मध्य प्रदेश
जनजातीय कला और कलाकारों पर है मां सरस्वती का आशीष : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
9 May, 2025 10:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि मध्यप्रदेश के जनजातीय कला और कलाकारों ने देश-विदेश में अपनी पहचान बनाई है। जनजातीय समृद्ध कला विरासत और इसके कलाकारों को मां सरस्वती का आशीष प्राप्त है। जनजातीय कलाकारों की कल्पनाशीलता प्रशंसनीय है। एक सधे और गढ़े हुए हाथों से बारीक चित्रकारी कर जनजातीय कलाकारों ने पूरी दुनिया को अपना हुनर दिखाया है। हमारी सरकार सभी जनजातीय कलाओं के संरक्षण और कलाकारों को प्रोत्साहन देने के लिए हर जरूरी कदम उठा रही है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव शुक्रवार को रवीन्द्र भवन में 3 दिवसीय राज्य स्तरीय आदि शिल्पग्राम महोत्सव के शुभारंभ कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा है कि हमारी सरकार विरासत से विकास की ओर बढ़ने के संकल्प के अनुरूप सभी प्राचीन कला, संस्कृति, परंपराओं और इनके कलाकारों को संरक्षण दे रही है। गोंड चित्रकला को जीआई टेग प्राप्त हो चुका है, जो इस चित्रकला और इससे संबंधित चित्रकारों को वैश्विक सम्मान मिलने का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार सभी प्रकार की जनजातीय शिल्प, चित्रकारी और कलाकारों को उनकी कला प्रदर्शन एवं बाजार उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न आयोजनों के जरिए समुचित मंच प्रदान करने का प्रयास कर रही है। हमने केंद्र सरकार के साथ मिलकर प्रदेश के संपूर्ण जनजातीय वर्ग को विकास मुख्य धारा से जोड़ने के लिए कई कल्याणकारी योजनाएं और विकास कार्यक्रम प्रारंभ किए हैं। इन योजनाओं को जमीन पर उतारने का काम तेजी से प्रगति पर है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जनजातीय पराक्रम, शौर्य और बलिदान के प्रतीक राजा शंकर शाह, कुंवर रघुनाथ शाह और राजा हृदय शाह के मंडला स्थित प्राचीन किले के जीर्णोद्धार के लिए 15 करोड़ रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि जनजातीय समुदाय की महान विभूतियों को समूचित सम्मान मिले, इसके लिए राजधानी भोपाल में अत्याधुनिक रेलवे स्टेशन का नाम रानी कमलापति स्टेशन रखा गया है। क्रांतिसूर्य टंट्या मामा के नाम से खरगौन में विश्वविद्यालय की शुरुआत भी की गई है। रानी दुर्गावती की धरती पर मंत्रि-परिषद की बैठक कर हमने उन्हें सम्मान दिया है।
हमारी सेनाएं मजबूत, हम एक सामर्थ्यवान देश के नागरिक
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने देश के सीमा पार से बढ़ती अतिवादी घटनाओं पर सख्ती से अंकुश लगाने के लिए की जा रही प्रतिरक्षा कार्यवाही के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भारतीय सेना को बधाई और साधुवाद देते हुए कहा कि हमें अपनी सेना पर पूरा विश्वास है। हमारी सेना मजबूती से राष्ट्र की सीमाओं पर तैनात है। हम एक सामर्थ्यवान देश के नागरिक है, जो हमारी संप्रभुता और नागरिकों पर आघात करेगा, हम बड़ी मजबूती से उसका जवाब देंगे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार ने देश को आर्थिक रूप से मजबूती देते हुए तीनों सेनाओं को भी मजबूत और अत्याधुनिक हथियारों से लैस किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सीमा पार अतिवाद को प्रतिकूल उत्तर देने के लिए प्रधानमंत्री मोदी और केन्द्र सरकार का अभिनंदन किया। उन्होंने दुनिया के सामने अतिवाद का काला चिट्ठा पेश करने वाली मध्यप्रदेश की बेटी कर्नल सोफिया कुरैशी की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि कर्नल सोफिया की तीन पीढ़ियां सेना में रही हैं। वे देश में मध्यप्रदेश की शान बढ़ा रही हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शुक्रवार को रवीन्द्र भवन में भगवान बिरसा मुंडा और रानी दुर्गावती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर 3 दिवसीय जनजातीय शिल्प ग्राम महोत्सव का शुभारंभ किया। इससे पहले उन्होंने महोत्सव में जनजातीय कला और खान-पान को प्रदर्शित करते स्टॉल्स का अवलोकन किया और यहां लकड़ियों पर चित्रकारी, मिट्टी से बनी आकृतियां और कपड़ों पर चित्रकारी और जनजातीय व्यंजनों की मुक्तकंठ से सराहना की। महोत्सव में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए 1000 जनजातीय शिल्प एवं चित्रकला से जुड़े कलाकार हिस्सा ले रहे हैं। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जीआई टेग प्राप्त गोंड पेंटिंग के 4 प्रमुख कलाकारों आनंद श्याम, डिंडौरी जिले के वेंकट, रामबाई और धनैया को अथॉराइज्ड यूजर कार्ड वितरित किए। इसी प्रकार जनजातीय कलाकारों कुंवर बैगा, सुअनिस बाई एवं कीर्ति किशन को विशेष प्रशिक्षण किट वितरित की। यह किट राष्ट्रीय डिजाईन संस्थान भोपाल की ओर से जनजातीय कलाकारों के लिए तैयार की गई है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने छिंदवाड़ा स्थित बादल भोई जनजातीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानी संग्रहालय पर केन्द्रित कॉफी टेबल बुक का विमोचन भी किया।
प्रदेश के जनजातीय अंचलों में जल्द खोले जाएंगे ट्राइबल मार्ट्स
जनजातीय कार्य, लोक परिसंपत्ति प्रबंधन तथा भोपाल गैस त्रासदी राहत एवं पुर्नवास मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह ने कहा कि बदलते दौर में जनजातीय कला, संस्कृति और परम्पराओं के विलुप्त होने की आशंका बढ़ती जा रही है। इसीलिए हमारी सरकार जनजातीय महोत्सव, ट्राइबल आर्ट फेयर जैसे आयोजन कर जनजातीय कला-संस्कृति के संरक्षण के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। जनजातीय कलाकारों और उनके उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने के लिए शीघ्र ही प्रदेश स्तर पर जनजातीय क्षेत्रों में ट्राइबल मार्ट खोले जाएंगे। प्रारंभ में शहडोल, धार, खण्डवा एवं मंडला में ट्रायबल मार्ट खोले जा रहे हैं। इसके लिए योजना मद में एक-एक करोड़ रूपए व्यय किए जाएंगे। इन ट्रायबल मार्ट्स का संचालन स्व-सहायता समूह की महिलाओं द्वारा किया जाएगा और स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे।
