छत्तीसगढ़
मिशन अस्पताल में अवैध रूप से चल रही दवा दुकान से सामान जब्त
5 Jan, 2025 02:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बिलासपुर । मिशन अस्पताल की संपत्ति के अधिग्रहण की प्रक्रिया के बाद प्रशासन द्वारा यहां पर अविध रूप से चलाई जा रही फॉर्मेसी से दवाइयों की जब्ती की। इस दौरान नजूल तहसीलदार ने अवैधानिक गतिविधि में लिप्त एक ठेकेदार को फटकार भी लगाई। अस्पताल के मुख्य भवन, फार्मेसी सहित अन्य भवनों को भी सील कर प्रशासन ने अपने अधिपत्य की जानकारी देते हुए नोटिस चस्पा किया है। नजूल और नगर निगम द्वारा मिशन अस्पताल परिसर सहित भवनों के चरणबद्ध अधिग्रहण की कार्रवाई की जा रही है। इसके पहले 4 नवम्बर को भी परिसर में कमिश्नर द्वारा मिशन अस्पताल प्रबंधन की अपील खारिज करने के आदेश की जानकारी देते हुए सूचना के पोस्टर चिपकाए गए थे। साथ ही जर्जर भवनों के खतरनाक होने की सूचना देते हुए यहां पर अनाधिकृत प्रवेश को भी प्रतिबंधित किया गया है। यहां स्थित फॉर्मेसी डॉ बद्री जायसवाल के नाम पर थी, जिसका लाइसेंस निरस्त किया जा चुका है। इसके बाद भी यहां फॉर्मेसी का अवैध संचालन करते हुए परिसर के आसपास खुले में दवा बिकवाने की सूचना प्रशासन को मिली। इसके बाद नजूल और निगम के अधिकारियों ने पहुंचकर यहां से बड़ी मात्रा में दवाइयों के कार्टन जब्त किए।
जर्जर भवनों को ढहाने की भी योजना
मिशन अस्पताल के दोनों तरफ सडक़ को चौड़ा करने सहित यहां अन्य कार्य भी कराए जाने हैं। इसके लिए खतरनाक घोषित जर्जर भवनों को ढहाने की प्रक्रिया निगम और प्रशासन द्वारा शुरू कराने की जानकारी दी जा रही है। साथ ही यहां पर कुछ लोगों द्वारा अवैध प्लॉटिंग की कोशिश करने की जानकारी प्रशासन को मिली। कार्रवाई के दौरान ऐसे ही एक ठेकेदार को नजूल तहसीलदार शिल्पा भगत ने फटकार भी लगाई।
फायनेंस कंपनी के कर्मचारी लूटकर ले गए ट्रेलर, कोनी पुलिस ने किया अपराध दर्ज
5 Jan, 2025 01:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बिलासपुर । फायनेंस कंपनी के कर्मचारी किश्त जमा नहीं होने पर ट्रेलर के मालिक को धमकियां दे रहे थे। तत्कालिक कारणों से लोन की किश्त जमा नहीं होने पर कंपनी के कर्मचारी ट्रेलर को रास्ते से लूटकर ले गए। मालिक ने इसकी शिकायत कोनी थाने में की है। इस पर पुलिस ने बीएनएस की धारा 309 के तहत जुर्म दर्ज कर मामले को जांच में लिया है। रायगढ़ जिले के बोइरदादर निवासी ट्रांसपोर्टर देवेंद्र साहू(35) ने फायनेंस कंपनी के कर्मचारियों के खिलाफ शिकायत की है। ट्रांसपोर्टर ने बताया कि वह अपनी मामी के ट्रेलर को पावर आफ अर्टानी लेकर चला रहा है। इसे वह कोयले की ट्रांसपोर्टिंग में लगाया है। कुछ दिनों से आर्थिक दिक्कतों के कारण वह लोन की किश्त जमा नहीं कर पा रहा था। इसकी जानकारी उसने कंपनी के अधिकारियों को दी थी। इसके बाद भी कंपनी के कर्मचारी लोन की किश्त जमा करने के लिए दबाव बना रहे थे। कंपनी के सोहेल खान और ने उनकी ट्रेलर को कोनी क्षेत्र के सेंदरी के पास रोककर ड्राइवर को धमकाया। उन्होंने ड्राइवर के मोबाइल पर काल कर ट्रांसपोर्टर से 25 हजार रुपये मांगे। रुपये देने से मना करने पर उन्होंने ड्राइवर को धमकी देकर ट्रेलर ले गए। लुटेरों ने ट्रेलर को छतौना स्थित यार्ड में खड़े कर दिया है। ड्राइवर से मिली जानकारी के बाद ट्रांसपोर्टर ने इसकी शिकायत कोनी थाने में की है। इस पर पुलिस ने जुर्म दर्ज कर मामले को जांच में लिया है।
पुलिस की समझाईश का नहीं हुआ असर
कुछ दिन पहले ही पुलिस के अधिकारियों ने फाइनेंस कंपनी के अधिकारियों की बैठक ली थी। इस दौरान गोल्ड लोन कंपनी के अधिकारियों को सोने की बिल होने पर ही लोन देने की नसीहत दी थी। साथ ही सोना गिरवी रखने वाले की पूरी जानकारी लेने कहा था। इसके अलावा अधिकारियों ने फायनेंस कंपनी के प्रतिनिधियों को लोन की रकम वसूली के दौरान आम लोगों से कानून के मुताबिक बर्ताव करने निर्देश दिए थे। किसी भी तरह की गुंडागर्दी करने पर कड़ी कार्रवाई की चेतवानी दी गई थी। इसके बाद भी फायनेंस कंपनी के लोगों पर इसका असर नहीं हुआ। शिकायत मिलने पर पुलिस की ओर से कार्रवाई की गई है।
अब तक 97.60 लाख मीट्रिक टन हुई धान खरीदी
