महाराष्ट्र
शिवसेना (UBT) का समर्थन, प्रियंका चतुर्वेदी भारत के डेलिगेशन में होंगी शामिल
20 May, 2025 04:46 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
केंद्र सरकार ने ऑपरेशन सिंदूर और पाकिस्तान द्वारा प्रायोजित आतंकवाद के खिलाफ भारत का रुख बताने के लिए सर्वदलीय सांसदों के 7 डेलिगेशन बनाए हैं. जो दुनिया के कई बड़े देशों खासकर संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) के सदस्य देशों का दौरा करेगा. 59 सदस्यों वाले इस डेलिगेशन में 51 नेता और 8 राजदूत शामिल हैं. इस बीच उद्धव ठाकरे की शिवसेना (UBT) का बयान सामने आया है. जिसमें कहा गया है कि देशहित में सरकार जो भी कदम उठाएगी पार्टी उसका पूरा समर्थन करेगी.
शिवसेना (UBT) ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर किया है. जिसमें कहा गया है केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कल पार्टी अध्यक्ष उद्धव ठाकरे इस प्रतिनिधिमंडल को लेकर फोन पर बात की. यह प्रतिनिधिमंडल ‘भारत बनाम आतंकवाद’ विषय पर आधारित है न कि राजनीति पर. जब हमें इस बात का आश्वासन मिला कि यह राजनीतिक उद्देश्य से नहीं है, तब हमने भी सरकार को आश्वस्त किया कि हम देश हित में जो भी उचित और आवश्यक होगा, उसमें पूरा सहयोग देंगे.स प्रतिनिधिमंडल में देश भर से अन्य सांसदों के साथ हमारी पार्टी की सांसद प्रियंका चतुर्वेदी भी भाग लेंगी.
‘आतंकवाद के खिलाफ हम एकजुट हैं’
इसके आगे कहा गया ‘पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के तुरंत बाद सभी राजनीतिक दलों ने प्रधानमंत्री को पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में समर्थन दिया है और उनके आतंकवादी ढांचे को नष्ट करने की मांग की. हम सभी आतंकवाद के खिलाफ हमारे सशस्त्र बलों की कार्रवाई में एकजुट हैं इस पर दो राय नहीं हो सकती.’
‘देश के अंदर उठाएंगे सवाल’
पार्टी का कहना है ‘हालांकि, पहलगाम हमले के संदर्भ में कूटनीतिक स्थितियों और खुफिया/सुरक्षा तंत्र की विफलता को लेकर हमारे अपने सवाल हैं, जिन्हें हम देश के भीतर उठाते रहेंगे क्योंकि यह हमारे राष्ट्रहित में है, लेकिन वैश्विक मंच पर हमें एकजुट होकर पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद को बेनकाब करना होगा, ताकि उसे अलग-थलग कर उसे खत्म किया जा सके.
पीएम मोदी से सर्वदलीय बैठक बुलाने की मांग
शिवसेना (UBT) ने कहा ‘हमने केंद्र सरकार को यह भी बताया है कि हम इस उद्देश्य में एकजुट हैं, लेकिन ऐसे प्रतिनिधिमंडलों के बारे में राजनीतिक दलों को पहले से बेहतर तरीके से सूचित करने की एक प्रोटोकॉल व्यवस्था होनी चाहिए, ताकि भ्रम और अव्यवस्था से बचा जा सके. यह मुद्दा कल की टेलीफोनिक बातचीत में सामने आया और हमने ऐसे किसी भी राष्ट्रहित के कदम में अपना समर्थन दोहराया है. साथ ही हमने प्रधानमंत्री से जल्द से जल्द एक सर्वदलीय बैठक बुलाने की मांग की है. आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में हम एकजुट हैं’.
उद्धव ठाकरे की शिवसेना ने अपनी पोस्ट में साफ कर दिया है कि केंद्रीय मंत्री ,किरण रिजिजू से बात करने के बाद पार्टी प्रियंका चतुर्वेदी को आल पार्टी डेलिगेशन में भेज रही है. इस डेलिगेशन में NDA के 31, कांग्रेस के 3 और 20 दूसरे दलों के नेता शामिल हैं. डेलिगेशन में शामिल सदस्यों ने चाहे वो किसी भी दल के हैं, उन्होंने सरकार के इस कदम को सराहा है, वहीं विपक्ष के कई नेताओं ने इस पर ऐतराज जताया है. खुध उद्धव की पार्टी के नेता संजय राउत ने इस पर सवाल खड़े किए थे. हालांकि अब इस पोस्ट से स्पष्ट हो गया है कि पार्टी केंद्र सरकार के फैसले के साथ है.
CIBIL स्कोर मांगने पर फडणवीस सख्त, प्राइवेट बैंकों को दी चेतावनी
20 May, 2025 04:36 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने प्राइवेट बैंकों के वरिष्ठ अफसरों को कृषि लोन के लिए आवेदन करने वाले किसानों से क्रेडिट रेटिंग (CIBIL) स्कोर मांगने को लेकर कड़ी फटकार लगाई है. सीएम ने अफसरों को चेतावनी दी कि अगर उनके बैंक CIBIL स्कोर की मांग जारी रखते हैं तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी, उनसे इस मुद्दे को गंभीरता से लेने और तत्काल समाधान निकालने को आदेश दिया.
सह्याद्री गेस्ट हाउस में आयोजित 167वीं राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति (एसएलबीसी) की बैठक के दौरान सीएम फडणवीस की अगुवाई में हुई 167वीं राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति की बैठक के दौरान मुद्दा सामने आया, जहां वित्त वर्ष 2025-26 के लिए 44.76 लाख करोड़ रुपये के लोन वितरण योजना को मंजूरी दी गई. चर्चा के दौरान बताया गया कि निजी बैंक सिबिल स्कोर मांग रहे हैं.
