मध्य प्रदेश
राशन योजना में ईकेवायसी अनिवार्य: जिले में 90% पूर्ण, बाकी को 31 मई तक का समय
24 May, 2025 01:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छिंदवाड़ा: राज्य सरकार द्वारा राशन हितग्राहियों पर लागू की गई ईकेवाईसी योजना के चलते जिले से करीब 1.20 लाख लोगों के नाम हटेंगे। खाद्य आपूर्ति विभाग अब तक 90 प्रतिशत हितग्राहियों का ईकेवाईसी करवाने में सफल रहा है। शेष 10 प्रतिशत में वे लोग शामिल हैं, जिनकी मृत्यु हो चुकी है या वे शहर व गांव से पलायन कर चुके हैं। फिर भी उन्हें 31 मई तक एक और मौका दिया गया है। पिछले दो माह से नगर निगम, पंचायत व खाद्य आपूर्ति विभाग में राशन हितग्राहियों का ईकेवाईसी किया जा रहा था। छिंदवाड़ा जिले के 13.45 लाख राशन हितग्राहियों में से अब तक 12.25 लाख हितग्राहियों का ईकेवाईसी हो चुका है। शेष 1.20 लाख आबादी का ईकेवाईसी लंबित है। इनमें से कुछ लोगों की मृत्यु हो चुकी है, वे नौकरी की तलाश में पलायन कर चुके हैं, कुछ अपना घर छोड़कर चले गए हैं। इन लोगों के नाम अब राशन पोर्टल से स्वतः हट जाएंगे। कुछ परिवार इनके नाम से राशन ले रहे थे, उन्हें इससे वंचित होना पड़ेगा।
अपात्र लोगों के कारण सरकार ने आठ माह से पात्रता पर्चियां जारी करना बंद कर दिया है। छिंदवाड़ा-पांढुर्ना जिले में इस समय 15 हजार से अधिक आवेदन लंबित हैं। जब तक सर्वे में अपात्र लोगों के नाम नहीं हटेंगे, तब तक पात्र हितग्राहियों के नाम नहीं जोड़े जाएंगे। दरअसल, केंद्र सरकार ने मप्र में राशन कोटा बढ़ाने से इनकार कर दिया है।
ईकेवाईसी कराने की तिथि तीन बार बढ़ाई गई:
राज्य सरकार ने राशन दुकानों से अपात्र लोगों के नाम हटाने के लिए ईकेवाईसी योजना लागू की थी। पहले इसकी अवधि 30 अप्रैल तय की गई थी। इसके बाद इसे 15 मई तक बढ़ाया गया था। अब यह तिथि फिर बढ़ाकर 31 मई कर दी गई है।
राशन दुकानों से 18 हजार अपात्र लोगों के नाम हटाए गए:
इस बीच नगर निगम और पंचायतों ने अब तक 18473 अपात्र लोगों के नाम हटाए हैं। और भी हटाने की प्रक्रिया जारी है। छिंदवाड़ा जिले की राशन दुकानों में पहले प्राथमिक श्रेणी के करीब 13.62 लाख लोगों को रियायती दर पर अनाज मिल रहा था। इन्हें प्रति सदस्य तीन किलो गेहूं और दो किलो चावल वितरित किया जा रहा था। नाम हटने से अपात्र लोगों की संख्या कम हो गई है।
16 तारीख तक राशन वितरण में थी दिक्कत:
इस महीने मई की 16 तारीख तक राशन वितरण में दिक्कत थी। इस वजह से राशन दुकानें नहीं खुल पाई थीं। इसकी वजह ईकेवाईसी थी। फिलहाल 91 फीसदी राशन दुकानों में रियायती दर पर अनाज वितरण शुरू हो गया है। अब अगले महीने से सरकार स्मार्ट राशन वितरण शुरू करने जा रही है। जिसमें राशन दुकानों की पीएसओ मशीन में जिस व्यक्ति का नाम होगा, उसे ही रियायती दर पर अनाज दिया जाएगा।
इनका कहना है...
जिले की राशन दुकानों के 90 फीसदी हितग्राहियों की ईकेवाईसी हो चुकी है। करीब 1.20 लाख लोग अभी भी ईकेवाईसी नहीं करा पाए हैं। इन्हें 31 मई तक का एक और मौका दिया गया है। इसी प्रकार, अब तक 18473 अपात्र नाम हटाये जा चुके हैं।
ऊर्जा मंत्री सिंह की बेटी की शादी में शामिल हुए CM यादव, वर-वधु को दिया आशीर्वाद, आज दिल्ली में बैठक
24 May, 2025 11:27 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
ग्वालियर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शुक्रवार रात ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर की बेटी के विवाह समारोह में शामिल होने ग्वालियर पहुंचे। शादी में पहुंचकर उन्होंने वर-वधु को आशीर्वाद दिया। इसके बाद वह दो दिवसीय नीति आयोग की बैठक में शामिल होने के लिए रात में ही ग्वालियर से दिल्ली के लिए रवाना हो गए। बता दें कि दिल्ली रवाना होने से पहले सीएम डॉ. मोहन यादव भावुक नजर आए। उनका कहना था कि वर्तमान दौर में कन्यादान के माध्यम से बेटी और पिता के लिए आज का दिन बहुत ही अलग प्रकार का होता है। बेटी जब घर से विदा होती है तो उसकी सभी यादें, जो वह अपने घर में गुजारती है, उन्हें याद कर एक पिता के दिल पर क्या बीतती है, इसका मुझे अहसास है। मेरी स्वयं की भी एक बेटी है, इसलिए मैं इस भावना को समझ सकता हूं। हमारे 16 संस्कारों में से एक पाणिग्रहण संस्कार होता है। बेटी का कन्यादान करके हम अपने दायित्व का निर्वहन करते हैं। मेरा आशीर्वाद है कि बेटी अपने नए घर में सुख, वैभव और दांपत्य जीवन में आनंदपूर्वक रहे।
शादी समारोह के शामिल होने के बाद सीएम यादव नीति आयोग की बैठक में शामिल होने के लिए शुक्रवार रात ग्वालियर एयरपोर्ट से दिल्ली रवाना हो गए थे। दो दिन की इस बैठक में उनके साथ मध्यप्रदेश के उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल भी गए हैं। दिल्ली रवाना होने से पहले एयरपोर्ट पर सीएम यादव ने कहा कि हम नीति आयोग की बैठक में शामिल होने जा रहे हैं। इसमें सभी मुख्यमंत्री और वरिष्ठ मंत्रियों से चर्चा होगी। 25 मई को प्रधानमंत्री मोदी हमारी बैठक लेंगे।
