छत्तीसगढ़
वय वंदन योजनाः बुजुर्गाे को मिल रही विशेष स्वास्थ्य सहायता, विशेष शिविर का आयोजन कर बनाए जा रहे कार्ड
3 Jan, 2025 09:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर : देश में 70 वर्ष और उससे अधिक आयु के सभी वरिष्ठ नागरिकों को आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत विशेष स्वास्थ्य सहायता प्रदान की जा रही है। आयुष्मान वय वंदन कार्ड के माध्यम से बुजुर्गाे को यह स्वास्थ्य सेवा दी जा रही है जिसके तहत उन्हें 5 लाख रूपए की चिकित्सा सहायता प्राप्त होगी। बुजुर्गाे ने इस योजना को वरदान बताया है और प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री का आभार जताया है।
बुजुर्ग झाडूराम कश्यप ने बताया कि उनकी उम्र 77 वर्ष हो गई है और यह योजना हम जैसे बुजुर्गाे के लिए वरदान है। उम्र के इस पड़ाव पर हमें अनेक स्वास्थ्य समस्याओं से जूझना पड़ता है। सरकार की इस संवेदनशील पहल से उन जैसे लाखों बुजुर्गाे को राहत मिल रही है। 5 लाख की स्वास्थ्य सहायता मिलने से अब उनकी अस्पताल के खर्चाे की चिंता समाप्त हो गई है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का आभार जताया।
बिलासपुर के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रमोद तिवारी ने बताया कि इस नई योजना के तहत 70 वर्ष और उससे अधिक के सभी नागरिकों का वय वंदन कार्ड बनाया जा रहा है जिससे उन्हें 5 लाख रूपए तक के इलाज की सुविधा मिलेगी। जिन वरिष्ठ नागरिकों का नाम पहले से आयुष्मान कार्ड में दर्ज है उन्हें इस योजना के तहत दोबारा पंजीकरण कराना होगा। पंजीयन के लिए नागरिकों को अपना आधार कार्ड प्रस्तुत करना होगा जिससे उनकी आयु का सत्यापन किया जा सके। पंजीयन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद वरिष्ठ नागरिकों को आयुष्मान वय वंदन कार्ड जारी किया जाएगा जिससे पंजीकृत स्वास्थ्य केन्द्रों में उन्हें 5 लाख रूपए तक की स्वास्थ्य सुविधा मिलेगी। उन्होंने बताया कि जिले में वय वंदन कार्ड बनाने का कार्य तेजी से जारी है। सामुदायिक केन्द्रों, च्वाईस सेंटर और विशेष शिविर के साथ ही स्वास्थ्य कर्मी घर-घर जाकर वय वंदन कार्ड बना रहे हैं। जिले में अब तक 2000 से अधिक कार्ड बनाए जा चुके हैं।
डॉ. तिवारी ने बताया कि योजना का लाभ उठाने के लिए वरिष्ठ नागरिक अपना आधार कार्ड लेकर नजदीकी लोक सेवा केन्द्र (च्वाईस सेंटर), सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र या प्राथमिक केन्द्र में जाकर भी निःशुल्क पंजीकरण करा सकते हैं। योजना के विषय में अधिक जानकारी या सहायता के लिए टोल फ्री नंबर 104 पर संपर्क किया जा सकता है।
7500 घरों में लगेंगे स्मार्ट मीटर इंस्टॉलेशन का लक्ष्य- विद्युत विभाग
3 Jan, 2025 07:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
दंतेवाड़ा: बिजली चोरी रोकने और हर यूनिट खपत का सही हिसाब रखने के लिए छत्तीसगढ़ पावर कार्पोरेशन ने दंतेवाड़ा जिले के 7500 उपभोक्ताओं के घरों में स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अब तक 900 घरों में सफलतापूर्वक स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं। आने वाले कुछ महीनों में यह अभियान पूरा हो जाएगा और सभी उपभोक्ताओं के घरों में स्मार्ट मीटर लगा दिए जाएंगे।
जल्द पूरा होगा मीटर लगाने का काम
स्मार्ट मीटर लगने से बिजली खपत का सही हिसाब रखा जा सकेगा और बिजली चोरी पर भी लगाम लग सकेगी। इसके अलावा उपभोक्ता अब अपने स्मार्टफोन के जरिए मीटर की जानकारी ले सकेंगे, जिससे उन्हें बिलिंग और खपत की स्थिति के बारे में पूरी जानकारी मिल सकेगी। हालांकि स्मार्ट मीटर को लेकर कुछ भ्रांतियों के चलते कुछ उपभोक्ता इसका विरोध कर रहे थे, जिसके चलते इस अभियान की गति कुछ धीमी थी। लेकिन बिजली विभाग के अधिकारियों का कहना है कि अब तक 900 मीटर लगाए जा चुके हैं और बाकी मीटर लगाने का काम भी जल्द पूरा कर लिया जाएगा।
