मध्य प्रदेश
आंधी-तूफान के बाद छतरपुर में आग का तांडव, 25 घर स्वाहा, महिला जिंदा जली
4 May, 2025 09:08 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छतरपुर: तेज रफ्तार से आए आंधी तूफान के बाद आग ने भी तांडव मचाया. आग लगने से 25 से ज्यादा किसानों के घर जल गए. आग का प्रकोप इतना बड़ा की एक बुजुर्ग महिला भी जिंदा जल गई, तो कई मवेशियों को भी अपनी जान गंवानी पड़ी. किसानों की सारी गृहस्थी भी आग में स्वाहा हो गई. मामले की जानकारी लगते ही अधिकारी मौके पर पंहुचे लेकिन उसके पहले सब कुछ राख हो चुका था.
आंधी-तूफान के बाद आग ने मचाया तांडव
छतरपुर में शनिवार को दिन में पहले आंधी तूफान ने अपना रौद्र रूप दिखाया. तूफान जब शांत हुआ तो शाम होते ही आग ने भी तांडव शुरू कर दिया. आग ने करीब 25 से ज्यादा घरों को अपनी चपेट में ले लिया. आग की लपटों को देखकर किसान चीखते चिल्लाते रहे. आग लगातार एक गांव से दूसरे गांव तक पहुंच गई और 25 से ज्यादा किसानों के घरों को तबाह कर दिया. एक घर में अकेली सो रही बुजुर्ग महिला आग में जिंदा जल गई. इस दौरान कई मवेशी भी आग की चपेट में आ गये.
नरवाई की आग ने मचाई तबाही, 25 घर जलकर खाक
जिले से 80 किलोमीटर दूर घुवारा तहसील के मजरा छुलला गांव में खेतों में नरवाई जलाने के कारण आग लग गई. धीरे धीरे आग तेज हवा के कारण फैलती गई और दूसरे गांव चिरोला पहुंच गई. आग पूरे गांव में फैलना शुरू हुई तो किसानों ने पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया लेकिन कोई असर नहीं हुआ. इसी दौरान एक 65 साल की महिला घर में सो रही थी वह भी आग की चपेट में आ गई और जिंदा जल गई. इसके अलावा 3 बच्चे और 2 महिलाएं भी आग में झुलस गई.
मौके पर पहुंचे तहसीलदार और डॉक्टर
जानकारी लगते ही मौके पर घुवारा तहसीलदार के साथ डॉक्टरों की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया. तहसीलदार कपिल शर्मा ने बताया कि "प्राकृतिक आपदा हुई है. जांच पड़ताल की जा रही है. सर्वे कर शासन स्तर पर जो भी मदद होगी दी जाएगी. एक बुजुर्ग महिला की भी इस हादसे में मौत हुई."
भरभराकर गिरा मोबाइल टावर
छतरपुर जिले में शनिवार को आंधी तूफान ने जमकर तबाही मचाई. जिले में कई जगह पेड़ गिरने की खबर है. मातगुवां थाना इलाके के बर्द्वहा गांव में बीएसएनएल का एक पुराना मोबाइल टावर भर-भराकर गिर गया. हालांकि टावर एक खाली प्लाट में लगा था इस कारण जनहानि नहीं हुई. बीएसएनएल के जेटीओ अमित पाठक ने बताया कि "टावर गिरने की सूचना मिली है. यह टावर पिछले 5 सालों से बंद पड़ा था. टावर आंधी तूफान क्यों नहीं झेल पाया इसके कारणों की जांच करवाई जाएगी."
लव जिहाद के मुख्य आरोपी फरहान का शॉर्ट एनकाउंटर को लेककर बोले मंत्री विश्वास सारंग
3 May, 2025 10:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल: कॉलेज की लड़कियों को ड्रग्स, सेक्स, धोखे और ब्लैकमेलिंग के जाल में फंसाने वाले भोपाल में लव जिहाद के मुख्य आरोपी फरहान को शॉर्ट एनकाउंटर के दौरान पैर में गोली लगी है। पुलिस का कहना है कि हिरासत में रहते हुए आरोपी ने पिस्टल छीनकर भागने की कोशिश की और हाथापाई के दौरान उसके पैर में गोली लग गई। अब इस मामले में मंत्री विश्वास कैलाश सारंग का बयान सामने आया है। मंत्री सारंग ने अपराधियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि ऐसे लोगों को पैरों में नहीं बल्कि सीने में गोली मारनी चाहिए. ये लोग इस धरती पर बोझ हैं. लव जिहाद जैसे कुकृत्य करने वालों को इस प्रदेश और देश में रहने का कोई अधिकार नहीं है. मंत्री ने आगे कहा कि जो लोग महिलाओं की इज्जत से खिलवाड़ करते हैं, मासूम बच्चियों को निशाना बनाते हैं और समाज को नशे के जाल में फंसाते हैं, ऐसे अपराधियों को सरेआम गोली मार देनी चाहिए।
बता दें कि आरोपी फरहान के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है, जिसमें दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग, ड्रग तस्करी और धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने जैसी गंभीर धाराएं शामिल हैं. जानकारी के मुताबिक देर रात अशोका गार्डन पुलिस गिरोह के फरार आरोपी अबरार की तलाश में फरहान को सीहोर जिले के बिलकिसगंज ले जा रही थी. फरहान को शुक्रवार को ही अशोका गार्डन पुलिस ने रिमांड पर लिया है. फरहान ने पुलिस को बताया कि अबरार बिलकिसगंज में छिपा है. रात 11:30 बजे अशोका गार्डन थाने से सुरक्षा बल के साथ पुलिस फरहान को बिलकिसगंज ले जा रही थी. रातीबड़ थाने से निकलते ही फरहान ने सरवर गांव में पेशाब करने के लिए कार रोकी। उसकी सुरक्षा के लिए सब इंस्पेक्टर समेत दो पुलिसकर्मी नीचे उतरे। इसी दौरान आरोपी फरहान ने सब इंस्पेक्टर की पिस्टल छीन ली और भागने की कोशिश की। दोनों के बीच हुई हाथापाई में सब इंस्पेक्टर की पिस्टल से गोली चल गई जो फरहान के पैर में लगी।
चन्नी का बयान बेहद शर्मनाक
मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने कांग्रेस सांसद चरणजीत चन्नी के बयान पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा से पाकिस्तान के साथ रही है। पाकिस्तान के बारे में बात करना कांग्रेस नेतृत्व का अपने नेताओं को निर्देश है। देश अब इसे बर्दाश्त नहीं करेगा। यह सेना और जवानों का मनोबल तोड़ने की साजिश है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पाकिस्तान के एजेंडे पर काम कर रही है। जब देश सेना के साथ खड़ा है तो ऐसे बयान सेना को हतोत्साहित करते हैं। कांग्रेस द्वारा किए गए आपत्तिजनक ट्वीट को सबसे पहले पाकिस्तान ने रीट्वीट किया। क्या कांग्रेस पाकिस्तान की स्क्रिप्ट पर बयान देती है? उन्होंने कहा कि चन्नी का बयान बेहद शर्मनाक है।
मंत्री ने कहा- लव जिहाद के मामलों को हल्के में नहीं लेंगे
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में हिंदू लड़कियों के जबरन धर्म परिवर्तन का मामला सामने आया है। संवेदनशील मुद्दे को गंभीरता से लेते हुए राज्य सरकार ने त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी है। मंत्री विश्वास सारंग ने कहा है कि उनकी सरकार लव जिहाद के किसी भी मामले को हल्के में नहीं लेगी। आरोप है कि एक धर्म विशेष के कुछ युवकों ने कुछ हिंदू लड़कियों को अपनी बातों में फंसाकर धर्म परिवर्तन के लिए उकसाया। इतना ही नहीं, उन्होंने इन पीड़ितों के जरिए और लड़कियों को फंसाने का काम किया।
लगता है कि यह किसी बड़ी साजिश का हिस्सा है: सारंग
इस घटना के बारे में मंत्री विश्वास सारंग ने कहा, "जैसे ही यह मामला सरकार के संज्ञान में आया, पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की। अब तक दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है जो इस पूरे मामले की गहराई से जांच करेगी। यह बहुत गंभीर मामला है। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ऐसा लगता है कि यह किसी बड़ी साजिश का हिस्सा है और इसमें कई लोग शामिल हो सकते हैं।" मंत्री सारंग ने आगे कहा, जिन बेटियों के साथ यह अमानवीय कृत्य हुआ है, उनकी पहचान गोपनीय रखी जाएगी और पूरी संवेदनशीलता के साथ जांच को आगे बढ़ाया जाएगा। राज्य सरकार ऐसी घटनाओं को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करेगी और 'लव जिहाद' जैसे मामलों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
