मध्य प्रदेश
राहुल गांधी और खरगे 6 जून को मध्य प्रदेश में जताएंगे जातिगत जनगणना पर आभार
2 May, 2025 10:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल: केन्द्र की मोदी सरकार देश में जातिगत जनगणना कराने जा रही है. 74 साल बाद होने जा रही जातिगत जनगणना के सरकार के फैसले के बाद अब इसके श्रेय लेने की होड़ शुरू हो गई है. मध्य प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर कांग्रेस नेता पत्रकारों से रूबरू हुए और कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी पिछले पांच सालों से देश में जातिगत जनगणना कराने के लिए सरकार पर दवाब बना रहे थे. इसी के चलते सरकार इसके लिए मजबूर हुई है.
उधर कांग्रेस अब राहुल गांधी का आभार जताने के लिए मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में बड़ा सम्मेलन करने जा रही है. 6 जून को होने वाले इस सम्मेलन में कांग्रेस नेता राहुल गांधी, पार्टी अध्यक्ष मल्लिकर्जुन खरगे के अलावा प्रियंका गांधी सहित तमाम बड़े नेता शामिल होंगे, हालांकि कार्यक्रम की तारीख में बदलाव हो सकता है.
संविधान बचाओ अभियान, आभार सम्मेलन से जुड़ेगा
जातिगत जनगणना के लिए राहुल गांधी का आभार जताने कांग्रेस राज्य स्तरीय सम्मेलन कराने की तैयारी कर रही है. सम्मेलन के पहले मध्य प्रदेश कांग्रेस प्रदेश भर में जन जागरण यात्रा और आभार सम्मेलन करने जा रही है. यह सम्मेलन जिला स्तर पर किए जाएंगे और इसके बाद जून माह में भोपाल में राज्य स्तरीय सम्मेलन किया जाएगा. कांग्रेस नेताओं के मुताबिक प्रदेश भर में चल रही कांग्रेस के संविधान बचाओ अभियान को अब आभार सम्मेलन से जोड़ा जाएगा.
मध्य प्रदेश कांग्रेस पिछड़ा वर्ग विभाग के कार्यकारी अध्यक्ष पवन पटेल के मुताबिक "राज्य स्तरीय सम्मेलन को लेकर पार्टी स्तर पर कार्यक्रम को अंतिम रूप दिया जा रहा है. सम्मेलन संभवतः 6 जून के भोपाल में किया जाएगा. वे कहते हैं कि जातिगत जनगणना को लेकर आभार सम्मेलन और विजय सम्मेलन की योजना बनाई जा रही है. यह पिछड़ा, गरीबों की मांग थी. पिछड़ा वर्ग द्वारा जिला स्तर पर जन जागरण अभियान चलाया जाएगा."
कांग्रेस बोली राहुल गांधी के दबाव में झुकी बीजेपी
प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में हुई पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए मध्य प्रदेश अनुसूचित जाति विभाग के अध्यक्ष प्रदीप अहिरवार ने कहा कि "1951 के बाद देश में होने जा रही जातिगत जनगणना के लिए कांग्रेस नेता राहुल गांधी पिछले 5 सालों से लगातार आवाज उठा रहे थे, लेकिन बीजेपी के छोटे से लेकर तमाम बड़े नेता राहुल गांधी का माखौल उड़ाती थी. जो पार्टी हमेशा जातिगत जनगणना का विरोध करती है, वही बीजेपी पार्टी अब जातिगत जनगणना कराने जा रही है. उन्होंने इसके लिए पीएम मोदी का धन्यवाद देते हुए कहा कि सरकार के इस फैसले के लिए राहुल गांधी दबाव बनाने में कामयाब रहे.उन्होंने कहा कि जातिगत जनगणना के बाद एससी, एसटी, ओबीसी वर्ग को उनकी संख्या के अनुपात में निजी क्षेत्र में भी आरक्षण मिलना चाहिए." मध्य प्रदेश आदिवासी कांग्रेस के अध्यक्ष रामू टेकाम ने कहा कि "सरकार के इस फैसले का स्वागत करते हैं, लेकिन सरकार को बताना चाहिए कि जातिगत जनगणना की समय सीमा क्या होगी. तेलंगाना सरकार ने देश में जातिगत जनगणना का अच्छा मॉडल पेश किया है. सरकार भी बताए आगे क्या करेगी."
बीजेपी बोली राहुल गांधी को ट्यूशन की जरूरत
उधर इसके पहले जातिगत जनगणना पर श्रेय की राजनीति को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री और केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने राहुल गांधी को घेरा था. उन्होंने कहा था कि राहुल गांधी को संविधान पढ़ने के लिए ट्यूशन लगानी चाहिए. बीजेपी के लिए यह जाति की राजनीति नहीं है, सुशासन की आधारभूत नींव है. समाज के हर वर्ग को न्याय देने का प्रयास है, जो पूरे पारदर्शी तरीके से जमीन पर उतारा जाएगा. देश और समाज के व्यापक हित में जातिगत जनगणना का उपयोग किया जाएगा.
अच्छा कार्य करने वाली पंचायतों को विकास कार्यो के लिये मिलेगी पर्याप्त राशि- मंत्री पटेल
2 May, 2025 09:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : पंचायत एवं ग्रामीण विकास व श्रम मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने कहा कि आने वाले वर्षों में पंचायतों को विकास कार्यों के लिए धन की कोई कमी नहीं होगी। उन्होंने कहा कि जो पंचायतें अच्छा कार्य करेंगी, उन्हें विकास कार्यों के लिए पर्याप्त राशि दी जाएगी। पंचायतों में सुविधा संपन्न पंचायत भवन बनाने के लिए राज्य सरकार 37.5 लाख और 48.5 लाख रुपये की राशि प्रदान करेगी। इनमें एक भवन क्लस्टर स्तर पर होगा जिसमें सब इंजीनियर का कार्यालय भी बनाया जाएगा । यह बात मंत्री पटेल ने दमोह जिले के जरारूधाम गौ-अभ्यारण में पंच-सरपंच सम्मेलन एवं उन्मुखीकरण कार्यक्रम एवं जल गंगा संवर्धन अभियान कार्यक्रम में कही।
संबल योजना में पारदर्शिता और त्वरित सहायता
मंत्री पटेल ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा मुख्यमंत्री जनकल्याण (संबल) योजना के तहत 600 करोड़ रुपये की राशि सिंगल क्लिक से जारी की गई है। उन्होंने कहा कि अब कोई भी दुर्घटना होने पर अब 24 से 48 घंटे के भीतर पीड़ित श्रमिक परिवार को सहायता राशि घर पहुंचाई जाएगी। उन्होंने कहा कि यह योजना श्रमिकों के लिए बड़ा सहारा साबित हो रही है।
कार्यक्रम में जल गंगा संवर्धन अभियान की प्रगति और आगामी योजनाओं पर भी चर्चा हुई। मंत्री पटेल ने कहा कि जरारूधाम क्षेत्र में पथरीले स्थान पर हरियाली लाने के लिए 10 हजार से अधिक पौधे लगाए गए हैं, जो पर्यावरण संतुलन में सहायक सिद्ध होंगे। उन्होंने कहा कि पौधरोपण वहीं किया जाएगा जहाँ पौधों को जीवित रखा जा सके। उन्होंने कहा कि जल गंगा संवर्धन अभियान 30 जून तक जारी रहेगा। जल स्त्रोतों के संरक्षण और संवर्धन के लिए हम सभी को प्रयास करना चाहिए। विशेष रूप से नदियों के उदगम स्थलों को संरक्षित करने की दिशा में कार्य करने का आहवान किया। उन्होंने कहा कि शहरी क्षेत्रों के समीप स्थित पंचायतों के लिए कार्य योजना भविष्य की आवश्यकताओं के अनुसार तैयार की जाएगी।
गांवों की विकास योजनाओं के लिए मंथन का अवसर
संस्कृति राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेन्द्र भावसिंह लोधी ने कहा कि पंच-सरपंच सम्मेलन को ग्रामीण विकास के लिए विभिन्न पहलुओं पर मंथन करने का एक महत्वपूर्ण अवसर है । उन्होंने कहा कि जल गंगा संवर्धन अभियान से गांवों की रचना और विकास योजना को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने कहा कि हैंडपम्प और अन्य जल स्रोतों के सूखने की समस्या को जल रिचार्जिंग के माध्यम से हल किया जाएगा।
पंच-सरपंच सरकार की योजनाओं को ज़मीन पर उतारने की कड़ी
राज्यमंत्री लखन पटेल ने कहा कि पंच-सरपंच सरकार की योजनाओं को ज़मीन पर उतारने की सबसे निचली लेकिन सबसे मजबूत कड़ी हैं। उन्होंने जल संरक्षण की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि हर वर्ष जल स्तर 50-100 फीट नीचे जा रहा है, इसलिए पुराने कुएं, बावड़ियों का संरक्षण आवश्यक है।
गांवों को मिलेगा सिंचाई और पीने के पानी का स्थायी समाधान
सांसद राहुल सिंह लोधी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में बुंदेलखंड की एक-एक इंच ज़मीन को पानी से सींचने का संकल्प लिया गया है। केन-बेतवा लिंक परियोजना और छोटे बांधों से क्षेत्र में जल संकट का स्थायी समाधान किया जाएगा।