गंभीर मसला, बैंक समझे जिम्मेदारीः CM फडणवीस
सिबिल स्कोर, क्रेडिट इंफार्मेशन ब्यूरो (Credit Information Bureau) का एक क्रेडिट पात्रता मैकेनिजम है, जिसका इस्तेमाल वित्तीय संस्थानों की ओर से लोन आवेदनों का आकलन करने के लिए किया जाता है. इसमें कर्ज चुकाने की क्षमता पर भी ध्यान केंद्रित किया जाता है.
फडणवीस ने कहा, “अगर किसानों को कृषि लोन नहीं मिलता है, तो इसका अर्थव्यवस्था पर प्रतिकूल असर पड़ता है और किसानों की खुदकुशी की दर बढ़ती हैं. हमने बैंकों को बार-बार यह निर्देश दिया है कि वे सिबिल (स्कोर) की मांग न करें, लेकिन वे ऐसा अभी भी कर रहे हैं. इसे आज (सोमवार) की बैठक में ही हल किया जाना चाहिए. पहले भी ऐसे कई बैंकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जा चुकी है. यह एक गंभीर मुद्दा है जिसे बैंकों को इसे जिम्मेदारी से संभालना चाहिए.”
राज्य में खेती की उपेक्षा स्वीकार्य नहींः CM फडणवीस
बैंकों पर सख्ती करते हुए फडणवीस ने आगाह करते हुए कहा, “भारतीय रिजर्व बैंक ने भी कृषि लोन के संबंध में साफ कर दिया है कि यदि कोई बैंक सिबिल स्कोर पर जोर देती है, तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.” साथ ही मुख्यमंत्री ने सरकारी बैंकों को इस साल के लोन वितरण लक्ष्यों को पूरा करने और कृषि लोन कवरेज का विस्तार करने के लिए विशेष प्रयास करने के निर्देश दिए.
इस बैठक के दौरान, वित्त वर्ष 2025-26 के लिए महाराष्ट्र के लिए 44.76 लाख करोड़ रुपये की लोन स्कीम को मंजूरी दी गई.
देश में महाराष्ट्र की अग्रणी स्थिति पर प्रकाश डालते हुए मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि किसान राज्य की रीढ़ की तरह हैं और कृषि अर्थव्यवस्था का एक अहम घटक भी हैं. यहां खेती की उपेक्षा स्वीकार्य नहीं है. इसलिए, बैंकों को कृषि लोन वितरण बढ़ाने को लेकर ध्यान केंद्रित करना चाहिए. मौसम विभाग ने अच्छी बारिश की भविष्यवाणी की है, ऐसे में इस साल फसल अच्छी होने की उम्मीद है. ऐसे में, बैंकों को किसानों को अधिक से अधिक मदद देनी चाहिए. अच्छी बारिश से कृषि विकास को बढ़ावा मिलता है, जिससे बैंकों और किसानों दोनों को फायदा होता है.
उन्होंने कहा कि किसानों को अधिक से अधिक लोन देने से बैंकों को खासा लाभ होगा क्योंकि कृषि को अब न केवल एक सहायक क्षेत्र के रूप में बल्कि एक व्यावसायिक उद्यम के रूप में देखा जाता है. उन्होंने यह भी कहा कि लोन देने वाली संस्थाओं को इस परिवर्तन में सहयोग देना चाहिए.
मुंबई-गोवा हाईवे पर भीषण हादसा, कार नदी में गिरी, 5 लोगों की मौत
19 May, 2025 04:17 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मुंबई-गोवा नेशनल हाईवे पर सोमवार की सुबह एक दर्दनाक हादसा हुआ जिसमें पांच लोगों की मौत हो गई. इस हादसे में कार चलाने वाला गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसा उस वक्त हुआ जब एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर रत्नागिरी जिले में स्थित जगबुड़ी नदी में जा गिरी.
जानकारी के मुताबिक, कार सवार सभी लोग मुंबई के मीरारोड इलाके से देवरुख जा रहे थे. वे एक पारिवारिक सदस्य के अंतिम संस्कार में शामिल होने वाले थे. हादसे में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. हालांकि, इस हादसे में कार के ड्राइवर को स्थानीय लोगों की मदद से गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और आपदा राहत दल मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया. बड़ी मशक्कत के बाद कार को नदी से बाहर निकाला जा सका. कार के बाहर आने के बाद शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया. पुलिस ने इस भीषण हादसे में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
प्राथमिक जांच में हादसे के पीछे कार की तेज रफ्तार और संभावित तकनीकी खराबी को कारण माना जा रहा है. हालांकि आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है.
स्थानीय प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी है और आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है. यह दुर्घटना एक बार फिर हाईवे पर सुरक्षा उपायों और तेज रफ्तार के खतरों को लेकर सवाल खड़े करती है.
तेज बारिश में फसल बचाता किसान वायरल, कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने की बात
19 May, 2025 04:14 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
सोशल मीडिया पर किसान का अपनी फसल को बचाते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. तेज बारिश की वजह से किसान की मूंगफली बहती जा रही थी और वो उसे समेटने की कोशिश में लगा हुआ था. अब कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने किसान गौरव पंवार से बातचीत का एक वीडियो अपने सोशल मीडिया पर शेयर किया है.
उन्होंने पोस्ट में लिखा कि सोशल मीडिया पर महाराष्ट्र के किसान भाई गौरव पंवार जी का मार्मिक वीडियो देखकर हृदय विचलित हो गया. असमय बारिश ने मंडी में रखी उनकी मूंगफली की फसल को बर्बाद कर दिया. उन्होंने कहा कि किसान होने के नाते मैं इस पीड़ा को भली प्रकार समझ सकता हूं. मैंने गौरव जी से फोन पर बात की, उन्हें ढांढस बंधाया.
