बिहार-झारखण्ड
बोकारो: नहाने गए तालाब में डूबे चार लोग, गांव में पसरा मातम
21 May, 2025 12:35 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
झारखंड के बोकारो जिला के गम्हरिया गांव में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां मंगलवार को तालाब में नहाने के क्रम में चार लोगों की डूबने से मौत हो गई. मृतकों में बोकारो जिला परिषद कार्यालय कर्मचारी दिनेश दास की पत्नी लता दास, उनकी बड़ी बेटी शिखा किशोर (14 वर्षीय), 9 वर्षीय बेटी तन्वी किशोर के साथ-साथ गम्हरिया गांव के ही रहने वाले सुधीर दास की पत्नी शांति देवी की डूबने से मौत हो गई.
जानकारी के मुताबिक, बोकारो जिला परिषद कार्यालय के कर्मचारी दिनेश दास अपनी पत्नी लता दास और दोनों बेटियां शिखा किशोर और तन्वी किशोर के साथ छुट्टियां मनाने और एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए गम्हरिया गांव आए हुए थे.
मां और दो बेटियों की मौत
मंगलवार को लता दास अपनी दोनों बेटियों के साथ गांव के ही एक तालाब के समीप कपड़े धोने और स्नान करने के लिए पहुंची थीं. कपड़े धोने के बाद दोनों बेटियों के साथ मां लता दास तालाब में नहाने लगी. इसी क्रम में पैर फिसलने से तीनों गहरे पानी में चले गए और तीनों डूबने लगे. इसी बीच, तालाब के समीप मौजूद शांति देवी नामक महिला जब तीनों को गहरे पानी में डूबते हुए देखी तो वह उनलोगों को बचाने के लिए तालाब में उतर गई और डूब गई. एक-एक कर चारों लोगों की तालाब में डूब कर मौत हो गई.
चार लोगों की मौत से गांव में पसरा मातम
कड़ी मशक्कत के बाद सभी को तालाब से बाहर निकल कर आनन फानन में इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां जांच के बाद डॉक्टर ने सभी को मृत घोषित कर दिया. एक ही परिवार की दो बेटियों सहित उनकी मां और गांव के रहने वाली एक अन्य महिला शांति देवी की असमय तालाब में डूब कर भी मौत से पूरे गांव में मातम पसर गया. मामले की सूचना मिलने के बाद बरमसिया ओपी की पुलिस भी गांव पहुंची और चारों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल में भेजा. पूरे मामले की तहकीकात में जुट गई है.
पटना के नालंदा अस्पताल में शर्मनाक घटना, मरीज की उंगलियां चूहों ने कुतरीं
20 May, 2025 04:32 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बिहार के पटना के नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल से एक ऐसा मामला सामने आया है जो आपको हैरान कर देगा. अस्पताल में जब भी कोई जाता है तो वो साफ-सफाई की उम्मीद करता है, लेकिन नालंदा अस्पताल में इसके उलट ही तस्वीर नजर आई और इसका खामियाजा मरीज को भुगतना पड़ा. अस्पताल में हड्डी रोग का इलाज कराने आए एक मरीज के पैर की चारों उंगलियों को चूहों ने कुतर दिया. आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने इस मामले को लेकर सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर पोस्ट किया है.
यह मामला तब सामने आया जब मरीज के परिजनों के बीच अफरा तफरी मच गई. परिजनों ने इसकी शिकायत अस्पताल में वार्ड प्रभारी से की. वार्ड प्रभारी ने इस पर संज्ञान लेते हुए पैर की उंगलियों का इलाज करके उनका बैंडेज कर दिया. इस मामले को लेकर अस्पताल के हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉक्टर ओम प्रकाश ने भी स्वीकार किया है कि पटना के नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल में चूहों की संख्या इन दोनों बढ़ गई है. उन्होंने बताया कि इसके लिए उन्होंने अस्पताल के अधीक्षक को लिखकर चुहों के आने-जाने वाली जगह पर जाली लगाने का सुझाव दिया है. इसके साथ ही उन्होंने सफाई कर्मियों को साफ-सफाई पर विशेष ध्यान रखने का भी आदेश दिया है.
तेजस्वी यादव ने उठाया मामला
इस मामले को लेकर तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर पोस्ट किया है और कई सवाल खड़े किए हैं. नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती दिव्यांग मरीज जो रात के समय गहरी नींद में थे तो उनके पैर की उंगलियों को चूहे ने कुतर दिया। इसी अस्पताल में बीते दिनों एक मृतक की आंख को चूहे ने कुतर दिया था लेकिन किसी पर अभी तक कोई कारवाई नहीं हुई.
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, मामला NMCH के हड्डी रोग विभाग का है, जहां ऑपरेशन के लिए आए नालंदा जिला निवासी अवधेश कुमार के एक पैर की चारों उंगलियों को चूहों ने बुरी तरह कुतर दिया. बताया जा रहा है कि अवधेश कुमार डायबिटीज के मरीज हैं और उनका एक पैर पहले से ही नहीं है.
यह घटना बीते शनिवार की बताई जा रही है. डायबीटिक न्यूरोपैथी की वजह से अवधेश कुमार के दूसरे पैर में भी समस्या आ गई थी. लगभग 20 दिन पहले उन्हें एनएमसीएच के हड्डी रोग विभाग में डॉक्टर ओम प्रकाश की यूनिट में भर्ती कराया गया था. ऑपरेशन होने के बाद अवधेश कुमार हड्डी रोग विभाग के यूनिट 4 में बेड संख्या 55 पर भर्ती थे.
शनिवार को चूहों ने उनके दाहिने पैर की उंगलियों को बुरी तरह से कुतर दिया. अवधेश कुमार और उनकी पत्नी शीला देवी ने बताया कि बीते शनिवार को चूहों ने एक पैर की सभी उंगलियों को कुतर दिया.
अस्पताल ने क्या कहा?
इस मामले को लेकर अस्पताल की अधीक्षक डॉक्टर रश्मि प्रसाद ने बताया कि चूहे हर घर में हैं लेकिन कुछ मरीजों की लापरवाही की वजह से और कुछ अस्पताल के स्टाफ की लापरवाही की वजह से चूहों की संख्या अस्पताल में बढ़ गई है. उन्होंने बताया कि अस्पताल में मरीज के अटेंडेंट खाना खाने के बाद जूठे सामान को इधर-उधर गिरा देते हैं. जिससे चूहों की संख्या यहां बढ़ गई है. उन्होंने बताया कि चूहों के आने जाने वाली जगह पर अस्पताल के स्टाफ को जाली लगाने का निर्देश दिया गया है और इस मामले की जांच के लिए भी लिखा गया है.