चरणबद्ध रूप से होगा एकात्म धाम को पूर्ण करने का कार्य : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
2 May, 2025 09:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि ओंकार पर्वत पर स्थापित आदिगुरु की 108 फीट ऊंची प्रतिमा व आदि गुरु शंकराचार्य की दीक्षा स्थली को राज्य सरकार एकात्म धाम के रूप में विकसित कर रही है, जो चरणबद्ध रूप से पूर्ण हो रहा है। आदि गुरु शंकराचार्य ने अपने जीवन काल में अनेक महान कार्य किए। गुरु शंकराचार्य की चेतना शास्त्र परंपरा से हमारा परिचय कराती है। भारत को शक्ति संपन्न बनने के लिए ज्ञान, आध्यात्म, शास्त्र एवं शस्त्र सभी विधाओं की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि हमारे संतों एवं संन्यासियों ने धर्म की स्थापना के लिए अपने प्राण न्यौछावर किए। शस्त्र के साथ शास्त्र की परंपरा का अद्भुत समन्वय किया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सरकार ने धार्मिक नगरों में शराबबंदी की शुरुआत की है। शराब की दुकानें बंद कर दूध की दुकाने खोली जा रही है। दुग्ध उत्पादन को डॉ. भीमराव अंबेडकर कामधेनु योजना के माध्यम से बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार सांस्कृतिक पर्वों एवं त्यौहारों को समाज के साथ समारोहपूर्वक मनाएगी। उन्होंने कहा कि सनातन संस्कृति से जुड़ाव और सामाजिक आयोजनों के लिये सम्पूर्ण प्रदेश के सभी नगरीय निकायों में गीता भवन बनाये जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव शुक्रवार को आचार्य शंकर सांस्कृतिक एकता न्यास और संस्कृति विभाग द्वारा एकात्म धाम, ओंकारेश्वर में आदिगुरु शंकराचार्य के प्रकटोत्सव पर पंच दिवसीय ‘एकात्म पर्व‘ के समापन समारोह को संबोधित कर रहे थे। समारोह की अध्यक्षता जूनापीठाधीश्वर आचार्य महामण्डलेश्वर स्वामी अवधेशानन्द गिरि ने की। इस अवसर पर महर्षि संदीपनी वेद विद्या पीठ द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ मुख्यमंत्री डॉ. यादव का स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री ने एकात्म धाम की यज्ञशाला की पवित्र यज्ञ-वेदी में आहुति दी। उन्होंने यज्ञ की परिक्रमा कर प्रदेशवासियों की सुख, समृद्धि एवं खुशहाली की प्रार्थना की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने साधु-संतों के साथ आदिगुरु शंकराचार्य की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्पांजलि अर्पित की।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने संतों का स्वागत कर "एकात्म धाम : एकात्मता की यात्रा" पुस्तक का विमोचन किया। साथ ही अद्वैत वेदांत के आचार्य स्वामी विदितात्मानंद सरस्वती एवं प्रो. व्ही कुटुम्ब शास्त्री का अलंकरण किया गया। कार्यक्रम में अद्वैत जागरण युवा शिविर पर केंद्रित फिल्म प्रदर्शित की गई।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि एकात्म धाम में संतों के वचनों का श्रवण कर ऐसा लगा जैसे गागर में सागर भर दिया हो। उन्होंने कहा कि आदि शंकराचार्य ने मात्र 32 वर्ष के लघु जीवन काल में इतने महान कार्य किये जो कल्पना से परे हैं। पाँच हजार साल पहले भगवान श्रीकृष्ण ने गीता में एकात्म के माध्यम से अद्वैत वेदान्त का वर्णन किया। सृष्टि में जगह-जगह कृष्णत्व नजर आया है। शंकराचार्य की दृष्टि हिमालय पर्वत के समान अद्वितीय थी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हमको सांस्कृतिक विरासत को समृद्ध करने का अवसर मिला है। वर्तमान काल में ज्ञान के साथ भारत को शक्ति संपन्न बनने की आवश्यकता है। जूना अखाड़ा में लोगों ने नागा सन्यासी बनकर धर्म की स्थापना के लिए सांसारिक जीवन का त्याग कर दिया। आज शस्त्र के साथ शास्त्र के तालमेल की आवश्यकता है। विगत 1400 साल में शंकराचार्य के माध्यम से भारतीय ज्ञान परंपरा और शस्त्रों का अद्वितीय रूप दिखाई देता है। पंचायतन भाव के साथ अपने देवों की पूजा करते हुए हमें एकात्मक के भाव को बनाए रखना है।
जूनापीठाधीश्वर आचार्य स्वामी अवधेशानंद गिरी महाराज ने कहा कि पाखंडी और अज्ञानियों ने वेदों की प्रमाणिकता पर सवाल उठाए। जब देश वेद विमुख हो रहा था तो गुरू शंकराचार्य के रूप में भगवान स्वयं धरती पर आए। उनका आगमन न होता तो हम आज हिंदू, सनातनी और आर्य न होते। उन्होंने विविधता को तोड़ते हुए अद्वैत के माध्यम से एकत्व के सिद्धांत को प्रचारित किया। उन्होंने कहा कि गीता भवनों के निर्माण के लिए मुख्यमंत्री डॉ. यादव का संकल्प अत्यंत सराहनीय है। यह सत्य है कि गाय के बिना गति नहीं है, गीता के बिना मति नहीं है। अब गीता को गांव-गांव में पहुंचाना है। गुरू शंकराचार्य ने गीता पर भाष्य किया और इसमें अद्वैत और एकात्म के माध्यम से पूरे विश्व की एकता की बात कही गई है। एकात्म धाम में शंकराचार्य पर शोध होगा, चर्चाएं होंगी और विश्व व्यापी प्रचार-प्रसार होगा। नश्वर जगत में एकात्म का सिद्धांत सदैव विद्मान रहेगा।
स्वामी अवधेशानंद गिरी ने कहा मुख्यमंत्री डॉ. यादव सनातनी मूल्य और सांस्कृतिक निष्ठा के साथ प्रदेश की समृद्धि के लिए प्रयासरत हैं। प्रदेश में सांस्कृतिक मूल्यों का संचार हो और आध्यात्मिक मूल्यों का संवर्धन हो, उज्जैन में सिंहस्थ: 2028 को कैसे वैश्विक रूप से भव्यता प्रदान की जाये, इन कार्यों के लिए मुख्यमंत्री डॉ. यादव एक दूरगामी सोच रखते हैं। भगवान ने उन्हें इन कार्यों के लिए चुना है। माँ नर्मदा, क्षिप्रा और ओंकारेश्वर ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव को यहां भेजा है।
समारोह में बताया गया कि म.प्र. शासन द्वारा एकात्म धाम के उन्न्यन का कार्य 4चरणों में किया जा रहा है। इसमें प्रथम चरण में आदि शंकराचार्य की मूर्ति की स्थापना की गई है, द्वितीय चरण में आचार्य शंकर के जीवन दर्शन पर आधारित संग्रहालय, अद्वैतलोक हेतु अतिशीघ्र निविदा जारी की जा रही है, जिसमें उनके जीवन दर्शन का विभिन्न तकनीकियों के माध्यम से आम जनता तक पहुँचाने का कार्य किया जाएगा। तृतीय चरण में अद्वैत वेदांत दर्शन के अध्ययन, शोध एवं विस्तार हेतु आचार्य शंकर अंतर्राष्ट्रीय अद्वैत वेदांत संस्थान की स्थापना की जाएगी, यह संस्थान अद्वैत वेदांत दर्शन का संदर्भ केन्द्र होगा। चौथे और अंतिम चरण में शंकर निलयम आवासीय परिसर का निर्माण किया जायेगा। यह धाम देश ही नहीं बल्कि विश्व को मार्गदर्शन देगा।
कार्यक्रम में जनजातीय कार्य, लोक परिसंपत्ति प्रबंधन, भोपाल गैस त्रासदी राहत एवं पुनर्वास मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह, सांसद ज्ञानेश्वर पाटील, विधायकगण कंचन तनवे, छाया मोरे, नारायण पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष पिंकी वानखेड़े, महापौर अमृता यादव, प्रमुख सचिव संस्कृति शिवशेखर शुक्ला, संभागायुक्त दीपक सिंह, डीआईजी सिद्धार्थ बहुगुणा, कलेक्टर ऋषभ गुप्ता, पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार राय सहित विभिन्न संतगण, जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।
ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग महादेव का किया जलाभिषेक
