मध्य प्रदेश
एक गलती ने टाल दी आबकारी विभाग में आरक्षक भर्ती परीक्षा, जारी होगी नई तारीख
4 Jul, 2025 10:04 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मध्यप्रदेश में सरकारी भर्तिर्यों के घोटाले और अनियमितताओं के लिए बदनाम पीईबी (प्रोफेशनल एक्जामिनेशन बोर्ड) का एक और कारनामा सामने आया है. इस बार पीईबी ने आबकारी विभाग में आरक्षक भर्ती की परीक्षा का टाइम टेबल तो जारी कर दिया, लेकिन परीक्षा के एक दिन पहले तक एडमिट कार्ड ही जारी नहीं कर पाया, जिससे अब यह परीक्षा टाली जा रही है.
पहले 5 जुलाई को होनी थी आरक्षक भर्ती परीक्षा
बता दें कि पीईबी ने आबकारी आरक्षक भर्ती की परीक्षा कराने के लिए पहले 5 जुलाई 2025 का टाइम टेबल जारी किया था. इसके तहत परीक्षा का आयोजन दो शिफ्टों में किया जाना था. पहली शिफ्ट में सुबह 9 से 11 बजे तक परीक्षा होनी थी जबकि दूसरी शिफ्ट की परीक्षा दोपहर 2.30 बजे से 4.40 बजे तक होनी थी.
आबकारी विभाग में 253 पदों पर होनी है भर्ती
दरअसल, आबकारी विभाग में आरक्षक पदों की सीधी भर्ती व बैकलाग भर्ती परीक्षा 2024 के लिए नोटिफिकेशन जारी किया था. इसमें 15 फरवरी से एक मार्च 2025 तक इच्छुक अभ्यर्थियों को आवेदन करना था. इसके बाद 6 मार्च तक उम्मीदवारों को आवेदन में संशोधन का मौका दिया गया था. जबकि 5 जुलाई को इसका एग्जाम होना था.
इसके बाद पात्र उम्मीदवारों का शरीरिक परीक्षण किया जाना था. बता दें कि आबकारी विभाग में आरक्षकों के 253 रिक्त पदों पर भर्ती किया जाना है. इनमें 72 पद सामान्य, 26 ईडब्ल्यूएस, 75 ओबीसी, 36 एससी औश्र 44 पद एसटी वर्ग के लिए आरक्षित हैं.
इन शहरों में होगी आबकारी आरक्षक की परीक्षा
आबकारी आरक्षक भर्ती परीक्षा का आयोजन बालाघाट, भोपाल, ग्वालियर, इंदौर, जबलपुर, खंडवा, नीमच, रतलाम, रीवा, सागर, सतना, सीधी और उज्जैन शहर में आयोजित की जाएगी. यह लिखित परीक्षा 100 अंकों की होगी. इसमें सामान्य व तार्किक ज्ञान के 40 अंक, बौद्धिक क्षमता व मानसिक अभिरुचि के 30 अंक और विज्ञान व सरल अंक गणित के 30 अंक निर्धारित किए गए हैं.
जल्द घोषित की जाएगी परीक्षा की नई तारीख
पीईबी के जनसंपर्क अधिकारी विशाल जोशी ने बताया, '' तकनीकी समस्याओं के कारण आबकारी आरक्षक भर्ती का एडमिट कार्ड जारी नहीं हो सका. ऐसे में परीक्षा की तिथि में बदलाव किया जा रहा है. जल्द ही परीक्षा की नई तिथि की घोषणा की जाएगी.''
पीआरओ ने आगे कहा, '' जैसे ही आरक्षक भर्ती की पई परीक्षा के लिए तिथि का निर्धारण किया जाएगा, इसका टाइम टेबल पीईबी के पोर्टल पर अपलोड कर दिया जाएगा. उम्मीदवार पीईबी की बेवसाइट में जाकर अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकेंगे.''
पन्ना टाइगर रिजर्व ने कमाई में तोड़ा रिकार्ड, पर्यटकों से हुई 7 करोड़ 42 लाख की आय
4 Jul, 2025 09:51 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पन्ना: टाइगर रिजर्व के कोर एरिया गेट को मानसून सीजन के चलते 3 महीने के लिए बंद कर दिया गया है. यह गेट 1 जुलाई से 30 सितंबर 2025 तक बंद रहेंगे. जिसके बाद 1 अक्टूबर को फिर से गेट खोल दिये जाएंगे. हालांकि, पन्ना टाइगर रिजर्व के अंतर्गत बफर जोन की सफारी चालू रहेगी. जिसमें जिन्ना गेट और अकोला गेट चालू रहेगा. इस बार पन्ना टाइगर रिजर्व में पर्यटकों से रिकॉर्ड तोड़ कमाई हुई है. इस साल की कमाई ने पिछले वर्षों के सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं.
जिन्ना गेट और अकोला गेट खुला रहेगा
पन्ना टाइगर रिजर्व की डिप्टी डायरेक्टर मोहित सूद ने कहा, "मानसून के कारण मध्य प्रदेश में मौजूद सभी टाइगर रिजर्व के गेट 3 महीने के लिए बंद कर दिए जाते हैं. इसी के चलते पन्ना टाइगर रिजर्व के गेट भी बंद कर दिए गए हैं. कोर एरिया के गेट 1 जुलाई से 30 सितंबर तक बंद रहेंगे. लेकिन, टाइगर रिजर्व के अंतर्गत बफर जोन की सफारी चालू रहेगी. जिसमें जिन्ना गेट और अकोला गेट की पर्यटक बरसात के मौसम में भी सफारी का लुत्फ उठा सकते हैं."
बीते वर्ष के मुकाबले बंपर कमाई
पन्ना टाइगर रिजर्व ने इस बार करीब 7 करोड़ 42 लाख रुपए पर्यटकों से अर्जित किये हैं. पिछले साल करीब 5 करोड़ 30 लाख रुपए की कमाई हुई थी. इस साल देश और दुनिया भर के पर्यटकों में पन्ना टाइगर रिजर्व को देखने के लिए होड़ लगी रही. जिसके कारण इस साल बीते सभी वर्षों के रिकॉर्ड टूट गए. इस साल करीब 2 लाख 75 हजार पर्यटक टाइगर रिजर्व पहुंचे. इसमें करीब 2 लाख 60 हजार भारतीय पर्यटक पहुंचे थे. वहीं, विदेशी पर्यटकों की संख्या 15 हजार 300 है.
इस साल पन्ना टाइगर रिजर्व आकर्षण का केंद्र रहा है. जहां अधिक संख्या में पर्यटक पहुंचे थे. यहां के सुंदर जंगल और उसके बगल में बहती केन नदी पर्यटकों का मन मोह रही थी. इसलिए इस वर्ष सभी रिकॉर्ड तोड़ते हुए पर्यटकों की संख्या ने भी रिकॉर्ड तोड़ दिया. लेकिन, इस साल पर्यटकों के आकर्षण की बड़ी वजह बाघिन पी 151 और उसके तीन शावक और बाघिन पी 141 और उसके दो शावक रहे हैं.
