बिहार-झारखण्ड
लालू यादव का बड़ा ऐलान: "अब नीतीश से कोई गठबंधन नहीं", बोले – जनता बदलाव चाहती है
9 Nov, 2025 12:52 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बिहार चुनाव 2025 के बीच राज्य की सियासत में नई हलचल मच गई है। आरजेडी (RJD) प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने साफ कर दिया है कि अब नीतीश कुमार के साथ किसी भी तरह का गठबंधन नहीं होगा। पटना स्थित अपने आवास 10 सर्कुलर रोड पर मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा, “अब हम नीतीश को स्वीकार नहीं करेंगे। हम उनके संपर्क में भी नहीं हैं।”
जनता बदलाव चाहती है, बेरोजगारी बनी मुख्य समस्या
लालू यादव ने कहा कि इस बार का चुनाव बेरोजगारी के मुद्दे पर लड़ा जाएगा। उनका कहना है कि अगर आरजेडी की सरकार बनी, तो बिहार से बेरोजगारी खत्म कर दी जाएगी। उन्होंने कहा, “नीतीश जी 20 साल से सत्ता में हैं, लेकिन बेरोजगारी लगातार बढ़ती गई है। युवाओं को नौकरी और सम्मान चाहिए।” उन्होंने तेजस्वी यादव को नई पीढ़ी का प्रतिनिधि बताते हुए कहा कि अब बदलाव का समय आ गया है।
नीतीश और लालू के रिश्तों का उतार-चढ़ाव
लालू और नीतीश का राजनीतिक रिश्ता किसी फिल्मी कहानी जैसा रहा है—2005 में अलगाव, 2015 में महागठबंधन और 2022 में फिर साथ आना। लालू ने कहा कि नीतीश हर बार सत्ता बचाने के लिए गठबंधन करते रहे, लेकिन अब जनता सब समझ चुकी है।
NDA में भी सस्पेंस, नीतीश रहेंगे या नहीं मुख्यमंत्री?
NDA में भी मुख्यमंत्री पद को लेकर सवाल उठ रहे हैं। अमित शाह के बयान कि “मुख्यमंत्री का फैसला विधायक करेंगे” के बाद सस्पेंस बढ़ गया है। पहले चरण में 65% से अधिक मतदान हुआ है और युवा बेरोजगारी व बदलाव की मांग कर रहे हैं।
Bihar Election 2025: आरजेडी का बड़ा दावा — सड़क पर मिलीं VVPAT पर्चियां, चुनाव आयोग ने दी सफाई
9 Nov, 2025 08:48 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पटना: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण की वोटिंग के बाद अब VVPAT विवाद सामने आया है। राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने दावा किया है कि समस्तीपुर जिले में ईवीएम से निकलने वाली VVPAT पर्चियां सड़क पर फेंकी हुई मिलीं। आरजेडी ने इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
आरजेडी ने अपनी ऑफिशियल एक्स (X) हैंडल पर लिखा — “समस्तीपुर के सरायरंजन विधानसभा क्षेत्र के KSR कॉलेज के पास सड़क पर भारी संख्या में EVM से निकलने वाली VVPAT पर्चियां फेंकी हुई मिलीं। कब, कैसे, क्यों और किसके इशारे पर इन पर्चियों को फेंका गया? क्या ‘चोर आयोग’ इसका जवाब देगा?” पार्टी ने इसे “लोकतंत्र के खिलाफ साजिश” करार दिया है।
इस दावे के बाद चुनाव आयोग हरकत में आ गया। आयोग ने समस्तीपुर के जिलाधिकारी को तुरंत मौके पर जांच करने के निर्देश दिए। जांच के बाद जिलाधिकारी ने बताया कि ये मॉक पोल की VVPAT पर्चियां थीं, जो चुनाव से पहले परीक्षण के दौरान उपयोग की गई थीं।
चुनाव आयोग ने स्पष्ट किया कि इन पर्चियों का मतदान प्रक्रिया से कोई संबंध नहीं है। हालांकि, लापरवाही बरतने के आरोप में एआरओ (सहायक निर्वाचन अधिकारी) को तत्काल निलंबित कर दिया गया है।
https://x.com/RJDforIndia/status/1987082762952564992?ref_src=twsrc%5Etfw%7Ctwcamp%5Etweetembed%7Ctwterm%5E1987082762952564992%7Ctwgr%5E346150a9c17b1fbd3e2e05218cf72992a7b280ab%7Ctwcon%5Es1_c10&ref_url=https%3A%2F%2Fvistaarnews.com%2Findia-news%2Fbihar-election-samastipur-vvpat-slips-found-rjd-releases-video%2F