5 Jan, 2025 12:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर । मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन में प्रदेश के किसानों से सुगमता पूर्वक धान की खरीदी की जा रही है। वहीं धान खरीदी व्यवस्था पर वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा लगातार मॉनीटरिंग की जा रही है। राज्य में 14 नवम्बर से शुरू हुए धान खरीदी का सिलसिला अनवरत रूप से जारी है। अब तक लगभग 97.60 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी हो चुकी है। धान खरीदी के एवज में 19.34 लाख किसानों को बैंक लिकिंग व्यवस्था के तहत 21 हजार 040 करोड़ रूपए का भुगतान किया गया है। धान खरीदी का यह अभियान 31 जनवरी 2025 तक चलेगी।
प्रदेश के समस्त पंजीकृत कृषकों को खरीफ विपणन वर्ष 2024-25 में धान विक्रय हेतु टोकन की सुविधा ऑनलाईन एप्प (टोकन तुंहर हांथ) एवं उपार्जन केन्द्रों में 25 जनवरी 2025 तक के लिए उपलब्ध कराया गया है। किसान सुविधा अनुसार तिथी का चयन कर नियमानुसार धान विक्रय कर सकते है। धान खरीदी के साथ-साथ मिलर्स द्वारा धान का उठाव भी तेजी से हो रहा है। धान उठाव के लिए लगभग 65.80 लाख मीट्रिक टन धान के लिए डीओ और टीओ जारी किया गया है, जिसके विरूद्ध अब तक 39 लाख मीट्रिक टन धान का उठाव कर लिया गया है। खाद्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इस खरीफ वर्ष के लिए 27.78 लाख किसानों द्वारा पंजीयन कराया गया है। इसमें 1.59 लाख नए किसान शामिल है। इस वर्ष 2739 उपार्जन केन्द्रों के माध्यम से 160 लाख मीट्रिक टन धान खरीदी अनुमानित है। खाद्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि 03 जनवरी 2025 को 66392 किसानों से 3.25 लाख मीट्रिक टन धान खरीदी की गई है। इसके लिए 83 हजार 299 टोकन जारी किए गए थे।
माओवादियों के लगाए आईईडी की चपेट में आने से डीआरजी के तीन जवान घायल, सर्चिंग जारी
4 Jan, 2025 09:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
माओवादियों के द्वारा लगाये गये प्रेशर IED के चपेट में आने से 3 जवान घायल हो गए। बताया जा रहा है कि डीआरजी की टीम माओवादी विरोधी अभियान पर निकली थी । अभियान से वापसी के दौरान तोड़का के पास माओवादियों के द्वारा लगाए गए प्रेशर IED की चपेट में आकर डीआरजी के 3 जवान घायल हो गए। हालांकि तीनो जवान अब खतरे से बाहर है और इलाके में सर्च अभियान जारी है ।
छत्तीसगढ़ से लापता छात्रा मथुरा में मिली, पुलिस ने अपने सुरक्षा घेरे में लिया
4 Jan, 2025 04:26 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छत्तीसगढ़ के रविशंकर विश्वविद्यालय के हॉस्टल से गायब हुई एमएससी अंतिम वर्ष की छात्रा को रायपुर पुलिस ने मथुरा से बरामद कर लिया है। उसे अब वापस राजधानी लाने के लिए पुलिस टीम भेजी गई है। लगभग 25 दिनों के बाद छात्रा को रायपुर पुलिस ने अपने सुरक्षा घेरे में लिया है।
सात दिसंबर को अचानक छात्रा हेमलता अपने हॉस्टल से गायब हो गई थी। रिश्तेदारों का छात्रा से मोबाइल फोन पर संपर्क नहीं हो रहा था। इस दौरान छात्रा के पिता राजनांदगांव से रायपुर पहुंचे और आजाद नगर सर्किल के थाना सरस्वती नगर में इस बाबत मुकदमा दर्ज हुआ। इसके बाद गुमशुदगी का पता चला। बृहस्पतिवार को यह छात्रा मथुरा के थाना राया क्षेत्र में मिली।
छात्रा के परिजनों को भी पुलिस ने पहले मथुरा बुलाया और उनकी बात कराई। इसके बाद टीम रायपुर के लिए रवाना हुई। मिली जानकारी के अनुसार शनिवार शाम तक टीम छात्रा को लेकर रायपुर पहुंच सकती है। इस मामले में रविवि हॉस्टल प्रबंधन और प्रशासन दोनों पर लापरवाही के आरोप लगे थे।
थाना प्रभारी निरीक्षक अजय कौशल ने बताया कि छात्रा राया के गांव नगला जंगली निवासी श्याम चौधरी को वृंदावन में परिक्रमा के दौरान मिली और वह उनके परिवार के संग उनके गांव आ गई। यहां उन्होंने पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस छात्रा को थाने ले आई और उससे पूछताछ की है। थाना प्रभारी के मुताबिक छात्रा मानसिक रूप से परेशान लग रही है। पुलिस का कहना है कि वह कान्हा के प्रेम में मथुरा आ गई थी। हॉस्टल से गायब होने के बाद टाटा नगर आदि स्थानों से होती हुई वृंदावन पहुंच गई।
मुकेश चंद्राकर की हत्या के मामले मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा- दोषियों को सख्त.....
