महाराष्ट्र
गैस बंद करने की धमकी देकर ठगों ने लगाया चूना, मुंबई में 70 हजार रुपये उड़ाए
14 Mar, 2026 04:44 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मुंबई | यूएस, इजरायल और ईरान के युद्ध से मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव का असर अब भारत में दोहरी मार बनकर दिख रहा है. एक तरफ ईंधन की कमी की आशंका है, तो दूसरी ओर इसी बहाने साइबर ठगी के नए मामले सामने आने लगे हैं.मुंबई में घरेलू गैस कनेक्शन काटे जाने की धमकी देकर लोगों से ठगी करने वाले साइबर ठगों का गिरोह सक्रिय हो गया है. ताजा मामला विलेपार्ले पूर्व का है, जहां चिंतन छेड़ा नाम के एक व्यक्ति को गैस कनेक्शन काटने की धमकी देकर 70 हजार रुपये की ठगी कर ली गई|
गैस लिमिटेड का कर्मचारी बताकर किया फोन
मिली जानकारी के अनुसार ठगों ने खुद को महानगर गैस लिमिटेड का कर्मचारी बताकर फोन किया और कहा कि उनका गैस बिल बकाया है. अगर तुरंत बिल अपडेट नहीं किया गया तो गैस कनेक्शन काट दिया जाएगा. ठगों ने डर का माहौल बनाकर उनसे एक APK फाइल डाउनलोड करने के लिए कहा. जैसे ही पीड़ित ने फाइल डाउनलोड की, ठगों ने उनके मोबाइल का एक्सेस हासिल कर लिया और खाते से 70 हजार रुपये निकाल लिए.बताया जा रहा है कि अब तक मुंबई के कई लोगों को घरेलू गैस कनेक्शन बंद करने की धमकी देकर लाखों रुपये की ठगी की जा चुकी है. खास तौर पर बुजुर्ग लोगों को निशाना बनाया जा रहा है|
गैस की संभावित कमी की खबरों का उठाया जा रहा है फायदा
जानकारी के मुताबिक खाड़ी देशों में चल रहे युद्ध के कारण गैस की संभावित कमी की खबरों का फायदा उठाकर साइबर ठग लोगों में डर पैदा कर रहे हैं. गैस सप्लाई बंद होने की आशंका दिखाकर वे लोगों को झांसे में ले रहे हैं.साइबर ठग खुद को महानगर गैस लिमिटेड का अधिकारी बताकर कभी बकाया बिल का बहाना करते हैं तो कभी बिल अपडेट करने के नाम पर लोगों से मोबाइल में फाइल डाउनलोड करवाते हैं और फिर उनके बैंक खातों से पैसे निकाल लेते हैं|
LPG संकट पर विपक्ष का हमला, संजय राउत ने BJP पर साधा निशाना
14 Mar, 2026 04:33 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
महाराष्ट्र | शिवसेना यूबीटी के सांसद संजय राउत ने शनिवार, 14 मार्च को केंद्र और महाराष्ट्र सरकार पर जमकर हमला बोला. देशभर में एलपीजी सिलेंडर को लेकर मचे हाहाकार के बीच संजय राउत ने दावा किया कि सरकारें झूठ बोल ही हैं और समस्या का निपटारा करने के बजाय सत्ताधारी दल चुनाव प्रचारों में जुटे हुए हैं. संजय राउत ने यह भी दावा किया कि महाराष्ट्र में 40 फीसदी से ज्यादा होटल-रेस्टोरेंट बंद हो गए हैं. सभी जगहों पर सिलेंडर की कमी है और मोदी-फडणवीस सरकारें शांत हैं. इतना ही नहीं, संजय राउत ने दावा किया कि अंतरराष्ट्रीय राजनीति में बीजेपी के 'फेलियर' की वजह से भारत को इस समस्या से जूझना पड़ रहा है |
'देश परेशान है, बीजेपी चुनाव प्रचार में लगी'- संजय राउत
संजय राउत ने प्रेस कांफ्रेंस में कहा, 'बीजेपी और उनके सहयोगी दल केंद्र और राज्य स्तर पर अफवाह फैलाने की कोशिश कर रहे हैं. यह कह रहे हैं कि सबकुछ सामान्य रूप से चल रहा है, जबकि यह सही नहीं है. दूसरी तरफ, बीजेपी के नेता दक्षिण में चुनाव प्रचार में जुटे हुए हैं.' उन्होंने आगे कहा, 'होटल इंडस्ट्री 40 फीसदी तक बंद हो चुकी है और अब तक न तो मुख्यमंत्री फडणवीस, न ही डिप्टी सीएम, प्रधानमंत्री या गृहमंत्री ने कोई भी बयान दिया. जैसे नोटबंदी के दौर में कतारें लगी थीं, वैसी ही कतारें अब भी लग रही हैं.'शिवसेना यूबीटी सांसद ने बीजेपी पर आरोप लगाते हुए कहा, 'यह सब इसलिए हो रहा है क्योंकि सरकार की विदेश नीति असफल साबित हुई है. आप किस मुंह से ईरान से बात करने जाएंगे? यह जरूरी है कि भारत तटस्थ रुख अपनाए और ईरान को नैतिक समर्थन दे. हमारे राजनयिक संबंध केवल तेल टैंकरों की सुविधा प्रदान करने तक ही सीमित नहीं हैं.'बीजेपी पर भड़कते हुए संजय राउत ने आगे कहा, 'दिल्ली में नारेबाजी हो रही है 'नरेंद्र भाई गायब, सिलेंडर्स गायब'. इस पर चर्चा करने के लिए बैठक कौन बुलाएगा? प्रधानमंत्री फिलहाल उपलब्ध नहीं हैं |'
महाराष्ट्र में इलेक्ट्रिक वाहनों पर सख्ती, अब परमिट लेना जरूरी
13 Mar, 2026 03:23 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
महाराष्ट्र। सरकार ने अब पैसेंजर लेकर चलने वाले इलेक्ट्रिक ऑटो (ई-रिक्शा) और ई-बाइक के लिए परमिट लेना जरूरी कर दिया है। यह फैसला राज्य में नियमों को एक जैसा बनाने के लिए लिया गया है। यह जानकारी परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने शुक्रवार को दी। इससे पहले, इलेक्ट्रिक ऑटो को अलग से परमिट लेने की जरूरत नहीं थी। लेकिन अब, जैसे-जैसे इन वाहनों की संख्या बढ़ रही है, सरकार ने फैसला किया है कि सभी ई-रिक्शा और ई-बाइक को परमिट लेना होगा।
क्या है नए नियम, समझिए
राज्य सरकार की तरफ से जारी किए गए नए नियमों के तहत अब इन वाहनों की नंबर प्लेट हरी पृष्ठभूमि और पीले अक्षरों वाली होगी। अब परंपरागत ऑटो, टैक्सी और इलेक्ट्रिक रिक्शा सभी पर एक जैसे नियम लागू होंगे। मंत्री सरनाईक ने बताया कि कदम से पारदर्शिता बढ़ेगी और नियमों का उल्लंघन कम होगा।
सभी वाहनों में आएगा अनुशासन- राज्य सरकर
मामले में राज्य सरकार का कहना है कि इस कदम से सभी वाहनों में अनुशासन आएगा, नियमों का पालन होगा और यात्रियों को सुरक्षित सेवा मिलेगी। इसके साथ ही राज्य मंत्री ने इस बात पर भी जोर दिया कि महाराष्ट्र परिवहन विभाग अब सिंगल विंडो सिस्टम भी शुरू करने की तैयारी कर रहा है। इससे लोग आवेदन जमा करना, दस्तावेज जांचना और परमिट मंजूर करवाना आसान तरीके से कर पाएंगे।
