मध्य प्रदेश
इंदौर में सिटी बस किराया फिर बढ़ा, 10 महीनों में दूसरी बार ₹1 की वृद्धि
23 May, 2025 08:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
इंदौर: इंदौर में सिटी बस में सफर करना एक बार फिर महंगा हो गया है। एआइसीटीएसएल (AICTSL) ने बीते 10 महीनों में दूसरी बार किराया बढ़ाया है। इस बार हर श्रेणी में ₹1 की वृद्धि की गई है। अब शहर में 28 किलोमीटर तक सफर करने पर यात्रियों को ₹40 की जगह ₹42 चुकाने होंगे।
किराया बढ़ाने का आदेश जारी
एआइसीटीएसएल ने सभी बस ऑपरेटरों को नई दरें लागू करने का निर्देश दे दिया है। जानकारी के मुताबिक, पूर्व की बोर्ड बैठक में यह निर्णय लिया गया था कि हर वित्तीय वर्ष में किराए में 5 प्रतिशत की बढ़ोतरी की जाएगी।
60 करोड़ का घाटा झेल रहा एआइसीटीएसएल
संस्था इस समय करीब ₹60 करोड़ के घाटे में चल रही है। कई बार कर्मचारियों के वेतन में देरी हो जाती है और कुछ रूट्स पर नियमित बस संचालन भी बाधित रहता है, जिससे संचालन लागत बढ़ती जा रही है।
नया किराया विवरण (पुराना बनाम नया):
दूरी (किमी) पुराना किराया नया किराया
0 – 1.5 ₹5 ₹5
1.5 – 3 ₹10 ₹11
3.1 – 4.5 ₹15 ₹16
4.5 – 7.5 ₹20 ₹21
7.5 – 12 ₹25 ₹26
12.1 – 18 ₹30 ₹32
18.1 – 28 ₹35 ₹37
28.1 और उससे अधिक ₹40 ₹42
नशे की रोकथाम के लिए उज्जैन सहित प्रदेश के 18 धार्मिक नगरों में शराब पर प्रतिबंध: मुख्यमंत्री डॉ. यादव
23 May, 2025 03:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
उज्जैन: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव उज्जैन प्रवास के दौरान मक्सी रोड स्थित बाबा जय गुरुदेव आश्रम में संत श्री उमाकांत जी महाराज के सत्संग में सम्मिलित हुए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने संत श्री उमाकांत जी महाराज से भेट कर आशीर्वाद लिया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि 'जय गुरुदेव,नाम परमात्मा' का अमृत वाक्य है। ऋषि, मुनियों और संतो के आशीर्वाद से हमारा जीवन धन्य हो जाता है। साधु संतों को देखकर भगवान से मिलने का अनुभव प्राप्त होता है।ज्ञान प्राप्ति के लिए गुरु की आवश्यकता होती है।गुरु के मिलने से ज्ञान प्राप्त होता है और गुरु हमारे अंदर के अवगुण नष्ट कर सद्गुणों का रोपण कर अज्ञानता दूर करते है। देशभक्त नागरिक बनाना और चरित्रवान व्यक्तित्व का निर्माण करना गुरु का कर्तव्य है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि नशे से नास होता है और परिवार तबाह हो जाता है। परिवारों को इससे बचाने के लिए सरकार ने उज्जैन नगर निगम सीमा में और प्रदेश के अन्य 18 धार्मिक नगरों में शराब बंदी की गई है। सरकार द्वारा दूध उत्पादन को बढ़ावा दिया जा रहा है और सरकारी गौशाला भी बनाई जा रही है। दूध उत्पादन पर अनुदान दिया जा रहा है। सरकार द्वारा 25 गाय पालने वाला गौपालकों को 25 प्रतिशत अनुदान मिलेगा। अब गाय माता का दूध भी खरीदा जा रहा है। राज्य में देश का 9 प्रतिशत दूध उत्पादन होता है। सरकार इसे बढ़ाकर 20 प्रतिशत तक ले जाने के लिए प्रतिबद्ध है इससे किसानों और पशुपालकों की आय बढ़ेगी।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सिंहस्थ 2028 को भव्य, आलौकिक और दिव्य बनाने के लिए स्थाई सिंहस्थ क्षेत्र बनाया जा रहा हैं जिससे श्रद्धालुओं के बीच सत्संग के आयोजन 12 साल सतत् चलता रहे। गौहत्या पर उम्र कैद की सजा और खुले में मांस बेचना भी सरकार ने प्रतिबंधित किया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव आश्रम में श्रद्धालुओं से भी मिले।
इस अवसर पर विधायक श्री अनिल जैन कालूहेड़ा, महापौर श्री मुकेश टटवाल, जनप्रतिनिधि श्री संजय अग्रवाल, बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव और श्रद्धालुओं द्वारा भक्ति भाव से गुरुदेव जी का सत्संग का श्रवण किया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव श्री अनंत नारायण मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह में शामिल हुए
23 May, 2025 03:01 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
उज्जैन: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन उज्जैन प्रवास के दौरान यादव गोला मंडी स्थित श्री अनंत नारायण मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह में शामिल हुए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने श्री अनंत नारायण भगवान का पूजन अर्चन किया और भगवान से देश प्रदेश की सुख समृद्धि की प्रार्थना की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव का श्री अनंत नारायण मंदिर ट्रस्ट की ओर से स्वागत किया गया। इसके पश्चात् मुख्यमंत्री डॉ. यादव पोरवाल समाज द्वारा आयोजित भजन संध्या में शामिल हुए। भजन गायिका श्रीमती प्रियंका गुप्ता ने भजनों की सुमधुर प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।
इस अवसर पर विधायक श्री अनिल जैन कालूहेड़ा, जनप्रतिनिधि श्री संजय अग्रवाल, श्री अनंत नारायण ट्रस्ट से श्री महेश चौधरी, श्री द्वारकाधीश चौधरी उपस्थित रहे।
इन्वेस्ट मध्यप्रदेश के तहत नरसिंहपुर में कृषि उद्योग समागम, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ होंगे मुख्य अतिथि
23 May, 2025 01:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल: वर्ष 2025 को प्रदेश में उद्योग एवं रोजगार के वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है। इन्वेस्ट मध्यप्रदेश के अंतर्गत असीम संभावनाओं को देखते हुए 26 मई को नरसिंहपुर में कृषि उद्योग सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। सम्मेलन का उद्घाटन उपराष्ट्रपति श्री जगदीप धनखड़ करेंगे। कार्यक्रम में राज्यपाल श्री मंगूभाई पटेल, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सहित मंत्रीगण, सांसद, विधायक, जनप्रतिनिधि, अधिकारी, उद्योगपति, किसान, आमजन आदि उपस्थित रहेंगे।
कार्यक्रम का उद्देश्य
मध्यप्रदेश में कृषि आधारित उद्योगों को बढ़ावा देने, खाद्य प्रसंस्करण में निवेश आकर्षित करने तथा किसानों को बेहतर बाजार से जोड़ने के लिए "कृषि उद्योग सम्मेलन 2025" का आयोजन किया जा रहा है। यह सम्मेलन उद्योगपतियों, कृषक उत्पादक संगठनों तथा नीति निर्माताओं के बीच संवाद, नीति प्रस्तुतिकरण तथा सहयोग के अवसर प्रदान करेगा। कार्यक्रम में औद्योगिक इकाइयों का शिलान्यास एवं लोकार्पण तथा उद्योगपतियों को भूमि आवंटन पत्र एवं आशय पत्र का वितरण भी शामिल होगा।
राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने तथा खेती को लाभप्रद बनाने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है। मध्य प्रदेश के किसान समृद्ध होंगे तो प्रदेश और देश भी समृद्ध होगा। राज्य सरकार युवाओं, महिलाओं और किसानों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। कृषि उद्योग सम्मेलन में आधुनिक कृषि तकनीकों और उपकरणों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। सम्मेलन में कृषि के साथ-साथ खाद्य प्रसंस्करण, बागवानी और पशुपालन से जुड़ी जानकारी भी उपलब्ध रहेगी।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव देवी अहिल्याबाई होल्कर महानाटक के मंचन में शामिल हुईं
23 May, 2025 01:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि यह हम सब का सौभाग्य है कि मध्यप्रदेश की ऐसी महान शासिका देवी अहिल्याबाई के जीवन के विभिन्न प्रसंगों को नाट्य मंचन के माध्यम से परिचित होने का अवसर मिल रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव गुरूवार को कालिदास संस्कृत अकादमी के पण्डित सुर्यनारायण व्यास संकुल सभा गृह में देवी अहिल्या बाई की 300वीं जयंती वर्ष के अवसर पर अहिल्या बाई होलकर महानाटय – जीवन, अवदान और वैभव का गान के मंचन कार्यक्रम में शामिल हुए।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने डॉ. साधना बलवटे की लिखी पुस्तक ‘’अहिल्या रूपेण संस्थिता’’ का विमोचन किया गया। इस अवसर पर प्रभारी मंत्री श्री गौतम टेटवाल, विधायक श्री अनिल जैन कालुहेड़ा, महापौर श्री मुकेश टटवाल, नगर निगम सभापति श्रीमती कलावती यादव, श्री संजय अग्रवाल, संस्कार भारती के सह कोषाअध्यक्ष श्री श्रीपाद जोशी, श्री विशाल राजोरिया, श्री जगदीश अग्रवाल, देवी अहिल्या बाई जयंती समारोह के जिला संयोजक श्री उमेश सेंगर, श्री जगदीश पांचाल एवं अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद थे।
अतिथियों द्वारा मां सरस्वती और देवी अहिल्या बाई के चित्र के समक्ष दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। संस्कृति संचलनालय के संचालक श्री एन.पी. नामदेव और कालिदास संस्कृत अकादमी के निदेशक ड़ॉ. गोविंद गंधे ने अतिथियों का स्वागत किया।
केन्द्र और राज्य सरकार देवी अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती वर्ष के दौरान विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करा रही हैं। देवी अहिल्याबाई ऐसी बेटी थीं, जो विवाह के बाद सास-ससुर की भी बेटी ही बन कर रहीं। बचपन में देवी अहिल्याबाई ने बाजीराव जी की सवारी निकलने पर अपने स्थान से हटने से मना कर दिया था, क्योंकि वे उस समय भगवान शिव की पूजा कर रही थीं, यह प्रसंग उनके साहस को दर्शाता है। देवी अहिल्या बाई सदगुणों की खान थीं। उन्हें शास्त्रों के साथ शस्त्रों की भी शिक्षा प्रदान की गई थी। पति द्वारा युद्ध में जीती गई धन राशि को उन्होनें शासकीय खजाने में जमा करने के लिए कहा था, जो कि उनकी उदारता को दर्शाता है।
देवी अहिल्याबाई ने प्राचीन सोमनाथ मंदिर और काशी विश्वनाथ मंदिर का जीर्णोद्धार कराया था। उन्होंने सनातन धर्म की ध्वजा को धारण करके एक आदर्श जीवन जिया है, जो सबके लिए अनुकरणीय है। उन्होंने कष्ट सहकर भी सुशासन की मिसाल पेश की। देवी अहिल्याबाई ने आमजन के लिये रोजगार के अवसर और उनकी बेहतरी के लिए महेश्वर में दक्षिण भारत के कारीगर बुलाकर हाथ से बुनी हुई साड़ी बुनने की कला से स्थानीय लोगों को परिचित करवाया। आज महेश्वर की साडि़यां विश्व भर में प्रसिद्ध हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश शासन ने महेश्वर और इन्दौर के राजवाड़ा में कैबिनेट बैठक का आयोजन देवी अहिल्याबाई होलकर की 300वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में ही किया है। उन्होंने कहा कि आगामी 31 मई को शासन द्वारा भोपाल में नारी सशक्तिकरण पर आधारित कार्यक्रम का भव्य स्तर पर आयोजन किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अपनी ओर सभी कलाकारों को शुभकामनाएं दीं और उनका सम्मान किया। मुख्यमंत्री निधि से कलाकारों को 5 लाख रूपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान करने की भी घोषणा की गई।
कार्यक्रम में जानकारी दी गई कि मध्यप्रदेश शासन द्वारा देवी अहिल्याबाई होलकर की 300वीं जयंती वर्ष के अवसर पर प्रदेश के पांच प्रमुख शहरों में देवी अहिल्या बाई पर केंद्रित नाटयों का मंचन किया जा रहा है। कालिदास संस्कृत अकादमी में महानाट्य की प्रस्तुति नागपुर के कलाकारों द्वारा सुश्री प्रियंका ठाकुर के निर्देशन में दी गई।
ग्वालियर में बिजली की बदहाली से लोगों का हाल बेहाल, भीषण गर्मी में अघोषित बिजली कटौती से रहवासी परेशान.
23 May, 2025 11:55 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
ग्वालियर: मध्य प्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर भले ही बिजली बचाने के नाम पर बिना प्रेस किए कपड़े पहनते हों, लेकिन उनके जिले में कई लोगों को बिना बिजली रातें काटनी पड़ रही हैं. कभी मेंटेनेस तो कभी कटौती के नाम पर घंटों बिजली गुल रहती है. हालात यह हैं कि शिकायतों के बावजूद इस भीषण गर्मी में कोई सुनवाई नहीं होती है. ये हालत ग्वालियर के नगरीय क्षेत्र के कई इलाकों में बनी हुई है.
शहर के ज्यादातर इलाके बेहाल
असल में वर्षों पहले कांग्रेस की दिग्विजय सरकार के समय जो हालत बिजली को लेकर थे. इन दिनों लोगों को उसी दौर का अहसास हो रहा है. क्योंकि 48 घंटे में शहर में 60 से ज्यादा फाल्ट की शिकायतें आई और भीषण गर्मी में लोग मेंटिनेंस के नाम पर बिना बिजली घरों में बेचैन रहे. हालात लगातार ऐसे ही बने हुए हैं, क्योंकि बिजली कंपनी 24 घंटे बिजली आपूर्ति करने में असफल दिख रही है. शहर के आदित्यपुरम, शब्द प्रताप आश्रम, हुरावली, श्री विहार फीडर समेत कई फीडरों पर ओवरलोड की वजह से ट्रांसफार्मर फाल्ट हो रहे हैं. जिसकी वजह से स्थानीय बिजली उपभोगता और जनता को परेशानी से जूझना पड़ रहा है.
सारी रात लगा रहता है बिजली का आना-जाना
बीते रोज आई आंधी बारिश की वजह से शहर के ज्यादातर इलाकों में बिजली हर 10 मिनट में आती जाती रही. महाराजपुरा फीडर अंतर्गत आने वाले आदित्यपुरम, शुभांजलिपुरम के साथ तमाम ऐसे क्षेत्र हैं. जहां, बार बार ट्रिपिंग की समस्या की वजह से लोगों के घर बिजली का आना जाना लगा रहा. हालांकि, इस समस्या से अफसरों को फर्क नहीं पड़ा है. शायद इसलिए वे हमेशा की तरह रटे रटाए जवाब देकर पल्ला झाड़ लेते हैं.