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने भगवान ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग महादेव के दर्शन कर जलाभिषेक किया। उन्होंने बाबा ओंकारेश्वर से प्रदेश की समृद्धि, विकास और कल्याण की प्रार्थना की। उन्होंने माँ नर्मदा को नमन किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव को ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने बाबा ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग का प्रतीक चिन्ह भेंट किया।
बेटियों के लिए अद्भुत है लाड़ली लक्ष्मी योजना : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
2 May, 2025 09:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रदेश की सभी बेटियों, बहनों और माताओं के कल्याण के लिए हमारी सरकार हमेशा आगे रही है। बेटियों के जन्म को प्रोत्साहन देने और उनके भविष्य को सुरक्षित बनाने के लिए हमारी तत्कालीन सरकार ने मुख्यमंत्री लाड़ली लक्ष्मी योजना तैयार कर 1 अप्रैल 2007 से लागू की थी। यह योजना बेटियों के जन्म को प्रोत्साहन देने और प्रदेश के जेंडर रेश्यो में उत्तरोत्तर सुधार के लिए विश्व की एक अद्भुत योजना है। इसमें बेटियों के जन्म से लेकर उनकी पढ़ाई और उनका विवाह होने तक भी सरकार द्वारा अभिभावकों को आर्थिक सहायता दी जाती हैं। ताकि बेटियों को कोई भी माता-पिता खुद पर बोझ न माने, बेटियों की पढ़ाई-लिखाई की चिंता से मुक्त रहें और सिर्फ उनके सुनहरे भविष्य के निर्माण में ही अग्रसर रहें। इस योजना को आशातीत प्रतिसाद मिलने से प्रदेश में जेंडर रेश्यो में बढ़ोतरी हुई है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव शुक्रवार को लाड़ली लक्ष्मी योजना दिवस (2 मई) के अवसर पर स्टेट हैंगर परिसर में पौध-रोपण के पश्चात लाड़ली लक्ष्मियों को संबोधित कर रहे थे।
बेटियां ही हैं हमारी महालक्ष्मी
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अभियान के तहत भोपाल जिले की 25 से अधिक लाड़ली लक्ष्मियों के साथ आम, आंवला, संतरे और नींबू के पौधे लगाए। उन्होंने कहा कि बेटियां ही हमारी महालक्ष्मी हैं, अष्टलक्ष्मी हैं और हमारी भारतीय संस्कृति में लक्ष्मी को सदैव ही पूजा जाता है। बेटियों से ही हमारे घरों में रौनक है। यह अभियान हमें अपनी बच्चियों का भविष्य संवारने के लिए संकल्पित होने की प्रेरणा देता है। प्रदेश के हर माता-पिता को अपनी बेटियों के नाम एक-एक पौधा जरूर लगाना चाहिए और उस पौधे का अपनी संतान की तरह ही पालन पोषण करना चाहिए। उन्होंने जानकारी देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री लाड़ली लक्ष्मी योजना के प्रारंभ से अब तक 50 लाख 45 हजार से अधिक लाडली लक्ष्मियों का पंजीयन किया जा चुका है। कार्यक्रम में आईं सभी लाड़ली लक्ष्मियों ने फूल देकर मुख्यमंत्री डॉ. यादव का स्वागत किया और उनके साथ पौध-रोपण किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने लाड़ली लक्ष्मियों को दुलार किया, मेहनत से पढ़ाई करने की मनुहार की और बच्चियों के साथ समूह चित्र भी खिंचवाये।
बेटियां खूब पढ़ें-लिखें, आगे बढ़ें
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेश की सभी बेटियों को लाड़ली लक्ष्मी उत्सव की शुभकामनाएं देते कहा कि वे जितना अधिक हो सके, खूब पढ़-लिखकर अपने जीवन में निरंतर आगे बढ़ें। उनके भविष्य की चिंता हमारी सरकार करेगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि बेटियों को हर कदम पर जरूरी मार्गदर्शन और मदद मुहैया कराई जाएगी। नगर निगम भोपाल के अध्यक्ष श्री किशन सूर्यवंशी उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री लाड़ली लक्ष्मी योजना
बालिका जन्म के प्रति जनता में सकारात्मक सोच लिंग अनुपात में सुधार बालिकाओं के शैक्षणिक स्तर तथा स्वास्थ्य की स्थिति में सुधार तथा उनके अच्छे भविष्य की आधारशिला रखने के उद्देश्य से लाड़ली लक्ष्मी योजना अप्रैल 2007 से मध्यप्रदेश में लागू की गई थी। प्रदेश की बालिकाओं को मिलने वाले लाभ को स्थायी बनाने के लिए सरकार द्वारा मध्यप्रदेश लाड़ली लक्ष्मी (बालिका प्रोत्साहन) अधिनियम 2018 लागू किया गया, जो प्रत्येक बालिका को मिलने वाली राशि की गारन्टी प्रदान करता है। पहले से संचालित मुख्यमंत्री लाड़ली लक्ष्मी योजना का विस्तार करते हुए लाडली बालिकाओं को उच्च शिक्षा की ओर प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से राज्य शासन द्वारा लाडली लक्ष्मी योजना 2.0 की स्वीकृति दी गई। इसके अनुसार मुख्यमंत्री लाड़ली लक्ष्मी योजना दिवस का उत्सव हर साल 02 मई को आयोजित किया जाता है।
बालिकाओं को मिलने वाले लाभ
लाड़ली लक्ष्मी प्रकरण की स्वीकृति के उपरांत 1 लाख 43 हजार रूपये का आश्वासन प्रमाण पत्र दिया जाता है। योजनान्तर्गत बालिकाओं को कक्षा 6वीं में प्रवेश लेने पर 2000 रूपये, कक्षा 9वीं में प्रवेश लेने पर 4000 रूपए, कक्षा 11वीं में प्रवेश लेने पर 6000 रूपये एवं कक्षा 12वीं में प्रवेश लेने पर 6000 रूपए छात्रवृत्ति की राशि ई-पेंमेंट के माध्यम से दी जाती है। लाड़ली बालिकाओं को कक्षा 12 वीं के पश्चात् स्नातक अथवा व्यावसायिक पाठ्यक्रम में (पाठयक्रम अवधि न्यूनतम दो वर्ष) प्रवेश लेने पर 25000 रूपए की प्रोत्साहन राशि 2 समान किश्तों में पाठ्यक्रम अवधि के प्रथम एवं अंतिम वर्ष में दी जाती है। योजना के अंतर्गत एक लाख रूपए का भुगतान 21 वर्ष की आयु पूर्ण करने पर संबंधित लाड़ली लक्ष्मी को किया जाएगा, बशर्ते हितग्राही बालिका कक्षा 12वीं की परीक्षा में सम्मिलित हो चुकी हो और उसकी शादी बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, 2006 में उल्लेखित न्यूनतम विहित आयु पूरी करने के बाद ही हुई हो।
अब तक 12.85 लाख बालिकाओं को मिली छात्रवृत्ति
मुख्यमंत्री लाड़ली लक्ष्मी योजना के प्रारंभ से अब तक प्रदेश में 50.45 लाख से अधिक बालिकाओं का पंजीयन किया जा चुका है। इनमें से 12.85 लाख बालिकाओं को छात्रवृत्ति के रूप में 648.63 करोड़ रुपए से अधिक का भुगतान किया जा चुका है। वर्तमान में यूनि-पे के माध्यम से बालिकाओं को सुरक्षित तरीके से भुगतान किया जा रहा है।
प्रदेश में मनाया गया लाड़ली लक्ष्मी उत्सव
मुख्यमंत्री लाड़ली लक्ष्मी योजना अंतर्गत 2 मई को लाड़ली लक्ष्मी दिवस को एक उत्सव के रूप में मनाया गया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अभियान में सहभागिता करते हुए आज बेटियों के साथ ही पौध-रोपण किया। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा 2 मई को लाड़ली लक्ष्मी उत्सव का आयोजन करने के संबंध में निर्देश जारी किए गए थे। इसके तहत प्रदेश के सभी जिला, नगरीय निकायों एवं ग्राम पंचायत स्तर पर लाड़ली लक्ष्मी उत्सव कार्यक्रम आयोजित किये गये। कार्यक्रम में लाड़ली बालिकाएं, उनके अभिभावक, लाड़ली क्लब की अध्यक्ष एवं सदस्य तथा स्थानीय जनप्रतिनिधिगण सम्मिलित हुए।
"मध्य प्रदेश पुलिस विभाग में बंपर भर्ती, शारीरिक माप से पहले दौर का किया गया आकलन"
2 May, 2025 08:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायसेन: शारीरिक और लिखित परीक्षा पास कर चुके अभ्यर्थियों के चेहरे पर उस वक्त खुशी देखने को मिली, जब उनका मेडिकल शुरू हो गया. छात्रों की लंबी तैयारी के बाद पुलिस आरक्षकों का एग्जाम क्वालीफाई हुआ था, जिसके बाद गुरुवार से शुरू हुआ मेडिकल राउंड का सिलसिला शुक्रवार तक चला. जिसमें शारीरिक और लिखित परीक्षा में पास हुए लगभग 92 अभ्यर्थियों का मेडिकल रायसेन जिला चिकित्सालय में किया जा रहा है. जिनमें महिला अभ्यर्थी भी हैं. यह सभी युवा हैं, जो मध्य प्रदेश पुलिस में अपने भविष्य की तलाश कर रहे हैं.