प्रदेश में स्वच्छ भारत मिशन 2.0 का प्रभावी क्रियान्वयन
23 May, 2025 10:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मध्यप्रदेश में स्वच्छ भारत मिशन 2.0 (शहरी) के अंतर्गत नगरों में गतिविधियां निरंतर जारी हैं। मिशन के तहत सभी गतिविधियां एक अक्टूबर 2026 तक संचालित होंगी। इसके लिये लक्ष्य भी तय कर लिये गये हैं। इन गतिविधियों में प्रमुख रूप से उपयोगी जल के प्रबंधन के साथ स्वच्छता व्यवहारों को संस्थागत स्वरूप प्रदान करते हुए उन्हें व्यवहारिक बनाना है। आगामी वर्षों में प्रदेश के शहरों को कचरा मुक्त बनाना, खुले में शौच से मुक्ति, मानदंडों ओडीएफ+, ओडीएफ++, वॉटर+ को स्थायी बनाये रखना, इसी के साथ स्वच्छता को जन आंदोलन बनाने के लिये नागरिकों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के प्रयास किये जा रहे हैं। स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत सभी कार्यवाही नगरीय विकास एवं आवास विभाग के अंतर्गत सुनिश्चित की जा रही हैं।
स्वच्छ भारत मिशन 2.0 के लक्ष्य
स्वच्छ भारत मिशन 2.0 के तहत प्रदेश में स्त्रोत पृथक्कीकरण, निर्माण एवं विध्वंस अपशिष्ट सहित कचरे के सभी भागों का पूर्ण प्रसंस्करण, प्लास्टिक अपशिष्ट और सिंगल यूज प्लास्टिक को चरणबद्ध रूप से कम करना और संपूर्ण लीगेसी वेस्ट को उपचारित करते हुए सभी शहरों को कचरा मुक्त बनाने का लक्ष्य रखा गया है। इस मिशन में इस बात पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है कि सीवर्स, सेप्टिक टैंक की सफाई में मानव श्रम को सीधे रूप से रोका जाये और मशीनों के माध्यम से सफाई की व्यवस्था की जाये। शहरी क्षेत्रों में उपयोगी जल को जल संरचनाओं में जाने से पूर्व उपचार और पुर्न-उपयोग के लिये सीवेज ट्रीटमेंट इकाई, नालों में इंटरसेप्शन व डायवर्जन आदि सुविधाओं का विकास करना प्रमुख है।
वित्तीय प्रावधान
स्वच्छ भारत मिशन 2.0 (शहरी) में मध्यप्रदेश में संचालित योजनाओं के लिये करीब 4 हजार 914 करोड़ रूपये का प्रावधान किया गया है, जिसमें करीब 2200 करोड़ रूपये की राशि केन्द्र सरकार की ओर से और 1800 करोड़ रूपये राशि राज्य सरकार के अंशदान के रूप में होगी।
धार्मिक एवं पर्यटन स्थल पर सुलभ कॉम्प्लेक्स की व्यवस्था
स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत नगरीय क्षेत्रों में उन स्थानों को चिन्हित किया जा रहा है, जिन स्थानों पर आवाजाही ज्यादा होती है। इनमें धार्मिक स्थल, पर्यटन स्थल के आस-पास सुलभ काम्प्लेक्स की सुविधाओं को सुनिश्चित करने के लिये नगरीय निकायों को कहा गया है।
“खेत-तालाब” से खेतों तक पानी, किसान लिखेंगे “समृद्धि” की नई कहानी
23 May, 2025 10:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : किसानों को फसलों की सिंचाई व पीने के लिए पर्याप्त पानी मिले, इसके लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में राज्य सरकार लगातार प्रयास कर रही है। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग मनरेगा योजना से विदिशा जिले में खेत-तालाब, अमृत सरोवर और कूप रिचार्ज पिट का निर्माण किया जा रहा है। खेत-तालाब व अमृत सरोवर बनने से खेतों को फसलों की आवश्यकता के समय पर्याप्त पानी उपलब्ध रहेगा। इससे किसान आर्थिक समृद्धि की नई कहानी लिखे सकेंगे। कुओं को रिचार्ज करने के लिए कूप रिचार्ज पिट कुओं का जल स्तर बना कर रखेंगे। परिणाम स्वरूप गर्मियों में भी पीने के लिए पर्याप्त मात्रा में पानी उपलब्ध रहेगा।
विदिशा जिले में 1,819 खेत-तालाब, 21 अमृत सरोवर और 1,709 रिचार्ज पिट्स का निर्माण
जल गंगा संवर्धन अभियान में विदिशा जिले की सभी 7 जनपद (बसौदा, ग्यारसपुर, कुरवाई, लटेरी, नटेरन, सिरोंज और विदिशा) में 21 अमृत सरोवरों के निर्माण का लक्ष्य रखा गया है, जिसमें से 14 अमृत सरोवरों का काम पूर्ण होने को है, शेष 7 पर काम प्रगतिरत है। सभी 7 जनपदों में 1 हजार 731 खेत-तालाब बनाए जाने का लक्ष्य रखा गया है। जिले में लक्ष्य से अधिक 1 हजार 819 खेत-तालाबों का निर्माण हो रहा है। जिले में 1 हजार 400 कुओं को बारिश के पानी से रिचार्ज करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, अब तक लक्ष्य से अधिक 1 हजार 709 कुओं के रिचार्ज पिट बनाए जाने का काम चल रहा है।
खेत-तालाब निर्माण में किसान खुद आगे आकर बन रहे सहभागी
जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत बुरहानपुर जिले में भी किसान अपने खेतों में खेत-तालाब बनाने में स्वयं आगे बढ़कर सहभागिता कर रहे है। खेत-तालाब से वर्षा जल संचित हो सकेगा और आस-पास के भूजल स्तर में भी वृद्धि होगी और किसानों को फसल उत्पादन में लाभ मिलेगा।
हेक्साकॉप्टर ड्रोन से सीड बॉल्स छिड़काव
जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया ने हेक्साकॉप्टर ड्रोन के माध्यम से सीड बॉल्स छिड़काव किया। हेक्साकॉप्टर ड्रोन से इमली और सीताफल के बीजों का छिड़काव किया गया। इसके लिए आजीविका मिशन की दीदियों ने ड्रोन के छिद्रों के अनुरूप विशेष रूप से सीड बॉल्स बनाए हैं। मंत्री भूरिया के बाद उपस्थित सभी अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों ने हाथीपावा पहाड़ी पर सीड बॉल्स का छिडकाव किया।
जोहिला नदी में श्रमदान से स्वच्छता अभियान
जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत जन अभियान परिषद की नवांकुर संस्था ने उमरिया जिले के गोरैया ग्राम पंचायत के सहयोग से ग्रामीणों ने श्रमदान कर जोहिला नदी में स्वच्छता अभियान चलाया गया। श्रमदानियों ने नदी तथा उसके आसपास जमा कचरे को साफ कर जल स्रोतो के आसपास स्वच्छता बनाए रखने का संदेश दिया।
उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने स्वास्थ्य अमले को दिलाई तंबाकू नियंत्रण की शपथ
23 May, 2025 10:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने रीवा से वर्चुअल माध्यम से राज्यभर के स्वास्थ्य अमले को तंबाकू नियंत्रण की शपथ दिलाई। उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने अपने संदेश में कहा कि तंबाकू का सेवन मुंह के कैंसर सहित अनेक जानलेवा बीमारियों का मुख्य कारण है। तंबाकू नियंत्रण के परिप्रेक्ष्य में पूरे राज्य में जनजागरूकता और संवेदनशीलता बढ़ाने का विशेष अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हमें आज की पीढ़ी को नशे की प्रवृत्तियों से बचाकर स्वस्थ और समर्थ राष्ट्र की नींव रखनी है।
उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने सभी स्वास्थ्य कर्मियों, अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से आग्रह किया कि वे तंबाकू और नशे के अन्य रूपों के दुष्प्रभावों के प्रति समुदाय को जागरूक करें, ताकि यह सामाजिक रूप से अस्वीकार्य बने। उन्होंने कहा कि यह केवल स्वास्थ्य का मुद्दा नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों की सुरक्षा और समृद्धि का सवाल है। इस अवसर पर उन्होंने स्वास्थ्य अमले को यह शपथ भी दिलाई कि वे न केवल स्वयं तंबाकू और नशे से दूर रहेंगे, बल्कि समाज में इसके प्रति जागरूकता फैलाने में अग्रणी भूमिका निभाएंगे।
लहार में स्थापित होगा नया औद्योगिक केंद्र : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
23 May, 2025 10:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने लहार में नया औद्योगिक केंद्र स्थापित करने की घोषणा की है। इसके साथ ही मछण्ड और असवार क्षेत्र को नगर परिषद बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेशभर में उद्योगों को बढ़ावा देकर युवाओं को रोजगार से जोड़ा जा रहा है। दूसरी ओर किसानों की आय बढ़ाने के लिए किसान और कृषि हित में अनेक निर्णय लिए गए हैं। किसान को फसलों का उचित दाम मिले और फसल बर्बाद न हो, इसके लिए प्रदेश में कृषि आधारित उद्योग स्थापित करने की दिशा में प्रयास हो रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव शुक्रवार को भिंड जिले के लहार में महिला स्व-सहायता समूह सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।
भिंड के युवाओं का पराक्रम सराहनीय
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय सेना ने शौर्य की गाथा लिखी है। भिंड के घर-घर से निकले जवान मां भारती की रक्षा में सीमाओं पर तैनात हैं। चंबल की धरती के सपूत लंबे समय से बॉर्डर पर दुश्मन का खात्मा करते आ रहे हैं। लहार का गौरवशाली अतीत महाभारत काल से भी जुड़ता है। ऐसा माना जाता है कि लहार में ही पांडवों के खिलाफ षड्यंत्र रचते हुए लाक्षागृह बनवाया गया था। भिंड वो धरती है, जहां कभी किसी के साथ अन्याय नहीं हो सकता है। वो दिन लद गए जब चंबल क्षेत्र में दस्युओं का डर दिखाकर लोगों पर अत्याचार होते थे। अब भिंड की जनता ने परिवर्तन का रास्ता चुना है। मध्यप्रदेश सरकार चंबल क्षेत्र के विकास के लिए पूरी तरह संकल्पित है। यहां जनता का प्रेम और आत्मीयता से मन भाव-विभोर है।
आलमपुर कॉलेज का नामकरण लोकमाता देवी अहिल्याबाई के नाम पर
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि लोकमाता देवी अहिल्याबाई का 300वां जयंती वर्ष चल रहा है। भिंड जिले के आलमपुर का कॉलेज अब लोकमाता देवी अहिल्याबाई के नाम से जाना जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने भिंड में विकास को गति प्रदान करते हुए 117 करोड़ रुपए से अधिक लागत के 33 विकास कार्यों का भूमिपूजन और 17 विकास कार्यों का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश का सिंचित क्षेत्र वर्तमान में 55 लाख हेक्टेयर है, इसे निकट भविष्य में 100 लाख हेक्टेयर तक लेकर जाएंगे। सिंचाई का रकबा बढ़ाने के लिए नदी जोड़ो परियोजनाओं पर कार्य हो रहा है। राजस्थान के साथ पार्वती-कालीसिंध-चंबल नदी परियोजना को 40 साल बाद मंजूरी मिली है। लगभग 70 हजार करोड़ की लागत से इस परियोजना का कार्य जारी है। इसी प्रकार पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी के सपने को पूरा करते हुए केंद्र सरकार की सहायता से केन-बेतवा लिंक परियोजना की नींव रखी गई है। बुंदेलखंड के कई जिले इससे लाभान्वित होंगे। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश के किसान की समृद्धि और जीवन सरल बनाने के लिए 5 रुपए में स्थायी बिजली कनेक्शन और 30 लाख सोलर पंप प्रदान करने की शुरुआत की गई है। किसानों को सिर्फ 10 प्रतिशत कीमत पर सोलर पंप मिल रहे हैं। किसानों को सम्मान निधि का लाभ मिल रहा है। हर महीने माताओं-बहनों को लाड़ली बहना योजना की राशि भी मिलती रहेगी।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार ने सामाजिक दायित्वों का निर्वहन करते हुए अनेक जनहितैषी निर्णय लिए हैं। इनमें राहवीर योजना शामिल है। अब सड़क हादसों के घायलों को अस्पताल पहुंचाने वाले व्यक्ति को 25 हजार रुपए प्रोत्साहन राशि मिलेगी। इसके साथ ही प्रदेश में गंभीर बीमारियों के पीड़ितों को एयर एम्बुलेंस का लाभ दिया जा रहा है। अब गरीब के परिवार के किसी व्यक्ति की अस्पताल में मृत्यु हो जाए तो सरकार ने पार्थिव शरीर घर पहुंचाने के लिए नि:शुल्क शव वाहन की व्यवस्था की है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विभिन्न हितग्राहीमूलक योजनाओं के तहत हितलाभ भी वितरित किये। ।
नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में मध्यप्रदेश को स्वर्णिम राज्य बनाने का लक्ष्य रखा है। सांसद संध्या राय ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने लहार क्षेत्र की जनता को अनेक विकास कार्यों की सौगात दी है। लहार विधायक अमरीश शर्मा ने क्षेत्र के विकास के लिए मुख्यमंत्री डॉ. यादव का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में विधायक नरेंद्र सिंह कुशवाहा, पूर्व मंत्री लाल सिंह आर्य एवं पूर्व मंत्री ओपीएस भदौरिया सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।
अंतर्राष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स को अत्याधुनिक बनाने गुणवत्ता पर बारीकी से ध्यान दें : मंत्री सारंग
23 May, 2025 09:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने कहा है कि नाथू बरखेड़ा में अंतर्राष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स को अत्याधुनिक बनाने के लिये बारीकी से गुणवत्ता पर ध्यान दें। उन्होंने पार्किंग, कैफेटेरिया, वॉटर सप्लाई, रिंग रोड, फायर सेफ्टी, वॉटर हार्वेस्टिंग आदि की सुव्यवस्थित प्लानिंग करने के निर्देश दिये। उन्होंने प्लान में अस्थाई पार्किंग और सोलर प्लांट को भी शामिल करने को कहा। मंत्री सारंग शुक्रवार को टी.टी. नगर खेल स्टेडियम में नाथू बरखेड़ा अंतर्राष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा कर रहे थे।
आवागमन के लिये मल्टीपल गेट बनाएं
मंत्री सारंग ने स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में मल्टीपल गेट बनाने को भी कहा, जिससे आवागमन में आसानी हो। उन्होंने कहा कि स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स में एक ही थीम पर साइनेज की व्यवस्था हो, इसके लिये एक ही कलर और एक ही फॉन्ट का उपयोग हो। मंत्री सारंग ने ऑफिस स्पेस के लिये प्रॉपर व्यवस्था करने को भी कहा। मंत्री सारंग ने पार्किंग तक पहुंच रोड बनाने और कनेक्टिविटी देने के निर्देश दिये।
स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का 80 प्रतिशत कार्य पूर्ण
मंत्री सारंग ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय मापदण्डानुसार निर्माणाधीन अंतर्राष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का लगभग 80 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है और शेष कार्यों को तेजी व गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूर्ण किया जा रहा है। उन्होंने निर्माण एजेंसियों को जल्द से जल्द गुणवत्तापूर्ण कार्य को पूर्ण करने के निर्देश दिए।
अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त होगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स
मंत्री सारंग ने एथलेटिक्स स्टेडियम, लाइटिंग सिस्टम, प्रैक्टिस हॉकी फील्ड, वार्म-अप ट्रैक, पार्किंग, फुटबॉल फील्ड, वॉटर एवं सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट और अन्य निर्माण कार्यों को तेज गति से करने के निर्देश दिये। उन्होंने प्रोजेक्ट की कंस्ट्रक्शन डिटेल्स का प्रस्तुतिकरण भी देखा और तकनीकी पहलुओं पर अधिकारियों से चर्चा की।
मंत्री सारंग ने कहा कि इस सर्व-सुविधायुक्त स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के तैयार होने से मध्यप्रदेश में खेलों के लिए एक नया आयाम स्थापित होगा। यहाँ के खिलाड़ियों को प्रशिक्षण से लेकर प्रतियोगिताओं तक की सभी सुविधाएं एक ही परिसर में मिलेंगी, जिससे उन्हें राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा करने में मजबूती मिलेगी।