एसआईटी को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि जांच निष्पक्ष और गहनता से होनी चाहिए, अगर इस मामले से जुड़े और लोग सामने आते हैं, तो उन्हें भी गिरफ्तार कर सख्त सजा दी जाएगी। डीसीपी (जोन 2) संजय अग्रवाल ने पूरे मामले की जानकारी दी। उन्होंने कहा, पीड़ितों की रिपोर्ट पर संबंधित थानों में मामला दर्ज कर लिया गया है। एसआईटी का गठन कर दिया गया है। मुख्य आरोपी को बागसेवनिया पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। अन्य आरोपियों को भी अलग-अलग थानों में गिरफ्तार किया गया है। कुछ आरोपी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। अग्रवाल के मुताबिक, उनके पास मिली सामग्री के आधार पर धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम लगाया गया है। सभी आरोपियों के मोबाइल फोरेंसिक जांच के लिए भेजे गए हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर अंतर्राष्ट्रीय प्रेस स्वतंत्रता दिवस की दी बधाई
3 May, 2025 09:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल: हर साल 3 मई को मनाए जाने वाले विश्व प्रेस स्वतंत्रता दिवस का उद्देश्य दुनिया भर में स्वतंत्र और निष्पक्ष पत्रकारिता का समर्थन करना और पत्रकारों के सामने आने वाली चुनौतियों के बारे में जागरूकता फैलाना है। इस दिवस को संयुक्त राष्ट्र महासभा ने 1993 में घोषित किया था, ताकि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को बढ़ावा दिया जा सके।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विश्व प्रेस स्वतंत्रता दिवस पर लेखकों को बधाई दी है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर लिखा, मैं मीडिया के मित्रों को अंतर्राष्ट्रीय प्रेस स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई देता हूं। लोकतंत्र, एकता और प्रगति के लिए ऐसी पत्रकारिता जरूरी है, जो हर मायने में सजग होने के साथ-साथ स्वतंत्र भी हो। हम सभी की कामना है कि चुनौतियों के बीच भी पत्रकार बंधु कर्तव्य पथ पर आगे बढ़ते हुए राष्ट्र सेवा में सहभागी बने रहेंगे।
12 सर्वाधिक नक्सल प्रभावित जिलों में से एक बालाघाट सूची से बाहर, गृह मंत्रालय की ताजा समीक्षा रिपोर्ट में जारी
3 May, 2025 07:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बालाघाट: नक्सल प्रभावित क्षेत्रों को लेकर भारत सरकार के गृह मंत्रालय की ताजा समीक्षा में बालाघाट जिले को बड़ी राहत मिली है. कभी देश के 12 सर्वाधिक नक्सल प्रभावित जिलों में शामिल बालाघाट अब इस सूची से बाहर हो गया है. हालांकि, जिले को अब 'डिस्ट्रिक्ट ऑफ कंसर्न' की श्रेणी में रखा गया है. इसका मतलब यह है कि यहां अभी भी सतर्कता की जरूरत है, लेकिन पहले की तुलना में स्थिति में काफी सुधार हुआ है. इस बदलाव की पुष्टि बालाघाट के पुलिस अधीक्षक नागेंद्र सिंह ने की है.
एसपी ने दी जानकारी
एसपी के मुताबिक, बीते सालों में सुरक्षा बलों की सघन कार्रवाई और लगातार प्रयासों की वजह से जिले में नक्सल गतिविधियों में काफी कमी आई है. नक्सलियों की कई योजनाओं को सुरक्षा बलों ने नाकाम कर दिया है और अब जिले में नक्सलियों का दबदबा पहले जैसा नहीं रहा. गृह मंत्रालय की हालिया समीक्षा रिपोर्ट में भी यह स्पष्ट हो गया है कि अब देश में 58 की जगह केवल 38 जिले ही नक्सल प्रभावित हैं। इनमें से अब केवल 6 जिले ही सर्वाधिक नक्सल प्रभावित की श्रेणी में आते हैं।
विरासत के जिले की श्रेणी में ये जिले
मध्य प्रदेश के अन्य दो जिले मंडला और डिंडोरी, जहां पहले नक्सल प्रभाव दर्ज किया गया था, अब 'विरासत के जिले' की श्रेणी में रखे गए हैं। यह श्रेणी उन क्षेत्रों के लिए बनाई गई है, जहां पहले नक्सली सक्रिय रहे हैं, लेकिन वर्तमान में स्थिति काफी हद तक सामान्य हो गई है। अब इन दोनों जिलों को निरंतर निगरानी के साथ विकास की मुख्यधारा में लाने के प्रयास तेज किए जाएंगे।
पांच साल में नक्सलियों के खिलाफ की गई कार्रवाई का यह सकारात्मक परिणाम है। बालाघाट पुलिस ने नक्सल प्रभावित क्षेत्र में कैंप लगाए। नक्सल उन्मूलन अभियान चलाए गए। साथ ही सरकारी योजनाओं के जरिए क्षेत्र में विकास कार्य भी किए गए। पहले देश में 58 नक्सल प्रभावित जिले थे, जिनमें से बालाघाट भी 12 सर्वाधिक प्रभावित जिलों में शामिल था। अब यह संख्या घटकर 38 रह गई है। इनमें से सिर्फ 6 जिले सर्वाधिक प्रभावित श्रेणी में हैं। 2020 से फरवरी 2025 के बीच बालाघाट पुलिस ने कई मुठभेड़ों में करोड़ों रुपए के इनामी नक्सलियों को मार गिराया। इससे जिले के जंगलों को सुरक्षित पनाहगाह मानने वाले नक्सली पुलिस से खौफ खाते हैं। अब कोर जोन में सिर्फ एक दलम सक्रिय है। एसपी नागेंद्र सिंह के मुताबिक श्रेणी परिवर्तन के बावजूद नक्सल उन्मूलन के लिए उपलब्ध कराई गई सुरक्षा कंपनियों के बल में कोई कमी नहीं आएगी। पुलिस का लक्ष्य मार्च 2026 तक जिले से नक्सल गतिविधियों को पूरी तरह खत्म करना है, ताकि इस क्षेत्र के लोग मुख्यधारा से जुड़ सकें। उन्होंने बताया कि जिले में नक्सलियों की संख्या में भारी कमी आई है। पहले तीन दलम थे, अब केवल एक दलम बचा है, जिसमें 8 से 10 नक्सली हैं, जिन पर हम लगातार प्रभाव बनाए हुए हैं। मीडिया के माध्यम से नक्सलियों से अपील की जा रही है कि वे राज्य की आत्मसमर्पण नीति के तहत आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में शामिल हों और अगर वे नहीं आते हैं, तो कार्रवाई जारी रहेगी।
नक्सल प्रभावित जिलों में कमी
गृह मंत्रालय की रिपोर्ट यह भी बताती है कि केंद्र और राज्य सरकारों द्वारा संयुक्त रूप से अपनाई गई रणनीति, जिसमें सुरक्षा अभियानों के साथ-साथ विकास कार्य और स्थानीय संवाद शामिल हैं, वास्तव में प्रभावी रही है। देशभर में नक्सल प्रभावित जिलों की संख्या 58 से घटकर 38 रह गई है, जिसे नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई में बड़ी सफलता माना जा रहा है।
नक्सलवाद को जड़ से खत्म करने का संकल्प
पुलिस अधीक्षक सिंह ने कहा कि भले ही बालाघाट अब सर्वाधिक प्रभावित जिलों की सूची से बाहर हो गया है, लेकिन पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां कोई नरमी नहीं बरतेंगी। उनका कहना है कि जिले से नक्सलवाद को पूरी तरह से खत्म करने का अभियान जारी रहेगा और भविष्य में बालाघाट को किसी भी नक्सल श्रेणी से बाहर निकालने का लक्ष्य है।
मप्र राज्य कर्मचारियों की उनकी जमा राशि पर 7.1 प्रतिशत की दर से मिलेगा ब्याज, मोहन सरकार का बड़ा फैसला