अधिकारियों का वही रटा रटाया जवाब
बिजली कंपनी के महाप्रबंधक नितिन मांगलिक का कहना है, "मध्य प्रदेश शासन के निर्देश पर अब कहीं भी कटौती नहीं है. बिजली बाधित होने की समस्या के पीछे कभी खराब मौसम तो कभी ज्यादा लोड वजह होती है. हालांकि, इन परिस्थितियों से निपटने के लिए ट्रांसफार्मर्स पर लोड परिवर्तित किया जा रहा है." उनका यह भी कहना है कि गर्मी के मौसम में एसी-कूलर की वजह से घरों में बिजली का लोड बढ़ जाता है और इसके लिए बिजली कंपनी द्वारा भी न तो सप्लाई लोड बढ़ाया गया है.
शिकायतों की अनदेखी पर खानापूर्ति वाला जवाब
लगातार होने वाली शिकायतों की अनदेखी पर भी अधिकारियों का कहना है, "ऐसा नहीं है जब भी शिकायतें प्राप्त होती हैं. शिकायतों की तासीर के मुताबिक, निर्णय लिया जाता है. जैसे कहीं अगर केबल जल जाती है तो उसे ठीक करने में ज्यादा समय लगता है और अगर कहीं कोई साधारण समस्या होती है तो उसे एक घंटे में ठीक कर दिया जाता है. बिजली कंपनी लगातार उपभोक्ताओं को बिना परेशानी बिजली उपलब्ध कराने का लगातार प्रयास कर रही है.
ग्वालियर के जया आरोग्य अस्पताल में लगातार हो रही आग की घटनाएं, बिजली विभाग से परिसरों में बिजली लोड की टेस्टिंग की लगाई गुहार
23 May, 2025 10:58 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
ग्वालियर: एक ओर जहां गर्मी के मौसम में घरों में बिजली का लोड बढ़ जाता है, जिसकी वजह से अक्सर ट्रिपिंग की समस्या उत्पन्न हो रही है, वहीं दूसरी ओर मध्य प्रदेश के ग्वालियर में अंचल के सबसे बड़े अस्पताल जया आरोग्य अस्पताल में एक के बाद एक तीन हादसे हो चुके हैं. जिनमें शॉर्ट सर्किट और एसी कंप्रेसर फटने से आईसीयू और एसएनसीयू तक में आग लगने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं. जिसके बाद जेएच समूह प्रबंधन ने बिजली विभाग से उनके लोड की जांच कराने के लिए पत्राचार किया है.
हादसे में पहले मरीज की जा चुकी है जान
जया आरोग्य अस्पताल समूह में बढ़ती आग की घटनाओं ने प्रबंधन को चिंतित कर दिया है, बीते 15 मार्च 2025 की रात जयारोग्य अस्पताल के लेबर वार्ड के आईसीयू में अचानक आग लग गई थी. आईसीयू में 16 महिलाएं मौजूद थीं, वहीं आसपास के वार्डों में 100 से ज्यादा मरीज थे. उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला गया. ये हादसा आईसीयू के एसी के कंप्रेशर फटने की वजह से हुआ था. वहीं, बीते वर्ष 3 दिसंबर 2024 को भी ट्रामा सेंटर में एसी का कंप्रेसर पाइप फट गया था. जिसमें एक मरीज की मौत हो गई थी. पहले भी कई बार शॉर्ट सर्किट से छुटपुट घटनाएं सामने आती रही हैं. ऐसे में बढ़ी गर्मी को देखते हुए जेएच प्रबंधन ने बिजली विभाग से लोड टेस्टिंग की दरख्वास्त की है.
'बरसों पुरानी वायरिंग की वजह से होते हैं हादसे'
गजराराजा मेडिकल कॉलेज के डीन आरकेएस धाकड़ ने कहा, "जयारोग्य अस्पताल समूह के सभी भवन काफी पुराने हैं और उनमे वायरिंग भी बरसों पुरानी है. सभी विभाग और वार्डों में कई मशीनें हैं, एयर कंडीशनर लगे हुए हैं और जब गर्मी में ये मशीनें चलती हैं तो बिजली का लोड बढ़ता है. जिसकी वजह से कई बार शॉर्ट सर्किट से आग लगने की घटनाएं हुई हैं. हालांकि ट्रेंड स्टाफ की वजह से समय रहते इस तरह के हादसों को किसी बड़े नुकसान से पहले ही रोक लिया जाता है."
बिजली कंपनी को भेजा गया है पत्र
समूह में बन रहे नए भवनों में भी इलेक्ट्रिसिटी को लेकर प्रॉपर प्लानिंग की गई है. ऐसे में इस तरह की घटनाओं को रोकने के पूरे प्रयास किए जा रहे हैं. इसके लिए बिजली विभाग से जेएच समूह के सभी अस्पताल और परिसरों में बिजली लोड की टेस्टिंग कराए जाने के लिए पत्र भी भेजा गया है.बिजली कंपनी के महाप्रबंधक नितिन मांगलिक ने कहा, "जया आरोग्य अस्पताल समूह डिवीजन में आता है. हालांकि, जेएच की ओर से एक पत्र प्राप्त हुआ है जिसमें उनकी सभी मशीनरी और इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस का लोड टेस्टिंग कर उनका बिजली लोड बताने के लिए आवेदन किया गया है. जल्द ही अस्पताल का लोड चेक कराया जाएगा."
ग्वालियर अंचल में साउथ की सुपरहिट फिल्म 'पुष्पा' स्टाइल में खैर की लकड़ी की तस्करी का प्रयास
23 May, 2025 09:53 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
ग्वालियर: मध्य प्रदेश के ग्वालियर के घाटीगांव इलाके में सांक नदी से 35 क्विंटल खैर की लकड़ी बरामद कर वन विभाग ने 3 तस्करों को गिरफ्तार किया है. लेकिन आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के दौरान आरोपियों को रिमांड पर नहीं लेने से कार्रवाई पर सवाल भी खड़े हो रहे हैं.
चेकिंग के दौरान दो ट्रकों में मिली थी खैर की लकड़ी
असल में ग्वालियर जिला वन मंडल में फिल्म 'पुष्पा' की तर्ज पर कुछ तस्कर खैर की लकड़ी की तस्करी कर रहे थे. इस तस्करी के बारे में वन विभाग की टीम को एक मुखबिर से सटीक सूचना मिली थी. वन विभाग के मुताबिक, उन्होंने अलवर से आए दो ट्रकों से चेकिंग के दौरान बहुमूल्य खैर की लकड़ी पकड़ी थी. ये लकड़ी कत्था बनाने के काम में ली जाती है. जो काफी महंगी होती है.
पुष्पा की तर्ज पर नदी में इकट्ठा कर रहे थे लकड़ी
तस्करों ने ट्रकों में छुपा कर रखी ज्यादातर लकड़ियों को पहले ही जखौदी इलाके में सांक नदी में फेंक दिया था. जब ग्रामीणों की सूचना वन विभाग को मिली तो टीम सांक नदी किनारे पहुंची और नदी से 35 क्विंटल से ज्यादा खैर की लकड़ी जब्त की. पता चला है कि तस्करों का गिरोह पुष्पा फिल्म की तरह ही खैर की लकड़ी को नदी से बहाकर इकट्ठा कर रहे थे. वन विभाग की विजलेंस टीम ने मौके से तीन तस्कर हामिद, अजहरुद्दीन और साउन खान को भी पकड़ा है. जबकि उनका एक साथी रामनिवास गुर्जर मौके से फरार हो गया.