बैठक में खेल संचालक राकेश कुमार गुप्ता, संयुक्त संचालक बी.एस. यादव, उप सचिव अजय श्रीवास्तव सहित इंजीनियर्स, प्रोजेक्ट मैनेजर और अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
स्व-सहायता समूह से जुड़कर सेल बाई दीदी ने बनाई अपनी पहचान
23 May, 2025 09:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : अलीराजपुर के ग्राम जाम्बू खेड़ा निवासी सेल बाई दीदी की जिंदगी कभी गरीबी और संघर्ष की कहानी थी। वर्षा आधारित खेती और मजदूरी के भरोसे चलने वाला उनका परिवार मुश्किल से 3 से 4 हजार रुपये मासिक कमाता था। पति और चार बच्चों के साथ जीवन बेहद कठिन था। ज़रूरतों के लिए कभी रिश्तेदारों से मदद मांगनी पड़ती, तो कभी साहूकारों के ऋण लेकर सालों तक चुकाना पड़ता था।
वर्ष 2017 में जब राज्य आजीविका मिशन के तहत स्व-सहायता समूह गठन के विषय में उनके फलिया में एक बैठक हुई। बैठक में उन्हें जानकारी मिली कि कैसे स्व-सहायता समूह बनते हैं, कौन जुड़ सकता है और क्या लाभ होते हैं। उन्होंने यह सब परिवार को बताया और सभी की सहमति से 'बाबा देब आजीविका समूह' से जुड़ गईं। यहीं से उनके जीवन में बदलाव की शुरुआत हुई।
स्व-सहायता समूह में जुड़ने के बाद उन्हें कृषि कार्यों का प्रशिक्षण मिला, जिससे कम लागत में अधिक उत्पादन की तकनीक सीखी। सरकारी योजनाओं की जानकारी मिली, बैंक से जुड़ाव बढ़ा और धीरे-धीरे आत्म-निर्भरता की ओर कदम बढ़ने लगे।
समूह से मिले ऋण की मदद से उन्होंने पहले खाद-बीज खरीदे, फिर बैल, सिंचाई पंप, पाइप और सिंचाई के अन्य साधन जुटाए। खेती में सुधार हुआ और दो फसलें उगाने लगीं। धीरे-धीरे उन्होंने भूमिगत पाइप लाइन लगवाई, जिससे सिंचाई क्षेत्र बढ़ा और आमदनी में उल्लेखनीय इज़ाफा हुआ। फिर पति के लिए फर्नीचर निर्माण कार्य के लिए मशीन खरीदी, जिससे घर पर ही फर्नीचर का काम शुरू हुआ।
आज उनका परिवार सब्जी की खेती, फर्नीचर निर्माण और खेती के माध्यम से हर महीने 20 से 22 हजार रुपये कमाता है। बच्चों को अच्छी शिक्षा प्राप्त हो रही है। एक बेटा तकनीकी शिक्षा के लिए बाहर गया है। कच्चे घर से अब चार कमरों का पक्का मकान बना है – प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत। प्रधानमंत्री उज्जवला योजना से गैस कनेक्शन भी मिला।
अब सेल बाई दीदी सिर्फ एक गृहणी नहीं हैं, बल्कि अपने परिवार की मजबूत आधारशिला हैं। गांव में पहचान बनी है, निर्णयों में उनकी भागीदारी है, बैंक और बाजार तक उनकी सीधी पहुंच है। भविष्य में वे ट्यूबवेल लगाकर तीन फसलें लेना चाहती हैं और एक बड़ी फर्नीचर दुकान खोलकर स्थायी रोजगार का साधन बनाना चाहती हैं।
सेल बाई दीदी गर्व से कहती हैं — "अगर आजीविका मिशन न होता, तो मैं आज भी मजदूरी कर रही होती, साहूकारों के कर्ज में डूबी होती और मेरे बच्चे शिक्षा से वंचित रह जाते। आजीविका मिशन हमारे जीवन में बदलाव लाने वाला वरदान साबित हुआ है।"
अंतर्राष्ट्रीय जैव विविधता दिवस पर विविध जागरूकता गतिविधियाँ
23 May, 2025 09:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : अंतर्राष्ट्रीय जैव विविधता दिवस पर वन विभाग द्वारा वनों के संरक्षण एवं संवर्धन के लिये विभिन्न जागरूकता गतिविधियाँ संचालित की जा रही हैं। इसी कड़ी में पश्चिम मण्डला सामान्य वन क्षेत्र में जैव विविधता पर आधारित स्कूली बच्चों की चित्रकला प्रतियोगिता, वृत्त चित्र स्क्रीनिंग, गाँव की सफाई और संयुक्त वन प्रबंधन समितियों की बैठकों के माध्यम से अंतर्राष्ट्रीय जैव विविधता दिवस मनाया गया।
इंदौर में सिटी बस किराया फिर बढ़ा, 10 महीनों में दूसरी बार ₹1 की वृद्धि
23 May, 2025 08:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
इंदौर: इंदौर में सिटी बस में सफर करना एक बार फिर महंगा हो गया है। एआइसीटीएसएल (AICTSL) ने बीते 10 महीनों में दूसरी बार किराया बढ़ाया है। इस बार हर श्रेणी में ₹1 की वृद्धि की गई है। अब शहर में 28 किलोमीटर तक सफर करने पर यात्रियों को ₹40 की जगह ₹42 चुकाने होंगे।
किराया बढ़ाने का आदेश जारी
एआइसीटीएसएल ने सभी बस ऑपरेटरों को नई दरें लागू करने का निर्देश दे दिया है। जानकारी के मुताबिक, पूर्व की बोर्ड बैठक में यह निर्णय लिया गया था कि हर वित्तीय वर्ष में किराए में 5 प्रतिशत की बढ़ोतरी की जाएगी।
60 करोड़ का घाटा झेल रहा एआइसीटीएसएल
संस्था इस समय करीब ₹60 करोड़ के घाटे में चल रही है। कई बार कर्मचारियों के वेतन में देरी हो जाती है और कुछ रूट्स पर नियमित बस संचालन भी बाधित रहता है, जिससे संचालन लागत बढ़ती जा रही है।
नया किराया विवरण (पुराना बनाम नया):
दूरी (किमी) पुराना किराया नया किराया
0 – 1.5 ₹5 ₹5
1.5 – 3 ₹10 ₹11
3.1 – 4.5 ₹15 ₹16
4.5 – 7.5 ₹20 ₹21
7.5 – 12 ₹25 ₹26
12.1 – 18 ₹30 ₹32
18.1 – 28 ₹35 ₹37
28.1 और उससे अधिक ₹40 ₹42