बिहार चुनाव 2025: पटना एयरपोर्ट पर रवि किशन-तेज प्रताप की मुलाकात से सियासी हलचल, बढ़ी Y प्लस सिक्योरिटी
9 Nov, 2025 08:33 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बिहार चुनाव 2025 का माहौल अब गरमाता जा रहा है। दूसरे चरण की वोटिंग 11 नवंबर को होनी है, और उससे पहले रविवार (9 नवंबर) को प्रचार का आखिरी दिन है। सभी राजनीतिक दल अपनी पूरी ताकत झोंक रहे हैं। इसी बीच शनिवार (8 नवंबर) को एक दिलचस्प नजारा देखने को मिला, जिसने सियासी गलियारों में चर्चा तेज कर दी।
दरअसल, यूपी के गोरखपुर से बीजेपी सांसद रवि किशन और जनशक्ति जनता दल के सुप्रीमो तेज प्रताप यादव की मुलाकात पटना एयरपोर्ट पर हुई। दोनों नेताओं की बातचीत की तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। फोटो में रवि किशन तेज प्रताप के कान में कुछ कहते नजर आए, जिसके बाद कई तरह के राजनीतिक कयास लगने लगे। रवि किशन ने तेज प्रताप को "शिव भक्त" बताते हुए कहा कि “शंखनाद साथ होगा”, जबकि तेज प्रताप ने इसे सिर्फ संयोग बताया। हालांकि, इस मुलाकात ने यह सवाल जरूर खड़ा कर दिया है कि क्या आरजेडी सुप्रीमो के बड़े बेटे एनडीए की ओर रुख करने वाले हैं?
मुलाकात के कुछ घंटे बाद ही तेज प्रताप को ‘Y प्लस कैटेगिरी’ की सुरक्षा प्रदान की गई। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने सुरक्षा एजेंसियों की रिपोर्ट के आधार पर यह निर्णय लिया। इस श्रेणी के तहत उन्हें 11 सशस्त्र कमांडो, 5 स्थायी जवान और 6 निजी सुरक्षा अधिकारी (PSO) मिलेंगे।
बता दें, बिहार विधानसभा चुनाव 2025 दो चरणों में हो रहे हैं। पहला चरण 6 नवंबर को 64.66% मतदान के साथ संपन्न हुआ, जबकि दूसरा चरण 11 नवंबर को होगा। नतीजे 14 नवंबर को घोषित किए जाएंगे, जो तय करेंगे कि जनता का जनादेश किसके पक्ष में गया।
रांची साइबर क्राइम: फर्जी ट्रेडिंग ऐप में 3.75 करोड़ की ठगी, आरोपी गिरफ्तार
8 Nov, 2025 08:11 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रांची: झारखंड CID की रांची साइबर क्राइम थाना ने ऑनलाइन ठगी के एक बड़े मामले का पर्दाफाश किया है। इस मामले में पुलिस ने पश्चिम बंगाल के दक्षिण दिनाजपुर जिले से दीप मजुमदार (36) को गिरफ्तार किया है। आरोपी कुशमांडी थाना क्षेत्र के सालेकुड़ी का रहने वाला है। उसके पास से मोबाइल, सिम कार्ड और व्हाट्सएप चैट जब्त किए गए हैं।
DSP नेहा बाला के अनुसार, यह मामला साइबर क्राइम थाना कांड संख्या 109/25 का है, जिसकी शिकायत 10 सितंबर 2025 को दर्ज की गई थी। वादी ने बताया कि कुछ अज्ञात साइबर अपराधियों ने नामी वित्तीय संस्थान के नाम पर फर्जी ट्रेडिंग ऐप “FYERS HNI” बनाकर उसे निवेश के लिए लुभाया। पीड़ित को “FYERS SECURITIES PRIVATE LIMITED” नाम के व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ा गया, जहां रोजाना आकर्षक निवेश ऑफर भेजे जाते थे। बाद में उसे “FYERS” ऐप डाउनलोड करने को कहा गया, जिसमें नकली मुनाफा दिखाकर भरोसा बनाया गया।
इस झांसे में आकर पीड़ित ने अलग-अलग बैंक खातों में करीब 3 करोड़ 75 लाख रुपये जमा कर दिए। जांच में पता चला कि इस ठगी में इस्तेमाल हुआ बंधन बैंक खाता संख्या 20100033764211 पहले से ही कई राज्यों में साइबर अपराधों में शामिल था। इसके खिलाफ मध्य प्रदेश, तमिलनाडु, उत्तर प्रदेश, झारखंड, तेलंगाना, दिल्ली, कर्नाटक और महाराष्ट्र में कुल 17 शिकायतें दर्ज हैं।
साइबर क्राइम थाना ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी दीप मजुमदार को दक्षिण दिनाजपुर पुलिस की मदद से गिरफ्तार किया और मामले की आगे की जांच जारी है।
रांची मौसम अपडेट: 11 नवंबर तक रहेगा शुष्क और ठंडा