3 May, 2025 05:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल: मध्य प्रदेश के कर्मचारियों के लिए राहत भरी खबर है. 5 प्रतिशत महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी और नई तबादला नीति के बाद अब मोहन सरकार ने एक और बड़ा फैसला लिया है. राज्य सरकार ने वित्तीय वर्ष 2025-26 की पहली तिमाही (अप्रैल से जून) के लिए ब्याज दर तय कर दी है. इसके तहत कर्मचारियों को उनकी जमा राशि पर 7.1 प्रतिशत की दर से ब्याज मिलेगा. वित्त विभाग ने 1 जनवरी से 31 मार्च 2025 तक के लिए ब्याज दर तय की है. यह कर्मचारियों की विभिन्न जमा निधियों पर लागू होगी. राहत की बात यह है कि पिछले साल भी यही दर थी, यानी इस बार दरों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
इन निधियों पर मिलेगा ब्याज
दरअसल सामान्य भविष्य निधि, अंशदायी भविष्य निधि, पटवारी विशेष भविष्य निधि, मध्य भारत जीवन बीमा निधि, विभागीय भविष्य निधि, मध्य प्रदेश शासकीय सेवक कर्मचारी बीमा सह बचत योजना में जमा राशि पर ब्याज मिलता है. इसकी दर हर तीन महीने में निर्धारित होती है. इस बार जनवरी से मार्च 2025 तक के लिए दर 7.1 फीसदी रखी गई है। अब इन फंड्स पर अप्रैल से जून 2025 तक ब्याज दर 7.1 फीसदी रहेगी। पिछली तिमाही में भी इसी दर से ब्याज दिया गया था।
कन्या विवाह योजना में बड़ा बदलाव! अब साल में सिर्फ 4 दिन ही होगा आयोजन
3 May, 2025 04:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल: मध्य प्रदेश में चलाई जा रही मुख्यमंत्री कन्या विवाह/निकाह योजना में अब बड़ा बदलाव किया गया है। सरकार ने निर्देश जारी कर साफ कर दिया है कि अब ये आयोजन साल भर नहीं होंगे, बल्कि चार तय तिथियों पर ही सामूहिक विवाह-निकाह समारोह आयोजित किए जाएंगे। नया आदेश 15 जून 2025 से प्रभावी होगा। इस व्यवस्था के तहत अब किसी भी विकासखंड या नगरीय निकाय स्तर पर साल भर में अलग-अलग तिथियों पर विवाह-निकाह आयोजन नहीं होंगे।
नई व्यवस्था के अनुसार
सामूहिक विवाह/निकाह साल भर में सिर्फ 4 तय तिथियों पर ही आयोजित किए जाएंगे।
प्रत्येक आयोजन में न्यूनतम 11 जोड़े और अधिकतम 200 जोड़े शामिल हो सकेंगे।
न्यूनतम संख्या पूरी न होने पर आयोजन की अनुमति नहीं दी जाएगी।
सरकार का उद्देश्य इस योजना में पारदर्शिता, अनुशासन और प्रशासनिक सुगमता लाना है। इससे सरकारी संसाधनों का बेहतर प्रबंधन सुनिश्चित होगा तथा योजना का लाभ लेने वाले परिवारों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
भिंड में पत्रकारों पर पुलिस का हमला, पत्रकारिता दिवस पर उठे सवाल
3 May, 2025 03:05 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। 1 मई को भिंड में चाय पर चर्चा के नाम पर आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों ने पत्रकारों के साथ मारपीट की। कार्यक्रम में एसआई गिरीश शर्मा और सत्यबीर सिंह ने संवाद की जगह गालियां दीं और कई पत्रकारों को लात-घूंसे मारे। पीड़ितों में अमरकांत सिंह, शशिकांत गोयल, प्रीतम सिंह समेत कई पत्रकार शामिल हैं।
घटना के बाद प्रदेशभर के पत्रकारों में भारी आक्रोश है। उनका कहना है कि यह केवल शारीरिक हमला नहीं, बल्कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर सीधा वार है। पत्रकारों ने आरोप लगाया कि सरकार और पुलिस प्रशासन पत्रकारों को डराने की कोशिश कर रहे हैं।
3 मई को पत्रकारिता दिवस पर भोपाल में रॉयल प्रेस क्लब ने पत्रकार वार्ता आयोजित की, जिसमें पीड़ित पत्रकारों ने अपनी व्यथा सुनाई। क्लब अध्यक्ष पंकज भदौरिया ने मुख्यमंत्री, डीजीपी और अन्य जिम्मेदारों को पत्र लिखकर उच्चस्तरीय जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।
अब तक न तो पुलिस अधीक्षक पर कोई कार्रवाई हुई है और न ही मारपीट करने वाले अधिकारियों को निलंबित किया गया है। पत्रकारों ने नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार से मांग की है कि वे इस मुद्दे को विधानसभा में उठाएं।
भिंड की घटना ने यह सवाल खड़ा कर दिया है – क्या पत्रकार होना अब जोखिम बन चुका है? अगर सत्ता और प्रशासन पत्रकारों की गरिमा की रक्षा नहीं कर सकते, तो लोकतंत्र की बुनियाद कमजोर होती जाएगी।
केंद्रीय योजनाओं के संचालन के लिए राज्य सरकार को मिलेगी राशि, जनकल्याण और कृषि विकास पर रहेगा फोकस, अलग-अलग विभागों में होगा बंटवारा
3 May, 2025 03:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल: मध्य प्रदेश को केंद्रीय योजनाओं के संचालन के लिए बड़ी रकम मिलने जा रही है. इसी कड़ी में पीएम मोदी ने केंद्रीय योजनाओं के संचालन के लिए एमपी के लिए पिटारा खोल दिया है. पीएम ने कुल 68519.05 करोड़ खर्च करने का फैसला किया है. इसमें केंद्र सरकार 44255.33 करोड़ देगी और 24263.71 करोड़ राज्य सरकार के हिस्से में शामिल होंगे. मोदी सरकार ने 28 अप्रैल तक डॉ. मोहन सरकार को 283.46 करोड़ रुपए भी दे दिए हैं. एमपी कृषि एवं ग्रामीण विकास विभाग को पिछले बजट से ज्यादा राशि मिली है, पिछले वित्तीय वर्ष में ग्रामीण विकास विभाग को 8561.16 करोड़ रुपए मिले थे, इस साल 9819.34 करोड़ रुपए का प्रावधान है।
पिछले साल कृषि विकास विभाग में 237.36 करोड़ रुपए का प्रावधान था, इस वित्तीय वर्ष में 1005.46 करोड़ रुपए देने का फैसला किया गया है. महिला एवं बाल विकास विभाग के पास पिछले वित्तीय वर्ष में 1541 करोड़ रुपए का प्रावधान था। इस वित्तीय वर्ष में 4448.40 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। पिछले वित्तीय वर्ष में 4400 करोड़ रुपए का प्रावधान होने के बावजूद जल जीवन मिशन में राज्य को धनराशि आवंटित नहीं की गई, इस वित्तीय वर्ष में 8561.22 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। पिछले एक महीने में केंद्र सरकार ने मोहन सरकार को 283 करोड़ रुपए दिए हैं, जिसमें लोक निर्माण विभाग, किसान कल्याण और कृषि विकास विभाग को 39.14 करोड़ रुपए मिले हैं, जबकि वित्त विभाग को भी 217.07 करोड़ रुपए मिले हैं। जिसे खर्च किया जाना है। आपको बता दें कि मोदी सरकार ने 2024-25 में केंद्रीय बजट में मोहन सरकार को 37652 करोड़ रुपए देने का प्रावधान किया था, लेकिन उसे 16155 करोड़ कम मिले, राज्य को सिर्फ 21497 करोड़ रुपए मिले।
इन विभागों को मिलेगा सबसे ज्यादा फंड
इस पैसे से सभी विभागों को फंड मिलेगा, लेकिन ग्रामीण विकास विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग और स्कूल शिक्षा विभाग को सबसे ज्यादा फंड दिया जाएगा। इसके अलावा अन्य सभी विभागों को भी फंड मिलेगा। लेकिन चार विभाग ऐसे हैं जिन्हें ज्यादा फंड नहीं मिलने वाला है। इनमें पर्यटन संस्कृति विभाग, वित्त विभाग और भोपाल गैस त्रासदी विभाग शामिल हैं।
बारिश और आंधी का अलर्ट! भोपाल, ग्वालियर, जबलपुर समेत करीब 40 जिलों में भारी बारिश और आंधी की चेतावनी
3 May, 2025 02:55 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल: पिछले 24 घंटों में मध्य प्रदेश में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि हुई. प्रदेश की राजधानी भोपाल समेत 40 जिलों में तूफान और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. अगले 5 दिनों तक राज्य में भारी बारिश देखने को मिल सकती है. शहडोल, मैहर, सिवनी, डिंडोरी, मंडला, उमरिया और कटनी में बजरी के आकार के ओले गिरे, जबकि उज्जैन, आगर और राजगढ़ जिलों में धूल भरी आंधी चली। भिंड में 55 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चली.
