने लिखा कि आपकी सरकार आपको मुफ्त में स्विमिंग पूल दे रही है और आप फिर भी धन्यवाद नहीं दे रहे। एक दूसरे यूजर ने लिखा सिर्फ 2 दिन की बारिश में दुनिया के बड़े शहर चरमरा जाएंगे... हम फिर भी ठीक हैं। और यह सड़क इतनी पॉश भी नहीं है। एक यूजर ने लिखा भाईसाहब, यह मुंबई है, और इसे साफ होना चाहिए, और इसका ड्रेनेज सिस्टम वर्ल्ड-क्लास होना चाहिए। इसके लिए कोई बहाना नहीं है, सॉरी। एक अन्य यूजर ने लिखा कि मुंबई में बीएमसी का बजट 74427 हजार करोड़ है। वाराणसी का बजट 1568 करोड़ है, फिर भी वह साफ है। कभी यहां आओ, भाई, मैं तुम्हें घुमाऊंगा
मुंबई में बारिश का हाल
मुंबई के कई हिस्सों में पिछले 24 घंटे में 200 मिलीमीटर से अधिक बारिश हुई, जिसमें पूर्वी उपनगरों के विक्रोली में सर्वाधिक 255.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग (आईएमडी) ने मंगलवार को यह जानकारी दी। मंगलवार सुबह साढ़े आठ बजे समाप्त हुए पिछले 24 घंटे की अवधि में सांताक्रूज वेधशाला ने 238.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की, जबकि कोलाबा वेधशाला ने 110.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की। सांताक्रूज वेधशाला में पश्चिमी उपनगरों और कोलाबा वेधशाल में दक्षिण मुंबई की मौसम से जुड़ी जानकारी जुटाई जाती है। आईएमडी ने बताया कि विक्रोली में सबसे अधिक 255.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, इसके बाद भायखला में 241 मिलीमीटर, जुहू में 221.5 मिलीमीटर और बांद्रा में 211 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। शहर के महालक्ष्मी इलाके में तुलनात्मक रूप से कम 72.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
6 लोग फंसे, टॉयलेट की नहीं मिली सुविधा – ट्वीट करते ही हरकत में आई मुंबई पुलिस
20 Aug, 2025 02:03 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मुंबई: सोशल मीडिया के जरिए पालघर के नायगांव में बापने पुलिस चौकी के पास करीब चार घंटे तक फंसे रहे कांदिवली के छह लोगों तक मदद पहुंचाने में मुंबई पुलिस कामयाब रही। काउंसलिंग साइकोलॉजिस्ट सोनल पारदीवाला ने मुंबई पुलिस के प्रति आभार जताते हुए कहा कि उन्होंने मुंबई पुलिस के X अकाउंट पर दोपहर 3:31 बजे आपबीती पोस्ट किया था। वे लोग हाईवे पर करीब साढ़े तीन घंटे तक असहाय थे। इस दौरान वे शौचालय का भी उपयोग नहीं कर पाए थे।
सोनल ने कहा कि वह पति के साथ 10 बजे वाडा से अपने दो बेटों और उनके दो दोस्तों को लेकर दो कारों में लौट रहे थे। दोपहर 12 बजे नायगांव (ईस्ट) के बापने पहुंचे, लेकिन पूर्व और पश्चिम नायगांव को जोड़ने वाले जलभराव के कारण गाड़ियों को रोक दिया गया था। जाम में फंसने के कारण उन्होंने @MumbaiPolice पर पोस्ट किया कि हम #BapnePolicestation पर फंसे हुए हैं और आगे बढ़ने में असमर्थ हैं, नहीं जानते कहां जाएं। लेकिन, मुंबई की ओर जा रहे हैं। कृपया मार्गदर्शन करें। हर जगह जलभराव है। हमें कोई होटल नहीं पता है।
इस पोस्ट के बाद मुंबई पुलिस का सोशल मीडिया विंग सक्रिय हो गया और मुंबई पुलिस के एक कर्मी ने फोन कर उनके अधिकार क्षेत्र के बाहर मीरा-भायंदर पुलिस के प्रभारी से फोन पर बात कर मदद करने की अपीली की। सोनल के अनुसार, मुंबई पुलिस के फोन आने के बाद बापने पुलिस स्टेशन के प्रभारी ने उन्हें शौचालय का उपयोग करने की अनुमति दी। दरअसल सीपी देवेन भारती ने मुख्य नियंत्रण कक्ष का दौरा कर सभी पुलिस स्टेशनों को सतर्क रहने और लोगों को ट्वीट पर आए मदद का संग्यान लेते हुए तुरंत सहायता करने का निर्देश दिए हैं।
मुंबई में आफत की बारिश: 9 घंटे में बेहाल जनजीवन, लोकल से लेकर दफ्तर सब बंद