8 Nov, 2025 08:10 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रांची: राजधानी रांची समेत पूरे झारखंड में अगले कुछ दिनों तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र, रांची के अनुसार, 11 नवंबर तक सुबह में कोहरा या धुंध छा सकती है, जबकि दिन में आसमान साफ रहेगा। राज्य के मध्य, दक्षिणी, उत्तर-पश्चिमी और उत्तर-पूर्वी हिस्सों में अगले पांच दिनों तक मौसम में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। अगले 2-3 दिनों में न्यूनतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है, इसके बाद तापमान में स्थिरता बने रहने की उम्मीद है।
रांची में आज शनिवार को अधिकतम तापमान 26°C और न्यूनतम 13°C रहने का अनुमान है। 9 नवंबर को न्यूनतम तापमान घटकर 11°C तक पहुंच सकता है। 10 और 11 नवंबर को अधिकतम तापमान 25°C और न्यूनतम तापमान 11°C के आसपास रहने की संभावना है। सुबह और शाम की ठंड बढ़ेगी, जबकि दिन में मौसम सुहावना और हल्का गर्म रहेगा।
राज्य में अगले कुछ दिनों में बारिश की संभावना नहीं है। पिछले 24 घंटे में झारखंड के किसी भी जिले में बारिश दर्ज नहीं हुई है। उत्तरी और उत्तर-पश्चिमी हवाओं के कारण सुबह और रात की ठंडक बढ़ गई है, जबकि दिन के समय हल्की गर्मी महसूस हो रही है। पिछले 24 घंटे में राज्य का सबसे अधिक तापमान पाकुड़ में 32.9°C और सबसे कम तापमान गुमला में 12.6°C रिकॉर्ड किया गया।
रांची मौसम अपडेट के अनुसार, इस समय लोगों को सुबह-शाम के समय गर्म कपड़े पहनने की सलाह दी जा रही है, जबकि दिन के समय हल्का और सुहावना मौसम रह सकता है।
बिहार चुनाव 2025: बीजेपी ने प्रचार में लगाया पूरा जोर
8 Nov, 2025 07:53 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बिहार चुनाव 2025 अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच चुका है। 9 नवंबर की शाम 5 बजे तक चुनाव प्रचार पूरी तरह समाप्त हो जाएगा, लेकिन उससे पहले भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने राज्य में सत्ता पर फिर से कब्जा करने के लिए हर संभव प्रयास किया है। पार्टी के चार बड़े नेता – प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा – ने मिलकर चुनावी मोर्चा संभाला है और बिहार के हर कोने में अपनी मौजूदगी दर्ज कराई है।
इन चारों नेताओं ने अब तक लगभग 70 रैलियों और रोड शो किए हैं। गृहमंत्री अमित शाह ने 17 अक्टूबर से प्रचार शुरू कर 35 रैलियां और एक रोड शो किया, जो सभी नेताओं में सबसे अधिक है। इसके अलावा उन्होंने चारों हिस्सों में कार्यकर्ता सम्मेलनों के माध्यम से पार्टी को मजबूत किया। प्रधानमंत्री मोदी ने 24 अक्टूबर से प्रचार शुरू किया और अब तक 12 रैलियां और एक रोड शो कर चुके हैं। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अब तक 17 रैलियों को संबोधित किया है और 9 नवंबर तक कुल 20 रैलियों में हिस्सा लेंगे। वहीं, पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने 23 अक्टूबर से अभियान शुरू कर 12 रैलियां, एक रोड शो और तीन सांगठनिक बैठकें आयोजित की हैं।
चुनाव प्रचार समाप्त होने के बाद सभी की नजरें 11 नवंबर पर हैं, जब दूसरे और अंतिम चरण के लिए 122 सीटों पर मतदान होगा। इस चरण में कुल 1,302 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमाएंगे। पहले चरण में 64% से अधिक मतदान हुआ, जिसमें महिलाओं की भागीदारी खास रही। सत्ताधारी गठबंधन इसे अपनी जीत की पहली झलक मान रहा है, जबकि विपक्ष इसे सत्ता परिवर्तन के संकेत के रूप में देख रहा है। वोटों की गिनती 14 नवंबर को होगी, जब बिहार चुनाव 2025 का अंतिम फैसला सामने आएगा।
बिरसा मुंडा जेल का विशेष हॉल बना डांस फ्लोर!