4 Jan, 2025 01:13 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छत्तीसगढ़ के युवा पत्रकार की हत्या को लेकर राज्य के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शोक जताया है. उन्होंने कहा कि बीजापुर के युवा और समर्पित पत्रकार मुकेश चंद्राकर की हत्या का समाचार अत्यंत दु:खद और हृदयविदारक है. मुकेश चंद्राकर पत्रकारिता जगत और समाज के लिए एक अपूरणीय क्षति है.
इस घटना के अपराधी को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा. अपराधियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने के हमने निर्देश दिए हैं. ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें और शोक संतप्त परिजनों को इस दुःख की घड़ी में संबल प्रदान करें.
कांग्रेस ने बीजेपी को बताया जंगलराज
वहीं कांग्रेस पार्टी ने इस मामले को लेकर बीजेपी पर जमकर निशाना साधा है. सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि बीजेपी का छत्तीसगढ़ में जंगलराज सबके सामने है. पत्रकार मुकेश चंद्राकर ने सड़क में भ्रष्टाचार का खुलासा किया था. इसके बाद से सड़क बनवाने वाला ठेकेदार नाराज था. ठेकेदार ने मुकेश को बुलाया और उन्हें मारकर लाश को अपने घर की सैप्टिक टैंक में चुनवा दिया.
BJP के जंगलराज में कोई भी सुरक्षित नहीं है. कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त है. इस खबर को मीडिया दिखाएगा, BJP सरकार से सवाल करेगा, इसकी उम्मीद नहीं है. क्योंकि मीडिया में ‘सब चंगा सी’ मोड ऑन है. हमारी मांग है कि इस मामले में सख्त से सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए. पत्रकार मुकेश के परिवार को जल्द न्याय मिले.
मुकेश चंद्राकर एक टीवी पत्रकार थे. उन्होंने सड़क टेंडर को लेकर एक रिपोर्ट तैयार की थी. इसकी के बाद ही उसकी हत्या कर दी गई और उसका शव ठेकेदार के यहां सेप्टिक टैंक में बरामद हुआ. वो नक्सलियों से जुड़ी रिपोर्ट के लिए भी जाने जाते हैं.
छत्तीसगढ़: बीजापुर में पत्रकार मुकेश चंद्राकर की हत्या मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार
4 Jan, 2025 01:07 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर में पत्रकार मुकेश चंद्राकर की हत्या के मामले में पुलिस ने कांग्रेस नेता और ठेकेदार सुरेश चंद्राकर के दो भाई रितेश चंद्राकर और दिनेश चंद्राकर सहित एक मजदूर को गिरफ्तार किया है।
पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। सुरेश चंद्राकर को पकड़ने आज सुबह हैदराबाद के लिए पुलिस की टीम रवाना हुई है। बताया जा रहा है कि इस मामले में मुख्य आरोपित रितेश चंद्राकर ने ही हत्या की है। हत्या के बाद साक्ष्य छुपाने के लिए सेप्टिक टैंक में शव को फेंककर ऊपर से कांक्रीट की ढलाई कर दी गई थी।
बीजापुर के पत्रकार मुकेश चंद्राकर के घर पहुंचकर वन मंत्री केदार कश्यप व बस्तर सांसद महेश कश्यप ने श्रद्धांजलि अर्पित की।
इधर घटना के विरोध में बीजापुर जिला मुख्यालय पूरी तरह से बंद है। पूरे संभाग से पत्रकार बीजापुर पहुंचे हैं। मुख्य मार्ग में चक्का जाम कर आरोपितों की गिरफ्तारी और कड़ी कारवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं।
मुकेश की निर्ममता से हत्या करने के लिए उसके सर पर कुल्हाड़ी या धारदार हथियार से वार किया गया था। नक्सली भी इसी तरीके से हत्या करते हैं। संभवतः हत्या के बाद किसी जंगल में शव फेंक कर नक्सली घटना बताने का प्रयास था, लेकिन भीड़भाड़ वाला क्षेत्र होने से शव निकाल नहीं पाए। इसलिए सेप्टिक टैंक में शव डाल कर ढलाई कर दी गई।
हत्याकांड में बीजापुर पुलिस ने रितेश चंद्राकर को गिरफ्तार करने के साथ उसकी गाड़ी को भी रायपुर से जब्त किया है। रितेश ने फरार होने के लिए थार गाड़ी की नंबर प्लेट बदल ली थी। गाड़ी में सीजी-20- 3333 की जगह सीजी 04 पीके 1 नंबर प्लेट लगा दी थी। ऐसा कर वो पुलिस को गुमराह करना चाह रहा था।
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 40 हजार से ज्यादा आवासों का निर्माण मार्च तक होगा पूरा
4 Jan, 2025 01:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर। नगरीय प्रशासन व विकास विभाग के राज्य नगरीय विकास अभिकरण (सूडा) ने तीन माह में चालीस हजार से अधिक आवासों को पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसके लिए अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं।
उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने विगत मंगलवार को अधिकारियों की बैठक ली थी, जिसमें अधूरे कार्यों को लेकर नाराजगी जताई थी। उन्होंने अधूरे कार्यों को जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश दिए थे।
रैपिड असेसमेंट सर्वे
दरअसल, प्रदेश में प्रधानमंत्री आवास योजना- शहरी 2.0 (पीएमएवाई-यू 2.0) के अंतर्गत 192 नगरीय निकायों के हितग्राहियों को पक्के मकान से लाभान्वित करने के लिए रैपिड असेसमेंट सर्वे (संभावित पात्र हितग्राहियों का सर्वेक्षण) किया जा रहा है।
निर्माण कार्य तक शुरू नहीं हो पाया
इधर, प्रधानमंत्री आवास योजना- शहरी के अभी तक 41,563 आवास अधूरे पड़े हैं। करीब चार हजार का निर्माण कार्य तक शुरू नही हो पाया है। प्रधानमंत्री आवास योजना- शहरी के तहत केंद्र सरकार की ओर से 2,49,166 आवास की स्वीकृत मिली थी। इसमें से अब तक 2,03,654 पूर्ण हो चुके हैं।
पीएमएवाई-यू 2.0 में बढ़े 22 निकाय
पीएमएवाई-यू 2.0 में 13 जिलों में 22 निकाय बढ़े हैं। पहले चरण में 170 निकाय शामिल थे, जो अब बढ़कर 192 हो गए हैं। केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री आवास योजना के पहले चरण में वंचित शहर और कस्बों को दूसरे चरण में शामिल के निर्देश दिए हैं।
राज्य सरकार ने भी नगर निगम के सभी आयुक्तों और नगर पालिका परिषदों के मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को पत्र जारी कर पहले चरण में वंचित शहरों और कस्बों को आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय से मंजूरी के बाद दूसरे चरण में शामिल करने के निर्देश दिए है।
केंद्र और राज्य सरकार की मंशानुसार सभी पात्र हितग्राहियों को आवास आवंटित किया जाना है। सर्वे के बाद पात्रता परीक्षण कराया जाएगा। इसके लिए संयुक्त समिति का गठन किया जाएगा।
दूसरे चरण के लिए सर्वे का काम जारी
अधूरे पड़े आवासों को मार्च तक पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। निकाय के अधिकारियों को मॉनीटरिंग करने के निर्देश दिए गए हैं। दूसरे चरण के लिए सर्वे का काम किया जा रहा है। -
सड़क हादसा: तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर 25 फीट नीचे खाई गिरी, दो की मौत
4 Jan, 2025 12:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
कोरबा । बागों थाना क्षेत्र अंतर्गत मोरगा चौकी के मदनपुर घाटी के पास दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जहां इस हादसे में दो लोगों की घटना स्थल पर दर्दनाक मौत हो गई। वहीं दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घटना के बाद राहगीरों की भीड़ एकत्रित हो गई और इसकी सूचना संबंधित मोरगा चौकी पुलिस को दी गई। बताया जा रहा है कि कार पर चार लोग सवार थे। जो कुसमुंडा से सूरजपुर श्री नगर कोटपटना जा रहे थे। कार में 35 वर्षीय गणेश प्रजापति, 35 वर्षीय रुद्रेश्वर गोड़, 40 वर्षीय बिहारी प्रजापति, और श्यामलाल प्रजापति सवार थे, जो तड़के सुबह जा रहे थे। इस दौरान मदनपुर घाटी के पास कार अनियंत्रित होकर 25 फीट नीचे खाई में जा गिरी। इस हादसे के बाद मौके में हड़कंप मच गया। इस हादसे में 35 वर्षीय गणेश प्रजापति और रुद्रेश्वर गोड की घटन स्थल पर ही वाहन में दबने से मौत हो गई। बिहार प्रजापति और श्यामलाल गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें राजगीरों की मदद से बाहर निकल गया और तत्काल 108 की मदद से अस्पताल के लिए रवाना किया गया। जहां दोनों की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है। मृतक गणेश प्रजापति कुसमुंडा एसईसीएल में सीपीएल विभाग में काम करता था। वहीं दूसरा मृतक रुद्रेश्वर एसईसीएल के केबल विभाग में पदस्थ था। घटना स्थल पर मोरगा चौकी पुलिस पहुंची। जहां घटनाक्रम की जानकारी लेते हुए वाहन में फंसे शव को बाहर निकलने का प्रयास किया। वहीं मृतक के परिजनों को इसकी सूचना दी गई। पुलिस की माने तो घटना कब कैसे और किन परिस्थितियों में हुई है। यह अभी जांच का विषय है। फिलहाल, अभी शव को बाहर निकाल कर पंचनामा कार्रवाई की जा रही है।
बिलासपुर में युवक की चाकू घोंपकर हत्या, खून से लथपथ मिला शव, देख सहम गए लोग