जनजातीय कार्य मंत्री डॉ. शाह ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जनजातीय कला, संस्कृति, बोली, रहन-सहन, वेशभूषा, वाद्य यंत्र बजाना सीखने का प्रशिक्षण देने के लिए देश का पहला ट्रायबल हॉस्टल खण्डवा जिले के खालवा में स्थापित किए जाने की घोषणा की है। इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. यादव का हृदय से आभार भी माना। उन्होंने कहा कि जनजातीय वर्ग के युवाओं और स्कूली छात्र विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर सकें, इसके लिए राज्य सरकार ने सालाना बजट में 25 करोड़ रुपए का प्रावधान किया है। इसके साथ ही 12वीं पास करने के बाद अगर कोई जनजातीय वर्ग का विद्यार्थी नीट, क्लेट और जेईई जैसी परीक्षाओं की तैयारी करना चाहता है तो उसे भी प्रतिवर्ष 1.5 लाख रुपए की प्रोत्साहन राशि/सहायता प्रदान की जाएगी।
कार्यक्रम के आरंभ में प्रमुख सचिव गुलशन बामरा ने 3 दिवसीय महोत्सव के आयोजन की रूपरेखा और इसके उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि सरकार की मंशा है कि जनजातीय कलाकारों को मंच मिले, इसलिए जनजातीय कलाओं की प्रदर्शनी लगाकर इसके कलाकारों को आर्थिक लाभ पहुंचाने के लिए यह आयोजन किया गया है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे आएं और इस प्रदर्शनी का अवलोकन कर जनजातीय कला और व्यंजनों का लुत्फ उठाएं।
अपर मुख्य सचिव एवं जनजातीय अनुसंधान एवं विकास संस्थान के संचालक विनोद कुमार, राष्ट्रीय डिजाईन संस्थान, भोपाल के रजिस्ट्रार कृष्ण बिरहमन, राजभवन में जनजातीय प्रकोष्ठ की सदस्या सुदीपमाला रावत, आयुक्त जनजातीय क्षेत्रीय विकास योजनाएं वंदना वैद्य, मुख्यमंत्री के संस्कृति सलाहकार श्रीराम तिवारी, मुख्यमंत्री के अपर सचिव लक्ष्मण मरकाम सहित सभी विभागीय अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में जनजातीय कला प्रेमी उपस्थित थे। कार्यक्रम के अंत में आयुक्त जनजातीय कार्य श्रीमन शुक्ल ने सभी अतिथियों और जनजातीय कलाकारों का आभार व्यक्त किया।
तीन दिन तक होगी जनजातीय नृत्य और संगीत की मनोहारी प्रस्तुतियां
तीन दिनों तक चलने वाले आदि शिल्पग्राम महोत्सव में जनजातीय मृदा, बांस, काष्ठ, धातु एवं चित्रकला शिल्प और विभिन्न जनजातियों के पारम्परिक व्यंजनों के साथ प्रतिदिन शाम 7 से 9 बजे तक जनजातीय नृत्य और संगीत की मनमोहक प्रस्तुतियां होंगी।
जुमे की नमाज में देश के अमन की दुआ, पुलिस बल अलर्ट मोड पर
9 May, 2025 10:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भारत-पाकिस्तान में तनाव के बीच मध्यप्रदेश में भी अलर्ट जारी किया गया है। सरकार ने सभी सरकारी कर्मचारियों की छुट्टी पर रोक लगा दी है। वहीं छुट्टी पर गए पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को लौटने को कहा है।
शुक्रवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उच्च स्तरीय बैठक की, जिसमें साफ कहा कि परिस्थितियां सामान्य होने तक नागरिक सुविधाओं की सहज आपूर्ति से जुड़े सभी विभागों के अधिकारी और फील्ड में पदस्थ कर्मचारी अवकाश पर न जाएं।
इधर, ऑल इंडिया उलेमा बोर्ड के अध्यक्ष अनस अली ने कहा, मुस्लिम समाज ने जुमे की नमाज के बाद भारत की हिफाजत और पाकिस्तान के नेस्तनाबूद होने के लिए सामूहिक दुआ की है।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के केंद्रीय कार्यकारिणी सदस्य इंद्रेश कुमार शुक्रवार को उज्जैन पहुंचे। उन्होंने पहलगाम आतंकी हमले में मारे गए लोगों की स्मृति में एक स्मारक बनाने की बात कही। भारत माता मंदिर के बाहर बीजेपी और सिंधु यात्रा समिति के सदस्यों ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ का पुतला जलाकर विरोध प्रदर्शन किया।
सतना जिले चूंद गांव की 5 हजार की आबादी में 300 सैनिक सेना में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। 300 अब भी सेना में हैं। यहां के पूर्व सैनिक आज भी सेना में जाकर पाकिस्तान की हरकत का जवाब देने तैयार हैं। वह सरकार से इसके लिए मांग कर रहे हैं। जो जवान छुट्टियों पर घर आए थे, वो अब वापस लौटकर देश सेवा के लिए जाने लगे हैं।
समस्याओं का समाधान समय-सीमा में करें
9 May, 2025 09:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कृष्णा गौर ने गोविंदपुरा क्षेत्र की सोनागिरी सहित अन्य कालोनियों में रहवासियों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को जाना। उन्होंने अधिकारियों को एक निश्चित समय-सीमा में समाधान करने के लिए अधिकारियों को निर्देश भी दिए। स्थानीय रहवासियों ने सड़कों के निर्माण, सीवेज नेटवर्क के सुधार सहित अन्य ज़रूरी माँगों के संबंध में राज्यमंत्री गौर का ध्यान आकृष्ट कराया।
राज्यमंत्री गौर ने कहा कि जरूरतमंदों की थाली में स्वाद, सम्मान और संपूर्ण पोषण बना रहे, इसी भावना से वह दीनदयाल रसोई घर, सोनागिरी का निरीक्षण कर रही हैं। उन्होंने भोजन की गुणवत्ता, सफाई और संचालन संबंधी दिशा-निर्देश दिए। राज्यमंत्री गौर ने अयोध्या बायपास स्थित प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत निर्माणाधीन आवासों का निरीक्षण कर कार्य की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य को निर्धारित समय सीमा में पूर्ण कर वास्तविक जरूरतमंद परिवारों को प्राथमिकता के आधार पर आवास आवंटन सुनिश्चित किया जाए, जिससे योजना का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर मिल सके।
राज्यमंत्री गौर ने अयोध्या एक्सटेंशन लेक सिटी में भ्रमण कर नागरिको से भेंट की। क्षेत्र में अवैध बिजली कनेक्शन, सीवेज नेटवर्क को लेकर कुछ समस्या लोगों ने बताई, जिसके निराकरण के लिए उन्होंने त्वरित निर्देश दिए। अयोध्या एक्सटेंशन हाउसिंग बोर्ड एंव अयोध्या एक्सटेंशन सी-सेक्टर के रहवासियों से जनसंवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। पेयजल पाइप-लाइन में लीकेज की जानकारी मिलते ही संबंधित अधिकारियों को तत्काल समाधान के निर्देश दिए। यहां के रहवासियों ने पार्क की फेंसिंग कर सौंदर्यीकरण की मांग की और महिलाओं ने रात के समय पुलिस गश्त नहीं होने की शिकायत की। राज्य मंत्री ने अधिकारियों को समय-समय पर पुलिस गश्त करने और अपराध रोकने की निर्देश दिए।
