महाराष्ट्र
"मंदिर में मुस्लिम कर्मचारी क्यों?" हिंदू संगठनों के विरोध के बाद शनि शिंगणापुर देवस्थान ट्रस्ट ने लिया बड़ा फैसला
13 Jun, 2025 05:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
महाराष्ट्र के अहिल्यानगर जिले में प्रसिद्ध धार्मिक स्थल श्री क्षेत्र शनि शिंगणापुर देवस्थान ट्रस्ट ने बड़ा फैसला लिया है. देशभर से हजारों श्रद्धालु रोजाना शनि शिंगणापुर में दर्शन के लिए आते हैं. श्री क्षेत्र शनि शिंगणापुर मंदिर ट्रस्ट में कई मुस्लिम कर्मचारी भी कार्यरत थे. इसको लेकर विवाद खड़ा हो गया है. शनि शिंगणापुर मंदिर ट्रस्ट में 114 मुस्लिम कर्मचारी कार्यरत थे. इनके खिलाफ हिंदू संगठन आक्रामक हो गए थे. हिंदू संगठन के लोगों ने कहा कि ट्रस्ट को तुरंत सभी मुस्लिम कर्मचारियों को काम से हटाना चाहिए, नहीं तो संगठन ने चेतावनी दी थी कि 14 जून को मंदिर के बाहर पूरे हिंदू समुदाय द्वारा एक बड़ी रैली निकाली जाएगी. कल 14 जून है. हालांकि उससे पहले मंदिर ट्रस्ट ने बड़ा फैसला लिया है.
श्री क्षेत्र शनि शिंगणापुर देवस्थान ट्रस्ट ने वहां काम करने वाले 167 कर्मचारियों को बर्खास्त कर दिया है. इन कर्मचारियों में 114 मुस्लिम कर्मचारी शामिल हैं. शनि शिंगणापुर देवस्थान में 114 मुस्लिम कर्मचारी काम कर रहे थे. संस्था ने बताया है कि उन्हें अनियमितताओं और अनुशासन का पालन न करने के कारण बर्खास्त किया गया है. पिछले कुछ दिनों से हिंदू संगठनों की ओर से मुस्लिम कर्मचारियों को बर्खास्त करने का दबाव बनाया जा रहा था.
हिंदू संगठन के लोगों ने किया विरोध
शनिदेव के चौक पर मुस्लिमों द्वारा किए जा रहे काम के कारण पूरे हिंदू समुदाय की ओर से विरोध प्रदर्शन किया गया था. इस बारे में खुद ट्रस्ट ने कहा कि मंदिर ट्रस्ट में कुल 114 मुस्लिम कर्मचारी काम करते हैं. लेकिन मंदिर परिसर में एक भी मुस्लिम कर्मचारी ड्यूटी पर नहीं है. ट्रस्ट ने कहा कि ये मुस्लिम कर्मचारी मंदिर ट्रस्ट के कृषि विभाग, अपशिष्ट प्रबंधन विभाग और शिक्षा विभाग में काम करते हैं. 114 मुस्लिम कर्मचारियों में से 99 कर्मचारी पिछले पांच महीने से काम पर नहीं आ रहे हैं. ट्रस्ट ने कहा था कि इन सभी कर्मचारियों के वेतन में देरी हुई है.
मंदिर प्रशासन ने क्या कहा?
शनि शिंगणापुर मंदिर प्रशासन मीटिंग में फैसला लिया गया है की मंदिर में काम करने वाले कुल 167 कर्मचारियों को अनुशंसानहीनता के आरोप में निकाला जा रहा है. मंदिर प्रशासन ने उन तमाम कर्मचारियों की लिस्ट बनाई है जिन पर अनियमितता और अनुशासनहीनता के आरोप लगे है, कोई भी फैसला धर्म या जाति देख कर नहीं लिया जायेगा. हालांकि इन 167 कर्मचारियों में 114 मुस्लिम धर्म के कर्मचारी भी शामिल है.
ठाकरे बंधुओं की सुलह पर 'ब्रेक'? CM फडणवीस से राज ठाकरे की भेंट ने बढ़ाई सियासी हलचल
13 Jun, 2025 05:41 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
महाराष्ट्र में एक बार फिर सियासी पारा चढ़ गया है. मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के प्रमुख राज ठाकरे के बीच मुलाकात हुई है. इस मुलाकात के बाद काफी सारे कयास लगाए जा रहे हैं. दोनों नेताओं के बीच यह मुलाकात मुंबई के बांद्रा इलाके में स्थित ताज लैंड होटल में हुई.
यह मुलाकात इसीलिए और भी ज्यादा महत्व रखती है क्योंकि यह आगामी नगर निगम चुनावों से पहले हुई है. हालांकि, जहां एक तरफ उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे के बीच गठबंधन की चर्चाएं तेज थी. वहीं, इसी बीच मनसे प्रमुख राज ठाकरे आज महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के बीच बांद्रा के एक होटल में बैठक हुई. जिससे अब सियासी पारा बढ़ गया है.
किन बातों पर हुई चर्चा
बीजेपी के मुख्य प्रवक्ता केशव उपाध्याय ने कहा कि दोनों नेता अच्छे दोस्त हैं और हो सकता है कि उन्होंने राज्य से संबंधित विकास के मुद्दों पर चर्चा के लिए मुलाकात की हो. महाराष्ट्र सरकार ने इस हफ्ते मुंबई सहित 29 नगर निगमों के लिए वार्ड परिसीमन के आदेश जारी करके स्थानीय निकाय चुनाव कराने की प्रक्रिया शुरू की है.
राज-उद्धव ठाकरे के बीच गठबंधन के कयास
जहां राज ठाकरे और देवेंद्र फडणवीस के बीच बैठक हुई है. वहीं, इससे कुछ दिन पहले तक इस तरह की अटकलें लगाई जा रहीं थी कि उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे एक बार फिर साथ आ सकते हैं. लेकिन अब राज ठाकरे ने देवेंद्र फडणीस से मुलाकात की है. एक समय महाराष्ट्रट्र में ठाकरे परिवार का ‘अघोषित राज’ था. लेकिन अब महाराष्ट्रट्र की राजनीति में ठाकरे परिवार हाशिए पर आ गया है. जहां लग रहा था कि ठाकरे परिवार एक साथ आ जाएगा वहीं अब इन अटकलों पर विराम लगता दिखाई दे रहा है.
दोनों भाइयों के बीच हुई फडणवीस की एंट्री
शिवसेना में दो दल बन चुके हैं और उद्धव ठाकरे सत्ता से बाहर हैं. उधर, राज ठाकरे की पार्टी महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना को पिछले कुछ चुनावों में हार का सामना करना पड़ा. ऐसे में कयास लग रहे थे कि दोनों ठाकरे बद्रर्स फिर साथ आ सकते हैं, इन संकेतों को लेकर मुंबई के गिरगांव इलाके में उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे के संभावित गठबंधन को लेकर पोस्टर लगाए गए थे. लेकिन अब देवेंद्र फडणवीस और राज ठाकरे की मुलाकात के क्या नतीजे सामने आएंगे यह देखना होगा. हालांकि, दोनों नेताओं के बीच क्या बातचीत हुई यह सामने नहीं आया है.