3 Jan, 2025 11:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बिलासपुर: मस्तूरी क्षेत्र के ग्राम लीमातरा निवासी खगेंद्र ठाकुर उर्फ चंदवा गोलू अशोक नगर के मुरुम खदान स्थित अटल आवास के पास रहता था। गुरुवार की सुबह अटल आवास के पास उसकी खून से लथपथ लाश पड़ी मिली। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और फोरेंसिक एक्सपर्ट व खोजी कुत्तों की मदद से सरकंडा पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
गुरुवार को अशोक नगर मुरुम खदान क्षेत्र में सुबह की सैर पर निकले लोगों की नजर अचानक खून से लथपथ लाश पर पड़ी तो वे रुक गए। उन्होंने गौर से देखा तो पता चला कि यह लाश खगेंद्र ठाकुर की है। यह सूचना इलाके में बिजली की तेजी से फैल गई। मौके पर लोगों की भीड़ जुटने लगी।
इसी बीच लोगों ने इसकी सूचना सरकंडा पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने भीड़ को हटाया और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। फोरेंसिक एक्सपर्ट व खोजी कुत्तों को बुलाकर विशेष जांच शुरू की गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए गरम कैम भेजा गया। इस बीच पुलिस कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
जुए के पैसे के लेन-देन में विवाद का शक
बताया जा रहा है कि खगेंद्र जुआ भी खेलता था। जुए के पैसे के लेन-देन में उसका विवाद हुआ था। जिसके चलते युवक की हत्या की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर संदिग्धों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
राज्य सरकार पर्यटन और ऐतिहासिक महत्व के स्थलों को चिन्हांकित कर पर्यटन स्थल के रूप में कर रहे हैं विकसित
3 Jan, 2025 09:12 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार पर्यटन और ऐतिहासिक, धार्मिक व पौराणिक महत्व के स्थलों को चिन्हांकित कर धार्मिक एवं पर्यटन स्थल के रूप में विकसित कर रहा है। इसी कड़ी में छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले के अंतर्गत पर्यटन और रोमांच से भरपूर सरायपाली स्थित शिशुपाल पर्वत नए पर्यटन डेस्टिनेशन के रूप में उभर कर सामने आया है। इस पर्वत का ऐतिहासिक, धार्मिक और पौराणिक महत्व भी है। मकर संक्रांति और महाशिवरात्रि के अवसर पर यहां विशाल मेला का आयोजन भी होता है।
महासमुंद जिले के सरायपाली स्थित शिशुपाल पर्वत ट्रैकिंग और एडवेंचर के शौकीन युवाओं के लिए एक शानदान डेस्टिनेशन है। यह स्थान अपनी अद्वितीय प्राकृतिक सुंदरता और ऐतिहासिक महत्त्व के लिए जाना जाता है। राजधानी रायपुर से 157 किमी और सरायपाली से लगभग 20 किमी की दूरी पर स्थित यह पर्वत पर्यटकों को प्रकृति के करीब लाने का एक शानदार अवसर प्रदान करता है।
शिशुपाल पर्वत (बूढ़ा डोंगर) समुद्र तल से 900 फीट की ऊंचाई पर स्थित है। यहां तक पहुंचने के लिए रोमांचक ट्रैकिंग मार्ग है, जो रोमांचक ट्रैकिंग का नया अनुभव कराता है। यह पर्यटन स्थल साहसिक गतिविधियों के प्रेमियों को अपनी ओर आकर्षित करता है। ट्रैकिंग मार्ग घने जंगलों, चट्टानों और प्राकृतिक पगडंडियों से होकर गुजरता है। पहाड़ के ऊपर एक विशाल मैदान है, जहां से वर्षा ऋतु के दौरान पानी 1100 फीट नीचे गिरकर घोड़ाधार जलप्रपात का निर्माण करता है। यह झरना और उसके चारों ओर हरियाली एक अद्वितीय दृश्य प्रस्तुत करता है। पर्यटन की बढ़ती संभावनाओं को देखते हुए, दो साल पहले पर्यटन मंडल ने इसे पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की पहल की। यहां पहुंचने वाले सैलानियों के लिए आधारभूत सुविधाओं का निर्माण किया गया, जिससे उनकी यात्रा सुखद और आरामदायक हो सके।
शिशुपाल पर्वत की प्राकृतिक सुंदरता और शांत वातावरण इसे एक आदर्श पर्यटन स्थल के रूप में अपनी पहचान बना रही हैं। यहां का वातावरण, झरने की आवाज, ठंडी हवा एवं प्राकृतिक सुंदरता व शांति का संगम पर्यटकों को मानसिक शांति और सुकून का अनुभव कराती है। यह स्थान फोटोग्राफी और प्रकृति के अद्भुत दृश्यों के लिए भी प्रसिद्ध है। शिशुपाल पर्वत न केवल रोमांचक ट्रैकिंग स्थल है, बल्कि इतिहास और प्रकृति का अद्भुत संगम भी है। यह स्थान ट्रैकिंग, फोटोग्राफी और प्राकृतिक दृश्यों का आनंद लेने के लिए एक बेहतरीन विकल्प है। यदि आप प्राकृतिक सुंदरता, रोमांच और इतिहास का अनुभव करना चाहते हैं, तो शिशुपाल पर्वत आपकी सूची में होना चाहिए। अपनी ऐतिहासिक महत्व और प्राकृतिक आकर्षण के साथ, शिशुपाल पर्वत आज के दौर में पर्यटन का नया केंद्र बनता जा रहा है।