पार्किंग विवाद में युवक की मौत, बारामती हादसे पर नेताओं की बातचीत
13 Mar, 2026 03:03 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मुंबई। के दहिसर इलाके में बाइक पार्किंग को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें एक व्यक्ति की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को घटना के एक घंटे के भीतर ही गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार यह घटना गणपत पाटिल नगर इलाके में हुई। होली के दिन बाइक पार्किंग को लेकर भरत आढव और कृष्णा राजा यादव के बीच विवाद हुआ था। पुलिस अधिकारी ने बताया कि गुरुवार को उसी विवाद को लेकर कृष्णा राजा यादव ने भरत आढव पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को एक घंटे के भीतर पकड़ लिया और हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और मामले की आगे जांच की जा रही है।
बारामती विमान हादसे पर रोहित पवार ने राहुल गांधी से की बात
बारामती विमान हादसे को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। एनसीपी-एससीपी के नेता रोहित पवार ने कहा कि इस मामले में प्राथमिकी दर्ज नहीं की जा रही है। इसको लेकर उन्होंने राहुल गांधी से विस्तार से चर्चा की है। रोहित पवार ने बताया कि उन्होंने राहुल गांधी को इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी और कहा कि अभी तक एफआईआर दर्ज नहीं होने से कई सवाल खड़े हो रहे हैं। उनके मुताबिक राहुल गांधी ने भी इस मुद्दे पर चिंता जताई है। उन्होंने यह भी कहा कि जांच की निष्पक्षता को लेकर आशंकाएं हैं, क्योंकि उड्डयन मंत्रालय उन दलों के पास है जिनके साथ कथित रूप से संबंधित संगठनों के लिंक होने की बात सामने आ रही है। पवार ने कहा कि पूरे मामले की पारदर्शी और निष्पक्ष जांच जरूरी है ताकि हादसे से जुड़े सभी तथ्यों को सामने लाया जा सके।
LPG संकट के बीच महाराष्ट्र में प्राथमिकता से मिलेगी गैस सप्लाई
13 Mar, 2026 02:24 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
महाराष्ट्र | मिडिल इस्ट में जारी तनाव का असर अब भारत में दिखने लगा है. महाराष्ट्र सरकार ने वेस्ट एशिया में चल रहे संकट के बीच राज्य में LPG की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए कंट्रोल रूम और जिला स्तरीय समितियां गठित करने का फैसला किया है. सरकार ने साफ किया है कि घरेलू उपभोक्ताओं के लिए गैस की कोई कमी नहीं है और नागरिकों को घबराने की जरूरत नहीं है.खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव अनिल दिग्गीकर ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि पूरे राज्य में LPG वितरण की निगरानी की जाए और आपूर्ति सुचारू रखने के लिए जरूरी कदम उठाए जाएं. विभाग के मुताबिक मार्च में घरेलू गैस सिलेंडर की उपलब्धता पिछले छह महीनों की तुलना में अधिक दर्ज की गई है |
जिला स्तर पर बनेगी निगरानी व्यवस्था
गैस आपूर्ति में किसी भी संभावित बाधा को रोकने और बेहतर समन्वय के लिए जिला कलेक्टर की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समितियां बनाई जाएंगी. इन समितियों में पुलिस अधीक्षक, जिला आपूर्ति अधिकारी और सरकारी तेल कंपनियों के प्रतिनिधि शामिल होंगे. इनकी जिम्मेदारी LPG सप्लाई चेन की निगरानी, कानून व्यवस्था बनाए रखना और स्थिति पर रोजाना रिपोर्ट देना होगी |मुंबई-ठाणे राशनिंग क्षेत्र में अलग समिति गठित की जाएगी, जो कंट्रोलर ऑफ राशनिंग के नेतृत्व में काम करेगी. इसमें डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस और डिप्टी कंट्रोलर (राशनिंग) भी सदस्य होंगे. सरकार का कहना है कि इस व्यवस्था से आपूर्ति में किसी भी तरह की बाधा को समय रहते दूर किया जा सकेगा |
जरूरी सेवाओं को प्राथमिकता
सरकार ने निर्देश दिया है कि अस्पतालों, सरकारी छात्रावासों, सरकारी स्कूल और कॉलेज के मेस, मिड-डे मील योजना और आश्रम स्कूलों को LPG सिलेंडर की आपूर्ति में प्राथमिकता दी जाए. इसके साथ ही अधिकारियों को जरूरत पड़ने पर कोयला या केरोसिन जैसे वैकल्पिक ईंधन के उपयोग की संभावना भी तलाशने को कहा गया है, हालांकि इसके लिए महाराष्ट्र प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के नियमों का पालन करना होगा.अधिकारियों को रेडियो, एफएम चैनलों, टेलीविजन और प्रिंट मीडिया के जरिए रोजाना जानकारी साझा करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि गैस आपूर्ति को लेकर अफवाहें न फैलें. सोशल मीडिया पर फर्जी या भ्रामक जानकारी फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की भी चेतावनी दी गई है |
मांग और उत्पादन का संतुलन
राज्य के अधिकारियों के अनुसार महाराष्ट्र में एलपीजी की औसत दैनिक मांग करीब 9,000 मीट्रिक टन है. पीटीआई के अनुसार, पिछले दो दिनों में रिफाइनरियों में उत्पादन बढ़ाकर लगभग 11,000 मीट्रिक टन प्रतिदिन कर दिया गया है, जिससे मांग को पूरा किया जा सके. इसके अलावा घरेलू उपयोग के लिए पाइप्ड नेचुरल गैस का पर्याप्त भंडार भी उपलब्ध है.राज्य में पेट्रोल और डीजल का भी पर्याप्त स्टॉक बताया गया है. रिफाइनरियां पूरी क्षमता से काम कर रही हैं और बाजार की मांग पूरी करने के लिए प्रतिदिन करीब 15,000 किलोलीटर पेट्रोल और 38,000 किलोलीटर डीजल का उत्पादन किया जा रहा है. सरकार ने नागरिकों से अपील की है कि ईंधन आपूर्ति को लेकर किसी तरह की घबराहट न फैलाएं क्योंकि सभी जरूरतों को पूरा करने के लिए पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं |
मुंबई डॉक्टर मौत मामला गरमाया, परिवार ने जांच की उठाई मांग
12 Mar, 2026 05:39 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मुंबई | के एंटॉप हिल इलाके में 24 वर्षीय एक डेंटल मेडिकल छात्रा स्तुति सोनावने ने कथित तौर पर अपने प्रेमी मोहम्मद फैजुल खान द्वारा चरित्र पर लगाए जा रहे आरोपों से परेशान होकर आत्महत्या कर ली. 6 पन्ने के सुसाइड नोट में स्तुति ने चौकाने वाले बातें लिखी है लेकिन परिवार, किसी भी प्रेम संबंध से अनजान है और पुलिस की थ्योरी से अलग डेंटिस्ट प्रैक्टिस में काम के दबाव की बात कर रही है |
पंखे से लटककर दे दी जान
मुंबई के मशहूर बीवाईएल नायर अस्पताल से डेंटिस्ट BDS की पढ़ाई कर चुकी और नवी मुंबई के डीवाई पाटिल मेडिकल कॉलेज से MDS ( मास्टर इन डेंटल सर्जरी) की पढ़ाई कर रही मुंबई की स्तुति सोनवणे ने अपने घर में पंखे से लटककर जान दे दी |
6 पन्नों का मिला सुसाइड नोट
पुलिस को मौके से छह पन्नों का सुसाइड नोट मिला है, जिसमें छात्रा ने मोहम्मद फैजुल खान से अपने रिश्ते की शुरुआत से लेकर आत्महत्या जैसा कदम उठाने तक की पूरी कहानी लिखी है. स्तुति के सुसाइड नोट में प्रेमी फैजुल द्वारा चरित्र पर सवाल उठाए जाने से आहत स्तुति से दर्दनाक कदम उठाया जिससे मुंबई में सनसनी फैल गई है. स्तुति अपने पिता बजरंग सोनवाने और माता पेशे से शिक्षिका उषा सोनवाने के साथ मुंबई के एंटॉप हिल स्थित घर में रहती थी. परिजनों के अनुसार, 9 तारीख के घटना वाले दिन सुबह करीब 11 बजे तक जब स्तुती अपने कमरे से बाहर नहीं निकली, तो परिवार को शक हुआ. दरवाजा तोड़कर देखा गया तो वह दुपट्टे के सहारे फंदे से लटकी हुई मिली |
प्रेमी पर गंभीर आरोप
परिवार ने तुरंत उसे मुंबई के सायन अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. घटना की सूचना मिलने के बाद एंटॉप हिल पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे की तलाशी के दौरान छह पन्नों का सुसाइड नोट बरामद किया. नोट में छात्रा ने अपने प्रेमी मोहम्मद फैजुल खान पर गंभीर आरोप लगाए हैं.
चरित्र पर शक करने का भी आरोप
उसने लिखा है कि प्रेमी उस पर भद्दे आरोप लगाता था और बार-बार उसके चरित्र पर शक करता था, जिससे वह मानसिक रूप से काफी परेशान हो गई थी. सुसाइड नोट में छात्रा ने यह भी लिखा कि शुरुआत में दोनों के संबंध अच्छे थे, लेकिन समय के साथ विवाद और झगड़े बढ़ते चले गए. स्तुति ने अपने सुसाइड नोट में लिखा है को वो फैजुल के प्यार में इस तरह पागल थी कि फैजुल ऑनलाइन डेटिंग साइट पर भी सक्रिय था जिसे स्तुति ने नजरअंदाज किया |
श्रद्धा वालकर केस का भी जिक्र
सुसाइड नोट में अप्रत्यक्ष रूप से चर्चित श्रद्धा वालकर हत्याकांड का भी जिक्र किया गया है. मेडिकल छात्रा स्तुति ने सुसाइड नोट में लिखा कि मोहम्मद फैजुल से उसके रिश्ते पर उसके दोस्त अक्सर उससे कहा करते थे कहते थे, "हमें अच्छा नहीं लगेगा अगर हमें तुम्हारी लाश फ्रिज में दिखे." हाहा… मैं कहती थी कि हर कोई ऐसा नहीं होता, लेकिन वे सब सही थे. बिल्कुल सही. गौरतलब है की चर्चित श्रद्धा वालकर की हत्या उसके लिव इन पार्टनर आफताब पुनावाला ने श्रद्धा की हत्या कर शव को काटकर फ्रीज में रखा और बाद में दिल्ली के जंगलों में फेंक दिया था |
परिवार ने क्या कहा?
लेकिन सुसाइड नोट की थ्योरी से अलग स्तुति के मां बाप का आरोप है कि पुलिस को लव जिहाद या प्रेम प्रसंग के थ्योरी पर विश्वास नहीं है. स्तुति की मां उषा ने एबीपी न्यूज से बातचीत में बताया की स्तुति पिछले कई दिनों से परेशान तो थी लेकिन इस परेशानी की वजह वो काम का ज्यादा दबाव, सीनियर की डांट फटकार , जिनके अंतर्गत स्तुति काम करती थी वो डॉ बंगा के व्यवहार पर सवाल उठाती थी. स्तुति की मां का कहना है कि जिस डॉक्टर के अंतर्गत स्तुति प्रैक्टिस करती थी उन्हें वो फादर फिगर मानती थी लेकिन उनकी लूज टॉक उसे पसंद नहीं था. उषा सोनवाने का कहना है की उनकी बेटी ने कभी प्रेम प्रसंग के बारे में नहीं बताया. अगर वो कहती की उनका कोई मुस्लिम बॉयफ्रेंड है तो भी उन्हें कोई आपत्ति नहीं थी. वहीं स्तुति के पिता बजरंग सोनवाने का कहना है की उनकी बेटी और उनका परिवार ट्रांसपेरेंट जीवन जीता है. उनकी बेटी का किसी फैजुल खान नाम के लड़के से लव अफेयर था इसकी उन्हें कोई जानकारी नहीं है . सुसाइड नोट में लिखी बातों से परिवार अनजान है |
लव जिहाद का न दें नाम- पिता
परिवार का कहना है की चाहते फैजुल खान हो या उसके वर्क प्लेस या कॉलेज में कोई तकलीफ हो पुलिस को हर एंगल से जांच करना चाहिए और स्तुति को न्याय दिलाना चाहिए. बजरंग सोनवाने का कहना है की वो इस सुसाइड को लव जिहाद का नाम देने के खिलाफ हैं क्योंकि उनके सामने ऐसी कोई बात नहीं आई है इसलिए कोई भी राजनीतिक दल अपनी राजनैतिक रोटी नहीं सेके. उधर बीजेपी नेता किरीट सोमैया इस सुसाइड के लिए लव जिहाद को जिम्मेदार बता रहे हैं. किरिट सोमैया का कहना है कि इस घटना से लड़की का परिवार पूरी तरह टूट गया है. सुसाइड नोट में स्तुति ने कई बातों का खुलासा किया है. पुलिस इस मामले की उचित जांच कर रही है. हालांकि इस तरह की घटनाएं दिन-ब-दिन बढ़ती जा रही हैं. वह व्यक्ति लड़की के संपर्क में था, यह बात भी परिवार को पता नहीं थी. निश्चित रूप से पुलिस पूरी जांच करेगी और लड़की के परिवार को न्याय दिलाने का प्रयास करेगी.मुंबई की एंटोप हिल पुलिस के मुताबिक, इस मामले में वरली के फैजुल मोहम्मद खान के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 108 के तहत मामला दर्ज किया गया है और सुसाइड नोट के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है |
