मध्य प्रदेश
हेमंत खंडेलवाल राजनीतिक सफर: सांसद से लेकर विधायक और अब पार्टी अध्यक्ष तक की यात्रा
1 Jul, 2025 06:29 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । मध्य प्रदेश भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष को लेकर तस्वीर साफ हो गई है। प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए सिर्फ हेमंत खंडेलवाल ने ही नामांकन किया है, उनके अलावा किसी अन्य सदस्य ने दावेदारी पेश नहीं की है। ऐसे में हेमंत खंडेलवाल का निर्विरोध प्रदेश अध्यक्ष बनना तय माना जा रहा है। पार्टी सूत्रों का कहना है कि बुधवार को प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में उनके नाम का औपचारिक एलान किया जाएगा। नामांकन के दौरान सीएम डॉ मोहन यादव, वीडी शर्मा, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, केंद्रीय मंत्री वीरेंद्र खटीक, प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष वीडी शर्मा, मंत्री प्रह्लाद पटेल, डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल, डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा और मंत्री राकेश सिंह समेत कई नेता प्रस्तावक के रूप में उनके साथ मौजूद रहे। खंडेलवाल मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मथुरा के रहने वाले हैं। उनका जन्म 3 सितंबर 1964 को मथुरा में हुआ था। खंडेलवाल को राजनीति और समाजसेवा के संस्कार अपने पिता स्वर्गीय विजय कुमार खंडेलवाल से विरासत में मिले हैं। विजय कुमार खंडेलवाल भाजपा से सांसद रह चुके हैं। पिता के निधन के बाद हेमंत खंडेलवाल ने उनकी राजनीतिक और समाजिक विरासत संभाली। हेमंत अपने पिता के समय से ही जनसेवा के लिए समर्पित रहे हैं।
पिता के निधन के बाद राजनीति में आए, पहला चुनाव जीते
जानकारी के अनुसार, हेमंत खंडेलवाल के सक्रिय राजनीतिक सफर की शुरुआत 2008 में हुई थी। दरअसल, पिता विजय कुमार खंडेलवाल के निधन से बैतूल लोकसभा सीट खाली हो गई। इस दौरान हुए उपचुनाव में भाजपा ने हेमंत खंडेलवाल को टिकट देकर चुनावी मैदान में उतारा। हेमंत का सामना कांग्रेस प्रत्याशी सुखदेव पांस से था, जिन्हें हराकर वे लोकसभा पहुंचे थे। इसके बाद वे 2013 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के हेमंत वागद्रे को हराकर विधायक बने और 2018 तक बैतूल विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया। 2018 के विस चुनाव में भाजपा ने उन्हें फिर से प्रत्याशी बनाया, लेकिन इस बार वे कांग्रेस के निलय डागा से चुनाव हार गए। पांच साल बाद 2023 में हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा ने एक बार फिर खंडेलवाल पर भरोसा जताया। इस दौरान उन्होंने निलय डागा को हराकर अपनी पारिवारिक सीट पर फिर से कब्जा कर लिया।
जनसेवा से बनाई अपनी पहचान
हेमंत खंडेलवाल ने अपने राजनीतिक जीवन में हमेशा जनता की समस्याओं को प्राथमिकता दी है। क्षेत्र के विकास, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और किसानों के मुद्दों पर वे हमेशा मुखर और सक्रिय रहे हैं। उनके प्रयासों से बैतूल में कई विकास योजनाएं क्रियान्वित की गईं, जिनका आमजन को सीधा लाभ मिला है।
सांसद, विधायक ही नहीं कोषाध्यक्ष भी रहे
हेमंत खंडेलवाल भाजपा की ओर से सांसद और विधायक रहने के साथ-साथ पार्टी में भी जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। वे मप्र भाजपा के कोषाध्यक्ष रह चुके हैं। कुशाभाऊ ठाकरे विचार न्यास के अध्यक्ष भी हैं। इसके अलावा भी उन्होंने पार्टी और संगठन में कई जिम्मेदारियां संभाली है। 1990 में शादी हुई, दो बच्चों के पिता हैं खंडेलवाल हेमंत खंडेलवाल नेता होने के साथ-साथ उद्योगपति और किसान भी हैं। उन्होंने बीकॉम और एलएलबी की डिग्री ले रखी है। उन्होंने 12 फरवरी 1990 में रितु खंडेलवाल से विवाह किया था। दोनों के दो बच्चे हैं, जिनमें एक बेटा और एक बेटी है। उनके पिता पूर्व सांसद विजय कुमार खंडेलवाल का निधन हो चुका है। मां कांति खंडेलवाल परिवार के साथ रहती हैं।
BMHRC में खुलेगा मेडिकल कॉलेज, विश्व डॉक्टर्स डे पर सांसद ने की घोषणा
1 Jul, 2025 06:19 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। भोपाल स्मारक अस्पताल एवं अनुसंधान केंद्र (बीएमएचआरसी) में जल्द ही एक मेडिकल कॉलेज खोला जाएगा। विश्व डॉक्टर्स डे के अवसर पर आयोजित समारोह में भोपाल सांसद आलोक शर्मा ने यह घोषणा है। उन्होने बीएमएचआरसी की प्रभारी निदेशक डॉ. मनीषा श्रीवास्तव को इसका प्रस्ताव (DPR) तैयार करने के निर्देश दिए हैं। इस दौरन सांसद शर्मा ने हृदय विभाग की नई इकोकार्डियोग्राफी मशीन का उद्घाटन भी किया। साथ ही एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत परिसर में एक औषधीय पौधा रोपा। इस अवसर पर संस्थान के चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ और प्रबंधन के लोग मौजूद थे।
अब समय है कि अस्पताल का विस्तार किया जाए
सांसद कहा कि भोपाल शहर की आबादी में काफी वृद्धि हुई है और बीएमएचआरसी लंबे समय से गैस पीड़ितों का इलाज कर रहा है। अब समय है कि अस्पताल का विस्तार किया जाए। हाल ही में, आयुष्मान कार्ड और बीपीएल कार्ड धारकों का इलाज भी बीएमएचआरसी में शुरू किया गया है, लेकिन शहर की बढ़ती जरूरतों को देखते हुए अब यहां मेडिकल कॉलेज और स्वास्थ्य से संबंधित अन्य इकाइयां स्थापित करना आवश्यक है। विशेष रूप से कैंसर और किडनी के इलाज के लिए विशेष केंद्र यहां बनने चाहिए। जिससे गरीब और समाज के अंतिम व्यक्ति तक अच्छी स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाई जा सकें।
डॉक्टरों को किया सम्मानित
समारोह में सांसद आलोक शर्मा ने बीएमएचआरसी के ऑडिटोरियम में स्वास्थ्य सेवाओं में उत्कृष्ट योगदान देने वाले डॉक्टरों को सम्मानित किया और स्मृति चिन्ह प्रदान किए। बता दें, BMHRC की स्थापना को 25 वर्ष पूरे हो चुके हैं। सांसद ने डॉ. मनीषा श्रीवास्तव से 100 एकड़ में फैले इस अस्पताल में नया मेडिकल कॉलेज खोलने और नए मेडिकल एवं जनरल मेडिसिन विभाग की स्वीकृति के लिए दिल्ली से प्रस्ताव जल्द पारित कराने हेतु डीपीआर तैयार करने को कहा है।
सीएम 4 जुलाई को प्रतिभाशाली 94 हजार 234 विद्यार्थियों को वितरित करेंगे लैपटॉप
1 Jul, 2025 05:16 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शुक्रवार 4 जुलाई को भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे कन्वेंशन सेंटर में प्रतिभाशाली विद्यार्थी प्रोत्साहन योजना में लैपटॉप वितरित करेंगे। कार्यक्रम में स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह भी मौजूद रहेंगे। स्कूल शिक्षा विभाग की प्रतिभाशाली विद्यार्थी प्रोत्साहन योजना में मध्यप्रदेश माध्यमिक शिक्षा मण्डल की 12वीं बोर्ड परीक्षा में 75 प्रतिशत अथवा उससे अधिक अंक अर्जित करने वाले प्रति विद्यार्थी को 25 हजार रुपये की राशि लैपटॉप क्रय करने के लिये उनके बैंक खाते में अंतरित करेंगे। इस वर्ष 94 हजार 234 विद्यार्थियों को लैपटॉप के लिये 235 करोड़ 58 लाख 50 हजार रूपये की राशि दी जा रही है।
500 से अधिक विद्यार्थी और शिक्षक करेंगे सहभागिता
कार्यक्रम में प्रदेश के 500 से अधिक विद्यार्थी और शिक्षक सहभागिता करेंगे। प्रदेश में पिछले वर्ष 2023-24 में 89 हजार 710 प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के बैंक खातों में 224 करोड़ 27 लाख 50 हजार रुपये की राशि अंतरित की गयी थी। प्रदेश में यह योजना वर्ष 2009-10 से संचालित हो रही है। पिछले 15 वर्षों में इस योजना में 4 लाख 32 हजार 16 विद्यार्थियों के बैंक खातों में एक हजार 80 करोड़ 4 लाख रुपये की राशि प्रोत्साहन स्वरूप लैपटॉप के लिये अंतरित की जा चुकी है।
भोपाल में लिव-इन पार्टनर की बेरहमी से हत्या, चादर में लिपटा मिला महिला का शव
1 Jul, 2025 05:10 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में हत्या की एक सनसनीखेज वारदात के सामने आने से हड़कंप मच गया. भोपाल के बजरिया थाना क्षेत्र में रहने वाले एक लिव-इन कपल के बीच ऐसा क्या हुआ कि प्रेमी ने अपनी प्रेमिका की हत्या कर दी?