शिशुपाल पर्वत पर्यटन स्थल में हर वर्ष मकर संक्रांति और महाशिवरात्रि के अवसर पर भारी संख्या में भक्त दर्शन और पूजन के लिए आते हैं। इस दौरान मंदिर के आसपास भव्य मेले का आयोजन किया जाता है, जिसमें लोग धार्मिक अनुष्ठानों के साथ-साथ मेले की चहल-पहल का आनंद लेते हैं। मकर संक्रांति पर लगने वाला यह मेला इतिहास और प्राकृतिक सौंदर्य का संगम है। धार्मिक आस्था, ऐतिहासिकता, साहसिक पर्यटन का अद्भुत अनुभव इसे एक संपूर्ण पर्यटन स्थल बनाता है। यह मेला न केवल स्थानीय लोगों के लिए, बल्कि दूर-दूर से आने वाले पर्यटकों के लिए भी विशेष आकर्षण का केंद्र है। यहां रोजगार के नए अवसर भी सृजित हो रहा है।
शिशुपाल पर्वत का ऐतिहासिक और पौराणिक महत्त्व है। इसे लेकर स्थानीय नागरिकों का कहना है कि शिशुपाल पर्वत (बूढ़ा डोंगर) का नाम स्थानीय लोककथाओं से जुड़ा हुआ है। इस संदर्भ में किंवदंती है कि इस पहाड़ पर कभी राजा शिशुपाल का महल हुआ करता था। यहां का गौरवशाली इतिहास रहा है पर्वत के उपर ही अभेद्य दुर्ग, सुरंग एवं शिवमंदिर का निर्माण किया गया है, जिसका भग्नावशेष आज भी अतीत की गौरवगाथा सुनाती है। जब अंग्रेजों ने राजा को घेर लिया, तो उन्होंने वीरता का प्रदर्शन करते हुए अपने घोड़े की आंखों पर पट्टी बांधकर पहाड़ से छलांग लगा दी। इस घटना के कारण इस पर्वत का नाम शिशुपाल पर्वत और यहां स्थित झरने का नाम घोड़ाधार जलप्रपात पड़ा। यह बारहमासी झरना अत्यधिक ऊँचाई से गिरने के कारण अद्भुत सौंदर्य का अप्रतिम उदाहरण है।
इस क्षेत्र को पर्यटन क्षेत्र के रूप में विकसित किए जाने की पहल शासन द्वारा विश्ेाष प्रयास किए जा रहे हैं। पिछले दिनों वन विभाग द्वारा पर्यटन और रोजगार की संभावनाओं को देखते हुए स्थल का निरीक्षण किया गया। चूंकि आसपास के क्षेत्र में बंसोड़ जाति बहुतायत संख्या में पाए जाते हैं, जो बांस की कलाकृति बनाते हैं। उन्हें भी रोजगार से जोड़ा जा सके। साथ ही एक पर्यटन परिपथ के रूप में भी विकसित किया जाए। विशेषज्ञों का कहना है कि यहां से चंद्रहासिनी देवी मंदिर, गोमर्डा अभ्यारण, सिंघोड़ा मंदिर, देवदरहा जलप्रपात एवं पर्यटन स्थल नरसिंहनाथ को जोड़ा जा सकता है।
सरकार निर्माण के साथ विकास के कार्याें को दे रही प्राथमिकता: मंत्री टंक राम वर्मा
3 Jan, 2025 09:10 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की सरकार शहरों के साथ-साथ गॉंव के चहुँमुखी विकास के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार निर्माण कार्याे के साथ अन्य विकास के कार्याे को प्राथमिकता से कर रही है। विगत पांच वर्षों में जो काम नहीं हुआ है, ऐसे कामों को भी पूरा किया जा रहा है। नई शिक्षा नीति से बच्चों को भविष्य निर्माण में सुविधा होगी। विद्यार्थी अपने प्रतिभा और लक्ष्य के अनुरूप विषयों का चयन कर भविष्य निर्माण कर सकते हैं। आमजनों की आवश्यकता और बुनियादी चीजों को ध्यान रखते हुए सरकार कार्य कर रही है।
राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा ने रायपुर जिले के ग्राम खपरीकला, ताराशिव और सरोरा में आयोजित सामुदायिक भवन के लोकार्पण और शाला वार्षिकोत्सव कार्यक्रम में कहा। उन्होंने कहा कि प्रतिभा बच्चों में जन्म से ही होता है, जरूरत इस बात है कि उस प्रतिभा को अवसर मिलें। विद्यार्थी अपने लक्ष्य का निर्धारण पहले करें और उसके अनुरूप मेहनत करें। मेहनत के बिना सफलता की कल्पना करना कठिन है। इस अवसर पर उन्होंने खपरीकला हायर सेकंडरी स्कूल में शेड निर्माण के लिए 10 लाख रुपए के साथ-साथ मंच निर्माण और स्कूल में अहाता निर्माण के लिए 5-5 लाख रुपए और ताराशिव में विभिन्न निर्माण कार्यो के लिए 15 लाख रुपए की घोषणा की। इस अवसर पर जिला पंचायत रायपुर के सभापति, जनप्रतिनिधिगण, संबंधित अधिकारी-कर्मचारी, विद्यार्थी सहित बडी संख्या में आमजन उपस्थित थे।
किसानों के लिए उपयोगी है कृषि दर्शिका: कृषि मंत्री नेताम
