छत्तीसगढ़
परीक्षा पे चर्चा : युवाओं और अभिभावकों को संबल देने वाली पहल – मुख्यमंत्री विष्णु देव साय
10 Feb, 2025 08:05 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी केवल देश की प्रगति की चिंता ही नहीं करते, बल्कि वे युवाओं से विशेष जुड़ाव रखते हैं। उनका यह प्रयास है कि भावी पीढ़ी सही निर्णय ले, जीवन की परीक्षाओं को आत्मविश्वास के साथ दे और देशहित में अपनी ऊर्जा का सर्वोत्तम उपयोग करे। प्रधानमंत्री की यह सोच "परीक्षा पे चर्चा" के माध्यम से मूर्त रूप लेती है, जो देश के करोड़ों छात्रों और उनके अभिभावकों को संबल प्रदान करने वाली पहल है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज रायपुर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित "परीक्षा पे चर्चा" कार्यक्रम के दौरान यह बात कही।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दीनदयाल उपाध्याय आडिटोरियम शामिल होकर छात्र-छात्राओं के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की वार्ता "परीक्षा पे चर्चा" को सुना। इसके उपरांत विद्यार्थियों से चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री साय ने बोर्ड सहित अन्य परीक्षाओं की तैयारी भयमुक्त और तनावरहित वातावरण में करने के लिए छात्र छात्रों को प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पिछले आठ वर्षों से लगातार परीक्षा के समय देश के विद्यार्थियों से संवाद कर रहे हैं और उन्हें मूल्यवान टिप्स दे रहे हैं। सालभर की मेहनत के बावजूद परीक्षा के समय तनाव और दबाव का अनुभव होना स्वाभाविक है, लेकिन प्रधानमंत्री की यह पहल इस समस्या को दूर करने में अत्यंत प्रभावी सिद्ध हो रही है। प्रधानमंत्री न केवल छात्रों से संवाद करते हैं, बल्कि अपने अनुभवों के माध्यम से सफलता का मंत्र भी देते हैं। यह संवाद न केवल बच्चों बल्कि उनके अभिभावकों को भी बहुत कुछ सिखाता है। मुख्यमंत्री ने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने बच्चों पर अनावश्यक दबाव न डालें, बल्कि परीक्षा के समय उनका मनोबल बढ़ाएं।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री हमेशा बच्चों को छोटे-छोटे लक्ष्य निर्धारित करने, संतुलित आहार लेने, भरपूर नींद लेने और मानसिक शांति बनाए रखने की सलाह देते हैं। इस वर्ष उन्होंने "सूर्य स्नान" के महत्व पर भी चर्चा की, जिससे विद्यार्थियों को शारीरिक और मानसिक स्फूर्ति प्राप्त होती है। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को धन्यवाद देते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रम विद्यार्थियों के आत्मविश्वास को बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें नई प्रेरणा भी देते हैं।
मुख्यमंत्री ने साझा किए छात्र जीवन से जुड़े अनुभव
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस अवसर पर अपने छात्र जीवन से जुड़े प्रेरक अनुभव भी साझा किए। उन्होंने कहा कि गांव में उनकी प्रारंभिक शिक्षा हुई और वे पढ़ाई में हमेशा अच्छे रहे। लेकिन बचपन में ही पिता के निधन ने जीवन में कई चुनौतियाँ प्रस्तुत कीं, जिससे उन्होंने बहुत कुछ सीखा। उन्होंने आगे बताया कि उनकी हैंडराइटिंग बहुत अच्छी थी और शिक्षक उसे अन्य विद्यार्थियों के लिए उदाहरण के रूप में प्रस्तुत करते थे।
मुख्यमंत्री साय ने विद्यार्थियों को संदेश देते हुए कहा कि परीक्षा के दौरान आत्मविश्वास बनाए रखना बेहद आवश्यक है। उन्होंने कहा कि तनाव तो स्वाभाविक है, लेकिन जब हमें अपनी तैयारी पर भरोसा होता है, तो हम किसी भी चुनौती का सामना कर सकते हैं।
कार्यक्रम के दौरान रायपुर के मयाराम सुरजन शासकीय स्कूल की छात्रा युक्तामुखी साहू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात का अनुभव मुख्यमंत्री साय के साथ साझा किया। उन्होंने बताया कि परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम के दौरान उन्हें प्रधानमंत्री से सीधे सवाल पूछने का अवसर मिला, जो उनके लिए अविस्मरणीय क्षण था। युक्तामुखी ने कहा कि प्रधानमंत्री ने उनके प्रश्न का उत्तर देते हुए सकारात्मक रहने और छोटी-छोटी खुशियों में आनंद खोजने का मंत्र दिया। इस पर मुख्यमंत्री ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह गर्व की बात है कि हमारे प्रदेश से 20 लाख से अधिक छात्र छात्राओं ने प्रधानमंत्री से सवाल पूछने के लिए आवेदन किया।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि "परीक्षा पे चर्चा" केवल परीक्षा तक सीमित नहीं, बल्कि यह युवाओं के मानसिक विकास और आत्मविश्वास को बढ़ाने वाली एक सशक्त पहल है। यह कार्यक्रम न केवल छात्रों को, बल्कि अभिभावकों को भी उनके मार्गदर्शन और सहयोग की दिशा में नई दृष्टि प्रदान करता है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस संवाद को अत्यंत प्रेरणादायक बताते हुए विद्यार्थियों को परीक्षा में बेहतरीन प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव सिद्धार्थ कोमल परदेशी, समग्र शिक्षा के प्रबंध संचालक संजीव कुमार झा, संचालक शिक्षा श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा सहित शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।
राजधानी में ATS ने 3 बांग्लादेशी नागरिकों को किया गिरफ्तार, पूछताछ से हो सकती है बड़ी जानकारी
10 Feb, 2025 05:32 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छत्तीसगढ़: राजधानी रायपुर में अवैध रूप से रह रहे तीन बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई एटीएस और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त रूप से की। पुलिस ने इन आरोपियों के कब्जे से फर्जी दस्तावेज भी बरामद किये है। पूछताछ के दौरान कई बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।सूत्रों के अनुसार, हाल ही में सुरक्षा एजेंसियों को सूचना मिली थी कि रायपुर में कुछ विदेशी नागरिक फर्जी पहचान के सहारे रह रहे हैं। इस इनपुट के आधार पर एटीएस और पुलिस की संयुक्त टीम ने गुप्त जांच शुरू की। जांच के दौरान तीन संदिग्धों की गतिविधियां संदिग्ध पाई गईं। जब पुलिस ने उनके भारतीय पहचान पत्र और अन्य सरकारी दस्तावेज की जांच की, तो पाया गया कि उनके पास मौजूद दस्तावेज फर्जी निकले। इसके बाद टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों को हिरासत में ले लिया।
कैसे बने थे फर्जी दस्तावेज?
