छत्तीसगढ़
नगरीय निकाय चुनाव: आरक्षण प्रक्रिया पूरी, रायपुर नगर निगम महिला के लिए आरक्षित
7 Jan, 2025 10:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर। नगरीय निकाय चुनाव के लिए लंबे समय से प्रतीक्षित आरक्षण प्रक्रिया आखिरकार पूरी हो गई है। रायपुर के दीनदयाल ऑडिटोरियम में 14 नगर निगम, 53 नगर पालिका, और 125 नगर पंचायतों सहित कुल 192 नगरीय निकायों के लिए लॉटरी पद्धति से आरक्षण किया गया। रायपुर नगर निगम को इस बार सामान्य महिला वर्ग के लिए आरक्षित किया गया है। इसी तरह कोरबा और बीरगांव भी सामान्य महिला वर्ग के लिए आरक्षित हैं। भिलाई, भिलाई-चरोदा, दुर्ग, और बिलासपुर नगर निगमों को अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के लिए आरक्षित किया गया है। इनमें दुर्ग नगर निगम ओबीसी महिला वर्ग के लिए आरक्षित है। रिसाली और रायगढ़ नगर निगम अनुसूचित जाति (एससी) महिला वर्ग के लिए आरक्षित किए गए हैं। वहीं, अंबिकापुर नगर निगम अनुसूचित जनजाति (एसटी) वर्ग के लिए आरक्षित किया गया है। जगदलपुर, चिरमिरी, राजनांदगांव, और धमतरी नगर निगम सामान्य वर्ग के लिए खुले रखे गए हैं। निर्वाचन अधिकारी पुलक भट्टाचार्य ने बताया कि लॉटरी प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न की गई। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सभी वर्गों का प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने के लिए आरक्षण को ध्यानपूर्वक तय किया गया है।
दोस्ती के नाम पर बुलाकर नाबालिग ने किया खून, चाकूबाजी से युवक की मौत
7 Jan, 2025 09:02 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बलौदाबाजार। जिले के कसडोल थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। ग्राम पंचायत पिपरछेड़ी में एक नाबालिग ने अपने ही दोस्त पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर उसकी हत्या कर दी। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। नाबालिग आरोपी का आरोप है कि मृतक राजेश कुमार निर्मलकर (22) उसकी छोटी बहन से छेड़छाड़ करता था। आरोपी ने बताया कि उसने कई बार राजेश को ऐसा करने से मना किया था, लेकिन वह नहीं माना। इसी कारण नाबालिग ने उसे जान से मारने की योजना बनाई। नाबालिग आरोपी ने राजेश को गांव के मैदान में मिलने के लिए बुलाया। राजेश के वहां पहुंचते ही दोनों के बीच विवाद हुआ। इसी दौरान नाबालिग ने अपने पास छिपा कर रखे चाकू से राजेश पर कई बार वार किया। चाकू के हमले से राजेश की अतड़ी बाहर आ गई और अंदरूनी गहरी चोट से अत्यधिक खून बहा। परिजन उसे गंभीर हालत में पलारी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों ने बताया कि ज्यादा खून बहने और गंभीर अंदरूनी चोट के कारण राजेश की मौत हुई। पुलिस ने नाबालिग आरोपी को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ कर रही है। आरोपी ने हत्या की बात कबूल की है। पुलिस का कहना है कि घटना की गहराई से जांच की जा रही है।
छत्तीसगढ़ नगरीय निकाय चुनाव के लिए आरक्षण प्रक्रिया पूरी, 5 नगर निगमों में महिला महापौर होंगी
7 Jan, 2025 06:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर: छत्तीसगढ़ में निकाय चुनाव के लिए महापौर पदों का आरक्षण तय हो गया है। रायपुर समेत 5 निगमों में अगली महापौर महिला होंगी। रायपुर के साइंस कॉलेज परिसर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में लॉटरी के जरिए यह आरक्षण प्रक्रिया पूरी की गई। इसमें 14 नगर निगमों के महापौर पदों के लिए आरक्षण तय किया गया। अब रायपुर, कोरबा और बिरगांव में सामान्य वर्ग की महिला महापौर चुनी जाएंगी।
छत्तीसगढ़ में कुल 14 नगर निगम हैं
छत्तीसगढ़ में कुल 14 नगर निगम हैं। इनमें से 10 में चुनाव होने हैं। रायपुर में सभी 14 निगमों के महापौर पदों के लिए आरक्षण की प्रक्रिया पूरी कर ली गई। इसके लिए लॉटरी सिस्टम अपनाया गया। इस प्रक्रिया में रायपुर, कोरबा और बिरगांव में सामान्य वर्ग की महिलाओं के लिए महापौर पद आरक्षित किए गए हैं। इसका मतलब है कि इन तीनों शहरों में अगली महापौर महिला होंगी।
राजधानी रायपुर में महिला महापौर होंगी