भोपाल सहित जिलों में ऐसा रहा मौसम
इसके साथ ही नीमच, मंदसौर, आगर, शाजापुर, देवास, जबलपुर, सिवनी, मंडला, बालाघाट, डिंडौरी, कटनी, शहडोल, उमरिया, अनुपपुर, मैहर, रीवा, पन्ना, उज्जैन, विदिशा, भिंड, मुरैना और ग्वालियर आदि जिलों में बारिश हुई। अगले 24 घंटों के दौरान भी प्रदेश में ऐसा ही मौसम रहने की संभावना है और अधिकांश जिलों में धूल भरी आंधी के साथ बारिश और ओलावृष्टि होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को दिन में भी भोपाल में मौसम गर्म रहा। भोपाल में दिन का तापमान 41.6 डिग्री दर्ज किया गया, जो पिछले दिनों की तुलना में 0.9 डिग्री कम रहा। सुबह से ही तेज धूप के साथ तापमान में लगातार बढ़ोतरी देखी गई। वहीं रात के तापमान में 0.7 डिग्री की गिरावट आई और तापमान 23.6 डिग्री दर्ज किया गया।
धूल भरी आंधी
मौसम वैज्ञानिक दिव्या सुरेंद्रन के अनुसार प्रदेश के 15 जिलों में धूल भरी आंधी चली। वहीं जबलपुर में 65 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चली। शहडोल, उमरिया, जबलपुर और डिंडोरी जैसे जिलों में ओलावृष्टि भी देखी गई। प्रदेश में 2 से 3 सिस्टम सक्रिय हैं, जिसमें पश्चिमी विक्षोभ भी शामिल है जो इन दिनों पंजाब और राजस्थान संभाग के जिलों में सक्रिय है। इसका असर प्रदेश के कई जिलों में देखने को मिल रहा है। कई जिलों में बारिश दूसरी ओर शुक्रवार को मध्य प्रदेश के 15 जिलों में बारिश हुई। सबसे अधिक बारिश मंडला जिले के गोगरी में 45 मिमी दर्ज की गई। इसके अलावा कटनी के बिलहरी में 44 मिमी, डिंडोरी के मेहरबानी में 25.4 मिमी, शहडोल के बुढ़ार में 25 मिमी और डिंडोरी के अमरपुर में 23 मिमी बारिश दर्ज की गई।
कई जिलों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने शनिवार के लिए प्रदेश के करीब 40 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, डिंडोरी, कटनी, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, बालाघाट, पांढुर्ना, विदिशा, रायसेन, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना और श्योपुरकलां जिलों में आंधी, तेज हवा, ओलावृष्टि और बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, भोपाल, सीहोर, राजगढ़, सागर, मंदसौर, नीमच, सिंगरौली, सीधी, रीवा, मऊगंज, सतना, जबलपुर, नरसिंहपुर, पन्ना, दमोह, सागर, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी और मैहर जिलों में आंधी और तेज हवाओं का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
-रतलाम में पारा 43 डिग्री तक पहुंच गया
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में सबसे अधिक तापमान रतलाम में 44.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. इसके अलावा नरसिंहपुर में 43.6 डिग्री, खंडवा में 43.1 डिग्री, खरगोन में 43 डिग्री और धार में 42.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. न्यूनतम तापमान की बात करें तो अमरकंटक (अनूपपुर) में सबसे कम तापमान 17.1 डिग्री दर्ज किया गया। जबकि मंडला में 18.2 डिग्री, कल्याणपुर (शहडोल) में 18.6 डिग्री, मलाजखंड (बालाघाट) में 19.4 डिग्री और उमरिया में 19.5 डिग्री दर्ज किया गया. भोपाल में तापमान 41 के पार प्रदेश के पांच प्रमुख शहरों के अधिकतम तापमान की बात करें तो रविवार को भोपाल में सबसे अधिक अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। यहां का तापमान 41.6 डिग्री दर्ज किया गया। इसके अलावा उज्जैन का अधिकतम तापमान 41.5 डिग्री, इंदौर का 41.5 डिग्री, जबलपुर का 38.1 डिग्री और ग्वालियर का 36.6 डिग्री सेल्सियस रहा। अगले 4 दिन कैसा रहेगा मौसम? 3 मई 2025: 40 जिले बारिश और आंधी से प्रभावित होंगे, कुछ जिलों में ओले भी गिर सकते हैं। 4 मई 2025: सिवनी, मंडला और बालाघाट में ओलावृष्टि के आसार हैं। अन्य जिलों में आंधी के साथ बारिश संभव है। 5 मई 2025: राजधानी भोपाल समेत लगभग पूरे प्रदेश में बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। 6 मई 2025: इंदौर, उज्जैन, धार, झाबुआ समेत कई जिलों में भारी बारिश और आंधी की चेतावनी जारी की गई है। कहां-कहां रहा गर्मी का असर? प्रदेश के पश्चिमी इलाकों में अभी भी गर्मी का असर बना हुआ है। रतलाम में तापमान 44.2 डिग्री, खंडवा और खरगोन में 43 डिग्री के पार पहुंच गया। इंदौर में 41.4 डिग्री और भोपाल में 41.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। वरिष्ठ मौसम विज्ञानी का बयान मौसम विभाग की वैज्ञानिक डॉ. दिव्या ई. सुरेंद्रन के मुताबिक, "प्रदेश में सक्रिय चक्रवाती सिस्टम और पश्चिमी विक्षोभ के कारण यह बदलाव हो रहा है। यह स्थिति 6 मई तक बनी रह सकती है।"
मसूरी में राज्य कैडर के 53 आईएएस अफसरों को मिलेगी ट्रेनिंग, सीएम ऑफिस के दो अफसर भी शामिल
3 May, 2025 02:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल: मध्य प्रदेश कैडर के 53 आईएएस अफसरों को एक महीने की ट्रेनिंग के लिए मसूरी बुलाया गया है। इन अफसरों को जून से जुलाई तक मिड-करियर ट्रेनिंग के लिए मसूरी स्थित लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी जाना होगा। खास बात यह है कि लिस्ट में शामिल दो अफसर मुख्यमंत्री के सचिव सीबी चक्रवर्ती एम और डॉ. इलैया राजा टी हैं। अगर मुख्यमंत्री कार्यालय में दो पद खाली होते हैं तो उनकी जगह नए अफसर आ सकते हैं।
चार जिलों के कलेक्टर भी शामिल
इसके अलावा भोपाल, इंदौर, ग्वालियर समेत चार जिलों के कलेक्टर भी शामिल हैं। ये सभी 53 अफसर सचिव, अपर सचिव स्तर के हैं। हालांकि कई अफसरों ने अपनी ट्रेनिंग कैंसिल करवाने की तैयारी शुरू कर दी है। बता दें कि कार्यकुशलता को बेहतर बनाने के लिए यह ट्रेनिंग जरूरी है। इन अधिकारियों को 16 जून से 11 जुलाई तक होने वाले एमसीटीपी के चौथे चरण के प्रशिक्षण के लिए सूचित कर दिया गया है।
इन अधिकारियों के नाम शामिल हैं