8 Nov, 2025 07:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
Jharkhand News: रांची स्थित बिरसा मुंडा कारगार से दो कैदियों के डांस का वीडियो सामने आया है. वीडियो के वायरल होने के बाद जेल प्रशासन ने जांच की और दो अधिकारियों को दोषी पाते हुए निलंबित कर दिया.
झारखंड की राजधानी रांची स्थित बिरसा मुंडा कारगार का एक वीडियो इन दिनों सुर्खियों में है. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे महज 17 सेंकड के वीडियो ने जेल की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी. इस वीडियो में दो कैदी जेल के अंदर ठुमके लगा रहे हैं और कोई तीसरा इनका वीडियो रिकॉर्ड कर रहा है, जिसका चेहरा सामने नहीं आया है. ये वीडियो बिरसा मुंडा जेल के एक विशेष हॉल का है, जिसमें सारी सुविधाएं रहती हैं. बता दें कि डांस कर रहे ये दोनों कैदी है, जिनमें से एक शराब घोटाले का आरोपी है, जिसकी पहचान विधु गुप्ता के रूप में हुई और वहीं दूसरा जीएसटी घोटाला का आरोपी विक्की भालोटिया है. दोनों ही जेल के एक विशेष हॉल में डासं करते नजर आ रहे हैं.
ये हॉल आम कैदियों के लिए नहीं होता है. हालांकि, ये वीडियो कुछ महीना पहले का है, लेकिन जैसे ही वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ. उसके बाद जेल प्रशासन ने जांच की और दो अधिकारी को दोषी पाते हुए निलंबित कर दिया. निलंबित हुए अधिकारी में एक सहायक जेलर देवनाथ राम और दूसरा जमादार विनोद यादव शामिल हैं.
विपक्ष ने सरकार पर निशाना साधा
इस घटना के जेल व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. जेल में इस तरह का वीआईपी ट्रीटमेंट को लेकर विपक्ष ने सरकार पर निशाना साधा है. इस घटना ने न सिर्फ जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए है, बल्कि यह भी दर्शाया जा रहा है कि कैसे प्रभावाशाली कैदियों को विशेष सुविधाएं दी जाती हैं. हालांकि जेल से जुड़े कोई भी अधिकारी इस घटना पर मीडिया के सामने कुछ भी बोलने से बच रहे हैं
बिहार चुनाव के बीच राहुल गांधी के एमपी दौरे पर सीएम मोहन यादव का तंज: “बाराती तैयार, दूल्हा भाग गया”
8 Nov, 2025 03:37 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बिहार विधानसभा चुनाव में दूसरे चरण की वोटिंग में अब केवल तीन दिन बचे हैं। इस बीच जहां सभी प्रमुख नेता बिहार में जमकर प्रचार कर रहे हैं, वहीं कांग्रेस नेता राहुल गांधी का आज मध्यप्रदेश के पचमढ़ी दौरे पर होना राजनीतिक चर्चा का विषय बन गया है। इसी को लेकर मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने राहुल गांधी पर बड़ा तंज कसा है।
सीएम मोहन यादव ने बिहार के बांका जिले के बेलहर विधानसभा क्षेत्र में एनडीए प्रत्याशी मनोज यादव की जनसभा में कहा, “बड़े ही दुर्भाग्य की बात है कि पप्पू (राहुल गांधी) को समझ ही नहीं आता कि चुनाव होता कैसे है। जहां चुनाव हो रहा है, वहां होने के बजाय वे पचमढ़ी में छुट्टी मनाने गए हैं। ऐसा कभी होता है क्या?”