रायपुर के मौजूदा महापौर एजाज ढेबर हैं। अब यह तय हो गया है कि अगली महापौर महिला ही होगी। इस आरक्षण प्रक्रिया से कई महिला उम्मीदवारों को चुनाव लड़ने का मौका मिलेगा। महिला सशक्तिकरण की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है।
इन जगहों पर महिला महापौर होंगी
वहीं, बिरगांव सामान्य महिला, दुर्ग ओबीसी महिला, भिलाई सामान्य महिला, बिलासपुर ओबीसी, रायगढ़ एससी और धमतरी सामान्य महिला के लिए है। गौरतलब है कि महापौर चुनाव में महिलाओं को आरक्षण मिलेगा और उनकी भागीदारी बढ़ेगी। साथ ही शहर की सरकार का समीकरण भी बदलेगा।
देखें किस वर्ग के लिए कौन सी सीट
नगर निगम आरक्षण वर्ग
रायपुर सामान्य महिला
बीरगांव सामान्य महिला
दुर्ग ओबीसी महिला
भिलाई ओबीसी
भिलाई चरौदा ओबीसी
बिलासपुर ओबीसी
कोरबा सामान्य महिला
धमतरी सामान्य
रायगढ़ एससी
अंबिकापुर एसटी
रिसाली एससी महिला
चिरमरी सामान्य
जगदलपुर सामान्य
राजनांदगांव सामान्य
IED ब्लास्ट में मरे गए जवानों को सीएम साय ने दी श्रद्धांजलि, कहा- हमारे जवानों की शहादत व्यर्थ नहीं जाएगी
7 Jan, 2025 04:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
दंतेवाड़ा: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि नक्सली बौखलाए हुए हैं और बौखलाहट में उन्होंने यह कायराना हरकत की है। कल हमारे बस्तर के 8 जवान IED ब्लास्ट में शहीद हो गए। मैं उन सभी को विनम्र श्रद्धांजलि देता हूं। एक ड्राइवर भी शहीद हुआ है, उसे भी हम श्रद्धांजलि देते हैं। हमारे जवानों की यह शहादत व्यर्थ नहीं जाएगी। निश्चित रूप से हम यहां शांति स्थापित करने में सफल होंगे।
सीएम ने आगे कहा कि जवानों ने देश और छत्तीसगढ़ में शांति बहाल करने के लिए अपने प्राणों की आहुति दी है। हम छत्तीसगढ़ में शांति बहाल करने में जरूर सफल होंगे। आपको बता दें कि सोमवार को बीजापुर जिले के कुटरू-बेदरे मार्ग पर करकेली के पास नक्सलियों ने जवानों से भरी पिकअप गाड़ी को विस्फोट कर उड़ा दिया था। इस हमले में आठ जवान शहीद हो गए थे और एक ड्राइवर की जान चली गई थी।
8.18 लाख रूपए की 264 क्विंटल अवैध धान जब्त
7 Jan, 2025 01:08 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बिलासपुर । बिलासपुर जिले में कलेक्टर अवनीश शरण के मार्गदर्शन में समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन प्रक्रिया में व्यापारियों और कोचियों द्वारा अवैध धान खपाने के मामलें में प्रशासन द्वारा कड़ी कार्रवाई की जा रही है। धान का अवैध भंडारण और परिवहन करने वालों पर कार्रवाई का सिलसिला जारी है। आज खाद्य, राजस्व, मंडी और मार्कफेड की संयुक्त टीम ने पांच स्थानों पर दबिश देकर 264 क्विंटल धान जब्त किया, जिसकी कीमत 8.18 लाख रुपए आंकी गई है। तहसील बोदरी के गांव सारधा में संजय किराना से 24 क्विंटल (60 बोरी), तहसील कोटा के सलका नवागांव में दो वाहनों में 300 बोरी धान का अवैध परिवहन करते, गुप्ता ट्रेडर्स परिसर में 200 बोरी धान, ग्राम सीपत मां प्रोविजन स्टोर्स से 24 क्विंटल (60 बोरी) धान जब्त किया गया। तहसील तखतपुर के व्यापारी रामू साहू से 16 क्विंटल धान की जब्ती की गई।
पत्रकार मुकेश चंद्राकर के हत्यारे सुरेश चंद्राकर के फर्म का जीएसटी ने किया निरीक्षण
7 Jan, 2025 12:05 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के निर्देश पर वाणिज्यिक कर विभाग द्वारा जीएसटी का अपवंचन करने वाले वाणिज्यिक फर्मों के विरूद्ध सख्त कार्यवाही की जा रही है। इसी सिलसिले में राज्य वाणिज्यिक कर विभाग ने बीजापुर जिले में स्थित सड़क निर्माण करने वाली फर्म मेसर्स सुरेश चंद्राकर के परिसरों पर विगत 27 दिसंबर को निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में यह तथ्य सामने आया है कि फर्म ने विगत वित्तीय वर्षों में 2 करोड़ से अधिक की अपात्र इनपुट टैक्स क्रेडिट का दावा किया है। वाणिज्यिक कर विभाग द्वारा इस मामले में विस्तृत जांच की जा रही है।
वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने बताया कि राज्य वाणिज्यिक कर विभाग की जांच में पाया गया है कि फर्म द्वारा विगत वर्षों में पात्रता से अधिक आईटीसी दावों की पहचान की गई है। वाहनों और कपड़ों जैसे अपात्र वस्तुओं पर आईटीसी का दावा किया गया जो जीएसटी प्रावधानों के खिलाफ है। व्यावसायिक स्थल पर आवश्यक रिकॉर्ड और चालान अधूरे पाए गए हैं। सीमेंट और सरिया के क्रय दिखाकर बड़ी राशि का इनपुट टैक्स क्रेडिट का दावा किया गया है, उस अनुपात में बिटूमीन क्रय नहीं दिखाया है।
