मध्य प्रदेश
निजी बैंक प्रतिनिधि ने की 33 लाख रुपये की धोखाधडी
20 Jan, 2024 12:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। राजधानी में एक प्राइवेट बैंक के प्रतिनिधि और उसके स्वजनों ने मिलकर सेवानिवृत्त रेल कर्मचारी को लाखों का चूना लगा दिया। अशोका गार्डन थाना पुलिस ने सेवानिवृत्त रेलवे कर्मचारी की शिकायत पर 33 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने का केस दर्ज किया है। आरोपियों की अभी गिरफ्तारी नहीं हुई है। अशोका गार्डन थाना पुलिस के मुताबिक रेलवे से सेवानिवृत्त 62 वर्षीय अब्दुल सत्तार खान मयूर विहार कालोनी में रहते हैं। उन्होंने थाने में लिखित शिकायत की थी। उसमें उन्होंने बताया कि जुलाई 2021 में वह एचडीएफसी बैंक में एफडी खाता खुलवाने गए थे। वहां बैंक के प्रतिनिधि शुभम गुप्ता ने खाता खोला। साथ ही एफडी के लिए चालू खाता खुलवाया गया। एफडी करने के नाम पर उनसे चेक लिए गए थे। कुछ दिनों पहले उनके घर पर क्रेडिट कार्ड कंपनी की ओर से 5,20,000 रुपये की वसूली के लिए नोटिस पहुंचा, तो वह हैरान रह गए। वस्तुस्थिति का पता करने पर वह बैंक पहुंचे। उन्होंने अपने स्तर पर पड़ताल की तो पता चला कि एफडी करने के नाम पर चेक लेने के बाद शुभम गुप्ता ने उनके खाते से अपने भाई ऋषभ गुप्ता, मां सुधा गुप्ता व रिश्तेदार महेशचंद्र गुप्ता के खाते में 23 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए थे। चार लाख रुपये चेक के माध्यम से स्वयं निकाल लिए थे। चार लाख रुपये क्रेडिट कार्ड में जमा किए थे। शिकायत की जांच में करने पर घटना की पुष्टि होने पर आरोपियों के खिलाफ कूटरचना कर धोखाधड़ी करते हुए राशि हड़पने का केस दर्ज कर लिया गया है। मामले में अभी तक पुलिस ने एक भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं की है।
कमलनाथ के गढ़ में टकराए भाजपा-कांग्रेस कार्यकर्ता, विधायक के खिलाफ FIR दर्ज
20 Jan, 2024 12:44 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छिंदवाड़ा । पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के गढ़ छिंदवाड़ा में कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ताओं में तीखी झड़प हुई। भाजपा के जिला अध्यक्ष और कांग्रेस विधायक के बीच हुई धक्का मुक्की का मामला आधी रात तक गर्माया। पुलिस ने भाजपा की शिकायत पर कांग्रेस विधायक सोहनलाल बाल्मिक समेत अन्य कार्यकर्ताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। दरअसल, झुर्रेमाल पंचायत में विकसित भारत संकल्प यात्रा के दौरान धक्का मुक्की हुई। कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस नेता और जनपद पंचायत अध्यक्ष आशा आम्रवंशी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है। इसमें वह विकसित भारत यात्रा के मंच पर खड़े भाजपा नेताओं की तरफ अपने पैर से जूता निकाल कर फेंकती नजर आ रही है। इसका FIR उल्लेख किया गया है। कार्यक्रम में मौजूद परासिया जनपद अध्यक्ष आशा आम्रवंशी मंच से अचानक नीचे गिर गई थी। उन्होंने अपना जूता उतारकर मंच की तरफ फेंक दिया। इससे मामला और गर्मा गया। बाद में पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले को शांत कराया। इस घटना के बाद रात आठ बजे तक भाजपा जिला अध्यक्ष विवेक बंटी साहू ने थाने के बाहर धरना दिया। इसके बाद परासिया उद्यानिकी विभाग के उप-संचालक मेहपतलाल उईके ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। इसके अनुसार उन्होंने कांग्रेस विधायक सोहनलाल बाल्मीक, जनपद पंचायत अध्यक्ष आशा आम्रवंशी और अन्य लोगों पर कार्यक्रम में व्यवधान डालने सही करने शिकायत की थी। इसके आधार पर विधायक सोहनलाल बाल्मिक, कृपाल शाह मर्सकोले, आशा आम्रवंशी पर सरकारी काम में बाधा पहुंचाने और जान से मारने की धमकी देना सहित अन्य मामले में आईपीसी की धारा 353, 355, 186, 34 के अंतर्गत शिकायत दर्ज की गई।
एफआईआर के बाद धरना खत्म