पुलिस की जांच में सामने आया है कि मरने वाली महिला का नाम रितिका सेन है, जिसकी उम्र 29 साल रही होगी. उसके प्रेमी सचिन राजपूत ने गला घोंटकर उसे मौत के घाट उतार दिया. पुलिस को शव चार दिन बाद सड़ी-गली हालत में मिला।
रितिका के शव को चादर में लपेटकर फ्लैट में छोड़ गया सचिन
सचिन और रितिका एक दूसरे को काफी समय से जानते थे और बीते साढ़े 3 साल से लिव-इन में रह रहे थे. 27 जून की रात दोनों में किसी बात पर झगड़ा हुआ था. आरोपी है कि इसी बात से गुस्साए सचिन ने रितिका का गला दबाकर उसकी जान ले ली. फिर शव को चादर में लपेटा, रस्सी से बांधा और कमरे में ही छोड़कर फरार हो गया।
नशे में सचिन ने दोस्त को बताई हत्या की बात
हत्या करने के बाद सचिन अपने एक दोस्त के पास गया और शराब पीने लगा. नशे में उसने दोस्त हत्या की बात बता दी, लेकिन दोस्त को यकीन नहीं हुआ. अगली सुबह जब नशा उतरा तो सचिन ने फिर दोस्त को पूरी सच्चाई बताई. इसके बाद दोस्त ने पुलिस को सूचना दी।
घटनास्थल से पुलिस को मिले सबूत
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. सचिन की निशानदेही पर रितिका का शव गायत्री नगर स्थित किराये के मकान से बरामद किया गया. शव करीब 4 दिन पुराना था और सड़ने लगा था. पुलिस का कहना है कि घटनास्थल से जरूरी सबूत मिले हैं और मामले की जांच जारी है।
मध्य प्रदेश के 230 गांव 22 कामों से बनेंगे आदर्श, कैबिनेट में अहम प्रस्तावों को मंजूरी
1 Jul, 2025 05:05 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल: मध्य प्रदेश के हर विधानसभा के एक गांव को सरकार वृंदावन गांव के रूप में विकसित करेगी. इस गांव को आदर्श गांव के रूप में विकसित किया जाएगा. इन गांवों में सोलर लाइट के अलावा तमाम सुख सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी. मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट की बैठक में इस प्रस्ताव को अपना अनुमोदन दे दिया है. कैबिनेट की बैठक में प्रदेश में 1266 पदों पर फॉरेंसिंक एक्सपर्ट की नियुक्तियां किए जाने के प्रस्ताव पर मुहर लगा दी गई है.
2 हजार से कम आबादी वाले गांव बनेंगे वृंदावन
उप मुख्यमंत्री डॉ. राजेन्द्र शुक्ल ने कैबिनेट में हुए निर्णयों की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि "प्रदेश की सभी विधानसभा के एक गांव को वृंदावन ग्राम बनाया जाएगा. इसमें ऐसे गांव को सिलेक्ट किया जाएगा. जिनकी आबादी 2 हजार से कम होगी. ऐसे गांव को आदर्श गांव बनाने के लिए सामुदायिक भवन, आंगनबाड़ी भवन, सोलर स्ट्रीट लाइट, स्वास्थ्य केन्द्र, स्कूल भवन, पुस्तकालय, ग्रामीण सड़क, ड्रिप इरिगेशन, शांति धाम, जल निकासी के लिए नाली, सार्वजनिक उद्यान को विकसित किया जाएगा. इसके लिए राज्य सरकार द्वारा बजट का प्रावधान किया जाएगा. इसमें किसी भी गांव में हुई बेस्ट प्रैक्टिस को अपनाया जाएगा.
प्रधानमंत्री सड़क योजन के तहत बनाई गई सड़कों के क्षतिग्रस्त पुल-पुलिया का पुर्ननिर्माण किया जाएगा. राज्य सरकार ने ऐसे 1766 पुलों को चिन्हित किया है. इसके लिए राज्य सरकार 4572 करोड़ रुपए खर्च करेगी. कैबिनेट ने इसके लिए सैद्धांतिक स्वीकृति दे दी है. अगले 5 सालों में इसके बनने से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन बेहतर होगा. इसका निर्माण ग्रामीण विकास विभाग द्वारा किया जाएगा.
मध्य प्रदेश के पिछड़ा वर्ग के छात्रावासों में राज्य सरकार मैस सुविधा शुरू करेगी. कैबिनेट ने इसकी मंजूरी दे दी है. इस पर सरकार 31 करोड़ रुपए खर्च करेगी. राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय का रीजनल कैंपस भोपाल के राजीव गांधी तकनीकि विश्वविद्यालय में खोला जाएगा. कैबिनेट की बैठक ने आरजीपीवी की 10 एकड़ भूमि रिजर्व करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है.
यहां जल्द ही रक्षा विश्वविद्यालय के भवन का निर्माण शुरू होगा. निर्माण कार्य पूर्ण होने तक विश्वविद्यालय आरजीपीवी की बिल्डिंग में संचालित होगा. राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय के शुरू होने से मध्य प्रदेश के अलावा महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, राजस्थान, उत्तर प्रदेश सहित दूसरे राज्यों के स्टूडेंट्स को भी फायदा होगा.
कैबिनेट ने गृह विभाग के प्रस्ताव को भी मंजूरी दे दी. भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 के लागू हाने के बाद 7 साल और उससे ज्यादा की सजा वाले अपराधों में फॉरेंसिक विशेषज्ञों की जरूरत को पूरा करने के लिए मध्य प्रदेश में 1266 नए पदों को सृजन करने के प्रस्ताव को कैबिनेट ने मंजूरी दे दी.