आरोपी फैजुल गिरफ्तार
आरोपी फैजुल को गिरफ्तार कर लिया गया है और सभी एंगल से जांच की जा रही है. पुलिस सूत्रों के मुताबिक, फैजुल ने पुलिस को बताया कि वो स्तुति के साथ रिलेशनशिप में था और अपने घर में शादी की चर्चा भी की थी, लेकिन फैजुल के परिवार का मत था की फैजुल 31 साल की है और स्तुति 22-23 साल की लड़की है इसलिए उम्र का अंतर भी है और शादी नहीं हो सकती. इसी बात से दोनों के रिश्ते खराब हुए. पुलिस परिवार और दोस्तों के बयान दर्ज कर रही है और प्रेमी फैजुल की भूमिका की भी जांच की जा रही है |
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर महाराष्ट्र को बड़ी उपलब्धि, सस्टेनेबल गवर्नेंस का पुरस्कार
12 Mar, 2026 02:25 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
महाराष्ट्र | मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की महाराष्ट्र सरकार को वाटर ट्रांसवर्सैलिटी ग्लोबल अवार्ड्स और कॉन्क्लेव 2026 में 'CM ट्रांसफॉर्मेशनल एंड सस्टेनेबल गवर्नेंस अवार्ड' दिया गया है. यह अवॉर्ड राज्य के सस्टेनेबल डेवलपमेंट, क्लाइमेट एक्शन और वॉटर सिक्योरिटी, रिन्यूएबल एनर्जी और टेक्नोलॉजी से चलने वाले गवर्नेंस के जरिए इंफ्रास्ट्रक्चर को बढ़ाने पर फोकस को पहचान देता है.यह अवार्ड महाराष्ट्र के गवर्नेंस मॉडल और फडणवीस की लीडरशिप में सस्टेनेबल डेवलपमेंट, क्लाइमेट एक्शन और इंफ्रास्ट्रक्चर बढ़ाने पर इसके जोर को पहचान देता है. पिछले एक साल में, राज्य सरकार ने वॉटर सिक्योरिटी, रिन्यूएबल एनर्जी और बड़े पैमाने पर इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट पर फोकस करते हुए इकोनॉमिक ग्रोथ को मजबूत करने के मकसद से पहल की है. अधिकारियों ने कहा कि इन कोशिशों का मकसद राज्य के लिए एक ज्यादा मजबूत और सस्टेनेबल भविष्य बनाना है |
वॉटर सिक्योरिटी और सिंचाई पर फोकस
वॉटर कंजर्वेशन और क्लाइमेट-रेसिलिएंट रिसोर्स मैनेजमेंट राज्य के पॉलिसी फ्रेमवर्क का सेंटर रहे हैं. महाराष्ट्र सरकार ने इंडस्ट्री पार्टनर्स के साथ मिलकर कई जिलों में वॉटरशेड प्रोग्राम को बढ़ाया है और वॉटर बॉडीज को ठीक करने के लिए प्रोजेक्ट शुरू किए हैं. इन पहलों से ग्राउंडवॉटर रिचार्ज को बेहतर बनाने और ग्रामीण समुदायों और खेती के लिए पानी की उपलब्धता बढ़ाने में मदद मिली है.संरक्षण के उपायों के साथ-साथ, सरकार ने खेती की मजबूती को मजबूत करने और सूखे की कमजोरी को कम करने के मकसद से बड़े सिंचाई प्रोजेक्ट्स को भी आगे बढ़ाया है. लाखों हेक्टेयर जमीन को सिंचाई कवरेज के तहत लाने के लिए सैकड़ों सिंचाई स्कीमों को मंजूरी दी गई है |
क्लीन एनर्जी और ग्रीन इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए जोर
राज्य ने अपने क्लीन एनर्जी ट्रांजिशन को आगे बढ़ाने के लिए भी कदम उठाए हैं. अधिकारी राज्य के पावर मिक्स में ग्रीन एनर्जी का हिस्सा बढ़ाने के लक्ष्य के साथ सोलर पावर और दूसरे रिन्यूएबल एनर्जी इंफ्रास्ट्रक्चर को बढ़ा रहे हैं. महाराष्ट्र अपनी बड़ी क्लाइमेट स्ट्रैटेजी के हिस्से के तौर पर इलेक्ट्रिक मोबिलिटी, ग्रीन हाइड्रोजन पहल और सस्टेनेबल इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स को भी बढ़ावा दे रहा है|
इंफ्रास्ट्रक्चर और इकोनॉमिक डेवलपमेंट पहल
सरकार ने बड़े पैमाने पर इंफ्रास्ट्रक्चर और इकोनॉमिक डेवलपमेंट को प्राथमिकता दी है. ट्रांसपोर्टेशन, लॉजिस्टिक्स और शहरी इंफ्रास्ट्रक्चर में प्रोजेक्ट्स का मकसद कनेक्टिविटी को बेहतर बनाना और इंडस्ट्रियल ग्रोथ को मजबूत करना है. एक्सप्रेसवे, लॉजिस्टिक्स कॉरिडोर और नए शहरी डेवलपमेंट प्रोजेक्ट्स जैसी पहलों का मकसद महाराष्ट्र को इन्वेस्टमेंट और इनोवेशन के लिए एक अहम हब के तौर पर स्थापित करना है.राज्य प्रशासन ने गवर्नेंस सुधारों और टेक्नोलॉजी-ड्रिवन सर्विस डिलीवरी पर भी ध्यान दिया है. अधिकारियों का कहना है कि एडमिनिस्ट्रेटिव रीस्ट्रक्चरिंग और डिजिटल गवर्नेंस प्रोग्राम से ट्रांसपेरेंसी बेहतर हुई है, प्रोजेक्ट को तेजी से पूरा किया गया है और डिपार्टमेंट के बीच कोऑर्डिनेशन मजबूत हुआ है. इन उपायों से फैसले लेने में आसानी हुई है और बड़े पब्लिक प्रोजेक्ट को लागू करने में तेजी आई है. साथ ही, सरकार ने किसानों, ग्रामीण विकास, एंटरप्रेन्योरशिप और नौकरी बनाने में मदद करने वाले प्रोग्राम को बढ़ावा देकर इनक्लूसिव डेवलपमेंट पर जोर दिया है |
ओम बिरला ने डेवलपमेंट और सस्टेनेबिलिटी के बीच लिंक पर दिया जोर
इस दौरान उद्घाटन और अवॉर्ड सेरेमनी में बोलते हुए ओम बिरला ने जोर दिया कि इकोनॉमिक डेवलपमेंट और एनवायरनमेंट प्रोटेक्शन को एक साथ आगे बढ़ना चाहिए. उन्होंने कहा कि पानी बचाने, एनर्जी एफिशिएंसी और एनवायरनमेंट प्रोटेक्शन जैसे मुद्दों पर नागरिकों, सरकारों और संस्थाओं की एक्टिव भागीदारी की जरूरत है. बिरला ने पानी, एनर्जी, हेल्थ और एनवायरनमेंट के आपस में जुड़े होने पर भी जोर दिया, और कहा कि सस्टेनेबल डेवलपमेंट के लिए डिपार्टमेंट में इंटीग्रेटेड पॉलिसी अप्रोच जरूरी हैं |
महाराष्ट्र के गवर्नेंस मॉडल को ग्लोबल पहचान
वाटर ट्रांसवर्सैलिटी ग्लोबल अवार्ड्स और कॉन्क्लेव में CM ट्रांसफॉर्मेशनल और सस्टेनेबल गवर्नेंस अवॉर्ड, इकोनॉमिक ट्रांसफॉर्मेशन, एनवायरनमेंटल जिम्मेदारी, टेक्नोलॉजिकल इनोवेशन और नागरिकों की भागीदारी को मिलाकर, डेवलपमेंट के लिए महाराष्ट्र के इंटीग्रेटेड अप्रोच को पहचान देता है.इंटरनेशनल फोरम पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को मिली पहचान, राज्य की आगे की सोच वाले शासन और क्रॉस-सेक्टर सहयोग को आगे बढ़ाने की कोशिशों को दिखाती है, जिसका मकसद सस्टेनेबल और इनक्लूसिव ग्रोथ को बढ़ावा देना है |
