छत्तीसगढ़
CG सरकार का अन्नदाताओ के लिए बड़ा दिल, 1 साल में ट्रांसफर किए 52 हजार करोड़ रुपए
8 Feb, 2025 09:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की सरकार ने एक साल के भीतर छत्तीसगढ़ के किसानों के खातों में 52 हजार करोड़ रुपए ट्रांसफर किए हैं। एक साल के भीतर समर्थन मूल्य पर धान खरीदी पर 34 हजार 500 करोड़ रुपए और कृषक उन्नति योजना के तहत 12 हजार करोड़ रुपए खर्च किए गए हैं। इसके अलावा दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना के तहत 5 लाख 62 हजार भूमिहीन किसानों को करीब 500 करोड़ रुपए की राशि दी गई है।
एक हफ्ते के भीतर किसानों को भुगतान
इसके साथ ही मोदी सरकार की किसान सम्मान निधि योजना के तहत भी 1735 करोड़ रुपए की राशि किसानों के खातों में पहुंचाई गई है। धान खरीदी पूरी होने के एक हफ्ते के भीतर ही किसानों को भुगतान कर दिया गया है। किसानों के खातों में 52 हजार करोड़ रुपए आने से वे खेती-किसानी में जमकर निवेश कर रहे हैं और इससे बाजार भी गुलजार हो गए हैं। इसका सीधा असर शहरी अर्थव्यवस्था पर दिख रहा है। ट्रैक्टर आदि की बिक्री ने रिकॉर्ड आंकड़ा छू लिया है।
धान का उचित मूल्य मिलने से किसानों की संख्या में वृद्धि हुई और इस वर्ष 25 लाख 72 हजार किसानों ने रिकॉर्ड 149 लाख 25 हजार मीट्रिक टन धान बेचा। आपको बता दें कि राज्य सरकार ने 5 एचपी कृषि पंपों को मुफ्त बिजली देने में 2707 करोड़ रुपये खर्च किए हैं। कृषि पंपों के विद्युतीकरण के लिए 200 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत 304 करोड़ रुपये, कृषक समग्र विकास योजना के तहत 94 करोड़ रुपये और शाकंभरी योजना के तहत 9 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं।
फर्जी मेल आईडी से ठगी का मामला, 60 से पांच करोड़ रुपये का हेरफेर
8 Feb, 2025 04:42 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर।अलग-अलग विभागों में नौकरी लगाने का झांसा देकर 60 युवाओं से पांच करोड़ की ठगी के छह आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। सीजीपीएससी घोटाले में जेल में बंद पूर्व अध्यक्ष टामन सिंह सोनवानी का साला देवेंद्र जोशी पूरे खेल का मास्टर माइंड निकला।आरोपित मंत्रालय की फर्जी ईमेल बनाकर फर्जी नियुक्ति पत्र भेजते थे। अपने वाहन में छग शासन की नाम पट्टिका का उपयोग कर पीड़ितों को चकमा देते थे। सिविल लाइन पुलिस ने अब तक देवेंद्र कुमार जोशी, उसकी पत्नी झगीता जोशी, स्वप्निल दुबे, नफीज आलम, हलधर बेहरा, सोमेश दुबे को गिरफ्तार किया है।
ठगी की रकम से खरीदी जमीन, फ्लैट
फरार आरोपितों की पतासाजी की जा रही है। ठगी की रकम से जमीन, सोना, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और फ्लैट खरीदे। क्रिप्टो करेंसी में भी निवेश किया गया। आरोपितों ने जो भूमि खरीदी है उसके व्ययन (खर्च करना) पर रोक के लिए पत्र लिखा गया है।आरोपितों के बैंक खातों से 15 लाख रुपये होल्ड कराए गए हैं। गिरफ्तार आरोपितों के कब्जे से तीन मोबाइल, चार सोने के सिक्के, एक सोने का हार, एक बिंदिया, दो ऐसी, एक फ्रीज, दो पंखा, एक स्कार्पियो वाहन सहित अन्य करीब 50 लाख रुपये का सामान जब्त किया गया है।
ऐसे खुला पूरा मामला
29 जनवरी को प्रार्थिया अंजना गहिरवार ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि फरवरी 2021 को वह अपने परिवार के साथ मौसा-मौसी देवेंद्र जोशी व झगीता जोशी के घर आई थी। अंजना ने नौकरी करने की इच्छा जताई।देवेंद्र और झगीता ने बड़े अधिकारी से जान पहचान होने की बात कही और प्रार्थिया के साथ-साथ गजेंद्र लहरे, कुणाल देव, भुनेश्वर सोनवानी सहित अन्य से 25-25 लाख रुपये ले लिए। नौकरी नहीं लगी तो रिपोर्ट दर्ज करवाई गई।
फर्जी QR कोड बनाकर एक लाख की धोखाधड़ी
उधर, रायपुर के देवेंद्र नगर थाने में संस्कृति डेकोर के संचालक जीतेश पटेल ने अपने ही कर्मचारी दीपक यादव के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराया है। कैलाश ब्रदर्स के पास भनपुरी का रहने वाला जीतेश पंडरी कपड़ा मार्केट में संस्कृति डेकोर के नाम से दुकान चलाता है। यहां तीन साल पहले दीपक सेल्स का काम करता था।
चैनल बनाकर युवाओं को ठगा
देवेंद्र जोशी ने पूछताछ में अपने साथी स्वप्निल दुबे को इंद्रावती भवन भेजकर प्रार्थी और अन्य लोगों के सत्यापन के लिए कार्यवाही कराना स्वीकार किया था। जिस पर स्वप्निल को भी पकड़ा गया। वह वैगन रिपेयर शॉप, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे रायपुर में तकनीशियन-I के पद पर काम कर रहा है।पूछताछ में उसने अपने साथी सोमेश दुबे, नफीज आलम और विकास शर्मा (जिसकी वर्तमान में सड़क हादसे में मौत हो गई) के साथ चैनल बनाकर फर्जी दस्तावेजों के आधार पर लगभग 60 बेरोजगारों से अब तक पांच करोड़ रुपये से अधिक की ठगी करना स्वीकार किया।
आईटीबीपी जवान की चोरी की करतूत, सीसीटीवी से हुआ सब कुछ साफ