92 अभ्यर्थी पहनेंगे वर्दी, सुधरेगा लायन ऑर्डर
लंबे समय से मध्य प्रदेश पुलिस में आरक्षकों की कमी दर्ज की जा रही थी. जिसके चलते पुलिस विभाग को मध्य प्रदेश में बढ़ते हुए अपराध में लगाम कसने और न्यायालय में चालान पेश करने में भी दिक्कत आ रही थी. हाल ही में हुए मध्य प्रदेश पुलिस एग्जाम में उत्तीर्ण हुए छात्रों का मेडिकल रायसेन जिला चिकित्सालय में हुआ. अब उम्मीद लगाई जा रही है कि मध्य प्रदेश में लायन ऑर्डर की स्थिति पहले से बेहतर हो सकेगी.
पुलिस ट्रेनिंग केंद्र में होगी ट्रेनिंग
जिला चिकित्सालय में हो रहे पुलिस आरक्षक अभ्यर्थियों के मेडिकल के संबंध में सिलवानी एसडीओपी और मेडिकल प्रभारी अनिल सिंह मौर्य से जब बात की तो उन्होंने बताया कि, ''जिले में 92 अभ्यर्थियों का मेडिकल आज जिला चिकित्सालय में कराया जा रहा है, जिन्होंने पुलिस आरक्षक परीक्षा पास की है. इन अभ्यर्थियों के मेडिकल परीक्षण उपरांत इन्हें प्रमाण पत्र दिया जाएगा. इसके बाद इन सभी अभ्यर्थियों की मध्य प्रदेश के पुलिस ट्रेनिंग केंद्र में ट्रेनिंग होगी.
क्या बोले अभ्यर्थी
मेडिकल परीक्षण करवाने के लिए पूरे शिक्षक परीक्षा में उत्तीर्ण हुए अभ्यर्थियों का कहना है कि, ''हम लंबे समय से इस लम्हे का इंतजार कर रहे थे इस परीक्षा को उत्तीर्ण करने के लिए हमने काफी मेहनत की है. अब लग रहा है जैसे इंतजार खत्म हो गया है. जल्द ही हम पुलिस की वर्दी पहन कर ईमानदारी के साथ आम जनता की सेवा करेंगे और लायन आर्डर को स्थापित करेंगे.''
रायसेन जिला चिकित्सालय में सिविल सर्जन के पद पर आसीन डॉक्टर अनिल ओढ़ ने बताया कि, ''रायसेन जिला चिकित्सालय में आए हुए अभ्यर्थियों का मेडिकल परीक्षण किया जा रहा है. यहां पर लगभग 92 अभ्यर्थी आए हुए हैं जिनका स्वास्थ्य परीक्षण किया जा रहा है. अभ्यर्थियों में मुख्य रूप से उनके चेस्ट की माप, पैरों, आँखों और शरीर की अन्य बीमारियों की जांच की जा रही है. जो अभ्यर्थी इस मेडिकल प्रशिक्षण में पास होंगे, उन्हें पुलिस सेवा में कार्य करने का मौका मिलेगा.
CEIR पोर्टल के जरिए चोरी हुए मोबाइल फोन बरामद, रेलवे सुरक्षा बल की डिजिटल सतर्कता साबित हुई कारगर
2 May, 2025 07:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल: भोपाल मंडल यात्रियों की सुविधा और उनकी संपत्ति की सुरक्षा के लिए लगातार नवाचार अपना रहा है। इसी क्रम में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) भोपाल मंडल के साइबर सेल ने पहली बार दूरसंचार विभाग के 'सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर (सीईआईआर)' पोर्टल के जरिए चोरी हुए मोबाइल फोन को सफलतापूर्वक ढूंढकर यात्री को वापस लौटाने की ऐतिहासिक पहल की है। 25 अप्रैल 2025 को 'रेल मदद' पोर्टल पर एक शिकायत प्राप्त हुई थी, जिसमें शिकायतकर्ता श्री मुरु ने इटारसी स्टेशन पर यात्रा के दौरान अपना मोबाइल चोरी होने की जानकारी दी थी। चूंकि यात्री ने कोई एफआईआर दर्ज नहीं कराई थी, इसलिए आरपीएफ साइबर सेल द्वारा वैकल्पिक व्यवस्था के तहत शिकायत का निपटारा किया गया। साइबर सेल, भोपाल ने निर्धारित प्रक्रियाओं का पालन करते हुए सीईआईआर पोर्टल के माध्यम से मोबाइल को ब्लॉक कर दिया, ताकि उसका उपयोग न किया जा सके। 26 अप्रैल को मोबाइल को भोपाल क्षेत्र में ट्रेस किया गया, और जांच से पता चला कि यह श्री प्रवीण नामक व्यक्ति के पास था। संबंधित व्यक्ति से संपर्क कर मोबाइल को नजदीकी आरपीएफ पोस्ट पर जमा करने को कहा गया और उसने 30 अप्रैल को आरपीएफ पोस्ट- रानी कमलापति पर मोबाइल जमा कर दिया।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री सौरभ कटारिया ने बताया कि - "यह पहली बार है कि भोपाल मंडल में सीईआईआर पोर्टल के माध्यम से किसी यात्री की खोई हुई संपत्ति इतनी कुशलता और पारदर्शिता के साथ बरामद और वापस की गई है। इस पहल से यात्रियों में विश्वास और रेलवे की छवि दोनों मजबूत हुई है।" ज्ञातव्य है कि रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने हाल ही में दूरसंचार विभाग के सहयोग से पूरे देश में सीईआईआर पोर्टल लागू किया है। यह पोर्टल आईएमईआई नंबर के माध्यम से चोरी या खोए हुए मोबाइल फोन को ब्लॉक करने, ट्रैक करने और रिकवर करने में मदद करता है। इसका उद्देश्य मोबाइल चोरी को रोकने के साथ-साथ ऐसे उपकरणों की अवैध बिक्री को नियंत्रित करना है।
इस प्रयास के माध्यम से अब रेल यात्री सीधे रेल मदद, 139 हेल्पलाइन या आरपीएफ से संपर्क कर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। बिना एफआईआर के भी सीईआईआर के माध्यम से मोबाइल बरामद किया जा सकता है। भोपाल मंडल की यह सफलता दर्शाती है कि अब रेल प्रशासन डिजिटल ट्रैकिंग और तकनीकी दक्षता से लैस होकर न केवल यात्रियों को बेहतर सेवाएं दे रहा है, बल्कि उनकी संपत्ति की सुरक्षा के लिए भी सजग और सक्रिय है।
मुख्यमंत्री, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व प्रदेश संगठन महामंत्री ने श्री नरेंद्र सलूजा के दुखद निधन पर जताया शोक
2 May, 2025 04:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता श्री नरेंद्र सलूजा को नम आंखों से दी अंतिम विदाई
भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता श्री नरेंद्र सलूजा का बुधवार को इंदौर में हार्ट अटैक से निधन हो गया था। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं प्रदेश मीडिया प्रभारी श्री आशीष उषा अग्रवाल ने शुक्रवार को इंदौर स्थित उनके निवास पहुंचकर श्रद्धासुमन अर्पित कर परिवारजनों को ढांढस बंधाया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा एवं प्रदेश सगंठन महामंत्री श्री हितानंद जी ने श्री नरेंद्र सलूजा के निधन पर शोक व्यक्त किया। श्री नरेंद्र सलूजा की अंतिम यात्रा आज प्रातः 11 बजे उनके निज निवास 195, रानीबाग मुख्य इंदौर से रीजनल पार्क मुक्तिधाम पहुंची, जहां उनका अंतिम संस्कार किया गया। श्री नरेंद्र सलूजा को उनके पुत्र श्री मीत सलूजा ने मुखाग्नि दी।
श्री सलूजा भाजपा के कर्मठ कार्यकर्ता थे -डॉ. मोहन यादव
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने श्री नरेंद्र सलूजा के निज निवास 195, रानीबाग मुख्य इंदौर पहुंचकर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि श्री नरेंद्र सलूजा का असामयिक निधन भारतीय जनता पार्टी के लिए बड़ी क्षति है। श्री सलूजा भाजपा के कर्मठ कार्यकर्ता थे। पार्टी ने एक होनहार व्यक्ति को खो दिया है यह दुखद है। मैं भगवान महाकाल से कामना करता हूं कि श्री सलूजा को अपने श्री चरणों में स्थान दें और उनके परिजनों को दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें।