स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया
विद्युत विभाग के कनिष्ठ अभियंता गणेश ध्रुव ने बताया कि स्मार्ट मीटर लगाने का कार्य एक निजी कंपनी द्वारा किया जा रहा है तथा इस कार्य के लिए उपभोक्ताओं को कोई शुल्क नहीं देना होगा। यह पूरी प्रक्रिया बिल्कुल निःशुल्क है। स्मार्ट मीटर की यह प्रक्रिया सबसे पहले दंतेवाड़ा शहर में की जा रही है, जिसके बाद इसे जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में भी लागू किया जाएगा। स्मार्ट मीटर लगने से पूरी विद्युत वितरण प्रणाली स्वचालित हो जाएगी तथा उपभोक्ता घर बैठे अपनी खपत की पूरी जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।
नाबालिग बलात्कार पीड़िता को गर्भपात की अनुमति, उसे बलात्कारी के बच्चे को जन्म देने के लिए मजबूर नहीं किया जा सकता - सीजी हाईकोर्ट
3 Jan, 2025 06:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर: छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने एक अहम फैसला सुनाया है, जिसमें 6 महीने की गर्भवती दुष्कर्म पीड़िता को गर्भपात की इजाजत दी गई है। जस्टिस बीडी गुरु की सिंगल बेंच ने फैसला सुनाया कि दुष्कर्म पीड़िता को गर्भपात की इजाजत दी जा सकती है, क्योंकि इस तरह की प्रेग्नेंसी से महिला को अत्यधिक मानसिक पीड़ा होती है और उसकी मानसिक स्थिति को गंभीर नुकसान पहुंचता है।
इस फैसले में यह भी कहा गया है कि दुष्कर्म पीड़िता को दुष्कर्मी के बच्चे को जन्म देने के लिए मजबूर नहीं किया जा सकता। जस्टिस गुरु ने मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर उसे रायगढ़ के मेडिकल जिला अस्पताल या मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराने के निर्देश दिए हैं।
युवक ने पहले दोस्ती की और फिर दुष्कर्म किया
सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले की एक नाबालिग दुष्कर्म पीड़िता ने गर्भपात की इजाजत के लिए कोर्ट में याचिका दायर की थी। यह याचिका इसलिए दायर की गई थी, क्योंकि एक युवक ने नाबालिग के साथ दुष्कर्म कर उसे गर्भवती कर दिया था। युवक ने पहले नाबालिग से दोस्ती की और फिर उसे प्यार के जाल में फंसाया। नाबालिग भी उसकी बातों में आकर उससे प्यार करने लगी। इसके बाद युवक ने उसे शादी का लालच देकर दुष्कर्म किया। युवक लगातार नाबालिग से शारीरिक संबंध बनाता रहा, जिससे वह गर्भवती हो गई। लेकिन बाद में युवक ने उससे शादी करने से इनकार कर दिया।
कानूनी प्रावधानों के कारण नहीं हो सका गर्भपात
नाबालिग लड़की को अपने प्रेमी की हरकतों से परेशान होकर पुलिस में शिकायत दर्ज करानी पड़ी। पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया, लेकिन नाबालिग लड़की की परेशानी कम नहीं हुई। वह बिना शादी के मां नहीं बनना चाहती थी, इसलिए गर्भपात कराने के लिए अस्पतालों में गई, लेकिन कानूनी प्रावधानों के कारण उसका गर्भपात नहीं हो सका।
24 सप्ताह की गर्भवती है नाबालिग
नाबालिग ने हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी, जिसमें उसने जल्द सुनवाई की गुहार लगाई थी। याचिका में बताया गया था कि वह 24 सप्ताह की गर्भवती है और वह गर्भपात कराना चाहती है। हाईकोर्ट ने नाबालिग की याचिका पर सुनवाई करते हुए रायगढ़ के सीएमएचओ को मेडिकल बोर्ड गठित कर रिपोर्ट पेश करने का आदेश दिया था। यह फैसला शीतकालीन अवकाश के दौरान 30 दिसंबर को लिया गया, जो हाईकोर्ट की संवेदनशीलता को दर्शाता है।
सीजी बोर्ड परीक्षा का एलान, शामिल होंगे 22 हजार 810 विद्यार्थी, विद्यार्थी तैयारियों में जुटे
3 Jan, 2025 04:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