लोकेश कुमार जाटव, धनंजय सिंह भदोरिया, स्वतंत्र कुमार सिंह, शशांक मिश्रा, स्वाति मीना नायक, आइरीन सिंथिया जेपी, विकास नरवाल, भरत यादव, सीबी चक्रवर्ती, वी. किरण गोपाल, नंदकुमारम, शिल्पा गुप्ता, सूफिया फारूकी वली, अजय गुप्ता, अविनाश लवानिया, प्रियंका दास, अभिषेक सिंह, प्रीति मैथिल, इलैया राजा टी., तेजस्वी नायक, अमित तोमर, श्रीकांत बनोठ, मुजीबुर रहमान, अनय द्विवेदी, तन्वी सुंदरियाल बहुगुणा, तरूण राठी, गणेश शंकर मिश्रा, अभिजीत अग्रवाल, कर्मवीर शर्मा, कौशलेंद्र विक्रम सिंह, अनुराग चौधरी, भास्कर लक्षकार, आशीष सिंह, शनमुगा प्रिया मिश्रा, वीरेंद्र कुमार, दिनेश जैन, गिरीश शर्मा, शिवराज सिंह वर्मा, उमाशंकर भार्गव, प्रीति जैन, उषा परमार, सरिता बाला, ओम प्रजापति, चंद्र मौली शुक्ला, मनोज पुष्य, वीएस चौधरी कोलसानी, रुचिका चौहान, सौरव कुमार सुमन, विजय कुमार जे., हरजिंदर सिंह, नेहा मराव्या, बी. विजय दत्ता, अनुग्रह पी और मोहित बुंदास।
अब मोबाइल एप से पता चल जाएगा मुंह के कैंसर का लक्षण, भोपाल एम्स की इनोवेटिव खोज
3 May, 2025 01:40 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल: मध्य प्रदेश में अब ओरल कैंसर की पहचान करना आसान हो जाएगा। एम्स भोपाल एक मोबाइल ऐप बना रहा है। यह ऐप चंद मिनटों में कैंसर का पता लगा लेगा। इस काम के लिए मध्य प्रदेश विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद यानी एमपीसीएसटी ने लाखों रुपए की सहायता भी दी है। यह ऐप लोगों से तंबाकू छोड़ने की अपील भी करता नजर आएगा। एम्स भोपाल के निदेशक डॉ. अजय सिंह का कहना है कि यह ऐप तकनीक के जरिए लोगों के स्वास्थ्य को बेहतर बनाएगा। यह शोध 24 महीने तक चलेगा। एम्स भोपाल के डॉ. अंशुल राय इस प्रोजेक्ट का नेतृत्व कर रहे हैं। वे ओरल और मैक्सिलोफेशियल सर्जरी विभाग में प्रोफेसर हैं।
कई विभागों के डॉक्टर शामिल
इस शोध में कई अन्य विभागों के डॉक्टर भी शामिल हैं। जैसे रेडिएशन ऑन्कोलॉजी, पैथोलॉजी और कम्युनिटी मेडिसिन विभाग के विशेषज्ञ। यह ऐप कैंसर के लक्षणों की पहचान करेगा। साथ ही लोगों को तंबाकू, सुपारी और धूम्रपान के नुकसान भी बताएगा। इससे लोग इन्हें छोड़ने के लिए प्रेरित होंगे। प्रोजेक्ट के लिए लाखों की सहायता: एमपीसीएसटी ने इस प्रोजेक्ट के लिए 7.4 लाख रुपए दिए हैं। पहली किस्त के रूप में 3.7 लाख रुपए मिले हैं। इस ऐप से ओरल कैंसर का जल्द पता लगाने में मदद मिलेगी। इससे लोगों को समय पर इलाज मिल सकेगा। और उनकी जान बच सकेगी। यह ऐप काफी उपयोगी साबित हो सकता है। खासकर उन लोगों के लिए जो गांवों में रहते हैं और उनके पास डॉक्टर तक पहुंचने का साधन नहीं है।
शोध के लिए मिली मंजूरी, 7.4 लाख मंजूर
एम्स भोपाल के कार्यकारी निदेशक डॉ. अजय सिंह ने बताया कि "ओरल कैंसर और अन्य प्री-मैलिग्नेंट (कैंसर से पहले की) स्थितियों की पहचान के लिए मोबाइल ऐप के जरिए स्क्रीनिंग के लिए एक अभिनव शोध परियोजना शुरू की गई है। इसके लिए एमपी काउंसिल ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी ने दो साल की शोध परियोजना को मंजूरी दी है। इस दो साल की शोध परियोजना के लिए कुल 7.4 लाख की राशि मंजूर की गई है, जिसमें से पहले साल के लिए 3.7 लाख रुपए की पहली किस्त जारी कर दी गई है। जबकि शेष राशि दूसरी किस्त में प्रदान की जाएगी।"
मोबाइल ऐप के जरिए ऐसे होगी कैंसर की जांच
एम्स के डॉक्टरों ने बताया कि इस मोबाइल ऐप से ओरल कैंसर, मुंह खोलने में रुकावट और अन्य गंभीर ओरल स्थितियों की जांच में मदद मिलेगी। यह ऐप चंद मिनटों में नतीजे देगा और सभी मरीजों की जानकारी पूरी तरह गोपनीय रखेगा। आपको बता दें कि इस शोध का नेतृत्व एम्स भोपाल के ओरल एंड मैक्सिलोफेशियल सर्जरी विभाग के डॉ. अंशुल राय करेंगे। उनके साथ डॉ. सैकत दास (रेडिएशन ऑन्कोलॉजी), प्रो. अभिनव सिंह, डॉ. दीप्ति जोशी (पैथोलॉजी) और डॉ. अंकुर जोशी (कम्युनिटी एंड फैमिली मेडिसिन) को सह-प्रोजेक्ट जांचकर्ता के रूप में शामिल किया गया है।
जूनियर रिसर्च फेलो को मिलेंगे 4 लाख 70 हजार
डॉ. अंशुल राय ने बताया कि "शोध के लिए स्वीकृत राशि में से जूनियर रिसर्च फेलो का दो साल का वेतन 4 लाख 80 हजार रुपए तय किया गया है। 60 हजार रुपए उपभोग्य सामग्रियों पर, एक लाख रुपए यात्रा व्यय पर और एक लाख रुपए प्रकाशन व मुद्रण पर खर्च किए जाएंगे। बता दें कि इस शोध को मोबाइल एप के जरिए बड़ी आबादी में मुंह से जुड़ी गंभीर बीमारियों की पहचान और इलाज की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। डॉ. अंशुल राय ने बताया कि वे पिछले एक साल से इस मोबाइल एप पर काम कर रहे हैं।" एक हजार मरीजों पर होगा शोध:
मप्र विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद की ओर से इस प्रोजेक्ट के लिए कुल 7.5 लाख रुपए की राशि उपलब्ध कराई गई है। अगले दो साल में 1,000 व्यक्तियों पर यह शोध किया जाएगा। इसकी विस्तृत रिपोर्ट सरकार को सौंपी जाएगी। इससे ओरल कैंसर से जुड़ी नीति बनाने में मदद मिलेगी। यह ऐप उपयोगकर्ताओं को तंबाकू, सुपारी, सिगरेट और बीड़ी जैसे हानिकारक पदार्थों के प्रभावों के बारे में जागरूक करेगा और उन्हें इनका सेवन छोड़ने के लिए प्रेरित करेगा। यह ऐप अपनी तरह का पहला नवाचार है, जिसे सरकार द्वारा वित्त पोषित किया गया है और यह कैंसर होने की संभावनाओं का स्पष्ट प्रमाण देगा।
6 हिंदू छात्राओं से लव जिहाद का आरोपी ढेर, पुलिस मुठभेड़ में पैर में लगी गोली
3 May, 2025 12:25 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल: मध्य प्रदेश के भोपाल में TIT कॉलेज की छात्राओं से रेप, अश्लील वीडियो से ब्लैकमेलिंग करने वाले लव जिहाद के मास्टर माइंड आरोपी फरहान क एनकाउंटर हुआ है। भोपाल से सटे बिलकिसगंज में एनकाउंटर हुआ। अशोक गार्डन थाना पुलिस टीम आरोपियों को क्राइम सीन के लिए सीहोर के बिलकिसगंज ले जा रही थी कि रास्ते में बाथरूम करने के बहाने फरहान ने गाड़ी रूकवाई। गाड़ी से उतरते ही फरहान ने भागने की कोशिश की। पुलिस के साथ धक्का मुक्की और फरहान भागने लगा।