8 Feb, 2025 04:32 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर: पुलिस ने चोरी के केस में इंडो तिब्बत बार्डर पुलिस (आईटीबीपी) के जवान मुकेश कुमार चौधरी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ग्राम गोठडा भूरकान थाना दादिया जिला सीकर राजस्थान का रहने वाला है। हाल में सेक्टर 29 नवा रायपुर में रह रहा था। उसकी ड्यूटी भी वहीं थी।आरोपित ने पांच सूने मकानों को अपना निशाना बनाया था। राखी पुलिस ने आरोपित के कब्जे से चोरी के 11 नग अलग-अलग कंपनी के लैपटॉप, दो नग ट्रॉली बैग, कपड़ा, दो हाथ घड़ी, आठ नग लैपटॉप चार्जर, दो एलईडी टीवी जब्त किया है।प्रार्थी अमन कुमार तिवारी ने थाना राखी में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वे ब्लाक नं. 14 मकान नं. 307 सेक्टर 29 नवा रायपुर में रहते हैं। बालको मेडिकल सेंटर नवा रायपुर के चिकित्सा अभिलेख विभाग में एग्जीक्यूटिव पद पर कार्यरत हैं। प्रार्थी सात जनवरी की सुबह नौ बजे घर में ताला लगाकर ड्यूटी चले गए थे।दोपहर तीन बजे घर आए, तो देखा कि मुख्य दरवाजे की कुंडी और ताला टूट कर नीचे पड़े थे। अंदर जाकर देखा बेड रूम में रखा डेल कंपनी का लैपटॉप, हार्ड डिक्स एवं सफारी कंपनी का ट्रॉली बैग नहीं थे। पुलिस ने अपराध कायम कर मामले की जांच शुरू की।
सीसीटीवी की जांच से मिले सुराग
सीसीटीवी की जांच की गई। चोरी के पुराने आरोपितों की पतासाजी की गई। इसी दौरान टीम के सदस्यों को घटना में संलिप्त आरोपित के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हुई। आरोपित की पहचान नवा रायपुर सेक्टर 29 निवासी मुकेश कुमार चौधरी के रूप में हुई। पतासाजी कर उसे पकड़ा गया।प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर कड़ाई से पूछताछ करने पर मुकेश कुमार चौधरी द्वारा चोरी की उक्त घटना को अंजाम देना स्वीकार किया गया। चोरी की अन्य घटनाओं के संबंध में पूछताछ करने पर आरोपित द्वारा थाना राखी क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों पर स्थित पांच सूने मकानों के ताला तोड़कर चोरी की है।
साल भर पढ़ाई CBSE, अब बच्चों पर CG बोर्ड का बोझ, अभिभावकों में आक्रोश
8 Feb, 2025 02:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर: छत्तीसगढ़ सरकार ने 26 नवंबर 2024 को राज्य में कक्षा 5वीं से 8वीं तक की बोर्ड परीक्षाएं आयोजित करने का निर्णय लिया था। इसके बाद 3 दिसंबर 2024 को स्कूल शिक्षा सचिव ने इस संबंध में दिशा-निर्देश जारी किए थे। इस निर्णय के तहत अब शिक्षा विभाग द्वारा कक्षा 5वीं और 8वीं की बोर्ड परीक्षाओं के प्रश्नपत्र छत्तीसगढ़ बोर्ड (सीजी बोर्ड) के पाठ्यक्रम के आधार पर तैयार किए जाएंगे। जहां निजी स्कूलों में साल भर सीबीएसई पैटर्न पर पढ़ाई होती थी। बच्चे साल भर सीबीएसई कोर्स पढ़ते थे, वहीं अब इन छात्रों को सीजी बोर्ड के पैटर्न पर परीक्षा देनी होगी। इससे अभिभावकों में रोष है। साथ ही बच्चों का भविष्य भी खतरे में है।
डेढ़ महीने पहले से सीजी बोर्ड का कोर्स पढ़ा रहे
पिछले सत्र तक निजी स्कूल अपने छात्रों के लिए खुद ही पेपर तैयार करते थे, लेकिन अब यह प्रक्रिया केंद्रीकृत हो गई है। नए निर्णय के चलते निजी स्कूलों को अब सीजी बोर्ड के पाठ्यक्रम के अनुसार ही पढ़ाना होगा। पहले ज्यादातर निजी स्कूल सीजी बोर्ड से मान्यता होने के बावजूद अपना पाठ्यक्रम पढ़ाते थे। अब परीक्षा से डेढ़ महीने पहले ही बच्चों को सीजी बोर्ड का पाठ्यक्रम पढ़ाया जा रहा है, जिससे छात्र और अभिभावक काफी दबाव में हैं। इतना ही नहीं कई स्कूल सीबीएसई पैटर्न से पढ़ा रहे थे।
ज्यादातर स्कूल सीबीएसई पैटर्न से पढ़ा रहे हैं
रायपुर जिले में 899 निजी स्कूल हैं, जिनमें 50 हजार से ज्यादा छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। इनमें से 69 स्कूल सीबीएसई, 6 आईसीएसई और 824 स्कूल सीजी बोर्ड से संबद्ध हैं। नियमानुसार सीजी बोर्ड से संबद्ध स्कूलों को सीजी बोर्ड के पाठ्यक्रम के अनुसार ही पढ़ाना चाहिए, लेकिन ज्यादातर स्कूल सीबीएसई पैटर्न पर ही पढ़ा रहे हैं।
अब अभिभावकों की चिंताएं बढ़ गई हैं
कुछ स्कूलों में परीक्षा से कुछ दिन पहले ही सीजी बोर्ड का पाठ्यक्रम पढ़ाना शुरू कर दिया गया है, जिस पर अभिभावकों ने आपत्ति जताई है। रायपुर के आरंग और शंकर नगर इलाके में कुछ अभिभावकों ने पाठ्यक्रम बदलने का आरोप लगाया और विरोध भी किया। इस मामले में स्कूल प्रबंधन को नोटिस जारी किया गया है, तथा उनकी ओर से जवाब आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
स्कूलों को नहीं मिलेंगे मॉडल पेपर
निजी स्कूल प्रबंधन का कहना है कि उन्हें विभाग से अभी तक मॉडल पेपर नहीं मिले हैं, जिसके आधार पर परीक्षा के पेपर तैयार किए जाएंगे। इसके अलावा पेपर और उत्तर पुस्तिकाओं की छपाई में भी समय लगेगा। स्कूल प्रबंधन को अभी तक पेपर नंबर और अन्य विवरण नहीं दिए गए हैं।
हाईकोर्ट में याचिका दायर
छत्तीसगढ़ निजी स्कूल प्रबंधन संघ ने कक्षा 5वीं-8वीं की बोर्ड परीक्षाओं के निर्णय को हाईकोर्ट में चुनौती दी है। उनका तर्क है कि स्कूलों को कक्षा 9वीं के बाद ही सीबीएसई से संबद्ध होने की अनुमति है, तथा उन्हें पहले से ही पता था कि वे सीजी बोर्ड से संबद्ध हैं।