नुकसान की भरपाई की जाएगी
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मैंने आपकी मूंगफली के खराब होने का वीडियो देखा है, लेकिन आप चिंता मत करो, महाराष्ट्र की सरकार भी संवेदनशील, मेरी वहां पर भी बात हुई है. उन्होंने कहा कि देवेंद्र जी हों या महाराष्ट्र के कृषि मंत्री हों वो भी संवेदनशील हैं. उन्होंने डिप्टी कलेक्टर से भी बातचीत होने का जिक्र किया.
कृषि मंत्री ने आश्वासन देते हुए कहा कि आपका जो कुछ भी नुकसान हुआ है उसकी भरपाई की जाएगी. मूंगफली का जो नुकसान हुआ है उससे तुम्हें और तुम्हारे परिवार को परेशानी न हो. जल्दी सोमवार तक जो भी नुकसान हुए है उसकी भरपाई कर दी जाएगी.
उन्होंने कहा कि मैं कृषि मंत्री हूं और इस नाते मुझे किसानों की चिंता करनी चाहिए, इसलिए मैंने तुमसे बात की. उन्होंने कहा कि आपके साथ महाराष्ट्र और भारत दोनों ही सरकारें साथ हैं. केंद्र सरकार और महाराष्ट्र सरकार किसानों के साथ हर परिस्थिति में खड़ी है. किसान कल्याण हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है.
मुंबई एयरपोर्ट पर ISIS के दो आतंकी गिरफ्तार, NIA को बड़ी कामयाबी
17 May, 2025 01:02 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
राष्ट्रीय सुरक्षा ऐजेंसी (NIA) आतंकियों के लिए जांच में जुटी हुई है. NIA को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है. शनिवार को NIA ने ISIS के दो फरार आतंकियों को मुंबई एयरपोर्ट पर गिरफ्तार कर लिया है. आतंकियों की पहचान अब्दुल्ला फैयाज शेख उर्फ डायपरवाला और तल्हा खान के रुप में हुई है. ये दोनों आतंकी पाकिस्तान के ISIS संगठन के स्लीपर सेल के रुप में काम करते थे. इन आंतकियों की तलाश NIA आईईडी टेस्टिंग मामले के आरोपी के रूप में 2023 से कर रही थी.
फरार होने की फिराक में थे आतंकी
NIA की ओर से गिरफ्तार किए गए दोनों आतंकी भागने की कोशिश कर रहे थे. जानकारी के मुताबिक, ये दोनों आतंकी पिछले दो साल से जकार्ता में छिपे हुए थे. ये दोनों आतंकी इंडोनेशिया के जकार्ता से भारत लौटने की कोशिश कर रहे थे. उसी समय इन आतंकियों को NIA ने दबोच लिया. एजेंसी के मुताबिक, अब्दुल्ला फैयाज और तल्हा खान पिछले दो साल से फरार थे. NIA को काफी दिनों से इनकी तलाश थी.
अदालत ने जारी किया था गैर जमानती वारंट
NIA की विशेष अदालत ने इन दोनों आतंकियों के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किया था. कई दिनों ने NIA इन आतंकियों की तलाश कर रही थी. इतनी ही नहीं, बल्कि इन दोनों आतंकियों पर ऐजेंसियों ने 3-3 लाख का इनाम भी घोषित किया था. ये आतंकी देश को इस्लामिक देश बनाना चाहते थे.
क्या था मामला ?
इन दोनों आतंकियों के खिलाफ देश में आतंक फैलाने और आतंकी गतिविधियों को करने का आरोप था. इसके अलावा इनकी सेल के 8 आतंकियों को NIA के ने पहले ही गिरफ्तार कर लिया था. ये आतंकी बम बनाने की ट्रेनिंग देते थे. इसके लिए इन्होंने 2022-23 में पूणे में एक वर्कशॉप भी आयोजित की थी. इस सेल का प्रमुख उद्देश्य देश में शांति भंग करना और सांप्रायदिक हमले करना था.
NIA ने इस सेल में गिरफ्तार किए गये सभी आतंकियों के नामों की सूची जारी कर दी है, जिसमें मोहम्मद इमरान खान , मोहम्मद यूनूस साकी, अब्दुल कादिर पठान, सिमाव नसीरुद्दीन काजी, जुल्फिकर अली बरोडावाला, शामिल नाचन, आकिफ नाचन और शहनावाज आलम शामिल हैं.
मुंबई एयरपोर्ट और ताज होटल को उड़ाने की धमकी, पुलिस सतर्क
17 May, 2025 12:57 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट और ताज महल पैलेस होटल को बम से उड़ाने की धमकी मिली है. यह धमकी मेल के जरिए मुंबई एयरपोर्ट पुलिस के ईमेल आईडी पर भेजी गई है, जिसमें मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिली है. ईमेल में दावा किया गया है कि ताज महल पैलेस होटल और एयरपोर्ट को बम से उड़ाया जाएगा.
मुंबई एयरपोर्ट और ताज महल पैलेस को बम से उड़ाने की धमकी भरे ईमेल से हड़कंप मच गया है. पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं और जांच शुरू कर दी है. बताया जा रहा है कि मेल में आतंकी अफजल गुरू और सैवक्कू शंकर को “अन्यायपूर्ण तरीके से फांसी दिए जाने” का हवाला देते हुए यह धमकी दी गई है. मुंबई पुलिस मेल करने वाले को ट्रेस कर रही है.
सुरक्षा एजेंसियां हुईं सतर्क
धमकी भरे ईमेल मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गईं, जिसके बाद पूरे मुंबई में पैरामिलिट्री फोर्स तैनात की गई है. इधर, मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट और ताज महल पैलेस होटल पर डॉग स्क्वायड को टीम ने कोने-कोने की जांच की है. मुंबई पुलिस मेल भेजने वाले की तलाशी में जुट गई है. इससे पहले भी छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी.