20 Aug, 2025 01:44 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मुंबई : बारिश से निपटने की बीएमसी और रेलवे की तैयारियां मंगलवार को हुई महज 9 घंटे की बारिश में बह गई। इस बारिश ने मुंबई को अस्त-व्यस्त कर दिया प्रशासन के दावे हर गली सड़क पर बहते नजर आए लगातार बारिश के बीच सेंट्रल रेलवे पर सुबह 11:30 बजे से ट्रेन सेवाएं उप हुई, जो शाम 7:30 बजे बहाल हो सकी। मौसम विभाग के अनुसार सुबह 8:30 बजे से शाम 5:30 बजे के बीच उपनगर में 163 MIM बारिश दर्ज की गई।
हालांकि, सरकार की ओर से तमाम बड़े नेताओं और अधिकारियों ने स्थिति की समीक्षा की असल समस्या मीठी नदी के बढ़ते जलस्तर की वजह से हुई मीठी नदी का सामान्य स्तर 2.7 मीटर है, जबकि दिन में यह 3.9 मीटर तक पहुंच गया। जिसके चलते मुंबई की रफ्तार पर ब्रेक लग गया।
ठाणे, नवी मुंबई और पालघर के हालात भी खराब
वही एमएमआर के हालात भी अलग नहीं थे। ठाणे जिले के कई हिस्सों में जलभराव हो गया, जिसके चलते 200 से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाना पड़ा। दहागांव में यातायात रुक गया। यहां चंद्रा नदी उफान पर है। वाल्कास में भी पुल जलमग्न हो गया। कई स्थानों पर ट्रेन-बस सेवाएं प्रभावित रहीं।
वसई-विरार, पनवेल में लोगों को किया गया रेस्क्यू
MMR में भी जोरदार बारिश से कई जगह पानी भर गया। सबसे ज्यादा दिक्कत मुंबई-अहमदाबाद हाइवे पर हुई, जहां पूरी तरह ट्रैफिक ठप रहा। वही, वसई-विरार में करीब 500 और पनवेल में 400 लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। इसके अलावा उल्हास नदी के उफान पर होने से ट्रैफिक बंद रहा, वही ठाणे में उपवन नदी का पानी सड़क पर आ गया। मीरा-भाईंदर के कई निचले इलाकों में पानी भर गया और भिवंडी शहर भी बुरी तरह प्रभावित हुआ।
लोकल ट्रेनें बुरी तरह प्रभावित
मुंबई की लाइफलाइन कही जाने वाली लोकल ट्रेन सेवा बुरी तरह प्रभावित रही। कई स्थानों पर ट्रैक पर पानी जमा हो गया। इससे मध्य रेलवे, पश्चिम रेलवे और हार्बर लाइन पर लोकल सेवाएं बाधित हुईं। ठाणे से सीएसएमटी जाने वाली सभी ट्रेनें रद्द करनी पड़ीं। ट्रैक पर जमा पानी की वजह से हजारों यात्री प्लैटफॉर्म पर फंसे रहे। वसई-डहाणू सेक्शन में भी पानी भरने के कारण लोकल ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहा।
कई ट्रेनें हुईं रद्द
मध्य रेलवे के मुताबिक, बारिश के चलते लंबी दूरी की गाड़ियों में 16 गाड़ियां पुनर्निर्धारित की गई है। 7 पेयर ट्रेन रद्द किया गया है। 5 ट्रेन को शार्ट टर्मिनेट और शोर्ट ओरिजिनेट किया गया। इसमें 3 गाड़ियां पुणे, 1 पनवेल और 1 नाशिक रोड से री-ओरिजिनेट करने का निर्णय लिया गया। वहीं पश्चिम रेलवे पर लोकल ट्रेनें देरी से चली और दो ट्रेनों को रद्द करना पड़ा है।
दोपहर बाद फंसे हुए यात्रियों के लिए पहली ट्रेन
ठाणे से कुर्ला के बीच फंसे हुए यात्रियों के लिए मध्य रेलवे ने दोपहर बाद एक विशेष ट्रेन चलाई। एक लोकल रैक को कुर्ला और कल्याण के बीच चलाने का प्रयास किया गया। यह रैक इस रूट पर जितने यात्री स्टेशनों पर फंसे हुए थे, उन्हें लेकर कल्याण की तरफ बढ़ा।
20 साल बाद भी नहीं सुधरी हालात
हर साल बारिश में मुंबई लोकल की लोकल ट्रेनें थमती है। शासन-प्रशासन 2005 की बाढ़ के बाद इस समस्या का हल निकालने की बात कही थी। लेकिन 20 साल बाद भी सरकारी इंतजाम जस का तस दिखाई दे रहा है। रेलवे यात्रियों ने कहा कि अगर 2005 की तरह आज भी बारिश होता, तो मुंबई की हालत तबसे अधिक ख़राब होती। कल्याण स्टेशन के एक यात्री संजय ने कहा कि 2005 की तुलना में लगभग एक चौथाई बारिश हुई है, तब हालात इतने बदतर हुए हैं। रेलवे प्रशासन को शीशे की जगह अपने मुख पर लगे धूल को साफ़ करने की जरूरत
कैसे, क्या, क्यों हुआ ?