NEET PG 2024 काउंसलिंग में गड़बड़ी का खुलासा, बिना तीन साल की अनिवार्य सेवा पूरी किए मिले 30% बोनस अंक
8 Feb, 2025 01:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर: छत्तीसगढ़ के मेडिकल कॉलेजों में नीट पीजी 2024 काउंसलिंग में बोनस अंक देने में अनियमितता का मामला सामने आया है। कुछ अभ्यर्थियों को तीन वर्ष की अनिवार्य सेवा पूरी किए बिना ही 30% बोनस अंक मिल गए, जिससे मेरिट लिस्ट प्रभावित हुई है। इस पर नीट पीजी 2024 के विद्यार्थियों ने स्वास्थ्य विभाग के आयुक्त सह संचालक को शिकायती पत्र सौंपा है।
कुछ अभ्यर्थियों ने गलत जानकारी देकर बोनस अंक प्राप्त किए
शिकायत में कहा गया है कि चिकित्सा शिक्षा विभाग के नियमों में स्पष्ट रूप से कहा गया है कि 31 जनवरी 2024 तक निर्धारित क्षेत्र में तीन वर्ष की सेवा पूरी करने वाले अभ्यर्थियों को ही सेवाकालीन आरक्षण और बोनस अंक का लाभ मिलना चाहिए। लेकिन इस वर्ष कुछ अभ्यर्थियों ने गलत जानकारी देकर बोनस अंक प्राप्त कर लिया और CIMS में प्रवेश ले लिया।
अभ्यर्थियों के प्रमाण पत्रों की दोबारा जांच की मांग
शिकायतकर्ताओं ने मामले को गंभीर बताते हुए आरोप लगाया है कि इन अभ्यर्थियों के प्रमाण पत्रों की दोबारा जांच की जाए और इनका प्रवेश निरस्त किया जाए। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि सही मेरिट के आधार पर अन्य वास्तविक अभ्यर्थियों को उनका उचित स्थान मिले।
तीन वर्ष की सेवा पूरी करने पर ही मिले 30% बोनस अंक
शिकायतकर्ताओं का कहना है कि 31 जनवरी 2024 तक निर्धारित क्षेत्र में तीन वर्ष की सेवा पूरी करने वाले अभ्यर्थियों को ही सेवाकालीन आरक्षण का लाभ मिलना चाहिए, जिसमें उनके कार्य क्षेत्र के आधार पर बोनस अंक जोड़े जाते हैं। लेकिन इस बार एमडी/एमएस कोर्स के प्रवेश में डॉ. भावेश पटेल को तीन वर्ष की सेवा पूरी किए बिना ही 30% बोनस अंक मिल गए और उन्हें सिम्स बिलासपुर में एमडी डर्मेटोलॉजी में प्रवेश दे दिया गया, जो अन्य नीट पीजी अभ्यर्थियों के साथ धोखा है।
CG मंत्रालयो में ई-ऑफिस शुरू, 31 मार्च तक सभी विभागों में लागू करने के दिए निर्देश
8 Feb, 2025 12:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि सरकार सुशासन को सशक्त बनाने तथा प्रशासनिक प्रक्रियाओं को पारदर्शी, प्रभावी और त्वरित बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। इस दिशा में एक जनवरी को विभागीय सचिवों की बैठक में सभी विभागों और कार्यालयों में ई-ऑफिस लागू करने के निर्देश दिए गए थे। उन्होंने कहा कि सामान्य प्रशासन विभाग की अधिकांश फाइलों का निपटारा ई-ऑफिस के माध्यम से किया जा रहा है और 31 मार्च 2025 तक सभी विभागों में इसका पूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित कर लिया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों और कर्मचारियों को ई-ऑफिस का प्रशिक्षण देने की बात कही, ताकि सभी विभागों में इसका प्रभावी क्रियान्वयन हो सके। छत्तीसगढ़ सरकार ने ई-गवर्नेंस को बढ़ावा देने और सरकारी कामकाज में पारदर्शिता लाने के उद्देश्य से चरणबद्ध तरीके से ई-ऑफिस प्रणाली लागू की है। पहले इसकी शुरुआत सामान्य प्रशासन विभाग में की गई थी और अब इसे मंत्रालय के सभी विभागों में लागू कर दिया गया है। अब तक 16 विभागाध्यक्ष कार्यालयों को ई-ऑफिस प्रणाली से जोड़ा जा चुका है और जिला स्तर पर भी इसे लागू करने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। सक्ती पहला जिला है, जहां ई-ऑफिस पूरी तरह लागू हो चुका है।
सीएम साय ने कहा कि ई-ऑफिस प्रणाली से शासकीय कार्यों की गति, दक्षता और पारदर्शिता में अभूतपूर्व सुधार आएगा। इस पहल से शासकीय प्रक्रियाओं में स्वचालन आएगा, जिससे फाइलों की ट्रैकिंग आसान होगी, निर्णय लेने में तेजी आएगी और भ्रष्टाचार पर अंकुश लगेगा। उन्होंने मुख्य सचिव को सभी विभागों में फाइलों का डिजिटल अनुमोदन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि शासकीय कार्यों में अनावश्यक विलंब समाप्त हो और प्रशासनिक निर्णयों का क्रियान्वयन शीघ्रता से हो सके।
राज्य सरकार हर स्तर पर डिजिटल गवर्नेंस को मजबूत करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के "डिजिटल इंडिया" अभियान को आगे बढ़ाते हुए छत्तीसगढ़ सरकार ने ई-गवर्नेंस को प्रभावी ढंग से लागू किया है, जिससे राज्य में सभी शासकीय सेवाएं अधिक पारदर्शी, सुचारू और त्वरित होंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में ई-गवर्नेंस को सुशासन के प्रभावी उपकरण के रूप में अपनाया गया है, जिससे शासकीय सेवाएं जनता तक तेजी से और आसानी से पहुंच सकेंगी।
ई-ऑफिस प्रणाली के लागू होने से फाइलों के अनुमोदन में लगने वाले समय में कमी आएगी, जिससे प्रशासनिक निर्णयों का क्रियान्वयन शीघ्रता से हो सकेगा। इसमें फाइलों की रियल टाइम ट्रैकिंग, डिजिटल दस्तावेजों की सुरक्षा और दोहराव को रोकने के लिए केंद्रीकृत डेटा प्रबंधन शामिल है। कागजी कार्रवाई कम होने से सरकारी कार्यालयों की कार्यकुशलता में सुधार आएगा और शासन अधिक प्रभावी और जवाबदेह बनेगा। ई-ऑफिस प्रणाली से कागज, मानव संसाधन और परिवहन लागत की भी बचत होगी, जिससे सरकारी खर्च में भी कमी आएगी।