उन्होंने आगे व्यंग्य करते हुए कहा, “घोड़ी तैयार, बैंड तैयार, बाराती तैयार और दूल्हा भाग गया — ऐसा सिर्फ कांग्रेस में ही हो सकता है। बाद में ये लोग कहेंगे कि हमारा ये हो गया, हमारा वो हो गया। अरे, तुम्हारे तो कर्म ही ऐसे हैं।”
दरअसल, राहुल गांधी शनिवार को कांग्रेस जिलाध्यक्षों के प्रशिक्षण शिविर में शामिल होने के लिए पचमढ़ी पहुंचे थे। इस दौरान बिहार में चुनावी माहौल गर्म है, लेकिन कांग्रेस का शीर्ष नेतृत्व मैदान से गायब दिख रहा है। सीएम मोहन यादव ने कहा कि बीजेपी और नीतीश कुमार की टीम जनता के बीच सक्रिय है, जबकि कांग्रेस नेतृत्व चुनाव को गंभीरता से नहीं ले रहा।
अंत में उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को समझना चाहिए कि चुनाव प्रचार जिम्मेदारी है, छुट्टी नहीं। बिहार जैसे महत्वपूर्ण चुनाव में उनकी गैरमौजूदगी जनता के बीच गलत संदेश दे रही है।
सीतामढ़ी रैली में पीएम मोदी का RJD-कांग्रेस पर तीखा हमला
8 Nov, 2025 01:06 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
PM Modi Dumra Ground Speech: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को बिहार के सीतामढ़ी के डुमरा ग्राउंड में चुनावी जनसभा को संबोधित करने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने राजद (RJD) और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। पीएम मोदी ने कहा कि कभी बिहार में “पिस्तौल लेकर आना और हाथ ऊपर करना” एक फैशन बन गया था, लेकिन अब जनता ने ऐसे जंगलराज वालों को चुनाव के पहले चरण में ही 65 वोल्ट का झटका दे दिया है।
प्रधानमंत्री ने अपने भाषण में कहा कि राजद बिहार के बच्चों के भविष्य को अंधेरे में धकेलना चाहती है। उन्होंने कहा, “राजद के मंचों पर मासूम बच्चों से कहलवाया जा रहा है कि वे रंगदारी मांगना चाहते हैं। अब आप बताइए — क्या बिहार का बच्चा रंगदारी मांगेगा या डॉक्टर और इंजीनियर बनेगा? क्या हम उन लोगों को जीतने देंगे जो हमारे बच्चों को अपराध के रास्ते पर ले जाना चाहते हैं?”
पीएम मोदी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी का नाम लिए बिना तंज कसते हुए कहा, “बड़े-बड़े नेता बिहार की मछलियां देखने आ रहे हैं, पानी में डुबकी लगा रहे हैं — यानी चुनाव में डूबने की प्रैक्टिस कर रहे हैं।”
उन्होंने राजद पर तीखा वार करते हुए कहा कि जंगलराज का मतलब होता है — “कट्टा, क्रूरता, कटुता, कुसंस्कार और भ्रष्टाचार।” मोदी ने कहा कि जैसे ही जंगलराज बिहार में आया, राज्य के पतन का युग शुरू हो गया। इन लोगों ने बिहार के विकास की दिशा ही रोक दी। पीएम मोदी ने जनता से अपील की कि वे उन लोगों को सत्ता में न आने दें जिन्होंने बिहार की छवि और विकास दोनों को बर्बाद किया।
बिहार चुनाव 2025: पहले चरण में रिकॉर्ड 65% वोटिंग, क्या बदलेगी सत्ता की तस्वीर?