3 Jan, 2025 09:09 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर : कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने आज यहां नया रायपुर स्थित अपने निवास कार्यालय में इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय द्वारा प्रकाशित कृषि दर्शिका 2025 का विमोचन किया। कृषि मंत्री ने कहा कि कृषि दर्शिका में इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय द्वारा किये जा रहे अनुसंधान एवं विस्तार कार्यों के साथ ही नवीनतम कृषि प्रौद्योगिकी तथा किसानों के लिए केन्द्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारियों को शामिल किया गया है। यह कृषि दर्शिका किसानों के लिए बेहद उपयोगी साबित होगा। उन्होंने आशा व्यक्त की कि कृषि विश्वविद्यालय छत्तीसगढ़ के किसानों के हित में इसी प्रकार निरंतर प्रयासरत रहे। मंत्री नेताम ने कृषि दर्शिका के प्रकाशन हेतु इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. गिरीश चंदेल एवं उनके सहयोगियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. गिरीश चंदेल ने कृषि मंत्री को विश्वविद्यालय द्वारा प्रकाशित कृषि दर्शिका 2025 के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय द्वारा प्रकाशित कृषि दर्शिका में छत्तीसगढ़ राज्य की सामान्य जानकारी, कृषि क्षेत्रफल, प्रमुख कृषि फसलों, उनकी उत्पादन तकनीक, कृषि विश्वविद्यालय द्वारा किये जा रहे अनुसंधान एवं विस्तार कार्य योजनाओं, गतिविधियों एवं उपलब्धियों की जानकारी शामिल किया गया है। दर्शिका में विभिन्न खरीफ एवं रबी फसलों जिनमें अनाज, दलहन, तिलहन, लघु धान्य फसलें, चारा फसलें, औषधीय एवं सुगंधित फसलें तथा फल, फूल एवं सब्जी वाली फसलों की उन्नत कृषि कार्यमाला प्रकाशित की जाती है। इसके साथ ही कृषि विश्वविद्यालय की विगत वर्ष की गतिविधियों एवं उपलब्धियों, विश्वविद्यालय द्वारा विकसित विभिन्न फसलों की उन्नत किस्मों तथा विश्वविद्यालय द्वारा विकसित एवं प्रसारित कृषक उपयोगी प्रौद्योगिकी की जानकारी भी प्रकाशित की जाती है। विभिन्न फसलों के प्रमुख कीट एवं प्रमुख रोग तथा उनका प्रबंधन भी शामिल किया जाता है। इसके साथ ही केन्द्र एवं राज्य सरकार द्वारा किसानों के लिए संचालित विकास एवं कल्याण योजनाओं, उनके तहत दी जाने वाली सुविधाओं एवं अनुदान के संबंध में जानकारी दी जाती है। कृषि दर्शिका में कृषि विश्वविद्यालय, कृषि तथा संबंधित विभागों एवं किसानों के लिए उपयोगी अन्य संपर्क सूत्रों की जानकारी भी प्रकाशित की गई है। विमोचन समारोह में इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के निदेश विस्तार सेवाएं डॉ. एस.एस. टुटेजा, डॉ. नीता खरे, डॉ. ज्योति भट्ट, डॉ. दीप्ति झा एवं संजय नैयर उपस्थित थे।
मंत्री राजवाड़े ने सक्ती जिले में ली समीक्षा बैठक
3 Jan, 2025 09:05 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर : महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण विभाग मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने आज सक्ती जिले के कलेक्ट्रेट के सभाकक्ष में सभी विभागों के अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में मंत्री राजवाड़े ने जिले में केंद्र और राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनहितकारी योजनाओं का जमीनी स्तर पर बेहतर क्रियान्वयन करते हुए आमजन को ज्यादा से ज्यादा लाभान्वित कराने के निर्देश दिए। मंत्री ने विभागीय अधिकारियों-कर्मचारियों को विभिन्न ग्राम पंचायतों में जाकर स्व-सहायता समूह को स्वच्छ भारत मिशन सहित अन्य कार्यों के लिए प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए है।
समीक्षा बैठक में सांसद लोकसभा क्षेत्र जांजगीर-चांपा कमलेश जांगड़े, पूर्व विधायक डॉक्टर खिलावन साहू, जिला पंचायत सदस्य विद्या सिदार, जिला पंचायत सदस्य श्री टिकेश्वर गबेल, कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी श्री अमृत विकास तोपनो, पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा सहित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
मंत्री राजवाड़े ने समीक्षा बैठक में सक्ती जिले में अब तक किये गए पौधरोपण के कार्यों की जानकारी लेते हुए रोपित किये गए पौधों की देख रेख करने के निर्देश दिए। मंत्री ने समीक्षा बैठक में जिले के विभिन्न ग्रामों में मनरेगा अंतर्गत कौन-कौन से कार्य चल रहे है तथा कितने लोगों को मनरेगा अंतर्गत कार्य उपलब्ध कराया गया है की विस्तारपूर्वक जानकारी ली। राजवाड़े ने जिले के किसानों को धान के बदले अन्य फसल लेने के लिए कृषि विभाग के मैदानी अमलांे द्वारा जमीनी स्तर पर जागरुक करते हुए प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए। उन्होंने खाद्य अधिकारी से धान खरीदी कार्याे की जानकारी ली। जिले में बारदानो की उपलब्धता, धान उठाव की स्थिति, संग्रहण केन्द्रों की भण्डारण क्षमता, छत्तीसगढ़ सार्वजनिक वितरण प्रणाली अंतर्गत जारी किये गए राशनकार्ड की संख्या सहित अन्य कार्यों की विस्तारपूर्वक जानकारी लेते हुए सुव्यवस्थित रूप से धान खरीदी कार्य कराये जाने के निर्देश दिए। उन्होंने जिले में विभिन्न निर्माण कार्यों को गुणवत्तापूर्ण करने के निर्देश दिए।
मंत्री ने समीक्षा बैठक में महिला एवं बाल विकास विभाग अंतर्गत पूरक पोषण आहार कार्यक्रम, गर्भवती महिलाओ की संख्या, शिशुवती माताओं की संख्या, मुख्यमंत्री बाल संदर्भ योजना, पोषण पुनर्वास केंद्र, नोनी सुरक्षा योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, सुकन्या समृधि योजना सहित अन्य विभिन्न विभागीय योजनाओं व कार्यों की विस्तार से जानकारी ली। मंत्री ने सक्ती जिले में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व सहायिका भर्ती प्रक्रिया के वर्तमान स्थिति की जानकारी ली तथा उक्त भर्ती प्रक्रिया को पूरी पारदर्शिता और उचित ढंग से नियमानुसार करने के निर्देश दिए। उन्होंने महतारी वंदन योजना के लक्ष्य और उसके विरुद्ध किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली। मंत्री ने महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी को जिले के आंगनबाड़ी केन्द्रों की व्यवस्थाए अच्छी रखने तथा आंगनबाड़ी केन्द्रों में आने वाले बच्चों को नैतिक शिक्षा देने कहा।
मंत्री राजवाड़े ने कृषि विभाग, स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग सहित अन्य विभागों के योजनाओं की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सभी जरूरतमंद को मिले।
नवा रायपुर बन रहा है नया आईटी हब, 10 हजार से ज्यादा नौकरियां पैदा करना लक्ष्य
3 Jan, 2025 09:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर: राज्य सरकार नवा रायपुर को आईटी हब के रूप में विकसित कर रही है। आने वाले दिनों में यहां आईटी सेक्टर में 10 हजार नई नौकरियां मिलने की उम्मीद है। फिलहाल स्क्वायर बिजनेस सर्विसेज और टेली परफॉरमेंस जैसी बड़ी आईटी कंपनियों ने सेवाएं शुरू की हैं, जिससे अब तक 260 से ज्यादा युवाओं को रोजगार मिला है।
स्क्वायर बिजनेस सर्विसेज ने 180 और टेली परफॉरमेंस ने 80 पदों पर भर्ती की है। टेली परफॉरमेंस ने 100 और कर्मचारियों की भर्ती करने की योजना बनाई है। सीएसएम टेक्नोलॉजीज ने 200 प्रोफेशनल्स की भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं।
सरकार की योजना
नवा रायपुर को आईटी हब बनाने की दिशा में राज्य सरकार ने कई अहम कदम उठाए हैं। रायपुर और नवा रायपुर के बीच आईटी प्रोफेशनल्स के लिए मुफ्त बस सेवा और स्क्वायर बिजनेस सर्विसेज के कर्मचारियों के लिए आवासीय समाधान की योजना है। साथ ही सीबीडी सेक्टर 21 में अत्याधुनिक कार्यालय बनाए जा रहे हैं।
आईटी और आईटी आधारित सेवाएं विकसित हो रही हैं
राज्य सरकार नवा रायपुर अटल नगर में सूचना प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में रोजगार के अवसरों पर काम कर रही है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल के परिणामस्वरूप छत्तीसगढ़ के नवा रायपुर क्षेत्र में आईटी और आईटी आधारित सेवाओं का विकास हो रहा है। राज्य सरकार की योजनाओं और संस्थाओं की पहल से नवा रायपुर युवाओं के लिए रोजगार और विकास का प्रमुख केंद्र बन रहा है। वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि स्क्वायर बिजनेस सर्विसेज और टेली परफॉरमेंस जैसी प्रमुख आईटी कंपनियों ने नवा रायपुर में अपनी सेवाएं शुरू की हैं, जिसमें युवाओं को रोजगार मिल रहा है।
गुना में विकास कार्यों की बरसात, मुख्यमंत्री करेंगे भूमि-पूजन और लोकार्पण
नोबल अस्पताल में इलाज पर उठे सवाल, मौत के बाद अस्पताल सील
राशिफल 10 मई 2026: जानिए आज का दिन आपके लिए कैसा रहेगा
7 मई के अपहरण का हुआ खुलासा, असम राइफल्स ने चलाया सफल रेस्क्यू ऑपरेशन