मुख्यमंत्री ने सभी विभागों को ई-ऑफिस प्रणाली को प्राथमिकता के आधार पर लागू करने के निर्देश दिए हैं, ताकि सरकार की कार्य प्रणाली को और अधिक समयबद्ध, प्रभावी और पारदर्शी बनाया जा सके। उन्होंने कहा कि ई-ऑफिस का सफल क्रियान्वयन छत्तीसगढ़ को डिजिटल परिवर्तन के अग्रणी राज्यों में से एक बनाने की दिशा में एक ठोस कदम होगा।
छत्तीसगढ़ में फिर बदलेगा मौसम, आने वाले दिनों में बढ़ेगा तापमान, चुभने लगेगी धूप
8 Feb, 2025 12:09 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर: छत्तीसगढ़ में इन दिनों मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। अधिकतम तापमान और न्यूनतम तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। वहीं न्यूनतम तापमान में गिरावट के बाद कुछ दिनों तक पारे में किसी तरह के बदलाव की संभावना नहीं है, लेकिन उत्तरी और मध्य भाग में बदलाव देखने को मिल सकता है। न्यूनतम तापमान में गिरावट की वजह से रात में ठंड बढ़ गई है। इन दिनों प्रदेश में मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिल रहा है। पश्चिमी विक्षोभ के असर से प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। आज यानी शनिवार को प्रदेश में मौसम साफ रहेगा। वहीं अब ठंड फिर लौट आई है। मौसम में आए बदलाव की वजह से आने वाले दिनों के मुकाबले न्यूनतम तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी। वहीं आज 8 फरवरी को एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिसकी वजह से तापमान में फिर से बढ़ोतरी होने लगेगी। मौसम विभाग के मुताबिक छत्तीसगढ़ में अधिकतम तापमान में मामूली गिरावट के बाद कोई खास बदलाव की संभावना नहीं है। उत्तरी और मध्य भागों में अगले दो दिनों में न्यूनतम तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की संभावना है। इसके बाद धीरे-धीरे दो से तीन डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने की संभावना है।
मौसम विशेषज्ञों ने बताया कि न्यूनतम तापमान में गिरावट के कारण रात में ठंड लौट सकती है। हालांकि इस दौरान मौसम में ज्यादा बदलाव नहीं होगा। पश्चिमी विक्षोभ के असर से प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान में उतार-चढ़ाव हो रहा है।
उत्तरी और मध्य छत्तीसगढ़ में तापमान में दो से चार डिग्री की गिरावट के बाद फिर धीरे-धीरे तीन डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है। वहीं, राजधानी रायपुर में आज मौसम साफ रहेगा। इसके साथ ही यहां अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की विशेष पहल
7 Feb, 2025 08:40 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मंशानुरूप छत्तीसगढ़ राज्य में वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए अब पेट्रोल पम्पों पर वाहनों की प्रदूषण जांच के सेंटर (पीयूसी) स्थापित किए जाएंगे। इसके लिए पेट्रोलियम कम्पनियों ने अपनी सहमति दे दी है। पेट्रोल पंपों पर प्रदूषण जांच केंद्र स्थापित होने से वाहन चालकों को पीयूसी प्रमाण पत्र बनवाने में आसानी होगी और उन्हें अन्य केंद्रों की तलाश में भटकना नहीं पड़ेगा। इसके अलावा, यह पहल वाहनों से होने वाले वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने में मददगार और राज्य में पर्यावरण सुरक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम होगा।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने 4 फरवरी 2025 को परिवहन विभाग की समीक्षा बैठक में वाहनों के धुएं से होने वाले वायु प्रदूषण की रोकथाम के लिए प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए थे। इसी के तहत 7 फरवरी 2025 को परिवहन सचिव एवं परिवहन आयुक्त एस. प्रकाश और अपर परिवहन आयुक्त डी. रविशंकर की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम, हिंदुस्तान पेट्रोलियम और रिलायंस इंडस्ट्रीज के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक में पेट्रोलियम कंपनियों के प्रतिनिधियों ने अपने पेट्रोल पंपों में प्रदूषण जांच केंद्र (पीयूसी सेंटर) स्थापित करने पर सहमति जताई। यह निर्णय राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) और केंद्र सरकार के दिशा-निर्देशों को ध्यान में रखते हुए लिया गया है, जिससे वायु प्रदूषण को नियंत्रित कर आमजन के स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। बैठक में इंडियन ऑयल कॉर्पाेरेशन के मुख्य प्रबंधक उपेन्द्र गिरी, भारत पेट्रोलियम के चीफ मैनेजर बी. देवकुमार, रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड के प्रबंधक श्रेयस गुप्ता और हिंदुस्तान पेट्रोलियम के मुख्य प्रबंधक गौतम कुमार सहित परिवहन विभाग और पेट्रोलियम कंपनियों के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