विक्रेता ने इन विसंगतियों को स्वीकार करते हुए 30 दिसंबर 2024 को 30 लाख रूपये टैक्स का प्रारंभिक भुगतान किया है। अन्य भुगतान दस्तावेजों के सत्यापन के बाद भी लंबित हैं। विभाग द्वारा जीएसटी रिटर्न और बैंक विवरणों के मिलान सहित रिकॉर्ड की विस्तृत जांच की जा रही है, जिससे अंतिम देयता निर्धारित की जा सके। उल्लेखनीय है कि जीएसटी अपवंचन के मामलों में मिल रही शिकायतों के मद्देनजर राज्य में वाणिज्यिक कर विभाग द्वारा राज्य के विभिन्न स्थानों पर वाणिज्यिक फर्माें की जांच की जा रही है। वाणिज्यिक कर विभाग द्वारा ऐसे मामलों पर सख्त कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए हैं।
सप्तऋषियों की तपोभूमि सिहावा: प्रकृति और अध्यात्म का संगम
7 Jan, 2025 11:01 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
धमतरी । सनातन परंपरा में सप्त ऋषियों को सबसे ज्यादा आदर प्राप्त है। यह हम सबके लिए सौभाग्य की बात है कि छत्तीसगढ़ के जिले का सिहावा अंचल की पुण्य भूमि सप्त ऋषियों की तपोस्थली रही है। धमतरी जिले का वनांचल सिहावा, अपनी प्राकृतिक सुंदरता और धार्मिक महत्व के कारण पर्यटकों को अनायास ही अपनी ओर खींच लेता है। सप्तऋषियों की तपोभूमि के रूप में प्रसिद्ध यह क्षेत्र चित्रोत्पला महानदी के उद्गम स्थल के रूप में भी विख्यात है। सिहावा पर्वत, जो ऋषियों और मुनियों की कहानियों से गुंजायमान है, पहाड़ों, नदियों और घने जंगलों से भरपूर है।
सिहावा के श्रृंगी ऋषि आश्रम को विशेष महत्व प्राप्त है। लगभग 42 मीटर ऊंचाई पर महेन्द्रगिरि पर्वत स्थित है, जहां श्रृंगी ऋषि का आश्रम है। यहां का तालाब और जलकुंड चित्रोत्पला महानदी के उद्गम स्थल के रूप में प्रसिद्ध हैं। यह स्थान माघ पूर्णिमा पर लगने वाले विशाल मेले के लिए जाना जाता है। श्रृंगी ऋषि आश्रम से लगभग 15 किलोमीटर दूर केकराडोंगरी पहाड़ी पर कंक ऋषि का आश्रम स्थित है। दुधावा बांध के समीप स्थित यह स्थान पर्यटकों और श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र है। मगरलोड ब्लॉक के दलदली गांव के जंगलों में सरभंग ऋषि का आश्रम स्थित है। पहाड़ी की चोटी पर स्थित यह स्थान शरद पूर्णिमा के मेले के लिए प्रसिद्ध है। आश्रम के पास दो कुंड हैं, जिनमें बारहों महीने पानी भरा रहता है, और रात के समय इनमें प्रकाश दिखाई देता है। अंगीरा ऋषि का आश्रम नगरी से 18 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। यह स्थान अपनी गुफाओं और वनीय वातावरण के लिए प्रसिद्ध है। वहीं, अगस्त्य ऋषि का आश्रम नगरी से एक किलोमीटर दूर हरदीभाटा गांव के पास स्थित है। यह स्थान भारतीय संस्कृति और विज्ञान के प्रचार-प्रसार का प्रतीक है।
सीतानदी के पास मेचका गांव में स्थित मुचकुंद ऋषि का आश्रम धार्मिक और ऐतिहासिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है। इस स्थान पर शिव मंदिर, दुर्गा मंदिर, रानी गुफा और शांति कुंड जैसी संरचनाएं स्थित हैं। सीतानदी के वनक्षेत्र में मांदागिरी पर्वत पर गौतम ऋषि का आश्रम स्थित है। यहां की मूर्तियां, गुफाएं, झूलते पत्थर और तालाब पर्यटकों को रोमांचित करते हैं। महानदी और बाल्का नदी के किनारे कर्णेश्वर मंदिर स्थित है। 1114 ईसा पूर्व में बने इस मंदिर का शिवलिंग छत्तीसगढ़ के प्राचीनतम शिवलिंगों में से एक है। इसके समीप स्थित पहाड़ी लोमश ऋषि की तपोभूमि के रूप में प्रसिद्ध है। धमतरी जिले का यह क्षेत्र अपने धार्मिक, पौराणिक और प्राकृतिक महत्व के कारण छत्तीसगढ़ में पर्यटन और अध्यात्म के नए आयाम स्थापित कर रहा है। पर्यटक यहां की आध्यात्मिक शांति और प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लेने के लिए बार-बार खिंचे चले आते हैं।
सिंगजयूज प्लास्टिक एवं सड़क पर कचरा फैलाने वालो से 2100 रूपये अर्थदण्ड वसूली