- सुबह 9:16 पर 3.75 मीटर का हाई टाइड समुद्र में था, जिसे ज्यादा खतरनाक नहीं माना जाता है अमूमन हाई टाइड जाने के बाद बारिश में भी संकट अधिक नहीं होता है दोपहर में 3:16 बजे 2.22 मीटर का लो-टाइड था, जिसके चलते फ्लड गेट खोलने में अड़चन हुई।
- विहार झील सोमवार को ओवरफ्लो हुई थी। मंगलवार को भी यह ओवरफ्लो होती रही, जिसका अतिरिक्त पानी मीठी नदी में आता है। इस वजह से मीठी नदी का जलस्तर नीचे नहीं हुआ।
- एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, मीठी नदी के आउटलेट यानी माहिम में चौड़ाई कम है, जिससे पानी समुद्र में जाने की रफ्तार धीमी रही। जिसका असर शहर में पानी भरने के रूप में देखा गया।
- ट्रैक से पानी मीठी नदी तक ले जाने वाले नालों की सफाई का दावा रेलवे और बीएमसी हर साल करती है। लेकिन मंगलवार को सब दावे पानी में बह गए। हाई पावर पंप भी काम नहीं आए।
मुंबई रेन अपडेट: कैबिनेट से सीधे ग्राउंड पर पहुंचे CM शिंदे, मीठी नदी का खतरा देख लिया स्टॉक
20 Aug, 2025 01:34 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मुंबई: उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे मदद करने में हमेशा आगे रहते हैं। मंगलवार को भारी बारिश के बाद भी लोगों की मदद के लिए पहुंचे। यहां तक कि कैबिनेट की बैठक में शामिल होने से ज्यादा महत्व उन्होंने लोगों की मदद को दिया। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी कहा कि शिंदे साहेब लोगों की मदद के लिए मैदान में हैं। वे उन खतरनाक स्थानों पर भी जा रहे हैं जहां लोगों को मदद की जरूरत है।
मीठी नदी उफान पर
मंगलवार को जिस वक्त तेज बारिश हो रही थी उस वक्त डीसीएम शिंदे मुंबई और ठाणे के उन इलाकों में जा रहे थे जहां पानी भर गया था। कुर्ला पश्चिम के मीठी नदी क्रांति नगर पहुंचे जहां पर पानी उफान पर था। स्थानीय विधायक दिलीप लांडे डीसीएम को बता रहे थे कि बारिश के कारण यहां पर लोगों को किस तरह की परेशानी हो रही है और प्रशासन क्या कुछ कर रहा है।
शिंदे ने दिए आदेश
डीसीएम शिंदे ने अधिकारियों से कहा कि जिन लोगों को नदी के किनारे से हटाया गया है उनकी प्रशासन और बीएमसी पूरी देखभाल करे। उन्हें चाय, नाश्ता, पानी इत्यादि की व्यवस्था करे। इसके बाद डीसीएम शिंदे विक्रोली पार्क साइड के उन खतरनाक पहाड़ियों के करीब गए जहां भूस्खलन की शिकायत आम बात है।
शिंदे ने बीएमसी कमिश्नर को फोन कर बात की
उपमुख्यमंत्री शिंदे ने बीएमसी कमिश्नर को फोन कर बात की। पत्रकारों से बात करते हुए डीसीएम शिंदे ने कहा कि मीठी नदी के किनारे एनडीआरएफ की टीम तैनात की गई है। वहां नाव सहित मदद कार्य की सभी वस्तुएं रखी गई है। उन्होंने आगे बताया कि राज्य सरकार और बीएमसी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह से तैयार है। उन्होंने लोगों से अपील कि वे लोग सतर्क रहे और अनिवार्य हो तो ही घर से बाहर निकले। उपमुख्यमंत्री शिंदे अपने गृह जिले ठाणे के भी उन इलाकों में पहुंचे जहां पानी भर गया था।
यात्रियों के लिए जरूरी सूचना! SpiceJet, Indigo और Akasa Air की एडवाइजरी पर ध्यान दें
19 Aug, 2025 01:06 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मुंबई : छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट ने भारी बारिश को देखते हुए यात्रियों के लिए ट्रैवल एडवाइजरी जारी की है। प्रशासन ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे एयरपोर्ट निकलने से पहले अपनी फ्लाइट के बारे में जानकारी जरूर लें। इंडिगो, अकासा एयर और स्पाइसजेट ने यात्रियों के लिए यह ट्रैवल एडवाइजरी मुंबई में भारी बारिश के कारण जारी की है। मुंबई एयरपोर्ट जाने वाले कई रास्तों पर पानी भर गया है। इससे ट्रैफिक बहुत धीमा हो गया है और कामकाज में भी दिक्कत आ रही है। उड़ानों के आने और जाने में देरी हो सकती है। इंडिगो ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे इंडिगो ऐप या वेबसाइट पर अपनी उड़ान का स्टेटस चेक करते रहें।
इंडिगो की क्या अडवाइजरी