छत्तीसगढ़ का अनुपम सौंदर्य सदैव आपकी स्मृतियों में रहेगा अंकित : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय
7 Feb, 2025 08:39 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर : छत्तीसगढ़ बहुत सुंदर प्रदेश है और नैसर्गिक सुंदरता, सांस्कृतिक धरोहर और समृद्ध जैव विविधता इसे खास पहचान देती है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से आज उनके निवास कार्यालय में नेशनल डिफेंस कॉलेज से आए 18 सैन्य और सिविल सर्विस के अधिकारियों के दल ने छत्तीसगढ़ भ्रमण उपरांत उनसे मुलाकात कर अपने अनुभवों को साझा करते हुए यह बातें कही। मुख्यमंत्री ने उत्सुकता के साथ सभी सैन्य अधिकारियों से उनके छत्तीसगढ़ भ्रमण को लेकर चर्चा की।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सभी अधिकारियों का आत्मीय स्वागत करते हुए प्रदेश की भौगोलिक विशेषताओं, सांस्कृतिक धरोहर और विकास यात्रा पर विस्तार से चर्चा की। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ केवल भौगोलिक रूप से ही नहीं, बल्कि सांस्कृतिक और ऐतिहासिक रूप से भी अद्वितीय है। प्रदेश का 44 प्रतिशत भूभाग वनाच्छादित है, और आदिवासी समुदायों की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा हमारी धरोहर का अभिन्न अंग हैं। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ का सौंदर्य अनुपम है। आपने जो यात्रा की है, वह सिर्फ प्राकृतिक दृश्यों का अनुभव नहीं, बल्कि एक जीवंत संस्कृति और इतिहास से जुड़ा हुआ सफर भी है। यह अनुभव सदैव आपकी स्मृतियों में अंकित रहेगा।
मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ में नक्सल उन्मूलन को लेकर किए जा रहे प्रयासों पर विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि नक्सल उन्मूलन की दिशा में छत्तीसगढ़ ने उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की है। हम न केवल सुरक्षा दृष्टिकोण से बल्कि शिक्षा, बुनियादी ढांचे और आर्थिक अवसरों के माध्यम से भी इस समस्या का समाधान कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि छत्तीसगढ़ में हमने औद्योगिक और शहरी विकास के साथ-साथ ग्रामीण एवं आदिवासी समुदायों के उत्थान पर भी समान रूप से ध्यान दिया है। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि हमारी सरकार का प्रयास है कि छत्तीसगढ़ आत्मनिर्भरता, नवाचार और उत्कृष्ट शासन प्रणाली का उदाहरण बने। आपका यह भ्रमण हमारे प्रयासों को एक राष्ट्रीय और वैश्विक दृष्टिकोण से देखने का अवसर प्रदान करता है।
नेशनल डिफेंस कॉलेज के अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि उन्होंने अपने प्रवास के दौरान आईआईएम रायपुर, इंटीग्रेटेड कमांड कंट्रोल सेंटर, ग्रीन फील्ड सिटी और स्मार्ट सिटी परियोजनाओं का अवलोकन किया। इसके अलावा उन्होंने मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक से कानून व्यवस्था और नक्सल उन्मूलन अभियान के संबंध में चर्चा की। अधिकारियों ने सिरपुर, एजुकेशन सिटी दंतेवाड़ा, कांकेर वुड आर्ट सेंटर, जंगल वारफेयर कॉलेज, कोंडागांव के टाटामारी और शिल्पग्राम, बादल एकेडमी और चित्रकोट जलप्रपात का भ्रमण किया।
दल का नेतृत्व कर रहे एडमिरल संदीप सिंह संधु ने बताया कि नेशनल डिफेंस कॉलेज के द्वारा प्रति वर्ष एक वर्षीय कोर्स संचालित किया जाता है, जिसमें सेना, सिविल सेवा और अंतरराष्ट्रीय रक्षा अधिकारियों को रणनीतिक विषयों पर प्रशिक्षित किया जाता है। इस वर्ष 124 अधिकारी इस कोर्स में शामिल हैं, जिनमें 13 भारतीय और 5 अन्य देशों के अधिकारी छत्तीसगढ़ के सांस्कृतिक एवं प्रशासनिक ढांचे को समझने के लिए भ्रमण पर आए है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध सिंह, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक विवेकानंद झा, मुख्यमंत्री के सचिव राहुल भगत, पी. दयानंद और डॉ. बसवराजू एस उपस्थित रहे। नेशनल डिफेंस कॉलेज के अधिकारियों में ब्रिगेडियर अमितोज सिंह, संदीप कुमार मिश्रा, कोमोडोर कार्तिक मूर्ति, ब्रिगेडियर अनिरुद्ध सिंह कंवर, एयर कोमोडोर शेखर यादव, ब्रिगेडियर गुरप्रीत सिंह मान, ब्रिगेडियर रजनीश मोहन, कैप्टन एम. व्ही. ओरपे सहित श्रीलंका, मोरक्को, नाइजीरिया, नेपाल और यूएई के अधिकारी शामिल थे।
ठाड़पथरा में पर्यटन को बढ़ावा देने विविध गतिविधियों का आयोजन
7 Feb, 2025 08:37 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर : गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही जिले में पर्यटन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में गुरुवार को गौरेला जनपद के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल ठाड़पथरा में विशेष पर्यटन गतिविधियों का आयोजन किया गया। इस आयोजन के तहत स्थानीय पर्यटन समिति को प्रशिक्षित किया गया, साथ ही बनमनई नेचर कैंप का आयोजन हुआ, जिसमें पर्यटकों और विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
