मध्य प्रदेश
नगर निगम के खिलाफ आक्रोशित किसानों ने इंदौर में तरबूज फेंक कर जताया विरोध
14 May, 2025 06:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
इंदौर: इंदौर में किसानों ने नगर निगम के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए सड़क पर तरबूज फेंके. किसानों का आरोप है कि नगर निगम अतिक्रमण के नाम पर सड़कों पर दुकान लगाने वाले दुकानदारों से बदसलूकी कर रहा है और उनका सामान छीन रहा है. एक बार फिर एक किसान पर नगर निगम द्वारा अत्याचार का मामला सामने आया है. इससे दुखी होकर किसान ने अपने ट्रैक्टर ट्रॉली में भरे तरबूज सड़क पर बरसा दिए. विरोध में किसान ने इस दौरान अपने कपड़े भी उतार फेंके, जिससे सड़क पर जाम लग गया।
किसान ने सड़क पर बरसाए तरबूज
आरोप है कि, आमतौर पर सड़कों से अतिक्रमण हटाने वाले अधिकारी और कर्मचारी दुकानदारों को आपसी फायदा पहुंचाकर मामले को निपटाने की कोशिश करते हैं. लेकिन जो दुकानदार अधिकारी और कर्मचारियों की बात नहीं मानते हैं, उन्हें निगम कर्मचारियों के अत्याचारों का शिकार होना पड़ता है. शहर के एरोड्रम क्षेत्र में छोटा बांगड़दा के 60 फीट रोड पर ऐसी ही एक घटना के चलते एक किसान ने सड़क पर तरबूज बरसा दिए।
अर्धनग्न होकर किसान ने किया प्रदर्शन
दरअसल, मौके पर नगर निगम की टीम और पुलिस ने ट्रैक्टर को सड़क पर खड़ा करके तरबूज बेचने का आरोप लगाते हुए तराजू जब्त कर लिया। इस दौरान किसान के करीब 2 क्विंटल तरबूज भी सड़क पर फेंक दिए गए। इससे परेशान होकर किसान विक्रम सिसोदिया का भाई अर्धनग्न होकर सड़क पर तरबूज फेंकने लगा। इस दौरान चौराहे पर भीड़ जमा होने से जाम लग गया। हालांकि, यह देख नगर निगम की टीम चुपचाप मौके से निकल गई।
किसान ने नगर निगम कर्मचारियों पर लगाया आरोप
किसान विक्रम सिसोदिया ने कहा, ''तरबूज नहीं बेचे जा रहे थे, लेकिन नगर निगम कर्मचारियों ने तराजू छीनकर ढेर सारे तरबूज सड़क पर फेंक दिए, जो बेहद आपत्तिजनक है।'' उन्होंने कहा, ''वे खुद भाजपा कार्यकर्ता हैं, इसलिए वे इस मामले की शिकायत महापौर से करेंगे।'' इस बीच, किसी भी अधिकारी ने बिना जांच के इस मामले में प्रतिक्रिया देने से इनकार कर दिया है।
विधायक पहुंचे एरोड्रम थाने
इस पूरे मामले में इंदौर के महापौर पुष्यमित्र भार्गव का कहना है, ''प्रारंभिक तौर पर जो भी बात सामने आई है, उसकी जांच की जा रही है।'' लेकिन जिस तरह से इंदौर नगर निगम कर्मचारियों और पुलिस ने देपालपुर विधानसभा के भाजपा नेता के साथ बदसलूकी की, उसके चलते क्षेत्रीय विधायक मनोज पटेल एरोड्रम थाने पहुंचे और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से नगर निगम कर्मचारियों के साथ ही पुलिसकर्मियों पर भी कार्रवाई करने की मांग की। जिस पर संबंधित अधिकारियों ने विधायक को आश्वासन दिया है कि जांच के बाद बदसलूकी करने वाले निगम अधिकारियों और पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की जाएगी।
क्षेत्रीय विधायक के थाने पहुंचने के मामले को लेकर एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया का कहना है, ''विधायक ने जिन पुलिसकर्मियों के खिलाफ शिकायत की है, उनकी जांच की जा रही है और आने वाले दिनों में कार्रवाई की जाएगी।
सड़क चौड़ीकरण के खिलाफ विरोध: भोपाल में 8 हजार पेड़ों की कटाई रोकने के लिए 18 मई को जनजुटाव
14 May, 2025 05:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल: राजधानी भोपाल के अयोध्या बाईपास को लेकर 20 साल पहले तय किए गए एक नियम के चलते आज यहां 8000 पेड़ काटे जा रहे हैं। बढ़ती आबादी और यातायात को देखते हुए 1995 में इस सड़क की चौड़ाई 66 मीटर तय की गई थी। आबादी के हिसाब से सड़क बनाई गई और 66 मीटर जगह छोड़कर अनुमति भी दी गई, जिससे हरियाली विकसित हुई। अब मास्टर प्लान में तय चौड़ाई के आधार पर चौड़ीकरण का फैसला किया गया है और यहां पेड़ों की कटाई प्रस्तावित की गई है।
रविवार को शाम 5 बजे चिपको आंदोलन करेंगे
पर्यावरण प्रेमी पेड़ों को बचाने के लिए चिपको आंदोलन करेंगे। पर्यावरण प्रेमियों को 18 मई को शाम 5 बजे बाईपास पर एकत्र होने का आह्वान किया गया है। पेड़ों को बचाने के लिए रक्षा सूत्र बांधे जाएंगे। इस आंदोलन की जानकारी प्रशासन को दे दी गई है। प्रशासन यहां समुचित व्यवस्था भी कर रहा है। प्रदर्शन के लिए रणनीति भी बनाई जा रही है। बैठकों का दौर भी चल रहा है। पर्यावरणविद् उमाशंकर तिवारी ने बताया कि पिछले दिनों शिवाजी नगर में बैठक हुई थी। तय हुआ कि 18 मई की शाम अयोध्या बाईपास पर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा, जिसमें सैकड़ों लोग शामिल होंगे। विकास जरूरी है, लेकिन हरियाली के नाम पर हम ऐसा नहीं होने देंगे। एनएचएआई को प्रोजेक्ट में बदलाव करना चाहिए। ताकि प्रोजेक्ट पूरा हो और पेड़ भी न कटें। इसीलिए अयोध्या बाईपास को 10 लेन बनाया जा रहा है। बता दें कि इस रोड पर 3 ब्लैक स्पॉट हैं, जहां साल में 30-35 लोगों की मौत होती है। इसलिए सर्विस लेन को शामिल कर रोड को 10 लेन बनाया जा रहा है। विरोध की आशंका को देखते हुए एनएचएआई ने हाईकोर्ट और एनजीटी में कैविएट दाखिल की है। ताकि कोर्ट द्वारा कोई स्टे दिए जाने से पहले एनएचएआई का पक्ष सुना जा सके।
हाउसिंग बोर्ड ने विकसित की कॉलोनियां