कोरबा: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिला शिक्षा विभाग ने छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल रायपुर (सीजी बोर्ड) द्वारा आयोजित कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी शुरू कर दी है। इस बार जिले के 22 हजार 810 विद्यार्थी बोर्ड परीक्षा में शामिल होंगे। वहीं शिक्षक भी पाठ्यक्रम पूरा कराने के काम में लगे हुए हैं। ताकि सभी पाठ्यक्रमों की पढ़ाई समय पर पूरी हो सके।
पाठ्यक्रम पूरा कराने में जुटे
इस बार सीजी बोर्ड द्वारा आयोजित कक्षा 10वीं की परीक्षा के लिए 13 हजार 367 विद्यार्थियों ने आवेदन प्रक्रिया पूरी की है और कक्षा 12वीं की परीक्षा में शामिल होने के लिए नौ हजार 443 विद्यार्थियों ने आवेदन प्रक्रिया पूरी की है। विद्यार्थियों की संख्या के हिसाब से जिला शिक्षा विभाग ने बैठक व्यवस्था समेत अन्य जरूरी तैयारियां शुरू कर दी हैं। बताया जा रहा है कि विभाग प्री-बोर्ड परीक्षा से पहले सभी पाठ्यक्रमों को पूरा कराने में लगा हुआ है।
बताया जा रहा है कि सरकारी हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी स्कूलों में कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षा के रिजल्ट को बेहतर बनाने के लिए इस साल जनवरी के आखिरी सप्ताह में प्री-बोर्ड परीक्षा कराने की तैयारी की जा रही है। बोर्ड परीक्षा के लिए विद्यार्थियों की तैयारी को पुख्ता करने के लिए विभाग ने यह कदम उठाया है।
तैयारियों में जुटे विद्यार्थी
इसमें विद्यार्थियों से पूरे सिलेबस से प्रश्न पूछे जाएंगे। प्रश्नपत्र तैयार करने के लिए जिलों में विषय विशेषज्ञों की समितियां बनाई जाएंगी। प्रश्नपत्र तैयार करने के लिए ये समितियां माध्यमिक शिक्षा मंडल के ब्लूप्रिंट के जरिए तैयार की जाएंगी।
ताकि विद्यार्थी ब्लूप्रिंट से परिचित हो सकें और बेहतर तरीके से बोर्ड परीक्षा की तैयारी कर सकें। इस बार जिले के 22 हजार 810 विद्यार्थियों ने सीजी बोर्ड परीक्षा के लिए पंजीयन कराया है। कोरबा डीईओ टीपी उपाध्याय ने बताया कि इसमें कक्षा 10वीं की परीक्षा के लिए 13 हजार 367 विद्यार्थी और कक्षा 12वीं की परीक्षा के लिए नौ हजार 443 विद्यार्थी शामिल हैं।
मुंबई-हावड़ा और दिल्ली रूट की ट्रेनों में जनवरी तक बर्थ की कमी, बिलासपुर-टाटानगर एक्सप्रेस रद्द
3 Jan, 2025 03:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर: नए साल का जश्न मनाने के लिए लोग पहाड़ों और धार्मिक स्थलों पर जा रहे हैं, लेकिन बिलासपुर से गुजरने वाली एक्सप्रेस और सुपरफास्ट ट्रेनों में जनवरी तक पैर रखने तक की जगह नहीं है। वेटिंग लिस्ट 100 से 250 तक पहुंच गई है। हालांकि, जिन लोगों ने एक महीने पहले टिकट बुक करा लिया था, उन्हें जरूर कंफर्म सीट मिल गई है। रेलवे आरक्षण केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार दिल्ली, मुंबई, हावड़ा समेत अन्य रूट की ट्रेनों में वेटिंग लगातार बढ़ रही है। हावड़ा रूट पर चलने वाली आजाद हिंद एक्सप्रेस में वेटिंग 256 तक पहुंच गई है, जबकि गीतांजलि एक्सप्रेस में 10 जनवरी तक नो रूम है।
इन ट्रेनों में नो रूम
दिल्ली, मुंबई, हावड़ा समेत अन्य रूट की ट्रेनों में इन दिनों वेटिंग बढ़ गई है। हावड़ा रूट पर चलने वाली आजाद हिंद एक्सप्रेस, गीतांजलि एक्सप्रेस, हावड़ा मेल, हावड़ा सुपरफास्ट, शालीमार एक्सप्रेस, हटिया एक्सप्रेस, ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस, सारनाथ, छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस, समता, राजधानी एक्सप्रेस आदि ट्रेनों में कंफर्म टिकट नहीं मिलने से लोगों को मजबूरन दूसरे विकल्पों का सहारा लेना पड़ रहा है।
बिलासपुर-टाटानगर एक्सप्रेस 11 दिनों के लिए रद्द
रेलवे ने एक बार फिर यात्रियों की परेशानी बढ़ा दी है। रेलवे ने आधारभूत संरचना के काम को करने के लिए चक्रधरपुर और रांची रेल मंडल के विभिन्न सेक्शन को ब्लॉक कर दिया है। इसके कारण दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे से गुजरने वाली बिलासपुर-टाटानगर एक्सप्रेस को दोनों तरफ से 11 दिनों के लिए रद्द कर दिया गया है, जबकि तीन ट्रेनों को डायवर्ट रूट से चलाया जाएगा।