चुनाव से पहले दोनों ठाकरे भाई के बीच संभावित सुलह की अटकलें लगाई जा रही हैं. राज ठाकरे ने कहा है कि “मराठी माणूस” (मराठी भाषी लोगों) के हित में एकजुट होना मुश्किल नहीं है, उधर उद्धव ठाकरे ने जोर देकर कहा है कि वो तुच्छ झगड़ों को दूर करने के लिए तैयार हैं.
राज ठाकरे ने साल 2024 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी को समर्थन दिया था, लेकिन उनकी पार्टी ने पिछले साल नवंबर में राज्य विधानसभा चुनाव अपने दम पर लड़ा.
बाबा सिद्दीकी हत्याकांड का मास्टरमाइंड जीशान अख्तर कनाडा में गिरफ्तार, भारत प्रत्यर्पण की प्रक्रिया शुरू
11 Jun, 2025 06:09 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी हत्याकांड के मास्टरमाइंड जीशान अख्तर उर्फ जस्सी पुरेवाल को कनाडा में सरे पुलिस (कनाडा पुलिस) ने हिरासत में लिया है. मुंबई पुलिस सूत्रों ने इसकी पुष्टि की है. जीशान पंजाब के जालंधर का रहने वाला है और लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा हुआ है और हत्या की साजिश में शामिल था.
जानकारी के मुताबिक, जीशान हत्या के बाद फरार हो गया था और कथित तौर पर पाकिस्तानी डॉन शहजाद भट्टी की मदद से कनाडा पहुंच गया. मुंबई पुलिस अब उसे प्रत्यर्पण कर भारत लाने की प्रक्रिया जल्द शुरू कर सकती है. हालांकि, सरेपुलिस (कनाडा पुलिस) ने जीशान अख्तर उर्फ जस्सी पुरेवल को किस आरोप में गिरफ्तार किया है इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है.
जीशान को माना जाता है मास्टरमाइंड
बाबा सिद्दीकी की 12 अक्टूबर साल 2024 में उनके बांद्रा का कार्यालय के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. जीशान अख्तर को बाबा सिद्दीकी की कॉन्ट्रैक्ट किलिंग का मास्टरमाइंड माना जाता है. हालांकि, अब उसको कनाडा पुलिस ने हिरासत में ले लिया है.
बांद्रा (वेस्ट) से तीन बार विधायक और महाराष्ट्र के पूर्व कैबिनेट मंत्री सिद्दीकी को हमलावरों ने कई बार गोली मारी. गोली मारने के बाद वो फरार हो गए. सिद्दीकी को फौरन लीलावती अस्पताल ले जाया गया. डॉक्टरों की टीम ने बहुत कोशिश की, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका और उन्हें मृत घोषित कर दिया गया. इस केस की गुत्थी सुलझाने और आरोपियों को पकड़ने में महाराष्ट्र पुलिस जुटी हुई है.
हाई-प्रोफाइल हत्या मामले में प्रारंभिक गिरफ्तारियों से लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के कनेक्शन का पता चला था. आरोपियों ने पूछताछ के दौरान दावा किया कि वो लगभग एक महीने से रेकी कर रहे थे.
26 लोगों को किया गया गिरफ्तार
इस मर्डर केस में अब तक कम से कम 26 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें कथित मुख्य शूटर शिव कुमार गौतम और जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का भाई अनमोल बिश्नोई शामिल हैं, जिन्हें साजिश में उनकी कथित भूमिका के लिए अमेरिका में हिरासत में लिया गया था.
सभी 26 आरोपियों के खिलाफ सख्त महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (मकोका) लगाया गया है. पुलिस ने पहले कहा था कि हत्या पहले से प्लान की गई थी और शूटरों को पहले ही इसके लिए भुगतान किया गया था, घटना से कुछ दिन पहले हथियारों की आपूर्ति की गई थी. इस हालिया घटनाक्रम तक जीशान अख्तर समेत दो संदिग्ध फरार थे. पुलिस का मानना है कि अख्तर ने हत्या को अंजाम देने में कॉर्डिनेशन में केंद्रीय भूमिका निभाई.
NCP में एकता की अटकलें धरी रह गईं? स्थापना दिवस पर चाचा-भतीजे ने अलग-अलग दिखाया दम
10 Jun, 2025 06:26 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी 10 जून को अपना स्थापना दिवस मना रही है. एनसीपी साल 2023 में दो पार्टियों में विभाजित हो गई थी. एक शरद पवार की एनसीपी और एक अजित पवार की एनसीपी. इसी के चलते आज स्थापना दिवस पर भी चाचा- भतीजे अलग-अलग शक्ति प्रदर्शन कर रहे हैं. इस अवसर पर एनसीपी-एससीपी अध्यक्ष शरद पवार ने पुणे में पार्टी मुख्यालय में पार्टी का झंडा फहराया.
पुणे में अजित पवार की और शरद पवार की एनसीपी का अलग-अलग कार्यक्रम हो रहा है. हालांकि, दोनों कार्यक्रम महज 10 किलोमीटर के फासले पर है. जहां एक तरफ स्थापना दिवस के मौके पर शरद पवार झंडा फहरा रहे हैं. वहीं, दूसरी तरफ अजित पवार झंडा फहराएंगे.
चाचा-भतीजे कर रहे शक्ति प्रदर्शन
उप मुख्यमंत्री अजित पवार गुट का शक्ति प्रदर्शन आज शिवाजी स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में हो रहा है, जहां 50 हजार से ज्यादा भीड़ जुटने की संभावना जताई जा रही है, वहीं, दूसरी तरफ शरद पवार की एनसीपी स्थापना दिवस कार्यक्रम शिवाजी नगर में मना रही है. दोनों कार्यक्रम 10 किलोमीटर की दूरी पर ही हो रहे हैं.
कब हुई थी पार्टी की स्थापना
आज से करीब 26 साल पहले 10 जून 1999 को शरद पवार ने कांग्रेस से अलग हो कर एनसीपी की स्थापना की थी. पार्टी में भतीजे अजित पवार ने भी अहम रोल निभाया. लेकिन 2023 वो साल बना जब दोनों के बीच तकरार के चलते चाचा और भतीजे अलग हो गए. दोनों ने अपने रास्ते अलग कर लिए और पार्टी के दो टुकड़े हो गए.
एनसीपी (एसपी) ने क्या कहा?
एनसीपी (एसपी) के प्रदेश अध्यक्ष प्रशांत जगताप ने कहा मंगलवार को सुबह 10.10 बजे शिवाजीनगर में पार्टी कार्यालय में पवार और राज्य इकाई के पदाधिकारियों की मौजूदगी में ध्वजारोहण समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसके बाद बालगंधर्व रंगमंदिर में एक सभा होगी. उन्होंने आगे कहा, 26 वर्षों में यह पहली बार है कि नगर इकाई स्थापना दिवस सभा की मेजबानी करेगी. उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम आगामी निकाय चुनावों के चलते आयोजित किया जा रहा है, जिससे पार्टी कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ेगा.
अजित गुट ने क्या कहा?
अजित पवार के नेतृत्व वाली एनसीपी के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा, स्थापना दिवस कार्यक्रम में नेता पार्टी के अब तक के प्रदर्शन पर चर्चा करेंगे और आगामी निकाय चुनाव की रणनीति तय करेंगे. दरअसल, हाल ही में शरद पवार और उनके भतीजे ने पवार और भतीजे ने वसंतदादा शुगर इंस्टीट्यूट (वीएसआई) में एक मंच शेयर किया था.
पार्टी के स्थापना दिवस से एक दिन पहले, एनसीपी संस्थापक शरद पवार और अजित पवार ने सोमवार को वसंतदादा शुगर इंस्टीट्यूट (वीएसआई) में चीनी कारखानों और गन्ने की खेती में एआई के इस्तेमाल से संबंधित मुद्दों पर चर्चा करने के लिए मंच शेयर किया था.
महाराष्ट्रः विरार स्टेशन पर बुलेट ट्रेन का काम तेज, स्लैब कास्टिंग शुरू
10 Jun, 2025 06:21 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
देश की पहली बुलेट ट्रेन से जुड़े मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट का काम तेजी से चल रहा है. महाराष्ट्र के विरार बुलेट ट्रेन स्टेशन पर स्लैब कास्टिंग का काम भी शुरू हो गया है. यहां पर ट्रैक बिछाने के लिए 9 स्लैब में से पहला स्लैब भी लगा दिया गया है. इस रूट के लिए विरार महाराष्ट्र में पड़ने वाले 4 स्टेशनों में से एक स्टेशन है.
मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट विरार बुलेट ट्रेन स्टेशन पर पहले स्लैब की कास्टिंग का काम पूरा हो गया है. यहां पर कुल 9 स्लैब बनाए जाएंगे, जो स्टेशन पर ट्रैक बिछाने के लिए नींव का काम करेंगे. रेलवे ने इस स्लैब कास्टिंग को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी दी और बताया कि पहाड़ी पर स्थित इस स्टेशन का डिजाइन पहाड़ी हवाओं के अनुरूप किया गया है.
2 लेवल पर तैयार हो रहा विरार स्टेशन
बुलेट ट्रेन के लिहाज से विरार बुलेट ट्रेन स्टेशन को 2 लेवल के लिहाज से तैयार किया जाएगा. एक कॉनकोर्स लेवल तो दूसरा रेल लेवल के लिए डिजाइन किया गया है, जिसकी कुल लंबाई 425 मीटर है.
स्टेशन पर पहले स्लैब की लंबाई 50 मीटर और चौड़ाई 35.32 मीटर है, जिसकी मोटाई करीब 300 मिमी है. इस स्लैब के लिए 1,555 क्यूबिक मीटर कंक्रीट की जरूरत थी.
रेल कॉरिडोर में कुल बनेंगे 12 स्टेशन
हाल ही में, इस प्रोजेक्ट की पहली शिंकानसेन बुलेट ट्रेन (Shinkansen bullet train) जापान में ट्रायल फेस में प्रवेश कर गई है. भारत-जापान के आपसी सहयोग की मदद से जापान दो शिंकानसेन ट्रेन सेट देगा- एक E5 सीरीज से और एक E3 सीरीज से. इसे शुरुआती निरीक्षण और प्रदर्शन टेस्टिंग के लिए यूज किया जाएगा.
मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट एक हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर है जिस पर काम तेजी से चल रहा है. बुलेट ट्रेन मुंबई और अहमदाबाद के बीच 508 किलोमीटर की दूरी तय करेगी. बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स (बीकेसी), ठाणे, विरार और बोईसर सहित 4 स्टेशन महाराष्ट्र की सीमा के तहत आएंगे. इस रेल कॉरिडोर पर कुल 12 स्टेशन पड़ेंगे जिसमें 8 स्टेशन गुजरात में पड़ेंगे. 500 से अधि किलोमीटर वाले इस रूट पर 26.5 किलोमीटर की दूरी वसई तालुका के 21 गांवों और वसई विरार म्युनिसिपल कॉरपोरेशन (Vasai Virar Municipal Corporation, VVMC) के अधिकार क्षेत्र में आने वाले 14 गांवों से होकर गुजरेगी.
महाराष्ट्र चुनाव फिक्सिंग आरोप पर फडणवीस का पलटवार, राहुल को दिया लेख से जवाब
9 Jun, 2025 07:01 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बीते दिन महाराष्ट्र चुनाव में धांधली का आरोप लगाया था. इसके साथ उन्होंने ये भी कहा था ऐसा ही कुछ बिहार में हो सकता है. राहुल के इन आरोपों के बाद से ही सियासत तेज हो गई है और उन पर चारों तरफ से सियासी हमले शुरू हो गए हैं. महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने राहुल गांधी के आरोपों पर पलटवार भी लेख के जरिए ही किया है. उन्होंने राहुल के आरोपों को जनता के जनादेश का अपमान करार दिया हैं.
राहुल गांधी के लेख को लेकर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कल ही पुणे में कहा था कि-लेख का जवाब लेख से ही मिलेगा. इसके बाद आज सीएम ने मराठी अखबार लेख के जरिए राहुल के आरोपों का खंडन किया और सीधा हमला बोला है.
राहुल कर रहे लोकतंत्र का अपमान
राहुल गांधी ने महाराष्ट्र चुनाव में ईवीएम की विश्वसनीयता पर सवाल उठाए थे. फडणवीस ने सुप्रीम कोर्ट द्वारा इन आरोपों को खारिज किए जाने का हवाला देकर इसे निराधार बताया है. देवेंद्र फडणवीस का कहना है कि जिन लोगों को जनता ने नकारा है, वे जनता के फैसले को चुनौती दे रहे हैं, जो लोकतंत्र का अपमान है.
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि चुनाव के आखिरी घंटे में 74 लाख वोट पड़े थे, जो संदेहास्पद है. इस पर फडणवीस ने कहा कि यह मतदान की अंतिम समय की भीड़ के कारण हुआ और यह सामान्य प्रक्रिया है. सीएम फडणवीस ने कहा कि चुनाव आयोग स्वतंत्र और निष्पक्ष तरीके से काम करता है. चुनावी प्रक्रिया में कोई गड़बड़ी नहीं हुई है.
चुनौती देने के बजाय आत्ममंथन कांग्रेस- फडणवीस
देवेंद्र फडणवीस ने कांग्रेस पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि वे हार को स्वीकार नहीं कर पा रहे हैं और हार का दोष प्रणाली पर मढ़ रहे हैं. उन्होंने दोहराया कि लोकतंत्र में हार और जीत का निर्णय जनता करती है, जिसे सभी दलों को स्वीकार करना चाहिए.
फडणवीस ने यह भी कहा कि बीजेपी सरकार ने विकास और पारदर्शिता के लिए काम किया है, और जनता ने उसी को वोट दिया है. फडणवीस का तर्क है कि बीजेपी की जीत यह दिखाती है कि जनता ने उन्हें जनादेश दिया है, इसलिए विपक्ष को इसे चुनौती देने के बजाय आत्ममंथन करना चाहिए.
राहुल हार से खिसिया रहे- सीएम
सीएम देवेंद्र ने राहुल गांधी पर सीधा हमला बोला है. उन्होंने कहा कि वे एक पराजित दल के नेता हैं जो हार पचाने में असमर्थ हैं. उनके लेख को “खिसियाहट” से प्रेरित बताया गया है. यह भी कहा गया है कि चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाना लोकतंत्र की नींव को कमजोर करता है. अगर हार को लेकर हर बार इस तरह सवाल उठाए जाएंगे तो लोकतंत्र पर से जनता का भरोसा उठ जाएगा.
राहुल गांधी के लेख को भ्रामक करार देते हुए, लेख में कहा गया है कि विपक्ष सोशल मीडिया और लेखों के माध्यम से झूठ फैलाने की कोशिश कर रहा है.
2019 चुनाव के संदर्भ में सुप्रीम कोर्ट का हवाला
देवेंद्र फडणवीस ने यह बताया गया है कि 2019 महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों को लेकर जो भी याचिकाएं दायर की गई थीं, उन्हें सुप्रीम कोर्ट ने खारिज कर दिया था, जो इस बात का प्रमाण है कि चुनाव निष्पक्ष हुए.
यह स्पष्ट किया गया कि मतदान के अंतिम घंटे में भारी संख्या में वोटिंग होना कोई असामान्य बात नहीं है और तकनीकी रूप से यह मुमकिन है. ईवीएम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाना केवल भ्रम फैलाना है.
गेट पर लटकना पड़ा भारी: मुंबई लोकल से गिरकर 6 लोगों की मौत, सुरक्षा पर उठे सवाल
9 Jun, 2025 06:46 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
महाराष्ट्र के ठाणे में लोकल ट्रेन में बड़ा हादसा हुआ है. मुंबई की धड़कन कही जाने वाली लोकल ट्रेन से गिरकर छह यात्रियों की मौत हो गई है. वहीं एक की हालत नाजुक बताई जा रही है. ये हादसा आज सुबह नौ बजे दीवा और मुंब्रा स्टेशन के बीच हुआ. बताया जा रहा है कि ट्रेन में क्षमता से ज्यादा भीड़ थी, इसलिए ये हादसा हुआ. ट्रेन खचाचच भरी थी. ट्रेन में पैर रखने की जगह नहीं थी.
यात्री दरवाजे पर लटककर सफर कर रहे थे. इसी दौरान यह हादसा हुआ. फिलहाल रेलवे प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची है. सेंट्रल रेलवे ने हादसे के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि सीएसएमटी की ओर यात्रा कर रहे कुछ यात्री ठाणे के मुंब्रा रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से गिर गए. हादसे का कारण ट्रेन में अत्यधिक भीड़ माना जा रहा है. रेलवे प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंच गई है.
सीपीआरओ स्वप्निल ने क्या बताया
सेंट्रल रेलवे ने बताया कि हादसे की जांच शुरू हो गई है. घटना से स्थानीय सेवाएं भी प्रभावित हुई हैं. वहीं सेंट्रल रेलवे के सीपीआरओ स्वप्निल धनराज नीला ने कहा, “कसारा जाने वाली लोकल ट्रेन के गार्ड द्वारा दी गई पहली सूचना यह थी कि डाउन-थ्रू ट्रैक पर छह यात्री पड़े हैं, लेकिन जब एम्बुलेंस मौके पर पहुंची, तो हमें पता चला कि आठ यात्री थे.”
पुष्पक एक्सप्रेस से भी यात्रियों के गिरने की खबर
इस हादसे से मुंबई में लोकल ट्रेन की सेवाओं पर भी असर पड़ा है. बताया जा रहा है कि कसारा जा रही लोकल और पुष्पक एक्सप्रेस वहां से गुजर रही थी. इस एक्सप्रेस से कुछ और यात्री भी गिर गए हैं. ऐसा कहा जा रहा है. वहीं इस हादसे को लेकर शिवसेना शिंदे गुट के सांसद नरेश म्हास्के ने कहा कि यह पता लगाने के लिए जांच चल रही है कि यह घटना कैसे हुई और इसका कारण क्या था. यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण घटना है. सरकार हमेशा ट्रेनों की संख्या बढ़ाने की कोशिश करती है, लेकिन यात्रियों की सुरक्षा की जिम्मेदारी भी सरकार की है.
बीजेपी एमएलए संजय केलकर ने क्या कहा
वहीं इस हादसे को लेकर बीजेपी विधायक संजय केलकर ने कहा, “यह घटना बहुत दुर्भाग्यपूर्ण और दुखद है. यह जांच जरूरी है कि आखिर ये यात्री कैसे गिरे. क्या ट्रेन के डिब्बे में ज्यादा भीड़ थी. फिलहाल यात्रियों को सुरक्षा, सुविधा और सेवाएं देने का काम प्रशासन और रेल मंत्रालय पूरी ताकत से कर रहा है. अगर कोई प्रशासनिक त्रुटि है, तो उसे सुधारा जाना चाहिए और उचित कार्रवाई की जानी चाहिए.”
मनसे और बीजेपी ने मांग की है कि मुंबई लोकल ट्रेन एक्सिडेंट की इन्क्वॉयरी होनी चाहिए. वहीं हादसे में यात्रियों की मृत्यु के बाद रेलवे ने दो बड़े फैसले लिए हैं. अब अब ऑटोमैटिक दरवाजे वाली लोकल ट्रेन चलाई जाएगी. और पुरानी लोकल ट्रेन में भी ऑटोमैटिक दरवाजे लगाए जाएंगे.
महाराष्ट्र चुनाव पर राहुल गांधी के आरोपों को चुनाव आयोग ने किया खारिज
7 Jun, 2025 05:36 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस की ओर से लगाए गए आरोपों पर चुनाव आयोग ने एक बार फिर जवाब दिया है. कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी द्वारा हाल में उठाए गए सवालों के बाद चुनाव आयोग ने अपनी पहले दी गई प्रतिक्रिया को दोहराते हुए स्पष्ट किया कि चुनाव पूरी पारदर्शिता और नियमों के तहत संपन्न हुआ था. राहुल गांधी ने महाराष्ट्र चुनाव को लेकर मैच फिक्सिंग का आरोप लगाया था.
चुनाव आयोग ने तथ्यों के आधार पर कांग्रेस के आरोपों का खंडन किया और कहा कि मतदाता सूची, मतदान प्रक्रिया और गिनती सभी जनप्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 और निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण नियम, 1960 के अनुरूप संपन्न हुई. आयोग ने जोर देकर कहा कि वोटिंग प्रक्रिया में किसी भी तरह की अनियमितता की बात तथ्यात्मक रूप से गलत है.
राहुल गांधी के सवालों पर आयोग ने दिया जवाब
कांग्रेस की ओर से दावा किया गया था कि अंतिम दो घंटों में असामान्य रूप से बड़ी संख्या में वोट पड़े. इस पर चुनाव आयोग ने आंकड़ों के आधार पर स्थिति स्पष्ट की. आयोग के अनुसार, सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक 6,40,87,588 मतदाताओं ने मतदान किया. इस औसत के हिसाब से हर घंटे लगभग 58 लाख मत पड़े. अंतिम दो घंटों में लगभग 116 लाख मतदाताओं के मतदान की संभावना बनती है, जबकि कांग्रेस द्वारा उठाया गया 65 लाख वोट का आंकड़ा औसत के मुकाबले कम ही है. ऐसे में इसे असामान्य बताना तथ्यात्मक रूप से गलत है.
आयोग ने यह भी स्पष्ट किया कि हर मतदान केंद्र पर उम्मीदवारों और राजनीतिक दलों द्वारा नियुक्त एजेंटों की मौजूदगी में ही मतदान हुआ. कांग्रेस या उनके अधिकृत एजेंटों ने मतदान प्रक्रिया के दौरान या अगले दिन रिटर्निंग ऑफिसर (RO) और चुनाव पर्यवेक्षकों के समक्ष किसी भी तरह की अनियमितता को लेकर कोई आपत्ति दर्ज नहीं कराई.
वोटर लिस्ट की पारदर्शिता पर दी सफाई
वोटर लिस्ट को लेकर भी कांग्रेस ने सवाल उठाए थे, जिस पर आयोग ने बताया कि भारत में सभी वोटर लिस्ट जनप्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 और निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण नियम, 1960 के तहत तैयार होती है. महाराष्ट्र की फाइनल वोटर लिस्ट, जिसमें 9,77,90,752 मतदाता शामिल थे, सभी राजनीतिक दलों को उपलब्ध कराई गई थी. इस सूची के संबंध में केवल 89 अपीलें जिलाधिकारी (DM) के पास और एक अपील राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) के पास दर्ज की गई थी.
कुर्ला टर्मिनस के बाद ट्रेन में लुटेरा, डॉक्टर देशमुख की पत्नी का हैंडबैग छीना
6 Jun, 2025 04:31 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मुंबई में एक डॉक्टर के लिए ट्रेन का सफर एक भयावह सफर बन गया। 50 साल के डॉक्टर योगेश देशमुख और उनकी पत्नी दिपाली देशमुख अपने 9 साल की बेटी के साथ लोकमान्य तिलक टर्मिनस (कुर्ला)- नांदेड़ एक्सप्रेस में सफर कर रहे थे। इस दौरान लूटपाट की एक घटना हुई।
एनडीटीवी के अनुसार, यह हादसा कंजुमर्ग और भांडुप के बीच हुई। ट्रेन के कुर्ला टर्मिनस से रवाना होने के 15 मिनट बाद ही एक लुटेरे ने दिपाली देशमुख का हैंडबैग छीनने की कोशिश की। उन्होंने इसका विरोध किया। जब उन्होंने अपना हैंडबैग पकड़ा, तो लुटेरा उन्हें घसीटते हुए कोच के गेट तक ले गया।
डॉक्टर योगेश का कट गया हाथ
इसके बाद ऊपर की बर्थ पर सो रहे उनके पति ने दौड़कर उन्हें बचाया। उन्हें बचाने की कोशिश में दोनों ही पटरी पर गिर गए। दिपाली को कुछ चोटें आईं, जबकि उनके पति का हाथ ट्रेन के नीचे कुचल गया। उस समय तक ट्रेन धीमी हो चुकी थी और लुटेरा हैंडबैग लेकर कूद चुका था। घटना के दौरान कोई भी रेलवे सुरक्षा कर्मी मौजूद नहीं था।
अज्ञात लुटेरों के खिलाफ मामला दर्ज
देशमुख ने पुलिस को बताया कि उन्होंने और उनके पति ने पुलिस हेल्पलाइन से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उन्हें अपने स्थान के बारे में पता नहीं था। एक टेम्पो चालक ने उन्हें मदद मांगते हुए देखा और उन्हें एक निजी अस्पताल ले गया। दंपती की नाबालिग बेटी को कल्याण में सुरक्षित रूप से उतार लिया गया और अधिकारियों को घटना के बारे में सूचित किया गया।
रेलवे पुलिस ने अज्ञात लुटेरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और संदिग्ध की पहचान करने के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
गठबंधन की पहल का समय, आदित्य-राज ठाकरे की मुलाकात पर जोर
5 Jun, 2025 01:29 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
संभाजीनगर: महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) के सीनियर नेता प्रकाश महाजन ने उद्धव ठाकरे की शिवसेना के साथ गठबंधन से पहले एक शर्त रखी है। महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के नेता प्रकाश महाजन ने कहा है कि अगर शिवसेना (यूबीटी) दोनों दलों के गठबंधन को लेकर गंभीर है, तो उसके नेता आदित्य ठाकरे को आगे आकर राज ठाकरे से मिलना चाहिए।
प्रकाश महाजन ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे की अध्यक्षता वाली शिवसेना (यूबीटी) में किसी सीनियर नेता को संभावित गठबंधन पर चर्चा के लिए मनसे अध्यक्ष राज ठाकरे के पास जाना चाहिए।
'अगर आदित्य ठाकरे बातचीत के लिए जाते तो...'
प्रकाश महाजन ने कहा कि अगर किसी जूनियर नेता को बातचीत के लिए भेजा जाता है, तो राज ठाकरे भी किसी जूनियर पदाधिकारी को भेजेंगे। प्रकाश महाजन ने आगे कहा, 'अगर वाकई गठबंधन होना है, तो आदित्य ठाकरे को आगे आकर राज साहब के विचारों को समझना चाहिए। अगर आदित्य ठाकरे बातचीत के लिए जाते हैं, तो दोनों पक्ष गंभीरता को समझेंगे।
क्या बोले मनसे नेता?
पूर्व राज्य मंत्री आदित्य ठाकरे शिवसेना (यूबीटी) अध्यक्ष उद्धव ठाकरे के बेटे हैं। वहीं आदित्य ठाकरे का कहना है कि अगर कोई महाराष्ट्र के हितों की रक्षा के लिए साथ आना चाहता है, तो 'हम उन्हें भी साथ लेकर चलेंगे।' प्रकाश महाजन ने कहा कि राजनीतिक रूप से अलग-थलग पड़े ठाकरे भाइयों के साथ आने के इस कोशिश में कोई बुराई नहीं है।
उन्होंने कहा, 'हमने (मनसे) 2014 और 2017 में भी यह प्रयोग किया था। अगर वे गंभीर हैं, तो आगे आने में कोई समस्या नहीं है।'
'लड़ाई छोड़कर बढ़ेंगे आगे'
चचेरे भाई उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे के बयानों से राजनीतिक अटकलें तेज हो गई हैं, जिसमें कहा गया है कि वे 'मामूली मुद्दों' को नजरअंदाज कर सकते हैं और लगभग 20 साल के कड़वे अलगाव के बाद हाथ मिला सकते हैं।
मनसे प्रमुख ने कहा है कि मराठी मानुष (मराठी भाषी लोगों) के हितों के लिए एकजुट होना मुश्किल नहीं है, वहीं उद्धव ठाकरे ने कहा कि वह छोटी-मोटी लड़ाइयां छोड़कर आगे बढ़ने को तैयार हैं, बशर्ते महाराष्ट्र के हितों के खिलाफ काम करने वालों को तरजीह न दी जाए।
राज ठाकरे की मांग: स्कूलों में हिंदी वैकल्पिक हो, मराठी-अंग्रेजी अनिवार्य
5 Jun, 2025 01:22 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
महाराष्ट्र में पिछले कुछ महीनों से स्कूली शिक्षा में हिंदी की अनिवार्यता को लेकर काफी असमंजस बना हुआ है. इसी बीच बुधवार को महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) के अध्यक्ष राज ठाकरे ने राज्य शिक्षा मंत्री दादाजी भुसे से एक लिखित आदेश जारी करने की अपील की. जिसमें उन्होंने कहा कि पहली कक्षा से केवल दो भाषाएं मराठी और अंग्रेजी भाषा अनिर्वाय हो जबकि हिंदी भाषा को वैकल्पिक भाषा के रूप में रखा जाए.
दरअसल, महाराष्ट्र सरकार ने अप्रैल महीने में सभी मराठी और अंग्रेजी मीडियम स्कूलों में कक्षा 1 से 5वीं तक के स्टूडेंट्स के लिए तीसरी भाषा के रूप में हिंदी पढ़ना अनिवार्य किया था. इस निर्णय का MNS समेत कई पर्टियों ने विरोध किया था. विरोध करने के बाद सरकार ने इस फैसले पर रोक लगा दी थी.
‘अगर ऐसा नहीं हुआ तो पार्टी करेगी आंदोलन’
MNS प्रमुख ने कहा कि मुझे सूचना मिली है कि हिंदी समेत तीनों भाषाओं में पाठ्यपुस्तकों की छपाई शुरू हो गई है. उन्होंने कहा कि अगर हिंदी भाषा में पुस्तकों की छपाई शुरू हो चुकी है, तो मुझे नहीं लगता कि सरकार अपने फैसले पर विचार कर रही है. उन्होंने महाराष्ट्र सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर ऐसा नहीं हुआ और हिंदी की अनिवार्यता को लेकर फिर से पुनर्विचार किया, तो पार्टी राज्यव्यापी आंदोलन करेगी और इसकी जिम्मेदार सरकार होगी.
हिंदी भाषा थोपने से किया इंकार
ठाकरे ने कहा कि कई राज्यों ने हिंदी भाषा को अपनाने से इंकार कर दिया. क्योकि उनकी स्थानीय भाषा ही उनकी पहचान है. उन्होंने राज्य शिक्षा मंत्री भूसे से कहा कि आप तो जन्म से मराठी हैं. आप अन्य नेताओं की तरह कब काम करेंगे?, जो हिंदी भाषा का विरोध करते हैं और अपनी स्थानीय भाषा की रक्षा करते हैं. इसके आगे उन्होंने कहा कि हम उम्मीद करते हैं कि राज्य सरकार अन्य राज्यों की तरह ही अपनी स्थानीय भाषा के लिए एक मजबूत भावना दिखाए.
हिंदी की अनिवार्यता का किया विरोध
दरअसल, शुरुआत में यह घोषणा की गई थी कि कक्षा 1 से 5वीं तक के बच्चों को तीन भाषाएं पढ़ाई जाएगी, जिसमें हिंदी तीसरी अनिवार्य भाषा होगी. महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना ने इसके खिलाफ आवाज उठाई थी और कई लोगों ने उनका समर्थन किया था. जिसके बाद सरकार ने अपने आदेश को वापस ले लिया. इसको लेकर राज ठाकरे ने कहा कि सरकार को मजबूरन अपना फैसला वापस लेना पड़ा क्योंकि यह जनभावना इतनी तीव्र थी कि सरकार के आगे कोई विकल्प नहीं था.
करोड़ों का मालिक मुंबई में बना चोर! लड़कियों के कपड़े पहन करता था वारदात
4 Jun, 2025 08:51 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बात एक ऐसे चोर की है, जो करोड़ों का मालिक है. इस चोर के पास मुंबई जैसे शहर में फ्लैट, बिहार में अच्छा-खासा मकान और खेती की जमीन के अलावा काफी बैंक बैलेंस भी है, लेकिन ये दौलतमंद चोर चोरी की अपनी आदत से मजबूर था. ये चोर वारदात को अंजाम देने के लिए ऐसे हथकंडे अपनाता था कि लोगों को किसी तरह का शक न हो. वो पुलिस को चकमा देने के लिए महिलाओं के कपड़े पहनकर चोरी करने जाता था.
मुंबई के मालाड पुलिस ने एक ऐसे शातिर सहजादे चोर को गिरफ्तार किया है, जो पुलिस से बचने के लिए महिला का भेष बनाकर और CCTV कैमरे से बचने के लिए रेलवे ट्रैक का इस्तेमाल करता था. मालाड पुलिस ने सहजादे चोर के पास से सोना पिघलाने वाली मशीन, सोने-चांदी के 36 तोले गहने, महिलाओं के कपड़े सहित कैश जब्त किया है. पुलिस की जांच में यह खुलासा हुआ कि आरोपी चोर कई बंगले और फ्लैट का मालिक है. काफी लंबे समय से वह ऐसे चोरी को अंजाम देता था, लेकिन अब तक पकड़ा में नहीं आया. हालांकि उसने अब तक ऐसे दर्जनों चोरी की वारदात को अंजाम दिया है. मालाड पुलिस ने कड़ी मेहनत के बाद शहजादे चोर को गिरफ्तार कर लिया है.
बिहार का रहने वाला है, 57 लाख की प्रॉपर्टी जब्त
मालाड डिवीजन के ACP हेमंत सावंत के अनुसार, शातिर आरोपी रंजीत कुमार उपेंद्र उर्फ मुन्ना (44) बबुआगंज बिहार का रहने वाला है. मालाड मालवाणी इलाके से उसकी गिरफ्तारी हुई है. आरोपी पुलिस से बचने के लिए कभी महिला का ड्रेस पहनकर चोरी करता था तो कभी भिखारी के रूप मे रेलवे ट्रैक से चलकर चोरी करने जाता था. मालाड पुलिस के सीनियर अधिकारी विजय पंहाले के अनुसार, आरोपी के पास से करीब 57 लाख की प्रॉपर्टी जब्त की गई है, जिसमें 16 लाख कैश बैंक मे फ्रीज किया है और 41 लाख के गहने और सामान जब्त किया गया है. अब तक इस शातिर चोर के खिलाफ 8 मामले सामने आए हैं, जबकि पहले इसकी कहीं भी गिरफ्तारी नहीं हुई है.
कैसे पुलिस की पकड़ में आया ये शातिर चोर?
मालाड पुलिस स्टेशन के जांच अधिकारी तुषार सुखदेवे, संतोष सातवासे अमित गावंड, अविनाश जाधव हवलदार महेश डोईफोड़े की टीम ने रेलवे ट्रैक सहित अन्य लोकेशन के करीब 150 से ज्यादा CCTV कैमरे की जांच-पड़ताल के बाद यह खुलासा किया. पुलिस को ऐसे और कई संगीन खुलासे का अंदेशा है, क्योंकि आरोपी करीब 10 साल से ऐसे अनगिनत वारदात को अंजाम देते हुए बड़े चालाकी से बचता हुआ करोडों के फ्लैट, जमीन और बंगले का मालिक बना है.
CCTV तस्वीरों में जो शख्स चुपके-चुपके और बहुत चौकन्ना होकर आगे बढ़ता दिख रहा है, उसे देखकर किसी को भी ये भ्रम हो सकता था कि वो कोई महिला ही है, लेकिन सच्चाई कुछ और ही निकली. महिला का भेष बनाकर चोरी करने वाले इस शख्स को जब गिरफ्तार किया गया तो इस शातिर चोर के बारे में ऐसे खुलासे हुए कि उसे जानकर मुंबई पुलिस भी हैरान रह गई.
रात में महिलाओं के भेष में करता था चोरी
दरअसल, ये शख्स कोई साधारण चोर नहीं है. ये एक दौलतमंद चोर है, जिसके पास फ्लैट, मकान से लेकर खेती की जमीनें भी हैं और बैंक में जमा लाखों रुपये भी, लेकिन ये मुंबई में चोरी के वारदात को अंजाम दिया करता था. दिन में रेकी करता था और रात में महिला के भेष में चोरी. पुलिस से बचने के लिए ये चोर महिलाओं के कपड़े पहनकर जाता था और CCTV कैमरों से बचने के लिए रेलवे ट्रैक के रास्ते से जाता था. वारदात के समय ये चोर अपने चेहरे को दुपट्टे से ढंक लेता था, ताकि CCTV में उसका चेहरा न दिख सके.
महाराष्ट्र कैबिनेट मीटिंग में कई बड़े फैसले: नया आयोग और 200 बिस्तरों वाला अस्पताल बनाने को मिली हरी झंडी
4 Jun, 2025 08:42 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
महाराष्ट्र में आज हुई कैबिनेट की बैठक में कई अहम फैसले लिए गए हैं. इस बैठक में देवेंद्र फडणवीस की सरकार ने राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग की स्थापना का बड़ा और ऐतिहासिक फैसला लिया है. साथ ही धारावी पुनर्विकास परियोजना को लेकर भूमि हस्तांतरण के नियमों और शर्तों में भी बड़े बदलाव किए गए हैं. इसके अलावा महाराष्ट्र राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग की स्थापना करने का निर्णय लिया गया. इस आयोग के लिए पदों और परिसरों के निर्माण को भी मंजूरी दी गई है.
रिपोर्ट के मुताबिक, इस बैठक में इस आयोग की स्थापना के लिए किए जाने वाले सहायक खर्चों को भी मंजूरी देने का निर्णय लिया गया. हालांकि राज्य सरकार ने अनुसूचित जनजाति आयोग की स्थापना करने का निर्णय लिया है, लेकिन महाराष्ट्र राज्य अनुसूचित जाति आयोग भी स्वतंत्र रूप से काम करना जारी रखेगा. इसे लेकर सरकार ने स्थिति भी साफ कर दी है.
धारावी पुनर्विकास परियोजना को लेकर बड़ा फैसला
मंत्रिमंडल की बैठक में धारावी पुनर्विकास परियोजना के लिए डेयरी विकास विभाग की कुर्ला में 8.5 हेक्टेयर भूमि के हस्तांतरण के लिए समझौते की शर्तों में संशोधन को मंजूरी दे दी गई है. राजस्व विभाग के तहत यह निर्णय लिया गया है. महाराष्ट्र की सरकार धारावी पुनर्विकास परियोजना को लेकर हर तरह से तत्पर नजर आ रही है.
दो सौ बिस्तरों वाला बीमा कर्मचारियों का अस्पताल
बैठक में राज्य कर्मचारी बीमा महामंडल के दो सौ बिस्तरों वाले बीमा कर्मचारी अस्पताल के निर्माण के लिए छत्रपति संभाजी नगर जिले के मौजे करोडी में छह हेक्टेयर बंजर भूमि उपलब्ध कराने का भी निर्णय लिया गया. इसके अलावा बिबवेवाड़ी-पुणे, अहिल्या नगर, सांगली, अमरावती, बल्लारपुर- चंद्रपुर, सिन्नर- नासिक, बारामती, सातारा और पनवेल में अस्पतालों के लिए भूमि उपलब्ध कराने को सैद्धांतिक मंजूरी दी गई है. ये फैसले भी राजस्व विभाग के अंतर्गत लिए गए हैं.
एमएसआरडीसी को क्षति के लिए मुआवजा मिलेगा
महाराष्ट्र राज्य सड़क विकास निगम को टोल रियायतों के लिए मुआवजा मिलेगा. सरकार ने मुंबई प्रवेश द्वार पर पांच टोल स्टेशनों पर रियायतें प्रदान करने के लिए निगम को मुआवजा देने का फैसला किया है. सरकार ने हाल ही में मुंबई में प्रवेश के दौरान पड़ने वाले पांच टोल प्लाजों पर आम जनता की राहत देने का फैसला किया था.
मुंबई-नागपुर अब 8 घंटे में! CM फडणवीस 5 जून को करेंगे समृद्धि महामार्ग के आखिरी हिस्से का लोकार्पण
3 Jun, 2025 04:11 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
महाराष्ट्र के महत्वाकांक्षी समृद्धी महामार्ग का अंतिम 76 किलोमीटर का हिस्सा 5 जून (गुरुवार) 2025 से आम लोगों के लिए खुल जाएगा. सूबे के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस इस हिस्से का उद्घाटन करेंगे. इसके साथ ही 701 किलोमीटर लंबे मुंबई-नागपुर सुपर कम्युनिकेशन एक्सप्रेसवे का सफर लोगों के लिए आसान हो जाएगा. इस बात की जानकारी महाराष्ट्र राज्य सड़क विकास निगम (MSRDC) के सूत्रों ने दी.
इस एक्सप्रेस-वे के आखिरी चरण के खुलने से अब वाहन चालकों को मुंबई से नागपुर जाने में काफी सहूलियत होगी. यह खंड ₹1,182 करोड़ की अनुमानित लागत से तैयार किया गया है, जिसकी वित्तीय साझेदारी MSRDC और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) द्वारा की गई है. इस हिस्से में तीन इंटरचेंज बनाए गए हैं. इगतपुरी, शाहापुर के कुतघर में और ठाणे के अमाणे में इंटरचेंज बनाए गए हैं. MSRDC के मुताबिक इस खंड में 7.8 किलोमीटर लंबी सुरंग भी शामिल है, जो देश की सबसे लंबी सुरंग है. महाराष्ट्र का ये अब तक का सबसे बड़ा प्रोजेक्ट है.
90 मिनट से घटकर 40 मिनट का होगा सफर
फिलहाल पुराने मुंबई-नासिक राजमार्ग से वाहन चालकों को कसारा घाट से होते हुए पश्चिमी घाट की 450 मीटर ऊंचाई तक चढ़ना पड़ता है. समृद्धि महामार्ग के इस नए खंड से ऊंचाई केवल 160 मीटर तक सीमित रह जाएगी और इगतपुरी से अमाणे की यात्रा का समय 90 मिनट से घटकर मात्र 40 मिनट रह जाएगा, जिससे वाहन चालकों का काफी समय बचेगा और उन्हें आसानी भी होगी.
55,000 करोड़ की लागत से तैयार
इस खंड के चालू होते ही 701 किलोमीटर लंबा नागपुर-मुंबई समृद्धि महामार्ग पूरी तरह से चालू हो जाएगा, जिससे नागपुर से मुंबई की यात्रा का समय 16 घंटे से घटकर केवल 8 घंटे रह जाएगा. 55,000 करोड़ की लागत से निर्मित यह एक्सप्रेस-वे 150 किमी प्रति घंटा की गति के लिए डिजाइन किया गया है और इसमें 33 प्रमुख पुल, 274 लघु पुल, 65 फ्लाईओवर और 6 सुरंगें शामिल हैं, जिनमें से सबसे लंबी सुरंग कसारा घाट में है. यह महामार्ग 10 जिलों और 390 गांवों से होकर गुजरता है.
समृद्धि महामार्ग का पहली चरण नागपुर से शिरडी तक था, जिसका उद्घाटन दिसंबर 2022 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया था. दूसरे चरण शिर्डी से भरविर (नासिक) था, जिसका उद्घाटन मई 2023 में तत्कालीन मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने किया, जबकि तीसरे चरण भरविर से इगतपुर का उद्घाटन मार्च 2024 में तत्कालीन MSRDC मंत्री दादा भुसे ने किया था.
इस एक्सप्रेस-वे को आधिकारिक रूप से हिंदू हृदय सम्राट बालासाहेब ठाकरे महाराष्ट्र समृद्धि महामार्ग नाम दिया गया है. यह परियोजना मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की परिकल्पना थी, जिसे प्रारंभिक वर्षों में भूमि अधिग्रहण का विरोध झेलना पड़ा था. खास बात ये है कि यह मार्ग 10 जिलों और 390 गांवों से होकर गुजरता है. उम्मीद है कि इसके जरिए महाराष्ट्र में व्यापार, परिवहन और आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी.
थाईलैंड से आया 'सांपों का पिटारा'! मुंबई एयरपोर्ट पर 47 जहरीले सांपों के साथ यात्री गिरफ्तार
3 Jun, 2025 04:08 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
म अक्सर ये देखते सुनते हैं कि एयरपोर्ट पर यात्रियों की जांच के दौरान उनसे सोने और दूसरे महंगी चीजें बरामद होती हैं, लेकिन देश की आर्थिक राजधानी में मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर एक अजीबो-गरीब नजारा देखने को मिला. यहां कस्टम की जांच में एक भारतीय यात्री से अधिकारियों ने 47 विषैले सांप और पांच कछुए बरामद किए. यात्री के पास से सांप बरामद होने पर सुरक्षा स्टॉफ भी डर गया.
बाताया जा रहा है कि जिस यात्री से जहरिले सांप बरामद हुए वो थाईलैंड गया था. उसने भारत आने के लिए बैंकांक से फ्लाइट ली थी. यात्री को गिरफ्तार कर लिया गया है. जानकारी के अनुसार, छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर एक भारतीय यात्री के पास 47 बहुत विषैले सांप और पांच कछुए मिले. अधिकारियों ने बताया कि उन्हें रात में एक यात्री पर संदेह हुआ, जिसके बाद उन्होंने उसे रोका. जब उसके बैग की चेकिंग की गई तो बैग में 47 बेहद जहरीले वाइपर सांप और पांच कछुए मिले.
यात्री के खिलाफ मामला दर्ज
अधिकारियों ने बताया कि रॉ (वन्यजीव कल्याण के लिए रेसक्विंक एसोसिएशन) की एक टीम ने इन सांपों और कछुओं की प्रजातियों की पहचान करने में सहायता की. अब वाइल्डलाइफ प्रोटेक्शन एक्ट के तहत इन सांपों और कछुओं को वापस उस देश भेजा जाएगा. सुरक्षा एजेंसियों ने यात्री के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है. यात्री के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई हो रही है.
सरंक्षित या संकटग्रस्त प्रजातियों का आयात प्रतिबंधित
अधिकारियों के अनुसार, यात्री के चेक इन बैग से मिले सांपों और कछुओं में तीन स्पाइडर टेल्ड हॉर्न्ड वाइपर, पांच एशियन लीफ टर्टल और 44 इंडोनेशियन पिट वाइपर शामिल थे. भारत में विभिन्न वन्यजीव संरक्षण कानूनों के तहत इनको जब्त किया गया है. ये जीव भारत में अलग-अलग वन्यजीव संरक्षण कानूनों के तहत प्रतिबंधित किए गए हैं. अधिकारियों ने ये नहीं बताया कि ये जीव कहां से लाए गए थे. बता दें कि भारत में सरंक्षित या संकटग्रस्त प्रजातियों का आयात प्रतिबंधित किया गया है. सीमा शुल्क अधिकारियों ने एक डिश में छटपटाते रंग-बिरंगे सांपों की तस्वीरें सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी की हैं.
93 लाख फॉलोअर्स के साथ कॉकरोच जनता पार्टी ने बनाया नया रिकॉर्ड
‘सभी मदरसों में वंदे मातरम जरूरी’, बंगाल में नए फैसले पर सियासत तेज
अब 28 मई तक बिकेगा गेहूं, सरकार ने बढ़ाई उपार्जन अवधि
कैबिनेट मीटिंग में विभागों के कामकाज की होगी समीक्षा
राशिफल 21 मई 2026: जानिए आज का दिन आपके लिए कैसा रहेगा