मास्टर प्लान में आवासीय सह व्यावसायिक गतिविधि के लिए तय इस क्षेत्र को हाउसिंग बोर्ड ने अयोध्या नगर के नाम से विकसित किया। बोर्ड के विकास के चलते निजी डेवलपर्स भी सक्रिय हुए और यह आवासीय और व्यावसायिक गतिविधियों का बड़ा केंद्र बन गया। यह रोड आनंद नगर और अयोध्या बाईपास के नाम से जानी जाने लगी। अब 8000 पेड़ों की कटाई की वजह से यह फिर चर्चा में है।
लोगों ने पहले ही पेड़ों को रक्षा सूत्र बांधे थे। इससे पहले रविवार शाम को भी लोगों ने प्रदर्शन किया था। बड़ी संख्या में लोग रत्नागिरी तिराहा पहुंचे और पेड़ों को रक्षा सूत्र बांधे। साथ ही पेड़ों को बचाने का संकल्प भी लिया। कार्यक्रम का नेतृत्व मजदूर नेता दीपक गुप्ता ने किया। उन्होंने कहा- यह सिर्फ पेड़ों की लड़ाई नहीं, बल्कि हमारे अस्तित्व की लड़ाई है। हम इन पेड़ों को कटने नहीं देंगे। गुप्ता ने खुद पेड़ों को रक्षा सूत्र बांधकर आंदोलन की शुरुआत की।
04815 भगत की कोठी–काचीगुड़ा एक तरफा विशेष ट्रेन (01 ट्रिप) भोपाल मंडल के भोपाल एवं इटारसी स्टेशनों से होकर गुजरेगी
14 May, 2025 03:55 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। गर्मी के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेल प्रशासन द्वारा विशेष ट्रेनें चलाई जा रही हैं। इसी क्रम में, गाड़ी संख्या 04815 भगत की कोठी – काचीगुड़ा एक तरफा विशेष ट्रेन (01 ट्रिप) का संचालन किया जा रहा है, जो भोपाल मंडल के भोपाल एवं इटारसी स्टेशनों पर ठहरकर गंतव्य तक जाएगी।
गाड़ी संख्या 04815 भगत की कोठी – काचीगुड़ा विशेष ट्रेन (01 ट्रिप)
गाड़ी संख्या 04815 विशेष ट्रेन दिनांक 14 मई 2025 (बुधवार) को भगत की कोठी स्टेशन से शाम 16:00 बजे प्रस्थान कर, अगले दिन मार्ग के अन्य स्टेशनों से होते हुए सुबह 10:20 बजे भोपाल, दोपहर 12:20 बजे इटारसी एवं अन्य स्टेशनों पर ठहराव के बाद तीसरे दिन सुबह 07:30 बजे काचीगुड़ा स्टेशन पहुंचेगी।
गाड़ी के हाल्ट:
रास्ते में यह गाड़ी भगत की कोठी, जोधपुर जं., मेड़ता रोड जं., डेगाना जं., मकराना जं., कुचामन सिटी, नवां सिटी, फूलेरा, जयपुर जं., दुर्गापुरा, सवाई माधोपुर जं., डकनिया तालाव, रामगंज मंडी, नागदा जं., उज्जैन जं., बड़छा, शुजालपुर, सीहोर, भोपाल जं., इटारसी जं., बैतूल, आमला जं., नरखेड़, मोर्शी, चांदूर बाज़ार, नवी, बडनेरा जं., मुर्तिज़ापुर जं., अकोला जं., वाशिम, हिंगोली डेक्कन, पूर्णा जं., नांदेड, निज़ामाबाद जं., कामारेड्डी, मेडचल, काचीगुड़ा स्टेशनों पर रुकेगी। यात्रियों से अनुरोध है कि यात्रा प्रारंभ करने से पूर्व रेलवे की अधिकृत पूछताछ सेवा NTES/139 के माध्यम से गाड़ी की सटीक स्थिति की जानकारी प्राप्त करें। विस्तृत समय-सारणी एवं ठहराव विवरण हेतु कृपया www.enquiry.indianrail.gov.in पर जाएं या NTES ऐप डाउनलोड करें।
भोपाल मंडल में पूछताछ कर्मचारी अब होंगे अधिक सक्षम – 'नेक्स्ट जनरेशन एनटीईएस' से यात्रियों को तुरंत मिलेगा सही जवाब
14 May, 2025 01:39 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल, 14 मई 2025 भोपाल रेलवे स्टेशन के पूछताछ काउंटर पर एक नई तकनीकी क्रांति की शुरुआत हुई है। अब ‘नेक्स्ट जनरेशन एनटीईएस (नेशनल ट्रेन एनक्वायरी सिस्टम)’ पोर्टल की मदद से पूछताछ पर कार्यरत रेलवे कर्मचारी पहले से कहीं अधिक सक्षम हो गए हैं। वे अब यात्रियों को न केवल तुरंत जानकारी दे सकेंगे, बल्कि पहले से अधिक सटीक, विस्तृत और रियल टाइम उत्तर भी दे पाएंगे। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री सौरभ कटारिया ने बताया कि इस अत्याधुनिक पोर्टल के जरिए अब स्टेशन पर तैनात कर्मचारी कोच पोजिशन, ट्रेन की वर्तमान स्थिति, संभावित विलंब, आगमन-प्रस्थान की वास्तविक टाइमिंग और अगले 8 घंटे में आने वाली ट्रेनों की पूरी जानकारी एक क्लिक में उपलब्ध हो रही है। यह सारा डेटा रियल टाइम में अपडेट होता है, जिससे पूछताछ कर्मचारी बिना किसी देरी के हर सवाल का जवाब दे सकता है। इस तकनीक से सबसे बड़ा बदलाव यह हुआ है कि अब यात्रियों को जवाब के लिए इंतजार नहीं करना पड़ता, और स्टेशन पर भ्रम की स्थिति खत्म होती है। लेकिन इस बदलाव का मुख्य केंद्रबिंदु पूछताछ काउंटर का कर्मचारी है, जो अब इस सिस्टम के जरिए पहले से कहीं अधिक दक्षता और आत्मविश्वास के साथ सेवा दे पा रहा है।
इस सशक्तिकरण के प्रमुख लाभ –
• कर्मचारी को तुरंत सटीक जानकारी मिलने से यात्रियों को तेजी से और भरोसेमंद उत्तर मिल रहे हैं।
• कोच पोजिशन की पूर्व जानकारी से यात्रियों को भीड़ से बचते हुए सही स्थान पर समय से पहुंचने में मदद।
• रियल टाइम अपडेट्स से यात्रियों की उलझन और मानसिक तनाव में कमी।
• स्टेशन स्टाफ की कार्यक्षमता में सुधार और यात्री सेवा के स्तर में उल्लेखनीय वृद्धि।
यह सुविधा वर्तमान में भोपाल मंडल के 7 प्रमुख स्टेशनों – भोपाल, रानी कमलापति, संत हिरदाराम नगर, बीना, गुना, इटारसी एवं विदिशा – पर क्रमशः लागू की जा रही है।
यह कदम भारतीय रेलवे के डिजिटल परिवर्तन अभियान का हिस्सा है, जो न केवल यात्रियों की सुविधा बढ़ा रहा है, बल्कि फ्रंटलाइन रेलवे कर्मचारियों को तकनीक से लैस कर रहा है, ताकि वे और बेहतर सेवा दे सकें।
मानव अधिकार आयोग भोपाल पहुंचा, लव जिहाद मामले की गहराई से करेगा निरीक्षण