सेना ने आतंकियों से लिया बदला
जम्मू कश्मीर के पहलगाम में आतंकी हमले के बाद सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है. 22 अप्रैल को पहलगाम में आतंकियों ने 26 निर्दोष पर्यटकों की हत्या की थी. मरने वाले पर्यटकों में कई महाराष्ट्र से थे. भारत ने इस हमले का बदला पाकिस्तान और पीओके में एयर स्ट्राइक कर लिया था. भारतीय सेना ने पाकिस्तानी सीमा में घुसकर आतंकी ठिकानों को ध्वस्त किया था, जिसमें 100 से ज्यादा लोग मारे गए थे.
महाराष्ट्र में पुराने वाहनों पर HSRP लगाने की प्रक्रिया तेज़, मुंबई में बढ़ी भीड़
16 May, 2025 12:39 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मुंबई: महाराष्ट्र में पुराने वाहनों पर हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (एचएसआरपी) लगाने की प्रक्रिया तेजी से चल रही है। मुंबई में रजिस्टर्ड वाहनों का उपयोग करने वाले वाहन मालिकों की संख्या बड़ी है। एचएसआरपी के लिए प्रक्रिया करते समय केवल मुंबई के फिटमेंट केंद्र ही दिखाए जा रहे हैं। इससे वाहन मालिकों के मन में यह सवाल उठ रहा है कि मुंबई में रजिस्टर्ड और गांव में इस्तेमाल होने वाले वाहनों पर एचएसआरपी कैसे लगाई जाए?
क्या है एचएसआरपी प्लेट?
दरअसल एचएसआरपी में एक पंजीकरण प्लेट होती है। इसमें विशिष्ट पहचान संख्या (यूआईएन), स्टिकर और लेजर कोड जैसी विशेषताएं होती हैं। इसमें छेड़छाड़ या परिवर्तन नहीं किया जा सकता। इससे उन वाहनों से संबंधित अपराधों की निगरानी और रोकथाम में मदद मिलती है। इससे 1 अप्रैल 2019 से पहले रजिस्टर्ड सभी वाहनों के लिए एचएसआरपी अनिवार्य हो गया है। इसके लिए 30 जून की समय सीमा तय की गई है।
मुंबई में रजिस्टर्ड वाहन मालिकों के लिए सवाल
परेल में रहने वाले गणेश पाटिल की बाइक मुंबई में रजिस्टर्ड है। इसे पिछले पांच सालों से कोंकण के एक गांव में रखा गया है। इस बाइक का उपयोग गांवों और बस्तियों में आने-जाने के लिए किया जाता है। एचएसआरपी के लिए आवेदन करने की ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी करने के बाद केवल मुंबई में ही फिटमेंट सेंटर दिखाए जाते हैं। क्योंकि बाइक मुंबई में रजिस्टर्ड है। कहा जा रहा है कि पुराने वाहनों में एचएसआरपी नहीं होने पर जुर्माना लगाया जाएगा। उन्होंने कहा कि हमारी इच्छा के बावजूद हम एचएसआरपी नहीं लगा पाए हैं, क्योंकि कोई फिटमेंट सेंटर नहीं है।
क्या है विभाग की तैयारी
महाराष्ट्र के सभी क्षेत्रीय-उपक्षेत्रीय परिवहन कार्यालयों (आरटीओ) को तीन सर्किलों में विभाजित किया गया है। प्रत्येक बोर्ड के लिए एक अधिकृत एजेंट नियुक्त किया गया है। क्षेत्रीय-उप-क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय, जहां वाहन रजिस्टर्ड है। उसके आसपास के फिटमेंट केंद्रों की सूची और समय ऑनलाइन प्रणाली में प्रदर्शित किए जाते हैं। परिवहन आयुक्तालय को अभी तक मुंबई में रजिस्टर्ड और गांव में इस्तेमाल किए जा रहे वाहनों के बारे में कोई शिकायत नहीं मिली है। परिवहन आयुक्तालय ने स्पष्ट किया कि इस संबंध में उचित सावधानियां बरती जाएंगी।
वारिस पठान का बॉलीवुड पर हमला: जवानों के लिए नहीं बोलते सितारे
16 May, 2025 12:29 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पिछले कुछ दिनों में AIMIM चीफ असदुद्दीन ओवैसी पाकिस्तान और आतंकवाद के खिलाफ खुलकर अपनी आवाज उठा रहे हैं. उनकी पार्टी के प्रवक्ता वारिस पठान भी मुखर होकर हर मुद्दे पर जवाब दे रहे हैं. भारत-पाकिस्तान तनाव पर देश के लगभग सभी लोगों ने अपनी-अपनी राय रखी है. मुद्दा चाहे पहलगाम आतंकी हमले का हो या फिर उसकी जवाबी कार्रवाई 'ऑपरेशन सिंदूर' का, वहीं बॉलीवुड गलियारों से खासा आवाज नहीं उठने के कारण कई तरह के सवाल पूछे जा रहे हैं. वारिस पठान ने अपने ताजा बयान में ऐसे तमाम सेलिब्रिटीज को घेरा है.
वारिस पठान ने कहा, "ये जो सेलिब्रिटी हैं, उन्हें यहां भारत से नाम मिला, भारत से दौलत कमाई, इज्जत कमाई, तो जब ऐसा समय आता है तो लोगों की अपेक्षा होती है कि ये लोग अपनी चुप्पी तोड़ेंगे और हमारे भारत के जवानों के साथ खड़े रहेंगे. एक अल्फाज तो कम से कम ये बोलें. कोई अल्फाज नहीं बोलते हैं वो और आप लोग उनको अनमोल रत्न बनाकर घूम रहे हैं."
उन्होंने आगे कहा, "आप उनके पीछे भाग रहे हैं, एयरपोर्ट पर उनके वीडियो बना रहे हैं. वो जिम जा रहे हैं तो उनके वीडियो बनाते हैं, जबकि एक भी अल्फाज नहीं बोलते वो. जो भारत देश का नहीं, वो हमारा नहीं. पब्लिक के अंदर एक गुस्सा है कि जिसको हमने नवाजा, वो आज खामोश बैठे हैं. हमारे बहादुर सिपाहियों का उत्साह बढ़ाओ, उनकी प्रशंसा करो कि हां, उन्होंने बहादुरी के साथ आतंकियों को ढेर किया. हमारे लिए देश का सेलिब्रिटी और हीरो, देश का एक-एक जवान है."