रेल मंडल के अधिकारियों ने बताया कि 4 जनवरी और 6 से 15 जनवरी तक बिलासपुर से खुलने वाली ट्रेन संख्या 18114 बिलासपुर-टाटानगर एक्सप्रेस रद्द रहेगी। वहीं 5 जनवरी और 7 जनवरी से 16 जनवरी तक टाटानगर से खुलने वाली ट्रेन संख्या 18113 टाटानगर-बिलासपुर एक्सप्रेस रद्द रहेगी। इससे हजारों यात्रियों को असुविधा होगी।
अंबिकापुर और सरगुजा में शीतलहर, 4 जनवरी से तापमान में बढ़ोतरी की आशंका
3 Jan, 2025 01:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर: उत्तर से आ रही शुष्क हवाओं के कारण गुरुवार को ठंड ने अपना असर दिखाया। हालांकि शुक्रवार से एक बार फिर पश्चिमी विक्षोभ ठंड के लिए दीवार बनेगा। इससे ठंड कम होगी। शुक्रवार और शनिवार को न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा। वहीं उत्तरी छत्तीसगढ़ शीतलहर की चपेट में है। गुरुवार को प्रदेश में बलरामपुर सबसे ठंडा रहा। यहां का तापमान 5.2 डिग्री सेल्सियस रहा। जो सामान्य से 3.3 डिग्री कम है। मौसम विज्ञानी एएम भट्ट के अनुसार जनवरी में ठंड के तेवर तीखे रहने की संभावना है, हालांकि विक्षोभ सक्रिय रहेंगे लेकिन तापमान में ज्यादा बढ़ोतरी नहीं होगी। अगले दो दिनों में विक्षोभ के असर से उत्तरी छत्तीसगढ़ में बादल छाए रहने की संभावना है।
4 से 7 जनवरी तक लगातार तापमान बढ़ने की संभावना
प्रदेश में 4 से 7 जनवरी तक लगातार न्यूनतम तापमान बढ़ सकता है। न्यूनतम तापमान में करीब 6 डिग्री की बढ़ोतरी होने की संभावना है। प्रदेश में 22 दिसंबर से ठंड गायब होने लगी थी। अब एक जनवरी से पारा फिर तेजी से गिरने लगा, ठंड के दो दिनों में दिन का पारा बढ़ गया है, पारा आठ डिग्री तक गिर गया है। प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान बीजापुर में 30.4 डिग्री और सबसे कम न्यूनतम तापमान बलरामपुर में 5.2 डिग्री दर्ज किया गया। शुक्रवार को रायपुर में आसमान साफ रहने की संभावना है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 29 डिग्री और 12 डिग्री के आसपास रहेगा।
चक्रवात हुआ सक्रिय
पश्चिमी विक्षोभ के रूप में चक्रवाती परिसंचरण ईरान के मध्य भागों पर समुद्र तल से 3.1 और 5.8 किमी ऊपर बना हुआ है और ऊपरी क्षोभमंडलीय पश्चिमी हवाओं में एक द्रोणिका बनी हुई है, जिसकी धुरी समुद्र तल से 7.6 किमी ऊपर है, जिसके कारण तापमान में फिर बदलाव हुआ है। इस साल सबसे अधिक ठंड: रायपुर में पिछले 10 सालों में सबसे अधिक ठंड रही। हालांकि इसके बाद दिसंबर का तीसरा और चौथा सप्ताह गर्म रहा। बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम के कारण ऐसा हुआ। यह स्थिति सिर्फ रायपुर में ही नहीं, बल्कि अन्य इलाकों में भी रही। शुक्रवार को न्यूनतम तापमान में फिर बढ़ोतरी होने की संभावना है।
मुरुम खदान में युवक की खून से सनी लाश मिलने से सनसनी
3 Jan, 2025 01:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बिलासपुर । शहर के अशोक नगर स्थित मुरुम खदान अटल आवास क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक युवक की खून से लथपथ लाश मिलने से इलाके में हडक़ंप मच गया। मृतक की पहचान चंदवा गोलू उर्फ खगेंद्र बरगाह (25) के रूप में हुई है, जो रोजी-मजदूरी करता था। युवक के गले में चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। सुबह टहलने निकले स्थानीय निवासियों ने खदान के पास खून से सनी लाश देखी और तुरंत पुलिस को सूचना दी। सरकंडा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में मृतक के गले पर गहरे घाव मिले हैं, जो किसी धारदार हथियार से किए गए प्रतीत होते हैं। पुलिस ने बताया कि मृतक चंदवा गोलू उर्फ खगेंद्र बरगाह अशोक नगर का निवासी था और मजदूरी कर अपना जीवनयापन करता था। परिजनों के अनुसार, वह सोमवार रात घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। पुलिस विभिन्न पहलुओं से मामले की जांच कर रही है, जिसमें आपसी रंजिश, लूटपाट या अन्य कारण शामिल हैं।