श्री सलूजा का हमारे बीच से जाना पार्टी के लिए बड़ी क्षति-श्री विष्णुदत्त शर्मा
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा ने श्री नरेंद्र सलूजा के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा श्री नरेंद्र सलूजा का असमय निधन भाजपा परिवार के लिए बड़ी क्षति है। पार्टी ने एक अच्छे वक्ता को खो दिया है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने एवं परिजनों को इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।
पंचतत्व में विलीन हुए श्री सलूजा
श्री नरेंद्र सलूजा की अंतिम यात्रा शुक्रवार को प्रातः 11 बजे निज निवास 195, रानीबाग मुख्य इंदौर से रीजनल पार्क पहुंची, जहां उनका अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम संस्कार में प्रदेश शासन के मंत्री श्री तुलसी सिलावट, सांसद श्री शंकर लालवानी, विधायक श्री मधु वर्मा, श्री रमेश मेंदोला, पूर्व विधायक श्री गोपीकृष्ण नेमा, जिला अध्यक्ष श्री सुमित मिश्रा, युवा आयोग के पूर्व अध्यक्ष श्री निशांत खरे, पूर्व जिला अध्यक्ष श्री गौरव रणदिवे, अनुसूचित जाति वित्त विकास निगम के अध्यक्ष श्री सावन सोनकर, प्रदेश प्रवक्ता श्री यशपाल सिंह सिसोदिया, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी श्री दीपक जैन टीनू, प्रदेश प्रवक्ता मिलन भार्गव, मीडिया पैनलिस्ट श्रीमती गुंजन चौकसे, इंदौर प्रेस क्लब अध्यक्ष श्री अरविंद तिवारी, वरिष्ठ पत्रकार श्री राकेश अग्निहोत्री, श्री नितेन्द्र शर्मा, श्री सुधीर दंडोतिया, श्री अश्विनी जोशी, पूर्व मंत्री श्री सज्जन सिंह वर्मा, श्री प्रमोद टंडन सहित पार्टी कार्यकर्ता, बड़ी संख्या में समाजजन व इंदौर के गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
इंदौर लौट रहे बरातियों का दर्दनाक सड़क हादसा.... 3 की मौत, 12 घायल
2 May, 2025 02:40 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
विदिशा: विदिशा जिले के लटेरी तहसील में आरी घाटी के पास गुरुवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 12 अन्य लोग घायल हो गए। यह दुर्घटना उस वक्त हुई जब बारात लेकर एक पिकअप वाहन सिरोंज से लौट रहा था और आरी घाटी के समीप असंतुलित होकर पलट गया।
जानकारी के अनुसार, इंदौर के पास मानपुर तहसील के आंवलीपुरा गांव से बारात सिरोंज आई थी। आदिवासी परिवार में शादी समारोह के बाद रात में बारात लौट रही थी कि तभी यह हादसा हो गया। घायलों को तत्काल लटेरी के शासकीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया।
मृतकों में दो पुरुष और एक महिला शामिल हैं। लटेरी एसडीओपी अजय मिश्रा ने बताया कि पिकअप वाहन में बाराती शामिल थे वहीं दूल्हा-दुल्हन दूसरे वहां से आ रहे थे। गाड़ी में 16 बाराती सवार थे इनमें से चार घायलों को विदिशा जिला अस्पताल(Vidisha Accident News) रेफर किया गया है।
ये हुए घायल
दुर्घटना में घायल लोगों में हेमराज टाकिया(आदिवासी) (12), हजारी उर्फ बिहारी (40), लक्ष्मी बाई (22), द्वारकी बाई (35), सांतिबाई (30), अजय (13), छोटू (12), किशोर (13), जितेन्द्र (16), नंदू (40), तूफान (25), और रानी (3) शामिल हैं। सभी घायलों का इलाज लटेरी अस्पताल में चल रहा है।
वहीं मृतकों की पहचान आंवलीपुरा निवासी नारायण (20), करमदिया रतलाम निवासी गोकुल (18) और बरोद खंडवा निवासी बंसती बाई (32) के रूप में हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
लघु वनोपज समितियां आदिवासी समुदाय को स्वरोजगार से जोड़ने में सक्षम: मुख्यमंत्री डॉ. यादव
2 May, 2025 02:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि मध्यप्रदेश के जनजातीय वर्ग को विकास की मुख्य धारा में लाने के लिए राज्य सरकार संकल्पित है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मंशा अनुरूप जनजातीय भाई-बहनों के समग्र कल्याण के लिए पेसा नियमों को ध्यान में रखते हुए जनजातीय क्षेत्रों के विकास को और अधिक गति दी जा रही है। प्रदेश के दूरस्थ क्षेत्रों में बसे जनजातीय परिवारों को भी केन्द्र सरकार की सभी योजनाओं जैसे पक्का मकान, नि:शुल्क राशन और आयुष्मान योजना से मुफ्त इलाज की सुविधा मिल रही है। उन्होंने कहा कि हर गरीब और जरूरतमंद के बच्चों के स्वर्णिम भविष्य के लिए हमारी सरकार हर स्तर पर प्रयास कर रही है। राज्य सरकार तेंदुपत्ता संग्राहकों को बोनस देकर प्रोत्साहित कर रही है। तेंदूपत्ता के शासकीय मूल्य में 1000 रुपए प्रति मानक बोरा की वृद्धि कर इसे 4000 रुपए प्रति मानक बोरा कर दिया गया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में अभी 15 हजार वन समितियां हैं। जनजातीय समुदाय को स्व-रोजगार से जोड़ने में लघु वनोपज समितियां निरापद रूप से सर्वाधिक सक्षम हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव गुरुवार को खंडवा जिले के हरसूद में तेंदूपत्ता, वन समितियों और जनजातीय सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।
हरसूद को नए अस्पताल, स्कूल और सिंचाई परियोजना की सौगात
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने क्षेत्रीय बुजुर्गों को टार्च और एफएम जैसी आधुनिक तकनीक से लैस छड़ी (स्टिक) का वितरण किया और विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को पात्रतानुसार हितलाभ के चेक, ई-रिक्शा प्रदान किए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने स्कूल, अस्पताल जैसे विभिन्न विकास कार्यों का भूमि-पूजन एवं लोकार्पण भी किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने हरसूद में जल संरक्षण के लिये सरकार द्वारा चलाये जा रहे जल गंगा संवर्धन कार्यक्रम में सहभागिता की। इस अवसर पर वर्षा जल की बूंद-बूंद सहेजने के उद्देश्य विषय पर केंद्रित एक लघु फिल्म का प्रदर्शन भी किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने हरसूद को विकास कार्यों की सौगात दी, जिनमें 20 करोड़ की लागत की नया अस्पताल, सांदिपनि आदर्श विद्यालय, 45 करोड़ की लागत से नई सिंचाई परियोजना शामिल है। कार्यक्रम में केंद्रीय जनजातीय कार्य राज्यमंत्री दुर्गादास उइके, जनजातीय कार्य, लोक परिसम्पत्ति प्रबंधन तथा भोपाल गैस त्रासदी राहत एवं पुनर्वास मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह, वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री दिलीप अहिरवार, विधायक नारायण पटेल, विधायक श्रीमती छाया पटेल सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं हितग्राही उपस्थित थे।
प्रदेश में बुजुर्गों को सहारा और सम्मान देने वाली सरकार
