बिहार-झारखण्ड
बिहार के आरा में परिवार के 5 सदस्यों ने खाया जहर, तीन की मौत; पुलिस जांच जारी
13 Mar, 2025 06:02 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पटना: बिहार के भोजपुर ज़िला के बिहिया थाना क्षेत्र स्थित बेलवनिया गांव से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. जहां बेरहम पिता ने पहले अपने चार बच्चों को जहर मिला दूध पिलाया फिर खुद भी जहर खा लिया. जहरीला दूध पीने से तीन बच्चों की मौत हो गई. वहीं एक बच्चे और उसके पिता का अस्पताल में इलाज चल रहा है. जिन लोगों की मौत हुई, उसमें दो लड़की और एक लड़का शामिल है. बच्चों की मां करीब एक साल पहले छत से गिरकर जख्मी हुई थी, इसके बाद उन्हें इलाज के लिए ले जाया गया. मगर बदकिस्मती से उनकी जान भी नहीं बच सकी.
बच्चों की मौत से पसरा मातम
इस घटना से पूरे इलाके में मातम सा पसरा हुआ है. सभी लोग बिहिया थाना क्षेत्र के बेलवनिया गांव के रहने वाले हैं. फिलहाल घटना का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है. मगर सूत्रों के अनुसार पत्नी की मौत के बाद पिता की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी. इसलिए कहा जा रहा है कि इसी वजह से उसने बच्चों को दूध में ज़हर मिला कर पिला दिया और फिर ख़ुद भी पी लिया. घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने सभी को आरा सदर अस्पताल में भर्ती कराया और मामले की छानबीन में जुटी हुई है.
घर के लोगों के शादी में जाने पर खाया जहर
बच्चों को जहर देने वाले पिता का नाम अरबिंद कुमार है, जिसकी बिहिया हाइवे के पास इलेक्ट्रॉनिक का दुकान है और वो अपने परिवार से अलग गांव में ही अपने घर में रहता था. घर के अन्य सदस्य एक शादी समारोह में गए थे, तभी अरविंद ने यह कदम उठाया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस के अनुसार, अरविंद और उनके चारों बच्चों को गंभीर हालत में सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी दो बेटियों नंदनी कुमारी (12) और डॉली कुमारी (5) और बेटा टोनी (6) की मौत हो गई.
पत्नी की मौत के बाद से गुमसुम रहता था शख्स
अरविंद और एक अन्य बच्चे का इलाज अभी जारी है. मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. स्थानीय लोगों का कहना है कि अरविंद की पत्नी की पिछले साल मृत्यु हो गई थी, जिसके बाद से वह उदास और गुमसुम रहता था. आशंका है कि तनाव के चलते उसने पहले अपने बच्चों को जहर दिया और फिर खुद भी खाकर आत्महत्या की कोशिश की. इस घटना से गांव में मातम छा गया है और लोग सदमे में हैं.
ऑस्ट्रेलिया की लिव और बिहार के आलोक की शादी, पटना में हुआ खास आयोजन
13 Mar, 2025 05:59 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बिहार: प्यार न जात देखता है और न ही धर्म. प्यार जब होता है तो बस हो जाता है. कुछ ऐसी ही कहानी है ऑस्ट्रेलिया की लिव और बिहार के आलोक की है. ऑस्ट्रेलिया की रहने वाली लिव की शादी बिहार के आलोक से राजधानी में हुई है. इस अनोखी शादी में लिव के तो रिश्तेदार थे ही साथ ही साथ स्थानीय लोग भी बड़े अनोखे मौके पर एकत्रित हुए थे. इस शादी के लिए लिव के रिश्तेदार ऑस्ट्रेलिया से भारत आए हुए थे.
पटना के एक होटल में इस शादी का आयोजन हुआ. शादी का सेहरा बांधे आलोक मूल रूप से मुजफ्फरपुर के निवासी है. आलोक बचपन से पढ़ने में काफी तेज थे. सैनिक स्कूल से उन्होंने अपनी प्रारंभिक पढ़ाई पूरी की और हायर एजुकेशन के लिए ऑस्ट्रेलिया चले गए. ऑस्ट्रेलिया में ही स्टडी करने के दौरान आलोक की मुलाकात लिव से हुई. यह मुलाकात धीरे-धीरे प्यार में बदल गई. हालांकि इन दोनों ने एक दूसरे को करीब पांच साल डेट भी किया.
ऑस्ट्रेलिया से आईं छह महिलाएं
दो अलग-अलग धर्म और दो अलग-अलग संस्कृतियों की इस अनोखी शादी में शामिल होने के लिए आलोक के पैतृक गांव से 100 से भी ज्यादा पुरुष व महिलाएं बाराती बनकर शामिल हुई. वही लिव के घर से भी ऑस्ट्रेलिया से छह महिलाएं आई और वह भी अनोखी शादी में शामिल हुई. इस दौरान हिंदू रीति रिवाज की सभी रस्मों का पूरे तरीके से पालन किया गया. शादी को लेकर के जितना ही खुश आलोक दिख रहे थे उतने ही खुशी लिव के चेहरे पर भी दिखाई दे रही थी.
भारतीय रीति रिवाज हुई शादी
इस दौरान लिव ने एकदम पारम्परिक भारतीय दुल्हन की वेशभूषा को अपनाया हुआ था, वही आलोक भी सेहरा बांधे हुए थे. शादी में भारतीय रीति रिवाज के अनुसार शुरू से लेकर अंत तक विधिवत रस्मों का पालन किया गया. दोनों नव दंपति ने इन रस्मों को निभाने का वचन भी दिया. इस दौरान लिव के चेहरे पर गजब की खुशी दिखाई दे रही थी. लिव के परिवार से ऑस्ट्रेलिया से आई छह महिलाएं भी इन रस्मों को देखकर के आश्चर्यचकित थी.उन्होंने भी इस शादी का बखूबी आनंद उठाया. बताया जा रहा है कि लिव और आलोक दोनों ही ऑस्ट्रेलिया में सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं. शादी के बाद दोनों ही नव दंपति ऑस्ट्रेलिया के लिए रवाना भी हो गए.
300 सालों से इस गांव में नहीं खेली गई होली, बाबा बड़राव की वजह से रंगों से दूर लोग
13 Mar, 2025 05:44 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
झारखंड के बोकारो जिले के एक गांव के लोग होली के रंग का नाम सुनकर ही डर उठते हैं. इस गांव में पिछले लगभग 300 वर्षों से होली नहीं खेली जाती है. खास बात यह है कि 5 हजार से अधिक आबादी वाले इस गांव में कोई भी होली खेलने की हिम्मत नहीं जुटा पाता. कुछ बातों का ध्यान रखते हुए गांव के बाहर बसे अपने परिजनों के घरों में लोग होली खेल सकते हैं, लेकिन गांव में नहीं. खास बात यह कि इस गांव में ब्याह कर आई महिलाएं भी यहां की परंपरा में ढल जाती हैं. बता दें कि बोकारो जिले के कसमार प्रखंड स्थित दुर्गापुर होली नहीं खेलने की वजह को लेकर दिलचस्प कहानी जुड़ी हुई है.
दरअसल, इलाके के राजा दुर्गा प्रसाद की हत्या होली के दिन रामगढ़ राजा के द्वारा किए जाने को लेकर है. हालांकि, गांव के लोगों को पूर्वजों ने यह जरूर बताया है कि हत्या के बाद बाद करीब 100 वर्ष गांव में कुछ खानाबदोश मल्हार जाति के लोग 8 दिनों से आकर ठहरे हुए थे इन लोगों ने होली के दिन रंग और गुलाल की होली खेली, पर उसी दिन दो लोगों की मौत हो गई. गांव में महामारी फैल गई. जब गांव के लोगों ने गांव के पाहन से संपर्क किया तो उन्होंने बताया कि यह होली खेलने की वजह से हुई है. उसके बाद दुर्गा पहाड़ के पास स्थित बाबा बड़राव के पास जाकर पूजा अर्चना की गई गलती के लिए क्षमा मांगी गई तब फिर गांव में शांति स्थापित हुई.
गांव के लोगों का कहना है कि पूर्वजों ने बताया है कि बाबा बड़राव को रंग पसंद नहीं है. गांव के लोगों का कहना है कि होली के दिन यह लोग कहीं होली खेलने नहीं जाते हैं अगर कोई ससुराल और मामा घर जाता है तो वहां होली खेल सकता है. लेकिन, होली के दिन अगर इस गांव के लोग कहीं दूसरे गांव जाते हैं तो लोग भी उन्हें रंग देने से डरते हैं. दुर्गापुर गांव में 11 टोला है जिसकी कुल आबादी लगभग 5 हजार से अधिक है. लोगों का कहना है कि जो महिलाएं यहां ब्याह करती है वह भी गांव की परंपरा से ढल जाती हैं.गांव के लोगों ने बताया कि यह कथा बड़े-बुजुर्गों के द्वारा बताई गई है, जो आज तक चली आ रही है.
कोई भी व्यक्ति यहां होली खेलने की हिम्मत नहीं जुटाता है. गांववालों का कहना है कि रामगढ़ के राजा पद्म की पत्नी रानी अपने मायके बंगाल से होकर होली के दो दिन पूर्व किस रास्ते से गुजर रही थी. इसी दौरान यहां के राजा दुर्गा प्रसाद के द्वारा उन्हें रोक कर उनके द्वारा ले जाए जा रहे सामानों की जांच की गई. बस के बीच भर कर ले जाए जा रहे नई साड़ी को भी निकाल कर देखा गया. इस बात की जानकारी रानी ने जाकर राजा को दी और राजा होली के दिन अपने दल बल के साथ वहां पहुंचे और दुर्गा प्रसाद को हमला कर मौत के घाट उतार दिया. लोगों का कहना है की होली के दिन हम लोग रंग गुलाल नहीं खेलते हैं लेकिन पूरा पकवान जरूर हम लोग बनाते हैं और खाते भी हैं.
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद और कन्हैया कुमार के बीच बढ़ी खींचतान
13 Mar, 2025 05:27 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बिहार की सियासत में अपने दम पर खड़े होने के लिए बेताब कांग्रेस विधानसभा चुनाव से पहले दो धड़ों में बंटी नजर आ रही है. बिहार की सियासी पिच पर कन्हैया कुमार के एक्टिव होने से आरजेडी से ज्यादा कांग्रेस के नेता ही बेचैन माने जा रहे हैं. कन्हैया कुमार के बिहार सक्रिय होने से कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद खुश नहीं हैं. इसके चलते ही राहुल गांधी के साथ बुधवार को बिहार कांग्रेस नेताओं के साथ होने वाली बैठक टल गई है. कन्हैया बनाम अखिलेश की लड़ाई में बिगड़ न जाए कांग्रेस का 2025 गेम?
कांग्रेस साढ़े तीन दशक से बिहार की सत्ता से बाहर है, जिसके चलते उसका जनाधार पूरी तरह से खिसक गया है. कांग्रेस के तमाम नेता पार्टी छोड़कर चले गए हैं तो कार्यकर्ता भी जमीनी स्तर पर सक्रिय नहीं है. ऐसे में कांग्रेस बिहार में आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद यादव की बैसाखी के सहारे राजनीति करती रही. दिल्ली चुनाव के बाद कांग्रेस अब आत्मनिर्भर बनने की जुगत में है, जिसके चलते ही सियासी माहौल गर्मा गया है. कांग्रेस की नजर बिहार की सियासत पर ही अपने दम पर खड़े होने की है, जिसके चलते ही सियासी उठा पटक शुरू हो गई है.
कांग्रेस के दो भूमिहार नेता में शह-मात
कांग्रेस कन्हैया कुमार के जरिए बिहार में अपने लिए सियासी उम्मीदें देख रही है, जिसके चलते ही उन्हें उतारा है. ऐसे में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह का मानना है कि कांग्रेस पार्टी जिस तरह कन्हैया कुमार को बिहार में प्रमोट कर रही है, उससे कांग्रेस और आरजेडी के संबंध बिगड़ सकते हैं. इसका पॉलिटिक्ल इम्पैक्ट सिर्फ गठबंधन की राजनीति पर ही नहीं, बल्कि कांग्रेस पार्टी की अंदरूनी सियासत पर भी पड़ता दिख रहा, जिसमें दो भूमिहार नेता आमने-सामने खड़े हुए नजर आ रहे हैं.
बिहार कांग्रेस के अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह और कन्हैया कुमार एक ही पार्टी से हैं और एक ही समाज से आते हैं. दोनों नेता भूमिहार समाज से आते हैं और दोनों ही गांधी परिवार के करीबी माने जाते हैं.अखिलेश प्रसाद को सोनिया गांधी की लॉबी का माना जाता है तो कन्हैया कुमार राहुल गांधी के करीबी माने जाते हैं. राहुल के साथ भारत जोड़ो यात्रा में कन्हैया कुमार कंधे से कंधा मिलकर पदयात्रा करते नजर आए थे. अब बिहार कांग्रेस के दोनों ही दिग्गज नेताओं के बीच शह-मात का खेल शुरू हो गया है.
कन्हैया बनाम अखिलेश प्रसाद
बिहार की राजनीति में अचानक कन्हैया कुमार का सक्रिय होना अखिलेश सिंह समर्थकों को नागवार गुजर रहा है. ऐसे में दोनों अब बिहार में अपना दम दिखाना चाह रहे हैं. अखिलेश प्रसाद सिंह बिहार कांग्रेस के अध्यक्ष हैं. इनका ओरिजनल रूट कांग्रेस नहीं है, लालू यादव की पार्टी आरजेडी से होते हुए कांग्रेस सियासी ठिकाना बना है. लालू यादव और अखिलेश सिंह की गोटी बिल्कुल सेट है. लालू यादव की वजह से ही वह राज्यसभा भी पहुंचे हैं. कांग्रेस और आरजेडी को राज्य में गठबंधन की डोर में बांधे रखने में अखिलेश सिंह की अहम भूमिका मानी जाती.
वहीं कन्हैया कुमार वामपंथी राजनीति से कांग्रेस में आए हैं. राहुल गांधी के करीबी हैं और युवा नेता है. कन्हैया की युवाओं में मजबूत पकड़ मानी जाती है. बेबाकी तरीके से कन्हैया अपनी बात रखने की ताकत रखते हैं और सामने वाली की बोलती बंद करने की क्षमता है. राहुल गांधी अब कन्हैया कुमार को बिहार में आगे बढ़ा रहे हैं तो अखिलेश प्रसाद सिंह को रास नहीं आ रहा है. इस तरह कन्हैया कुमार और अखिलेश सिंह को लेकर बिहार कांग्रेस अब दो खेमे में बंट गई है. ऐसे में एक गुट प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह के साथ है जबकि दूसरा गुट कन्हैया कुमार के साथ. फीडबैक लेने वाले थे.
कांग्रेस का बिगड़ न जाए सियासी गेम
कांग्रेस पार्टी के भीतर एक ऐसा वर्ग है जो लालू की छाया से निकलना चाह रही है. शायद यही वजह है नए कांग्रेस प्रभारी और कन्हैया कुमार की सक्रियता वैसे लोगों को खटक रही है. कांग्रेस पार्टी अपना जनाधार बढ़ाने के लिए कन्हैया कुमार की भूमिका को और बड़ा करना चाहती है. कन्हैया कुमार के नेतृत्व में यूथ कांग्रेस और एनएसयूआई की टीम रोजगार और पलायन के मुद्दे पर 16 मार्च से पश्चिम चंपारण से पदयात्रा शुरू कर रही. कन्हैया इस पदयात्रा में मुख्य आकर्षण होंगे. कन्हैया कांग्रेस में रहते हुए बिहार में अपना भविष्य देख रहे हैं और ठीक वैसे ही कांग्रेस भी कन्हैया कुमार से वैसी ही उम्मीद बिहार में पाल रखी है, जिसके चलते बिहार की सियासी पिच पर उतारने का दांव चला है.
वहीं, बिहार की सियासत में हमेंशा इस बात की चर्चा रहती है कि लालू यादव हमेशा बिहार कांग्रेस को अपनी मुट्ठी में रखना चाहते हैं. कांग्रेस जैसे ही ताकतवर होगी, लालू यादव को दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है. इसलिए, बिहार में जो भी कांग्रेस का अध्यक्ष रहा लालू यादव का कृपा पात्र रहा. मदन मोहन झा और भक्त चरण दास की जोड़ी ने लालू यादव के नाक में दम जरूर कर दिया था. इसके बाद लालू यादव ने अपनी केमिस्ट्री के नेता अखिलेश प्रसाद को प्रदेश की कमान दिलाई, लेकिन कन्हैया कुमार अचानक सक्रिय होने से बिहार की सियासत में तूफान खड़ा हो गया है.
बिहार कांग्रेस में विवाद इतना बढ़ गया है कि पार्टी को 12 मार्च को राहुल गांधी के साथ बिहार के नेताओं की बैठक स्थगित करनी पड़ी है. इस बैठक में राहुल गांधी प्रदेश के नेताओं से विधानसभा चुनाव पर फीडबैक लेने वाले थे. बिहार कांग्रेस के अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह बहुत नाराज चल रहे हैं. बिहार के नए प्रभारी कृष्णा अल्लावारु जिस स्टाइल में काम कर रहे हैं, उससे प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह तालमेल नहीं बैठा पा रहे हैं. हालांकि वह इसका विरोध भी नहीं कर पा रहे हैं, क्योंकि प्रभारी को सीधा केंद्रीय नेतृत्व का आशीर्वाद मिला हुआ है. इसी बीच कन्हैया कुमार की बिहार वापसी ने आग में घी डालने का काम किया है. ऐसे में कांग्रेस का मिशन-2025 कहीं गड़बड़ा न जाए?
रांची एसएसपी ने दी उपद्रवियों को कड़ी चेतावनी, कहा- शांति भंग करने वालों को 10 फीट नीचे गाड़ देंगे
13 Mar, 2025 05:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रांची: पूरे देश में होली का उत्सव शुरू हो गया है. रंग और गुलाल वाली होली 14 मार्च यानी शुक्रवार की खेली जाएगी. त्योहार को शांति से मनाने के लिए झारखंड की राजधानी रांची में पुलिस सख्त हो गई है. अराजकतत्वों पर नजर रखी जा रही है. एसएसपी रांची भी एक्शन मोड़ में हैं. उन्होंने उपद्रवियों पर सख्ती से निपटने को कहा है. उन्होंने चेतावनी भरे अंदाज में कहा है कि कोई भी व्यक्ति अगर होली के दौरान जान बूझकर बदमाशी करता है, शांति भंग करने की कोशिश करेगा तो उसे 10 फीट नीचे जमीन में गाड़ देंगे.
रांची एसएसपी चंदन कुमार सिंहा अपने तेज तर्रार तेवरों के रूप में जाने जाते हैं. इस बार उपद्रवियों की दी गई उनकी चेतावनी चर्चा में बनी हुई है. होली के उपलक्ष्य में आयोजित हुई शांति समिति की बैठक में उन्होंने अराजकतत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही है. हाल ही में उनका प्रमोशन हुआ है. एसएसपी की उपद्रवियों को चेतावनी देने वाले बयान की वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है.
अराजकता फैलाने वालों पर रखें नजर
होली को लेकर रांची के समाहरणालय परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित हुई, जिसमें एसएसपी चंदन कुमार सिंहा मौजूद रहे. बैठक में उन्होंने उपद्रवी और शरारती तत्व पर कढ़ाई से निपटने की बात कही. इस बीच उन्होंने शांति समिति के लोगों से अपील की. उन्होंने कहा कि सभी को अराजकतत्वों पर नजर रखने की जरूरत है. ऐसे लोग समाज में अराजकता फैलाते हैं. उन्होंने कहा कि इन लोगों को रोकना हम सब का दायित्व है.
जमीन के 10 फीट नीचे गाड़ देंगे-एसएसपी
एसएसपी ने कहा किजो लोग जानबूझकर हुड़दंग कर होली में अशांति फैलाने की कोशिश करेंगे, ऐसे लोगों की जानकारी पुलिस प्रशासन को दें. उन्होंने चेतावनी लहजे में कहा कि प्रशासन ऐसे उपद्रवी और शरारती तत्वों को जमीन के 10 फीट नीचे गाड़ देगा. उन्होंने कहां की फोर्सज की डेप्लॉयमें ट राजधानी के सभी जगह पर रहेगी. लगातार पुलिस की टीम गस्ती करेगी. किसी भी प्रकार की कोई अप्रिय घटना होती है तो तुरंत पुलिस को इन्फॉर्म करें, पुलिस हाजिर हो जाएगी. उन्होंने लोगों से भी आपसी विवाद को बढ़ावा ना देते हुए सौहार्द पूर्ण वातावरण में त्योहार मनाने की अपील की है.
प्यार भरे शब्दों में छुपी साजिश, पति का अजीब बयान, पुलिस ने तफ्तीश शुरू की
13 Mar, 2025 10:33 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मुंगेर. मुंगेर में होली के मात्र तीन दिन पहले ससुराल में पति ने पत्नी की हत्या कर दी. आक्रोशित परिजनों ने भी आरोपी दामाद को पीट अधमरा कर दिया. आरोपी पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. पिछले दस दिन से आरोपी पति अपने पत्नी के साथ उसके मायके में ही रह रहा था. पुलिस मामले की जांच में जुटी है. मामला मुंगेर जिला अंतर्गत शामपुर थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर बनारसी बासा गांव का है. नरेश मांझी ने अपनी बेटी विंदा देवी की शादी चार साल पहले जिला के ही धरहरा थाना क्षेत्र के बंगलवा निवासी मुकेश मांझी के साथ की थी. दोनों की दो साल की एक बेटी है.
दस दिन पहले खेतों में मसूर की कटाई करने को लेकर विंदा देवी अपने पति और बच्ची के साथ अपने मायका रघुनाथपुर बनारसीवास गांव आई थी. दोनों मिलकर खेतों में मसूरी की कटाई किया करते थे. बुधवार सुबह तड़के जब दोनों पति-पत्नी उठकर खेत पर जाने के लिए तैयारी कर रहे थे, तभी दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया.
विवाद इस कदर बढ़ गया कि मुकेश ने अपनी पत्नी विंदा देवी की हत्या कर दी. उसके पिता ने बचाने का प्रयास भी किया लेकिन बेटी को बचा नहीं पाया. मौके पर ही विंदा देवी की मौत हो गई. विंदा को खून में लथपथ देख आक्रोशित पिता और अन्य परिवार वालों ने मुकेश को पीटकर अधमरा कर दिया.
उसे बांधकर सूचना पुलिस को दी गई.पुलिस के त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया. उसे घायल देख उसे प्राथमिक स्वास्थ केंद्र में भरती कराया जहां से उसे सदर अस्पताल बेहतर इलाज के लिय भेज दिया. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. मृतिका के पिता नरेश मांझी ने बताया कि दोनों पति-पत्नी के बीच किसी प्रकार का कोई विवाद नहीं था. आज सुबह दोनों के बीच क्या हुआ पता नहीं.
आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ें: कोडरमा में फ्री स्किल ट्रेनिंग का अवसर
12 Mar, 2025 06:31 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
कोडरमा. अगर आप नौकरी की तलाश छोड़कर स्वरोजगार शुरू करने की सोच रहे हैं, तो अच्छा मौका है. कोडरमा के चेचाई में ग्रामीण विकास मंत्रालय के संरक्षण में संचालित बैंक ऑफ इंडिया के उपक्रम ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) में फ्री आवासीय प्रशिक्षण का हिस्सा बनकर आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ सकते हैं. यहां निःशुल्क आवासीय प्रशिक्षण के साथ सभी सुविधाएं मिलेंगी।
ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान के निदेशक मनोहर निराला ने बताया कि 17 मार्च से मशरूम उत्पादन, पोल्ट्री फार्म संचालन और वेजिटेबल नर्सरी के बेहतर प्रबंधन का नया बैच शुरू होगा. इस 10 दिवसीय प्रशिक्षण में हिस्सा लेने के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता आठवीं पास रखी गई है. साथ में पहचान पत्र के रूप में आधार कार्ड, राशन कार्ड, मनरेगा कार्ड की छाया प्रति और यात्रा भत्ता प्राप्त करने के लिए बैंक अकाउंट की जानकारी रजिस्ट्रेशन फॉर्म में भरना होगा.
उन्होंने बताया कि आरसेटी सिर्फ प्रशिक्षण देने का काम नहीं करती है, बल्कि प्रशिक्षण के बाद प्रशिक्षुओं को स्वरोजगार के लिए बैंकों से ऋण दिलाने में भी मदद करती है. यही कारण है कि आरसेटी स्वरोजगार के क्षेत्र में एक सशक्त माध्यम बनता जा रहा है.
राज्य स्तर के अनुभवी प्रशिक्षक देते हैं प्रशिक्षण
उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान महिलाओं को मशरूम की विभिन्न प्रजातियों की देखभाल और मार्केटिंग के बारे में भी मार्गदर्शन दिया जाता है, ताकि उत्पादन के बाद जानकारी के अभाव में नुकसान न हो और बाजार की बेहतर जानकारी से अच्छा मुनाफा कमाया जा सके. उन्होंने बताया कि कोर्स के दौरान राज्य स्तर के अनुभवी प्रशिक्षकों द्वारा प्रशिक्षण दिया जाता है. उन्होंने बताया कि कम पूंजी में लोग पोल्ट्री फार्म और मशरूम उत्पादन का व्यवसाय शुरू कर बेहतर आय के स्रोत विकसित कर सकते हैं.