कांग्रेस ने संघ प्रमुख मोहन भागवत और भाजपा सरकार पर निशाना साधा, हत्या और अपराध पर चुप्पी का आरोप
3 Jan, 2025 12:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर। प्रदेश कांग्रेस ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के प्रमुख मोहन भागवत पर गंभीर आरोप लगाए हैं, जिनका कहना है कि भागवत ने 27 से 31 दिसंबर 2024 तक रायपुर के 5 दिवसीय दौरे के दौरान राजधानी में बढ़ते अपराध, नशाखोरी और चाकूबाजी की घटनाओं पर पूरी तरह चुप्पी साधे रखी। इस दौरान दो बजरंगियों की हत्या हो गई, लेकिन संघ प्रमुख ने पीड़ित परिवारों से मिलने की भी आवश्यकता नहीं समझी। प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता सुरेंद्र वर्मा ने भाजपा सरकार की कानून व्यवस्था को पूरी तरह से फेल बताया और कहा कि राजधानी में अपराधी बेखौफ होकर सड़कों पर चाकूबाजी कर रहे हैं, जबकि पुलिस मूकदर्शक बनी हुई है। उन्होंने यह भी सवाल किया कि संघ प्रमुख मोहन भागवत के छत्तीसगढ़ दौरे के दौरान, जो खुद को परिवार का हिस्सा बताते हैं, उन्होंने पीड़ित बजरंगी परिवारों के लिए कोई बयान क्यों नहीं दिया? वर्मा ने इस चुप्पी के पीछे भाजपा सरकार का दबाव या मोहन भागवत की कोई अन्य मजबूरी होने का अंदेशा जताया। वर्मा ने आगे कहा कि भाजपा सरकार का मुख्य ध्यान केवल कमीशनखोरी और भ्रष्टाचार पर है, जिसके चलते प्रदेश में नशे का अवैध कारोबार फले-फूले हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के संरक्षण में शराब और नशे का व्यापार बढ़ रहा है, और प्रदेश में हत्या, लूट, बलात्कार और गैंगवॉर जैसी घटनाएं आम हो गई हैं। उनका कहना था कि अपराधी अब सरकार के नियंत्रण से बाहर हो चुके हैं और आम जनता की सुरक्षा भी खतरे में है। कांग्रेस ने सवाल किया कि संघ प्रमुख मोहन भागवत, जो भाजपा के बैकबोन होने का दावा करते हैं, उन्होंने कानून व्यवस्था की नाकामी पर क्यों कुछ नहीं कहा? वर्मा ने कहा कि संघ को अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए यह बताना चाहिए कि क्यों संघ प्रमुख अपने 5 दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे में बढ़ते अपराध और नशाखोरी पर मौन रहे। प्रदेश कांग्रेस ने भाजपा सरकार के दोगले रवैये और कानून व्यवस्था की नाकामी के खिलाफ आवाज उठाई है।
पशु चिकित्सा संस्थानों को दी जाएगी रैंकिंग-शर्मा
3 Jan, 2025 11:19 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
जयपुर । पशुपालन सचिव डॉ समित शर्मा ने कहा कि विभाग में तीन नई व्यवस्थाएं लागू की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि पशुपालकों को पशुपालन विभाग के टीकाकरण, कृत्रिम गर्भाधान जैसे सबसे महत्वपूर्ण कार्यक्रमों की प्रभावी मॉनिटरिंग करने के लिए सभी संभागों और जिलों के लिए मुख्य निष्पादन सूचकांक यानी परफॉरमेंस इंडिकेटर बेस्ड मासिक रिपोर्ट कार्ड तैयार की जाएगी जिससे योजनाओं का बेहतर संचालन हो सके, समय पर समस्याओं का पता लगाया जाकर उनका निराकरण किया जा सके। वे टोंक रोड स्थित पशुधन भवन में नव वर्ष के अवसर पर विभाग के अधिकारियों को संबोधित कर रहे थे।
डॉ समित शर्मा ने विभाग के अधिकारियों को कहा कि हमें विभाग के लक्ष्यों पर ध्यान केंद्रित करते हुए अनुशासन और समयबद्धता के साथ आगे बढऩा है और उत्कृष्ट राजकीय सेवाएं हमारे लाभार्थियों तक पहुंचाने का प्रयास करना है।डॉ शर्मा ने बताया कि विभाग के वेटरिनरी संस्थाओं जैसे पॉलीक्लिनीक, वेटरिनरी चिकित्सालय एवं पशु चिकित्सा उपकेंद्रों को बेहतर बनाने के लिए उन संस्थाओं को क्रमश: 100, 65 और 50 बिंदुओं पर मॉनिटर किया जाएगा। उन्होंने बताया कि यह व्यवस्था पशु चिकित्सा संस्थानों में स्थानीय स्तर पर गतिविधियों के क्रियान्वयन में तो मददगार साबित होगी ही साथ ही, राज्य स्तर पर होने वाली समीक्षा बैठकों में भी संस्थानों के कार्य मूल्यांकन में इससे बहुत सहायता मिलेगी। डॉ शर्मा ने बताया कि वर्ष भर में उत्कृष्ट रहने वाले पशु चिकित्सा संस्थानों और अधिकारियों को विश्व पशु चिकित्सा दिवस (अप्रैल माह के अन्तिम शनिवार) के अवसर पर प्रशस्ति पत्र सम्मानित भी किया जाएगा। इससे संस्थानों में बेहतर करने की स्वस्थ प्रतिस्पर्द्धा विकसित होगी और पशुपालकों और पशुओं को भी गुणवत्तापूर्ण सेवाएं प्राप्त होंगी।