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि आज बुजुर्गों को आधुनिक जादू की छड़ी मिली है। प्रदेश में बुजुर्गों को सहारा और सम्मान देने वाली सरकार है। प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में हमारी सरकार समृद्ध, सशक्त और विकसित मध्यप्रदेश बनाने के लिए मिशन मोड पर कार्य कर रही है। प्रदेश में खेतों को सिंचित करने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। सिंचाई का रकबा बढ़ने से सीधा लाभ किसानों को मिलेगा। मध्यप्रदेश में गेहूं का उपार्जन मूल्य 2600 रुपए है, जो देशभर में सर्वाधिक है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेश में शुरू हुई 2 राष्ट्रीय नदी जोड़ो परियोजनाओं के संदर्भ में कहा कि राज्य सरकार पड़ोसी राज्यों के साथ सभी लंबित मुद्दों को सुलझा रही है। राजस्थान के बाद अब महाराष्ट्र के साथ नदी जल समझौतों की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में गीता भवनों का निर्माण कार्य हो रहा है। राज्य सरकार ने प्रत्येक ब्लॉक में एक आदर्श ग्राम और एक वृंदावन गांव बनाने का निर्णय लिया है।
नई औद्योगिक क्रांति से संवरेगा प्रदेश के युवाओं का भविष्य
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश में पर्यटन क्षेत्र में अपार संभावनाएं हैं। यहां सबसे ज्यादा टाइगर हैं। देश में चीता भी सिर्फ मध्यप्रदेश में ही हैं। सरकार वन्य जीव पर्यटन को बढ़ावा देकर युवाओं को गाइड के रूप में प्रशिक्षित कर पर्यटन रोजगार से जोड़ने का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट (जीआईएस)- 2025 प्रदेश में औद्योगीकरण की नई शुरुआत है, जिसमें 30 लाख करोड़ रुपए के ऐतिहासिक निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। हमारी नई औद्योगिक नीतियों से प्रदेश के युवाओं का भविष्य संवरेगा और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। राज्य में गरीबों का समग्र कल्याण, युवाओं को रोजगार, अन्नदाता (किसानों) की समृद्धि और प्रदेश की सभी बहनों के सशक्तिकरण के लिए हमने 4 मिशन शुरू किए हैं। उन्होंने कहा कि सबके सहयोग और सद्प्रयासों से हम यह मिशन पूरा करेंगे।
जल, जंगल और जमीन के संरक्षण में जुटी मध्यप्रदेश सरकार : केंद्रीय राज्यमंत्री उइके
केंद्रीय राज्यमंत्री दुर्गादास उइके ने कहा कि मध्यप्रदेश में 70 आवासीय विद्यालय शुरू किए गए हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार जनजातीय समुदाय के कल्याण और सशक्तिकरण के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। सरकार जल, जंगल और जमीन के संरक्षण में जुटी है। प्रधानमंत्री मोदी के विजनरी नेतृत्व से मध्यप्रदेश अब स्वर्णिम राज्य बनने की ओर अग्रसर है। प्रदेश में जनजातीय समाज के विकास के लिए विभिन्न क्षेत्रों में कई विकास योजनाओं पर तेजी से काम हो रहा है।
बेसहारों का सहारा बन रही है हमारी सरकार : जनजातीय कार्य मंत्री डॉ. शाह
जनजातीय कार्य मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह ने कहा कि प्रदेश की मेधावी बेटियों को पढ़ने और आगे बढ़ाने के लिए सरकार ने स्कूटी वितरण योजना शुरू की है। खंडवा जिले की बेटियों को भी इन योजनाओं का लाभ मिल रहा है। उन्होंने बुजुर्गों को छड़ी वितरण के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हमारी सरकार किसी को भी बेसहारा नहीं रहने देगी। बेसहारों का सहारा बनकर सरकार इनके समग्र कल्याण की चिंता कर रही है।
विश्वास कैलाश सारंग ने तात्या टोपे स्टेडियम से प्रदेशव्यापी “ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर-2025” का किया शुभारंभ
2 May, 2025 02:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल: सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने गुरूवार को तात्या टोपे स्टेडियम से खेल एवं युवा कल्याण विभाग के प्रदेशव्यापी “ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर-2025” का शुभारंभ किया। इस अवसर पर अपने संबोधन में मंत्री सारंग ने कहा कि "ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर – 2025" मध्यप्रदेश के युवाओं के शारीरिक, बौद्धिक और आध्यात्मिक विकास की दिशा में एक सार्थक पहल है। यह शिविर केवल खेल सिखाने का माध्यम नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को एक सजग, अनुशासित और सक्षम नागरिक के रूप में तैयार करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि इस नवाचार के अंतर्गत प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण, खेल अकादमियों से जुड़ाव और प्रतियोगिताओं में भागीदारी के अवसर मिलेंगे।
शिविर के नये प्रारूप से खिलाड़ियों को मिलेगा अवसर
मंत्री सारंग ने बताया कि खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा प्रतिवर्ष स्कूली विद्यार्थियों के लिए आयोजित किए जाने वाले पारंपरिक ग्रीष्मकालीन खेल शिविर को इस वर्ष एक नवीन रूप प्रदान किया गया है। मध्यप्रदेश में पहली बार “ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर – 2025” को नए तरीके से प्रारंभ किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस शिविर का उद्देश्य केवल खेलों से जुड़ाव तक सीमित नहीं है, बल्कि यह एक ऐसा मंच बनेगा जहाँ से प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को भविष्य के उत्कृष्ट खिलाड़ी के रूप में तराशा जाएगा।
उत्कृष्ट खिलाड़ी निर्माण की त्रि-स्तरीय योजना
मंत्री सारंग ने बताया कि त्रि-स्तरीय योजना के तहत हम उत्कृष्ट खिलाड़ी निर्माण करेंगे। इसमें प्रथम चरण में ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर के माध्यम से प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को चयनित किया जायेगा। द्वितीय चरण में चयनित खिलाड़ियों को विभाग की ‘प्रतिभा खोज’ और ‘खेलो बढ़ो अभियान’ जैसे योजनाओं से जोड़ा जाएगा। तृतीय चरण में शीर्ष खिलाड़ियों को खेल अकादमियों और ‘खेलो एमपी’ सहित विभाग की प्रमुख प्रतियोगिताओं में सम्मिलित कर भविष्य के चैंपियन तैयार किए जाएंगे।
शिविर में खेलों के साथ शारीरिक, बौद्धिक और आध्यात्मिक विकास पर फोकस
मंत्री सारंग ने बताया कि गर्मियों की छुट्टियों में बच्चें खेल के साथ-साथ अपने व्यक्तित्व और बौद्धिक विकास पर भी कार्य करेंगे। विद्यार्थियों को व्हॉलीबाल, जिम्नास्टिक, जूडो, ताईक्वांडों, बॉक्सिंग, कबड्डी, तलवारबाजी, कराते, मल्लखम्ब, टेबिल टेनिस, स्केटिंग, कुश्ती, लॉन टेनिस, बैडमिंटन, फुटबॉल, बॉस्केटबॉल, एरोबिक, स्कवैश, एथलेटिक्स, शूटिंग (रायफल/पिस्टल) का प्रशिक्षण दिया जायेगा। इन खेलों के साथ ही विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास के लिये आध्यात्म, योग सहित विभिन्न गतिविधियों को सम्मिलित किया गया है।