प्रारंभिक जांच के बाद आशंका जाते जा रही है कि गिरफ्तार किए गए बांग्लादेशी नागरिकों ने दलालों की मदद से भारतीय नागरिकता से जुड़े फर्जी दस्तावेज बनवाए होंगे। ये दलाल अवैध प्रवासियों को नकली पहचान पत्र बनवाने में मदद करते हैं, जिससे वे भारत में आसानी से रह सकें और विभिन्न सरकारी सुविधाओं का लाभ उठा सकें।
गिरफ्तार किए गए बांग्लादेशी नागरिकों की पहचान ?
1 – मोहम्मद इस्माईल (27 वर्ष)
पिता का नाम: शेख शमसुद्दीन
मूल निवासी: नाभरन, जिला जैसोर, प्रांत खुलना, बांग्लादेश
वर्तमान पता: मिश्रा बाड़ा, ताजनगर टिकरापारा, रायपुर
2 – शेख अकबर (23 वर्ष)
पिता का नाम: शेख शमसुद्दीन
मूल निवासी: नाभरन, जिला जैसोर, प्रांत खुलना, बांग्लादेश
वर्तमान पता: मिश्रा बाड़ा, ताजनगर टिकरापारा, रायपुर
3 – शेख साजन (22 वर्ष)
पिता का नाम: शेख शमसुद्दीन
मूल निवासी: नाभरन, जिला जैसोर, प्रांत खुलना, बांग्लादेश
रायपुर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं और विदेशी नागरिक अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। इन्हें अदालत में पेश किया जाएगा, जहां पुलिस उनकी रिमांड की मांग करेगी ताकि उनसे गहराई से पूछताछ की जा सके।
सुरक्षा एजेंसियों की सतर्कता बढ़ी
यह मामला सामने आने के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं और रायपुर समेत राज्य के अन्य शहरों में भी अवैध प्रवासियों की तलाश तेज कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि वे ऐसे किसी भी संदिग्ध व्यक्ति की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई करेंगे। रायपुर पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, “यह कार्रवाई राज्य की सुरक्षा के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। हम किसी भी संदिग्ध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं करेंगे। अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों के खिलाफ हमारी मुहिम जारी रहेगी।”
आयुष्मान योजना में घोटाला: बिलासपुर के चार बड़े अस्पतालों को नोटिस, जांच जारी
10 Feb, 2025 05:09 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
Bilaspur Hospitals Fraud Case: केंद्र सरकार की आयुष्मान भारत योजना, जिसका उद्देश्य गरीब और मिडिल क्लास परिवारों को इलाज मुहैया कराना है, अब विवादों में घिर गई है।इस योजना के तहत, मरीजों से पैसे लिए बिना उनका इलाज किया जाता है, लेकिन छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में कुछ निजी अस्पतालों ने इसे एक कमाई का साधन बना लिया है।बिलासपुर में केंद्र सरकार की महत्वकांक्षी आयुष्मान भारत योजना में बड़े पैमाने पर फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ है। राज्य के स्वास्थ्य सचिव के निर्देश पर, स्वास्थ्य विभाग की टीम ने निजी अस्पतालों में छापेमारी की।इस दौरान कई निजी अस्पतालों में गड़बड़ी पाई गई, जिसके बाद बिलासपुर के नोबल, महादेव, शिशु भवन और एलाइट अस्पतालों को नोटिस भेजकर जवाब मांगा गया है। इन अस्पतालों पर आयुष्मान योजना के तहत गलत तरीके से पैसों का क्लेम करने का आरोप है।आयुष्मान भारत योजना में मरीजों से कोई पैसा नहीं लिया जाता है और उन्हें मुफ्त इलाज दिया जाता है। लेकिन कुछ निजी अस्पतालों ने इस योजना का दुरुपयोग किया। इन्हें सरकार से अधिक धन प्राप्त करने के लिए गरीब महिलाओं के प्रसव के दौरान जन्मे स्वस्थ बच्चों को कुपोषित दिखाकर ज्यादा पैसे क्लेम किए।
खुलासे के बाद कार्रवाई
फर्जीवाड़े के खुलासे के बाद स्वास्थ्य विभाग ने 28 अस्पतालों के खिलाफ कार्रवाई की। इनमें से 15 अस्पतालों को आयुष्मान योजना से हटा दिया गया है, यानी उन्हें अब इस योजना से बाहर कर दिया गया है। 8 अस्पतालों को 6 महीने और तीन महीने के लिए सस्पेंड किया गया है। इसके अलावा 5 अन्य अस्पतालों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
पूर्व महापौर एजाज ढेबर और उनके करीबियों को EOW ने जारी किया नोटिस, होगी पूछताछ
10 Feb, 2025 05:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर: छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब घोटाले की जांच कर रही आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा EWO ने पूर्व महापौर एजाज ढेबर, उनके मझले भाई अख्तर ढेबर और कुछ करीबी रिश्तेदारों को नोटिस जारी किया है। यह पूछताछ 12 फरवरी को होनी है।
पहला नोटिस 7 फरवरी को भेजा गया था
सूत्रों के अनुसार, एजाज ढेबर को 7 फरवरी को ईओडब्ल्यू कार्यालय में उपस्थित होने का नोटिस भेजा गया था। लेकिन उन्होंने नगरीय निकाय चुनाव का हवाला देते हुए पूछताछ से छूट मांगी थी। अब ईओडब्ल्यू ने उन्हें 12 फरवरी को फिर से उपस्थित होने को कहा है।