पुलिस ने आरोपी फरहान को रोकने को गोली चलाई, जो उसके पैर में लगी। अन्य आरोपियों की तलाश में फरहान को लेकर पुलिस निकली थी कि फरहान ने सब इंस्पेक्टर की पिस्तौल छीनकर भागने की कोशिश की। गोली लगने से घायल लव-जिहादी फरहान को भोपाल के हमीदिया हॉस्पिटल में भर्ती गया है। फरहान भोपाल की 5 छात्राओं के साथ रेप का मुख्य आरोपी है। फरहान समेत 6 आरोपियों पर केस दर्ज है। कोलकाता का रहने वाला 1 आरोपी अभी फरार है।
आरोपी और दोनों पुलिस वाले घायल
अशोका गार्डन थाना प्रभारी हेमंत श्रीवास्तव ने बताया कि आरोपी फरहान को एक अन्य आरोपी अबरार की तलाश में थाना अशोका गार्डन से बिलकिसगंज जिला सीहोर के लिए लेकर रवाना हुए थे। रास्ते में रातीबड़ थाने के आगे आरोपी ने बाथरूम करने की बात कही। फरहान को गाड़ी से उतारा गया। उसके साथ सब इंस्पेक्टर और एक हवलदार भी साथ उतरे थे। जैसे ही तीनों गाड़ी से उतरे, आरोपी फरहान ने सब इंस्पेक्टर की सर्विस रिवॉल्वर छीन ली और भागने का प्रयास करने लगा।
फरहान को भागते देख हवलदार ने उसे पकड़ लिया तो फरहान ने उसे धक्का दे दिया। इस बीच सब इंस्पेक्टर ने उसे दबोच लिया तो उसने सब इंस्पेक्टर को भी धक्का दे दिया। इस दौरान तीनों के बीच हाथापाई हुई। फरहार भागने लगा तो हवलदार ने गोली चला दी, जो उसके पैर में लगी। फरहान को उपचार के लिए हमीदिया अस्पताल में लाया गया है। दोनों पुलिस वालों को हल्की चोटें लगी और उनकी वर्दी भी फट गई थी। दोनों को अस्पताल लाकर मरहम पट्टी कराई गई।
DCP प्रियंका ने बताय पूरा घटनाक्रम
DCP प्रियंका शुक्ला का कहना है कि थाना अशोका गार्डन में 5 लड़कियों से रेप के आरोपी फरहान के खिलाफ FIR नंबर 184/ 2025 दर्ज है, जिसमें धारा 64, 61 BNS 35 धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम और IT एक्ट की धाराएं लगीं हैं। मुख्य आरोपी फरहान ने बताया था कि वह बिलकिसगंज में एक अन्य आरोपी अबरार के साथ एक रूम में रुका था।
इस आधार पर आरोपी को दबोचने और सबूत जुटाने के लिए अशोका गार्डन थाने की एक टीम मुख्य आरोपी फरहान को लेकर बिलकिसगंज की ओर जा रही थी। बाथरूम जाने के बहाने फरहान ने पुलिस से गाड़ी रोकने को कहा। उसने सब-इंस्पेक्टर की पिस्टल छीनने की कोशिश की और इसी दौरान सब-इंस्पेक्टर की पिस्टल से फायरिंग हो गई। गोली फरहान के पैर में लगी और उसे घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्रदेश में बनेगा फुटवियर हब! 5 कंपनियां मिलकर करेंगी 301 करोड़ रुपये का निवेश, मिलेंगी बंपर नौकरियां
3 May, 2025 12:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
ग्वालियर: मध्य प्रदेश अब फुटवेयर इंडस्ट्री का नया हब बनने जा रहा है! मुरैना के सीतापुर औद्योगिक क्षेत्र में फुटवेयर एंड एक्सेसरीज क्लस्टर के लिए पांच कंपनियों को सरकार ने जमीन आवंटित की है। इन कंपनियों के 301 करोड़ रुपये के निवेश से न सिर्फ इलाके का कायाकल्प होगा, बल्कि 1120 से ज्यादा लोगों को सीधे और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार के मौके मिलेंगे। ये खबर स्थानीय लोगों के लिए किसी बड़े तोहफे से कम नहीं है।
पांच कंपनियां, बड़ा निवेश, बंपर नौकरियां
सीतापुर में जिन पांच कंपनियों को जमीन दी गई है, वे हैं- बू यांग स्काईकॉर्प प्राइवेट लिमिटेड, कोलेन्स इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड, गुरुकृपा इंटरप्राइजेज, खुराना एंड कंपनी, और अशोका बूट फैक्ट्री। ये कंपनियां मिलकर 301 करोड़ रुपये का निवेश करेंगी। इससे न केवल फुटवेयर और उससे जुड़े प्रोडक्ट्स का उत्पादन बढ़ेगा, बल्कि हजारों युवाओं को नौकरी भी मिलेगी। सरकार का फोकस चंबल संभाग में औद्योगिक विकास को बढ़ावा देना है, और ये कदम उसी दिशा में एक बड़ा धमाका है।
161 एकड़ में बनेगा इंडस्ट्रियल हब
मप्र सरकार ने सीतापुर में फुटवेयर क्लस्टर के लिए लगभग 161.30 एकड़ जमीन आरक्षित की है, जिसमें से 75 एकड़ से ज्यादा पर इंडस्ट्रियल भूमि तैयार होगी । करीब 55 एकड़ जमीन पर उद्योग लगाने के लिए जमीनों के आवंटन का काम शुरू हो चुका है। इसके अलावा, 10 प्लग एंड प्ले यूनिट्स भी बनाई जा रही हैं, जहां उद्यमी सिर्फ अपनी मशीनें लगाकर तुरंत प्रोडक्शन शुरू कर सकेंगे। ये सुविधा छोटे और मझोले उद्योगपतियों के लिए गेम-चेंजर साबित होगी।
मैन्युफैक्चरिंग यूनिट का बड़ा निवेश , इंदौर में हुई थी शुरुआत
इंदौर ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में कई कंपनियों ने चंबल संभाग में निवेश की इच्छा जताई थी। उसी का नतीजा है कि आज मुरैना में इतना बड़ा प्रोजेक्ट शुरू हो रहा है। इसके अलावा, सीतापुर में अन्य बड़े प्रोजेक्ट्स भी चल रहे हैं। मसलन, दिल्ली की जायक्स कंपनी 150 करोड़ की लागत से एथेनॉल प्लांट बना रही है, सात्विक एग्रो 210 करोड़ के निवेश से सोयाबीन और मक्का से प्रोटीन पाउडर का प्लांट तैयार कर रही है, और मयूर यूनिकोट्स 50 करोड़ के निवेश से वाहनों के सीट कवर्स के लिए केनवास बना रही है।
सीतापुर औद्योगिक क्षेत्र में काम करने वाले पुरुष और महिला कर्मचारियों के लिए अलग-अलग हॉस्टल्स भी बनाए जा रहे हैं। इससे न सिर्फ कर्मचारियों को रहने की सुविधा मिलेगी, बल्कि इलाके में काम करने की चाहत रखने वाले लोगों को भी प्रोत्साहन मिलेगा। ये कदम मध्य प्रदेश को औद्योगिक नक्शे पर और मजबूत करेगा। इसे एमपी में औद्योगिक विस्तार के नजरिये से भी देखा जा सकता है।
पांचों कंपनियों को मिली जमीन का विवरण
बू यांग स्काईकार्प प्राइवेट लिमिटेड कंपनी को 35.99 एकड़ क्षेत्रफल जमीन आवंटित की गई है। इनके द्वारा 225 करोड़ रुपए का निवेश किया जाएगा तथा 300 लोगों को रोजगार मिलेगा।
कोलेन्स इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड कंपनी को 5.44 एकड़ जमीन आवंटित की गई है। इनके द्वारा 43 करोड़ रुपए का निवेश किया जाएगा तथा इसमें 220 लोगों को रोजगार मिलेगा।