उद्यानिकी विभाग के उप-संचालक की शिकायत पर विधायक सोहनलाल बाल्मिक और जनपद अध्यक्ष आशा आम्रवंशी पर सरकारी काम में बाधा डालने और जान से मारने की धमकी देने सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया। इसके बाद भाजपा जिला अध्यक्ष ने रात को आठ बजे धरना समाप्त हुआ। इसी मामले को लेकर विधायक सोहनलाल बाल्मिक और कांग्रेस कार्यकर्ता थाने के सामने रात 12:00 बजे तक धरने पर डटे रहे। उनका कहना था कि भाजपा जिला अध्यक्ष ने SC वर्ग की जनपद अध्यक्ष के साथ गाली गलौज की। उन्हें मंच से उतारा। सार्वजनिक रूप से अपमानित करने की धाराओं के तहत भाजपा जिला अध्यक्ष पर मामला दर्ज किया जाए। सोहनलाल वाल्मीकि के साथ पांढुर्णा विधायक निलेश उईके, महापौर विक्रम अहाके समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता थाने के बाहर प्रदर्शन करते नजर आए। परासिया एसडीओपी ने विधायक को तीन दिन के भीतर मामले की जांच कर मामला दर्ज करने की बात कही। इसके बाद मामला शांत हुआ। विधायक सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आधी रात के बाद धरना समाप्त किया।
BJP नेता पवैया की कांग्रेस नेताओं को कसम, कहा- श्रीराम की सौगंध है, घरों में पांच दिए जरूर जलाएं
20 Jan, 2024 12:23 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
ग्वालियर । भाजपा के पूर्व सांसद और बजरंग दल के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जयभान सिंह पवैया शनिवार को ग्वालियर के महाराज बाड़े पहुंचे। यहां उन्होंने हनुमान मंदिर में आरती की और कार सेवकों का सम्मान कर अयोध्या के लिए रवाना हुए। जयभान सिंह पवैया ने कहा कि मेरे लिए आज बहुत भावना से भरे हुए पल हैं। मेरे भीतर जो भावना है उसे मैं शब्दों का आकार मैं नहीं दे पा रहा हूं। सपना सार्थक हो रहा है और मैं अयोध्या के लिए प्रस्थान कर रहा हूं। मैं लाखों लोगों की भावनाओं के पुष्प लेकर रामलला के चरणों में चढ़ाने के लिए जा रहा हूं। राम मंदिर के लिए ग्वालियर चंबल के कारसेवकों ने बहुत शहादत दी हैं। राम मंदिर के लिए पूरे ग्वालियर में जिस तरह का उत्साह है, मैंने अपने जीवन में ऐसा वातावरण कभी नहीं देखा।
इस दौरान जयभान सिंह पवैया ने कांग्रेस पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा- देश में कभी-कभी ऐसे पल आ जाते हैं जब जाति और पार्टियों की सीमाएं तोड़कर भी राष्ट्र के सम्मान के लिए खड़ा होना चाहिए। जिन्हें राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा में शामिल होने का निमंत्रण दिया गया है उन्हें उसे सौभाग्य को स्वीकार करना चाहिए था। लेकिन, उन लोगों का अभागा पन हम कैसे दूर करें, जिन्होंने रामलला के न्योता को ही ठुकरा दिया। उन्होंने कहा- सोनिया गांधी भले ही अयोध्या न जाए, लेकिन कांग्रेस के हिंदू नेताओं को मैं श्रीराम की सौगंध देता हूं कि वह अपने घरों में पांच दिए जरूर जलाएं। 22 जनवरी को जो अपने घरों में दिया नहीं जलाएगा, उसे इतिहास कभी क्षमा नहीं कर पाएगा। 22 जनवरी को कौन कांग्रेस कौन भाजपा सब भूल जाइए। जिसके भी शरीर में राम का रक्त बह रहा है उसके घर में 22 जनवरी को अंधेरा नहीं रहेगा।
एमपी बोर्ड ने जारी किए कक्षा 10वीं-12वीं के एडमिट कार्ड; छात्रों को परीक्षा से पहले करना होगा ये काम
20 Jan, 2024 12:20 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । मध्य प्रदेश बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन ने एमपी बोर्ड कक्षा 10वीं-12वीं के एडमिट कार्ड 2024 जारी कर दिए हैं। एमपीबीएसई कक्षा 10 की बोर्ड परीक्षाएं 5 फरवरी से शुरू होंगी और एमपी बोर्ड कक्षा 12 की परीक्षाएं 6 फरवरी से शुरू होंगी। जिन छात्रों ने परीक्षा फॉर्म जमा कर दिया है, वे आधिकारिक वेबसाइट mpbse.mponline.gov.in से एमपी बोर्ड परीक्षा 2024 के एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं। स्कूल प्रिंसिपल आधिकारिक वेबसाइट mpbse.nic.in पर स्कूल आईडी का उपयोग करके भी डाउनलोड कर सकेंगे।
एडमिट कार्ड में त्रुटि के मामले में करें स्कूल को सूचित
बोर्ड ने छात्रों को एमपी बोर्ड एडमिट कार्ड 2024 में त्रुटि के मामले में स्कूल अधिकारियों को सूचित करने का निर्देश दिया है। छात्रों को यह सुनिश्चित करना होगा कि बोर्ड परीक्षा 2024 शुरू होने से पहले एडमिट कार्ड में कोई विसंगति होने पर उसे ठीक करा लिया जाए।
परीक्षा से 30 मिनट पहले पहुंचें
छात्रों को परीक्षा हॉल में स्कूल आईडी कार्ड और एमपीबीएसई बोर्ड परीक्षा एडमिट कार्ड 2024 अनिवार्य रूप से ले जाना होगा। छात्रों को परीक्षा केन्द्र पर परीक्षा समय से कम से कम 30 मिनट पहले पहुंचना होगा। एमपी बोर्ड डेट शीट 2024 के अनुसार, कक्षा 10 की परीक्षा 5 फरवरी से 28 फरवरी तक और कक्षा 12 की वार्षिक परीक्षा 6 फरवरी से 5 मार्च तक आयोजित की जाएगी।
एमपीबीएसई एडमिट कार्ड 2024 कैसे डाउनलोड करें
छात्र एमपी बोर्ड कक्षा 10वीं, 12वीं एडमिट कार्ड 2024 डाउनलोड करने के लिए नीचे दिए गए चरणों का पालन कर सकते हैं।