कोयले से कमाते थे हीरे की कीमत: पुलिस ने उजागर की 2 युवकों की काली करतूत
12 Mar, 2025 06:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बोकारोः झारखंड के बोकारो से हैरान करने वाली खबर सामने आई है. यहां गरीबों की तरह रहने वाले दो युवक रईसों वाली जिंदगी जी रहे थे. वह हर दिन बाइक बदलते थे. कोयला ढ़ोने का काम करके हीरे वाली कीमत कमा रहे थे, अचानक पुलिस ने उनकी कर्म कुंडली खोल डाली. जब दोनों को पकड़कर पूछताछ की गई, तो पुलिस का शक बढ़ा गया. इसके बाद उनके ठिकाने पर जाकर तलाशी ली गई, तो वहां का नजारा देख सब हैरान रह गए. जिसके बाद पुलिस उनके सारे ठिकानों पर पहुंची तो सिपाहियों के पैरों तले जमीन खिसक गई.
बोकारो पुलिस को मंगलवार को बड़ी उपलब्धि मिली. बोकारो शहरी और अन्य थाना इलाकों से लगातार बाइक चोरी की घटना को अंजाम दे रहे दो बाइक चोर को गिरफ्तार किया गया है. इनकी निशानदेही पर 45 बाइक और स्कूटी को भी अलग-अलग थाना इलाकों से बरामद किया गया. चोरी किए बाइक का इस्तेमाल इलीगल कोयले की तस्करी के लिए किया जाता था. इसकी जानकारी बोकारो एसपी मनोज स्वर्गियारी ने दी है. एसपी ने बताया कि मोटरसाईकिल चोरी की बढ़ती घटना को देखते हुए पुलिस अधीक्षक बोकारो पुलिस उपाधीक्षक नगर आलोक रंजन के नेतृत्व में एक छापामारी दल का गठन किया गया.
छापामारी करने वाली पुलिस टीम लगातार चोरों के खिलाफ छानबीन में जुटी थी. धीरे-धीरे कर चोरों के खिलाफ सबूत इकट्ठे किए गए और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उनकी पहचान कर ली गई. जिसके बाद उनके ठिकानों का पता लगाया गया और जाल बिछाकर आरोपियों को पुलिस ने धरदबोचा. गिरफ्तार किए गए आरोपियों ने पुलिस पूछताछ में बताया कि- बोकारो शहरी और आस-पास के इलाकों में मोटरसाईकिल चोरी की घटना को स्वीकार किया है. इनके कब्जे से कथारा, तेनुघाट, गोमिया और पेटरवार थाना इलाकों में बेचने की नीयत से छिपाई गई कुल 45 बाइक बरामद की गई हैं.
आरोपियों ने बताया कि वह चोरी की बाइक का इस्तेमाल कोयला तस्करी के लिए करते थे. वह आए दिन बाइक चोरी करके अलग-अलग ठिकानों में छिपा दिया करते थे. जिसके बाद समय-समय पर चोरी की बाइक का इस्तेमाल किया करते थे. पुलिस के लंबे समय से बाइक चोरी की सैकड़ों शिकायतें मिल रही थीं, जिसके बाद टीम ने दोनों चोरों की शिनाख्त कर उन्हें धरदबोचा. आगे की कार्रवाई की जा रही है. उनसे पूछताछ में और भी कई खुलासे हो सकते हैं.
मईया सम्मान के पैसे की डिमांड पर पति बना हैवान… की पत्नी की हत्या
12 Mar, 2025 05:59 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
हेमंत सोरेन सरकार की मास्टर स्ट्रोक कहे जाने वाली महत्वाकांक्षी ‘मईया समान योजना’ के तहत जहां एक तरफ झारखंड की लाखों महिलाएं आर्थिक रूप से सशक्त हो रही हैं, आत्मनिर्भर हो रही हैं. वहीं, दूसरी तरफ झारखंड के गढ़वा जिला की एक महिला के लिए यही योजना काल बन गई. मईया सम्मान योजना के तहत झरखंड सरकार द्वारा 7500 रुपए की किस्त भेजी गई थी. इसी पैसे के लिए उसकी बेरहमी से हत्या कर दी गई. पति समेत ससुराल के अन्य लोगों ने उसकी हत्या की. दर्दनाक घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया. ससुराल के अन्य लोग फरार हैं. उनकी धर-पकड़ के लिए पुलिस छापामारी कर रही है.
मामला झारखंड के गढ़वा जिला के रंका थाना क्षेत्र के तहत आने वाले मानपुर गांव की है. खुर्शीद अंसारी की पत्नी शकीना बीबी की हत्या हुई है. आरोपी पति और उसके घर वाले हैं. मृतका सकीना बीबी के बैंक खाते में झारखंड सरकार से मईया सम्मान योजना की तीन किस्तें आईं थीं. इसी पैसे को सकीना बीबी ने अपने खाते से निकाला था. आरोप है कि पैसे निकालने के बाद ससुराल में उसके पति खुर्शीद अंसारी, उसकी सास रोजनी बीबी, उसकी ननद समेत परिवार के अन्य लोग उससे पैसे की मांग करने लगे. इनकार करने पर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी और उसकी हत्या कर दी.
पेड़ पर लटकाया शव
सकीना बीबी का शव उसके घर के पास पेड़ से लटका हुआ मिला. बताया जा रहा है कि 7500 नहीं देने पर पति, सास और ससुराल के अन्य लोगों ने उसकी गला घोट कर हत्या कर दी और उसके शव को घर के बाहर पेड़ से लटका दिया ताकि इसे आत्महत्या का रूप दिया जा सके. बेटी सकीना बीबी की मौत की सूचना मिलते ही उसके पिता रोज मोहम्मद अंसारी वहां पहुंचे. उन्होंने रंका थाना में अपनी बेटी की हत्या के आरोप में अपने दामाद खुर्शीद अंसारी, उसकी सास समेत ससुराल पक्ष के अन्य लोगों पर प्राथमिकी दर्ज करवा दी.