इंडिगो ने अपनी एडवाइजरी में कहा है कि मुंबई में भारी बारिश हो रही है। एयरपोर्ट जाने वाले कई रास्तों पर जलभराव और ट्रैफिक धीमा है। इससे उड़ानों के आने और जाने में देरी हो रही है। हमें इससे होने वाली असुविधा के लिए खेद है। अगर आपकी यात्रा का कार्यक्रम है, तो हम आपको थोड़ा पहले निकलने और हमारी ऐप या वेबसाइट पर अपनी उड़ान का स्टेटस देखते रहने की सलाह देते हैं। इंडिगो ने कहा कि हमारी टीमें स्थिति पर नजर रख रही हैं। यात्रिोयं की दिक्कतों को कम करने की कोशिश हो रही है। यात्रियों की सुरक्षा, आराम और शांति, एयरलाइन की सबसे बड़ी प्राथमिकता है। हम आपके धैर्य और समझ की कद्र करते हैं।
स्पाइसजेट की अडवाइजरी
स्पाइसजेट ने भी अपने यात्रियों के लिए ऐसी ही एडवाइजरी जारी की है। स्पाइसजेट ने कहा है कि मुंबई में खराब मौसम के कारण सभी उड़ानों के आने-जाने और उनसे जुड़ी उड़ानों पर असर पड़ सकता है। यात्रियों से अनुरोध है कि वे अपनी उड़ान का स्टेटस चेक करते रहें।
अकासा एयर की सलाह
अकासा एयर ने भी यात्रियों के लिए अडवाइजरी जारी की है। अकासा एयर ने कहा कि मुंबई, हैदराबाद, गोवा, पुणे और गुवाहाटी के कुछ हिस्सों में भारी बारिश के कारण एयरपोर्ट जाने वाले रास्तों पर ट्रैफिक धीमा हो सकता है और भीड़ बढ़ सकती है। यात्रा को आसान बनाने के लिए, हम आपसे अनुरोध करते हैं कि आप अपनी उड़ान के लिए समय पर एयरपोर्ट पहुंचने के लिए अतिरिक्त समय लेकर चलें। कृपया अपनी उड़ान का स्टेटस चेक करें।
Mumbai Weather Alert: तेज बारिश से मुंबई बेहाल, हाईटाइड ने बढ़ाई मुसीबत
19 Aug, 2025 01:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मुंबई : मौसम विभाग ने मुंबई समेत उपनगरीय इलाकों में बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। मुंबई में लगातार बारिश के बाद हालात बिगड़ गए हैं। घरों, स्कूलों, दफ्तरों से लेकर सड़कों तक पानी ही पानी है। कई इलाकों में तो घरों की पहली मंजिल तक पानी पहुंच गया। इधर बारिश के हालात को देखते हुए मंगलवार को स्कूलों की छुट्टी कर दी गई। सरकारी दफ्तर बंद हैं और प्राइवेट कंपनियों ने कर्मचारियों को वर्क फ्रॉम होम पर भेज दिया है। बारिश के चलते हुए घटनाओं में अब तक 8 लोगों की मौत हो चुकी है। लोकल ट्रेनें बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। बीएमसी ने कहा कि भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए मुंबई में मंगलवार को सभी सरकारी और अर्द्ध-सरकारी कार्यालय बंद कर दिए गए। मुंबई के सभी प्राइवेट प्रतिष्ठानों से अपील की गई कि वे अपने कर्मचारियों को घर से काम करने दें, जिसके बाद कंपनियों ने अपने कर्मचारियों को मेसेज भेजकर वर्क फ्रॉम होम करने को कहा।
मुंबई में बारिश:खतरा अभी टला नहीं
बीएमसी ने कहा कि मुंबई और उपनगरों में लगातार हो रही भारी बारिश से कई इलाके जलगम्न हो गए हैं। खतरा अभी टला नहीं है। आईएमडी ने बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है। एहतियात के तौर पर सभी सरकारी और अर्द्ध-सरकारी कार्यालयों को बंद करने का ऐलान किया गया।
24 घंटे में मुंबई में बरसा कितना पानी
बीएमसी ने कहा कि इमरजेंसी सेवाओं वाले दफ्तरों को छोड़कर निर्देश सभी दफ्तरों पर लागू किया गया है। एक अधिकारी ने बताया कि मंगलवार सुबह आठ बजे तक 24 घंटों में मुंबई में अकेले 186.43 मिलीमीटर पानी बरसा है। वहीं पूर्वी उपनगर में 208.78 मिलीमीटर बारिश हुई है और पश्चिमी उपनगरों में 238.19 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई।
चल रहीं तेज हवाएं
आईएमडी ने मंगलवार को मुंबई और इसके उपनगरों में बहुत भारी से अत्यंत भारी बारिश का पूर्वानुमान जताया है। 45 से 55 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल रही हैं। कई जगह ट्रैफिक जाम है। जल जमाव के चलते लोगों को निकलने में पेशानी हो रही है।
हाइटाइड का अलर्ट
सुबह लगभग सवा नौ बजे समुद्र में 3.75 मीटर ऊंची लहरें उठीं। रात को लगभग 9 बजे 3.14 मीटर ऊंची लहरें उठने का अनुमान है। लोगों को हाइटाइड का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं दादर, माटुंगा, परेल और सायन के निचले इलाकों में रेलवे पटरियों पर जलजमाव की शिकायत आई। रेलवे अधिकारियों ने दावा किया कि पानी पटरी के स्तर से नीचे था इसलिए ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित नहीं हुई। हालांकि ट्रेन सेवाएं देरी से चलीं।