एजाज ढेबर की मुश्किलें बढ़ सकती हैं
माना जा रहा है कि इस पूछताछ के बाद पूर्व महापौर एजाज ढेबर की मुश्किलें और बढ़ सकती हैं। इस घोटाले का मुख्य साजिशकर्ता (किंगपिन) माना जा रहा उनका बड़ा भाई अनवर ढेबर पहले से ही जेल में है।
घोटाले की जांच का दायरा बढ़ा
अब जांच एजेंसी का दायरा बढ़ता नजर आ रहा है और इस मामले में पूर्व महापौर की भूमिका पर भी गंभीर सवाल उठ रहे हैं।
कई रसूखदार शामिल
यह शराब घोटाला छत्तीसगढ़ के सबसे बड़े घोटालों में से एक माना जा रहा है। आरोप है कि सरकारी शराब बिक्री से जुड़े एक बड़े सिंडिकेट ने करोड़ों रुपए का घोटाला किया। इसमें कई रसूखदार लोगों के शामिल होने की बात सामने आई है।
12 फरवरी को होगी पूछताछ
अब सबकी निगाहें 12 फरवरी पर टिकी हैं, जब EOW एजाज ढेबर से पूछताछ करेगी। जांच में अगर पुख्ता सबूत मिलते हैं तो इस घोटाले में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं।
छत्तीसगढ़ रेलवे ने 19 दिनों के लिए इन यात्री ट्रेनों को किया रद्द, जानें कौन सी ट्रेनें होंगी प्रभावित
10 Feb, 2025 04:44 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर: रेलवे ने बस्तर जिले में यात्री रेल सेवाएं 27 फरवरी तक रद्द कर दी हैं। इस दौरान कुल 19 दिन तक ट्रेनें नहीं चलेंगी, जिससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
किरंदुल-कोत्तावलसा रेल लाइन पर रेल सेवा प्रभावित
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, बस्तर जिले में किरंदुल-कोत्तावलसा रेल लाइन पर 9 से 27 फरवरी तक यात्री रेल सेवा प्रभावित रहेगी। खास तौर पर दंतेवाड़ा से किरंदुल तक रेल सेवा बाधित रहेगी, क्योंकि यहां भांसी और बचेली रेल लाइन के समेली घाट सेक्शन में दोहरीकरण का काम चल रहा है।
ये ट्रेनें 19 दिन तक नहीं चलेंगी
किरंदुल-विशाखापत्तनम पैसेंजर (ट्रेन संख्या 58501-58501)
किरंदुल-विशाखापत्तनम नाइट एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 18513-18514)
ये दोनों ट्रेनें सिर्फ दंतेवाड़ा तक चलेंगी, बाकी रूट पर 19 दिन तक सेवा उपलब्ध नहीं रहेगी। हालांकि मालगाड़ियों का परिचालन पहले की तरह जारी रहेगा।
डबलिंग कार्य के कारण सेवा बाधित
किरंदुल से ओडिशा के जयपुर स्टेशन और दंतेवाड़ा जिले के कामलूर से बचेली तक 219 किलोमीटर रेलवे लाइन पर दोहरीकरण का काम चल रहा है। इस सेक्शन में बचेली से किरंदुल के बीच 9.48 किलोमीटर डबल लाइन का काम पूरा हो चुका है।
कमिश्नर रेलवे सेफ्टी द्वारा आगामी निरीक्षण
बचेली-किरंदुल के बीच नई लाइन का निरीक्षण कमिश्नर रेलवे सेफ्टी (सीआरएस) द्वारा 27 फरवरी को प्रस्तावित किया गया है। इससे पहले इन दोनों स्टेशनों के बीच नॉन इंटरलॉकिंग का काम पूरा कर लिया जाएगा।
नक्सल प्रभावित क्षेत्र में रेलवे का काम
किरंदुल से जयपुर के बीच 42 किलोमीटर लंबा दंतेवाड़ा-किरंदुल रेलखंड अत्यधिक नक्सल प्रभावित माना जाता है। इस क्षेत्र में डबल लाइन बिछाने का काम तीन साल पहले पूरा हो चुका है, जबकि शेष क्षेत्र में काम अभी भी जारी है।
छत्तीसगढ़ में निकाय चुनाव 2025: 10 नगरीय निकायों में मंगलवार को मतदान, महिला मतदाता तय करेंगे उम्मीदवारों का भविष्य
10 Feb, 2025 04:26 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छत्तीसगढ़: के नगरीय निकाय चुनाव में इस बार महिला मतदाताओं की निर्णायक भूमिका रहेगी। 14 नगर निगमों में से दस में चुनाव होने हैं, इसमें से आठ में महिला मतदाताओं की संख्या पुरुषों से ज्यादा है।नगरीय निकायों में 44,74,269 शहरी मतदाताओं में से 22,00,525 पुरुष, 22,73,232 महिला और 512 अन्य मतदाता हैं। वर्ष 2004 में हुए पहले नगरीय निकाय चुनाव में कुल 28 लाख 34 हजार 547 मतदाता थे। 2019 के निकाय चुनावों की तुलना में इस बार पांच लाख अधिक मतदाता सूची में जोड़े गए हैं।
महिला मतदाताओं की संख्या अधिक
पिछले चुनाव में पुरुष मतदाताओं की संख्या महिलाओं से अधिक थी, लेकिन इस बार यह स्थिति उलट गई है। रायपुर, बिलासपुर, रायगढ़, अंबिकापुर, धमतरी, दुर्ग, राजनांदगांव और जगदलपुर में महिला मतदाताओं की संख्या अधिक है।कोरबा और चिरमिरी नगरपालिक निगम में पुरुषों की तुलना में महिला मतदाताओं की संख्या कम है। चुनावी विश्लेषकों का मानना है कि महिला मतदाताओं की बढ़ती संख्या राजनीतिक समीकरणों को प्रभावित कर सकती है।आमतौर पर महिलाएं मतदान के प्रति अधिक गंभीर रहती हैं और उनका मतदान प्रतिशत पुरुषों की तुलना में अधिक रहता है। ऐसे में इस बार के निकाय चुनावों में महिलाओं की भागीदारी एक निर्णायक भूमिका निभा सकती है।
मतदान करने लिए मिलेगी छुट्टी