शिविर के लिये ऑनलाइन होंगे रजिस्ट्रेशन
मंत्री सारंग ने बताया कि खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा प्रदेश के समस्त जिलों में 30 जून तक “ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर-2025” का आयोजन किया जा रहा है। इसमें भाग लेने के लिये विद्यार्थी 18 मई तक MYMP पोर्टल www.merayuva.mp.gov.in पर ऑनलाइन पंजीयन कर सकेंगे। पंजीकरण लिंक विद्यार्थियों को SMS के माध्यम से प्राप्त होगी। उन्होंने कहा कि लिंक के माध्यम से विद्यार्थी सरलता से अपना पंजीयन पूरा कर सकेंगे। पंजीयन के पश्चात विद्यार्थियों की प्रोफाइल बनेगी। इस प्रोफाइल का उपयोग खेल प्रतिभा खोज सहित अन्य कार्यक्रमों के लिये भी किया जायेगा।
जबलपुर सहित 39 जिलों में तेज आंधी और ओलावृष्टि, भोपाल-ग्वालियर में मूसलधार बारिश का पूर्वानुमान
2 May, 2025 11:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
साइक्लोनिक सर्कुलेशन (चक्रवात) के एक्टिव होने से मध्यप्रदेश में ओले-बारिश का दौर जारी है। पिछले 6 दिन प्रदेश के आधे हिस्से में मौसम बदला हुआ है। कहीं तेज आंधी-बारिश हो रही है तो कहीं ओले भी गिर रहे हैं। गुरुवार को डिंडौरी में तेज बारिश हुई, करीब 25 से ज्यादा जिलों में मौसम बदला रहा। शुक्रवार को 5 जिले-छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, मंडला और बालाघाट में ओले गिर सकते हैं।
सीनियर मौसम वैज्ञानिक डॉ. दिव्या ई. सुरेंद्रन ने बताया कि शुक्रवार को कटनी, उमरिया, शहडोल, अनूपपुर, डिंडौरी, जबलपुर, नरसिंहपुर में हवा की रफ्तार 50 से 60 किमी प्रतिघंटा तक रह सकती है। वहीं, भोपाल, ग्वालियर, नीमच, मंदसौर, श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, दमोह, सागर, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, राजगढ़, विदिशा, सीहोर, रायसेन, हरदा, नर्मदापुरम, बैतूल, मऊगंज, सीधी और सिंगरौली में गरज-चमक और हल्की बारिश होने के आसार है।
5 मई तक बारिश का दौर रहेगा
मौसम विभाग के अनुसार, 5 मई तक प्रदेश में बारिश का दौर बना रहेगा। कुछ जिलों में दिन में गर्मी रहेगी, जबकि शाम के बाद मौसम बदलेगा।
डिंडौरी में ओले गिरे, कई जिलों में बारिश
इससे पहले गुरुवार को डिंडौरी में ओले गिरे। वहीं, अनूपपुर, उमरिया, कटनी, मैहर, सिवनी, बालाघाट, मंडला, छिंदवाड़ा, पन्ना, शहडोल, सतना, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, नीमच, मंदसौर, आगर-मालवा, शाजापुर, देवास, रतलाम, उज्जैन और राजगढ़ में हल्की गरज के साथ हल्की बारिश हुई।इधर, मई के पहले ही दिन उज्जैन, शाजापुर, रतलाम, गुना और नरसिंहपुर में पारा 43 डिग्री के पार पहुंच गया। शाजापुर सबसे गर्म रहा। यहां पारा 43.7 डिग्री सेल्सियस रहा। रतलाम में 43.6 डिग्री, उज्जैन में 43.4 डिग्री और गुना-नरसिंहपुर में 43.2 डिग्री दर्ज किया गया। धार, खरगोन, खंडवा, शिवपुरी, रायसेन, टीकमगढ़, सागर, दमोह, बैतूल, खजुराहो और नर्मदापुरम में पारा 41 डिग्री या इससे अधिक रहा। बड़े शहरों की बात करें तो भोपाल में 42.5 डिग्री, इंदौर में 42 डिग्री, ग्वालियर में 39.6 डिग्री और जबलपुर में 40.2 डिग्री रहा।
मोहन सरकार का क्रांतिकारी योजना: डॉक्टर और इंजीनियरों का योगदान, लीडरशिप में खास शख्स
2 May, 2025 10:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
जबलपुर: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव का कहना है कि, ''शहर और जिलों के विकास के लिए विकास समिति का एक मॉडल लेकर आ रहे हैं. इस विकास समिति में डॉक्टर, इंजीनियर, सिटी प्लानर और ऐसे लोग जो राजनीति में शामिल नहीं है उन्हें शामिल किया जाएगा. यह विकास समिति मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में रहेगी, ताकि इसकी सही ढंग से मॉनिटरिंग की जा सके.'' मुख्यमंत्री मोहन यादव जबलपुर में कलेक्ट्रेट के नए अभिलेखागार का उद्घाटन करने के लिए पहुंचे थे.
कलेक्ट्रेट कार्यालय के रिकॉर्ड रूम का लोकार्पण
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव आज जबलपुर पहुंचे. जबलपुर में उन्होंने कलेक्ट्रेट कार्यालय के रिकॉर्ड रूम का लोकार्पण किया. इस मौके पर मोहन यादव ने कहा कि, ''रिकॉर्ड रूम में जो रिकार्ड जमा है उसको सहेज कर रखने की जिम्मेदारी सरकार की है. लेकिन यह रिकॉर्ड आम आदमियों का है और लोगों को भी इसे अपने पास सहेज कर रखना चाहिए.'' मुख्यमंत्री मोहन यादव ने जबलपुर में नए रिकॉर्ड रूम का लोकार्पण किया.
मैं जब वकील था: मोहन यादव
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बताया कि, ''1987 में उन्होंने वकालत शुरू की थी और वह वकालत के दौर में रिकॉर्ड निकलवाने के लिए रिकॉर्ड रूम जाते थे. लेकिन तब उन्होंने देखा था कि राजस्व विभाग का रिकॉर्ड रूम का भगवान ही मालिक होता था. वहां के बाबू वहां के चपरासी लोगों को परेशान करते थे. इसलिए इस तरह के आधुनिक रिकॉर्ड रूम की जरूरत है.''
कांग्रेस की आपत्ति
इस मौके पर जबलपुर पूर्व विधानसभा के कांग्रेस विधायक लखन घनघोरिया ने मुख्यमंत्री को एक ज्ञापन सौंपा. जिसमें उन्होंने जिला योजना समिति की बैठक न होने की जानकारी देते हुए यह मांग की कि, जिला योजना समिति की बैठक दोबारा शुरू की जाए.
मोहन सरकार का जिला विकास समिति मॉडल
कांग्रेस विधायक के इस ज्ञापन के जवाब में मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सरकार की विकास समिति के मॉडल को विस्तार से बताया. मुख्यमंत्री मोहन यादव का कहना है कि, ''जिला योजना समिति में केवल उन्हीं लोगों को सदस्य होने का मौका मिलता है जो चुनाव जीतकर आए हैं. लेकिन शहर विकास में बहुत से लोग ऐसे होते हैं जो सक्रिय राजनीति में शामिल नहीं होते उन्हें भी शहर के विकास में शामिल होने का मौका मिलना चाहिए. इसलिए उनकी विकास समिति के मॉडल में शहर के सिटी प्लानर, डॉक्टर, इंजीनियर और समाज के बुद्धिजीवी लोगों को भी विकास समिति में शामिल किया जाएगा.''
मुख्यमंत्री होंगे विकास समिति के अध्यक्ष
यह विकास समिति प्रभावी रूप से काम कर सके इसलिए इस समिति का अध्यक्ष मुख्यमंत्री होंगे और उपाध्यक्ष जिले के प्रभारी मंत्री होंगे. इसके साथ ही बाकी लोग सदस्य के रूप में शामिल होंगे. इसमें जिले और शहर के विकास को लेकर जो सुझाव दिए जाएंगे उनकी मॉनिटरिंग खुद मुख्यमंत्री करेंगे. सीएम मोहन यादव ने कहा कि, ''जल्द ही इन समितियां का गठन कर दिया जाएगा.''