एमपी बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट mpbse.mponline.gov.in पर जाएं।
होमपेज पर 'डाउनलोड' लिंक पर क्लिक करें।
सूची से एमपी कक्षा 10, 12 बोर्ड परीक्षा प्रवेश पत्र डाउनलोड लिंक का चयन करें।
पेज को एडमिट कार्ड डाउनलोड लिंक पर पुनः निर्देशित किया जाएगा।
रोल नंबर और कैप्चा कोड डालें और लॉगइन करें।
मध्य प्रदेश बोर्ड परीक्षा प्रवेश पत्र प्रदर्शित किया जाएगा।
सभी विवरण जांचें और भविष्य के संदर्भ के लिए इसे डाउनलोड करें।
हेमू कालानी स्टेडियम में मुख्यमंत्री और उप मुख्यमंत्री की मौजूदगी में हुआ विशेष धार्मिक अनुष्ठान, विधायक रामेश्वर शर्मा भी रहे मौजूद
20 Jan, 2024 12:06 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । अयोध्या के मंदिर में 22 जनवरी को होने जा रही रामलला की प्राण प्रतिष्ठा का उत्सव शुरू हो चुका है। इससे देश-दुनिया में बसे करोड़ों रामभक्त आह्लादित हैं। जगह-जगह धार्मिक आयोजन हो रहे हैं। राम मंदिर बनने की खुशी में शनिवार को संत हिरदाराम नगर के बलिदानी हेमू कालानी स्टेडियम में सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ किया गया। मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव, उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल और स्थानीय विधायक रामेश्वर शर्मा की मौजूदगी में करीब 11 हजार रामभक्तों ने मिलकर पाठ किया। समूचा स्टेडियम भगवा रंग में रंगा नजर आया।
बड़ी संख्या में लोग हुए शामिल
स्टेडियम में बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, स्कूली बच्चे, मंदिर प्रमुख, पुजारी एवं धार्मिक संगठनों के पदाधिकारी शामिल हुए। सभी ने मिलकर पवन पुत्र हनुमान की स्तुति करते हुए हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ किया। समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव ने कहा कि अब रामराज्य की कल्पना साकार हो रही है। उन्होंने कहा कि अयोध्या में श्री राम मंदिर के लिए कई जन्मों के बाद प्राण-प्रतिष्ठा की बहुप्रतीक्षित घड़ी आ गई है।
गत पांच सौ वर्ष से कई पीढ़ियां खप गईं
सीएम ने कहा कि देश विभाजन से राष्ट्र खंडित हुआ। संभवतः फिर अखंड भारत की दिशा में कार्य हो सकता है। हनुमान चालीसा से भक्ति और शक्ति का मार्ग प्रशस्त होता है। नए भारत का निर्माण शुरू हो रहा है। मुख्यमंत्री डा. यादव ने भक्तों को शुभकामनाए दीं। कार्यक्रम को उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल व विधायक रामेश्वर शर्मा ने भी संबोधित किया।
शोभायात्रा 22 को, तैयारियां तेज
राम मंदिर निर्माण से प्रसन्न बैरागढ़वासी 22 जनवरी को भगवान श्रीराम की भव्य शोभायात्रा निकालेंगे। इसके लिए तैयारियां तेज हो गई हैं। सिंधी समाज के विभिन्न संगठन, विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल, आरएसएस, हिंदू हेल्पलाइन सहित अनेक संगठन एकजुट होकर घर-घर श्री राम ध्वज लगा रहे हैं। वेदांत संत लाल साई के दरबार में बैठकों का दौर जारी है। शोभायात्रा में भगवान श्रीराम की झांकी सजाई जाएगी। बग्घी पर सवार होकर नगर की परिक्रमा करते हुए रामजी सबको आशीर्वाद देंगे। संत महात्मा एवं दरबार प्रमुख भी इसमें शामिल होंगे।
कांग्रेस ने डेढ सौ नेताओं को दिया कारण बताओ नोटिस
20 Jan, 2024 11:45 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । मध्यप्रदेश कांग्रेस द्वारा अपने 150 नेताओं को पिछले विधानसभा चुनाव के दौरान भितरघात करने के आरोप में नोटिस थमाया है और जवाब देने को कहा है। पार्टी के नेता व पदाधिकारियों के विरुद्ध प्रदेश कांग्रेस की अनुशासन समिति ने यह कड़ा कदम उठाया है। समिति ने 10 दिनों में स्पष्टीकरण मांगा है। उत्तर नहीं देने या उसके संतोषप्रद नहीं पाए जाने पर अनुशासनहीनता की कार्रवाई करने का निर्णय लिया जाएगा।प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में अशोक सिंह की अध्यक्षता में हुई अनुशासन समिति की बैठक में विधानसभा चुनाव के समय पार्टी विरोधी गतिविधियों के लिए उम्मीदवारों की शिकायत पर जिन 79 नेताओं को निष्कासित किया गया था, उस निर्णय पर भी मुहर लगाई गई। बैठक में समिति के सदस्य राजीव सिंह, एनपी प्रजापति, सज्जन सिंह वर्मा, पीसी शर्मा, सईद अहमद और हर्ष यादव उपस्थित थे। उधर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी शनिवार को ओरछा में राजा राम दरबार में पूजा अर्चना करेंगे। यहां से पृथ्वीपुर में पार्टी विधायक नितेन्द्र सिंह राठौर के पिता स्वर्गीय बृजेन्द्र सिंह राठौर की स्मृति में आयोजित अखिल भारतीय वालीबाल प्रतियोगिता के समापन कार्यक्रम में भी वे शामिल होंगे। श्री पार्टी इस दौरान पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं से भी मुलाकात कर सकते हैं।