14 May, 2025 01:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
राजधानी भोपाल में सामने आए कथित हाई-प्रोफाइल लव जिहाद मामले में राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग (एनएचआरसी) की टीम मंगलवार को भोपाल पहुंची। राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग के सदस्य प्रियांक कानूनगो ने इसकी जानकारी दी। राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग के सदस्य प्रियांक कानूनगो ने मंगलवार को बताया कि हमें एक शिकायत प्राप्त हुई थी, जिसमें बताया गया कि भोपाल के कॉलेजों में हिंदू लड़कियों के साथ रैगिंग के नाम पर यौन शोषण किया जा रहा है। उनका वीडियो बनाया जाता था और उन्हें ड्रग्स दी जाती थीं। इन वीडियो के माध्यम से उन्हें ब्लैकमेल कर इस्लाम में जबरन धर्म परिवर्तन के लिए मजबूर किया जा रहा था। यह गंभीर शिकायत है। उन्होंने बताया कि इस मामले की जांच के लिए NHRC की एक टीम को भोपाल भेजा गया है, जो अगले दो दिनों तक मामले की जांच करेगी। कानूनगो ने बताया कि अब तक 7-8 पीड़िता सामने आ चुकी हैं, लेकिन हमें अंदेशा है कि इसमें संख्या 12 से 24 से भी अधिक हो सकती है। उन्होंने पीड़िताओं से भी अपील की कि अगर वे गोपनीय रूप से अपनी बात साझा करना चाहें तो NHRC की टीम से संपर्क कर सकते हैं। साथ ही उन्होंने सजग नागरिकों से भी इस संबंध में सूचना देने की अपील की।
पुलिस जांच पर उठाए सवाल
प्रियांक कानूनगो ने पुलिस जांच पर सवाल उठाते हुए कहा कि प्रारंभिक तौर पर हमें ऐसा प्रतीत हो रहा है कि पुलिस जांच में कुछ सुधार की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि कम उम्र की लड़ियों को प्रभावित करने के लिए आपराधियों ने महंगी महंगी बाइक का इस्तेमाल किया। वह बाइक अपराध में प्रयुक्त साधन है। उन्होंने कहा कि हमें अभी यह जानकारी नहीं मिली है कि बाइक जब्त की गई है। एक अपराधी की प्रोफाइल बताई जा रही है कि वह ड्राइवर का बेटा था। ऐसे में सवाल यह है कि वह तीन लाख की बाइक कैसे खरीद कर चला रहा था। इस पैसे की ट्रेल पकड़ में आना चाहिए। क्या यह हवाला का मामला है या किसी प्रकार की मनी लॉड्रिंग का मामला है। यह सब जांच के बिंन्दू पुलिस के होना चाहिए। इस संबंध में पुलिस से बात करेंगे।
क्लब 90 जैसे अड्डे रोकना चाहिए
प्रियांक कानूनो ने कहा कि क्लब 90 अड्डा था। सरकार को ऐसे अड्डे रोकना चाहिए। यह पता चला है कि सरकार की ही एजेंसियों ने ही लाइसेंस देखकर ऐसी व्यवस्था खुलवाई थी। एक तालाब था, उसके किनारे एक तरफ नशा खोरी का अड्डा बना लिया है। जिसके नाम से क्लब का लाइसेंस था, उसका कंट्रोल नहीं था। उसको कोई दूसरा ही संचालन कर रहा था। यह भी हमारी जांच में शामिल है। इसके अलावा कोई महेंद्र नाम का कोई व्यक्ति बच्चों के एडमिशन कराने की दलाली करता है। यह सब हमारे जांच के बिन्दू है। एक दो दिन में मामले में बहुत सी चीजें साफ होगी। उन्होंने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए।
शादी की खुशी में ग़म: स्टेज पर आतिशबाजी से दूल्हे की हालत गंभीर
14 May, 2025 11:20 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
mp news: मध्यप्रदेश के राजगढ़ में दिखावे वाली भव्य शादियों में की जाने वाली गतिविधियां जानलेवा साबित हो रही हैं। दूल्हा दुल्हन की एंट्री के वक्त स्मोक के लिए लगाए गए नाइट्रोजन के कंटेनर में गिरने से एक सात साल की मासूम की मौत का मामला अभी थमा ही था और एक अन्य मामला सामने आया है। जिसमें शादी के स्टेज के पीछे की जा रही आतिशबाजी की चपेट में आने से दूल्हा ही झुलस गया।
स्टेज पर आतिशबाजी में झुलसा दूल्हा
घटना 5 मई की है तब खिलचीपुर के विश्वनाथ रिसोर्ट में जीरापुर निवासी एक युवक की शादी थी। जीरापुर से वह बरात लेकर पहुंचा था। शादी के दौरान तोरण की रस्म पूरी होने के बाद रात 11 बजे दूल्हा-दुल्हन स्टेज पर मौजूद थे और दोनों हाथ उठाकर मेहमानों का अभिवादन कर रहे थे। इस दौरान स्टेज के पीछे की जा रही आतिशबाजी में से एक पटाखा ऊपर उठकर सीधे स्टेज पर आ गिरा और फट गया। जिससे दूल्हा बुरी तरह झुलस गया। पहले दूल्हे के पायजामे में आग लगी, जो पैर में फैल गई। इसमें दूल्हे का पैर बुरी तरह झुलस गया। घटना के बाद परिजन उन्हें हाथोंहाथ एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हालांकि वह अब खतरे से बाहर है।
हादसे के लिए आयोजक जिम्मेदार- परिजन
निजी अस्पताल में उपचार के बाद दूल्हे ने शादी की अन्य रस्में पूरी कीं और फेरे भी लिए। नागरिकों ने बताया कि इस हादसे के लिए शादी के आयोजकों की लापरवाही है। बिना सुरक्षा इंतजाम के हो रही आतिशबाजी के कारण ऐसा हादसा हुआ है। आतिशबाजी स्टेज के पीछे ही की जा रही थी, लेकिन किसी ने उन्हें रोका ही नहीं। वहीं, परिजन ने भी ध्यान नहीं दिया, बगल में ही आतिशबाजी जारी थी। इसी में बरती गई लापरवाही के कारण हादसा हुआ।
मध्य प्रदेश में मौसम का मिजाज बदला, 25 जिलों में तेज आंधी और बारिश की चेतावनी
14 May, 2025 10:20 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मध्य प्रदेश में अरब सागर से आ रही नमी ने मौसम का मिजाज बदल दिया है। दिन में तीखी धूप और उमस लोगों को परेशान कर रही है, जबकि दोपहर बाद बादल छाने और कहीं छिटपुट तो कहीं जोरदार बारिश हो रही है। बुधवार को भोपाल समेत 25 जिलों में तेज आंधी और बारिश का अलर्ट है। इंदौर, उज्जैन-नर्मदापुरम संभाग में भी मौसम बदला रहेगा, जबकि जबलपुर-ग्वालियर में गर्मी रहेगी।
इन जिलों में आज के लिए अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार को जिन जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट है, उनमें भोपाल, मुरैना, भिंड, नीमच, मंदसौर अलीराजपुर, बड़वानी, खरगोन, बुरहानपुर, खरगोन, खंडवा, हरदा, देवास, सीहोर, शाजापुर, राजगढ़, विदिशा, रायसेन, नर्मदापुरम, बैतूल, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, मंडला और बालाघाट शामिल हैं। कई सिस्टम के एक्टिव होने से मौसम बदला हुआ है। 17 मई तक कई जिलों में तेज आंधी चलने और बारिश की संभावना है।
आंधी, बारिश के साथ गर्मी ने किया परेशान
मध्य प्रदेश में दो तरह के मौसम देखने को मिल रहे हैं जहां एक तरफ कई जिलों में लगातार बारिश और आंधी का दौर चल रहा है, वहीं कई जिलों में गर्मी लोगों को परेशान कर रही है। मंगलवार को प्रदेश में आंधी और बारिश का दौर जारी रहा। भोपाल में दोपहर में तेज बारिश हुई। करीब आधे घंटे में पूरा शहर तरबतर हो गया। हवा की रफ्तार तेज होने से बड़े तालाब में एक से डेढ़ फीट ऊंची लहरें उठीं। धार, रतलाम में भी बारिश हुई। वहीं, बालाघाट के मलाजखंड में सवा इंच से ज्यादा पानी गिर गया। बारिश-आंधी के बीच कई शहरों में गर्मी का असर भी देखने को मिला। सबसे गर्म खजुराहो रहा। जहां तापमान 42.4 डिग्री दर्ज किया गया। नौगांव में 42 डिग्री, सतना में 41.8 डिग्री, रीवा में 41.2 डिग्री, उमरिया में 41.1 डिग्री, टीकमगढ़ में 41 डिग्री, सीधी में 40.8 डिग्री, नरसिंहपुर में 40.4 डिग्री, गुना में 40.2 डिग्री और मंडला में पारा 40 डिग्री सेल्सियस रहा। बड़े शहरों की बात करें तो भोपाल में 38.2 डिग्री, इंदौर में 36.3 डिग्री, ग्वालियर में 41.4 डिग्री, उज्जैन में 38.5 डिग्री और जबलपुर में पारा 38.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इकलौता हिल स्टेशन पचमढ़ी सबसे ठंडा रहा। यहां पारा 31.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मानसून 15 जून को एमपी में दे सकता है दस्तक
मौसम विभाग के अनुसार, मानसून की आमद 15 जून को हो सकती है। मंगलवार को मानसून ने अंडमान द्वीप में दस्तक दे दी। अब यह धीरे-धीरे आगे बढ़ेगा और 15 जून तक प्रदेश के दक्षिणी हिस्से यानी बालाघाट, सिवनी, मंडला, बैतूल, बुरहानपुर आदि जिलों के रास्ते से प्रदेश में आ जाएगा। इसके 10 दिन के अंदर मानसून पूरे प्रदेश को कवर कर सकता है।
प्रदेश में अगले 4 दिन ऐसा रहेगा मौसम
14 मई: भोपाल, मुरैना, भिंड, नीमच, मंदसौर,अलीराजपुर, बड़वानी, खरगोन, बुरहानपुर, खरगोन, खंडवा, हरदा, देवास, सीहोर, शाजापुर, राजगढ़, विदिशा, रायसेन, नर्मदापुरम, बैतूल, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, मंडला और बालाघाट में आंधी, बारिश का दौर रह सकता है। बाकी जिलों में गर्मी का असर बना रहेगा।
15 मई: मुरैना, गुना, भिंड, अशोकनगर, शाजापुर, देवास, सीहोर, बड़वानी, खरगोन, बुरहानपुर, खंडवा, हरदा, नर्मदापुरम, बैतूल, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, मंडला और बालाघाट में बारिश का अलर्ट है।
16 मई: इंदौर, बड़वानी, खरगोन, मुरैना, भिंड, दतिया, शाजापुर, देवास, खंडवा, सीहोर, हरदा, रायसेन, नर्मदापुरम, बैतूल, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी और बालाघाट में बारिश, आंधी का अलर्ट है।
17 मई: भोपाल, इंदौर, मुरैना, भिंड, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, गुना, अशोकनगर, आगर-मालवा, राजगढ़, विदिशा, शाजापुर, देवास, सीहोर, रायसेन, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, खंडवा, बुरहानपुर, खरगोन, बड़वानी, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी और बालाघाट में आंधी, बारिश का अलर्ट है।
अब एम्स भोपाल में हड्डी रोग का अत्याधुनिक इलाज मुफ्त, 3डी प्रिंटिंग से सुरक्षित सर्जरी
14 May, 2025 09:20 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल: एम्स भोपाल में एक और नई सुविधा शुरु हो गई है, जो अब तक देश के चुनिंदा अस्पतालों में ही थी. इस सुविधा के शुरु होने से एम्स भोपाल में हड्डी रोग के मरीजों का अधिक सटीकता के साथ इलाज किया जा सकेगा. इसमें ऑपरेशन का खर्च निशुल्क रहेगा और मरीज को ज्यादा दवाइयां भी नहीं लेनी पड़ेगी. एम्स भोपाल के डाक्टरों ने बताया कि, इस तकनीक से हड्डी रोग के इलाज में नई क्रांति आएगी. मध्य प्रदेश समेत आसपास के लोगों को उपचार की बेहतर सुविधा मिलेगी.
3 डी प्रिंटिंग तकनीक से किया सफल इलाज
एम्स भोपाल के कार्यपालक निदेशक प्रोफेसर अजय सिंह ने बताया कि, ''ऑर्थोपेडिक्स विभाग में अब इन-हाउस 3 डी प्रिंटिंग सुविधा की शुरुआत की गई है, जो चिकित्सा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है. हाल ही में इस तकनीक का उपयोग करते हुए एक डिस्टल फीमर मैलयून के जटिल मामले का सफलतापूर्वक सर्जिकल सुधार किया गया है. इस प्रक्रिया के लिए रोगी-विशिष्ट 3-डी प्रिंटेड कटिंग गाइड का निर्माण एम्स भोपाल में ही किया गया, और यह पूरी तरह निःशुल्क प्रदान किया गया, जिससे मरीज पर कोई आर्थिक बोझ नहीं पड़ा.''
पेशेंट फर्स्ट के आधार पर होगा इलाज
3-डी प्रिंटिंग तकनीक की मदद से हड्डियों की सर्जरी अधिक सटीक, सुरक्षित और प्रभावी बनती है. यह मरीजों को उनकी विशेष शारीरिक संरचना के अनुसार कस्टमाइज्ड उपचार उपलब्ध कराती है, जो पारंपरिक तरीकों की तुलना में बेहतर परिणाम देती है. इस तकनीक का उपयोग भविष्य में कई अन्य जटिल मामलों में भी किया जाएगा. प्रो. सिंह ने बताया कि, ''एम्स भोपाल में इन-हाउस 3 डी प्रिंटिंग सुविधा की शुरुआत चिकित्सा विज्ञान में एक बड़ी प्रगति है. यह तकनीक हमें हर मरीज के लिए व्यक्तिगत और सटीक उपचार की दिशा में आगे बढ़ने में मदद करती है. सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि यह सुविधा मरीजों को बिना किसी आर्थिक बोझ के उपलब्ध कराई जा रही है, जो हमारे पेशेंट फर्स्ट दृष्टिकोण को दर्शाती है.''
3 डी प्रिंटिंग तकनीकी से ये होगा फायदा
अब तक हड्डी रोग की सर्जरी में धातु प्रत्यारोपण और दान की गई हड्डी का इस्तेमाल किया जाता है. इसमें सर्जन मरीज के शारीरिक रचना के अनुसार उसमें ऊतक प्रदान करते हैं. लेकिन कई बार यह मरीज की शारीरिक संरचना के अनुसार फिट नहीं होता है. अब इन समस्याओं को दूर करने के लिए 3 डी प्रिंटर तकनीकी का इस्तेमाल किए जाने से हड्डी की जगह धातु की प्लेट लगाने की जरुरत नहीं होती. इससे संक्रमण का खतरा भी नहीं रहेगा.
सियासी बयानबाज़ी तेज़: भाजपा नेता ने कर्नल सोफिया पर साधा निशाना
14 May, 2025 08:55 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
MP News: मध्यप्रदेश के इंदौर जिले के महू में आयोजित कार्यक्रम में मंत्री विजय शाह ने ऐसा बयान दे दिया है। जिसके बाद से प्रदेश की राजनीति में नया बखेड़ा खड़ा हो गया है। मंत्री विजय शाह ने अपने संबोधन में कर्नल सोफिया पर एक विवादित बयान दे दिया है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने हमारे देश के लोगों के कपड़े उतारे, हमने उनकी समाज की बहन को भेजकर ऐसी तैसी करवा दी।
क्या बोले मंत्री विजय शाह
मंत्री विजय शाह ने कहा था कि उन्होंने (आतंकियों) कपड़े उतार-उतार के हमारे हिंदुओं को मारा, और मोदी जी ने उनकी बहन (कर्नल सोफिया कुरैशी) को उनकी ऐसी की तैसी करने उनके घर भेजा। अब मोदी जी कपड़े तो उतार नहीं सकते थे इसलिए उनकी समाज की बहन को भेजा कि तुमने हमारी बहनों को विधवा किया है। तो तुम्हारे समाज की बहन आकर तुम्हें नंगा करके छोड़ेगी।
आगे उन्होंने कहा कि देश का सम्मान और मान-सम्मान और हमारी बहनों के सुहाग का बदला तुम्हारी जाति, समाज की बहनों को पाकिस्तान भेजकर बदला ले सकते हैं। मोदी जी ने कहा था कि घर में घुसकर मारूंगा। जमीन के अंदर गाड़ दूंगा। आतंकवादी तीन मंजिला घर में बैठे थे। बड़े बम से छत उड़ाई, फिर बीच की छत उड़ाई और अंदर जाकर उनके परिवार की ऐसी की तैसी कर दी। यह 56 इंच का सीना वाला ही कर सकता है।
हालांकि, वीडियो सामने आते ही मंत्री विजय शाह ने सफाई देते हुए कहा कि हमारे प्रधानमंत्री जी ने हमारी बहनों का सिंदूर उजाड़ने वालों को उन्हीं की भाषा में जवाब दिया है। मेरे भाषण को अलग संदर्भ में न देखें। कुछ लोग इसे अलग संदर्भ में देख रहे हैं। वो हमारी बहनें हैं और उन्होंने पूरी ताकत से सेना के साथ मिलकर काम किया है।
विद्यार्थियों के शत प्रतिशत प्लेसमेंट के लिए बनाएं व्यापक कार्य योजना : मंत्री परमार
13 May, 2025 11:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा एवं आयुष मंत्री इन्दर सिंह परमार की अध्यक्षता में मंगलवार को मंत्रालय स्थित सभाकक्ष में इंदौर के प्रतिष्ठित तकनीकी शिक्षा संस्थान, गोविंदराम सेकसरिया प्रौद्योगिकी एवं विज्ञान संस्थान (SGSITS) एसजीएसआईटीएस, इंदौर की "शासी निकाय की 127वीं" बैठक हुई। मंत्री परमार ने प्रस्तावित कार्य सूची के विभिन्न बिंदुओं पर व्यापक चर्चा कर, शासन के नियमों का पालन करते हुए क्रियान्वयन के दिशा निर्देश दिए। राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुसरण में विद्यार्थियों के हितों के अनुरूप, समग्र विकास के लिए कार्य करने को कहा।
तकनीकी शिक्षा मंत्री परमार ने कहा कि संस्थान के उत्तरोत्तर उत्थान एवं समग्र विकास के लिए राज्य सरकार पूरी तरह साथ है। संस्थान को नवीन आयाम देने के लिए व्यापक प्रयास किए जाने चाहिए। हम विद्यार्थियों को उत्तम, गुणवत्तापूर्ण एवं रोजगारपरक शिक्षा देने के लिए प्रतिबद्धता के साथ क्रियाशील है। मंत्री परमार ने कहा कि विद्यार्थियों के शत प्रतिशत प्लेसमेंट के लिए आवश्यक कार्य योजना बनाकर क्रियान्वयन किया जाए। मंत्री परमार ने न्यायालय से जुड़े विभिन्न प्रकरणों का सावधानीपूर्वक निराकरण करने हेतु निर्देशित किया। मंत्री परमार ने कहा कि वित्त और विधि से संबंधित समस्त कार्यों का सावधानीपूर्ण क्रियान्वयन करें।
बैठक में संस्थान में 2 नवीन सेंटर ऑफ एक्सीलेंस "भारतीय ज्ञान परम्परा" और "सेंटर ऑफ हैप्पीनेस" आरंभ करने का निर्णय लिया गया। संस्थान के छात्र संघ को एक स्वतंत्र पंजीकृत संस्थान के रूप में पंजीयन करने पर भी चर्चा हुई। विद्यार्थियों के हितों से जुड़े विविध विषयों पर सकारात्मक निर्णय लिए गए। मंत्री परमार ने विद्यार्थियों के प्लेसमेंट के लिए शत-प्रतिशत लक्ष्यपूर्ति की दृष्टि से कार्य योजना बनाकर क्रियान्वयन के निर्देश भी दिए।
बैठक में सचिव तकनीकी शिक्षा रघुराज राजेन्द्रन, राजीव गांधी प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय भोपाल के कुलगुरु डॉ. राजीव त्रिपाठी, वित्त विभाग द्वारा नामित संयुक्त संचालक सुनीलम निनामा एवं एसजीएसआईटीएस इंदौर के निदेशक प्रो. नीतेश पुरोहित सहित संस्थान की शासी निकाय के विभिन्न सदस्यगण उपस्थित थे।
शादी प्रेम और अपनत्व का बंधन है, इसे समर्पण के साथ निभाएं : खाद्य मंत्री राजपूत
13 May, 2025 11:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : शादी प्रेम और अपनत्व का बंधन है। इसे समर्पण के साथ निभाएं ताकि जीवन में कभी कोई परेशानी न आये। एक-दूसरे का साथ हर परेशानी में दें जिससे आपका जीवन सुख और समृद्धि से भरा रहे। मुख्यमंत्री कन्यादान योजना से बेटियों के पिता की चिंता खत्म हुई है। यह बात खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने सुरखी विधानसभा क्षेत्र के राहतगढ़ में 750 से अधिक मुख्यमंत्री कन्यादान विवाह/निकाह कार्यक्रम के दौरान कही।
मंत्री राजपूत ने कहा कि मुख्यमंत्री विवाह योजना के माध्यम से बेटियों की शादी में अब सीधे 49000 की राशि उनके खातों में हस्तांतरित की जाने लगी है। मंत्री राजपूत ने कहा कि सभी नव दंपति आज दी जाने वाली राशि से अपनी गृहस्ती का सामान खरीदना या घूमने जाना किंतु अपना जीवन पूरे प्रेम के साथ जीना। मंत्री राजपूत ने कहा कि आज हमारा देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं सेना के कारण प्रभावशाली बन गया है। पाकिस्तान ने भारत पर आंख उठाने की गुस्ताखी की जिस पर हमारे देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं सेना ने करारा जवाब देकर उनको अच्छा सबक सिखाया है।
जिला पंचायत अध्यक्ष हीरा सिंह राजपूत ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के द्वारा मुख्यमंत्री कन्यादान विवाह योजना के माध्यम से हमारी गरीब मध्यम वर्ग की बेटियों की शादी की जा रही है जिसमें मंत्री,नेता अधिकारी एवं हजारों की संख्या में बाराती उपस्थित है। राजपूत ने उनके उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि आज बड़ा शुभ दिन है जब एक ही पंडाल में हिंदुओं की बेटियों की शादियां हो रही है वहीं मुस्लिम बेटियों का निकाह भी हो रहा है।
पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष एवं मंत्री गोविंद राजपूत की पत्नी सविता राजपूत ने कहा कि सभी दूल्हे राजा हमारी बेटियों को कोई कष्ट ना देना उनका कष्ट हमारा कष्ट है आप उनका पूरा ध्यान रखना और प्रेम से अपना जीवन जीना। सविता सिंह राजपूत ने अवसर पर बुंदेली गीत बन्नो तेरी अखियां सुरमेदानी की प्रस्तुति दी तो बेटियों के परिजनों की आंखें नम हो गई। कार्यक्रम में बुंदेली गायिका कविता शर्मा की बुंदेली मांगलिक गीतों से पूरा समारोह विवाह की मस्ती में सराबोर हो गया।
पुष्प वर्षा कर नव दांपत्य जोड़े को दी शुभकामनाएं
राहतगढ़ में आयोजित मुख्यमंत्री कन्यादान विवाह समारोह में खाद्य मंत्री गोविंद सिंह राजपूत तथा उनकी पत्नी पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष सविता सिंह राजपूत सहित मंच पर आसीन सभी अतिथियों ने सभी जोड़ों पर पुष्प वर्षा कर नव दांपत्य जीवन की शुभकामनाएं दी। सविता सिंह राजपूत ने सभी बेटियों को अपनी तरफ से उपहार स्वरूप साड़ियां भेंट की तथा चैक वितरित किये गये। आयोजन में बुंदेली व्यंजन परोसे जा रहे थे, वहीं गर्मी से बचने के लिए ठंडी छाछ एवं पना कुल्फी का आनंद भी लिया जा रहा था।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव 14 मई को बेंगलुरु में इन्वेस्ट इन मध्यप्रदेश रोड शो में निवेशकों से होंगे रूबरू
13 May, 2025 10:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मध्यप्रदेश में औद्योगिक निवेश को नई ऊंचाई देने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 14 मई को बेंगलुरु में सीइन्वेस्ट इन एमपीसी सत्र में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव बीईएमएल (भारत अर्थ मूवर्स लिमिटेड) परिसर का भ्रमण करेंगे, साथ ही 2100वें मेट्रो कोच के लोकार्पण समारोह में सम्मिलित होंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव, ‘इन्वेस्टमेंट अपॉर्च्युनिटीज़ इन मध्यप्रदेश’ विषय पर आयोजित इन्टरैक्टिव सेशन को संबोधित कर राज्य की औद्योगिक क्षमताओं और नीतिगत प्रतिबद्धताओं को देश के अग्रणी निवेशकों के समक्ष प्रस्तुत करेंगे।
बीईएमएल परिसर में रहेगा कार्यक्रमों का सिलसिला
मुख्यमंत्री डॉ. यादव बेंगलुरु पहुंचने के बाद बीईएमएल परिसर जाएंगे, जहां उनका स्वागत बीईएमएल के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक और बोर्ड के सदस्यों द्वारा किया जाएगा। बीईएमएल शॉप विज़िट के बाद मुख्यमंत्री डॉ. यादव मेट्रो कोच लोकार्पण और टेस्ट राइड में सम्मिलित होंगे। इसके उपरांत वे इंटीग्रेटेड डिज़ाइन सेंटर का भ्रमण करेंगे और बीईएमएल के भोपाल संयंत्र पर प्रस्तुति देखेंगे। बीईएमएल द्वारा मध्यप्रदेश में स्थापित की जा रही इकाई के लिए ज़मीन आवंटन पत्र सौंपे जाने की औपचारिकता भी इस अवसर पर होगी।
बेंगलुरु में ‘इन्वेस्ट इन एमपी’ सत्र में होगा राज्य की औद्योगिक ताकत का प्रदर्शन
'द लीला पैलेस' में आयोजित इन्टरैक्टिव सत्र में मुख्यमंत्री डॉ. यादव प्रमुख उद्योग समूहों, निवेशकों और टेक्नोलॉजी कंपनियों से संवाद करेंगे। इस सत्र में मध्यप्रदेश की औद्योगिक नीतियों, अधोसंरचना और क्षेत्रवार निवेश अवसरों पर विभिन्न विभागों द्वारा प्रस्तुतियाँ दी जाएंगी।
प्रमुख सचिव, औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन राघवेंद्र सिंह, अतिरिक्त मुख्य सचिव विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग संजय दुबे तथा प्रमुख सचिव संस्कृति एवं पर्यटन शिव शेखर शुक्ला शामिल मध्यप्रदेश में निवेश के अवसरों पर निवेशकों जानकारी देंगे ।
निवेशकों के साथ होंगे वन-टू-वन मीटिंग
मुख्यमंत्री डॉ. यादव निवेशकों के साथ वन-टू-वन बैठकों के माध्यम से सीधे संवाद करेंगे। इन संवादों में आईटी, इलेक्ट्रॉनिक्स, मैन्युफैक्चरिंग, डिफेंस, ऑटोमोबाइल, टूरिज्म और टेक्नोलॉजी सेक्टर के प्रमुख निवेशक शामिल होंगे।
मध्यप्रदेश बन रहा है ‘मेक इन इंडिया’ का भरोसेमंद प्लेटफॉर्म
मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में प्रदेश लगातार एक मजबूत औद्योगिक आधार तैयार कर रहा है। देश के बड़े औद्योगिक समूहों के साथ संवाद की यह श्रृंखला राज्य को निवेश के नए क्षितिज की ओर ले जा रही है, जहां नीति, संसाधन और नेतृत्व तीनों ही स्तर पर उद्योगों को सुरक्षित और गतिशील मंच प्राप्त हो रहा है।
भारत अर्थ मूवर्स लिमिटेड (BEML) भारत सरकार के रक्षा मंत्रालय के अंतर्गत कार्यरत एक प्रमुख सार्वजनिक क्षेत्र उपक्रम है, जो मेट्रो रेल कोच, रक्षा उपकरण, खनन एवं निर्माण मशीनरी के निर्माण में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। बेंगलुरु स्थित इसका विनिर्माण परिसर आधुनिक इंजीनियरिंग और स्वदेशी तकनीक का प्रतिनिधित्व करता है, और यह आत्मनिर्भर भारत के विजन में महत्त्वपूर्ण भागीदार है।
ईज ऑफ डूइंग बिजनेस के लिये देंगे सुविधाएँ
“ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’’ के सुदृढ़ वातावरण के लिये प्रदेश के विभिन्न विभागों द्वारा जारी 18 नई सेक्टोरल नीतियों और पारम्परिक एवं उभरते क्षेत्रों में उपलब्ध वृहद संभावनाओं की जानकारी उद्योग जगत को दी जायेगी। यह सम्पूर्ण पहल मध्यप्रदेश इण्डस्ट्रियल डेव्हलपमेंट कॉर्पोरेशन लिमिटेड के निवेश प्रोत्साहन के लिये विभिन्न अभियान का हिस्सा है। इसका उद्देश्य राज्य को सतत विकास, नवाचार और समावेशी निवेश के केन्द्र के रूप में स्थापित करना है।
प्रधानमंत्री मोदी को मंत्रि-परिषद ने ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के लिए दी बधाई
13 May, 2025 10:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पाकिस्तान के विरुद्ध संचालित ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के लिए मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मंत्रि-परिषद की ओर से बधाई दी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रधानमंत्री मोदी, रक्षा मंत्री, केंद्रीय गृहमंत्री, भारतीय सेना और अर्ध सैनिक बलों के सभी जवानों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि तकनीक का उपयोग करते हुए, कम समय में तीव्र गति से की गई कार्रवाई से विश्व, भारत के बदलते दौर के नेतृत्व की क्षमता से परिचित हुआ है, यह सभी भारतवासियों के लिए सौभाग्य का विषय है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मंत्रि-परिषद की बैठक से पहले अपने संबोधन में मंत्रीगण को प्रदेश में गेहूं उपार्जन की स्थिति, महाराष्ट्र के साथ नदी जोड़ो अभियान के लिए हुए एमओयू, महाराष्ट्र और मध्यप्रदेश द्वारा परस्पर समन्वय से आगामी दिनों में की जाने वाली सांस्कृतिक-धार्मिक व इतिहास केंद्रित गतिविधियों, प्रदेश में निवेश संवर्धन और औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार के लिए बेंगलुरु और इंदौर में होने वाले आयोजनों तथा 20 मई को इंदौर में होने वाली मंत्रि-परिषद की बैठक तथा विजन डॉक्यूमेंट@2047 पर चर्चा के संबंध में अवगत कराया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि गेहूं उपार्जन में 5 मई तक प्रदेश के 3475 केंद्रों पर उपार्जन हुआ, इसमें 9 लाख किसानों की फसल का उपार्जन हुआ। प्रदेश में 77.74 लाख मैट्रिक टन गेहूं का उपार्जन किया गया, जिसमें से 74.42 लाख मीट्रिक टन भंडारण में आ गया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि किसानों को अब तक 18 हजार 471 करोड़ रुपए का भुगतान भी किया जा चुका है। अब मात्र 400 करोड़ रुपए का भुगतान शेष है, जो शीघ्र कर दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस के साथ 10 मई को तापी बेसिन मेगा रिचार्ज योजना के संबंध में हुए एम.ओ.यू. की मंत्रि-परिषद को बधाई दी। उन्होंने जानकारी देते हुए कहा कि यह नदी जोड़ो अभियान का राज्य सरकार का तीसरा एम.ओ.यू. है। इस परियोजना से बुरहानपुर व खण्डवा जिले में भूजल में सुधार होगा। मध्यप्रदेश को 1 लाख 23 हजार हैक्टेयर और महाराष्ट्र को 2 लाख 37 हजार हैक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। इस परियोजना को राष्ट्रीय स्तर पर अंतर्राज्यीय योजना के रूप में भारत सरकार से स्वीकृत कराने के लिए त्रिपक्षीय समझौते पर सहमति बनी है। इसकी विशेषता यह होगी कि प्रदेश को परियोजना की मात्र 5 प्रतिशत राशि देनी होगी, शेष लागत केन्द्र सरकार द्वारा वहन की जाएगी।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र का साझा ऐतिहासिक और सांस्कृतिक संदर्भ रहा है। दोनों राज्यों द्वारा बाजीराव पेशवा, तात्या टोपे, रानी लक्ष्मीबाई, अप्पाजी भोंसले इत्यादि के गौरवशाली अतीत की घटनाओं के इतिहास लेखन, दस्तावेज संकलन, डिजिटाइलिजेशन, मोढ़ी लिपि के संरक्षण, लोकमाता देवी अहिल्या बाई होल्कर के धार्मिक-प्रशासनिक अवदानों के संरक्षण के लिए कार्य करने पर सहमति हुई है। मध्यप्रदेश में उज्जैन और ओंकारश्वर के ज्योतिर्लिंग तथा महाराष्ट्र के 3 ज्योतिर्लिंग का सर्किट विकसित करने पर भी सहमति हुई। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि शेगांव के गजानन ट्रस्ट द्वारा इच्छुक व्यक्तियों को सेवा का प्रशिक्षण देकर स्वयं सेवकों को सेवा और प्रबंधन के कार्य में लगाया जाता है। उनकी इस प्रणाली का लाभ महाकाल मंदिर प्रबंधन के लिए लेने पर भी विचार-विमर्श हुआ।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि शुक्रवार 16 मई को इंदौर में रीजनल ग्रोथ कॉन्क्लेव मैन मेड टेक्निकल टेक्सटाइल एक्सपो का आयोजन होने जा रहा है। इसी प्रकार 14 मई को बैंगलोर में निवेश संवर्धन के संबंध में संवाद होगा।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव का पचमढ़ीवासियों ने माना आभार
13 May, 2025 10:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से विधायक पिपरिया ठाकुरदास नागवंशी के नेतृत्व में पचमढ़ीवासियों ने मंत्रालय में भेंट की। उन्होंने पचमढ़ी नगर की नजूल भूमि को अभयारण्य की सीमा से पृथक करने के निर्णय के लिए मुख्यमंत्री डॉ. यादव का आभार माना। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. यादव पुष्प-गुच्छ और पुष्पहार से अभिवादन किया। इस अवसर पर पूर्व साडा अध्यक्ष कमल धूत और नवनीत नागपाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि साथ थे। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव की अध्यक्षता में 6 मई को हुई मंत्रि-परिषद की बैठक में इस आशय का निर्णय लिया गया था।
विमुक्त, घुमन्तु और अर्द्ध घुमन्तु समुदाय की प्रतिभाओं को करें प्रोत्साहित : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
13 May, 2025 09:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि विमुक्त, घुमन्तु और अर्द्ध घुमन्तु समुदायों की प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करें। समुदाय के अनेक विद्यार्थियों ने लोक सेवा आयोग जैसी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त की है। प्रदेश के विभिन्न जिलों में इनका निवास है। इनकी पुरानी पृष्ठभूमि अथवा पूर्व धारणा के आधार पर इन जातियों के सभी लोगों को अपराधी ना माना जाए। पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई में भी जातिगत संबोधन से संबोधित ना किया जाए। अपराधियों की जानकारी में जातियों का उल्लेख नहीं किया जाएं। इस तरह की असम्मानजनक शब्दावली से बचा जाना चाहिए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मंगलवार को समत्व भवन (मुख्यमंत्री निवास) में विभाग की बैठक में इस संबंध में निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि जिला स्तर पर पुलिस प्रशासन द्वारा इन जातियों के ऐसे लोगों को अपराधों से विमुख करने के लिए प्रयास किया जाए जो विभिन्न कारणों से अपराधों से जुड़ जाते हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने राजगढ़ जिले में पुलिस प्रशासन द्वारा सांसी जाति के कल्याण के लिए किए गए कार्यों की सराहना की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पिछड़ा वर्ग के कल्याण के कार्यों को प्रभावी रूप से संपादित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विभिन्न छात्रवृतियों की राशि शैक्षणिक सत्र के दौरान ही वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण, विमुक्त, घुमन्तु और अर्द्ध घुमन्तु कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्रीमती कृष्णा गौर ने कहा कि आगामी शिक्षण सत्र में विभिन्न जिलों में पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों के छात्रवृत्ति वितरण के कार्य तय समय में किया जाएगा। इस बारे में विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया गया है। उन्होंने अन्य पिछड़ा वर्ग छात्रावासों में मेस सुविधा संचालन की स्वीकृति दिए जाने पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पहली बार अन्य पिछड़ा वर्ग के छात्रावासों में मेस संचालन शुरू होगा। राज्यमंत्री श्रीमती गौर ने कहा कि दिल्ली छात्र गृह योजना में वर्तमान में स्वीकृत 50 सीट की वृद्धि कर 150 सीट किया जाना प्रस्तावित किया गया है। उन्होंने कहा कि विभिन्न कन्या छात्रावास में बाउंड्री वॉल का निर्माण पूर्ण होने तक कांटेदार फेंसिंग की जाए।
वक्फ सम्पत्तियों के डिजिटलाइजेशन में मध्यप्रदेश बन रहा है मॉडल
राज्य मंत्री श्रीमती गौर ने बताया कि प्रदेश की वक्फ समितियों का डिजिटलाइजेशन राजस्व विभाग के सहयोग से किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश वक्फ समितियों के डिजिटलाइजेशन सहित अन्य कार्यों में मध्यप्रदेश मॉडल के रूप में कार्य कर रहा है। बैठक में प्रमुख सचिव ई. रमेश कुमार ने अन्य पिछड़ा वर्ग कल्याण के विद्यार्थियों के लिए छात्रावासों के निर्माण, छात्रवृत्ति राशि के वितरण और अन्य योजनाओं की जानकारी दी। संचालक विमुक्त, घुमन्तु और अर्द्ध घुमन्तु कल्याण नीरज वशिष्ठ ने जानकारी दी कि प्रदेश में विमुक्त, घुमन्तु और अर्द्ध घुमन्तु समुदाय की 51 जातियां हैं। इन जातियों में 14 जातियां अनुसूचित जाति वर्ग, 10 जातियां अन्य पिछड़ा वर्ग और 27 जातियां सामान्य वर्ग की श्रेणी में आती हैं। उन्होंने कहा कि इन सभी जातियों को विमुक्त, घुमन्तु और अर्द्ध घुमन्तु समुदाय की जाति का प्रमाण पत्र दिया जाता है और विमुक्त, घुमन्तु और अर्द्ध घुमन्तु समुदाय के लिए संचालित योजनाओं से लाभान्वित भी किया जा रहा है।
बैठक में अन्य पिछड़ा वर्ग के संचालित विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं और सामुदायिक विकास कार्यक्रमों पर भी चर्चा की गई। बैठक में मुख्य सचिव अनुराग जैन, अपर मुख्य सचिव (मुख्यमंत्री कार्यालय) डॉ. राजेश राजौरा, आयुक्त अन्य पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण सौरभ सुमन तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
“पूरा बंगाल तैयार है बदलाव के लिए”, अमित शाह का बड़ा चुनावी दावा
तेज प्रताप का बड़ा दावा, RJD में टूट के संकेत, सियासी पारा चढ़ा
DRDO ने बनाया AI से लैस ‘प्रज्ञा’, गृह मंत्रालय को सौंपा सिस्टम
200 का लक्ष्य और गलत शॉट: "पिच 175 वाली थी, पर हमारी खराब रणनीति ने डुबोई लुटिया"— हेडन।
चेन्नई मैच की इनसाइड स्टोरी: 5वें ओवर में दी गई नो-बॉल और वाइड ने खोले फिक्सिंग के गहरे राज।
फर्जी खातों से खेला गया 2500 करोड़ का खेल, गुजरात में बड़ा खुलासा
दिल दहला देने वाला वारदात: बच्चे की हत्या कर ड्रम में छिपाया शव
ड्रेस कोड पर बवाल: भोपाल में लेंसकार्ट के खिलाफ अनोखा विरोध
टीकमगढ़ बस दुर्घटना: मौके पर मची अफरा-तफरी, 15 घायल
पेट्रोल-डीजल की स्थिति सामान्य: छत्तीसगढ़ के पेट्रोल पंपों पर नहीं है कोई किल्लत, सुचारु है आपूर्ति।