मंत्री संपतिया उइके मामले में पटवारी बोले-1 हजार करोड़ की जांच 4 दिन में पूरी कैसे
1 Jul, 2025 05:03 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। मध्य प्रदेश की लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की मंत्री संपतिया उइके के 1000 करोड़ रुपए कमीशन लेने के आरोप मामले में कांग्रेस पार्टी ने सरकार पर हमला बोल दिया है। पीसीसी चीफ जीतू पटवारी ने जांच को लेकर कहा कि यह भारतीय जनता पार्टी का चाल, चरित्र और चेहरा है, जो देश और दुनिया को स्पष्ट दिख रहा है। पटवारी ने कहा कि 21 तारीख को जांच के आदेश दिए जाते हैं और 25 तारीख को जांच पूरी हो जाती है। 4 दिनों में एक हजार करोड़ रुपए की जांच समाप्त हो जाना अपने आप में बहुत कुछ बयां करता है। उन्होंने कहा है कि मामले में प्रधानमंत्री को वह पत्र लिखेंगे और सीबीआई जांच की मांग करेंगे।
मंत्री को तत्काल देना चाहिए अपने पद से इस्तीफा
पीसीसी चीफ पटवारी ने कहा कि वे जल जीवन मिशन में हुए भ्रष्टाचार को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक पत्र लिखिंगे। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में जल जीवन मिशन के 60% कमीशन का मामला है। इसका भौतिक सत्यापन होना चाहिए। मंत्री को तत्काल अपना इस्तीफा देना चाहिए। जीतू पटवारी ने कहा कि प्रधानमंत्री को एक नेशनल टीम भेजकर इसकी जांच करनी चाहिए। साथ ही इसकी सीबीआई जांच भी कराई जाना चाहिए।
सरकार बीजेपी की है, इसलिए बीजेपी की जांच एजेंसी
पटवारी ने कहा कि प्रधानमंत्री जी का दावा था कि न खाऊंगा और न खाने दूंगा। लेकिन यहां भारतीय जनता पार्टी सिर्फ खाने का काम कर रही है। बीजेपी के नेता ही खा सकते हैं, दूसरों को उसमे भी कोई छूट नहीं है। खांऊगा ही और हम ही खाएंगे, ये भाजपा का नया नारा है। देश में नरेंद्र मोदी जी ने एक ऐसा देश बनाने की बात कही थी, जिसमें कोई भ्रष्टाचारी बच नहीं सकता। पटवारी ने कहा कि 21 तारीख को जांच के आदेश दिए जाते हैं और 25 तारीख को जांच पूरी हो जाती है। ये इसलिए की मंत्री बीजेपी की है, सरकार बीजेपी की है। इसलिए कि बीजेपी की जांच एजेंसी है। क्या ये मोदी का नया भारत है, न खांऊगा न खाने दूंगा। अगर विपक्ष का हो तो छीछालेदर और अपना हो तो उसमे शहद डाल दो। अगर ये देश के लिए हित में नहीं है, तो हमे लड़ना पड़ेगा।
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने भी बोला हमला
मध्य प्रदेश विधानसभा नेता प्रतिपक्ष ने भी मामले में सोशल मीडिया के माध्यम से सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने एक्स पर लिखा कि जनता को न नल मिला, न जल - मिला तो सिर्फ घोटालों का दल! जल जीवन मिशन के 30,000 करोड़ में से 1,000 करोड़ के कमीशन की शिकायत अप्रैल में सीधे प्रधानमंत्री कार्यालय तक गई, जिसमें मंत्री @SampatiyaUikey और अफसरों पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए गए। मामले को दो महीने तक दबाए रखने के बाद पीएचई विभाग ने जून के अंत में जांच के आदेश दिए और खानापूर्ति करते हुए विभाग ने मंत्री जी को क्लीनचिट भी दे डाली।
शिकायत के फौरन बाद जांच शुरू क्यों नहीं की ग गई
सिंघार ने आगे लिखा कि यहां सवाल उठते हैं कि PMO में शिकायत के फौरन बाद जांच शुरू क्यों नहीं की गई और इसे दो महीने तक लटकाया गया? जांच का जिम्मा किसी स्वतंत्र एजेंसी के बजाय विभाग से जुड़े अधिकारियों को क्यों सौंपा गया? कैसे आदेश जारी होने के मात्र एक सप्ताह में ही जांच पूरी भी कर ली गई और मामले में क्लीनचिट दे दी? संपतिया उइके जी, जहां आग लगती है, वहीं से धुआं उठता है! जल जीवन मिशन में घोटाले किसी से छुपे नहीं हैं। मैंने जल जीवन मिशन में पूरे प्रदेश में बड़े स्तर पर हो रही गड़बड़ियों के मुद्दे को कई बार विधानसभा में उठाया है लेकिन सरकार हर बार इस पर जवाब देने से बचती रही। मेरी मांग है कि इस मामले की जांच पुनः किसी स्वतंत्र एजेंसी द्वारा हो ताकि सच्चाई प्रदेश की जनता के सामने आ सके।
हत्या के तीन दिन बाद भी बदमाश नसीम फरार, मां-प्रेमिका समेत चार गिरफ्तार
1 Jul, 2025 04:57 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। राजधानी भोपाल के छोला थाना क्षेत्र में जन्मदिन पार्टी में ताबड़तोड़ गोलियां चलाकर एक युवक की हत्या करने वाला कुख्यात बदमाश नसीम उर्फ बन्ने खां तीसरे दिन भी फरार है। भोपाल पुलिस आरोपी को अब तक गिरफ्तार नहीं कर सकी है। हालांकि, पुलिस ने बदमाश नसीम की प्रेमिका और मां समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मां और प्रेमिका पर हत्याकांड के सबूत मिटाने, हथियार छिपाने और आपराधिक षड्यंत्र में शामिल होने का आरोप है। पुलिस बदमाश नसीम को लेकर भी सभी से पूछताछ कर रही है।
तीन शिकायतों के बाद भी नहीं चेती पुलिस
वहीं, कुख्यात बदमाश नसीम को लेकर जो जानकारी सामने आई है, उससे पुलिस की लापरवाही भी सामने आई है। बताया जा रहा है कि हत्याकांड को अंजाम देने से पहले बदमाश नसीम ने वीआईपी रोड पर दो लोगों के घर में घुसकर और मारपीट कर उत्पात मचाया था, बड़े तालाब पर वह अपने साथियों के साथ तलवार लहराकर लोगोंको धमकाते हुए भी नजर आया था। तीनों स्थानों पर वह अपने दो अन्य साथियों के साथ खुलेआम तलवार लहराते हुए चल रहा था। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। युवक की हत्या से पहले हुईं इन तीनों वारदात के फरियादियों ने स्थानीय पुलिस को बदमाश नसीम के उत्पात की सूचना दी थी।
पुलिस एक्शन लेती तो बच जाता युवक
हैरानी की बात यह है कि पुलिस ने किसी की सूचना पर एक्शन नहीं लिया, जिसके बाद उसने हत्याकांड को अंजाम दे दिया। हत्या से पहले नसीम के खिलाफ अलग-अलग थाना पुलिस को मिली तीनों में से किसी भी एक शिकायत पर पुलिस सक्रिय होकर उसकी तलाश करती तो शायद बदमाश पकड़ा जाता या भाग जाता। इससे एक युवक की हत्या होने से बच जाती। हालांकि, पुलिस अब उसके खिलाफ 30 हजार का इनाम घोषित कर उसकी तलाश में जुटी हुई है।
अब जानिए, उस रात क्या हुआ था?