नर्सिंग कॉलेज फर्जीवाड़े में काउंसिल चेयरमैन को अवमानना नोटिस, कर दी ये गलती
4 Jul, 2025 09:15 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
जबलपुर : आदेश के बावजूद नर्सिंग कॉलेज फर्जीवाड़ा मामले में लापरवाही बरतना आईएनसी चेयरमैन को भारी पड़ गया. दरअसल, भारतीय नर्सिंग काउंसिल ने कोर्ट के आदेश के बावजूद सीबीआई जांच में अनसूटेबल पाए गए नर्सिंग कॉलेज की मान्यता संबंधित ओरिजनल फाइल प्रस्तुत नहीं किए. इसे हाईकोर्ट की अवमानना मानते हुए आईएनसी के चेयरमैन को नोटिस जारी किया गया है.
INC चेयरमैन को अवमानना नोटिस
कोर्ट में यह भी सामने आया है कि आईएनसी के सचिव भी आदेश के बावजूद सुनवाई के दौरान व्यक्तिगत रूप से उपस्थित नहीं हुए. हाईकोर्ट जस्टिस अतुल श्रीधरन व जस्टिस डी के पालीवाल की युगलपीठ ने हाईकोर्ट के आदेश का पालन नहीं किए जाने को गंभीरता से लेते हुए आईएनसी के चेयरमैन के साथ सचिव को भी अवमानना नोटिस जारी किए हैं.
क्या है नर्सिंग कॉलेजों का पूरा मामला?
गौरतलब है कि मध्य प्रदेश में नियम विरुद्ध तरीके से नर्सिंग कॉलेज संचालित किए जाने को लेकर लॉ स्टूडेंट एसोसिएशन के विशाल बघेल की ओर याचिका दायर की गई थीृ. इसके बाद हाईकोर्ट ने प्रदेश के नर्सिंग कॉलेज की सीबीआई जांच के निर्देश दिए थे. सीबीआई जांच में लगभग तीन सौ से अधिक अनसूटेबल कॉलेजों की मान्यता संबंधित ओरिजनल फाइल कोर्ट में पेश करने के निर्देश आईएनसी व एमपीएनआरसी को दिए गए थे.
आईएनसी के सचिव ने भी आदेश नहीं माना
याचिका की सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ता की ओर से युगलपीठ को बताया गया कि आईएनसी को कई अवसर प्रदान किए जाने के बावजूद भी अनसूटेबल कॉलेजों की ओरिजनल फाइल प्रस्तुत नहीं की गई. हाईकोर्ट ने पिछली सुनवाई के दौरान आईएनसी के सचिव को भी तलब किया था. व्यक्तिगत उपस्थिति के आदेश के बावजूद भी वह उपस्थित नहीं हुए.
16 जुलाई को होगी अगली सुनवाई
युगलपीठ ने आदेश का पालन नहीं किए जाने को गंभीरता से लेते हुए आईएनसी के चेयरमैन तथा सचिव को अवमानना नोटिस जारी किए. युगलपीठ ने अपने आदेश में सीबीआई को निर्देशित किया है कि जांच की सॉफ्ट कॉपी याचिकाकर्ता को प्रदान की जाए.
इसके अलावा एमपी नर्सिंग काउंसिल सत्र 2025-26 के नर्सिंग कॉलेज की मान्यता संबंधित आवेदन व फैक्टली का डाटा याचिकाकर्ता को प्रदान करें. याचिका पर अगली सुनवाई 16 जुलाई को निर्धारित की गई है. याचिकाकर्ता की ओर से अधिवक्ता आलोक बागरेचा ने पैरवी की.
नगरीय क्षेत्रों में झुग्गी बस्तियों के विस्तार को नियंत्रित करने कार्य-योजना बनाई जाए : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
3 Jul, 2025 11:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रदेश के नगरों में झुग्गी बस्तियों के विस्तार को नियंत्रित करने के उद्देश्य से, लोगों की सामाजिक-आर्थिक परिस्थितियों को देखते हुए किफायती और सुविधाजनक आवास सुविधा विकसित करने कार्य-योजना बनाई जाए। नगरीय क्षेत्र में पर्यावरण की बेहतरी के लिए उद्यानों को विकसित करना और विकास प्राधिकरण, हाउसिंग बोर्ड सहित सभी आवासीय परियोजनाओं में पौध-रोपण को प्रोत्साहित करना आवश्यक है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भोपाल के बड़े तालाब के आसपास अवैध निर्माण का सर्वेक्षण करवा कर उन पर कार्रवाई के लिए अभियान चलाया जाए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव नगरीय विकास एवं आवास विभाग की मुख्यमंत्री निवास स्थित समत्व भवन में हुई समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में शहरी क्षेत्रों में कॉलोनियों के विकास में देश के प्रतिष्ठित बिल्डर्स एंड कॉलोनाईजस को जोड़ा जाए। उन्होंने कहा कि शहरी क्षेत्रों के साथ औद्योगिक क्षेत्रों में होने वाली आकस्मिक घटनाओं पर नियंत्रण के लिए अग्निशमन सेवा का आधुनिकीकरण तत्काल किया जाए। अंतर्शहरी क्षेत्र में रेल सेवा के विस्तार के लिए नमो ट्रेन की योजना तैयार की जाए। जल्द ही इस पर केन्द्रीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव से चर्चा कर मदद ली जाएगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि लाड़ली बहनों को प्राथमिकता के आधार पर आवास सुविधा उपलब्ध कराई जाए। प्रदेश में मीट-मछली के दुकानदारों को व्यवस्थित करने और उपयुक्त स्थान उपलब्ध कराने के लिए नगरीय निकायों को शीघ्र कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने धार्मिक क्षेत्रों में दीनदयाल रसोई योजना के विस्तार पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि इस कार्य में सरकारी मदद के साथ स्वंयसेवी संस्थाओं और निजी दानदाताओं की मदद ली जाए। शहरी क्षेत्रों में स्थानीय समुदाय के स्व-सहायता समूह तैयार कर उन्हें आधुनिक लॉण्ड्री शुरू करने के लिए वित्तीय सहायता और उपयुक्त स्थान उपलब्ध कराया जाए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी एवं अन्य योजनाओं में तैयार किए गए आवासों के आधिपत्य बनने के साथ ही सौंपे जाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि शहरी क्षेत्रों में स्वच्छ पर्यावरण एक महत्वपूर्ण मुद्दा है। इसके लिए जरूरी है कि शहरी क्षेत्रों में आरक्षित भूमि चयनित कर 'नगर वन' अधिक से अधिक विकसित किए जाएं और उनके रखरखाव की जिम्मेदारी भी तय की जाए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विभागीय बैठक में प्रमोशन प्रक्रिया की जानकारी भी ली। उन्होंने कहा कि अधिकारी-कर्मचारियों को तय समय-सीमा में प्रमोशन दिया जाए। इससे रिक्त होने वाले पदों पर अभी से भर्ती की प्रक्रिया की कार्य-योजना तैयार कर ली जाए।
नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि धार्मिक एवं पर्यटन शहरों के विकास में एकीकृत विकास की योजना तैयार की जा रही है। चित्रकूट नगर में 2800 करोड़ रूपए की कार्य-योजना तैयार की गई है, जिसमें नगरीय विकास विभाग द्वारा 800 करोड़ रूपए का विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन तैयार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में रीडेंसिफिकेशन परियोजनाओं की संभावना को देखते हुए हाऊसिंग बोर्ड को निर्देश दिए गए हैं।
बैठक में राज्यमंत्री श्रीमती प्रतिमा बागरी, मुख्य सचिव श्री अनुराग जैन, अपर मुख्य सचिव डॉ. राजेश राजौरा, विभाग के अपर मुख्य सचिव श्री संजय शुक्ला सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
बैठक में बताया गया कि प्रदेश में शहरी क्षेत्रों की एक करोड़ 30 लाख लाड़ली बहनों को आर्थिक सहायता के साथ आवास दिए जाएंगे। प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी 1.0 में 8 लाख 55 हजार आवास बनकर तैयार हो गए हैं। इस योजना के दूसरे चरण में अब तक 4 लाख से अधिक आवेदन प्राप्त हो गए हैं। बैठक में संकल्प-पत्र के बिन्दुओं पर भी चर्चा की गई। बताया गया कि संकल्प बिन्दु के अनुसार वर्ष 2027 तक भोपाल और इंदौर मेट्रो लाईन का पूर्ण संचालन सुनिश्चित किया जाएगा। मुख्यमंत्री नगरीय क्षेत्र अधोसंरचना निर्माण योजना में 1070 करोड़ रूपए की 1062 परियोजनाएं मंजूर हैं। बताया गया कि 183 नगरीय निकायों में महिलाओं के लिए 218 पिंक शौचालय संचालित हो रहे हैं। बैठक में इलेक्ट्रिक बसों के संचालन के मुद्दे पर चर्चा की गई। नगरीय क्षेत्रों में जल आपूर्ति और सीवरेज की 333 परियोजनाएं स्वीकृत हैं। इन पर करीब 11 हजार करोड़ रूपए की राशि मंजूर हुई है। ई-गवर्नेंस-ऑनलाइन नागरिक सेवाओं पर चर्चा करते हुए इसके विस्तार के संबंध में निर्देश दिए गए। बैठक में नगर तथा ग्राम निवेश की गतिविधियों पर भी चर्चा की गई।
जल गंगा संवर्धन अभियान
बैठक में शहरी क्षेत्रों में जल गंगा संवर्धन अभियान की प्रगति की जानकारी दी गई। प्रदेश के नगरीय क्षेत्रों में 36 जल संरचनाओं के पुनर्जीवन का कार्य पूर्ण किया गया है और 38 हरित क्षेत्र विकसित किए गए हैं। विभिन्न नगरीय निकायों में 3963 रैनवॉटर हार्वेस्टिंग संरचनाएं निर्मित की गई है। इसी के साथ शहरी क्षेत्रों में एक्विफायर मैनेजमेंट और गंदे पानी के शोधन के लिए 30 नालों की कार्ययोजना तैयार की गई।
प्रदेश में 3800 करोड़ रुपए के निवेश से फ्रोजन आलू उत्पाद इकाई का प्रस्ताव
3 Jul, 2025 10:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रदेश में "उद्योग और रोजगार वर्ष : 2025" औद्योगिक विकास की तीव्र संभावनाओं को साकार करने का वर्ष है। राज्य सरकार के प्रयासों से विभिन्न क्षेत्रों में निरंतर निवेश प्रस्ताव मिल रहे हैं। निवेशकों को औद्योगिक इकाइयों की स्थापना के लिए भूमि सहित नीतियों के अंतर्गत सभी आवश्यक सुविधाएं प्रदान की जाएंगी।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव गुरूवार को समत्व भवन मुख्यमंत्री निवास में मैकेन फूड्स के रीजनल प्रेसिडेंट श्री पियरे डैनेट एवं प्रतिनिधि मंडल के सदस्यों से चर्चा कर रहे थे। मैकेन फूड्स के श्री पियरे डैनेट ने बताया कि मध्यप्रदेश में किसानों को कांट्रेक्ट फार्मिंग के माध्यम से स्थायी बाजार बेहतर मूल्य और उन्नत कृषि तकनीक का लाभ दिलवाने के लिए 3800 करोड़ रुपए निवेश का प्रस्ताव दिया गया है। प्रथम चरण में 1800 करोड़ रुपए का निवेश किया जाएगा और इस निवेश के फलस्वरूप 6300 व्यक्तियों को प्रत्यक्ष और परोक्ष रूप से रोजगार प्राप्त होगा।
वैश्विक कंपनी मैकेन फूड्स भारत में मुख्य रूप से फ्रोजन आलू उत्पादों जैसे फ्रेंच फ्राइज, आलू टिक्की और स्नैक आइटम बनाती है। कनाडा में स्थापित यह कंपनी भारत में वर्ष 2007 से खाद्य क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। वर्तमान में गुजरात के मेहसाणा में कंपनी किसानों से आलू खरीद कर अत्याधुनिक उत्पादन इकाई के माध्यम से विभिन्न खाद्य उत्पाद निर्मित कर रही है। चर्चा के दौरान प्रमुख सचिव औद्योगिक नीति एवं निवेश संवर्धन श्री राघवेन्द्र कुमार सिंह और आयुक्त जनसम्पर्क डॉ. सुदाम खाड़े उपस्थित थे।
मोहन यादव का राहुल गांधी पर वज्रपात, ऑपरेशन सिंदूर को लेकर ऊपर से नीचे तक धो डाला
3 Jul, 2025 09:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल: राज्य स्तरीय महिला मॉक पार्लियामेंट के दौरान मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कांग्रेस और विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर जमकर हमला बोला. मुख्यमंत्री इस दौरान यहां तक बोल गए कि ऑपरेशन सिंदूर के बाद जो बात अपने दुश्मन देश की सेना नहीं बोली वह राहुल गांधी बोलते हैं नरेन्द्रर सरेंडर. कैसी नादानी की बात करते हैं.
यह पूरे देश और सेना का अपमान है. इसके बाद उन्होंने विवादित टिप्पणी भी की. उन्होंने कहा कि किसने कहा ऐसे व्यक्ति से कि नेता प्रतिपक्ष बन जाओ. दरअसल राहुल गांधी ने एक माह पहले 3 जून को भोपाल यात्रा के दौरान भारत-पाक के बीच बने युद्ध जैसे हालात के बाद युद्धविराम पर सवाल उठाया था.
कांग्रेस पार्टी ने कांग्रेस नाम क्यों रखा?
भोपाल के एक निजी मेडिकल कॉलेज में हुए राज्य स्तरीय महिला मॉक पार्लियामेंट में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, मंत्री विश्वास सारंग, कृष्णा गौर सहित पार्टी के कई पदाधिकारी शामिल हुए. मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर हमला बोलते हुए पूछा कांग्रेस पार्टी ने कांग्रेस नाम क्यों रखा?
डॉ मोहन यादव बोले "यह ऐसी गरीब पार्टी कि इसे भारतीय नाम ही नहीं मिला. जब हमारे घर में बच्चे होते हैं, तो क्या अमेरिका, इंग्लैंड जैसे विदेशी नाम रखते हैं. देश कब का आजाद हो गया, कांग्रेस पार्टी अंग्रेजों ने बनाई थी, लेकिन यह अभी भी उसी पार्टी को चला रहे हैं. भारत में रहना है तो पार्टी का नाम भारतीय रख लें."