दो दिन बाद बड़ा खुलासा करूंगा: राहुल गांधी से मिलने के बाद रोहित पवार का दावा
12 Mar, 2026 02:11 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
महाराष्ट्र | सरकार में उपमुख्यमंत्री और नेश्नलिस्ट कांग्रेस पार्टी के नेता रहे दिवंगत अजित पवार के प्लेन हादसे के मामले में विधायक रोहित पवार ने भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से मुलाकात की.राहुल से मुलाकात के बाद नेश्नलिस्ट कांग्रेस पार्टी (शरद पवार) के नेता और विधायक रोहित ने कहा कि मैं दो दिन बाद बड़ा खुलासा करूंगा. पवार का कहना है कि राहुल गांधी ने उन्हें एक अहम सुझाव दिया है, जिसका खुलासा वह दो दिन बाद करेंगे. रोहित पवार के मुताबिक राहुल गांधी ने यह भी कहा है कि वह किसी भी जांच में पूरा सहयोग करने के लिए तैयार हैं. उन्होंने बताया कि राहुल गांधी ने बतौर पायलट कई अहम बातें भी साझा की हैं. रोहित पवार ने सवाल उठाते हुए कहा कि आखिर अब तक FIR दर्ज क्यों नहीं की जा रही है और कौन किसे बचाने की कोशिश कर रहा है.एबीपी न्यूज़ से बातचीत के दौरान पवार ने कहा कि मेरी राहुल गांधी से करीब 30 मिनट की मुलाकात हुई है. मैं उनका आभार व्यक्त किया है. आज देश में तमाम मुद्दे हैं और बतौर नेता प्रतिपक्ष वह उनसे भी लड़ रहे हैं.बकौल पवार, राहुल इस बात को लेकर अचरज में दिखे कि इतने बड़े नेता का एक्सीडेंट होने के बाद भी एफआईआर नहीं हो रही है.पवार ने बताया कि मुझे पूरा विश्वास है कि वह हर स्थिति में हमारी मदद करेंगे. मुझे एलओपी ने कुछ अहम सुझाव दिए हैं, उनके बारे में मैं दो दिन बाद खुलासा करूंगा. राहुल गांधी के सुझावों के संदर्भ में जुड़े सवाल पर रोहित ने कहा कि मैं सही जगह और सही समय पर खुलासा करूंगा.यह पूछे जाने पर कि क्या राहुल गांधी को भी शक है कि अजित पवार का प्लेन हादसा एक साजिश है? पवार ने कहा कि साजिश है या नहीं है, यह तो जांच का विषय है लेकिन हमारी चिंता है कि आखिर एक एफआईआर क्यों नहीं हो रही है. जांच क्यों नहीं हो रही और महाराष्ट्र की जनता के सामने सच सामने क्यों नहीं आने दिया जा रहा है?
MIDC जमीन आवंटन पर घिरी सरकार, कांग्रेस ने उठाए भ्रष्टाचार के सवाल
11 Mar, 2026 05:17 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मुंबई। महाराष्ट्र विधानसभा में जमीन आवंटन के मुद्दे पर जमकर बहस हुई। कांग्रेस विधायक दल के नेता विजय वडेट्टीवार ने अहिल्यानगर में एमआईडीसी की जमीन को लेकर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि लगभग 4,000 एकड़ जमीन निजी और कॉर्पोरेट कंपनियों को सौंपी जा रही है। वडेट्टीवार के अनुसार, यह कीमती जमीन बहुत ही कम दामों पर ट्रांसफर की गई है। उन्होंने दावा किया कि इस पूरी प्रक्रिया में जरूरी सरकारी नियमों को पूरी तरह नजरअंदाज किया गया। इस वजह से स्थानीय किसानों के बीच भारी चिंता और नाराजगी का माहौल बना हुआ है।इन आरोपों पर सरकार की तरफ से राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने जवाब दिया। उन्होंने सदन को बताया कि सरकार इन मुद्दों से अच्छी तरह वाकिफ है। मंत्री ने स्वीकार किया कि जमीन के म्यूटेशन और ट्रांसफर की प्रक्रिया में कुछ खामियां और गलतियां हुई हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि सरकार इस मामले की गहराई से जांच कराएगी। बावनकुले ने घोषणा की कि इस पूरे लेनदेन की जांच के लिए एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन होगा। यह टीम तलाठी से लेकर वरिष्ठ राजस्व अधिकारियों तक, हर स्तर पर जवाबदेही तय करेगी।मंत्री ने स्पष्ट किया कि सरकार एमआईडीसी की जमीन का किसी भी तरह का गलत इस्तेमाल बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र लैंड रेवेन्यू कोड के तहत आदिवासियों की जमीन सुरक्षित रहेगी। अगर किसी पुराने आदेश से इन सुरक्षा नियमों का उल्लंघन हुआ है, तो सरकार उस आदेश की फिर से समीक्षा करेगी। आदिवासियों की जमीन को अलग होने से रोकने के लिए सरकार कानूनी विशेषज्ञों की मदद भी लेगी।सदन में चर्चा के दौरान सदस्यों ने बड़े पैमाने पर हो रहे जमीन ट्रांसफर और वित्तीय लेनदेन पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि खेती की जमीन पर बायोएनर्जी और अन्य प्रोजेक्ट्स के लिए कंपनियां कब्जा कर रही हैं। चर्चा में इस बात पर जोर दिया गया कि औद्योगिक विकास और किसानों के अधिकारों के बीच सही संतुलन होना चाहिए। मंत्री ने कहा कि जमीन आवंटन में पारदर्शिता बहुत जरूरी है। एमआईडीसी की जमीन का लाभ राज्य और किसानों को मिलना चाहिए, न कि केवल निजी हितों को। इस मामले को अब आगे की जांच के लिए कैबिनेट की उप-समिति के पास भी भेजा जाएगा।
अठावले का बयान: राहुल गांधी को सदन में बोलने से रोकने की वजह बताई
11 Mar, 2026 04:33 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
महाराष्ट्र। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने आरोप लगाया है कि उन्हें सदन में बोलने नहीं दिया जाता. इसपर रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (अठावले) के चीफ और केंद्र में मंत्री रामदास अठावले ने प्रतिक्रिया दी है. रामदास अठावले का कहना है, "राहुल गांधी को ही रोका जाता है, ऐसा नहीं है. जब कोई इस तरह की चर्चा होती है या फिर गलत बयानबाजी की जाती है, तब स्पीकर उन्हें रोकता है." रामदास अठावले का दावा है, "राहुल गांधी ऐसे आरोप लगाते हैं, यह बिल्कुल ठीक नहीं है. यह सदन केवल एक पार्टी का थोड़े ही है. सभी अपनी बात रखते हैं, लेकिन आप लोग (विपक्ष) हंगामा करता है, इसलिए उन्हें बोलने से रोका जाता है। "