गुरु कृपा इंटरप्राइजेज कंपनी को 9.13 एकड़ जमीन आवंटित की गई है। इसमें 20 करोड़ रुपए का निवेश किया जाएगा तथा 400 लोगों को रोजगार मिलेगा।
खुराना एण्ड कंपनी को 4-15 एकड़ जमीन आवंटित की गई है। इनके द्वारा 10 करोड़ रुपए का निवेश किया जाएगा तथा 100 लोगों को रोजगार मिलेगा।
अशोका बूट फैक्ट्री को 0.72 एकड़ जमीन आवंटित की गई है। इनके द्वारा तीन करोड़ रुपए का निवेश किया जाएगा तथा इसमें 100 लोगों को रोजगार मिलेगा।
75 एकड़ में लगेंगी कंपनियां राज्य की ओर से मुरैना जिला प्रशासन को पत्र लिखकर 75 एकड़ भूमि उपलब्ध कराए जाने के आदेश दिए हैं। इस भूमि में अन्य कंपनियों की यूनिट भी लगाई जाएंगी। प्रदेश सरकार ने फुटवियर तथा ऐसेसिरीज क्लस्टर के विकास के लिए 161.30 एकड़ भूमि देना प्रस्तावित किया है। फिलहाल सरकार ने उपरोक्त में से 55 एकड़ से अधिक क्षेत्रफल पर उद्योगों के लिए भू-खंण्डों के आवंटन के लिए पत्र जारी कर दिया है।
सीतापुर औद्योगिक क्षेत्र, मुरैना के एरिया मैनेजर अंकित शर्मा ने कहा कि सीतापुर औद्योगिक क्षेत्र में 10 प्लग एण्ड प्ले यूनिट्स लगाने का भी प्रस्ताव आया है। इनके लिए 10 हजार वर्गफीट क्षेत्रफल का भी निर्माण किया जा सकता है। इसमें उद्योगपति सीधा अपनी मशीनें लगाकर कार्य प्रारंभ कर सकते हैं।
सामूहिक श्रमदान से जल स्रोतों की हो रही है सफाई
2 May, 2025 11:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मार्गदर्शन में 30 जून तक चलने वाला जल गंगा संवर्धन अभियान जन भागीदारी के साथ प्रदेशभर में उत्साह के साथ चल रहा है। अभियान में प्रत्येक जिले में जल स्रोतों को चिन्हित किया गया है और उनके संरक्षण व साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
मालदेव तालाब पर किया गया श्रमदान
छिंदवाडा़ जिले में जन अभियान परिषद ने विकासखंड परासिया में जल गंगा संवर्धन अभियान में मानका देही खुर्द में मालदेव में तालाब गहरीकरण में श्रमदान कर ट्राली से मिट्टी निकाली। कार्यक्रम में जनपद पंचायत सदस्य कुबेर सिंह सूर्यवंशी, ग्राम के उपसरपंच सिरसाम सहित समाजसेवियों ने नागरिकों के साथ श्रमदान किया। श्रमदान के बाद जल संवाद किया गया। मजदूर दिवस के अवसर पर रोजगार गारंटी के मजदूरों को शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया।
संवाद में जल के महत्व को बताया गया। जन सामान्य को जानकारी दी गई कि अच्छे भविष्य के लिये जल को बचाना जरूरी है। श्रमदान में मास्टर ऑफ सोशल वर्क के छात्रों ने भी श्रमदान किया।
जल की एक-एक बूंद अमृत के समान है
ग्राम पंचायत बैरागढ़ और आंट में क्षिप्रा नदी की हुई सफाई
देवास जिले में जल है तो कल है, जल की एक-एक बूंद अमृत के समान है। इन वाक्यों के साथ “जल गंगा संवर्धन अभियान” संचालित किया जा रहा है। अभियान के माध्यम से जल संरचनाओं के निर्माण एवं गहरीकरण का कार्य किया जा रहा है। इसके साथ ही नदी, नालों, कुएं, बावड़ियों एवं कुंड की साफ-सफाई की जा रही है। जल स्रोतों के आस-पास से गदंगी और गाद को बाहर निकाला जा रहा है। क्षिप्रा शुद्धिकरण सफाई अभियान अंतर्गत जन अभियान परिषद ब्लॉक देवास, बागली, टोंकखुर्द एवं सोनकच्छ के स्वयंसेवकों द्वारा ग्राम पंचायत बैरागढ़ एवं ग्राम पंचायट आंट में क्षिप्रा नदी की सफाई की गई। नदी की साफ-सफाई एवं गहरीकरण होने से बारिश के दिनों में पानी का अधिक संग्रहण होगा और वॉटर लेवल भी बढ़ेगा। ग्रामीणों को पेयजल के साथ खेती करने के लिए भी पानी मिल सकेगा।
देवास जिले में अभियान के माध्यम से जल संरचनाओं के निर्माण एवं गहरीकरण का कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में जिला प्रशासन एवं ग्रामीणों के सहयोग से जिले की जनपद पंचायत खातेगांव की ग्राम पंचायत बरछाबुजुर्ग में जनसहयोग से नाले का गहरीकरण किया जा रहा है। प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना वॉटरशेड अंतर्गत बागली विकासखंड के ग्राम पुंजापुरा में वॉटरशेड विकास यात्रा का शुभारंभ किया गया। विधायक बागली मुरली भंवरा ने वॉटरशेड वेन को हरी झंडी दिखाई। प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना वॉटरशेड अंतर्गत ग्राम पुंजापुरा में जल कलश यात्रा, जल शपथ, नुक्कड नाटक कार्यक्रम का आयोजन भी हुआ। इस दौरान विधायक बागली भंवरा ने जीवन में जल के महत्व को समझाया और प्रतिभावान कृषक, स्कूली बच्चों तथा आजीविका समूह की महिलाओं का सम्मान किया।
खकनार विकासखंड की ग्राम पंचायतों में जारी हैं विभिन्न निर्माण कार्य
बुरहानपुर जिले में जल गंगा संवर्धन अभियान व्यापक स्तर पर संचालित हो रहा है। इसी श्रृंखला में खकनार विकासखंड की ग्राम पंचायत लोखंडिया में भोला भावसिंग के खेत के पास तालाब निर्माण का कार्य किया जा रहा है। वहीं ग्राम पंचायत खड़की में भी चेक डेम निर्माण का कार्य जारी है।
हर शहर-हर ग्राम में जल को सहेजने और संरक्षण के हो रहे कार्य
शहडोल जिले में जल गंगा संवर्धन अभियान चलाया जा रहा है। जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत प्रत्येक ग्राम पंचायत में जल संरक्षण के कार्य कराए जा रहे हैं। जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत जनपद पंचायत गोहपारू के नवीन खेत-तालाब का निर्माण कार्य ग्राम लफदा, भूरसी, जनपद पंचायत सोहागपुर के ग्राम कंचनपुर में किया गया। जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत किए जा रहे कार्यों में जन-प्रतिनिधि, अधिकारी, समाजसेवी, पत्रकार और नागरिकों की भागीदारी से जल संरक्षण के कार्य किये जा रहे हैं। जन सामान्य को जल की एक-एक बूंद को सहेजने का संदेश दिया जा रहा है।
ग्राम पंचायत बजरंगगढ में किया गया श्रमदान
गुना जिले में ग्राम पंचायत बजरंगगढ़ में ‘’जल गंगा संवर्धन अभियान’’ में श्रमदान किया गया। श्रमदान में विधायक गुना पन्नालाल शाक्य ने सीता कुंड की सफाई में भाग लिया। बजरंगगढ़ में विशेष अभियान में 108 प्राचीन कुओं का चिन्हांकन किया गया है। बजरंगगढ़ एक प्राचीन एवं ऐतिहासिक नगर रहा है, जिसकी पहचान किले के अतिरिक्त 108 मंदिर और बावड़ी से होती रही है। ऐसे समस्त प्राचीन कुओं एवं बावड़ियों की सफाई के साथ उनके रिचार्ज संरचनाओं पर भी कार्य किया जा रहा है। इस अभियान में समस्त जिला प्रशासन की टीम के साथ जन प्रतिनिधियों का भी सहयोग मिल रहा है।