कार्यक्रम के दौरान इंदिरा गांधी जनजातीय विश्वविद्यालय, अमरकंटक के 40 विद्यार्थियों सहित कई पर्यटकों ने रोमांचक जंगल ट्रैकिंग में हिस्सा लिया। मुख्य प्रशिक्षक एवं पर्यावरणविद संजय पयासी ने सैलानियों को अमरावती गंगा नदी के किनारे रिवर वॉक कराते हुए जिले की समृद्ध जैव विविधता से परिचित कराया। उन्होंने दुर्लभ औषधीय वृक्षों जैसे दहीमन, कुरकुट, अर्जुन, अमलताश, सेमल और साल की पहचान कराई। ट्रैकिंग का मुख्य आकर्षण अमरावती नदी के किनारे स्थित कमरापथरा से ऐतिहासिक माई के मंडप तक की रोमांचक यात्रा रही।
माई के मंडप नर्मदा नदी के विवाह से जुड़ी लोककथा के लिए प्रसिद्ध है। इसे दुनिया का पहला विवाह मंडप माना जाता है। यहां मौजूद पत्थरों पर उकेरी गई बारात के बरतन की आकृतियां पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनीं। सैलानियों ने माई के मंडप के झरने का आनंद लिया और इस ऐतिहासिक स्थल की पौराणिकता को करीब से महसूस किया।
ट्रैकिंग और झरने में स्नान के बाद पर्यटकों ने स्थानीय पर्यटन समिति द्वारा तैयार पारंपरिक देशी भोजन का आनंद उठाया, जिसे माहुल पत्ती के पत्तलों में परोसा गया। शाम होते ही ठाड़पथरा के मड हाउस स्थित झील किनारे कैंप फायर का आयोजन हुआ। चांदनी रात में पैडल बोटिंग का अनुभव पर्यटकों के लिए अविस्मरणीय रहा।
इस दौरान स्थानीय बैगा महिलाओं ने पारंपरिक लोकगीत और नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति दी, जिसमें पर्यटक भी झूम उठे। इसके बाद स्टोरी टेलिंग सेशन में सभी ने अपने अनुभव साझा किए और पर्यटन स्थल की ऐतिहासिक व सांस्कृतिक विरासत को और करीब से जाना। इस आयोजन ने गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही जिले में पर्यटन की अपार संभावनाओं को एक नई दिशा दी है। स्थानीय प्रशासन द्वारा किए जा रहे प्रयासों से न केवल स्थानीय पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि क्षेत्रीय रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
एक्टिवा सवार युवकों को टक्कर मार रशियन लड़की ने बिच सड़क मचाया बवाल, पुलिस से भी की बदसलूकी
7 Feb, 2025 04:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर: रायपुर वीआईपी रोड पर दोपहर 12.30 बजे एक रशियन युवती डीपीओ के साथ कार चला रही थी। इस दौरान कार अनियंत्रित हो गई और एक दोपहिया वाहन को टक्कर मार दी। दोपहिया वाहन सवार घायल हो गए। इसके बाद लोगों ने कार को घेर लिया। इससे नाराज युवती ने हंगामा कर दिया। इससे सड़क पर जाम लग गया। काफी देर तक हंगामा चलता रहा। फिर तेलीबांधा पुलिस रशियन युवती और डीपीओ को थाने ले गई। पुलिस ने कार चालक के खिलाफ जुर्म दर्ज कर लिया है। पुलिस के मुताबिक ललित चंदेल, नीलकमल साहू, अरुण विश्वकर्मा वीआईपी रोड स्थित एक होटल में वीडियो शूट कर दोपहर 12.30 बजे दोपहिया वाहन सीजी 11 बीएन 5399 से घर लौट रहे थे। इसी दौरान लेवर वैली अमलीडीह जाने वाली सड़क के पास सामने से आ रही कार सीवी 10 एफए 5046 ने उनके दोपहिया वाहन को टक्कर मार दी। इससे युवक घायल हो गए। इनमें से एक गंभीर रूप से घायल हो गया। दोपहिया वाहन भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। कार का अगला हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया।
खूब हंगामा हुआ
घटना के बाद भीड़ जमा हो गई। लोगों ने एकत्र होकर कार को घेर लिया। कार की नंबर प्लेट पर लोक अभियोजक लिखा था। इसमें डीआरआई डीपीओ एडवोकेट भावेश आचार्य और उज्बेकिस्तान (रूस) निवासी नोदिरा खौन सवार थे। भीड़ ने गाली-गलौज शुरू कर दी। इससे माहौल बिगड़ गया। दोनों तरफ से जमकर हंगामा हुआ। इसी बीच किसी ने लड़की का फोन छीन लिया। इससे लड़की भड़क गई और उसने जमकर हंगामा किया। तेलीबांधा पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
थाने जाने को तैयार नहीं थी लड़की: पुलिस जब डीपीओ और लड़की को थाने ले जाने लगी तो लड़की जाने को तैयार नहीं थी। वह अपना मोबाइल मांगती रही। काफी देर तक हंगामा चलता रहा। पुलिस के पास कोई महिला कर्मचारी नहीं थी। इस कारण वे उसका ज्यादा कुछ नहीं कर पाए। काफी मशक्कत के बाद लड़की और डीपीओ को थाने लाया गया। पुलिस ने कार चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों नशे में लग रहे थे।
मुंबई से आई थी रूसी युवती
पुलिस के अनुसार रूसी युवती 30 जनवरी को मुंबई से रायपुर पहुंची थी। इसके बाद वह यहां एक बड़े होटल में रुकी थी। रायपुर आने के लिए किस तरह का वीजा लिया गया था? यह तेलीबांधा पुलिस नहीं बता सकी। साथ ही वह किस उद्देश्य से आई थी? इसका भी खुलासा नहीं हो सका। तेलीबांधा पुलिस ने कार चालक के खिलाफ भादंसं की धारा 281, 125 ए के तहत अपराध दर्ज किया है।
भाजपा बनाएगी सरकार दिल्ली में सरकार, दिल्ली विधानसभा चुनाव पर सीएम साय का जवाब
7 Feb, 2025 03:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर: छत्तीसगढ़ के रायपुर में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दिल्ली विधानसभा चुनाव को लेकर कहा कि मतदान के बाद एग्जिट पोल के रुझान सामने आने लगे हैं। इसमें सत्ता परिवर्तन के संकेत मिल रहे हैं। दिल्ली में भाजपा की सरकार बनेगी। उन्होंने एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बातचीत में यह बयान दिया।