पुलिस के अनुसार 28-29 जून की दरमियानी रात लीलाधर कॉलोनी में सरेराह गोली मारकर अमित वर्मा की हत्या कर दी गई थी। वह ऐशबाग थाना क्षेत्र स्थित इंद्रा नगर में रहता था। अमित अपने दोस्त राजा खटीक की जन्मदिन पार्टी में शामिल होने वहां पहुंचा था। इस दौरान वहां आए कुख्यात बदमाश नसीम उर्फ बन्ने खां ने अपने साथियों के साथ मिलकर ताबड़तोड़ गोलियां चलाई। राजा खटीक और बन्ने खां के बीच पुरानी रंजिश है, जिस कारण उसने हमला किया था। हमले में एक गोली अमित वर्मा के सिर पर लगी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी। इस हत्याकांड में वसीम शुजालपुरी के साथ दो अन्य आरोपी भी हैं, जिनकी पहचान होना अभी बाकी है। हत्याकांड से पूर्व बदमाश ने अपनी प्रेमिका के भाई पर पिस्टल अड़ाकर दस हजार रुपए की अड़ीबाजी की थी। इस मामले में शाहजहांनाबाद पुलिस ने अब प्रकरण दर्ज कर लिया है। बदमाश कोहेफिजा थाना क्षेत्र स्थित वीआईपी रोड पर तलवार, चाकू और पिस्टल लहराते हुए कैमरे में कैद हुआ था। जिससके वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।
पुलिस ने इन आरोपियों को किया गिरफ्तार
पुलिस ने बदमाश नसीम उर्फ बन्ने खां के मामा के बेटे को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से तलवार जब्त की है। पुलिस का कहना है कि यह वही तलवार है जो वीडियो में दिखाई दे रही थी। दूसरे आरोपी वसीम शुजालपुरी के जीजा नवेद उर्फ रेहान पिता मोहमद रऊफ (32) साल को भी गिरफ्तार किया गया है। वह शाहजहांनाबाद थाना क्षेत्र स्थित नूर महल रोड पर रहता है। पुलिस ने नवेद उर्फ रेहान के कब्जे से भी तलवार बरामद की है। इनके अलावा पुलिस ने कुख्यात बदमाश नसीम की 50 वर्षीय मां रफीका बी को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से एक मोबाइल बरामद हुआ है। पुलिस को शक है कि वह मोबाइल के जरिए अपने बेटे के संपर्क में थी और पुलिस को गुमराह कर रख रही थी। नसीम की 28 वर्षीय प्रेमिका रुखसार भी पुलिस की गिरफ्त में है, वह पहले से शादीशुदा है। लेकिन, वर्तमान में बन्ने खां के साथ लिव इन में रहती है। डीसीपी जोन-4 जितेन्द्र सिंह पंवार ने कहा कि अब तक चार आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं, अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पवित्र धाम पानी में घिरा: मध्य प्रदेश के जटाशंकर में शिवलिंग पूरी तरह जलमग्न
1 Jul, 2025 04:06 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छतरपुर: बुंदेलखंड का केदारनाथ कहा जाने वाला जटाशंकर धाम, सोमवार को हुई जोरदार बारिश से जलमग्न हो गया. झरने से पानी मंदिर में बहने लगा, जिससे यहां का नजारा मनभावन हो गया है. सुबह करीब 8 बजे के बाद बारिश शुरू हुई, जो दिन भर होती रही. इसकी वजह से नदी-नाले लबालब हो गए हैं. झरने उफान पर आ गए सीढ़ियों से पानी बहने लगा है. गोमुख भी उफान पर है. यह नजारा देख कई लोग प्रफुल्लित हो उठे और पानी में अठखेलियां करते नजर आए.
मंदिर में घुसा बारिश का पानी
छतरपुर से 50 किलोमीटर की दूरी पर बाबा भोलेनाथ का प्रसिद्ध मंदिर है, जिसे जटाशंकर धाम के नाम से जाना जाता है. इस मंदिर को बुंदेलखंड का केदारनाथ भी कहते हैं, जो जंगल के बीचों बीच बना हुआ है. सोमवार को जिले में हुई जोरदार बारिश के चलते जटाशंकर मंदिर के आसपास की पहाड़ियों पर झरने बहने लगे. ये पानी सीधे मंदिर में सीढ़ियों से गिर रहा था. सिद्ध बाबा की गुफा, गोमुख, मंदिर चौक पानी पानी हो गए.
बारिश से लबालब हुआ मंदिर
जटाशंकर मंदिर परिसर के आसपास पानी इतनी तेजी से बह रहा था कि लोगों का ठहरना भी मुश्किल हो रहा था. झरने उफान पर आ गए, गोमुख की धार तेज हो गई. यह प्राचीन मंदिर पहाड़ों से घिरा हुआ प्रतीत होता है. यहां गोमुख से जल धारा गिरती रहती है ओर भोले नाथ का भी जलाभिषेक करती रहती है. यह मंदिर धार्मिक आस्था का बड़ा केन्द्र है. यूं तो यहां हमेशा ही श्रद्धालुओं का आना-जाना लगा रहता है, लेकिन अमावस्या और सोमवार के दिन भक्तों का तांता लग जाता है.
बारिश ने भोलेनाथ का किया जालाभिषेक
बता दें कि मंदिर के 3 कुंड भी बने हुए हैं, जो कभी खाली नहीं होते हैं. इन कुंडों को लेकर मान्यता भी है कि इन कुंडों के पानी से नहाने से चर्म रोग की बीमारी खत्म होती है. प्राकृतिक दृष्टि से यह स्थान अद्भुत दिखाई देता है. वहीं सोमवार को हुई जोरदार बारिश ने भोले नाथ का जमकर जलाभिषेक किया. मन्दिर परिसर के अंदर, सहित अन्य जगहों पर सिर्फ पानी ही पानी दिखाई दे रहा था. मंदिर आए भक्तों ने झरने का खूब लुफ्त उठया.
मंदिर क्षेत्र में बाढ़ जैसी स्थिति निर्मित
जटाशंकर धाम ट्रस्ट के अध्यक्ष अरविन्द्र अग्रवाल ने बताया, "आज बहुत जोरदार बारिश हुई है, जिसके चलते बाढ़ जैसी स्थिति निर्मित हो गई है. मंदिर आने वाले लोगों से कुंड के पास न जाने की अपील की गई. पानी का बहाव बहुत तेज रहता है तो जब पानी निकल जाए तभी दर्शन करने निकलें. सोमवार को सुबह 8 बजे से बारिश हो रही है, जिससे मंदिर परिसर सहित सभी जगह सिर्फ पानी ही पानी है."