नशे की रोकथाम के लिए उज्जैन सहित प्रदेश के 18 धार्मिक नगरों में शराब पर प्रतिबंध: मुख्यमंत्री डॉ. यादव
23 May, 2025 03:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
उज्जैन: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव उज्जैन प्रवास के दौरान मक्सी रोड स्थित बाबा जय गुरुदेव आश्रम में संत श्री उमाकांत जी महाराज के सत्संग में सम्मिलित हुए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने संत श्री उमाकांत जी महाराज से भेट कर आशीर्वाद लिया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि 'जय गुरुदेव,नाम परमात्मा' का अमृत वाक्य है। ऋषि, मुनियों और संतो के आशीर्वाद से हमारा जीवन धन्य हो जाता है। साधु संतों को देखकर भगवान से मिलने का अनुभव प्राप्त होता है।ज्ञान प्राप्ति के लिए गुरु की आवश्यकता होती है।गुरु के मिलने से ज्ञान प्राप्त होता है और गुरु हमारे अंदर के अवगुण नष्ट कर सद्गुणों का रोपण कर अज्ञानता दूर करते है। देशभक्त नागरिक बनाना और चरित्रवान व्यक्तित्व का निर्माण करना गुरु का कर्तव्य है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि नशे से नास होता है और परिवार तबाह हो जाता है। परिवारों को इससे बचाने के लिए सरकार ने उज्जैन नगर निगम सीमा में और प्रदेश के अन्य 18 धार्मिक नगरों में शराब बंदी की गई है। सरकार द्वारा दूध उत्पादन को बढ़ावा दिया जा रहा है और सरकारी गौशाला भी बनाई जा रही है। दूध उत्पादन पर अनुदान दिया जा रहा है। सरकार द्वारा 25 गाय पालने वाला गौपालकों को 25 प्रतिशत अनुदान मिलेगा। अब गाय माता का दूध भी खरीदा जा रहा है। राज्य में देश का 9 प्रतिशत दूध उत्पादन होता है। सरकार इसे बढ़ाकर 20 प्रतिशत तक ले जाने के लिए प्रतिबद्ध है इससे किसानों और पशुपालकों की आय बढ़ेगी।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सिंहस्थ 2028 को भव्य, आलौकिक और दिव्य बनाने के लिए स्थाई सिंहस्थ क्षेत्र बनाया जा रहा हैं जिससे श्रद्धालुओं के बीच सत्संग के आयोजन 12 साल सतत् चलता रहे। गौहत्या पर उम्र कैद की सजा और खुले में मांस बेचना भी सरकार ने प्रतिबंधित किया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव आश्रम में श्रद्धालुओं से भी मिले।
इस अवसर पर विधायक श्री अनिल जैन कालूहेड़ा, महापौर श्री मुकेश टटवाल, जनप्रतिनिधि श्री संजय अग्रवाल, बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव और श्रद्धालुओं द्वारा भक्ति भाव से गुरुदेव जी का सत्संग का श्रवण किया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव श्री अनंत नारायण मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह में शामिल हुए
23 May, 2025 03:01 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
उज्जैन: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन उज्जैन प्रवास के दौरान यादव गोला मंडी स्थित श्री अनंत नारायण मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह में शामिल हुए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने श्री अनंत नारायण भगवान का पूजन अर्चन किया और भगवान से देश प्रदेश की सुख समृद्धि की प्रार्थना की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव का श्री अनंत नारायण मंदिर ट्रस्ट की ओर से स्वागत किया गया। इसके पश्चात् मुख्यमंत्री डॉ. यादव पोरवाल समाज द्वारा आयोजित भजन संध्या में शामिल हुए। भजन गायिका श्रीमती प्रियंका गुप्ता ने भजनों की सुमधुर प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।
इस अवसर पर विधायक श्री अनिल जैन कालूहेड़ा, जनप्रतिनिधि श्री संजय अग्रवाल, श्री अनंत नारायण ट्रस्ट से श्री महेश चौधरी, श्री द्वारकाधीश चौधरी उपस्थित रहे।
इन्वेस्ट मध्यप्रदेश के तहत नरसिंहपुर में कृषि उद्योग समागम, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ होंगे मुख्य अतिथि
23 May, 2025 01:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल: वर्ष 2025 को प्रदेश में उद्योग एवं रोजगार के वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है। इन्वेस्ट मध्यप्रदेश के अंतर्गत असीम संभावनाओं को देखते हुए 26 मई को नरसिंहपुर में कृषि उद्योग सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। सम्मेलन का उद्घाटन उपराष्ट्रपति श्री जगदीप धनखड़ करेंगे। कार्यक्रम में राज्यपाल श्री मंगूभाई पटेल, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सहित मंत्रीगण, सांसद, विधायक, जनप्रतिनिधि, अधिकारी, उद्योगपति, किसान, आमजन आदि उपस्थित रहेंगे।
कार्यक्रम का उद्देश्य
मध्यप्रदेश में कृषि आधारित उद्योगों को बढ़ावा देने, खाद्य प्रसंस्करण में निवेश आकर्षित करने तथा किसानों को बेहतर बाजार से जोड़ने के लिए "कृषि उद्योग सम्मेलन 2025" का आयोजन किया जा रहा है। यह सम्मेलन उद्योगपतियों, कृषक उत्पादक संगठनों तथा नीति निर्माताओं के बीच संवाद, नीति प्रस्तुतिकरण तथा सहयोग के अवसर प्रदान करेगा। कार्यक्रम में औद्योगिक इकाइयों का शिलान्यास एवं लोकार्पण तथा उद्योगपतियों को भूमि आवंटन पत्र एवं आशय पत्र का वितरण भी शामिल होगा।
राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने तथा खेती को लाभप्रद बनाने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है। मध्य प्रदेश के किसान समृद्ध होंगे तो प्रदेश और देश भी समृद्ध होगा। राज्य सरकार युवाओं, महिलाओं और किसानों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। कृषि उद्योग सम्मेलन में आधुनिक कृषि तकनीकों और उपकरणों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। सम्मेलन में कृषि के साथ-साथ खाद्य प्रसंस्करण, बागवानी और पशुपालन से जुड़ी जानकारी भी उपलब्ध रहेगी।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव देवी अहिल्याबाई होल्कर महानाटक के मंचन में शामिल हुईं
23 May, 2025 01:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि यह हम सब का सौभाग्य है कि मध्यप्रदेश की ऐसी महान शासिका देवी अहिल्याबाई के जीवन के विभिन्न प्रसंगों को नाट्य मंचन के माध्यम से परिचित होने का अवसर मिल रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव गुरूवार को कालिदास संस्कृत अकादमी के पण्डित सुर्यनारायण व्यास संकुल सभा गृह में देवी अहिल्या बाई की 300वीं जयंती वर्ष के अवसर पर अहिल्या बाई होलकर महानाटय – जीवन, अवदान और वैभव का गान के मंचन कार्यक्रम में शामिल हुए।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने डॉ. साधना बलवटे की लिखी पुस्तक ‘’अहिल्या रूपेण संस्थिता’’ का विमोचन किया गया। इस अवसर पर प्रभारी मंत्री श्री गौतम टेटवाल, विधायक श्री अनिल जैन कालुहेड़ा, महापौर श्री मुकेश टटवाल, नगर निगम सभापति श्रीमती कलावती यादव, श्री संजय अग्रवाल, संस्कार भारती के सह कोषाअध्यक्ष श्री श्रीपाद जोशी, श्री विशाल राजोरिया, श्री जगदीश अग्रवाल, देवी अहिल्या बाई जयंती समारोह के जिला संयोजक श्री उमेश सेंगर, श्री जगदीश पांचाल एवं अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद थे।
अतिथियों द्वारा मां सरस्वती और देवी अहिल्या बाई के चित्र के समक्ष दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। संस्कृति संचलनालय के संचालक श्री एन.पी. नामदेव और कालिदास संस्कृत अकादमी के निदेशक ड़ॉ. गोविंद गंधे ने अतिथियों का स्वागत किया।
केन्द्र और राज्य सरकार देवी अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती वर्ष के दौरान विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करा रही हैं। देवी अहिल्याबाई ऐसी बेटी थीं, जो विवाह के बाद सास-ससुर की भी बेटी ही बन कर रहीं। बचपन में देवी अहिल्याबाई ने बाजीराव जी की सवारी निकलने पर अपने स्थान से हटने से मना कर दिया था, क्योंकि वे उस समय भगवान शिव की पूजा कर रही थीं, यह प्रसंग उनके साहस को दर्शाता है। देवी अहिल्या बाई सदगुणों की खान थीं। उन्हें शास्त्रों के साथ शस्त्रों की भी शिक्षा प्रदान की गई थी। पति द्वारा युद्ध में जीती गई धन राशि को उन्होनें शासकीय खजाने में जमा करने के लिए कहा था, जो कि उनकी उदारता को दर्शाता है।
देवी अहिल्याबाई ने प्राचीन सोमनाथ मंदिर और काशी विश्वनाथ मंदिर का जीर्णोद्धार कराया था। उन्होंने सनातन धर्म की ध्वजा को धारण करके एक आदर्श जीवन जिया है, जो सबके लिए अनुकरणीय है। उन्होंने कष्ट सहकर भी सुशासन की मिसाल पेश की। देवी अहिल्याबाई ने आमजन के लिये रोजगार के अवसर और उनकी बेहतरी के लिए महेश्वर में दक्षिण भारत के कारीगर बुलाकर हाथ से बुनी हुई साड़ी बुनने की कला से स्थानीय लोगों को परिचित करवाया। आज महेश्वर की साडि़यां विश्व भर में प्रसिद्ध हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश शासन ने महेश्वर और इन्दौर के राजवाड़ा में कैबिनेट बैठक का आयोजन देवी अहिल्याबाई होलकर की 300वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में ही किया है। उन्होंने कहा कि आगामी 31 मई को शासन द्वारा भोपाल में नारी सशक्तिकरण पर आधारित कार्यक्रम का भव्य स्तर पर आयोजन किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अपनी ओर सभी कलाकारों को शुभकामनाएं दीं और उनका सम्मान किया। मुख्यमंत्री निधि से कलाकारों को 5 लाख रूपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान करने की भी घोषणा की गई।
कार्यक्रम में जानकारी दी गई कि मध्यप्रदेश शासन द्वारा देवी अहिल्याबाई होलकर की 300वीं जयंती वर्ष के अवसर पर प्रदेश के पांच प्रमुख शहरों में देवी अहिल्या बाई पर केंद्रित नाटयों का मंचन किया जा रहा है। कालिदास संस्कृत अकादमी में महानाट्य की प्रस्तुति नागपुर के कलाकारों द्वारा सुश्री प्रियंका ठाकुर के निर्देशन में दी गई।
ग्वालियर में बिजली की बदहाली से लोगों का हाल बेहाल, भीषण गर्मी में अघोषित बिजली कटौती से रहवासी परेशान.