राज्यमंत्री गौर ने बसंत कुंज में पार्क की फेंसिंग करने और गार्डन की सफाई के निर्देश दिए। आजाद नगर, अमृत कुंज के रहवासियों ने बताया कि हाई टेंशन लाइन घर के ऊपर से गुजर रही है, जिससे हादसे होते हैं। नागरिकों ने इसे शिफ्ट करने की मांग की। राज्यमंत्री गौर ने अधिकारियों को कवर कंडक्टर लगाकर हाईटेंशन लाइन को घरों से दूर करने के निर्देश दिए और सर्वे कर आगे की कार्यवाही करने के लिए कहा। भेल नगर कॉलोनी, गुप्ता कॉलोनी, प्रेस कॉलोनी और आनंद नगर के रहवासियों ने नाली निर्माण, सफाई नहीं होने और एक ही ट्रांसफार्मर से कई कॉलोनी में बिजली सप्लाई की समस्या से अवगत कराया। राज्यमंत्री गौर ने अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
पार्षद छाया ठाकुर, ममता विश्वकर्मा, संतोष ग्वाल, प्रतीक पाराशर, मनोज विश्वकर्मा, बृजेश व्यास सहित बड़ी संख्या में स्थानीय रहवासी, कार्यकर्ता और विभिन्न विभागों के अधिकारी भ्रमण के दौरान उपस्थित थे।
नागरिक सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
9 May, 2025 09:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को समत्व भवन (मुख्यमंत्री निवास) में प्रदेश की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक उच्चस्तरीय बैठक ली। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा हमारा परम धर्म है और ताज़ा हालातों को देखते हुए सभी नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सभी वरिष्ठ अधिकारियों को निर्देशित किया कि जरूरी नागरिक सेवाओं पर विशेष ध्यान दिया जाए, सभी विभाग अपनी-अपनी व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करें और सुरक्षा के सभी आवश्यक ऐहतियाती कदम तत्काल प्रभाव से लागू किए जाएं।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जोर देकर कहा कि राष्ट्र विरोधी किसी भी प्रचार पर सख्ती से अंकुश लगाया जाए। नागरिकों को अफवाहों पर ध्यान न देने की लिए प्रेरित और सूचित करें। केंद्रीय और राज्य सरकार के महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों की चहुंओर सुरक्षा पर अत्यंत विशेष ध्यान दिया जाये। आपदा प्रबंधन के सभी उपाय एवं आवश्यकताओं जैसे स्वास्थ्य, अग्निशमन सेवाओं को और मजबूत कर लें।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेश की अद्यतन सुरक्षा व्यवस्थाओं, नागरिक सुविधाओं की स्थिति और विभागीय समन्वय की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को आपसी तालमेल को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। यह भी कहा कि किन्हीं भी आपातकालीन परिस्थितियों के लिए सभी विभाग तत्परता और सजगता के साथ तैयार रहें। उन्होंने कहा कि परिस्थितियां सामान्य होने तक नागरिक सुविधाओं की सहज आपूर्ति से जुड़े सभी विभागों के अधिकारी और फील्ड अमला अवकाश पर न जाये।
बैठक में मुख्य सचिव अनुराग जैन, अपर मुख्य सचिव गृह जे.एन. कंसोटिया, अपर मुख्य सचिव मुख्यमंत्री कार्यालय एवं जल संसाधन डॉ. राजेश राजौरा, पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना, डीजी होमगार्ड अरविंद कुमार, एडीजी गुप्तवार्ता ए. साईं मनोहर, सैन्य अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अपर मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव, सचिव एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
नागरिक देवों भव: के सिद्धांत पर अधिकारी करें कार्य: राज्यपाल पटेल
9 May, 2025 09:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने भारतीय प्रशासनिक सेवा के परिवीक्षाधीन अधिकारियों से कहा कहा है कि अतिथि देवों भव: के लोकाचार के समान नागरिक देवों भव: के सिद्धांत पर कार्य करने वाले अधिकारी के रूप में पहचान बनाएं। केवल प्रशासक के रूप में नहीं, विकसित भारत के वास्तुकार की तरह जिम्मेदारियों को समर्पण और करुणा के साथ पूरा करें।
राज्यपाल पटेल आर.सी.व्ही.पी नरोन्हा प्रशासन अकादमी के प्रशिक्षु परिवीक्षाधीन भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों को संबोधित कर रहे थे। राज्यपाल से भारतीय प्रशासनिक सेवा वर्ष 2024 के मध्यप्रदेश कॉडर के अधिकारियों ने राजभवन में सौजन्य भेंट की। इस अवसर पर राज्यपाल के अपर मुख्य सचिव के.सी. गुप्ता मौजूद थे।
राज्यपाल पटेल ने कहा कि मध्यप्रदेश जनजातीय बहुल राज्य है। इसका विकास तभी संभव है, जब जनजातियों के कल्याण और विकास के प्रयासों में सहानुभूति और समानुभूति हो। उन्होंने कहा कि गर्व की बात है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में आज हमारी जो नीतियाँ है, जो निर्णय हुए है और जो काम वह कर रहे है, वह अगले हजार वर्षों के भविष्य को आकार देने वाले हैं। समय की मांग है कि प्रशासनिक अधिकारी कार्य प्रक्रिया और नीति निर्माण आने वाले वर्षों के समग्र भारत के विकास के महत्वाकांक्षी लक्ष्यों के अनुसार करें। भारत के समग्र विकास का मतलब यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी गांव, कोई भी परिवार और कोई भी नागरिक विकास के पथ पर पीछे नहीं छूटे।
राज्यपाल पटेल ने कहा कि प्रशासनिक अधिकारी को सेवक के भाव से कार्य करना चाहिए। व्यवहार और भाषा में विनम्रता और संवेदनशीलता जरूरी है। गरीबी, अभाव और अज्ञानता से जूझ रहे लोगों तक विकास को पहुँचाना प्रशासनिक अधिकारियों का दायित्व है। उन्होंने कहा कि वंचितों का कल्याण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। विकसित भारत अभियान के द्वारा पूरी सरकार उनके द्वार पर पहुँची थी। राज्यपाल के रूप में स्वयं उन्होंने 21 जिलों में भ्रमण किया था। उन्होंने कहा कि अधिकारी के रूप में आपको वंचितों के प्रति सहानुभूति और समानुभूति के साथ कार्य करना होगा, इसलिए सबसे पिछड़े क्षेत्र और व्यक्तियों तक पहुँचने को प्राथमिकता दे। उनके अभावों, अपेक्षाओं और आवश्यकता का अनुभव करें। उनको दूर करने का प्रयास करें। उन्होंने कहा कि कार्य के दौरान ऐसे पालक मिलेंगे जो स्कूल दूर होने के कारण बच्चों को स्कूल नहीं भेज रहे होंगे। उनकी समस्या के समाधान में आपका सहयोग बहुत जरूरी है। उनको अपने व्यवहार से बताए कि आप उनके सेवक है। राज्यपाल पटेल ने वंचित के घर पीने के लिए पानी मांगने का दृष्टांत सुनाया। अधिकारी ने वंचित वर्ग के घर पहुँच कर पीने का पानी मांगा। देर से पानी आने पर पीने से पहले विलंब का कारण पूछा, जब पता चला कि पानी का बर्तन मांग कर लाने के कारण विलंब हुआ है तो उन्होंने पानी नहीं पिया। कहा कि वह घर में उपलब्ध बर्तन में ही पानी पिएंगे। अधिकारी की इस चैतन्यता और व्यवहार ने उसके सामने बस्ती के वंचितों की स्थिति का पूरा खाका खींच दिया। साथ ही परिवार के साथ आत्मीयता के संबंध से वास्तविक स्थिति का फीडबैक भी प्राप्त कर लिया।