कृषि उद्योग समागम
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने अपने भाषण के दौरान बताया कि, ''मालवा में इस सप्ताह में कृषि उद्योग समागम का आयोजन किया जा रहा है. इसमें कृषि क्षेत्र से जुड़े हुए लोगों के साथ ही खाद्य प्रसंस्करण से जुड़े हुए लोग भी शामिल हो रहे हैं. इन सभी के साथ मिलकर कृषि और कृषि से जुड़े हुए उद्योगों के विस्तार की योजना पर काम किया जा रहा है. पहले यह मालवा में हो रहा है, इसके बाद ऐसा ही आयोजन महाकौशल में भी किया जाएगा.''
महापौर के घर पहुंचे सीएम मोहन यादव
मुख्यमंत्री मोहन यादव अपने जबलपुर दौरे के दौरान जबलपुर के महापौर जगत बहादुर सिंह के घर गए. जबलपुर में आरएसएस के एक कार्यक्रम में शामिल हुए, इसके साथ ही उन्होंने मध्य प्रदेश पर्यटन विभाग की कलचुरी होटल में जिले के राजस्व और पुलिस के अधिकारियों की बैठक भी ली. इस कार्यक्रम में मध्य प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह के साथ ही जबलपुर के सभी विधायक शामिल हुए.
नाबालिग का अपहरण, डिप्टी जेलर ने होटल में किया बंधक
2 May, 2025 08:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
शहडोल: यहां एक डिप्टी जेलर पर बड़ा आरोप लगा है. जिसके बाद शहडोल जिला सुर्खियों में आ गया है. दरअसल कोतवाली थाना पुलिस ने एक डिप्टी जेलर पर नाबालिग का अपहरण और होटल में बंधक बनाने का मामला दर्ज किया है. हालांकि पुलिस के अनुसार डिप्टी जेलर अभी फरार हैं. पुलिस मामले की तफ्तीश के साथ डिप्टी जेलर की तलाश में जुटी है.
डिप्टी जेलर पर बड़ा आरोप
शहडोल जिले के बुढ़ार जेल में डिप्टी जेलर के पद पर पदस्थ विकास सिंह पर बड़ा आरोप लगा है. डिप्टी जेलर विकास सिंह पर नाबालिग का अपहरण और बंधक बनाने के आरोप का मामला सामने आया है. इस घटना के सामने आने के बाद डिप्टी जेलर पर मामला दर्ज कर लिया गया है. घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की है और पुलिस इस मामले की जांच में जुट गई है. फिलहाल डिप्टी जेलर फरार हैं.
पुलिस ने डिप्टी जेलर पर दर्ज किया मामला
इस घटनाक्रम को लेकर शहडोल एसपी रामजी श्रीवास्तव ने बताया कि "17 साल की एक नाबालिग बच्ची कोतवाली थाने पहुंची थी. उसके कथन के अनुसार एक प्रकरण दर्ज किया गया है. प्रकरण में एक विकास सिंह नाम के व्यक्ति हैं जो कि डिप्टी जेलर हैं और बुढ़ार में पदस्थ हैं. उनके खिलाफ नाबालिग बच्ची को उसके अनुमति के बिना ले जाना और कमरे में बंधक बनाने का प्रकरण दर्ज किया गया है."
एसपी ने दी घटनाक्रम की जानकारी
शहडोल एसपी रामजी श्रीवास्तव ने बताया कि "पीड़िता के बताए अनुसार वो रात को 3 बजे के करीब रेलवे स्टेशन की ओर जा रही थी, तभी एक कार अचानक वहां खड़ी हुई. कार सवार एक व्यक्ति ने उन्हें गाड़ी में बिठाया और उसके बाद उसे होटल ले जाया गया.
होटल में जब उस नाबालिग को ले जाया गया तो पुलिस पार्टी को संदेह हुआ, जो 2 पॉइंट पर वहां लगी हुई थी. क्योंकि उन्हें ये लड़की पहले भी दिख चुकी थी. और इसी आधार पर जब उन्हें संदेह हुआ तो उन्होंने उस होटल के कमरे की चेकिंग शुरू कर दी. इसके बाद संदेह के आधार पर नाबालिग को पुलिस थाने लेकर आई. पूछताछ के बाद नाबालिग की शिकायत के बाद मामला दर्ज किया गया है. मामले की विवेचना की जा रही है. डिप्टी जेलर विकास सिंह फिलहाल अरेस्ट नहीं हुए हैं."
मंत्रालय में हुआ राष्ट्र-गीत "वंदे-मातरम" एवं राष्ट्र-गान "जन-गण-मन" का सामूहिक गायन
1 May, 2025 10:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मई माह के प्रथम शासकीय कार्य दिवस पर मंत्रालय स्थित सरदार वल्लभ भाई पटेल पार्क में राष्ट्र-गीत "वंदे-मातरम" एवं राष्ट्र-गान "जन-गण-मन" का सामूहिक गायन हुआ। इस अवसर पर पुलिस बैंड ने मधुर धुनें प्रस्तुत की। वंदे-मातरम गायन में खेल एवं युवा कल्याण, सहकारिता, मंत्री विश्वास कैलाश सारंग, अपर मुख्य सचिव, संजय दुबे, सहित मंत्रालय, सतपुड़ा और विंध्याचल भवन के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।
जनजातीय क्षेत्रों में घर घर तक पहुँची 66 मोबाईल मेडिकल यूनिट : डॉ. विजय शाह
1 May, 2025 10:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : जनजाति कार्य मंत्री डा. विजय शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महा अभियान के अंतर्गत पीएम जनमन योजना में प्रदेश के कमजोर जनजातीय समूहों के सामाजिक, आर्थिक विकास के साथ ही जनजाति वर्ग के हितग्राहयों के स्वास्थ्य सुविधाओं पर विशेष ध्यान देते हुए जनजातीय क्षेत्रों में ऐसी बसाहट वाले क्षेत्र जहाँ 5 कि. मी.के दायरे में कोई भी शासकीय स्वास्थ्य केन्द्र उपलब्ध नहीं है, में मोबाईल स्वास्थ्य वैन यूनिट के माध्यम से जन-जन तक स्वास्थ्य सेवायें पहुँचाई जा रही हैं।
जनजाति कार्य विभाग केन्द्र सरकार द्वारा राज्यों में जनजाति वर्ग के हितार्थ चलाई जा रही योजनाओं के क्रियान्वयन के लिए राज्य सरकार की ओर से नोडल विभाग के रूप में कार्य कर रहा है। डा0 विजय शाह ने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास यह है कि केन्द्र सरकार द्वारा पोषित इस योजना का लाभ प्रदेश के जनजाति वर्ग के अंतिम पंक्ति के अंतिम हितग्राही को मिल सके।प्रदेश की जनता को डबल इंजिन सरकार का भरपूर लाभ मिल सके।
प्रदेश के 21 पीवीटीजी जिलों के 87 ब्लाकों में शासकीय स्वास्थ्य केन्द्र की अनुलब्धता वाले 1645 चिन्हित क्षेत्र में 66 मोबाईल मेडिकल यूनिट इस समय संचालित हैं। इसमे सर्वाधिक शिवपुरी जिले में 245 चिन्हित क्षेत्रों में10 मोबाईल मेडिकल यूनिट संचालित है। दूसरे नंबर पर 172 अनुलब्धता के साथ विदिशा में 5 मोबाईल मेडिकल यूनिट संचालित है।न्यूनतम अनुलब्धता वाले क्षेत्र में 01 स्थान के साथ भिण्ड एवं 02 स्थानों के साथ मैहर दूसरे स्थान पर है।इन दोनों स्थानों में से भिण्ड में 00 और मैहर में 01 एमएम यूनिट संचालित है।
जनजाति कार्य मंत्री डा0 विजय शाह ने बताया कि विगत 3 वर्षो में इस योजना पर 5031.18 लाख की राशि का उपयोग किया जा चुका है। कुल 87 ब्लाकों में 77 हजार 413 पीवीटीसी हितग्राहियों के साथ दो लाख से अधिक मरीज लाभान्वित हो चुके हैं।
शिक्षक भर्ती अभ्यर्थियों पर पुलिस कार्रवाई, CM हाउस के बाहर तनाव
बालाकोट-नोटबंदी पर राहुल का तंज, संसद में हंगामा
ट्रैफिक अलर्ट: राजबाड़ा-गांधी हॉल मार्ग पर वाहनों की एंट्री बंद
रिजल्ट के तनाव ने ली एक और जान: इंदौर में 12वीं की छात्रा ने जहर खाकर की आत्महत्या