प्रदेश में नगरीय निकाय और पंचायत चुनाव के लिए सार्वजनिक अवकाश रहेगा। सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से इस संबंध में पहले ही आदेश जारी किया जा चुका है। इसमें कहा गया है कि 11, 17 और 20 फरवरी को सार्वजनिक अवकाश रहेगा।यह अवकाश उन क्षेत्रों में लागू होगा जहां मतदान होना है। इसमें यह भी स्पष्ट किया गया है कि 23 फरवरी को भी मतदान होना है। हालांकि इस दिन रविवार है, इसलिए अलग से सामान्य अवकाश की घोषणा नहीं की गई है।
छत्तीसगढ़ मुठभेड़ में जवानों की कड़ी मेहनत, 50 किमी पैदल चलकर 31 नक्सलियों को मार गिराया
10 Feb, 2025 03:46 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बीजापुर: जिले के नेशनल पार्क क्षेत्र में महाराष्ट्र सीमा के पास छोटेकाकलेर व लोद्देड़ के पहाड़ी पर नक्सलियों के अस्थायी कैंप को ध्वस्त करते हुए सुरक्षा बल के जवानों ने एक बड़े अभियान में 31 नक्सलियों को मार गिराया, जिसमें 11 महिला व 20 पुरुष हार्डकोर नक्सली थे।यह नक्सलियों के विरुद्ध पिछले दो वर्ष के भीतर दूसरी सबसे बड़ी सफलता है। चार अप्रेल 2024 को दंतेवाड़ा के थुलथुली में 38 नक्सली मारे गए थे।
एक हजार जवान शनिवार को निकले
वहीं रविवार को अभियान को पूरा करने फरसेगढ़, बेदरे, मद्देड की ओर से जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी), स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) व बस्तर फाइटर के लगभग एक हजार जवान शनिवार को निकले थे और पूरी रात चलकर जंगल के भीतर लगभग 50 किमी अंदर घुसे और यह अभियान पूरा किया।रविवार को भी मुठभेड़ में डीआरजी के लड़ाकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। स्थानीय लड़ाकों से बने इस बल में कई आत्मसमर्पित नक्सली भी हैं और वे नक्सलियों की रणनीति को भी भली-भांति समझते हैं। यहीं कारण है कि डीआरजी इन दिनों नक्सलियों के विरुद्ध लड़ाई में सबसे खतरनाक सिद्ध हो रहा है।
प्रदेश में 87, बस्तर में 71 नक्सली मारे
छत्तीसगढ़ में इस वर्ष 40 दिन के भीतर सुरक्षा बल ने मुठभेड़ में 87 नक्सली मारे हैं। इनमें 71 नक्सली बस्तर संभाग में हुए मुठभेड़ में मारे गए हैं, जिनमें से 65 नक्सलियों के शव पुलिस को मिले हैं। अन्य छह के मारे जाने की बात नक्सलियों ने स्वीकारी है।यहां बता दें कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने वर्ष 2026 तक नक्सलियों के समूल सफाया करने की बात कही है। इसके बाद से बस्तर में नक्सलियों के विरुद्ध अभियान को तेज किया गया है। पिछले दो माह के भीतर ही 12 से अधिक नये फारवर्ड ऑपरेटिंग बेस कैंप सीधे नक्सलियों के आधार क्षेत्र में खोले गए हैं। अब वहां से नक्सलियों के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है।
नक्सलियों को भागने का अवसर नहीं मिला
मुठभेड़ स्थल फरसेगढ़ से लगभग 40 किमी दूर पहाड़ी पर था। जवानों ने चारों ओर से पहाड़ी को घेरकर इस अभियान को पूरा किया, जिससे नक्सलियों को भागने का अवसर नहीं मिला। इस अभियान को पूरा करते हुए डीआरजी बल का जवान व स्पेशल टास्क फोर्स का जवान वसित रावटे बलिदान हो गए।जवानों का मनोबल नहीं टूटा और वे लगातार प्रहार करते हुए एक के बाद एक नक्सलियों को ढेर करते गए। वायुसेना ने भी इसमें महत्वपूर्ण काम किया और घायल व बलिदानी जवानों को हेलीकाप्टर के माध्यम से आपरेशन के बीच सफलतापूर्वक निकाल ले आए।
जवानों की घेराबंदी में फंसे नक्सली
बताया जा रहा है कि नक्सली पहाड़ी पर छिपे हुए थे, पर डीआरजी बल की रणनीति के आगे नक्सली घिरकर मारे गए। बस्तर में नक्सलियों के विरुद्ध लड़ाई में मिल रही सफलता में जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी) के लड़ाकों को सबसे खतरनाक बल माना जाता है। रक्षा विशेषज्ञ डीआरजी को गुरिल्ला युद्ध में विश्व का सबसे कुशल बल मानते हैं।
वासित रावटे की शहादत पर शोक, नक्सलियों से मुठभेड़ में शहीद, गांव में होगा अंतिम संस्कार
10 Feb, 2025 03:39 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छत्तीसगढ़: के बीजापुर जिले में नक्सलियों के साथ हुई मुठभेड़ में सुरक्षाबलों के दो जवान शहीद हो गए। इस मुठभेड़ में 31 नक्सली भी मारे गए हैं। शहीद होने वाले दोनों जवानों में नरेश ध्रुव डीआरजी और वासित रावटे एसटीएफ में पदस्थ थे।वासित रावटे ग्राम पंचायत सिंघनवाही के आश्रित गांव फागुनदाह के रहने वाले थे। उनके पिता का भी देहांत हो चुका है। किसान परिवार में जन्मे वासित रावटे को डिफेंस से खासा लगाव था। उनकी उम्र 33 वर्ष थी। वह बीते 12 साल से बीजापुर जिले में कांस्टेबल के पद पर पदस्थ थे।
वासित रावटे की दो बेटियां
शहीद वासित रावटे कुल चार भाई-बहन हैं। वासित सबसे छोटे थे। दूसरे व तीसरे नंबर पर दो बहने हैं। उनके बड़े भाई प्रीतम कुमार रावटे ने बताया कि दोनों बहनों बुधनतींन राणा और मानबती मसिया की शादी हो चुकी है।