एमएम नरवणे की किताब का किया जिक्र
रामदास अठावले ने आगे कहा, "राहुल गांधी के आरोप गलत हैं. राष्ट्रपति के अभिभाषण के प्रस्ताव पर जब राहुल गांधी बोल रहे थे तब उन्होंने गलत बात कही थी. हमारी आर्मी के चीफ रहे एमएम नरवणे की किताब छपी भी नहीं थी. पब्लिशिंग हाउस ने खुद कहा था कि किताब अभी नहीं छपी है. इसलिए राहुल गांधी ने जो कहा वह गलत था, इसलिए उन्हें बोलने से रोका जाता है." आरपीआई चीफ का कहना है, "इसके पहले राहुल गांधी आधा-पौन घंटा बोल ही रहे थे. इसलिए यह आरोप कि उन्हें बोलने नहीं दिया जाता, यह तथ्यात्मक रूप से गलत है. ऐसे आरोप लगाकर राहुल गांधी अपनी अपनी इमेज खराब कर रहे हैं. सदन सबका होता है, यहां सबको बोलने का अधिकार है. राहुल गांधी को जितना बोलना है उतना वह भी बोलते हैं, बस गलत रिफरेंस देकर बात नहीं करनी चाहिए।"
गैस संकट के बीच संजय राउत का हमला, पीएम से किया नाले वाली गैस पर सवाल
11 Mar, 2026 04:09 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मुंबई। शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के नेता और राज्यसभा सांसद संजय राउत ने पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष के बीच देश में एलपीजी सिलेंडर की कमी को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला किया. उन्होंने कहा कि सरकार के दावे गलत साबित हो रहे हैं और एलपीजी और ईंधन की कमी का असर कई क्षेत्रों पर पड़ रहा है. राउत ने आरोप लगाया कि कमर्शियल और घरेलू गैस की कमी के कारण कई जगह रेस्टोरेंट और दूसरी इंडस्ट्री प्रभावित हो रही हैं, यहां तक कि कुछ रेस्टोरेंट बंद होने की नौबत आ गई है. उनका कहना था कि जब पश्चिम एशिया में संघर्ष शुरू हुआ था तब केंद्र सरकार ने कहा था कि इसका भारत पर कोई असर नहीं पड़ेगा और कीमतें भी नहीं बढ़ेंगी, लेकिन अब हालात अलग दिखाई दे रहे हैं. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री, वित्त मंत्री और विदेश मंत्री के आश्वासन गलत साबित हो गए हैं।
'मुंबई में ऐसे संयंत्र का उद्घाटन हो...'
संजय राउत ने कहा कि मुंबई और दूसरे शहरों में गैस की किल्लत के कारण रेस्टोरेंट बंद होने की खबरें सामने आ रही हैं और इसका असर उद्योगों पर भी पड़ सकता है. उन्होंने दावा किया कि वाहन क्षेत्र पर भी संकट मंडरा रहा है और गुजरात के मोरबी में टाइल उद्योग पर असर पड़ रहा है. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनके समर्थकों पर इस मुद्दे पर चुप रहने का आरोप लगाया. राउत ने प्रधानमंत्री के उस पुराने बयान पर भी कटाक्ष किया जिसमें नाले से गैस बनाने के प्रयोग का जिक्र किया गया था और कहा कि अगर ऐसा संभव है तो मुंबई में ऐसे संयंत्र का उद्घाटन किया जाना चाहिए।
इसके अलावा उन्होंने चुनाव आयोग को लेकर भी टिप्पणी की और आरोप लगाया कि आयोग सरकार के दबाव में काम कर रहा है. उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर भी तंज कसा और कहा कि उनके बारे में नई-नई दंतकथाएं सामने आती रहती हैं. राउत ने यह भी कहा कि अमेरिका के प्रेस सचिव के बयान में भारत को लेकर जिस तरह की टिप्पणी की गई, वह देश और प्रधानमंत्री का अपमान है. उनका कहना था कि अगर कोई विदेशी अधिकारी यह कहे कि भारत को रूस से तेल खरीदने या न खरीदने के फैसले बाहरी दबाव में लेने पड़ते हैं, तो यह देश की छवि को नुकसान पहुंचाने वाला बयान है।
सुसाइड नोट में दर्ज आरोपों के बाद युवक गिरफ्तार, मेडिकल छात्रा की मौत से मचा हड़कंप
11 Mar, 2026 11:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मुंबई। में एंटॉप हिल पुलिस ने फुजैल मोहम्मद खान नाम के एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। युवक पर एक मेडिकल छात्रा को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। मृतक छात्रा ने मरने से पहले 6 पेज का सुसाइड नोट छोड़ा है। मृतका के पिता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। एफआईआर के मुताबिक, मृतक की पहचान स्तुति सोनवणे के तौर पर हुई है। वह नवी मुंबई के एक कॉलेज से डेंटल ग्रेजुएट थी और मास्टर्स कर रही थी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 108 के तहत मामला दर्ज किया है। मृतका के पिता की शिकायत के मुताबिक, 8 मार्च की शाम को स्तुति करीब 7 बजे अपने कमरे में गई। बाद में, परिवार वालों ने खाना खाया और सोचा कि वह आराम कर रही है। अगली सुबह, 9 मार्च को करीब 10 बजे, परिवार वालों ने उसे जगाने की कोशिश की, लेकिन उसने कोई जवाब नहीं दिया। जब दरवाजा जबरदस्ती खोला गया, तो वह दुपट्टे से छत से लटकी हुई मिली। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जांच के दौरान, पुलिस को कमरे से इंग्लिश में लिखा छह पेज का सुसाइड नोट मिला। नोट में, मृतका ने फुजैल के साथ अपने रिश्ते के बारे में बताया कि कैसे वे एक डेटिंग ऐप के जरिए मिले और आरोप लगाया कि आरोपी ने उसकी बेइज्जती की और उसके चरित्र के बारे में गलत बातें कहीं। नोट से पता चलता है कि कथित बेइज्जती और मानसिक प्रताड़ना के चलते छात्रा आत्मघाती कदम उठाया। नोट की बातों और पिता की शिकायत के आधार पर, पुलिस ने 9 मार्च को आरोपी के खिलाफ FIR दर्ज की और आरोपी को गिरफ्तार करके कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे एक दिन की पुलिस कस्टडी में भेज दिया। एंटॉप हिल पुलिस ने कहा कि आगे की जांच चल रही है और मामले से जुड़े लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