राज्यपाल को अकादमी की ओर से स्मृति चिन्ह एवं अंगवस्त्रम भेंट किया। संचालक नरोन्हा प्रशासन एवं प्रबंधकीय अकादमी के संचालक मुजीर्बुरहमान खान ने स्वागत उद्बोधन दिया। भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों के 52 सप्ताह के प्रशिक्षण पाठ्यक्रम की जानकारी दी। उन्होंने बताया की आकदमी में अधिकारी 5 सप्ताह का प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे। शेष अवधि में जिला स्तर विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली का अनुभव प्राप्त करेंगे। अधिकारियों को प्रशिक्षण से संबंधी विभागीय परीक्षा भी देनी होगी।
राज्यपाल को भारतीय प्रशासनिक सेवा के प्रशिक्षु अधिकारी अनिकेत शॉडिल्य ने प्रशिक्षण के अनुभव की जानकारी दी। आभार प्रदर्शन अकादमी की विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी सुनेहा भारतीय ने किया।
इस अवसर पर राज्यपाल के अपर सचिव उमाशंकर भार्गव, प्रशिक्षु अधिकारी सुनवकिरण कौर, आशीष कुमार, आकाश अग्रवाल, पाटिल आशीष अशोक, सुशिर श्रीकृष्ण श्रीराम, कुलदीप पटेल, फरहान इरफान जमादार और ऋषिकेश विजय ठाकरे उपस्थित थे।
भोपाल में नमाज़ के बाद दिखा एकजुट भारत का चेहरा
9 May, 2025 08:25 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भारत-पाकिस्तान के बीच जारी तनावपूर्ण हालात के बीच देश में एकजुटता और शांति की कामना को लेकर धार्मिक संगठनों की भूमिका भी सामने आने लगी है। ऑल इंडिया उलेमा बोर्ड की अपील के बाद शुक्रवार को जुमा की नमाज के बाद बड़ी संख्या में लोग हाथों में तिरंगा लेकर मस्जिदों से बाहर निकले और भारत की विजय और पाकिस्तान की शिकस्त के लिए खुले समर्थन का ऐलान किया।
भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के बीच शुक्रवार को राजधानी भोपाल में जुमे की नमाज के बाद मुस्लिम समुदाय ने विशेष दुआ की। नमाज के बाद बड़ी संख्या में लोग हाथों में तिरंगा लेकर मस्जिदों से बाहर निकले और भारत की विजय और पाकिस्तान की शिकस्त के लिए खुले समर्थन का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि अगर जरूरत पड़ी तो देश के मुसलमान भी सरहद पर जाकर लड़ने को तैयार हैं। पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई "ऑपरेशन सिंदूर" के बाद यह पहला शुक्रवार था। लोगों ने भारत की सलामती, अमन और शांति के लिए सामूहिक रूप से दुआ की। इसके साथ ही कई स्थानों पर पाकिस्तान को करारा जवाब देने की भावना भी जाहिर की गई। इस आयोजन की पृष्ठभूमि में ऑल इंडिया उलेमा बोर्ड की गुरुवार को की गई अपील भी अहम रही। बोर्ड ने देशभर की मस्जिदों के इमामों और समितियों से अनुरोध किया था कि 9 मई को जुमा की नमाज के बाद भारत की सुरक्षा, तरक्की और पाकिस्तान की हार के लिए दुआ की जाए। भोपाल के विभिन्न हिस्सों में जुमे की नमाज के बाद लोग तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारे लगाते हुए बाहर निकले। उनका कहना था कि देश सर्वोपरि है और इस संकट की घड़ी में हर नागरिक को एकजुट होकर सेना और सरकार के साथ खड़ा होना चाहिए। इस माहौल में राष्ट्रहित में मुस्लिम समुदाय की यह पहल न सिर्फ राष्ट्रीय एकता का उदाहरण बनी, बल्कि एक स्पष्ट संदेश भी दिया कि भारत की अखंडता और सुरक्षा के लिए सभी धर्मों के लोग एकजुट हैं।
शिक्षकों की गैरहाजिरी पर वेतन रोकने के निर्देश
9 May, 2025 07:21 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मध्यप्रदेश के स्कूल शिक्षा मंत्री के निर्देश पर शिक्षा विभाग ने अन्य विभागों में वर्षों से अटैच शिक्षकों के अटैचमेंट रद्द कर उन्हें मूल स्कूलों में भेजने की कार्रवाई शुरू की है। अनुपस्थित रहने पर वेतन रोकने के निर्देश दिए गए हैं। प्रदेशभर में 100 से अधिक शिक्षक प्रभावित हुए हैं। मध्यप्रदेश के स्कूल शिक्षा मंत्री राव उदय प्रताप सिंह द्वारा अप्रैल माह में की गई विभागीय समीक्षा बैठक के दौरान शिक्षा विभाग में अटैच सभी शिक्षकों को अपने मूल स्कूलों में भेजे जाने के आदेश दिए गए थे। विभाग के इस आदेश से शिक्षा विभाग में हड़कंप मचा हुआ था। अब शिक्षा विभाग ने कार्रवाई करते हुए विभिन्न विभागों में अटैच शिक्षकों के अटैचमेंट निरस्त करते हुए अपने मूल पदों पर भेज दिया है। अटैच शिक्षक दो दिन में अपने मूल संस्था में उपस्थिति दर्ज नहीं कराएंगे तो उनका इस माह का वेतन नहीं बनेगा।
उल्लेखनीय है कि बीते माह 18 अप्रैल को शिक्षा मंत्री राव उदय प्रताप सिंह द्वारा विभागीय बैठक लेकर उन्होंने विभाग से कहा था कि जितने भी शिक्षक विभाग के अतिरिक्त अन्य विभागों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं उन्हें मूल पद पर पहुंचाया जाए। अधिकारियों से कहा कि था कि शिक्षक का असली कार्यक्षेत्र बच्चों की कक्षा होनी चाहिए, न कि सरकारी दफ्तरों की फाइलों के ढेर। मंत्री के आदेश के बाद शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने जिला शिक्षा अधिकारी तक यह संदेश पहुंचाया और पूरे प्रदेश में पदस्थ शिक्षकों के अटैचमेंट आदेश को रद्द कर दिया।
इन विभागों में दे रहे थे लंबे समय से सेवाएं
शिक्षा विभाग में कई ऐसे शिक्षक पदस्थ हैं, जो अपने राजनैतिक रसूक का फायदा उठाकर मूल स्कूल में सेवाएं नहीं देते हुए जनपद शिक्षा केंद्र, जिला शिक्षा केन्द्र, जनपद पंचायत, तहसील कार्यालय, निर्वाचन शाखा कलेक्ट्रेट में अपनी सेवाएं देते चले आ रहे हैं। इन शिक्षकों द्वारा वर्षों से स्कूलों का मुंह तक नही देखा। निर्वाचन शाखा में पदस्थ कई शिक्षक तो ऐसे हैं जो निर्वाचन कार्य नहीं होने पर भी स्कूल जाना पसंद नहीं करते हैं। स्थिति यह हैं कि इन्हें अधिकारियों का सरंक्षण भी मिला हुआ हैं। कई शिक्षक निर्वाचन शाखा के नाम पर फिल्मों में अभिनय कर रहे हैं। हालांकि विभाग द्वारा आदेश तो जारी कर दिया हैं, लेकिन वर्षों से जमे यह शिक्षक मूल पद तक पुन: पहुंच पाएंगे इसे लेकर अभी संदेह है।