बिहार के दानापुर में छिपे थे 4000 करोड़ की ठगी के आरोपी
20 May, 2025 04:28 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
तेलंगाना के हैदराबाद से ठगी का मामला सामने आया है. ये कोई छेटी-मोटी नहीं, 4000 करोड़ की ठगी है. ठगी करने वाले देवर-भाभी बताए जा रहे हैं. इस ठगी के मामले में आरोपी देवर-भाभी को बिहार के दानापुर से गिरफ्तार किया गया है. ये कार्रवाई तेलंगाना और दानापुर पुलिस ने संयुक्त रूप से की है. आरोपियों की पहचान सुषमा राज और रविंद्र कुमार सिंह के रूप में हुई है. दोनों बिहार के आरा जिले के रहने वाले हैं.
आरोपियों के पास से भारी मात्रा में नकदी, सोने-हीरे के गहने और लग्जरी सामान मिला है. बताया जा रहा है कि दोनों आरोपी पिछले कुछ समय से पटना के दानापुर में स्थित विजय नगर के विनस पाराडाइज अपार्टमेंट के एक फ्लैट में छिपकर रह रहे थे. पहले तेलंगाना पुलिस को इनकी लोकेशन के बारे में जानकरी मिली. फिर दानापुर पुलिस के सहयोग से छापा मारा गया और दोनों को गिरफ्तार किया गया.
आरोपी लग्जरी लाइफ जी रहे थे
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के पास से 8 लाख 30 हजार 910 रुपये नकद, 6 पासपोर्ट, 10 मोबाइल फोन, बैंक के क्रेडिट कार्ड, 3 पासबुक, 16 पहचान पत्र, 8 महंगी घड़ियां, और 11 पीस सोने और हीरे के जेवर मिले हैं. सामन की कीमत जानकर पुलिस भी हैरानी में पड़ गई. दोनों आरोपी लग्जरी लाइफ जी रहे थे. शुरुआती जांच में पता चला है कि सुषमा राज और रविंद्र कुमार सिंह ने हैदराबाद में एक कंपनी के माध्यम से निवेशकों को अधिक लाभ का लालच दिया. फिर उनसे ठगी की.
पुलिस ने आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड पर लिया
कंपनी द्वारा निवेशकों से भारी रकम जमा कराई गई. इसके बाद कंपनी फरार हो गई. पीड़ित निवेशकों ने अपने साथ हुई ठगी की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई. फिर तेलंगाना पुलिस ने इस पूरे मामले की जांच शुरू की, जिसके बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया. फिलहाल पुलिस कोशिश कर रही है कि इस मामले में पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जाए. तेलंगाना पुलिस ने आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड पर लिया है. वो आरोपियों को लेकर हैदराबाद रवाना हो चुकी है. इस मामले में आरोपियों से पूछताछ के बाद और लोग भी पुलिस की गिरफ्त में आ सकते हैं.
बिहार चुनाव में गूंजेगा राष्ट्रवाद, BJP बनाएगी 'ऑपरेशन सिंदूर' को चुनावी हथियार
20 May, 2025 04:23 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बिहार में इस साल के आखिर में विधानसभा के चुनाव होने हैं. इस बार के चुनाव में राष्ट्रवाद का मुद्दा छाया रहेगा और ऑपरेशन सिंदूर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) का मुख्य चुनावी मुद्दा होगा. वो आपरेशन सिंदूर की सफलता को लेकर बिहार के वोटरों के बीच जाएगी. पार्टी वोटरों को बताएगी कि कैसे पीएम मोदी के मजबूत नेतृत्व में भारतीय सेनाओं ने पहलगाम आतंकी हमले का बदला लेने के लिए ना सिर्फ पीओके बल्कि पाकिस्तान के अंदर भी आतंकियों के हेडक्वार्टर और ट्रेनिंग कैंप को मिट्टी में मिला दिया.
पहलगाम हमले के बाद 24 अप्रैल को बिहार की धरती से ही पीएम मोदी ने हमले के दोषियों को उनकी कल्पना से परे सजा देने का ऐलान किया था. ऐसे में बीजेपी ऑपरेशन सिंदूर की सफलता को लेकर अलग-अलग कार्यक्रम और अभियान के जरिए जनता के बीच जाएगी.
पहलगाम आतंकी हमले का बदला लेने के लिए सेना ने ऑपरेशन सिंदूर का आगाज किया था. 6-7 मई की रात को पाकिस्तान और पीओके में 9 आतंकी ठिकाने पर सेना ने हमला किया था, जिसमें 100 से ज्यादा आतंकी मारे गए थे. इस एक्शन के बाद पाकिस्तान ने भारत पर हमले की कोशिश, लेकिन उसके प्रयास असफल रहे.
जवाब में भारत ने पाकिस्तान पर ताबड़तोड़ हमले किए, जिसमें उसके कई एयरबेस तबाह हो गए. भारत की कार्रवाई से पाकिस्तान कांप गया. वो खौफ में आ गया था और शांति के लिए अमेरिका से मदद मांगी. अमेरिका के कहने पर पाकिस्तान ने भारत से बात की और हिंदुस्तान अपनी शर्तों के साथ सीजफायर के लिए तैयार हुआ.
इन मुद्दों पर भी बीजेपी मांगेगी वोट
इसके साथ ही बीजेपी सामाजिक न्याय के मुद्दे पर भी बिहार की जनता से वोट मांगेगी. वो मोदी सरकार के जाति गणना कराने के ऐलान को सामाजिक न्याय और सामाजिक समानता के हक का बताते हुए वोटरों के बीच जाएगी. पार्टी का मानना है कि जाति जनगणना कराने के ऐलान से बिहार में आरजेडी और कांग्रेस महागठबंधन के हाथ से ये मुद्दा निकल गया है.
जाति जनगणना पर विपक्षी दलों के दोहरे रवैए को बताने के लिए पार्टी राज्य भर में एनडीए नेताओं की जाति-आधारित बैठकें भी कराने का प्लान बनाया है. इन बैठकों में एनडीए नेताओं को बताया जाएगा कि कांग्रेस या उसके सहयोगी दलों की सरकारों ने जाति जनगणना के नाम पर अब तक राजनीति की है जबकि बीजेपी/एनडीए सरकार ने इस पर फैसला लिया है. फिर ये नेता अपने अपने जाति के वोटरों के बीच जाकर ये संदेश देंगे.