'भाई हमेशा टी-शर्ट में घूमता है'
सीएम मोहन यादव ने कहा कि "हमारा भारतीय वस्त्र कुर्ता-पायजामा है लेकिन हमारा भाई हमेशा टी-शर्ट में ही घूमता रहता है. अटल बिहारी वाजपेई 50 साल तक विपक्ष में रहे. कई सालों तक विपक्ष के नेता रहे. जब बांग्लादेश से युद्ध का मामला आया तो उन्होंने प्रधानमंत्री की तारीफ करते हुए साक्षात दुर्गा की संज्ञा दी थी. इस तरह उन्होंने देश का हौसला बढ़ाया."
राहुल गांधी पर की विवादित टिप्पणी
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि "ऑपरेशन सिंदूर में भारत ने पाकिस्तान को इतना करारा जवाब देने के बाद भी लजाने का काम कौन कर रहा है, वह टी-शर्ट वाला. अब वह सवाल उठा रहे हैं कि कहां बम गिरा ? घर में बैठकर बोलना आसान है. ऑपरेशन सिंदूर के बाद जो बात अपने दुश्मन देश की सेना नहीं बोली वह राहुल गांधी बोलते हैं. कैसी नादानी की बात करते हैं. यह पूरे देश और सेना का अपमान है. किसने कहा ऐसे व्यक्ति से कि नेता प्रतिपक्ष बन जाओ." इस दौरान उन्होंने राहुल गांधी को लेकर कई विवादित बातें भी कहींं.
मुख्यमंत्री ने आपातकाल के कार्यक्रम को लेकर कहा कि "इस तरह के कार्यक्रम कर आपातकाल का दर्द क्यों बता रहे हैं, क्योंकि बीज वहीं से पड़ा है, यह एक ही घर से बात आ रही है. पीढ़ी दर पीढ़ी चल रहे हैं, पहली पीढ़ी ने धारा 370 लगाया, दूसरी पीढ़ी ने आपातकाल लगाया."
वाणिज्य विभाग का रेलवे स्टेशनों पर पेंट्रीकार और स्वच्छता का सघन निरीक्षण
3 Jul, 2025 08:27 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ कटारिया के मार्गदर्शन में मंडल वाणिज्य प्रबंधक पंकज दुबे द्वारा पेंट्रीकार, स्टेशन स्वच्छता और टिकट जांच व्यवस्थाओं का व्यापक निरीक्षण किया गया। इस दौरान इन व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की गई और सुधारात्मक दिशा-निर्देश जारी किए गए। दुबे ने विशेष रूप से ट्रेन संख्या 12137 पंजाब मेल की पेंट्रीकार का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पैंट्री प्रबंधक की उपस्थिति में यात्रियों से संवाद किया गया। यात्रियों ने मिश्रित प्रतिक्रिया देते हुए खाद्य सामग्री की गुणवत्ता में सुधार और ओवरचार्जिंग संबंधी शिकायतें साझा कीं। यात्रियों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पेंट्री प्रबंधक को बुलाकर ओवरचार्जिंग रोकने तथा सेवाओं में सुधार लाने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान निम्न अनियमितताएँ पाई गईं:
• जनता खाना उपलब्ध नहीं था।
• खाद्य सामग्री के पैकेटों पर मूल्य अंकित नहीं थे।
• पेंट्रीकार में स्वच्छता का अभाव था।
• स्टाफ द्वारा निर्धारित यूनिफॉर्म और परिचय पत्र धारण नहीं किए गए थे।
इन सभी अनियमितताओं को तत्काल दूर करने हेतु पेंट्री प्रबंधक एवं स्टाफ को कड़ी समझाइश दी गई
इसी क्रम में गंजबासोदा रेलवे स्टेशन का निरीक्षण भी किया गया। निरीक्षण के दौरान प्लेटफॉर्म की सफाई व्यवस्था असंतोषजनक पाई गई तथा प्लेटफॉर्म शेड में वर्षा के दौरान जल रिसाव की समस्या देखी गई। सफाई ठेकेदार को तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई करने के लिए सख्त निर्देश दिए गए। टिकट जांच व्यवस्था की समीक्षा के दौरान श्री दुबे ने ट्रेन संख्या 12137 पंजाब मेल (भोपाल से गंजबासोदा खंड) एवं वापसी में ट्रेन संख्या 18238 छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस में टिकट जांच स्टाफ को बिना टिकट यात्रियों पर कार्रवाई के निर्देश दिए। गंजबासोदा स्टेशन पर भोपाल-बिलासपुर एक्सप्रेस, भोपाल-बीना मेमू, ग्वालियर-भोपाल इंटरसिटी सहित अन्य यात्री गाड़ियों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान कुल 83 मामलों में बिना टिकट यात्रा, अनियमित टिकट एवं बिना बुकिंग का सामान ले जाने पर कुल ₹36,420 का जुर्माना वसूला गया। निरीक्षण दल में मुख्य टिकट निरीक्षक अरुण कुमार श्रीवास्तव, खानपान निरीक्षक श्री हेमराज मीणा, मुख्य वाणिज्य निरीक्षक मानवेंद्र सिंह तथा मंडल वाणिज्य निरीक्षक (विदिशा) वी.एम. राव शामिल रहे। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ कटारिया ने बताया कि इस प्रकार के नियमित निरीक्षण यात्रियों को गुणवत्तापूर्ण सेवाएँ प्रदान करने और अनुशासन सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक हैं। भविष्य में भी इस प्रकार की कार्यवाहियाँ जारी रहेंगी।
उज्जैन से सीहोर तक भाजपा नेताओं का भव्य स्वागत
3 Jul, 2025 08:02 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
- देश की अखंडता व आने वाली पीढ़ी के बेहतर भविष्य के लिए भाजपा को मजबूत बनाएं
- मुख्यमंत्री उद्योग व रोजगार की नई परंपरा विकसित कर प्रदेश को विकसित बना रहे हैं
- श्री हेमंत खंडेलवाल
- हर घर भाजपा का लक्ष्य लेकर कार्य में जुटें कार्यकर्ता
- प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में भारत भूमि में चारों ओर भगवा लहरा रहा है
- श्री हितानंद जी
उज्जैन/देवास/सीहोर/भोपाल, 03/07/2025। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक श्री हेमंत खंडेलवाल एवं प्रदेश संगठन महामंत्री श्री हितानंद जी ने गुरूवार को उज्जैन पहुंचकर बाबा महाकाल के दर्शन-पूजन कर प्रदेशवासियों की सुख एवं समृद्धि की कामना कर उज्जैन, देवास, सोनकच्छ, आष्टा और सीहोर में स्वागत समारोह को संबोधित किया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री हेमंत खंडेलवाल ने उज्जैन में आयोजित स्वागत कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि कार्यकर्ता देश की अखंडता व आने वाली पीढ़ी के बेहतर भविष्य के लिए भाजपा को और मजबूत बनाएं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव उद्योग व रोजगार की नई परंपरा विकसित कर मध्यप्रदेश को नई ऊंचाई पर ले जाकर विकसित बना रहे हैं। भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री श्री हितानंद जी ने कहा कि जनसंघ के समय हमारी पार्टी के सिर्फ दो ही सांसद थे। विरोधी तंज कसते थे, लेकिन आज प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत से भारत के अधिकांश भू-भाग में भाजपा की सरकारें जनता की सेवा कर रही है और भगवा लहरा रहा है।
सरकार के कार्यों को जनता तक पहुंचाकर अग्रणी राज्य बनाएंगे-श्री हेमंत खंडेलवाल