ठाणे में वरिष्ठ नागरिक से 1.56 करोड़ रुपये की ठगी
ठाणे के 64 वर्षीय निवासी को कथित रूप से साइबर ठगों ने लगभग एक महीने तक डिजिटल गिरफ्तारी में रखा और उन्हें 1.56 करोड़ रुपये से ठगा, अधिकारियों ने बुधवार को बताया। धोखाधड़ी करने वालों ने उन्हें कई नकली दस्तावेज भेजे, जिनमें झूठी मुंबई पुलिस एफआईआर और नकली इंटरपोल 'रेड कॉर्नर' नोटिस शामिल थे, ताकि पीड़ित को विश्वास हो कि उस पर गंभीर जांच चल रही है। महाराष्ट्र के ठाणे जिले के बदळापुर के कट्राप निवासी इस व्यक्ति को 12 फरवरी से 7 मार्च तक 'डिजिटल गिरफ्तारी' में रखा गया। अभियुक्तों ने पुलिसकर्मी बनकर विभिन्न मोबाइल नंबरों से पीड़ित से संपर्क किया और दावा किया कि उस पर 40 महिलाओं को अश्लील संदेश और वीडियो भेजने की शिकायत दर्ज है। डर बढ़ाने के लिए उन्हें बताया गया कि उनका आधार कार्ड और बैंक विवरण एक प्रमुख व्यक्ति से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में शामिल हैं। ठगों ने पीड़ित को अपनी पत्नी के मोबाइल फोन पर Signal मैसेजिंग ऐप डाउनलोड करने के लिए मजबूर किया ताकि उस पर निरंतर निगरानी रखी जा सके।
ठाणे रेलवे स्टेशन पर महिला TC को पीटने वाली किशोरी गिरफ्तार
ठाणे रेलवे स्टेशन पर 18 वर्षीय एक महिला यात्री ने कथित रूप से एक महिला टिकट चेकर (टीसी) को उनके टिकट दिखाने से मना करने पर हमला किया। यह घटना सोमवार को तब हुई जब 39 वर्षीय हेड टीसी टिकट चेक कर रही थीं। किशोरी (जो मोबाइल फोन पर बात कर रही थी) ने टिकट दिखाने से इनकार किया। जब उसकी पहचान पत्र मांगी गई, तो उसने आधार कार्ड की बजाय PAN कार्ड दिखाया, जिससे दोनों के बीच तकरार हो गई, रेलवे पुलिस अधिकारी ने बताया। इसके बाद किशोरी ने कथित तौर पर टीसी के चेहरे पर मोबाइल फोन से हमला किया। टीसी ने आरोपी को स्टेशन मैनेजर के कार्यालय में ले जाकर उसकी पहचान स्थानीय निवासी और हाउसकीपिंग तथा ब्यूटी सर्विस से जुड़ी महिला के रूप में की। पुलिस को सूचित किया गया और भारतीय रेलवे अधिनियम एवं भारतीय दंड संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।
पुणे पोर्शे हादसा मामला: आरोपी के पिता विशाल अग्रवाल को सुप्रीम कोर्ट से जमानत
10 Mar, 2026 05:40 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पुणे। पोर्श केस 2024 हादसे के मामले में सुप्रीम कोर्ट ने मंगलवार (10 मार्च) को नाबालिग आरोपी के पिता विशाल अग्रवाल को जमानत दे दी. इस हादसे में दो लोगों की मौत हुई थी. अदालत ने कहा कि यह आरोप लगाया गया है कि उन्होंने अपने बेटे को बचाने के लिए उसके खून का इल्जाम अपने सर पर ले लिया था, लेकिन केवल इस आधार पर किसी व्यक्ति की स्वतंत्रता को लंबे समय तक सीमित नहीं किया जा सकता। जस्टिस बीवी नागरत्ना और उज्जल भुइयां की पीठ ने सुनवाई के दौरान कहा कि विशाल अग्रवाल पिछले करीब 22 महीनों से हिरासत में हैं. अदालत ने उन्हें एक शर्त रखते हुए जमानत दी कि वह ट्रायल के दौरान जांच में पूरा सहयोग करेंगे और न तो किसी गवाह को प्रभावित करेंगे और न ही सबूतों से छेड़छाड़ करेंगे।
अदालत ने ट्रायल कोर्ट की तय शर्तों पर अग्रवाल को जमानत देने का लिया फैसला
सुप्रीम कोर्ट ने सुनवाई के दौरान कहा कि इसी तरह के मामलों में पहले भी अदालत ने अन्य आरोपियों को राहत दी है. विशाल अग्रवाल की ओर से आए वरिष्ठ वकील मुकुल रोहतगी और सिद्धार्थ दवे ने अदालत को बताया कि इस मामले के अन्य आरोपियों को पहले ही जमानत मिल चुकी है. ऐसे में किसी व्यक्ति को दोषी साबित होने से पहले सजा दी जाना कहा का न्याय है। मामले में अदालत ने ट्रायल कोर्ट की तय शर्तों पर अग्रवाल को जमानत देने का फैसला लिया. कोर्ट ने स्पष्ट किया कि आरोपी किसी भी गवाह से किसी भी तरह का संपर्क करने की कोशिश नहीं करेगा और मामले की कार्यवाही में पूरा सहयोग करेगा. साथ ही अदालत ने ट्रायल को जल्द से जल्द पूरा करने का आदेश दिया और कहा कि यदि जमानत की शर्तों का उल्लंघन होता है तो महाराष्ट्र सरकार जमानत रद्द कराने के लिए आवेदन दे सकती है।
राज्य सरकार और पीड़ित परिवार अदलात के इस फैसले पर कर रहे हैं विरोध
हालांकि राज्य सरकार और पीड़ित परिवार ने जमानत का विरोध किया है. पीड़ित पक्ष की ओर से वरिष्ठ वकील गोपाल शंकरनारायणन ने अदालत में कहा कि अग्रवाल ने जांच को प्रभावित करने के लिए गलत तरीकों का सहारा लिया. वहीं महाराष्ट्र सरकार का पक्ष रखते हुए दूसरे वकील सिद्धार्थ धर्माधिकारी ने दावा किया कि खून के सैंपल बदलवाने के लिए पैसे दिए गए थे। आरोपी विशाल अग्रवाल को मामले में 1 जून 2024 को गिरफ्तार किया गया था. जिसमें उन पर आरोप था कि उनके 17 साल के बेटे ने देर रात पार्टी से लौटते समय कथित रूप से शराब के नशे में कार चलाते हुए दो बाइक सवारों को टक्कर मार दी थी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई. सुनवाई के दौरान अग्रवाल के वकील मुकुल रोहतगी ने यह भी कहा कि उस समय कार के साथ एक ड्राइवर मौजूद था, लेकिन कभी के बार बच्चे खुद गाड़ी चलाने लगते हैं. उन्होंने दावा किया कि अग्रवाल को इस बात की जानकारी नहीं थी कि उनके बेटे ने ड्राइवर से गाड़ी चलाने को मांग ली थी।
Pune में गैस आधारित शवदाह गृह बंद, अगले आदेश तक रोक