ग्राम पंचायत बमूरिया फ़ूट में ग्रामीणों को जल बचाने की दिलाई गई शपथ
अशोकनगर जिले में जन अभियान परिषद विकासखंड अशोकनगर की चयनित नवांकुर संस्था उन्नति जन कल्याण सेवा समिति बिजौरी के मढखेड़ा सेक्टर-एक में ग्राम पंचायत बमूरिया फ़ूट में ग्रामीणों को जल बचाने की शपथ दिलाई गई और जल बचाव के उपाय बताए गए। ग्रामीणों से कहा गया कि बारिश का पानी गांव से बाहर नहीं जाना चाहिए, तभी वॉटर लेवल बढ़ेगा। गांव का पानी गांव में खेत का पानी खेत में होना चाहिए। ग्रीष्म ऋतु को दृष्टिगत रखते हुए जिला पंचायत अशोकनगर की समस्त ग्राम पंचायतों एवं नगरपालिकाओं के प्रत्येक वार्ड में सार्वजनिक प्याऊ तत्काल चालू कराये जाने के निर्देश मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत एवं परियोजना अधिकारी जिला शहरी विकास अभिकरण को दिए गए।
कलेक्टर ने किया जल संरचनाओं का निरीक्षण
नरसिंहपुर जिले में विभिन्न पुरानी जल संरचनाओं का जीर्णोद्धार और मरम्मत करने के साथ नवीन जल संरचनाओं के निर्माण किये जा रहे हैं। इसमें अमृत सरोवर, खेत-तालाब, कंटूर ट्रेंच-खंती आदि शामिल हैं। कलेक्टर शीतला पटले एवं सीईओ जिला पंचायत दिलीप कुमार ने चांवरपाठा जनपद पंचायत के ग्राम अंजसरा, खुलरी एवं रम्पुरा पहुंचकर अमृत सरोवर व खेत-तालाब निर्माण का निरीक्षण किया।
अधिकारियों ने बताया कि ग्राम अंजसरा में लगभग 28 एकड़ शासकीय भूमि अमृत सरोवर निर्माण के लिए चिन्हित की गई है, जिसमें लगभग 10 एकड़ में अमृत सरोवर का निर्माण किया जा रहा है। ग्रामीणों ने कलेक्टर को बताया कि इस भूमि पर बरसात के समय में पानी लबालब भरा रहता है। अमृत सरोवर बन जाने से वर्षभर पानी की उपलब्धता होगी। रोजगार सहायक एवं सचिव ने बताया कि इस क्षेत्र के किसान प्रगतिशील हैं। किसानों ने खेत-तालाब बनाने की इच्छा जाहिर की है। तालाब बनने से किसान सिंघाड़ा, मछली पालन आदि कार्य करके कम खर्चे में अधिक आय अर्जित कर सकेंगे।
साफ सफाई पर विशेष ध्यान दें : राज्यमंत्री गौर
2 May, 2025 11:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कृष्णा गौर ने गोविंदपुरा क्षेत्र की विभिन्न कालोनियों का भ्रमण के दौरान रहवासियों से कहा कि क्षेत्र में साफ सफाई पर विशेष ध्यान दे । उन्होंने कहा कि नगर निगम के कर्मचारियों को समय पर सफाई करने के लिए कहे । उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासियों को सुविधाएँ उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता है।
राज्यमंत्री गौर ने आज गोविंदपुरा क्षेत्र के खेजड़ा में नाली निर्माण , स्ट्रीट लाइट, पेयजल से जुड़ी नागरिक सुविधाओं का निरीक्षण कर अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। भानपुर मल्टी के रहवासियों से भेंट कर जल आपूर्ति की समय सीमा बढ़ाने के लिए निर्देश दिए। इसी क्रम में 40 लाख की लागत से बनने वाले मुख्य मार्ग से भानपुर मल्टी तक सड़क कार्य का भूमिपूजन किया ।
भानपुर मल्टी के रहवासियों के घरों के चारों तरफ गंदगी देख अप्रसन्नता प्रकट की ।
महोली में भ्रमण के दौरान स्थानीय रहवासियों से भेंट कर उनकी समस्याएं सुनी और स्थानीय अधिकारियों को उनके निराकरण के निर्देश दिए। स्थानीय रहवासियों ने सांस्कृतिक उत्सव के लिए बने शेड के आस पास बाउंड्रीवाल, सीवेज, पेयजल आपूर्ति समस्या से अवगत कराया है । उन्होंने समस्याओं का जल्द और स्थाई समाधान करने के निर्देश अधिकारियों को दिए । साथ ही हाईमास्ट लाइट लगाने को भी निर्देशित किया है। महोली के शासकीय स्कूल का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि यहां पर पेवर ब्लॉक लगवाए जाएंगे और कम्युनिटी हॉल बनाया जाएगा। उन्होंने दामखेड़ा में रोड नाली और स्ट्रीट लाइट की समस्या का निराकरण किया। इकोग्रीन पार्क में रहने वाले 150 परिवारों ने बिल्डर के द्वारा की जा रही गलत कार्रवाई से राज्यमंत्री को अवगत कराया। दरअसल, बिल्डर कॉलोनी वालों को बिजली विभाग के मीटर लगाने के कार्य में बाधा उत्पन्न कर रहा है और बिल्डर द्वारा कॉलोनी वालों से मनचाही दर से बिल की वसूली की जा रही है।
कोलुआ कलां के रहवासियों ने रोड चोड़ीकरण की मांग की है। सड़क चौड़ीकरण करने के लिए पहले अतिक्रमण हटाए जाएंगे, उसके बाद रोड का कार्य किया जाएगा। यहां पर शासकीय माध्यमिक शाला की जर्जर हो रही बिल्डिंग की मरम्मत कराई जाएगी। कैलाश नगर सेमरा में स्ट्रीट लाइट, नाली, सड़क निर्माण व सफाई नहीं होने की शिकायत रहवासियों ने की। इस दौरान पार्षद शकुन लोधी, राजू लोधी, विकास पटेल, राजू राठौड़, मंडल अध्यक्ष नीलेश गोर सहित बड़ी संख्या में रहवासी, कार्यकर्ता और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
चिन्हारी योजना से सशक्त हो रही छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति
जल जीवन मिशन से संवरी बुलगा की तस्वीर, जीवंती बाई के घर तक पहुँचा शुद्ध पेयजल
नगरीय निकायों के कायाकल्प और वित्तीय सुदृढ़ीकरण के लिये दो दिवसीय "शहरी सुधार कार्यशाला" का हुआ समापन
संकल्प से समाधान अभियान’ से त्वरित, प्रभावी और पारदर्शी निराकरण हुआ सुनिश्चित : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
यूरिया का प्रभावी विकल्प बन रही हरी खाद, जशपुर में 600 हेक्टेयर में प्रदर्शन
फॉरेस्ट ग्राउंड में बना बॉक्स क्रिकेट ग्राउंड युवाओं को खेल के प्रति प्रोत्साहित और अनुशासित कर रहा
माता-पिता के संस्कार और गुरूओं से प्राप्त ज्ञान के प्रति सदैव रहें कृतज्ञ : राज्यपाल पटेल
आदि शंकराचार्य का दर्शन भारतीय संस्कृति, धर्म और आध्यात्मिक एकता का बना आधार : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