डीएपी खाद की सब्सिडी बढ़ाने सहित किसानों के हित में लिए गए मोदी-सरकार के निर्णय क्रांतिकारी : भाजपा
3 Jan, 2025 11:15 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता संदीप शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार का छत्तीसगढ़ के अन्नदाता किसानों की ओर से इस बात के लिए आभार व्यक्त किया है कि अंग्रेजी नव वर्ष के पहले ही दिन कैबिनेट बैठक कर केंद्र सरकार ने किसान हितैषी अनेक निर्णय लिए हैं। श्री शर्मा ने डीएपी खाद की सब्सिडी बढ़ाने, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का आवंटन बढ़ाने, फसल बीमा गणना और फसल आकलन के लिए नई तकनीक विकसित करने के लिए अलग प्रावधान करके किसानों के हित में लिए गए निर्णयों को क्रांतिकारी बताया है। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता श्री शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की 2025 की पहली कैबिनेट मीटिंग में सबसे पहले वैश्विक प्रभाव के चलते डीएपी के बढ़ते दाम पर लगाम लगाने के लिए 3,850 करोड़ रुपए का बजट में अतिरिक्त प्रावधान किया है। इसके चलते 50 किलो डीएपी खाद की बोरी अभी भी देश के किसानों को 1,350 रुपए में ही मिलेगी। केंद्र सरकार द्वारा इस बढ़ोतरी से डीएपी में सब्सिडी 69,850 करोड़ रुपए हो गयी है। यह अपने आप में ही एक रिकॉर्ड है। केंद्र सरकार ने राज्य सरकारों से अपील की है कि डीएपी खाद, या फिर किसी भी खाद की कालाबाजारी होती है, तो दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए। श्री शर्मा ने इस बात पर प्रसन्नता व्यक्त की है कि मोदी सरकार ने प्रधानमंत्री फसल बीमा का आवंटन बढ़ाकर 69,515 करोड़ कर दिया है। इसके अतिरिक्त फसल बीमा गणना के लिए और फसल आकलन के लिए नई तकनीक विकसित करने के लिए 825 करोड रुपए एक अलग प्रावधान किया है। इससे नई तकनीक विकसित होगी और फसल बीमा में फसल आकलन में पारदर्शिता आएगी जो किसानों के लिए बहुत ही महत्वपूर्ण है। प्रधानमंत्री फसल बीमा से देश के लघु एवं सीमांत किसान लवभंवित हुए हैं, इस बढ़ोतरी लघु सीमांत किसानों को अधिकतम बीमा का लाभ प्राप्त होगा। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता श्री शर्मा ने कहा कि इस प्रकार अन्नदाता किसानों के कल्याण और खुशहाली के लिए अनेक निर्णय लेकर मोदी सरकार ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि केंद्र की मोदी सरकार किसान के हित के लिए सदैव तैयार और तत्पर है। भाजपा छत्तीसगढ़ किसान मोर्चा और सभी कार्यकर्ता और प्रदेश के किसान इस कार्य के लिए मोदी सरकार के धन्यवाद देते हुए आभार माना है।
मां-बेटी की लाश मिलने से मचा हड़कंप, हत्या की आशंका
3 Jan, 2025 10:15 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर। राजधानी रायपुर से लगे धनेली में बीते दो दिनों में मां और बेटी की लाशें मिली हैं, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई है। 1 जनवरी को रायपुर-बिलासपुर रोड किनारे नाली में एक किशोरी का शव मिला था, जबकि आज उसकी मां का शव घर में पाया गया। मां-बेटी की मौत को लेकर हत्या की आशंका जताई जा रही है। माना जा रहा है कि दोनों की हत्या एक ही स्थान पर की गई और फिर शवों को अलग-अलग जगह फेंका गया। खमतराई थाना क्षेत्र के इस मामले में पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर मर्ग कायम किया और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। पुलिस घटना की जांच में जुटी हुई है।