एक और बेटी का दर्द आया सामने! 'लव जिहाद' की शिकार महू की एक महिला ने दर्ज कराई शिकायत
9 May, 2025 07:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
महू: मध्य प्रदेश के महू की एक महिला ने कई सालों तक अत्याचार सहने के बाद अपनी चुप्पी तोड़ी है। उसने जो दर्द बयां किया है, वो दिल दहलाने वाला है। लड़की ने बताया है कि कैसे पहले उसे 'बहन' कहकर दोस्ती की गई, फिर धोखे से रेप किया, पहले शादी की और फिर निकाह किया। फिर उसका धर्म परिवर्तन कराकर उसे जंजीरों में बांधकर पीटा गया। उस पर अत्याचार की सारी हदें पार कर दी गईं। अब पुलिस ने 5 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
28 वर्षीय महिला की शिकायत पर महू पुलिस ने संजय खान पिता बाबू खान, नहरू खान, शेरो बी पति बाबू खान, बाबू खान पिता अहमद खान चारों निवासी आलोट जिला रतलाम और राज खान निवासी दावतखेड़ी मंदसौर के खिलाफ रेप, धर्म परिवर्तन समेत आधी से ज्यादा धाराओं में मामला दर्ज किया है। पीड़िता ने शिकायत में बताया कि वह 2013 में राऊ में एक निजी कंपनी में काम करती थी। वहीं उसकी मुलाकात संजय से हुई। तब उसने अपना पूरा नाम संजय कुमावत बताया था।
क्रिश्चियन एमिनेंट स्कूल एंड कॉलेज का संचालक समीर मीर लव जिहादी निकला। आरोपी ने खुद को हिंदू बताकर ब्राह्मण समाज की युवती को अपने जाल में फंसाया, धोखे से शादी की और धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया। पीड़िता ने विरोध किया तो आरोपी समीर उसके साथ मारपीट करता और जान से मारने की धमकी देता। एमआईजी थाना प्रभारी सीबी सिंह के मुताबिक तुलसी नगर निवासी युवती ने अपनी शिकायत में बताया है कि आरोपी समीर ने खुद को ब्राह्मण परिवार से बताकर 2006 में उससे शादी की। जिसके बाद दंपत्ति ने 2010 में एक बेटे और 2013 में एक बेटी को जन्म दिया। करीब चार साल पहले समीर का व्यवहार बदलने लगा, वह मुस्लिम समाज जैसे कपड़े पहनकर मस्जिद में नमाज पढ़ने जाने लगा। उस वक्त पता चला कि समीर का असली नाम समीर मीर है और वह मुस्लिम है। जब उसने इस्लाम न अपनाने का विरोध किया तो समीर उसे परेशान करने लगा।
समीर उससे कहता था कि अगर उसके साथ रहना है तो बुर्का पहनना होगा और हमारे धर्म के अनुसार नमाज अदा करनी होगी। वह बच्चों पर भी रोजा रखने और नमाज अदा करने का दबाव बनाता था। जब उसने धर्म नहीं अपनाया तो 2020 में समीर ने पीड़िता को बच्चों समेत घर से निकाल दिया। इसके बाद वह निपानिया इलाके में रहने लगी। बीच-बीच में समीर उससे मिलने आता और इस्लाम कबूल करने को कहता। 2024 में समीर की मां और भाई उसे समझा-बुझाकर घर ले आए, लेकिन अगले ही दिन समीर ने इस्लाम कबूल करने की शर्त रख दी। इसके बाद पीड़िता निपानिया में रहने लगी। 13 मार्च को समीर उससे आखिरी बार मिलने आया और जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता ने हिंदू रीति-रिवाज से हुई शादी के फोटो भी पेश किए।
इसी आधार पर पुलिस ने समीर मीर के खिलाफ धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम (लव जिहाद) समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। पीड़िता ने बताया, 'दोस्त बनने के बाद हम बातचीत करने लगे। वह मुझे बहन कहता था। एक दिन मेरी तबीयत खराब थी, वह मुझसे मिलने मेरे कमरे में आया और नाश्ता देने के बहाने कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर मुझे पिला दिया। जब मैं बेहोश हो गई, तो उसने मेरे साथ दुष्कर्म किया। जब मुझे होश आया और मैंने विरोध किया, तो उसने कहा कि उसने मेरे वीडियो और फोटो ले लिए हैं। डर के मारे मैंने घटना के बारे में किसी को नहीं बताया। वह मुझे शादी के लिए खजराना मंदिर ले गया। वहां मेरी मांग में सिंदूर भरा और सिर पर माला पहनाई। बाद में मुझे मंदसौर, कोटा और भवानी मंडी जैसी अलग-अलग जगहों पर रखा गया। कोटा में एक मौलाना की मौजूदगी में निकाह कराया गया। यहां विरोध करने पर मुझे बेरहमी से पीटा गया। उस समय मैं गर्भवती भी थी।'
जंजीरों में बांधकर रखा, कलमा पढ़वाया
पीड़िता ने अपनी शिकायत में कहा है कि शादी के बाद उससे रोजाना कलमा पढ़वाया जाता था। उसे जबरन गोमांस खिलाया जाता था। उसे जंजीरों में बांधकर कमरे में बंद करके रखा जाता था। एक बार जब वह भागने की कोशिश कर रही थी, तो उसे पकड़ लिया गया और इतना पीटा गया कि वह अधमरी हो गई। उन्होंने मुझे तीन दिन तक खाना-पानी नहीं दिया। यातना के दौरान मेरे बेटे का नाम जबरन 'जुनैद' और बेटी का नाम जबरन 'जोया' रख दिया गया।
चालू वित्तीय वर्ष में लोडिंग बढ़ाने हेतु समग्र प्रयास किये जाए : महाप्रबंधक
9 May, 2025 06:33 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
वित्तीय वर्ष 2025 के प्रथम माह में 04.58 मिलियन टन माल लदान किया
भोपाल । पश्चिम मध्य रेल ने माल लदान में वृद्धि दर्ज करते हुए चालू वित्तीय वर्ष के पहले माह में बेहतर प्रदर्शन किया है। महाप्रबंधक श्रीमती शोभना बंदोपाध्याय के मार्गदर्शन में वाणिज्य विभाग तथा परिचालन विभाग के संयुक्त प्रयासों से चालू वित्तीय वर्ष के पहले माह अप्रैल 2025 में 4.58 मिलियन टन माल लदान किया, जो गत वित्तीय वर्ष अप्रैल 2024 में 4.51 मिलियन टन से लगभग डेढ़ प्रतिशत अधिक रहा।
पश्चिम मध्य रेल पर माल यातायात में कमोडिटी वाइज कई सामग्रियों का लदान किया जाता है। अप्रैल माह में सबसे अधिक कोयला लोडिंग में लगभग 44 प्रतिशत सहित अन्य ट्रैफिक खाद्यान्न, सीमेंट, क्लिंकर, खाद एवं रेल मटेरियल की लोडिंग में वृद्धि दर्ज की है, जिससे पश्चिम मध्य रेल के माल लदान में इजाफा हुआ है। रिव्यू मीटिंग में महाप्रबंधक की निरंतर मॉनटरिंग में बताया कि चालू वित्तीय वर्ष में फ्रेट लोडिंग बढ़ाने के लिए मुख्यालय एवं तीनों मण्डलों को एक टीम वर्क के साथ समग्र प्रयास किया जाना चाहिए, जिससे अधिक से अधिक फ्रेट लोडिंग हो सके।
माल यातायात बढ़ाने के लिए निम्नलिखित प्रयास किये जा रहे हैं :-