लोकल ट्रेन हुई बंद
हिंदमाता, अंधेरी सबवे और ईस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे, मुंबई-गुजरात राजमार्ग और ईस्टर्न फ्रीवे के कुछ हिस्सों में भी जलजमाव की खबर है। मुंबई उपनगरीय नेटवर्क पर अंबिवली और शहाड़ स्टेशनों के बीच सिग्नलिंग प्रणाली में सुबह तकनीकी खराबी आने से स्थिति और खराब हो गई। मध्य रेलवे के एक प्रवक्ता ने बताया कि सुबह आठ बजे के आसपास मध्य रेलवे की मुख्य लाइन पर लोकल ट्रेनें 10 मिनट और हार्बर लाइन पर पांच मिनट देरी से चल रही थीं। पश्चिम रेलवे के एक प्रवक्ता ने कहा कि खराब दृश्यता के कारण उपनगरीय सेवाओं में विलंब हुआ।
उपराष्ट्रपति पद पर आरएसएस की एंट्री! सीपी राधाकृष्णन की नियुक्ति के बाद तस्वीर साफ
19 Aug, 2025 12:51 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नागपुर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जब 79वें स्वतंत्रता दिवस पर लाल किले की प्राचीर से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) का जिक्र किया था तो राजनीतिक प्रेक्षकों के साथ खुद संघ से जुड़े लोग भी आश्चर्यचकित हुए थे। अब उन्होंने 16 साल आयु में संघ से जुड़ने वाले सीपी राधाकृष्णन को उपराष्ट्रपति चुनाव में NDA कैंडिडेट बनाकर मौजूदा राजनीतिक परिदृश्य में बड़ा ट्रंप कार्ड चला दिया है। राधाकृष्णन की जीत लगभग तय मानी जा रही है। सीपी राधाकृष्णन के उपराष्ट्रपति बनने एक अनूठा इतिहास बनेगा। जब देश के शीर्ष पदों पर संघ के स्वयंसेवक विराजमान होंगे।
संघ के लिए 'स्वर्णिम पल'
संघ से लंबे समय से जुड़े एक लेखक और प्रोफेसर कहते हैं कि 15 अगस्त के दिन वह कार ड्राइव कर रहे थे और पीएम मोदी की स्पीच सुन रहे थे। जब पीएम मोदी ने संघ का नाम लिया तो उन्होंने गाड़ी रोककर प्रशंसा में ताली बजाई। वह कहते हैं शायद इस तारीफ की संघ ने भी अपेक्षा नहीं की होगी। एक ऐसा संगठन जिसका तीन बार वध करने की कोशिश की गई, लेकिन संघ ने आपदा प्रबंधन से लेकर खुद को वनवासियों के बीच तक पहुंचाकर अपना विस्तार किया। ऐसा करने वाले ये अकेले नहीं है बल्कि पीएम मोदी ने जब संघ के काम का लाल किले से जिक्र किया तो तमम स्वयंसेवकाें के आंसू भी छलक आए।
अलग अंदाज में दिख रहे PM मोदी
आखिर में पीएम नरेंद्र मोदी ने लाल किले की प्राचीर से वह सम्मान दिया। जिस पर आरएसएस का हक था। पीएम मोदी बीजेपी में आने से पहले खुद संघ में थे। फिर उन्होंने बीजेपी संगठन में काम करने के बाद सीधे गुजरात के मुख्यमंत्री की जिम्मेदारी हासिल की थी। शायद इसीलिए उन्हें पता है कि किस बात का कब मुफीद वक्त होता है। बतौर पीएम तीसरे कार्यकाल में पीएम मोदी जिस भूमिका में दिख रहे हैं। उससे जाहिर है कि वह संघ को गुरु दक्षिणा समर्पित कर रहे हैं। आने वाले दिनों में कुछ और आश्चर्यजनक हो तो इसमें कोई बड़ी बात नहीं होगी। राजनीतिक प्रेक्षक इसे पीएम मोदी की दिव्य दृष्टि मान रहे हैं। उनके पीएम बनने के बाद लगातार बड़े पदों पर संघ का दबदबा बढ़ा है।
शताब्दी वर्ष में शीर्ष पर संघ
राष्ट्रपति पद के पद विराजमान द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह , गृह मंत्री अमित शाह और लोकसभा के अध्यक्ष ओम बिरला सभी संघ परिवार से निकले हैं। इतना ही नहीं नितिन गडकरी भी संघ के प्रोडक्ट हैं। अब आगे सीपी राधाकृष्णन जब उपराष्ट्रति की कुर्सी पर बैठते हैं तो वह इस पद पर पहुंचने वाले संघ के दूसरे व्यक्ति बनेंगे। इसके पहले वेंकैया नायडू उपराष्ट्रति की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। नायडू से पहले भैरों सिंह शेखावत भी उपराष्ट्रपति रहे लेकिन वह सीधे भारतीय जनसंघ में आए थे। ऐसे में संघ अपने शताब्दी वर्ष में शीर्ष पर होगा। जाहिर है नागपुर में संघ के 100 के जश्न के मौके पर यह क्षण अनूठा होगा।
विजयदशमी से शुरू होगा जश्न
संघ के 100 साल का जश्न विजयदशमी के पर्व के साथ शुरू होगा। ऐसे में जब अब विजयदशमी में करीब सवा महीने का वक्त बाकी है। इससे पहले उपराष्ट्रपति का चुनाव संपन्न हो जाएगा। विजयदशमी पर नागपुर में संघ प्रमुख डॉ. मोहन भागवत स्वयंसेवकों के को संबाेधित करेंगे। इसके बाद पूरे देश में नवंबर, 2025 से लेकर जनवरी, 2026 तक संघ का साहित्य वितरित किया जाएगा। संघ ने हर गांव, हर बस्ती अभियान के लिए बड़ी तैयारी की है।
पुणे: मामूली झगड़ा बना जानलेवा, 17 साल के युवक को ट्रक से रौंदा गया
19 Aug, 2025 12:39 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पुणे : महाराष्ट्र के पुणे में एक 17 साल के लड़के की हत्या कर दी गई। घटना पुणे से लगभग 25 किलोमीटर दूर भोर तालुका के वेलु में हुई। विवाद क्रिकेट खेलने के दौरान हुआ। झगड़ा इतना बढ़ा कि दो गुट आमने-सामने आ गए। लड़के की टेम्पो ट्रक से कुचलकर हत्या कर दी गई। लड़के की हत्या के बाद पुलिस ने दोनों गुटों के लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि मरने वाले लड़के का नाम अविनाश सतपुते था। अविनाश कटराज का रहने वाला था। राजगढ़ पुलिस के असिस्टेंट इंस्पेक्टर तुकाराम राठौड़ ने बताया कि इस मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उन्हें कोर्ट में पेश करके 20 अगस्त तक पुलिस हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
वेलु के रहने वाले हैं ये आरोपी
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपी समीर शेख (25), अनिकेत शिंदे (24), सूरज पवार (28), तनवीर पांगरे (18), और दिगंबर पांगरे (25) हैं। ये सभी आरोपी वेलु के ही रहने वाले हैं।
समझौते के लिए बुलाया
पुलिस ने बताया कि झगड़े के बाद पांचों लोगों ने अविनाश सतपुते को समझौता करने के लिए बुलाया। उन्होंने कहा कि बातचीत से मामला निपटा लेते हैं। उसके बाद अविनाश अपने तीन दोस्तों के साथ वेलु फाटा के पास पहुंचा। यहां पर दोनों पक्षों के बीच फिर झड़प होने लगी।
छोटे वाहन से बचा तो बड़े से रौंदा
वेलु फाटा में एक सर्विस रोड के पास दोनों गुटों में बहस हुई। पुलिस ने बताया कि पहले आरोपियों ने टेम्पो ट्रैवलर से लड़कों को मारने की कोशिश की अविनाश और उसके दोस्त भागने लगे। इस दौरान वे बच गए लेकिन आरोपियों ने उनका पीछा नहीं छोड़ा। लगभग दस मिनट बाद आरोपी एक बड़ा टेम्पो ट्रक लेकर आए और अविनाश को टक्कर मार दी। उसके बाद उसे ट्रक से रौंद दिया। अविनाश के सीने और पैरों में चोटें आईं। उसे तुरंत पास के अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
अविनाश की मां ने दर्ज कराई शिकायत
राजगढ़ पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(2) (हत्या), 109 (हत्या का प्रयास), 189(2) (गैरकानूनी सभा), और 191(2) (दंगा) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने बताया कि केस अविनाश की मां की ओर से दी गई तहरीर पर दर्ज किया गया है। इंस्पेक्टर राठौड़ ने बताया कि जांच के बाद सामने आया है कि दोनों गुटों के सदस्यों का कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है। उन्होंने यह भी बताया कि अविनाश के तीन दोस्तों पर भी दंगा करने का मामला दर्ज किया गया है क्योंकि उनके पास से तलवार मिली हैं।
पूर्व रक्षा सलाहकार की चेतावनी – PoK कब्जे से भारत के सामने खड़ा हो सकता था अंतरराष्ट्रीय संकट
19 Aug, 2025 12:26 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छत्रपति संभाजीनगर : रिटायर्ड लेफ्टिनेंट जनरल विनोद जी खंडारे एक अहम बात कही है। जब ऑपरेशन सिंदूर चल रहा था तब वह रक्षा मंत्रालय के मुख्य सलाहकार थे। उन्होंने कहा कि अगर भारत ने PoK पर कब्जा कर लिया होता तो भारत-पाक के बीच चल रहा तनाव और बढ़ जाता। इतना ही नहीं यह भारत के लिए एक नया खतरा पैदा कर देता। लेफ्टिनेंट जनरल विनोद ने कहा कि पाकिस्तान के DGMO ने भारत से अनुरोध किया था कि युद्धविराम कर दें। पाकिस्तान के डीजीएमओ के अनरोध के बाद भारत ने सीजफायर का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि युद्ध कोई सस्ता समाधान नहीं है। युद्ध में बहुत खर्चा होता है और इससे देश के ऊपर आर्थिक बोझ बढ़ता है।
'हमें तय करना होगा...'
एलजी ने कहा कि हमें खुद यह तय करना होगा कि हम अपने देश को कहां ले जाना चाहते हैं। खासकर ऐसी स्थिति में जब हम 2047 तक भारत को एक विकसित राष्ट्र बनने का सपना देख रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि हमें यह सोचना है कि हम अपनी अगली पीढ़ी को क्या दे रहे हैं।
पाकिस्तान को बताया पुलिस स्टेट
लेफ्टिनेट जनरल महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में एनजीओ ज्ञानयज्ञ फाउंडेशन की ओर से आयोजित कार्यक्रम बोल रहे थे। उन्होंने पाकिस्तान को बेवकूफ़ देश कहा। उन्होंने कहा कि युद्ध के नियमों के अनुसार पाकिस्तान को सबक सिखाया गया है। विनोद जी खंडारे को परम विशिष्ट सेवा मेडल और अति विशिष्ट सेवा मेडल जैसे सम्मान मिल चुके हैं। उन्होंने पाकिस्तान को एक पुलिस स्टेट कहा, जहां पर अक्सर सैन्य शासन और राजनीतिक अराजकता देखने को मिलती है।
ऑपरेशन सिंदूर था हाइटेक युद्ध
लेफ्टिनेंट जनरल ने ऑपरेशन सिंदूर को राजनीतिक इच्छा और सैन्य कार्रवाई का मेल बताया। उन्होंने कहा कि मई में हुए भारत-पाक संघर्ष के दौरान देश ने किफायती और आधुनिक युद्ध तकनीकों का प्रयोग किया, जो सराहनीय है। उन्होंने कहा कि हम हाई-टेक समाधान अपना सकते हैं, जिसमें कॉमन सेंस का इस्तेमाल किया जाए। भारत ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान हाइटेक युद्ध लड़ा।
इशारों में विपक्ष पर साधा निशाना
विनोद जी खंडारे ने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के भारत पर लगाए गए टैरिफ का भी ज़िक्र किया। उन्होंने कहा कि बहुत से लोग हमसे नाखुश हैं और हम पर टैरिफ लगा रहे हैं। ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारत की सफलता पर पाकिस्तान ने जो सवाल उठाए, उस पर खंडारे ने कहा कि हमें उनकी बातों से फर्क नहीं पड़ता। दुख तब होता है जब हमारे देश के 'चैंपियन' ही संदेह या सवाल उठाते हैं।
बारिश का वरदान: मुंबई की 6 झीलें भरकर ओवरफ्लो, पानी की किल्लत से मिली राहत
19 Aug, 2025 12:19 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मुंबई : लगातार जारी बारिश ने मुंबई की साल भर की पानी की चिंता को करीब खत्म कर दिया है। सोमवार को मुंबई को पानी की ( Mumbai lakes water levels ) आपूर्ति करने वाली विहार झील ओवरफ्लो हो गई है। अब सभी झीलों का जलस्तर 91.18 फीसदी तक पहुंच गया है। विहार के भर जाने के बाद मुंबई को पानी की आपूर्ति वाली सात झील में से छह झीलें भर चुकी हैं। बीएमसी के अनुसार, विहार झील में सोमवार दोपहर तक 2,769.8 करोड़ लीटर पानी जमा हो गया था।
पिछले साल 25 जुलाई 2024 को विहार झील भरी थी। मुंबई की पानी की जरूरत पूरी करने वाली सात झीलों में 1,44,736.3 करोड़ लीटर पानी जमा हो सकता है। 18 अगस्त की सुबह 6 बजे सभी झीलों का जलस्तर 1,31,964 करोड़ लीटर तक पहुंच चुका है।
मीठी नदी का जलस्तर बढ़ा
विहार झील के भरने के बाद मीठी नदी का जलस्तर बढ़ गया है। झील से पानी छोड़े जाने के कारण नदी में पानी बढ़ गया है। कुर्ला, बांद्रा और वाकोला के आसपास पानी भरने का खतरा बढ़ गया है। लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। प्रशासन स्थिति पर नजर रख रहा है।
मुंबई की झीलों में पानी का आंकड़ा