अंडरग्राउंड हुआ तस्करी का मास्टर माइंड
खैर की लकड़ी की तस्करी का मास्टरमाइंड शोभित यादव बताया जा रहा है, जो वन विभाग की कार्रवाई के बाद के बाद अंडर ग्राउंड हो गया है. ऐसे में वन विभाग ने पकड़े गए तस्करों के खिलाफ कार्रवाई कर कोर्ट में पेश कर दिया है. वन विभाग के ग्वालियर रेंज सीसीएफ एपीएस सेंगर से बात करने पर उनका कहना है कि, ''सोनचिरैया अभियारण्य में खैर के पेड़ों की अवैध कटाई और लकड़ी की तस्करी की जानकारी मिल रही थी. इसी आधार पर ये कार्रवाई की गई है.''
भोपाल मेमोरियल हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर में मरीज के आहार नली से निकाला नकली दांत
23 May, 2025 08:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल: बीएमएचआरसी (भोपाल मेमोरियल हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर) के ग्रैस्ट्रो मेडिसिन विभाग में उत्तर प्रदेश के ललितपुर से आए एक 54 वर्षीय मरीज की जान बचाई गई. दरअसल मरीज की आहार नली में नकली दांत फंस गया था. लेकिन उसे इसकी भनक भी नहीं थी. जब भोजन निगलने में परेशानी होने लगी तब उसे तकलीफ का एहसास हुआ. इसके बाद 3 साल बाद उसने चिकित्सकीय परीक्षण कराया, जिसमें सामने आया कि मरीज की आहार नली में कोई ठोस वस्तु फंसी हुई है. डॉक्टरों ने बताया कि यदि इसका तुरंत इलाज नहीं कराया जाता तो मरीज की जान जाने का भी खतरा था.
सोते समय निगल लिए थे दांत
मरीज ने बीएमएचआरसी के डॉक्टरों को बताया कि उसके नकली दांत लगे हुए हैं. वह खाना खाने के बाद सोते समय भी उन दांतों को नहीं निकालता था. एक दिन वह सोया लेकिन जब सुबह उठा तो उसके दांत नहीं थे. उसे लगा कि हो सकता है उसने मुंह से बाहर निकलकर कहीं रख दिया होगा. इसके बाद वह उस नकली दांतों के सेट को भूल गया. लेकिन कुछ सालों बाद उसके आहारनली में समस्या बढ़ने लगी और उसे कुछ भी खाने में तकलीफ होने लगी. जिसकी वजह से वह लंबे समय तक तरल पदार्थों के सहारे जीवित रहा.
बीएमएचआरसी के डॉक्टरों ने बचाई जान
मरीज इससे पहले ललितपुर, झांसी और ग्वालियर सहित भोपाल के कई अस्पतालों में इलाज कराने गया. लेकिन कहीं भी सटीक इलाज नहीं हुआ. जब वह बीएमएचआरसी पहुंचा तो उसकी एंडोस्कोपी की गई. जिसमें सामने आया कि मरीज की आहार नली में कोई कठोर वस्तु फंसी हुई है, जिसका आकार दांत के सेट की तरह है. लेकिन मरीज की अधिक उम्र को देखते हुए मरीज का जटिल ऑपरेशन करना जोखिमपूर्ण था और इससे उसकी जान को खतरा भी हो सकता था. ऐसे में बीएमएचआरसी के डॉक्टरों ने मरीज की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसी दिन आपातकालीन एंडोस्कोपी के जरिए बिना ऑपरेशन किए नकली दांत निकाल दिए और उसकी जान बचा ली.
एंडोस्कोपी के बाद अब मरीज स्वस्थ
बीएमएचआरसी की प्रभारी निदेशक डॉ. मनीषा श्रीवास्तव ने बताया, "गैस्ट्रोएंटरोलॉजी विभाग की विजिटिंग कंसल्टेंट डॉ. तृप्ति मिश्रा के नेतृत्व में एंडोस्कोपी टीम ने सावधानीपूर्वक यह जटिल प्रक्रिया पूर्ण की और दांत को सुरक्षित निकालने में सफलता प्राप्त की. इस पूरी प्रक्रिया के दौरान मरीज की निरंतर मॉनिटरिंग की गई, जिससे संभावित जटिलताओं से बचाव संभव हो सका." डॉ. श्रीवास्तव ने बताया कि एंडोस्कोपी के बाद अब मरीज सामान्य रूप से भोजन कर पा रहा है और बोलने में भी आराम महसूस कर रहा है.
25 साल बाद फिर पदयात्रा पर 'पांव-पांव वाले भैया' शिवराज, विदिशा से होगी शुरुआत
23 May, 2025 08:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल: कांग्रेस नेता राहुल गांधी के बाद अब केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान अब देशाटन (मतलब यात्रा करना) पर निकल रहे हैं. वे चार दिन बाद से पदयत्रा शुरू करेंगे. उनकी अपनी विदिशा संसदीय क्षेत्र से ये पदयात्रा 25 मई से शुरू होगी. जिसमें हर दिन वे 20 से 25 किलोमीटर पैदल चलेंगे. यात्रा सप्ताह में दो से तीन दिन चलेगी. अपनी लोकसभा सीट विदिशा की हर विधानसभा तक ये यात्रा पहुंचेगी.
विदिशा के बाद देश की अन्य लोकसभा सीटों तक पहुंचेंगे
केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान 25 मई से जो पदयात्रा शुरू करने जा रहे हैं. इसकी शुरुआत भले उनकी अपनी विदिशा संसदीय सीट से हो, लेकिन इसके बाद देश के अन्य लोकसभा क्षेत्रों में भी शिवराज सिंह पदयात्रा निकालेंगे. शिवराज सिंह का कहना है कि "पदयात्रा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर और विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने और केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ अधिकतम लोगों तक पहुंचाने की दिशा में की गई एक पहल है. शिवराज यात्रा के दौरान गांवों में ही रुकेंगे. वहीं विभिन्न वर्गों से संवाद कर योजनाओं की जानकारी देंगे और मौके पर ही लोगों की समस्याओं का निराकरण करेंगे.
योजनाओं की जानकारी जन जन तक पहुंचाएंगे
इस पदयात्रा के जरिए केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर केंद्र सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी देंगे. लाभार्थियों से संवाद करेंगे और योजनाओं का असर कितना हुआ है, इसकी जानकारी भी लेंगे. केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान का कहना है कि "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश आत्मनिर्भरता और समग्र विकास की ओर अग्रसर है. मेरी पदयात्रा का उद्देश्य है कि केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और हर गांव, किसान, महिला सशक्त बने.इसके लिए हम कोई कोर कसर नहीं छोड़ेंगे. डायरेक्ट बेनिफिट वाली योजनाओं जैसे प्रधानमंत्री आवास योजना, पीएम किसान सम्मान निधि, महिला सशक्तिकरण की योजनाएं, ग्रामीण सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, स्वच्छता, डिजिटल इंडिया, और स्वरोजगार से जुड़े कार्यक्रमों की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जाएगी.
लाभार्थियों से करेंगे सीधा संवाद
शिवराज सिंह चौहान लाभार्थियों से मिलकर योजनाओं के क्रियान्वयन की जमीनी हकीकत जानेंगे और उनकी समस्याओं का समाधान करेंगे. इसमें स्थानीय भागीदारी भी रहेगी. साथ ही, कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्रालयों के अधिकारियों के अलावा पंचायत प्रतिनिधि, स्वयं सहायता समूह, किसान संगठन, महिला मंडल आदि को भी यात्रा में शामिल कर सबकी सहभागिता की जाएगी और योजनाओं के प्रभाव को व्यापक बनाया जाएगा.