बिहार में एनडीए के दल इस बार एससी, ईबीसी, ओबीसी और महादलित समुदाय से ज्यादा से ज्यादा उम्मीदवार चुनाव में उतारने की रणनीति पर भी काम कर रहे हैं. इसके लिए 243 विधानसभा सीटों की जातिवार मैपिंग भी की जा रही है.
बाबा बागेश्वर का भव्य स्वागत, मुजफ्फरपुर तैयार हनुमान कथा और महायज्ञ के लिए
20 May, 2025 12:35 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बागेश्वर धाम सरकार के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र शास्त्री 20 मई को मुजफ्फरपुर के पताही चौसीमा में दिव्य दरबार सजाएंगे. वे यहां विष्णु महायज्ञ में शामिल होकर शाम 5 बजे से हनुमान कथा करेंगे. बाबा बागेश्वर के आगमन को लेकर जिलेभर में श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है.
विष्णु महायज्ञ का आयोजन 19 मई से 28 मई तक पताही चौसीमा में किया गया है. आयोजन स्थल पर भव्य वाटरप्रूफ पंडाल तैयार किया गया है, जिसमें लगभग दो लाख लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है. श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन, पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमों ने स्थल का निरीक्षण किया.
एसएसपी सुशील कुमार, सिटी एसपी बिस्वजीत दयाल, नगर डीएसपी, ट्रैफिक डीएसपी, एसडीओ सहित अन्य अधिकारियों ने पंडाल और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया. पुलिस बल, मजिस्ट्रेट, सीसीटीवी कैमरे और सोशल मीडिया निगरानी जैसी व्यवस्थाएं की गई हैं. फायर डिपार्टमेंट ने भी स्थल का ऑडिट किया है.
दिल्ली से दरभंगा होते हुए पहुंचेंगे बाबा
जानकारी के अनुसार, पंडित धीरेंद्र शास्त्री 20 मई को दिल्ली से दरभंगा एयरपोर्ट पहुंचेंगे और वहां से सड़क मार्ग द्वारा कथा स्थल आएंगे. कार्यक्रम शाम पांच बजे से शुरू होगा. इसके साथ ही 23 मई से 26 मई तक वृंदावन से पधारने वाले प्रसिद्ध कथावाचक बाबा अनिरुद्धाचार्य की भी कथा होगी.
बाबा बागेश्वर के दर्शन और कथा सुनने के लिए देशभर से श्रद्धालु मुजफ्फरपुर पहुंचने लगे हैं. पुणे से पहुंचे एक श्रद्धालु ने कहा, इतनी दूर से बाबा से मिलने आए हैं, अर्जी भी लगाएंगे. महाराष्ट्र से आईं रानी देवी ने बताया कि बाबा के दरबार में पहुंचकर मनोकामना पूरी होने की आशा है. पूर्णिया से आईं कंचन देवी और संजू देवी जैसी कई महिलाएं पहले ही कथा स्थल पर पहुंच चुकी हैं.
भोजन, आवास और पार्किंग की समुचित व्यवस्था
सेवा संस्थान के अध्यक्ष मृत्युंजय कुमार सिंह उर्फ पिंटू सिंह ने बताया कि श्रद्धालुओं के लिए भोजन, विश्राम, पानी, प्रवेश-निकास और पार्किंग की विस्तृत व्यवस्था की गई है. आयोजन स्थल पर भंडारे की भी व्यवस्था है.
एसडीएम पूर्वी अमित कुमार ने बताया कि एक दिन के इस कार्यक्रम के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. पूरे क्षेत्र में पुलिस बल की तैनाती की गई है और हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है ताकि किसी प्रकार की असुविधा ना हो.
बिहार चुनाव से पहले कांग्रेस की फजीहत, बेतिया में स्वागत कार्यक्रम बना सिरदर्द
20 May, 2025 12:28 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बिहार में भले ही साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं, लेकिन तमाम राजनीतिक दलों ने अभी से ही अपनी तैयारी और कार्यकर्ताओं से मुलाकात का दौरान शुरू कर दिया है. इसी कड़ी में बेतिया में कांग्रेस के लिए एक अप्रत्याशित और असहज स्थिति उत्पन्न हो गई .किशनगंज से कांग्रेस सांसद और बिहार चुनाव कैम्पेन कमिटी के सदस्य डॉ. मोहम्मद जावेद के स्वागत के दौरान एक बड़ी चूक हो गई. जो अब सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के रूप में पार्टी के लिए सिरदर्द बनती जा रही है.
सोमवार को डॉ. जावेद कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक के लिए बेतिया स्थित केदार आश्रम पहुंचे थे. कार्यक्रम की अध्यक्षता कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रमोद पटेल ने की . मंच पर कांग्रेस महिला नेत्री सुधा मिश्रा ने परंपरागत स्वागत करते हुए सांसद को शॉल और टोपी पहनाई, लेकिन टोपी पर मौजूद भारतीय जनता पार्टी का चुनाव चिन्ह कमल देख सब चौंक गए.
कुछ ही पलों में मंच पर मौजूद नेताओं और कार्यकर्ताओं की नजर टोपी पर गई .और असहजता का माहौल बन गया. खुद सांसद जावेद को भी पहले यह बात समझ नहीं आई . लेकिन जैसे ही उन्होंने टोपी पर नजर डाली. वह भी हैरान रह गए. तत्परता दिखाते हुए कार्यकर्ताओं ने तुरंत टोपी को हटाया और स्थिति को संभालने की कोशिश की.
सोशल मीडिया पर वीडियो हो रहा वायरल
इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो वहां मौजूद मीडिया कर्मियों ने रिकॉर्ड कर लिया. जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. लोग कांग्रेस की तैयारियों और कार्यकर्ताओं की सतर्कता पर सवाल उठा रहे हैं. वहीं विपक्ष को भी कांग्रेस को घेरने का एक मौका मिल गया है.
हालांकि यह घटना मानवीय भूल बताई जा रही है, लेकिन इसका राजनीतिक असर पड़ना तय माना जा रहा है. वहीं, डॉ. जावेद ने बैठक के दौरान कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर पार्टी की मजबूती के लिए कार्य करने और आगामी विधानसभा चुनाव में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की. राजनीतिक गलियारों में यह कमल छाप टोपी कांड अब चर्चा का विषय बन गया है और आने वाले दिनों में इसके राजनीतिक मायने गहराई से देखेजाएंगे.
गढ़वा में कुदरत का कहर, आकाशीय बिजली ने ली तीन लोगों की जान
20 May, 2025 12:12 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
झारखंड के गढ़वा जिले के मेराल थाना क्षेत्र में मैट्रिक के एक छात्र समेत तीन लोगों पर आकाशीय बिजली गिर गई. घटना की सूचना मिलते ही पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया. आनन- फानन में तीनों घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां तीनों की मौत हो गई. मृतकों में गढ़वा जिले के मेराल थाना क्षेत्र अंतर्गत पूर्वारा टोला निवासी डॉक्टर लालमोहन का इकलौता बेटा तरुण कुमार देव (18), लखैया गांव के शंभू बैठा (65) और रेजो गांव के धर्मेंद्र राय शामिल हैं.
वहीं एक व्यक्ति एक व्यक्ति आकाशीय बिजली की चपेट में आने के कारण घायल हुआ है. उसका इलाज किया जा रहा है. स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के मुताबिक, विधायक प्रतिनिधि डॉ लालमोहन का बेटा तरुण कुमार देव मैट्रिक का छात्र था. उनसे हाल में ही फर्स्ट डिवीजन से परीक्षा पास की थी. सोमवार शाम को वह अपने खेत में गया था. इसी बीच तेज आंधी के साथ बारिश शुरू हो गई. बारिश से बचने के लिए वह पास के किसी एक पेड़ के नीचे चला गया.
एक ही क्षेत्र में हुईं तीनों मौतें
इसी दौरान बिजली गिरी, जिसकी चपेट आने से वह घायल हो गया. उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. दूसरी घटना भी मेराल क्षेत्र में हुई. लखेया गांव के शंभू बैठा और रेजो गांव के धर्मेंद्र राय दोनों एक साथ काम कर रहे थे. इस दौरान तेज हवाओं के साथ बारिश हुई. इससे बचने के लिए दोनों पास ही कहीं एक पेड़ के नीचे खड़े हो गए. इसी बीच बिजली गिरी ,जिसमें दोनों की मौत हो गई.
घायल व्यक्ति है खतरे से बाहर
वहीं दिलीप कुमार नामक व्यक्ति घायल हुआ है. दिलीप कुमार का फिलहाल अस्पताल में इलाज चल रहा है. वह खतरे से बाहर हैं. तीन लोगों की मौत की सूचना मिलते ही अस्पताल पहुंचे मेराल के अंचल अधिकारी यशवंत नायक ने बताया कि सोमवार शाम मेराल थाना क्षेत्र में में दो जगहों पर अकाशीय बिजली गिरी, जिसमें तीन लोगों की मौत हुई है, जबकि एक व्यक्ति घायल है, मृतकों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है. साथ ही जो सरकारी प्रावधान है, उसके अनुसार मृतकों के घर वालों को मुआवजा दिया जाएगा.
क्षेत्र के लोगों मेदहशत
बता दें कि बिजली गिरने से तीन लोगों की मौत से पूरे क्षेत्र के लोगों में दहशत का माहौल है. स्थानीय प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वो बारिश के दौरान खुले आसमान या पेड़ों के नीचे शरण लेने से बचें. बताते चलें कि पिछले 24 घंटे के दौरान हुए व्रजपात की चपेट में आने के कारण अब तक छह लोगों की मौत हुई है, जिसमें गढ़वा के 3 लोगों के अलावा रामगढ़ और हजारीबाग जिले के लोग शाम शामिल हैं.
मौसम विभाग के मुताबिक, पूर्व-पश्चिम की ओर से आ रही नमी के कारण मंगलवार को भी झारखंड के देवघर, दुमका, पाकुड़, गोड्डा, जामताड़ा, साहिबगंज, धनबाद और गिरिडीह में बारिश हो सकती है. इन जिलों के लिए अलर्ट जारी किया गया है. रांची सहित अन्य जिलों में बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश की संभावना भी व्यक्त की गई है.
बोकारो: तीन लाख की सुपारी में हुई युवक की हत्या, महिला समेत शूटर गिरफ्तार
19 May, 2025 12:38 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बोकारो: 14 मई की देर रात नावाडीह थाना इलाके के बारीडीह जंगल में कार सवार युवक की पिता के सामने गोली मारकर हुई हत्या का खुलासा पुलिस ने कर लिया है।
मृतक सिरैया विष्णुगढ़ हजारीबाग निवासी हेमलाल पंडित की हत्या की साजिश इसके गांव की चंपा देवी ने अपने दोस्त केशवारी सरिया गिरिडीह निवासी प्रकाश सिंह के साथ मिलकर की थी।
प्रकाश ने हत्याकांड को अंजाम देने के लिए धनबाद के जोरापोखर चार नंबर कॉलोनी जामाडोवा निवासी डोमन राम व पात्थर बंगला बोरागढ़ धनबाद निवासी विकास कुमार को तीन लाख में ठेका दे दिया।
2 लाख 35 हजार रुपये का भुगतान भी शूटरों को हत्याकांड को अंजाम देने के लिए चंपा ने अपने दोस्त प्रकाश के माध्यम से कर दिया। यह जानकारी एसपी मनोज स्वर्गियारी ने दी।
कप्तान ने बताया कि चंपा अपने पति खगेश्वर पंडित की मौत के लिए हेमलाल को जिम्मेदार मानती थी। इसी वजह से उसने हत्या की साजिश रची। कप्तान ने बताया कि कि दोनों शूटरों को जब रुपया मिला तो वह लोग हेमलाल से संपर्क साधे।
हेमलाल अपने पिता तुलसी पंडित के साथ झाड़-फूंक का काम करता था। शूटर डोमन राम ने हेमलाल से झाड़-फूंक कराने के लिए संपर्क साधा। इसने कहा कि घर पर भूत प्रेत का साया है। इसे भगाने के लिए वह झाड़-फूंक करवाना चाहता है। हेमलाल इसके लिए तैयार हो गया।
शूटर डोमन ने इसके बाद पांच हजार रुपये हेमलाल के खाते में ऑनलाइन भेज भी दिया। अग्रिम राशि का भुगतान ऑनलाइन मिलने के बाद हेमलाल झाड़-फूंक के लिए तैयार हो गया।
शूटर डोमन ने हेमलाल से कहा कि वह उसके पीछे-पीछे चले। 14-15 मई की रात हेमलाल अपने पिता तुलसी पंडित के साथ शूटरों के पीछे इनके घर पर झाड़-फूंक करने चल दिए। रास्ता भटकने की बात कहकर शूटर डोमन और विकास हेमलाल को सुनसान जगह जंगल के रास्ते ले गए।
मौका देखकर दोनों ने वाहन को रुकवाया और गोली मारकर हेमलाल की हत्या कर दी। एसपी ने बताया कि हत्या की साजिश रचने वाली चंपा देवी के अलावा शूटरों का इंतजाम करने वाले प्रकाश और शूटर डोमन के साथ विकास को पुलिस ने दबोच लिया है।
पुलिस ने शूटरों के पास से देसी पिस्टल, देसी कट्टा, नाइन एमएम की पांच गोली, चार मोबाइल व एक स्कूटी बरामद की है।
चंपा अपने पति की मौत के लिए मानती थी हेमलाल को जिम्मेदार
एसपी ने बताया कि हत्यारोपित गिरफ्तार महिला चंपा देवी के पति खगेश्वर पंडित की मौत बीते वर्ष दुर्गा पूजा की नवमी की रात हो गई थी। खगेश्वर अपने दोस्त हेमलाल के साथ उस दिन गया था। रात में दोनों खाना खाकर घर लौटे। रात में खगेश्वर पंडित की मौत हो गई।
बगैर पोस्टमार्टम कराए ही शव का दाह संस्कार स्वजनों ने कर दिया। मृतक खगेश्वर की पत्नी चंपा अपने पति की मौत के लिए उसके दोस्त हेमलाल को जिम्मेदार मानती थी।
उसका सोचना था कि हेमलाल ने ही जहर खिलाकर पति की जान ने ली। इसके बाद वह हेमलाल को सबक खिलाने का प्लान बनाने लगी। उसने अपने दोस्त प्रकाश से संपर्क साधा। प्रकाश की ओर से इंतजाम किए गए शूटरों ने इस हत्याकांड को अंजाम दिया।
छापेमारी टीम में यह थे शामिल
एसपी ने बताया कि घटना का खुलासा करने के लिए एक टीम बनाई गई थी। इस टीम में बेरमो एसडीपीओ बीएन सिंह, बेरमो अंचल निरीक्षक नवल किशोर सिंह, नावाडीह थानेदार अमित कुमार सोनी, दुगदा थानेदार मनीष कुमार, बोकारो झरिया ओपी प्रभारी श्रीनिवास सिंह शामिल थे।
वहीं, चंद्रपुरा थानेदार अजय कुमार सिंह, नावाडीह के सब इंस्पेक्टर राजीव रंजन, पुलिस केंद्र से सब इंस्पेक्टर अमित कुमार राय, गांधीनगर ओपी प्रभारी धनंजय कुमार सिंह, बेरमो महिला थाना प्रभारी सुमन कुमारी, तकनीकी शाखा के चंदन कुमार और कामेश्वर महतो थे।
नक्सल प्रभारी इलाका होने की वजह से रणनीति बनाकर घटनास्थल पर पहुंची पुलिस
डुमरी विधायक जयराम महतो के घटनास्थल पर विलंब से पुलिस के पहुंचने के आरोप पर एसपी ने सफाई दी। उन्होंने कहा कि हाल के दिनों में पुलिस ने नक्सलियों को मार गिराया था। ऐसे में नक्सल प्रभावित इलाकों में सतर्कता जरूरी थी।
नक्सल इलाके में लगातार सतर्क रहने को सभी अधिकारियों को कहा भी गया था। रात में सूचना मिली तो घटनास्थल पर पहुंचने के लिए आस-पास से फोर्स का इंतजाम किया गया। इसके बाद पुलिस यहां एक घंटे के अंदर पहुंच गई।
विधायक ने यह भी आरोप जड़ा था कि एसपी ने उनका फोन नहीं रिसीव किया। इसपर कप्तान ने कहा कि वह अपने आवासीय कार्यालय में घटना की सूचना मिलने के बाद बैठकर घटनास्थल पर जाने से लेकर इसके खुलासा करने के लिए अन्य निर्देश पुलिस टीम को दे रहे थे। कुछ देर बाद रात में ही विधायक से उनकी बात हो गई थी।
थाना पर बवाल करने वाले 21 नामजद तो 200 अज्ञात पर प्राथमिकी
एसपी ने बताया कि थाना पर घटना के बाद बवाल करने के मामले में 21 लोगों को चिह्नित कर नामजद प्राथमिकी की गई है। दो सौ अज्ञात के खिलाफ भी एफआईआर हुई है। वीडियो रिकॉर्डिंग मौके पर हुई थी। इसकी जांच की जा रही है। बाकी लोगों को भी रिकॉर्डिंग की मदद से चिह्नित किया जा रहा है।
कटिहार: सड़क हादसे में BPSC शिक्षिका और ढाई माह के बेटे की दर्दनाक मौत
19 May, 2025 12:26 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बिहार के कटिहार जिले भीषण सड़क हादसे में बीपीएससी शिक्षिका की दर्दनाक मौत हो गई. वहीं 2 अन्य शिक्षक के साथ 4 लोग की हालत गंभीर बताई जा रही है. इस हादसे में शिक्षिका का ढाई माह के बेटे की भी मृत्यु हो गई. मृतिका 3 दिन पहले ही कटिहार जिला आकर शिक्षक के पद पर ज्वाइन किया था. घटना प्राणपुर थाना क्षेत्र के एनएच 81 कुशियारी मोड़ के समीप घटी है.
यहां एक ही ऑटो से उत्क्रमित मध्य विद्यालय केवाला की शिक्षिका सिंपल कुमारी 24 वर्ष, उसकी नानी प्रतीका देवी 60 वर्ष, शिक्षक प्रशांत झा, संदीप कुमार गुप्ता अपना ड्यूटी खत्म कर कटिहार जा रहे थे. तभी एनएच-81 मुख्य सड़क पर एक तेज रफ्तार हाइवा ने ऑटो को टक्कर मार दी. टक्कर इतना जबरदस्त था कि ऑटो के फरकच्चे उड़ गए और उसपर सवार सभी लोग कागज की तरह बिखर गए.
बेटे की मौके पर ही मौत
वहीं, टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग दौरे और सभी को सड़क से उठाया. इस घटना में बांका बौसी निवासी शिक्षिका सिंपल और उसके पुत्र युवराज कुमार की मौके पर मौत हो गई. वहीं, अन्य शिक्षक उत्तर प्रदेश निवासी प्रशांत झा, संदीप कुमार गुप्ता व शिक्षिका की नानी प्रतिका देवी और ऑटो चालक जितेंद्र साह गंभीर रूप से घायल हो गए.
सभी घायलों को कटिहार सदर अस्पताल लाया गया गया. सभी की हालत चिंताजनक होने पर बाहर दूसरे अस्पताल में रेफर कर दिया गया. फिलहाल सभी घायलों का इलाज कटिहार मेडिकल कॉलेज में चल रहा है. वहीं, घटना की सूचना मिलते ही प्राणपुर पुलिस घटनास्थल पर पहुंच कर शव को अपने कब्जे में लेते हुए कागजी प्रक्रिया पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए दोनों शव को सदर अस्पताल भेज दिया है.
पहुंचे परिजन
देर शाम शिक्षिका के परिजन बांका से कटिहार पहुंच गए हैं. परिजन ने बताया कि इसबार ही मृतिका को शिक्षक की नौकरी मिली थी. 15 मई को स्कूल जाकर अपनी ज्वाइनिंग की थी. साथ में ढाई महीने का बच्चा था, इसलिए उसे संभालने के लिए साथ में अपनी नानी को भी ले गई थी.
घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया और मृतका के परिजनों को मुआवजा देने तथा तेज रफ्तार वाहन चालकों पर नक़ेल कसने की मांग जिला पदाधिकारी से की. पुलिस ने लोगों को समझाकर जाम को खत्म किया. घटना के बाद हाइवा चालक फरार है. पुलिस ने दोनों गाड़ी को जब्त कर लिया है.
पटना में समोसा बना जानलेवा, दुकानदार की पिटाई से युवक की मौत
19 May, 2025 12:20 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बिहार की राजधानी पटना में एक हैरान करने वाली घटना हुई है. यहां समोसा खरीदने आए युवक की दुकानदार ने पीट-पीटकर हत्या कर दी. मृतक के परिजनों ने सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन किया. घटना के बाद हरकत में आई पुलिस ने आरोपी दुकानदार और उसके साथियों के खिलाफ केस दर्ज कर अरेस्ट कर लिया है. मामला राजधानी पटना से सटे खुसरूपुर में 16 मई की शाम का है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान राजवाड़ा थाना क्षेत्र में रहने वाले रवि कुमार पुत्र श्याम बाबू गोप के रूप में हुई है. पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने के बाद अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया है. परिजनों ने पुलिस को दिए शिकायत में बताया कि 16 मई को रवि समोसा खरीदने के लिए बालेश्वर राय की दुकान पर गया था. जहां समोसा ठंडा होने और उसकी क्वालिटी पर उसने ऐतराज किया थी. इसी बात को लेकर दुकानदार से उसकी बहस हो गई थी.
परिजनों के मुताबिक इसी कहासुनी में विवाद इतना बढ़ा कि बालेश्वर राय और उसके दो साथियों ने रवि की बुरी तरह से पिटाई कर दी. इस घटना में रवि के सिर और शरीर के बाकी हिस्सों में गंभीर चोटें आईं थीं. रवि की हालत को देखते हुए परिजनों ने उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी. घर आने के अगले दिन ही रवि के सिर में दर्द उठा और बेहोश हो गया. ऐसे में उसे एक बार फिर अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान रविवार की दोपहर उसकी मौत हो गई.
सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन
इस घटना के बाद परिजनों में जबरदस्त आक्रोश देखने को मिला. लोग अस्पताल से शव लेकर सीधे पुराने नेशनल हाईवे पर पहुंचे, और सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया. सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष मनजीत कुमार ठाकुर मौके पर पहुंचे और लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया. इसके बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर उन्हें अरेस्ट किया है. पुलिस के मुताबिक मामले की जांच की जा रही है. जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके मुताबिक आगे की कार्रवाई होगी.
मदरसे में मासूम पर जुल्म, मौलवी ने किया क्रूरता की हद पार
19 May, 2025 12:13 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
कटिहार जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है जिसने इंसानियत को शर्मसार कर दिया है. हसनगंज थाना क्षेत्र के जगन्नाथपुर पंचायत स्थित मदरसा रहमत-ए-आलम में पढ़ने वाले 12 साल के छात्र कौशर आलम के साथ क्रूरता की सारी हदें पार कर दी गईं. परिजन मोहम्मद अताउर और मोहम्मद गफ्फार का आरोप है कि मदरसे के हेड मौलवी परवेज आलम ने कौशर को सिर्फ इस वजह से बेरहमी से पीटा क्योंकि वह कुछ दिनों तक मदरसे नहीं आया था.
बताया गया है कि मौलवी ने पहले बच्चे की बुरी तरह पीटा फिर उसके मुंह में जलती हुई माचिस की तीली डाल दी. इस अमानवीय कृत्य के चलते कौशर गंभीर रूप से घायल हो गया है और उसकी आवाज तक बंद हो गई है. घायल बच्चे को आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराया गया. जहां उसका इलाज जारी है. पीड़ित परिजनों ने जब मदरसे जाकर इस घटना के बारे में जानकारी लेने की कोशिश की तो उनके साथ भी बदसलूकी की गई. आरोप है कि परिजनों को एक कमरे में बंद कर प्रताड़ित किया गया.
इलाके में सनसनी
यह घटना पूरे इलाके में सनसनी का कारण बन गई है. वहीं, आरोपी हेड मौलवी परवेज आलम ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया है. उनका कहना है कि उन पर लगाए गए सभी आरोप झूठे हैं और उन्हें बदनाम करने की साजिश रची जा रही है. मामला सामने आने के बाद पुलिस हरकत में आ गई है. पीड़ित परिजनों की शिकायत पर जांच शुरू कर दी गई है और मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है.
दोषियों को नहीं बख्शेंगे
पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि जांच के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. यह घटना न केवल प्रशासन के लिए चुनौती बन गई है, बल्कि समाज के संवेदनशील वर्गों को भी सोचने पर मजबूर कर रही है कि आखिर बच्चों की सुरक्षा और शिक्षा के नाम पर चल रहे संस्थानों में इस तरह की क्रूरता कैसे हो सकती है? यह घटना न केवल प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है, बल्कि उन धार्मिक शिक्षण संस्थानों की निगरानी व्यवस्था पर भी चिंता विषय है, जहां बच्चों को संस्कार और शिक्षा देने की जिम्मेदारी होती है.
परिजनों ने आक्रोश
परिजनों और स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर भारी आक्रोश है. उन्होंने प्रशासन से तत्काल न्याय और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की है. इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है, जिसे देखते हुए स्थानीय पुलिस ने मदरसे के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी है. बच्चों के साथ इस तरह की अमानवीयता को रोकने के लिए सख्त कानून और उसकी प्रभावी निगरानी की जरूरत है.
रांची: 55 लाख की चोरी, डिलीवरी बॉय ने भीड़ का फायदा उठाया
19 May, 2025 12:04 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
झारखंड की राजधानी रांची से अजीबोगरीब चोरी का मामला सामने आया है जहां पर मोबाइल की डिलीवरी करने पहुंचे एक डिलीवरी बॉय ने भीड़ का फायदा उठाते हुए 20 लाख नगद समेत कुल 55 लाख रुपए के सामान की चोरी कर लिए. जिसमें 20 लाख कैश और कारीब 35 लाख रुपए के मोबाइल फोन शामिल है. मामले की जानकारी मिलने के बाद दुकान में हड़कंप मच गया. 55 लाख की चोरी की सूचना मिलते ही दुकान के मालिक राहुल कुमार भागे. उन्होंने रांची के चुटिया थाना में डिलीवरी बॉय के खिलाफ मामला दर्ज कराया है.
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक रांची के चुटिया थाना क्षेत्र अंतर्गत पीपी कंपाउंड स्थित एक मैजेस्टिक ट्रेडर्स नामक प्रतिष्ठान में 14 मई को एक युवक डिलीवरी बॉय बनकर आया था. दुकान में भीड़ का फायदा उठाकर उसने दुकान के काउंटर पर रखे बैग जिसमें 20 लाख रूपए थे उठा लिया. साथ ही उसने दूसरा बैग जिसमें लगभग 35 लाख रुपए मूल्य की मोबाइल और उनके पार्ट्स थे वह भी उठा लिया.
भीड़ का उठाया फायदा
दोनों बैग को लेकर आरोपी फरार हो गया. हालांकि कुछ देर के बाद जब भीड़ कम हुई और दुकान के मालिक ने देखा कि उनके काउंटर पर रखा पैसों से भरा बैग और सामान से भरा बैग गायब है. जिसके बाद वह लोग खोजबीन में जुट गए. दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे को खंगाला गया तब पता चला कि डिलीवरी बॉय के रूप में दुकान में पहुंचे युवक ने भीड़ का फायदा उठाते चोरी की घटना को अंजाम दिया है.
पीड़ित के द्वारा रांची के चुटिया थाना में मामला दर्ज कराया गया है. 55 लाख की चोरी मामले को लेकर चुटिया थाना की पुलिस दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे के आधार पर आरोपी की गिरफ्तारी और पूरे मामले को लेकर जांच में जुट गई हैं.
हाल ही में पकड़ा गया था गैंग
बता दें कि राजधानी रांची में पूर्व में ” पार्डी गैंग ” नामक अंतरराज्यीय चोरी करने वाले गिरोह के सरगना समेत तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया गया था. जिनके द्वारा दिन में रांची की सड़कों पर गुब्बारा और खिलौना बेचने का काम किया जाता था जबकि रात में बंद पड़े घरों को निशाना बनाते हुए चोरी की घटना को अंजाम दिया जाता था. गिरफ्तार अंतरराज्यीय चोरी करने वाले गिरोह के सदस्यों के पास से लगभग ₹7 लाख रुपए मूल्य के सोने के आभूषण सहित बड़ी मात्रा में चोरी के अन्य सामान बरामद किया गया था.
प्रशांत किशोर का बड़ा आरोप: क्या बिहार में हाईजैक हो गई नीतीश की पार्टी?
19 May, 2025 09:58 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बिहार विधानसभा के चुनाव भले ही साल के अंत में होने वाले हैं, लेकिन इससे पहले ही यहां की सियासत दिनो-दिन गर्मा रही है. राजनीतिक रणनीतिकार और जन सुराज के संयोजक प्रशांत किशोर ने जेडीयू और बिहार की प्रशासनिक व्यवस्था पर बड़ा हमला बोला है. प्रशांत किशोर का आरोप है कि जेडीयू के केवल चार-पांच नेता पार्टी को हाईजैक किए बैठे हैं.
प्रशांत किशोर ने सीधे तौर पर कहा कि इनसे जाकर पूछिए, जनता में इनकी कितनी पैठ है. अगर हम जैसे लोग नहीं होते, तो आज ये लोग कहीं नजर भी नहीं आते. इतना ही नहीं, प्रशांत किशोर ने यह भी कहा कि उन्हें लीगल नोटिस भेजने की धमकी दी जाती है, लेकिन वह ऐसे लोगों से डरने वाले नहीं हैं.
JDU हो चुकी हाईजैक
प्रशांत किशोर ने बड़ा दावा करते हुए कहा कि आज के समय में जेडीयू हाईजैक हो चुकी है. पूरी पार्टी को कुछ ही लोग चला रहे हैं. ऐसे लोगों के पास पार्टी की कमान है जो अपने ही जिला अध्यक्षों और कार्यकर्ताओं तक को नहीं पहचानते हैं.
प्रशांत किशोर के खुलासे से गर्मा गई सियासत
प्रशांत किशोर ने अशोक चौधरी को लेकर बड़ा खुलासा किया कि अशोक चौधरी और पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सदानंद सिंह हमारे कमरे में आकर बैठते थे और कहते थे कि लालू जी से बात कराइए. जब वो जाते थे, तो लालू जी उन्हें बहुत बेइज्जत करते थे.
प्रशांत किशोर ने बिहार में अफसरशाही पर भी करारा वार किया और कहा कि बिहार में अधिकारियों का जंगलराज चल रहा है. जेडीयू के जिन नेताओं ने पार्टी हाईजैक कर ली है, उन्हें अपने ही जिला अध्यक्षों के नाम तक नहीं मालूम होंगे. इस बयानबाजी से बिहार की राजनीति में हलचल तेज हो गई है. प्रशांत किशोर के इस खुलासे से सवाल खड़े होने लगे हैं कि क्या आरजेडी सच में बिखरने लगी है या फिर ये केवल राजनीतिक गलियारों की चर्चा हैं.
सिवान कोर्ट सख्त, लालू यादव के खिलाफ कुर्की की प्रक्रिया शुरू करने का आदेश
17 May, 2025 12:48 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
सिवान: सिवान कोर्ट ने लालू प्रसाद यादव पर कुर्की की प्रक्रिया जारी करने का आदेश दिया है। मामला साल 2011 का है ,जब विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र संख्या 109 दारौंदा के राजद प्रत्याशी परमेश्वर सिंह के समर्थन में तत्कालीन रेल मंत्री एवं राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव आचार संहिता का उल्लंघन करते हुए भाषण दिया था।
आचार संहिता उल्लंघन का मामला हुआ दर्ज
जिस स्थल पर उन्होंने भाषण दिया था वहां पर पूर्व से धारा 144 लगी हुई थी और ध्वनि विस्तारक यंत्र का प्रयोग करना वर्जित था, लेकिन लालू प्रसाद यादव ने ध्वनि विस्तारक यंत्र का प्रयोग करते हुए भाषण दिया। इसके बाद उनके विरुद्ध आचार संहिता उल्लंघन का मामला दर्ज हुआ था।
सिवान की अदालत ने कुर्की जब्ती की प्रक्रिया जारी करने का दिया आदेश
इसी मामले में उनकी लगातार अनुपस्थिति को देखते हुए एसीजेएम प्रथम सिवान की अदालत ने कुर्की जब्ती की प्रक्रिया जारी करने का आज आदेश पारित किया है। इस मामले की अगली सुनवाई 30 मई को होगी।
चाईबासा: नक्सल ऑपरेशन के दौरान प्राकृतिक आपदा, CRPF अफसर की मौत
17 May, 2025 12:40 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
चाईबासा: केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) ने झारखंड में माओवादी विरोधी अभियान के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से सेकंड इन कमांडर महारबाम प्रभु सिंह की मौत हो गई। चाईबासा के छोटानागरा और जराईकेला थाने के सीमावर्ती जंगली और पहाड़ी क्षेत्र में नक्सलियों के खिलाफ लगातार झारखंड पुलिस अभियान चला रही है। इस अभियान के दौरान छोटानागरा थाना क्षेत्र के बलिबा के आस-पास तेज बारिश के बीच अभियान में लगे जवानों के लिए कहर बनकर बरसी। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अधिकारी का फोटो शेयर करते हुए लिखा, '15 मई 2025 को झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम के छोटानागरा क्षेत्र में सीआरपीएफ की 26वीं बटालियन की ओर से माओवादी विरोधी अभियान चलाया जा रहा था। इस दौरान सेकंड-इन-कमांड महारबाम प्रभु सिंह की बिजली गिरने से दुखद मृत्यु हो गई। सीआरपीएफ इस बहादुर अधिकारी को श्रद्धांजलि अर्पित करता है, जिन्होंने ऐसी दुर्भाग्यपूर्ण परिस्थितियों में कर्तव्य निभाते हुए अपने प्राणों की आहुति दी। इस शोक की घड़ी में पूरा बल शोकग्रस्त परिवार के साथ एकजुटता से खड़ा है।'
ठनका के चपेट में आने से CRPF अधिकारी की मौत
महारबाम प्रभु सिंह के साथ मौजूद सहायक कमांडेंट सुबीर कुमार मंडल भी घायल हो गए। उन्हें तुरंत चिकित्सा के लिए अस्पताल ले जाया गया। जानकारी के अनुसार, उन्हें आगे के इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल नोवामुंडी रेफर कर दिया गया। इस घटना में झारखंड पुलिस के दो जवान भी घायल हुए हैं। सीआरपीएफ अधिकारियों ने कहा कि दोनों अधिकारी ऑपरेशन में सबसे आगे थे, जब प्रकृति ने क्रूर प्रहार किया, वो चुनौतीपूर्ण मौसम और ऊबड़-खाबड़ इलाकों में अपने जवानों का मार्गदर्शन कर रहे थे। पिछले कुछ दिनों से इस क्षेत्र में भारी बारिश हो रही है, जिससे क्षेत्र में पहले से मौजूद खतरे और बढ़ गए हैं।
चाईबासा में सर्च ऑपरेशन के दौरान तीन जवान जख्मी
इस घटना में सीआरपीएफ 26 BN के 2IC द्वितीय कमान अधिकारी एम प्रोबो सिंह, सहायक समादेष्टा सुबीर कुमार मंडल, सहायक अवर निरीक्षक सुरेश भगत और चंदलाल हांसदा गंभीर रूप से जख्मी हो गए थे। इलाज के दौरान सीआरपीएफ 26 BN के द्वितीय कमान अधिकारी एम प्रोबो सिंह की मौत हो गई । जबकि अन्य घायल जवानों की स्थिति स्थिर है। जो सेल अपस्ताल किरीबुरू और टाटा मेन अपस्ताल नोवामुण्डी में इलाजरत हैं। झारखंड के चाईबासा इलाके में प्रतिबंधित नक्सली संगठन भाकपा माओवादी के शीर्ष नेता मिसिर बेसरा, अनमोल, मोछु, अनल, असीम मंडल, अजय महतो, सागेन अंगरिया, अश्विन, पिंटु लोहरा, चंदन लोहरा, अमित हांसदा उर्फ अपटन, जयकांत, रापा मुंडा अपने दस्ता के साथ सारंडा और कोल्हान क्षेत्र मौजूद है, ऐसी सूचना है। इसी को लेकर सर्च ऑपरेशन चल रहा है। जिसके तहत चाईबासा पुलिस, कोबरा 203 BN, 209 BN, झारखंड जगुआर और सीआरपीएफ 26 BN, 60 BN, 134 BN, 174 BN, 193 BN, 197 BN की टीमों का एक संयुक्त अभियान दल गठित कर लगातार ऑपरेशन चला रही है।
झारखंड में नक्सलियों के खिलाफ मेगा सर्च ऑपरेशन
झारखंड में नक्सल प्रभावित दुर्गम इलाकों में सीआरपीएफ और पुलिस संयुक्त कार्रवाई कर रही है। 12 मई को झारखंड के चाईबासा जिला अंतर्गत छोटानागरा थाना क्षेत्र में नक्सलियों के जमीन के नीचे लगाई गई आईईडी (इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) की चपेट में आने से झारखंड पुलिस बल का एक जवान घायल हो गया था। उसे एयरलिफ्ट कर इलाज के लिए रांची लाया गया था। वहीं, मार्च महीने में चाईबासा के जराईकेला थाना क्षेत्र में भी नक्सलियों के बिछाए आईईडी की चपेट में आने से सीआरपीएफ कोबरा बटालियन के एक असिस्टेंट कमांडेंट सहित सुरक्षा बल के तीन जवान घायल हो गए थे। हालांकि, पुलिस और सुरक्षा बलों की ओर से नक्सलियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान लगातार सफलताएं भी हासिल हुई हैं।
गुजरात हाई कोर्ट का बड़ा झटका: आसाराम आश्रम की याचिका खारिज
ओबीसी अधिकार पर घमासान: राहुल बोले- सरकार छीनना चाहती है हक
हिमाचल कांग्रेस का प्लान: मंत्री-विधायक संभालेंगे पंचायत और निकाय चुनाव
परिसीमन पर शाह की साफ तस्वीर: बड़े राज्यों की बढ़ेगी ताकत
स्मार्ट गवर्नेंस की मिसाल बना जबलपुर, पूरे प्रदेश में हासिल किया पहला स्थान
कुदरत का 'डबल रोल': कहीं सूरज उगल रहा आग, तो कहीं बादलों ने थामी बागडोर