कई जिलों में आज रहेगा शीतल दिन, कोहरे का भी अनुमान
20 Jan, 2024 10:45 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । अगले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के कई संभाग के जिलों में घना कोहरा छाए रहने के साथ शीतल दिन की चेतावनी जारी की है। शुक्रवार को भी सबसे शीतल दिन रिकार्ड किया गया। पश्चिमी विक्षोभ और उत्तरी क्षेत्र से आ रही हवाओं के कारण मौसम में बदलाव का दौर जारी है। सुबह-सुबह कोहरा, बादल छाया रहा पर जैसे ही बादल हटें उत्तरी सर्द हवा के झोंके ने ठंडक बढ़ा दी। बर्फीली हवा दिन भर लोगों को ठिठुराती रही। ठंड से बचने लोग दिन मे भी गर्म कपड़े पहन कर निकलने विवश रहे। वहीं रात में भी सर्द हवा ठिठुराती रही। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे ऐसी ही ठंडक बनी रहेगी, तापमान में दो से तीन डिग्री तक की गिरावट आ सकती है जबकि 21 जनवरी के बाद तापमान में बढ़ोतरी के आसार है। उत्तरी हवा के फेर में तापमान में गिरावट का दौर देखा जा रहा है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान दो डिग्री की गिरावट के साथ 20.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान तीन डिग्री कम होकर 8.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। ठंड से बचने लोग रात में अलाव का सहारा लेते दिखे। क्षेत्रीय मौसम कार्यालय के मौसम विज्ञानी देवेंद्र तिवारी ने बताया कि वर्तमान में राजस्थान, उत्तर प्रदेश एवं बांग्लादेश में अलग-अलग तीन चक्रवाती घेरे बने हुए हैं, कर्नाटक से विदर्भ तक एक द्रोणिका गुजर रही है। इन मौसम प्रणालियों की वजह से उत्तर से आ रही सर्द हवा के साथ नमी भी आ रही है। इसके असर से वातावरण में ठंडक घुल रही है अगले 24 घंटे तक ऐसी ही ठंडक बनी रहेगी 21 जनवरी के बाद ही ठंड से थोड़ी राहत मिल सकेगी।
बिजली कंपनी के एमडी सहित तीन पर लगाया जुर्माना
20 Jan, 2024 09:45 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। बिजली कंपनी के एमडी सहित तीन अधिकारियों पर मध्यप्रदेश हाईकोर्ट ने अपने आदेश का पालन नहीं करने के कारण जुर्माना लगाया दिया। अधिकारियों को महीने भर के अंदर जुर्माने की राशि याचिकाकर्ता को अदा करने के निर्देश भी दिए है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, हाई कोर्ट ने अपने पूर्व आदेश का पालन न करने के रवैये को आड़े हाथों लिया। इसी के साथ मप्र पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के एमडी अनय द्विवेदी, सीजीएम नीता राठौर, सीई कांतिलाल वर्मा सहित अन्य पर 25 हजार रुपये का जुर्माना लगा दिया। याचिकाकर्ता टीकमगढ़ निवासी जितेन्द्र तंतुवाय की ओर से अधिवक्ता विकास महावर ने पक्ष रखा। उन्होंने दलील दी कि याचिकाकर्ता प्रोग्रामर के पद पर पदस्थ है। उसका स्थानांतरण टीकमगढ़ से रीवा कर दिया गया था। एक वर्ष के भीतर तीसरी बार स्थानांतरण किया गया। लिहाजा, हाई कोर्ट में चुनौती दी गई। हाई कोर्ट ने नौ फरवरी, 2023 को अनावेदकों को निर्देश दिए कि याचिकाकर्ता के अभ्यावेदन पर निर्णय लें। यह भी कहा कि अभ्यावेदन के निराकरण तक याचिकाकर्ता को वर्तमान पदस्थापना में ही कार्य करने दें। जब याचिकाकर्ता ने टीकमगढ़ में ज्वाइनिंग दी तो चीफ इंजीनियर ने एक आदेश जारी कर ज्वाइनिंग देने से इनकार कर दिया। यह कोर्ट के आदेश की अवहेलना है। कंपनी के अधिकारियों की ओर से जवाब प्रस्तुत कर मांफी मांगी गई और कहा गया कि उनसे अनजाने में चूक हुई है। उनका इरादा कोर्ट की अवहेलना करना नहीं था।न्यायमूर्ति मनिंदर सिंह भट्टी की एकलपीठ ने अनावेदकों को 30 दिन के भीतर जुर्माने की राशि याचिकाकर्ता को अदा करने के निर्देश दिए हैं।
संजय गांधी थर्मल पावर की 500 मेगावाट की यूनिट ठप
20 Jan, 2024 08:45 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। प्रदेश के उमरिया जिले स्थित संजय गांधी थर्मल पावर बिरसिंहपुर पाली में 500 मेगावाट की यूनिट गुरुवार देर रात से ठप हो गई। इस यूनिट के जेनरेटिंग ट्रांसफार्मर में विस्फोट के बाद लगी आग गई। इस हादसे में बड़ा नुकसान होने की आशंका है। इसके बाद यह यूनिट ठप हो गई। हादसे के बाद किसी तरह आग पर काबू पा लिया गया। मेंटेनेंस में भी लंबा समय लग सकता है। प्लांट में एक अतिरिक्त जेनरेटिंग ट्रांसफार्मर उपलब्ध है, जिसे जल्द ही असेंबल कर इकाई शुरू करने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। हालांकि बंद इकाई को चालू करने में काफी समय लग सकता है। मप्र पावर जेनरेटिंग कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर मनजीत सिंह भी गुरुवार को संजय गांधी थर्मल पावर प्लांट का निरीक्षण करने पहुंचे थे। उन्होंने पावर प्लांट की व्यवस्थाओं और मेंटेनेंस पर भरोसा जताया और राखड़ के रखरखाव और परिवहन की सराहना की। इस दौरान संजय गांधी थर्मल पावर हाउस को बेस्ट पावर हाउस से सम्मानित कर पुरस्कृत भी किया। लेकिन उनके जाने के बाद ही जेनेटरिंग ट्रांसफार्मर में विस्फोट हो गया।
एयरपोर्ट से जुड़े सभी निर्माण कार्य समय सीमा में पूरा कराएं : उप मुख्यमंत्री शुक्ल
19 Jan, 2024 11:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने आज रीवा में रीवा एयरपोर्ट से जुड़े निर्माण कार्यों की समीक्षा की। उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि एयरपोर्ट से जुड़े सभी निर्माण कार्यों को समय सीमा में पूरा कराएं। प्रवेश द्वार से रिंग रोड-2 को जोड़ने वाली सड़क के लिए भू-अर्जन का कार्य पूरा कराकर इसका निर्माण शीघ्र शुरू कराएं। उप मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि एयरपोर्ट में बिजली की आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए स्वीकृत निर्माण कार्य तत्काल शुरू किए जायें। लाइन की शिफ्टिंग के साथ नई लाइन तैयार करने का काम भी शुरू कराएं। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि वे एयरपोर्ट निर्माण कार्यों का 26 जनवरी को निरीक्षण करेंगे।
एयरपोर्ट तथा फोरलेन निर्माण प्रभावितों को मुआवजा वितरण समय से करें
उप मुख्यमंत्री ने निर्देश दिये कि अगडाल में शेष रह गई फोर लेन सड़क की सर्विस लेन का निर्माण पूरा कराएं। गणतंत्र दिवस को इसका लोकार्पण किया जाएगा। एयरपोर्ट निर्माण तथा फोरलेन निर्माण से प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा दें। सभी मुआवजा प्रकरणों को प्राथमिकता से निराकृत करें। उप मुख्यमंत्री ने पचमठा रोड के निर्माण के संबंध में भी निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष रीवा नीता कोल, नगर निगम अध्यक्ष व्यंकटेश पाण्डेय, पूर्व विधायक केपी त्रिपाठी सहित विभागीय अधिकारी एवं निर्माण एजेंसी के अधिकारी उपस्थित थे।
अयोध्या-उज्जैन का ऐतिहासिक संबंध रहा है - मुख्यमंत्री डॉ. यादव
19 Jan, 2024 10:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि आज हमारे सामने वर्तमान की अयोध्या नगरी का जो भौगोलिक स्वरूप है उसे दो हजार साल पहले सम्राट विक्रमादित्य के काल में जीर्णोद्धार कर नया रूप दिया गया था, भव्य मंदिर भी सम्राट विक्रमादित्य द्वारा बनवाया गया। मध्यप्रदेश का विशेषकर उज्जैन का अयोध्या के लिए दो हजार साल पहले भी समर्पण रहा है। वह युग पुन: वापस आ रहा है, भगवान राम पांच सौ साल के संघर्ष के बाद पुनः गर्भ गृह में विराजमान हो रहे हैं, प्रसन्नता का विषय है कि यह सब हमारे सामने ही घटित हो रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति उज्जैन द्वारा अयोध्या में भगवान रामलला मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा के उपलक्ष्य में भेजे जा रहे 5 लाख लड्डू प्रसाद रथ के तुलसी मानस प्रतिष्ठान भोपाल से प्रस्थान के अवसर पर कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने "अयोध्या-मानव सृष्टि की प्रथम जन्मस्थली" पुस्तक का किया विमोचन
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इससे पहले मानस प्रतिष्ठान स्थित सिद्ध रघुनाथ मंदिर में भगवान राम का पूजन अर्चन किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने रामगोपाल सोनी द्वारा लिखित "अयोध्या- मानव सृष्टि की प्रथम जन्मस्थली" पुस्तक का विमोचन भी किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने केसरिया ध्वजा लहराकर अयोध्या के लिए प्रसाद-रथ के रूप में चार ट्रक रवाना किये। प्रत्येक ट्रक में सवा लाख लड्डू हैं। इस अवसर खेल एवं युवा कल्याण तथा सहकारिता मंत्री विश्वास सारंग, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कृष्णा गौर, भोपाल महापौर मालती राय, विधायक रामेश्वर शर्मा, भगवान दास सबनानी, भोपाल विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष लिली अग्रवाल उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का निर्देश है कि श्रीराम जन्म भूमि मंदिर के दर्शन के लिए देशवासी क्रमबद्ध रूप से अयोध्या आएं। जब मध्यप्रदेश का नंबर आएगा, तब सम्राट विक्रमादित्य पर केंद्रित महानाट्य के मंचन द्वारा सम्राट विक्रमादित्य के विराट स्वरूप को जीवंत करते हुए हम अयोध्या पहुंचेंगे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी लोकतंत्र को गौरान्वित कर रहे हैं और लोकतंत्र की शक्ति का सार्थक उपयोग करते हुए उन्होंने रामलला प्राण प्रतिष्ठा समारोह का मार्ग प्रशस्त किया। उज्जैन से अयोध्या लड्डू भेजकर हम समाज में प्राण प्रतिष्ठा समारोह की मिठास बनाए रखना चाहते हैं। भोपाल के मानस प्रतिष्ठान से अयोध्या के लिए लड्डू प्रसाद का प्रस्थान भी शुभ है।
भगवान राम के जीवन में मर्यादा के विविध रूपों का पालन करने के प्रसंग प्रस्तुत किए
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा है कि भगवान राम का जीवन संघर्षों से भरा रहा, उनके जीवन ने मर्यादा के विविध रूपों का पालन करने के प्रसंग प्रस्तुत किए और महर्षि वाल्मीकि ने विविध प्रसंगों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य किया। भगवान श्रीकृष्ण मनुष्य को मर्यादा में जीवन जीने की प्रेरणा देते हैं। भगवान श्रीराम के प्रति प्रेम, श्रद्धा, भक्ति की प्रतिमूर्ति के रूप में ही श्रीराम जन्म भूमि मंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा हो रही है, परन्तु खेद का विषय है कि कुछ लोग इस शुभ अवसर पर प्रश्न चिन्ह लगा रहे है।
हमारी ऐतिहासिक और पौराणिक घटनाओं की पुष्टि वर्तमान का ज्ञान और आधुनिक यंत्र भी करते हैं
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने उज्जैनी के महत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि उज्जैनी में संपूर्ण सृष्टि समाहित है। विश्व के सात सागर प्रतीक स्वरूप उज्जैन के सप्त-सागर में विद्धमान है, 84 लाख योनियों का प्रतिनिधित्व उज्जैन का 84 महादेव मंदिर करता है। द्वारिका सहित हमारी कई ऐतिहासिक और पौराणिक घटनाओं की पुष्टि वर्तमान का ज्ञान और आधुनिक यंत्र करते हैं।
प्रसाद रथ के चालकों का भी किया गया सम्मान
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने केसारिया ध्वजा फहराकर लड्डूओं के चार ट्रकों का अयोध्या के लिए प्रस्थान कराया। उल्लेखनीय है कि यह लड्डू महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति उज्जैन द्वारा बनाए गए हैं। लड्डूओं को विशेष पैकेट में भरकर अयोध्या भेजा जा रहा है। मानस भवन में आयोजित कार्यक्रम में महाकाल मंदिर के पुजारी प्रदीप गुरु का सम्मान भी किया गया। इसके साथ ही लड्डू प्रसाद उज्जैन से अयोध्या जिन प्रसाद रथों (ट्रकों) में ले जाया जा रहा है उन ट्रकों के चालकों का सम्मान भी किया गया।
गरीबों और वंचितों की सहायता के लिए सरकार प्रतिबद्ध - मुख्यमंत्री डॉ. यादव
19 Jan, 2024 09:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गरीब, युवा, किसान और महिलाओं के जीवन में प्रगति और उन्नति लाने के लिए इन्हें सभी जरूरी सहायता और सहयोग दिलाने की बात कही है। महिलाओं को सहयोग की सर्वाधिक आवश्यकता है। हमारी सरकार का प्रयास है कि प्रधानमंत्री मोदी द्वारा लागू जनकल्याण और विकास कार्यों का हर जरूरतमंद व्यक्ति लाभ लें। गरीबों और वंचितों को सहायता व सम्बल दिलाने के लिए हमारी सरकार प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज समत्व भवन में पहली बैठक लेकर विकसित भारत संकल्प यात्रा के अंतर्गत बड़वानी जिले के सेंधवा और सिंगरौली जिले की ग्राम पंचायत ओड़गड़ी के हितग्राहियों से वर्चुअली चर्चा कर रहे थे।
19 हजार 500 ग्राम पंचायतों में हुआ शिविरों का आयोजन
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि विकसित भारत संकल्प यात्रा के अंतर्गत प्रदेश में अब तक 19 हजार 500 से अधिक ग्राम पंचायतों में शिविरों का आयोजन हुआ है। इस यात्रा में एक करोड़ 69 लाख 22 हजार से अधिक लोग शामिल हुए हैं तथा एक करोड़ 24 लाख 23 हजार से अधिक लोगों ने विकसित भारत बनाने का संकल्प लिया है। यात्रा के अंतर्गत 6 लाख 99 हजार 672 लोगों को आयुष्मान योजना तथा एक लाख 81 हजार 762 लोगों को उज्जवला योजना का लाभ दिलाया गया है। इसी प्रकार किसान क्रेडिट कार्ड एक लाख 11 हजार से अधिक लोगों को उपलब्ध कराए गए हैं। किसान क्रेडिट कार्ड के अंतर्गत प्रत्येक किसान को केन्द्र व राज्य सरकार द्वारा हर साल 12 हजार रूपए दिये जा रहे हैं। इस यात्रा के दौरान जीवन ज्योति कैम्प के अंतर्गत एक लाख 37 हजार लोग, हेल्थ कैम्प के अंतर्गत 27 लाख 68 हजार लोग लाभान्वित हुए हैं तथा 2 लाख 37 हजार व्यक्तियों का सुरक्षा बीमा कराया गया है। विकसित भारत संकल्प यात्रा के दौरान अब तक 41 लाख 35 हजार 788 हितग्राहियों को लाभान्वित किया जा चुका है।