फ्रेट लोडिंग को बढ़ावा देने के लिए पमरे मुख्यालय और तीनों मंडलों में व्यापार विकास इकाइयां (बीडीयू) के तहत नये लोडिंग स्ट्रीम से माल यातायात को बढ़ावा दिया जा रहा है। माल व्यापारियों के साथ निरंतर बैठकें की जाती हैं ।
मालगाड़ियों की औसत गति में वृद्धि करके अलग-अलग रेल खण्ड की क्षमता में वृद्धि और इन्फ्रास्ट्रक्चर को भी बढ़ाया। साथ ही साथ ऑपरेशनल सुधार भी किए गए।
गुड्स टर्मिनल की वर्किंग में सुधार एवं मालगाड़ियों के डिटेंशन को कम किया गया। इससे मालगाड़ियों के संचालन में तेजी आई और माल ढुलाई में वृद्धि हुई।
माल गोदामों में राउण्ड द क्लाॅक यानि चौबीस घंटे लोडिंग एवं अनलोडिंग सेवाएँ शुरू की गईं ।
नए माल गोदामों को विकसित करके उन्नयन कार्य किया जा रहा है।
पश्चिम मध्य रेल में मुख्यालय एवं तीनों मण्डलों जबलपुर, भोपाल एवं कोटा द्वारा फ्रेट लोडिंग वृद्धि के लिए निरंतर प्रयास किये जा रहे हैं।
भोपाल स्टेशन पर यात्रियों से अवैध वसूली कर रहे किन्नरों पर आरपीएफ की कार्रवाई
9 May, 2025 06:22 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
यात्रियों की सुरक्षा में कोई समझौता नहीं, अवैध वसूली पर ज़ीरो टॉलरेंस नीति के तहत त्वरित कदम
भोपाल। भोपाल मंडल द्वारा रेल यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सतत अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी क्रम में वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त श्री प्रशांत यादव के निर्देशन में रेल सुरक्षा बल, पोस्ट भोपाल द्वारा गाड़ियों में अवैध रूप से वसूली करने वालों पर ज़ीरो टॉलरेंस नीति के तहत सख्त कार्रवाई की जा रही है। दिनांक 08 मई 2025 को रात 21:40 बजे भोपाल रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म क्रमांक 2/3 पर गाड़ी संख्या 12534 (पुष्पक एक्सप्रेस) के स्लीपर कोच (S3) में चेकिंग के दौरान चार किन्नर यात्रियों से ताली बजाकर और डराकर जबरन पैसे वसूलते हुए पाए गए। प्रत्यक्षदर्शी यात्रियों ने बताया कि जब उन्होंने पैसे देने से इनकार किया तो उन्हें धमकाया गया और मारने की बात कहकर डराने का प्रयास किया गया, जिससे कोच में भय और अव्यवस्था का माहौल उत्पन्न हो गया। गिरफ्तार किए गए किन्नर — शमीम शेख, सोनम शर्मा (20 वर्ष), शिवानी तिवारी (22 वर्ष) एवं माया कुमारी (21 वर्ष) — सभी करोंद, निशातपुरा, भोपाल की निवासी हैं।
इन सभी के पास न तो कोई यात्रा टिकट था और न ही रेलवे परिसर में उपस्थिति के लिए कोई वैध दस्तावेज़। इसके आधार पर उनके विरुद्ध रेल अधिनियम की धाराओं 145 (रेल संपत्ति पर अनुशासनहीनता), 154 (यात्रियों को धमकाकर भय फैलाना), और 137 (बिना टिकट यात्रा) के अंतर्गत विधिक कार्रवाई की गई है। इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में सहायक उप निरीक्षक श्री राघवेंद्र सिंह, प्रधान आरक्षक श्री विष्णु प्रसाद बढ़िया एवं आरक्षक श्री ललित विश्वकर्मा शामिल थे, जिनकी तत्परता और मुस्तैदी से यह कार्रवाई संभव हो सकी। वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त ने बताया कि यात्रियों से अवैध वसूली, धमकाने अथवा डराने जैसे कार्यों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भोपाल मंडल में इस प्रकार की गतिविधियों के खिलाफ निरंतर अभियान चलाया जा रहा है और भविष्य में भी सख्ती से ऐसी प्रवृत्तियों पर लगाम लगाई जाएगी। रेल प्रशासन यात्रियों से अपील करता है कि यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की संदिग्ध या अवांछनीय गतिविधि की सूचना तत्काल निकटतम आरपीएफ पोस्ट या हेल्पलाइन नंबर 139 पर दें, ताकि आपकी यात्रा सुरक्षित एवं सुखद हो सके।
अग्निवीर भर्ती प्रक्रिया में बदलाव, अब 1600 मीटर दौड़ का समय 30 सेकंड बढ़ाकर 6 मिनट 15 सेकंड किया
9 May, 2025 05:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
ग्वालियर: सेना भर्ती प्रक्रिया में अब ऐसे बदलाव किए गए हैं, जिससे अधिक से अधिक अग्निवीर मिल सकें। इसके लिए दो साल पहले पहले लिखित परीक्षा कराने का प्रयोग किया गया था, ताकि इसमें पास होने वालों को ही शारीरिक दक्षता परखने का मौका मिल सके।
पहले शारीरिक दक्षता परखने के बाद लिखित परीक्षा में बैठने वालों को पास न होने पर बहुत दुख होता था। इस नियम के बाद इस बार दौड़ का समय 30 सेकंड बढ़ा दिया गया है। अब अभ्यर्थियों को 1600 मीटर दौड़ पूरी करने के लिए छह मिनट 15 सेकंड का समय मिलेगा, जो पहले पांच मिनट 45 सेकंड था। हालांकि, जैसे-जैसे दौड़ का समय पांच मिनट 30 सेकंड से ऊपर जाएगा, प्राप्त अंक कम होते जाएंगे।
थोड़े अधिक समय में पूरी करेंगे दौड़
पहले पांच मिनट 30 सेकंड से पांच मिनट 45 सेकंड के समय में 1600 मीटर दौड़ पूरी करने वाले अभ्यर्थियों को ही योग्य माना जाता था। इसके बाद छह मिनट या उससे थोड़ा अधिक समय में दौड़ पूरी करने वालों को भी बाहर नहीं किया जाएगा। पहले कई अच्छे शारीरिक फिटनेस और अच्छे बौद्धिक स्तर वाले युवा सिर्फ इसलिए बाहर हो जाते थे क्योंकि उन्होंने इस समय अवधि में दौड़ पूरी नहीं की थी। अब ऐसा नहीं होगा। अब 1600 मीटर की दौड़ 6.15 मिनट में पूरी करने वाले अभ्यर्थी भी बाहर नहीं होंगे। सिर्फ उनके अंक कम हो जाएंगे, जिन्हें वे अगले चरणों में बढ़ाकर चयनित हो सकेंगे।
चयन प्रतिशत बढ़ेगा
इस नियम का सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि अब चयन प्रतिशत बढ़ जाएगा। जब दौड़ में ज्यादा अभ्यर्थी चयनित होंगे तो अभ्यर्थी सिर्फ इसलिए बाहर नहीं होंगे क्योंकि उन्होंने 5.30 मिनट से 5.45 मिनट में दौड़ पूरी नहीं की। अब शारीरिक परीक्षा में खासकर दौड़ और पुल-अप में ग्रुप बनाए जाएंगे। इसमें उन्हें दौड़ पूरी करने के समय और पुल-अप की संख्या के आधार पर ग्रुप में बांटा जाएगा।
अच्छे अभ्यर्थी बाहर नहीं होंगे
सेना में चयन प्रतिशत बढ़ाने के लिए पहले लिखित परीक्षा होती थी। अब दौड़ का समय बढ़ाकर 30 सेकंड कर दिया गया है। इसमें अंक कम मिलेंगे, लेकिन अच्छे अभ्यर्थी सिर्फ इसलिए बाहर नहीं होंगे कि वे 5.45 मिनट में दौड़ पूरी नहीं कर पाए। - कर्नल पंकज कुमार, निदेशक, सेना भर्ती कार्यालय, ग्वालियर
1 अप्रैल से बंद इंदौर नगर निगम का पोर्टल, लोगों को करना पड़ रहा टैक्स भरने में दिक्कतों का सामना
9 May, 2025 04:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