पुलिस की वर्दी में अवैध वसूली करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार
3 Jan, 2025 09:15 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर। रायपुर पुलिस ने एक फिल्मी कहानी जैसी घटना को सच्चाई में बदलते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो पुलिस की वर्दी पहनकर अवैध वसूली कर रहे थे। यह घटना आरंग थाना क्षेत्र में घटी, जहां आरोपियों ने रेत से लदी हाईवा को रोककर खुद को पुलिस अधिकारी बताकर वाहन के कागजात की मांग की। जानकारी के मुताबिक, प्रार्थी रमेश साहू और उनका साथी रविशंकर रजक 29 दिसंबर को मोहकम रेत घाट से रेत लेकर लौट रहे थे। रात करीब 2 बजे, चरण ढाबा समोदा के पास एक स्कॉर्पियो वाहन में सायरन और बत्ती लगी थी, जिसमें तीन लोग सवार थे। आरोपियों ने खुद को पुलिस अधिकारी बताते हुए हाईवा को रोका और वाहन के कागजात की मांग की। जब चालक ने कागजात दिखाने से मना किया, तो उन्होंने गाड़ी को थाने में बंद करने की धमकी दी और एक-एक हजार रुपये की वसूली की। प्रार्थी ने आरोपियों से नाम पूछा तो उन्होंने खुद को प्रवीण चन्द्राकर, भागवत वैष्णव और निखिल कुमार बाघमारे बताया। इसके बाद मामले की शिकायत दर्ज की गई और पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपियों के पास से पीएसओ द्वारा पहनी जाने वाली नीली सफारी वर्दी, स्कॉर्पियो वाहन (सीजी 04 एन 7043) जिसमें सायरन और बत्ती लगी थी, एक-एक हजार रुपये और जब्त पत्रक बरामद किया। गिरफ्तार आरोपियों के नाम हैं प्रवीण चन्द्राकर(24 वर्ष), निवासी जामगांव आर, थाना जामगांव, जिला दुर्ग,भागवत वैष्णव (35 वर्ष), निवासी छिलपावन झलप, थाना पटेवा, जिला महासमुंद,निखिल कुमार बाघमारे (23 वर्ष), निवासी दुरीडीह, थाना पटेवा, जिला महासमुंद पुलिस ने आरोपियों को जेल भेज दिया है और मामले की जांच जारी है।
650 कट्टा अवैध धान जब्त
3 Jan, 2025 08:15 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
महासमुंद। अनुविभागीय अधिकारी पिथौरा ओंकारेश्वर सिंह के नेतृत्व में आज ग्राम लारीपुर (टु.) में प्रशासनिक टीम द्वारा की गई आकस्मिक जांच के दौरान 650 कट्टा अवैध धान जब्त किया गया। यह धान मनीराम साहू के घर से बरामद हुआ। जांच के दौरान पाया गया कि मनीराम के पास खेती की कोई जमीन नहीं है, और न ही वह धान के लिए कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत कर सका। इससे स्पष्ट हुआ कि धान अवैध रूप से संग्रहित किया गया था। प्राथमिक जांच में यह भी संकेत मिला कि यह धान कहीं और से लाकर यहां रखा गया था। विपणन अधिकारी ने तत्काल कार्रवाई करते हुए धान को जप्त कर लिया। अनुविभागीय अधिकारी श्री सिंह का कहना है कि यह कार्रवाई क्षेत्र में अवैध धान भंडारण और उसके व्यापार पर रोक लगाने के उद्देश्य से की गई है। प्रशासन ने किसानों और व्यापारियों से अपील की है कि वे केवल वैध दस्तावेजों के साथ ही धान का भंडारण और व्यापार करें।
छत्तीसगढ़ के लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग में तबादले: विभाग के 39 अफसरों को मिली नई पदस्थापना
2 Jan, 2025 10:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर: नए साल की शुरुआत में ही छत्तीसगढ़ में लोक स्वास्थ यांत्रिका के 39 इंजीनियरों का ट्रांसफर हुआ है। इन सभी अधिकारियों के जिले बदलकर नई पोस्टिंग दी गई है।
इसके साथ ही हाल ही में आईपीएस अधिकारियों के भी तबादले किए गए हैं। जानकारी के मुताबिक यह कदम प्रदेश में होने वाले नगरीय निकाय चुनावों की अचार सहिंता लागू होने से पहले उठाया गया है। माना जा रहा है राज्य में अधिकारियों के ट्रांसफर की लिस्ट लगातार जारी जिससे चुनावी प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है। छत्तीसगढ़ में नए साल के पहले दिन आईएएस, आईएफएस और आईपीएस अधिकारियों के तबादले किए गए हैं। सरकार ने इसको लेकर आदेश भी जारी कर दिया है। प्रदेश के कुल 43 अफसरों के ट्रांसफर और प्रमोशन किए गए हैं।