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक श्री हेमंत खण्डेलवाल ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि जनसंघ के रूप में प्रारंभ हुई भारतीय जनता पार्टी आज दुनिया के सबसे बड़े और सबसे ताकतवर संगठन का रूप ले चुकी है। मैं जब पार्टी अध्यक्ष बना तब मेरे मन में था कि अपने काम की शुरुआत मैं बाबा महाकाल के चरणों में प्रणाम करते हुए शुरू करूं। जब भगवान महाकाल के दर्शन करने आऊंगा तो उनके भक्तों के बीच नहीं आऊंगा तो यह यात्रा अधूरी रह जाती। बाबा महाकाल की कृपा से प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में भाजपा सत्ता के माध्यम से जनता की सेवा कर रही है। प्रधानमंत्री जी ने देश के विकास को नई दिशा दी है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश में उद्योग से लेकर रोजगार की एक नई परंपरा विकसित कर प्रदेश को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जा रहे हैं। यह सब भगवान महाकाल और जनता के आशीर्वाद से संभव हुआ है। मैं और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सत्ता और संगठन में संतुलन बनाकर डबल इंजन सरकार के जनहितैषी कार्यो से जनता को लाभ दिलाकर प्रदेश को विकास के क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनायेंगे।
प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में भारत विश्व गुरू बनने की ओर अग्रसर
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक श्री हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं के परिश्रम, प्रतिबद्धता से ही भाजपा को लंबे समय से जनता की सेवा करने का अवसर मिला। भाजपा संगठन कार्यकर्ताओं को क्षमता और योग्यता के आधार पर दायित्व सौंपता है। हम सभी कार्यकर्ता सौभाग्यशाली हैं, जिसका नेतृत्व प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी कर रहे हैं। प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में भारत दुनिया की सबसे बड़ी शक्ति बनकर विश्व गुरू बनने जा रहा है। उन्होंने कहा कि देश की अखंडता और आने वाली पीढ़ी के बेहतर भविष्य के लिए हम सभी कार्यकर्ताओं को मिलकर पार्टी को और मजबूत बनाना है। हमें अपनी सनातन परंपराओं और देश के इतिहास को और मजबूत करना है। निर्वतमान प्रदेश अध्यक्ष श्री विष्णुदत्त शर्मा के नेतृत्व में हमारा संगठन बुलंदियों पर है। मेरा परिवार आदिवासी समाज के बीच का है। जनजाति समाज का मेरे परिवार पर भरोसा है, इसलिए उन्होंने हमें आर्शीर्वाद देकर सेवा का अवसर दिया है। हम सब कार्यकर्ता एक माला के मोती हैं। हमें कार्यकर्ताओं के सम्मान को बरकरार रखने के साथ मध्यप्रदेश में विकास के नए आयाम स्थापित करने हैं।
कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम से देश के अधिकांश राज्यों में हमारी सरकारें- श्री हितानंद जी
भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री श्री हितानंद जी ने कहा कि जनसंघ के समय जब हमारी पार्टी के दो सांसद थे, तब संसद में जवाहरलाल नेहरू ने संसद में हमारी पार्टी के संख्या बल को लेकर परिहास किया था। श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी ने कहा था कि राष्ट्रवादी विचारों के साथ कार्य करने वाली हमारी पार्टी कांग्रेस की मानसिंकता को कुचल डालेंगे। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में भाजपा विश्व की सबसे बड़ी पार्टी बन चुकी है। भाजपा कार्यकर्ताओं के अथक मेहनत और परिश्रम से भारत के अधिकांश भू-भाग में हमारी पार्टी जनता की सेवा कर रही है। कार्यकर्ताओं ने त्याग, सेवा और समर्पण से आज श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी के कहे हुए शब्दों को चरितार्थ करते हुए कांग्रेस की मानसिकता को ही समाप्त करने में लगे हैं और उस मानसिकता को समाप्त करके रहेंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश में भाजपा पंच, सरपंच, नगरीय निकाय से लेकर विधानसभा में ऐतिहासिक बहुमत से चुनाव जीती है। लोकसभा में भी प्रदेश की सभी लोकसभा सीटें जीतकर इतिहास रचा है। अब हर घर भाजपा हो हर कार्यकर्ता का यह लक्ष्य होना चाहिए। सभी कार्यकर्ता हर घर भाजपा का लक्ष्य लेकर अपने कार्य में जुट जाएं।
उज्जैन में आयोजित कार्यक्रम को प्रदेश शासन के मंत्री श्री गौतम टेटवाल, सांसद उमेशनाथ महाराज, पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष श्री जीतू जिराती, श्री बहादुर सिंह चौहान, प्रदेश सह कोषाध्यक्ष व विधायक श्री अनिल जैन कालूहेड़ा, सांसद श्री अनिल फिरोजिया, पूर्व मंत्री श्री पारस जैन, जिला अध्यक्ष श्री संजय अग्रवाल, ग्रामीण जिला अध्यक्ष श्री राजेश धाकड़ एवं श्री तेज बहादुर सिंह ने भी संबोधित किया। इस दौरान पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का जगह-जगह हुआ भव्य स्वागत
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व विधायक श्री हेमंत खंडेलवाल का उज्जैन पहुंचने पर पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्री हेमंत खंडेलवाल ने बाबा महाकाल के दर्शन-पूजन के बाद नानाखेड़ा में स्थित पार्टी के पितृ पुरूष पंडित दीनदयाल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। कालिदास अकादमी स्थित गुंडिचा मंदिर पहुंचकर इस्कॉन मंदिर के संत को पुष्पांजलि अर्पित किए। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का देवास के विभिन्न स्थानों पर मंचों के माध्यम से भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान जिला अध्यक्ष श्री रायसिंह सेंधव, विधायक श्रीमती गायत्री राजे पंवार, श्री मनोज चौधरी, श्री राजेश सोनकर, पूर्व जिला अध्यक्ष श्री राजेश खण्डेलवाल उपस्थित रहे। सोनकच्छ, आष्टा और सीहोर में भी बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया। प्रदेश अध्यक्ष श्री खण्डेलवाल ने सभी कार्यकर्ताओं का अभिवादन किया।
मध्य प्रदेश में प्रभारी मंत्रियों से पावरफुल डीईओ! ऐसे रुके 34 हजार शिक्षकों के ट्रांसफर
3 Jul, 2025 06:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल: मध्य प्रदेश में भले ही प्रभारी मंत्री अपने जिलों में धाक जमाए रखते हैं लेकिन जिला शिक्षा अधिकारियों के सामने प्रभारी मंत्रियों की भी नहीं चलती है. दरअसल शिक्षकों के ट्रांसफर में प्रभारी मंत्री से भी पावरफुल डीईओ यानि जिला शिक्षा अधिकारी हो गए. डीईओ को जिसका ट्रांसफर करना था किया बाकि प्रभारी मंत्री के अनुमोदन वाली लिस्ट में बहुत सारे नाम रोक दिए. जिससे स्कूल शिक्षा विभाग और प्रभारी मंत्रियों के बीच खींचतान की स्थिति बन गई है.
मुख्यमंत्री के हस्तक्षेप के बाद ही होगा ट्रांसफर
बता दें कि प्रदेश के रायसेन, धार, सिवनी, आगर-मालवा और छतरपुर समेत 5 जिलों में प्रभारी मंत्रियों के अनुमोदन के बाद भी करीब 1500 से अधिक शिक्षकों का ट्रांसफर नहीं हो पाया. इन शिक्षकों ने स्वैच्छिक तबादले के लिए आवेदन किया था और प्रभारी मंत्री से अनुमोदन कराया था. लेकिन अब स्वैच्छिक तबादला प्रक्रिया 20 जून से बंद हो गई है. ऐसे में अब मुख्यमंत्री के हस्तक्षेप के बाद इनका ट्रांसफर हो पाएगा.
डीईओ ने बताया ट्रांसफर नहीं होने का कारण
रायसेन में प्रभारी मंत्री नारायण सिंह पंवार की ओर से डीईओ को अनुमोदित सूची भेजी गई थी. लेकिन इसमें से 236 शिक्षकों के तबादले नहीं किए गए. जब रायसेन के जिला शिक्षा अधिकारी डीडी रजक ने बताया कि "प्रभारी मंत्री द्वारा अनुमोदित लिस्ट में से कुछ नाम हटाए गए हैं, क्योंकि वो सभी नाम मंत्री का निजी स्टाफ फोन पर ट्रांसफर कराना चाहता था. इसलिए प्रभारी मंत्री से अनुमोदित सूची में ट्रांसफर रोका गया."
20 प्रतिशत शिक्षकों के भी नहीं किए गए ट्रांसफर
बता दें कि मध्य प्रदेश में 42 हजार से अधिक शिक्षकों ने स्वैच्छिक तबादले के लिए प्रभारी मंत्री से अनुमोदन कराया था. रायसेन, धार, सिवनी, आगर-मालवा और छतरपुर में करीब 1500 शिक्षकों के तबादले वहां के प्रभारी मंत्री के अनुमोदन के बाद भी नहीं किए गए. अब तक 42 हजार में से करीब 8 हजार शिक्षकों के तबादले ही किए गए. इसमें सभी गंभीर बीमारी से पीड़ित, तलाकशुदा या किसी अन्य कारण वाले शिक्षक शामिल हैं.
सीएम और शिक्षामंत्री से की गई शिकायत
इस मामले में रायसेन के प्रभारी मंत्री नारायण सिंह पंवार ने बताया कि "अब ट्रांसफर की अवधि समाप्त हो गई है. ट्रांसफर को लेकर जिला शिक्षा अधिकारी की शिकायत शिक्षा मंत्री राव उदय प्रताप सिंह और मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव से की है." इसमें उन्होंने लिखा है कि शिक्षा विभाग में ट्रांसफर प्रक्रिया केवल 20 जून तक होनी थी. लेकिन अब समय सीमा खत्म होने के बाद अब सीएम की अनुमति के बाद ही ट्रांसफर हो सकेगा. इसके लिए प्रस्ताव को कैबिनेट में लाना होगा.
भोपाल में 50 में से 29 शिक्षकों की सूची रोकी
राजधानी भोपाल के प्रभारी मंत्री चैतन्य कश्यप हैं, इन्होंने भी भोपाल जिले में 50 शिक्षकों के स्वैच्छिक ट्रांसफर का अनुमोदन किया था. लेकिन जिला शिक्षा अधिकारी एनके अहिरवार ने इस लिस्ट में से केवल 21 शिक्षकों का तबादला ही किया गया है. अहिरवार ने बताया कि जो शिक्षक अपात्र थे, उनका नाम सूची में से हटा दिया गया. हालांकि स्कूल शिक्षा विभाग जल्द ही नए शिक्षकों की नियुक्तियां करने जा रहा है.
अगले साल तक करना पड़ेगा इंतजार
स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव डा. संजय गोयल ने बताया कि "यदि समय पर शिक्षकों के द्वारा आवेदन किया गया है, तो पात्र शिक्षकों के तबादले किए गए हैं. जहां शिक्षकों के तबादले में कोई कमियां थी, तभी रोका गया है. इस बार 20 जून तक स्वैच्छिक तबादले होने थे. लेकिन तय सीमा समाप्त होने के बाद भी जो शिक्षक रह गए हैं, अब उनको अगले साल तक का इंतजार करना पड़ेगा. हालांकि सरकार यदि इस प्रस्ताव को कैबिनेट में पास कर दे, तो ट्रांसफर संभव हो सकता है."
रेलवे लॉजिस्टिक्स में नवाचार: बैग्ड सीमेंट की जगह बुल्क ट्रांसपोर्ट
3 Jul, 2025 05:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । कंटेनरों में सीमेंट लोड करने की सुविधा के साथ बल्क सीमेंट मूवमेंट ने एक नए युग में प्रवेश किया है। कॉनकॉर ने थोक सीमेंट को बैग के स्थान पर लूज (खुली) में परिवहन की सुविधा के लिए पहली बार विशेष टैंक कंटेनर उपलब्ध करवा कर भारत में सीमेंट लॉजिस्टिक्स को बदलने में एक महत्वपूर्ण कदम आगे बढ़ाया है। आंध्र प्रदेश के मेलचेरुवु में माई होम सीमेंट साइडिंग (एमएमएचएम) से बैंगलोर में कॉनकॉर आईसीडी व्हाइटफील्ड तक इन विशेष टैंक कंटेनरों की वास्तविक समय की आवाजाही सफलतापूर्वक शुरू हो गई है। यह पहल भारतीय अर्थव्यवस्था के प्रमुख क्षेत्रों को अभिनव और टिकाऊ लॉजिस्टिक्स समाधान प्रदान करने के लिए भारतीय रेलवे के निरंतर प्रयासों में एक और मील का पत्थर है।
इन टैंक कंटेनरों को रेल नेटवर्क के माध्यम से सीमेंट के कुशल, सुरक्षित और पर्यावरण के अनुकूल मूवमेंट को सक्षम करके सीमेंट उद्योग का समर्थन करने के लिए डिज़ाइन किया गया है, जिससे पारंपरिक बैग वाले परिवहन पर निर्भरता काफी कम हो जाती है। यह न केवल सीमेंट कंपनियों की परिचालन दक्षता को बढ़ाता है बल्कि भारत के हरित और मल्टीमॉडल लॉजिस्टिक्स को बढ़ावा देने के लक्ष्य के अनुरूप भी है। अपनी मजबूत अवसंरचना और बहुविध क्षमताओं का लाभ उठाकर, कॉनकॉर उद्योगों को अत्याधुनिक लॉजिस्टिक्स समाधानों से सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है, जो लागत प्रभावी और पर्यावरण के लिए जिम्मेदार हैं।
निगम के 30 कर्मचारी सेवानिवृत्त, हर्षित तिवारी ने दी भावपूर्ण विदाई