इंदौर: नगर निगम का पोर्टल 1 अप्रैल से बंद है। इसके चलते शहर के लोगों को टैक्स भरने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। निगम को अब तक करीब 25 करोड़ रुपए का नुकसान हो चुका है। पोर्टल बंद होने से ऑनलाइन टैक्स कलेक्शन पूरी तरह से बंद हो गया है। नए खाते भी नहीं खुल रहे हैं। लोगों को टैक्स भरने की रसीदें नहीं मिल रही हैं और न ही उनका रिकॉर्ड अपडेट हो रहा है।
पोर्टल चालू करने का प्रयास
निगम अधिकारी पोर्टल चालू करने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन अभी तक कोई समाधान नहीं हो पाया है। 10 मई को राष्ट्रीय लोक अदालत है और पोर्टल बंद होने से निगम को राजस्व मिलने में दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।
लोग दफ्तरों के चक्कर लगा रहे हैं
पोर्टल बंद होने से शहर में अफरातफरी का माहौल है। लोग टैक्स भरने के लिए नगर निगम दफ्तरों के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ रहा है। पोर्टल 1 अप्रैल से बंद है। नए वित्तीय वर्ष के लिए डेटा अपडेट करने के लिए इसे बंद किया गया था। निगम ने कहा था कि एक सप्ताह में पोर्टल फिर से शुरू कर दिया जाएगा, लेकिन मई का पहला सप्ताह बीत चुका है और पोर्टल अभी भी बंद है।
निगम को हो रहा भारी नुकसान
ऑनलाइन टैक्स कलेक्शन पूरी तरह से ठप हो गया है। इसका सीधा असर निगम की आय पर पड़ रहा है। लोग टैक्स जमा करने के लिए जोनल ऑफिस और निगम मुख्यालय जा रहे हैं, लेकिन वहां उन्हें रसीद बुक उपलब्ध नहीं होने की बात कही जा रही है। इसके चलते लोग संपत्ति कर, जल कर और किराया जमा नहीं कर पा रहे हैं। लोगों को न तो रसीद मिल रही है और न ही उनका रिकॉर्ड अपडेट हो रहा है। लोगों को नए खाते खुलवाने में भी दिक्कत आ रही है। संपत्ति कर और जल कर के नए खाते खुलवाने के इच्छुक लोग जोनल ऑफिस और मुख्यालय के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन पोर्टल बंद होने से नए खाते नहीं खुल पा रहे हैं।
भोपाल तक कर चुके हैं अपील
पोर्टल को लेकर निगम अधिकारी भोपाल तक अपील कर चुके हैं, लेकिन अभी तक कोई नतीजा नहीं निकला है। अधिकारी यह भी नहीं बता पा रहे हैं कि पोर्टल कब चालू होगा। एक तरफ नगर निगम आर्थिक तंगी से जूझ रहा है, वहीं दूसरी तरफ लोगों को टैक्स जमा करने में दिक्कत आ रही है।
गर्भ निरोधक गोलियां दी जाती थीं ताकि गर्भवती न हों... लव-जिहाद मामले में हुआ नया खुलासा
9 May, 2025 03:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में हिंदू लड़कियों से बलात्कार और ब्लैकमेलिंग के मामले में नया खुलासा हुआ है. एक पीड़ित लड़की ने बताया कि कई बार उन्हें गर्भ निरोधक गोलियां दी जाती थीं ताकि वे गर्भवती न हों. दरअसल, इस मामले की जांच के लिए राष्ट्रीय महिला आयोग की टीम तीन दिन तक भोपाल में रही और इस दौरान पुलिस के जांच अधिकारियों, पुलिस कमिश्नर और पीड़ित लड़कियों से मुलाकात की और उनके बयान दर्ज किए. महिला आयोग की टीम की महिला सदस्यों ने जब पीड़ितों की आपबीती सुनी तो हैवानियत की कहानी सुनकर उनकी आंखें नम हो गईं. इतना ही नहीं, पीड़ितों ने महिला आयोग की टीम को बताया कि कई बार उन्हें जबरन गर्भ निरोधक गोलियां खिलाई जाती थीं ताकि वे गर्भवती न हों. इन गोलियों को खाने के बाद कई पीड़ितों को शारीरिक समस्याएं हुईं और कुछ का मासिक धर्म भी प्रभावित हुआ. लड़कियों ने बताया कि कई बार गोलियां खाने से मना करने पर उनके साथ मारपीट की जाती थी और गोलियां खाने का दबाव बनाया जाता था.
गिरोह ने बाद ने भी नहीं छोड़ा
गिरोह ने अपने चंगुल में फंसी लड़कियों को उनके चले जाने के बाद भी नहीं छोड़ा। पुलिस जांच में पता चला है कि भोपाल के टीआईटी कॉलेज की छात्रा ही नहीं, बल्कि उसकी बहन भी आरोपी फरहान खान के जाल में फंसी थी। वह छात्रा को 2023 से ब्लैकमेल कर रहा था। फरहान से बचने के लिए वह इंदौर में पढ़ाई करने चली गई। जब फरहान को पता चला तो वह इंदौर पहुंच गया।
8 अप्रैल की देर रात वह उसके कमरे में घुस गया। उस दौरान छात्रा अपने रिश्तेदार के भाई से फोन पर बात कर रही थी। फरहान ने पहुंचते ही छात्रा के साथ मारपीट की और उसके साथ दुष्कर्म किया। अचानक हुई इस घटना के बीच छात्रा और उसके भाई के बीच कॉल पर बातचीत चलती रही।
फरहान के मोबाइल में मिले 10 से 12 लड़कियों के वीडियो
टीआईटी कॉलेज मामले में पुलिस को आरोपी फरहान के मोबाइल में 10 से 12 लड़कियों के वीडियो मिले हैं। महिला पुलिस अधिकारियों ने कुछ छात्राओं से संपर्क कर उनकी काउंसलिंग की है और उन्हें केस दर्ज करने को कहा है। इस बीच एक और लड़की ने शिकायत दर्ज कराने के लिए हामी भर दी है।
इस मामले में छठी एफआईआर दर्ज होने की संभावना है। अब तक भोपाल के पांच थानों में पांच मामले दर्ज हो चुके हैं। इसमें 12 लोगों को आरोपी बनाया गया है।
फरहान की बहन जोया और उसके पति के खिलाफ मामला दर्ज
मुख्य आरोपी फरहान खान के अलावा अली, साहिल, साद, अबरार और नबील के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। फरहान की बहन जोया और उसके पति के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है। पुलिस कमिश्नर ने पूरे मामले की जांच के लिए एसआईटी गठित कर दी है।
मध्य प्रदेश में सुरक्षा कड़ी, सभी पुलिस अधिकारियों की छुट्टियाँ तत्काल प्रभाव से रद्द
9 May, 2025 03:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भारत और पाकिस्तान के बीच युद्ध जैसे हालात के बीच मध्य प्रदेश में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है. राज्य के सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टी पर रोक लगा दी गई है. साथ ही, जो पुलिसकर्मी पहले से छुट्टी पर हैं, उन्हें भी तुरंत अपनी ड्यूटी पर लौटने को कहा गया है. पुलिस मुख्यालय ने हर गांव में गश्त बढ़ाने और स्थानीय लोगों को सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं के बारे में सचेत करने के स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं. राज्य में सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने और किसी भी अप्रिय स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए यह कदम उठाया गया है.