सीएम साय ने किया 50 लाख देने का ऐलान, कहा- हमारी सनातन परंपरा वसुधैव कुटुंबकम और देशभक्ति का पाठ पढ़ाती है
2 Jan, 2025 09:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर: कोई भी देश तभी मजबूत रह सकता है, जब उसकी नींव मजबूत हो। हमारे देश की नींव हमारी सनातन परंपराओं में निहित है। सनातन परंपरा हमें वसुधैव कुटुम्बकम की शिक्षा देती है और देशभक्ति का पाठ पढ़ाती है। हमारे देश और प्रदेश की तरक्की के लिए यह बहुत जरूरी है कि हम अपनी युवा पीढ़ी को भी सनातन परंपरा के वही संस्कार दें, जो हमें अपने गुरुओं और माता-पिता से मिले हैं। यह बात मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज बस्तर प्रवास के दौरान जगदलपुर के समीप ग्राम कंगोली में श्री वेदमाता गायत्री महाविद्यालय के भूमिपूजन समारोह को संबोधित करते हुए कही। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि गायत्री मंत्र हमारी सनातन परंपरा का सबसे महत्वपूर्ण मंत्र है। यह मंत्र हमें सही रास्ते पर चलने की प्रेरणा देता है। विद्या भारती संस्थान में विद्यार्थियों को उत्कृष्ट शिक्षा के साथ-साथ देशभक्ति के संस्कार भी दिए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मानव जीवन में शिक्षा का विशेष महत्व है और इसी उद्देश्य से राज्य सरकार शिक्षा के साथ-साथ कौशल विकास पर भी जोर दे रही है। सीएम साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में आईआईटी, आईआईएम जैसे उच्च स्तरीय व्यावसायिक शिक्षा संस्थान उपलब्ध हैं। इसके अलावा राज्य में 341 पीएम श्री स्कूल स्थापित किए गए हैं, जहां गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। इसके साथ ही राज्य के विद्यार्थियों को आवश्यक सुविधाएं और अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने के लिए बड़े शहरों में नालंदा परिसर भी स्थापित किए जा रहे हैं। उन्होंने नई शिक्षा नीति और दिल्ली में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बनाए गए यूथ हॉस्टल की भी जानकारी दी। कार्यक्रम को उप मुख्यमंत्री अरुण साव, वन मंत्री केदार कश्यप, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री टंकराम वर्मा ने भी संबोधित किया।
भोजराज नाग ने सांसद निधि से हर साल एक करोड़ देने की घोषणा की
मुख्यमंत्री साय ने विद्याभारती संस्था के विकास के लिए 50 लाख रुपए देने की भी घोषणा की। इस अवसर पर लोकसभा क्षेत्र कांकेर के सांसद भोजराज नाग ने राज्य में स्थित विद्याभारती संस्थान की विभिन्न संस्थाओं के विकास के लिए सांसद निधि से हर साल एक करोड़ रुपए देने की घोषणा की और जगदलपुर विधायक किरणदेव सिंह ने जगदलपुर स्थित संस्था के विकास के लिए 10 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। कार्यक्रम में संस्था प्रमुख राज बहादुर सिंह राणा, संस्था महासचिव नरेन्द्र तनेजा एवं रामदत्त चक्रधर ने संस्था के उद्देश्यों एवं गतिविधियों की जानकारी दी।
मुख्यमंत्री ने शिशु मंदिर में किया पौधरोपण
मुख्यमंत्री साय ने सरस्वती शिशु मंदिर परिसर में आयोजित यज्ञ में शामिल होकर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच आहुति दी तथा बस्तर सहित प्रदेशवासियों की उन्नति एवं समृद्धि की कामना की। उन्होंने प्रांगण में सागौन के पौधे रोपे। इस अवसर पर दंतेवाड़ा विधायक चैतराम अटामी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, स्कूली शिक्षक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित थे।
गुना में विकास कार्यों की बरसात, मुख्यमंत्री करेंगे भूमि-पूजन और लोकार्पण
नोबल अस्पताल में इलाज पर उठे सवाल, मौत के बाद अस्पताल सील
राशिफल 10 मई 2026: जानिए आज का दिन आपके लिए कैसा रहेगा
7 मई के अपहरण का हुआ खुलासा, असम राइफल्स ने चलाया सफल रेस्क्यू ऑपरेशन