3 Jul, 2025 02:51 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। नगर निगम, भोपाल के 30 कर्मचारी अपनी सेवा अवधि पूर्ण कर निगम सेवा से सेवानिवृत्त हो गए। निगम के 30 जून 2025 को शासकीय सेवा से निवृत्त हुए कर्मचारियों को अपर आयुक्त श्री हर्षित तिवारी ने शॉल, श्रीफल, मिष्ठान आदि भेंटकर बिदाई दी और उनके सुखमय जीवन की कामना की। सोमवार को माता मंदिर स्थित कार्यालय में निगम की सेवा से सेवानिवृत्त हुए सहायक यंत्री श्री डी.के.शर्मा, नि.श्रे.लि. श्री किशोरीलाल, फॉयर मेन श्री अनवर खान, हेल्पर श्री ताहिर मोहम्मद, श्रमिकगण श्री खुशीलाल, श्री बंशीलाल, श्री चंदन सिंह, श्री करण सिंह, श्रीमती विजया यादव, श्रीमती श्यामा बाई, श्री नासिर अली, श्री सियाराम, श्री सूरज सिंह कुशवाह, श्री अमर सिंह, सफाई मित्रगण श्रीमती राजो बाई, श्री राकेश कुमार, श्री जयराम, श्रीमती सुमन बाई, श्रीमती राम बाई, श्री मुरलीधर, श्री बाबूलाल, श्री फूलचंद, श्रीमती रामकुंवर बाई, श्री चन्द्रभान, श्रीमती आशा बाई, श्रीमती कोमल बाई, श्री प्रेमीलाल, विनियमित कुशल श्रमिक श्री मुकेश शर्मा, विनियमित अकुशल श्रमिक श्री गोपाल तथा श्रीमती गीता बाई को ससम्मान बिदाई दी गई। इस मौके पर सेवा निवृत्त अधिकारी/कर्मचारी कल्याण समिति के अध्यक्ष श्री एस. नजीर अहमद, के अलावा श्री रामसिंह राठौर, डॉ. शमीम कुरैषी, श्री संपतराव पवार, श्री हसन तैयब, श्री राजेन्द्र सक्सेना, श्री अब्दुल रकीब, श्री जगदीष सहित निगम के अन्य कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधि व बड़ी संख्या में निगम के अधिकारी/कर्मचारी मौजूद थे।
बाबा के दरबार में हादसा: श्रद्धालुओं पर गिरा पंडाल, एक की मौत, आठ अस्पताल में भर्ती
3 Jul, 2025 02:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छतरपुर। छतरपुर बागेश्वर धाम में गुरुवार सुबह पंडाल का एक हिस्सा गिरने से बड़ा हादसा हो गया। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि आठ लोग घायल बताए गए हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया गया कि बारिश और आंधी के चलते ये हादसा हुआ। हादसा सुबह 7 बजे आरती के बाद हुआ। लोहे का एंगल गिरने की वजह से श्रद्धालु के सिर पर चोट लगी। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। आरती के दौरान बारिश हो रही थी। इसी समय भारी भीड़ जमा हो गई। बारिश से बचने के लिए लोग शेड के नीचे पहुंचे थे। मृतक का नाम श्यामलाल कौशल है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। घायल राजेश ने बताया कि उनके ससुर लाला श्यामलाल कौशल की इस हादसे में मौत हो गई है। वहीं परिवार के 6 लोग घायल हुए हैं। घायलों में पत्नी सौम्या, बच्ची पारुल, बच्ची उन्नति, पड़ोसी आर्यन, कमला हैं। इनको अस्पताल में भर्ती किया गया है। उन्होंने बताया कि हम लोगों को दर्शन के लिए जाना था पानी गिरने लगा तो भागकर पंडाल के नीचे खड़े हो गए और जब पानी बंद हो गया तभी अचानक पंडाल गिर गया और भगदड़ मच गई। हम लोगों ने भागकर अपनी जान बचाई है। यहां पंडाल में तकरीबन 15 से 20 लोग नीचे दब गए तो वहां मौजूद लोगों ने उन्हें बाहर निकाला। उन्होंने बताया कि बड़े पापा के सिर में लोहे का पाइप लग गया, जिन्हें अस्पताल में भर्ती किया गया है।
बता दें कि कथा वाचक बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेन्द्र शास्त्री चार जुलाई को अपना जन्मदिन बागेश्वर धाम में मनाने वाले हैं। इसको लेकर श्रद्धालुओं की भीड़ बागेश्वर धाम पहुंची हुई है। आयोजन के लिए बागेश्वर धाम को भव्य रूप से सजाया गया है। एक से तीन जुलाई तक बालाजी का दिव्य दरबार यहां लगाया जा रहा है। बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पं. धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री अपनी लंबी विदेश यात्रा के बाद लौटे हैं। इसके बाद धाम में बड़े कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें विदेश से भी लोग पहुंचे हैं। बागेश्वर महाराज को एक जुलाई से 12 जुलाई तक धाम पर ही रहना है। बागेश्वर धाम पर आयोजित हो रहे 12 दिवसीय महोत्सव के शुरुआती तीन दिनों में भारी भीड़ जमा हुई है।
थाना प्रभारी बोले
बमीठा थाना प्रभारी आशुतोष श्रुतिया ने बताया कि घटना सुबह की है। दरबार हॉल के सामने वॉटरप्रूफ टेंट लगा हुआ था और उसमें बहुत ज्यादा पानी भर गया था। तेज हवा और दवाब के चलते टेंट का एक हिस्सा नीचे आ गया। इसमें 8 लोग घायल हुए हैं। इनमें से 4 गंभीर हैं। 4 को मामूली चोटें आई हैं।
अप्रैल से जून तक 299 कोचों की ओवरहॉलिंग, भोपाल वर्कशॉप की बड़ी उपलब्धि
3 Jul, 2025 01:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। पश्चिम मध्य रेलवे के सवारी डिब्बा पुर्ननिर्माण कारखाना (CRWS), भोपाल ने चालू वित्तीय वर्ष 2025-26 के प्रथम तीन माह (अप्रैल से जून 2025) के दौरान कुल 299 कोचों का सफलतापूर्वक पीरियोडिक ओवर हॉलिंग (POH) कर उल्लेखनीय प्रदर्शन किया है। इसी अवधि में जून माह के दौरान कारखाने ने 100 कोचों का पीओएच आउटर्न कर अपनी दक्षता का परिचय दिया। यह आंकड़े रेलवे बोर्ड द्वारा निर्धारित लक्ष्यों के सापेक्ष सराहनीय उपलब्धि को दर्शाते हैं। वरिष्ठ अधिकारियों की सतत निगरानी में भोपाल कारखाना प्रबंधन ने टीम भावना और सुनियोजित कार्ययोजना के साथ यह सफलता हासिल की।
पीरियोडिक ओवर हॉलिंग (POH) के दौरान निम्नलिखित कार्य किए जाते हैं:
• कोचों की बॉडी और अंडरगियर की मरम्मत कर परिचालन में अधिकतम सुरक्षा सुनिश्चित की जाती है।
• ट्रॉली, बोगी के सभी महत्वपूर्ण पार्ट्स की मरम्मत की जाती है, जो सुरक्षा की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण हैं।
• एयर ब्रेक सिस्टम, बफर व अन्य संरचनात्मक उपकरणों की मरम्मत की जाती है ताकि यात्रियों को झटका-रहित और सुरक्षित यात्रा का अनुभव हो सके।
• व्हील और एक्सल का रखरखाव और मरम्मत कर परिचालन सुरक्षा को सुदृढ़ किया जाता है।
रामेश्वरम से मदुरै तक! भारत गौरव ट्रेन 28 जुलाई से करेगी पुण्य यात्रा की शुरुआत
3 Jul, 2025 01:38 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पठानकोट से दक्षिण भारत के लिए चलेगी भारत गौरव ट्रेन