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में मंत्रि-परिषद की बैठक मंगलवार को मंत्रालय में सम्पन्न हुई
1 Jul, 2025 03:25 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
कैबिनेट मीटिंग के निर्णय
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में मंत्रि-परिषद की बैठक मंगलवार को मंत्रालय में सम्पन्न हुई। मंत्रि-परिषद द्वारा प्रदेश के ग्रामों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए मुख्यमंत्री वृन्दावन ग्राम योजना का अनुमोदन किया गया। इस योजना के अंतर्गत प्रत्येक विधानसभा के एक ऐसे ग्राम का चयन किया जाएगा जिसकी वर्तमान जनसंख्या न्यूनतम 2000 हो एवं गौ-वंश की न्यूनतम संख्या 500 हो। ऐसे ग्रामों को मुख्यमंत्री वृन्दावन ग्राम के रूप में विकसित कर आत्मनिर्भर बनाया जाएगा। ये ग्राम आत्मनिर्भर होकर प्रदेश के अन्य ग्रामों के समक्ष विकास का आदर्श प्रस्तुत करेंगे। इस योजना के अंतर्गत गौ-पालन एवं डेयरी विकास, पर्यावरण संरक्षण, जैविक कृषि, जल संरक्षण, सौर ऊर्जा, चारागाह विकास, अधोसंरचना विकास, स्वरोजगार सहित ग्रामीण विकास के विषयगत दृष्टिकोणों से संबंधित विभिन्न कार्यक्रमों का क्रियान्वयन किये जाने का निर्णय लिया गया। राज्य शासन की अवधारणा है कि प्रदेश में कुछ ग्राम इस प्रकार विकसित किये जायें ताकि वे आत्मनिर्भर होकर प्रदेश के समस्त ग्रामों के लिए उदाहरण बनें तथा अन्य ग्राम इन चयनित ग्रामों से प्रेरित होकर स्वयं भी आत्मनिर्भरता और चहुँमुखी विकास की ओर अग्रसर हों। इन चयनित ग्रामों में विभिन्न विभागों के अन्य विकास कार्यों के साथ मुख्य रूप से गौवंशीय एवं अन्य दुधारू पशुओं के पालन, दुग्ध-उत्पादन एवं डेयरी विकास पर ध्यान केन्द्रित किया जायेगा। जहां स्वच्छता एवं हरियाली के साथ-साथ गौसेवा और आध्यात्मिकता से समन्वित आर्थिक आत्मनिर्भरता प्रत्यक्षतः दृष्टिगोचर हो और ग्राम "वृन्दावन" के रूप में साकार हो सके।मुख्यमंत्री वृन्दावन ग्राम योजना के उद्देश्यों में गौपालन एवं डेयरी विकास को बढ़ावा देना। ग्राम को दुग्ध उत्पादन में आत्मनिर्भर बनाने के साथ सहकारिता के माध्यम से दुग्ध व्यवसाय का प्रसार करना, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था में सुधार हो सके। पर्यावरण संरक्षण, जैविक कृषि, जल संरक्षण तथा सौर ऊर्जा संबंधी गतिविधियों को जनभागीदारी से क्रियान्वित करना, चारागाह विकास, ग्राम में अधोसंरचना विकास, ग्रामीण परिवारों का रोजगार/स्वरोजगार आधारित आर्थिक सुदृढ़ीकरण और ग्रामीण विकास के विषयगत दृष्टिकोणों को अपनाते हुए सतत् विकास के लक्ष्यों को प्राप्त करना है।
चयनित वृन्दावन ग्राम में विभिन्न विभागों के माध्यम से जो सुविधाएं उपलब्ध करायी जाना है, वे 6 श्रेणियों में होगी। चयनित वृन्दावन ग्राम में अधोसरंचना के लिए गौशाला, ग्राम पंचायत भवन, सामुदायिक भवन, आँगनबाड़ी भवन, स्वास्थ्य केन्द्र, स्कूल भवन, यात्री प्रतीक्षालय, सोलर स्ट्रीट लाइट, पुस्तकालय, सर्वसुविधायुक्त आजिविका भवन/ग्रामीण आजीविका के लिए वर्कशेड, पशु चिकित्सालय, ग्राम तक कनेक्टिविटी, ग्राम के अंतर्गत आंतरिक सड़कें/नाली, सार्वजनिक वितरण प्रणाली की दुकान एवं गोडाउन, हर घर जल (सोलर उर्जा आधारित पम्प के माध्यम से), ग्रामीण उद्योग आधारित आर्ट एण्ड क्राफ्ट सेंटर, बायोगैस सयंत्र, शांतिधाम निर्माण, गौ-समाधि स्थल, सेग्रीगेशन शेड, जल निकासी के लिए नाली, कृत्रिम गर्भाधान केन्द्र, ग्राम में विद्युत प्रवाह के लिए सौर उर्जा एवं गैर परम्परागत उर्जा क्षेत्र में विकास, पात्र परिवारों के लिये जलवायु अनुकूल आवास तथा (व्यक्तिगत शौचालय), सार्वजनिक उद्यान (पार्क), सार्वजनिक शौचालय, सिंचाई स्रोत विकास एवं ड्रिप एरीगेशन की सुविधा उपलब्ध करायी जायेगी।आजीविका संबंधी गतिविधियों में नंदन फलोद्यान, पोषण वाटिका, दुग्ध कलेक्शन सेंटर, लघु वनोपज आधारित लघु उद्योग, कृषि/फल उपज आधारित उद्योग, ग्राम में उपलब्ध कौशल आधारित सेवाओं के विकास की सुविधा उपलब्ध करायी जायेगी। वॉटर कनजर्वेशन संबंधी जल संचयन संरचनाएं, रूफ वॉटर हार्वेस्टिंग, नलकूप रिचार्ज, डगवेल रिचार्ज, स्टॉप डेम/चेकडेम, तालाबों का संरक्षण इसी प्रकार पंचायत सशक्तिकरण संबंधी में स्वयं की आय के स्रोत का विकास तथा ई-पंचायत /CSCकी सुविधा उपलब्ध कराई जायेगी। विशेष लक्ष्य में प्राकृतिक कृषि, धार्मिक स्थलों / भूमियों का संरक्षण, घर से कचरा उठाने स्वच्छता वाहन, ग्रे वाटर मैनेजमेंट, मल-कीचड प्रबंधन, राजस्व अभिलेखों को अद्यतन करना, शत प्रतिशत समग्र ईकेवाइसी, ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए होम-स्टे, ग्राम के आर्ट एवं क्राफ्ट को बढ़ावा देने के लिए हस्तशिल्प कला केन्द्र, ग्राम की शालाओं/आंगनबाडियों में अध्यनरत बच्चों के लिये पौष्टिक भोजन, अतिक्रमण मुक्त ग्राम तथा ग्राम की स्थानिक योजना की सुविधा उपलब्ध करायी जायेगी।
क्षतिग्रस्त पुलों के पुनर्निर्माण योजना के क्रियान्वयन की सैद्धांतिक स्वीकृति
मंत्रि-परिषद द्वारा राज्य मद अंतर्गत क्षतिग्रस्त पुलों के पुनर्निर्माण की योजना अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2025-26 से 2029-30 तक 1766 पुलों के पुनर्निर्माण के लिए 4 हजार 572 करोड़ रूपये की सैद्धांतिक स्वीकृति दी गयी। स्वीकृति अनुसार क्षतिग्रस्त पुलों का पुनर्निर्माण किया जाकर बारहमासी संपर्क सुविधा प्रदान की जायेगी। योजना के क्रियान्वयन एवं मॉनीटिरिंग के लिए मध्यप्रदेश ग्रामीण सड़क विकास प्राधिकरण की साधिकार समिति को समुचित निर्णय लिये जाने के लिए अधिकृत किये जाने की स्वीकृति दी गयी।
राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय, की स्थापना भोपाल में किए जाने की सैंद्धातिक स्वीकृति