23 May, 2025 11:55 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
ग्वालियर: मध्य प्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर भले ही बिजली बचाने के नाम पर बिना प्रेस किए कपड़े पहनते हों, लेकिन उनके जिले में कई लोगों को बिना बिजली रातें काटनी पड़ रही हैं. कभी मेंटेनेस तो कभी कटौती के नाम पर घंटों बिजली गुल रहती है. हालात यह हैं कि शिकायतों के बावजूद इस भीषण गर्मी में कोई सुनवाई नहीं होती है. ये हालत ग्वालियर के नगरीय क्षेत्र के कई इलाकों में बनी हुई है.
शहर के ज्यादातर इलाके बेहाल
असल में वर्षों पहले कांग्रेस की दिग्विजय सरकार के समय जो हालत बिजली को लेकर थे. इन दिनों लोगों को उसी दौर का अहसास हो रहा है. क्योंकि 48 घंटे में शहर में 60 से ज्यादा फाल्ट की शिकायतें आई और भीषण गर्मी में लोग मेंटिनेंस के नाम पर बिना बिजली घरों में बेचैन रहे. हालात लगातार ऐसे ही बने हुए हैं, क्योंकि बिजली कंपनी 24 घंटे बिजली आपूर्ति करने में असफल दिख रही है. शहर के आदित्यपुरम, शब्द प्रताप आश्रम, हुरावली, श्री विहार फीडर समेत कई फीडरों पर ओवरलोड की वजह से ट्रांसफार्मर फाल्ट हो रहे हैं. जिसकी वजह से स्थानीय बिजली उपभोगता और जनता को परेशानी से जूझना पड़ रहा है.
सारी रात लगा रहता है बिजली का आना-जाना
बीते रोज आई आंधी बारिश की वजह से शहर के ज्यादातर इलाकों में बिजली हर 10 मिनट में आती जाती रही. महाराजपुरा फीडर अंतर्गत आने वाले आदित्यपुरम, शुभांजलिपुरम के साथ तमाम ऐसे क्षेत्र हैं. जहां, बार बार ट्रिपिंग की समस्या की वजह से लोगों के घर बिजली का आना जाना लगा रहा. हालांकि, इस समस्या से अफसरों को फर्क नहीं पड़ा है. शायद इसलिए वे हमेशा की तरह रटे रटाए जवाब देकर पल्ला झाड़ लेते हैं.
अधिकारियों का वही रटा रटाया जवाब
बिजली कंपनी के महाप्रबंधक नितिन मांगलिक का कहना है, "मध्य प्रदेश शासन के निर्देश पर अब कहीं भी कटौती नहीं है. बिजली बाधित होने की समस्या के पीछे कभी खराब मौसम तो कभी ज्यादा लोड वजह होती है. हालांकि, इन परिस्थितियों से निपटने के लिए ट्रांसफार्मर्स पर लोड परिवर्तित किया जा रहा है." उनका यह भी कहना है कि गर्मी के मौसम में एसी-कूलर की वजह से घरों में बिजली का लोड बढ़ जाता है और इसके लिए बिजली कंपनी द्वारा भी न तो सप्लाई लोड बढ़ाया गया है.
शिकायतों की अनदेखी पर खानापूर्ति वाला जवाब
लगातार होने वाली शिकायतों की अनदेखी पर भी अधिकारियों का कहना है, "ऐसा नहीं है जब भी शिकायतें प्राप्त होती हैं. शिकायतों की तासीर के मुताबिक, निर्णय लिया जाता है. जैसे कहीं अगर केबल जल जाती है तो उसे ठीक करने में ज्यादा समय लगता है और अगर कहीं कोई साधारण समस्या होती है तो उसे एक घंटे में ठीक कर दिया जाता है. बिजली कंपनी लगातार उपभोक्ताओं को बिना परेशानी बिजली उपलब्ध कराने का लगातार प्रयास कर रही है.
थकान होगी छूमंतर: ऑफिस से लौटकर 20 मिनट अपनाएं यह तरीका, शरीर में आएगी ताजगी।
धूप में चक्कर आए तो न हों परेशान: ये 5 आसान तरीके आपको तुरंत देंगे राहत।
श्रीनगर में आतंकियों का खौफनाक प्लान फेल, महिला सहयोगी सहित 4 पकड़े गए
चोट को दी मात: कोहनी और कंधे की समस्या से उबरे मिचेल स्टार्क, डीसी कैंप से जुड़ने को तैयार
कारोबारी जगत में शोक, शिवरतन अग्रवाल को दी जा रही श्रद्धांजलि
एम्स ऋषिकेश में आज बड़ा आयोजन, उपराष्ट्रपति की मौजूदगी से बढ़ी गरिमा
बिहार में कैबिनेट विस्तार की तैयारी, नए मंत्रियों की एंट्री पर सियासी सरगर्मी