योजनाओं के लाभ से जीवन में आया सकारात्मक बदलाव
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सेंधवा के भालेराव तथा राहुल वाडिले से आत्मीय चर्चा की। भालेराव की चाय की दुकान है, जो उन्होंने मुद्रा लोन से मिली राशि से आरंभ की है। राहुल वाडिले ने बताया कि वे मोबाइल रिपेयरिंग करते हैं और प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वनिधि योजना, आयुष्मान कार्ड सहित उज्जवला योजना का लाभ प्राप्त कर रहे हैं। उनके परिवार की महिलाओं को लाड़ली बहना योजना का भी लाभ मिला है। राहुल ने बताया कि सरकार की योजनाओं से ही पक्के मकान में रहना, घरेलू गैस से खाना बनाना और आयुष्मान कार्ड की सहायता से परिजनों का प्रायवेट अस्पताल में इलाज कराना संभव हो पाया है। राहुल ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी की जनोन्मुखी पहल से उनके परिवार का जीवन स्तर तेजी से सुधरा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव से सिंगरौली की ग्राम पंचायत ओड़गड़ी के रामसूरत साकेत, श्रीमती अनीता सिंह तथा गंगाराम वैश्य ने योजनाओं के लाभ से स्वयं और परिवार के जीवन में आए सकारात्मक बदलावों के संबंध में बात की।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने हितग्राहियों को दी गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रधानमंत्री आवास योजना सहित अन्य योजनाओं के हितग्राहियों को आगे चलकर इनका लाभ लेने के लिए बधाई दी। साथ ही अपील की कि 22 जनवरी को रामलला की मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा समारोह में उत्साह और उमंग के साथ वर्चुअली सम्मिलित हों। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सभी हितग्राहियों को गणतंत्र दिवस (26 जनवरी) की शुभकामनाएं भी दीं।
कालजयी शास्त्रीय गायक पं. कुमार गंधर्व अद्वितीय व्यक्तित्व के धनी - मुख्यमंत्री डॉ. यादव
19 Jan, 2024 08:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव देवास में पद्मविभूषण पं. कुमार गंधर्व जन्म शताब्दी वर्ष को लेकर स्थानीय पं. कुमार गंधर्व प्रतिष्ठान द्वारा आयोजित तीन दिवसीय कार्यक्रम में शामिल हुए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दीप प्रज्ज्वलित कर तीन दिवसीय कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में कलापिनी कोमकली ने पद्मविभूषण पं. कुमार गंधर्व की जन्म शताब्दी वर्ष कार्यक्रम की रूप रेखा बताई। देवास विधायक गायत्री राजे पवार ने कार्यक्रम में आभार माना।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि पं. कुमार गंधर्व संगीत की दुनिया में अद्वितीय थे। हम धन्य है कि हमें जन्म शताब्दी कार्यक्रम में आने का सौभाग्य मिला है। हमनें देवताओं को तो नहीं देखा, न इंद्र की सभा में कभी गए, लेकिन पं. कुमार गंधर्व के माध्यम से समझ सकते हैं कि इंद्र की सभा कैसी होती होगी। कालजयी शास्त्रीय गायक पंडित कुमार गंधर्व अद्वितीय व्यक्तित्व के धनी थे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पद्मविभूषण पं. कुमार गंधर्व छाया चित्र की प्रदर्शनी का उद्घाटन कर अवलोकन भी किया। प्रदर्शनी में पं. कुमार गंधर्व के जीवन के अलग-अलग काल खंड के चित्र अवलोकन के लिए लगाए गए थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पंडित कुमार गंधर्व के जीवन पर आधारित टेबल कैलेंडर का विमोचन किया।
पं. कुमार गंधर्व देवास के कोहिनूर है। उन्होंने कहा कि प. कुमार गंधर्व छाया चित्र की प्रदर्शनी में दिख रहा है कि उन्होंने बड़े-बड़े कलाकारों के साथ बाल कलाकार के रूप सुंदर प्रस्तुतियां दी है। प्रदर्शनी में पं. कुमार गंधर्व के बाल कलाकार से बडे होने तक का विराट रूप देखा है। पं. कुमार गंधर्व अंतराष्ट्रीय स्तर पर भारत का गौरव है।
जन्म शताब्दी वर्ष कार्यक्रम के पहले दिन संगीत सभा की शुरुआत शास्त्रीय गायक भुवनेश कोमकली के गायन से हुई। पं. कुमार गंधर्व की जन्म शताब्दी वर्ष पर तीन दिवसीय कार्यक्रम होंगे जो 21 जनवरी तक चलेंगे। इसमें अलग-अलग कलाकार प्रस्तुतियाँ देंगे।
कार्यक्रम में सांसद महेंद्र सिंह सोलंकी, विधायक गायत्री राजे पवार, मनोज चौधरी, आशीष शर्मा, मुरली भंवरा, डॉ राजेश सोनकर, जिला पंचायत अध्यक्ष लीला अटरिया, देवास विकास प्राधिकरण अध्यक्ष राजेश यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अन्य अधिकारी एवं संगीत प्रेमी उपस्थित थे।
कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव में जीत सुनिश्चित करने के लिए अपने सभी दिग्गज नेताओं को मैदान में उतार दिया, दिग्विजय सिंह ने इसकी शुरुआत रीवा से कर दी है
19 Jan, 2024 06:26 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । विधानसभा चुनाव में करारी हार के बाद कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव में जीत सुनिश्चित करने के लिए अपने सभी दिग्गज नेताओं को मैदान में उतार दिया है। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने इसकी शुरुआत रीवा से कर दी है। वे 26 जनवरी तक राजगढ़ संसदीय क्षेत्र के सभी विधानसभा क्षेत्रों में सम्मेलन करेंगे। इसमें मंडलम, सेक्टर अध्यक्ष, बूथ लेवल एजेंट और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक होगी। इसी तरह पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ, कांतिलाल भूरिया, अरुण यादव सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं के भी दौरे होंगे।
घर-घर संपर्क अभियान
उधर, प्रदेश कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव की तैयारी के लिए विधानसभा क्षेत्रों के प्रभारी नियुक्त कर सम्मेलन प्रारंभ किए हैं। इसमें पार्टी के सभी सहयोगी संगठनों को सक्रिय करना, मतदान केंद्रों की टीमों को घर-घर संपर्क अभियान चलाने और लगातार हारने वाले मतदान केंद्रों को चिह्नित करके कमियों को दूर करने के लिए कार्यकर्ताओं को उत्साहित किया जा रहा है।
दरअसल, विधानसभा चुनाव में मिली हार के बाद कार्यकर्ता निराश हो गए थे और सभी गतिविधियां ठप हो गई थीं। इसी कड़ी में अब प्रदेश के सभी दिग्गज नेताओं से कहा गया है कि वे दौरे करें। उधर, लोकसभा समन्वयकों की बैठकें भी शुरू हैं। इसमें मुख्य रूप से प्रत्याशी चयन को लेकर स्थानीय नेताओं के साथ विचार-विमर्श किया जा रहा है।
सभी 29 सीटों के समन्वयक
पार्टी का प्रयास है कि फरवरी में कुछ सीटों के प्रत्याशी घोषित कर दिए जाएं, ताकि उन्हें काम करने के लिए पर्याप्त समय मिल जाए। प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी जितेंद्र सिंह ने सभी 29 सीटों के समन्वयकों से कहा है कि आम सहमति के आधार पर संभावित दावेदार के लिए एक ही नाम प्रस्तावित करें और यदि एक से अधिक नाम दिया जा रहा है तो उसके आधार भी बताए जाएं।
रामलला को महाकाल की 5 लाख लड्डुओं की भेंट
19 Jan, 2024 05:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। उज्जैन स्थित महाकाल के दरबार से श्री रामलला को 5 लाख लड्डुओं की भेंट भेजने का शुभकार्य किया गया। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने इन्हें अयोध्या के लिए रवाना किया है। इसके साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद भी दिया| महाकाल में बनाए गए 5 लाख लड्डू, 5 ट्रकों में भरकर भेजे जा रहे हैं।
महाकाल में बनकर तैयार हुए लड्डुओं को रवाना करने से पहले भोपाल के मानस भवन में भव्य कार्यक्रम का आयोजन भी किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि बाबा महाकाल के दर्शन करें और भगवान विष्णु के दर्शन ना करें तो दर्शन अधूरे ही रहेंगे। उन्होंने कहा कि बाबा महाकाल के लड्डू बहुत प्रसिद्ध हैं। इस अवसर पर सीएम डॉ यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बताया कि प्रभु श्रीराम का स्वरूप 2000 साल पुराना है। यह मंदिर भी राजा विक्रमादित्य द्वारा बनवाया गया है। यह युग 500 साल के संघर्ष के बाद वापस हमारे सामने प्रकट हो रहा है। उन्होंने कहा कि भगवान उन्हें भी सद्बुद्धि दे जो सवाल उठाते हैं, निमंत्रण दो तो भी सवाल उठाते हैं।
सीएम डॉ यादव ने कहा कि वाल्मीकि जी के बाद तुलसीदास जी की रामायण बहुत प्रकार की रामायण है। यह बात तो 17 लाख साल पुरानी है परन्तु ऐसा प्रतीत होता है कि कल ही की बात हो| उन्होंने कहा कि प्रभु श्रीराम से सीखने की अनेक बातें हैं। मुख्यमंत्री डॉ यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद देते हुए कहा कि उनके संकल्प के बाद ही प्रभु श्रीराम मंदिर का निर्णय हुआ। उन्होंने कहा कि हमें तो मालूम है कि 56 इंच वाले का संकल्प कैसा होता है।