वासित की भी शादी 5 साल पहले हो गई थी। उनकी दो बेटियां हैं। एक बेटी तीन साल की और दूसरी डेढ़ साल की है। वासित की दिलचस्पी शुरुआत से ही डिफेंस फोर्स में जाने की थी। जॉइनिंग से पहले उनकी पोस्टिंग शिक्षक भर्ती में भी हो रही थी, लेकिन उन्होंने डिफेंस को ही चुना।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पर्वतारोही निशा यादव को किलिमंजारो फतह पर दी बधाई
9 Feb, 2025 10:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने छत्तीसगढ़ की बेटी और पर्वतारोही निशा यादव को अफ्रीका महाद्वीप की सबसे ऊँची चोटी किलिमंजारो (5895 मीटर) पर भारत का तिरंगा लहराने की ऐतिहासिक उपलब्धि पर हार्दिक बधाई दी है। उन्होंने इसे प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताते हुए कहा कि निशा की यह उपलब्धि दृढ़ संकल्प, संघर्ष और आत्मविश्वास की मिसाल है। निशा की सफलता ने यह साबित कर दिया कि संकल्प और समर्पण से कोई भी शिखर असंभव नहीं है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ की बेटी निशा की सफलता संपूर्ण छत्तीसगढ़ के लिए एक गौरवशाली उपलब्धि है। निशा ने अपने परिश्रम और साहस से प्रदेश का मान बढ़ाया है।
मुख्यमंत्री साय ने बताया कि कुछ महीने पहले बिलासपुर में निशा से मुलाकात हुई थी, जहाँ उन्होंने उसके संकल्प को देखकर उसे 3.45 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की थी, ताकि वह अपने लक्ष्य को पूरा कर सके। आज जब निशा ने किलिमंजारो पर विजय प्राप्त कर तिरंगा फहराया है, तो यह साबित हो गया कि मेहनत और सही मार्गदर्शन से कोई भी सपना पूरा किया जा सकता है।
कठिनाइयों के बावजूद नहीं छोड़ा सपना, सरकार ने दिया समर्थन
निशा यादव का सफर आसान नहीं था। बिलासपुर जिले के एक ऑटो चालक की बेटी होने के बावजूद उन्होंने अपने सपने को साकार करने का साहस दिखाया। सीमित संसाधनों के बावजूद, उन्होंने कभी अपने हौसले को कमजोर नहीं होने दिया और पर्वतारोहण के क्षेत्र में अपनी पहचान बनाई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि निशा की यह उपलब्धि छत्तीसगढ़ के असंख्य युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। यह संदेश देती है कि अगर आपमें जज़्बा और समर्पण है, तो कोई भी कठिनाई आपको अपने लक्ष्य तक पहुँचने से रोक नहीं सकती। उन्होंने आगे कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार खेल और साहसिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है और प्रदेश की बेटियों को हरसंभव सहायता प्रदान की जाएगी, ताकि वे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकें।
आईएफएस अधिकारियों की टीम ने धमतरी में मृदा संरक्षण और आजीविका पहल का किया अध्ययन
9 Feb, 2025 10:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर : राष्ट्रीय वन अकादमी, देहरादून के मध्य-कैरियर प्रशिक्षण (एमसीटी) चरण 3 के तहत विभिन्न राज्यों के 32 भारतीय वन सेवा (आईएफएस) अधिकारियों की एक टीम ने कल धमतरी वन मंडल का दौरा किया। इस दौरान अधिकारियों ने वन प्रबंधन और आजीविका संवर्धन से जुड़ी उत्कृष्ट पहलों का अध्ययन किया।
दौरे के दौरान सीसीएफ रायपुर श्री राजू अगसिमानी और डीएफओ धमतरी श्री श्रीकृष्ण जाधव ने अधिकारियों को पंपार नाला में किए गए मृदा एवं नमी संरक्षण कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ये प्रयास क्षेत्र में जल संरक्षण और जैव विविधता संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
इसके अलावा, टीम ने दुगली स्थित वन धन विकास केंद्र का भी निरीक्षण किया, जहां अधिकारियों ने स्वयं सहायता समूह के सदस्यों और पारंपरिक वैद्य चिकित्सकों से संवाद किया। इस दौरान लघु वनोपज के मूल्य संवर्धन, पारंपरिक औषधीय ज्ञान के संरक्षण और वीडीवीके के माध्यम से उत्पन्न होने वाली आजीविका के विषय पर गहन चर्चा हुई।
इस अध्ययन दौरे को सफल बनाने में श्री हिमांशु डोंगरे, आईएफएस, सुश्री श्वेता कंबोज, आईएफएस प्रोबेशनर, एसडीओ, आरएफओ और फील्ड स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। अधिकारियों ने छत्तीसगढ़ वन विभाग द्वारा अपनाई गई प्रभावी संरक्षण रणनीतियों और समुदाय-संचालित आर्थिक सशक्तिकरण की सराहना की।
चुनाव प्रचार के दौरान भाजपा और निर्दलीय समर्थकों के बीच हुई झड़प
9 Feb, 2025 09:35 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