मंत्रि-परिषद द्वारा राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय, गाँधीनगर के परिसर (Campus) की स्थापना भोपाल में किए जाने के लिए सैंद्धातिक स्वीकृति प्रदान की गई है। स्वीकृति अनुसार भोपाल में राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय (आरआरयू) की स्थापना के लिए तीन वर्षों के लिए प्रति वर्ष एक करोड़ 5 लाख रूपये की राशि प्रदान की जायेगी। भोपाल में राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय के स्थायी परिसर के लिए राजीव गांधी प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (आरजीपीवी), भोपाल परिसर में उपलब्ध भूमि में से 10 एकड़ भूमि को विभाग स्तर से हस्तांतरित किया जायेगा। भोपाल में राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय के स्थाई भवन का निर्माण पूर्ण होने तक राजीव गांधी प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में उपलब्ध भवन को अस्थायी रूप से राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय के संचालन के लिए उपलब्ध कराये जाने का अनुमोदन किया गया। इसके स्थापित होने से राष्ट्रीय सुरक्षा के क्षेत्र में रोजगार एवं कौशल, विशिष्ट उच्च शिक्षा के केंद्र के रूप में मध्यप्रदेश की प्रतिष्ठा में वृद्धि, राज्य और राष्ट्रीय स्तर की संस्थाओं के मध्य सहयोग में वृद्धि होगी।
विभागीय छात्रावासों में निवासरत विद्यार्थियों के लिए मेस संचालन की सैद्धांतिक स्वीकृति
मंत्रि-परिषद द्वारा पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के विभागीय छात्रावासों में निवासरत विद्यार्थियों के लिए मेस संचालन की सैद्धांतिक स्वीकृति प्रदान की गई है। विभाग के छात्रावास की संख्या 108, विद्यार्थियों की संख्या 9050 है। इसके लिए 14 करोड़ अनावर्ती तथा 17 करोड़ आवर्ती व्यय कुल 31 करोड़ रूपये की स्वीकृति प्रदान की गई।
नवीन कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए कुल 1266 नवीन पदों की स्वीकृति
मंत्रि-परिषद द्वारा नवीन कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए मध्यप्रदेश न्यायालयिक विज्ञान प्रयोगशालाओं में 202 वैज्ञानिक अधिकारी को सम्मिलित कर कुल 1266 पदों की स्वीकृति दी गयी। स्वीकृति अनुसार भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 176(3) के क्रियान्वयन के लिए 7 वर्ष या उससे अधिक सजा वाले समस्त अपराधों में फॉरेंसिक विशेषज्ञ के अनिवार्य तथा आवश्यक भ्रमण के लिए 1266 नवीन पदों के सृजन की स्वीकृति प्रदान की गई। नए कानून को लागू करने वाला मध्यप्रदेश देश का पहला राज्य है।
नव गठित जिलों में संयोजक जनजातीय तथा अनुसूचित जाति जिला कार्यालयों की स्थापना की स्वीकृति
मंत्रि-परिषद द्वारा जनजातीय कार्य विभाग के अंतर्गत तीन नव गठित जिलों में जिला संयोजक जनजातीय तथा अनुसूचित जाति जिला कार्यालयों की स्थापना की स्वीकृति दी गई। इसमें मऊगंज के लिए 16 पद, मैहर के लिए 18 पद तथा पांढुर्णा के लिए 14 पद कुल 48 नवीन पदों का सृजन और 381.30 लाख रूपये वार्षिक अतिरिक्त वितीय व्यय की स्वीकृति प्रदान की गई है।
रेलवन (RailOne) ऐप का शुभारंभ रेलवे मंत्री द्वारा CRIS के 40वें स्थापना दिवस समारोह में किया गया
1 Jul, 2025 02:13 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
यह ऐप Android PlayStore और iOS App Store, दोनों प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध है
रेलवन ऐप यात्रियों की सभी आवश्यक सेवाओं के लिए एक वन-स्टॉप सॉल्यूशन है। इस ऐप के माध्यम से यात्रियों को निम्नलिखित सेवाओं तक सरलता से पहुंच मिलती है:टिकटिंग – आरक्षित, अनारक्षित, प्लेटफार्म टिकट; ट्रेन और PNR पूछताछ,यात्रा योजना, रेल मदद सेवाएं, ट्रेन में भोजन बुकिंग। साथ ही, इसमें माल परिवहन (फ्रेट) से संबंधित पूछताछ की सुविधा भी उपलब्ध है। इस ऐप का मूल उद्देश्य उपयोगकर्ताओं को बेहतर अनुभव प्रदान करना है, जिसे सरल और स्पष्ट यूआई (यूज़र इंटरफ़ेस) के माध्यम से साकार किया गया है। यह न केवल सभी सेवाओं को एक स्थान पर समाहित करता है, बल्कि सेवाओं के बीच एकीकृत संपर्क भी प्रदान करता है, जिससे उपयोगकर्ता को भारतीय रेल सेवाओं का समग्र पैकेज मिलता है।
इस ऐप की एक विशेष सुविधा है सिंगल साइन-ऑन। इससे उपयोगकर्ताओं को कई पासवर्ड याद रखने की आवश्यकता नहीं पड़ती। RailOne ऐप डाउनलोड करने के बाद, RailConnect या UTSonMobile ऐप की मौजूदा यूज़र आईडी से लॉगिन किया जा सकता है। इसके कारण उपयोगकर्ताओं को अलग-अलग सेवाओं के लिए अलग-अलग ऐप रखने की जरूरत नहीं पड़ती, जिससे डिवाइस की स्टोरेज भी बचती है। इस ऐप में आर-वॉलेट (Railway e-wallet) की सुविधा भी जोड़ी गई है। संख्यात्मक mPIN और बायोमेट्रिक लॉगिन जैसी आसान लॉगिन सुविधाएं भी दी गई हैं। नए उपयोगकर्ताओं के लिए कम से कम जानकारी देकर पंजीकरण की व्यवस्था है, जिससे रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया आसान और तेज बनती है। केवल पूछताछ करने वाले उपयोगकर्ता गेस्ट लॉगिन के ज़रिए मोबाइल नंबर और OTP से भी लॉगिन कर सकते हैं।
MP का होनहार छात्र बना संत प्रेमानंद का भक्त, 12वीं में 94% लाने वाला छोड़ा CA और पहुंचा वृंदावन
1 Jul, 2025 01:23 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
वृंदावन। संत प्रेमानंद के सत्संग के वीडियो से प्रभावित होकर मध्य प्रदेश के शिवपुरी का एक युवक पढ़ाई एवं घर छोड़कर वृंदावन आ गया। पिता द्वारा गुमशुदगी दर्ज कराने पर मध्यप्रदेश पुलिस और स्वजन वृंदावन के आश्रमों में उसकी तलाश कर रहे हैं।
मध्य प्रदेश के शिवपुरी वर्मा कालोनी निवासी दीपक शिवहरे का 19 वर्षीय पुत्र लक्ष्य शिवहरे सात जून को सुबह चार बजे स्वजन को बिना बताए गोपालजी की मूर्ति को साथ लेकर वृंदावन के लिए निकल गया। स्वजनों के जागने पर लक्ष्य घर में नहीं मिला तो उन्होंने आसपास और उसके दोस्तों के यहां तलाशा। थक हार कर शिवपुरी थाने में 12 जून को गुमशुदगी दर्ज कराई।
शिवपुरी पुलिस ने खंगाले सीसीटीवी कैमरे
शिवपुरी पुलिस ने जब उसकी तलाश तेज की और सीसीटीवी कैमरे खंगाले और मध्य प्रदेश से मथुरा के लिए चलने वाली बस के चालक और परिचालक से पूछताछ की तो पता चला कि वह मध्य प्रदेश से वृंदावन आया है। मध्य प्रदेश पुलिस के साथ उसके पिता दीपक शिवहरे और उसकी मां रमणरेती क्षेत्र में एवं वृंदावन के आश्रम में बेटे को तलाश रहे हैं। लक्ष्य के पिता ने बताया लक्ष्य कक्षा 12 में 94 प्रतिशत अंक से उत्तीर्ण हुआ। उसके बाद सीए द्वितीय वर्ष की पढ़ाई कर रहा है।
दो वर्ष से सुन रहा है संत प्रेमानंद महाराज के प्रवचन