व्योमिका सिंह की जाति वाली टिप्पणी पर क्या बोले वारिस पठान?
वहीं, सपा नेता रामगोपाल यादव ने 'ऑपरेशन सिंदूर' की जानकारी देने वाली वायुसेना की कमांडर व्योमिका सिंह को लेकर जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया, जिसके बाद इस मामले ने तूल पकड़ लिया. वारिस पठान ने इस मामले पर कहा, "सेना के खिलाफ इस तरह की अभद्र टिप्पणी करना सरासर गलत है. यह निंदनीय है, इसकी जितनी भी निंदा की जाए कम है. उनकी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव को उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए. हम सेना का अपमान बर्दाश्त नहीं करेंगे. हम अपनी सेना पर गर्व करते हैं और सैल्यूट करते हैं अपनी सेना को. सेना का अपमान किसी भी कीमत पर सहन नहीं किया जाएगा."
Breaking नंदुरबार-सूरत सेक्शन पर बड़ा रेल हादसा, अमलनेर में मालगाड़ी पटरी से उतरी, यातायात बाधित
15 May, 2025 06:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मुंबई: जलगांव से सूरत जा रही कोयले से लदी मालगाड़ी आज दोपहर पश्चिम रेलवे के मुंबई सेंट्रल डिवीजन के अमलनेर स्टेशन के पास पटरी से उतर गई। यह घटना दोपहर करीब 2:18 बजे हुई, जब ट्रेन लूप लाइन से सूरत की ओर मेन लाइन पर जा रही थी। इंजन समेत कुल सात वैगन पटरी से उतर गए, जिससे अप और डाउन दोनों लाइनों पर पूरी तरह जाम लग गया।
पटरी से उतरी ट्रेन गांधीनगर के पास जीएनसी के लिए कोयला लेकर जा रही थी। सौभाग्य से, किसी के घायल होने या हताहत होने की खबर नहीं है। रेलवे अधिकारियों ने पुष्टि की है कि जल्द से जल्द सामान्य ट्रेन परिचालन बहाल करने के लिए सभी प्रयास किए जा रहे हैं। अधिकारियों के अनुसार, जांच पूरी होने के बाद ही पटरी से उतरने का कारण स्पष्ट हो पाएगा। पटरी से उतरने के तुरंत बाद, नंदुरबार, उधना और भुसावल से दुर्घटना राहत ट्रेनें बहाल करने की प्रक्रिया में सहायता के लिए रवाना की गईं। वरिष्ठ रेलवे अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं और परिचालन की निगरानी कर रहे हैं।
महाराष्ट्र: रैकेट की परतें खोलने में जुटी पुलिस, और कौन-कौन है शामिल?
15 May, 2025 05:11 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
महाराष्ट् के पुणे के बाणेर इलाके में पुलिस ने मसाज पार्लर की आड़ में चल रहे देह व्यापार का पर्दाफाश किया है. पुलिस को इस बारे में सूचना मिल रही थी, जिस पर पुलिस ने खुफिया तरीके से मामले की जांच की. जांच के बाद पुलिस ने यह बड़ी कार्रवाई की है.
पुलिस ने बाणेर स्थित दो मसाज पार्लरों पर छापा मारकर यह कार्रवाई की. इस दौरान पुलिस ने कुल तीन लोगों को गिरफ्तार किया है और उनके खिलाफ अनैतिक मानव तस्करी प्रतिबंधक अधिनियम (PITA) के तहत मामला दर्ज किया है.
इस मसाज पार्लर पर कार्रवाई
पुलिस को सूचना मिली थी कि बाणेर के बालेवाड़ी फाटा इलाके में स्थित ‘वेदा स्पा’ में मसाज के नाम पर देह व्यापार चल रहा है. सूचना की पुष्टि के लिए पुलिस ने एक फर्जी ग्राहक को भेजा. जानकारी सही निकलने पर पुलिस ने तत्काल छापा मारा.
पुलिस ने मामले में तीन लोगों को किया गिरफ्तार
कार्रवाई के दौरान मसाज पार्लर के मैनेजर मोहीमुद्दीन अहमद अली (22), मसाज पार्लर संचालिका ज्योतीदेवी देवनारायण घोष (38, निवासी गहुंजे), और अमनगिरी गोस्वामी (23, निवासी मुकाई चौक, रावेत) को हिरासत में लिया गया. इन तीनों के खिलाफ पिंपरी-चिंचवड पोलिस आयुक्तालय के अंतर्गत पिंपळे निलख पुलिस स्टेशन में केस दर्ज किया गया है.
कब से चल रहा था धंधा?
पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि इस रैकेट से और कौन-कौन लोग जुड़े हैं और इस धंधे को कितने समय से चलाया जा रहा था. मसाज पार्लर की आड़ में चल रहे ऐसे अवैध धंधों पर अब पुलिस की नजरें और तेज होने की उम्मीद जताई जा रही है. पुलिस मामले में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है. पुलिस यह पता लगा रही है कि इससे और कितने लौग जुड़े हैं.
मुंबई: आंख में चुभन महसूस हुई, ऑपरेशन में निकला खतरनाक कीड़ा
15 May, 2025 04:59 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मुंबई में एक अजीबो गरीब घटना सामने आई है. यहां के रहने वाले एक बुजर्ग की आंख से डॉक्टरों ने 10 सेंटीमीटर लंबा कीड़ा निकाला. डॉक्टरों के मुताबिक व्हाइट रेशे की तरह दिखने वाला ये कीड़ा बुजुर्ग की जान के लिए खतरा साबित हो रहा सकता था. बुजुर्ग ने बताया कि अचानक से उनकी आंख में जलन हुई और थोड़ी ही देर बाद ऐसा लगा जैसे कुछ चुभ रहा हो. इसके बाद वो तुरंत अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उनका इलाज किया.