देश के 1300 से अधिक रेलवे स्टेशन अमृत भारत स्टेशन के रूप में होंगे विकसित : प्रधानमंत्री मोदी
22 May, 2025 11:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बीकानेर में भारत माता के जयकारों के बीच कहा कि विकसित भारत का संकल्प और मजबूत हो रहा है। देशभर में विकास का महायज्ञ चल रहा है, हमारी सड़कें और रेलवे नेटवर्क विकसित हों, इसके लिए 11 सालों में अभूतपूर्व काम हुआ है। विकास कार्यों पर देश पहले से 6 गुना ज्यादा पैसा खर्च कर रहा है। भारत में विकास कार्यों को देखकर दुनिया हैरान है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी राजस्थान के बीकानेर में आयोजित कार्यक्रम से देश के 103 अमृत स्टेशनों के वर्चुअल उद्घाटन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव नर्मदापुरम रेलवे स्टेशन पर उपस्थित हो कर उद्घाटन समारोह में शामिल हुए। कार्यक्रम के अंतर्गत प्रदेश के नर्मदापुरम, कटनी, ओरछा, सिवनी, शाजापुर और श्रीधाम अमृत स्टेशनों का उद्घाटन हुआ।
सभी स्टेशन अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस होंगे। इन स्टेशनों में भारतीय संस्कृति, विरासत और यात्री सुविधाओं का समावेश किया गया है। बीकानेर में आयोजित कार्यक्रम में राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, रेलमंत्री अश्विनी वैषव, केंद्रीय विधि और न्याय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल उपस्थित थे। नर्मदापुरम रेलवे स्टेशन के उद्घाटन समारोह में प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री डॉ. राकेश सिंह, सांसद दर्शन सिंह चौधरी, राज्यसभा सांसद माया नारोलिया, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष सीताशरण शर्मा तथा स्थानीय विधायक उपस्थित थे। उल्लेखनीय है कि अमृत भारत स्टेशन योजना (एबीएसएस) के तहत भारत के 18 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 86 जिलों में स्थित 103 अमृत स्टेशनों को 1100 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से विकसित किया गया है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत अपनी ट्रेनों के नेटवर्क को आधुनिक कर रहा है। वंदेभारत, अमृत ट्रेन और नमो ट्रेनें भारत की नई गति को दर्शाती है। देश के 70 रुटों पर वंदेभारत ट्रेन चल रही हैं। 34 हजार किलोमीटर से ज्यादा के नए रेल ट्रैक बिछाए गए हैं। ब्रॉडगैज ट्रैकों पर मानव रहित क्रॉसिंग अब इतिहास बन चुका है। देश के पहले बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट पर काम चल रहा है। हम 1300 से अधिक स्टेशनों को आधुनिक बना रहे हैं। इन्हें अमृत भारत स्टेशन नाम दिया गया है, इनमें से 103 स्टेशन बनकर तैयार हो गए हैं। इन स्टेशनों पर विकास भी और विरासत भी का नजारा दिखाई देता है। ओरछा स्टेशन पर भगवान श्रीराम की छवि दिखाई देगी। इसी प्रकार सभी स्टेशनों पर हजारों साल पुरानी विरासत के दर्शन होंगे। ये स्टेशन राज्यों में पर्यटन को बढ़ावा देंगे और युवाओं को रोजगार के मौके भी मिलेंगे। साथ ही देश के चिनाब नदी पर बना रेलवे ब्रिज, मुंबई में अटल सेतु, दक्षिण में पंबन ब्रिज देखने को मिलेगा।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यात्री रेलवे स्टेशनों के मालिक हैं। ध्यान रखें कि यहां नुकसान और गंदगी न हो। सरकार हजारों करोड़ रुपए लगा रही है, ये पैसा मजदूर, स्थानीय व्यापारियों को मिल रहा है। रेलवे स्टेशनों के उन्नयन से किसानों को माल ढुलाई में सहूलियत मिलती है। इंफ्रास्ट्रक्चर के कार्यों से युवाओं को भी फायदा मिलता है। राजस्थान में सिंचाई परियोजनाओं को पूर्ण करने के साथ नदियों को जोड़ा जा रहा है। पार्वती-कालीसिंध-चंबल लिंक परियोजना से कई जिलों के किसानों को फायदा होगा।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि राजस्थान की धरा सिखाती है कि देश से बड़ा कुछ नहीं है। पहलगाम आतंकियों ने धर्म पूछकर हमारी बहनों का सिंदूर उजाड़ा था। इसके बाद हर देशवासी ने संकल्प लिया था कि आतंकियों को मिट्टी में मिला देंगे। हमारी सरकार ने तीनों सेनाओं को खुली छूट दी, सेनाओं ने ऐसा चक्र रचा कि पाकिस्तानियों को घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया। दुनिया ने और देश के दुश्मनों ने देख लिया कि जब सिंदूर बारूद बन जाता है, तो नतीजा क्या होता है। शौर्य के सम्मान में देशभर में तिरंगा यात्राएं निकाली जा रही हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि जो सिंदूर मिटाने निकले थे, उन्हें मिट्टी में मिलाया है, ये प्रतिशोध का खेल नहीं, यह न्याय का नया स्वरूप है। ये ऑपरेशन सिंदूर है, यह सिर्फ आक्रोश नहीं, ये समर्थ भारत का रौद्र रूप है, ये भारत का नया स्वरूप है। अब पाकिस्तान से कोई व्यापार नहीं होगा, सिर्फ पीओके पर बात होगी। पाकिस्तान को पानी नहीं मिलेगा। पाई-पाई के लिए मजबूर होना पड़ेगा। नए भारत के निर्माण में सुरक्षा और समृद्धि दोनों जरूरी हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारत को दुनिया का अग्रणी देश बनाने का संकल्प लिया हैं, बदलते दौर में उनके नेतृत्व में भारत तेजी से बदल रहा है। प्रधानमंत्री मोदी की दूरदर्शी सोच की बदौलत भारतीय रेल को नया स्वरूप मिला है। भारतीय रेलवे के इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। देशभर में नई रेलवे लाइन बिछाई जा रही हैं। आजादी के बाद नैरोगेज से ब्रॉड गैज तक आने में रेलवे को 100 साल लग गए। लेकिन पिछले 11 साल में देशभर में हजारों किलोमीटर लंबे ट्रैक को 3 और 4 लेन रेलवे लाइन बनाया गया है। मध्यप्रदेश सरकार ने बीईएमएल को रेल कोच निर्माण संयंत्र स्थापित करने के लिए जमीन उपलब्ध कराई है, अब मध्यप्रदेश में आधुनिक रेल कोच भी बनाए जाएंगे। मध्यप्रदेश के 6 अमृत स्टेशनों सहित कुल 103 स्टेशनों का लोकार्पण एक ऐतिहासिक क्षण है। यह रेलवे इन्फ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में एक नया कीर्तिमान स्थापित करेगा। प्रधानमंत्री मोदी के कर-कमलों से इन स्टेशनों का उद्घाटन अत्यंत गौरव का विषय है। अमृत स्टेशन देश के 'विकास का प्रवेश द्वार' सिद्ध होंगे। यह पहल प्रधानमंत्री मोदी की दूरदर्शिता और विकसित भारत की परिकल्पना का एक और जीवंत प्रमाण है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भविष्य में नर्मदापुरम, बुधनी, इटारसी, सोहागपुर एक महानगर का आकार लेंगे। राज्य सरकार ने नर्मदापुरम जिले में रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव कराई, यहां सोलर उपकरण निर्माण की यूनिट स्थापित होंगी। राज्य सरकार उद्योग स्थापित करने के साथ विरासत के संरक्षण और पर्यटन को भी बढ़ावा दे रही है। पचमढ़ी को भारत के सर्वश्रेष्ठ पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। नर्मदापुरम में औद्योगिक गतिविधियों के साथ-साथ पर्यटन भी बढ़ेगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में सिंचाई रकबा बढ़ाने के लिए तीन अलग-अलग नदी परियोजनाओं पर काम चल रहा है। नरसिंहपुर में 26, 27 और 28 मई को कृषि मेला आयोजित किया जा रहा है। यहां किसानों को नवीन कृषि तकनीक और एग्री बेस्ड इंडस्ट्री का प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रदेश में कृषि आधारित उद्योगों को विशेष प्रोत्साहन दिया जा रहा है। नारी सशक्तिकरण मिशन के अंतर्गत महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है। इस क्रम में प्रधानमंत्री मोदी की उपस्थिति में 31 मई को अहिल्या माता की 300वीं जयंती के अवसर पर भोपाल में महिला सशक्तिकरण का विशाल सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है।
बीकानेर में आयोजित कार्यक्रम में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में रेलवे के विकास में अभूतपूर्व कार्य हुए। छोटे और मझोले स्टेशनों को विकसित करने के लिए अमृत भारत स्टेशन योजना की शुरुआत की गई। वर्ष 2027 तक 500 स्टेशनों का नव निर्माण पूर्ण होगा और यहां विश्व स्तरीय सुविधाएं उपलब्ध होंगी। नर्मदापुरम में रेलवे स्टेशन के उद्घाटन कार्यक्रम को लोक निर्माण मंत्री डॉ. राकेश सिंह, सांसद दर्शन सिंह चौधरी, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष सीताशरण शर्मा ने भी संबोधित किया।
केवीआईसी के ‘हनी मिशन’ में 20 हजार मीट्रिक टन शहद का हुआ उत्पादन
22 May, 2025 10:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : खादी और ग्रामोद्योग आयोग (केवीआईसी), सूक्ष्म, लघु व मध्यम उद्यम मंत्रालय, भारत सरकार ने ‘विश्व मधुमक्खी दिवस-2025’ के अवसर पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया। इस वर्ष का आयोजन थीम – "प्रकृति से प्रेरित मधुमक्खी, सबके जीवन की पोषक" पर आधारित था, जो प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दृष्टिकोण "श्वेत क्रांति से स्वीट क्रांति" के अभियान को सशक्त करता है। इसमें महाराष्ट्र के विभिन्न जिलों से आए मधुमक्खी पालक लाभार्थी, प्रशिक्षु, वैज्ञानिकों, सफल मधुमक्खी पालकों, विद्यार्थियों और विशेषज्ञों की उपस्थिति में एक भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें मधुमक्खी पालन के क्षेत्र में केवीआईसी की उपलब्धियों को साझा किया गया। यह आयोजन न केवल एक तकनीकी मंच रहा, बल्कि ग्रामीण भारत के नवाचार, प्रेरणा और स्वावलंबन की सजीव मिसाल बना। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि केवीआईसी अध्यक्ष मनोज कुमार ने, मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) सुरूप राशि की उपस्थिति में किया।
केवीआईसी अध्यक्ष मनोज कुमार ने मधुमक्खी दिवस पर आयोजित समारोह में कहा कि "मधुमक्खियां हमारे पारिस्थितिकी तंत्र की रीढ़ हैं। ये न केवल शहद देती हैं, बल्कि परागण के जरिए हमारी खेती को समृद्ध करती हैं और पर्यावरण का संरक्षण करती हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में शुरू किया गया ‘हनी मिशन’ आज गांवों की आजीविका का बड़ा आधार बन चुका है। "उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने जब ‘स्वीट क्रांति’ का आह्वान किया, तब उन्होंने एक नया रास्ता दिखाया, जिसमें शहद उत्पादन न केवल आर्थिक समृद्धि का, बल्कि स्वास्थ्य समृद्धि का भी स्रोत बना। उनके नेतृत्व में केवीआईसी ने इस दिशा में जो कार्य किया है, वह आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक बड़ा कदम है।"
केवीआईसी अध्यक्ष ने ‘हनी मिशन’ की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि केवीआईसी द्वारा अब तक देशभर में 2,29,409 मधुमक्खी बक्से और मधु कॉलोनियां वितरित की गई हैं। इससे लगभग 20,000 मीट्रिक टन शहद का उत्पादन हुआ है। मधुमक्खी पालकों को इससे लगभग 325 करोड़ रुपये की आमदनी हुई है। उन्होंने बताया कि वित्त वर्ष 2024-25 में हनी मिशन से जुड़े मधुमक्खी पालकों ने करीब 25 करोड़ रुपये मूल्य का शहद विदेश में भी निर्यात किया है।
केवीआईसी की सीईओ सुरूप राशि ने भी प्रतिभागियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा, "हनी मिशन केवल एक योजना नहीं, बल्कि यह एक समग्र आजीविका मॉडल है। आज ग्रामीण क्षेत्रों में हजारों युवाओं, महिलाओं और किसानों को इस मिशन से रोजगार मिल रहा है। उन्होंने कहा कि केवीआईसी द्वारा संचालित हनी प्रोसेसिंग प्लांट्स, प्रशिक्षण केंद्र और मार्केटिंग नेटवर्क ने मधुमक्खी पालन को आत्मनिर्भरता की दिशा में अग्रसर किया है।"
कार्यक्रम में वैज्ञानिकों ने बताया कि मधुमक्खियां केवल शहद उत्पादन तक सीमित नहीं हैं, बल्कि लगभग 75 प्रतिशत खाद्य फसलों का परागण मधुमक्खियों से होता है। मधुमक्खियां यदि न रहें, तो 30 प्रतिशत खाद्य फसलें और 90 प्रतिशत जंगली पौधों की प्रजातियां संकट में आ सकती हैं। कार्यक्रम में मध्यप्रदेश सहित देश के सभी हिस्सों से लाभार्थियों ने डिजिटल रूप से अपनी सफलता की कहानियां साझा कीं। कार्यक्रम में बच्चों द्वारा प्रस्तुत नाटक, कविता, और निबंध ने कार्यक्रम में जीवंत कर दिया। कार्यक्रम में केवीआईसी के अधिकारी, कर्मचारी और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
जल है जीवन की धारा, कल का यही सहारा
22 May, 2025 10:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : प्रदेश में जन सामान्य को पानी के महत्व को समझाने के लिये अनेक स्लोगन तैयार किये गये हैं। इन स्लोगन के पोस्टर और दीवार लेखन से समाज के सभी वर्गों में जन जागरूकता फैलाने के व्यापक स्तर पर प्रयास किये जा रहे हैं। इसी का प्रभाव है कि प्रदेश में जल संरचनाओं की साफ-सफाई में जनता की भागीदारी दिनोदिन बढ़ती जा रही है।
ग्राम पंचायत धुलकोट में फार्म पौंड निर्माण