भोपाल। दक्षिण भारत के प्रसिद्ध धार्मिक स्थलों की यात्रा की चाह रखने वाले श्रद्धालुओं के लिए भारत गौरव ट्रेन चलाने का फैसला लिया गया है। यह विशेष रेलगाड़ी आगामी 28 जुलाई को दक्षिण भारत की दिव्य यात्रा पर रवाना हो रही है। 13 दिवसीय यह भव्य यात्रा पठानकोट कैंट स्टेशन से शुरू होगी और यात्रियों को तिरुपति, रामेश्वरम, मदुरै, कन्याकुमारी और मल्लिकार्जुन जैसे दक्षिण भारत के प्रमुख तीर्थ स्थलों के दर्शन कराएगी। जो आध्यात्मिक अनुभव, सुविधा और किफायती दरों का अनूठा संगम होगी। इस ट्रेन की शुरुआत पठानकोट कैंट स्टेशन से होगी। इसके प्रमुख बोर्डिंग पॉइंट में जालंधर सिटी, लुधियाना, चंडीगढ़, अंबाला कैंट, कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत, सोनीपत, हजरत निजामुद्दीन, मथुरा, आगरा कैंट और ग्वालियर शामिल हैं। कुल मिलाकर यह यात्रा 12 रात और 13 दिनों की होगी, जिसकी वापसी 9 अगस्त को तय की गई है।
यात्रा के लिए तीन श्रेणियों में सीटें- स्लीपर क्लास (640 सीटें), 3AC स्टैंडर्ड (70 सीटें), और 2AC कम्फर्ट (50 सीटें) उपलब्ध हैं । वहीं किराया भी काफी किफायती रखा गया है। स्लीपर क्लास ₹30,135, 3AC ₹43,370 और 2AC ₹57,470 प्रति व्यक्ति (सभी दरें जीएसटी सहित)। इस पैकेज में ट्रेन टिकट के साथ-साथ दैनिक भोजन, आरामदायक आवास, दर्शनीय स्थलों की यात्रा के लिए एसी/नॉन-एसी बस, टूर एस्कॉर्ट, सुरक्षा एवं प्राथमिक चिकित्सकीय सुविधा आदि शामिल हैं। धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने वाली इस यात्रा में शामिल होकर श्रद्धालु न केवल दक्षिण भारत के प्रमुख मंदिरों के दर्शन कर पाएंगे, बल्कि यात्रा के दौरान भारतीय रेल की ओर से सुनिश्चित की गई सुविधाएं और व्यवस्थाएं उन्हें एक सहज और भावपूर्ण अनुभव भी प्रदान करेंगी। अधिक जानकारी या रिजर्वेशन के लिए www.irctctourism.com अथवा चंडीगढ़ कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है।
सागर में संतों का महासंगम, श्री गुरुपूर्णिमा महामहोत्सव में जुटेंगे देश भर के महात्मा और कथावाचक
3 Jul, 2025 11:02 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
सागर: जुलाई का पहला हफ्ता बुंदेलखंड के संभागीय मुख्यालय सागर में भक्तिभाव और आध्यात्म में डूबा नजर आएगा. यहां पर देश के जाने-माने संतों का जमावड़ा होने जा रहा है. दरअसल सागर में 2 जुलाई से श्री भक्तमाल कथा, श्री गुरुपूर्णिमा महामहोत्सव और संतजनों का संत समागम श्री देवराहा बाबा सिद्ध प्रांगण बम्होरी रेंगुआ में हो रहा है. यहां पर श्री श्री 108 स्वामी श्री किशोरदास देव जू महाराज के सानिध्य में भव्य आयोजन होने जा रहा है. जिसकी व्यापक तैयारियां पिछले दो माह से चल रही हैं.
संत समागम में देश के जाने माने संत होंगे शामिल --
सागर के बम्होरी रेंगुवा गांव में हो रहे आयोजन में देश के जाने माने संतों का आगमन हो रहा है. जिनमें अग्रमलूक पीठाद्धीश्वर डाॅ. राजेन्द्रदास जी देवाचार्य, महंत श्री नृत्यगोपाल दास, देवदास जी महाराज (श्री देवराह बाबा वाले), श्री श्री रविशंकर जी महाराज रावतपुरा सरकार, स्वामी महंत रामप्रवेश दास, बागेश्वर धाम सरकार धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री, चिन्मयानंद बापू, पुण्डरीक गोस्वामी महाराज, राधाकृष्ण दास जी गुरु पूर्णिमा महामहोत्सव एवं भक्तमाल कथा में सम्मिलित हो रहे हैं.
इसके अलावा इंद्रेश उपाध्याय महाराज, राधागोविंद दास गोस्वामी, रामअनुग्रह दास जी अजबधाम, हरदेव जी टोंटे बीना, अनिरूद्धाचार्य जी के साथ ही क्षेत्र व बुंदेलखण्ड के समस्त पीठाधीश्वर, महामण्डलेश्वर, संत-महात्मा कार्यक्रम में शिरकत करेंगे. 5 जुलाई को मुख्यमंत्री डाॅ. मोहन यादव भी शामिल होंगे.
सागर में श्री भक्तमाल कथा --
श्री भक्तमाल कथा 3 से 9 जुलाई 2025 तक प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से शुरू होगी.
श्री गोपाल महायज्ञ का आयोजन 3 से 9 जुलाई 2025 तक प्रतिदिन सुबह 8 बजे से होगा.
रासलीला दर्शन का कार्यक्रम 3 से 9 जुलाई शाम 7 बजे से रात 10 बजे तक.
गुरुदीक्षा का कार्यक्रम 5 से 9 जुलाई प्रतिदिन सुबह 10 बजे से 12 बजे तक.
श्री गुरुपूर्णिमा व श्री सद्गुरुदेव भगवान जी के पूजन का समय सुबह 9 बजे से शुरू होगा.
भक्तों के लिए फूलबंगला व विशाल भण्डारा का आयोजन 10 जुलाई 2025 दिन गुरुवार को दोपहर 12 बजे से होगा.
देश भर से जुटेंगे भक्तजन --
इस आयोजन को लेकर पिछले दो माह से तैयारियां की जा रही है. यहां पर देश भर के संतों के समागम के चलते हजारों की संख्या में श्रद्दालुओं के आने की उम्मीद है. संत-महंतों के दर्शन, गुरुपूर्णिमा महामहोत्सव, श्री गोपाल महायज्ञ का भव्य आयोजन एक ही स्थान पर होने के कारण हजारों श्रृद्धालुओं के आने की संभावना है. भक्तमाल कथा के बाद श्रद्धालुओं के लिए प्रतिदिन भोजन प्रसाद की व्यवस्था की गई है.
वनाधिकार पट्टा और पीएम आवास से मुरिया परिवार को मिला नया जीवन
वर्मी कंपोस्ट उत्पादन बनी आत्मनिर्भरता की मिसाल
राज्यपाल पटेल से भारतीय विदेश सेवा के प्रशिक्षु अधिकारी मिले
मध्यप्रदेश को सामाजिक न्याय के क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनाने के लिये करें समन्वित प्रयास : मंत्री कुशवाह
लेमनग्रास -किसानों के लिए कम पानी में ज्यादा कमाई का साधन
चेकडैम बना ग्रामीण आत्मनिर्भरता का मजबूत आधार, जल संरक्षण से बदली खेती की तस्वीर
कौशल और सामाजिक उद्यमिता से होगा भारत विकसित : राज्यपाल पटेल
द्वारका नगरी योजना से शहरी विकास को मिलेगी नई गति : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ से बदली तस्वीर