कोरबा, छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय चुनाव और त्रि-स्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर सियासी गलियारे में हलचल तेज है। चुनाव को लेकर राजनीतिक पार्टियां प्रचार-प्रसार में जुटी हुई हैं। इसी बीच कोरबा जिले से चुनाव प्रचार के बीच मारपीट का मामला सामने आया है। बताया जा रहा हैं की मानिकपुर चौकी क्षेत्र में भाजपा और निर्दलीय प्रत्याशी के कार्यकर्ताओं के बीच डीजे बजाने को लेकर विवाद हुआ और देखते ही देखते विवाद मारपीट में तब्दील हो गया। जानकारी के अनुसार, मानिकपुर चौकी अंतर्गत रविशंकर वाल्मीकि आवास क्षेत्र में भाजपा और निर्दलीय प्रत्याशी के कार्यकर्ताओं के बीच मारपीट हुई है। भाजपा कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि हनुमान चालीसा का पाठ करते समय निर्दलीय प्रत्याशी के पिकअप वाहन के चालक और डीजे ऑपरेटर ने तेज आवाज में डीजे बजाकर पूजा में बाधा उत्पन्न की। इस पर दोनों गुटों में विवाद बढ़ा और बात मारपीट तक पहुंच गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने में जुटी रही, साथ ही पुलिस के उच्च अधिकारी भी मानिकपुर चौकी पहुंचे।अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यूबीएस चौहान ने जानकारी देते हुए बताया कि जानकारी मिली थी कि वार्ड नंबर 26 में एक राष्ट्रीय दल की नुक्कड़ सभा के दौरान किसी दूसरे प्रत्याशी के प्रचार वाहन को वहां पर खड़ा कर दिया गया था और तीव्र गति से प्रचार किया जा रहा था। इस पर शिकायत प्राप्त हुई और उनका कुछ विवाद भी हुआ। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। जांच में पाया गया कि वाहन के पास जो अनुमति दी गई थी, उसे किसी शिकायत के आधार पर एसडीएम ने निरस्त कर दिया था। उस समय वाहन के पास कोई वैध अनुमति नहीं थी। इस आधार पर प्रचार वाहन को थाना सहायता केंद्र मानिकपुर लाया गया है और छत्तीसगढ़ कोलाहल अधिनियम 1985 के तहत कार्यवाही की जा रही है। वाहन चालक से मारपीट की कोई बात सामने नहीं आई है, हालांकि उसका मेडिकल परीक्षण कराया जाएगा।
भाजपा ने रायपुर नगर निगम के लिए जारी की अपनी चुनावी घोषणा पत्र
9 Feb, 2025 07:34 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर। छत्तीसगढ़ में भारतीय जनता पार्टी ने नगरीय चुनावों के मद्देनजर नगर निगम रायपुर के लिए एक विशेष घोषणा पत्र जारी किया है। सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने इस घोषणा पत्र को जारी करते हुए आने वाले 5 वर्षों में भाजपा के नेतृत्व में सुनहरे सालों का आश्वासन दिया है। इस दौरन भाजपा ने अपने पिछले 5 वर्षों के कार्यकाल के दौरान कांग्रेस सरकार के भ्रष्टाचार और गुंडागर्दी की आलोचना की है। सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा है कि दिल्ली में 27 साल बाद भाजपा की सरकार बनने का प्रमाण है कि जनता ने हमें मौका दिया है। उन्होंने हाल ही में राजधानी रायपुर में बढ़ती ट्रैफिक समस्या के समाधान के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर की विशेषज्ञ टीम को नियुक्त करने की योजना का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि शारदा चौक जैसी जगहों पर जाम की समस्या का समाधान किया जाएगा। सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि भाजपा रायपुर नगर निगम के साथ-साथ अन्य नगर निगमों, पालिकाओं और पंचायतों में भी विजय प्राप्त करेगी। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री आवास जैसी योजनाओं के अंतर्गत महिलाओं को संपत्तिकर में 25% की छूट दी जाएगी। भाजपा का लक्ष्य है कि राजधानी रायपुर के विकास के साथ-साथ आम जनता की समस्याओं का जल्द से जल्द समाधान हो, पार्टी महापौर की कुर्सी पर 15 साल बाद भाजपा के प्रत्याशी की बैठने की उम्मीद कर रही है।
किये गए वादे में प्रमुख रूप से -
■ माय सिटी ऐप’ लांच कर प्रत्येक जोन कार्यालय में एकीकृत सेवा केन्द्र की स्थापना करेंगे, जिससे सरकार की जन कल्याणकारी योजना को जनता तक पहुंचाया जा सके और जनता सीधे योजना का लाभ ले सके।
■ सार्वजनिक स्थलों बाजार एवं मुख्य मार्ग के आस पास महिलाओं के लिए पिंक टायलेट का निर्माण एवं पुरुषों के लिये प्रसाथिका निर्माण एवं समुचित रख रखाव किए जाएगा।
■ दिव्यांग जन हेतु सार्वजनिक भवनों में बाधा रहित वातावरण बना कर दिव्यांगजनों की सुविधा का ध्यान रखा जायेगा। साथ ही मोटराइज्ड ट्राईसिकल उपलब्ध कराए जायेंगे।
■ नगरनिगम क्षेत्र अंतर्गत अवैध कालोनी में सड़क, बिजली, पानी की व्यवस्था हेतु आवश्यक कदम उठाकर अवैध कालोनी को नियमानुसार नियमित कर मूलभूत सुविधा उपलब्ध (सड़क, बिजली, पानी) कराई जायेगी।
■ रायपुर नगर निगम क्षेत्र में विद्यालय एवं महाविद्यालय में मुफ्त वाई फाई की सुविधा सुनिश्चित करेंगे।
■ समाधान योजना के माध्यम से बिना जुर्माना या ब्याज लगाये पुराने सम्पत्ति कर के लिये एक मुश्त निपटारा कर भूमि/भवन स्वामी को राहत दिया जायेगा।
■ सर्वसुविधा युक्त आदर्श आंगनबाड़ी केन्द्र बनाये जायेगें। जहां बच्चों ओर माताओं के पोषण, शिक्षा और स्वास्थ्य की बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी साथ ही स्तनपान हेतु सुरक्षित स्थान की व्यवस्था की जायेगी।