इससे पहले दिन झीलों में 93.20% पानी भरा था। पिछले साल 2024 में यह आंकड़ा 83.45% था। BMC के डेटा से पता चलता है कि सात झीलों में से, तुलसी झील पूरी तरह से भर गई थी। तानसा झील 98.45% भरी थी। मध्य वैतरणा झील में 97.17% और विहार झील में 89.92% पानी जमा हुआ था। भतासा झील में 89.23% पानी जमा हुआ था। मोदक सागर 87.28% और अपर वैतरणा 86.48% भरी थीं।
महाराष्ट्र में मंत्रालयों पर सियासी संग्राम, भरणे का विरोध खुलकर सामने
18 Aug, 2025 01:25 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मुंबई: मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की अगुवाई वाली महायुति सरकार में कृषि मंत्रालय चर्चा का विषय बना हुआ। विधानसभा सदन में अंदर मोबाइल पर रमी गेम खेलने पर माणिकराव कोकाटे से कृषि विभाग छीन लिया गया था। मुख्यमंत्री ने यह विभाग अजित पवार गुट के मंत्री दत्तात्रेय भरणे को दे दिया था और कोकाटे को खेल मंत्री बना दिया था। ऐसा लगता है कि कृषि विभाग मिलने से मंत्री दत्तात्रेय भरणे भी खुश नहीं हैं। भरणे का कहना है कि खेल मंत्रालय ही अच्छा था। कृषि मंत्रालय में बहुत सिरदर्द है। तो वहीं दूसरी ओर अजित पवार ने कहा है कि राज्य के गठन से ही यह स्पष्ट है कि पालक मंत्री, मंत्री, राज्य मंत्री अथवा किसी को भी कौन सा विभाग देना है। यह मुख्यमंत्री तय करते हैं। ऐसे में इस विषय पर विवाद करने का कोई कारण नहीं है। महाराष्ट्र में उप मुख्यमंत्री के तौर पर खुद अजित पवार ही वित्त विभाग संभाल रहे हैं। उन्होंने 2025-26 के लिए 9,710 करोड़ का बजट आवंटित किया है।
पहले कोकाटे ने भी थी टिप्पणी?
दत्तात्रेय भरणे अभी तक खेल विभाग संभाल रहे थे। रमी खेलने पर कृषि विभाग गंवाने वाले माणिकराव काेकाटे ने भी एक बार टिप्पणी की थी। तब उन्होंने कृषि मंत्रालय को उजाड़ गांव की जमीदारी बताया था, उनके इस बयान पर काफी बवाल हुआ था। गौरतलब हो कि महाराष्ट्र में किसानों की स्थिति काफी सालों से खराब है। 79वें स्वतंत्रता दिवस यानी 15 अगस्त पर राज्य के कई जगहों पर किसानों का विरोध और समाधि लेने के मामले सामने आए थे। अब मंत्री दत्तात्रेय भरणे कृषि मंत्रालय को सिरदर्द बता कर नया विवाद खड़ा कर दिया है। उनके बयान से ऐसा लग रहा है कि महाराष्ट्र में किसानों की तरह कृषि मंत्रालय की भी हालत खराब चल रही है। आने वाले दिनों में भरणे का बयान विवाद का कारण बन सकता है।
राशिफल 22 जुलाई 2026: जानिए आज का दिन आपके लिए कैसा रहेगा
किसान अब उन्नत तकनीक की ओर अग्रसर, पैडी ट्रांसप्लांटर विधि से धान रोपाई
मध्यप्रदेश पुलिस का नशे के विरुद्ध सख्त प्रहार
राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम सामाजिक न्याय की सबसे बड़ी गारंटी : खाद्य मंत्री राजपूत
अपनी मेहनत और समर्पण से बड़वानी बन रहा देश में कृषि, उद्यमिता एवं नवाचार का उदाहरण : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
निर्वाचन तैयारियां एवं स्वीप गतिविधियां तेज
मुख्यमंत्री डॉ. यादव से मिले पारस डिफेंस एंड स्पेस टेक्नोलॉजीस कम्पनी के पदाधिकारी
सिक्किम टनल हादसा: मृतक मजदूरों के परिजनों को मुआवजे का ऐलान
विपक्ष के प्रदर्शन के बीच पुलिस की कार्रवाई, राहुल-अखिलेश हिरासत में