दो वर्ष से संत प्रेमानंद के प्रवचन को इंटरनेट मीडिया पर सुनने लगा। उससे प्रभावित होकर वह घर और पढ़ाई दोनों को ही छोड़कर बिना बताए वृंदावन चला आया है। उसका मोबाइल नंबर भी बंद है। मध्य प्रदेश से आने वाली बस के चालक ने पुष्टि की है कि युवक शिवपुरी से मथुरा आया है। मध्य प्रदेश के शिवपुरी थाने के प्रधान आरक्षी श्याम शर्मा ने बताया युवक की तलाश में स्वजन के साथ आए हैं। शिवपुरी पुलिस ने जब उसकी तलाश तेज की और सीसीटीवी कैमरे खंगाले और मध्य प्रदेश से मथुरा के लिए चलने वाली बस के चालक और परिचालक से पूछताछ की तो पता चला कि वह मध्य प्रदेश से वृंदावन आया है। मध्य प्रदेश पुलिस के साथ उसके पिता दीपक शिवहरे और उसकी मां रमणरेती क्षेत्र में एवं वृंदावन के आश्रम में बेटे को तलाश रहे हैं। लक्ष्य के पिता ने बताया लक्ष्य कक्षा 12 में 94 प्रतिशत अंक से उत्तीर्ण हुआ। उसके बाद सीए द्वितीय वर्ष की पढ़ाई कर रहा है।
48 घंटे में भाजपा को मिलेगा नया प्रदेश अध्यक्ष, तैयारी पूरी
1 Jul, 2025 12:14 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। मध्य प्रदेश भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया मंगलवार शाम से शुरू हो जाएगी। देर रात तक नामांकन की अंतिम सूची भी जारी होने के साथ ही नए प्रदेश अध्यक्ष के नाम भी सामने आ जाएगा। हालांकि एक से अधिक प्रत्याशी रहने पर बुधवार को चुनाव की प्रक्रिया होगी और उसके बाद नए प्रदेश अध्यक्ष का एलान हो जाएगा। जानकारी के अनुसार भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव निर्विरोध होने की संभावना है। इसमें बैतूल से विधायक और पूर्व सांसद हेमंत खंडेलवाल का नाम सबसे आगे बताया जा रहा है। हालांकि आधा दर्जन से अधिक लोग प्रदेश अध्यक्ष के पद के लिए दावेदार माने जा रहे हैं। मध्यप्रदेश भाजपा के नए अध्यक्ष के सामने राह आसान नहीं होगी। वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में भाजपा की बड़ी जीत के बावजूद संगठनात्मक संतुलन अब तक पूरी तरह नहीं बन पाया है। नए प्रदेश अध्यक्ष को कई महत्वपूर्ण मोर्चों पर एक साथ काम करना होगा।
सत्ता और संगठन के बीच समन्वय बनाना सबसे बड़ी चुनौती
प्रदेश में मुख्यमंत्री बदलने के बाद से पार्टी संगठन और सरकार के बीच सहज समन्वय की कमी महसूस की जा रही है। नए अध्यक्ष को मुख्यमंत्री और सरकार के अन्य मंत्रियों के साथ नीतिगत तालमेल बनाना होगा, ताकि दोनों एक दिशा में कार्य करें।
मंडल-निगमों में नियुक्तियों को लेकर कार्यकर्ताओं में असंतोष
सरकार गठन के डेढ़ साल बाद भी निगम-मंडलों में राजनीतिक नियुक्तियां नहीं हो पाई हैं। कार्यकर्ताओं को लंबे समय से पद और जिम्मेदारियों का इंतजार है। ऐसे में नए प्रदेश अध्यक्ष को यह सुनिश्चित करना होगा कि नियुक्तियों में क्षेत्रीय संतुलन, समाजिक प्रतिनिधित्व और पुरस्कार व निष्ठा का ध्यान रखा जाए। लगातार सक्रिय रहने वाले जमीनी कार्यकर्ता, जिन्होंने चुनाव में पार्टी को जिताने में बड़ी भूमिका निभाई, उन्हें उचित सम्मान और भूमिका मिलना अपेक्षित है। यदि उन्हें दरकिनार किया गया, तो यह संगठन में अंदरूनी नाराजगी का कारण बन सकता है।
2026 नगरीय निकाय और पंचायत चुनाव की तैयारी
भविष्य की दृष्टि से नए प्रदेश अध्यक्ष को 2026 के नगरीय निकाय और पंचायत चुनाव के लिए संगठन को मजबूत बूथ स्तर तक सक्रिय करना होगा। इससे पहले की गलतियों से सीख लेकर समावेशी रणनीति बनानी होगी। 2028 के विधानसभा चुनाव तक बड़ी संख्या में नए वोटर जुड़ेंगे। ऐसे में युवाओं के लिए पार्टी को आकर्षक कार्यक्रम और अभियान शुरू करने की ज़रूरत है। इसकी जिम्मेदारी भी संगठन प्रमुख के पास रहेगी।
जंगल में रातभर फंसे 16 पर्यटक, अल्टीनेटर फेल होने से रुकी गाड़ी
1 Jul, 2025 11:58 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छिंदवाड़ा । तामिया क्षेत्र में महाराष्ट्र के अमरावती और नागपुर से पचमढ़ी घूमने आए डोगने और दलाल परिवार के लिए वापसी का सफर डरावना अनुभव बन गया। रविवार और सोमवार की दरम्यानी रात करीब 16 सदस्यीय पर्यटक परिवार का वाहन अचानक सतपुड़ा टाइगर रिजर्व के रैनीखेड़ा जंगल क्षेत्र में खराब हो गया। वाहन का अल्टीनेटर फेल हो गया जिससे लाइट बंद हो गई और वाहन आगे नहीं बढ़ सका। परिवार में महिलाएं और बच्चे भी मौजूद थे, ऐसे में घुप अंधेरे और सुनसान जंगल के बीच वाहन के रुकने से हड़कंप मच गया। पर्यटकों ने तत्काल डायल-100 पर कॉल कर मदद मांगी। सूचना मिलते ही झिरपा पुलिस ने तत्परता दिखाई और रेस्क्यू टीम रात में ही रवाना की गई।
झिरपा पुलिस चौकी प्रभारी रविन्द्र पवार के नेतृत्व में प्रधान आरक्षक दिनेश यादव, आरक्षक मयंक पटेल, पायलट संजय चौबे और ग्राम रक्षा समिति के सक्रिय सदस्य सोनू विश्वकर्मा ने जंगल के भीतर जाकर सभी पर्यटकों को सुरक्षित बाहर निकाला और झिरपा लाया। इस बीच भोपाल कंट्रोल रूम से भी माहुलझिर थाने को जानकारी दी गई, जिसके बाद टाइगर रिजर्व के जिम्मेदारों को भी सतर्क किया गया। राहत की बात रही कि पूरी रेस्क्यू प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई और सभी 16 पर्यटकों को कोई नुकसान नहीं हुआ। बाद में पर्यटक परिवार को वैकल्पिक सवारी की व्यवस्था कर नागपुर के लिए रवाना किया गया।
दादाजी धूनीवाले मंदिर का होगा जीर्णोद्धार, मोहन यादव ने बताया क्यों खास है यह धार्मिक स्थल
1 Jul, 2025 10:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
खंडवा: संत दादाजी धूनी वाले के भव्य मंदिर निर्माण के भूमि पूजन के लिए सीएम मोहन यादव खंडवा आए. श्री दादाजी धूनी वाले के भव्य मंदिर निर्माण का भूमि पूजन करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि ''दादाजी धूनीवाले से अहंकार मुक्त और भक्ति से युक्त होने की अथाह प्रेरणा मिलती है. मंदिर निर्माण से खंडवा जिले का आध्यात्मिक विकास होगा और पूरे देश में सांस्कृतिक पर्यटन का केंद्र बनेगा.''
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को खंडवा को करोड़ों रुपए के विकास कार्यों की सौगात दी. नई अनाज मंडी में जल गंगा संवर्धन अभियान के समापन कार्यक्रम भी शामिल हुए. इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेश में 1518 करोड़ रुपये से अधिक के जल संरक्षण कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया. इस मौके पर मुख्यमंत्री ने प्रदेश में पानी बचाने के लिए अच्छा काम करने वाले नगर निगम, नगर पालिकाओं और ग्राम पंचायत के महापौर, कमिश्नर और सरपंचों का सम्मान किया.
पीढ़ियों को खराब करने के पीछे कांग्रेस का हाथ
मंडी में हुए कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने केन-बेतवा नदी जोड़ो परियोजना के संदर्भ में बुंदेलखंड के पिछड़ने का जिक्र करते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि ''इस क्षेत्र की पीढ़ियों को खराब करने के पीछे कांग्रेस का हाथ है.''