■ विद्यालयों और महाविद्यालयों में छात्राओं के लिये फ्री सैनेटरी नैपकिन की उपलब्धता सुनिश्चत करेंगे। ताकि उनकी स्वच्छता और स्वास्थ्य से जुड़ी जरूरतों का ध्यान रखा जा सके।
■ रायपुर में कामकाजी महिलाओं के लिये मौजूदा हास्टलों की सेवाओं और सुविधाओं का विस्तार करेंगें।
■ मोर क्लिनिक स्थापित करेगें जो प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के साथ-साथ आवश्यक पड़ने पर रेफरल केन्द्र के रूप में भी कार्य करेगें ताकि हर नागरिक का सुलभऔर प्रभावी स्वास्थ्य सुविधा मिल सके।
■ रायपुर नगर निगम क्षेत्र में रोजगार मूलक स्किल डेवेलपमेंट सेंटर स्थापित किए जाएंगे जिससे युवक एवं युवतियों के लिये उद्यम, व्यक्तित्व विकास और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।
■ विश्वकर्मा ठीहा योजना के तहत कारीगरों, परंपरागत व्यवसायों, असंगठित उत्पादक कार्य दो केवल ऋण ही नहीं बल्कि अपना कारोबार चलाने के लिये निकाय अंतर्गत बाजार और उपयुक्त स्थान उपलब्ध कराया जायेग
■ गोकुल कर का विस्तार करेंगें ताकि गोवंश संरक्षण, उनकी देखभाल और आवास के लिये बेहतर सुविधा उपलब्ध हो सके।
■ श्रद्धांजलि योजना के तहत ₹500 की वृद्धि कर हितग्राही को ₹2500 प्रदान करेंगें ताकि कठिन समय मे आर्थिक संबल मिल सके।
■ बाल संरक्षण हेतु आवश्यक कदम उठाएंगे।
■ सभी सड़कों पर उचित प्रकाश व्यवस्था कर “नो-डार्कनेस” सुनिश्चित करेंगे।
■ महिला स्वयं सहायता समूह को आर्थिक संबल दिया जायेगा।
■ हम रायपुर में महत्वपूर्ण सीवेज और जल निकासी समस्याओं को हल करने के लिए एक समग्र और सतत दृष्टिकोण अपनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं, जिसके लिए सभी क्षतिग्रस्त सीवरेज और जल निकासी पाइपलाइनों को बदलेंगे और उनके सही रख-रखाव को सुनिश्चित करेंगे ताकि प्रणाली स्वस्थ और सतत बनी रहे।
■ जलभराव को रोकने, लार्वा के प्रजनन को रोकने और नियमित रूप से कीचड़ हटाने के लिए समर्पित सीवेज अधिकारियों की नियुक्ति करेंगे, जिससे जल निकासी क्षमता बहाल हो और जल प्रवाह में सुधार हो।
■ हम सबका साथ, सबका विकास में विश्वास करते हैं और शहरी गरीबों को बेहतर जीवन गुणवत्ता और सतत आजीविका के लिए समान अवसर प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। कई स्लम क्षेत्रों में, जैसे शक्ति नगर, शिवाजी नगर और महाराजबंध में, बुनियादी सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
■ शहरी बाढ़ और प्रदूषण से बचाव के लिए उन्नत वर्षा जल प्रबंधन समाधान लागू करेंगे, जिसके लिए अलग से वर्षा जल निकासी नेटवर्क विकसित करेंगे, जिसमें वास्तविक समय बाढ़ सेंसर्स लगे होंगे ताकि शहरी बाढ़ और प्रदूषण से बचाव हो सके।
■ जल निकासी की निगरानी के लिए प्रौदोगिकी का अधिक उपयोग करेंगे, जिसमें ऑनलाइन सिस्टम लागू करना शामिल होगा, ताकि जल निकास की स्थिति का वास्तविक समय में पता चल सके।
■ वर्षा बाग डिजाइन करेंगे ताकि वर्षा जल को स्वाभाविक रूप से कैप्चर और फ़िल्टर किया जा सके, जिससे जल निकासी और शहरी सौंदर्य में सुधार हो सके।
■ वायरों के जंजाल से मुक्ति हेतु चरणबद्ध तरीके से अंडरग्राउंड केबलिंग के कार्य किए जाएँगे।
■ तालाबों में घरेलू स्रोतों से आने वाले जल और कचरे का उपाय करेंगे और वर्षा जल निकासी में सुधार करेंगे। साथ ही प्रत्येक तालाब के लिए प्रभावी प्रणाली स्थापित करेंगे और इसे STP से जोड़ेंगे ताकि तालाब स्वच्छ हो सके।
■ रायपुर में जल प्रदूषण के कारण पीलिया, डायरिया जैसे बीमारियों को नियंत्रित कर समस्या हल करने के लिए निर्णायक कदम उठाएंगे, खासकर लभांडी क्षेत्र में।
कटघोरा वन मंडल में हाथी का झुंड देख ग्रामीणों में दहशत
9 Feb, 2025 06:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
कोरबा, कोरबा जिले के कटघोरा वन मंडल के केंदई वन परिक्षेत्र के चोटिया खदान के डंप एरिया में हाथियों का झुंड पहुंच गया है, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। हाथियों की झुंड को देख ग्रामीणों की भीड़ लग गई और वन विभाग को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ग्रामीणों को हाथी के पास जाने से रोक रही है। यह हाथियों का झुंड काफी लंबे समय से इलाके में विचरण कर रहा है और इसमें बेबी एलिफेंड भी शामिल है। ग्रामीणों ने बताया कि हाथियों के आतंक से उन्हें अपने खेतों में जाने में भी डर लगता है।
मतदान केन्द्र पर मतदाता की पहचान हेतु 18 प्रकार के दस्तावेज होंगे मान्य