दर्ज प्राथमिकी के आधार पर गढ़वा जिले के रंका थाना की पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महिला सकीना बीवी के हत्या के आरोप में उसके पति खुर्शीद अंसारी को गिरफ्तार कर लिया, जबकि ससुराल पक्ष के अन्य फरार लोगों की तलाश के लिए छापेमारी कर रही है.
हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली गठबंधन सरकार ने झारखंड विधानसभा चुनाव 2024 से पहले ही मईया सम्मान योजना की शुरुआत की थी. इस योजना के तहत पहले 18 वर्ष से 50 वर्ष की महिलाओं को ₹1000 प्रति महीने लाभ देते हुए उनके खाते में पैसे डीबीटी के माध्यम से भेजी जाती थी. विधानसभा चुनाव के दौरान सरकार ने घोषणा करते हुए मईया सम्मान योजना की राशि को बढ़ाते हुए 1000 से 2500 कर दिया था.
ऑफिस में 24 नोटिसों के बाद लोअर डिविजन क्लर्क की ब्रेन हेमरेज से मौत, बड़ा सवाल
12 Mar, 2025 11:41 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बिहार की राजधानी पटना स्थित सचिवालय में मंगलवार को तब अचानक हंगामा मच गया, जब एक ऑफिस के कर्मी की ऑफिस में ही ब्रेन हैमरेज से मौत हो गई. कर्मी की मौत के बाद अन्य सहकर्मियों ने जमकर हंगामा मचाया. मामला पंचायती राज विभाग से जुड़ा हुआ है. मिली जानकारी के अनुसार, पटना के सचिवालय में पंचायती राज विभाग के ऑफिस में लोअर डिविजन क्लर्क राजकमल रजक को ब्रेन हैमरेज हो गया. ब्रेन हेमरेज के कारण राजकमल रजक की मौत हो गई. इसके बाद सहकर्मियों ने जमकर हंगामा किया और धरने पर बैठ गए. सहकर्मियों ने घटना के बाद जमकर नारेबाजी भी की.
इन सहकर्मियों ने बताया कि राजकमल रजक को विभागीय अधिकारियों की तरफ से लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था. इन्होंने यह भी बताया कि एक महीने में राजकमल रजक को 24 बार कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था. विभागीय स्तर पर किसी न किसी कारण पर उनको शो कॉज नोटिस जारी कर दिया जा रहा था. नोटिस जारी करने से उनके खिलाफ फाइल लगातार मोटी होती जा रही थी. सीनियर अधिकारियों का व्यवहार भी राजकमल के साथ अच्छा नहीं था. ऑफिस में छुट्टी के दिन भी उनसे काम लिया जा रहा था, जिसके कारण वह तनाव में रहने लगे थे.
अरवल जिले के रहने वाले थे राजकमल रजक
मिली खबर के अनुसार राजकमल रजक मूलरूप से अरवल जिले के निवासी थे. सितंबर 2022 में उन्होंने अपनी नौकरी ज्वॉइन की थी. एक साल पहले ही उनकी शादी हुई थी. उनकी एक तीन महीने की बच्ची भी है. इधर, हंगामे की सूचना मिलने पर सचिवालय थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और कर्मियों को शांत करने की कोशिश की.
50 लाख रुपए आर्थिक मदद की मांग
कर्मियों ने इस मामले में सख्त कार्रवाई किए जाने की मांग की. इन कर्मियों ने मृतक के परिवार के सदस्य के लिए अनुकंपा पर जॉब की मांग की. साथ ही 50 लाख रुपए की मदद की भी मांग की. हालांकि विभागीय स्तर पर अभी तक इस पूरे मामले पर कुछ भी नहीं कहा गया है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है
होली पर 2 घंटे का ब्रेक, जुमा के समय में कोई बदलाव नहीं: दरभंगा मेयर अंजुम आरा
12 Mar, 2025 11:32 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बिहार के दरभंगा से भी जुमे की नमाज और होली मामले में नया बयान सामने आया है. ये बयान होली और जुमे की नमाज को लेकर शांति समिति की बैठक में दिया गया. शांति समिति की बैठक में शहर वासियों से अपील की गई है कि साढ़े बारह बजे से दो बजे तक होली को रोक दिया जाए. ये भी कहा गया है कि जुमा के टाइम में बदलवा नहीं किया जा सकता है इसलिए होली को रोका जाए.
दरभंगा नगर निगम की मेयर अंजुम आरा ने होली और जुमे की नमाज को लेकर शांति समिति की बैठक की. बैठक के दौरान उन्होंने जो बयान दिया वो चर्चा में हैं. शांति समिति की बैठक में नगर निगम की मेयर ने शहर वासियों से अपील की है कि नमाज के दौरान होली को रोका जाए. उन्होंने कहा कि साढ़े बारह बजे से दो बजे तक होली को रोका जाए.
मेयर की लोगों से अपील
मेयर ने लोगों से अपील की है कि दो घंटा मस्जिद और नमाज पढ़ने की जगहों से होली खेलने वाले दूरी बना कर रखे. उन्होंने कहा कि शांति समिति की बैठक में सुझाव भी दिया हैं. होली और रमजान कई बार पहले भी एक साथ हो चुके हैं. दरभंगा जिला में दोनों त्योहार शांति से सम्पन्न हो कराए गए हैं. जिला प्रशासन के द्वारा शांति समिति की बैठक के बाद बयान दिया गया है.
‘होली और नमाज दोनों शांति पूर्वक हों’
दरभंगा की मेयर अंजुम आरा ने लोगों से अपील की है कि पहले भी दोनों त्योहार एक साथ हुई हैं. दरभंगा के लोगों ने इन्हें शांति पूर्वक मनाया है. हमने लोगों से अपील की है कि नमाज का टाइम आगे नहीं जा सकता है कि इसलिए होली में दो घंटे का ब्रेक हो. हमें उम्मीद है लोग हमारी अपील को मानेंगे. उन्होंने ये भी कहा कि शांति समिति की बैठक में भी ये सुझाव दिया हैं.