डॉक्टरों ने शिवकुमार नामक 60 वर्षीय व्यक्ति की आंख से 10 सेंटीमीटर लंबा कीड़ा शल्य चिकित्सा द्वारा निकाला. स्थानीय डॉक्टरों के अनुसार, मरीज की आंख से बड़ी मुश्किल से कीड़ा निकाला गया. यदि इसे हटाया न जाता तो यह मरीज के लिए खतरा बन सकता था. डॉक्टरों ने बताया कि कीड़ा पहले उसके शरीर में पहुंचा होगा और फिर आंख तक पहुंचा होगा. डॉक्टरों ने कहा कि ये कीड़ा शरीर की किसी भी भाग में पहुंच सकता था. जिससे मरीज को परेशानी का सामना करना पड़ता.
आंख से निकलने लगा खून
पीड़ित को शुरू में ऐसा महसूस हुआ जैसे उसकी आंखों में कुछ घुसा हुआ है. फिर, जब दर्द अचानक बढ़ गया, तो उन्होंने अपनी आंखों में आई ड्रॉप डाली और बिस्तर पर चले गए. हालांकि, दर्द कम नहीं हुआ. और फिर आंख से खून बहने लगा. उन्होंने तुरंत स्थानीय डॉक्टर से परामर्श लिया तो पता चला कि 10 सेमी. लंबा कीड़ा उनकी आंख में है. जिसे देखकर डॉक्टर चौंक गए.
जीवन के लिए हो सकता था घातक
डॉक्टरों ने कहा कि यदि कीड़ा उसके हृदय तक पहुंच जाता तो हृदय संबंधी समस्याएं हो सकती थी और यदि यह मरीज के मस्तिष्क तक पहुंच जाता तो घातक हो जाता. चूंकि यह एक दुर्लभ मामला था, इसलिए स्थानीय डॉक्टर ने इसे चुनौती के रूप में लिया और सर्जरी की. सर्जरी लगभग दो घंटे तक चली और बड़ी कठिनाई से 10 सेटीमीटर लंबे कीड़े को निकाला. डॉक्टरों ने बताया कि अब मरीज स्वस्थ्य है. उनको कुछ दवाएं देकर घर भेज दिया गया है.
महाराष्ट्र: बाघिन के लिए दो बाघों में खूनी संघर्ष, एक की जान गई
14 May, 2025 04:19 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले के ताड़ोबा अभयारण्य के रामदेगी वन क्षेत्र में बाघिन को लेकर दो बाघों के बीच भीषण लड़ाई छिड़ गई. इस हिंसक झड़प में एक बाघ की मौत हो गई, वहीं, दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया. पर्यटकों द्वारा घायल बाघ को देखे जाने के बाद मामला सामने आया है. बताया जा रहा है कि बाघ छोटा मटका और नीली आंखों वाली बाघिन नयनतारा, कुछ समय से रामदेगी वन क्षेत्र में पर्यटकों का मनोरंजन कर रहे हैं. हाल ही में दो बाघ, वीरभद्र और ब्रह्मा उनके क्षेत्र में घुस आये हैं.
बाघ वीरभद्र और ब्रह्मा से बाघिन नयनतारा के साथ रहने वाले बाघ छोटा मटका का कई दिनों से संघर्ष छिड़ा हुआ है. इसी बीच 10 मई की सुबह ब्रह्मा बाघ का सामना छोटा मटका बाघ से हुआ था. दोनों बाघों के बीच कट्टर शत्रुओं की तरह भीषण लड़ाई हुई. इस संघर्ष में ब्रह्मा नामक प्रवासी बाघ गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसकी बाद में मौत हो गई.
पर्यटकों ने देखा घायल बाघ
इस संघर्ष में दूसरा बाघ छोटा मटका घायल हो गया, लेकिन वह बच गया. जिस स्थान पर छोटा मटका घायल था, वहां मंगलवार को पर्यटक घूमने के लिए आये. पर्यटकों ने घायल बाघ की हरकतों को कैमरे में कैद किया और इसकी सूचना स्थानीय वन विभाग के अधिकारियों को दी. जानकारी मिलते ही वन विभाग के अधिकारियों ने छोटा मटका की तलाश शुरू कर दी. ठीक उसी समय वन विभाग के अधिकारियों को ब्रह्मा बाघ का शव मिला. उसके पैरों के निशान के आधार पर उसकी पहचान ब्रह्मा बाघ के रूप में की गई.
वन विभाग की टीम कर रही तलाश
वन विभाग की टीम ने पंचनामा बनाकर उसे दफना दिया. अधिकारियों ने बताया कि वे घायल पशु की तलाश कर रहे हैं. इस बीच वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि छोटा मटका नामक बाघ ने पहले भी अपने क्षेत्र में घुस आए दो अन्य बाघों बजरंग और मोगली को मार डाला था. दूसरी ओर, वन अधिकारियों ने उसी जिले के सिंदेवाही तालुका के डोंगरगांव वन क्षेत्र में ट्यूनिकेट मजदूरों को मार रहे एक हत्यारे बाघ को बचाकर पकड़ लिया था. महाराष्ट्र के वन अधिकारियों ने बचाव अभियान चलाकर चंद्रपुर जिले के सिंदेवाही तालुका के डोंगरगांव वन क्षेत्र में पांच महिलाओं को मारने वाले हत्यारे बाघ को पकड़ा है.