9 Feb, 2025 05:28 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर। नगरपालिकाओं एवं त्रिस्तरीय पंचायतों के आम निर्वाचन 2025 हेतु मतदान केन्द्र पर मतदाता की पहचान स्थापित करने के लिए 18 प्रकार के दस्तावेजों को मान्य किया गया है। छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग के अधिकारियों ने बताया कि दस्तावेजों में क्रमशः भारत निर्वाचन आयोग द्वारा प्रदाय किया गया मतदाता पहचान पत्र, बैंक / डाकघर फोटोयुक्त पासबुक, पासपोर्ट, आयकर पहचान-पत्र (PAN CARD), आधार कार्ड, राज्य/केन्द्र सरकार, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम या स्थानीय निकाय अथवा अन्य निजी औद्योगिक संस्थानों द्वारा उनके कर्मचारियों को जारी किए जाने वाले फोटोयुक्त सेवा पहचान-पत्र, फोटोयुक्त पेंशन दस्तावेज, मनरेगा जॉब कार्ड, फोटोयुक्त स्वास्थ्य बीमा योजना (स्मार्ट) कार्ड, ड्रायविंग लायसेंस, स्वतंत्रता सेनानी फोटोयुक्त पहचान-पत्र, केन्द्रीय अथवा छ.ग. राज्य माध्यमिक शिक्षा मण्डल द्वारा जारी दसवीं एवं बारहवीं की फोटोयुक्त अंकसूची, बार कौशिल द्वारा अधिवक्ताओं को जारी फोटोयुक्त परिचय-पत्र, फोटोयुक्त निःशक्तता प्रमाण-पत्र, छत्तीसगढ़ शासन द्वारा जारी वैध फोटोयुक्त राशन कार्ड, महाविद्यालय अथवा विद्यालय द्वारा जारी फोटोयुक्त छात्र पहचान-पत्र, फोटोयुक्त शस्त्र लायसेंस एवं छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा तैयार सॉफ्टवेयर SEC-ER द्वारा Online जनरेटेड मतदाता पहचान पर्ची को मान्य किया गया है। मतदाता उपरोक्त में से कोई भी एक फोटोयुक्त पहचान-पत्र मतदान केन्द्र पर लेकर जायेगा और पीठासीन अधिकारी द्वारा पहचान स्थापित की जायेगी।
छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा तैयार सॉफ्टवेयर SEC-ER द्वारा Online जनरेटेड मतदाता पहचान पर्ची को मान्य किया गया है। यह पर्ची आयोग की वेबसाईट पर दिये गये लिंक से मतदाता के द्वारा डाउनलोड की जा सकती है, इसके लिए cgsec.gov.in वेबसाईट में जाकर VOTER SEARCH & PRINT - URBAN एवं से VOTER SEARCH & PRINT - RURAL नामवार Search करके अपना मतदान केन्द्र का विवरण देख व print कर सकते हैं।
सुरक्षाबल ने किया 31 नक्सली ढेर, 2 जवान भी हुए शहीद
9 Feb, 2025 04:29 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छत्तीसगढ़-महाराष्ट्र सीमा पास बड़ी मुठभेड़
बीजापुर। छत्तीसगढ़-महाराष्ट्र सीमा के पास बीजापुर जिले के नेशनल पार्क इलाके में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई है। इस मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने 31 नक्सलियों को ढेर कर दिया। इस ऑपरेशन में 2 जवान भी शहीद हुए हैं, जबकि 2 अन्य घायल हुए हैं। घायल जवानों की हालत स्थिर है और उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर भेजा जा रहा है।
जानकारी के अनुसार छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र सीमा के पास बीजापुर जिले में स्थित नेशनल पार्क क्षेत्र में सुरक्षाबलों और नक्सलियों की मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में 31 नक्सलियों को ढेर कर दिया गया है। सुरक्षाबलों ने नक्सलियों के शव बरामद कर लिए हैं और इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है। पुलिस सूत्रों की मानें तो मुठभेड़ स्थल से बड़ी संख्या में हथियार और विस्फोटक सामग्री बरामद की गई है।
बस्तर आईजी सुंदरराज पी ने बताया कि माओवादियों के एक बड़े समूह की मौजूदगी की जानकारी मिलने के बाद जवानों ने इलाके में ऑपरेशन शुरू किया था। बीजापुर डीआरजी, एसटीएफ और बस्तर फाइटर्स की टीम ने नक्सलियों को घेर लिया और इस दौरान भीषण मुठभेड़ हुई।
वहीं, डीआईजी कमलोचन कश्यप ने बताया कि मुठभेड़ के बाद जवानों से संपर्क नहीं हो पा रहा है। उन्होंने कहा, ऑपरेशन बड़ा है, और नक्सलियों को भारी नुकसान हुआ है। मृतकों की संख्या बढ़ने की संभावना है। सर्च ऑपरेशन जारी सुरक्षाबलों की टीमें लगातार इलाके में सर्च ऑपरेशन चला रही हैं ताकि नक्सलियों के बाकी साजिशों को नाकाम किया जा सके। अतिरिक्त बल मौके पर भेजे गए हैं ताकि नक्सलियों का खात्मा किया जा सके।
राशिफल 22 जुलाई 2026: जानिए आज का दिन आपके लिए कैसा रहेगा
किसान अब उन्नत तकनीक की ओर अग्रसर, पैडी ट्रांसप्लांटर विधि से धान रोपाई
मध्यप्रदेश पुलिस का नशे के विरुद्ध सख्त प्रहार
राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम सामाजिक न्याय की सबसे बड़ी गारंटी : खाद्य मंत्री राजपूत
अपनी मेहनत और समर्पण से बड़वानी बन रहा देश में कृषि, उद्यमिता एवं नवाचार का उदाहरण : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
निर्वाचन तैयारियां एवं स्वीप गतिविधियां तेज
मुख्यमंत्री डॉ. यादव से मिले पारस डिफेंस एंड स्पेस टेक्नोलॉजीस कम्पनी के पदाधिकारी
सिक्किम टनल हादसा: मृतक मजदूरों के परिजनों को मुआवजे का ऐलान
विपक्ष के प्रदर्शन के बीच पुलिस की कार्रवाई, राहुल-अखिलेश हिरासत में