10 Mar, 2026 01:47 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पुणे। पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के बीच ‘प्रोपेन’ और ‘ब्यूटेन’ जैसे एलपीजी घटकों के इस्तेमाल पर प्रतिबंध के बाद पुणे महानगर पालिका ने यहां गैस आधारित शवदाह गृहों को अस्थायी रूप से बंद कर दिया है. एलपीजी प्रोपेन और ब्यूटेन का मिश्रण है. ईरान के खिलाफ अमेरिका-इजराइल के हमलों के कारण पश्चिम एशिया से तेल और प्राकृतिक गैस के निर्यात में बाधा उत्पन्न हुई है।
पुणे महानगर पालिका के अनुसार, पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने पांच मार्च को एक आदेश जारी कर निर्देश दिया कि देशभर में उपलब्ध ‘प्रोपेन’ और ‘ब्यूटेन’ को घरेलू एलपीजी आपूर्ति के लिए प्राथमिकता दी जाए। एक स्थानीय अधिकारी ने बताया कि गैस की कमी को देखते हुए, महानगर पालिका ने पांच मार्च से अगले आदेश तक अपने गैस आधारित शवदाह गृहों को बंद रखने का निर्णय लिया है. उन्होंने कहा कि वायु प्रदूषण नियंत्रण प्रणालियों से लैस विद्युत आधारित शवदाह गृह और लकड़ी आधारित शवदाह गृह चालू रहेंगे। नगर निकाय ने बताया कि यहां वैकुंठ श्मशान में गैस आधारित तीन शवदाहगृह अस्थायी रूप से बंद रहेंगे, जबकि मौजूद पांच विद्युत आधारित शवदाहगृह चालू रहेंगे।
एलपीजी के मुद्दे पर भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के सांसद मल्लू रवि ने कहा कि सिलेंडरों की कमी अमेरिका-इज़राइल और ईरान के बीच चल रहे युद्ध के असर की सिर्फ शुरुआत है. सरकार को पहले से एहतियाती कदम उठाने चाहिए थे या वैकल्पिक व्यवस्था करनी चाहिए थी. सरकार की कार्ययोजना क्या है? कल विदेश मंत्री ने युद्ध को लेकर बयान दिया, लेकिन इस मुद्दे पर कोई चर्चा नहीं हुई. संसद की कार्यवाही ठप है और सरकार विपक्ष को जनता से जुड़े मुद्दे उठाने की अनुमति नहीं दे रही है।
वहीं समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा कि सरकार द्वारा सप्लाई से जुड़े मुद्दों की जांच के लिए बनाई गई तीन सदस्यीय समिति इस समस्या को रोक नहीं पाएगी. यह संकट दिन-ब-दिन बढ़ता जाएगा और एलपीजी सिलेंडरों की कमी का असर देश की अर्थव्यवस्था पर पड़ेगा. महंगाई बुरी तरह बढ़ेगी और सरकार बेबस नजर आएगी. उन्होंने कहा कि सरकार इस स्थिति से निपटने में पूरी तरह असमर्थ है।
‘मेलोडी रोड’ से ध्वनि प्रदूषण का आरोप, डेसिबल लेवल मापेगी BMC
9 Mar, 2026 05:54 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
महाराष्ट्र। के मुंबई में हालही में कोस्टल रोड मेलडी पैच लगाया गया है, यानी जब यहां से गाड़ी गुजरती है तो जय हो कि धुन सड़क पर लगी म्यूजिकल पट्टियों की मदद से बजती है. जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल है और गाड़ी चलाने वाले को भी इससे काफी आनंद आता है. अब ऐसे में यह धुन मुम्बई के समुन्द्र किनारे के पॉश एरिया ब्रीच कैंडी अस्पताल के पास बजती है और भी यहां कई बड़े उद्योगोतियों और राजनेताओं के घर हैं. यहां के स्थानीय निवासियों ने सीएम को पत्र लिखकर इससे होने वाले ध्वनि प्रदूषण से दिक्कत की बात कही है. ब्रीच कैंडी के लोगों ने कोस्टल रोड पर ‘मेलोडी रोड’ पर एतराज जताया, अब इस शिकायत के बाद BMC शोर के डेसिबल लेवल की जांच करेगी.
एक महीने में ही शोर से लोग परेशान
मुंबई में कोस्टल रोड पर ‘मेलोडी रोड’ खुलने के एक महीने के अंदर ही, वहां के लोगों ने अब इससे होने वाले शोर पर एतराज़ जताया है. ब्रिच कैंडी इलाके के लोगों ने मुंबई म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन से शिकायत की है कि इस रोड पर बजने वाले म्यूज़िक से उन्हें परेशानी हो रही है. ब्रिच कैंडी ALM और ब्रिच कैंडी रेजिडेंट्स फोरम ने म्युनिसिपल कमिश्नर भूषण गगरानी और मुख्यमंत्री ऑफिस को एक लेटर भेजकर इस पहल पर अपनी नाराज़गी जताई है. करीब 650 परिवारों को रिप्रेजेंट करने वाले इन ऑर्गनाइज़ेशन ने लेटर में कहा है कि कोस्टल रोड पर नॉर्थ की ओर जाने वाले रूट पर बजने वाला म्यूज़िक सीधे रेजिडेंशियल एरिया से सुनाई दे रहा है, जिससे लोगों को बहुत परेशानी हो रही है.
सुबह 6 बजे से देर रात तक बजता है रोड
लेटर में कहा गया है कि सुबह 6 बजे से आधी रात तक बजने वाला तेज़ म्यूज़िक पूरे एरिया में सुना जा सकता है. इससे कई लोगों के लिए अपनी खिड़कियां खुली रखना मुश्किल हो जाता है, खासकर सीनियर सिटिज़न्स के लिए. लोगों ने यह भी कहा है कि सड़क पर तेज़ रफ़्तार गाड़ियों की वजह से शोर की समस्या पहले से ही बढ़ गई है. इसके अलावा, लेटर में चिंता जताई गई है कि क्योंकि यह सड़क तेज़ रफ़्तार वाली है, इसलिए म्यूज़िक से ड्राइवरों का ध्यान भटक सकता है और सुरक्षा को खतरा हो सकता है. संगठनों ने यह भी बताया है कि क्योंकि इलाके में स्कूल और अस्पताल हैं, इसलिए स्टूडेंट्स, मरीज़ों और बुज़ुर्गों को परेशानी हो रही है.
डेसिबल की होगी जांच
इस बीच, इस शिकायत के बाद, मुंबई म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन ने कोस्टल रोड के किनारे बनी रिहायशी इमारतों में 'मेलोडी रोड' से आने वाले शोर के डेसिबल लेवल की जाँच करने का फ़ैसला किया है. बताया जा रहा है कि इस जाँच के बाद अगला फ़ैसला लिया जाएगा.
राशिफल 21 मई 2026: जानिए आज का दिन आपके लिए कैसा रहेगा
लाल आतंक से विकास की ओर बढ़ता दारेली
सीएचसी पलारी के लैब में जांच सुचारू रूप से संचालित
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से की भेंट
ग्रामीण विकास में रोजगार सहायकों की महत्वपूर्ण भूमिका, राज्य सरकार इनके हित की चिंता करेगी : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