पांच साल की बच्ची की दर्दनाक कहानी: मां की मौत के बाद पिता ने किया ऐसा, सुनकर कांप उठेगा कलेजा
14 May, 2025 02:02 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
महाराष्ट्र के बीड जिले से एक पिता का अपने बेटी के प्रति जानवरों जैसा बर्ताव का मामला सामने आया है. मां की मौत के बाद बेटी पर पिता ने जुल्म ढा दिया. नशेबाज पिता ने अपनी बेटी को रस्सियों से बांधकर उसे जानवरों वाले बाड़े में बंद कर दिया. पड़ोसी ने बेटी के रोने की आवाज सुनी. उन्होंने जब उसे बुरी हालत में देखा तो उसे अनाथालय ले गए. जानकारी पुलिस को दी गई. पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है. आरोपी पिता फरार है, उसकी तलाश की जा रही है.
आरोपी पिता मासूम बेटी को जानवरों की तरह रखता था. उसे खाने में तरबूज और केले के छिलके देता था. बेटी की उम्र मात्र पांच साल की है. पिता के व्यवहार से वह डरी सहमी है. उसे मानसिक रोगी बताकर उसका पिता उपसर जुल्म करता था. पड़ोसी महिला ने बच्ची के रोने की आवाज सुनी तो उसे बचाया. बच्ची को बाल कल्याण समिति को सौंपा गया है.
मां की मौत के बाद बेटी पर जुल्म
मामला जिले के गेवराई कस्बे का है. मां की मौत के बाद पांच वर्षीय बेटी के साथ उसके पिता ने जानवरों सा सलूक किया.बेटी मानसिक तौर पर ठीक नहीं कहते हुए उसके पिता ने अमानवीय व्यवहार किया. नशे में धुत रहने वाले पिता ने मासूम बच्ची के पैरों को रस्सियों से बांधकर उसे पशु बाड़े में बंद कर दिया था.ठीक जानवरों की तरह ही उसे केले और तरबूज के छिलके खाने के लिए देता था.
खाने में मिलते थे केले-तरबूज के छिलके
पड़ोस की एक महिला ने बच्ची की चीखें सुनीं और बाल कल्याण समिति को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद बच्ची को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया. पड़ोसी महिला ने गोठे से आ रही रोने की आवाज सुनी और जाकर देखा तो एक बच्ची रस्सी से बंधी रो रही है. महिला बच्ची को हिना शेख हज हाउस के पास खालिद अहमद के अनाथालय में ले गई. अनाथालय ने इसकी जानकारी बाल कल्याण समिती और पुलिस को दी. पुलिस ने आरोपी पिता के खिलाफ केस दर्ज किया है.आरोपी पिता फरार है, उसकी तलाश जारी है.
संजय राउत का तंज – पार्टियां तोड़ने वाली बीजेपी पाकिस्तान का क्या कर पाएगी?
13 May, 2025 05:04 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से भारत और पाकिस्तान के बीच में सीजफायर का ऐलान करने के बाद से विपक्ष केंद्र सरकार पर हमलावर है. इस बीच शिवसेना (यूबीटी) के नेता संजय राउत ने बीजेपी पर हमला बोला है और आरोप लगाया है कि ये सिर्फ पार्टियां तोड़ सकते हैं पाकिस्तान को नहीं तोड़ पाएंगे. साथ ही साथ संजय राउत ने पीएम मोदी पर भी हमला बोला है.
उन्होंने कहा, ‘PoK के बारे में चर्चा की बात जो हमारे प्रधानमंत्री कर रहे हैं वो 75 साल से चल रही है. मोदी जी का सीना 56 इंच का है, वह बात नहीं करते, बल्कि दुश्मन को घुटने पर लाने की बात करते हैं, लेकिन ट्रंप ने जो किया है है वह देश की संप्रभुता के लिए बेइज्जत करने वाली बात है. ट्रेड की बात आप किससे करेंगे डोनाल्ड ट्रंप से और PoK की बात पाकिस्तान से करेंगे? लेकिन उसके लिए भी ट्रंप को पूछना पड़ेगा. वह आपको अनुमति देंगे तो ही आप बात करेंगे. यह लगभग सिद्ध हो गया कि इस देश को ट्रंप चल रहा है. इस देश में व्यापारियों का राज है, लेकिन एक इंटरनेशनल व्यापारी यहां से व्यापारियों को कंट्रोल कर रहा है. कहां गई आपकी देशभक्ति?’
ट्रंप ने पूरी धज्जियां उड़ा दीं- राउत
राउत ने कहा, ‘पीएम मोदी कितने देश घूमकर आए? वाशिंगटन से ट्रंप ने ये बात पूरे विश्व को क्यों बताई कि मैंने युद्ध रुकवाया और आपके (पीएम) कल के बयान में इस घटना का जिक्र भी नहीं है. सबसे पहले ट्रंप भाषण करते हैं और पूरी धज्जियां उड़ा देते हैं. पीएम ने डोनाल्ड ट्रंप ने नाम तक नहीं लिया. ट्रंप को बोलना तो चाहिए था कि मैंने मेरे प्रिय मित्र से बात की है, मैं मोदी जी के साथ खड़ा हूं.’
शरद पवार को लेकर शिवसेना-UBT के नेता ने कहा कि पावर साहब की नाराजगी है तो खुलकर बोलना चाहिए. वो सरकार के समर्थन में खड़े हैं, लेकिन हम नहीं खड़े हैं. हमें मालूम नहीं सरकार, मोदी, अमित शाह की नियत क्या है, ये डरपोक लोग हैं. सिर्फ अपने विपक्ष की पार्टियां तोड़ सकते हैं, पाकिस्तान को नहीं तोड़ सकते. पाकिस्तान को तोड़ने की दम नहीं है.
वॉर रुकवाने का सौदा अडानी के ऊपर ही हुआ- संजय राउत
उन्होंने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा, ‘सौदा गौतम अडानी के ऊपर ही हुआ है. कश्मीर छोड़ दिया, सिंदूर भी भूल गए. सिर्फ ट्रेड और गौतम अडानी का सौदा हुआ है. मोदी, अमित शाह और बीजेपी को लगता है कि अडानी देश से ऊपर हैं इसलिए सौदा कर लिया.’