7 Jan, 2025 10:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भिलाई । नगर पालिक निगम भिलाई क्षेत्र के जोन क्रमांक 03 अंतर्गत पावर हाउस सर्कुलर मार्केट सूर्या नगर वार्ड 36 का निरीक्षण निगम की टीम ने किया। निरीक्षण के दौरान वहां के दुकानदारो द्वारा सिगलयूज प्लास्टिक प्रतिबंधित होने के बावजूद सामग्री डालकर विक्रय किया जा रहा था। संबंधित दुकानदारो से 1500 रूपये की अर्थदण्ड वसूल किया गया। इसी प्रकार मार्केट के बीच गाड़ी पार्किंग कर आवागमन बाधा कर कचरा फैलाने वालो पर भी चालानी कार्यवाही कर 600 रूपये अर्थदण्ड वसूल किया गया। मार्केट क्षेत्र में कुल 2100 रूपये की चालानी कार्यवाही कर संबंधितों को चालान की रसीद दिया गया। आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय ने निगम क्षेत्र की सफाई व्यवस्था को बिगाड़ने एवं सफाई में सहयोग न करने वालो पर लगातार कार्यवाही करने के निर्देश अधिकारियों को दिये है। निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी अलग-अलग जोन क्षेत्रों में जाकर मार्केट क्षेत्र का निरीक्षण कर रही है। बार-बार समझाइस देने के बाद भी जो दुकानदार या नागरिक भिलाई शहर की सफाई व्यवस्था में बाधा डाल रहे है और गंदगी फैला रहे है उनके पास निगम की टीम जाकर चालानी कार्यवाही कर अर्थदण्ड की वसूली कर रही है। उनको समझाते हुए कहा जा रहा है कि बार-बार गंदगी फैलाने पर अर्थदण्ड दुगनी कर दी जायेगी और उनके आस-पास सफाई नहीं की जावेगी। उनका गुमशता एवं ट्रेड लाईसेंस भी निरस्त किया जा सकता है। इसकी पुरी जिम्मेदारी दुकानदारों के स्वयं की होगी। कार्यवाही के दौरान जोन प्रभारी स्वास्थ्य अधिकारी विरेन्द्र बंजारे, स्वच्छता निरीक्षक चुण्डमनी यादव, स्वच्छता पर्यवेक्षक सुरेश सिंह पटेल, धन बहादुर सोनी, दानिर मच्छीरके, पापाया, बिरबल बद्येल, हेमू कुमार, सोनू राम आदि उपस्थित रहे।
भिलाई इस्पात संयंत्र ने दिसम्बर माह में दर्ज किया अब तक का श्रेष्ठ उत्पादन
7 Jan, 2025 09:56 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भिलाई । भिलाई इस्पात संयंत्र के विभिन्न विभागों ने वर्तमान वित्तीय वर्ष 2024-25 के दिसम्बर माह में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए, अपने निरंतर प्रयासों से अब तक का श्रेष्ठ निष्पादन दर्ज किया है। कीर्तिमानों की इस श्रृंखला में, श्रेष्ठ डिस्पैच का भी रिकॉर्ड दर्ज किया गया है। संयंत्र के सभी मॉडेक्स इकाइयों- ब्लास्ट फर्नेस-8, स्टील मेल्टिंग शॉप-3, यूनिवर्सल रेल मिल, बार एंड रॉड मिल तथा रिफ्रैक्टरी मैटेरियल्स प्लांट-3 ने श्रेष्ठ उत्पादन रिकॉर्ड दर्ज किया। तकनीकी आर्थिक सूचकांकों के क्षेत्र में, संयंत्र के ब्लास्ट फर्नेसों द्वारा दिसम्बर माह के लिए अब तक का श्रेष्ठ कोक दर दर्ज किया गया। कार्यक्षेत्र में संसाधनों के बेहतर उपयोग व सुरक्षा मानकों के अनुपालन से ही यह उपलब्धियां संभव हो पाई है। संयंत्र के बीआरएम, ओएचपी सहित विभिन्न विभागों ने अब तक का श्रेष्ठ मासिक उत्पादन कीर्तिमान रचा है। साथ ही संयंत्र के आरएमपी-3 से लाइम उत्पादन, एसएमएस-3 से कास्ट स्टील व बिलेट उत्पादन, हॉट मेटल, क्रूड स्टील उत्पादन, फिनिश्ड स्टील उत्पादन, सेलेबल स्टील के उत्पादन के साथ रेल मिल से लॉन्ग रेलों के उत्पादन व डिस्पैच में श्रेष्ठ दिसम्बर माह का कीर्तिमान दर्ज किया है। संयंत्र के ओर हैंडलिंग विभाग ने वर्तमान वित्तीय वर्ष 2024-25 के दिसम्बर माह में कुल 17,410,773 टन दर्ज किया गया है, जोकि दिसम्बर 2023-24 में 16,292,772 टन दर्ज किया गया था। आरएमपी–3 द्वारा वर्तमान वित्तीय वर्ष 2024-25 के दिसम्बर माह में लाइम + सीडी का कुल उत्पादन 4,79,883 टन दर्ज किया गया, जोकि दिसम्बर 2023-24 में बनाये गए अपने पिछले सर्वश्रेष्ठ 4,53,141 टन के रिकॉर्ड को पार कर गया है। ब्लास्ट फर्नेस-8 ने वर्तमान वित्तीय वर्ष 2024-25 के दिसम्बर माह में 20,81,657 टन हॉट मेटल का उत्पादन दर्ज किया है, जोकि अपने पिछले सर्वश्रेष्ठ दिसम्बर 2023-24 में बनाये गए 19,84,346 टन के रिकॉर्ड को पार कर गया है। 2024-25 के दिसम्बर माह में कुल क्रूड स्टील उत्पादन 41,91,668 दर्ज किया है, जोकि अपने पिछले सर्वश्रेष्ठ दिसम्बर 2023-24 में बनाये गए 41,48,951 टन के रिकॉर्ड को पार कर गया है। स्टील मेल्टिंग शॉप-3 (एसएमएस-3) वित्तीय वर्ष 2024-25 के दिसम्बर माह में 26,42,663 टन कास्ट स्टील का उत्पादन कर, दिसम्बर 2023-24 में 25,16,781 टन के अपने ही बनाये रिकॉर्ड को पार कर गया है। बिलेट उत्पादन 17,76,159 टन दर्ज किया है, जोकि अपने पिछले सर्वश्रेष्ठ दिसम्बर 2023-24 में बनाये गए 17,22,832 टन के रिकॉर्ड को पार कर गया है। ब्लूम उत्पादन 866,504 टन दर्ज किया है, जोकि अपने पिछले सर्वश्रेष्ठ दिसम्बर 2022-2023 में बनाये गए 8,47,525 टन के रिकॉर्ड को पार कर गया है। संयंत्र के बार एवं रॉड मिल ने वित्तीय वर्ष 2024-25 के दिसम्बर माह में अब तक का सर्वश्रेष्ठ उत्पादन करते हुए 7,44,224 टन उत्पादन किया है, जो दिसम्बर 2023-24 में बनाए 7,37,502 टन के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है। संयंत्र के यूनिवर्सल रेल मिल ने वित्तीय वर्ष 2024-25 के दिसम्बर माह में कुल फिनिश्ड रेल उत्पादन 6,51,362 टन दर्ज किया है, जो दिसम्बर 2023-24 में बनाए 6,47,652 टन के रिकॉर्ड को पार कर गया है। वित्तीय वर्ष 2024-25 के दिसम्बर माह में दर्ज सर्वश्रेष्ठ कुल प्राइम रेल उत्पादन 6,16,516 टन दर्ज किया है, जो दिसम्बर 2023-24 में बनाए 6,11,864 टन के रिकॉर्ड को पार कर गया है। वित्तीय वर्ष 2024-25 के दिसम्बर माह में दर्ज सर्वश्रेष्ठ लॉन्ग रेल उत्पादन 5,95,343 टन दर्ज किया है, जो दिसम्बर 2023-24 में बनाए 5,87,961 टन के रिकॉर्ड को पार कर गया है। संयंत्र के रेल स्ट्रक्चरल मिल ने वित्तीय वर्ष 2024-25 के दिसम्बर माह में दर्ज सर्वश्रेष्ठ लॉन्ग रेल उत्पादन 1,37,472 टन दर्ज किया है, जो दिसम्बर 2023-24 में बनाए 1,20,345 टन के रिकॉर्ड को पार कर गया है। संयंत्र के यूनिवर्सल रेल मिल और रेल स्ट्रक्चरल मिल ने वित्तीय वर्ष 2024-25 के दिसम्बर माह में दर्ज सर्वश्रेष्ठ कुल लॉन्ग रेल उत्पादन 7,32,815 टन दर्ज किया है, जो दिसम्बर 2023-24 में बनाए 7,08,306 टन के रिकॉर्ड को पार कर गया है। वित्तीय वर्ष 2024-25 के दिसम्बर माह में कुल फिनिश्ड स्टील उत्पादन 35,19,010 टन दर्ज किया है, जो दिसम्बर 2023-24 में बनाए 35,17,681 टन के रिकॉर्ड को पार कर गया है। वित्तीय वर्ष 2024-25 के दिसम्बर माह में संयंत्र के रेल स्ट्रक्चरल मिल में लॉन्ग रेल लोडिंग 1,35,043 टन की गई है, जो कि दिसम्बर 2023-24 में की गई 1,20,103 टन लोडिंग की तुलना में कहीं अधिक है। वित्तीय वर्ष 2024-25 के दिसम्बर माह में संयंत्र के यूनिवर्सल रेल मिल में लॉन्ग रेल लोडिंग 6,05,820 टन की गई है, जो कि दिसम्बर 2023-24 में की गई 6,02,880 टन लोडिंग की तुलना में कहीं अधिक है। वित्तीय वर्ष 2024-25 के दिसम्बर माह में संयंत्र के संयंत्र के यूनिवर्सल रेल मिल और रेल स्ट्रक्चरल मिल में कुल लॉन्ग रेल लोडिंग 7,40,863 टन की गई है, जो कि दिसम्बर 2023-24 में की गई 7,22,983 टन लोडिंग की तुलना में कहीं अधिक है। वित्तीय वर्ष 2024-25 के दिसम्बर माह में 20,98,382 टन डायरेक्ट डिस्पैच लोडिंग दर्ज की गई, जो कि दिसम्बर 2023-24 में दर्ज 20,68,828 टन डायरेक्ट डिस्पैच लोडिंग से अधिक है। वित्तीय वर्ष 2024-25 के दिसम्बर माह में कुल 38,65,923 टन सेलेबल स्टील लोडिंग दर्ज किया गया, जोकि अपने पिछले सर्वश्रेष्ठ दिसम्बर 2023 में बनाये गए 37,56,051 टन के रिकॉर्ड को पार कर गया है।तकनीकी आर्थिक सूचकांकों के क्षेत्र में, वित्तीय वर्ष 2024-25 के दिसम्बर माह के लिए संयंत्र की ब्लास्ट फर्नेसों ने 432 किलोग्राम प्रति टन हॉट मेटल (किलोग्राम/टीएचएम) की सर्वश्रेष्ठ कोक दर दर्ज की है, जो कि दिसम्बर 2020-2021 में 446 किलोग्राम प्रति टन हॉट मेटल दर्ज की गई थी। वित्तीय वर्ष 2024-25 के दिसम्बर माह के लिए संयंत्र की ब्लास्ट फर्नेसों ने 139 किलोग्राम प्रति टन हॉट मेटल (किलोग्राम/टीएचएम) की सर्वश्रेष्ठ सीडीआई दर दर्ज की है, जो कि दिसम्बर 2023-2024 में 118 किलोग्राम प्रति टन हॉट मेटल दर्ज की गई थी।
डबल इंजन की सरकार बनने से केन्द्र सरकार से छत्तीसगढ़ को मिल रहा भरपूर समर्थन : मुख्यमंत्री
7 Jan, 2025 08:16 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
महासमुंद । श्रद्धेय अटल ने छत्तीसगढ़ राज्य बनाया है और हमारा संकल्प है कि-हम सब मिलकर छत्तीसगढ़ को संवारेंगे। डबल इंजन की सरकार बनने से केन्द्र सरकार से छत्तीसगढ़ को भरपूर समर्थन मिल रहा है। हाल ही में केन्द्र सरकार ने सड़क और हवाई कनेक्टीविटी के साथ-साथ कई रेल परियोजनाओं की भी मंजूरी दी हैं। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने एक साल में ही मोदी की गारंटी के ज्यादातर कामों को पूरा कर लिया है। सबका साथ-सबका प्रयास और सबका विकास के क्रम में महासमुंद जिले में विकास का पहिया अब तेजी से घूम रहा है। आने वाले समय में विकास में और तेजी आएगी। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज महासमुंद में विभिन्न विकास कार्यों के लोकर्पण एवं भूमिपूजन कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए यह बात कही।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री साय ने 217 करोड़ 17 लाख रुपए की लागत के 419 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इनमें 111 करोड़ रूपये के 335 कार्यों का लोकार्पण और 106 करोड़ रूपये के 84 कार्यों का भूमिपूजन शामिल है। कार्यक्रम में 271 हितग्राहियों को करीब सवा करोड़ रूपये की सामग्रियों का वितरण किया गया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने गरीबों के लिए 18 लाख आवास स्वीकृति की गारंटी दी थी। उसे पूरा करते हुए शपथ के दूसरे ही दिन ही हमारी सरकार ने आवासहीन हितग्राहियों के आवास की स्वीकृति दी। अभी साढ़े तीन लाख आवास की स्वीकृति और मिलेगी।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि महासमुंद जिले में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। प्राचीन नगरी सिरपुर और देवाधिदेव भगवान गंधेश्वरनाथ महादेव की ख्याति पूरे देश में है। लक्ष्मण मंदिर को विश्व धरोहर की सूची में शामिल करने की दिशा में हम तेजी से प्रयास कर रहे हैं। इको पयर्टन के क्षेत्र में कोडार जलाशय को विकसित किया जा रहा है। वहीं शिशुपाल पर्वत का सौंदर्यीकरण करने की दिशा में भी काम हो रहे हैं। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि महासमुंद जिला मुख्यालय की प्रमुख सड़क बरोंडा चौक महासमुंद से बम्हनी तक सड़क चौड़ीकरण और पुल-पुलिया निर्माण का हमने शिलान्यास किया है। अब इस मार्ग पर आवागमन सुलभ होगा। इसी प्रकार महासमुंद से तुमगांव-अछोला मार्ग चौड़ीकरण और सात महतारी सदन निर्माण के लिए भी शिलान्यास हुआ है। बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में हमारी सरकारी निरंतर कार्य कर रही है। निक्षय निरामय छत्तीसगढ़ योजना में महासमुंद ने राज्य में अव्वल स्थान हासिल किया है। महासमुंद जिले के कुल 551 ग्राम पंचायतों में से 292 ग्राम पंचायतों को टीबी मुक्त करके महासमुंद ने छत्तीसगढ. में प्रथम स्थान हासिल किया है। महासमुंद के हृदय स्थल पर सेंट्रल लाइब्रेरी का निर्माण कराया जा रहा है। खिलाड़ियों के लिए सिंथेटिक ट्रेक का निर्माण कराया गया है। इस तरह से युवाओं के बौद्धिक और समन्वित विकास के लिए कार्य किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि हमारी सरकार किसान भाईयों से 21 क्विंटल प्रति एकड़ और 3100 रूपए प्रति क्विंटल की दर पर धान खरीद रही है। भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल जी की जयंती सुशासन दिवस पर गारंटी के अनुरूप हमने किसानों को दो साल के बकाया धान बोनस का भुगतान भी कर दिया है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष बारिश अच्छी होने के साथ ही फसल भी अच्छी हुई है, इस वर्ष 160 लाख मीट्रिक टन धान खरीदी का अनुमान है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार श्री रामलला दर्शन योजना का शुभारंभ कर प्रदेश के श्रद्धालुओं को प्रभु श्रीराम के दर्शन के लिए भेज रही है। अभी तक 20 हजार राम भक्तों को रामलला का दर्शन लाभ मिल चुका है। महतारी वंदन योजना में हम प्रदेश की 70 लाख से अधिक माता और बहनों को प्रतिमाह एक हजार रुपए भुगतान कर रहे हैं। महासमुंद जिले की सवा तीन लाख से अधिक माताओं-बहनों को इस योजना का लाभ मिल रहा है। कार्यक्रम को सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी, महासमुंद विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा, बसना विधायक संपत अग्रवाल ने भी सम्बोधित किया। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित थे।
समलैंगिक विवाह न कर पाने की निराशा में दो युवतियों ने की आत्महत्या
6 Jan, 2025 11:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले के डोंगरगांव थाना क्षेत्र की आमगांव पहाड़ी पर मिले दो कंकालों की पहचान जागृति विश्वकर्मा और आरती विश्वकर्मा के रूप में हुई है। परिजनों और ग्रामीणों के अनुसार, दोनों युवतियां समलैंगिक विवाह करना चाहती थीं, लेकिन सामाजिक और पारिवारिक दबाव के कारण यह संभव नहीं हो सका। पुलिस के अनुसार, दोनों युवतियां 23 अक्टूबर को घर से लापता हो गई थीं। इसके पहले वे एक बार घर से भागकर एक रिश्तेदार के यहां भी गई थीं, लेकिन उन्हें समझा-बुझाकर घर वापस ले आया गया। दुलारदाई डोंगरी जंगल में ग्रामीणों ने पेड़ पर लटके हुए दो कंकाल देखे और तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कंकालों को बरामद किया। लंबे समय तक शव लटके रहने के कारण वे पूरी तरह कंकाल में बदल गए थे। कपड़ों के आधार पर परिजनों ने दोनों की पहचान की। परिजनों और पुलिस का मानना है कि समाज और परिवार के दबाव के चलते समलैंगिक विवाह न कर पाने की निराशा में दोनों युवतियों ने आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और अन्य संभावित पहलुओं पर भी गौर किया जा रहा है।
बीजापुर में नक्सलियों का कायराना हमला : IED ब्लास्ट में 8 जवान और एक ड्राइवर शहीद
6 Jan, 2025 11:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बीजापुर। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित क्षेत्र बीजापुर में नक्सलियों ने एक बार फिर बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। पूरी साजिश के तहत नक्सलियों ने संयुक्त ऑपरेशन से लौट रहे सुरक्षा बलों के वाहन को निशाना बनाकर आईईडी ब्लास्ट किया। इस हमले में दंतेवाड़ा डीआरजी के 8 जवान और वाहन चालक कुल 9 लोग शहीद हो गए। इस दुखद घटना की पुष्टि बस्तर आईजी पी. सुंदरराज ने की। पुलिस के अनुसार, यह हमला बीजापुर के कुटरू-बेदरे सड़क पर ग्राम अंबेली के पास हुआ। दंतेवाड़ा, नारायणपुर, और बीजापुर की संयुक्त ऑपरेशन टीम ऑपरेशन से लौट रही थी, तभी दोपहर लगभग 2:15 बजे माओवादियों ने यह हमला किया।
उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने दी प्रतिक्रिया
इस बड़ी घटना पर छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने नक्सलियों की हरकत को कायराना बताते हुए कहा, यह हमला नक्सलियों की हताशा को दर्शाता है। शहीद जवानों को मैं श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। उनकी शहादत व्यर्थ नहीं जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार नक्सल समस्या के खात्मे के लिए प्रतिबद्ध है। मार्च 2026 तक छत्तीसगढ़ को नक्सल मुक्त करने का अभियान पूरा किया जाएगा, उपमुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया। शहीद जवानों की खबर से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। सुरक्षा बलों ने इलाके में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है। जवानों की शहादत को सलाम करते हुए बस्तर पुलिस ने नक्सलियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का संकेत दिया है।
महापौर और अध्यक्ष पदों के लिए आरक्षण प्रक्रिया कल: छत्तीसगढ़ नगरीय निकाय चुनाव
6 Jan, 2025 09:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर: नगरीय निकायों में आम निर्वाचन के लिए नगर निगमों में महापौर, नगर पालिका परिषदों एवं नगर पंचायतों में अध्यक्ष पदों के लिए आरक्षण की कार्यवाही कल 7 जनवरी 2025 को आयोजित की जाएगी। पूर्व में नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने इसके लिए 27 दिसम्बर 2024 की तिथि निर्धारित की थी। अपरिहार्य कारणों से 27 दिसम्बर को होने वाली आरक्षण प्रक्रिया स्थगित कर दी गई थी।
आरक्षण की कार्यवाही कल 7 जनवरी को प्रातः 10.30 बजे साइंस कॉलेज परिसर रायपुर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित की जाएगी। आरक्षण की कार्यवाही देखने के इच्छुक व्यक्ति निर्धारित तिथि, समय एवं स्थान पर उपस्थित हो सकते हैं।
उल्लेखनीय है कि नगरीय प्रशासन विभाग द्वारा राज्य में वर्ष 2024-25 में होने वाले नगरीय निकायों के आम निर्वाचन के लिए छत्तीसगढ़ नगर पालिका (महापौर एवं अध्यक्ष पद का आरक्षण) नियम 1999 के प्रावधानों के तहत नगर निगमों के महापौर तथा नगर पालिका परिषद एवं नगर पंचायत के अध्यक्ष पदों के लिए आरक्षण की कार्यवाही संचालित की जा रही है।
महतारी वंदन योजना से संगीता से सीखा बचत और प्रबंधन के गुण
6 Jan, 2025 08:37 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर : महतारी वंदन योजना से संगीता से सीखा बचत और प्रबंधन के गुणकबीरधाम जिला के ग्राम भागुटोला की निवासी संगीता पटेल आज आत्मनिर्भरता और आर्थिक प्रबंधक का एक उत्कृष्ट उदाहरण बन गई हैं। उनके जीवन में परिवर्तन का यह सफर छत्तीसगढ़ सरकार की महतारी वंदन योजना से शुरू हुआ, जिसने उन्हें न केवल आर्थिक सहायता दी, बल्कि उन्हें आत्मविश्वास से भर दिया।
संगीता पटेल, एक गृहिणी और मां, अपने परिवार के लिए हमेशा कुछ बेहतर करना चाहती थीं। लेकिन सीमित आय के कारण उनके सपनों को साकार करना मुश्किल था। अब जब उन्हें महतारी वंदन योजना के तहत हर महीने 1000 रुपये की आर्थिक सहायता मिलने लगी, तो उनके जीवन में नई उम्मीद जगी। संगीता ने इस राशि का बुद्धिमानी से उपयोग करना शुरू किया। उन्होंने अपनी बेटी के भविष्य के लिए सुकन्या समृद्धि योजना में खाता खुलवाया और हर महीने उसमें 500 रुपये जमा करने का निर्णय लिया। यह उनके बेटी के बेहतर शिक्षा और भविष्य के सपनों को साकार करने का पहला कदम था। बचे हुए 500 रुपये का उपयोग वह घर के अन्य खर्चों और बच्चों की जरूरतों को पूरा करने में करती हैं।
संगीता बताती हैं कि पहले छोटी-छोटी जरूरतों के लिए मुझे पति या सास-ससुर से पैसे मांगने पड़ते थे, जो कभी-कभी असहजता का कारण बनता था। लेकिन अब मुझे हर महीने अपनी जरूरतों के लिए पैसा मिलता है। यह केवल आर्थिक मदद नहीं है, बल्कि मेरे लिए आत्मसम्मान और आत्मविश्वास की भी बात है। इस योजना ने न केवल संगीता को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाया है, बल्कि उनके भीतर बचत और प्रबंधन का गुण भी विकसित किया है। अब वे अपने बच्चों के भविष्य के बारे में और अधिक सकारात्मक सोचने लगी हैं।
संगीता ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े का धन्यवाद करते हुए कहा कि महतारी वंदन योजना ने मेरे जैसी लाखों महिलाओं के जीवन में समृद्धि और आत्मविश्वास का संचार किया है। यह केवल आर्थिक सहायता नहीं है, बल्कि हमारे जीवन में स्थिरता और सम्मान लाने का माध्यम है।
गौरतलब है कि उक्त योजना का शुभारंभ 10 मार्च 2024 को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किया था। राज्य की लगभग 70 लाख हितग्राही महिलाओं को हर माह एक हजार रूपए की आर्थिक सहायता दी जा रही है। मार्च से लेकर दिसम्बर तक हितग्राही महिलाओं को 10 मासिक किश्तों में 7181 करोड़ 94 लाख रूपए की आर्थिक सहायता दी जा चुकी है।
उद्योग मंत्री देवांगन पहुंचे सराफा व्यवसायी के निवास
6 Jan, 2025 08:36 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर : उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन आज सराफा व्यापारी स्वर्गीय गोपाल राय सोनी के कोरबा स्थित निवास स्थान टीपी नगर पर पहुंचे, पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के साथ घटना का लिया जायजा। कैबिनेट मंत्री ने व्यवसायी के नृशंस हत्या पर शोक जताया। उन्होंने व्यवसायी स्व. सोनी के परिजनों को हर संभव मदद का भरोसा दिलाया और मृतात्मा की शंाति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। मंत्री देवागंन ने पुलिस अधीक्षक से घटना के हर संभावित पहलू पर बारीकी से जांच कर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तार करने़ के निर्देश दिए।
गुना में विकास कार्यों की बरसात, मुख्यमंत्री करेंगे भूमि-पूजन और लोकार्पण
नोबल अस्पताल में इलाज पर उठे सवाल, मौत के बाद अस्पताल सील
राशिफल 10 मई 2026: जानिए आज का दिन आपके लिए कैसा रहेगा
7 मई के अपहरण का हुआ खुलासा, असम राइफल्स ने चलाया सफल रेस्क्यू ऑपरेशन