एमपी में पुलिसकर्मियों की छुट्टियों पर रोक
दरअसल भारत-पाक तनाव को देखते हुए मध्य प्रदेश में पुलिस बल अलर्ट मोड पर है और सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं. इतना ही नहीं छुट्टी पर गए पुलिसकर्मियों को ड्यूटी पर लौटने को कहा गया है. पूरे राज्य में सुरक्षा कड़ी की जा रही है. इस बीच, ऑल इंडिया उलेमा बोर्ड ने देशभर की मस्जिदों से अपील की है कि 9 मई को जुमे की नमाज के बाद भारत की सलामती, जीत और पाकिस्तान की हार के लिए सामूहिक दुआ की जाए.
इंदौर-ग्वालियर में भी अलर्ट
उधर, इंदौर के पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह ने शहर में सभी तरह के सार्वजनिक आयोजनों पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी है. वहीं ग्वालियर में प्रभारी मंत्री तुलसी सिलावट के निर्देश पर पूरे शहर के 66 वार्डों में सायरन लगाने की तैयारी की जा रही है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में सभी नागरिकों को एक साथ अलर्ट किया जा सके. इस बीच, इंदौर ट्रक ऑपरेटर्स एंड ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन ने प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर सेना परिवहन के लिए अपने साढ़े सात लाख ट्रक देने की पेशकश की है.
एमपी से यूपी और बिहार का सफर होगा छोटा, मिलेंगी 2 नई वंदेभारत ट्रेनें; इन जगहों पर होगा ठहराव
9 May, 2025 02:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल: मध्य प्रदेश में बड़ी संख्या में उत्तर प्रदेश और बिहार के लोग रहते हैं, लेकिन लखनऊ और पटना के लिए नियमित ट्रेनें न होने की वजह से यात्रियों का अपने गृह क्षेत्रों तक पहुंचना मुश्किल हो जाता है। अब उत्तर प्रदेश और बिहार में रहने वाले लोगों को भोपाल से सीधी रेल सुविधा मिलेगी। दोनों राज्यों की राजधानियों के लिए भोपाल से वंदे भारत का शुभारंभ होना है। इसका लंबे समय से इंतजार किया जा रहा था, लेकिन भोपाल के रानी कमलापति रेलवे स्टेशन पर तीसरी पिट लाइन तैयार न होने की वजह से वंदे भारत का संचालन टलता जा रहा है। सोते हुए पटना पहुंचेंगे यात्री, बचेगा 4 घंटे का समयः रेलवे अधिकारियों ने बताया कि रानी कमलापति से पाटलिपुत्र तक स्लीपर कोच वाली वंदे भारत चलाई जाएगी। इसमें 16 कोच होंगे। बता दें कि भोपाल से पटना की दूरी करीब 850 किमी है। अभी इस रूट पर चलने वाली ट्रेनों को भोपाल से पटना पहुंचने में 18 से 20 घंटे लगते हैं। नई वंदे भारत शुरू होने से यात्री 14 से 15 घंटे में भोपाल से पटना पहुंच जाएंगे। अच्छी बात यह है कि यह वंदे भारत स्लीपर ट्रेन होगी। यानी यात्री सोते हुए भी सफर कर सकते हैं।
भोपाल से पटना तक मिलेगी प्रीमियम वंदे भारत
अधिकारियों ने बताया कि भोपाल से लखनऊ तक 8 कोच वाली प्रीमियम वंदे भारत ट्रेन मिलेगी। इसके सभी कोच चेयर सीट वाले होंगे। बता दें कि भोपाल से लखनऊ की दूरी करीब 590 किमी है। अभी इस रूट पर चलने वाली ट्रेन को भोपाल से लखनऊ पहुंचने में 9 से 11 घंटे लगते हैं, लेकिन रूट पर वंदे भारत के शुरू होने से यात्री मात्र 6 से 7 घंटे में भोपाल से लखनऊ पहुंच सकेंगे। यह ट्रेन 8 कोच वाली चेयर कार होगी। जो सप्ताह में 6 दिन चलेगी।
तीसरा पिट तैयार होते ही दो वंदे भारत रैक उपलब्ध हो जाएंगे
भोपाल रेल मंडल के वरिष्ठ डीएमई आरपी खरे ने बताया कि "रानी कमलापति रेलवे स्टेशन पर तीसरी पिट लाइन बनाई जा रही है। इसका 95 फीसदी काम पूरा हो चुका है। खरे ने बताया कि निर्माण कंपनी ने 30 जून 2025 तक तीसरी पिट लाइन रेलवे को सौंपने का दावा किया है। हालांकि, तीसरी पिट लाइन पूरी तरह से तैयार होने में अगस्त-सितंबर तक का समय लग सकता है। आरपी खरे ने बताया कि जैसे ही तीसरी पिट लाइन तैयार होगी, उसे पूरा कर लिया जाएगा।
7 साल बाद भी 10 करोड़ रुपए की पिट लाइन अधूरी
बता दें कि रानी कमलापति रेलवे स्टेशन पर तीसरी पिट लाइन बनाने की मंजूरी वर्ष 2028 में मिली थी, लेकिन काम करीब छह से आठ महीने बाद शुरू हुआ। अब 7 साल बाद भी आरकेएमपी में तीसरी पिट लाइन अधूरी है। उधर, एससीएम और भोपाल मंडल के प्रवक्ता नवल अग्रवाल ने बताया कि रानी कमलापति रेलवे स्टेशन के पास आरओएच शेड बनाया जा रहा है, जहां वंदे भारत ट्रेन का मेंटेनेंस किया जाएगा। इसके साथ ही अन्य ट्रेनों का भी मेंटेनेंस किया जाएगा, जो संभवत: सितंबर माह के बाद शुरू हो जाएगा। इसे बनाने में करीब 10 करोड़ रुपए की लागत आई है।
जर्मन तकनीक से बने कोचों की होगी मरम्मत
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि यह केमटेक डिजाइन की पिट लाइन है, जो पुरानी दो लाइनों के मुकाबले तकनीकी संसाधनों से लैस है। जिस पर जर्मन कंपनी लिंक हॉफमैन बुश (एलएचबी) के तकनीकी सहयोग से बनाए जा रहे नए कोचों की आसानी से मरम्मत की जा सकेगी। यहां एलएचबी कोच वाली ट्रेनों की ओवरहालिंग की जाएगी। तीसरी पिट लाइन की ऊंचाई अधिक है, जिसमें रेलवे कर्मचारी कोचों के नीचे खड़े होकर आसानी से मरम्मत का काम कर सकेंगे। इसमें मशीनों को एक स्थान से दूसरे स्थान पर ले जाने के लिए पाथवे बनाए गए हैं। इस पिट लाइन में कम समय में अधिक ट्रेनों का मेंटेनेंस किया जा सकेगा।
माओवाद की समाप्ति के बाद अब बस्तर का सर्वांगीण विकास होगा: मंत्री राम विचार नेताम
अम्बिकापुर में विकास को नई रफ्तार
ड्रोन के साथ अपने हौसलों को उड़ान दे रही हैं सरूपी मीणा
अल्पविराम की अवधारणा जीवन और कार्य के संतुलन के लिये अत्यंत आवश्यक : अर्गल
चिन्हारी योजना से सशक्त हो रही छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति
जल जीवन मिशन से संवरी बुलगा की तस्वीर, जीवंती बाई के घर तक पहुँचा शुद्ध पेयजल
नगरीय निकायों के कायाकल्प और वित्तीय सुदृढ़ीकरण के लिये दो दिवसीय "शहरी सुधार कार्यशाला" का हुआ समापन
संकल्प से समाधान अभियान’ से त्वरित, प्रभावी और पारदर्शी निराकरण हुआ सुनिश्चित : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
यूरिया का प्रभावी विकल्प बन रही हरी खाद, जशपुर में 600 हेक्टेयर में प्रदर्शन