इसके अलावा बीजेपी की तिरंगा रैली को लेकर कहा, ‘उसकी तिरंगा रैली निकालने की हैसियत नहीं है. जिस तरीके से तिरंगा का अपमान हुआ है अभी तिरंगा को छूने का अधिकार नहीं है. अमेरिका का झंडा लेकर यात्रा निकालें. ट्रंप का झंडा लेकर घूमें.
ऑपरेशन सिंदूर के बाद चेतावनी: सुरक्षा बलों के लिए 300 पदों की मांग
13 May, 2025 04:55 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
ऑपरेशन सिंदूर के दौरान महाराष्ट्र में मुंबई समेत कई जगहों पर की गई मॉक ड्रिल के बाद, नागरिक सुरक्षा निदेशालय ने राज्य के गृह मंत्रालय को सिफारिशों की लंबी लिस्ट भेजी है. निदेशालय ने अपने फोर्स को अपग्रेड करने और अत्याधुनिक बनाने में मदद करने के लिए करीब 300 खाली पड़े पदों को भरने की मांग की है.
नागरिक सुरक्षा निदेशालय ने अधिकारियों की भर्ती के अलावा फोर्स के लिए अहम एयर रेड वॉर्निंग सिस्टम, एम्बुलेंस और गाड़ियों के अलावा इमरजेंसी से जुड़े ढेर सारे उपकरण और गैजेट शामिल करने का अनुरोध किया है. निदेशालय का अनुमान है कि फोर्स में पूरे तौर पर बदलाव को लेकर कम से कम 20 करोड़ रुपये का खर्चा आएगा.
मंत्रालय को भेजी इन चीजों की लिस्ट
निदेशालय से जुड़े सूत्रों ने बताया कि मॉक ड्रिल अभ्यास के दौरान कई खामिया सामने आईं जिसको लेकर सुझाव दिया गया है कि फोर्स को फ्लोरोसेंट सुरक्षा जैकेट और रस्सियां, गमबूट, हार्नेस, दस्ताने, स्ट्रेचर, फर्स्ट एड किट, हेलमेट, बॉडी प्रोटेक्टर, मेकशिफ्ट टेंट और इमरजेंसी लाइट जैसी कई चीजें खरीदनी चाहिए ताकि इसे और अधिक मजबूत बनाया जा सके.
इस बीच, राज्य सरकार ने मुंबई यूनिवर्सिटी के शैक्षणिक पाठ्यक्रम में नागरिक सुरक्षा पाठ्यक्रम को भी शामिल करने का फैसला लिया है, जिसमें संकट के समय स्वयंसेवक आधारित आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली (emergency response systems) की अहम भूमिका को तवज्जो दी गई है. खासतौर से भारत-पाकिस्तान के बीच तनावपूर्ण संबंधों के बीच देश के कई शहरों में मॉक ड्रिल अभ्यास कराया गया था. ब्लैकआउट के अलावा 16 प्रमुख शहरी क्षेत्रों में कई जगहों पर मॉक ड्रिल अभ्यास कराई गई.
मॉक ड्रिल के दौरान आई थी ढेरों खामियां
महाराष्ट्र के कई तटीय जिलों के साथ-साथ पुणे, नासिक और छत्रपति संभाजीनगर में कराए गए मॉक ड्रिल के दौरान कई तरह की खामियां सामने आई थी, और इन कमियों के सामने आने के बाद ही नागरिक सुरक्षा पर फिर से ध्यान केंद्रित किया गया है.
इस ड्रिल का मकसद स्वयंसेवकों और आम जनता के बीच बचाव कार्यों, चिकित्सीय मदद और अन्य आपातकालीन सेवाओं के बारे में जागरूकता बढ़ाना था. मुंबई में, मुख्य मॉक ड्रिल क्रॉस मैदान और वार्ड स्तर पर कई अन्य छोटी जगह पर कराई गई. मुंबई में यह ब्लैकआउट अणुशक्ति नगर और तारापुर में किए गए.
नागरिक सुरक्षा (Civil Defence) के निदेशक, प्रभात कुमार ने अखबार TOI को बताया कि फोर्स के लिए कर्मचारियों की लिस्ट गृह विभाग को सौंप दी गई है, जिसमें अधिकारियों के सभी 450 पदों को भरने का अनुरोध किया गया है क्योंकि निदेशालय के पास अभी फोर्स में महज 150 अधिकारी ही हैं. प्रभात कुमार के अनुसार निदेशालय और मुंबई यूनिवर्सिटी ने यूनिवर्सिटी के कैरिकुलम में नागरिक सुरक्षा पाठ्यक्रम शुरू करने के लिए पहले ही एक समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर कर दिया है.
राशिफल 22 जुलाई 2026: जानिए आज का दिन आपके लिए कैसा रहेगा
किसान अब उन्नत तकनीक की ओर अग्रसर, पैडी ट्रांसप्लांटर विधि से धान रोपाई
मध्यप्रदेश पुलिस का नशे के विरुद्ध सख्त प्रहार
राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम सामाजिक न्याय की सबसे बड़ी गारंटी : खाद्य मंत्री राजपूत
अपनी मेहनत और समर्पण से बड़वानी बन रहा देश में कृषि, उद्यमिता एवं नवाचार का उदाहरण : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
निर्वाचन तैयारियां एवं स्वीप गतिविधियां तेज
मुख्यमंत्री डॉ. यादव से मिले पारस डिफेंस एंड स्पेस टेक्नोलॉजीस कम्पनी के पदाधिकारी
सिक्किम टनल हादसा: मृतक मजदूरों के परिजनों को मुआवजे का ऐलान
विपक्ष के प्रदर्शन के बीच पुलिस की कार्रवाई, राहुल-अखिलेश हिरासत में