आप ने दिल्ली की जनता को धोखा दिया
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि दिल्ली चुनाव के एग्जिट पोल को देखते हुए देश की जनता का भरोसा भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर है। उन्होंने कहा कि इस बार निश्चित तौर पर दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनेगी, क्योंकि 10 साल तक आम आदमी पार्टी की सरकार ने जनता को धोखा दिया है।
EVM में डालेंगे दो बार वोट, राज्य निर्वाचन आयुक्त ने दिए आदेश, जागरूकता अभियान पर जोर
7 Feb, 2025 03:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर: छत्तीसगढ़ के रायपुर में नगरीय निकाय एवं त्रिस्तरीय पंचायत आम निर्वाचन 2025 की तैयारियों के संबंध में राज्य निर्वाचन आयुक्त अजय सिंह ने शासकीय इंजीनियरिंग कॉलेज सेजबहार में जिला अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने मतदान केंद्रों, ईवीएम मशीनों की व्यवस्था, चुनाव प्रबंधन, सुरक्षा प्रबंधन, मतदान कर्मियों की उपलब्धता, ईवीएम मशीनों की कमीशनिंग और मतदाता जागरूकता अभियान की समीक्षा की।
एक ही ईवीएम मशीन में दो वोट
उन्होंने निर्देश दिए कि मतदान प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ पूरी की जाए। उन्होंने कहा कि चुनाव में मतदाता एक ही ईवीएम मशीन में दो बार वोट करेंगे, एक महापौर/अध्यक्ष के लिए और दूसरा पार्षद के लिए। इसके प्रति जागरूकता जरूरी है, इसलिए मतदाताओं को इस प्रक्रिया के प्रति जागरूक करने के लिए जागरूकता अभियान चलाए जाएं।
उन्होंने कहा कि आदर्श आचार संहिता का कड़ाई से पालन किया जाए और किसी भी तरह का उल्लंघन होने पर तत्काल कार्रवाई की जाए। इस दौरान उन्होंने कॉलेज में बनाए गए स्ट्रांग रूम का निरीक्षण किया। मतदान सामग्री वितरण और मतगणना स्थल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
महिला ने पति के खिलाफ दायर किया केस, हाई कोर्ट ने दूसरी शादी को सही ठहराया
7 Feb, 2025 12:31 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर: छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय ने द्विविवाह के आरोप में एक महिला के खिलाफ चल रही आपराधिक कार्यवाही को रद्द कर दिया है। न्यायालय ने कहा कि भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 494, जो जीवित पति या पत्नी रहते हुए दूसरा विवाह करने पर सजा का प्रावधान करती है, दूसरी पत्नी पर लागू नहीं होती। न्यायमूर्ति अरविंद कुमार वर्मा की एकल पीठ ने ऐसे मामलों में दूसरी पत्नी की कानूनी स्थिति को स्पष्ट किया।
2011 में एक व्यक्ति ने अपनी पहली पत्नी के रहते हुए दूसरा विवाह किया। पहली पत्नी ने आईपीसी की धारा 494 के तहत द्विविवाह का मामला दर्ज कराया था। दूसरी पत्नी ने इस मामले को रद्द करने के लिए बीएनएसएस 2023 की धारा 528 के तहत याचिका दायर की। न्यायालय ने दूसरी पत्नी के पक्ष में फैसला सुनाते हुए कहा कि उसे दूसरी शादी के वक्त पति की पहली शादी की जानकारी नहीं थी।
पत्नी को बिना तलाक दिए दूसरी शादी
यह मामला 2006 में हुई पहली शादी से शुरू होता है। 2009 में इस दंपत्ति को एक बेटी हुई। बाद में, पति और उसके परिवार ने पहली पत्नी के साथ दुर्व्यवहार करना शुरू कर दिया। पति ने दूसरी शादी कर ली और पहली पत्नी को घर से निकाल दिया। पहली पत्नी को पता चला कि उसके पति ने मई 2011 में बिना तलाक दिए दूसरी शादी कर ली है। उसने शिकायत दर्ज कराने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हुई। आखिरकार उसने अपने पति, दूसरी पत्नी और दो अन्य लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। इस शिकायत के आधार पर आईपीसी की धारा 498-A, 494 और 34 के तहत मामला दर्ज किया गया।
आईपीसी की धारा 494
न्यायमूर्ति वर्मा ने अपने फैसले में आईपीसी की धारा 494 पर ध्यान केंद्रित किया। यह धारा जीवित पति या पत्नी के रहते हुए पुनर्विवाह से संबंधित है। न्यायालय ने इस बात पर ज़ोर दिया कि यह धारा केवल उन लोगों पर लागू होती है जो पहले से शादीशुदा हैं और फिर से शादी करते हैं। धारा 494 में लिखा है कि जिसका पति या पत्नी जीवित हो, वह विवाह करे...। इसका सीधा सा मतलब है कि यह अपराध केवल उसी व्यक्ति द्वारा किया जा सकता है जिसका वैध विवाह पहले से ही मौजूद हो।
मामले पर हाई कोर्ट ने क्या कहा
न्यायालय ने पाया कि दूसरी पत्नी उस समय अविवाहित थी जब उसने आरोपी से शादी की थी। इसलिए, वह धारा 494 के तहत अपराध की ज़रूरी शर्त को पूरा नहीं करती है। धारा 494 के लिए जरूरी है कि दूसरी शादी के समय पहला पति या पत्नी जीवित हो। न्यायालय ने स्पष्ट किया कि जो व्यक्ति अविवाहित है और किसी ऐसे व्यक्ति से शादी करता है जिसका पहले से विवाह है, वह धारा 494 के तहत दोषी नहीं है। दोष उस व्यक्ति का है जिसका पिछला विवाह वैध है। न्यायालय ने यह भी नोट किया कि दूसरी पत्नी को शादी के समय आरोपी की पिछली शादी के बारे में पता नहीं था।
मामला जारी रखना कानूनी प्रक्रिया का दुरुपयोग- कोर्ट
न्यायालय ने यह भी कहा कि अगर दूसरी पत्नी के खिलाफ मुकदमा जारी रखा जाता है, तो यह कानूनी प्रक्रिया का दुरुपयोग होगा। इसलिए, उच्च न्यायालय ने दूसरी पत्नी की याचिका स्वीकार कर ली और उसके खिलाफ चल रही आपराधिक कार्रवाई को रद्द कर दिया। न्यायालय ने कहा कि धारा 494 आईपीसी के तहत दूसरी पत्नी पर मुकदमा चलाना अनुचित है।
आचार्य विद्यासागर के योगदान को मान्यता देने के लिए सिक्का जारी
7 Feb, 2025 12:21 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
केंद्रीय:गृहमंत्री अमित शाह एक दिवसीय दौरे पर छत्तीसगढ़ पहुंचे हुए हैं। उनका यह दौरा पहली नजर में धार्मिक माना जा रहा है। इसकी वजह है कि वह गुरुवार के दिन चंद्रगिरी स्थित जैन संत शिरोमणि आचार्य विद्यासागर जी महाराज की प्रथम समाधि स्मृति महोत्सव में शामिल हुए। इसके बाद वह मां बम्बलेश्वरी मंदिर पहुंच पूजा अर्चना भी की दरअसल, गृहमंत्री अमित शाह जिले के डोंगरगढ़ चंद्रगिरी में आयोजित प्रथम समाधि स्मृति महोत्सव में शामिल होने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज के समाधि स्थल पर पहुंच कर पूजा अर्चना की है। इसके बाद जनता को संबोधित करते हुए कहा कि यहां देश भर के अनुयायी आये हुए हैं। मैं सभी को नमन करता हूं।
आचार्य का जीवन राष्ट्र को समर्पित
जैन संत के अनुयायी को संबोधित करते हुए गृहमंत्री ने कहा कि आचार्य विद्यासागर जी महाराज के जीवन का क्षण-क्षण और शरीर का कण-कण राष्ट्र को समर्पित रहा है। तप और साधना से उन्होंने देश को विश्व में पहचान दिलाई है। उन्होंने आगे कहा कि महाराज जी केवल संत नहीं थे। वे ऐसे विद्वान पुरुष थे जिन्होंने नए विचार को जन्म दिया है।
सिक्का और डाक टिकट जारी
जैन संत शिरोमणि विद्यासागर जी महाराज के प्रथम समाधि स्मृति कार्यक्रम में पहुंचे गृहमंत्री अमित शाह ने आचार्य विद्यासागर महाराज की तस्वीर वाला 100 रूपये का सिक्का जारी किया गया,108 पदचिन्हों का विमोचन और 5 रुपए का डाक टिकट जारी किया है।
सभी को एक करने का काम जैन मुनियों ने किया
गृहमंत्री ने कहा कि सभी लोगों को एक करने का काम जैन मुनियों ने किया है। आचार्य जी का जीवन धर्म,संस्कृति और राष्ट्र को समर्पित है। मैं ऐसे महान संत को मैं प्रणाम करने आया हूं। संत शिरोमणि की लिखी मूकमाटी में अनेक लोगों ने पीएचडी की है।
मैं आचार्य की कही बात दोहराना चाहता हूं कि भोजन के थाल में जितने व्यंजन होते हैं वह उतना ही अच्छा होता है। भारत में अलग अलग धर्म संस्कृति है जो अपने में अलग है। आचार्य जी ने कई लोगों को प्रेरित किया है। उनके कई अनुयायी है। उन ढेर सारे अनुयायी में मैं भी एक अनुयायी हूं। यह समाधि स्थल पूरे विश्व में अपना नाम हो।
विद्यासागर महाराज की प्रथम समाधि स्मृति
आपको बता दें कि जैन संत शिरोमणि विद्यासागर जी महाराज ने 18 फरवरी के दिन डोंगरगढ़ के चंद्रगिरी तीर्थ में समाधि ली थी। हालांकि उस दिन जो तिथि थी उसके चलते 6 फरवरी को उनकी समाधि के एक वर्ष पूरे हो रहे हैं। एक वर्ष पूर्ण होने पर चंद्रिगिरी तीर्थ पर 1 से 6 फरवरी त कर भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया।
मां बम्बलेश्वरी मंदिर पहुंच किए दर्शन
चंद्रगिरी स्थित प्रतिभास्थली में कार्यक्रम के बाद जैन संतों के साथ भोजन किया इसके बाद वे मां बम्बलेश्वरी मंदिर के लिए निकल गए। यहां उन्होंने मां बम्बलेश्वरी के दर्शन कर पूजा अर्चना की। इस पूरे कार्यक्रम के दौरान सीएम साय, वित्तमंत्री ओपी चौधरी और सांसद मौजूद रहे।
क्यों खास माना जा रहा दौरा
छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय चुनाव का बिगुल बज चुका है। यहां 11 फरवरी के दिन राज्य में वोटिंग भी होनी है। ऐसे में चुनाव मतदान से पहले गृहमंत्री का दौरा खास माना जा रहा है। धार्मिक कार्यक्रम से फुर्सत पाने के बाद वह सीएम और मंत्रियों के साथ निकाय चुनाव पर भी चर्चा कर सकते हैं। विधानसभा चुनाव में बंपर जीत के बाद निकाय चुनाव में अच्छा प्रदर्शन करने का दबाव जरूर रहेगा।
राशिफल 22 जुलाई 2026: जानिए आज का दिन आपके लिए कैसा रहेगा
किसान अब उन्नत तकनीक की ओर अग्रसर, पैडी ट्रांसप्लांटर विधि से धान रोपाई
मध्यप्रदेश पुलिस का नशे के विरुद्ध सख्त प्रहार
राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम सामाजिक न्याय की सबसे बड़ी गारंटी : खाद्य मंत्री राजपूत
अपनी मेहनत और समर्पण से बड़वानी बन रहा देश में कृषि, उद्यमिता एवं नवाचार का उदाहरण : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
निर्वाचन तैयारियां एवं स्वीप गतिविधियां तेज
मुख्यमंत्री डॉ. यादव से मिले पारस डिफेंस एंड स्पेस टेक्नोलॉजीस कम्पनी के पदाधिकारी
सिक्किम टनल हादसा: मृतक मजदूरों के परिजनों को मुआवजे का ऐलान
विपक्ष के प्रदर्शन के बीच पुलिस की कार्रवाई, राहुल-अखिलेश हिरासत में