8 Nov, 2025 12:54 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
Bihar Election 2025 Voting Analysis: बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण में इस बार मतदाताओं ने उत्साह से भाग लिया। राज्य के 18 जिलों की 121 सीटों पर 65.08 प्रतिशत मतदान हुआ है, जो 2020 के विधानसभा चुनाव की तुलना में लगभग 8 प्रतिशत अधिक है। तब कुल वोटिंग 57.29 प्रतिशत थी। इस बढ़े हुए मतदान ने राजनीतिक विश्लेषकों और दलों के बीच नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है।
बढ़ी हुई वोटिंग को लेकर जहां कई लोग इसे लोकतंत्र की मजबूती मान रहे हैं, वहीं राजनीतिक दल इसके मायने अपने-अपने तरीके से निकाल रहे हैं। अक्सर देखा गया है कि जब मतदान प्रतिशत में वृद्धि होती है, तो इसे बदलाव की लहर या सत्ता परिवर्तन के संकेत के रूप में देखा जाता है। हालांकि अंतिम फैसला जनता के मूड पर ही निर्भर करता है। अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि यह रिकॉर्ड वोटिंग सत्ता विरोधी लहर का नतीजा है या सुशासन के पक्ष में जनता का समर्थन।
सभी प्रमुख दल अपनी जीत का दावा कर रहे हैं। महागठबंधन के नेताओं का कहना है कि जनता सरकार से नाराज है और बदलाव चाहती है। वहीं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का दावा है कि लोग नीतीश कुमार के नेतृत्व में सुशासन की सरकार को दोबारा मौका देना चाहते हैं।
इस चुनाव में एक नया फैक्टर जनसुराज पार्टी भी है। प्रशांत किशोर के नेतृत्व में इस पार्टी की बढ़ती लोकप्रियता ने चुनावी समीकरण बदल दिए हैं। उनका कहना है कि जनता अब विकल्प के रूप में जनसुराज को देख रही है।
इतिहास गवाह है कि जब भी बिहार में 5 प्रतिशत से अधिक वोटिंग हुई, सत्ता बदली है—1967, 1980 और 1990 इसके उदाहरण हैं। अब जबकि इस बार भी 8 प्रतिशत से ज्यादा मतदान हुआ है, सवाल उठता है—क्या 2025 में भी बिहार की सत्ता में बदलाव देखने को मिलेगा?
झारखंड में ठंड का प्रकोप बढ़ा, अगले तीन दिन में तापमान गिरेगा 5 डिग्री तक, जानिए अपने जिले का हाल
8 Nov, 2025 09:50 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
झारखंड मौसम अपडेट: राज्य में अब सर्दी ने दस्तक दे दी है और ठंड का असर धीरे-धीरे बढ़ने लगा है। मौसम विज्ञान केंद्र, रांची के अनुसार आने वाले तीन दिनों में तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है। उत्तर-पश्चिम दिशा से आ रही ठंडी हवाएं सुबह और रात में ठिठुरन बढ़ाएंगी, जबकि दिन का तापमान सामान्य बना रहेगा।
मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में सुबह के समय कोहरा और हल्की धुंध देखने को मिलेगी, जबकि दिन में आसमान साफ और मौसम शुष्क रहेगा। हालांकि, शुक्रवार को झारखंड के कई हिस्सों में तापमान में मामूली बढ़ोतरी दर्ज की गई।
रांची में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 27.8°C और न्यूनतम 17.4°C दर्ज किया गया, जो पिछले 24 घंटे की तुलना में लगभग 1.8 डिग्री अधिक है। मेदिनीनगर में अधिकतम तापमान 31.4°C और न्यूनतम 16.2°C रहा, जबकि बोकारो में अधिकतम 27.1°C और न्यूनतम 17.2°C दर्ज किया गया। राज्य में सबसे गर्म स्थान चाईबासा रहा, जहां तापमान 32.8°C तक पहुंचा।
मौसम विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि जिन इलाकों में धान की फसल पक चुकी है, वहां जल्द कटाई कर लें। इससे ठंड और नमी का असर फसल पर नहीं पड़ेगा और उपज सुरक्षित रहेगी।
झारखंड : निगम का एक्शन मोड...बकायेदारों के बैंक खाते सील, बिना लाइसेंस वाले व्यवसायों पर कार्रवाई, जानिए आगे क्या होगा
8 Nov, 2025 09:49 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रांची नगर निगम ने राजस्व वसूली को लेकर सख्त रुख अपनाया है। अपर प्रशासक संजय कुमार की अध्यक्षता में शुक्रवार को राजस्व शाखा की समीक्षा बैठक आयोजित हुई, जिसमें राजस्व संग्रहण की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई। उन्होंने स्पष्ट कहा कि राजस्व लक्ष्य की प्राप्ति के लिए सभी संबंधित अधिकारियों को जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करना होगा।
अपर प्रशासक ने निर्देश दिया कि सभी बड़े बकायेदारों को अंतिम नोटिस जारी किया जाए, ताकि वे समय पर बकाया राशि जमा करें। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि नोटिस के बाद भी भुगतान नहीं होता है, तो संबंधितों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि शहर में ट्रेड लाइसेंस की जांच के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। बिना वैध ट्रेड लाइसेंस वाले सभी व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
संजय कुमार ने यह भी कहा कि 20,000 वर्ग फीट से अधिक क्षेत्रफल वाले भवनों की जांच की जाए और यदि किसी संपत्ति के वास्तविक स्थिति और रिकॉर्ड में अंतर पाया जाता है, तो तुरंत अतिरिक्त डिमांड खड़ा किया जाए। साथ ही सेल्फ असेसमेंट फॉर्म, री-असेसमेंट और नई संरचनाओं की भी गहन जांच के निर्देश दिए गए।
नगर निगम प्रशासन का कहना है कि इन कार्रवाइयों से न केवल राजस्व संग्रहण में पारदर्शिता और बढ़ोतरी होगी, बल्कि शहर के व्यवसायिक और आवासीय ढांचे में अनुशासन भी सुनिश्चित होगा।
झारखंड की कृषि सफलता की कहानी: 25 साल में कैसे बदला राज्य का चेहरा, जानिए आगे की योजना
8 Nov, 2025 09:45 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
प्राकृतिक संसाधनों से भरपूर झारखंड जब 15 नवंबर 2000 को बिहार से अलग होकर नया राज्य बना, तब यह सवाल आम था कि क्या यह पठारी राज्य कृषि, पशुपालन और मत्स्य पालन में सफल हो पाएगा? 25 साल बाद आंकड़े बताते हैं कि झारखंड कृषि विकास की दिशा में उल्लेखनीय प्रगति कर चुका है।
दलहन की खेती का रकबा अब 1 लाख हेक्टेयर से बढ़कर 8 लाख हेक्टेयर तक पहुंच गया है। आज राज्य देश में दलहन उत्पादन में नौवें स्थान पर है, जहां प्रति हेक्टेयर औसत उत्पादन 1069 किलोग्राम है, जो वैश्विक औसत से भी अधिक है।
धान की खेती में भी राज्य ने लंबी छलांग लगाई है। गठन के समय जहां 10 लाख हेक्टेयर में धान की खेती होती थी, अब यह बढ़कर 18 लाख हेक्टेयर हो गई है। औसत धान उत्पादन भी एक टन से बढ़कर तीन टन प्रति हेक्टेयर हो गया है। रबी फसलों में गेहूं का रकबा अब 3 लाख हेक्टेयर और तिलहन का 2 लाख हेक्टेयर तक पहुंच गया है।
पशुपालन के क्षेत्र में भी झारखंड ने नई पहचान बनाई है। राज्य का दूध उत्पादन 10 लाख टन से बढ़कर 34 लाख टन हो चुका है। झारखंड का अपना डेयरी ब्रांड “मेधा” अब अन्य राष्ट्रीय ब्रांडों को चुनौती दे रहा है।
मत्स्य पालन में झारखंड ने नीली क्रांति जैसी सफलता हासिल की है। 14000 मीट्रिक टन से बढ़कर अब राज्य 3.63 लाख मीट्रिक टन मछली का उत्पादन कर रहा है, जिससे वह लगभग आत्मनिर्भर बन गया है।
बागवानी क्षेत्र में भी करीब 5 लाख हेक्टेयर में उत्पादन हो रहा है, जिससे किसानों की आय में वृद्धि हुई है। हालांकि, झारखंड कृषि विकास को नई ऊंचाई तक ले जाने के लिए सिंचाई सुविधाओं का विस्तार अब भी सबसे बड़ी चुनौती बनी हुई है।
यूपी के गाँव में शेरा भैंसे का भव्य जन्मदिन समारोह
7 Nov, 2025 08:12 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले के बछरायूं थाना क्षेत्र के सुनगढ़ गाँव में एक अनोखा उत्सव मनाया गया। यहाँ के ग्रामीणों ने शेरा नामक भैंसे का दूसरा जन्मदिन धूमधाम से मनाया, जो गाँव के सबसे भव्य आयोजनों में से एक साबित हुआ। शेरा के मालिक, इसरार, ने इस दिन को यादगार बनाने के लिए हर संभव प्रयास किया। भैंसे को फूलों, रंग-बिरंगी मालाओं और लटकनों से सजाया गया, जिससे यह समारोह का मुख्य आकर्षण बन गया।
इस भव्य उत्सव में संगीत, नृत्य, मिठाइयाँ और सामुदायिक भोज का आयोजन किया गया। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में ग्रामीणों को डीजे की धुन पर नाचते, शेरा के साथ सेल्फी लेते और उसे मिठाइयाँ खिलाते देखा जा सकता है। बच्चे और बड़े, सभी इस उत्सव में शामिल होकर जन्मदिन के जश्न में भाग ले रहे थे। स्थानीय लोगों का कहना है कि शेरा अपने शांत स्वभाव और आकर्षक कद-काठी के कारण इलाके में प्रसिद्ध है।
शेरा का यह जन्मदिन समारोह उसके मालिक की जानवरों के प्रति स्नेह और सम्मान का प्रतीक था। जैसे-जैसे यह वीडियो ऑनलाइन वायरल हो रहा है, नेटिज़न्स इंसानों और जानवरों के बीच के इस अनोखे बंधन को खूब पसंद कर रहे हैं। वीडियो में शेरा को रंगों, मालाओं और केक जैसी क्रीम से सजाया गया दिखाई देता है।
Prashant Kishor: बिहार चुनाव में रिकॉर्ड वोटिंग के पीछे कारण
7 Nov, 2025 08:07 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण की वोटिंग 6 नवंबर को संपन्न हुई, जिसमें रिकॉर्ड मतदान दर्ज किया गया। इस घटना ने पूरे राज्य में चर्चा का विषय बना दिया है। जन सुराज पार्टी के प्रमुख और राजनीतिक रणनीतिकार प्रशांत किशोर ने इस रिकॉर्ड वोटिंग के पीछे दो मुख्य कारण बताए हैं। उन्होंने दावा किया कि आजादी के बाद से बिहार में यह सबसे उच्च मतदान प्रतिशत है।
प्रशांत किशोर के अनुसार, बड़ी वोटिंग के दो प्रमुख कारण हैं। पहला, लोगों के मन में सत्ता परिवर्तन की चाह। दूसरा, प्रवासी मजदूरों का चुनावी असर। पीके ने कहा कि करीब 2 करोड़ 10 लाख से अधिक लोगों ने मतदान किया और यह स्पष्ट संकेत है कि जनता बदलाव चाहती है। उन्होंने यह भी बताया कि प्रवासी मजदूरों ने सक्रिय होकर अपने क्षेत्रों में वोटिंग को बढ़ावा दिया और बदलाव की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
उन्होंने आगे कहा कि पिछले 25-30 सालों में बिहार में कई बार चुनावों में उदासीनता रही, लेकिन इस बार जनता ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। इससे यह साबित होता है कि राज्य में बदलाव की मजबूत लहर है।
प्रशांत किशोर ने यह भी उल्लेख किया कि जन सुराज पार्टी के आने से जनता को एक वैकल्पिक विकल्प मिला। उन्होंने कहा कि इस बार जनता ने बदलाव के लिए मतदान किया, और प्रवासी मजदूरों ने अपने परिवार और परिचितों से भी वोटिंग सुनिश्चित करवाई। पीके ने यह भी चेताया कि प्रवासी मजदूर इस चुनाव में एक्स फैक्टर साबित हुए हैं, और केवल पैसों या योजनाओं से मतदाताओं को प्रभावित नहीं किया जा सकता।
विश्व धरोहर दिवस पर रायपुर में सजी विरासत की अनोखी झलक, संरक्षण पर विशेषज्ञों का मंथन
बंदूक से विकास की ओर: सुकमा के तुंगल इको-पर्यटन केंद्र की प्रेरक कहानी
उमरिया जिले की पूजा सिंह ने रची आत्मनिर्भरता की प्रेरक कहानी
हमने सीवर सफाई के काम को चुनौती के रुप में स्वीकार किया है और हम बदलाव लाकर दिखाएंगे : ऊर्जा मंत्री तोमर
दिशा दर्शन भ्रमण आत्मनिर्भरता का सशक्त माध्यम: मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े
आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना में उत्कृष्ट प्रदर्शन पर छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय स्तर पर मिले दो प्रतिष्ठित पुरस्कार
राज्यमंत्री गौर का सख्त रुख: लापरवाही पर एजेंसी को ब्लैकलिस्ट करने के निर्देश
महतारी वंदन योजना से संवर रही पहाड़ी कोरवा परिवारों की तकदीर