बिहार में होली और रमजान को लेकर प्रशासन सतर्क, समीक्षा बैठक में किए गए महत्वपूर्ण निर्णय
12 Mar, 2025 11:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बिहार के मुख्य सचिव (CS) अमृत लाल मीणा की अध्यक्षता में लॉ एंड ऑर्डर तथा जेनरल असेंबली इलेक्शन 2025 की तैयारियों लेकर समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया. बैठक में होली और रमज़ान के अवसर पर कानून व्यवस्था की भी समीक्षा की गई. बैठक में गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव अरविन्द कुमार चौधरी, सचिव प्रणव कुमार, विशेष सचिव के.एस. अनुपम, पुलिस महानिदेशक विनय कुमार समेत जिलों के जिलाधिकारी (DM) और पुलिस अधीक्षक (SP) के साथ-साथ आयुक्त, उप महानिरीक्षक (DIG), महानिरीक्षक (IG), और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) ने भी भाग लिया और अपने विचार प्रस्तुत किए.
बैठक के निम्नलिखित बिंदुओं पर चर्चा की गई:
1. सुरक्षा व्यवस्था की सख्ती: होली और रमज़ान के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को कड़ा करने का निर्णय लिया गया. अराजक तत्वों और अफवाह फैलाने वालों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी, और ऐसे लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
2. अश्लील और भड़काऊ सामग्री पर प्रतिबंध: होली के अवसर पर अश्लील और भड़काऊ गीतों के प्रसारण पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा. सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जाएगी.
3. सोशल मीडिया पर निगरानी: सोशल मीडिया के माध्यम से अफवाह फैलाने वालों पर विशेष नजर रखी जाएगी. अफवाह फैलाने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
4. शांति समिति की बैठकें: स्थानीय स्तर पर शांति समिति की बैठकों का आयोजन किया जाएगा, जिसमें समुदाय के प्रबुद्ध लोग शामिल होंगे, ताकि त्योहारों के दौरान आपसी सौहार्द और भाईचारे को बढ़ावा दिया जा सके.
5. धार्मिक स्थलों पर विशेष निगरानी: रमज़ान महीने में सभी मस्जिदों और होली के दौरान संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके.
इन उपायों के माध्यम से, प्रशासन का उद्देश्य होली और रमज़ान के त्योहारों को शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराना है, जिससे सभी समुदायों के लोग बिना किसी भय के अपने त्योहार मना सकें.
CCTV में दिखा चोर का हैरान करने वाला तरीका, बिस्किट से ले गए क्लीनिक का डॉग
11 Mar, 2025 07:17 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
उत्तर प्रदेश के देवरिया से एक ऐसा मामला सामने आया है इसे जानकर आप हैरान से हो जाएंगे. चोरों ने डॉक्टर के डेंटल क्लीनिक की रखवाली कर रहे कुत्ते को बोलेरो गाड़ी में बैठकर उठा ले गए हैं. देवरिया के रुद्रपुर थाना क्षेत्र के खजुआ चौराहे पर एक डेंटल मयंक का क्लीनिक है, जहां सुरक्षा की दृष्टि से डॉक्टर साहब ने एक लेब्राडोर प्रजाति के कुत्ते को रखा हुआ था. रात में डॉग क्लिनिक के बाहर रहकर आने जाने वाले लोगों पर विशेष निगरानी करता रहता था.
कुत्ते के बाहर रहने से डॉक्टर साहब निश्चिंत होकर अपने क्लीनिक में आराम फरमा रहे थे, तभी बोलेरो वाहन से चोर आ जाते हैं. चोर लेब्राडोर कुत्ते को जब वह देखते हैं तो उनके मन में लालच की भावना आ जाती है और उन्होंने कुत्ते को अपना शिकार बना लिया. शिकार इस कदर बनाया कि इस कुत्ते को ही अपने बोलेरो वाहन के पिछली सीट का दरवाजा खोलते हैं और इस कुत्ते को बैठने का प्रयास करते हैं लेकिन यह कुत्ता नहीं बैठता है. ऐसे में उसके बाद वह वाहन के मिडिल सीट का दरवाजा खोलते हैं और इससे लेब्राडोर कुत्ते को बैठा लेते हैं और मौके से कुत्ते को लेकर फरार हो जाते हैं.
सीसीटीवी में कैद हुई घटना
डॉक्टर साहब जब अगली सुबह अपने प्यारे कुत्ते को खोजते हैं. ऐसे में जब वह नहीं मिलता है तो उसकी तलाश करते हैं. अगल-बगल के पड़ोसियों से उसके बारे में जानकारी लेते हैं. इसके बाद जब डॉगी नही मिलता है तो उनका स्टाफ कहता है की डॉक्टर साहब सीसीटीवी कैमरा चेक करिए तब पता चलेगा कि हमारा डॉगी कहां चला गया. डॉक्टर साहब जब सीसीटीवी कैमरा चेक करते हैं तब देखते हैं की रात में 11.50 पर एक सफेद बोलेरो कार आती है. कार से एक शख्स वाहन से नीचे उतरता है और डॉगी को लेकर फरार हो जाता है.
पुलिस में मामला करवाया दर्ज
डॉक्टर साहब इस वारदात को देखकर घबरा जाते हैं. उन्होंने इसकी सूचना अपने घर के अन्य सदस्यों को दी और पुलिस को मामले की जानकारी तहरीर लिख कर दी है. पुलिस ने मामले की रिपोर्ट दर्ज करते हुए कुत्ते की बरामदगी में जुट गई है. फिलहाल लेब्राडोर कुत्ते के चोरी हो जाने से डॉक्टर मयंक काफी परेशान है. पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक कुत्ते चोरी की वारदात सीसीटीवी में रिकॉर्ड हो गई है. वही कुत्ते के मालिक डॉक्टर साहब ने पुलिस को तहरीर देकर देते गए जल्द से जल्द बरामदगी की भी मांग की है. काले रंग का लैब्राडोर कुत्ता रात में डॉक्टर के क्लीनिक के बाहर बैठा हुआ था, जिस रोड पर डॉक्टर साहब का क्लीनिक है वह रात में काफी सुनसान सा हो जाता है. पुलिस चोर को पकड़ने में जुटी हुई है.
लालू यादव के बेटे और बेटी की कोर्ट में पेशी, लैंड फॉर जॉब केस में मिली जमानत
11 Mar, 2025 07:06 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
लैंड फॉर जॉब घोटाले मामले में आज यानी मंगलवार को दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट में सुनवाई हुई. इस मामले में कोर्ट ने आरोपियों को पेश होने के लिए कहा था, जिसके बाद लालू यादव के बेटे तेज प्रताप यादव और हेमा यादव कोर्ट में पेश हुईं. इस मामले में लालू परिवार को बड़ी राहत मिली है. राउज एवेन्यू कोर्ट ने सभी आरोपियों को जमानत दे दी है. कोर्ट ने आरोपियों को 50 हजार रुपये मुचलके और इतनी ही राशि के एक सिक्योरिटी बॉन्ड के साथ राहत दी है.