90 दिन तक चला विशेष अभियान
30 मार्च 2025 को प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पानी बचाने के लिए जल गंगा संवर्धन अभियान की शुरुआत की थी. 90 दिन तक चले इस अभियान में प्रदेश के सभी जिलों में पुराने कुएं, बावड़ी, तालाबों का न केवल जीर्णोद्धार हुआ बल्कि उन्हें जल संरक्षण के उपयुक्त बनाया.
मीण क्षेत्रों में खाली पड़ी हुई जमीनों पर छोटे-छोटे तालाब और जल संरचनाएं बनाई गई. पूरे मध्य प्रदेश में खंडवा जिले ने पानी बचाने की दिशा में अभूतपूर्व काम किया. न केवल प्रदेश में बल्कि देश में भी प्रथम स्थान प्राप्त किया. प्रदेश में छोटे बड़े जिलों, नगरीय निकायों और ग्राम पंचायत में अच्छा काम करने वाले अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों का सम्मान किया.
बायपास की समस्या होगी खत्म
इस समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने खंडवा जिले को करोड़ों रुपए के विकास कार्यों की सौगात दी. खंडवा में बाईपास निकलने के लिए दो रोड की स्वीकृति दी है. इसके लिए 125 करोड़ रुपये मंजूर किए. बात दें कि, शहर एक भी बाईपास मार्ग नहीं होने से भारी वाहन शहर के बीच से गुजर रहे हैं. बाईपास की लंबे समय से यह मांग की जा रही थी. खंडवा मुंदी रोड के लिए भी लगभग 200 करोड़ रुपए मंजूर किए.
मध्य प्रदेश घोटाला: प्रमुख अभियंता बोले—मंत्री के खिलाफ हैं सबूत, जांच होनी चाहिए
1 Jul, 2025 09:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मध्य प्रदेश लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग (पीएचई) की मंत्री संपतिया उईके पर 1000 करोड़ रुपए कमीशन लेने का आरोप लगा है. यह आरोप संयुक्त क्रांति पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व विधायक किशोर समरीते ने लगाए हैं. उन्होंने पीएमओ में शिकायत की थी.
पीएमओ से जांच के आदेश के बाद पीएचई विभाग ने अपने ही विभाग की मंत्री संपतिया उईके के खिलाफ जांच बैठा दी और जांच के आदेश के बाद पीएचई के प्रमुख अभियंता ने मामले को निराधार भी बता दिया. इधर इस मामले में इस मामले में मंत्री संपतिया उइके की प्रतिक्रिया सामने आई है.
प्रमुख अभियंता ने दिए जांच के आदेश
प्रमुख अभियंता (ईएनसी) संजय अंधवान ने इस मामले में प्रधानमंत्री से की गई शिकायत और केंद्र की ओर से मांगी गई रिपोर्ट के बाद जांच के आदेश दिए हैं. प्रमुख अभियंता कार्यालय ने प्रदेश के सभी मुख्य अभियंता पीएचई और परियोजना निदेशक मप्र जल निगम को इस मामले में चिट्ठी लिखकर 7 दिन में रिपोर्ट देने को कहा है.
निर्देश में कहा गया कि राज्य के जल जीवन मिशन को भारत सरकार से मिले 30 हजार करोड़ के खर्च की जांच की जाए. इसके अलावा मंडला के कार्यपालन यंत्री की संपत्तियों की जांच के निर्देश दिए गए हैं.
शिकायतकर्ता के आरोप निराधार
जांच के आदेश के बाद बालाघाट के कार्यपालन यंत्री की रिपोर्ट का हवाला देते हुए प्रमुख अभियंता (ईएनसी) संजय अंधवान ने कहा कि शिकायतकर्ता किशोर समरीते की ओर से कोई भी सबूत नहीं दिया गया. केवल सूचना के अधिकार के तहत विभागीय अधिकारी की ओर से भेजे गए पत्र को ही आधार बनाया गया. उन्होंने कहा कि बालाघाट संभाग के कार्यपालन यंत्री ने किशोर समरीते को यह जानकारी दी थी कि किसी भी प्रकार की अनियमितता नहीं हुई है.
विभाग ने प्रेस नोट जारी कर दी सफाई
इस मामले में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की ओर से एक प्रेस रिलीज भी जारी की गई है. इस प्रेस रिलीज में कहा गया है कि संयुक्त क्रांति पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व विधायक किशोर समरीते ने प्रधानमंत्री कार्यालय में प्रेषित किए गए पत्र में जो भी आरोप लगाए हैं, उनमें कोई भी साक्ष्य अपनी शिकायत में संलग्न नहीं किए है. ये शिकायत काल्पनिक मनगढंत आधारहीन है. इसमें कहा गया है कि लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री पर जो आरोप लगाए गए हैं वे तथ्यहीन एवं निराधार हैं.
क्या है पीएचई में जांच का मामला?
दरअसल, मध्यप्रदेश के पीएचई विभाग ने विभागीय मंत्री के खिलाफ लगे आरोपों की जांच के आदेश दिए थे. पीएचई विभाग के प्रमुख अभियंता कार्यालय द्वारा मुख्य अभियंता पीएचई और मध्य प्रदेश जल निगम के प्रोजेक्ट डायरेक्टर को चिट्ठी लिखकर बाकायदा रिपोर्ट मांगी गई थी. हालांकि, इसके बाद पीएचई ने एक और पत्र जारी कर मंत्री पर लगाए गए आरोपों को निराधार भी बता दिया है.
मंत्री संपतिया उइके ने दी सफाई
मध्य प्रदेश लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग ने विभाग की मंत्री के लिए जांच शुरू की और फिर खुद ही सफाई भी दे दी. इस मामले में मंत्री संपतिया उइके की भी प्रतिक्रिया सामने आई है. मंत्री संपतिया उईके ने ईटीवी भारत से कहा, ''मैं अभी भोपाल से बाहर हूं लेकिन मैं अधिकारियों से पूछ रही हूं कि किस आधार पर जांच करवाई जा रही है.'' मंत्री संपतिया उईके ने आगे कहा, '' जब मैं भोपाल आऊंगी तो विभागीय अधिकारियों से बात करूंगी कि ये क्या है?
विभाग की मंत्री के खिलाफ विभाग की ही जांच?
दरअसल, ये सब शुरू हुआ संयुक्त क्रांति पार्टी द्वारा पीएम मोदी को लिखे गए एक पत्र से, जिसमें पार्टी ने मंत्री संपतिया उईके पर गंभीर आरोप लगाए. पीएम मोदी को लिखे गए पत्र के आधार पर मंत्री के विभाग ने मुख्य अभियंता और प्रोजेक्ट डायरेक्टर जल निगम मध्यप्रदेश को पत्र लिखा इस पत्र में भारत सरकार की ओर से मध्यप्रदेश को जल जीवन मिशन में दिए गए 30 हजार करोड़ रुपए के खर्चे की जांच की जाने की बात कही गई है.
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ से बदली तस्वीर
3147 करोड़ के मेगा प्रोजेक्ट का काम शुरु
वर्षा जल संरक्षण में प्रदेश का जनजातीय जिला डिंडोरी देश में प्रथम स्थान पर
EC का एक्शन: पीएम मोदी पर टिप्पणी भारी पड़ी, खरगे को नोटिस जारी
किसानों को ग्रामीण क्षेत्र की कृषि भूमि के भूअर्जन पर मिलेगा बाजार दर का 4 गुना मुआवजा
होर्मुज जलडमरूमध्य बना जंग का मैदान: भारत आ रहे 'एपामिनोडेस' जहाज पर हमला
कलयुगी बेटे का कहर, पिता को पीटकर मार डाला
Lenskart पॉलिसी विवाद गरमाया, धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की टिप्पणी से बढ़ी बहिष्कार की मांग
स्पष्टीकरण न देने वालों पर गिरेगी गाज, संगठन में मचा हड़कंप