बुरहानपुर जिले में जल गंगा संवर्धन अभियान जल संरक्षण के सिद्धांत को अपनाने पर जोर देता है। इस अभियान में बुरहानपुर अपनी अग्रणी भूमिका निभा रहा है। अभियान में ग्राम पंचायत धुलकोट में फार्म पौंड निर्माण कार्य जारी है। इस कार्य में ग्रामीणजन स्वयं आगे आकर सहभागिता कर रहे है। पौंड निर्माण कार्य से वर्षा का जल संचित किया जा सकेगा और आस-पास के भूजल स्तर में भी वृद्धि होगी। जिले में जल संग्रहण संरचनाओं का जीर्णोद्धार, जल स्त्रोतों और जल वितरण प्रणालियों की साफ-सफाई इत्यादि कार्य प्राथमिकता के साथ किये जा रहे हैं।
बाग बगीचों को चिन्हांकित कर किया जा रहा हरित विकास
उमरिया जिले में जिला शहरी एवं विकास अभिकरण ने जन भागीदारी से नगरीय निकायों में शहरी क्षेत्रों और टाउनशिप के उजड़े बाग बगीचों को चिन्हांकित कर हरित विकास किया जा रहा है। नगर पालिका परिषद उमरिया में अमृत 2.0 के अंतर्गत लालपुर पानी टंकी के पास 45 लाख रूपये की लागत से बनने वाले पार्क के निर्माण का कार्य 30 प्रतिशत पूर्ण हो चुका है। वार्ड नंबर 14 में कन्या स्कूल के सामने 10 लाख रूपये की लागत से बनने वाले पार्क निर्माण का कार्य 25 प्रतिशत पूर्ण हो चुका है। इसी तरह वार्ड नंबर 12 सत्संग भवन के पास 50 लाख रूपये की लागत से बनने वाले पार्क का निर्माण का कार्य 30 प्रतिशत पूर्ण हो चुका है। इसी तरह नगर पालिका परिषद पाली में अमृत 2.0 के अंतर्गत वार्ड क्रमांक 13 में सांई मंदिर के सामने 33.20 लाख रूपये की लागत से बनने वाले पार्क निर्माण का कार्य 40 प्रतिशत पूर्ण हो चुका है। नगर परिषद चंदिया के अंतर्गत अमृत 2.0 के तहत भरोसा तालाब के पास 21 लाख रूपये की लागत से बनने वाले पार्क निर्माण का कार्य 25 प्रतिशत पूर्ण हो चुका है। नगर परिषद मानपुर अंतर्गत वार्ड क्रमांक एक पंचायत भवन सेमरा में पौधरोपण किया गया है। नगर परिषद नौरोजाबाद में अमृत 2.0 अंतर्गत वार्ड क्रमांक 7 में बागीचे का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है।
उमरिया की नदी ग्राम पंचायत गौरय्या में स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान नागरिकों ने नदी तथा उसके आस पास पड़े कचरे को एकत्र किया और जन जागरूकता का संदेश दिया।
पानी आप बचाओ, पानी आपको बचाएगा
शहडोल जिले में जल संरचनाओं के कार्य में समाज के सभी वर्गों की भागीदारी ली जा रही है। अभियान में नागरिकों को बताया जा रहा है कि पानी आप बचाओ, पानी आपको बचाएगा। सरकार और समाज दोनों को मिलकर जल के महत्व को समझना होगा। इसी से हम सबका भविष्य सुरक्षित होगा। जल चौपाल में बताया गया कि जल जीवन का अभिन्न अंग है, और इसके बिना न तो कृषि संभव है, न ही उद्योग, और न ही हमारी दैनिक आवश्यकताएँ पूरी हो सकती हैं। जनपद पंचायत बुढ़ार के ग्राम सिंघली में जल की एक-एक बूंद सहेजने के लिए चौपड़ा का निर्माण किया गया। चौपड़ा के निर्माण हो जाने से स्थानीय लोगों को जल की समस्या से निजात मिली, वहीं वर्षा जल का संचयन भी होगा। भीषण गर्मी में भी चौपडा पानी से लबालब भरा हुआ है।
जल है जीवन की धारा, कल का यही सहारा
शहडोल जिले में "जल है जीवन की धारा, कल का यही सहारा", प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संकल्पों को साकार करने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने “जल गंगा सवंर्धन अभियान” 30 मार्च से 30 जून तक चलाये जाने का निर्णय लिया है। जिले में जहां एक ओर नये तालाब बनाये जा रहे, वहीं दूसरी ओर पुराने तालाबों, बावड़ियों और कुँओं का जीर्णोद्धार का कार्य भी किया जा रहा है। जनपद पंचायत गोहपारू के ग्राम पंचायत बरमनिया, देवरी बुढार जनपद पंचायत के रूपौला सहित अन्य ग्राम पंचायतों में नवीन खेत तालाब के कार्य किये गए।
नागौद के खजलइयां तालाब की हुई सफाई
सतना जिले में कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस. के मार्गदर्शन में जल गंगा संवर्धन अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान जल गंगा संवर्धन अभियान अंतर्गत नगर परिषद नागौद द्वारा वार्ड क्रमांक-3 स्थित खजलइयां तालाब में जल सहयोग से सामूहिक स्वच्छता श्रमदान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें नगर परिषद नागौद की अध्यक्ष प्रतिभा सिंह, शासकीय अमला और नागरिक शामिल हुए।
जल गंगा संवर्धन अभियान की निगरानी के लिए 6 दल तैनात
रीवा जिले में संभाग के सभी जिलों में 30 मार्च से 30 जून तक जल गंगा संवर्धन अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत सभी जिलों में नदियों के उद्गम स्थल की साफ-सफाई, जल स्रोतों की सफाई, जल संरक्षण संरचनाओं में सुधार तथा नई जल संरचनाओं के निर्माण का कार्य किया जा रहा है। रीवा कमिश्नर बीएस जामोद ने जल संरक्षण कार्यों की निगरानी के लिए संभागीय अधिकारियों के 6 दल तैनात किए हैं। सभी दल निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जिलों का भ्रमण करके जल संरक्षण कार्यों की निगरानी कर रहे हैं।
रैली के माध्यम से दिया गया जल संरक्षण का संदेश
कटनी जिले में कलेक्टर दिलीप कुमार यादव के मार्गदर्शन में विकासखंड कटनी में छात्र-छात्राओं और स्वयंसेवी संस्थाओं के सहयोग से चौपाल एवं रैली के माध्यम से जल संरक्षण एवं प्राकृतिक स्रोतों की गहरीकरण और साफ-सफाई जन भागीदारी से करने का संदेश दिया गया। ग्राम वासियों ने स्थानीय तालाब के घाट में कचरा और गंदगी की श्रमदान से साफ-सफाई में सहभागिता की और मानव श्रृंखला बनाकर तालाब से निकले कचरे को दूर फेंक दिया। तहसील विजयराघवगढ़ सेक्टर क्रमांक एक उबरा में ग्रामीण संवाद का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जागरूकता रैली द्वारा ग्रामीणों को जल संरक्षण का संदेश देते हुए हैंडपंपों से पानी के अपव्यय को रोकने की प्रेरणा दी गई।
ग्रामों में किए जा रहे जल संरक्षण के कार्य
डिण्डोरी जिले में जल स्त्रोतो के जल संरक्षण एवं पुर्नजीवन के लिये विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। विकासखण्ड बजाग जिला डिंडौरी के नवांकुर संस्था- वसुंधरा ग्राम विकास समिति भानपुर द्वारा विक्रमपुर में जल गंगा संवर्धन अभियान अंतर्गत तालाब के आसपास स्वच्छता कार्य किया गया। ग्राम पंचायतों में जल चौपाल लगाकर ग्रामीणों को पानी के महत्व के बारे में बताया जा रहा है। किसानों को खेत-तालाब योजना के बारे में भी जानकारी दी जा रही है।
घाट पर गंदगी और पॉलीथिन के उपयोग पर की गई चालानी कार्यवाही