राउज एवेन्यू कोर्ट ने कहा कि इस मामले में लालू व तेजस्वी यादव, राबड़ी देवी, मीसा भारती समेत 8 आरोपियों को पेश होने की जरूरत नहीं है. क्योंकि वो CBI की पहली और दूसरी चार्जशीट में पेश हो चुके हैं. पिछली सुनवाई में राउज एवेन्यू कोर्ट ने संज्ञान लिया था. आरोपियों को 11 मार्च को अदालत में पेश होने का निर्देश दिया गया था. कोर्ट ने हेमा, तेज प्रताप यादव व अन्य को समन भेजा था.
लैंड फॉर जॉब घोटाले मामले में लालू परिवार समेत 103 लोग आरोपी हैं. इससे पहले CBI ने कोर्ट में सप्लीमेंट्री चार्जशीट दाखिल की थी.
लालू परिवार के पांच सदस्य आरोपी
लैंड फॉर जॉब मामले में बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और और आरजेडी लालू प्रसाद यादव के परिवार के पांच सदस्य आरोपी हैं. इनमें लालू प्रसाद यादव, उनकी पत्नी और बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी, उनके बेटे तेजस्वी यादव, और उनकी दो बेटियां मीसा भारती और हेमा यादव शामिल हैं.
क्या है पूर मामला मामला
दरअसल पूरा मामला 2004 से 2009 के बीच का है उस समय लालू प्रसाद यादव रेल मंत्री हुआ करते थे. आरोप के मुताबिक लालू यादव के मंत्री रहते हुए रेलवे में नौकरी लगवाने के बदले में आवेदकों से जमीन और प्लॉट लिए गए थे. आरोप यह भी लगा कि आवेदकों से जो जमीनें ली गई हैं उसे लालू की पत्नी राबड़ी देवी और बेटी मीसा भारत के नाम पर लिया गया. केंद्रीय जांच एजेंसी ने इस घोटाले में पूर्व केंद्रीय रेल मंत्री लालू प्रसाद यादव के खिलाफ केस चलाने की मंजूरी मांगी थी, गृह मंत्रालय ने मंजूरी दे दी थी.
तनिष्क शोरूम लूट के बाद तेजस्वी का हमला, नीतीश सरकार को घेरते हुए उठाए सुरक्षा के सवाल
11 Mar, 2025 07:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बिहार के आरा में बीते दिन तनिष्क शोरूम में बड़ी लूट की घटना को अंजाम दिया गया था. इस घटना के बाद सरकार से लेकर पुलिस प्रशासन तक पर सवाल खड़े हो रहे हैं. इस मामले पर अब नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सरकार पर हमला बोला है. तेजस्वी ने शोरूम में हुई लूट के वीडियो को मंगलमय वीडियो बताया है.
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए तेजस्वी यादव ने लिखा कि शोरूम लूट का मंगलमय वीडियो! 𝐍𝐃𝐀 के सौजन्य से 𝟐𝟎𝟎𝟓 के बाद मोदी जी के लाडले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी के 𝟔-𝟕 लाडले गुंडों ने मीडिया प्रमाणित, 𝐑𝐒𝐒 सर्टिफ़ाइड राम राज्य में दिन-दहाड़े एक छोटी सी लूट की शौकिया घटना को अंजाम देते हुए पुलिस अधीक्षक के आवास और थाने से चंद कदम की दूरी पर अवस्थित तनिष्क शोरूम से मस्ती के साथ 𝟏𝟕 मिनट में 𝟐𝟓 करोड़ के गहने-जेवरात लूट लिए.
उन्होंने आगे लिखा प्रतिदिन बिहार में सैंकड़ों राउंड गोलियां चलती है. सत्ता संरक्षित औसतन प्रतिमाह सैंकड़ों हत्याएं होती है. लूटपाट, छिनतई, चोरी, अपहरण और बलात्कार का कोई लेखा-जोखा नहीं.
बिहार के मुख्यमंत्री अचेत अवस्था में- तेजस्वी
तेजस्वी यादव ने सीएम पर तंज कसते हुए लिखा कि बाक़ी मुख्यमंत्री अचेत अवस्था में है. प्रशासनिक अराजकता चहुंओर फैल चुकी है. भ्रष्टाचारी और गुंडे सरकार चला रहे है. आप स्वयं तथा परिजनों का ख़्याल रखें. व्यापारी वर्ग कृपया अपने जान-माल की स्वयं रक्षा करें. इस भ्रष्ट, अवैध और निकम्मी सरकार से कोई उम्मीद रखना स्वयं को नुकसान एवं धोखे में रखने समान है.
कहां हुई डकैती की ये वारदात?
बिहार के आरा में तनिष्क शोरूम में 25 करोड़ की लूट को अंजाम दिया गया. ये घटना शहर के सबसे बिजी शीश महल चौक इलाके में हुई. दिनदहाड़े हुई इस लूट ने पुलिस महकमे को भी हिला दिया. इस लूट को अंजाम देने के लिए आधा दर्जन से ज्यादा बदमाश ग्राहक बनकर आए थे, जिसके बाद उन्होंने शोरूम के स्टाफ को बंधक बना लिया.vv
राशिफल 27 जुलाई 2026: जानिए आज का दिन आपके लिए कैसा रहेगा
सीएम हेल्पलाइन की शिकायत का त्वरित समाधान
सपनों को मिला कलेक्टर का साथ, द कलेक्टर्स-15 से शुरू हुई बदलाव की नई इबारत
मध्यप्रदेश पुलिस के अधिकारी राकेश कुमार कुशवाह ने ओपन इंडिया प्री-स्टेट शूटिंग प्रतियोगिता में जीता स्वर्ण पदक
प्रधानमंत्री मोदी ने सीधी जिले में बने 1500 तालाबों और नरसिंहपुर के अमृत सरोवरों का मन की बात में किया उल्लेख
युवाओं के नवाचार और स्टार्टअप संस्कृति को मिलेगा नया आयाम : वित्त मंत्री ओपी चौधरी
जैविक खेती से एरिन भगत बनीं आत्मनिर्भर, प्राकृतिक कृषि से घटी खेती की लागत
अंतर्राष्ट्रीय बाघ दिवस में भोपाल में "रन फॉर टाइगर का भव्य आयोजन