मंडला जिले में जल संवर्धन अभियान में नागरिकों को जल स्रोतों की साफ-सफाई के महत्व के बारे में जानकारी दी जा रही है। स्थानीय दुकानदारों को पॉलीथिन का विक्रय न करने की सलाह दी जा रही है। नगर पालिका परिषद मंडला ने माहिष्मती घाट एवं सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी करने एवं सिंगल यूज प्लास्टिक पॉलिथीन का उपयोग एवं विक्रय करने के साथ ही खुले में मांस मछली विक्रय करने पर चालानी कार्यवाही की। नैनपुर जनपद पंचायत के ग्राम खापा सालीवाड़ा में बनाये जा रहे खेत तालाब का सीईओ जनपद पंचायत विनोद मरावी ने निरीक्षण किया। उन्होंने किसानों को तालाब के माध्यम से अपनी आमदनी बढ़ाने के बारे में भी जानकारी दी।
छात्रों ने किया बोरी बंधान
छिन्दवाड़ा जिले में मुख्यमंत्री नेतृत्व क्षमता विकास पाठ्यक्रम के बीएसडब्ल्यू और एमएसडब्ल्यू के विद्यार्थियों ने जल संरक्षण के लिए अनूठी पहल की। जिले के विकासखंड जुन्नारदेव के ग्राम आलीवाड़ा के दौड़ीदिया के पास स्थित नाले में श्रमदान कर बोरी बंधान का कार्य किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य जल संरक्षण के महत्व को समझाना और जन सामान्य को जागरूक करना था। नवांकुर समितियों के सहयोग से बोरी बंधान, दीवार लेखन, शपथ ग्रहण, जल स्रोतों की साफ-सफ़ाई, संगोष्ठी, मानव श्रृंखला, रैली, रंगोली व निबंध लेखन प्रतियोगिता आदि कार्यक्रम किये जा रहे है।
गोमुख नदी में किया श्रमदान
खरगोन जिले में भगवानपुरा में जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत गोमुख नदी की साफ-सफाई की गईं। इस अवसर पर जनपद सीईओ पवन शाह ने कहा कि ग्राम स्तर पर समाज की सहभागिता के साथ-साथ जल संरक्षण व जागरूकता के कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे है। संपूर्ण अभियान को इस तरह से नियोजित किया जा रहा है कि जिससे यह समाज और सरकार की सहभागिता से जल संरक्षण व संवर्धन का जन आंदोलन बन सके।
मंत्री टेटवाल ने उज्जैन आईटीआई में सशक्त कौशल प्रयोगशाला का किया शुभारंभ
22 May, 2025 10:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : कौशल विकास एवं रोजगार राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गौतम टेटवाल ने उज्जैन स्थित शासकीय संभागीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था (आईटीआई) में सीमेंस कंपनी के सीएसआर फंड से निर्मित अत्याधुनिक प्रयोगशाला का शुभारंभ किया।
मंत्री टेटवाल ने कहा कि उनका विद्यार्थी जीवन आईटीआई से जुड़ा रहा है और यही उनकी पहचान का आधार भी रहा है। उन्होंने कहा कि इस संस्थान में आकर गौरव का अनुभव हो रहा है। सभी छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए उन्होंने कहा कि आईटीआई न केवल शिक्षा का माध्यम है, बल्कि आत्मनिर्भरता की दिशा में एक मजबूत रास्ता भी है। मुख्यमंत्री की प्राथमिकता में तकनीकी संस्थान, प्रशिक्षण में गुणवत्ता को केंद्र में रखा गया है
मंत्री टेटवाल ने कहा कि तकनीकी शिक्षा को उन्नत बनाने की दिशा में ठोस प्रयास किए जा रहे हैं। प्रशिक्षण केंद्रों में अत्याधुनिक संसाधनों से युक्त प्रयोगशालाएं तैयार की जा रही हैं जिससे विद्यार्थी व्यवहारिक ज्ञान के साथ स्वरोजगार और प्लेसमेंट के लिए तैयार हो सकें। उज्जैन में तैयार यह लैब उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
भोपाल में ग्लोबल स्किल पार्क, उन्नत तकनीकों में प्रशिक्षण से जुड़ते युवा
मंत्री टेटवाल ने कहा कि भोपाल में विकसित ग्लोबल स्किल पार्क जैसे संस्थान युवाओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, रोबोटिक्स, इंडस्ट्री 4.0, मेक्ट्रोनिक्स, एआर/वीआर और ड्रोन टेक्नोलॉजी जैसे क्षेत्रों में दक्ष बना रहे हैं। प्रशिक्षण के बाद युवाओं को 100 प्रतिशत प्लेसमेंट के अवसर मिल रहे हैं, साथ ही स्वरोजगार की संभावनाएं भी मजबूत हुई हैं।
हर क्षेत्र में बेटियां आगे, पहचान और प्रतिनिधित्व दोनों में दिख रही सफलता
मंत्री टेटवाल ने कहा कि बेटियां आज हर क्षेत्र में परचम लहरा रही हैं। विभिन्न स्तरों पर उन्हें बेहतर प्रतिनिधित्व मिल रहा है और वे न केवल प्रदेश बल्कि देशभर में अपनी उपलब्धियों हासिल कर रही है। आईटीआई संस्थानों में भी बेटियों की भागीदारी उल्लेखनीय है, जिससे तकनीकी शिक्षा का दायरा और प्रभाव दोनों बढ़ा है।
इस अवसर पर विधायक अनिल जैन, जॉइंट डायरेक्टर सुनील कुमार ललावत, आईएमसी चेयरमैन राजेश गर्ग सहित जनप्रतिनिधि, शिक्षक और प्रशिक्षु उपस्थित रहे।
सिवनी मालवा में भारत के वीर सैनिकों के सम्मान में निकली "तिरंगा यात्रा"
22 May, 2025 10:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव गुरुवार को नर्मदापुरम जिले के सिवनी मालवा में देश के वीर सैनिकों के सम्मान में आयोजित "तिरंगा यात्रा" में शामिल हुए। अपार जोश और उल्लास के साथ तिरंगा यात्रा स्थानीय शासकीय कुसुम स्नातकोत्तर महाविद्यालय से प्रारंभ हुई और नर्मदापुरम मार्ग से होकर कृषि उपज मंडी प्रांगण में सम्पन्न हुई।
तिरंगा यात्रा में मुख्यमंत्री डॉ. यादव तिरंगे फूलों से सजाए गए विशेष रथ में सवार थे। उन्होंने इस दौरान हाथ हिलाकर नागरिकों का अभिवादन किया। तिरंगा यात्रा के दौरान पूरा शहर राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत हो गया और आसमान "भारत माता की जय" और "वंदे-मातरम्" के उद्घोष से गुंजायमान हुआ। यात्रा में लोक निर्माण मंत्री एवं नर्मदापुरम जिले के प्रभारी मंत्री राकेश सिंह, क्षेत्रीय सांसद दर्शन सिंह चौधरी, राज्यसभा सांसद माया नारोलिया, सिवनी मालवा विधायक प्रेम शंकर वर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी शामिल हुए।
हाथों में राष्ट्रध्वज तिरंगा लिए सभी समुदायों और सभी आयु वर्ग के नागरिक बड़ी संख्या में इस तिरंगा यात्रा में भरपूर उत्साह के साथ शामिल हुए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इस दौरान "तिरंगा यात्रा" में शामिल नागरिकों पर पुष्प वर्षा कर अभिनंदन किया। विभिन्न सामाजिक एवं शैक्षिक संगठनो द्वारा आतिशबाजी की गई और तिरंगा यात्रा में शामिल नागरिकों पर पुष्प वर्षा भी की गई।
रायपुर प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के क्रियान्वयन में सूरजपुर बना प्रदेश में प्रथम स्थान पर
पारिवारिक संस्कृति व प्रेम, शांति, सद्भावना रथ को मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दिखाई हरी झण्डी
हीटवेव का असर गहरा, MP में रात का अलर्ट; मजदूर दोपहर में नहीं करेंगे काम
मोहन यादव ने नमक्कल और अविनाशी में किया रोड शो, NDA के लिए मांगे वोट
अन्नाद्रमुक गठबंधन को लेकर गरजे खरगे, PM मोदी पर लगाया गंभीर आरोप
केदारनाथ धाम में अनुशासन सख्त, मोबाइल उपयोग पूरी तरह बंद
जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश
